राम नवमी धर्म, न्याय और कर्तव्य-परायण होने का संदेश देता है : राष्ट्रपति मुर्मू

नई दिल्ली 06 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश में आज रामनवमी का पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “सभी देशवासियों को रामनवमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह त्योहार धर्म, न्याय और कर्तव्य-परायण होने का संदेश देता है। मर्यादापुरुषोत्तम प्रभु श्री राम ने मानव जाति के लिए त्याग, वचनबद्धता, समरसता और शौर्य के उच्च आदर्श प्रस्तुत किए हैं।

उनके सुशासन यानी रामराज्य की अवधारणा को आदर्श माना जाता है। मेरी मंगलकामना है कि इस शुभ अवसर पर सभी देशवासी विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लें।”

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने एक्स अकाउंट पर लिखा, “राम नवमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्म का यह दिन- जिनके दिव्य सिद्धांत आज भी हमारे जीवन को मार्गदर्शन और प्रकाशित करते हैं, हमें हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर में निहित शाश्वत मूल्यों की याद दिलाता है।

भगवान राम की शिक्षाएं हमें उन मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने और एक अद्भुत और मजबूत राष्ट्र के रूप में हमें जोड़ने वाले बंधन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करें।”

वहीं, पीएम मोदी ने भी रामनवमी की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को रामनवमी की ढेरों शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का यह पावन-पुनीत अवसर आप सबके जीवन में नई चेतना और नया उत्साह लेकर आए, जो सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करे। जय श्रीराम।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “सभी रामभक्तों को रामनवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम का जीवन सत्य, सेवा और मानव मूल्यों की रक्षा की प्रेरणा देता है। प्रभु से सभी के स्वस्थ, सुदीर्घ और समृद्ध जीवन की कामना करता हूं।”

सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री राम को भारत की ‘अनेकता में एकता’ का सूत्र बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “रामाय रामभद्राय रामचन्द्राय वेधसे। रघुनाथाय नाथाय सीतायाः पतये नमः॥ भारत के प्राण, मानवता के आदर्श, धर्म के सर्वोत्तम स्वरूप, हमारे आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के पावन अवतरण दिवस ‘श्री राम नवमी’ की समस्त रामभक्तों एवं प्रदेशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं! भारत की आस्था, मर्यादा और दर्शन में राम हैं।

राम भारत की ‘अनेकता में एकता’ के सूत्र हैं। जन-जन की आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम की कृपा चराचर जगत पर बनी रहे। सबका कल्याण हो, यही प्रार्थना है। श्री राम नवमी का यह पावन पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की शिक्षाओं और आदर्शों को अपने व्यक्तित्व में उतारने के लिए संकल्पित होने का एक अवसर है।”

*************************

 

अयोध्या : रामनवमी के अभिजीत मुहूर्त पर श्री रामलला के ललाट पर सजा सूर्य तिलक

अयोध्या 06 April,  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । रामनवमी के अवसर पर अभिजीत मुहूर्त पर श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक हुआ। करीब चार मिनट तक यह दुर्लभ संयोग रहा। दुनिया इस अभूतपूर्व पल की साक्षी बनी।
सूर्य तिलक के साथ ही मंदिर में आरती की गई। इससे पहले कुछ देर के लिए मंदिर के पट बंद किए गए। गर्भग्रह की लाइट बंद कर दी गई, ताकि सूर्य तिलक स्पष्ट नजर आए।

सूर्य तिलक को लेकर शनिवार को आखिरी ट्रायल किया गया था। आठ मिनट तक चले इस ट्रायल के दौरान इसरो के साथ-साथ आईआईटी रुड़की और आईआईटी चेन्नई के एक्सपर्ट भी मौजूद रहे थे। रामनवमी पर दूसरी बार रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक किया गया है। इसका सीधा प्रसारण देश-दुनिया के लोगों ने देखा।

रामनवमी के अवसर पर बीते साल भी रामलला का सूर्य तिलक किया गया था। ट्रस्ट ने फैसला लिया है कि अगले बीस साल तक लगातार सूर्य तिलक होता रहेगा।

बता दें, श्री रामजन्मोत्सव पर सूर्य तिलक का धार्मिक महत्व है। प्रेरणा रामचरितमानस कीचौपाई- ‘मास दिवस कर दिवस भा मरम न जानइ कोइ, रथ समेत रबि थाकेउ निसा कवन बिधि होइ‘ है। चौपाई में तुलसीदास लिखते हैं कि रामलला का जब जन्म हुआ, तब सूर्य देव अयोध्या पहुंचे। इतना मोहित हुए कि एक महीने अयोध्या में रह गए। इस दौरान अयोध्या में रात नहीं हुई। भगवान राम सूर्यवंशी थे यानी सूर्य उनके कुल देवता हैं।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या में जिला प्रशासन ने रामनवमी पर्व को लेकर बेहद खास तैयारियां की हैं। रामकथा पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

इसके अलावा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। राम मंदिर, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, रामपथ तक जोन में बंटे हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर इंटरनल डायवर्जन भी किए जाएंगे। सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है।

**********************************

 

 

आज का राशिफल

मेष राशि:

आज का दिन आपके जीवन में खुशियां लेकर आया है। आज आपके हर परेशानी का हल चुटकियों में निकल जाएगा। सरकारी कार्यों में आपको बड़े लाभ की संभावना है। आज आप अपनी संतान के साथ पिकनिक के लिए जा सकते हैं। उनके साथ आप अच्छा समय बिताएंगे। ऑफिस में आप किसी प्रोजेक्ट के लिए अपनी बेहतरीन राय देंगे, बॉस आपके काम की तारीफ करेंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। परिवार सहित माता दुर्गा की पूजा करें, जीवन में अच्छे मौके आपको मिलते रहेंगे।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 2

वृष राशि:

आज का दिन आपके लिए आत्मविश्वास से भरा रहने वाला है। आपकी पहले से चली आ रही समस्याओं का समाधान मिलेगा, जिससे आपके मन में ख़ुशी रहेगी। परिवार में धार्मिक काम की योजना बन सकती है। आप अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिए कुछ अच्छे बदलाव करने की कोशिश करेंगे। आपके व्यवहार में कुछ अच्छे बदलाव आने से आपके नए दोस्त बन सकते हैं। माता महागौरी के दर्शन कर आशीर्वाद लें, आपकी नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक- 5

मिथुन राशि:

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा रहने वाला है। विद्यार्थियों को सफलता मिलने के योग बने हुए है, लेकिन पढ़ाई में और मेहनत करने की जरूरत है। आज घरवालों के साथ अच्छा समय बिताने को मिलेगा, जिससे परिवार का माहौल खुशनुमा रहेगा। छात्र अपनी पढ़ाई को लेकर सतर्क रहेंगे। थोड़ी और मेहनत करने से सफलता अवश्य मिलेगी। आज के दिन मां दुर्गा को खीर-पूड़ी का भोग लगाएं, आपका दिन अच्छा रहेगा।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 1

कर्क राशि:

आज महाअष्टमी के दिन आपके सभी कार्य सफल होंगे। बड़े निर्णय लेने के लिए दिन अच्छा है। किसी नई बिजनेस डील के लिए ऑफर मिलेगा। आप जीवनसाथी के साथ घर के कार्यों को पूरा करने में व्यस्त रहेंगे। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए दिन अच्छा है। बेटी के ससुराल पक्ष से बड़ी खुशखबरी मिलेगी। बच्चे आज अपने पढ़ाई के प्रति सीरियस रहेंगे। आज आपके घर नन्हे मेहमान के आगमन का योग बन रहा है। माता महागौरी को फूलों से बनी माला अर्पित करें, जीवन में आपकी गति में निरंतरता बनी रहेगी।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 5

सिंह राशि:

