मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार

गाजियाबाद 22 Dec, (एजेंसी): गाजियाबाद की स्वाट टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोकशी के वांछित तस्कर के साथ बीती देर रात पुलिस की मुठभेड़ हुई है। गोली लगने घायन एक वांछित को गिरफ्तार कर लिया गया। स्वाट टीम ग्रामीण एवं थाना मुरादनगर पुलिस द्वारा गोकशी में वांछित अपराधियो से हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल/गिरफ्तार हुआ है। अभियुक्त से घटना में प्रयुक्त बाइक , छुरा रस्सी आदि बरामद हुआ है।

थाना मुरादनगर पुलिस द्वारा कनौजा से सदरपुर रोड के पास वाले रास्ते पर बाइक सवार गौ तस्करों को रोकने का प्रयास किया गया। जब ये बदमाश नहीं रुके और पुलिस पर फायर करने लगे तो पुलिस की जवाबी करवाई में इरफान पुत्र असगर निबासी नाहल थाना मसूरी गाजियाबाद को पैर मे गोली लगने से घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया बदमाश थाना मुरादनगर से गोकशी के अभियोग में वांछित चल रहा था। इसके अन्य 2 साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त पर करीब 1 दर्जन से अधिक गोकशी/चोरी/ गैंगस्टर एक्ट/ शस्त्र अधिनियम आदि के अभियोग पंजीकृत हैं।

*****************************

 

समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल मनाएगी चौधरी चरण सिंह की जयंती

लखनऊ 22 Dec, (एजेंसी): राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) और समाजवादी पार्टी द्वारा शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई जाएगी। समाजवादी पार्टी (सपा) चरण सिंह की 118वीं जयंती को ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस खास मौके पर पार्टी के सभी जिला कार्यालयों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान और उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लिया जाएगा।

पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि, “चौधरी चरण सिंह गांधीवादी सोच वाले नेता थे। उनकी प्राथमिकताएं गांव और गरीब थे। केंद्रीय वित्त मंत्री के तौर पर उन्होंने बजट का 70 फीसदी गांव और खेती के लिए रखा था।”

आरएलडी प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि, “दिवंगत नेता की विचारधारा से लोगों को अवगत कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ता गांवों में चौपाल और गोष्ठी आयोजित करेंगे। पार्टी कार्यकतार्ओं द्वारा 23 दिसंबर से 29 दिसंबर तक समारोह आयोजित किए जाएंगे।”

उन्होंने कहा, “23 दिसंबर को विधानसभा भवन में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद चौधरी चरण सिंह के व्यक्तित्व और कार्यों पर एक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस दौरान रालोद राजस्थान के भरतपुर जिले में किसानों की एक बैठक भी आयोजित करेगी।”

*************************************

 

यूपी में पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य

लखनऊ 22 Dec, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश शहरी विकास विभाग ने एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी की है, जिससे संबंधित नगर निगम के साथ एक पालतू जानवर के रूप में विदेशी कुत्ते की नस्ल को ‘पंजीकृत’ करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए संबंधित नगर निगम द्वारा हर जिले में एबीसी (पशु जन्म नियंत्रण) केंद्र खोले जाएंगे।

यह ‘एनिमल बर्थ कंट्रोल डॉग्स रूल्स ऑफ 2001’ शीर्षक वाले सरकारी आदेश और शहरों में कुत्तों के काटने के मामलों में हालिया वृद्धि के मद्देनजर है।

प्रमुख सचिव शहरी विकास अमृत अभिजात ने बताया कि, “एसओपी के तहत पंजीकृत होने के बाद मालिकों को विभाग की ओर से टीकाकरण का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।”

हालांकि देसी नस्ल के निराश्रित कुत्तों को अपनाने का विकल्प चुनने वाले लोग अपने पालतू जानवरों के लिए पहला टीकाकरण मुफ्त में करा सकेंगे। यह देश में आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए 2015 के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार है।

उनका कहना है कि, “कई कुत्ते के मालिक अपने कुत्तों का टीकाकरण नहीं कराते हैं। इसलिए, कुत्ते के काटने के मामले में, लोगों को रेबीज के अनुबंध की संभावना होती है। इसलिए, निवासियों की सुरक्षा के लिए, ये एसओपी बहुत महत्वपूर्ण हैं।”

******************************

 

इलाहाबाद हाईकोर्ट से स्वामी चिन्मयानंद को अंतरिम अग्रिम जमानत

प्रयागराज 22 Dec, (एजेंसी): इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद को बलात्कार के एक मामले में अगली सुनवाई तक के लिए अंतरिम अग्रिम जमानत दे दी है। कोर्ट ने मामले में सुनवाई की अगली तारीख 6 फरवरी, 2023 तय की है। चिन्मयानंद पर कॉलेज छात्रा से बलात्कार करने का आरोप लगाया गया है।

हाई कोर्ट ने पीड़िता और उत्तर प्रदेश सरकार को इस मामले में चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।

न्यायमूर्ति समित गोपाल ने चिन्मयानंद के वकील को सुनने के बाद आदेश सुनाया।

इस याचिका से पहले भी कोर्ट ने रिट कार्यवाही में याचिकाकर्ता की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।

अतिरिक्त महाधिवक्ता एम.सी. चतुवेर्दी और अतिरिक्त सरकारी अधिवक्ता ए.के. सांड ने राज्य सरकार की ओर से जमानत अर्जी का विरोध किया।

चिन्मयानंद पर 2011 में अपने आश्रम में बंधक बनाकर एक कॉलेज छात्रा के साथ कथित रूप से बलात्कार करने का आरोप था।

राज्य सरकार ने 9 मार्च, 2018 को एक आदेश जारी कर चिन्मयानंद के खिलाफ दर्ज कदाचार के मामले को वापस ले लिया था। लेकिन अदालत ने सरकार की कार्रवाई को अवैध करार दिया।

