पीएम मोदी ने काशी को दी सौगात, विपक्षी दलों पर भी साधा निशाना

कहा- परिवार का विकास ही उनका सिद्धांत

वाराणसी 11 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने 3884.18 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी।

साथ ही तीन बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि जो लोग सत्ता हथियाने के लिए दिन-रात खेल खेलते रहते हैं, उनका सिद्धांत है, परिवार का साथ-परिवार का विकास।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले जी जैसे त्यागी, तपस्वी, महापुरुषों की प्रेरणा से ही देशसेवा का हमारा मंत्र रहा है- सबका साथ-सबका विकास।

हम देश के लिए उस विचार को लेकर चलते हैं, जिसका समर्पित भाव है- सबका साथ-सबका विकास। जो लोग सत्ता हथियाने के लिए दिन-रात खेल खेलते रहते हैं, उनका सिद्धांत है, परिवार का साथ-परिवार का विकास।

उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में बनारस के विकास ने एक नई गति पकड़ी है। काशी ने आधुनिक समय को साधा है, विरासत को संजोया है और भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में मजबूत कदम रखे हैं।

आज काशी सिर्फ पुरातन नहीं, प्रगतिशील भी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज सामाजिक चेतना के प्रतीक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती भी है।

महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले जी ने जीवन भर नारी शक्ति के हित, उनके आत्मविश्वास और समाज कल्याण के लिए काम किया। आज हम उनके विचारों को, उनके संकल्पों को, नारी सशक्तिकरण के उनके आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं, नई ऊर्जा दे रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कल हनुमान जन्मोत्सव का पावन दिन है और आज मुझे संकटमोचन महाराज की काशी में आपके दर्शन का सौभाग्य मिला है। हनुमान जन्मोत्सव से पहले काशी की जनता आज विकास का उत्सव मनाने यहां एकत्र हुई है।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के आर्थिक नक्शे के केंद्र में काशी है। काशी के स्वयं महादेव रखवाले हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वांचल के अनेक हिस्सों में जुड़ी ढेर सारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। कनेक्टिविटी को मजबूती देने वाले अनेक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, गांव-गांव, हर घर नल से जल पहुंचने का अभियान, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का विस्तार और हर क्षेत्र, हर परिवार, हर युवा को बेहतर सुविधाएं देने का संकल्प।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी है, उनके लिए लोन की सीमा बढ़ाई है, सब्सिडी की व्यवस्था की है और खुरपका और मुंहपका (एफएमडी) से पशुधन को बचाने के लिए मुफ्त वैक्सीन प्रोग्राम चलाया जा रहा है।

आज भारत, दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है। 10 साल में, दूध के उत्पादन में करीब 65 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सफलता देश के करोड़ों किसानों की है, देश के पशुपालक भाइयों की है। ये सफलता एक दिन में नहीं मिली है, बीते 10 वर्षों से हम देश के पूरे डेयरी सेक्टर को मिशन मोड से आगे बढ़ा रहे हैं।

10-11 साल पहले, पूरे पूर्वांचल में इलाज को लेकर जो परेशानियां थीं, वो भी हम जानते हैं। आज स्थितियां अलग हैं, मेरी काशी अब आरोग्य की राजधानी भी बन रही है। दिल्ली-मुंबई के बड़े-बड़े अस्पताल आज आपके घर के पास आ गए हैं। यही तो विकास है, जहां सुविधाएं लोगों के पास आती हैं।

*************************

 

चारधाम यात्रा 2025 : उत्तराखंड सरकार ने पूरी की तैयारियां

सतपाल महाराज ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून  11 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा 2025 की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, उन्होंने हेली टिकटों की कालाबाजारी और यात्रा मार्ग पर मनमानी पार्किंग फीस वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

महाराज ने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया को और आसान किया गया है। ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण के अलावा मोबाइल ऐप और आधार नंबर के जरिए भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध होगी।

हरिद्वार, ऋषिकेश और हरबर्टपुर में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा, देहरादून में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के मुख्यालय में 24 घंटे चलने वाला स्टेट लेवल कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता करेगा।

चारधाम यात्रा 30 अप्रैल 2025 से शुरू होगी, जब यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई, बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई और हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यात्रा की व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन, पर्यटन विभाग और अन्य विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।

यात्रा मार्गों पर सुविधाओं के लिए सरकार ने 12 करोड़ 75 लाख रुपये की राशि आवंटित की है। इसमें गढ़वाल मंडल आयुक्त को 25 लाख, जिलाधिकारी हरिद्वार, टिहरी और देहरादून को एक-एक करोड़, जिलाधिकारी पौड़ी को 50 लाख, जिलाधिकारी चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग को तीन-तीन करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि से मार्गों पर पानी, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि हेलीकॉप्टर बुकिंग भी जल्द शुरू होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेली टिकटों की बिक्री में पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी तरह की कालाबाजारी को रोका जाए। साथ ही, यात्रा मार्गों पर पार्किंग शुल्क को लेकर मनमानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। सरकार का लक्ष्य है कि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें। स्थानीय लोगों ने भी सरकार के प्रयासों की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस बार यात्रा पहले से अधिक व्यवस्थित होगी। यात्रा शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

**************************

 

गुरु एंटरटेनमेंट के पहले पॉडकास्ट में नजर आएंगे एक्टर टीटू वर्मा…..!

लालसिंह चड्डा, गंगूबाई काठियावाड़ी, टोटल धमाल, अलविदा, चलो दिल्ली, वाह जिंदगी, टर्टल, कसाई, सिर्फ एक फ्राइडे जैसी फिल्मों में और कई वेब सीरीज में काम कर चुके अभिनेता टीटू वर्मा गुरु एंटरटेनमेंट के पहले पॉडकास्ट में अपनी संघर्षमय फिल्मी यात्रा से जुड़े संस्मरण बयां करते नजर आएंगे।

अभिनेता टीटू वर्मा अभिनय के क्षेत्र में एक्टिव रहने के साथ साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं और एनजीओ के माध्यम से फिलवक़्त समाज सेवा की दिशा में भी अग्रसर हैं।

विदित हो कि गुरु एंटरटेनमेंट एंड इन्फोमीडिया ग्रुप के संस्थापक और फिल्म निर्माता कैलाश गुरुड द्वारा निर्मित मराठी फिल्म ‘सावित्री’ की शूटिंग पूरी हो गई है। ‘सावित्री’ बहुत जल्द ही सिनेदर्शकों तक पहुंचने वाली है।

फिल्म विद्या से जुड़े संघर्षरत नवोदित प्रतिभाओं को प्रकाश में लाने के उद्वेश्य से गुरु एंटरटेनमेंट एंड इन्फोमीडिया ग्रुप द्वारा वर्तमान समय में बहुत सारे नए प्रोजेक्ट्स के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘Guru EI चैनल’ भी लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

प्रधानमंत्री श्री मोदी शुक्रवार को ईसागढ़ के आनंदपुर धाम आयेंगे गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे

