Rapid action against Mossad's undercover agents in Iran

ईरान में मोसाद के अंडर कवर एजेंट्स पर ताबड़तोड़ एक्शन

3 लोगों को फांसी, 700 से अधिक गिरफ्तार

तेहरान ,26 जून (एजेंसी)। हालांकि ईरान और इजरायल के बीच फिलहाल युद्धविराम लागू है, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। इसी क्रम में ईरान ने बुधवार सुबह इजरायल के लिए जासूसी और हत्या की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को फांसी दे दी।

एजेंसी के अनुसार, ईरान के न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि इदरीस अली, आज़ाद शोजाई और रसूल अहमद रसूल ने इजरायल के लिए काम करते हुए हत्या के लिए उपयोग में आने वाले उपकरण ईरान में लाने की कोशिश की थी। तीनों पर मुकदमा चलाने के बाद उत्तर-पश्चिमी ईरान के उरमिया शहर में उन्हें फांसी दे दी गई। ईरानी मीडिया ने तीनों की जेल वर्दी में तस्वीरें भी जारी की हैं।

फांसी की कार्रवाई का क्रम जारी

यह पहली बार नहीं है जब ईरान ने इस तरह की कार्रवाई की हो। इससे पहले भी ईरान ने इजरायली खुफिया एजेंसी ‘मोसादÓ से संबंध रखने या विदेशी एजेंसियों के लिए जासूसी करने के आरोप में कई लोगों को सजा-ए-मौत दी है। हाल ही में ईरान-इजरायल युद्ध के दौरान भी तेहरान ने इस तरह की सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

700 लोग गिरफ्तार, सख्त जांच जारी

राज्य समर्थित मीडिया एजेंसी ‘नूर न्यूज’ के अनुसार, ईरान ने हालिया 12 दिन की जंग के दौरान इजरायल से संपर्क रखने के आरोप में करीब 700 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर ‘मोसाद’ से जुड़ाव, गोपनीय सूचनाएं लीक करने और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने में मदद करने जैसे गंभीर आरोप हैं। इनमें से कई से पूछताछ जारी है और कुछ को जल्द ही सजा सुनाई जा सकती है।

आंतरिक नेटवर्क पर भी कार्रवाई

ईरान ने यह भी आरोप लगाया है कि युद्ध के दौरान कई अंदरूनी नेटवर्क इजरायल के लिए सक्रिय थे, जिन्हें सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ लिया है। तेहरान का कहना है कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त किसी भी तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

*****************************