झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का दिल्ली में निधन, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक

नई दिल्ली 16  Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा, साक्षरता एवं निबंधन विभाग के मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार की रात को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

रामदास सोरेन के बड़े बेटे सोमेश सोरेन ने अपने पिता के आधिकारिक एक्स हैंडल से इस दुखद सूचना को साझा किया। सोमेश ने लिखा, “अत्यंत दुख के साथ यह बता रहा हूं कि मेरे पिता रामदास सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे।”

रामदास सोरेन के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा… अंतिम जोहार दादा।”

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन के निधन का अत्यंत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

झारखंड सरकार के मंत्री रामदास सोरेन के निधन से न सिर्फ उनके विधानसभा क्षेत्र घाटशिला, बल्कि पूरे झारखंड में शोक का माहौल है।

रामदास सोरेन बीते दो अगस्त को अपने घोड़ाबांधा स्थित पैतृक आवास में बाथरूम में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था।

घटना के तुरंत बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए जमशेदपुर से दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया था। वहां उनकी हालत गंभीर बनी रही और चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

उनके निधन पर कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है। रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेताओं में से एक थे और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे।

उनके निधन से झामुमो को भी गहरा आघात पहुंचा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उनकी सादगी और जनसेवा के लिए विशेष पहचान थी।

************************

 

उपराष्ट्रपति पद का चुनाव: एनडीए कैंडीडेट का आज होगा ऐलान, पीएम मोदी और नड्डा करेंगे चयन

नई दिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार का चयन करेंगे. नई दिल्ली में गुरुवार को एनडीए नेताओं की एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह घोषणा की गई.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और नड्डा को अधिकृत करने का प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बाद में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष द्वारा चुने गए अंतिम उम्मीदवार को एनडीए के सभी सहयोगियों की सहमति और समर्थन प्राप्त होगा.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिवसेना के श्रीकांत शिंदे, लोक जनशक्ति पार्टी के चिराग पासवान, टीडीपी के लवू कृष्ण देवरायलु और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के रामदास अठावले भी बैठक में शामिल हुए. शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को भाजपा के उम्मीदवार को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा कर दी थी.

एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा मंगलवार को होने की उम्मीद है. ये नामांकन दाखिल करने की 21 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले हो रहा है.

उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जगदीप धनखड़ के मध्यावधि इस्तीफे के कारण आवश्यक हो गया. उन्होंने चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ दिया था.

हालाँकि उनके जाने से उनके और सरकार के बीच तनाव की व्यापक अटकलें लगाई जा रही है. उपराष्ट्रपति का चुनाव 9 सितंबर को होने वाला है. भारत के उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है.

संसद में स्पष्ट संख्यात्मक लाभ के साथ एनडीए के पास अपने चुने हुए उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्याबल है. भारत का उपराष्ट्रपति राज्यसभा का पदेन सभापति भी होता है, जिससे यह पद राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है.

वहीं दूसरी ओर विपक्ष की ओर से भी संयुक्त उम्मीदवार उतारने की चर्चा है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े नामों पर आम सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क में हैं. माना जा रहा है कि एक मजबूत राजनीतिक संदेश देने के लिए ऐसा किया जा रहा है.

हालांकि उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार चुनने पर अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है. इस बीच विपक्ष के कुछ नेताओं का यह भी मानना है कि बीजेपी की ओर से उम्मीदवार की घोषणा के बाद ही इंडिया गठबंधन को अपना उम्मीदवार तय करना चाहिए.

********************************

 

मलेशिया से चेन्नई आ रहे मालवाहक विमान के इंजन में लगी आग, सुरक्षित उतारा गया

नईदिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मलेशिया के कुआलालांपुर से चेन्नई आ रहे एक अंतरराष्ट्रीय मालवाहक विमान के इंजन में मंगलवार को आग लगने से हड़कंप मच गया।

आग लगने की सूचना पर चेन्नई हवाई अड्डे पर अलर्ट जारी किया गया और मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम तैनात रही।

बताया जा रहा है कि विमान के उतरते ही आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मामले की जांच शुरू हो गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान मालवाहक विमान के चौथे इंजन में आग लगी थी, जिसके बाद पायलटों ने चेन्नई में संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

बताया जा रहा है कि यह कोई आपातकालीन नहीं थी, क्योंकि विमान को चेन्नई ही उतरना था, लेकिन पायलट की सूचना के बाद विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। आग लगने के कारण अभी सामने नहीं आए हैं। मौके पर अधिकारी मौजूद हैं।

**************************

 

दिल्ली में बारिश के साथ हुई सुबह शुरुआत, उत्तराखंड में रेड अलर्ट

नईदिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार की सुबह तेज बारिश के साथ हुई। इसके चलते जगह-जगह जलभराव देखने को मिला।

उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून सक्रिय बना हुआ है, जिसके चलते भूस्खलन और बाढ़ के हालातों ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पहाड़ी राज्यों समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है।

दिल्ली में मंगलवार तड़के से ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे विजय चौक, मोती बाग फ्लाईओवर से लेकर रफी मार्ग तक कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। आईएमडी ने 12 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

इस दौरान अधिकतम तपमान 32-35 डिग्री रहने और न्यूनतम 24-26 डिग्री के बीच रह सकता है। अगले 5 दिनों में राजधानी समेत एनसीआर इलाके में मानसून की सक्रियता बढऩे के आसार हैं।

उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए और सड़कों पर जलभराव के साथ घरों में भी पानी पहुंच गया। मौसम विभाग ने 12-14 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इस कारण केदारनाथ धाम यात्रा 3 दिन के लिए रोक दी है, जबकि देहरादून और उत्तरकाशी में स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं।

इस मानसून ने उत्तर प्रदेश को तरबतर कर दिया है। प्रदेश में 9 दिनों से लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। लखनऊ में सोमवार को तेज बारिश के चलते विधानसभा परिसर में पानी भर गया।

गोरखपुर में सड़कें डूब गईं और जिला अस्पताल समेत कई जगह 1 फीट पानी भर गया। सहारनपुर की नदी में अचानक तेज पानी आने से स्कूल वैन फंस गई। मंगलवार को राज्य के 22 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

बिहार में गंगा, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन, घाघरा समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं।

राज्य में 17 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के 11 जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर मानसून की गतिविधि में और तेजी ला सकता है।

राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं धूप खिल रही है तो कहीं बादल छाए रहने के साथ उमस का असर देखा जा रहा है।

फिलहाल तेज बारिश के दौरे पर ब्रेक लगे हैं, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार, जल्द ही प्रदेश में मानसून का तीसरा दौर झमाझम बारिश लाने की तैयारी में है।

मंगलवार को भरतपुर, अलवर और चूरू समेत आस-पास के इलाकों में मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

*************************

 

भारत ने बांग्लादेश से जूट उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाया

नईदिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बांग्लादेश के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच भारत ने सोमवार को कुछ जूट उत्पादों और रस्सियों के सामान पर प्रतिबंध लगा दिया है।

