संसदीय स्थायी समिति 27 अक्टूबर को आपराधिक कानूनों को बदलने वाले विधेयकों पर विचार करेगा और अपनाएगा

नई दिल्ली,23 अक्टूबर (एजेंसी)। गृह मामलों पर राज्यसभा की संसदीय स्थायी समिति भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और साक्ष्य अधिनियम संबंधी नए विधेयकों के साथ भारत की मौजूदा आपराधिक न्याय प्रणाली को बदलने के संबंध में मसौदा रिपोर्ट पर विचार करने और अपनाने’ के लिए 27 अक्टूबर को बैठक करेगी।

तीन नए विधेयकों पर समिति की यह लगातार 12वीं बैठक होगी, क्योंकि नए विधानों का अध्ययन करने के लिए 24 अगस्त को इसकी पहली बैठक हुई थी। 27 अक्टूबर की बैठक के बारे में कहा गया है कि यह इन मसौदा रिपोर्टों पर विचार करेगी और उन्हें अपनाएगी – मसौदा 246वां भारतीय न्याय संहिता, 2023′ पर रिपोर्ट; भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023′ पर मसौदा 247वीं रिपोर्ट; और भारतीय साक्ष्य विधेयक, 2023′ पर मसौदा 248वीं रिपोर्ट।इस पैनल का नेतृत्व भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल कर रहे हैं। ब्रिटिश काल के कानूनों को बदलने के लिए तीन विधेयक मानसून सत्र के दौरान संसद में पेश किए गए थे।

फिर तीनों विधेयकों को संसद की चयन समिति के पास भेज दिया गया, जिसे तीन महीने के भीतर यानी नवंबर 2023 तक अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया।विधेयकों को पेश करते समय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि वे भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली को बदल देंगे और कहा कि ये बदलाव त्वरित न्याय प्रदान करने और एक कानूनी प्रणाली बनाने के लिए किए गए हैं जो लोगों की समकालीन जरूरतों और आकांक्षाओं को पूरा करती है।

***********************

 

Gaganyaan Mission: महिला वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष भेजना चाहता है ISRO, एस सोमनाथ ने दिया बड़ा अपडेट

तिरुवनंतपुरम 22 Oct, (एजेंसी): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख एस. सोमनाथ ने रविवार को कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी बहुप्रतीक्षित मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम ‘गगनयान’ मिशन के लिए लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलटों या महिला वैज्ञानिकों को प्राथमिकता देगा और भविष्य में उन्हें भेजना संभव होगा। उन्होंने कहा कि इसरो अगले साल अपने मानव रहित गगनयान अंतरिक्ष यान में एक महिला ह्यूमनॉइड (एक रोबोट जो मानव जैसा दिखता है) भेजेगा।

उन्होंने कहा कि इसरो का लक्ष्य तीन दिवसीय गगनयान मिशन के लिए मानव को 400 किलोमीटर की पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरिक्ष में भेजना और पृथ्वी पर सुरक्षित वापस लाना है। सोमनाथ ने फोन पर एक सवाल के जवाब में कहा, इसमें कोई संदेह नहीं है…लेकिन हमें भविष्य में ऐसी संभावित (महिला) उम्मीदवारों का पता लगाना होगा। भारत ने अपने महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान में पहली मानव रहित परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली।

इससे पहले, परीक्षण को प्रतिकूल परिस्थिति के चलते प्रक्षेपण से महज चार सेकंड पहले रोक दिया गया, लेकिन इसके दो घंटे से कम समय बाद इसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। सोमनाथ ने कहा कि मानवयुक्त मिशन 2025 तक आने की उम्मीद है और यह एक छोटी अवधि का मिशन होगा। उन्होंने कहा, अभी, प्रारंभिक उम्मीदवार वायुसेना के लड़ाकू विमानों के पायलटों में से होंगे…वे थोड़ी अलग श्रेणी के हैं। हमारे पास अभी महिला पायलट नहीं है। इसलिए जब वे आ जायेंगी तो एक तरीका यह भी होगा।

उन्होंने कहा, दूसरा विकल्प है जब अधिक वैज्ञानिक गतिविधियां होंगी। फिर वैज्ञानिक अंतरिक्ष यात्री बनकर आयेंगे। तो उस वक्त मेरा मानना है कि महिलाओं के लिए ज्यादा संभावनाएं हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इसरो का लक्ष्य 2035 तक पूरी तरह से परिचालन वाला अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना है। इसरो के अनुसार, मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान से पहले टीवी-डी1 परीक्षण यान को कल सुबह 10 बजे सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया। क्रू मॉड्यूल रॉकेट से अलग हो गया और योजना के अनुसार बंगाल की खाड़ी में गिर गया।

*******************************

 

आयकर विभाग का बड़ा एक्शन, आंध्र प्रदेश से 300 किलो बेहिसाब सोना जब्त

तिरुपति  ,22 अक्टूबर (एजेंसी)। आयकर विभाग (आईटी) ने आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले के प्रोद्दतुर कस्बे में चार आभूषण दुकानों से लगभग 300 किलोग्राम बेहिसाब सोना जब्त किया है। विजयवाड़ा और तिरुपति के आईटी विभाग के अधिकारियों ने पिछले चार दिनों की तलाशी के दौरान सोना जब्त किया है। प्रोद्दतुर सोने के कारोबार के लिए प्रसिद्ध है। इस कस्बे को ‘सेकेंड बॉम्बे’ और ‘टाउन ऑफ गोल्ड’ कहा जाता है। अधिकारियों ने पाया कि कस्बे के कुछ ज्वैलर्स बिना बिल के विभिन्न स्थानों से सोना खरीद रहे थे।

सर्च करने पर पता चला कि सोने का हिसाब डायरी में नहीं था। बाद में अधिकारियों ने जब्त किए गए सोने को सूट-केस और डिब्बों में उच्च सुरक्षा के बीच तिरुपति पहुंचाया। जांच से पता चला कि ज्वैलर्स प्रासंगिक दस्तावेजों के बिना गुजरात, मुंबई और कोलकाता से सोना खरीद रहे थे। छापेमारी इस गुप्त सूचना पर की गई थी कि शहर के कुछ शीर्ष ज्वैलर्स कथित काले कारोबार में लिप्त थे। प्रोद्दतुर में 1,000 से अधिक आभूषण की दुकानें हैं।

कुछ प्रमुख दुकानों पर आईटी की तलाशी से बाजार में दहशत फैल गई और कई ज्वैलर्स ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। इसका असर मौजूदा त्योहारी सीजन के दौरान आभूषणों की बिक्री पर पड़ा।

***********************

 

बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंची बालिका वधू की गहना, भस्म आरती में हुई शामिल, बोली फिर आउंगी

उज्जैन ,22 अक्टूबर (एजेंसी)। कलर्स चैनल के टीवी सीरियल बालिका वधू में गहना का किरदार निभाने वाली नेहा आज सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती देखने उज्जैन पहुंची। वे भस्म आरती में शामिल हुई और महाकालेश्वर मंदिर स्थित सिद्धिविनायक गणेश और साक्षी गोपाल मंदिर पर पहुंचकर भी भगवान के दर्शन किए।

महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक शर्मा (बाला गुरु) ने बताया कि बालिका वधू में गहना का किरदार निभाने वाली नेहा मर्दा आज सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करने महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंची थी। जहां वे महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दी। बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मीडिया से नेहा ने कहा कि बाबा महाकाल की भस्म आरती देखकर अच्छा लगा।

जिंदगी में पहली बार मैंने यह भस्म आरती की। मैं प्रयास करूंगी कि हर बार यहां आ पाउ और बाबा महाकाल के दर्शन कर पाऊं। बता दें कि नेहा मर्दा बालिका वधू, डोली अरमानों की, चट्टी बट्टी जैसे कई सीरियल में काम कर चुकी हूं।

**************************

 