भोपाल  10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : गुरूवार, अप्रैल 10, 2025, 17:25 ISTप्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप शुक्रवार को मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में ईसागढ़ तहसील के आनंदपुर धाम आएंगे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे और आनंदपुर धाम स्थित मंदिर परिसर का भ्रमण भी करेंगे।आध्यात्मिक और पारमार्थिक उद्देश्य से स्थापित आनंदपुर धाम 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां आधुनिक गौशाला संचालित है, जिसमें 500 से अधिक गौवंश है। आनंदपुर ट्रस्ट यहाँ कृषि कार्य भी कर रहा है।श्री आनन्दपुर ट्रस्ट ग्राम सुखपुर तहसील ईसागढ़ में 1977 से चैरिटेबल अस्पताल संचालित है। यहां मरीजों के लिए 125 बिस्तरों की व्यवस्था है। अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 600 मरीजों की ओ.पी.डी. संचालित है।

यहां एमडी फिजिशियन, डेंटल स्पेशलिस्ट, एमएस जनरल सर्जरी, एम.एस. आर्थोपेडिक, कॉर्डियोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट तथा नेत्रसर्जन पदस्थ है। वर्ष में विशेष स्वास्थ्य शिविर भी यहां आयोजित किये जाते हैं। ट्रस्ट द्वारा आनंद प्राथमिक विद्यालय सुखपुर, आनंद माध्यमिक विद्यालय आनंदपुर तथा आनंद मिडिल स्कूल ग्राम सुखपुर में संचालित हैं, जिसमें 62 शिक्षक-शिक्षिकाएं पदस्थ हैं एवं 1215 छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं।

श्री आनंदपुर ट्रस्ट के अन्य महत्वपूर्ण सत्संग केन्द्र श्री प्रयागधाम जिला पुणे (महाराष्ट्र), श्री आनंदपुर सत्संग ट्रस्ट जम्मू, अमरधाम चैम्बूर मुम्बई (महाराष्ट्र), विवेक धाम बैंगलुरू (कर्नाटक), स्वरूप धाम पथरीताल गोंडा (उ.प्र.), आनंदधाम पंचगुणी जिला सतारा (महाराष्ट्र), आनंदधाम वसंतकुंज (दिल्ली) तथा श्री संतनगर जिला धौलपुर (राजस्थान) में संचालित है।

मध्यप्रदेश में पुनीत धाम जिला शिवपुरी, परमधाम जिला ग्वालियर और सुखधाम जिला इंदौर में ट्रस्ट के सत्संग केन्द्र स्थापित हैं। श्री आनंदपुर ट्रस्ट एवं इसके अन्य आश्रमों में वैशाखी, गुरु पूर्णिमा, दीपावली, मकर संकाति और श्री परमहंस जी का जन्मोत्सव पर्व मनाया जाता है।

****************************

 

इस तारीख से होगी चारधाम यात्रा की शुरुआत

अलर्ट पर सरकार, एडवाइजरी की गई जारी

देहरादून 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष 30 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचने का अनुमान है। यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी कड़ी में परिवहन विभाग ने चारधाम यात्रा के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसमें यात्रा मार्गों पर वाहन संचालन से लेकर चालकों के लिए विशेष नियम शामिल किए गए हैं। परिवहन विभाग की एडवाइजरी के अनुसार, पर्वतीय मार्गों पर रात के समय व्यवसायिक वाहनों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।

रात 10 से सुबह 4 बजे तक कोई भी व्यवसायिक वाहन चारधाम यात्रा मार्गों पर नहीं चल सकेगा। यह निर्णय पहाड़ी रास्तों पर रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) चक्रपाणि मिश्रा ने बताया कि पहाड़ी मार्गों पर ड्राइविंग एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसमें चालकों की दक्षता और सावधानी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस नियम का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

एडवाइजरी में व्यवसायिक वाहन चालकों के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। चालकों को विशेष प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट और वाहन के सभी दस्तावेज पूरे रखने होंगे। इसके अलावा, चालकों की वेशभूषा, व्यवहार और स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

एआरटीओ चक्रपाणि मिश्रा ने बताया कि यात्रा के दौरान चालकों को चप्पल या सैंडल पहनकर वाहन चलाने की अनुमति नहीं होगी। इसके बजाय उन्हें बंद जूते या मजबूत ट्रैकिंग शूज पहनना अनिवार्य होगा। यह नियम इसलिए लागू किया गया है ताकि पहाड़ी रास्तों पर वाहन संचालन के दौरान चालकों को सुरक्षा मिल सके।

यात्रा के दौरान वाहनों की तकनीकी स्थिति पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। सभी व्यवसायिक वाहनों का फिटनेस सर्टिफिकेट और प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र होना जरूरी है। इसके साथ ही चालकों को नशे से दूर रहने और यात्रियों के साथ शिष्ट व्यवहार करने की हिदायत दी गई है। परिवहन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चारधाम यात्रा उत्तराखंड के लिए धार्मिक और आर्थिक दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। हर साल इस यात्रा से राज्य को करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है और हजारों लोगों को रोजगार मिलता है। प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे एडवाइजरी का पालन करें और यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करें। यात्रा की तैयारियों के तहत सड़क मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं और ठहरने की व्यवस्था पर भी काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले पंजीकरण कराने और मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी है।

***************************

 

अल्ट्रा प्ले ओटीटी पर कॉमेडी फिल्म ‘टोकन द ट्रेजर’….!

10.04.2025 – निर्देशिका डॉक्टर रविकला गुप्ता की कॉमेडी फिल्म ‘टोकन द ट्रेजर’ अल्ट्रा प्ले ओटीटी पर रिलीज हुई है। अभी तक कि सबसे पॉपुलर फिल्म होने का टैग अपने नाम यह फिल्म कर चुकी है। यह फिल्म 2022 में सभी सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में प्रसिद्ध अभिनेता रविकिशन की बेटी रीवा किशन मुख्य नायिका है और उनके साथ में अनूप जलोटा ( कैमियो ), श्रुति उल्फ़त, दीपशिखा जैसे जानेमाने कलाकार हैं।

‘टोकन द ट्रेजर’ की कहानी कॉमेडी ड्रामा है जो एक मध्यमवर्गीय परिवार के सपनों और दायरों में पिरोयी गई है। इस फिल्म को सिनेदर्शकों के लिए अल्ट्रा प्ले ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दोबारा रिलीज किए जाने के बाद से निर्देशिका डॉक्टर रविकला गुप्ता इन दिनों काफी चर्चा में हैं।

डॉक्टर रविकला गुप्ता को सेंट्रल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी ऑफ अमेरिका की ओर से डॉक्टरेट की उपाधि देकर सम्मानित किया गया है। डॉक्टर रविकला गुप्ता की शॉर्ट फिल्म ‘सेलिब्रेट लाइफ’ 14 वें ग्लोबल कैप्टेन ऑफ द शिप’ अवार्ड समारोह में सम्मानित हो चुकी है।

डॉ रविकला ने कई शॉर्ट्स फिल्म और विज्ञापन फिल्मों का निर्माण किया है। उन्होंने अपनी निर्देशन कुशलता के कारण काफी वाहवाहियां बटोरी है। उनकी शॉर्ट्स फिल्में ‘सेलिब्रेट लाइफ’, ‘अजी सुनते हो’, ‘कॉफी’ आदि है। उन्होंने मार्शल वॉलपेपर, टीवीएस बाइक जैसे कई फेमस ब्रांड्स के एड फिल्मों का भी निर्देशन किया है।

