मा.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए भगवान बद्री विशाल के दर्शन

*उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की राष्ट्रपति की अगवानी*

देहरादून,08 नवंबर (एजेंसी)।   मा.राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उत्तराखंड स्थित भू-बैकुंठ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। मंदिर में करीब 25 मिनट तक पूजा करते हुए राष्ट्रपति ने देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बदरीनाथ धाम आगमन पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति की अगवानी की।

मा.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार को सुबह 10:20  बजे बद्रीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंचे। हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति काफिले के साथ मंदिर पहुंची और मंदिर में बद्री विशाल की वेद पाठ एवं विशेष पूजा की।

बद्रीनाथ के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की। मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार एवं अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को बद्री विशाल का प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर में राष्ट्रपति को भोजपत्र पर बनी बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति, आरती और स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की। भू-बैकुंठ धाम की अलौकिक सुंदरता देख राष्ट्रपति अभिभूत दिखे।

मंदिर से निकलते समय उन्होंने हाथ हिलाकर बद्रीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति बद्रीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा धाम में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए थे। साथ ही कन्टीजेन्सी प्लान के तहत गौचर में भी सभी व्यवस्थाएं की गई थी।

मा.राष्ट्रपति के बद्रीनाथ भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ एलएन मिश्र, एडीएम डॉ.अभिषेक त्रिपाठी, सयुंक्त मजिस्ट्रेट डा.दीपक सैनी, एसडीएम कुमकुम जोशी, मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, मीडिया प्रभारी डा.हरीश गौड़, बीकेटीसी के सदस्यगण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी मौजूद थे।

***************************

 

दिल्ली-गाजियाबाद के बदमाशों में गैंगवार, 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग, तीन को लगी गोली, दो दर्जन पर मुकदमा

गाजियाबाद ,08 नवंबर (एजेंसी)। दो बदमाशों के गैंग के बीच में गैंगवार होने का एक मामला सामने आया है। जिसमें रात के वक्त करीब 30 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई और जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले हैं। इस मामले में तीन लोग गोली लगने से घायल भी हुए हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामला दिल्ली के दो गैंग का था, लेकिन जगह गाजियाबाद के इलाके की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर की है। गाजियाबाद पुलिस को घटनास्थल से कुल 23 खोखे (खाली कारतूस) मिले हैं। इससे स्पष्ट है कि करीब 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई हैं। पुलिस ने अपनी तरफ से दोनों पक्षों के 23 लोगों के खिलाफ थाना शालीमार गार्डन में एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 12 बजे के आसपास शालीमार गार्डन क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में बदमाश टोनी और पिंकी के गुटों में मारपीट की सूचना मिली। दोनों बदमाश दिल्ली में न्यू सीमापुरी के रहने वाले हैं। लेकिन, टोनी के गुट में दिल्ली और पिंकी के गुट में यूपी के लड़के हैं। ये इलाका दिल्ली-यूपी बॉर्डर से एकदम सटा हुआ है।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बड़ी संख्या में दो गुटों के लोग लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे। एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे थे और गोलियां बरसा रहे थे। दोनों गुटों पर तमंचे, बंदूक और चाकू भी थे। पता चला कि दोनों ही बदमाशों के गुट वर्चस्व को लेकर भिड़ गए हैं। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्ष वहां से भाग निकले।

गैंगवार के दौरान टोनी गैंग के सैफ और पिंकी गैंग के आजम व मुर्शरफ को गोली लगी। यहां मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया, दोनों तरफ से फायरिंग हुई। भारी पथराव किया गया। इससे कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपनी जान बचाते हुए घरों के दरवाजे बंद कर लिए। मौके से पुलिस को .315 बोर के 5 और .32 बोर के 18 खोखे पड़े मिले हैं। इन्हें पुलिस ने सील कर दिया है।

*****************************

 

एल्विश रात दो बजे पहुंचा थाने, वकीलों की फौज थी साथ, पुलिस ने पूछे कई सवाल, फिर बुलाया गया

नोएडा ,08 नवंबर (एजेंसी)। नोएडा के चर्चित सांप तस्करी और रेव पार्टी मामले में नाम आने के बाद नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था। बीती रात करीब 2 बजे एल्विस यादव अपने साथ 7 वकीलों को लेकर पहुंचा था। जिसके बाद डीसीपी और अन्य अधिकारियों ने उससे करीब 3 घंटे पूछताछ की।

जिसके बाद वो सुबह करीब 5 बजे हरियाणा वापस लौट गया। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान वह काफी डरा हुआ नजर आया। रेव पार्टी, सांप का नशा, सांप तस्कर राहुल से कनेक्शन से जुड़े हुए सवाल उससे पूछे गए। ज्यादातर आरोपों को एल्विश ने नकार दिया। उसने कहा कि उसका इससे कोई कनेक्शन नहीं है।

आज यानी बुधवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इससे पहले, नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को नोटिस भेजा था।

सूत्रों के मुताबिक नोएडा पुलिस की तरफ से नोटिस जारी होने के बाद एल्विश ने पुलिस से संपर्क किया था। उसने पुलिस से देर रात का टाइम पूछताछ के लिए रखने की कहा था। इस पर नोएडा पुलिस सहमत हो गई।

रात 2 बजे तय समय के मुताबिक, वह थाने पहुंचा। सांप तस्करी से जुड़ा केस सेक्टर-49 में दर्ज हुआ था। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के तीन दिन बाद ही इस थाने के प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद केस को सेक्टर-20 थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। अब इस केस की जांच इंस्पेक्टर कैलाश नाथ कर रहे हैं।

बीती रात उन्होंने ही एल्विश से पूछताछ की। वकील साथ में होने की वजह से वो बीच-बीच में हनक भी दिखाता रहा। इंस्पेक्टर ने पहले उससे पार्टी और उसके दोस्तों (राहुल) के कनेक्शन के बारे में पूछा। फिर वेनम और सांप के अरेंजमेंट के बारे में सवाल किए। एल्विश ने सभी से इनकार किया।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सांप तस्कर राहुल और एल्विश के बीच बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं। सीडीआर यानी कॉल डेटा रिकॉर्ड में दोनों के बीच ज्यादातर बार 1 से 2 मिनट बातचीत हुई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि जिन-जिन तारीख को एल्विश और राहुल के बीच बातचीत हुई?

