उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में पहुंचे फरियादी

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर दिव्यांग बच्चे को मिली ट्राईसाईकिल

फरियादियों की समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नामकुम अंचल के लापरवाह कर्मचारी पर कार्रवाई का आदेश

रांची,18.08.2025 – शांति देवी के लिए आज का दिन सुखद था… वो अपने घर से 100 प्रतिशत दिव्यांग बच्चे के साथ उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार के लिए निकलती हैं… उपायुक्त कार्यालय कक्ष में प्रवेश से पहले ही उनके बच्चे को ट्राई साईकिल मिल जाती है। दरअसल जैसे ही उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री को सूचना मिली की एक महिला दिव्यांग बच्चे के साथ अपनी समस्या लेकर आई है तो उन्होंने फौरन अंकित के लिए ट्राईसाईकिल की व्यवस्था करने के निर्देश दिये और बच्चे को संबंधित विभाग द्वारा ट्राई साईकिल उपलब्ध करा दिया गया।

भर्रायी आंखों से शांति देवी ने अपनी समस्या उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि पति दिहाड़ी मजदूर है और बरसात के कारण काम नहीं मिल रहा और न ही किसी सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है। शांति देवी ने बताया कि वो मंईयां सम्मान योजना हेतु आवेदन भी नहीं कर पायीं। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने मौके पर ही शांति देवी के बच्चे के लिए दिव्यांग पेंशन और उनके लिए मंईयां सम्मान योजना हेतु आवेदन की प्रक्रिया शुरु करने के निर्देश दिये।

आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में एक बार फिर बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दरबार के दौरान हुई घटनाओं ने प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का स्पष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

जनता दरबार में उपस्थित फरियादियों ने जमीन विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, राशन, शिक्षा एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

भूमि विवाद मामलों में सीधी निगरानी

भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अंचलाधिकारियों को तत्काल समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक मामले में फोन पर संबंधित सीओ से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और पारदर्शी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

 

लापरवाह कर्मचारी पर कार्रवाई का आदेश

जनता दरबार में नामकुम अंचल की संगीता देवी ने दाखिल-खारिज से संबंधित अपनी परेशानी रखी। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल नामकुम सीओ से बात की। सीओ ने कर्मचारी की लापरवाही की पुष्टि की, जिस पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित कर्मचारी पर नियमसंगत कार्रवाई का आदेश दिया।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं राशन से जुड़ी फरियादें

पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित मामलों पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, एक युवक जिसने रेल हादसे में अपने दोनों पैर गंवा दिए थे, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत पीला कार्ड बनाने की मांग लेकर आया। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को तत्काल उसका ऑनलाइन आवेदन कराने का निर्देश दिया। राशन एवं खाद्य आपूर्ति से जुड़ी अन्य शिकायतों पर भी उन्होंने त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए।

जनता दरबार: जनता से सीधा संवाद का माध्यम

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा, “जनता दरबार आम नागरिकों को प्रशासन से सीधे जुड़ने का सशक्त माध्यम है। यहां किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या रखने का अवसर मिलता है और उसका समाधान पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाता है।”

आज के जनता दरबार में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं वृद्ध नागरिक भी पहुंचे। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि हर मामले का निष्पादन प्राथमिकता और निर्धारित समयसीमा में किया जाएगा।

*************************

 

राँची जिले के विद्यालयों में शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन जी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

 जिले के सभी प्रारंभिक 2128 सरकारी और अनुदानित विद्यालयों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया

रांची, 18.08.2025 – “श्री रामदास सोरेन जी का निधन न केवल झारखंड की राजनीति और शिक्षा जगत के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका जीवन और कार्य हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री

स्कूली शिक्षा, साक्षरता एवं निबंधन विभाग के माननीय मंत्री श्री रामदास सोरेन जी के असामयिक निधन पर राँची जिले के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में गहरा शोक व्यक्त किया गया।

उनके सम्मान में आज, 18 अगस्त 2025 को जिले के 2128 सरकारी और सरकारी अनुदानित विद्यालयों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया।

इन सभाओं में लगभग 2.5 लाख छात्र-छात्राओं और 10,000 शिक्षकों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने श्री सोरेन के शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान और उनके दूरदर्शी नेतृत्व को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभाओं में सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने श्री रामदास सोरेन जी के जीवन, उनके संघर्षशील व्यक्तित्व और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को याद किया।

शिक्षकों ने बच्चों को उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों, विशेष रूप से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार और गुणवत्ता सुधार के लिए उनके प्रयासों के बारे में बताया।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने अपने संदेश में कहा, “श्री रामदास सोरेन जी का निधन न केवल झारखंड की राजनीति और शिक्षा जगत के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका जीवन और कार्य हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

राँची जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग श्री रामदास सोरेन जी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है और प्रार्थना करता है कि उनकी आत्मा को शांति प्राप्त हो। उनकी प्रेरणा और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण हम सभी को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।

****************************

 

सेना भर्ती रैली 22 अगस्त से 04 सितंबर 2025 तक रांची में आयोजन होने को लेकर बैठक

झारखण्ड राज्य के लिए वर्ष-2025-26 के लिए सेना भर्ती रैली 22 अगस्त से 04 सितंबर 2025 तक रांची में आयोजन होने को लेकर बैठक

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

रांची जिला के युवाओं को सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर

सेना भर्ती के दौरान दलालों से दूर रहने की सलाह

रांची, 18.08.2025 – झारखण्ड राज्य के लिए वर्ष-2025-26 के लिए सेना भर्ती रैली 22 अगस्त से 04 सितंबर 2025 तक रांची में आयोजन होने को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक- 18 अगस्त 2025 को समाहरणालय ब्लॉक- ए स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई।

सेना भर्ती रैली आयोजन स्थल में होने वालें तैयारियों को लेकर चर्चा

बैठक के दौरान सेना भर्ती रैली 22 अगस्त से 04 सितंबर 2025 तक रांची में आयोजन होने को लेकर कर्नल विकास भोला द्वारा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची से अपनी बात रखते हुए विशेष रूप से कहा की रांची जिला के युवाओं को सेना में ज्यादा से ज्यादा शामिल करना हमारा लक्ष्य है। रांची जिला के युवा ज्यादा से ज्यादा सेना में भर्ती हो कर अपना भविष्य बनाए। ये हमारी प्राथमिकता है।