फिल्म इंडस्ट्री में उनका आगमन बतौर अभिनेत्री हुआ। उन्होंने अभिनेता मनोज कुमार की टीवी सीरीज ‘कहाँ गए वो लोग’, भोजपुरी फिल्म ‘हमार दूल्हा’ में अभिनय किया। डॉक्टर रविकला गुप्ता क्लासिकल डांस भरतनाट्यम में विषारद हैं। अभी वह अपने स्क्रिप्ट में काम कर रही हैं और जल्द ही वह इसे कैमरे में भी उतारेंगी।

निर्देशिका डॉक्टर रविकला गुप्ता ने अपनी पुत्री खुशी गुप्ता को वकालत की पढ़ाई करवाई है और उनकी अभिनय करने की इच्छा का सम्मान करते हुई अपनी फिल्मों में मौका दिया है। डॉक्टर रविकला गुप्ता कहती हैं कि उनको वास्तविक घटनाओं, राजीतिक और सामाजिक थ्रिलर तथा वर्तमान समय में होने वाली घटनाओं पर आधारित फिल्में बनाना अच्छा लगता है।

साथ ही साथ वह कहती हैं कि फिल्म मनोरंजन का साधन है, आप हर फिल्म की कथा, संवाद या दृश्य आदि को अपनी वास्तविक जीवन में अपनाने की कोशिश ना करें। मनोरंजन का आनंद लें और खुश रहें।

क्योंकि फिल्म जीवन का आईना हो सकती है जीवन नहीं। वर्तमान समय में बन रही फिल्मों के बारे में उनका कहना है कि अभी के समय की फिल्में कहीं ना कहीं युवा पीढ़ी को गुमराह कर रही है। फिल्म के दृश्य, संवाद और कलाकारों की छवि जो पर्दे पर दिखायी जा रही है उनसे युवा दिग्भ्रमित हो रहे हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

खालसा साजना दिवस : 6,600 सिख श्रद्धालु पाकिस्तान रवाना

50 साल बाद सभी को मिला वीजा

अमृतसर 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : खालसा साजना दिवस (वैसाखी) के मौके पर गुरुवार को (10 अप्रैल) पूरे भारत से करीब 6,600 सिख श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शन के लिए रवाना हुए। यह जत्था अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंचेगा।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से 1,942 तीर्थयात्रियों का एक विशेष जत्था तैयार किया गया, जो “बोले सो निहाल” के जयकारों के साथ शिरोमणि कमेटी कार्यालय से रवाना हुआ। इस जत्थे का नेतृत्व एसजीपीसी सदस्य जंग बहादुर और उपनेता बीबी जोगिंदर कौर कर रहे हैं। यह तीर्थयात्री 10 दिनों तक पाकिस्तान में रहेंगे और 19 अप्रैल को भारत लौट आएंगे।

एसजीपीसी ने बताया कि 50 साल बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब सभी आवेदन करने वाले श्रद्धालुओं को वीजा मिला है। इस बार शिरोमणि कमेटी ने 1,942 श्रद्धालुओं के नाम दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास को भेजे थे, और सभी को वीजा जारी कर दिया गया। इस उपलब्धि के लिए एसजीपीसी ने भारत और पाकिस्तान सरकारों के साथ-साथ दूतावास अधिकारियों का धन्यवाद किया।

कमेटी के मैनेजर सतनाम सिंह और प्रताप सिंह ने कहा कि पहले कई बार कुछ श्रद्धालुओं को वीजा नहीं मिलता था, लेकिन इस बार सभी को वीजा मिलने से संगत में खुशी की लहर है।

यह जत्था पाकिस्तान में ननकाना साहिब, पंजा साहिब, लाहौर साहिब, करतारपुर साहिब और अन्य गुरुद्वारों के दर्शन करेगा। खालसा साजना दिवस का मुख्य समारोह गुरुद्वारा पंजा साहिब, हसन अब्दाल में होगा।

सतनाम सिंह ने बताया कि शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में दिल्ली में पाकिस्तान दूतावास के अधिकारियों से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में सभी श्रद्धालुओं को वीजा देने की मांग रखी गई थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। श्रद्धालुओं ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए सरकार को धन्यवाद दिया।

श्रद्धालु घनश्याम सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हमें बहुत खुशी है कि हम बाबा की धरती पर जा रहे हैं। यह पंजाब हमारा है और वह पंजाब भी हमारा है। सरकार को सीमाएं खोल देनी चाहिए ताकि लोग आसानी से आ-जा सकें। मैं अकेले जा रहा हूं और सभी गुरुद्वारों के दर्शन करूंगा। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”

एक अन्य श्रद्धालु तनवंत सिंह ने कहा, “मैं पहली बार पाकिस्तान जा रहा हूं और बहुत उत्साहित हूं। हमें 10 दिन का वीजा मिला है। हम ननकाना साहिब, पंजा साहिब, करतारपुर साहिब और लाहौर के गुरुद्वारे देखेंगे। दोनों सरकारों का धन्यवाद कि हमें यह मौका मिला। आगे भी ऐसा ही रहना चाहिए।” होशियारपुर से आए गुरुदेव सिंह ने भी खुशी जताई।

उन्होंने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। मेरे परिवार से तीन लोग जा रहे हैं। हम ननकाना साहिब, पंजा साहिब और लाहौर के गुरुद्वारों के दर्शन करेंगे। दोनों सरकारों का शुक्रिया कि इस बार पूरी संगत को वीजा मिला।”

श्रद्धालु फतेह दास सतनाम सिंह बंजर ने कहा, “50 साल बाद ऐसा हुआ है कि सभी को वीजा मिला। मैं दोनों सरकारों का धन्यवाद करता हूं। हम ननकाना साहिब और पंजा साहिब जैसे पवित्र स्थानों के दर्शन करेंगे। यह हमारे लिए बहुत खुशी का मौका है।”

एसजीपीसी अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं को इसी तरह सहूलियत मिलती रहेगी। यह यात्रा सिख समुदाय के लिए धार्मिक और भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उन्हें अपने गुरुओं से जुड़े पवित्र स्थानों से जोड़ती है.

*******************************

 

तरनतारन में सब-इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या

दो पक्षों के बीच झगड़ा सुलझाने पहुंचे थे अधिकारी

तरनतारन 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पंजाब के तरनतारन जिले के कोट मोहम्मद खान गांव में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां झगड़ा सुलझाने पहुंचे पुलिस दल पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं।

इस गोलीबारी में श्री गोइंदवाल साहिब थाने के सब-इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुलिस अधिकारी भी हमले में घायल हुआ है।

Sub-inspector shot dead in Tarn Taran, officer had come to resolve a dispute between two parties : प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात एक बार फिर झगड़ा बढ़ने पर पुलिस को ऑनलाइन शिकायत दी गई।

शिकायत मिलते ही सब-इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश करने लगे।

इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक गोलियां चला दीं, जिसमें चरणजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हिंसक झड़प में एक अन्य पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी फिरोजपुर रेंज और एसएसपी हरमन बीर सिंह गिल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि गोलीबारी के दौरान किसी पुलिस अधिकारी की रिवॉल्वर का भी इस्तेमाल हुआ हो, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।

इस हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

**************************

 

हीरा कारखाने के वाटर कूलर में मिलाई सल्फास

पानी पीने से 150 कारीगरों की बिगड़ी तबीयत

सूरत 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : गुजरात के सूरत शहर में स्थित एक हीरा कारखाने में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां काम करने वाले 150 से अधिक कारीगरों की अचानक तबीयत खराब हो गई। यह घटना कापोदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनभ जेम्स नामक डायमंड फैक्ट्री में हुई, जहां कारीगर रोजाना की तरह हीरा तराशने का काम कर रहे थे।

