अब हमारा ध्यान अमरनाथ यात्रा पर, व्यवधान नहीं चाहते : उमर अब्दुल्ला

श्रीनगर ,19 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद से हमारी संस्कृति को बहुत नुकसान पहुंचा है। अब हमारा ध्यान अमरनाथ यात्रा को सुगम बनाने पर है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि एलओसी पर स्थिति ठीक है।

बॉर्डर और एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन की खबरें नहीं आ रही हैं, जो नुकसान हुआ है उसका मुआयना किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नुकसान की भरपाई की जाएगी। इस दौरान पर्यटन को भारी नुकसान हुआ है लेकिन अब हमारा पूरा ध्यान अमरनाथ यात्रा को सुगम बनाने पर है। हम नहीं चाहते कि उसमें कोई व्यवधान हो।

बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों में सीमावर्ती क्षेत्रों को काफी नुकसान हुआ है। इसके लिए सरकार मुआवजा देने के लिए कह रही है।

सात भारतीय सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल विदेश भेजे जाने का जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि संसद के हमले के बाद भी डेलिगेशन भेजे गए थे। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में ऑपरेशन परिक्रमा रखा गया था, उस दौरान भी संसद डेलिगेशन कई देशों में भेजे गए थे।

यह पाकिस्तान की हरकतों को अन्य देशों में रखने का अच्छा मौका है। इस दौरान बड़ी पार्टी के नुमाइंदे इन डेलिगेशन में शामिल होंगे और विदेशों में जाकर बात करेंगे।

गौरतलब है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति का संदेश साझा करने के लिए भारत सरकार सात भारतीय सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल विदेश भेज रही है। यह सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को स्पष्ट करने के साथ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ दुनिया को अवगत कराएगा।

ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की ओर से पहलगाम आतंकी हमले का जवाब देने के लिए चलाया गया। भारतीय सेना की इस एयर स्ट्राइक में 100 से ज्यादा कुख्यात आतंकी मारे गए। प्रतिनिधिमंडल जल्द ही दौरे पर जाएगा।

***************************

 

प्रतिनिधिमंडल विवाद गैरजरुरी, देश हित में टीएमसी केन्द्र सरकार के साथः ममता बनर्जी

तृणमूल प्रमुख ने कहा- लेकिन तृणमूल को शामिल करने से पहले हमसे पूछना था

कोलकाता 19 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । पाकिस्तान के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा गठित सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल कांग्रेस की गैर मौजूदगी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह अनावश्यक विवाद है। सच तो यह है कि, राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस पूरी तरह केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। सीएम ममता ने उक्त बात आज उत्तर बंगाल रवाना होने से पहले दमदम हवाई अड्डे पर कही।

उन्होंने कहा कि, तृणमूल प्रतिनिधि नहीं भेज रही है। इसका अर्थ यह नहीं है कि पार्टी केंद्र के निर्णय का विरोध कर रही है। हम न तो प्रतिनिधि भेजने से मना कर रहे थे और न ही ऐसा कोई निर्णय लिया गया था। लेकिन कायदे से देखा जाए तो केंद्र को प्रतिनिधि का नाम शामिल करने से पहले परामर्श लेना चाहिए था। केन्द्र ने बिना किसी जानकारी या परामर्श के अपने स्तर पर फैसला ले लिया। क्या यह उचित नहीं होता कि वे हमसे पहले पूछते।

ममता ने उक्त बात तब कही जब मोदी सरकार के द्वारा पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान और उसकी एजेंसियों के शामिल होने का काला चिट्ठा खोलने के लिए ये प्रतिनिधिमंडल भेजा जा रहा है। उक्त प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल के बहरमपुर के सांसद य़ूसुफ पाठान का नाम रखा गया है। लेकिन तृणमूल का कहना है कि ऐसा पार्टी से बिना पूछे किया गया। बहरहाल तृणमूल कांग्रेस भारत के उस कूटनीतिक मोर्चे का हिस्सा नहीं होगी, जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए विदेश भेजा जा रहा था।

तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को ही केंद्र सरकार को जानकारी दी थी कि उनकी पार्टी सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं बनेगी। पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान और उसकी एजेंसियों के शामिल होने का काला चिट्ठा खोलने के लिए ये प्रतिनिधिमंडल भेजा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, टीएमसी ने पार्टी के लोकसभा सांसद यूसुफ पठान को समूह में शामिल न होने को कहा है। युसूफ पठान को सात में से एक समूह में शामिल किया गया था। टीएमसी ने इस फैसले के पीछे कोई वजह नहीं बताई है।

इधर सीएम ममता ने कहा कि अगर केंद्र हमसे पूछता तो हम स्वयं प्रतिनिधि का नाम तय करते। लेकिन किसी को भी जानकारी नहीं दी गई। यहां तक कि मैं लोकसभा और राज्यसभा में पार्टी की चेयरपर्सन हूं, मुझे भी सूचित नहीं किया गया। हमारे किसी प्रतिनिधि का विदेश दौरे पर न जाना, इसका यह मतलब नहीं कि हम इसका बहिष्कार कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर केंद्र के साथ खड़ी है। इस मुद्दे पर अनावश्यक विवाद नहीं होना चाहिए।

बहरहाल सीएम ममता बनर्जी ने यूसुफ पठान को प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने से रोक दिया है। बता दे कि, सरकार ने 58 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दुनिया के तमाम देशों में भेजने का फैसला किया है। इसे सात समूहों में बांटा गया है, जो अलग-अलग देशों का दौरा करेगा। इसमें कुछ विदेश मामलों के जानकार भी शामिल हैं। एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, एमजे अकबर जैसे दिग्गज इसमें शामिल हैं।

******************************

 

भारत कोई धर्मशाला नहीं, जहां आकर बस जाएं शरणार्थी : सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

नई दिल्ली ,19 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने एक श्रीलंकाई तमिल नागरिक की याचिका खारिज करते हुए एक महत्वपूर्ण टिप्पणी की है कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है, जहां दुनिया भर के शरणार्थी आकर बसते चले जाएं।

जस्टिस दीपांकर दत्ता ने सुनवाई के दौरान कहा कि जब हमारी अपनी आबादी ही 140 करोड़ से अधिक है, तो क्या भारत दुनिया भर के शरणार्थियों का स्वागत कर सकता है?