कर्नल विकास भोला द्वारा कहा गया की रैली के दौरान जो युवा इस रैली में भाग लेंगे उन्हें मौलिक सुविधा एवं अन्य सभी व्यवस्था रैली स्थल पर कराने को लेकर कहा की रैली के दौरान विधि व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था, रैली ग्राउंड में भर्ती स्थल की चौतरफा सुरक्षा, रैली स्थल ग्राउंड में सीजीआई शीट बैरिकेडेड क्षेत्र, रैली ग्राउंड, 1.6 कि.मी. रन एरिया और निर्धारित विश्राम क्षेत्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मेडिकल कवर, रैली स्थल पर एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम 22 अगस्त से 04 सितंबर 2025 तक रैली के सभी दिनों में सुबह 0400 बजे से उम्मीदवारों की किसी भी चोट/बीमारी के मामले में देखभाल करने एवं अन्य सभी व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा गया। जिस पर उपायुक्त राँची द्वारा सारी व्यवस्था जो भी जिला प्रशासन की तरफ से संभव होगा वह सारी व्यवस्था उपलब्ध करा दी जाएगी।

सेना भर्ती के दौरान दलालों से दूर रहने की सलाह

डायरेक्टर Recruiting रांची, कर्नल विकास भोला द्वारा सभी सेना में शामिल होने वालें उम्मीदवारों का शोषण करने वाले दलालों से दूर रहने की सलाह दी गई।

उन्होंने सभी उम्मीदवारों से विशेष रूप से कहा की सेना भर्ती पुरे पारदर्शिता तरीके से होती है। इसमें कोई भी भर्ती प्रक्रिया की सभी अर्हता पूरी नही करता उनका भर्ती किसी भी हालत में नही हो सकता इसलिए आप सभी उम्मीदवार दलालों से दूर रहेगा उनके किसी भी झांसे में नही आने की आवश्यकता है।

बैठक में अपर समाहर्ता राँची, श्री रामनारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर राँची, श्री अजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, श्री प्रवीण पुष्कर, डायरेक्टर Recruiting रांची, कर्नल विकास भोला, जिला नज़ारत उप समाहर्ता राँची, डॉ. सुधेश कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी राँची, श्रीमती उर्वशी पांडेय एवं भर्ती से सम्बंधित सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

****************************

 

DC रांची श्री मंजुनाथ भजन्त्री द्वारा Mitigation Project for Lightning Safety (MPLS) Awareness Programme के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया

जिला प्रशासन इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है

आम जनता से अनुरोध है कि वे Google Play Store या iOS App Store से ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करें

रांची,18.08.2025 –  उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने आज दिनांक 18 अगस्त 2025 को राँची समाहरणालय परिसर में गृह मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर शुरू किए गए Mitigation Project for Lightning Safety (MPLS) Awareness Programme के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान अपर समाहर्ता राँची, श्री रामनारायण सिंह एवं सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य वज्रपात से होने वाली जनहानि और क्षति को कम करने के लिए जनजागरूकता फैलाना है।

M/S Global Media के सहयोग से संचालित इस जागरूकता रथ के माध्यम से राँची जिले के चार प्रखंडों रातु, नामकुम, ओरमांझी, और सोनाहातु में 14 दिनों तक (18 अगस्त 2025 से 3 सितंबर 2025 तक, अवकाश को छोड़कर) जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में चार-चार स्थल चिन्हित किए गए हैं, जो स्कूलों, संस्थानों, बाजारों, स्वास्थ्य केंद्रों, और पंचायतों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर आधारित हैं। इन स्थलों का में अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम से लाभान्वित हो सकेंगे।

उपायुक्त राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने कहा, “वज्रपात एक प्राकृतिक आपदा है, जिससे हर साल कई लोग प्रभावित होते हैं। इस जागरूकता अभियान के माध्यम से हमारा लक्ष्य लोगों को वज्रपात से बचाव के उपायों, जैसे सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना, बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखना, और अन्य सुरक्षा सावधानियों के बारे में जागरूक करना है। यह अभियान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रभावी होगा।”

कार्यक्रम की विशेषताएं:

दिनांक 18 अगस्त 2025 से 3 सितंबर 2025 तक (अवकाश को छोड़कर)। चयनित प्रखंड- रातु, नामकुम, ओरमांझी, और सोनाहातु में प्रत्येक प्रखंड में चार स्थल, जैसे स्कूल, संस्थान, बाजार, स्वास्थ्य केंद्र, और पंचायत में जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य वज्रपात से बचाव के लिए जनजागरूकता बढ़ाना और सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान कराना है।

सहयोगी संस्था M/S Global Media, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से यह जागरूकता रथ विभिन्न चिन्हित स्थानों पर जाकर लोगों को वज्रपात से बचाव के उपायों, जैसे खुले मैदान में न रहना, पेड़ों के नीचे शरण न लेना, और बिजली के उपकरणों से दूर रहना, के बारे में जानकारी देगा। साथ ही, स्थानीय समुदायों को प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने पर भी ध्यान केंद्रित कराएगी।

जिला प्रशासन इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है।

उपायुक्त ने सभी जिला वासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और वज्रपात से बचाव के उपायों को अपनाने की अपील की है।

आम जनता से अनुरोध है कि वे Google Play Store या iOS App Store से ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करें ताकि समय पर प्राप्त चेतावनियों के माध्यम से वज्रपात से होने वाले खतरों से बचा जा सके। इस पहल से राज्य में जानमाल की हानि को न्यूनतम करने में सहायता मिलेगी।

लिंक में जा कर डाउनलोड करें

https://play.google.com/store/apps/details?id=de.wetteronline.wetterapp

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.cdotindia.capsachet

****************************

 

उपराष्ट्रपति चुनाव: राधाकृष्णन को निर्विरोध जिताने के लिए राजनाथ सिंह ने खडग़े से बात की

नई दिल्ली,18 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से बात की और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के लिए समर्थन मांगा.
रिपोर्ट के अनुसार 9 सितंबर को होने वाला उपराष्ट्रपति चुनाव एनडीए की ओर से राजनाथ सिंह की देखरेख में होगा. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को चुनाव एजेंट बनाया गया है. एनडीए ने रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया.

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई दिल्ली में पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद यह घोषणा की. भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि पार्टी सर्वसम्मति और संभवत: निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित करने के लिए विपक्ष से संपर्क करेगी.

नड्डा ने यहां एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘हम विपक्ष से भी बात करेंगे. हमें उनका समर्थन भी प्राप्त करना चाहिए ताकि हम मिलकर उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित कर सकें.

‘ उन्होंने कहा कि इस दिशा में पार्टी विपक्ष की सहमति जुटाने में लगी है. एनडीए का इसमें पूर्ण समर्थन है. सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद के लिए हमारे एनडीए के उम्मीदवार हैं.’

राधाकृष्णन फिलहाल महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं. वरिष्ठ भाजपा नेता राधाकृष्णन कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए और इससे पहले तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे.