क्या उन तारीख या उसके आसपास एल्विश ने कोई पार्टी ज्वाइन की या कोई पार्टी ऑर्गेनाइज की। अगर ऐसा है, तो दोनों के बीच कनेक्शन बिल्डअप हो जाएगा।

***************************

 

दिल्ली में समय से पहले ही विंटर ब्रेक घोषित, 9 से 18 नवंबर तक बंद रहेंगे सभी स्कूल

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी): दिल्ली में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। दिल्ली में स्कूल अब 20 नवंबर को खुलेंगे। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने ‘विंटर ब्रेक’ यानी सर्दियों की छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया है।

शिक्षा निदेशालय के मुताबिक 9 से 18 नवंबर तक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सरकार ने समय से पहले सर्दी की छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया है। अमूमन ये छुट्टियां दिसंबर-जनवरी में तेज ठंड पड़ने के दौरान दी जाती हैं, लेकिन दिल्ली में प्रदूषण की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पूर्व निर्धारित दिसंबर-जनवरी के विंटर ब्रेक को अभी से घोषित कर दिए गए हैं।

इससे पहले दिल्ली में प्राइमरी स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद करने का फैसला लिया गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े बताते हैं कि बुधवार सुबह दिल्ली के आनंद विहार में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई 452 था। आरके पुरम में यह 433 ओखला में 426, पंजाबी बाग में 460, श्री अरबिंदो मार्ग में 382, शादीपुर में 413 और आईटीओ में 413 के स्तर पर है।

प्रदूषण की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने संबंधित विभागों की उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई है। इस बीच टेक्निकल और ऑपरेशनल स्टाफ की एक टीम कनॉट प्लेस स्थित ‘स्मॉग टावर’ पहुंची हैं। स्मॉग टावर वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए चालू किए जा चुके हैं। मौसम विभाग का मानना है कि दिल्ली में 10 नवंबर को हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है। हालांकि फिलहाल इससे भी बहुत अधिक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक 13 नवंबर तक दिल्ली में सुबह धुंध छाई रह सकती है। विशेषज्ञ दिल्ली में प्रदूषण के लिए वाहनों को एक बड़ा कारण मान रहे हैं। अगले सप्ताह से वाहनों के लिए दिल्ली में ऑड इवन व्यवस्था लागू करने का निर्णय भी लिया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूली छात्रों को वायु प्रदूषण से बचाने के साथ-साथ ऑड इवन समस्या से छात्र प्रभावित न हो इसलिए भी ऐसी स्थिति में स्कूल बंद करने का निर्णय सही है। वाहनों के ऑड ईवन व्यवस्था के दौरान 9 से 18 नवंबर तक सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। 19 नवंबर को रविवार होने के कारण स्कूल बंद रहेंगे।

इससे पहले 5 नवंबर को सरकार ने 5वीं तक के स्कूल 10 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया था। हालांकि छठी से 12वीं तक के स्कूलों को कोई आदेश नहीं मिला था। उन्हें ऑनलाइन क्लासेज का विकल्प दिया गया था। 12 नवंबर को दिवाली है। इस दौरान दिल्ली में प्रदूषण का स्तर और अधिक बढ़ने की संभावना है। गौरतलब है कि दिल्ली के स्कूलों में विंटर ब्रेक की छुट्टियां दिसंबर-जनवरी के महीने में होती हैं, लेकिन प्रदूषण के चलते इस बार सरकार ने काफी पहले सर्दी की छुट्टियां घोषित कर दी हैं।

***************************

 

पांच पांडव की राह पर चलने पर हमें गर्व: PM मोदी

दमोह 08 Nov, (एजेंसी): मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए बुंदेलखंड के दमोह पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम पांच पांडव की राह पर चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने दमोह की जनसभा में कहा, कांग्रेस के लिए देश और राज्य का विकास जरूरी नहीं है, बल्कि उसके लिए सिर्फ अपना स्वार्थ ही जरूरी है। 2014 से पहले देश ने 10 वर्ष तक कांग्रेस को मौका दिया, लेकिन किसी को पता ही नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं, क्योंकि सब रिमोट से चल रहा था। आज भी कांग्रेस की रिमोट की आदत नहीं जा रही है, उस समय प्रधानमंत्री रिमोट से चलते थे, इन दिनों कांग्रेस के अध्यक्ष रिमोट से चल रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस के अध्यक्ष वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं, लेकिन वो बस नाममात्र के रह गए हैं। कभी कभी वो खुद के मूड में आ जाते हैं। मैंने कहीं पढ़ा कि कल उन्होंने पांडवों को याद किया था। जब रिमोट चलता है, तब वो सनातन को गाली देते हैं, लेकिन रिमोट बंद होते ही उन्होंने सनातन को याद किया। कल उन्होंने कहा कि भाजपा में पांच पांडव हैं। हमे गर्व है कि हम पांच पांडव की राह पर चल रहे है।

दमोह की जनता की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, आज दमोह और पूरा मध्य प्रदेश कह रहा है, एक बार फिर मोदी सरकार। आप सभी के आशीर्वाद से पूरे विश्व में आज भारत का परचम लहरा रहा है। आज जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक भारत का गौरव गान हो रहा है। भारत का चंद्रयान वहां पहुंचा है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंचा। भारत के युवा बेटे-बेटियां खेल के मैदान में आज नए-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं।

बुंदेलखंड की गौरव गाथा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, भारत की एक गाथा- बुंदेले हर बोलो, हम बचपन में सुनते थे और एक गाथा आज हम दुनिया को सुना रहे हैं। भारत का ये गौरवगान आज संभव न हो पाता, अगर मध्य प्रदेश का इतना आशीर्वाद मुझपर न होता। मोदी सिर्फ और सिर्फ आपका सेवक है। आपका जीवन बेहतर हो, आपके जीवन से मुश्किलें कम हो, यही मेरी प्राथमिकता है।

उन्होंने आगे कहा, देश को आजाद हुए इतने साल हो चुके हैं, लेकिन इतने वर्षों से कांग्रेस देश से एक ही झूठ बार-बार बोलती रही, गरीबी खत्म करने का नारा देती रही। कांग्रेस कभी गरीबी खत्म नहीं कर पाई, क्योंकि कांग्रेस के नेताओं की नीयत ठीक नहीं थी।

केंद्र सरकार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है। भाजपा के सेवाकाल में देश गरीबी से बाहर निकल रहा है, अपनी गरीबी दूर कर रहा है। आज पूरी दुनिया भारत में हो रहे विकास की चर्चा कर रही है। 2014 में जब हम सरकार में आए, तब हमारा देश दुनिया की 10वें नंबर की आर्थिक ताकत था। आज भारत ने 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बनकर उस देश को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 200 साल तक हम पर राज किया था।

प्रधानमंत्री ने जनता से वादा करते हुए कहा, ये मोदी की गारंटी है कि जब तीसरी बार मेरा सेवाकाल प्रारंभ होगा, मैं इस देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की टॉप तीन में लाकर रहूंगा। हमारी गारंटी खजाने लुटाने की नहीं होती, बल्कि हमारी गारंटी देश को आन-बान-शान के साथ आगे ले जाने की होती है। हमारी गारंटी वोट बटोरने की नहीं, बल्कि देशवासियों के सामर्थ्य बढ़ाने की होती है।