पुलिस और कारखाना प्रबंधन के अनुसार, कुछ कारीगरों ने फैक्ट्री में लगे वाटर कूलर से पानी पिया, जिसके बाद उन्हें चक्कर आने और उल्टी की शिकायत शुरू हुई। अन्य कर्मचारियों ने पानी से असामान्य गंध आने की बात प्रबंधन को बताई, जिसके बाद यह मामला गंभीर रूप लेता चला गया।

घटना की सूचना मिलते ही कापोदरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तफ्तीश में वाटर कूलर के पास सल्फास का एक पैकेट बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि पैकेट का कवर फटा हुआ था, हालांकि अंदर का पैकेट अभी सुरक्षित था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कारखाना मालिकों ने तत्काल सभी कर्मचारियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया। कुल 104 लोगों को किरण अस्पताल और 14 को डायमंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इनमें से दो कारीगरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि बाकी को मामूली शिकायतों के चलते जनरल वार्ड में भर्ती किया गया है।

पुलिस ने इस घटना को हत्या की कोशिश मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वीआर पटेल ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग पहलुओं से तफ्तीश कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “हम सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस का सहारा लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर पानी में सल्फास कैसे और किसने मिलाया।” पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई साजिश थी।

अस्पताल में भर्ती कुछ कारीगरों ने बताया कि उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि पानी में कुछ मिला हुआ है। एक कर्मचारी ने कहा, “हमने दोपहर में पानी पिया और उसके बाद अचानक चक्कर आने लगे। फिर हमें अस्पताल लाया गया।” फिलहाल सभी मरीजों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

*****************************

 

चुनाव चिह्न विवाद: तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी की मुश्किलें बढ़ी

कोर्ट ने भेजा नोटिस; पेश होने का आदेश

मुजफ्फरपुर 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संरक्षक मुकेश सहनी, राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को चुनाव चिह्न के दुरुपयोग से जुड़े मामले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से नोटिस जारी किया गया है।

कोर्ट ने सभी को 6 मई को स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। उपस्थिति न होने की स्थिति में कोर्ट एकपक्षीय सुनवाई कर आदेश पारित कर सकता है।

पिछले वर्ष 18 अप्रैल को भारती सार्थक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में एक परिवाद दायर किया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि वीआईपी नेताओं ने फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी कर “नाव” चुनाव चिह्न का दुरुपयोग किया।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने सुनवाई के बाद परिवाद को खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ अधिवक्ता ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में पुनरीक्षण याचिका (रिविजन वाद) दायर की, जिसे सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद कोर्ट ने सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर पक्ष रखने का निर्देश दिया है।

*************************

 

हरियाणा में मौसम ने बढ़ाई किसानों की चिंता, हो सकती है बारिश

चंडीगढ़ 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हरियाणा में मौसम फिर बदल गया है। पिछले बुधवार को नारनोल में भयंकर आंधी तूफान आया था, जिसका असर महेंद्रगढ़, झज्जर और उसके आसपास साफ दिखाई दिया। आज राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

ऐसे समय में जब फसलें खेतों में हैं, यह बदलाव अनाज उत्पादकों यानी किसानों के लिए चिंता का विषय है। हालांकि गेहूं और सरसों जैसी फसलें कटाई के लिए तैयार हैं, लेकिन बारिश और तूफान जैसी मौसमी गड़बड़ियों से होने वाले नुकसान का खतरा बढ़ गया है।

हिसार रहा गर्म

मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को 42.9 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान के साथ हिसार हरियाणा का सबसे गर्म जिला रहा। राज्य का औसत तापमान भी 0.5 डिग्री बढ़ा। हालांकि पिछले कई दिनों से पूर्वी हवाएं चल रही हैं, लेकिन तापमान गिरने के बजाय लगातार बढ़ रहा है।

फिर भी, अच्छी खबर यह है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने लगा है, जो अगले कुछ दिनों में हवा की दिशा बदल सकता है और तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट ला सकता है। लेकिन यह ठंडक लंबे समय तक रहने की संभावना नहीं है;

14 अप्रैल के बाद, गर्मी फिर से प्रचंड रूप ले सकती है।

खुद को गर्मी से बचाने के लिए ये आसान उपाय करें। बदलते मौसम का मतलब है हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ना। आपको अपना ख्याल जरूर रखना चाहिए। इस समय आपको कुछ मुख्य सुझावों का पालन करना चाहिए:

पूरे दिन अपने शरीर को हाइड्रेट रखें। खूब सारा पानी, नींबू पानी या छाछ जैसी कोई चीज पिएं।

खासकर धूप में, दोपहर 12 बजे और दोपहर 3 बजे बाहर जाने से बचें।

आराम से रहने और पसीने को जल्दी से जल्दी वाष्पित करने के लिए, हल्के, ढीले-ढाले कपड़े चुनें।

बाहर जाएं; सिर पर स्कार्फ या टोपी जरूर पहनें।

हालांकि बदले हुए मौसम ने गर्मी से कुछ हद तक राहत दी है, लेकिन इसने खेती के लिए निश्चित रूप से समस्याएं खड़ी की हैं।

*****************************

 

म्यांमार और थाईलैंड के साथ एकजुट : सेवा इंटरनेशनल और भारत सरकार का साझा प्रयास

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आरएनएस)। म्यांमार और आसपास के क्षेत्रों में आए विनाशकारी 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद, सेवा इंटरनेशनल ने म्यांमार और थाईलैंड में तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। यह मानवीय पहल भारत सरकार, म्यांमार में भारतीय दूतावास और स्थानीय साझेदार संगठनों के साथसमन्वय में संचालित की जा रही है।

हजारों प्रभावित परिवारों को भोजन, चिकित्सीय किट्स और आश्रय सामग्री जैसी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNOCHA के अनुसार, इस आपदा में अब तक 2,800 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, 4,600 से अधिक लोग घायल हुए हैं और लाखों लोगविस्थापित हो चुके हैं।

सेवा इंटरनेशनल के वैश्विक समन्वयक श्री श्याम परांडे ने कहा, “हमारा लक्ष्य पीड़ितों तक समय पर राहत पहुंचाना है। हर आपदा में मानवता और करुणा के साथ प्रतिक्रिया देना हमारा पावन कर्तव्य है। हम म्यांमार में भारतीय दूतावासऔर स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर ज़मीन पर काम कर रहे हैं।”

डॉ. राम निवास के नेतृत्व में सगाइंग, मांडले और नाय पी तॉ जैसे गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय राहत कार्य जारी हैं। प्रतिदिन 4,000 से अधिक गर्मभोजन वितरित किए जा रहे हैं, भारत से 53 बक्सों में जीवनरक्षक दवाइयाँ भेजी गई हैं, और सगाइंग जनरल अस्पताल में रात्रिकालीन सर्जरी के लिए सर्जिकल लाइट्स स्थापित की गई हैं।

श्री परांडे ने आगे कहा, “हर आपदा में हम न केवल अपनी साझी मानवता को पुनः खोजते हैं, बल्किउस शाश्वत भावना को भी जीवित रखते हैं। म्यांमार और थाईलैंड अकेले नहीं हैं भारत करुणा, मित्रता और समर्पण के साथ उनके साथ खड़ा है। सेवा इंटरनेशनल अब तक सूखा राशन किट्स, तिरपाल, जीवनरक्षक दवाइयाँ, सोलर लालटेन और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करा चुका है, और यह प्रयास भारत सरकार व स्थानीय संगठनों के सहयोग से लगातार जारी हैं.

