उज्ज्वला योजनाः 75 लाख नए रसोई गैस कनेक्शन देगी मोदी सरकार, 1650 करोड़ रुपए स्वीकृत

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी)-केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के विस्तार के लिए 1650 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है जिससे अगले तीन वर्ष में 75 लाख नये रसोई गैस – एलपीजी कनेक्शन दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2023-24 से वित्त वर्ष 2025-26 तक तीन वर्षों में 75 लाख एलपीजी कनेक्शन जारी करने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसका कुल व्यय 1650 करोड़ रुपये होगा।

ठाकुर ने कहा कि गरीब परिवारों को एलपीजी कनेक्शन से स्वच्छ खाना पकाने के ईंधन तक पहुंच मिलेगी, जिससे लकड़ी, कोयला, गोबर आदि जैसे खाना पकाने के ईंधन के पारंपरिक स्रोतों के उपयोग के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान हो सकेगा। इससे महिलाओं की कार्य क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कुछ पात्र परिवारों के पास अभी भी एलपीजी कनेक्शन नहीं है। इसके कारण बढ़ती जनसंख्या, विवाह, प्रवासन, परिवारों का विभाजन, बचे हुए घर, अत्यंत दूरस्थ स्थान आदि है। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त 2023 तक 15 लाख पीएमयूवाई कनेक्शन की मांग थी। पीएमयूवाई से देश में एलपीजी की पहुंच बढ़ाने में प्रमुख योगदान दिया है। उज्ज्वला योजना में 14.2 किलोग्राम एक सिलेंडर के लिए 2200 रुपये प्रति कनेक्शन, पांच किलोग्राम के दो सिलेंडर के लिए 2200 रुपये प्रति कनेक्शन और पांच किलोग्राम सिलेंडर 1300 रुपये प्रति कनेक्शन व्यय किये जाते हैं। उज्ज्वला के मौजूदा तौर-तरीकों के अनुसार, उज्ज्वला लाभार्थियों को पहला सिलेंडर और चूल्हा भी मुफ्त प्रदान किया जाता है।

ई-कोर्ट पर केंद्र सरकार का जोर
उन्होंने आगे कहा, “कैबिनेट का एक महत्वपूर्ण निर्णय यह है कि 7,210 करोड़ रुपए की ई-कोर्ट मिशन मोड परियोजना चरण 3 को आज मंजूरी दे दी गई है। इसका लक्ष्य ऑनलाइन और पेपरलेस अदालतों की स्थापना करना है… इससे न्यायिक प्रणाली और अधिक पारदर्शी हो जाएगी… कागज रहित अदालतों के लिए, ई-फाइलिंग और ई-भुगतान प्रणाली को सार्वभौमिक बनाया जाएगा… डेटा संग्रहीत करने के लिए क्लाउड स्टोरेज बनाया जाएगा. सभी अदालत परिसरों में, 4,400 ई-सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे…”।

*****************************

 

गाजियाबाद: सातवें फ्लोर के फ्लैट में लगी भीषण आग

गाजियाबाद 13 Sep, (एजेंसी): गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में एक सोसाइटी के अंदर बने टावर के सातवें फ्लोर के फ्लैट में रात डेढ़ बजे के आसपास आग लगने की सूचना फायर विभाग को मिली। मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को रेस्क्यू भी किया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

गाजियाबाद के फायर विभाग से मिली सूचना के मुताबिक, फायर स्टेशन वैशाली में रात करीब 1:36 बजे एक्सप्रेशन टावर कोशाम्बी के फ्लैट नम्बर-709 के सातवें तल में घर में आग की सूचना मिली थी। फायर स्टेशन वैशाली से दो फायर टैंकर यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

घटनास्थल पर जाकर देखा गया की घर से आग की लपटे और काला धुआँ बहुत तेजी से बाहर आ रहा था। धुआँ इतना ज्यादा था कि फायर फाइटिंग करने में परेशानी हो रही थी, लेकिन कड़ी मशक्‍कत के बाद उस पर काबू पा लिया गया।

आग फ्लैट निवासी अभिजीत के घर पर लगी थी। घर में रखे बैड, सोफा, टिन अलमीरा तथा फ्रिज आदि समान जलकर नष्‍ट हो गए। धुएं के कारण आस-पास के फ्लैटो में फंसे लोगो को फायर यूनिट ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

**************************

 

उपराष्ट्रपति धनखड़ धार्मिक यात्रा के लिए सुरसुरा तथा सलेमाबाद जाएंगे

अजमेर 13 Sep, (एजेंसी) : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी धार्मिक यात्रा में कल 14 सितंबर को अजमेर संभाग के सुरसुरा तथा सलेमाबाद आयेंगे। उपखंड प्रशासन ने उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिये हैं। जानकारी के अनुसार धनखड़ अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ दोपहर तीन बजे विशेष हैलीकॉप्टर से रूपनगढ़ आयेंगे और वहां से लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की निर्वाण स्थली सुरसुरा पहुंच कर तेजाजी के दर्शन करेंगे ।