ये प्रतिबंध जमीनी मार्गों से आयात पर लगा है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने अधिसूचना जारी कर बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित किसी भी स्थलीय बंदरगाह से बांग्लादेश से आयात की अनुमति नहीं होगी।

डीजीएफटी ने बताया कि इन आयातों को केवल न्हावा शेवा बंदरगाह के माध्यम से ही किया जा सकेगा।

भारत की ओर से प्रतिबंधित उत्पादों में जूट या अन्य टेक्सटाइल बास्ट फाइबर से बने ब्लीच किए हुए और बिना ब्लीच किए हुए बुने हुए कपड़े, जूट की सुतली, डोरी, रस्सी, और जूट के बोरे और थैले शामिल हैं।

डीजीएफटी ने बताया कि बांग्लादेश से भारत में कुछ वस्तुओं के आयात को तत्काल प्रभाव से विनियमित किया जाता है। इससे पहले 27 जून को भी बांग्लादेश से कई जूट उत्पादों और बुने हुए कपड़ों के आयात पर प्रतिबंध लगाया था।

************************

 

हैदराबाद के खजाना ज्वैलरी स्टोर में दिनदहाड़े डकैती

6 बदमाश बंदूक लेकर घुसे; गोलीबारी की

हैदराबाद,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक आभूषण की दुकान में दिनदहाड़े डकैती का मामला सामने आया है, जिससे लोग दहशत में हैं।

घटना चंदानगर की है, जहां खजाना ज्वेलरी स्टोर में मंगलवार सुबह 10 बजे 6 बदमाश बंदूक लेकर दाखिल हो गए और डकैती को अंजाम दिया।

उन्होंने विरोध जताने पर गोलीबारी की, जिसमें स्टोर का उप-प्रबंधक घायल हो गए हैं। गोलीबारी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और कई दुकानदारों ने अपनी दुकान बंद कर ली।

पुलिस ने बताया कि सुबह स्टोर खुलने के कुछ देर बाद ही 6 लोग स्टोर में घुस गए और कर्मचारियों को बंदूक दिखाकर लॉकर की चाबियां मांगीं। कर्मचारियों के मना करने पर बदमाशों ने 2 राउंड गोलियां चलाई, जिसमें एक गोली उप-प्रबंधक के पैर में लगी है।

बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए और सोने के आभूषणों से भरे डिस्प्ले केस को तोड़कर कीमती सामान ले गए। उन्होंने कर्मचारियों पर भी हमला किया। वे जहीराबाद की ओर फरार हुए।

कर्मचारियों की सूचना के बाद पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। अधिकारियों ने संदिग्धों का पता लगाने के लिए 10 विशेष टीमें गठित की हैं और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने राज्य सीमाओं को सील कर दिया है।

राजधानी में दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद व्यापारी चिंता में हैं। पुलिस ने दुकान मालिकों से सुरक्षा प्रोटोकॉल बढ़ाने और दुकानों के खुलने और बंद होने के समय सतर्क रहने का आग्रह किया है।

**************************

 

दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि देने झारखंड पहुंचे अखिलेश यादव

एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

रांची,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे. उनका यह दौरा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए है.

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गुलदस्तों व नारों के साथ उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जल, जंगल जमीन से जुड़ा हुआ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने आया हूं, मैं उनके दुख में शामिल होने आया हूं. उन्होंने अपने पिता शिबू सोरेन जैसा नेता खोया है, वैसा नेता बनना काफी मुश्किल है, उनका पूरा जीवन संघर्ष भरा रहा.

अखिलेश यादव ने कहा कि आदिवासियों के संस्कृति आदिवासियों का संरक्षण आदिवासियों का आशा उन्हीं के जिम्मे में था. हेमंत सोरेन को विरासत में एक विचारधारा मिली है. उन्होंने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ षड्यंत्र करती है, उनके पास बुनियादी सवालों का जवाब नहीं है. इसलिए चुनाव में हेराफेरी करने की फिराक में है. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी कई निर्णय ले रही है. राहुल गांधी से जो एफिडेविट मांगा गया है उसको भी उन्होंने गलत बताया.

अखिलेश यादव अपराह्न लगभग 11:30 बजे रांची पहुंचे. वे एयरपोर्ट से बाहर निकलकर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इसके बाद वे सड़क मार्ग से रामगढ़ जिला के नेमरा गांव के लिए रवाना हुए. जहां गुरुजी का पैतृक आवास है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस समय मौजूद हैं.

गुरुजी के निधन के बाद से नेमरा में लगातार देशभर से राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां पहुंच रही हैं. सोमवार को आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेश साझा किया था.

हेमंत सोरेन के पैतृक आवास नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ रहा है. मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से लेकर दूर-दराज के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. विभिन्न समाजों और समुदायों के लोग अपने नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने लगातार यहां जुट रहे हैं. इसी क्रम में कई राजनीतिक दलों के नेता भी गुरुजी के गांव पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.

बता दें कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद 4 अगस्त हुआ था. इसके बाद 5 अगस्त शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा में हुआ. जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे.

*****************************

 

बेजुबान कोई समस्या नहीं जिन्हें मिटा दिया जाए

लावारिस कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राहुल गांधी का सवाल

नई दिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर से आठ हफ़्तों के भीतर सभी आवारा कुत्तों को हटाने का निर्देश दिया है. राहुल गांधी ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय की आलोचना की. कहा, कि हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि जन सुरक्षा और पशु कल्याण साथ-साथ चलें. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद कई पशु अधिकार संगठनों ने भी आलोचना की थी.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, दिल्ली-एनसीआर से सभी आवारा कुत्तों को हटाने का सुप्रीम कोर्ट का निर्देश दशकों से चली आ रही मानवीय और विज्ञान-समर्थित नीति से एक कदम पीछे है.

ये बेज़ुबान आत्माएं कोई समस्या नहीं हैं जिन्हें मिटाया जा सके. आश्रय, नसबंदी, टीकाकरण और सामुदायिक देखभाल सड़कों को बिना किसी क्रूरता के सुरक्षित रख सकते हैं. हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि जन सुरक्षा और पशु कल्याण साथ-साथ चलें.

सोमवार को, सर्वोच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी इलाकों से आवारा कुत्तों को तुरंत उठाकर कुत्ता आश्रय स्थलों में पहुंचाएं.

ये निर्देश नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद पर भी लागू होंगे. शीर्ष अदालत के आदेश में कहा गया है कि कुत्तों को सड़कों से उठाकर संबंधित अधिकारियों द्वारा बनाए जाने वाले आश्रय स्थलों में रखा जाए.

न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ ने कहा, दिल्ली के बाहरी इलाकों सहित सभी इलाकों से सभी आवारा कुत्तों को इकट्ठा करें और उन्हें किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करें… चाहे उनकी नसबंदी हो या न हो, समाज को स्वतंत्र और सुरक्षित महसूस करना चाहिए. आपके आस-पास कोई भी आवारा कुत्ता नहीं घूमना चाहिए.