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहने वाला है। महिलाओं के लिए दिन शानदार रहेगा। बिजनेस मैन आज कोई जरूरी मीटिंग अटेंड कर सकते हैं। आज कार्यों में आपको माता-पिता का पूरा सहयोग मिलेगा। लवमेट अपने रिश्ते की बात घर पर कर सकते है, घर वाले भी आपके रिश्ते से सहमत होंगे। छात्रों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। किसी प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम उनके पक्ष में आयेगा। जरूरतमंद को भोजन कराएं, आप पर देवी मां की कृपा बनी रहेगी।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 4

कन्या राशि:

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। एकाग्र मन से किया गया काम लाभदायक साबित होगा। आपकी सेहत ठीक-ठाक रहेगी। जो लोग किसी नए काम में इंवेस्ट करने की सोच रहे हैं, वो फिलहाल इसे टाल दें। माता-पिता आज किसी धार्मिक स्थल पर घूमने जाएंगे। कार्यों में जीवनसाथी का सहयोग मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। बच्चे आज आपको प्रसन्न होने की वजह देंगे। देवी मां के मंदिर में अन्न का दान करें, आपकी सेहत अच्छी रहेगी।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 2

तुला राशि:

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। अगर आप आज आप अपने व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए कुछ ऐसी भी योजनाएं बनाएंगे जिससे आपको फायदा ही फायदा होगा। पारिवारिक समस्याओं को सॉल्व करने में बड़े-बुजुर्गों का सहयोग प्राप्त होगा। कॉस्मेटिक का व्यापार कर रहे लोगों को आज बड़ा मुनाफा होगा। किसी यात्रा पर जाने का मन बना रहें है तो जरूरत का सामान लेना न भूले। आज दुर्गा माता का ध्यान करें, आपको मेहनत का फल जरूर मिलेगा।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 7

वृश्चिक राशि:

आज का दिन आपके लिए खुशहाल रहने वाला है। माता महागौरी की कृपा से आपका जीवन खुशियों से भरा रहेगा। जो लोग बैंक में कार्य करते है वह आज अपना काम बहुत जल्द निपटा लेंगें। पिता से आज आपको कुछ नया सीखने को मिलेगा। आज ऐसी पुरानी चीज आपके हाथ लग सकती है, जिसे पा कर आपको खुशी महसूस होगी। आज दोस्तों के साथ फोन पर बात करके समय बिताएंगे। आज के दिन महागौरी के आगे घी का दीपक जलाएं, आपका दिन बेहतरीन रहेगा।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 3

धनु राशि:

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। घर खरीदने का विचार कर रहे लोगों के लिए आज का दिन शुभ है। आज आपका मन घरेलू काम काज में लगेगा। आज बॉस आपको किसी नए प्रोजेक्ट पर काम करने को कह सकते हैं। डिप्लोमा की तैयारी कर रहे छात्रों को आज थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है। व्यापार कर रहे लोगों का कारोबार अच्छा चलेगा। आज के दिन माता महागौरी की धूप-दीप से पूजा करें, आपके साथ सब कुछ ठीक रहेगा।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 8

मकर राशि:

आज का दिन आपके लिए नई खुशियां लेकर आया है। आपके दोस्त आपसे मदद मांगेंगे, आप उन्हें निराश नहीं करेंगे। बिजनेस कर रहे लोगों को अच्छा मुनाफा होगा। आज आप शॉपिंग करने का मन बनायेंगे। आज आप अपनी बहन को कुछ गिफ्ट दे सकते हैं, जिससे आपका रिश्ता मजबूत बनेगा। आज आप किसी जरुरी मीटिंग में शामिल होंगे। पिता की सलाह से आपको अपने बिजनेस में काफी मदद मिलेगी। सिद्धकुंजिका स्तोत्र का पाठ करें, आपकी लाइफ अच्छी बनी रहेगी।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक- 6

कुंभ राशि:

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा रहने वाला है। परिवार वालों के साथ आज देवी दर्शन के लिए जाएंगे। आज नई स्किल सीखने का विचार कर सकते है जिसका लाभ आपको भविष्य में जरूर मिलेगा। आज नया वाहन आप खरीदने का मन बना सकते हैं। माता आज अपने बच्चों को कुछ मीठा बना के खिला सकते हैं। छात्रों को आज तरक्की के नए अवसर प्राप्त होंगे। आज आपको अचानक धन लाभ होगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कन्या को कुछ गिफ्ट करके उनका आशीर्वाद लें, सफलताएं मिलती रहेंगी।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 9

मीन राशि:

आज का दिन आपके खास रहने वाला है। रुपए-पैसों के मामले में लापरवाही नहीं करेंगे तो नुकसान से बच जाएंगे। टूर-ट्रेवल्स और मीडिया संबंधी बिजनेस में नया मोड़ आ सकता है। आज आपको किसी करीबी से ऐसी सलाह मिलेगी, जिससे आपको काफी फायदा होगा। आप आर्थिक मामलों में किसी एक्सपर्ट से सलाह लेंगे, यह सलाह मददगार साबित होगी। आज माता महागौरी को मिठाई का भोग लगाएं, आपका दिन बेहतर रहेगा।

शुभ रंग- मैजेंटा

शुभ अंक- 4

**************************

 

ब्रज इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल का आयोजन वृंदावन में..!

 मराठी फिल्म निर्माता व निर्देशक अमोल भगत निर्णायक मंडल में बतौर जज शामिल..!

05.04.2025 – सांस्कृतिक गतिविधियों की दिशा में अग्रसर चर्चित संस्था ‘बाँसुरी’ द्वारा द्वितीय दो दिवसीय ब्रज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन दिनांक 19 और 20 अप्रैल को कृष्णा फनलैंड सिनेमा, छटीकरा रोड , वृन्दावन में किया जाएगा। फेस्टिवल की जानकारी देते हुए फेस्टिवल फाउंडर विनय गोस्वामी ने बताया कि फ़िल्म फेस्टिवल में शार्ट फ़िल्म, म्यूजिक वीडिओज़, डॉक्यूमेंट्री और फीचर फिल्मों को शामिल किया जाएगा।

इस दो दिवसीय फिल्म फेस्टिवल की खास बात ये है कि मराठी फिल्म निर्माता निर्देशक अमोल भगत निर्णायक मंडल में बतौर जज शामिल किया गया है। अमोल भगत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में एक जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं। मराठी फिल्म उद्योग में अमोल भगत के शानदार योगदान ने, विशेष रूप से ‘पुणे टू गोवा’ जैसी फिल्म में उनके निर्देशन के माध्यम से उन्हें व्यापक पहचान दिलाई है। कहानी कहने और सिनेमाई दृष्टि में उनकी कुशलता ने लगातार दर्शकों और आलोचकों को समान रूप से आकर्षित किया है, जिससे फिल्म निर्माण व निर्देशन के क्षेत्र में विशिष्ट छवि के साथ उनकी स्थिति मजबूत हुई है।

पुणे में जन्मे और बारामती के ग्रामीण परिवेश में पले बढ़े फिल्मकार अमोल भगत को अब तक कुल 59 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों के निर्णायक मंडल में बतौर जज शामिल किया जा चुका है। ब्रज इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में फिल्म लेखिका डॉ अचला नागर, अभिनेता ब्रजेन्द्र काला और फिल्म व टीवी धारावाहिक निर्माता, निर्देशक सिद्धार्थ नागर उपस्थित रहेंगे। अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी जी को मुख्य अतिथि के रूप से आमंत्रित किया जा चुका है।

इस फिल्म समारोह के पोस्टर लॉन्चिंग के अवसर पर आयोजन की विस्तृत चर्चा करते हुए ‘बाँसुरी’ संस्था के सचिव विवेक आचार्य ने बताया कि समारोह में चार श्रेणी रखी गई है। इन चार केटेगरी की फिल्मों में से हर कैटेगरी में बेस्ट फ़िल्म, बेस्ट स्टोरी, बेस्ट डायरेक्टर,बेस्ट अभिनेता, बेस्ट अभिनेत्री का चयन करके अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा । इस फेस्टिवल में भारतीय फिल्म जगत की किसी एक नामचीन शख्सियत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 930 अंक गिरा, निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए स्वाहा