**************************************

 

कोविड: बिहार सरकार का भीड़-भाड़ वाली जगहों पर रैंडम टेस्ट का आदेश

पटना 22 Dec, (एजेंसी): केंद्र की सलाह के अनुरूप बिहार के हवाईअड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर औचक कोविड जांच की जाएगी। राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बुधवार की रात इस संबंध में आईजीआईएमएस और विश्व स्वास्थ्य संगठन के सूक्ष्म जीव विज्ञान के डॉक्टरों समेत वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए परीक्षण करने का निर्देश दिया कि रोगियों में कोई नया कोविड-19 संस्करण सामने नहीं आया है।

राज्य में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए मॉल, शॉपिंग सेंटर और सिनेमा हॉल अधिकारियों को एक एडवाइजरी भी जारी की गई है। अधिकारियों को हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर रैपिड एंटीजन टेस्ट करने और संदिग्ध मामलों को आरटी पीसीआर टेस्ट और जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए अस्पतालों में भेजने के लिए कहा गया है।

इस बीच उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जो स्वास्थ्य मंत्री भी हैं, ने कहा कि बिहार सरकार कोविड-19 मामलों से निपटने के लिए तैयार है।

तेजस्वी ने कहा,हमारे स्वास्थ्य अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं और सभी अस्पतालों को आवश्यक उपाय करने के लिए कहा गया है। बिहार देश का एकमात्र राज्य है जिसने कोरोना के परीक्षण को नहीं रोका है। हम परीक्षण कर रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट पर डेटा अपलोड कर रहे हैं।

***************************

 

छात्रा का अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, छात्रा ने दे दी थी जान

गाजियाबाद 22 Dec, (Rns): गाजियाबाद के खोड़ा में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर 12वीं की छात्रा के खुदकुशी करने के मामले में मुख्य आरोपी इरफान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

इरफान पर आरोप है कि उसने पहले छात्रा से दोस्ती की, फिर अश्लील वीडियो बनाई और दोस्तों में बांट दी। इससे आहत छात्रा ने सोमवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।

18 वर्षीय छात्रा दिल्ली के कल्याणपुरी में 12वीं में पढ़ती थी। मां-बाप नोएडा की एक कंपनी में जॉब करते हैं। सोमवार को वे ड्यूटी पर गए थे। उनके पीछे छात्रा ने पंखे से फांसी पर लटककर जान दे दी।

इस मामले में पड़ोस में रहने वाले इरफान के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ। छात्रा के पिता के मुताबिक आरोपी इरफान का उनके घर आना-जाना था।

इस दौरान इरफान ने उनकी बेटी से दोस्ती कर ली। कुछ दिन बाद आरोपी ने बेटी के साथ अश्लील फोटो-वीडियो बना ली। कुछ दिनों से इरफान इस बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था। इसके बाद आरोपी ने अश्लील वीडियो वायरल कर दी।

न तो आरोपी के पिता ने कोई एक्शन लिया और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई की। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा फांसी के फंदे पर झूल गई। इस मामले में मुख्य आरोपी इरफान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

******************************

 

बीएसएफ ने पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया

नई दिल्ली 22 Dec, (एजेंसी): सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तान की नापाक साजिश को एक बार फिर विफल कर दिया है। बीएसएफ जवानों ने पंजाब के फिरोजपुर की भारत-पाकिस्तान सीमा पर भारतीय क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को मार गिराया है। बीएसएफ की तरफ से ये जानकारी दी गई है। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को रात 8 बजे बीएसएफ के जवानों ने फिरोजपुर सेक्टर के बीओपी हरभजन के पास भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से आते एक ड्रोन की आवाज सुनी। घुसपैठ को विफल करने के प्रयास में बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।

गोलीबारी के बाद पूरी घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और इसके बाद आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गुरुवार सुबह 8 बजे गोलीबारी में नीचे गिरे एक ड्रोन को खेत से बरामद किया गया।

पूरी कार्यवाही को बीएसएफ की 101 सीमांत बटालियन ने अंजाम दिया। फिलहाल आसपास के इलाकों में अभी भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ड्रोन से लाए गए किसी भी संदिग्ध सामग्री को बरामद किया जा सके।

****************************

 

किसी भी देश के समन्वित विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण माध्यम शिक्षा है : सीएम

सीएम धामी ने किया हरियाणा के गुरुग्राम में एस.जी.टी विश्वविद्यालय, बुधेरा में ”राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 से राष्ट्र निर्माण विषय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया

देहरादून ,21 दिसंबर(एजेंसी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरियाणा के गुरुग्राम में एस.जी.टी विश्वविद्यालय, बुधेरा में ”राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 से राष्ट्र निर्माण विषय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि  इस विश्वविद्यालय की स्थापना गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज के नाम पर हुई। विश्वविद्यालय ने शिक्षा जगत में किए गए अपने कार्यों द्वारा अपने इस नाम को चरितार्थ किया है। गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज जहां एक ओर महान योद्धा थे वहीं दूसरी ओर वे अद्वितीय लेखक, विचारक और विश्व में आध्यात्मिक चेतना का पुनर्जागरण करने वाले विराट व्यक्तित्व भी थे।