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले की पशु अधिकार संगठनों ने आलोचना की. सोमवार को दिल्ली में इंडिया गेट के सामने इस आदेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. पेटा इंडिया एडवोकेसी एसोसिएट, शौर्य अग्रवाल ने कहा कि यह आदेश अव्यावहारिक और अतार्किक है.

शौर्य अग्रवाल कहते हैं, यह विशेष आदेश अव्यावहारिक, अतार्किक है और पशु जन्म नियंत्रण नियमों के अनुसार अवैध भी है.

दिल्ली सरकार के पास इन नसबंदी कार्यक्रमों को लागू करने और एबीसी नियमों को लागू करने के लिए 24 साल थे. दिल्ली में 10 लाख कुत्ते हैं और उनमें से केवल आधे की ही नसबंदी की गई है. उन्हें आश्रय स्थलों में रखना अव्यावहारिक है. यह बहुत मुश्किल है. इससे अराजकता और अधिक समस्याएं पैदा होंगी.

***************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि –

आज का दिन आपके लिए ख़ास होने वाला है। आज आपके द्वारा की जाने वाली प्रार्थना का फल जल्दी ही प्राप्त होगा। आज आप अपने कर्म पर ध्यान देंगे और पॉजिटिव बनें रहेंगे। आज दूसरों पर ज्यादा निर्भर रहने से बचेंगे तो आप अपने काम में बढिय़ा परफॉर्म कर पायेंगे। आज आप अपनी पसंदीदा गतिविधियों को महत्व देंगे, इससे आपको मानसिक शांति मिलेगी। आज आपको घर की साफ-सफाई में माता जी की मदद करनी होगी। आप पर काम का अच्छा खासा बोझ रहेगा, जिससे आपको थकान का अहसास हो सकता है।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 7

वृष राशि –

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहेगा। आज जीवन बहुत सहज और आसान लगेगा। आज दूसरों से आगे जाने की इच्छा आपके आत्मविश्वास और कार्यकुशलता में वृद्धि करेगी। आज आपको किसी काम को लेकर उलझन हो सकती है लेकिन आप शांति से समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे तो सब सही रहेगा। आज आपकी आस्था और विश्वास बरकरार रहेगा, आज आप जिस भी कार्य को करेंगे, वह पूरा हो जायेगा। आप अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं को गुप्त रखें अन्यथा इसका लाभ विरोधी उठा सकते हैं।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 2

मिथुन राशि –

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज आप अपने भाई के साथ मिलकर किसी काम की शुरुआत कर सकते हैं, जिसमें आपको अच्छा धन लाभ होगा। आज प्रॉपर्टी के बिजनेस के लिए भी लाभदायक स्थिति बनी हुई है। आज आपको ऑफिशियल कार्यों में सफलता मिलेगी और भविष्य के लिए नई योजनाएं बनेंगी। आज आप दूसरे क्या कह रहे हैं, इस पर ध्यान दिए बिना अपने कार्यों को पूरा करेंगे। आज पारिवारिक माहौल सही रहेगा लेकिन सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत की आवश्यकता है।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 4

कर्क राशि –

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आज आप जीवन को एक नए नजरिये से देखेंगे और समस्या को पाजिटिविटी के साथ हल करेंगे तो बेहतर रहेगा। आपके अंदर आ रहे बदलाव के कारण आज परिवार के सभी सदस्य आपसे खुश होंगे। आज अधूरे काम पूरे करने के लिए अच्छा दिन है और आज लेनदेन के मामलों में भी आप भाग्यशाली रहेंगे। आज आपको कोई बड़ी उपलब्धि मिलने से आपको प्रसन्नता होगी। आज काम की अधिकता बनी रहेगी, इसलिए आप अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

शुभ रंग- सिल्वर

शुभ अंक- 3

सिंह राशि –

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आज दांपत्य जीवन एवं घर की व्यवस्था में मधुरता और आपसी सामंजस्य बना रहेगा। आज युवा वर्ग व्यर्थ के कामों में पड़कर समय नष्ट ना करें। आज आप कुछ समय अपने स्वास्थ्य और मनोबल को बेहतर बनाने में भी व्यतीत करेंगे। आज आप अपने काम को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें, जिससे काम करने में आसनी होगी। आज आपको पैतृक संपत्ति से लाभ और सुख मिलेगा, जिससे आपके रुके हुए काम पूरे हो जायेंगे।

शुभ रंग- मेजेंटा

शुभ अंक- 7

कन्या राशि –

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। आज आप बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए किसी एक्सपर्ट की राय ले सकते हैं। आज जीवनसाथी व परिवार का सहयोग आपके आत्म बल व आत्मविश्वास को बनाकर रखेगा। आज आप स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें और अपने खान – पान के ऊपर विशेष ध्यान दें। आज किसी काम को पूरा करने के लिए आप अपनी सूझबूझ से काम लेंगे, तो आपके लिए बेहतर रहेगा। आप किसी के प्रलोभन में ना आएं, अन्यथा वह आपको अपनी बातों में उलझा सकता है।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 5

तुला राशि –

आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहेगा। आज आपकी आर्थिक समस्या हल होने वाली है क्योंकि आपको पुराना अटका हुआ पैसा वापस मिलेगा। आज आपके वैवाहिक जीवन में खुशियों के साथ – साथ नन्हें मेहमान का आगमन होगा। आज आपको एक से अधिक स्रोतों से आय मिलेगी और स्वास्थ्य समस्याओं से भी आपको राहत मिलेगी। आज आप व्यवसाय की कुछ योजनाओं को फिर से शुरु कर सकते हैं, जो आपके लिए अच्छा लाभ लेकर आएंगे। आज आपको क़ानूनी मामलों में किसी अपने की मदद मिलेगी, जिससे मामला सुलझ जायेगा।

शुभ रंग- पिंक

शुभ अंक- 4

वृश्चिक राशि –

आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। आज धार्मिक और आध्यात्मिक उन्नति की तरफ भी आपका ध्यान केंद्रित होगा। आज आप अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण रूप से एकाग्र चित्त रहें तो आप सफलता के ज्यादा नजदीक होंगे। आज युवाओं को किसी अनुभवी तथा प्रतिष्ठित व्यक्ति का आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आज आप किसी भी प्रकार का निर्णय लेनें से पहले अपनी बुद्धि और विवेक का उपयोग करें। आज समाज में आप अपनी एक अलग पहचान बनाएंगे, जिससे लोग आपसे प्रभावित होंगें और आपसे कुछ सीखने का प्रयास भी करेंगे।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 8

धनु राशि –

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज आप घर शिफ्ट करने से पहले उसकी अच्छे से जांच – पड़ताल कर लें। नया निवेश करने से पहले आप किसी जानकर की सलाह अवश्य ले लें। आज आपको घर के बड़े बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखना होगा। आज आपके घर पर किसी धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आपको दी जा सकती है। आज आप नौकरी के साथ – साथ किसी बिजनेस की भी शुरुआत कर सकते हैं।