मुख्यमंत्री के दावे हवा-हवाई : अखिलेश यादव

लखनऊ ,22 अक्टूबर (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि कानून व्यवस्था और अपराध को लेकर मुख्यमंत्री के दावे हवा हवाई है। प्रदेश में अपराध चरम पर है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा सरकार में दबंगों और अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है। वह जब चाहे तब हत्या, लूट, अपहरण, दुष्कर्म आदि घटनाओं को अंजाम दे रहे है। भाजपा नेता और उनके गुर्गे, सगे सम्बंधियों की अराजकता जारी है।

मुख्यमंत्री जी बताएं कि प्रदेश में हर दिन हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसे जघन्य अपराध हो रहे है वे संगठित है या असंगठित है? अपराधी बेखौफ हैं और प्रशासनतंत्र उनके आगे नतमस्तक है। निर्दोष मारे जा रहे हैं। फर्जी मुकदमें लगाकर विपक्षियों को जेल भेजा रहा है। आम जनता पर अन्याय, अत्याचार की पराकाष्ठा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में अपराधों की बाढ़ है। भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस झूठा है। लखनऊ जनपद के मोहनलालगंज क्षेत्र में एक महिला के साथ धमकी देकर दुष्कर्म किया गया। खुद भाजपा मंडल अध्यक्ष के घर में चोरो ने लाखों का माल चोरी कर ले गए। ऑटो पर बैठी महिला ने दरोगा की चेन उड़ा दी। कहा कि कानपुर में भाजपा नेताओं की मार से दवा व्यवसायी भाटिया की आंख को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस देखती रही। भाजपाई दबंगों को रोकने की हिम्मत नहीं हुई।

कहीं भाजपाई किसानों की जमीनें धोखे से छीन रहे हैं और कहीं व्यापारियों से रंगदारी वसूल रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा दिखावे के लिए ‘बेटी पढ़ाओं-बेटी बचाओं, अभियान चलाती है जबकि भाजपा राज में महिलाओं, बच्चियों के साथ सर्वाधिक अपराध की घटनाएं हुई है। सश्रा के अहंकार में भाजपाई दबंगई कर रहे हैं। सीतापुर में भाजपा सरकार के मंत्री के गुंडे बेटो ने 2 बहनों की सरेआम पिटाई की है जिसके दृश्य सामने आए हैं। इन्हीं विधायक के कर्मचारी ने एक गरीब चाटवाले पर मोटरसाइकिल चढ़ा दी थी।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आप किसी व्यक्ति के अंदर छिपे हुनर को पहचानने में मदद करेंगे। आज आपको करियर में तरक्की के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही लोगों के बीच आपकी प्रशंसा होगी। अगर आप कोई नया व्यापार शुरू करना चाहते है तो घर का पूरा सहयोग मिलेगा। आज आपको कोई ऐसी बात पता लग सकती है, जिससे आपको खुशी महसूस होगी। किसी मित्र की सहायता करेंगे, दोस्ती और मजबूत होगी। माता महागौरी के सामने घी का दीपक जलाएं, धन-धान्य में बढ़ोतरी होगी।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 4

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज किस्मत आप पर मेहरबान रहेगी। आज आप लोगों की बातों पर ध्यान नहीं देंगे। काम पर पूरा फोकस करेंगे, आपको जल्द ही कुछ ऐसे रिजल्ट प्राप्त होंगे जिसका लोगों को बिलकुल भी उम्मीद नहीं थी। जो लोग टूर एंड ट्रेवल्स के बिजनेस से जुड़े हैं, उनके लिए आज का दिन लाभदायक रहने वाला है।आज आपको किसी बड़ी कंपनी से पार्टनरशिप करने का मौका मिलेगा, जिससे आपको ज्यादा से ज्यादा लाभ मिलेगा। जीवनसाथी आज आपसे प्रसन्न रहेंगे। मां दुर्गा की आरती करें, घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा।

शुभ रंग-पीला

शुभ अंक- 2

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन खुशियां देने वाला साबित होगा। बच्चे आज अपनी पढ़ाई का शेड्यूल बदलेंगे, पढऩे में मन लगा रहेगा। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों को आज कुछ नया सीखने का अवसर मिलेंगा। नौकरी कर रहे लोगों का आज प्रमोशन के योग बन रहे हैं। महिलाओं को आज ऑफिस मे वर्कलोड कम रहेगा, जिससे आप अपने वर्क कों टाइमली पूरा कर लेंगी। जल में कुछ दाने चावल के डालकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दें, स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 1

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन मिला जुला रहने वाला है। आज किसी अनजान व्यक्ति पर ज्यादा भरोसा ना करें। छात्रों को पढ़ाई में आज और ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी, अच्छा रिजल्ट देखने कों मिलेगा। जो लोग कपड़े के व्यापार से जुड़े हैं, उनके काम की गति बढेगी। माता महागौरी की कृपा से दाम्पत्य जीवन में चल रही समस्यायें समाप्त होगी। आज दूसरों के मामलों में अपनी राय रखने से आपको बचना चाहिए। माता को पुये का भोग लगायें, कारोबार में आ रही रुकावटें दूर होंगी।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 5

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके खास रहने वाला है। आज आपको भाग्य का साथ मिलता रहेगा। आज आप खुद को आर्थिक रुप से मजबूत बनाने की योजना बनाएंगे। वकीलों को आज किसी पुराने मुददे पर बड़े कानूनी सलाहकार की मदद मिलेगी, साथ ही नये क्लाइंट्स से मुलाकात होगी। जीवनसाथी पर पूरा विश्वास बनायें रखे, रिश्तो में मजबूती आएगी। घुटनों से संबंधित समस्याओं से आज आपको छुटकारा मिलेगा। मां दुर्गा को नारियल अर्पित करें, विवाह में आ रही रुकावटें दूर होंगी।

शुभ रंग- पिच

शुभ अंक- 3

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आज खुद को साबित करने के कई मौके मिलेंगे। ऑफिस में हर कोई आपके कार्यो से प्रभावित होगा। आज आपके घर आपसे मिलने कोई रिश्तेदार आयेंगे। आज उनके साथ अलग अलग व्यंजनों का आनंद उठाएंगे। आज आप जीवनसाथी को कोई ज्वेलरी उपहार देंगे, जिससे आपके रिश्तें बेहतर होंगे। इस राशि की जो महिलाएं बिजनेस से जुड़ी हैं, उनके लिए आज लाभ के अच्छे योग बन रहे हैं। मां दुर्गा को लाल पुष्प अर्पित करें, लाभ के अवसर प्राप्त होंगे।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 8

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। कुछ जरूरी कार्यों की वजह से आज आपको ऑफिस में देर तक रुकना पड़ेगा। व्यर्थ की भाग दौड़ से बचें, अपने समय का सही उपयोग करने से आपको अच्छा फल मिलेगा। आज परिवार का माहौल अच्छा बना रहेगा। आध्यात्मिकता की ओर आपका रुझान हो सकता है। आज उच्चाधिकारी आपसे प्रसन्न होंगे। अगर आप कही पैसा निवेश करना चाहते है तो आज का दिन अच्छा है। घर के साथ किसी बात को लेकर बातचीत करेंगे। आईटी के क्षेत्र से जुड़े छात्रों को जॉब का ऑफर मिलेगा। मां दुर्गा को हलवे का भोग लगायें, जीवन में समृद्धि बनी रहगी।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 2

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज आप छोटी-छोटी बातों में खुशी तलाशने की कोशिश करेंगे। विरोधी आज आपके सामने दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। इस राशि के बच्चे स्कूल का होमवर्क पूरा करने में किसी की मदद लेंगे। करियर को बेहतर बनाने में आपको गुरु का सहयोग प्राप्त होगा, आप जीवन में आगे बढ़ेंगे। आज आपका स्वास्थ्य अच्छा रहने वाला है। घर के बड़े आज आपको बेहतरीन सुझाव देंगे। लवमेट कहीं घूमने जायेंगे। दुर्गा सप्तशती का पाठ करें, आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 2