शौर्य, समर्पण और बलिदान से परिपूर्ण उनका जीवन न केवल भारतवासियों के लिए प्रेरणापुंज है बल्कि समस्त विश्व के लिए एक पाथेय का कार्य भी करता है। वे शिक्षा के प्रचार-प्रसार को विशेष महत्व दिया करते थे। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के समन्वित विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण माध्यम शिक्षा है। शिक्षा से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और दिशा निर्देशन में तैयार की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में मनुष्य से मानवता तक और अतीत से आधुनिकता तक सभी बिंदुओं का समावेश है। नई शिक्षा नीति समय की मांग थी।  उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में नए भारत के निर्माण और सामर्थ्य को सार्थक करने में यह शिक्षा नीति अपनी प्रभावी भूमिका का निर्वहन करने में सफल होगी। नई शिक्षा नीति में मातृभाषा और क्षेत्रीय भाषाओं के प्रयोग पर विशेष बल दिया गया है।

यह कदम जहां एक ओर देश के सर्वांगीण विकास हेतु सहायक सिद्ध होगा वहीं देश को एकता के एक सूत्र में पिरोने का कार्य भी करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कौशल विकास अभियान के तहत ÓÓयुवा भारत-नया भारतÓÓ से युवाओं को प्रोत्साहन मिला है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु इस शिक्षा नीति में जो विशेष प्राविधान किए गए हैं वे “आत्मनिर्भर” भारत के लिए नींव का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शिक्षित और संस्कारी समाज के निर्माण में शिक्षकों की विशेष भूमिका रहती है। नई शिक्षा नीति के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सभी शिक्षकों को पूरे मनोयोग से कार्य करने होंगे। यह महान कार्य तभी पूर्ण होगा जब नई शिक्षा नीति पूर्ण रूप से पूरे देश में लागू हो जाएगी। शिक्षा नीति को लागू करने के इस अभियान में हमारे शिक्षक पूर्ण उत्साह से  कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का प्रथम राज्य है जिसने स्कूली शिक्षा एवं उच्च शिक्षा दोनों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2022 को लागू किया है।
इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, एसजीटी विश्वविद्यालय के चांसलर राम बहादुर राय, कुलपति प्रो.ओ.पी.कालरा, मधुप्रीत कौर चावला, मनमोहन सिंह चावला, विश्वविद्यालय के अध्यापक एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

****************************

 

मौसम विभाग : प्रदेश में 25 दिसंबर से होगा मौसम में बदलाव

देहरादून ,21 दिसंबर(एजेंसी)। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में 25 दिसंबर से मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से बुधवार सुबह जारी पुर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में 25 दिसंबर को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

खासकर राज्य के 3000 से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी इलाकों में अगले दो दिन कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में घने कोहरे को लेकर दो दिन येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का अंदेशा है। तीन सप्ताह बीतने को है लेकिन इसके बाद भी दिसंबर में बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होने की वजह से यह स्थिति बनी है।

निदेशक डॉक्टर बिक्रम सिंह के मुताबिक फिलहाल जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों और अफगानिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। 25 के बाद पहाड़ी इलाकों खासकर उत्तरकाशी, चमोली में इसके सक्रिय होने और 3500 मीटर तक की ऊंचाई में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।

******************************

 

एटा फर्जी एनकाउंटर में 16 साल बाद आया फैसला, पांच को उम्रकैद, चार पुलिसकर्मियों को 5-5 साल की सजा

गाजियाबाद 21 Dec, (एजेंसी): गाजियाबाद की सीबीआई कोर्ट ने एटा में साल-2006 में हुए फर्जी एनकाउंटर में 9 पुलिसवालों को दोषी करार दिया है। विशेष न्यायाधीश परवेंद्र कुमार शर्मा की कोर्ट ने तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसवालों को उम्रकैद और 4 पुलिसवालों को 5-5 साल कैद की सजा सुनाई है। फैसला करीब 16 साल बाद आया है। इसके बाद सभी दोषियों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। कोर्ट ने 5 पुलिसकर्मियों पवन सिंह, श्रीपाल ठेनुआ, सरनाम सिंह, राजेंद्र प्रसाद और मोहकम सिंह को हत्या और साक्ष्य छुपाने का दोषी करार दिया है। इनको आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 33-33 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

इसके अलावा सिपाही बलदेव प्रसाद, अवधेश रावत, अजय कुमार और सुमेर सिंह को साक्ष्य मिटाने और कॉमन इंटेंशन का दोषी करार दिया है। इनको पांच-पांच साल कैद की सजा और 11-11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। इस एनकाउंटर में शामिल रहे 10वें पुलिसकर्मी सब इंस्पेक्टर अजंट सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है।

गौरतलब है की एटा के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में 18 अगस्त 2006 को एक एनकाउंटर पुलिस ने किया था। इसमें राजाराम नामक एक व्यक्ति मारा गया। पुलिस के मुताबिक, ये डकैत था और कई घटनाओं में शामिल रहा था। पुलिस ने उस वक्त दावा किया था कि राजाराम उस रात को भी डकैती की वारदात करने के लिए जा रहा था। राजाराम पेशे से बढ़ई (फर्नीचर कारीगर) था। वो पुलिसवालों के घर भी काम करता था। एनकाउंटर में मारने के बाद पुलिसवालों ने उसकी लाश अज्ञात में दिखाई। राजाराम पर एक भी केस दर्ज नहीं था, लेकिन पुलिस ने उसको डकैत बताकर मार दिया था। जिस सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में ये एनकाउंटर हुआ था, ये थाना आज कासगंज जिले में आता है।