उनका राजनीतिक जीवन आरएसएस और जनसंघ जैसे संगठनों से जुडऩे और छात्र राजनीति से जुडऩे से शुरू हुआ. तब से उन्होंने राजनीति को जनता की सेवा के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया है.

उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सुधार और जन कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दिखाई है और ऐसे आंदोलनों का नेतृत्व किया है जो महत्वपूर्ण सामाजिक और विकासात्मक चुनौतियों का समाधान करते हैं.

उनका राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ था. तब से उन्होंने राजनीति को जनता की सेवा के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया है और चार दशकों से भी अधिक समय तक एक कार्यकर्ता के रूप में जनता की सेवा की है. उन्होंने 1998 में कोयंबटूर से अपना पहला चुनाव 150000 से अधिक मतों के अंतर से जीता था.

बाद में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल बने. उन्होंने 1974 में 16 साल की उम्र में जनसंघ के माध्यम से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की. 1996 में वे तमिलनाडु भाजपा के सचिव बने.

1998 में वे कोयंबटूर संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए, जहां उन्होंने 150000 से अधिक मतों से जीत हासिल की और 1999 में उसी निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुने गए.

साल 2006 में उन्हें तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया. इस दौरान उन्होंने सामाजिक और विकासात्मक मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया. 2016 से 2020 तक उन्होंने कॉयर बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया. उनके नेतृत्व में भारत का कॉयर निर्यात सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुँच गया.

उन्हें प्रतिष्ठित, ज्ञानी और किसी भी कानूनी आरोपों से बेदाग माना जाता है. उनका जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर जिले के तिरुपुर में हुआ था.

वह पेशे से एक कृषक और उद्योगपति हैं. उन्होंने तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित वी.ओ.सी. कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई पूरी की.

जनता की सेवा के अपने चार दशकों से भी अधिक के अनुभव में उन्होंने अनेक पदों पर कार्य किया है. विविध भूमिकाओं में सिद्ध नेतृत्व के साथ सी.पी. राधाकृष्णन समृद्ध राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं.

चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना भी होगी. संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति का पद रिक्त हो गया था.

***********************

 

ट्रेनिंग के दौरान विकलांग होने वाले कैडेटस की हालत पर सुप्रीम कोर्ट ने जतायी चिंता

सरकार से मांगा जवाब

नई दिल्ली,18 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उच्चतम न्यायालय ने उन कैडेटों की मुश्किलों पर स्वत: संज्ञान लिया है जिन्हें प्रशिक्षण के दौरान चोट या विकलांगता की वजह से बीच में ही चिकित्सा आधार पर छुट्टी दे दी गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और रक्षा बलों से जवाब मांगते हुए कहा है कि ऐसे कैडेटों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बीमा कवर की व्यवस्था पर विचार किया जाए.

न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति आर महादेवन की पीठ ने मामले में सुनवाई की. न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई 4 सितंबर के लिए निर्धारित की है. पीठ ने केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी से कहा कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विकलांग होने वाले कैडेटों को चिकित्सा व्यय के लिए दी जाने वाली 40 हजार रुपये की अनुग्रह राशि बढ़ाने के संबंध में निर्देश मांगें.

शीर्ष अदालत ने केंद्र से कहा कि वह इन दिव्यांग उम्मीदवारों के उपचार के बाद उन्हें डेस्क जॉब या रक्षा सेवाओं से संबंधित किसी अन्य कार्य में वापस लाने के लिए पुनर्वास की योजना पर विचार करे.

पीठ ने कहा, हम चाहते हैं कि बहादुर कैडेट सेना में रहें. हम नहीं चाहते कि चोट या विकलांगता इन कैडेटों के लिए किसी भी प्रकार की बाधा बने, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को पास करने के बाद प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं.

शीर्ष अदालत ने 12 अगस्त को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था, जब एक मीडिया रिपोर्ट में इन कैडेटों के मुद्दे को उठाया गया था. जो कभी राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) जैसे देश के शीर्ष सैन्य संस्थानों में प्रशिक्षण का हिस्सा थे.

रिपोर्ट के अनुसार, 1985 से अब तक लगभग 500 अधिकारी कैडेटों को प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की विकलांगता के कारण इन सैन्य संस्थानों से चिकित्सा आधार पर छुट्टी दे दी गई है.

अब उन्हें बढ़ते चिकित्सा बिलों का सामना करना पड़ रहा है तथा उन्हें मासिक अनुग्रह राशि का भुगतान किया जा रहा है, जो उनकी आवश्यकताओं से बहुत कम है.

इसमें कहा गया है कि अकेले एनडीए में ही लगभग 20 ऐसे कैडेट हैं, जिन्हें 2021 से जुलाई 2025 के बीच केवल पांच वर्षों में चिकित्सा सेवा से छुट्टी दे दी गई.

रिपोर्ट में इन कैडेटों की दुर्दशा पर प्रकाश डाला गया है, क्योंकि नियमों के अनुसार, वे पूर्व सैनिक का दर्जा पाने के हकदार नहीं हैं, जिससे वे पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के तहत सैन्य सुविधाओं और सूचीबद्ध अस्पतालों में मुफ्त इलाज के लिए पात्र हो जाते. जबकि उनकी विकलांगता, अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करने से पहले प्रशिक्षण के दौरान हुई थी.

इसमें कहा गया था कि इस श्रेणी के सैनिकों के विपरीत, जो ईएसएम दर्जा पाने के हकदार हैं, इन अधिकारी कैडेटों को अब विकलांगता की सीमा के आधार पर 40 हजार रुपये प्रति माह तक का अनुग्रह भुगतान मिलता है. यह राशि बुनियादी जरूरतों से बहुत कम है.

****************************

 

राहुल गांधी को अल्टीमेटम देने पर विपक्ष सीईसी पर आक्रामक

कहा-पद की गरिमा बनाए रखें 

नई दिल्ली,18 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत चुनाव आयोग ने वोट चोरी के आरोप पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को अल्टीमेटम दिया है. इसको लेकर विपक्ष आक्रामक हो गया है.

चुनाव आयोग ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को निर्देश दिया कि वे या तो सात दिनों के भीतर अपने आरोपों के समर्थन में सबूतों के साथ हलफनामा दाखिल करें या सार्वजनिक रूप से पूरे देश से माफी मांगें. आयोग ने कहा कि हलफनामे के अभाव में ऐसे सभी आरोप झूठे माने जाएंगे.