यह कोई धर्मशाला नहीं है, जहां हम दुनिया भर से आए लोगों का स्वागत करें। इसके साथ ही अदालत ने श्रीलंकाई तमिल शख्स को हिरासत में रखे जाने के मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। शख्स ने खुद को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी।

जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। श्रीलंकाई तमिल नागरिक ने मद्रास हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उसकी 7 साल की सज़ा पूरी होने के तुरंत बाद उसे देश छोडऩे का निर्देश दिया गया था।

शख्स को यूएपीए (्रक्क्र) के एक मामले में सात साल कैद की सजा सुनाई गई थी, जो उसने पूरी कर ली थी। हालांकि, सज़ा पूरी होने के बाद भी श्रीलंकाई तमिल ने भारत में ही रहने की इच्छा जताई थी।

याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत में दलील दी कि उनका मुवक्किल वैध वीजा पर भारत आया था और अगर उसे वापस उसके देश भेजा गया तो उसकी जान को खतरा हो सकता है। वकील ने यह भी बताया कि याचिकाकर्ता को बिना किसी डिपोर्टेशन प्रक्रिया के ही करीब तीन सालों से हिरासत में रखा गया है।

इस पर जस्टिस दीपांकर दत्ता ने तीखी टिप्पणी करते हुए पूछा, आखिर आपका यहां बसने का क्या अधिकार है? याचिकाकर्ता के वकील ने जवाब दिया कि उनका मुवक्किल एक शरणार्थी है और उसकी पत्नी और बच्चे पहले से ही भारत में रह रहे हैं।

इस पर जस्टिस दत्ता ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता को भारत छोडऩे का आदेश देना किसी भी तरह से अनुच्छेद 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार) का उल्लंघन नहीं है।

जस्टिस दत्ता ने कहा कि अनुच्छेद 19 के तहत भारत में बसने का अधिकार केवल यहां के नागरिकों को प्राप्त है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को यह अधिकार नहीं है कि वह आए और यहां आकर बस जाए। जब वकील ने दोबारा जान के खतरे की आशंका जताई, तो जस्टिस दत्ता ने कहा कि वह किसी और देश में जा सकते हैं।

*************************

 

बिजली संकट पर अखिलेश यादव का हमला

बोले– भाजपा सरकार ने व्यवस्था बर्बाद कर दी, 8 साल में नहीं बढ़ा एक यूनिट उत्पादन

लखनऊ 19 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच आमजन बिजली कटौती और ट्रिपलिंग से बेहाल हैं, जबकि सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया।

समय से मेंटीनेंस न होने की वजह से ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से 24 घंटे बिजली देने के दावे झूठे साबित हुए हैं। आज स्थिति यह है कि बड़े शहरों में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जबकि छोटे शहरों, कस्बों और गांवों में हालात और भी बदतर हैं। पूरा रोस्टर केवल कागजों पर ही चल रहा है।पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के आठ साल के कार्यकाल में प्रदेश में बिजली का एक भी यूनिट उत्पादन नहीं बढ़ा।

उन्होंने कहा कि जितनी बिजली आज जनता को मिल रही है, वह समाजवादी सरकार के कार्यकाल में लगाए गए बिजलीघरों से आ रही है। अखिलेश यादव ने उदाहरण देते हुए कहा कि एटा और कानपुर देहात समेत कई जिलों में समाजवादी सरकार ने पावर प्लांट लगाए थे, जिनके कार्यों में भी भाजपा सरकार ने लेटलतीफी की।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने प्रदेश की विद्युत आपूर्ति को बढ़ाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई थी।

ग्रामीण विद्युतीकरण और अंडरग्राउंड केबल सिस्टम को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त बजट भी जारी किया गया था। ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति में तत्काल मरम्मत के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए थे, लेकिन भाजपा सरकार अब न केवल इन योजनाओं को बनाए रखने में असफल है, बल्कि बिजली व्यवस्था को निजी कंपनियों के हाथों सौंपने की तैयारी कर रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की अकर्मण्यता का खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

एक तरफ उन्हें बिजली नहीं मिल रही, दूसरी ओर बढ़े हुए बिलों का झटका लग रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने न तो उत्पादन में काम किया, न पारेषण व्यवस्था बेहतर की और न ही वितरण प्रणाली को सुदृढ़ किया। समाजवादी सरकार की योजनाएं ही आज भी बिजली व्यवस्था को संभाले हुए हैं, लेकिन उन्हें भी सरकार संभाल नहीं पा रही है।अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि जनता अब इस सरकार के झूठे वादों और विफलताओं को समझ चुकी है, और समय आने पर इसका जवाब देगी।

******************************

 

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को लेकर विवाद जारी, कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया यह आरोप

नईदिल्ली,18 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद विश्व बिरादरी में पाकिस्तान को बेनकाब करने लिए बनाए गए सर्वदलीय प्रतिनिधमंडल को लेकर शुरू हुआ विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के लिए भेजे गए नामों पर गौर न करने को लेकर कांग्रेस-बीजेपी में जुबानी जंग जारी है.

कांग्रेस जहां बीजेपी पर तरह-तरह के आरोप लगा रही है तो बीजेपी भी उनके हर बयान को काउंटर कर रही है. इस क्रम में  कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को लेकर सरकार ने कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है. ये सिर्फ एक कूटनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि भरोसे की भी बात है.

जयराम रमेश ने बताया कि बीते शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी से संपर्क किया बातचीत में बताया गया कि एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल जा रहा है और कांग्रेस से उसमें शामिल करने के लिए चार नाम भेजने को कहा गया. राहुल गांधी ने दोपहर 12:30 बजे तक किरण रिजिजू को पत्र लिखकर चार नाम भेज दिए.

कांग्रेस का कहना है कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि उनके सुझाए गए चारों नाम प्रतिनिधिमंडल में शामिल किए जाएंगे, लेकिन शनिवार को जब सरकार की प्रेस रिलीज़ सामने आई, तो पार्टी हैरान रह गई. जयराम रमेश ने कहा कि कूटनीति में कई बार विश्वास की बुनियाद पर चीजें तय होती हैं, खासकर सत्ता और विपक्ष के बीच हमने सरकार पर भरोसा करते हुए ईमानदारी से चार नाम भेजे थे.

लेकिन सरकार का रवैया ईमानदारी से भरा नहीं, बल्कि राजनीतिक खेल की तरह लग रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हम तो सीधे बैट से खेल रहे हैं, लेकिन सरकार किस बैट से खेल रही है, ये अब तक समझ नहीं आ रहा. इतना गंभीर मामला है, लेकिन सरकार इसमें भी सियासी चालें चल रही है.

कांग्रेस का कहना है कि उन्होंने शुरुआत से एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भेजने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया. इससे साफ है कि सरकार अब अपने नैरेटिव को संभालने की कोशिश कर रही है. जयराम रमेश ने 1971 की स्थिति से तुलना करते हुए कहा कि तब कोई डैमेज कंट्रोल नहीं किया गया था, बल्कि मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नरेटिव था.

आज के हालात अलग हैं, अब सिर्फ डैमेज कंट्रोल हो रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में एक इंटरव्यू में फिर से व्यापार का जि़क्र किया है. रमेश का आरोप है कि व्यापार का लालच दिखाकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को रोका गया. एक तरफ हमारे नेताओं को गद्दार कहा जाता है और दूसरी तरफ सरकार खुद ‘नारद मुनि’ की भूमिका निभा रही है.