मुंबई ,05 अपै्रल(एजेंसी)। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबार सत्र में लाल निशान में बंद हुआ। बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 930 अंक या 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,364 और निफ्टी 345 अंक या 1.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,904 पर था। इसके चलते शेयर बाजार में आज निवेशकों के करीब 10 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

गिरावट का असर लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप पर अधिक दिखा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,516 अंक या 2.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,645 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 579 अंक या 3.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 15,675 पर था। सेक्टोरल आधार पर ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फार्मा, मेटल, एनर्जी, इन्फ्रा और कमोडिटी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। केवल फाइनेंशियल सर्विसेज और एफएमसीजी इंडेक्स ही हरे निशान में बंद हुए हैं।

सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और आईटीसी टॉप गेनर्स थे। टाटा स्टील , टाटा मोटर्स, एलएंडटी, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, सन फार्मा और एचसीएल टेक टॉप लूजर्स थे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के रिसर्च हेड, विनोद नायर ने कहा कि हाल ही में अमेरिका द्वारा अनुमान से अधिक टैरिफ लागू किए जाने का वैश्विक बाजारों पर काफी असर हुआ है और निवेशक इससे हुए नुकसान की स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की संभावना ने अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है। इससे अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल की कीमतों में कमी आई है, जो संभावित आर्थिक मंदी और मंदी के बढ़ते जोखिम को लेकर चिंताओं को दर्शाता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ के बाद यूएस के बाजारों में गुरुवार को भारी बिकवाली हुई। डाओ करीब 4 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक करीब 6 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 3 अप्रैल को लगातार चौथे सत्र में अपनी बिकवाली का सिलसिला जारी रखा और 2,806 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) लगातार पांचवें दिन शुद्ध खरीदार बने रहे और उन्होंने 221.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

******************************

 

दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की फीस वृद्धि पर मनीष सिसोदिया ने की CBI जांच की मांग

नई दिल्ली  05 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों द्वारा की जा रही फीस वृद्धि को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार और प्राइवेट स्कूलों के बीच सांठगांठ का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही दिल्ली में भ्रष्टाचार को खुली छूट मिल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मिलीभगत के बिना कोई भी प्राइवेट स्कूल अपनी फीस नहीं बढ़ा सकता।

उन्होंने सवाल उठाया कि फीस वृद्धि का कितना हिस्सा मंत्रियों तक पहुंच रहा है, इसका पर्दाफाश जरूरी है। सिसोदिया ने कहा कि आप सरकार के कार्यकाल के दौरान फीस वृद्धि पर सख्त नियंत्रण था। 2015 के बाद प्राइवेट स्कूलों का ऑडिट कराया गया, और सिर्फ उन्हीं स्कूलों को फीस बढ़ाने की अनुमति दी गई, जो आर्थिक रूप से मजबूर थे।

उन्होंने बताया कि कई स्कूलों के पास करोड़ों रुपए की जमा राशि थी, फिर भी वे फीस बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे रोका गया। कई स्कूलों ने सरकार के खिलाफ कोर्ट में मुकदमे भी किए, लेकिन केजरीवाल सरकार ने उन्हें कोर्ट में मात दी।

पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज प्राइवेट स्कूल बिना किसी सरकारी अनुमति के मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली के प्रमुख स्कूलों ने 10 से 30 फीसदी तक फीस में बढ़ोतरी कर दी है।

अहलकॉन पब्लिक स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल, एंजेल पब्लिक स्कूल, रुक्मिणी देवी पब्लिक स्कूल और लैंसर पब्लिक स्कूल जैसे नामचीन संस्थानों ने हजारों रुपए तक मासिक फीस बढ़ा दी है, जबकि न तो शिक्षकों की सैलरी बढ़ी है और न ही सुविधाएं।

सिसोदिया ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि आज दिल्ली में महिलाएं बसों में मुफ्त यात्रा से वंचित हैं, मोहल्ला क्लीनिक बंद हो चुके हैं, अस्पतालों में दवाएं नहीं मिल रहीं और बिजली कटौती आम हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोगों के हितों के खिलाफ फैसले ले रही है और प्राइवेट स्कूलों की लूट को बढ़ावा दे रही है।

आप नेता ने चेतावनी दी कि अगर दिल्ली सरकार की ओर से यह लूट नहीं रोकी गई, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा माफिया की यह मनमानी दिल्ली के लाखों अभिभावकों की जेब पर सीधा हमला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मनीष सिसोदिया ने मांग की कि उन सभी स्कूलों की जांच होनी चाहिए जिन्हें आप सरकार के कार्यकाल में फीस बढ़ाने से रोका गया था, लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद उन्हें मनमानी की छूट मिल गई।

उन्होंने अंत में कहा कि जब तक शिक्षा को व्यापार समझा जाएगा, तब तक गरीब और मध्यमवर्गीय अभिभावकों का शोषण होता रहेगा।

*******************************

 

दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना शुरू

10 लाख रुपये का मिलेगा स्वास्थ्य बीमा कवरेज

नई दिल्ली 05 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना का शनिवार को शुभारंभ हो गया। इससे यहां के लोगों के लिए स्वास्थ्य बीमा कवरेज को एक नया आयाम मिलेगा। दिल्ली सरकार और नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के बीच इस संबंध में एक एमओयू साइन किया गया।

इस एमओयू के तहत दिल्ली के लोगों के लिए स्वास्थ्य बीमा कवरेज बढ़ाकर 10 लाख रुपये हो जाएगा। इस नई योजना के अनुसार, 10 लाख रुपये का बीमा कवरेज मिलेगा, जिसमें से सात लाख रुपये का खर्च दिल्ली सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। यह योजना दिल्लीवासियों को बेहतर और सस्ते इलाज की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा, “यह गर्व का क्षण है कि दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य कवरेज योजना, जो देश के 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू की गई है, अंततः राष्ट्रीय राजधानी में भी लागू हो रही है। यह योजना विश्वास पर आधारित है, इसलिए इसे बीमा योजना नहीं, बल्कि आश्वासन योजना कहा जाता है। आर्थिक जाति जनगणना के आधार पर 50 करोड़ लोगों को इस योजना के अंतर्गत लाया गया है, जिससे यह ऐसा करने वाली पहली योजना बन गई है।

उन्होंने बताया कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित 36 लाख फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को इस योजना और प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना के अंतर्गत लाया गया है, ताकि स्वास्थ्य और जीवन बीमा दोनों को कवर किया जा सके। उन्होंने कहा कि इन फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को व्यापक सामाजिक सुरक्षा कवरेज के दायरे में लाने के लिए ऐसा किया गया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्ववर्ती आप सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह योजना दिल्ली की जीवन रेखा बन सकती थी, लेकिन पिछली सरकारों की साजिशों के कारण इसे दिल्ली में लागू नहीं किया जा सका। हम सभी अपने पूरे मंत्रिमंडल की ओर से, सभी सांसदों की ओर से और दिल्ली की जनता की ओर से केंद्र सरकार का, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने दिल्ली में इस स्वास्थ्य योजना को लागू किया और दिल्लीवासियों के लिए बड़ा फंड मुहैया कराया। इस योजना के लागू होने से अब दिल्ली के लोग भी बिना किसी चिंता के, सुकून से जीवन जी सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि 23 सितंबर 2018 को शुरू की गई आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई स्वास्थ्य सेवा में एक बड़ा बदलाव लेकर आई है, खासकर देश भर के लाखों गरीब और कमजोर परिवारों के लिए। सिर्फ पांच साल में इसने उन्हें समय पर पहुंच और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान की, जिससे उन्हें चिकित्सा आपात स्थितियों के दौरान भारी स्वास्थ्य व्यय का बोझ नहीं उठाना पड़ा।

****************************

 