मृतक राजाराम की पत्नी संतोष कुमारी इस केस को हाईकोर्ट में ले गईं। उन्होंने कोर्ट को बताया कि 18 अगस्त 2006 को बहन राजेश्वरी की तबीयत खराब हो गई थी। पूरा परिवार राजेश्वरी को लेकर गांव पहलोई में डॉक्टर के पास जा रहा था। दोपहर के तीन बजे पहलोई और ताईपुर गांव के बीच ईंट भट्ठे के पास सिढ़पुरा थाने के थानाध्यक्ष पवन सिंह, सब इंस्पेक्टर श्रीपाल ठेनुआ, अजंत सिंह, कॉन्स्टेबल सरनाम सिंह, राजेंद्र कुमार आदि अपनी जीप से पहुंचे। पूरे परिवार को रोक लिया। इसके बाद वे परिवार की आंखों के सामने राजाराम को अपनी जीप में डालकर ले गए। इसके बाद पूरा परिवार जब सिढ़पुरा थाने पर पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने कहा कि राजाराम से एक केस के सिलसिले में पूछताछ करनी है। अगली सुबह उसे छोड़ दिया जाएगा। अगली सुबह जब राजाराम की पत्नी संतोष कुमारी फिर से थाने पर गई तो पुलिस ने बताया कि उसको पहले ही यहां से घर भेजा जा चुका है। जबकि राजाराम घर नहीं पहुंचा था। 20 अगस्त 2006 को संतोष कुमारी को जानकारी हुई कि गांव सुनहरा के पास पुलिस ने एक एनकाउंटर किया है। अखबारों में मृतक की जो तस्वीर छपी, वो राजाराम की थी। इसके बाद से उसकी पत्नी लगातार केस लड़ती रही।

*************************************

 

पैन कार्ड होल्डर्स को लग सकता 10 हजार का जुर्माना, बड़ी कार्रवाई की तैयारी में आईटी विभाग

नई दिल्ली ,21 दिसंबर(आरएनएस)। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट विभाग फिर एक बार सक्रिय हो गया है। विभाग ने बताया है कि पैन कार्ड होल्डर्स के 1 अप्रैल से फिर लोगों के पैन कार्ड बंद कर देगा। यानि आपको अपना पैन कार्ड 31 मार्च तक आधार कार्ड के साथ लिंक कराना होगा। अगर आप पैन कार्ड आधार कार्ड से लिंक नहीं करवाते तो आपको 10 रुपए तक का जुर्माना लग सकता हैं।

आप 1000 का चालान जमा कर पैन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करा सकते हैं। आपको बता दें सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज 30 जून, 2022 के बाद से लेट फीस वसूल रहा है। आयकर विभाग ने बताया है कि जो लोग आयकर अधिनियम, 1961 के मुताबिक छूट की श्रेणी में नहीं आते हैं, उनके पैन कार्ड 1 अप्रैल से निष्क्रिय हो जाएंगे।

अगर आपका पैन कार्ड इनएक्टिव हो जाता है तो आप म्युचुअल फंड या स्टॉक अकाउंट के लिए इसका इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। इसके अलावा भी यदि आप इस कार्ड का इस्तेमाल कहीं दस्तावेज के रूप में करेंगे, तो आप पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लग सकता है। आपको बता दें इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आयकर अधिनियम 1961 की धारा 272बी के तहत आप से 10 हजार रुपए वसूल सकता है।

***********************************

 

कंटेनर की चपेट में आने से स्कूटर सवार दो युवकों की मौत

विकासनगर ,21 दिसंबर(एजेंसी)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शिमला बाइपास पर बीती रात कंटेनर की चपेट में आने से स्कूटर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक कंटेनर समेत फरार हो गया। दुर्घटना के मामले में मृतकों के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात एक स्कूटर धर्मावाला से पांवटा साहिब की ओर जा रहा था। शिमला बाईपास पर कुल्हाल धर्मकांटा के पास पांवटा साहिब की ओर से आ रहे एक कंटेनर ने स्कूटर को टक्कर मार दी। इससे स्कूटर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कुल्हाल चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी दोनों युवकों को उप जिला चिकित्सालय विकासनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान अमनिंदर सिंह (32 वर्ष) पुत्र करनैल सिंह और कमलजीत सिंह (38 वर्ष) पुत्र गुरमेल सिंह निवासीगण शिवा कालोनी पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी रखवाया, जहां से बुधवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

मृतक के परिजनों ने बताया कि दोनों किसी काम से धर्मावाला गए थे, जो देर रात वापस लौट रहे थे। चौकी प्रभारी कुल्हाल दीन दयाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक समेत कंटेनर की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। सेलाकुई, देहरादून, सहारनपुर तक तलाश की जा रही है।

*******************************

 

कोविड के देशों में बढ़ रहे मामलों को लेकर भारत सरकार अलर्ट, दिए निर्देश

नई दिल्ली ,21 दिसंबर(एजेंसी)। स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मंडाविया ने कोविड-19 के बढ़ रहे चीन में मामलों पर बैठक की। जिसमें उन्होंने दुनिया भर में कोविड के बढ़ रहे केसों पर कोविड-19 स्थिति और निगरानी, नियंत्रण प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की तैयारियों की समीक्षा की। भारत सरकार भी कोविड के बढ़ रहे केसों को लेकर एक्टिव हो गई है। डा. मंडाविया द्वारा एक बड़ा भारत को लेकर निर्णय लिया गया। सूत्रों की जानकारी के साथ विदेश से आने वाले यात्रियों की रेंडम सेंपलिंग के आदेश दिए गए।

भारत सरकार ने कहा कि राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी गई है कि वे सभी कोविड-19 पॉजीटिव मामलों के नमूने इनसाकोग प्रयोगशालाओं में भेजें ताकि नए वेरिएंट की ट्रैकिंग की सुविधा मिल सके। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है। मैंने सभी संबंधितों को सतर्क रहने और निगरानी मजबूत करने का निर्देश दे दिए है। मैं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की कोविड पर बैठक के बाद नीति आयोग के सदस्य-स्वास्थ्य डा. वीके पॉल ने कहा कि अगर आप भीड़भाड़ वाली जगह, घर के अंदर या बाहर हैं तो मास्क का इस्तेमाल करें। यह कॉमरेडिटी वाले या अधिक आयु वाले लोगों के लिए और भी महत्वपूर्ण है।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग, औषधि विभाग, जैव प्रौद्योगिकी विभाग और आयुष विभाग के सचिवों के अलावा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक राजीव बहल, पॉल और राष्ट्रीय टीकाकरण तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) के अध्यक्ष डॉ एन के अरोड़ा भी शामिल हुए। जापान, अमेरिका, कोरिया गणराज्य, ब्राजील और चीन में मामलों में वृद्धि के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आग्रह किया कि वे कोविड के संक्रमित नमूनों के पूरे जीनोम अनुक्रमण को उभरते स्वरूपों पर नजर रखने के लिए तैयार करें।