सत्तारूढ़ भाजपा ने चुनाव आयोग के इस कदम का स्वागत किया, जबकि इंडिया ब्लॉक ने चुनाव आयोग पर असहमति को दबाने के लिए राजनीतिक हथियार के रूप में काम करने का आरोप लगाया है.

विपक्ष ने स्पष्ट कर दिया कि राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे. उनका तर्क था कि उन्होंने सच कहा है और कोई गलत काम नहीं किया है.

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुरजोर बचाव किया. उन्होंने कहा, मैं ज्ञानेश कुमार (मुख्य चुनाव आयुक्त) से कहना चाहूंगा कि एक संवैधानिक पद पर आसीन मुख्य चुनाव आयुक्त होने के नाते, उन्हें अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए.

जिस तरह से उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उसमें वोट चोरी शब्द बहुत हल्का लगता है. अगर नागरिक अपने अधिकारों का प्रयोग ही नहीं कर पाएंगे, तो उनकी रक्षा कौन करेगा? मैं उनसे जिम्मेदारी से काम लेने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं कि ऐसा कुछ न हो जिससे लोगों का उन पर से विश्वास उठ जाए.

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, विपक्ष नेता राहुल गांधी माफी मांगें? उन्हें माफी क्यों मांगनी चाहिए? राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे. उन्होंने जो कुछ भी कहा है, वह पूरी हिम्मत और दृढ़ता के साथ कहा है.

उन्होंने आगे कहा कि चुनाव आयोग विपक्ष द्वारा उठाए गए मूल मुद्दों का समाधान करने में विफल रहा है. मसूद ने कहा, उन्होंने उस सवाल पर भी बात नहीं की जिसने पूरे देश में हंगामा मचा रखा है.

उन्होंने इसका जिक्र तक नहीं किया. उन्होंने लोकसभा का जिक्र तक नहीं किया, जहां इतने सारे फर्जी मतदाता पकड़े गए और उनकी पहचान की गई. इसका भी कोई जिक्र नहीं था.

शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, हमें अपने सवालों का कोई ठोस जवाब नहीं मिला. यह बस एक स्क्रिप्ट थी जो भाजपा कार्यालय से तैयार की गई लगती थी और जिसका उद्देश्य विपक्ष को निशाना बनाना था.

अब यह स्पष्ट हो गया है कि चुनाव आयोग अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहा है, जबकि भाजपा इसे विपक्ष पर हमला करने के लिए एक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है.

समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, अगर चुनाव आयोग देश के सामने शपथ लेकर कहता है कि उसकी मतदाता सूची पूरी तरह से सही है, तो उसे हलफनामा मांगने का अधिकार है.

अगर चुनाव आयोग कोई गलती करता है, तो वह सुधार के लिए आवेदन करने को कहता है, लेकिन अगर कोई उसकी ओर इशारा करता है, तो वह हलफनामा मांगता है. यह सही नहीं है.

एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने भी चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा, हम चुनाव आयोग से कहना चाहते हैं कि आप एक संवैधानिक संस्था हैं.

आपको उसी तरह काम करना चाहिए जैसा आपसे अपेक्षित है, लेकिन आप ऐसा नहीं कर रहे हैं. आप भाजपा के एक विस्तारित विभाग की तरह काम कर रहे हैं. यहां आप वास्तविक कार्रवाई किए बिना केवल शब्दों या भाषा के माध्यम से गुमराह कर रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, चुनाव आयोग ने साफ कहा था कि उन्हें सात दिनों के भीतर हलफनामा दाखिल करना होगा, अन्यथा उन्हें (राहुल गांधी) लोगों से माफी मांगनी चाहिए.

मैं पूछना चाहता हूं कि आज 18 अगस्त है, अब तक उन्होंने कितने नामों को गलत पाया है और चुनाव आयोग को सौंपा है? भ्रम फैलाने से कोई फायदा नहीं होगा.

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, राहुल गांधी अराजकता फैला रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं.

हर प्रक्रिया की एक उचित प्रक्रिया होती है; अगर किसी राजनीतिक दल को मतदाता सूची प्रकाशन और संशोधन पर आपत्ति है, तो वह इसे आधिकारिक रूप से उठा सकता है.

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी देश में अफवाहें फैला रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, उनका आचरण न तो लोकतांत्रिक है और न ही संवैधानिक, बल्कि पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना है. विपक्ष के नेता जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसी हरकतें शर्मनाक हैं.

जेडीयू सांसद दिलेश्वर कामत ने भी चुनाव आयोग पर निशाना साधने के लिए राहुल गांधी की आलोचना की. उन्होंने कहा, चुनाव आयोग ने भ्रम की स्थिति का जवाब दे दिया है, अब राहुल गांधी के लिए भी ऐसा ही करने का समय आ गया है.

देश के लोग जानते हैं कि आयोग का उद्देश्य स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना है. निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए हलफनामा जरूरी है.

***************************

 

झारखंड के साहिबगंज में अवैध खनन पर कार्रवाई, दर्जनों मशीनें जब्त, माफियाओं में हड़कंप

साहिबगंज ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। झारखंड के साहिबगंज जिला प्रशासन ने रविवार को अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रशासन ने मंडरो अंचल के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भुतहा मौजा में छापेमारी की।

इस दौरान अवैध खदान से खनन में प्रयुक्त दर्जनों मशीनों को जप्त किया गया।

टास्क फोर्स की टीम की इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। साहिबगंज सदर एसडीओ अमर जॉन आईंद ने इस अभियान का नेतृत्व किया।

खनन टास्क फोर्स की टीम के साथ अचानक की गई इस छापेमारी में देखा गया कि स्टार इंडिया खदान के पास बड़े पैमाने पर अवैध खनन चल रहा था।

जैसे ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, वहां खनन में लगी कई गाडिय़ां फरार हो गईं। हालांकि, मौके पर मौजूद दर्जनों वाहन और मशीनें जब्त कर ली गईं।

एसडीओ अमर जॉन आईंद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि उन्हें लगातार सूचना मिल रही थी कि इस इलाके में अवैध खनन हो रहा है।

सत्यापन के लिए छापेमारी की गई और मौके पर भारी मात्रा में अवैध खनन पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि जांच में जुटी टीम फरार खननकर्ताओं और वाहनों की पहचान करने में जुट गई है।

उन्होंने साफ कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जो भी व्यक्ति या समूह अवैध खनन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*****************************

 

पटना में एक और हत्या से दहशत, 19 साल के छात्र को अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली

पटना ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पटना शहर एक और हत्याकांड से दहल उठा है। बिहार की राजधानी में रविवार को एक 19 साल के छात्र की हत्या कर दी गई।

छात्र की पहचान राज कृष्णा के रूप में हुई। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद हुआ है। साथ ही, जांच के लिए एफएसएल टीम बुलाई गई है।