कांग्रेस से सावधान रहने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज का ये समय कांग्रेस से सबसे ज्यादा सावधान रहने का है। कांग्रेस वो पार्टी है, जो गरीबों के हक का पैसा छीन लेती है, हजारों करोड़ रुपये के घोटाले करती है। कांग्रेस एक समाज को दूसरे समाज से लड़ाकर कुर्सी पर कब्जा करने का खेल खेलती है। गरीबों का पैसा लूटने के लिए कांग्रेस ने एक खास मशीन बनाई थी। वो मशीन ऐसी थी जिसमें सरकार अगर 100 रुपये भेजती थी, तो उसमें से 85 रुपये सीधे कांग्रेस नेताओं की तिजोरी में पहुंच जाता था।

**************************

 

पुलिस की दादागिरी! दिशा ऐप डाउनलोड करने से मना करने पर भारतीय सेना के जवान को पीटा

विशाखापत्तनम 08 Nov, (एजेंसी): मोबाइल फोन पर जबरन दिशा ऐप डाउनलोड करने को लेकर हुई बहस के दौरान आंध्र प्रदेश पुलिस के कर्मचारियों ने भारतीय सेना के एक जवान के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट की। यह घटना आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में हुई।जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 52वीं राष्ट्रीय राइफल्स कैंप में कार्यरत सैयद अलीमुल्ला छुट्टी पर येलमंचिली मंडल के रेगुपालिनी गांव में अपने घर आया था।

जब वह परवाड़ा में बस का इंतजार कर रहा था तो एक महिला सहित चार पुलिस कर्मियों ने उनसे अपने मोबाइल फोन पर दिशा ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। उन्होंने उसका मोबाइल फोन ले लिया और ऐप डाउनलोड करने लगे। जब एक कांस्टेबल ने अपने मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी लिखा तो अलीमुल्ला ने उससे कहा कि ओटीपी के माध्यम से साइबर अपराध किए जा रहे हैं। उसने पुलिस कांस्टेबलों से अपना पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा क्योंकि उनकी वर्दी पर नाम भी नहीं लिखा था।

इस पर आरोपियों ने कहा कि क्‍या वह पुलिस की वर्दी नहीं देख रहा है। उन्‍होंने उसे थाने आने के लिए कहा। जब उसने मना किया तो तीन पुलिसकर्मियों ने उसे खींच लिया। उनमें से एक ने उसका कॉलर पकड़ लिया। उन्होंने उसे जबरन ऑटोरिक्शा में बिठाने की कोशिश की। जब पीड़ित ने विरोध जारी रखा तो पुलिस कर्मियों ने उसका पहचान पत्र छीन लिया। बाद में सेना के जवान ने शिकायत दर्ज कराने के लिए अनाकापल्ली जिले के पुलिस अधीक्षक के.वी. मुरली कृष्णा से मुलाकात की।

एसपी ने जांच के आदेश दिए और घटना में शामिल चारों सिपाहियों को आर्म्ड रिजर्व में अटैच कर दिया। इस बीच, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के महासचिव नारा लोकेश ने घटना की निंदा की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि दिशा एक्ट में कोई निर्देश नहीं है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा लाए गए दिशा ऐप के नाम पर कुछ गलत हो रहा है। टीडीपी नेता ने लिखा, पुरुषों के मोबाइल पर महिलाओं के लिए दिशा ऐप को जबरन डाउनलोड करना संदेह पैदा करता है। यह नृशंस है कि पुलिस ने इस पर सवाल उठाने वाले अनाकापल्ली जिले के रेगुपलेनी निवासी एक सैनिक सैयद अलीमुल्ला पर हमला किया। एक सैनिक जो देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालता है आंध्र प्रदेश आने पर उसके पास कोई सुरक्षा नहीं है।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर लगाम लगाने के लिए दिशा कानून 2020 में लाया गया था। राज्य सरकार ने संकटग्रस्त महिलाओं की मदद के लिए दिशा ऐप भी लॉन्च किया।

*************************

 

मानव तस्करी मामले में एनआईए ने 10 राज्यों में तलाशी ली

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी): देश में मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़े अभियान में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को 10 राज्यों में तलाशी ली।

जांच एजेंसी ने कहा, आतंकवाद विरोधी एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजेंसी की कई टीमों ने मानव तस्करी के मामलों के सिलसिले में त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, हरियाणा, पुडुचेरी, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर राज्यों में तलाशी ली। तलाशी आज अल सुबह शुरू हुई। मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

**************************

 

पीएम मोदी ने आडवाणी को दी जन्मदिन की बधाई

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को ईमानदारी और समर्पण का प्रतीक बताते हुए, जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी है।

आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर देश के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि उनके ( लालकृष्ण आडवाणी) दूरदर्शी नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रगति और एकता को आगे बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट में कहा, “लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह ईमानदारी और समर्पण के प्रतीक हैं जिन्होंने महान योगदान दिया है जिससे हमारा देश मजबूत हुआ है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रगति और एकता को आगे बढ़ाया है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए आगे कहा, “मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं। राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनके प्रयास 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करते रहते हैं।

*****************************

भाजपा का मिशन 2024 : अयोध्या में कैबिनेट बैठक के जरिए धार्मिक एजेंडे को गति देने की कोशिश

लखनऊ 08 Nov, (एजेंसी): लोकसभा चुनाव 2024 के मिशन को ध्यान में रखते हुए भाजपा अपने धार्मिक एजेंडे को सेट करने में तेजी से लग गई है। इसी कारण सरकार अयोध्या में दीपोत्सव के साथ नौ नवंबर को अपनी कैबिनेट मीटिंग आयोजित करने जा रही है।

राजनीतिक जानकर बताते हैं कि भाजपा सरकार मिशन 2024 को साधने के लिए धर्म, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद व विकास पर तेजी से काम कर रही है। 11 नवंबर को अयोध्या में भव्य दीपोत्सव से पहले नौ नवंबर को योगी सरकार की पूरी कैबिनेट यहां बैठेगी। यहां की बैठक के लिए ऐसे प्रस्तावों को चुना गया है जो धर्म व संस्कृति से जुड़े हुए हैं। 22 जनवरी को राम मंदिर में होने वाले राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या में कैबिनेट बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैबिनेट बैठक में अयोध्या से जुड़े कुछ अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है।

सरकार से जुड़े सूत्र बताते हैं कि सरकार ने सभी कैबिनेट मंत्रियों को सूचना भेजी है जिसमें इस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति का आग्रह किया गया है जो गुरुवार को सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाला है।

प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नौ नवंबर को अयोध्या के रामकथा पार्क में 11:30 से बैठक संभावित है। इसमें हमारे सभी मंत्री परिषद के साथी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री सहित सारे कैबिनेट के मंत्री रामलला के दर्शन करेंगे। इस बैठक में पर्यटन से संबंधित विभागों के छह प्रस्ताव रखे जायेंगे। अन्य और भी प्रस्ताव हैं, जिन पर कैबिनेट अपनी मुहर लगाएगी।