*****************************

 

छात्राओं को ले जा रही बस दुर्घटना का शिकार, 7 की मौत, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

इंफाल ,21 दिसंबर(एजेंसी)। मणिपुर के नोनी जिले में बुधवार को एक स्कूल बस के पलट जाने से कम से कम सात छात्राओं की मौत हो गई और 18 से अधिक घायल हो गए। कई की हालत गंभीर है। छात्राओं को ले जा रही बस जिले के लोंगसाई इलाके के पास ओल्ड कछार रोड पर मोड़ के पास अचानक पलट गई, जिसमें कम से कम पांच छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां दो छात्राओं ने दम तोड़ दिया।

मरने वालों की संख्या बढऩे की संभावना है क्योंकि कई छात्राओं की हालत गंभीर है। दुर्घटनास्थल इंफाल से करीब 55 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने कहा कि थम्बलनू हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे दो बसों में नोनी जिले के खौपुम के वार्षिक स्कूल अध्ययन दौरे पर गए थे। जिस बस में छात्राएं सवार थीं, वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, आज ओल्ड कछार रोड पर स्कूली बच्चों को ले जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। बचाव अभियान में समन्वय के लिए एसडीआरएफ, मेडिकल टीम और विधायक घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बस में सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।

*******************************

 

चीन में तबाही मचा रहे कोरोना वैरिएंट के 3 मामले भारत में मिलने से हड़कंप, सरकार अलर्ट

नई दिल्ली ,21 दिसंबर(एजेंसी)। चीन में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के लिए जिम्मेदार कोरोना वायरस के ओमिक्रोन उपस्वरूप बीएफ.7 के तीन मामले भारत में भी सामने आए हैं। आपको बता दें कि यह वही वैरिएंट है, जो चीन में तबाही मचा रहा है। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

अधिकारियों ने बताया कि गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र ने भारत में बीएफ.7 के पहले मामले का पता लगाया था। उन्होंने कहा कि अब तक गुजरात से दो मामले सामने आए हैं, जबकि ओडिशा से एक मामला सामने आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कोविड समीक्षा बैठक में विशेषज्ञों ने कहा कि हालांकि अभी तक कोविड मामलों की संख्या में समग्र वृद्धि नहीं हुई है, लेकिन मौजूदा और उभरते स्वरूपों पर नजऱ रखने के लिए निरंतर निगरानी की आवश्यकता है।

यहां आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चीन के विभिन्न शहर वर्तमान में कोविड के अत्यधिक संक्रामक स्वरूप ओमिक्रोन, ज्यादातर बीएफ.7, की चपेट में हैं, जो बीजिंग में फैलने वाला मुख्य स्वरूप है। इसी के कारण चीन में कोविड संक्रमण के मामलों में व्यापक उछाल आया है।
बीएफ.7 ओमीक्रोन के स्वरूप बीए.5 का उपस्वरूप है और इसमें संक्रमण की व्यापक क्षमता होती है तथा इसकी इनक्यूबेशन अवधि कम होती है और इसमें पुन: संक्रमण पैदा करने या उन लोगों को भी संक्रमित करने की उच्च क्षमता होती है, जिन्हें टीका लगाया जा चुका है। यह अमेरिका, ब्रिटेन और बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस और डेनमार्क जैसे यूरोपीय देशों सहित कई देशों में पहले ही पाया जा चुका है।

*********************************

 

प्यार की खातिर लड़की बनी किन्नर को प्रेमी ने दिया धोखा, सड़क पर कपड़े उतार जमकर किया हंगामा

हरिद्वार ,21 दिसंबर(एजेंसी)। कहते हैं प्यार का कोई जेंडर नहीं होता। अब उत्तराखंड में ही देख लें। यहां किन्नर को एक युवक से प्यार हो गया। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। बात जब शादी की आई तो युवक ने कहा कि वह शादी तो किसी लड़की से ही करेगा। तब किन्नर ने ऑपरेशन करवा लिया और लड़की बन गया। हालांकि जिस युवक के लिए उसने यह सब किया, उसने बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।

घटना हरिद्वार के लक्सर की है। जहां बीती रात करीब दस बजे एक किन्नर ने पूरी तरह निर्वस्त्र होने के बाद शहर के बालावाली तिराहे पर जमकर हंगामा किया। किन्नर ने वहां से बाइक पर गुजर रहे एक युवक को पकड़ लिया और उससे शादी करने के लिए कहने लगा। किन्नर ने प्रेमी को पाने के लिए सड़क पर कपड़े उतार कर जमकर हंगामा किया।

किन्नर ने कहा कि युवक उसके साथ लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहा है। युवक ने शादी का वादा किया था। जिसके चलते किन्नर ने ऑपरेशन से खुद को लड़की बनवाया, लेकिन अब युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। किन्नर बाइक पर सवार युवक को पकड़ कर शादी करने की मांग कर रहा था। बाद में युवक किसी तरह उससे बचकर वहां से भाग गया। करीब 40 मिनट तक रोड पर हंगामा चलता रहा। बाद में किन्नर भी निराश होकर वहां से लौट गया।