जानकारी सामने आई कि रविवार की सुबह लगभग 19 वर्षीय छात्र राज कृष्णा को एक गोली लगी थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पटना पुलिस ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने युवक को गोली मारकर घायल किया था।

पटना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, 17 अगस्त की सुबह में गर्दनीबाग थाना अंतर्गत सरिस्ताबाद मोड के पास अज्ञात अपराधियों की ओर से एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने की सूचना मिली थी।

सूचना पर पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई की गई। घटनास्थल पर पहुंचकर जख्मी युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पटना पुलिस ने आगे लिखा, घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वाड टीम की मदद से फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन करते हुए घटना की जांच की जा रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनु कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लगभग 9 बजे युवक को गोली लगने की सूचना आई थी। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए टीमें मौके पर मौजूद हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

इससे पहले, 14 अगस्त को पटना में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पटना पुलिस के अनुसार, चमडोरिया किला रोड इलाके में कुछ लड़कों ने एक युवक को चाकू से प्रहार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।

घायल की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई, जिसके बारे में सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचाया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, पटना पुलिस ने 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया था।

******************************

 

लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की, अखिलेश यादव बोले- अंतरात्मा की आवाज सुनें

लखनऊ ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग को सुधार ही नहीं, आमूलचूल परिवर्तन की अपरिहार्यता है।

एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ और वोट चोरी जैसे विपक्षी दलों के आरोपों के बीच अखिलेश यादव ने यह बयान दिया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सपा सांसद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आज लोकतंत्र को बचाने का ऐतिहासिक दायित्व चुनाव आयोग के कंधों पर है।

माना उनके ऊपर कई प्रकार के अवांछित दबाव काम कर रहे हैं, लेकिन वे ये न समझें कि वे अकेले हैं। जब चुनाव आयोग सही रास्ते पर चल निकलेगा तो करोड़ों भारतवासियों का साथ उनका रक्षा कवच बन जाएगा। सत्य के मार्ग पर चलने वालों के साथ जनता और जन विश्वास स्वयं चलने लगता है।

सपा मुखिया ने आगे लिखा, चुनाव आयोग का एक सही और साहसिक कदम देश की अनंत पीढिय़ों का भविष्य और कल्याण सुनिश्चित कर सकता है। सबको अंतरात्मा की आवाज सुननी चाहिए।

इससे पहले, अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए थे। शनिवार को लखनऊ में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा, समय-समय पर उंगलियां उठी हैं।

चाहे ग्राम प्रधान का चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो, लोकसभा चुनाव हो या कोई अन्य चुनाव हो, यह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी बनती है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हों।

अखिलेश यादव ने कहा, लोगों का इस संस्था पर विश्वास बढ़ाना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, लेकिन हम देख रहे हैं कि लोग चुनाव आयोग के काम करने के तरीके से असंतुष्ट हैं।

हाल ही में, इंडिया गठबंधन ने वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाई है। इस कोशिश का नतीजा यह हुआ कि सुप्रीम कोर्ट को भी विपक्ष के रुख से सहमत होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर कई बार उंगली उठी है। अगर चुनाव आयोग के एक भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए, तो कहीं भी वोट चोरी, वोट डकैती या ऐसी कोई लूट नहीं होगी।

*******************************

 

वोट की चोरी नहीं, डकैती की जा रही है : तेजस्वी यादव

सासाराम ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आज एसआईआर के मामले को लेकर भाजपा एवं चुनाव आयोग पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि इसके जरिए वोट की चोरी नहीं, डकैती की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी रही है और बिहार से लोकतंत्र खत्म नहीं करने दिया जाएगा। ‘इंडिया गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत के मौके पर सासाराम में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहारियों को चूना लगाना चाहते हैं, लेकिन यह बिहार है; यहां चूना खैनी के साथ रगड़ दिया जाता है। बिहारी भले ही गरीब हैं, लेकिन यहां का बच्चा-बच्चा तीखी मिर्ची वाला काम करता है। हम बेईमानी नहीं होने देंगे।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को मृत घोषित किया गया, उनके साथ राहुल गांधी ने चाय पी, जो चुनाव आयोग की बेईमानी को उजागर करता है।

बिहार सरकार को निशाने पर लेते हुए उन्होंने इसे नकलची सरकार बताया। उन्होंने कहा कि वे जिन वादों की घोषणा करते हैं, बिहार की नीतीश कुमार सरकार नकल करके वही घोषणाएं कर रही है। उन्होंने सरकार को खटारा सरकार बताते हुए कहा कि हमें मौका मिला तो हम बिहार में विकास करने वाली सरकार देंगे। राजद नेता ने अपने 17 महीने के कार्यकाल की भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति वादों पर नहीं, बल्कि काम पर टिकी है। हमने जो कहा, वह किया और जो कहेंगे, वह जरूर करेंगे। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि लोकतंत्र को खत्म नहीं होने दिया जाएगा। हम लोग मिलकर जनता के हक के लिए संघर्ष करेंगे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा 16 दिन में कुल 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

*************************

 

वोटर अधिकार यात्रा वोट नहीं संविधान बचाने की लड़ाई : राहुल गांधी

सासाराम ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार से बिहार में वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह यात्रा वोट नहीं, संविधान बचाने की लड़ाई है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार के लोग वोटों की चोरी नहीं होने देंगे। इस मौके पर राजद के अध्यक्ष लालू यादव सहित महागठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के नेता शामिल हुए।

राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। पूरे देश में भाजपा और आरएसएस संविधान को मिटाने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी चुनाव होता है, ये लोग जीतते हैं।

उन्होंने महाराष्ट्र के चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव से पहले सभी ओपिनियन पोल कह रहे थे कि इंडी गठबंधन चुनाव जीतेगा। लोकसभा में महागठबंधन जीतता है, लेकिन चार महीने में हम हार जाते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जब कार्रवाई हुई तब पता चला कि चुनाव आयोग ने एक करोड़ नए वोटर जादू से पैदा किए। उन्होंने कहा कि हमें उतना ही वोट मिला, लेकिन जितने नए वोटर बने, सभी भाजपा गठबंधन को मिले। उन्होंने इस दौरान कर्नाटक चुनाव की भी चर्चा की।

राहुल गांधी ने कहा, मैंने वोट चोरी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो चुनाव आयोग ने मुझसे एफिडेविट मांगा। चुनाव आयोग कहता है, आप एफिडेविट दें कि आपका डेटा सही है। ये डेटा चुनाव आयोग का है, मुझसे एफिडेविट क्यों मांगा जा रहा है?