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में हमारे सशस्त्र बलों ने अपनी असाधारण वीरता और सटीक क्षमता का परिचय दिया है. पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने आतंकवाद पर भारत सरकार की नई नीति को स्पष्ट रूप से बताया है.

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि आतंकवाद के किसी भी कृत्य का पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा. आतंकवाद को लेकर भारत की नीति सबके सामने है, फिर भी विपक्ष सवाल उठा रहा है. उन्होंने कहा कि वो (कांग्रेसी) कहते हैं कि वे सरकार के साथ मजबूती से खड़े हैं और फिर वे ये सवाल पूछते हैं. सरकार के साथ खड़े होने का रुख उनका मुखौटा है. ऑपरेशन सिंदूर चल रहा है और उनके लगातार सवाल उनकी मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं, जो संदिग्ध लगता है.

**********************************

 

PAK को 100 KM अंदर तक मारा, आजादी के बाद पहली बार हुआ ऐसा; ऑपरेशन सिंदूर पर अमित शाह

नई दिल्ली 18 may, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर भारत की सैन्य कार्रवाई को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया है, और यह आजादी के बाद पहली बार हुआ है जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा के 100 किलोमीटर अंदर तक घुसकर आतंकी ठिकानों को पूरी तरह तबाह किया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, “जब से प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सत्ता संभाली है, तब से आतंकवादी हमलों का ऐसा करारा जवाब दिया गया है कि पूरी दुनिया हैरान है और पाकिस्तान घबराया हुआ है।” उन्होंने बताया कि इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे प्रमुख आतंकी संगठनों के हेडक्वार्टर को ध्वस्त कर दिया गया।

उन्होंने आगे बताया कि भारतीय सेना ने कुल 9 ऐसे ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट किया, जहां आतंकवादियों को ट्रेनिंग दी जाती थी और जो उनके छिपने के प्रमुख स्थान थे। शाह ने जोर देकर कहा, “हमारी बहादुर सेना ने आतंकियों को ऐसा माकूल जवाब दिया कि उनके प्रशिक्षण शिविर और ठिकाने 100 किलोमीटर अंदर तक जाकर तबाह कर दिए गए।”

शाह ने पाकिस्तान की ओर से मिलने वाली परमाणु धमकियों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जो लोग हमें एटम बम की धमकी देते थे, उन्हें लगता था कि भारत उनकी धमकियों से डर जाएगा। लेकिन हमारी थल सेना, नौसेना और वायुसेना ने उन्हें ऐसा जवाब दिया है कि अब पूरी दुनिया भारत के धैर्य और प्रधानमंत्री मोदी की निर्णायक नेतृत्व क्षमता की तारीफ कर रही है।”

शाह ने भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और साहस को सलाम करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और सेना की बहादुरी का ही परिणाम है कि अब भारत सिर्फ आतंकी हमलों का जवाब ही नहीं देता, बल्कि पहले से तैयारी करके दुश्मनों को सबक सिखाने में भी सक्षम है।

****************************

 

कांग्रेस पार्टी की देशहित पर जुबान ही नहीं खुलती : गिरिराज सिंह

बेगूसराय 18 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को स्पष्ट करने के लिए सांसदों का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल विदेश जाएगा। आतंकवाद पर भारत के वैश्विक आउटरीच प्रतिनिधिमंडलों में कांग्रेस सांसद शशि थरूर को शामिल किए जाने को लेकर कांग्रेस से ही आवाज उठाए जाने लगी है।

इस बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की वह पार्टी बनकर रह गई है जिसके अंदर सकारात्मक देशहित पर कोई जुबान ही नहीं खुलती। कोई सकारात्मक राजनीति हो, पॉजिटिव राजनीति हो ये चुप रहते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस केवल निगेटिव राजनीति करती है। देश के बाहर भी ये भारत को बदनाम करते हैं। अब विदेशों में प्रतिनिधिमंडल जा रहा है और उसमें अगर शशि थरूर हैं तो इसमें राजनीति किस बात की है? शशि थरूर भी कांग्रेस के ही हैं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई इसमें दिखती है। कांग्रेस के अंदर अंदरूनी लोकतंत्र भी नहीं है और यह घटिया राजनीति पर उतर आई है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तान आज आतंकी देश बनकर रह गया है। भारत की सेना के शौर्य ने यह दिखा दिया है कि इस आतंकी देश को बर्बाद होने से कोई रोक नहीं सकता है। लेकिन भारत का जो दुश्मन देश पाकिस्तान है, उसका जो साथ देता है, उसके प्रति भी देश की जनता में आक्रोश है। चाहे कोई भी देश हो, दुश्मन की मदद करने वाला देश भारत का हितकर नहीं हो सकता है, तुर्की हो या जो भी हो।

केंद्र सरकार ने विदेश जाने वाले सात सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडलों में शामिल सभी सदस्यों के नाम तय कर दिए हैं। ये प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों और अन्य प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करेंगे और देश की आतंकवाद विरोधी नीति, सैन्य कार्रवाइयों और ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देंगे।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में समूह 5 अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील और कोलंबिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। प्रतिनिधिमंडल में एलजेपी (रामविलास) सांसद शांभवी, जेएमएम के डॉ. सरफराज अहमद, टीडीपी के जी. एम. हरीश बालयोगी, भाजपा के शशांक मणि त्रिपाठी और भुवनेश्वर कलिता और शिवसेना के मिलिंद देवड़ा शामिल हैं। अमेरिका में पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या भी शामिल हैं।

******************************

मिथुन चक्रवर्ती की बढ़ीं मुश्किलें, मुंबई नगर निगम ने भेजा नोटिस, वजह भी सामने आई

मुंबई,18 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बॉलीवुड स्टार मिथुन चक्रवर्ती की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मिथुन चक्रवर्ती को उनके मलाड परिसर में ग्राउंड और मेजेनाइन फ्लोर के कथित अनधिकृत निर्माण के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा है। मेजेनाइन फ्लोर एक आंशिक फ्लोर होता है, जो आम तौर पर दो फ्लोर के बीच बनाया जाता है।

अपने जवाब में, अभिनेता ने दावा किया कि उन्हें मलाड के एरंगल में चल रहे बीएमसी अभियान के तहत नोटिस मिला है, जहां उनका परिसर स्थित है। उन्होंने कहा, मेरे पास कोई अवैध या अनधिकृत निर्माण नहीं है। सभी को नोटिस भेजा गया है, हम उनका जवाब दे रहे हैं।

10 मई को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के अनुसार, मुंबई नगर निगम ने अभिनेता को अनधिकृत निर्माण के लिए मुंबई नगर निगम अधिनियम की धारा 475 ए के तहत मुकदमा चलाने की चेतावनी दी है। धारा 475 ए किसी भी अनधिकृत निर्माण को हटाने में विफल रहने पर दंड से संबंधित है।

नोटिस में दो भूतल इकाइयों के साथ मेजेनाइन स्तर और तीन अस्थायी 10&10 इकाइयों का उल्लेख किया गया है, जो ईंट की चिनाई वाली दीवारों, लकड़ी के तख्तों, कांच के विभाजन और एसी शीट की छत के संयोजन का उपयोग करके बनाई गई हैं। नोटिस के अनुसार, ये निर्माण बिना अनुमति के किए गए थे।

नोटिस में नगर निकाय ने अभिनेता को जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया था कि उक्त भवन या कार्य को क्यों न हटाया जाए या उसमें परिवर्तन किया जाए या उसे गिरा दिया जाए या परिसर का उपयोग बहाल क्यों न किया जाए?