हमारी सरकार बनी तो बिहार में वक्फ संशोधन विधेयक लागू नहीं होगा : तेजस्वी यादव

पटना  05 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को वक्फ संशोधन विधेयक के संबंध में एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो बिहार में वक्फ संशोधन विधेयक किसी कीमत पर लागू नहीं होगा और इसे कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने लोकसभा और राज्यसभा में अपनी बातें पूरी मजबूती के साथ रखी और कड़ा विरोध करके इसके खिलाफ वोट किया।

उन्होंने कहा कि जो लोग मुसलमानों के हितैषी होने का ढोंग करते हैं, उनकी पोल खुल चुकी है। बिहार में जब हमारी सरकार बनेगी तो वक्फ संशोधन विधेयक को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे और इसे कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।

वक्फ संशोधन विधेयक को असंवैधानिक बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें संविधान के आर्टिकल 26 का उल्लंघन किया गया है। भाजपा और आरएसएस लगातार संविधान विरोधी कार्य कर रही है और देश के लोगों को बांटना चाहती है। इस तरह के अन्यायपूर्ण बिल के खिलाफ राजद कोर्ट में गया है। इसे लेकर सदन से सड़क और कोर्ट तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के उसूलों पर रहते हुए इस बिल के खिलाफ पूरी मजबूती से लालू यादव के नेतृत्व में इसका विरोध करती रहेगी और किसी भी कीमत पर देश के संविधान के खिलाफ जो कार्य किए जा रहे हैं, उसे आगे नहीं बढ़ने देगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं। ये लोग विचारधारा की राजनीति नहीं बल्कि कहीं न कहीं भाजपा के पक्ष में खड़े होकर उनका विश्वास जीतने में लगे रहे। लेकिन, ऐसे लोगों को समझना चाहिए कि मुसलमानों का हितैषी होने का ढोंग करने से कुछ नहीं होगा।

जिस तरह से 65 प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था को भाजपा ने रुकवाया, उसके खिलाफ पिछड़ा, अतिपिछड़ा, दलित, आदिवासी को दीर्घकालीन लाभ के लिए सोचना चाहिए और ऐसे मामलों में इस बात को समझना चाहिए कि भाजपा दलित, पिछड़ा, आदिवासी, अतिपिछड़ा के विरोध की राजनीति करती है और उनके हक और अधिकार को रोकना चाहती है।

उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विषय वक्फ संशोधन विधेयक पर भी मुख्यमंत्री एक शब्द नहीं बोल रहे हैं और चुप्पी साध लिए हैं। मुख्यमंत्री का एक भी शब्द नहीं बोलना और महत्वपूर्ण विषयों पर चुप्पी से समझा जा सकता है कि सरकार कैसे चल रही है।

*******************************

 

अयोध्या में रामनवमी की व्यापक तैयारी, चप्पे-चप्पे में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद

अयोध्या  05 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामनवमी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रीराम जन्मोत्सव पर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रवीण कुमार ने बताया कि अयोध्या में रामनवमी को लेकर सुरक्षा की सारी तैयारियां जोरों पर हैं। हर महत्वपूर्ण जगह सीसीटीवी लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए कई जगह कैमरे लगाए गए हैं। ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। अयोध्यावासी भी हमारी सुरक्षा का हिस्सा हैं। मल्लाह और वेंडर सभी की सुरक्षा के पहलुओं को देख रहे हैं और कार्रवाई कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अयोध्या आते हैं। उनके प्रबंधन का इंतजाम किया जा रहा है। गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के साथ तालमेल करके सारे इंतजाम किए जा रहे हैं।

सभी लोग मिलकर टीम भावना के साथ काम कर रहे हैं। भीड़ प्रबंधन का बेहतर इंतजाम किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। राम मंदिर, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, रामपथ तक जोन में बंटे हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर इंटरनल डायवर्जन भी किए जाएंगे।

अयोध्या में जिला प्रशासन ने रामनवमी पर्व को लेकर बेहद खास तैयारियां की हैं। रामकथा पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। रामनवमी के दिन मंदिर में होने वाले ‘सूर्य तिलक’ अनुष्ठान की विशेष महिमा होगी, जिसे विश्व भर के श्रद्धालु लाइव देख सकेंगे।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और वैज्ञानिक परंपराओं का अद्वितीय उदाहरण है।

रामनवमी के दिन सुबह 6 बजे श्रीरामलला का पवित्र जल, पंचामृत और औषधियों से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद, 9:30 से 10:30 बजे तक विशेष श्रृंगार और भोग अर्पण होगा। दोपहर 12 बजे, जब श्रीराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा, विशेष आरती और छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे।

***************************

 

वक्फ में धर्मार्थ कार्य अगर नहीं हो रहा, तो सुधार की जरूरत : आरिफ मोहम्मद खान

बक्सर 05 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । वक्फ संशोधन विधेयक संसद के दोनों सदनों से पास हो चुका है, लेकिन इसे लेकर शुरू हुई बयानबाजियों का दौर अब तक नहीं थमा है। सत्ता पक्ष इस विधेयक को जहां गरीब मुसलमानों के हित के लिए जरूरी बता रहा है, वहीं विपक्ष इसे मुसलमानों के खिलाफ बता रहा है।

इसे लेकर विपक्ष लगातार सत्ता पक्ष पर हमलावर है। इस बीच, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि मैं राजनीति की बात नहीं कर रहा हूं, लेकिन अगर धर्मार्थ कार्य नहीं हो रहे हैं तो सुधार की आवश्यकता है।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “मैं जानता हूं कि वक्फ है तो उसका मतलब है धर्मार्थ का कार्य होना चाहिए। अगर धर्मार्थ का काम नहीं हो रहा है और केवल मुकदमेबाजियां हो रही हैं, तो वहां सुधार की जरूरत है।”

इससे पहले भी राज्यपाल ने वक्फ संशोधन विधेयक पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा था कि पटना में भी कई वक्फ प्रॉपर्टी हैं, लेकिन इसके जरिए कितने अस्पताल और स्कूल या अनाथालय बनवाए गए, जरा नाम बता दीजिए? उन्होंने कुरान की आयतों का जिक्र करते हुए वक्फ का मतलब समझाया।

उन्होंने कहा कि वक्फ प्रॉपर्टी का इस्तेमाल केवल मुस्लिमों के कल्याण के लिए नहीं है। यह हर उस शख्स के लिए है जो गरीब है, निर्धन है, जिसे सहारे की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब मैं यूपी में मंत्री था, तो मैंने कुछ समय के लिए वक्फ विभाग संभाला था। हर समय मुझे ऐसे लोगों से मिलना पड़ता था, जिनके संपत्ति के मामले चल रहे थे।

वक्फ संशोधन विधेयक संसद के दोनों सदनों से पास हो चुका है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह कानून बन जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 पर राज्यसभा में गुरुवार को चर्चा शुरू हुई और लगातार चली बैठक के बाद शुक्रवार तड़के यह विधेयक पारित हो गया। इसके पक्ष में 128 और विरोध में 95 मत पड़े।

*****************************

 

भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल बनकर तैयार

रामनवमी के मौके पर PM Modi करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली 05 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को तमिलनाडु का दौरा करेंगे। रामनवमी के अवसर पर, दोपहर 12 बजे पीएम मोदी भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल ‘नये पंबन रेल पुल’ का उद्घाटन करेंगे। वह सड़क पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाएंगे तथा पुल के संचालन को देखेंगे।

इसके बाद, दोपहर 12:45 बजे पीएम मोदी रामेश्वरम के रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। दोपहर 1:30 बजे रामेश्वरम में ही वह तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।”

पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “6 अप्रैल (रविवार) को रामनवमी के शुभ अवसर पर, मैं तमिलनाडु के अपने भाइयों और बहनों के बीच आने के लिए उत्साहित हूं। नये पंबन रेल ब्रिज का उद्घाटन किया जाएगा। मैं अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में प्रार्थना करूंगा। 8300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन या शिलान्यास भी किया जाएगा।”