आप को बता दे कि सेवा इंटरनेशनल एक सामाजिक मानवीय संगठन है, और प्रवासियों के बीच काम करती है।जो भारत की प्राचीन ‘सेवा’परंपरा – नि:स्वार्थ सेवा – से प्रेरित है। यह संगठन 30 से अधिक देशों में सक्रिय है और आपदा राहत, पुनर्वास, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में कार्य करता है। सेवा इंटरनेशनल ने वैश्विक स्तर आपदा प्रबंधन पर कार्य कर रहा है। आप को बता दे कि यूक्रेन संकट के वक्त पांच हजार से अधिक छात्रों को भी वहां से निकाला था।

*******************************

 

सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक मिलेगी पुस्तकें : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चण्डीगढ़ 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक पुस्तकें मिल जाएगी। साथ ही प्राइवेट विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी किसी भी बुक शॉप से अपनी पुस्तक खरीद सकते है वह किसी एक बुक शॉप से पुस्तक खरीदने के लिए बाध्य नहीं है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज यहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन को लेकर स्कूल, तकनीकी और उच्चतर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट भाषण में जो भी विषय आए है उन सभी विषयों को चिन्हित कर तीव्र गति से कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर शिक्षा के स्तर में और अधिक सुधार कर शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाना है।

शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर पिछले 10 वर्षो के प्रश्न पत्र तथा मॉक टेस्ट किए जाएंगे अपलोड

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर बोर्ड कक्षाओं के पिछले 10 वर्षो के प्रश्न पत्र तथा मॉक टेस्ट अपलोड करें ताकि इससे विद्यार्थी अध्ययन करके लाभ उठा सकें। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बोर्ड की कक्षाओं के प्रश्न पत्रों में आवश्यक बदलाव करने के लिए कमेटी का गठन किया जाए।

शिक्षण संस्थानों में साफ-सफाई, हरियाली, रंग-रोगन, स्लोगन पर दिया जाए विशेष ध्यान

नायब सिंह सैनी ने कहा कि विद्यालयों में खेल व स्वच्छता विषयों पर अलग से कक्षाएं शुरू की जाए और विद्यालय स्तर पर स्वच्छता का कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में साफ-सफाई, हरियाली, रंग-रोगन, स्लोगन आदि कार्यो का विशेष ध्यान दिया जाए ताकि विद्यार्थियों को यहां आने से प्रेरणा मिलें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरटीई के तहत किसी भी स्कूल मे कोई भी सीट खाली न रहे, साथ ही उच्चतर शिक्षा के किसी भी संस्थान में कोई भी सीट खाली नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने प्रथम व द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को हर महीने एक दिन किसी न किसी राजकीय विद्यालय में जाकर समय लगाना अनिवार्य किया है और इसका एक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रदेश में इस वर्ष पूर्ण रूप से लागू किया जाए। इसको लेकर युवाओं, विद्यार्थियों से चर्चा कर इस बारे में जागरूक करने का काम किया जाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर बच्चों को स्कूल स्तर से ही अधिक मजबूत करने का काम किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर विद्यार्थी और शिक्षक अच्छा कार्य करेंगे तो उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

हरियाणा मैथ ओलंपियाड के आयोजन व अनुसंधान केन्द्रों के भ्रमण को लेकर जल्द की जाएगी रूपरेखा तैयार

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विद्यार्थियों में गणितीय सोच को बढ़ावा देने के लिए 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए हरियाणा मैथ ओलंपियाड आयोजित करने तथा छठी से 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को इसरो, डीआरडीओ तथा भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र जैसे तकनीकी संस्थानों का भ्रमण करवाने के लिए जल्द ही एक रूप रेखा को तैयार किया जाए।

नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिस तरह स्कूलों की ट्रैकिंग के लिए पोर्टल बनाया गया है। इसी तर्ज पर उच्चतर शिक्षण संस्थानो की ट्रैकिंग के लिए पोर्टल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिन महाविद्यालयों ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद के लिए आवेदन किया था और उनका आवेदन रद्द हो गया, तो ऐसे महाविद्यालयों की सूची बनाई जाए ताकि उनकी रद्द होने संबंधी कमियों को दूर किया जा सके।

मॉडल संस्कृति महाविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए हर जिले में महाविद्यालय को किया गया चिन्हित

मुख्यमंत्री को बताया गया कि प्रदेश के हर जिले में एक राजकीय महाविद्यालय को मॉडल संस्कृति महाविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए हर जिले में एक महाविद्यालय का चयन कर लिया गया है। इन आदर्श संस्कृति महाविद्यालयों में उत्कृष्ट शैक्षिक मानक, समर्पित शिक्षण सुविधाएं और विद्यार्थी-कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश में बन रहे नए महाविद्यालयों के भवन निर्माण में तेजी लाई जाए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी भारत भूषण भारती व राज नेहरू, हरियाणा राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद के चेयरमेन कैलाश चंद शर्मा, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमेन पवन कुमार सहित स्कूल, तकनीकी व उच्चतर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

******************************

 

बुलंदशहर : पेट्रोल पंप मैनेजर की गोली मारकर हत्या

बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर….

बुलंदशहर  10 April,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जौली गांव के पास सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाइवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात सनसनीखेज वारदात हुई।

बाइक सवार दो हथियारबंद हमलावरों ने पंप मैनेजर राजू शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बोतल में पेट्रोल देने से मना करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, बीती रात दो लोग बाइक से पेट्रोल पंप पर आए। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल में 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया। इसके बाद उन्होंने पंप कर्मियों से एक खाली बोतल में भी पेट्रोल देने की मांग की। पंप के सेल्समैन ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए बोतल में पेट्रोल देने से इनकार कर दिया।

इस बात पर दोनों हमलावरों और पंप कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पंप मैनेजर राजू शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इससे नाराज हमलावरों ने राजू पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से घायल राजू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

एसएसपी ने कहा, “दोनों हमलावरों ने पहले मोटरसाइकिल में तेल डलवाया, फिर बोतल में पेट्रोल मांगा। मना करने पर विवाद हुआ और मैनेजर पर गोली चला दी गई। हमलावर फरार हो गए हैं, लेकिन उनकी तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप पर ऐसी वारदात पहली बार हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पंप कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा सके। एसएसपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

***********************

 

भारत-अमेरिका ट्रेड में लंबी अवधि का नजरिया रखें निर्यातक: पीयूष गोयल

नई दिल्ली 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । नए उभरते हुए व्यापार चुनौतियों के बीच, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पीयूष गोयल ने निर्यातकों से कहा कि वे भारत-अमेरिका ट्रेड में लंबी अवधि का नजरिया रखें। केंद्रीय मंत्री की ओर से बदलते वैश्विक व्यापार पारिदृश्य के बीच एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और इंडस्ट्री बॉडीज के साथ चर्चा की गई।

यह बैठक उभरते और अत्यंत गतिशील परिदृश्यों से उत्पन्न होने वाले प्रभावों और अवसरों पर विचार-विमर्श करने और उद्योग एवं व्यापार जगत को सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराने के लिए बुलाई गई थी।