शुभ रंग- गोल्डन

शुभ अंक- 9

मकर राशि –

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। आज आप दूसरों से ज्यादा उम्मीदें करने की बजाय अपनी कार्य क्षमता व योग्यता पर ही विश्वास रखें। आज आप भावनाओं में आकर कोई भी फैसला न लें और जीवन से जुड़ी हर गतिविधि को व्यावहारिक तरीके से समझने का प्रयास करें। आज परिवार के सदस्यों के साथ आप सुखद पलों को साझा करेंगे। इस राशि के व्यक्ति आज अपनी रूचि रचनात्मक कार्यों में दिखाएंगे। आज निजी जीवन में चल रही समस्याओं से आपको छुटकारा मिलेगा।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 4

कुम्भ राशि –

आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहेगा। आज नौकरी या बिजनेस के सिलसिले में आपकी यात्रा का प्रोग्राम बन सकता है। आज आपको आपके काम में कामयाबी मिलेगी, जिससे घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा। आज आप अपने सहकर्मियों की मदद करेंगे, जिससे काम सही समय पर पूरा हो जायेगा। इस राशि के विद्यार्थियों को आज अपने सीनियर से मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिससे आप परीक्षा में बेहतर परफॉर्म करेंगे। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 2

मीन राशि –

आज का दिन आपके लिए ठीक – ठाक रहने वाला है। आज किसी करीबी की सलाह आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। ये समय आपके लिए आगे बढऩे का है, सही योगदान देंगे तो आपको आगे बढऩे से कोई नहीं रोक सकता। आज सामाजिक कार्यों में आपकी रुचि बनी रहेगी। आज आप दूसरों की बातों पर ध्यान न देकर, अपने काम के ऊपर फोकस करें। आज किसी व्यवसाय की योजना को शुरू करने का सही समय है। आज आपको अपने किसी मित्र से लंबे समय बाद मिलने का मौका मिलेगा।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 8

*************************

 

उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

रांची, 11.08.2028 – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री द्वारा आज शाम स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर मोरहाबादी मैदान में चल रही तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान में किए जा रहे सभी व्यवस्थात्मक कार्यों का जायज़ा लिया और उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री ने मुख्य मंच, परेड ग्राउंड, अतिथि दीर्घा, आम जनता के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सजावट, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, चिकित्सीय सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह सुचारु रुप से संपन्न हो सके।

सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्यक्रम स्थल के भीतर और बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने यातायात पुलिस को कार्यक्रम दिवस पर विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार कर भीड़ प्रबंधन करने तथा पार्किंग स्थलों को स्पष्ट चिन्हित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी को मैदान और आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने, कचरा निस्तारण, पेयजल टैंकर, मोबाइल शौचालय एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल में एम्बुलेंस एवं चिकित्सकों की टीम तैनात रखने के निर्देश दिये। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर अन्य गतिविधियों की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

इस दौरान उपविकास आयुक्त, रांची श्री सौरभ कुमार भुवनिया, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि व्यवस्था श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री संजय कुमार भगत, पुलिस अधीक्षक नगर श्री अजीत कुमार, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पाण्डेय एवं अन्य संबंधित पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

******************************

 

CM श्री हेमन्त सोरेन ने अपने परिजनों संग दिवंगत आत्मा की शांति हेतु आज “सात कर्म” का पारंपरिक विधान पूरा किया

दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के पारंपरिक श्राद्ध कर्म का आज सातवां दिन है।

नेमरा, गोला, रामगढ़, 11.08.08.2025 – स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के पारंपरिक श्राद्ध कर्म का आज सातवां दिन है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अपने परिजनों संग दिवंगत आत्मा की शांति हेतु आज “सात कर्म” का पारंपरिक विधान पूरा किया ।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन मर्माहत हृदय से न सिर्फ एक बेटे का कर्तव्य निभा रहे हैं बल्कि दिवंगत “गुरुजी” के यादों को समेटे हुए अपने पैतृक गांव नेमरा से ही राजकाज की जिम्मेवारी का भी निर्वहन भी पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कर रहे हैं।

****************************

फर्जी तलाक से सरकारी नौकरी का खेल : RSSB और SOG की जांच तेज

जयपुर 11 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राजस्थान में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के दायरे में हो रहा फर्जीवाड़ा अब एक नए रूप में सामने आया है।

तलाकशुदा महिलाओं के लिए आरक्षित 2% कोटे का लाभ लेने के लिए कई महिलाओं ने कथित तौर पर “फर्जी तलाक” लिया और कम कटऑफ के जरिए नौकरी हासिल की।

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) के अध्यक्ष आलोक राज ने इस पर गंभीर चिंता जताई है और साफ कहा है कि यदि जांच में गड़बड़ी पाई गई तो कार्रवाई तय है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अब स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) भी जांच में उतरने जा रहा है।

राज्य में पहले ही फर्जी डिग्री और डिप्लोमा के आधार पर नौकरी पाने के कई मामले सामने आ चुके हैं, और अब “फर्जी तलाक” का मामला भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सीधा सवाल खड़ा कर रहा है।

आलोक राज के अनुसार, पिछले कुछ समय से यह देखा गया है कि तलाकशुदा कोटे की कटऑफ अन्य श्रेणियों की तुलना में काफी कम होने के कारण कुछ उम्मीदवार केवल कागजों में तलाक लेकर नौकरी में चयनित हो रहे थे।

इस संदर्भ में अब तक 12 से अधिक शिकायतें बोर्ड को मिल चुकी हैं। इनकी जांच आसान नहीं है क्योंकि हर मामला अलग परिस्थितियों और दस्तावेजों से जुड़ा हुआ है।

RSSB अध्यक्ष का कहना है कि वे विशेषज्ञों और SOG के साथ मिलकर एक सघन जांच अभियान शुरू करने की तैयारी में हैं, जिससे यह पता लगाया जा सके कि किन अभ्यर्थियों ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाई।

अधिकारियों के मुताबिक, यदि इस तरह के मामले प्रमाणित होते हैं, तो न केवल नियुक्ति रद्द होगी बल्कि आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

यह मामला सिर्फ भर्ती प्रक्रिया की साख के लिए खतरा नहीं है, बल्कि यह उन वास्तविक तलाकशुदा महिलाओं के अधिकारों का भी हनन है जो इस कोटे पर आश्रित हैं।

प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि आने वाले समय में दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया और अधिक कठोर की जा सकती है, ताकि भविष्य में इस तरह की हेराफेरी रोकी जा सके।

***************************

 

आज के दौर में स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा का बहुत महत्‍व : मोहन भागवत

इंदौर 11 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मध्‍य प्रदेश के इंदौर में मानव सृष्टि आरोग्य केंद्र का शुभारंभ किया गया। इंदौर प्रवास पर पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत ने इस कार्यक्रम में शिरकत की। उन्‍होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा का बहुत महत्‍व है।

उन्‍होंने कहा कि जानकारी के लिए शिक्षा की आवश्यकता है और ज्ञान प्राप्त करना है तो स्वस्थ शरीर आवश्यक है। अस्वस्थ शरीर ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकता है। यह दोनों सामान्य व्यक्ति की पहुंच से काफी दूर हो चुकी है और उसके आर्थिक सामर्थ्य के भी पहुंच के बाहर हो चुकी है, क्योंकि शिक्षा और स्वास्थ्य सरल और सस्ती नहीं हो रही है।