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहेगा। आपको आर्थिक रूप से अपने सगे संबंधियों की मदद मिलेगी। साथ ही लेनदेन के मामलों में आपको सावधानी बरतने की जरुरत है। दुकानदारों को आज उम्मीद से ज्यादा धन लाभ होने वाला है। आज आप जिस भी काम में हाथ लगायेंगे, वो जरुर सफल होगा।छात्रों को आज कुछ नया सीखने का मौका मिलेगा। आज आपको बड़े भाई का सहयोग प्राप्त होगा। कोर्ट सम्बन्धी समस्याओं का समाधान निकलेगा। माता के दर्शन करें, भाई का साथ बना रहेगा।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 7

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज का दिन कार्यों में सफलता दिलाने वाला होगा। आज आपको ज्यादा भावुक होने से बचना चाहिए। जीवनसाथी आज आपकी बातों को समझने की कोशिश करेंगे। आज बड़े:बुजुर्ग की मदद करने से आपको अच्छा महसूस होगा। रिश्तेदारों में आपकी तारीफ होगी। आज आपको अपनी मनपसंद चीज मिल सकती है। आज आप कठिन परिस्थितियों में भी सटीक फैसले लेंगे। जो लोग सोने-चांदी के व्यापार से जुड़े हैं, उनके काम की गति बढ़ेगी। धर्म स्थल पर घी का दान करें, पारिवारिक रिश्ते और मजबूत होंगे।

शुभ रंग- मैहरून

शुभ अंक- 9

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए बहुत ही अच्छा रहने वाला है। धन से जुड़ी चिंताएं छूमंतर हो जाएगी। साथ ही कहीं रुका हुआ धन आपको मिल सकता है। आज कार्यक्षमता के बल पर आपको आगे बढऩे के कई मौके मिलेंगे। आज आप खुद को गर्व से भरा महसूस करेंगे। आपको अपने जीवनसाथी से कोई अच्छीखबर मिलेगी। वेब डिजाइनिग का काम करने को कोई बड़ा प्रोजेक्ट हाथ लगेगा। राजनीति से जुड़े लोगों को आज किसी सामाजिक समारोह में जाने का मौका मिलेगा। जरूरतमंद को वस्त्र दें, जीवन में खुशहाली आएगी।

शुभ रंग-

शुभ अंक- 6

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन आपके लिए खास रहने वाला है। आज आपकी आर्थिक परेशानियों का हल निकलेगा, कोई दोस्त आपकी मदद करेगा। शाम को आप घर के साथ मिलकर अच्छा समय बिताएंगे। व्यापार के प्रति आज की गई कोशिशें, भविष्य में रंग लायेंगी। सेहत के मामले में भी सब कुछ अच्छा रहेगा। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहें छात्रों को आज कोई शुभ समाचार मिलेगा। मां दुर्गा को नारियल अर्पित करें, लोगों का सहयोग मिलता रहेगा।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 1

********************************

 

जन-जन की आस्था का केंद्र है देवगांव का कामाख्या धाम

*मुराद पूरी होने पर लोग लगवाते है संगमरमर का पत्थर*

सुमेरपुर-हमीरपुर ,22 अक्टूबर (एजेंसी)। सुमेरपुुर क्षेत्र के देवगांव में स्थित मां कामाख्या देवी धाम दूर-दूर तक मशहूर है। लोग मुराद पूरी होने पर वर्ष पर्यंत यहां आते हैं। मान्यता है कि महिषासुर के आतंक से मां ने असम के गुवाहाटी के साथ यहां भी अपना ठिकाना बनाया था। यह तांत्रिकों का भी शक्तिपीठ है। मुराद पूरी होने पर यहां लोग दीवाल में पत्थर लगवाते हैं। सुमेरपुुर क्षेत्र के ग्राम देवगांव में निर्जन स्थान पर मां कामाख्या देवी का गुफा के अंदर पुराना धाम है।

यहां के महंत स्वामी पतरिया महाराज ने बताया कि यह तांत्रिक पीठ है। देवासुर संग्राम के पूर्व महिषासुर की आतंक से मां ने असम के गुवाहाटी के अलावा यहां भी अपना स्थान बनाया था। यह बहुत ही दुर्लभ स्थान है। यहां एक बड़ी गुफा के अंदर मां विराजमान है। गुफा के अंदर भक्तों को आने-जाने में बहुत कठिनाइयां थी। लिहाजा गुफा के ऊपर मंदिर बनाकर मां की प्रतिमा को स्थापित किया गया है। इस स्थान की पहचान चंदेल कालीन राजाओं के द्वारा की गई थी।

हजारों वर्ष पूर्व उन्होंने यहां विशाल तालाब बनवाकर गुफा का जीर्णोद्धार कराया था। तभी से यह स्थान लोगों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। इस स्थान पर लोग वर्ष पर्यंत आते हैं। नवरात्र में यहां लोगों की भीड़ में उमड़ती है। मुराद पूरी होने पर लोग यहां दीवाल पर अपने नाम का संगमरमर का पत्थर लगवाते हैं। हजारों की तादाद में यह मंदिर की दीवार के साथ गुफा के आसपास संगमरमर के पत्थर लगे हैं। पत्थरों को देखकर सहज अंदाजा लगाया जाता है कि यह वह स्थान बुंदेलखंड के कोने-कोने पर मशहूर है।

ग्राम प्रधान जितेंद्र खरे, मंजय प्रजापति आदि बताते हैं कि कभी यह स्थान निर्जन जगह पर था। अब यह आबादी के काफी करीब हो गया है और यहां आने जाने के लिए गांव से शक्तिपीठ तक सीसी मार्ग के साथ बिजली की भी व्यवस्था हो गई है।

*************************

 

प्रियंका गांधी फिर आएंगी मध्य प्रदेश : 28 अक्टूबर को बुंदेलखंड में भरेंगी हुंकार, कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव का 5 महीने में पांचवां दौरा

भोपाल ,22 अक्टूबर (एजेंसी)। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को अब ज्यादा वक्त नही बचा है। चुनाव से पहले पार्टियां जनता के बीच अपना माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसी कड़ी में 5 महीने में पांचवीं बार कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी एक बार फिर मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रही है। 28 अक्टूबर को प्रियंका गांधी छतरपुर आएंगी, यहां वे जनसभा को संबोधित करेगी।

ग्वालियर चंबल, मालवा निमाड़, महाकौशल के बाद अब बुंदेलखंड पर कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी का फोकस है। इसी बीच वे 28 अक्टूबर को छतरपुर आने वाली है। मध्य प्रदेश में 5 महीने अंदर प्रियंका गांधी का यह पांचवां दौरा है। प्रियंका बुंदेलखंड में बड़ी जनसभा को संबोधित करेगी।

बतादें कि, प्रियंका गांधी ने 12 जून को सबसे पहले जबलपुर में रैली कर चुनाव अभियान का आगाज किया था। इसके अलावा 21 जुलाई को ग्वालियर, 5 अक्टूबर को मोहनखेड़ा और 12 अक्टूबर को मंडला में वे सभा कर चुकी हैं। वहीं प्रियंका के भाई और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 10 अक्टूबर को शहडोल के ब्यौहारी में सभा को संबोधित किया था।

**********************

 

खडग़े ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कहा-सभी एजेंसियां, संस्थान, विभाग आधिकारिक प्रचारक

नई दिल्ली ,22 अक्टूबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी सरकार के आदेशों पर पत्र लिखकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि सरकार की सभी एजेंसियां, संस्थान, हथियार, विंग और विभाग अब आधिकारिक तौर पर प्रचारक हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मद्देनजर यह जरूरी है कि नौकरशाही और हमारे सशस्त्र बलों के राजनीतिकरण को बढ़ावा देने वाले आदेशों को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

अपने दो पन्नों के पत्र में खडग़े ने कहा कि वह एक अत्यंत सार्वजनिक महत्व के मामले पर लिख रहे हैं जो न केवल इंडिया पार्टी के लिए बल्कि बड़े पैमाने पर लोगों के लिए भी चिंता का विषय है।