गोयल ने कहा, “विभिन्न एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और इंडस्ट्री बॉडीज के पक्षकारों के साथ एक बहुत ही उपयोगी बैठक हुई। विचार-विमर्श में अमेरिका के साथ पारस्परिक रूप से लाभकारी बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए चल रही चर्चाओं से सभी पक्षकारों को अवगत कराया गया।”

गोयल ने आगे कहा, “उन्हें (निर्यातकों) को अपने वाणिज्यिक निर्णय लेते समय भारत-अमेरिका व्यापार और आर्थिक संबंधों के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया और आश्वासन दिया कि सरकार वैश्विक व्यापार वातावरण में हाल में हुए बदलावों के बीच एक अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए काम करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने वित्त वर्ष 2024-25 में 820 अरब डॉलर से अधिक का अब तक का उच्चतम निर्यात हासिल करने के लिए निर्यातकों और उद्योग की सराहना की, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लाल सागर संकट, खाड़ी क्षेत्र में फैल रहे इजरायल-हमास संघर्ष, रूस-यूक्रेन संघर्ष और कुछ विकसित अर्थव्यवस्थाओं में धीमी वृद्धि सहित कई प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद, यह उपलब्धि की सराहनीय है।

बैठक के दौरान, गोयल ने निर्यातकों को पारस्परिक रूप से लाभकारी बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए अमेरिका के साथ चर्चा के बारे में भी जानकारी दी।

इसके अलावा, बैठक में विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली अलग-अलग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ने वैश्विक व्यापार में उभरती चुनौतियों के मद्देनजर अपने विचार और दृष्टिकोण प्रस्तुत किए और सरकार से इन चुनौतीपूर्ण समय में निर्यात उद्योग को समर्थन देने के लिए सक्रिय कदम उठाने का अनुरोध किया।

****************************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 50वां वाराणसी दौरा, भव्य स्वागत की तैयारी

वाराणसी  10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का 50वां दौरा करने जा रहे हैं।

इस खास मौके पर वे काशीवासियों को 3,884 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 1,629 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 2,255 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को लेकर वाराणसी में उत्साह का माहौल है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में मेहंदीगंज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में लगभग 50 हजार लोग उनके संबोधन को सुनने के लिए मौजूद रहेंगे।

स्थानीय प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसकी तैयारियां जोर-शोर से की हैं। जनसभा स्थल पर भीड़ प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने संपूर्ण क्षेत्र में चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री का यह 50वां दौरा उनके काशी के प्रति समर्पण को दर्शाता है। स्थानीय सांसद के रूप में नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को न केवल विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, बल्कि इसे एक मॉडल क्षेत्र के रूप में भी स्थापित किया है।

कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग बड़ी संख्या में जनसभा में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

काशी भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि कार्यकर्ता होल्डिंग, बैनर, ढोल-नगाड़ों और सजावट के साथ प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत करने को तैयार हैं।

देश की आजादी के बाद किसी भी प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र का इतना दौरा नहीं किया, जितना हमारे प्रधानमंत्री जी काशी की चिंता करते हैं और लगातार यहां आते हैं।

उनका यह 50वां आगमन काशी के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। इस दौरे पर 3,887 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा, जो काशी के विकास को नई गति देगा। भाजपा कार्यकर्ता इस मौके को उत्सव के रूप में मना रहे हैं।

अग्रहरि ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा काशी से स्वच्छता अभियान की शुरुआत को याद करते हुए कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को संकल्प के रूप में अपनाया है। हम एक पखवाड़े का स्वच्छता अभियान चला रहे हैं।

चूंकि प्रधानमंत्री मोदी को स्वच्छता बहुत पसंद है, हम उन्हें उपहार स्वरूप स्वच्छ काशी प्रदान करेंगे। कार्यकर्ता साफ-सफाई के साथ-साथ शहर को सजाने में जुटे हैं ताकि प्रधानमंत्री के स्वागत में कोई कमी न रहे।

***************************

 

एनसीआर में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी, भीषण गर्मी बढ़ाएगी परेशानी

नोएडा ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। एनसीआर में लोगों को गर्म हवाएं और हीटवेव का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी हीटवेव से एनसीआर के लोगों का सामना होगा। अगले हफ्ते से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। वहीं, लोगों की चिंता आने वाले दिनों में बढऩे वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक गर्मी के तेवर कम नहीं होंगे। इस दौरान लू के थपेड़े लोगों के लिए मुश्किलें कम नहीं होने देंगे।

कुछ दिनों बाद मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी के अलग-अलग जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जताया है, जहां कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी और लोगों को थोड़ी राहत मिलती भी दिखाई देगी।

आईएमडी ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को दिन में तेज गर्म हवाओं का सामना करना होगा। आने वाले तीन दिनों के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों और इलाकों के साथ-साथ एनसीआर में भी हल्की बूंदाबांदी और बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। 9 अप्रैल को लोगों का सामना हीटवेव से होगा और रात भी काफी ज्यादा गर्म होगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

इसके बाद एनसीआर के लोगों को 10 अप्रैल को तेज हवा और आंधी का सामना करना पड़ेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

11 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

इसके अगले दिन ही 12 अप्रैल को भी आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इसके चलते अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री बने रहने की संभावना है। लेकिन, लोगों को काफी ज्यादा उमस का सामना करना पड़ेगा।

13 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, 14 अप्रैल को भी आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

15 अप्रैल से एक बार फिर पारा चढ़ेगा। इस दौरान दिन में तेज हवाएं और लू चलेगी, जिसके कारण अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच सकता है।

हीटवेव के चलते सड़कों पर निकल रहे लोगों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्हें तेज धूप और गर्मी की वजह से परेशानी हो सकती है। इसको देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

*************************

 

बंगाल की संस्कृति की अनदेखी भाजपा को पड़ेगी भारी : सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली ,09 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली के चित्तरंजन पार्क इलाके में मांस और मछली की दुकानों को लेकर विवाद छिड़ गया है। इस विवाद के केंद्र में एक वीडियो है, जिसमें कुछ लोग डीडीए मार्केट स्थित एक मंदिर के बगल में चल रही मांस-मछली की दुकानों को जबरन बंद कराने की कोशिश कर रहे हैं। यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है, जहां आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, भाजपा को देश की संस्कृति के बारे में कुछ नहीं मालूम। वे व्हाट्सएप पर जो देखते हैं, उसे ही सच मान लेते हैं। चित्तरंजन पार्क में बंगाली समुदाय के लोग रहते हैं, जो सबसे ज्यादा शिक्षित और समझदार हैं। बंगाल की संस्कृति की अनदेखी भाजपा को भारी पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि जिस प्रांगण में मां दुर्गा की पूजा होती है, वहां मांस और मछली भी प्रसाद स्वरूप चढ़ाई जाती है। बंगाली समाज नवरात्र में भी मांसाहार करता है, यह उनकी सांस्कृतिक पहचान है।

उन्होंने सवाल उठाया, डीडीए ने इन दुकानों को कानूनी रूप से आवंटित किया है। ऐसे में भाजपा समर्थकों द्वारा गरीब दुकानदारों को धमकाना और धौंस जमाना बिल्कुल गलत है। भाजपा अपनी ताकत सिर्फ गरीबों पर ही क्यों दिखाती है?