पहले यह दोनों काम सेवा के नाते किए जाते थे। आज इसको भी कमर्शियल बना दिया गया है। पहले लोग शिक्षा देना अपना कर्तव्य मानते थे और छात्रों को ज्ञानवान बनाना यह एक जिम्मेदारी मानी जाती थी और ज्ञान प्राप्त करने के लिए छात्र के साथ ही शिक्षक भी चिंता करते थे।

कैंसर का उदाहरण देते हुए मोहन भागवत ने कहा कि कैंसर में मरीज की हिम्मत काम देती है और डॉक्टर और मरीज के बीच संवाद होगा तो उसे हिम्मत मिलती रहेगी।

मोहन भागवत ने कहा कि एलोपैथी भी कहती है कि कुछ बीमारी आयुर्वेद के माध्यम से ही ठीक होती है। कुछ बीमारी नेचुरोपैथी से भी ठीक होती है।

व्यक्ति को अपने-अपने हिसाब से आयुर्वेद की आवश्यकता पड़ती है और पश्चिम के देशों में न्यूयॉर्क और वाशिंगटन में बैठकर कुछ रिसर्च करेंगे कि एक आदमी को कितनी कैलोरी चाहिए और पूरी दुनिया में वही मानक लागू होंगे।

वहां के लोगों का खाना, वहां की जलवायु हमारे यहां की जलवायु से अलग है, लेकिन एक ही बात पूरी दुनिया में लागू कर देना, लेकिन हमारे यहां ऐसा नहीं है।

उन्‍होंने कहा कि किस मरीज पर क्‍या लागू होता है, इसका भी परीक्षण होना चाहिए।

*******************************

 

मोदी का ट्रम्प को करारा जवाब : भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर

उपलब्धियों का परचम लहरा रहा

बेंगलुरु 11 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हालिया बयान का बिना नाम लिए जवाब दिया।

मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। हम 10वें नंबर से टॉप 5 में पहुंचे हैं और जल्द ही टॉप 3 में होंगे।

यह ताकत देश में हुए रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के कारण मिली है। उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियां अब आसमान में परचम लहरा रही हैं।

यह बयान उस समय आया जब ट्रम्प ने 31 जुलाई को भारत और रूस को “डेड इकोनॉमी” बताते हुए भारत पर 25% टैरिफ लगाया था। ट्रम्प ने कहा था कि भारत और रूस अपनी अर्थव्यवस्थाओं को डुबो लें, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों की आतंकियों और पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर करने की क्षमता को पूरी दुनिया ने देखा है। इस अभियान की सफलता के पीछे भारत की तकनीक, मेक इन इंडिया और बेंगलुरु के युवाओं का योगदान अहम रहा।

तीन वंदे भारत ट्रेनों का उद्घाटन

अपने कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें बेंगलुरु-बेलगावी, अमृतसर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा, और नागपुर (अजनी)-पुणे रूट शामिल हैं।

मोदी ने बेंगलुरु और कर्नाटक के लिए 22 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया। इनमें बेंगलुरु मेट्रो की यलो लाइन का उद्घाटन भी शामिल है, जो आरवी रोड (रगिगुड्डा) से बोम्मसंद्रा तक जाएगी।

**************************

 

रॉबर्ट वाड्रा पर 58 करोड़ की अवैध कमाई का आरोप, ईडी ने दायर की चार्जशीट

नई दिल्ली 11 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रॉबर्ट वाड्रा, सत्यनंद याजी, केवल सिंह विरक और कुछ कंपनियों के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत शिकायत दाखिल की है। इसमें स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड, स्काई लाइट रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड और ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज प्रा. लिमिटेड (अब एसजीवाई प्रॉपर्टीज) जैसे नाम शामिल हैं।

यह मामला 1 सितंबर 2018 को गुरुग्राम के खेड़की दौला पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर नंबर 0288 से शुरू हुआ। इसमें रॉबर्ट वाड्रा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, डीएलएफ और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धाराएं 120-बी, 420, 467, 471 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 के तहत केस दर्ज हुआ।

ईडी का कहना है कि एसएलएचपीएल, जिसकी पूंजी बहुत कम थी, ने ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज प्रा. लिमिटेड से गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव में 3.5 एकड़ जमीन 7.5 करोड़ रुपए में खरीदी। लेकिन असल में, 15 करोड़ रुपए में सौदा हुआ था। बिक्री पत्र में गलत तरीके से चेक द्वारा भुगतान दिखाया गया, जबकि भुगतान हुआ ही नहीं। स्टांप ड्यूटी (करीब 45 लाख) बचाने के लिए गलत जानकारी दी गई।

ईडी के अनुसार, यह एक घूस की डील थी। जमीन बिना पैसे दिए एसएलएचपीएल को दी गई, ताकि वाड्रा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा से ओपीपीएल को लाइसेंस दिलवा सकें। बाद में एसएलपीएचएल को नियमों की अनदेखी करते हुए कमर्शियल लाइसेंस दिया गया और वह जमीन डीएलएफ को 58 करोड़ रुपए में बेची गई।

ईडी ने 21 दिसंबर 2018 को पीएमएलए जांच शुरू की। एफआईआर में बाद में धारा 423 आईपीसी भी जोड़ी गई (16 जनवरी 2025), जो गलत जानकारी वाले दस्तावेज बनाने से जुड़ी है। लाइसेंस के लिए 2 एकड़ जमीन चाहिए थी, लेकिन केवल 1.35 एकड़ ही उपलब्ध थी।

बाकी जमीन सड़क के लिए आरक्षित थी, जिसे गलत तरीके से जोड़ा गया। अधिकारियों ने बयान दिए कि उन पर ऊपर से दबाव था। नक्शों में तारीखों से छेड़छाड़ और बैकडेटिंग मिली। बिक्री पत्र में गलत दावा किया गया कि भुगतान चेक से हुआ, लेकिन असल में नहीं हुआ। इससे धारा 423 आईपीसी (गलत जानकारी के साथ दस्तावेज बनाना) लगाई गई।

पीएमएलए की धारा 70 के तहत, यदि कोई कंपनी अपराध करती है, तो उस समय के सभी जिम्मेदार व्यक्ति भी दोषी माने जाते हैं।

इसी कारण एसएलएचपीएल, एसएलआरपीएल और ओपीपीएल के निदेशकों पर भी कार्रवाई संभव है। रॉबर्ट वाड्रा पर आरोप है कि उन्होंने कुल 58 करोड़ रुपए कमाए। 5 करोड़ रुपए मेसर्स ब्लू ब्रीज ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड के जरिए और 53 करोड़ रुपए एसएलएचपीएल के जरिए। इन पैसों से संपत्तियां खरीदी गईं, निवेश किया गया और कर्ज चुकाया गया।

**************************

 

कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी का राहुल गांधी को नोटिस

‘दस्तावेज उपलब्ध कराने’ का निर्देश

बेंगलुरु 11 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से लगातार चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसे लेकर कर्नाटक चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को नोटिस भेजा है।

