मुंबई: रामानंद सागर के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम और माता सीता की भूमिका निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया एक बार फिर दर्शकों के सामने साथ नजर आने वाले हैं। करीब 39 साल बाद यह आइकॉनिक जोड़ी फिल्म ‘नोटिस’ के जरिए स्क्रीन साझा करेगी। फिल्म का डिजिटल प्रीमियर आगामी 6 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे Waves OTT पर होगा।

एपीएस एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी हैं, जबकि निर्देशन की कमान प्रदीप गुप्ता ने संभाली है। फिल्म की कहानी और पटकथा आदित्य रघुवंशी एवं उनकी टीम ने तैयार की है।
150 साल पुरानी पैतृक दुकान के इर्द-गिर्द घूमती है कहानी
फिल्म ‘नोटिस’ की कहानी एक मध्यमवर्गीय परिवार और उसकी लगभग 150 साल पुरानी पैतृक दुकान पर आधारित है। कहानी में उस समय नया मोड़ आता है, जब प्रशासनिक मिलीभगत और सरकारी तंत्र की ओर से दुकान खाली कराने का नोटिस थमा दिया जाता है।
इसके बाद एक आम नागरिक और उसका परिवार व्यवस्था के दबाव के आगे झुकने के बजाय अपने अधिकारों, सत्य और न्याय के लिए संघर्ष करता है। फिल्म के जरिए प्रशासनिक व्यवस्था, आम आदमी के अधिकारों और न्याय की लड़ाई जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को उठाया गया है।
36 सैटेलाइट टीवी चैनलों पर भी होगा प्रसारण
फिल्म के निर्माताओं के अनुसार, Waves OTT पर डिजिटल प्रीमियर के बाद इसका प्रसारण 36 प्रमुख सैटेलाइट टीवी चैनलों पर भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
फिल्म का ध्येय वाक्य है— “सत्य का एकमात्र सत्य है, कि वो सत्य है।”
कंटेंट आधारित सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘नोटिस’ एक महत्वपूर्ण फिल्म साबित हो सकती है। खास बात यह है कि अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया की जोड़ी को एक बार फिर साथ देखना उनके प्रशंसकों के लिए खास आकर्षण होगा।
प्रस्तुति: काली दास पाण्डेय
***********************