गौरतलब है कि मिथुन चक्रवर्ती बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता हैं और उनकी काफी फैन फॉलोइंग भी है। एक जमाने में उनकी एक्टिंग और स्टाइल लोगों के सिर चढ़कर बोलती थी। वह अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं।

******************************

 

विदेश मंत्री जयशंकर 19 मई से करेंगे यूरोप के 6 दिवसीय दौरे की शुरुआत

नईदिल्ली,18 मई (आरएनएस)। विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार (19 मई) को नीदरलैंड, डेनमार्क और जर्मनी की आधिकारिक यात्रा के साथ अपनी 6 दिवसीय यूरोप यात्रा की शुरुआत करेंगे। उनकी यह यात्रा 24 मई तक चलेगी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री जयशंकर तीनों देशों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम के साथ-साथ आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों पर भी चर्चा करेंगे।
यह यात्रा संभवत: भारत द्वारा प्रमुख यूरोपीय भागीदारों के साथ अपने रणनीतिक जुड़ाव को गहरा करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
चर्चाओं में व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, नवाचार और लोगों के बीच आपसी संबंधों में सहयोग शामिल होने की उम्मीद है।
यह यात्रा भारत द्वारा यूनाइटेड किंगडम के बीच मुक्त व्यापार समझौता होने के बाद हो रही है। जिसके तहत ब्रिटेन के बाजार में 99 प्रतिशत भारतीय उत्पादों पर टैरिफ समाप्त हो गया है।
इस महीने की शुरुआत में विदेश मंत्री जयशंकर ने आर्कटिक सर्कल इंडिया फोरम 2025 में कुछ यूरोपीय देशों पर निशाना साधते हुए कहा था कि भारत साझेदारों की तलाश कर रहा है, न कि ऐसे उपदेशकों की जो अपने देश में समान सिद्धांतों का पालन नहीं करते।
उन्होंने कहा था, जब हम दुनिया को देखते हैं, तो हम भागीदारों की तलाश करते हैं, हम उपदेशकों की नहीं करते। यूरोप का कुछ हिस्सा अभी भी इस समस्या से जूझ रहा है।

अरुणाचल प्रदेश में महसूस किए गए 3.8 तीव्रता के भूकंप के झटके

इटानगर ,18 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत के अरुणाचल प्रदेश राज्य में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी में सुबह 05:06:33 बजे भारतीय मानक समय के अनुसार, रिक्टर स्केल पर 3.8 की तीव्रता का भूकंप आया।

भूकंप की तीव्रता मध्यम होने की वजह से फिलहाल किसी जानमाल के नुकसान या बड़े पैमाने पर क्षति की कोई खबर नहीं है। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद स्थानीय निवासियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। 3.8 की तीव्रता का भूकंप आमतौर पर इमारतों को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचाता है, लेकिन इसे महसूस किया जा सकता है।

*****************************

 

पाकिस्तान को बेनकाब करेगा 59 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल

जानें किसे मिली जगह, कौनसा दल कहां जाएगा

नईदिल्ली,18 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। आतंकवाद पर पाकिस्तान को बेनकाब करने और ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए एक बड़े कूटनीतिक कदम के तहत केंद्र सरकार 7 प्रतिनिधिमंडलों को अलग-अलग देशों में भेजेगी।
इन सभी प्रतिनिधिमंडल में 59 सदस्य हैं, जिनमें विपक्ष के नेता और राजदूत भी शामिल हैं।

ये प्रतिनिधिमंडल दुनिया के कई देशों खासकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों का दौरा करेगा और ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर भारत का रुख रखेगा।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद और बैजयंत पांडा, जनता दल यूनाइटेड सांसद संजय कुमार झा, द्रविड़ मुन्नेत्र कडग़म सांसद कनिमोझी करुणानिधि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सांसद सुप्रिया सुले और शिवसेना सांसद एकनाथ श्रीकांत शिंदे प्रतिनिधिमंडलों की अगुवाई करेंगे।

हर प्रतिनिधिमंडल में 8 से 9 सदस्य हैं और कम से कम एक मुस्लिम चेहरे को जगह मिली है। इसके अलावा पूर्व मंत्री, राजदूत और 6-7 सांसद भी शामिल हैं।

पहले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बैजयंत पांडा कर रहे हैं। इसमें निशिकांत दुबे, फांगनोन कोन्याक, रेखा शर्मा, असदुद्दीन ओवैसी, सतनाम संधू, गुलाम नबी आजाद और हर्ष श्रृंगला शामिल हैं।

ये समूह सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया की यात्रा करेगा।

दूसरे प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के दग्गुबत्ती पुरंदेश्वरी और समिक भट्टाचार्य, शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी, गुलाम नबी खटाना, कांग्रेस के अमर सिंह, पूर्व मंत्री एमजे अकबर और पूर्व राजनयिक पंकज सरन हैं।

ये ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली और डेनमार्क जाएंगे।

शिंदे की अगुवाई वाला प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात, लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन जाएगा। इसमें बांसुरी स्वराज, ईटी मोहम्मद बशीर, अतुल गर्ग, सस्मित पात्रा, मनन कुमार मिश्रा, एसएस अहलूवालिया और सुजान चिनॉय शामिल हैं।

थरूर की अगुवाई वाले प्रतिनिधिमंडल में एलजेपी सांसद शांभवी, जेएमएम के सरफराज अहमद, टीडीपी सांसद हरीश बालयोगी, भाजपा के शशांक मणि त्रिपाठी, तेजस्वी सूर्या और भुवनेश्वर कलिता, शिवसेना के मिलिंद देवड़ा और पूर्व राजनयिक तरनजीत संधू शामिल हैं।
यह अमेरिका, पनामा, गुयाना, कोलंबिया और ब्राजील की यात्रा करेगा।

संजय झा के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान और सिंगापुर जाएगा।

इसमें अपराजिता सारंगी, प्रदान बरूआ, हेमंग जोशी और बृजलाल (सभी भाजपा), यूसुफ पठान (टीएमसी), जॉन ब्रिटास (सीपीआई-एम), पूर्व मंत्री खुर्शीद और पूर्व राजनयिक मोहन कुमार शामिल हैं।