रेलवे में सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश ने कई नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। भारतीय रेल ने भी इस दौरान नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेनों ने देश को एक नया विकसित आयाम दिया है। कश्मीर तक सीधी रेल सेवा के लिए चिनाब और अंजी पुलों के निर्माण से देश का गौरव बढ़ा है।

इसी तरह, दक्षिण में रामेश्वरम को मुख्य भूमि से जोड़ने वाले नए पंबन ब्रिज से देश के बुनियादी ढांचे को नई पहचान मिली है। बड़ी परियोजनाओं के सफलतापूर्वक पूरा होने से यह साबित होता है कि देश का विकास सही दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। समुद्री लहरों की चुनौती को पार कर इस ब्रिज का निर्माण एक कठिन कार्य था।

ऐसे प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में आमतौर पर दशकों लग जाते हैं, जिससे लागत कई गुना बढ़ जाती है। लेकिन पीएम मोदी का स्पष्ट विजन कि जिन परियोजनाओं का वे शिलान्यास करते हैं, उनका उद्घाटन भी वही करेंगे, ने नौकरशाही और तकनीकी विशेषज्ञों को समय पर काम पूरा करने के लिए प्रेरित किया है।

पीएम मोदी ने 2019 में पंबन ब्रिज का शिलान्यास किया था, और 5 साल में यह समुद्र के ऊपर बनकर तैयार हो गया है। अब वे इसका उद्घाटन करने जा रहे हैं, जिससे पूरे देश में उत्साह है।

2.08 किलोमीटर लंबा यह ब्रिज कई मायनों में खास है। इसमें 18.3 मीटर के 99 स्पैन और 72.5 मीटर का एक वर्टिकल लिफ्ट स्पैन है। यह पुराने ब्रिज से 3 मीटर ऊंचा है, जिससे बड़े जहाज आसानी से गुजर सकेंगे।

इसके ढांचे में 333 पाइल हैं, और यह इतना मजबूत बनाया गया है कि वर्षों तक रेल और समुद्री परिचालन सुरक्षित रहेगा। इसमें एंटी-कोरोजन तकनीक, पॉलीसिलॉक्सेन पेंट, उन्नत स्टेनलेस स्टील और फाइबर रिइंफोर्स्ड प्लास्टिक का उपयोग किया गया है, जिससे यह लंबे समय तक टिकाऊ रहेगा। इस ब्रिज के निर्माण ने भारत की डिजाइन और सर्टिफिकेशन में तकनीकी श्रेष्ठता को साबित किया है।

उन्होंने कहा कि अब पूरा विश्व जान गया है कि आईआईटी चेन्नई और आईआईटी बॉम्बे जैसी संस्थाएं समुद्री पुलों के डिजाइन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य को कुशलता से पूरा कर सकती हैं।

******************************

 

रुपये में तेजी जारी, डॉलर के मुकाबले 3 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा

नई दिल्ली ,04 अपै्रल (एजेंसी)। डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी का दौर जारी है। शुक्रवार को यह 85 के नीचे पहुंच गया, जो कि अमेरिकी मुद्रा के खिलाफ तीन महीने का सबसे उच्चतम स्तर है।

कारोबारी सत्र की शुरुआत में डॉलर के मुकाबले रुपया 85.04 पर खुला और शुरुआती कारोबार में ही यह 84.99 पर पहुंच गया है, जो पिछले सत्र में डॉलर के मुकाबले रुपया की क्लोजिंग 85.44 से 40 पैसे अधिक है।

डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ से डॉलर के कमजोर होने और कच्चे तेल में गिरावट को माना जा रहा है।

ट्रंप द्वारा टैरिफ के ऐलान के बाद से दुनिया के छह बड़े देशों की मुद्रा के खिलाफ अमेरिकी मुद्रा की मजबूती दर्शाने वाले डॉलर इंडेक्स में बड़ी गिरावट देखी गई है। यह कमजोर होकर 101.69 के करीब आ गया है। टैरिफ ऐलान के समय गुरुवार को डॉलर 104 के आसपास था।

जानकारों का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ उम्मीद से ज्यादा हैं, जिसके कारण अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मंदी में जाने का खतरा है और इस कारण डॉलर में कमजोरी देखी जा रही है।

डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती की एक वजह कच्चे तेल में बड़ी गिरावट होना है। ब्रेंट क्रूड 69.64 डॉलर प्रति बैरल के करीब बना हुआ है।
भारत अपनी जरूरत का 80 प्रतिशत से अधिक कच्चा तेल आयात करता है, ऐसे में जब भी कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आती है तो देश को बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा बचत करने में मदद मिलती है और इससे रुपये को सहारा मिलता है।

एलकेपी सिक्योरिटी में वीपी रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी), जतिन त्रिवेदी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये में तेज रिकवरी देखने को मिली है। वैश्विक संकेतों और एफआईआई फ्लो के कारण डॉलर के मुकाबले रुपया 85 से 85.90 के बीच में रह सकता है।

*****************************

 

13 साल से कम उम्र के बच्चों को न चलाने दें सोशल मीडिया

नई दिल्ली 04 April, (एजेंसी)- 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर एक याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। अदालत ने कहा कि यह नीतिगत का मामला है और इसे संसद से कानून बनाने के लिए कहा जा सकता है।

न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा, “यह नीतिगत का मामला है। आप संसद से कानून बनाने के लिए कहें।” कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए याचिकाकर्ता को संबंधित प्राधिकरण के पास प्रस्तुति देने की स्वतंत्रता दी।

कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि याचिका में कोई प्रस्तुति दी जाती है तो उसे आठ सप्ताह के भीतर कानून के अनुसार विचार किया जाएगा।

यह याचिका जेप फाउंडेशन द्वारा दायर की गई थी, जिसमें केंद्र और अन्य से बच्चों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों तक पहुंच को नियंत्रित करने के लिए मजबूत आयु सत्यापन प्रणाली, जैसे बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण लागू करने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

इसके अलावा, याचिका में यह भी मांग की गई थी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर बच्चों की सुरक्षा नियमों का पालन न करने पर कड़ी सजा लागू की जाए।

************************

 

राहुल गांधी को झटका, वीर सावरकर पर टिप्पणी केस में याचिका खारिज

नई दिल्ली 04 April (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने वीर सावरकर पर कथित अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में राहुल गांधी को राहत देने से इनकार कर दिया है।

राहुल गांधी ने याचिका दाखिल करते हुए निचली अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उनको समन जारी कर जुर्माना लगाया गया था। न्यायालय ने राहुल गांधी की याचिका को खारिज कर दी। हाईकोर्ट की बेंच ने उन्हें अल्टरनेट रेमेडी (वैकल्पिक उपाय) अपनाने का सुझाव देते हुए लखनऊ सेशन कोर्ट जाने को कहा है।

दरअसल, 3 मार्च को लखनऊ की अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने लगातार पेशी से गायब रहने पर राहुल पर 200 जुर्माना लगाया था। चेतावनी दी थी कि 14 अप्रैल को अदालत में हाजिर हों, अगर वे इस तारीख को भी पेश नहीं होते हैं तो कठोर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। गैर-जमानती वारंट भी जारी किया जा सकता है।

*****************************

 

हिसार एयरपोर्ट से पहली उड़ान अयोध्या के लिए

14 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

चंडीगढ़ 04 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हिसार एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट अयोध्या के लिए रवाना होगी। इस महत्वपूर्ण यात्रा का शुभारंभ 14 अप्रैल को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। हिसार से अयोध्या सिर्फ दो घंटे का। विमान सुबह 10:40 बजे अयोध्या के लिए रवाना होगा और दोपहर 12:40 बजे वहां लैंड करेगा। इससे पता चलता है कि हिसार से अयोध्या की यात्रा में अब सिर्फ 2 घंटे का समय लगेगा। यात्रियों को आरामदेह उड़ान का अनुभव होने के साथ-साथ समय की भी बचत होगी।