कांग्रेस नेता ने कहा, इसका संबंध आज देश में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल की सेवा में हो रहे सरकारी तंत्र के घोर दुरुपयोग से है।
खडग़े ने 18 अक्टूबर के एक पत्र का हवाला दिया, जिसके विषय में कहा गया है कि संयुक्त सचिव, निदेशक और उप सचिव जैसे उच्च रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को भारत के सभी 765 जिलों में तैनात किया जाना है।

उन्होंने कहा, उन्हें सरकार की पिछले 9 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए रथप्रभारी के रूप में तैनात किया जाएगा। यह कोई संयोग नहीं है कि पिछले नौ साल कार्यालय आपके कार्यकाल के अनुरूप हैं। यह कई कारणों से गंभीर चिंता का विषय है। यह केंद्रीय सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1964 का स्पष्ट उल्लंघन है, जो निर्देश देता है कि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी भी राजनीतिक गतिविधि में भाग नहीं लेगा।

उन्होंने कहा, हालांकि सरकारी अधिकारियों के लिए उपलब्धियों का प्रदर्शन करने के लिए सूचना प्रसारित करना स्वीकार्य है, लेकिन यह उन्हें सत्तारूढ़ दल के राजनीतिक कार्यकर्ताओं में बदल देता है।

उन्होंने बताया कि यह तथ्य कि केवल पिछले 9 वर्षों की उपलब्धियों पर विचार किया जा रहा है, इस तथ्य को उजागर करता है कि यह पांच राज्यों के चुनावों और 2024 के आम चुनावों के लिए एक पारदर्शी राजनीतिक व्यवस्था है।

उन्होंने आगे कहा कि अगर विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को वर्तमान सरकार की मार्केटिंग गतिविधि के लिए प्रतिनियुक्त किया जा रहा है, तो देश का शासन अगले छह महीनों के लिए ठप हो जाएगा।

इसके बाद उन्होंने रक्षा मंत्रालय द्वारा 9 अक्टूबर को पारित एक आदेश का भी हवाला दिया, जिसमें वार्षिक अवकाश पर गए सैनिकों को सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में समय बिताने का निर्देश दिया गया था, जिससे उन्हें सैनिक राजदूत बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि सेना प्रशिक्षण कमान जिसे हमारे जवानों को राष्ट्र की रक्षा के लिए तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, सरकारी योजनाओं को बढ़ावा देने के तरीके पर स्क्रिप्ट और प्रशिक्षण मैनुअल तैयार करने में व्यस्त है। लोकतंत्र में यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि सशस्त्र बलों को राजनीति से दूर रखा जाए और प्रत्येक कर्मी की निष्ठा राष्ट्र और संविधान के प्रति है।

उन्होंने कहा, हमारे सैनिकों को सरकारी योजनाओं का विपणन एजेंट बनने के लिए मजबूर करना सशस्त्र बलों के राजनीतिकरण की दिशा में एक खतरनाक कदम है।

उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि हमारे देश के लिए कई महीनों या वर्षों की कठिन सेवा के बाद सैनिक अपनी वार्षिक छुट्टी पर पूर्ण स्वतंत्रता के पात्र हैं।

उन्होंने कहा, राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उनकी छुट्टियों का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा, सिविल सेवकों और सैनिकों दोनों के मामलों में यह आवश्यक है कि सरकारी मशीनरी को राजनीति से दूर रखा जाए, खासकर चुनाव से पहले के महीनों में।

सरकार पर निशाना साधते हुए खडग़े ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के अलावा आयकर विभाग और सीबीआई पहले से ही भाजपा के चुनाव विभाग के रूप में काम कर रहे हैं, ऊपर उल्लिखित आदेशों ने पूरी सरकारी मशीनरी को ऐसे काम पर लगा दिया है जैसे कि वे सत्तारूढ़ दल के एजेंट हों।

उन्होंने कहा, सभी एजेंसियां, संस्थान, हथियार, विंग और विभाग अब आधिकारिक तौर पर प्रचारक हैं। हमारे लोकतंत्र और हमारे संविधान की रक्षा के मद्देनजर, यह जरूरी है कि उपरोक्त आदेशों को तुरंत वापस लिया जाए।

**************************

 

मल्होत्रा ने चंडीगढ़ भाजपा प्रमुख का पदभार संभाला

चंडीगढ़ ,22 अक्टूबर (एजेंसी)। भाजपा ने 13 अक्टूबर को जतिंदर पाल मल्होत्रा को चंडीगढ़ भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया था क्योंकि तत्कालीन अध्यक्ष अरुण सूद ने अपना कार्यकाल पूरा कर लिया था।

आज पार्टी मुख्यालय में कमलम में जतिंदर पाल मल्होत्रा ने पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद, पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व सांसद सतपाल जैन, महासचिव (संगठन) मंत्री श्रीनिवासलू, मेयर अनुप गुप्ता, पूर्व विधायक कालका लतिका शर्मा, दोनों महासचिव रामबीर भट्टी, चन्द्रशेखर,पूरी राज्य इकाई और सैकड़ों कार्यकर्ता की उपस्थिति में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।

नेताओं ने भाजपा की संगठन संस्कृति के बारे में बात की जहां नेताओं को अलग अलग पद पर परमानेंट नही रखा जाता और नए कार्यकर्ताओं को भी राज्यअध्यक्ष बनने का अवसर मिलता है। सतपाल जैन ने कहा कि भाजपा शहर की सबसे मजबूत पार्टी है। संजय टंडन ने मल्होत्रा को चंडीगढ़ लोकसभा में जीत दिलाने के लिए पार्टी को हरसंभव समर्थन और मदद देने का आश्वासन दिया।

अरुण सूद ने मल्होत्रा को बधाई देते हुए कहा कि नए प्रमुख के नेतृत्व में पूरी पार्टी एकजुट है और पार्टी और मजबूत होगी तथा आगामी लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक बनाएगी और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाएगी।

मल्होत्रा ने बोलते हुए पीएम को धन्यवाद दिया और कहा की एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर उसे प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीएल संतोष को बहुत बहुत धन्यवाद। मल्होत्रा ने अपने सभी पूर्व अध्यक्षों को याद किया और पार्टी के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि भाजपा आम लोगों की पार्टी है और उन्हें याद है कि कैसे कोविड महामारी के दौरान अरुण सूद ने लोगों की मदद करने के लिए इतनी मेहनत की, उन्होंने कहा कि इसी तरह स्थानीय सांसद किरण खेर ने संसद में चंडीगढ़ के मुद्दों की आवाज उठाई। मल्होत्रा ने कहा कि हमें ऐसी पार्टी का कार्यकर्ता होने पर गर्व है जहां एक चाय बेचने वाला पीएम बन सकता है और एक सामान्य कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है।

भाजपा कार्यकर्ताओं और विचारधारा की पार्टी है और उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वह उन्हें कभी निराश नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में बीजेपी भारी अंतर से जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के लिए अपने काम में पीएम मोदी के आदर्शों का पालन करने को कहा, हालांकि पीएम का अनुसरण करना इतना आसान नहीं है।

सभी जिला अध्यक्षों, सभी विभागों और मोर्चा के प्रमुखों ने मल्होत्रा को माला पहनाई और उन्हें कार्यभार संभालने पर बधाई दी। अंत में मेयर अनूप गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।

***************************

 

DRI ने सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार; 4 करोड़ का सोना और iPhones जब्त

पणजी 22 Oct, (एजेंसी): राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), गोवा ने देर रात एक सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया और तीन लोगों को 5.7 किलोग्राम सोना और 15 आईफोन 15 प्रो मैक्स के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए सोने और आईफोनज की कीमत 4 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

डीआरआई ने कहा कि अबू धाबी से सोने के पेस्ट के साथ यात्रा करने वाले आरोपी मुंबई और दुबई के बीच संचालित सोने की तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा हैं। उन्होंने 12 अक्टूबर को मुंबई से अबू धाबी की यात्रा की। डीआरआई सूत्रों ने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर, डीआरआई गोवा के अधिकारियों ने शनिवार को अबू धाबी से मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, मोपा तक इंडिगो की उड़ान 6ई-1506 से आए तीन यात्रियों को रोका।