कनिमोझी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में राजीव राय (सपा), अल्ताफ अहमद (एनसी), बृजेश चौटा (भाजपा), प्रेमचंद गुप्ता (राजद), अशोक मित्तल (आप), पूर्व राजनयिक मंजीव पुरी और जावेद अशरफ शामिल हैं।
ये स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया और रूस जाएंगे।

7वें प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई सुप्रिया सुले कर रही हैं, जो मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका जाएगा।

इसमें भाजपा के राजीव प्रताप रूडी और अनुराग ठाकुर, आप के विक्रमजीत साहनी, कांग्रेस के मनीष तिवारी, टीडीपी के लावु श्रीकृष्ण देवरायलू, पूर्व मंत्री मुरलीधरन, आनंद शर्मा और पूर्व राजनयिक सैयद अकबरुद्दीन शामिल हैं।

कांग्रेस ने प्रतिनिधिमंडल के लिए आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, नसीर हुसैन और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग के नाम दिए थे। इसमें से केवल आनंद शर्मा को शामिल किया है।

*****************************

 

मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को फिर सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया राष्ट्रीय समन्वयक

लखनऊ ,18 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद पर भरोसा जताया है। मायावती ने उन्हें पार्टी का मुख्य नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया है। दरअसल, आकाश आनंद रविवार को एक बार फिर बुआ मायावती के साथ नजर आए।

आज मायावती ने सेंट्रल ऑफिस, लोधी रोड, दिल्ली में बसपा की एक राष्ट्रीय स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें देश के हर राज्यों से आए पदाधिकारी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के सारे जिला अध्यक्ष, को-ऑर्डिनेटर भी शामिल हुए। बैठक में सारे नेशनल कॉर्डिनेटर, जनरल सेक्रेटरी एवं प्रदेशों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।

बैठक में आज जब मायावती पहुंचीं तो उनके साथ आकाश आनंद भी दिखें। अभी 03 मार्च को मायावती ने नाराज होकर आकाश को पार्टी से निकाल दिया था। हालांकि, चालीस दिनों बाद ही 13 अप्रैल को मायावती ने आकाश को पार्टी में वापस ले लिया।

मायावती ने आकाश को पार्टी में वापस लेने के साथ चेतावनी भी है दी कि वो किसी के बहकावे में ना आए। साथ ही पार्टी के लोगों से अपील की कि वो आकाश का हौसला बढ़ाएं।

आकाश बसपा के नेशनल कॉर्डिनेटर भी थे और मायावती ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी भी घोषित किया था। आज मायावती के साथ आकाश को देखकर फिर ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या मायावती फिर अपने भतीजे पर मेहरबान होकर उन्हें पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी देने वाली हैं?

बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। आकाश को पार्टी से निकाले जाने का कारण उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव को बताया गया था।

मायावती ने कहा था कि पार्टी और मूवमेंट की भलाई को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया। हालांकि, बाद में आकाश आनंद ने अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी थी, जिसके बाद मायावती ने उन्हें पार्टी में वापस ले लिया।

***********************

 

तपस्विनी एक्सप्रेस पर बदमाशों ने किया पथराव, AC कोच का शीशा टूटा; यात्रियों में दहशत

राउरकेला 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे पुरी से हटिया जा रही तपस्विनी एक्सप्रेस ट्रेन पर झारसुगुड़ा जिले के लपंगा स्टेशन के पास अज्ञात बदमाशों ने पथराव किया। इस घटना में ट्रेन के एक एसी कोच का शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से मिली जानकारी के अनुसार, बदमाशों द्वारा किए गए पथराव के कारण पत्थर ट्रेन के एसी कोच संख्या बी-7 की सीट संख्या 15 की अगली खिड़की पर लगा। पत्थर लगने से एसी बोगी का शीशा पूरी तरह टूट गया और कांच के टुकड़े कोच के अंदर बिखर गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान झारसुगुड़ा में घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। आरपीएफ ने पुष्टि की है कि इस पथराव में किसी भी यात्री को कोई शारीरिक चोट या नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि, इस पथराव के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

इस संबंध में पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट केसी नायक ने बताया कि जब यह घटना हुई, वे गेट की ओर जा रहे थे। तभी कुछ यात्री उनके पास आए और बताया कि वे अपनी सीट पर बैठे थे और पथराव होने से वे डर गए। शीशा टूटने के साथ ही शीशे का एक बड़ा टुकड़ा सीट पर आ गिरा था।

कोच अटेंडेंट ने तत्काल घटना की जानकारी संबंधित एसी कोच के टीटीई को दी। टीटीई ने कोच का मुआयना किया और टूटे शीशे को देखकर झारसुगुड़ा स्टेशन प्रबंधक को घटना से अवगत कराया। हालांकि, ट्रेन जब राजगांगपुर और राउरकेला स्टेशनों से गुजरी, तब भी एसी बोगी का शीशा नहीं बदला गया। कोच अटेंडेंट ने बताया है कि शीशा अब ट्रेन के हटिया पहुंचने के बाद ही बदला जाएगा।

यह घटना कोई नई नहीं है। इससे पहले 26 मार्च 2025 को भी इसी रूट पर उपद्रवियों ने पानपोष-कलुंगा स्टेशन के बीच राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव कर एक बोगी का शीशा तोड़ दिया था। उस घटना के आरोपी अब तक राउरकेला आरपीएफ की गिरफ्त से बाहर हैं। एक बार फिर इसी रूट की महत्वपूर्ण ट्रेन तपस्विनी एक्सप्रेस में पथराव की घटना ने इस मार्ग पर ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

****************************

 

रामभद्राचार्य बोले, हमें पीओके चाहिए और बहुत जल्द लेकर रहेंगे

नई दिल्ली ,17 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के पराक्रम की जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने जमकर तारीफ की। दावा किया कि पाकिस्तान की ऐसी पिटाई हुई है कि उबरने में उसे सैकड़ों साल लगेंगे। इसके साथ ही संस्कृत विद्वान ने विश्वास के साथ कहा, हमें पीओके चाहिए और हमें यह बहुत जल्द मिलेगा।

जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि मुझे लगता है कि पाकिस्तान अपनी आदत से बाज नहीं आएगा। पाकिस्तान को यह समझना होगा कि इस बार ऑपरेशन सिंदूर के तहत उसकी जमकर धुलाई हुई है और आगे फिर से नापाक हरकत की तो अंजाम घातक होंगे।

उन्होंने आगे कहा,  हमारी भारतीय सेना ने पाकिस्तान की जमकर पिटाई की है लेकिन, भारत के हाथों पिटाई खाने के बाद भी पाकिस्तान सुधरने वाला नहीं है। हम कह रहे हैं कि हमें पीओके चाहिए और हमें यह बहुत जल्द मिलेगा।

जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान को जो चोट पहुंचाई है उससे उबरने में पाकिस्तान को एक शताब्दी का समय लगेगा।

ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मान को रामभद्राचार्य ने लंबे संघर्ष का नतीजा बताया। उन्होंने कहा, जितना बड़ा संघर्ष होता है, उतनी ही बड़ी सफलता भी मिलती है। मैंने लंबे समय तक संघर्ष किया है, इसलिए सफलता भी बड़ी है।

पहली बार किसी संत को ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह मैंने किसी से उधार में नहीं लिया है। मैंने काम किया, इसीलिए मुझे यह मिला है। मैंने 250 पुस्तकें लिखी हैं, जिनमें से 150 संस्कृत में हैं। संस्कृत में मेरी चार महाकाव्य हैं।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार(16मई) को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में संस्कृत के विद्वान जगद्गुरु रामभद्राचार्य को 58वां ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने (रामभद्राचार्य) उत्कृष्टता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। दिव्यांग होने के बावजूद, जगद्गुरु ने अपने दिव्य दृष्टिकोण से साहित्य और समाज की सेवा में असाधारण योगदान दिया है।

रामभद्राचार्य ने साहित्य और सामाजिक सेवा दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय कार्य किया है। उनके गौरवशाली जीवन से प्रेरणा लेकर आने वाली पीढिय़ां साहित्य सृजन, समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ती रहेंगी।

****************************

 

सरकार का बड़ा फैसला, अब हिंदी में होगी गाडिय़ों की नंबर प्लेट

देहरादून ,17 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अब सड़कों पर दौड़ रही कारों की नंबर प्लेट पर पंजीयन कोड अंग्रेजी के स्थान पर हिंदी में अंकित नजर आएगा। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों की तर्ज पर आने वाले दिनों में उत्तराखंड में भी वाहनों की नंबर प्लेट को लेकर ये फैसला किया गया है।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार भाषा विभाग ने परिवहन विभाग के पंजीयन कोड को राजभाषा हिंदी में भी अंकित करने की दिशा में नई पहल की है। भाषा मंत्री सुबोध उनियाल ने इस प्रस्ताव पर अनुमोदन दे दिया है। इसके लागू होने पर वाहनों की नंबर प्लेट पर पंजीयन कोड (यू के) के स्थान पर हिंदी भाषा में भी ‘उ खÓ से प्रारंभ होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राजभाषा अधिनियम 2009 के आलोक में समय-समय पर जारी विभिन्न शासनादेशों में समस्त शासकीय कार्यों में हिंदी भाषा के प्रयोग पर बल दिया गया है। इसी कड़ी में परिवहन विभाग में यह कदम उठाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में परिवहन विभाग द्वारा संभागीय व उप संभागीय परिवहन कार्यालयों को पंजीयन कोड मात्र अंग्रेजी भाषा में आवंटित किए गए हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में पंजीकृत वाहनों पर हिंदी भाषा में पंजीयन कोड आवंटित किए जाते रहे हैं।

****************************

 

पंजाब और हरियाणा से महिला यूट्यूबर समेत 6 गिरफ्तार

पाकिस्तान पहुंचाते थे खुफिया जानकारी

सिरसा ,17 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हरियाणा की चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब और हरियाणा से छह जासूसों को पकडऩे में कामयाबी हासिल की है। यह लोग हरियाणा के कैथल, हिसार, नूह और पानीपत के साथ ही पंजाब के मलेरकोटला से पकड़े गए हैं। इन लोगों पर भारत की गोपनीय सैन्य जानकारियां पाकिस्तान को भेजने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार इसमें यूटयूबर ज्योति मल्होत्रा तथा उसके पांच साथी शामिल हैं। ज्योति को हिसार के न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया है। ज्योति हिसार की रहने वाली है। आईबी टीम द्वारा ज्योति मल्होत्रा को पूछताछ के लिए सीआईए स्टाफ हिसार कार्यालय में ले जाया गया है। ज्योति ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2023 में वीजा लगवाने के लिए पाकिस्तान हाई कमीशन में गई थी।

वहां उसकी मुलाकात अहसान उर रहीम उर्फ दानिश से हुई। उसने दानिश का मोबाइल नंबर ले लिया। दोनों की बातें होने लगी। उसके बाद उसने दो बार पाकिस्तान की यात्रा की थी। ज्योति ने बताया कि पाकिस्तान में अहसान उर रहीम के कहने पर उनके जानकार अली अहवान से मिली। अली अहवान ने उसके घूमने फिरने और रहने का प्रबंध किया। अली अहवान ने पाकिस्तानी इंटेलीजेंस तथा सिक्योरिटी के अधिकारियों से उसकी मुलाकात कराई।

ज्योति ने बताया कि वह राणा शहबाज और शाकिर से भी मिली। उसने शाकिर का मोबाइल नंबर भी लिया और अपने मोबाइल में जट रंधावा के नाम से सेव कर लिया ताकि किसी को शक न हो। वापस भारत आने के बाद व्हाटस एप, स्नैप चैट, टेलिग्राम के माध्यम से उन लोगों के संपर्क में रहने लगी। देश विरोधी सूचनाएं उन तक पहुंचाने लगी।

जासूसी मामले में जिन आरोपियों को अरेस्ट किया गया है, उनमें 32 साल की गजाला भी शामिल है। गजाला दानिश के साथ वित्तीय लेन-देन में शामिल थी और वीजा प्रक्रिया में मदद कर रही थी। इसके अलावा यामीन मोहम्मद भी शामिल है, जो दानिश को हवाला और अन्य माध्यमों से पैसे पहुंचाने में मदद करता था। साथ ही हरियाणा के कैथल से देविंदर सिंह ढिल्लो को अरेस्ट किया गया है।

यह पाकिस्तान की यात्रा के दौरान संपर्क में आया था। उसने पटियाला छावनी के वीडियो पाकिस्तानी एजेंट्स को भेजे थे। इसके अलावा हरियाणा के नूंह से अरमान नाम के स्थानीय युवक को अरेस्ट किया गया है, जिसने भारतीय सिम कार्ड्स मुहैया कराए और 2025 में पाकिस्तानी एजेंट्स के निर्देश पर डिफेंस एक्सपो की साइट तक का दौरा किया।

***************************

 

दिल्ली में आप को झटका, 13 पार्षदों ने इस्तीफा देकर बनाई नई पार्टी

मुकेश गोयल होंगे नए नेता

नई दिल्ली ,17 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  दिल्ली में आम आदमी पार्टी के 13 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्षद हेमचंद्र गोयल के नेतृत्व में पार्षदों की शनिवार को बैठक हुई और इसमें कई फैसले लिए गए। सभी पार्षदों ने थर्ड फ्रंट बनाने का निर्णय लिया है, जिसका नेतृत्व मुकेश गोयल को देने का फैसला लिया गया है।