सीआईएसफ को मिला सुरक्षा का जिम्मा

सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ को सौंपी गई है। हिसार एयरपोर्ट पर कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। यह कार्य सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) को सौंप दिया गया है

हरियाणा से नए विमानन उद्योगों की शुरुआत:

हरियाणा के विमानन उद्योग में एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतिनिधित्व करता है। राज्य के नागरिकों को अब दिल्ली या चंडीगढ़ हवाई अड्डों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। भविष्य में इस साइट से अन्य शहरों की यात्रा की अधिक संभावना है।

14 अप्रैल, 2025 को हिसार के इतिहास में एक स्वर्णिम दिन जुड़ जाएगा। यहाँ से अयोध्या के लिए यह पहला सीधा हवाई संपर्क होगा। धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से, यह कदम न केवल हरियाणा के विकास को गति देगा बल्कि एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में भी देखा जाएगा।

**************************

 

BSNLसे बीते सात महीनों में जुड़े 55 लाख से अधिक नए ग्राहक: ज्योतिरादित्य सिंधिया

नई दिल्ली  04 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । सरकारी क्षेत्र की टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल से बीते सात महीनों में 55 लाख से अधिक नए ग्राहक जुड़े हैं, जिससे कंपनी के कुल सब्सक्राइबर्स की संख्या बढ़कर 9.1 करोड़ हो गई है।

यह जानकारी सरकार द्वारा संसद में दी गई। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को राज्यसभा को बताया कि जून 2024 से इस साल फरवरी तक बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या 8.55 करोड़ से बढ़कर 9.1 करोड़ हो गई है।

उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों के कारण सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी 18 साल बाद अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान मुनाफे में आ गई है।

सिंधिया ने आगे कहा कि बीएसएनएल देश भर के उन गांवों में 4जी मोबाइल सेवाओं को पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण परियोजना पर काम कर रहा है, जहां मोबाइल सेवाएं नहीं पहुंच पाई हैं।

इस परियोजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। इसकी कुल लागत 26,316 करोड़ रुपये है। इसमें मौजूदा 2जी बीटीएस को 4जी में अपग्रेड करना भी शामिल है।

इसके अलावा, बीएसएनएल एलडब्ल्यूई चरण-I योजना के तहत स्थापित मौजूदा 2,343 2जी बीटीएस को 2जी से 4जी में अपग्रेड करने का कार्य भी कर रहा है, जिसकी अनुमानित लागत 1,884.59 करोड़ रुपये है।

दूरसंचार क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में हुई प्रगति का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत 4जी नेटवर्क उपकरण बनाने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है।

सिंधिया ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशानिर्देशों के अनुरूप बीएसएनएल अपना 5जी नेटवर्क शुरू करने के लिए केवल “स्वदेशी” उपकरणों का उपयोग करेगा।

उन्होंने कहा कि बीएसएनएल एक लाख टावर लगाने का 4जी लक्ष्य पूरा करने के बाद 5जी का क्रियान्वयन शुरू करेगा। करीब 73,326 4जी टावर लग चुके हैं, जो कुल काम का करीब 73 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि बाकी काम भी जल्द ही पूरा हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आगे कहा कि भारत में 5जी का क्रियान्वयन दुनिया में सबसे तेज रहा है और पिछले एक साल में 99 प्रतिशत जिलों और 82 प्रतिशत आबादी को कवर किया गया है।

********************************

 

नहीं रहे अभिनेता मनोज कुमार..!, 87 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस..!

*श्रद्धांजलि

बॉलीवुड में शोक की लहर…….!

04.04.2025 – भारतीय फिल्म जगत के मशहूर निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक, लिरिक्स राइटर और अभिनेता मनोज कुमार का निधन 87 वर्ष की आयु में 4 अप्रैल को अहले सुबह कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए विख्यात मनोज कुमार को फिल्म इंडस्ट्री में ‘भारत कुमार’ के नाम से भी पुकारा जाता था।

उन्हें पद्म श्री और दादा साहब फाल्के पुरस्कार सहित कई अन्य सम्मान भी प्राप्त हुए थे। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 1957 में आई फिल्म ‘फैशन’ से की थी। इसके बाद 1961 में उनकी फिल्म ‘कांच की गुड़िया’ रिलीज हुई। इस फिल्म में वह बतौर लीड अभिनेता नजर आए थे, जो सफल रही।

मनोज कुमार ने ‘सहारा’ (1958), ‘चांद’ (1959) और ‘हनीमून’ (1960) जैसी फिल्मों में खाम किया और फिर उन्हें मिली ‘कांच की गुड़िया’ (1961) जिसमें वो पहली बार लीड रोल में दिखे। इसके बाद ‘पिया मिलन की आस’ (1961), ‘सुहाग सिंदूर’ (1961), ‘रेशमी रूमाल’ (1961), ‘हरियाली और रास्ता’ (1962), ‘शादी’ (1962), ‘डॉ. विद्या’ (1962), गृहस्थी (1963) आई। उन्हें सबसे अधिक सफलता साल 1962 में विजय भट्ट की ‘हरियाली और रास्ता’ से मिली जो कमर्शियली हिट रही। फिल्म में माला सिन्हा थीं। मनोज कुमार ने ‘वो कौन थी’ (1964), ‘शहीद’ (1965), ‘गुमनाम’ (1965), ‘सावन की घटा’ (1966), ‘दो बदन’ (1966), ‘उपकार’ (1967), ‘पत्थर के सनम’ (1967), ‘अनिता’ (1967), ‘नील कमल’ (1968), ‘साजन’ (1969), ‘पूरब और पश्चिम’ (1970), ‘पहचान’ (1970), ‘मेरा नाम जोकर’ (1970), ‘यादगार’ (1970), ‘बेईमान’ (1972), ‘शोर’ (1972), ‘रोटी कपड़ा और मकान'(1974), ‘संन्यासी’ (1975), दस नंबरी’ (1976), अमानत (1977), ‘क्लर्क’ (1989) और ‘क्रांति’ (1981) जैसी कमाल की कई फिल्में दीं, जिन्हें सिनेप्रेमियों की जमात कभी भुला नहीं पाएगी।

आज भले ही मनोज कुमार हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन वो अपनी फिल्मों के जरिए सिनेदर्शकों के दिलोदिमाग में युगों युगों तक छाए रहेंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

संसद में नहीं हूं वरना अकेला ही काफी था….

ऑपरेशन के बाद AIIMS में भर्ती लालू यादव की वक्फ बिल पर संसद तक गूंज

नई दिल्ली 03 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव खराब तबीयत के कारण दिल्ली के एम्स में दाखिल हैं। जानकारी के अनुसार उनकी पीठ के घावों का ऑपरेशन हुआ, जो कि सफल रहा है। इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके अकाउंट से एक पोस्ट किया गया है।

पोस्ट में लिखा, संघी-भाजपाई नादानों…तुम मुसलमानों की जमीनें हड़पना चाहते हो लेकिन हमने सदा वक्फ की जमीनें बचाने के लिए कड़ा कानून बनाया है और बनवाने में मदद की है।

उन्होंने कहा कि मुझे अफसोस है कि अल्पसंख्यकों, गरीबों, मुसलमानों और संविधान पर चोट करने वाले इस कठिन दौर में संसद में नहीं हूं अन्यथा अकेला ही काफी था। सदन में नहीं हूं तब भी आप लोगों के ख्यालों, ख्वाबों, विचारों और चिंताओं में हूं, यह देखकर अच्छा लगा। अपनी विचारधारा, नीति और सिद्धांतों पर प्रतिबद्धता, अडिगता और स्थिरता ही मेरे जीवन की जमा पूंजी है।