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता वोटों की चोरी नहीं करने देगी क्योंकि गरीब कमजोर लोगों के पास सिर्फ वोट का हक है। आयोग जो कर रहा है, वो सबको पता है। चुनाव आयोग को हम यह नहीं करने देंगे।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए अरबपतियों के साथ सरकार चलाता है। आप वोट डालते हैं, आपका वोट चोरी किया जाता है और आपका सारा पैसा 5-6 अरबपतियों को दे दिया जाता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जातीय जनगणना की चर्चा करते हुए कहा कि दबाव में आकर उन्होंने जाति जनगणना करवाने की घोषणा कर दी, लेकिन वे 50 प्रतिशत आरक्षण की दीवार नहीं तोडऩा चाहते। उन्होंने कहा कि जब हम लोग आएंगे तो जातीय जनगणना भी कराएंगे और 50 फीसदी आरक्षण का बैरियर भी समाप्त करेंगे। यही नहीं, वोट की चोरी भी नहीं होने देंगे।

*************************

 

सिर पर संविधान रखकर नाचने वालों ने संविधान को कुचला : पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि सिर पर संविधान रखकर नाचने वालों ने संविधान को कुचला था। उन्होंने खुलासा किया कि पहले दिल्ली में एक ऐसा कानून लागू था, जो बिना सूचना के काम पर न आने वाले सफाईकर्मियों को जेल भेजने की अनुमति देता था।

दिल्ली के रोहिणी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जो लोग सिर पर संविधान रखकर नाचते हैं, वह संविधान को कैसे कुचलते थे, वह बाबासाहेब की भावनाओं को कैसे दगा देते थे, वह सच्चाई बताने जा रहा है। सफाईकर्मी भाई-बहनों के लिए दिल्ली में पहले खतरनाक कानून था।

दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट में एक बात लिखी थी, यदि कोई सफाई मित्र बिना बताए काम पर नहीं आता तो उसे एक महीने के लिए जेल में डाला जा सकता था। खुद सोचिए, सफाई कर्मियों को ये लोग क्या समझते थे। एक छोटी सी गलती के कारण क्या आप उन्हें जेल में डाल देंगे?

पीएम मोदी ने कहा, आज जो सामाजिक न्याय की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, उन्होंने ऐसे कई कानून देश में बनाए रखे हुए थे। यह मोदी है, जो इस तरह के गलत कानूनों को खोज-खोजकर खत्म कर रहा है। हमारी सरकार ने ऐसे सैकड़ों कानूनों को समाप्त किया है और यह अभियान लगातार जारी है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में शासन सुधारों पर बल देते हुए कहा कि हमारे लिए रिफॉर्म का मतलब सुशासन का विस्तार है। इसलिए हम रिफॉर्म पर बल दे रहे हैं। आने वाले समय में हम बड़े-बड़े रिफॉर्म करने वाले हैं, ताकि जीवन और बिजनेस सब कुछ आसान हो।

उन्होंने बताया कि इस दिशा में अगला बड़ा कदम जीएसटी सुधार का है। प्रधानमंत्री ने कहा, जीएसटी रिफॉर्म होने जा रहा है। इस दिवाली डबल बोनस देशवासियों को मिलने वाला है। हमने इसका प्रारूप राज्यों को भेज दिया है। उम्मीद करता हूं कि सभी राज्य इसमें सहयोग करेंगे और जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे, ताकि दिवाली और शानदार बन सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का प्रयास जीएसटी को आसान बनाना और टैक्स दरों को रिवाइज करना है।

************************

 

40 मिनट में पूरा होगा 2 घंटे का सफर, एनसीआर वालों को पीएम मोदी की सौगात

यूईआर-आईआई और द्वारका एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

नई दिल्ली ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में 11,000 करोड़ रुपए की राजमार्ग परियोजनाओं का तोहफा दिया है। रविवार को प्रधानमंत्री ने दिल्ली के रोहिणी से यूईआर-2 (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) के दिल्ली सेक्शन और द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। अब द्वारका एक्सप्रेसवे से सिंघु बॉर्डर से दिल्ली एयरपोर्ट का सफर 40 मिनट में पूरा होगा। पहले इस सफर में 2 घंटे का वक्त लगता था। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली को जाम और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य है। सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बक्करवाला गांव टोल प्लाजा इलाके में रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इसके बाद, पीएम नरेंद्र मोदी ने राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-2 (यूईआर-2) राजधानी को भीड़भाड़ से मुक्त करने की सरकार की व्यापक योजना के तहत विकसित की गई है। इसका उद्देश्य कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार, यात्रा समय में कमी और दिल्ली के साथ इसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात में कमी लाना है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता और देशहित में लिए गए फैसलों की सराहना की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि सिर्फ नारों और जयकारों में नहीं, आप (पीएम मोदी) सच्चाई के धरातल पर इस देश के विकास पुरुष हैं। उन्होंने कहा, आप एक ऐसे नेता हैं, जिन्होंने विपक्ष की घटिया राजनीति के बावजूद दिल्ली की जनता को कभी भी ओछी राजनीति का शिकार नहीं बनने दिया।

रेखा गुप्ता ने आगे कहा,दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में बीते 5 महीनों के प्रशासनिक अनुभव के आधार पर मैं कह सकती हूं कि आप ऐसे दूरदर्शी नेता हैं जिनकी सोच में भारत का हर नागरिक शामिल है, जिनकी नीतियों में हर राज्य की समान भागीदारी है, और जिनके संकल्प में हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस करता है।

************************

 

स्टालिन ने PM मोदी को लिखा पत्र, बोले अमेरिकी टैरिफ से तमिलनाडु पर पड़ेगा विपरीत असर

तत्काल राहत की उठाई मांग

चेन्नई ,16 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने 50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने टैरिफ के गंभीर प्रभावों पर चिंता जताई है। साथ ही, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राज्य के औद्योगिक क्षेत्र पर पडऩे वाले प्रभाव को देखते हुए व्यापार बहाल करने के लिए जरूर कदम उठाने का आग्रह किया।

पत्र में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भारत और अमेरिका के बीच एक पारस्परिक लाभकारी व्यापार समझौते की दिशा में भारत सरकार की ओर से की जा रही कोशिशों की सराहना की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार की स्थिति को तमिलनाडु सरकार पूरी तरह से समर्थन देती है।