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि प्रयागराज में 2019 में आयोजित कैबिनेट बैठक में मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दी गई थी। उसी तरह अयोध्या में होने वाली कैबिनेट बैठक में रामनगरी और उसके आसपास के इलाकों को सौगात मिल सकती है। विभिन्न विभागों ने कैबिनेट के लिए प्रस्ताव भेजना शुरू कर दिया है।

राजनीतिक विश्लेषक प्रसून पांडेय कहते हैं कि मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या में कैबिनेट बैठक धार्मिक और राष्ट्रवाद के मुद्दे को धार देने के रूप में देखा जा रहा है। सरकार हर बड़े इवेंट को महत्वपूर्ण बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम करती हैं जिससे संदेश भी जाए। इससे पहले 29 जनवरी 2019 को कुंभ मेला के दौरान सभी कैबिनेट मंत्रियों ने गंगा में डुबकी लगाई थी। इसके बाद बैठक की थी।

2017 में सरकार बनने के बाद भाजपा सरकार के शीर्ष एजेंडे में अयोध्या ही रहा है। सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में भी राजधानी के बाहर एक बार कैबिनेट बैठक की थी। पांडेय कहते हैं कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को पहले ऐसा माहौल बनाना चाहती है जिसके दूरगामी संदेश हों।

****************************

 

मप्र में मोदी और छत्तीसगढ़ में राहुल की सभाएं

भोपाल/रायपुर  08 Nov, (एजेंसी): मध्य प्रदेश और पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार जोर पकड़े हुए है और नेताओं के दौरे हो रहे है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश और राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में कई जनसभाओं को संबोधित करने वाले है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी आज प्रातः 11 बजे दमोह, दोपहर 1.30 बजे गुना एवं शाम 4 बजे मुरैना में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

चहीं कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी विशेष विमान से दोपहर 12 बजे अंबिकापुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। दोपहर 12.15 बजे हेलीकॉप्टर से जशपुर रवाना होंगे। दोपहर 12.45 बजे सन्ना खेल मैदान, जशपुर में पहुंचेंगे जहां दोपहर एक बजे आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.10 बजे जशपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा कतकालो अंबिकापुर के लिये रवाना होंगे। दोपहर 2.40 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा कतकालो, ब्लॉक – अंबिकापुर, जिला सरगुजा हवाई अड्डे पहुंचेंगे। कतकालो में दोपहर 3 बजे आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4.40 बजे अंबिकापुर एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

********************************

 

NIA का एक्शन: एक साथ 15 स्थानों पर छापा; अवैध रूप से रह रहे आठ बांग्लादेशियों को पकड़ा

बेंगलुरु 08 Nov, (एजेंसी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को छापेमारी के दौरान बेंगलुरु में अवैध रूप से रह रहे आठ बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया। सूत्रों ने बताया कि एनआईए की टीमों ने राज्‍य की राजधानी में सोलादेवनहल्ली, के.आर. पुरम तथा बेलंदूर, और इसके बाहरी इलाके समेत 15 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को कम से कम आठ बांग्लादेशी मिले जो सीमा पार से घुसपैठ कर लंबे समय से देश में रह रहे थे। इस संबंध में अभी आधिकारिक बयान आना बाकी है। और अधिक जानकारी सामने आनी बाकी है।

छापेमारी सुबह-सुबह की गई। देश में मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़े अभियान में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को 10 राज्यों में तलाशी ली।

*************************

 

मैं न सिर्फ शर्म कर रहा हूं, अपनी निंदा भी करता हूं, महिलाओं पर दिए विवादित बयान पर CM नीतीश ने विधानसभा में मांगी माफी

पटना 08 Nov, (एजेंसी) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कल के दिए गए विवादित बयान पर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि मैंने महिला उत्थान के लिए यह बयान दिया था। यदि किसी को इस बात से ठेस पहुंची हो तो मैं माफी मांगता हूं और अपने शब्द वापस लेता हूं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में भी माफी मांगी। भाजपा और अन्य विपक्षी पार्टियों ने जमकर हंगामा किया। भाजपा नेताओं ने को नीतीश कुमार से इस्तीफे तक की मांग कर दी। वहीं नीतीश कुमार ने भी भरी सदन में माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था। हमलोग तो महिलाओं के कल्याण के लिए हमेशा से काम करते आए हैं। हमने महिलाओं को नौकरी में आरक्षण दिया। फिर भी यदि किसी को मेरी बातों से ठेस पहुंची तो मैं माफी मांगता हूं। मैं अपने शब्दों को वापस लेता हूं।

विधानसभा में भारी हंगामे के बीच सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मैं न सिर्फ शर्म कर रहा हूं बल्कि खुद की निंदा भी करता हूं। नीतीश कुमार ने कहा कि अगर हमने कोई बात कही और इस पर इतनी निंदा हो रही है तो हम अपने शब्दों को वापस लेते हैं। अगर कोई मेरी निंदा करता रहता था तो मैं उनका अभिनंदन करता रहता हूं।

****************************

 

ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी का दुनिया के 10 देशों के 15 अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग समझौता

सोनीपत 08 Nov, (एजेंसी): ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी (जेजीयू), सोनीपत ने दुनिया भर के 10 देशों में 15 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के साथ व्यापक और ठोस अंतर्राष्ट्रीय सहयोग स्थापित किया है।

इन विश्‍वविद्यालयों के नाम इस प्रकार हैं:-

1. यूनिवर्सिदाद नैशनल डी ला मातन्ज़ा, अर्जेंटीना

2. बॉन्ड यूनिवर्सिटी, ऑस्ट्रेलिया

3. स्विनबर्न प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, ऑस्ट्रेलिया

4. यॉर्क यूनिवर्सिटी, कनाडा

5. हर्टी स्कूल, जर्मनी

6. बोलोग्ना विश्वविद्यालय, इटली

7. उलीखानोव विश्वविद्यालय, कजाकिस्तान

8. यूनिवर्सिटी ऑफ़ एक्सेटर, ब्रिटेन

9. पोर्ट्समाउथ विश्वविद्यालय, ब्रिटेन

10. यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग, ब्रिटेन

11. नॉर्थ अमेरिकन यूनिवर्सिटी, अमेरिका

12. यूनिवर्सिदाद कैटोलिका एंड्रेस बेल्लो, वेनेज़ुएला

13. डिप्लोमैटिक अकादमी ऑफ वियतनाम, वियतनाम

14. यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक्‍स एंड लॉ, वियतनाम

15. वैन लैंग यूनिवर्सिटी, वियतनाम

दुनिया के अग्रणी विश्वविद्यालयों और संस्थानों के साथ इन नए और विचारशील सहयोगों का उद्देश्य जेजीयू छात्रों को विभिन्न अवधियों के लिए इन विश्वविद्यालयों में अध्ययन करने के लिए व्यापक अवसर प्रदान करना है, जिसमें विदेश में अल्पकालिक अध्ययन कार्यक्रम, सेमेस्टर विनिमय कार्यक्रम और दोहरी डिग्री कार्यक्रम शामिल हैं। नव स्थापित साझेदारियाँ अपने छात्रों को मजबूत और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त वैश्विक शैक्षिक अवसर प्रदान करते हुए अंतर्राष्ट्रीयकरण के प्रति जेजीयू की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती हैं।