वहीं, वक्फ संशोधन बिल को लेकर राज्यसभा में सरकार की ओर से कहा गया कि यह विधेयक देशहित में है। इसका मकसद जमीन माफिया पर रोक लगाना है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संसद के उच्च सदन में कहा कि मौजूदा वक्फ कानून का दुरुपयोग हो रहा था, जिससे मुसलमानों को नुकसान और भूमि माफियाओं को लाभ मिल रहा था।

यह विधेयक किसी विशेष पार्टी या वोट बैंक को ध्यान में रखकर नहीं लाया गया, बल्कि वक्फ संपत्तियों के उचित प्रबंधन और जवाबदेही को सुनिश्चित करने के लिए है।

****************************

 

लंदन से मुंबई आ रही फ्लाइट पहुंची टर्की

15 घंटे से फंसे 200 से ज्यादा भारतीय

नई दिल्ली 03 April (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – लंदन से मुंबई आ रही वर्जिन अटलांटिक एयरलाइन की फ्लाइट में यात्री करीब 15 घंटे तक फंसे रहे। जानकारी के अनुसार फ्लाइट में 200 से अधिक भारतीय थे। फ्लाइट को आपात मेडिकल केस के कारण टर्की डायवर्ट कर दिया गया।

एयरलाइन ने सफाई देते हुए कहा कि मेडिकल इमरजेंसी और टेक्निकल जांच के लिए फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि ये ताज्जुब की बात है कि किसी फ्लाइट में एक साथ मेडिकल इमरजेंसी और टेक्निकल फॉल्ट देखने को मिला है। बहरहाल इस डायवर्जन के कारण यात्री पिछले 15 घंटे से भी ज्यादा समय से टर्की में फंसे हुए हैं।

बता दें कि वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट VS358 ने 2 अप्रैल को लंदन से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन अचानक इसे टर्की के दियारबाकिर एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि फ्लाइट की टेक्निकल जांच भी की जाएगी। इस संबंध में एक एक्स यूजर ने भारतीय दूतावास से दखल देने की अपील की।

उसने लिखा, ‘लंदन से उड़ान भरने के बाद मुंबई जाने वाली वर्जिन अटलांटिक फ्लाइट को दियारबाकिर एयरपोर्ट (DIY) पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। गर्भवती महिला सहित 200 से अधिक भारतीय यात्री पानी और बुनियादी सुविधाओं के बिना फंसे हुए हैं। कृपया तत्काल हस्तक्षेप करें।’

इस पर जवाब देते हुए भारतीय दूतावास ने लिखा- ‘अंकारा स्थित भारतीय दूतावास दियारबाकिर हवाई अड्डा निदेशालय और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। फंसे हुए यात्रियों की देखभाल के लिए हर संभव समन्वय और प्रयास किए जा रहे हैं।’

यूजर ने यह भी दावा किया कि उसका एक रिलेटिव भी इन फंसे हुए यात्रियों में शामिल है और परिवार के लोगों को उसकी चिंता हो रही है। उसने कहा कि यात्रियों को खाने के लिए केवल एक सैंडविच दिया गया है।

******************************

 

सिकंदर’ के समर्थन में उतरे सलमान खान के फैंस….!

03.04.2025 – भारतीय फिल्म जगत के चर्चित फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला के द्वारा निर्मित और ए.आर. मुरुगदॉस द्वारा निर्देशित सलमान खान स्टारर फिल्म ‘सिकंदर’ देशभर में धमाल मचा रहा है। रिलीज के बाद अब तक ₹158.5 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई कर चुकी है। लेकिन बदले हुए हालात में इस फिल्म को नेगेटिव रिव्यूज़ का सामना करना पड़ रहा है, जहां कुछ लोग ‘किसी का भाई किसी की जान’ के रिएक्शंस को ‘सिकंदर’ से जोड़कर गलत ढंग से पेश कर रहे हैं।

यह गतिविधि कई जगहों पर देखी गई है, लेकिन अभिनेता सलमान खान के फैंस राष्ट्रीय स्तर पर अब खुलकर इसके खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं। सलमान खान फैंस क्लब के एक एडमिन का कहना है कि ‘सिकंदर’ के खिलाफ नेगेटिविटी को जानबूझकर बढ़ाया जा रहा है। इस पर फैन क्लब एडमिन ने कहा है, “यह देखना बाकी है कि यह किसी इंडस्ट्री इनसाइडर का काम है या फिर सिर्फ किसी प्रतिद्वंद्वी फैन ग्रुप की स्ट्रैटेजी।

लेकिन इस तरह के कैंपेन किसी भी फिल्म को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ के वक्त भी ऐसा हुआ था। इस तरह के पोस्ट्स से लड़ना मुश्किल होता है, क्योंकि इसके लिए किसी एजेंसी को हायर किया गया होगा, जो हर घंटे हजारों बॉट्स एक्टिव कर रही होगी। कई पोस्ट्स में दावा किया गया कि फिल्म के शो कैंसल हो रहे हैं, लेकिन अगर आप मुंबई स्थित ‘गेयटी- गैलेक्सी’ में जाकर चेक करें, तो वहां शो हाउसफुल चल रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर इस फिल्म के जो बॉक्स ऑफिस के कलेक्शन रिपोर्ट आ रहे हैं वो मेकर्स के लिए संतोष जनक हैं। अभिनेता सलमान खान की ‘सिकंदर’ संग बिग स्क्रीन पर दमदार वापसी रही है, जिसमें वह बेहद खूबसूरत रश्मिका मंदाना के साथ नजर आ रहे हैं। यह फिल्म सभी सिनेमाघरों में धूम मचा रही है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

********************************

 

बाबू कुंवर सिंह जयंती को लेकर मुजफ्फरपुर में भाजपा नेता राकेश सिंह की उपस्थिति में बैठक हुई

पटना , 03 अप्रैल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुजफ्फरपुर के सबसे बड़े पंचायत अखाड़ाघाट में उमा शाही  के मकान मे 23 अप्रैल को बापू सभागार मे बाबू वीर कुंवर सिंह सौर्य जयंती समारोह कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक किया गया ।

सभी लोगो ने मुजफ्फरपुर से बड़ी संख्या मे पटना पहुंचने का आश्वासन दिया. बिहार मे पहली बार ऐतिहासिक प्रदर्शन सौर्य दिवस पर शाम मे तीन बजे विशेष आकर्षण भारतीय वायु सेना का नौ लड़ाकू विमान दस्ता का सूर्य किरण का सौर्य प्रदर्शन पटना मे किया जायेगा.  बड़ी संख्या मे लोग जुटेंगे.

बैठक में मुख्य रूप से भाजपा नेता प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश सिंह मुखिया प्रतिनिधि भूषण सिंह संतोष सिंह कुंदन सिंह आनंद सिंह ऊर्फ बाबू साहेब राजेश सिंह रवि शंकर शाही विजय सिंह अरुण सिंह बबन सिंह पप्पू सिंह प्रमोद सिंह नागेंद्र सिंह मनीष सिंह सुधीर कुमार सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे.

कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष सिंह  और संचालन उमा शाही ने किया।

**************************

 

यूपी : वीरता के साथ अब विकास का भी इतिहास रच रहा बुंदेलखंड

लखनऊ 03 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बुंदेलखंड, शौर्य और संस्कार की धरती है। अपनी वीरता के इतिहास के लिए विख्यात बुंदेलखंड की धरा आने वाले समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से विकास का इतिहास रचने जा रही है। अक्सर सूखे के लिए जाना जाने वाला बुंदेलखंड भविष्य में अपनी हरियाली के नाते जाना जाएगा।

यहां की बड़ी और छोटी सिंचाई परियोजनाएं, खेत तालाब योजना के तहत बनाए गए तालाब इसका जरिया बन रहे हैं। कृषि के साथ ही बुंदेलखंड औद्योगिक प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ चुका है।

उल्लेखनीय है कि बुंदेलखंड में सात जिले (चित्रकूट, बांदा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर) शामिल हैं। करीब 69 हजार वर्ग किलोमीटर में विस्तृत बुंदेलखंड का रकबा उत्तर प्रदेश के कुल रकबे का करीब 10 प्रतिशत है।

यहां दलहन और तिलहन की फसलों की खेती की अच्छी संभावना है। सरकार यहां दलहन ग्राम योजना भी चला रही है। साथ ही पूरे बुंदेलखंड में मिशन मोड में प्राकृतिक खेती के प्रोत्साहन पर भी सरकार का पूरा फोकस है।

अमूमन सूखे का सामना करने वाले बुंदेलखंड की कृषि उत्पादन में हिस्सेदारी सिर्फ 5.5 प्रतिशत है। उत्पादन के इस अंतर की भरपाई के लिए सरकार बुंदेलखंड में सिंचन क्षमता में लगातार विस्तार कर रही है।

साथ ही विश्व बैंक की मदद से चार हजार करोड़ की लागत से छह वर्ष तक चलने वाली उत्तर प्रदेश ग्रोथ एंड रूरल एंटरप्राइज इकोसिस्टम स्ट्रेंथनिंग (यूपी एग्रीज) योजना में बुंदेलखंड के सभी जिलों को शामिल कर सरकार यहां की खेतीबाड़ी का भी कायाकल्प करने जा रही है।

फिलीपींस के मनीला स्थित इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट की वाराणसी शाखा भी इस परियोजना में बतौर पार्टनर शामिल है।

योजना के तहत क्लस्टर खेती को बढ़ावा देने के साथ डिजिटल और वित्तीय इकोसिस्टम को मजबूत किया जाएगा। साथ ही किसानों को सघन ट्रेनिंग दी जाएगी।

योगी सरकार की पहल पर हो रहा बुंदेलखंड का औद्योगिकीकरण इसे उत्तर प्रदेश का ही नहीं, देश के बड़े इंडस्ट्रियल हब में शुमार करेगा। डिफेंस कॉरिडोर, ललितपुर में बनने वाला फार्मा पार्क, कानपुर और झांसी के बीच प्रस्तावित देश का सबसे बड़ा औद्योगिक विकास प्राधिकरण बीडा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले औद्योगिक गलियारे, ललितपुर में बन रहा फार्मा पार्क इसका जरिया बनेंगे।

विकास कार्य को गति देने में कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण का यही मकसद है। उसके अलावा सरकार सभी एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने का काम भी करने जा रही है।

इससे बुंदेलखंड प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से भी तेजी से जुड़ जाएगा। यहां के उत्पादों को कहीं भी कम समय में तेजी से भेजना संभव होगा।

बुंदेलखंड में बेहतर एयर कनेक्टिविटी सोने पर सुहागा होगी। चित्रकूट में एयरपोर्ट बन चुका है। ललितपुर और झांसी में बन रहा है। इनके बनने पर महज सात जिलों वाले बुंदेलखंड में तीन एयरपोर्ट हो जाएंगे।

इससे यहां के पर्यटन उद्योग को भी खासी तेजी मिलेगी। खासकर ऐतिहासिक पर्यटन को। यहां के कालिंजर जैसे किले, चंदेलकालीन तालाबों की अद्भुत श्रृंखला, चित्रकूट जहां भगवान श्रीराम ने पत्नी सीता और भाई लक्ष्मण समेत अपने वनगमन के दौरान सर्वाधिक समय गुजारे थे। यहीं पर राम और भरत का मिलन भाई-भाई के प्रेम की मिसाल बन गया।

प्रयाग महाकुंभ के दौरान जिस तरह चित्रकूट में पर्यटकों का उलट प्रवाह हुआ, वह चित्रकूट के बढ़ते आकर्षण का सबूत है। योगी सरकार उसी अनुसार अयोध्या से चित्रकूट तक के राम वनगमन मार्ग को सजा रही है। चित्रकूट में बना रोपवे इसके आकर्षण में चार चांद लगा रहा है।

***************************

 

हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ का ट्रेलर जारी….

11 अप्रैल को रिलीज होगी फिल्म..!

02.04.2025 – टी-सीरीज़, एबंडेंशिया एंटरटेनमेंट, साइक और टैमारिस्क लेन प्रोडक्शन की नवीनतम प्रस्तुति हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ का रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर मेकर्स द्वारा जारी कर दिया गया है।

धरती के नीचे बनी अनजान गुफाओं के अंदर अनजानी ताकतों से लड़ने वाली एक माँ के अटूट जज़्बे की दास्तान बयां करती फिल्म ‘छोरी 2’ का ट्रेलर भूतिया रीति-रिवाज़, भूतिया आकृतियाँ और बेचैनी बढ़ाने वाली लोक कहानियाँ एक ख़ौफ़नाक माहौल बनाती है। विशाल फुरिया द्वारा निर्देशित इस फिल्म में

नुसरत भरुचा के अलावा सोहा अली ख़ान, गश्मीर महाजनी, सौरभ गोयल, पल्लवी अजय, कुलदीप सरीन, और हार्दिका शर्मा की भी अहम भूमिका है। भारत में दर्शकों के मनोरंजन के सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन प्राइम वीडियो पर भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों के विभिन्न क्षेत्रों में 11अप्रैल को ‘छोरी 2’ का एक्सक्लूसिव प्रीमियर होगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

https://www.instagram.com/reel/DH-IikitaD_/?igsh=YmY3NDFidWJnNzlv

**************************

 

आज से बदल जाएंगे इनकम टैक्स के कई नियम

12 लाख रुपये तक की रकम होगी टैक्स फ्री

नई दिल्ली, 01 अपै्रल(एजेंसी)। नया वित्त वर्ष आज से शुरू हो रहा है. इसके साथ ही इनकम टैक्स से जुड़े कई नियम बदलने जा रहे हैं.

आम बजट 2025 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई अहम घोषणाएं कीं, जो 1 अप्रैल से लागू हो रही हैं, जिसका सीधा असर नौकरीपेशा लोगों की जेब पर पड़ेगा. इन नए नियमों में आयकर में अधिक छूट और टीडीएस नियमों में बदलाव शामिल हैं.

बजट में वित्त मंत्री द्वारा घोषित नई कर व्यवस्था के तहत आयकर में बढ़ी हुई छूट 1 अप्रैल से लागू हो रही है. अब 12 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले लोग आयकर छूट के दायरे में आएंगे. पहले यह आंकड़ा 7 लाख रुपये था.

इसके अलावा अगर वेतनभोगियों को दी जाने वाली 75,000 रुपये की मानक कटौती को जोड़ दिया जाए तो आयकर छूट बढ़कर 12.75 लाख रुपये हो जाती है.

हालांकि आयकर छूट में पूंजीगत लाभ को शामिल नहीं किया गया है. इस पर अलग से टैक्स लगेगा.

सरकार ने नई कर व्यवस्था के तहत नए टैक्स स्लैब भी पेश किए हैं, जबकि पुरानी कर व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

अब नई कर व्यवस्था के तहत 4 लाख रुपये तक की आय कर मुक्त होगी, जबकि 4 लाख रुपये से 8 लाख रुपये तक की आय पर 5 फीसदी टैक्स लगेगा.

जैसे-जैसे आय बढ़ेगी, कर की दरें धीरे-धीरे बढ़ेंगी और 24 लाख रुपये से अधिक की आय पर यह 30 फीसदी तक पहुंच जाएगी.

केंद्र सरकार ने बजट में धारा 87ए के तहत कर छूट को 25,000 रुपये से बढ़ाकर 60,000 रुपये कर दिया है, जिससे नई कर व्यवस्था में 12 लाख रुपये तक की आय कर-मुक्त हो जाएगी.

बैंक जमा पर मिलने वाले ब्याज पर टीडीएस कटौती की सीमा 40,000 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दी गई है. इसका मतलब है कि अब बैंक जमा पर मिलने वाली 50,000 रुपये तक की राशि पर कोई टीडीएस नहीं काटा जाएगा.

***************************