जिन 13 पार्षदों ने इस्तीफा दिया है, उनके नाम हैं-

हेमनचंद गोयल

दिनेश भारद्वाज

हिमानी जैन

उषा शर्मा

साहिब कुमार

राखी कुमार

अशोक पांडेय

राजेश कुमार

अनिल राणा

आम आदमी पार्टी ने

देवेंद्र कुमार

हिमानी जैन

इस नए थर्ड फ्रंट का नाम इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम दिया गया है। पूर्व नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि हमेशा ऊपर से आदेश आते थे। नीचे की कोई बात नहीं सुनी जाती थी। मुझे नेता सदन बनाया गया लेकिन हमें कोई जानकारी नहीं होती थी। मैं 2022 में आप के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वहीं हेमचंद गोयल ने कहा कि निगम का अर्थ है सत्ता का विकेंद्रीकरण लेकिन आप ने केंद्रीय स्तर पर एक ही व्यक्ति को शक्ति दे दी।

*****************************

 

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ताज पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी

मुंबई 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और ऐतिहासिक ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। यह धमकी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस के ईमेल पर भेजे गए एक मेल के जरिए मिली है।

धमकी भरे इस ईमेल में आतंकी अफजल गुरू और सैवक्कू शंकर को “अन्यायपूर्ण तरीके से दी गई फांसी” का हवाला देते हुए हमला करने की बात कही गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन अलर्ट मोड पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है।

मुंबई पुलिस साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की लोकेशन और सर्वर ट्रेस करने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर कोण से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इस हमले के बाद से देशभर में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। केंद्र सरकार ने इस हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर करारा प्रहार किया था और घाटी में भी आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने सीमापार से हो रहे हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसके चलते पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय दबाव में आ गया। इसके बाद सीमावर्ती इलाकों में सीजफायर की घोषणा की गई थी।

मुंबई जैसे संवेदनशील शहर को मिली यह धमकी सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर परीक्षा है। ताज होटल पहले भी 26/11 जैसे भीषण आतंकी हमले का शिकार रह चुका है, ऐसे में किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रही हैं। नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

************************

 

अब ग्लोबल मंच पर बेनकाब होगा पाकिस्तान, भारत सरकार ने बनाया खास प्लान

शशि थरूर को मिला अहम जिम्मा

नई दिल्ली 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पाकिस्तान को विश्व स्तर पर बेनकाब करने के लिए भारत सरकार ने एक कूटनीतिक योजना बनाई है, जिसके तहत भारत की ओर से बहुदलीय सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल कई देशों का दौरा करेगा। पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद के समर्थन को उजागर करने के लिए भारत का ये डेलिगेशन अलग-अलग देशों में जाकर अपनी बात रखेंगे और भारत के ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देंगे।

ऑपरेशन सिंदूर और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई के संदर्भ में, सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल इस महीने के अंत में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों सहित प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाले हैं। इस लिस्ट में कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार), जेडीयू और कई दलों के सांसदों को शामिल किया है।

निम्नलिखित संसद सदस्य प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करेंगे:- शशि थरूर, (कांग्रेस), रविशंकर प्रसाद, (बीजेपी), संजय कुमार झा, (जदयू), बैजयंत पांडा, (बीजेपी), कनिमोझी करुणानिधि, (डीएमके), सुप्रिया सुले, (एनसीपी), श्रीकांत एकनाथ शिंदे, (शिवसेना)।

दुनिया को पता चलेगी भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
मंत्रालय ने बताया कि यह प्रतिनिधिमंडल भारत द्वारा आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए भारत की राष्ट्रीय सहमति और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित करेंगे। मंत्रालय ने कहा, “वे आतंकवाद के खिलाफ भारत के ‘जीरो टॉलरेंस’ वाली नीति को दुनिया के सामने ले जाएंगे।”

*************************

 

SIA की बड़ी कार्रवाई : श्रीनगर, गांदरबेल और हंदवाड़ा में कई ठिकानों पर मारा छापा

श्रीनगर 17 May,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राज्य जांच एजेंसी (एसआईए), कश्मीर ने शनिवार को आतंकी साजिश के मामले में कई स्थानों पर छापा मारा है। कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पिछले दिनों संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और सेना ने 6 आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया है।

छापे श्रीनगर, गंदेरबल, हंदवाड़ा में मारे गए हैं। पहलगाम अटैक के बाद भारत के पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक और दोनों ओर से हवाई हमलों के बाद सीज फायर के बाद सेना काफी सजग है। आतंकियों के सहयोगियों और ओवरग्राउंड वर्करों (ओजीडब्ल्यू) पर पैनी निगाह रखी जा रही है।

शनिवार को ही संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने डिटेल दी थी। आईजीपी कश्मीर, वीके बिरदी ने बताया था कि दो अलग-अलग ऑपरेशन हुए। उन्होंने बताया, ‘कश्मीर घाटी में बढ़ती आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर यहां तैनात सभी सुरक्षाबलों ने अपनी रणनीतियों की समीक्षा की। इस समीक्षा के बाद, ऑपरेशनों पर अधिक ध्यान दिया गया। पिछले 48 घंटों में, हमने दो बहुत सफल ऑपरेशन किए हैं। ये 2 ऑपरेशन केरन और त्राल इलाकों में किए गए, जिसके परिणामस्वरूप कुल 6 आतंकवादियों को मार गिराया गया।’

सुरक्षाबलों ने सावधानी से दोनों जगह आतंकियों को मार गिराया। शोपियां में शाहिद को ढेर किया गया जो सरपंच हत्या और रिसॉर्ट के ऊपर टूरिस्ट अटैक में शामिल था। उसका साथी अप्रवासी मजदूर को मारने में शामिल था।

एसआईए के छापे की बात करें तो, रविवार (11 मई) को भी दक्षिण कश्मीर में 20 स्थानों पर छापा मारा गया था। आतंकियों के सहयोगियों और ओजीडब्ल्यू निशाने पर थे। ये लोग कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित आकाओं के लिए माध्यम के रूप में काम कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी निगरानी से पता चला था कि क्षेत्र में कई स्लीपर सेल सीधे सीमापार आतंकी आकाओं के संपर्क में थे।

ये स्लीपर सेल व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर भारतीय सुरक्षा बलों और प्रमुख प्रतिष्ठानों से संबंधित संवेदनशील और रणनीतिक जानकारी भेजते पाए गए।

***********************

 

भारतीय शेयर बाजार का दमदार प्रदर्शन, एक हफ्ते में दिया 4 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न