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को नई दिल्ली में 7 अगस्त को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है।

इस पत्र में कहा गया है कि आपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आपके प्रस्तुतीकरण में दिखाए गए दस्तावेज भारत के चुनाव आयोग के रिकॉर्ड से हैं। आपने कहा है कि यह चुनाव आयोग का डेटा है।

आपने यह भी कहा है कि मतदान अधिकारी द्वारा दिए गए रिकॉर्ड के अनुसार, शकुन रानी ने दो बार मतदान किया है।

ईसीआई कार्यालय के अनुसार, पूछताछ करने पर शकुन रानी ने बताया कि उन्होंने सिर्फ एक बार मतदान किया है, दो बार नहीं, जैसा कि आपने आरोप लगाया है।

आपसे अनुरोध है कि वे प्रासंगिक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, जिनके आधार पर आपने यह निष्कर्ष निकाला है कि शकुन रानी या किसी अन्य ने दो बार मतदान किया है, ताकि इस कार्यालय द्वारा विस्तृत जांच की जा सके।

बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि हमने कर्नाटक की एक विधानसभा महादेवापुरा क्षेत्र की जांच की और पाया कि यहां 1,00,250 वोटों की चोरी की गई।

पांच तरीकों से ये फर्जी वोट लिस्ट में जोड़े गए। 11,965 डुप्लीकेट वोटर बनाए गए, 40,009 फर्जी पतों का इस्तेमाल हुआ, 10,452 वोटर बड़ी संख्या में एक ही पते पर रजिस्टर किए गए, 4,132 वोटर बिना फोटो या अवैध फोटो के साथ जोड़े गए और 33,692 नए वोटर फॉर्म-6 का गलत इस्तेमाल कर जोड़े गए।

उन्होंने कहा था कि ‘वोट चोरी’ सिर्फ एक चुनावी घोटाला नहीं है, यह संविधान और लोकतंत्र के साथ किया गया बड़ा धोखा है। देश के गुनहगार सुन लें, वक्त बदलेगा, सजा जरूर मिलेगी।

*************************

 

हरियाणा के बाद अब महाराष्ट्र ईसीआई ने राहुल गांधी को भेजा रिमाइंडर पत्र

10 दिनों में मांगा स्पष्टीकरण

मुंबई 11 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)हरियाणा के बाद अब महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाने पर रिमाइंडर पत्र भेजा और 10 दिनों में स्पष्टीकरण देने को कहा है।

महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राहुल गांधी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों पर डिक्लेरेशन सब्मिट करने के संबंध में स्मारक पत्र जारी किया है।

इस पत्र में कहा गया है कि आपका (राहुल गांधी) ध्यान 7 अगस्त के इस कार्यालय पत्र की ओर आकर्षित किया जाता है, जिसमें 7 अगस्त को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपके द्वारा दिए गए बयानों का उल्लेख है, जो कथित रूप से अयोग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने और योग्य मतदाताओं को बाहर करने से संबंधित हैं।

उस पत्र में आपसे अनुरोध किया गया था कि आप संबंधित मतदाताओं का विवरण, मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 20(3)(बी) के अंतर्गत विधिवत हस्ताक्षरित घोषणा या शपथ पत्र के साथ प्रस्तुत करें।

अनुरोध है कि हस्ताक्षरित घोषणा या शपथ पत्र दस दिनों के अंदर इस कार्यालय को दें, ताकि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही शुरू की जा सके।

इससे पहले हरियाणा के सीईओ ने रिमाइंडर पत्र जारी कर कहा था कि आप शपथ पत्र के साथ हस्ताक्षरित घोषणा या शपथ पत्र दस दिनों के भीतर राज्य के चुनाव आयोग कार्यालय में दें, ताकि मामले की जांच पड़ताल हो सके।

************************

 

ईसीआई ने वोट चोरी के सबूत को किया खारिज, लोगों को गुमराह कर रहे राहुल गांधी

नई दिल्ली 11 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । कांग्रेस ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वीडियो को शेयर कर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। भारत निर्वाचन आयोग फैक्ट चेक ने इस वीडियो को भ्रामक बताते हुए कहा कि राहुल गांधी लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

भारत निर्वाचन आयोग फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान झूठे और भ्रामक हैं। राहुल गांधी कानून द्वारा स्थापित प्रक्रिया से बचने की कोशिश कर रहे हैं और नागरिकों को जितना हो सके गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

अगर उन्हें नेटिजन्स (इंटरनेट पर सक्रिय लोग) के लिए प्रसारित की जा रही सूची पर सचमुच विश्वास है तो उन्हें कानूनी प्रक्रिया का पालन करने और बिना इंतजार किए सीईओ कर्नाटक को जवाब देने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

ईसीओ फैक्ट चेक ने कहा कि राहुल गांधी के पास दो विकल्प हैं।

पहला-अगर वह अपने विश्लेषण पर विश्वास करते हैं और मानते हैं कि चुनाव कर्मचारियों के विरुद्ध उनके आरोप सत्य हैं तो उन्हें विशिष्ट मतदाताओं के विरुद्ध दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने एवं निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 20(3)(ख) के अनुसार घोषणा या शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

दूसरा-अगर राहुल गांधी घोषणा पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं तो इसका अर्थ होगा कि उन्हें अपने विश्लेषण और परिणामी निष्कर्षों पर विश्वास नहीं है और वे बेतुके आरोप लगा रहे हैं।

ऐसी स्थिति में उन्हें राष्ट्र से क्षमा याचना करनी चाहिए। वे प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए गए उन मुद्दों की घोषणा पर हस्ताक्षर करें, जिन्हें आप सत्य मानते हैं या फिर राष्ट्र से क्षमा याचना करें।

इससे पहले कांग्रेस ने राहुल गांधी के वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘वोट चोरी’ का तरीका फर्जी और अमान्य है।

बीते दिनों राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘वोट चोरी’ के तरीके बताए। अब ये सबूत देखिए, इस लिस्ट में 30,000 से ज्यादा अवैध पते हैं। ये सिर्फ 1 लोकसभा की 1 विधानसभा का हाल है।

***************************

 

वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह को प्रेस क्लब में दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

प्रेस क्लब का कांफ्रेंस हॉल अब स्व हरिनारायण सभागार के रूप में जाना जाएगा

रांची,10.08.2025 –  झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह के निधनोपरांत प्रेस क्लब के द्वारा कान्फ्रेंस हॉल में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके साथ कार्य करने का संस्मरण साझा किया और कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके जैसा व्यक्तित्व का होना मुश्किल है।

श्रद्धांजलि सभा में उनके भाई पशुपतिनाथ सिंह, बेटे राहुल सिंह और भतीजे अनुज सिंह उपस्थित थे। उनके बेटे राहुल ने कहा कि वे अपने पिता के सपनों को आगे बढ़ाने में निष्ठा के साथ काम करेंगे।