हालांकि, अपनी चिंताओं को जाहिर करते हुए एमके स्टालिन ने पत्र में लिखा, वह प्रधानमंत्री का ध्यान तमिलनाडु के एक चिंताजनक मुद्दे की ओर खींचना चाहते हैं, जो वर्तमान टैरिफ वृद्धि के कारण गंभीर प्रभावों का सामना कर रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में, भारत के कुल 433.6 अरब डॉलर के व्यापारिक निर्यात का 20 प्रतिशत अमेरिका को गया, जबकि तमिलनाडु के 52.1 अरब डॉलर के कुल माल का 31 प्रतिशत अमेरिका को निर्यात किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि क्योंकि तमिलनाडु अमेरिकी बाजार पर अत्यधिक निर्भर है, इसलिए टैरिफ का प्रभाव भारत के अन्य राज्यों की तुलना में तमिलनाडु पर अधिक पड़ेगा। इससे तमिलनाडु के विनिर्माण क्षेत्र और रोजगार पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

एमके स्टालिन ने पत्र में लिखा, कपड़ा, परिधान, मशीनरी, ऑटोमोबाइल, रत्न और आभूषण, चमड़ा, जूते, समुद्री उत्पाद और रसायन क्षेत्र इस टैक्स से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। यह और भी चिंताजनक है कि ये सभी क्षेत्र श्रम-प्रधान उद्योग हैं और निर्यात में किसी भी मंदी से बड़े पैमाने पर नौकरियां कम होंगी।

उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग, जो इस क्षेत्र में भारत के निर्यात का 28 प्रतिशत हिस्सा है और राज्य में लगभग 75 लाख लोगों को रोजगार देता है, विशेष रूप से गंभीर खतरे का सामना कर रहा है। अधिकारियों का अनुमान है कि यदि टैरिफ दोगुना करके 50 प्रतिशत कर दिया जाता है, तो 30 लाख लोगों को अपनी नौकरी खोने का खतरा है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उद्योग निकायों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया है और इन परामर्शों के आधार पर कह सकते हैं कि कपड़ा क्षेत्र को दो मोर्चों पर तत्काल एक्शन की जरूरत है।

उन्होंने कुछ सिफारिशें केंद्र सरकार को भेजी हैं, जिनमें जीएसटी दरों में बदलाव, कपास पर आयात शुल्क में छूट, आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ईसीएलजीएस) के तहत राहत, और क्रेडिट सुविधाओं का विस्तार करने की मांग शामिल है।

एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार से राहत के तौर पर टैरिफ से प्रभावित निर्यातकों के लिए एक विशेष ब्याज सहायता योजना शुरू करने, बाजार जोखिमों की भरपाई के लिए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) में तेजी लाने और मूलधन के भुगतान पर कोविड-काल की रोक के समान एक वित्तीय राहत पैकेज की घोषणा करने का अनुरोध किया है।

स्टालिन ने मंत्रालयों और उद्योग के हितधारकों के परामर्श से प्रधानमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप करने का आह्वान किया। उन्होंने आजीविका की रक्षा और भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय स्तर के उपायों को लागू करने में तमिलनाडु के पूर्ण सहयोग का केंद्र सरकार को आश्वासन भी दिया है।

****************************

 

राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित थे अटल बिहारी वाजपेयी, पीएम मोदी ने किया याद

नई दिल्ली ,16 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा है कि उनका जीवन राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित था। उन्होंने यह भी कहा कि उनके विचार और आदर्श भारत की प्रगति यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थिति सदैव अटल स्थल पहुंचे। उन्होंने अटल जी को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, सदैव अटल में अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका जीवन राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित था। उनके विचार और आदर्श भारत की प्रगति यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को याद करते हुए एक्स पर लिखा, सभी देशवासियों की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन। राष्ट्र के चौतरफा विकास को लेकर उनका समर्पण और सेवा भाव विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान के लिए हर किसी को प्रेरित करने वाला है।

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शनिवार को सदैव अटल स्थल पर श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शामिल हुए। सभी नेताओं ने पुष्प अर्पित कर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और गजेंद्र सिंह शेखावत, जदयू सांसद संजय झा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर उनके स्मारक सदैव अटल पर पहुंचे थे।

इस बार अटल बिहारी वाजपेयी की 7वीं पुण्यतिथि है। 16 अगस्त 2018 को अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हुआ था। वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। जनता के बीच प्रसिद्ध अटल बिहारी वाजपेयी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। वे तीन बार प्रधानमंत्री बने। अटल बिहारी वाजपेयी 16 से 31 मार्च, 1996 तक और फिर 19 मार्च, 1998 से 13 मई, 2004 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

*****************************

 

गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं

नई दिल्ली ,16 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी। देशभर के लोगों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उत्साह दिख रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री ने देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की!श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। धर्म, नीति और लोक कल्याण के प्रतीक भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हर भारतीय को सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे, यही मेरी भगवान श्री कृष्ण से प्रार्थना है।

केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, सर्वजनीन गुरु कृष्ण को मेरा नमन! भगवान श्री कृष्ण के पावन जन्मोत्सव पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। कृष्ण, समस्त ब्रह्मांड के आधार, चंचल और परम योगी, श्री कृष्ण जन्माष्टमी! बांसुरी वादक सभी के जीवन में प्रेम, करुणा और भक्ति का संचार करें और संपूर्ण सृष्टि का कल्याण करें, यही मेरी प्रार्थना है। जय श्री कृष्ण!

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, सत्य, धर्म और न्याय के प्रतीक भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं भगवान श्री कृष्ण से आप सभी के सुखी, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।

बता दें कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर साल भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। इस शुभ अवसर पर भगवान कृष्ण की पूजा की जाती है, उनका आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर जाते हैं।

****************************

 

राज्यपाल ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी

16.08.2025, नेमरा, गोला, रामगढ़ – राज्यपाल श्री संतोष गंगवार आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के संस्कार भोज में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेमरा स्थित आवास पहुंचे।

राज्यपाल ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

**********************

 

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को राँची जिला ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 राँची जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत संचालित 64 क्लस्टरों और सभी ग्राम संगठनों में सैकड़ों स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन

दिशोम गुरु: झारखंड की आत्मा और प्रेरणा

रांची,16 अगस्त 2025 को संपूर्ण राँची जिला राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम स्मृति शेष गुरु शिबू सोरेन जी के पावन स्मृति में एकजुट हुआ। जिले के कोने-कोने में आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में हजारों लोगों ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

राँची जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत संचालित 64 क्लस्टरों और सभी ग्राम संगठनों में सैकड़ों स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया। इन सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

दिशोम गुरु: झारखंड की आत्मा और प्रेरणा

श्रद्धांजलि सभाओं में शामिल स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने एक स्वर में कहा कि स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि गरीब, वंचित और आदिवासी समाज की आवाज थे।