तलाशी के दौरान, डीआरआई अधिकारियों को तीन पुरुष यात्रियों के पास से 7 किलोग्राम सोने का पेस्ट (5.7 किलोग्राम की अनुमानित मात्रा) और 15 आईफोन मिले। डीआरआई के एक सूत्र ने कहा, आईफोन्ज को चेक-इन बैगेज में रखे गए पैकेट में लपेटा गया था। सोने के पेस्ट को एक यात्री के कमरबंद में छुपाया गया था और दो यात्रियों के कपड़ों की आंतरिक परतों में सिल दिया गया था।

तीन यात्रियों की पहान इरफान निवासी यूपी, कामरान अहमद गयासुद्दीन खान निवासी मुंबई और मोहम्मद इरफान गुलाम नबी बाला पटेल निवासी गुजरात के रूप में हुई है। तीनों की गिरफ्तारी सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत हुई है और आगे की जांच जारी है।

***************************

 

महाअष्टमी पर भक्तों को बड़ी सौगात, माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर लाइव दर्शन की सुविधा शुरू

जम्मू 22 Oct, (एजेंसी): जम्मू एवं कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने माता के भक्‍तों के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर लाइव दर्शन की सुविधा और द्विभाषी चैटबॉट की शुरूआत की है। उपराज्यपाल ने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने रूपा प्रकाशन द्वारा माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा पर एक यात्रा गाइड पुस्तक ‘द भक्ति  ऑफ शक्ति’ का भी विमोचन किया।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, लाइव दर्शन सुविधा श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड द्वारा यह पहल की गई है। उन्‍होंने कहा, इसके अलावा, तीर्थयात्रियों को प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से, तीर्थयात्रियों से प्राप्त प्रश्नों और शिकायतों के समाधान के लिए चौबीस घंटे की टोल-फ्री हेल्पलाइन को आधिकारिक वेबसाइट के लिए एक द्विभाषी इंटरएक्टिव चैटबॉट ‘शक्ति’ शुरू किया गया है।

गौरतलब है कि कॉल सेंटर द्वारा हर महीने 20,000 से अधिक तीर्थयात्रियों को सुविधा प्रदान की जा रही है। चैटबॉट श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं/सुविधाओं पर सभी प्रासंगिक जानकारी प्रदान करेगा और तीर्थयात्रियों को उनकी यात्रा की पहले से योजना बनाने में बहुत आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। इसमें तीर्थयात्रियों की जागरूकता और पवित्र तीर्थस्थल पर नवीनतम अपडेट के लिए वीडियो/ऑडियो सामग्री प्रसारित करने की भी सुविधा है।

******************************

 

आईटीओ से आश्रम तक यात्रा होगी आसान, CM अरविंद केजरीवाल ने 3-लेन फ्लाईओवर का किया उद्घाटन

नई दिल्ली 22 Oct, (एजेंसी): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सराय काले खां में तीन लेन के फ्लाईओवर का उद्घाटन किया।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने उद्घाटन समारोह में कहा कि नया फ्लाईओवर आश्रम, मूलचंद और उस मार्ग पर अन्य स्टॉप के आसपास ट्रैफिक को कम करेगा। पूरे रिंग रोड पर कोई लाल बत्ती नहीं है। यह फ्लाईओवर सराय काले खां को जाम मुक्त बनाएगा।

सीएम केजरीवाल ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 30 फ्लाईओवर के निर्माण में 557 करोड़ रुपये बचाए हैं। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का जिक्र गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में होना चाहिए।

कार्यक्रम को लोक निर्माण विभाग मंत्री आतिशी ने भी संबोधित किया और कहा कि दिल्ली सरकार ने आश्रम और सराय काले खां के बीच के क्षेत्र का कायापलट कर दिया है। यह सराय काले खां टी-जंक्शन दक्षिणपूर्व दिल्ली और आईटीओ के बीच सिग्नल-मुक्त यात्रा सुनिश्चित करेगा।

सीएम केजरीवाल ने आगे कहा कि यह 620 मीटर लंबा फ्लाईओवर है और इसके लिए 66 करोड़ रुपये मंजूर किये गए थे। हालांकि, हमने इसे 50 करोड़ रुपये के भीतर पूरा कर लिया। फ्लाईओवर में तीन लेन, रैंप, स्टिल्ट हिस्से और यू-टर्न के लिए लूप होंगे।

*************************

 

BJP ने रद्द किया टी. राजा का निलंबन, 52 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

हैदराबाद 22 Oct, (एजेंसी): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने तेलंगाना विधायक टी. राजा सिंह का निलंबन रद्द कर दिया है। वहीं पार्टी ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 52 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अपने तीन मौजूदा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।

बता दें, टी. राजा को पिछले साल पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने रविवार को राजा सिंह को सूचित किया कि उनका निलंबन रद्द करने का फैसला किया गया है।

समिति ने उनके निलंबन के बाद उन्हें जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के जवाब के आधार पर यह निर्णय लिया। राजा सिंह ने पत्र को ‘एक्स’ पर साझा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा और अन्य नेताओं को धन्यवाद दिया। निलंबन रद्द होने से राजा सिंह को अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में मैदान में उतारने का रास्ता साफ हो गया है। उनके हैदराबाद के गोशामहल निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुनाव लड़ने की संभावना है।

विधायक को मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कुछ टिप्पणियां करने के आरोप में पिछले साल अगस्त में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें 25 अगस्त को जेल भेज दिया गया था। तेलंगाना हाई कोर्टद्वारा पुलिस आयुक्त के आदेश को रद्द करने और उन्हें जमानत देने के बाद राजा सिंह को 9 नवंबर को जेल से रिहा कर दिया गया। हालांकि, अदालत ने उन्हें ऐसा कोई भाषण या टिप्पणी नहीं करने का निर्देश दिया जिससे समुदायों के बीच नफरत पैदा हो।

चूंकि भाजपा ने उनके निलंबन को रद्द करने में देरी की, इसलिए राजा सिंह ने इस साल अगस्त में राज्य विधानसभा को बताया था कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। राज्य के वित्त और स्वास्थ्य मंत्री टी. हरीश राव के साथ उनकी मुलाकात के बाद अटकलें शुरू हो गई थीं कि वह सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भाजपा छोड़ने या निर्दलीय चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं है।

****************************

 

JEE main 2024: अब NTA नहीं कराएगा IIT और NIT एंट्रेंस एग्जाम, इस नए बोर्ड को दी गई जिम्मेदारी

नई दिल्ली 22 Oct, (एजेंसी): आईईटी व एनआईटी में प्रवेश के लिए होने वाली ‘जेईई’ परीक्षा अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए नहीं कराएगा। यह परीक्षा अब जेईई एपेक्स बोर्ड (जेएबी) करवाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने एपेक्स बोर्ड की संरचना और गठन के संबंध में एक अधिसूचना जारी की है।जेईई मेन के स्कोर के आधार पर 32 एनआईटी और जेईई एडवांस्ड के आधार पर देशभर की 26 आईआईटी में दाखिला होगा।

गौरतलब है कि जेईई में 12 लाख से अधिक छात्र शामिल होते हैं। आईआईटी में दाखिले के लिए ‘जेईई मेन’ में मेरिट हासिल करने वाले छात्र ‘जेईई एडवांस्ड’ की परीक्षा देते हैं। ‘जेईई एडवांस्ड’ परीक्षा में अच्छा स्कोर करने वाले छात्रों को आईआईटी में दाखिला मिलता है, जबकि एनआईटी में ‘जेईई मेन’ के रिजल्ट के आधार पर दाखिला होता है।