लक्सर पुलिस ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस वहां पर पहुंची थी, लेकिन तब तक दोनों पक्ष मौके से जा चुके थे। इस मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं की गई है। शिकायत मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

******************************

 

यूके र्तिपल मर्डर : शव लौटाने में मदद करेगा भारतीय दूतावास, दोस्तों ने जुटाए 30 लाख रुपये

तिरुवनंतपुरम ,21 दिसंबर(आरएनएस)।  ब्रिटेन में भारतीय दूतावास ने केरल की एक नर्स और उसके दो बच्चों के शवों को भारत वापस भेजने का फैसला किया है। महिला और उसके बच्चों को उसके पति ने बेरहमी से मार डाला था।

केरल में मृत महिला के परिवार ने शवों को घर वापस लाने के लिए 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मांगी थी। यूके के नॉर्थम्पटनशायर के एक शहर केटरिंग में मलयाली समुदाय, जहां क्रूर घटना हुई थी, ने दो दिनों के भीतर राशि जुटाई। साथ ही कोच्चि के पास वैकोम की रहने वाली नर्स के परिवार से वादा किया कि केंद्र हर संभव मदद करेगा। और, अब खबर आई है कि लंदन में भारतीय दूतावास शवों को ले जाने का खर्च उठाएगा।

इसकी खबर सुनकर जिस मलयाली समुदाय ने पैसा इक_ा किया था, उसने पीडि़त परिवार को यह राशि सौंपने का फैसला किया है। यह भयानक घटना गुरुवार (15 दिसंबर) को यूके के नॉर्थम्पटनशायर के एक शहर केटरिंग में हुई।

आरोपी साजू पुलिस हिरासत में है और उसने तीनों की गला दबाकर हत्या करने का अपराध कबूल किया है। साजू अपने 6 वर्षीय बेटे और 4 वर्षीय बेटी के साथ हाल ही में यूके में अपनी पत्नी के साथ गए थे। उनकी पत्नी पिछले एक साल से ब्रिटेन के एक अस्पताल में कार्यरत थीं। पेशे से ड्राइवर साजू नौकरी न मिलने से हताश था। दंपति का आर्थिक मुद्दों पर झगड़ा होता था, जो गुरुवार को काफी बढ़ गया और उसने तीनों की हत्या कर दी।

******************************

 

सिर्फ 4 दिनों में शूट हुई फीचर फिल्म ‘रुद्र–द पावर’ का ट्रेलर जारी

12.12.2022 – ड्रीम क्रिएट फिल्म प्रोडक्शन और ए-24 प्रोडक्शन के संयुक्त तत्वाधान में निर्मित फिल्म ‘रुद्र-द पावर’ का ट्रेलर पिछले दिनों अंधेरी(वेस्ट),मुम्बई स्थित इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के प्रेक्षागृह में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रसिद्ध कॉमेडियन सुनील पाल की उपस्थिति में जारी किया गया।

यह फिल्म डांसबार की और डांसबार की लड़कियों के संघर्ष व चुनौतियों की दास्तान बयां करती इस फिल्म के निर्माता एम. शेखर, लेखक व निर्देशक मनोज कुवर, क्रिएटर व पटकथा लेखक अभिजीत, डीओपी मंदार लोनकर है, एडिटर स्वप्निल जाधव और एक्शन डायरेक्टर जावेद शेख हैं। इस फिल्म को विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा।

इस फिल्म को सिर्फ 4 दिनों में शूट किया गया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए बनी और सब से तेज शूट होनेवाली वाली पहली फीचर फिल्म है। यह फिल्म लिम्काबुक ऑफ रिकॉर्ड्स और गिनीजबुक ऑफ वर्ल्डरिकॉर्ड्स और इंडियाबुक ऑफ रिकॉर्ड्स के लिए प्रस्तुत किया गया है क्यों कि यह उक्तराष्ट्रीय और विश्व रिकॉर्ड द्वारा अनुमोदित होने पर ‘सबसे तेज शॉट भारतीय वेब फिल्म’ की श्रेणी में अर्हता प्राप्त करेगा।

इस फिल्म के मुख्य कलाकार एम. शेखर, अनिकेत केळकर, ऐश्वर्या शेंडे, देवेंद्र राजगुरु विनायक सपकाळे, विनायक गुरव, के. श्रेया, मनोज कुंवर, बी. स्वाति, नितिन बोधरे, मंगेश कांगणे , ऐश्वर्या सुर्वे, सनी पिल्ले और हेमंत पेंडसे, संजय विचारे, शिखा और परी आदि हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

******************************

 

‘डेढ़ लाख का दूल्हा’ 30 दिसंबर को देशभर में होगी रिलीज 

22.12.2022 – एपीएस पिक्चर और के के फिल्म्स क्रिएशन की नवीनतम संयुक्त प्रस्तुति हिंदी फिल्म ‘डेढ़ लाख का दूल्हा’ 30 दिसंबर को देश भर के 352 सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इस आशय की जानकारी इस फिल्म के प्रोड्यूसर जया छेड़ा और ‘चिड़ियाघर’ ‘लापतागंज’ जैसे लोकप्रिय 22 से अधिक टीवी सीरियल कर चुके अभिनेता सह निर्देशक अभय प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से पिछले दिनों पटना (बिहार) में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।

ध्रुव छेड़ा, अखिलेंद्र मिश्रा, हर्षिता पंवार, इश्तियाक ख़ान और एहसान खान के अभिनय से सजी इस फिल्म के निर्देशक व गीतकार अभय प्रताप सिंह और संगीतकार सहजाह्न शेख (सागर) हैं। इस फिल्म में अभय प्रताप सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