शोकसभा में वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा ने कहा कि हरिनारायण सिंह का व्यक्तित्व और कार्य बेमिसाल रहा है, उनके साथ कार्य करने का अनुभव मेरे लिए बेहद स्मरणीय रहा है।

शोकसभा में एनाईबीएम के निदेशक मनोज गुप्ता ने हरिनारायण सिंह की स्मृति में पांच छात्रों को हर साल नि:शुल्क कम्पटीशन की तैयारी करवाने की घोषणा की।

वहीं गांडीव समाचार पत्र के सम्पादक और क्लब के सचिव अमरकांत ने स्व. हरिनारायण सिंह के नाम से हर साल एक पत्रकार को उत्कृष्ट समाचार लेखन के लिए 10 हज़ार रुपये का अवार्ड शुरू करने की घोषणा की।

सभा को वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा, विनय कुमार, सुनील सिंह बादल, सत्यप्रकाश पाठक, प्रमोद झा, एनाईबीएम के निदेशक मनोज गुप्ता, आनंद मोहन, भरत भूषण प्रसाद, आलोक कुमार सिंह, सुनील सिंह, प्रदीप कुमार, मनोज सिंह, दिलीप कुमार सिंह, चन्दन वर्मा, कमलेश कुमार, पंकज जैन, अखिलेश सिंह, राहुल सिंह ने सम्बोधित किया वहीं वहीं प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र लाल सोरेन, सचिव अमरकांत, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, संयुक्त सचिव रतनलाल, कोषाध्यक्ष कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य, राजू प्रसाद, आलोक कुमार सिन्हा, आरजे अरविंद, सौरभ शुक्ला, चन्दन भट्टाचार्य, मोनू कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

***************************

 

 मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांव की खेती-किसानी का लिया जायजा

 किसानों -खेतिहरों से मिलकर कर उनकी दिक्कतों एवं जरुरतों के बारे में जानकारी ली।

 मुख्यमंत्री ग्रामीणों से मिले, उनका हालचाल पूछा और बचपन की यादें ताजा कीं।

 मुख्यमंत्री ने कहा – गांव का विकास ही राज्य का विकास है, हमारी सरकार किसानों के हित में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नेमरा, गोला, रामगढ़,09.08.2025 – हरे-भरे खेत, पेड़ों की लहराती टहनियां, नीले आसमान के नीचे फैली हरियाली और मिट्टी मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन का पैतृक गांव नेमरा। गांव की पगडंडियों पर चलते हुए मुख्यमंत्री ने न केवल धान रोपनी में लगे किसानों-महिलाओं के साथ बातचीत की, बल्कि प्रकृति के इस अद्भुत सौंदर्य को निहारते हुए बचपन की यादें भी ताजा कीं।

उन्होंने नेमरा के बरमसिया और बड़का नदी दोईन में किसानों से बात-चीत करते हुए कहा कि स्थानीय तौर पर बारिश के पानी का खेती के लिए इस्तेमाल किए जाने के बहुत फायदे हैं। उन्होंने किसानों से कहा कि छोटी बरसाती नदी के पानी को चेक डैम के जरिए खेतों तक पहुंचाने की सरकार की योजना का लाभ लें।

स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर अपनी खेती की बेहतरी से अपनी आमदनी बढ़ाने का प्रयास करें। सरकार आपके साथ खड़ी है, आपकी मदद के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के ऐसे नजारों को देखने के लिए लोग दूर-दूर देशों तक घूमने जाते हैं।

अपने झारखंड के गांवों में तमाम ऐसे दृश्य प्रकृति ने बिखेर रखा है। हम सबों को पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सजग रहने की जरूरत है। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने किसानों से लंबी बातचीत की। उन्होंने खेती-बाड़ी की मौजूदा स्थिति, बारिश के हालात, खाद और बीज की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। किसानों ने भी खुले मन से अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।

गांव का विकास ही राज्य का विकास है

ग्रामीणों के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है।

हमारी सरकार किसानों के हित में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार गांव के विकास, सड़क, सिंचाई और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है।

इस दौरान नेमरा के रविदास सोरेन, बिरजू सोरेन,दिलका सोरेन, विश्वनाथ बेसरा और परमेश्वर सोरेन मुख्यमंत्री के साथ थे।

**************************

 

यूपी कैबिनेट की बैठक में कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी

लखनऊ ,09 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। इस दौरान सभी कैबिनेट और राज्य मंत्री मौजूद रहे और कई प्रस्तावों पर मुहर लगी।

उत्तर प्रदेश के समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने  कहा, कैबिनेट में बहुत अच्छे विषय आए और उन पर बड़ी सार्थक चर्चा हुई।

20 विषयों को लेकर सरकार ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट में उन्हें अनुमोदित किया, चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो, गृह विभाग से जुड़े विषय हों, उच्च शिक्षा से संबंधित मामले हों, या माध्यमिक शिक्षा से जुड़े मुद्दे हों।

साथ ही, इसमें महिलाओं और मातृशक्ति से जुड़े विषय भी शामिल हैं, ये सभी बहुत अच्छे और आगे बढ़ाने वाले विषय हैं। इन्हें कैबिनेट ने अनुमोदित किया है।

अमेरिका की ओर से 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने को लेकर उन्होंने कहा, आज प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अब झुकने वाला नहीं है। यह नया भारत है, और हम किसी के दबाव में नहीं आने वाले हैं।

कोई भी देश या ताकत हमें ब्लैकमेल नहीं कर सकती। हम अपने हितों की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम हैं। भारत की जनता के लिए, देश के लिए, और उनके हितों की रक्षा के लिए हमें जो करना होगा, वह हम जरूर करेंगे।

वहीं, उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्रा ने कहा, वर्ष 2047 के विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश को लेकर चर्चा हुई है। विधानसभा सत्र प्रारंभ होने वाला है, उस पर भी चर्चा की गई है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भी चर्चा हुई और कैबिनेट में कई प्रस्ताव पास किए गए हैं।

दयाशंकर मिश्रा ने कहा, जहां तक वैश्विक संबंधों की बात है, चाहे अमेरिका हो, इंग्लैंड हो, जापान हो, या जर्मनी, भारत बहुत बड़ा और शक्तिशाली देश है। अगर भारत इन देशों को नकार देगा, तो इन देशों की अर्थव्यवस्था चौपट हो जाएगी। इसलिए सभी देशों को भारत के साथ अपने संबंध अच्छे रखकर ही चलना पड़ेगा।

वहीं, उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने कहा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाने के लिए कैबिनेट में चर्चा हुई है। पंचायती राज विभाग को 57,691 गांवों तक घर-घर झंडा पहुंचाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है।

राजभर ने राहुल गांधी के उस बयान पर तंज कसा, जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग पर गड़बड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। राजभर ने कहा, पहले तो राहुल गांधी ये साबित करें कि चुनाव आयोग ने उन्हें फर्जी मतदान कराकर जीत दिला दी।

पीएम मोदी के बयान का समर्थन देते हुए राजभर ने कहा, देश का किसान ऐसा है, जो धरती पर रहने वाले हर जीव का पेट भरता है, तो उसके साथ सरकार खड़ी है।