अभी तक यह दोनों एग्जाम करवाने की जिम्मेदारी एनटीए की थी। लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल के बाद अब एनटीए यह परीक्षाए नहीं करवाएगा। शिक्षा मंत्रालय ने इन परीक्षाओ के लिए नए बोर्ड का गठन किया है। यह नया बोर्ड ही आगे से आईआईटी और एनआईटी के लिए एंट्रेंस टेस्ट कराएगा।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा गठित किए गए इस बोर्ड का नाम जेईई एपेक्स बोर्ड है। बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर एसके जैन को इस बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। प्रोफेसर एसके जैन जहां इस बोर्ड के अध्यक्ष हैं, वहीं सदस्यों के तौर पर इसमें आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी गुवाहाटी, आईआईआईटी लखनऊ, आईआईटी मद्रास, एनआईटी राउरकेला, एनआईटी सुरतकल, आईआईआईटी हैदराबाद, आईआईटीएम ग्वालियर के डायरेक्टर, मध्य प्रदेश, असम, मणिपुर, महाराष्ट्र, यूपी, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, सीबीएसई के चेयरमैन, एनआईसी, एनटीए और सी-डैक के डायरेक्टर जनरल व एमओई के एडिशनल सेक्रेटरी और ज्वाइंट सेक्रेटरी शामिल किए गए हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार जेएबी को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा स्थायी सचिवालय उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जेईई इंटरफेस ग्रुप आर्थिक सहायता देगा।

नोटिफिकेशन के मुताबिक, एनटीए जेईई एंट्रेंस टेस्ट आयोजित करने के लिए प्रशासनिक और लॉजिस्टिक मदद भी देगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी भले ही इसमें लॉजिस्टिक और अन्य प्रशासनिक मदद प्रदान करे, लेकिन जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड परीक्षाओं के लिए पॉलिसी, रूल और रेगुलेशन स्थापित करने का अंतिम अधिकार जेएबी के पास होगा।

अगले वर्ष होने वाले पहले चरण के जेईई मेन एग्जाम 24 जनवरी से 1 फरवरी 2024 तक ली जाएगी। इन परीक्षाओं का रिजल्ट 22 से 24 फरवरी के बीच जारी होगा। वहीं दूसरे चरण जेईई मेन परीक्षा 1 से 15 अप्रैल के बीच ली जाएगी। इसके रिजल्ट 8 से 11 मई 2024 तक जारी होगा।

************************

 

गरबा के दौरान हार्ट अटैक से 10 लोगों की मौत, अस्पताल अलर्ट पर

खेड़ा 22 Oct, (एजेंसी): गुजरात के खेड़ा जिले के कपड़वंज में नवरात्रि उत्सव के दौरान गरबा खेलते समय 17 वर्षीय लड़के की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि घटना 20 अक्टूबर को हुई और पीड़ित की पहचान वीर शाह के रूप में हुई। वीर जोशीले नृत्य का आनंद ले रहा था, तभी उसे अचानक चक्कर आने लगा और वह बेहोश हो गया।

डॉ. आयुष पटेल, एमडी मेडिसिन ने कहा, मौके पर मौजूद स्वयंसेवकों ने कार्डियो-श्वसन पुनर्जीवन का काप्प्र प्रयास किया। अधिकारियों ने कहा कि तत्काल चिकित्सा देखभाल और नजदीकी अस्पताल में ले जाने के बावजूद, किशोर को मृत घोषित कर दिया गया। वीर के माता-पिता कपडवंज में एक अन्य गरबा स्थल पर नवरात्रि समारोह में भाग ले रहे थे जब उन्हें अपने बेटे के दुखद निधन की सूचना मिली।

अचानक हुए घटना से आहत वीर के पिता रिपल शाह ने बाद में अन्य जश्न मनाने वालों से एक अपील जारी कर उनसे नृत्य के बीच आराम करने का आग्रह किया। शाह ने कहा, बच्चे को खोने का दर्द अथाह है और मुझे उम्मीद है कि किसी अन्य माता-पिता को यह दर्द नहीं सहना पड़ेगा। दिवंगत आत्मा के सम्मान में कार्यक्रम स्थल पर आयोजकों ने दो मिनट का मौन रखा और गरबा भी स्थगित कर दिया गया।

वीर उन कम से कम 10 लोगों में शामिल था, जिनकी गुजरात में 24 घंटे के दौरान नवरात्रि समारोह में गरबा करते समय मौत हो गई। पिछले कुछ दिनों में राज्य में इस तरह की घटनाओं की एक श्रृंखला सामने आई है, जिसमें दभोई, बड़ौदा का एक 13 वर्षीय लड़का भी शामिल है, जिसे दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। अन्य हताहतों में अहमदाबाद के 28 वर्षीय रवि पांचाल शामिल हैं, जो गरबा खेलते समय अचानक गिर गए और शुक्रवार की रात उनकी मृत्यु हो गई, और 55 वर्षीय शंकर राणा, जो वडोदरा में धुनों पर थिरकते समय गिर गए और दम तोड़ दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात में 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवाओं को नवरात्रि के पहले 6 दिनों में हृदय से संबंधित मुद्दों के लिए 521 कॉल और सांस फूलने के लिए अतिरिक्त 609 कॉल प्राप्त हुई हैं। इनमें से अधिकतर कॉल कथित तौर पर शाम 6 बजे से 2 बजे के बीच प्राप्त हुईं, जब आमतौर पर गरबा उत्सव होता है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के नेतृत्व वाली सरकार ने गरबा स्थलों के पास सभी सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) से हाई अलर्ट पर रहने का आग्रह किया है। गरबा आयोजकों को आपात स्थिति में एम्बुलेंस की आवाजाही के लिए विशेष गलियारे बनाए रखने के लिए भी कहा गया है।

*************************

 

Cyclone Tej भीषण तूफान में बदला, IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली 22 Oct, (एजेंसी): भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि अरब सागर में उठा चक्रवात ‘तेज’ रविवार को बेहद भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया और यह यमन-ओमान तटों की ओर बढ़ रहा है। आईएमडी ने कहा कि चक्रवाती तूफान के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 अक्टूबर को दोपहर के आसपास अल गैदाह (यमन) तथा सलालाह (ओमान) के बीच यमन-ओमान तटों को पार करने का अनुमान है।

भीषण चक्रवाती तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 115-125 किमी प्रति घंटे से लेकर 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसने एक बयान में कहा कि भीषण चक्रवाती तूफान ‘तेज’ अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। रविवार सुबह 8:30 बजे यह सोकोट्रा (यमन) से लगभग 160 किमी पूर्व-दक्षिण, सलालाह (ओमान) से 540 किमी दक्षिण-पूर्व और अल ग़ैदाह (यमन) से 550 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था।

आईएमडी ने यह भी कहा कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव सोमवार सुबह तक और अधिक तीव्र होकर गहरे दबाव में बदल सकता है। बयान में कहा गया कि इसके बाद अगले तीन दिन में बांग्लादेश और पास के पश्चिम बंगाल तटों तथा उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर बढ़ने का अनुमान है।

अगले 24 घंटों के दौरान इसके और भी भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। 25 अक्टूबर की सुबह अल गैदा (यमन) और सलालाह (ओमान) के बीच तबाही मचाने की आशंका है। हालांकि IMD ने कहा है कि दक्षिण पश्चिम अरब सागर से उठ रहे चक्रवाती तूफान का गुजरात पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

चक्रवाती तूफान का गुजरात पर कोई असर नहीं पड़ने की बात कही गई है लेकिन किसी भी खतरे से निपटने के लिए राज्य सरकार तैयार है। जून में अरब सागर से उठे बिपरजॉय तूफान ने गुजरात में कच्छ तथा सौराष्ट्र के कई क्षेत्रों में भयंकर तबाही मचाई थी। अरब सागर में उठा चक्रवात ‘तेज’ से ऐसा कोई खतरा गुजात को नहीं है।

*************************

 

द्रमुक ने एनईईटी के खिलाफ राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान किया शुरू