बकौल निर्देशक अभय प्रताप सिंह ‘डेढ़ लाख का दूल्हा’ एक शानदार ड्रामा कॉमेडी फिल्म है। यह फिल्म दर्शकों को गुदगुदाएगी और एक सार्थक संदेश भी देकर देगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आप एकांत पसन्द नहीं करने वाले हैं, अधिकतर समय घर परिवार व संबंधियों के साथ व्यतीत होगा। जिससे आपसी संबंधों में और अधिक नजदीकियां आएंगी। इस समय ग्रह स्थिति कुछ लाभदायक परिस्थितियों का निर्माण कर रही है, इसलिए समय का भरपूर सदुपयोग करें। स्वाथ्य सुधार होगा लेकिन हल्की थकान महसूस कर सकते है।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज रचनात्मक कार्यों तथा पठन-पाठन में विशेष रूचि रहेगी। ताजगी का अनुभव होता रहेगा । चल रही किसी पुरानी समस्या का हल मिलने से बहुत अधिक सुकून महसूस करेंगे। परिवार के बड़े बुजुर्गों के प्रति सेवा भाव रखें तथा उनके मार्ग दर्शन को अपने जीवन में जरूर अपनाएं। आध्यात्मिक रूचि और बढेगी।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज धन प्राप्ति के योग प्रबल हैं। कोई शुभ सूचना प्राप्त होगी। इसलिए मीडिया तथा संपर्क सूत्रों संबंधी गतिविधियों में अपना ध्यान विशेष रूप से केंद्रित रखें। धार्मिक तथा आध्यात्मिक क्षेत्र के प्रति भी आपका रुझान बना रहेगा। जिससे आप अपने आपको मानसिक रूप से बहुत अधिक स्वस्थ महसूस करेंगे। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज किसी भी फोन कॉल को नजरअंदाज ना करें, क्योंकि कोई महत्वपूर्ण सूचना मिल सकती है। मार्केटिंग व मीडिया से संबंधित कार्यों पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित रखें। ये गतिविधियां आपकी आर्थिक स्थिति के लिए भी बहुत अधिक लाभदायक साबित होंगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से सुधार होगा। मन शान्त रखें।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन पारिवारिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से शुभ दायक है। व्यक्तिगत कार्यों में सफलता मिलने से मानसिक शांति का अनुभव होगा। कठिन से कठिन कार्य को आप अपने दृढ़ निश्चय से पूरा करने की क्षमता रखेंगे। मित्र मण्डली का सहयोग मिलेगा । गलत का विरोध करने की ताकत बढ़ेगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज कुछ समय स्वयं के लिए भी व्यतीत करें। आत्म अवलोकन करने से आपको बहुत अधिक मानसिक शांति अनुभव होगी। तथा कई समस्याओं का समाधान भी मिलेगा। आर्थिक दृष्टि से आज का दिन आपके लिए उपलब्धियां ला रहा है। आध्यात्मिक कार्यों में और अधिक रूचि बनेगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आप जीवन को सकारात्मक नजरिए से समझने की कोशिश कर रहे हैं जो कि एक बेहतरीन उपलब्धि है। धर्म तथा आध्यात्मिकता के प्रति आपका विश्वास आपके अंदर शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा। चुस्त रहने से मन को खुशी मिलेगी और कार्यसिद्धि भी सकारात्मक रहेगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

घर में नवीनीकरण या परिवर्तन संबंधी कुछ महत्वपूर्ण योजनाएं बनेंगी। इसके लिए वास्तु संबंधी नियमों का पालन करना उचित रहेगा। परिवार में प्रॉपर्टी या अन्य किसी मुद्दे को लेकर जो गलतफहमी चल रही थी, आज वह किसी की मध्यस्थता से हल हो सकती है। आलस्य दूर करने के लिए प्रयासरत रहें।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज समय आपके साथ है इसलिए परिणाम भी सकारात्मक रहेगे। पिछले कुछ समय से चल रही समस्याओं का समाधान मिलने से घर का माहौल भी सकारात्मक हो जाएगा। तथा आपसी संबंधों में मजबूती आएगी। काफी समय से कोई रुकी हुई पेमेंट भी मिल सकती है। जिसकी वजह से आर्थिक स्थिति और अधिक बेहतर बनेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

कुछ परिवार संबंधी वाद-विवाद आज निपटने से घर में सुकून और शांति भरा वातावरण रहेगा। मन शान्त रहेगा जिससे आप अपनी व्यक्तिगत गतिविधियों पर और अधिक ध्यान केंद्रित कर पाएंगे। किसी नजदीकी मित्र का सहयोग भी आपके मनोबल व आत्मविश्वास को बनाकर रखेगा। समय अनुकूल रहेगा जिससे मन प्रफुल्लित होगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में आपका वर्चस्व बढ़ेगा। प्रतिष्ठा उच्च होगी। लाभदायक संपर्क सूत्र भी स्थापित होंगे। आज कई प्रकार की गतिविधियों में व्यस्तता बनी रहेगी जिससे थकान हो सकती है फिर भी आप थकान के बावजूद बहुत अधिक खुशी महसूस करेंगे। रोजगार के योग है। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आप ऊर्जा व आत्मविश्वास से युक्त रहेंगे। किसी भी मुश्किल काम को अपने परिश्रम द्वारा हल करने की क्षमता रखेंगे। घर में अविवाहित व्यक्ति के लिए कोई अच्छा रिश्ता आने से घर में उत्सव का सा माहौल रहेगा। स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। मनोरंजन के आसार बनेंगे।

**********************************

 

आखिरी सांस तक रहेंगे सपा में : शिवपाल

लखनऊ 21 Dec, (एजेंसी: समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने कहा है कि वह अपनी ‘आखिरी सांस’ तक सपा में बने रहेंगे- चाहे उन्हें पार्टी में कोई पद मिले या न मिले। शिवपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सौंपी गई छोटी या बड़ी कोई भी जिम्मेदारी वह निभाएंगे।