उपरोक्त विश्वविद्यालयों के साथ जेजीयू की साझेदारी में संकाय सदस्यों के लिए सहकर्मी अनुसंधान गतिविधियों में शामिल होने और आम हितों को आगे बढ़ाने की दिशा में अपनी विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों पर विचार-विमर्श करने के रोमांचक अवसर भी शामिल हैं। ये साझेदारियाँ अंतर्राष्ट्रीयकरण की दिशा में नए दृष्टिकोण के साथ उच्च शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र को समृद्ध करते हुए एक विविधता वाले परिसर वातावरण को बढ़ावा देने के लिए जेजीयू और उसके सहयोगी विश्वविद्यालयों में सभी हितधारकों को शामिल करने का वादा करती हैं।

जेजीयू के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) सी. राज कुमार ने कहा कि हमारे देश में उच्च शिक्षा परिदृश्य तेजी से विकसित हो रहा है।

उन्होंने कहा, “ये नई साझेदारियाँ भारत में उच्च शिक्षा की गतिशील प्रकृति को दर्शाती हैं। भारतीय विश्वविद्यालय इस सदी में महानता हासिल करने के लिए तैयार हैं और इस प्रयास की नींव दुनिया के अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी बनाने की हमारी प्रतिबद्धता पर आधारित होगी। हम न केवल नए सहयोग स्थापित कर रहे हैं बल्कि कई महाद्वीपों तक अपनी पहुंच का विस्तार भी कर रहे हैं। यह वैश्विक परिदृश्य पर अधिक व्यापक और विविध परिप्रेक्ष्य को बढ़ावा देने वाले हमारे छात्रों और संकाय सदस्यों के लिए विकास और सीखने के नए रास्ते प्रदान करता है।

“जेजीयू दुनिया भर के 75 से अधिक देशों में स्थापित 400 से अधिक सहयोगों के साथ हमारे छात्रों को सीखने के परिवर्तनकारी अवसर प्रदान करने के लिए एक वैश्विक नेता बन गया है।”

जेजीयू में अंतर्राष्ट्रीय मामलों और वैश्विक पहल कार्यालय के निदेशक डॉ. अखिल भारद्वाज ने समग्र छात्र विकास पर इन सहयोगों के महत्वपूर्ण लाभों पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, “जेजीयू छात्रों को अंतर्राष्ट्रीय गतिशीलता और सीखने के अवसर प्रदान करने से उन्हें अपने वैश्विक करियर को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कौशल हासिल करने में मदद मिलती है। इस तरह का प्रदर्शन महत्वपूर्ण समस्या-समाधान क्षमताओं को विकसित करता है, विभिन्न स्थितियों की व्यापक समझ को बढ़ावा देता है और उन्हें भविष्य के नेताओं के रूप में उभरने के लिए तैयार करता है। इन रोमांचक नई साझेदारियों को बनाने में हमारा प्राथमिक ध्यान छात्रों के समग्र कौशल को बढ़ाना और जेजीयू में उनके शैक्षिक अनुभव को समृद्ध करना है।

****************************

 

केंद्र ने त्योहारी सीजन से पहले राज्यों को 72,961.21 करोड़ रुपये जारी किए

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी)  । केंद्र सरकार ने त्योहारी सीजन से ठीक पहले नवंबर 2023 महीने के लिए राज्य सरकारों को 72,961.21 करोड़ रुपये का कर हस्तांतरण जारी करने के लिए अधिकृत किया है ।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि इससे राज्य सरकारें विभागों को समय पर धन जारी करने और लोगों के बीच उत्सव का उत्‍साह बनाए रखने में सक्षम होंगी।

**********************

 

पिछले 12 वर्षों में राजभवन के पास 22 विधेयक लंबित हैं – बंगाल विधानसभा अध्यक्ष

कोलकाता 08 Nov, (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल के विधानसभा अध्यक्ष विमान बंद्योपाध्याय ने  दावा किया कि में तृणमूल कांग्रेस के पिछले साढ़े 12 साल के शासनकाल में राजभवन से 22 महत्वपूर्ण विधेयकों को मंजूरी मिलनी बाकी है।विपक्ष शासित राज्यों में विधेयकों को राज्यपालों की ओर से मंजूरी में देरी किए जाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बंद्योपाध्याय ने मीडियाकर्मियों को 2011 से राज्यपाल के कार्यालय से मंजूरी के लिए लंबित विधेयकों का आंकड़ा दिया।उन्होंने सुझाव दिया कि राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस को राजभवन में एक मसौदा अनुभाग बनाना चाहिए।बंद्योपाध्याय ने कहा, “यह मसौदा अनुभाग इस बात की जांच करने में सक्षम होगा कि विधानसभा के पटल पर पारित विधेयकों में कानूनी खामियां हैं या नहीं।

लोकसभा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा में भी विधेयकों की जांच के लिए समान समितियां हैं। समिति का काम विधेयकों की जांच करना और यदि कोई कमी हो तो उसे संबंधित अधिकारियों के ध्यान में लाना है।“स्पीकर ने यह भी कहा कि अगर राजभवन में लंबित विधेयकों में कुछ खामियां हैं, तो राज्यपाल के अधिकारी राज्य के महाधिवक्ता से परामर्श कर सकते हैं।

बंद्योध्याय के अनुसार, मौजूदा शासन के पहले कार्यकाल में 2011 से 2016 के बीच पारित किए गए तीन विधेयक अभी भी राजभवन में मंजूरी के लिए लंबित हैं।उन्होंने दावा किया कि 2016 से 2021 तक दूसरे कार्यकाल में पारित चार विधेयक प्राप्त नहीं हुए हैं, 2021 से शुरू होने वाले तीसरे कार्यकाल में 15 विधेयक राज्यपाल के कार्यालय से मंजूरी के लिए लंबित हैं।2011 के बाद से पश्चिम बंगाल ने पांच राज्यपाल देखे हैं – एम.के. नारायणन, केशरी नाथ त्रिपाठी, जगदीप धनखड़, ला गणेशन और इस समय सी.वी. आनंद बोस।धनखड़ और बोस के कार्यकाल के दौरान गवर्नर हाउस और राज्य सचिवालय के बीच संबंध ज्‍यादा कड़वे रहे हैं।

**************************

 