चेन्नई 22 Oct, (एजेंसी) : तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने 50 दिनों में 50 लाख लोगों से हस्ताक्षर करवाने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है।पार्टी ने इस अभियान के जरिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से तमिलनाडु को विश्वविद्यालय अनुदान चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) के दायरे में छूट देने के लिए राज्य विधानसभा में पारित विधेयक को मंजूरी प्रदान करने का आग्रह किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा से पारित विधेयक राज्य को एनईईटी से छूट देने और राज्य सरकार द्वारा आयोजित प्लस -2 बोर्ड परीक्षाओं में प्राप्त अंकों के आधार पर एमबीबीएस पाठ्यक्रमों के लिए छात्रों को प्रवेश देने की पिछली प्रणाली को जारी रखने की अनुमति देता है। इस पर पहला हस्ताक्षर मुख्यमंत्री एवं द्रमुक प्रमुख एम.के.स्टालिन ने किया।गौरतलब है कि द्रमुक ने 2021 में विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में एनईईटी को समाप्त करने वादा किया था।

****************************

 

BJP ने तेलंगाना विधायक राजा सिंह का निलंबन रद्द किया

हैदराबाद 22 Oct, (एजेंसी): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने तेलंगाना विधायक टी. राजा सिंह का निलंबन रद्द कर दिया है। विधायक को पिछले साल पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने रविवार को राजा सिंह को सूचित किया कि उनका निलंबन रद्द करने का फैसला किया गया है। समिति ने उनके निलंबन के बाद उन्हें जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के जवाब के आधार पर यह निर्णय लिया।

राजा सिंह ने पत्र को ‘एक्स’ पर साझा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा और अन्य नेताओं को धन्यवाद दिया। निलंबन रद्द होने से राजा सिंह को अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में मैदान में उतारने का रास्ता साफ हो गया है। उनके हैदराबाद के गोशामहल निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुनाव लड़ने की संभावना है। विधायक को मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कुछ टिप्पणियां करने के आरोप में पिछले साल अगस्त में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें 25 अगस्त को जेल भेज दिया गया था।

तेलंगाना हाई कोर्टद्वारा पुलिस आयुक्त के आदेश को रद्द करने और उन्हें जमानत देने के बाद राजा सिंह को 9 नवंबर को जेल से रिहा कर दिया गया। हालांकि, अदालत ने उन्हें ऐसा कोई भाषण या टिप्पणी नहीं करने का निर्देश दिया जिससे समुदायों के बीच नफरत पैदा हो। चूंकि भाजपा ने उनके निलंबन को रद्द करने में देरी की, इसलिए राजा सिंह ने इस साल अगस्त में राज्य विधानसभा को बताया था कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। राज्य के वित्त और स्वास्थ्य मंत्री टी. हरीश राव के साथ उनकी मुलाकात के बाद अटकलें शुरू हो गई थीं कि वह सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भाजपा छोड़ने या निर्दलीय चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं है।

****************************

 

बिहार में नवरात्रि पर भाजपा की फलाहार पॉलिटिक्स

पटना 22 Oct, (एजेंसी): अगले साल होने वाले संभावित लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपनी-अपनी रणनीति के तहत तैयारी में जुट गए हैं। इस बीच, भाजपा अपने हिंदुत्व के मुद्दे को हवा देने में जुटी है। वैसे, बिहार में इफ्तार को लेकर सियासत कोई नई बात नहीं है। राजद और जदयू के नेता रमजान के महीने में इफ्तार पार्टी का आयोजन करते रहे हैं। इस नवरात्रि को लेकर भाजपा के कई नेताओं ने फलाहार का आयोजन किया है।

भाजपा के नेताओं का कहना है कि अगर रमजान के महीने में इफ्तार पार्टी आयोजित की जा सकती है तो नवरात्र के मौके पर सनातन धर्मावलंबी उपवास करते हैं, ऐसे में फलाहार पार्टी देने में क्या बुराई है। इस नवरात्रि में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश के कोषाध्यक्ष राकेश सिन्हा, प्रवक्ता नीरज कुमार सहित कई नेताओं ने फलाहार पार्टी आयोजित की, जिसमे पार्टी के नेताओं के अलावा आम लोगों को आमंत्रित किया गया। बड़ी संख्या में लोग भी इनकी फलाहार पार्टियों में पहुंचे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता सिन्हा कहते हैं कि महागठबंधन के लोग तुष्टिकरण के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन करते हैं, जबकि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित सभी वर्गों के संतुष्टिकरण सिद्धांत के तहत नवरात्र में फलाहार प्रसाद का निरंतर आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का अपमान और इसके प्रति भ्रामक वातावरण बनाना सनातन विरोधियों की आदत बन गई है। फलाहार का आयोजन इन अराजकतत्वों को सकारात्मक संदेश देने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि शक्ति की भक्ति से ही मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा। सिन्हा द्वारा आयोजित फलाहार कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित भाजपा के कई नेता पहुंचे।

इधर, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन कहते हैं कि भाजपा की शुरू से ही राजनीति मंदिर के इर्द गिर्द घूमती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा छह महीने के बाद भाजपा के नेताओं को फलाहार ही करना होगा और मंदिर में ही जाकर बैठना होगा। जनता इनकी सियासत को जान चुकी है। राजीव रंजन ने भाजपा के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि अभी भी भाजपा के नेताओं के पास समय है कि जनता से जुड़े कामों पर ध्यान दे, शायद लोग कुछ इन्हें दे दें।

इधर, बिहार के मंत्री अशोक चौधरी कहते हैं कि भाजपा को हिन्दू-मुस्लिम के अलावा और कुछ नहीं आता है। सिर्फ फलाहार, इफ्तार, चंदन, रुद्राक्ष, टिकी पर बोलेंगे, लेकिन जनता क्या चाहती है, इसपर कुछ नहीं बोलेंगे। उन्होंने कहा कि ये महाघृनित टाइप के लोग हैं। चौधरी ने कहा कि देश की जो आत्मा है, उसको समझना होगा। हम गंगा जमुनी संस्कृति के लोग हैं। भाजपा के पास हिंदू मुस्लिम करने के अलावा और कुछ नहीं है।

भाजपा के नेता और बिहार के पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा का कहना है कि आखिर महागठबंधन के नेताओं को हमारे फलाहार के आयोजन से इतनी घृणा क्यों है। हमलोगों ने तो इफ्तार का विरोध कभी नहीं किया। उन्होंने कहा कि सभी को अपने अपने धर्म को लेकर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर छूट है। सभी इसे आयोजित करते हैं। बहरहाल, भाजपा के नेताओं द्वारा किए जा रहे फलाहार कार्यक्रम को लेकर प्रदेश में सियासत जमकर हो रही है। माना जा रहा है कि महागठबंधन के नेता जहां भाजपा को हिंदुत्व के मुद्दे को कुंद करने की रणनीति को लेकर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं भाजपा विभिन्न मामलो के जरिए हिंदुत्व के मुद्दे को हवा देने में जुटी है। अब किसके मुद्दे को जनता पसंद करती है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

********************************

समलैंगिक विवाह को मान्यता देने के पक्ष में नहीं है भाजपा और आरएसएस

नई दिल्ली 22 Oct, (एजेंसी): समलैंगिक विवाह को लेकर हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने अपना ऐतिहासिक फैसला देते हुए ऐसे विवाह को मान्यता देने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मसले पर फैसला देते हुए यह भी साफ कर दिया कि वह सिर्फ कानून की व्याख्या कर सकता है और कानून में बदलाव का काम देश की संसद को करना है। इसी के साथ देश में एक नया सवाल खड़ा हो गया कि क्या समलैंगिक विवाह के समर्थक लोगों की बात मानते हुए सरकार संसद के जरिए कानून बनाकर इस तरह के विवाह को मान्यता दे सकती है या नहीं?