मुंबई ,17 मई (एजेंसी)। भारतीय शेयर बाजार के लिए बीता कारोबारी हफ्ता शानदार रहा। इस दौरान बाजार ने निवेशकों को 4 प्रतिशत से भी अधिक का रिटर्न दिया। 12-16 मई के कारोबारी सत्र में निफ्टी में 1,011.80 अंक या 4.21 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। 4 अक्टूबर 2024 को समाप्त हुए हफ्ते के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मुख्य सूचकांक की यह सबसे बड़ी बढ़त है।

इसके अतिरिक्त सेंसेक्स का भी प्रदर्शन बीते हफ्ते शानदार रहा और इसमें 2,876.12 अंक या 3.62 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई। लार्जकैप की अपेक्षा स्मॉलकैप और मिडकैप का भी प्रदर्शन शानदार रहा। समीक्षा अवधि में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स ने 7.21 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने 9 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया। बीते हफ्ते निफ्टी में डिफेंस (17.2 प्रतिशत), रियल्टी (10.78 प्रतिशत), मेटल (9.28 प्रतिशत), मीडिया (9.10 प्रतिशत) और पीएसई (7.28 प्रतिशत) सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले इंडेक्स थे। इस दौरान लगभग सभी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए।

16 मई को समाप्त हुए हफ्ते में सेंसेक्स में टाटा स्टील (10.3 प्रतिशत), टेक महिंद्रा (8.3 प्रतिशत), इटरनल ((जोमैटो) 8.2 प्रतिशत), अदाणी पोर्ट्स (7.7 प्रतिशत), बजाज फिनसर्व (6.1 प्रतिशत) और मारुति सुजुकी (6.1 प्रतिशत) के साथ टॉप गेनर्स थे।

इंडसइंड बैंक (4.6 प्रतिशत), भारती एयरटेल (1.9 प्रतिशत) और सन फार्मा (0.6 प्रतिशत) की गिरावट के साथ सेंसेक्स में टॉप लूजर्स थे। एचडीएफसी सिक्योरिटीज, वरिष्ठ डेरिवेटिव और तकनीकी अनुसंधान विश्लेषक, नंदीश शाह ने कहा, “निफ्टी का रुझान तेजी का है और लगातार अपने शॉर्ट-टर्म मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है। फिलहाल निफ्टी के लिए 25,207 एक रुकावट का स्तर है और सपोर्ट 24,800 पर है।

भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को मिलाजुला बंद हुआ था। लार्जकैप में बिकवाली थी, वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी हुई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 200.15 अंक या 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,330.59 और निफ्टी 42.30 अंक या 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,019.80 पर था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 529.65 अंक या 0.94 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,060.50 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 320 अंक या 1.86 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,560.40 पर था।

****************************

 

केदारनाथ में बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर

देहरादून 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में हेलिकॉप्टर क्रैश होने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार को इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ, जिसमें डॉक्टर सहित कुल 5 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित है।

बीते दिनों उत्तरकाशी के गंगनानी के पास हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था, जिसमें 6 यात्रियों की मौत हो गई थी। वहीं, ताजा हेली हादसा केदारनाथ धाम में हुआ है। जहां हेली एंबुलेंस की क्रैश लैंडिंग हुई। लेकिन गनीमत रही कि हेली में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एम्स ऋषिकेश का हेली मरीजों को लेने केदारनाथ गया था। लेकिन इस दौरान हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई।

********************************

 

तरनतारन सीमा पर पिस्तौल सहित ड्रोन बरामद

जालंधर 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने तरनतारन सीमा पर पिस्तौल सहित ड्रोन बरामद किया है। बीएसएफ के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि 15 मई की मध्य रात्रि को निगरानी ड्यूटी पर तैनात सतर्क बीएसएफ जवानों ने फिरोजपुर सीमा क्षेत्र में कुछ संदिग्ध देखा।

उन्होंने बताया कि जवानों ने क्षेत्र का सावधानीपूर्वक निरीक्षण किया और लगभग 01:10 बजे तरनतारन जिले के कलश गांव से सटे एक खेत से एक डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन, एक पिस्तौल (बिना स्लाइड और बैरल के) और दो मैगजीन बरामद किए। प्रवक्ता ने बताया कि पिस्तौल और मैगजीन को नायलॉन की अंगूठी और पैकेट से जुड़ी 02 रोशनी वाली छड़ियों के साथ पीले रंग के चिपकने वाले टेप में लपेटा हुआ पाया गया।

**************************

 

सुक्खू ने हिमालया साइकिल रेस के 12वें संस्करण को झंडी दिखाकर रवाना किया

शिमला 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां रिज से हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एण्ड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन द्वारा टूरिज्म, हीट्रेक्स टायर्ज और हिमाचल प्रदेश साइकलिंग एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित एमटीबी हिमालया साइकिल रेस के 12वें संस्करण को झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रेस ‘प्रोलॉग-हेरीटेज राइड (रिज-आईआईएएस-रिज), कुफरी-चायल (एक्ससीएम), शिमला-समरहिल-पोटर्ज हिल (एक्ससीओ) मार्ग से होते हुए 18 मई, 2025 को सम्पन्न होगी। इस प्रतियोगिता में देश भर से 100 से अधिक साइकिल सवार हिस्सा ले रहे हैं जिनमें राष्ट्रीय चैम्पियन और विश्वस्तरीय साइकलिस्ट भी शामिल है।

सुक्खू ने इस मौके पर कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य की समृद्ध परम्परा, विरासत और संस्कृति को विश्व पटल पर प्रदर्शित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में साइकलिंग का बड़ा महत्त्व है। यह न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि यह एक स्वच्छ, प्रदूषण रहित, मोटर चालक रहित परिवहन का साधन भी है। इसके अलावा यह रोमांच, फिटनेस और खेल गतिविधियों का एक बेहतरीन माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए गम्भीरता से प्रयास कर रही है। प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर साइकलिंग ट्रेक की पहचान की जा रही है जिनमें से कुछ शिमला में भी बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि शिमला में 37 करोड़ रुपये की लागत से एक आइस्केटिंग रिंक बनाया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा शिमला के सर्कुलर रोड को चौड़ा किया जा रहा है, जिससे शहर में यातायात की समस्या दूर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक ग्रीन एनर्जी बनाने का लक्ष्य रखा है।

आने वाले वर्षों में हिमाचल ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बन कर उभरेगा। सोलन जिले के नालागढ़ में ऑयल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से एक मेगावाट क्षमता वाला ग्रीन हाइड्रोजन संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष के भीतर हिमाचल में केवल हरित ऊर्जा का ही उपयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर विश्व चैम्पियन लक्ष्य जांगिड़ और आर्मी बैंड ने साइकलिंग शो की शानदार प्रस्तुति दी। हिमालयन एंडवेचर स्पोर्ट्स एण्ड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित सूद ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और इस आयोजन के शुभारम्भ के लिए अपना बहुमूल्य समय देने के लिए आभार व्यक्त किया।

***************************