कयास लगाए जा रहे थे कि शिवपाल को नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है या पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है, लेकिन सपा नेतृत्व ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।

शिवपाल ने कहा, विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में अखिलेश अच्छा काम कर रहे हैं। सपा नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी संघर्ष करती रहेगी।

भाजपा सरकार अन्याय कर रही है। क्या झूठे मुकदमे दर्ज करना और किसी के घर को बुलडोजर से तोड़ना न्याय है? भाजपा सरकार झूठे मामलों में निर्दोष लोगों को जेल भेज रही है।

उन्होंने आगे कहा, समाजवादी पार्टी अन्याय का सामना कर रहे लोगों के लिए लड़ाई जारी रखेगी। हमारी सरकार बनने पर झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे।

****************************************

 

आप नेताओं ने अवैध धन उत्पन्न करने के लिए आबकारी नीति पेश की : ईडी चार्जशीट

नई दिल्ली 21 Dec, (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के संबंध में दायर आरोपपत्र में आरोप लगाया है कि आप नेताओं ने इसे अवैध धन उत्पन्न करने के लिए पेश किया था। पीएमएलए जांच से पता चला कि दिल्ली आबकारी नीति, 2021-22, आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं द्वारा बनाई गई एक युक्ति थी, जिनमें से कुछ अवैध धन उत्पन्न करने के लिए दिल्ली सरकार का हिस्सा हैं।”

ईडी ने यह भी आरोप लगाया है कि आप नेताओं को लाभ मार्जिन से रिश्वत के रूप में लगभग 6 प्रतिशत प्राप्त करने के लिए इसे बनाया गया था।

एजेंसी ने आगे आरोप लगाया कि, “नीति को जानबूझकर कमियों के साथ तैयार किया गया था, जिसमें अवैध गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के लिए ऐसा कार्य हुआ, इसे गहराई से देखने पर नीति निर्माताओं के इरादों को दर्शाता है।”

ईडी ने यह भी कहा कि, नीति ने कार्टेल संरचनाओं को बढ़ावा दिया, आप नेताओं की आपराधिक और राजनीतिक साजिश के कारण अन्य अवैध गतिविधियों को प्रोत्साहित किया।

चार्जशीट में कहा गया है, थोक विक्रेताओं को 12 फीसदी लाभ मार्जिन का एक हिस्सा (6 फीसदी) आप नेताओं को कमबैक के रूप में निकालने के लिए तैयार किया गया था।

घोटाले के संबंध में ईडी द्वारा दायर की गई यह पहली चार्जशीट है। यह व्यवसायी समीर महेंद्रू और उनकी चार फर्मों के खिलाफ दायर किया गया था। जांच एजेंसी ने अब तक पांच आरोपियों को नामजद किया है।

********************************

 

बिहार : रात को सड़कों पर निकले तेजस्वी, रैन बसेरों का लिया जायजा, फुटपाथ पर सो रहे लोगों को बांटा कंबल

पटना 21 Dec, (एजेंसी): बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मंगलवार की आधी रात अचानक राजधानी पटना की सड़कों पर निकल गए और रैन बसेरों में पहुंच कर जायजा लिया। इस दौरान ठंड की रात में सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे सो रहे लोगों से मुलाकात की और उन्हें कम्बल बांटे। तेजस्वी के साथ कई अधिकारी और तेजस्वी यादव की पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस बीच, तेजस्वी ने अधिकारियों को कई निर्देश भी दिए।

तेजस्वी अपने आवास से सीधे गांधी मैदान पहुंचे और वहां बनाए गए रैन बसेरा में जाकर लोगों से मुलाकात की फिर गांधी मैदान के चारों तरफ घूम कर लोगों को कंबल वितरित किया।

तेजस्वी यादव ने कंकड़बाग, राजेंद्र नगर सहित कई इलाकों में लोगों को कंबल वितरित किया।

कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए सरकार ने रैन बसेरों और नि:शुल्क अस्थायी आश्रय स्थलों के इंतजाम किए हैं।

उपमुख्यमंत्री इस दौरान सड़क के किनारे, पुल-फ्लाईओवर के नीचे कड़ाके के ठंड में सो रहे गरीबों को कंबल बांटे तथा उनसे मुलाकात कर अंक समस्याओं और अपेक्षाओं को जाना।

उपमुख्यमंत्री ने रैन बसेरों का लाभ पाने के लिए प्रक्रिया को एकदम सरल बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए तथा जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

तेजस्वी ने फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़े जगह में महिलाओं के लिए अलग नि:शुल्क अस्थाई स्थल बनाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।

उन्होंने रिक्शा, ठेलों अथवा अन्य वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता में इन आश्रय स्थलों का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, उनके लिए अलग से व्यवस्था करने तथा आश्रय स्थलों की लगातार संख्या बढ़ाई जा रही है।

********************************

 

उत्तर भारत में रेड अलर्ट, कई ट्रेनें निरस्त और उड़ानें भी डायवर्ट- पंजाब-हरियाणा में चलेगी शीतलहर

नई दिल्ली 21 Dec , (एजेंसी): उत्तर भारत में भीषण ठंड को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में लगातार तीसरे दिन बुधवार सुबह बी घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के चलते कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

वहीं कोहरे के कारण उडानों पर असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने बुधवार को सूचित किया कि चंडीगढ़, वाराणसी और लखनऊ में खराब मौसम के कारण उड़ानें डायवर्ट की जा रही हैं या वापस दिल्ली लौट रही हैं। डीआईएएल ने यह भी बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर दृश्यता सामान्य है और उड़ान संचालन सुचारू है।

देश में 21 दिसंबर से शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की माने को अगले पांच दिनों तक हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तरी राजस्थान में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। सुबह के समय हवा की रफ्तार भी तेज होगी।

**************************

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version