मराठा आरक्षण विवाद के बीच सीएम शिंदे ने धनगर आरक्षण के लिए पैनल बनाया

मुंबई 08 Nov, (एजेंसी) । मराठा आरक्षण के जटिल मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक युद्ध के बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने धनगर आरक्षण के लंबित मुद्दे पर एक कैबिनेट उप-समिति का गठन किया।अधिकारियों ने कहा कि इस कदम को बुधवार को मुंबई में होने वाली कैबिनेट बैठक से पहले मंजूरी मिलने की संभावना है।पिछले कुछ दिनों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एपी) से अलग हुए मंत्री छगन भुजबल के वरिष्ठ ओबीसी नेता की खुली चुनौती से मराठा आरक्षण का मुद्दा फिर से गरमा गया है।

भुजबल ने स्पष्ट कर दिया है कि ओबीसी – जो राज्य की आबादी का 54 प्रतिशत है – मराठों के साथ अपना कोटा साझा करने के राज्य सरकार के किसी भी कदम का कड़ा विरोध करेंगे, जैसा कि विचार किया जा रहा है।इससे सत्तारूढ़ शिवसेना के शंभूराज देसाई और अन्य मंत्रियों की तीखी प्रतिक्रिया हुई, जिन्होंने पिछले लगभग तीन महीनों से राज्य की राजनीति में हलचल मचाने वाले इस मामले में लोगों को गुमराह करने के प्रयास के लिए भुजबल की आलोचना की।

जालना में, शिवबा संगठन के अध्यक्ष मनोज जारांगे-पाटिल ने यह जानने की मांग की कि “भुजबल को मराठों के प्रति इतना गुस्सा क्यों है”।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, राकांपा (सपा) के राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र अवहाद, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत और सुषमा अंधारे और अन्य ने शिंदे पर ओबीसी आरक्षण को कम करने और खत्म करने के लिए जानबूझकर प्रयास करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष (विधानसभा) विजय वडेट्टीवार और शिवसेना (यूबीटी) के नेता प्रतिपक्ष (परिषद) अंबादास दानवे ने दिवाली के बाद ओबीसी द्वारा आंदोलन की चेतावनी दी है, क्योंकि यह मुद्दा अभी भी गर्म है, क्योंकि भुजबल ने चेतावनी दी है कि जो लोग विरोध करेंगे, वे ओबीसी “सरकार से बाहर” होंगे।दलित नेता और वंचित बहुजन अघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर ने भुजबल पर हमला बोला है, वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने भुजबल का समर्थन किया है।

नाराज लोगों को शांत करने का प्रयास करते हुए शिंदे ने मुद्दे को भ्रमित करने के लिए भुजबल को फटकार लगाई और दोहराया कि सरकार ओबीसी कोटा से मराठा आरक्षण नहीं देगी और डिप्टी सीएम अजीत पवार से हस्तक्षेप करने की अपील की।

***************************

 

बिहार सरकार के आरक्षण का दायरा बढ़ाने के प्रस्ताव का भाजपा करेगी समर्थन – सम्राट चौधरी

पटना 08 Nov, (एजेंसी) । बिहार भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानमंडल में आरक्षण का दायरा बढ़ाए जाने के सुझाव का भाजपा समर्थन करती है। चौधरी ने कहा कि भाजपा जब भी सत्ता में रही तब भी उसने आरक्षण का समर्थन किया। प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि पिछले साल जब एनडीए की सरकार थी तब प्रदेश में जातीय गणना कराने का निर्णय लिया गया और इसकी शुरुआत की गई थी, जिसका आज फलाफल देखने को मिला।

उन्होंने इस गणना रिपोर्ट को डिजिटल रूप में सार्वजनिक करने की भी मांग सरकार से की, ताकि लोग भी इसे देख और जान सके। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने आज ही विधानसभा में आरक्षण के दायरा को बढ़ाने की चर्चा की है। भाजपा आरक्षण का दायरा बढ़ाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि यह साफ है कि भाजपा जब भी सरकार में रही और तब आरक्षण देने की आवश्यकता हुई तो भाजपा समर्थन में खड़ी रही। भाजपा का संदेश साफ है कि सरकार आरक्षण बढ़ाए जाने का प्रस्ताव लाएगी तो भाजपा उसका समर्थन करेगी।

इससे पहले सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जातीय गणना सर्वे से पिछड़ा और अति पिछड़ा सहित एससी और एसटी आबादी का जो आंकड़ा आया है, उसके मुताबिक आरक्षण बढ़ाने की जरूरत है। फिलहाल जो 50 प्रतिशत आरक्षण है, उसे हम 65 प्रतिशत कर दें। पहले से अगड़ी जातियों के आर्थिक रूप से कमजोर के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण है तो इस 65 प्रतिशत के बाद कुल आरक्षण 75 प्रतिशत हो जाएगा।

***************************

 

67वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक

बीकानेर 08 Nov, (एजेंसी) । 67वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता वेटलिफ्टिंग 19 वर्ष (छात्र-छात्र) एवं सॉफ्टबॉल 17 वर्ष आयुवर्ग (छात्र-छात्रा) का आयोजन 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक बीकानेर में होगा।

जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता में 28 राज्य व 8 केंद्रशासित प्रदेश एवं केंद्रीय संगठन विद्यालय टीम शामिल होंगी। इस खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों के‌ संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिला कलेक्टर ने यह जानकारी दी। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु विभिन्न समितियां का गठन करने को कहा।

जिला कलेक्टर ने खिलाड़ियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा टीम आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। प्रतियोगिता के दौरान सभी खेल स्थलों पर पेयजल, छाया एवं बैठने की व्यवस्थाएं सुनिश्चत करने के भी निर्देश दिए।

भगवती प्रसाद कलाल ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन से पहले नगर निगम प्रशासन शहर के अलावा खेल मैदान की सफाई, आवास स्थल व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की चिकित्सा व्यवस्था के लिए डॉक्टर टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि वेटलिफ्टिंग 19 वर्ष आयुवर्ग में छात्र एवं छात्राओं की कुल संख्या 690 तथा सॉफ्टबॉल 17 वर्ष आयुवर्ग में छात्र एवं छात्राओं की कुल संख्या 1 हजार 235 संभावित हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए आवासीय भवन चिन्हित किए गए हैं।

भाटी ने बताया कि वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह पुष्करणा स्टेडियम एवं सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह डॉ करणी सिंह स्टेडियम में होना प्रस्तावित हैं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) प्रतिभा देवठिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जगदीश प्रसाद गौड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अबरार पवार, शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक राजकुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

*******************************

 

दिल्ली की वायु गुणवत्ता अब भी गंभीर श्रेणी में

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी) । दिल्ली में बुधवार सुबह हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी रही। शहर के कई इलाकों में पीएम 2.5 और कार्बन मोनोऑक्साइड (सीओ) के स्‍तर में वृद्धि दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के आनंद विहार में पीएम 2.5 का स्‍तर 500 के साथ ‘गंभीर’ श्रेणी में रहा, जबकि सीओ 112 और एनओ2 का स्‍तर 128 पर ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा।