उनका जीवन सामाजिक न्याय, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और ग्रामीण उत्थान के लिए समर्पित रहा। दीदियों ने भावुक स्वर में कहा, “राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी का संघर्ष और त्याग हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने झारखंड के गठन के लिए अपना जीवन समर्पित किया और हर वर्ग के लोगों के हक की लड़ाई लड़ी।”

ग्रामीण स्तर पर गहरा जुड़ाव

ग्राम संगठनों और क्लस्टरों में आयोजित सभाओं में महिलाओं ने दिशोम गुरु के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके संदेश आज भी गांव की गलियों से लेकर राजधानी तक गूंजते हैं। उनकी सादगी, जनता के प्रति समर्पण और सामाजिक समानता के लिए किए गए प्रयासों ने उन्हें जन-जन का प्रिय नेता बनाया। एक दीदी ने कहा, “उनके विचार और संकल्प हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। वे झारखंड की आत्मा हैं।”

श्रद्धांजलि सभाओं में पुष्पांजलि अर्पित की गई

इन सभाओं में उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में यह भावना बार-बार व्यक्त की गई कि शिबू सोरेन जी का योगदान झारखंड के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। उनके आदर्श और मूल्य आज भी समाज को दिशा दिखा रहे हैं।

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी ने इन श्रद्धांजलि सभाओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। JSLPS के तहत संचालित ग्राम संगठनों और स्वयं सहायता समूहों ने न केवल कार्यक्रमों का आयोजन किया, बल्कि दिशोम गुरु के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

राँची जिला प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने एक स्वर में कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष और विचार हमेशा झारखंड के लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। उनकी स्मृति में आयोजित ये श्रद्धांजलि सभाएँ न केवल उनकी महानता को याद करने का अवसर थीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लेने का भी माध्यम बनीं।

*************************

 

उपायुक्त रांची श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने श्री रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की

रांची, 16.08.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने आज झारखंड विधानसभा परिसर में माननीय मंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा निबंधन विभाग, झारखण्ड सरकार, श्री रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपायुक्त ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री रामदास सोरेन जी का असामयिक निधन झारखंड राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य व शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

***********************

 

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में सम्मिलित हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी

श्री रेवंत रेड्डी ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की

16 अगस्त 2025, नेमरा, गोला, रामगढ़ – तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी आज नेमरा, रामगढ़ स्थित मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के पैतृक आवास पहुंचे।

श्री रेवंत रेड्डी यहां स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में सम्मिलित हुए।

उन्होंने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

***************************

 

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह हुए सम्मिलित

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की

16.08.2025, नेमरा, गोला, रामगढ़ – केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, आज स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के नेमरा, रामगढ़ स्थित आवास पहुंचे। केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

गुरुजी का व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी से मेरी कई मुलाकातें हुईं। उनकी सहजता, सरलता एवं व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी। गुरुजी सिर्फ आदिवासी ही नहीं बल्कि अन्य समाज के भी अभिभावक के रूप में जाने जाते थे। मैं अपनी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद श्री पप्पू यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री आर०के० आनंद एवं योग गुरु बाबा रामदेव भी पहुंचे नेमरा।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में आज स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद श्री पप्पू यादव, योग गुरु बाबा रामदेव एवं पूर्व राज्यसभा सांसद श्री आर०के० आनंद सम्मिलित हुए। सभी ने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की।

***************************

 

किश्तवाड़ प्रलय में अब तक 65 लोगों की मौत, मलबे में दबी सैकड़ों जिंदगियां

जम्मू 16 Aug , (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चिशौती गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी राहत व बचाव कार्य जारी रहा। इस आपदा में अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार देर रात पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात के साथ प्रभावित गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ, नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा चलाए जा रहे बचाव अभियानों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक 46 शवों की पहचान हो चुकी है जिन्हें कानूनी औपचारिकताओं के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, करीब 75 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अचानक आई बाढ़ में सैकड़ों लोग बह गए होंगे और कई मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

मृतकों में सीआईएसएफ के दो जवान और स्थानीय पुलिस का एक विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) भी शामिल है।

14 अगस्त को फटा था बादल

यह आपदा 14 अगस्त दोपहर करीब 12:25 बजे मचैल माता यात्रा मार्ग पर स्थित आखिरी गांव चिशौती में आई। बाढ़ और मलबे की चपेट में एक अस्थायी बाजार, सामुदायिक लंगर, सुरक्षा चौकी और आसपास की बस्तियां आ गईं।

प्रशासन के मुताबिक, कम से कम 16 घर, कई सरकारी इमारतें, तीन मंदिर, चार पनचक्की, 30 मीटर लंबा पुल और एक दर्जन से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

**************************

 

देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नोएडा/नीमच/मुरादाबाद 16  Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को लेकर देशभर के मंदिरों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नोएडा के इस्कॉन मंदिर में इस बार करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।

मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, जबकि नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस भारी संख्या में तैनात रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

देशभर के कृष्ण मंदिरों में भक्ति और सौंदर्य का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। आकर्षक लाइटिंग, रंग-बिरंगे फूलों और झूमरों से मंदिरों की रौनक बढ़ गई है। वहीं, मध्य प्रदेश के नीमच के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर और बिचला गोपाल मंदिर में भी तैयारियां चरम पर हैं।

बिचला गोपाल मंदिर के पुजारी पंडित ललित कुमार शर्मा ने बताया कि 200 वर्ष पुराने इस मंदिर में बृज विहार की झांकी सजाई जा रही है। भगवान श्री गोपाल का अलौकिक श्रृंगार होगा, शाम 7 बजे काल संध्या आरती और रात 12 बजे जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। माखन-मिश्री और पंजरी का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर को लाइटों और फूलों से सजाया गया है।

इसी तरह, सांवरिया सेठ मंदिर के पुजारी पंडित राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि जन्माष्टमी पर सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान का अभिषेक होगा। मंदिर को फूलों से सजाया गया है। महिला मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा और रात 12 बजे जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में भी जन्माष्टमी का उत्साह चरम पर है। बाजारों में लोग भगवान श्रीकृष्ण की पोशाकें, बांसुरी, मोरपंख और फूल खरीदने में व्यस्त हैं। माता-पिता अपने बच्चों को छोटे कान्हा के रूप में सजाने के लिए विशेष पोशाकें खरीद रहे हैं। बाजारों में कान्हा की सवारी की झलक भी देखने को मिल रही है।

मंदिरों को लाइटों और फूलों से सजाया गया है, जहां भक्त दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। मुरादाबाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। जन्माष्टमी का यह पर्व भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अनूठा संगम लेकर आया है। मंदिरों में भजन-कीर्तन, झांकियां और विशेष आयोजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version