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, अगर भाजपा को मांस-मछली की दुकानों से इतनी परेशानी है, तो उन्हें पहले डीडीए से सवाल करना चाहिए, जिसने ये दुकानें आवंटित की हैं। गरीब दुकानदारों को परेशान करना और उन पर अत्याचार करना कहीं न कहीं भाजपा की उगाही की मंशा को दर्शाता है।

इस पूरे विवाद पर स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह मार्केट पिछले 70 वर्षों से यहां स्थित है और मंदिर भी मार्केट के लोगों ने ही बनवाया है। दुकानदारों का आरोप है कि कुछ लोग जबरन संस्कृति के नाम पर दुकानों को बंद करवाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दुकानें डीडीए से पूरी तरह से अनुमोदित हैं।

****************************

 

बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर, अपराधी बेलगाम : तेजस्वी यादव

पटना ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं।

राजधानी पटना में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेतावस्था में आ गए हैं। गृह मंत्रालय किसी भी प्रदेश का महत्वपूर्ण विभाग होता है, जो मुख्यमंत्री के पास है। बिहार में अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। इस सवाल को हम लोग सदन (विधानसभा) में और सदन से बाहर भी हमेशा उठाते रहे हैं। सोशल मीडिया और प्रेस रिलीज के जरिए भी आपराधिक घटनाओं का बुलेटिन जारी करते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। अब यह समझना जरूरी है कि सरकार कैसे चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे हुए लोग अपराधियों को जेल से निकाल रहे हैं और भ्रष्टाचारियों को प्रमोट कर रहे हैं। यही सरकार की नीयत बन गई है।
वक्फ कानून को लेकर उन्होंने कहा, हम लोगों ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध किया है।

जदयू किसका विरोध कर रही है, उनकी वे जानें। उनकी पार्टी (जदयू) में वक्फ कानून को लेकर विरोध हो रहा है, उन्हें ऐसे लोगों को समझाना चाहिए। उनकी पार्टी में जाकर हम लोग तो विरोध नहीं कर रहे हैं।

भाजपा द्वारा कांग्रेस और राजद पर तुष्टिकरण की राजनीति के आरोप पर राजद नेता ने कहा कि बंटवारा तो वे कर रहे हैं। धर्म की राजनीति वे कर रहे हैं, नफरत फैलाने का काम वे लोग कर रहे हैं। देश को बांटने का काम वे कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कानून-व्यवस्था को लेकर राजद लगातार सरकार पर हमलावर है। तेजस्वी यादव ने मंगलवार को भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 117 आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए लिखा था, भाजपा-नीतीश और अपराधियों के गठजोड़ से संचालित एनडीए सरकार में घटित विगत कुछ दिनों की केवल और केवल चंद आपराधिक घटनाएं गिनिए।

***************************

 

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की नातिन की हत्या, पति ने सीने में मारी गोली

गया ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के टेंटुआ गांव के समीप एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि टेंटुआ गांव के समीप एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है।

हत्या करने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद किया है। मृतक महिला केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की दूर की नातिन बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच कई दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था और आज आरोपी पति रमेश कुमार पटना से घर लौटा था। आरोपी पति ट्रक चालक है।

घर लौटते ही अपनी पत्नी को घर में बंद कर दिया और गोली मार दिया, जिसे घटना स्थल पर ही पत्नी सुषमा देवी की मौत हो गई। मृतक महिला विकास मित्र में काम करती थी।

जानकारी के अनुसार, पति को अपनी पत्नी पर किसी और के साथ प्रेम प्रसंग चलने का शक था, इसी को लेकर वह गुस्से में था। गुस्से में आने के बाद ही कमरे में बंद कर अपनी पत्नी को गोली मार दी।

हालांकि, पुलिस ने अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस की छानबीन चल रही है। इस बीच मृतक के बहन पूनम कुमारी ने बताया कि वह पटना से बस से उतरा था और घर गया जहां पत्नी के साथ झगड़ा हो गया और उसके बाद पति ने गोली मार दी।

***************************

 

कंगना रनौत के मनाली वाले घर का बिजली बिल आया 1 लाख रुपए

एक्ट्रेस बोलीं,मैं तो वहां रहती भी नहीं

नई दिल्ली ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बॉलीवुड की ‘क्वीनÓ और मंडी से सांसद कंगना रनौत अपने अभिनय के साथ-साथ अपने तीखे और बेबाक बयानों के लिए भी सुर्खियों में रहती हैं। एक बार फिर उन्होंने कुछ ऐसा कहा है जिसने सभी को चौंका दिया है। कंगना ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित उनके घर का बिजली बिल इस महीने ?1 लाख आया है, जबकि वह वहां रहती भी नहीं हैं।

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली कंगना रनौत काम के सिलसिले में अधिकतर मुंबई में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र मंडी में एक राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसी दौरान उन्होंने अपने मनाली वाले घर के बिजली बिल को लेकर यह चौंकाने वाला खुलासा किया। इस कार्यक्रम से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राहुल चौहान नामक एक यूजर द्वारा एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किए गए इस वीडियो में कंगना कह रही हैं, मेरे को इस महीने मनाली के घर का एक लाख रुपए का बिल आया है, जहां पर मैं रहती भी नहीं हूं। सोचिए, जरा इतनी दुर्दशा की हुई है और समोसों पर इनकी एजेंसियांज् हम पढ़ते हैं और शर्मिंदगी होती है कि ये क्या हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा, हम सबके पास एक मौका है, आप सब लोग मेरे भाई-बहन ग्राउंड पर इतना काम करते हैं, इतने कर्मठ लोग हैं, ये हम सबका ही दायित्व है कि हमें इस देश को खासकर प्रदेश को उन्नति के रास्ते पर चलाना है। ये एक तरह से भेडिय़े हैं, हमें इनके चंगुल से प्रदेश को निकालना है।

**************************

 

गुजरात में कांग्रेस का अधिवेशन : खडग़े बोले, यह सरकार विपक्ष को बोलने नहीं देती

गांधीनगर ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  गुजरात में कांग्रेस के दो दिवसीय अधिवेशन में बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार पिछले 11 सालों से सत्ता में है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए कि विपक्ष के किसी भी नेता को सदन में अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जाता है।

खडग़े ने आगे कहा, यहां तक कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी बोलने नहीं दिया जाता है। ऐसे में आप इस बात का सहज ही अंदाजा लगा सकते हैं कि जब लोग राहुल गांधी सरीखे नेता को बोलने नहीं दे रहे हैं, तो भला इस देश के आम लोगों को कैसे बोलने देंगे? यह अपने आप में बड़ा सवाल है, जिस पर हम सभी को एकजुट होकर विवेचना करनी होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार का बोलने पर भी पहरा है। उन्होंने कहा,  मौजूदा हुकूमत अगर विपक्ष की अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार कर रही है, तो यह बात बड़ी आसानी से समझी जा सकती है कि यह सरकार किस मानसिकता के साथ काम कर रही है। यह कहने में कोई गुरेज नहीं होना चाहिए कि इस सरकार की यह मानसिकता इस मुल्क के आवाम के लिए कतई ठीक नहीं होगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अधिवेशन को लेकर उठाए जा रहे तमाम सवालों का भी मंच से उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 140 साल के इतिहास में 86 अधिवेशन हुए। इनमें 6 अधिवेशन गुजरात की धरती पर हुए, जिनमें 3 अहमदाबाद शहर में हुए। अहमदाबाद हमारे लिए तीर्थ स्थल जैसा है।