शून्य और 50 के बीच एक्‍यूआई को ‘अच्छा’ माना जाता है। 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’; 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’; 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’; और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

बवाना में पीएम2.5 और पीएम10 का स्‍तर 500 (गंभीर) दर्ज किया गया, जबकि सीओ 110 (मध्यम) तक पहुंच गया।

दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में पीएम10 ‘गंभीर’ श्रेणी के तहत 456 पर पहुंच गया, जबकि पीएम2.5 ‘बहुत खराब’ श्रेणी के तहत 356 पर था। सीओ ‘मध्यम’ श्रेणी के तहत 115 दर्ज किया गया था।

द्वारका सेक्टर 8 में पीएम10 का स्‍तर 465 और पीएम2.5 का 457 (‘गंभीर’) दर्ज किया गया, जबकि सीओ 135 पर, मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे के टर्मिनल3 पर पीएम2.5 का स्‍तर 456 और पीएम10 का 434 रहा जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है। सीओ का स्‍तर 137 ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा।

आईटीओ पर पीएम2.5 का स्‍तर 500 दर्ज किया गया जबकि पीएम10 का स्‍तर 444 पर पहुंच गया। दोनों गंभीर श्रेणी में हैं। बुधवार सुबह सीओ 117 (‘मध्यम’) दर्ज किया गया।

लोधी रोड पर पीएम 2.5 ‘बहुत खराब’ श्रेणी में 388 पर था, जबकि पीएम10 का स्‍तर 363 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। सीओ 123 मध्यम श्रेणी में था।

पंजाबी बाग में पीएम 2.5 का स्‍तर 493 और पीए10 का 436 पर पहुंच गया। दोनों ‘गंभीर श्रेणी’ में हैं। नाइट्रोजन ऑक्साइड का स्‍तर मध्यम श्रेणी में गिरकर 125 पर पहुंच गया।

**********************************

 

60 बोतल शराब गटकने के आरोप में चूहा गिरफ्तार, पुलिस अब अदालत में करेगी पेश

भोपाल 08 Nov, (एजेंसी) : मध्य प्रदेश में पुलिस ने शराब की बोतलें खाली करने के आरोप में एक चूहे को ‘गिरफ्तार’ किया है। हैरान कर देने वाली यह घटना सूबे के छिंदवाड़ा जिले से सामने आई है, जहां एक पुलिस स्टेशन में जब्त करके रखी गई शराब की 60 बोतलों को चूहों ने खाली कर दिया। पुलिस का कहना है कि उसने प्लास्टिक की बोतलों में पैक अवैध शराब को जब्त करने के बाद पुलिस स्टेशन के स्टोर रूम में रख दिया था, लेकिन चूहों ने उनमें से 60 बोतलों को खाली कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने एक चूहे को ‘गिरफ्तार’ किया है और अब उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि थाने की इमारत बहुत पुरानी है, जहां चूहे अक्सर घूमते देखे जाते हैं। उसका कहना है कि कई बार ये चूहे कुतरकर रिकॉर्ड भी नष्ट कर देते हैं। पुलिस ने ‘आरोपी’ चूहों में से एक को ‘गिरफ्तार’ करने का दावा करते हुए कहा कि उसे सबूत के तौर पर अदालत के सामने पेश किया जाएगा। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर पाई है कि शराब पार्टी में कितने चूहे शामिल थे। जिस मामले में शराब की बोतलें जब्त की गईं, वह मामला अभी भी अदालत में लंबित है।

***************************

 

ममता बनर्जी के भतीजे की मुश्किलें बढ़ी, ED ने भेजा समन; 9 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी): पश्चमि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। उनसे 9 नवंबर को पूछताछ की जाएगी।

सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी इस पूछताछ में शामिल होंगे। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल सकता है कि उन्हें किस मामले में समन भेजा गया है। बता दें कि इससे पहले भी अभिषेक बनर्जी को ईडी ने नोटिस भेजा था। बीते तीन अक्टूबर को स्कूल भर्ती घोटाले में पूछताछ के लिए तलब किया गया था।

***************************

 

नौजवान बेरोजगार है और पलायन करने पर मजबूर – अखिलेश यादव

लखनऊ , 07 नवंबर (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश की निवाड़ी विधानसभा में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मीरा दीपक यादव के समर्थन में जनता से वोट की अपील की।

निवाड़ी में चुनाव प्रचार शुरू करने से पहले अखिलेश यादव ने ओरछा के श्रीरामराजा मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जनता का उत्साह देखकर लग रहा है कि इस बार निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र का परिणाम समाजवादी पार्टी के पक्ष में आयेगा। निवाड़ी में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस ने बारी बारी से शासन किया। दोनों पार्टियों ने मध्य प्रदेश की जनता को गरीब बनाये रखा। नौजवान बेरोजगार है और पलायन करने पर मजबूर है।

मध्य प्रदेश की जनता समाजवादियों को अपना विकल्प मानती है। समाजवादी लोग अपनी बातों, विचारधारा, डॉ0 राममनोहर लोहिया और बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के बताये हुए रास्ते और सिद्धांतों पर चलकर जनता के बीच जाएंगे तो समाजवादी पार्टी बढ़ती हुई दिखाई देगी। मध्य प्रदेश में समाजवादियों के लिए बड़ी संभावनाएं है। समाजवादियों को लेकर जनता में भारी उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा अलग है। समाजवादी पार्टी किसानों, गरीबों, पिछड़ो, दलितों, अल्पसंख्यकों और आदिवासियों के हक और अधिकार के लिए संघर्ष कर रही है। समाजवादी पार्टी विकास की राजनीति करती है। हम समाजवादी विचारधारा को खत्म नहीं होने देंगे। समाजवादी विचाराधारा को आगे बढ़ाएंगे। कांग्रेस चाहती है समाजवादी विचारधारा खत्म हो जाय। कहा कि हम किसी को बताने के लिए राजनीति नहीं कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी परिस्थितियों के चलते कांग्रेस के साथ खड़ी हुई थी। डॉ0 राममनोहर लोहिया जी हमेशा नेहरू जी के खिलाफ लड़े। नेताजी ने कांग्रेस के खिलाफ लम्बी लड़ाई लड़ी। मध्य प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है। समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में लगातार काम करेगी। उत्तर प्रदेश की तरह मध्य प्रदेश में भी पार्टी कामयाब होगी। मध्य प्रदेश में कभी भाजपा सरकार में है तो कभी कांग्रेस सत्ता में थी। मध्य प्रदेश की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। भाजपा और कांग्रेस ने पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों को गरीब बनाए रखा। मध्य प्रदेश में भाजपा ने कोई ऐसा एक्सप्रेस-वे नहीं बनाया जिस पर लड़ाकू विमान उतर सके।

मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस ने साजिश के तहत पिछड़ों को 27 फीसदी आरक्षण नहीं दिया। समाजवादी पार्टी ताकत में आएगी तो पिछड़ों को पूरा आरक्षण दिलाएगी। जातीय जनगणना कराकर सभी जातियों को उनके आबादी के अनुपात में हक और सम्मान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि आज पीडीए की ताकत को देखकर कांग्रेस भी जातीय जनगणना की बात कर रही है। पीडीए में आई जागरूकता से भाजपा घबराई हुई है।

*******************************

 

गुरुसेवा फाउंडेशन ने दिए दीपावली के अवसर पर पहलवानों को किया सम्मानित

*पुरानी दिल्ली के इस अखाड़े में पहलवान बहते हैं अपने पसीने*

नई दिल्ली , 07 नवंबर (एजेंसी)। देश दुनिया के साथ राजधानी दिल्ली भी तेज़ी से बदली लेकिन पांडवकालीन पुरानी दिल्ली आज भी अपनी विरासत को संजोय हुए है । पुरानी दिल्ली,यमुना बाजार के यमुना घाट पर धर्मपाल यादव का अखाड़ा पिछले कई वर्षों से चल रहा है । दंड बैठक लगाकर विश्व रिकॉर्ड कायम करने वाले स्वर्गीय धर्मपाल यादव के सपुत्र अजय यादव अपने पिता की विरासत को संजोए हुए हैं । हर सुबह  यहां हर उम्र के पहलवान अखाड़े की मिट्टी में पसीना बहाते नज़र आते हैं ।

एक वक्त था जब दिल्ली में सैंकड़ों अखाड़े थे लेकिन सरकार व प्रशासन की अनदेखी से एक एक करके अखाड़े खत्म हो गए हैं और जो चंद हैं वो भी खत्म होने की कगार पर हैं । ऐसे में पुरानी दिल्ली के इस अखाड़े की मदद के लिए गुरुसेवा फाउंडेशन ने हाथ बढ़ाया है । इस संस्था का प्रतिनिधित्व करने वाले सरदार जगतार सिंह ने दीपावली के अवसर पर इन पहलवानों को उपहार दिए और साथ ही अखाड़े की हर मुमकिन मदद का आश्वासन दिया । जगतार सिंह कहते हैं कि सरकारें करोड़ो रूपये प्रचार प्रसार पर खर्च कर रही हैं जबकि हमारे देश के परम्परागत खेलों की तरफ कोई ध्यान नही दिया जा रहा। वहीं देश का युवा अपने देश की मिट्टी से दूर होता जा रहा है ।

इसी अखाड़े से निकले वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर चतुर्वेदी अपने गुरु धर्मपाल को यादव को याद कर भावुक हो जाते हैं । चतुर्वेदी कहते हैं कि उन्होंने कुश्ती के दांवपेंच धर्मपाल यादव से ही सीखें । इस अखाड़े से निकले युवाओं ने न केवल कुश्ती में नाम कमाया। बल्कि जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी सफलता के झंडे गाड़े हैं । इसी अखाड़े से निकले युवा सरकारी नौकरी में क्लास वन ऑफिसर के रुप में सेवानिवृत्त हुए तो कुछ ने राजनीति में भी सफलता हासिल कर विधायक तक बने हैं ।

विजय शंकर चतुर्वेदी ने केंद्र की मोदी सरकार व दिल्ली की केजरीवाल सरकार से अपील की है कि इन अखाडों के विकास व इनमें पहलवानी करने वाले युवाओं की मदद की जानी चाहिए तांकि भारत के पुरातन खेल कुश्ती से युवा जुड़ सकें ।जीवनशैली,खानपान,अखाडों में कुश्ती करते पहलवान..मगर सरकार का इनपर नही है कोई ध्यान.. यमुना बाज़ार के यमुना तट पर यमुना युवक केंद्र द्वारा संचालित धर्मपाल यादव के अखाड़े की मदद को गुरुसेवा फॉउंडेशन ने हाथ बढ़ाया है । दीपावली के अवसर पर इन पहलवानों को उपहार देकर प्रोत्साहित करती संस्था गुरुसेवा फाऊंडेशन पहुंची यमुना तट पर है।

**************************

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कांग्रेस का नारा है जेब साफ और काम हाफ

सीधी 07 Nov, (एजेंसी) । मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का नारा है गरीब की जेब साफ और काम हाफ।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अनेक दशकों तक देश में पंचायत से लेकर संसद तक कांग्रेस का ही झंडा था, कांग्रेस की ही सरकारें थी, लेकिन आज गिनती के कुछ राज्यों में ही इनकी सरकार बची है। इनका ऐसा पतन इसलिए हुआ, क्योंकि इनका नारा रहा है – गरीब की जेब साफ और काम हाफ।

कांग्रेस को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी राज्य से एक बार कांग्रेस गई, तो वहां के लोगों ने कांग्रेस को दोबारा घुसने नहीं दिया है। आज यहां के लोग कह रहे हैं, एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी। हमारे सेवाकाल से पहले कांग्रेस ने केंद्र में 10 वर्ष तक सरकार चलाई, लेकिन उसमें उसने गरीब और मध्यम वर्ग को लूटने का ही काम किया था। लेकिन, आपके सेवक मोदी ने करीब 10 साल जो सरकार चलाई है, उसमें पूरी लगन से कार्य किया, देश भर के गरीब परिवारों को अपना पक्का घर मिले, ये गारंटी भी मोदी ने दी है। इस पीएम आवास योजना पर अभी तक 4 लाख करोड़ रुपये हमारी सरकार खर्च कर चुकी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने केवल उन्हीं को आगे बढ़ाया, जो दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाते थे। ओबीसी, एससी, एसटी समाज के प्रतिभाशाली नेतृत्व को कांग्रेस ने कभी उभरने नहीं दिया। इनकी यही दरबारी मानसिकता है, जिसके कारण ये लोग दिन-रात मोदी को गाली देते रहते हैं। मोदी को गाली देते-देते ये पूरे ओबीसी समाज को गालियां देने लगे हैं।

कांग्रेस की वर्तमान हालत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी राज्य से एक बार कांग्रेस गई, तो वहां के लोगों ने कांग्रेस को दोबारा घुसने नहीं दिया है। एमपी में भी दो दशक से अधिक समय से कांग्रेस बहुमत के लिए तरस रही है। भाजपा सरकार की योजनाओं के जो भी लाभार्थी हैं, उनमें से अधिकतर हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी परिवार हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में सबसे बुरी स्थिति दलित और आदिवासी बस्तियों की ही थी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का सबसे अधिक लाभ हमारे गरीब और दलित भाई-बहनों को ही हुआ है। भाजपा सरकार जो कहती है, वो हम डंके की चोट पर पूरा करके दिखाते हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत हम किसानों के खाते में पैसा जमा कर रहे हैं। इस योजना के तहत अब तक 2 लाख 60 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं। इस योजना के 20 हजार करोड़ रुपये मप्र के किसानों के खातों में भी गए हैं।

*************************