सरकार इस मसले पर क्या करेगी इसका अंदाजा सुप्रीम कोर्ट में दिए गए केंद्र सरकार के हलफनामे, समलैंगिक विवाह पर भाजपा का रुख और सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बयान से लगाया जा सकता है। केंद्र सरकार ने समलैंगिक विवाह के मसले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू होने से पहले ही हलफनामा दायर कर इस विवाह को मान्यता देने से जुड़ी याचिकाओं को खारिज करने की मांग की थी। केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में कई कानूनी उलझनों एवं समस्याओं को गिनाते हुए सुप्रीम कोर्ट को यह बताया था कि भारत सरकार समलैंगिक विवाह को मान्यता देने के खिलाफ क्यों हैं। भाजपा के स्टैंड की बात करें तो, पार्टी इसे कानूनी से ज्यादा सामाजिक और संस्कृति से जुड़ा मुद्दा मानती है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने दिसंबर 2022 में राज्य सभा में समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने का विरोध करते हुए कहा था कि भारतीय समाज समलैंगिक विवाह को स्वीकार करने को तैयार नहीं है और यह भारत की संस्कृति और परंपरा के लिए अनुचित है। देश के केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तो समलैंगिक विवाह ही नहीं बल्कि समलैंगिक संबंधों के भी कट्टर विरोधी हैं। मेघवाल ने तो मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल में बतौर सांसद वर्ष 2012 में लोक सभा में प्राइवेट मेंबर बिल के तौर पर समलैंगिकता विरोधी विधेयक पेश तक कर दिया था।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिक विवाह को मान्यता देने से इनकार करने के फैसले का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी स्वागत किया। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय का समलैंगिक विवाह संबंधी निर्णय स्वागत योग्य है। हमारी लोकतांत्रिक संसदीय व्यवस्था इससे जुड़े सभी मद्दों पर गंभीर रूप से चर्चा करते हुए उचित निर्णय ले सकती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इसी वर्ष मार्च में हरियाणा के पानीपत में आयोजित संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के अंतिम दिन मीडिया से बात करते हुए समलैंगिक विवाह पर आरएसएस के स्टैंड को एक बार फिर से स्पष्ट कर दिया था।

होसबाले ने समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने का विरोध करते हुए कहा था कि समलैंगिक विवाह पर आरएसएस केंद्र सरकार के नजरिए से सहमत है। उन्होंने कहा कि शादी दो अलग-अलग जेंडर के लोगों के बीच ही हो सकती है, इसको कॉन्ट्रैक्ट नहीं कह सकते। यह शारीरिक इच्छापूर्ति के लिए नहीं होती। शादी से गृहस्थ जीवन के आदर्श मिलते हैं। हिंदू जीवन में विवाह ‘संस्कार’ है, यह आनंद के लिए नहीं है। दो व्यक्ति विवाह करते हैं और समाज के लाभ के लिए एक परिवार बनाते हैं। विवाह न तो यौन आनंद के लिए है और न ही अनुबंध के लिए है।

**************************

 

भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत सामग्री लेकर फिलिस्तीन रवाना हुआ वायु सेना का विमान C-17

नई दिल्ली 22 Oct, (एजेंसी) : भारत ने एक बार फिर से बहुत ही अच्छी मिसाल पेश की है। इजराइल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे भीषण युद्ध में हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में भारत ने फिलिस्तीन को मानवीय सहायता भेजी है, जहां गाजा पट्टी में हजारों की संख्या में फिलिस्तीनी मारे गए हैं। भारतीय वायु सेना का C-17 विमान आज लगभग 6.5 टन मेडिकल और 32 टन डिजास्टर रिलीफ सामग्री लेकर मिस्र के एल-अरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई। सामग्री में दवाएं, सर्जिकल सामान, तंबू, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, स्वच्छता सुविधाएं, जल शुद्धिकरण टैबलेट सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।

भारत के पीएम नरेंद्र मोदी और भारत ने इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष पर एक नरम रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराअल पर हमास के हमले से हैरानी जताई थी और इसे आतंकवादी हमला करार दिया था। हाल ही में गाजा पट्टी के एक अस्पताल पर हमले की प्रधानमंत्री ने आलोचना की थी, जहां इजराइल लगातार हमले से इनकार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने एक ट्वीट में इजराइल-फिलिस्तीन के मुद्दे पर भारत के पुराने रुख को दोहराया।

*************************

 

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता का सनसनीखेज खुलासा, अपने ही परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

उन्नाव 22 Oct, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश में 2017 के उन्नाव बलात्कार पीड़िता ने अपने रिश्तेदारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन पर सरकार और गैर सरकारी संगठनों से मिले पैसे हड़पने और उन्हें घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया गया है। गौरतलब है कि इस मामले में 2019 में तत्कालीन बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर को दोषी ठहराया गया था।

एएसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर माखी थाने में उनके चाचा, मां, बहन और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एएसपी ने कहा, “मामले की जांच शुरू कर दी गई है।” शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसे अपने परिवार से धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, “जब मैंने अपने खर्चों के लिए पैसे मांगे, जो मुझे अदालत के आदेश पर सरकार और गैर सरकारी संगठनों द्वारा दिए गए थे, तो मेरे चाचा ने कहा कि मामले पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और प्राप्त धन पर्याप्त नहीं है।” महिला ने बताया कि उनके चाचा हत्या के प्रयास के एक मामले में तिहाड़ जेल में 10 साल की सजा काट रहे हैं।

उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, “उनके निर्देश पर मेरी मां और बहन मेरे पति की जान की दुश्मन बन गई हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके पति को सरकार से मिले घर से बाहर निकाल दिया गया। उन्नाव के माखी रेप केस में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सजा दिलाने में पीड़िता के चाचा ने अहम भूमिका निभाई थी। पीड़िता ने जेल में बंद अपने चाचा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति और उन्हें परिवार वालों से खतरा है।

***************************

 

मप्र में Congress को नुकसान पहुंचाने के लिए सपा तैयार; बसपा व जीजीपी भी करेगी वोटों का बंटवारा

लखनऊ 22 Oct, (एजेंसी): लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन के दलों के बीच मनमुटाव या कहें कि टकराव सामने आया है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के साथ सीटों की साझेदारी न होने पर सपा ने खुलकर नाराजगी जताई है। इतना ही नहीं, सपा ने मध्य प्रदेश में कई सीटों पर अपने उम्मीदवार भी उतार दिए हैं।

पिछले चुनाव में जीत-हार का रिकॉर्ड देखें तो कई जगहों पर सपा और बसपा के उम्मीदवार काफी कम मार्जिन से हारे थे। अगर इस बार उन्होंने उस अंतर को पूरा कर लिया तो मध्य प्रदेश में सरकार बनाने का कांग्रेस का सपना टूट सकता है। राजनीतिक जानकर कहते हैं कि मध्य प्रदेश के चुनावी रण में सपा भाजपा के साथ कांग्रेस को भी पटखनी देने की योजना पर काम कर रही है। कांग्रेस के साथ गठबंधन न होने पर 230 सीटों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए अब तक 33 प्रत्याशी सपा घोषित कर चुकी है।

अगर 2018 के चुनावी आंकड़ों को देखें तो सपा के चुनावी मैदान में होने से कांग्रेस को कई सीटों पर नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार भी सपा अकेले लड़ रही है। कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन में बसपा को शामिल करने की हसरत पाल रखी है। लेकिन मध्य प्रदेश में बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी आपस में मिलकर चुनाव मैदान में है। बसपा 178 और जीजीपी 52 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है।

बसपा ने 2018 में यहां दो सीटें जीती थी। एक भाजपा में शामिल हो गया था। पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा ने भिंड और मुरैना के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश किया था। इन दोनों जिलों में इसका प्रभाव भी अच्छा खासा रहा है।

पिछले 30 वर्षों में मप्र विधानसभा चुनाव में भिंड और मुरैना की तीन-सीटों, शिवपुरी में एक, ग्वालियर में दो, व दतिया में इसे सफलता भी मिल चुकी है। वर्ष 2018 में पोहरी में करीब 32 फीसद वोटों के साथ बसपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, करैरा में बसपा तीसरे स्थान पर रही थी।राजनीतिक जानकर कहते हैं कि बसपा बागी नेताओं की पहली पसंद होती है, क्योंकि इसका सॉलिड वोट बैंक है। मध्यप्रदेश बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल कहते हैं कि बसपा इस बार एमपी में 178 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बार बगैर बसपा के यहां सरकार नहीं बनेगी।

****************************