यहां साबरमती आश्रम है, सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक है। यह अधिवेशन महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी है और सरदार पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। बेलगावी में 26 दिसंबर को हमने घोषणा की थी कि हमारा अगला अधिवेशन गुजरात में होगा।

महात्मा गांधी ने देश को नहीं बल्कि पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया और इसी तरीके से आजादी भी दिलाई। दुनिया भर में महात्मा गांधी जी की प्रतिमाएं हैं और डाक टिकट जारी हुए हैं। यह दिखाता है कि उनके उसूलों का कितना सम्मान है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के निर्माण में गुजरात का अमूल्य योगदान रहा है। यहां पैदा हुई तीन महान हस्तियों- दादाभाई नौरो, महात्मा गांधी, सरदार पटेल – ने पूरे विश्व में अपना और कांग्रेस का नाम रोशन किया है। ये सभी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं। हमारे महान नेता सरदार पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण करके एक मजबूत राष्ट्र बनाया।

इस साल 31 अक्टूबर को हम पूरे देश में सरदार पटेल की 150वीं जयंती धूमधाम से मनाएंगे। कल उनकी श्रद्धांजलि के रूप में विस्तारित सीडब्ल्यूसी की बैठक सरदार पटेल स्मारक में आयोजित की गई। हमें फ़क्र है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस गुजरात में ही 1938 में कांग्रेस अध्यक्ष बने।

संविधान ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष रहे बाबा साहेब अंबेडकर के जीवन को प्रभावित करने में गुजरात का बड़ा योगदान रहा है। हम जहां यह अधिवेशन कर रहे हैं – वह ‘प्रेरणा भूमिÓ है। यहीं से 12 मार्च 1930 को 79 सत्याग्रहियों के साथ अंग्रेजों के खिलाफ़ दांडी मार्च निकाला गया था। इस सत्याग्रह से अंग्रेजी हुकूमत हिल गई थी।

उन्होंने कहा कि इसी के 75 साल बाद 2005 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में एक और दांडी यात्रा निकाली गई थी, जिसने देश के नौजवानों को प्रेरित किया था। गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी गांव-खेत-गरीब की पार्टी बनी थी। वे पंक्ति में खड़े अंतिम लोगों के बारे में सोचते थे। अंत्योदय गांधी की ही सोच थी।

मल्लिकार्जुन खडग़े ने ईवीएम को लेकर भी केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि जहां एक तरफ पूरी दुनिया बैलेट पेपर की तरफ लौट रही है, वहीं दूसरी तरफ हम आज भी अपनी चुनावी प्रक्रियाओं को संपन्न कराने के लिए ईवीएम पर आश्रित हैं और ईवीएम की पारदर्शिता को लेकर हमेशा से ही सवाल उठते आ रहे हैं, लेकिन अफसोस मौजूदा सरकार इस दिशा में किसी भी प्रकार का कदम उठाती हुई नजर नहीं आ रही है।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि इस सरकार ने ऐसे तरीके ईजाद कर लिए हैं, जिससे उन्हें फायदा पहुंचे, लेकिन मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि आने वाले दिनों में इस देश के नौजवान उठ खड़े होंगे और कहेंगे कि हमें ईवीएम नहीं चाहिए।

बता दें कि कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन गुजरात में हो रहा है, जिसमें देश के कोने-कोने से नेता शामिल होने पहुंचे हैं। इस अधिवेशन में सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े शामिल हुए, लेकिन इस बैठक में प्रियंका गांधी शामिल नहीं हुईं, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस अधिवेशन की शुरुआत झंडावंदन से हुई। इसके बाद मल्लिकार्जुन खडग़े ने अपने संबोधन की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने विभिन्न मुद्दों का जिक्र कर केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार निशाना साधा।

*****************************

 

फतेहपुर की घटना को लेकर सरकार सख्त कानूनी कार्रवाई करे : मायावती

लखनऊ ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने फतेहपुर में हुई घटना को लेकर कहा कि सरकार दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करके वहां पीडि़त परिवार को समय पर न्याय दे।

बसपा मुखिया मायावती ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, यूपी में आए दिन हर छोटी-छोटी बात पर लोगों का शोषण व उत्पीडऩ आदि हो रहा है, जिसके तहत अभी हाल ही में जिला फतेहपुर के एक ही किसान परिवार के 3 क्षत्रिय/ठाकुरों की व एक दलित व्यक्ति की भी हत्या कर दी गई है, जिससे लोगों में वहां काफी दहशत व्याप्त है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करके वहां पीडि़त परिवार को समय से न्याय दे तथा कानून-व्यवस्था को भी सुधारने पर विशेष ध्यान दे।

बता दें कि फतेहपुर में चुनावी रंजिश में प्रधान के दो पुत्रों और एक पौत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन पर खेत में जाते समय घात लगाकर हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं।

इस घटना को लेकर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि थाना हथगाम में पंजीकृत मुकदमे में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान बैरियर लगाकर लगातार चेकिंग की जा रही थी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, थाना खागा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक गाड़ी में कुछ अभियुक्त आ रहे थे। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

इसके बाद आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें दो बदमाशों को गोली लगी है। इनके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक गाड़ी भी जब्त की गई है।

उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इसके साथ ही थाना हथगाम में जो हत्या का मुकदमा पंजीकृत हुआ है, उसमें चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी पक्षों की जांच करके अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

****************************

 

जयपुर सीरियल ब्लास्ट केस में 17 साल बाद मिला इंसाफ

4 दोषियों को आजीवन कारावास; 71 लोगों की गई थी जान

जयपुर 09 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राजस्थान की राजधानी जयपुर में 17 साल पहले हुए सीरियल बम धमाकों के दौरान जिंदा मिले बम के मामले में राजस्थान हाई कोर्ट ने मंगलवार को चार आतंकियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला जयपुर के चांदपोल इलाके में रामचंद्र मंदिर के पास मिले एक जिंदा बम से जुड़ा है, जो 13 मई 2008 को हुए सीरियल बम विस्फोटों के बाद बरामद किया गया था।

हाई कोर्ट ने चारों आरोपियों शाहबाज हुसैन, मोहम्मद सरवर आजमी, मोहम्मद सैफ और मोहम्मद सफीउर्रहमान को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13 (गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होना) और धारा 18 (आतंकी साजिश) के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

चार दिन पहले, गत 4 अप्रैल को सीरियल ब्लास्ट मामले की सुनवाई कर रही विशेष अदालत ने इन चारों आरोपियों को दोषी करार दिया था। मंगलवार को सजा पर बहस के बाद हाई कोर्ट ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई। सजा पर बहस के दौरान सरकारी वकील और विशेष लोक अभियोजक (पीपी) सागर ने कहा, “आरोपियों ने समाज में भय फैलाने की नीयत से गंभीर अपराध किया है। इन पर कोई रहम नहीं किया जाना चाहिए।”

करीब 17 साल पहले जयपुर में हुए सीरियल बम धमाकों के बाद चांदपोल बाजार में हनुमान मंदिर के बाहर एक जिंदा बम बरामद किया गया था। यह जिंदा बम 13 मई 2008 को हुए उन सीरियल विस्फोटों का हिस्सा था, जिसमें जयपुर के विभिन्न इलाकों में हुए धमाकों ने 71 लोगों की जान ले ली थी और सैकड़ों को घायल कर दिया था। चांदपोल बाजार में मिला यह बम फटने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया था।

*******************************