***************************

 

भारतीय लोकतंत्र को बचाने के लिए करो या मरो अभियान पर निकलना होगा- केसी वेणुगोपाल

नई दिल्ली ,09 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग पर इलेक्शन में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस अब चुनाव आयोग को घेरने की तैयारी कर रही है। इसे लेकर कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी है।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जिस तरह बापू ने भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान ‘करो या मरो’ का आह्वान किया था, उसी तरह आज हमें भारतीय लोकतंत्र को बचाने के लिए ‘करो या मरो’ के अभियान पर निकलना होगा।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उजागर किए गए मतदाता सूची में हेराफेरी और चुनावी धोखाधड़ी के खिलाफ पार्टी के आगे के राष्ट्रव्यापी अभियान पर चर्चा करने के लिए, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों, प्रभारियों और प्रमुख संगठन प्रमुखों की एक बैठक 11 अगस्त को शाम 4:30 बजे नई दिल्ली स्थित 24 अकबर रोड पर होगी। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े करेंगे।

केसी वेणुगोपाल ने आगे कहा कि देश भर की प्रदेश कांग्रेस समितियां 9 अगस्त को इस चुनावी धोखाधड़ी में भाजपा-चुनाव आयोग की सांठगांठ को उजागर करने के लिए राज्य मुख्यालयों पर राहुल गांधी की ऐतिहासिक प्रेस कॉन्फ्रेंस का प्रदर्शन करेंगी।

इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग से 5 सवाल हैं और देश जवाब चाहता है। पहला, विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं मिल रही? क्या छिपा रहे हो? दूसरा, सीसीटीवी और वीडियो सबूत मिटाए जा रहे हैं, क्यों?

किसके कहने पर? तीसरा, फर्जी वोटिंग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई, क्यों? चौथा, विपक्षी नेताओं को धमकाना, डराना, क्यों? पांचवां, साफ-साफ बताओ, क्या ईसीआई अब भाजपा का एजेंट बन चुका है?

उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र बेशकीमती है, इसकी चोरी का अंजाम बहुत भयानक होगा। अब जनता बोल रही है, बहुत हुआ।

*****************************

 

पद्मश्री सुदर्शन पटनायक ने रक्षाबंधन पर बनाई भगवान जगन्नाथ की अद्भुत रेत मूर्ति

पुरी ,09 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट और पद्मश्री सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक बार फिर अपनी कला का जादू बिखेरा है।

उन्होंने पुरी के समुद्र तट पर भगवान जगन्नाथ की रेत से एक आकर्षक मूर्ति बनाई है, जो भक्ति, सांस्कृतिक गौरव और देशभक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत करती है। यह 6 फीट ऊंची रेत मूर्ति न केवल कला का उत्कृष्ट नमूना है, बल्कि एक सामाजिक संदेश भी समेटे हुए है।

इस खास कलाकृति में सुदर्शन पटनायक ने महाप्रभु जगन्नाथ को ‘पद्मवेश’ यानी कमल की पोशाक में खूबसूरती से चित्रित किया है। मूर्ति को राखी के रूपांकन में डिजाइन किया गया है, जो रक्षाबंधन के प्रेम और सुरक्षा के बंधन को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाता है।

इस रेत मूर्ति के साथ जय जगन्नाथ और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं जैसे भावपूर्ण संदेश लिखे गए हैं, जो दर्शकों के मन को छूते हैं। इसके साथ ही, स्वदेशी अपनाएं का संदेश नागरिकों से स्थानीय उत्पादों का समर्थन करने की अपील करता है।

इस पहल के बारे में बात करते हुए सुदर्शन पटनायक ने कहा, रक्षाबंधन के अवसर पर हमने महाप्रभु जगन्नाथ की एक अद्भुत रेत मूर्ति बनाई है। यह रेत मूर्ति मेरे लिए केवल एक कला नहीं, बल्कि भक्ति और देशभक्ति का एक माध्यम है।

यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के अपील को भी बढ़ावा देता है। यह हमें अपने देश में बनी वस्तुओं के उपयोग और प्रचार के लिए प्रोत्साहित करता है। रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार पर यह मूर्ति भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ स्वदेशी के प्रति जागरूकता का संदेश देता है।

यह रेत मूर्ति पुरी समुद्र तट पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। सुदर्शन पटनायक की यह कृति न केवल रक्षाबंधन के पवित्र बंधन को बल्कि स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा देता है।

***************************

 

एंटी-ड्रोन सिस्टम वाला पहला राज्य बना पंजाब: केजरीवाल बोले- कोई भी बख्शा नहीं जाएगा

चंडीगढ़ 09 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) पंजाब में ड्रग्स और हथियारों की तस्करी पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए आज AAP सरकार ने अहम कदम उठाते हुए मॉडर्न एंटी-ड्रोन सिस्टम को लांच किया।

इसका उद्घाटन तरनतारन में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया। इस प्रणाली से सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगेगा। अगर कोई ड्रोन पाकिस्तान से आएगा, तो उसे तुरंत गिरा दिया जाएगा। इससे नशा पंजाब में प्रवेश ही नहीं कर पाएगा।

मॉडर्न एंटी-ड्रोन सिस्टम से लैस होने वाला पंजाब पहला राज्य बन गया है। सरकार ने 51.41 करोड़ रुपए की लागत से 9 हाई-टेक एंटी-ड्रोन सिस्टम खरीदे हैं। ये सिस्टम सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी को रोकने में “गेम-चेंजर” साबित होंगे।

आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब में कुछ समय पहले तक नशा सबसे बड़ी समस्या थी। पिछली सरकारों ने तस्करों से मिलीभगत कर पंजाब के घर-घर में नशा पहुंचा दिया।

हालत यह थी कि लगता था, पंजाब पूरी तरह बरबाद हो गया है। लेकिन हमारी सरकार आने के बाद हमने नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया। चाहे वह कितना भी बड़ा मंत्री हो, अफसर हो या तस्कर हमने किसी को नहीं बख्शा। सबको पकड़-पकड़ कर जेल में डाला है।

इस मौके सीएम भगवंत मान ने कहा कि 2009 में पंजाब में नशे के आदी बच्चों की संख्या लगभग 1,000 थी। लेकिन 2015 तक यह संख्या बढ़कर लगभग 20 हजार हो गई। यह किसकी देन है? उ

न्होंने बिना नाम लिए बिक्रम मजीठिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मंत्री अपनी गाड़ियों में ‘चिट्टा’ लेकर चलेंगे, जब तस्करों को ‘जिगरी यार’ कहकर घर में बैठाया जाएगा, तो हालात कैसे सुधर सकते हैं?

जब माली ही बेईमान हो जाए तो बाग को कौन बचाएगा? लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। जिसने नशे के पैसों से महल खड़े किए हैं, सरकार वह सब जब्त करेगी और उस धन को जनता की भलाई, बच्चों की पढ़ाई और लोगों के इलाज में लगाएगी। पंजाब लड़ रहा है, पंजाब जीतेगा, और नशा माफिया हारकर रहेगा।

****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version