धनखड़ इसके बाद अखिल भारतीय श्रीनिम्बार्क पीठ सलेमाबाद पहुंचेंगे और वहां मंदिर में वंदना कर श्री श्रीजी महाराज की से मुलाकात करेंगे।धनखड़ जाट समाज के प्रतिनिधियों के अलावा किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे । उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं । घासलों की ढाणी में अस्थाई हैलीपेड विकसित किया गया है तथा उपखंड अधिकारीयों के साथ अजमेर जिला एवं पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है ।

खास बात ये है कि उपराष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से कल दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

*****************************

 

अयोध्या : श्री रामजन्मभूमि की खुदाई के दौरान मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष, कई मूर्तियां और शिवलिंग भी शामिल

अयोध्या 13 Sep, (एजेंसी) : श्री रामजन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण आखिरी चरण में है। इस दौरान खुदाई में प्राचीन मंदिर के अवशेष मिले हैं। इस बारे में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने एक्स पर जानकारी दी।

उन्होंने एक फोटो शेयर की जिसमें ये अवशेष इकट्ठा करके रखे गए हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने लिखा, श्री रामजन्मभूमि पर खुदाई में मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष। इसमें अनेकों मूर्तियाँ और स्तंभ शामिल हैं। हालांकि इससे अधिक कोई जानकारी अभी नहीं दी गई है।

इसमें प्राचीन मूर्तियों के अवशेष, प्राचीन मंदिर के स्तंभ, शिवलिंग के अवशेष और अन्य पत्थर शामिल हैं। ये सभी अवशेष मंदिर परिसर में सुरक्षित रखे गए हैं।

रामलला के दर्शन करने आने वाले भक्तों को ये अवशेष देखने का भी मौका दिया जा ता है। इसके लिए गैलरी में इन्हें रखा गया है जहां इनसे जुड़ी जानकारी दी जाती है। पत्थरों पर नक्काशी दिखाई दे रही है। स्तंभों पर भी नक्काशी के साथ प्रतिमाएं बनी दिख रही हैं।

*****************************

 

संसद के विशेष सत्र से पहले नए संसद भवन पर फहराया जाएगा तिरंगा

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी): अमृत काल को लेकर मोदी सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले नए संसद भवन पर देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। सरकार ने 18 से 22 सितंबर के दौरान संसद का यह विशेष सत्र बुलाया है। इससे एक दिन पहले 17 सितंबर को नए संसद भवन पर तिरंगा फहराए जाने की तैयारी की जा रही है।

आपको बता दें कि, 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का भी दिन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर को उपराष्ट्रपति एवं राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ एवं लोक सभा स्पीकर ओम बिरला संसद के नए भवन के गजद्वार पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।

आपको बता दें कि अमृत काल को लेकर सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 18 सितंबर को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही संसद के पुराने भवन में उसी तरह से शुरू होगी जैसे कि पहले हुआ करती थी और विशेष सत्र के दूसरे दिन यानी 19 सितंबर से दोनों सदनों की कार्यवाही नए भवन में हो सकती है। बताया जा रहा है कि विशेष सत्र के दूसरे दिन 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूजा करने के बाद नए संसद भवन में कामकाज शुरू हो जाएगा।

************************************

 

नहीं रहे केरल में भाजपा के सबसे लोकप्रिय नेता पीपी मुकुंदन, 77 वर्ष की आयु में निधन

कोच्चि 13 Sep, (एजेंसी): केरल में 80 और 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय भाजपा नेताओं में से एक पी.पी. मुकुंदन का बुधवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 77 वर्षीय वयोवृद्ध नेता पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। वह आरएसएस और फिर भाजपा में सबसे लोकप्रिय और शक्तिशाली संगठन महासचिवों में से एक बनकर उभरे।

कन्नूर के रहने वाले मुकुंदन1988 से 1995 तक भाजपा के मुखपत्र के प्रबंध संपादक थे। वह 2006 से अगले एक दशक तक राज्य में भाजपा से पूरी तरह से बाहर थे, लेकिन 2016 में वापस लौट आए। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद वह पार्टी में अपनी पुरानी जगह नहीं पा सके।

संयोग से, अपने चरम पर वह भाजपा नेताओं में सबसे लोकप्रिय थे। उनके नरम और विनम्र व्यवहार ने अल्‍पसंख्‍यक समुदाय के सामाजिक और सांस्कृतिक नेताओं को मदद की। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने मुकुंदन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें केरल में संघ परिवार का “बड़ा” नेता बताया। केरल विधानसभा अध्यक्ष ए.एन. शमसीर ने भी अनुभवी राजनेता के निधन पर दु:ख व्यक्त किया।

**************************

 

एकात्मधाम पूरे राष्ट्र को चैतन्य की एकात्मता से करेगा आलोकित : शिवराज

भोपाल 13 Sep, (एजेंसी)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में बन रहा एकात्मधाम पूरे राष्ट्र को चैतन्य की एकात्मता से आलोकित करेगा।चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया, आदि शंकराचार्य की ज्ञानभूमि ओंकारेश्वर से एक अभिनव युग का सूत्रपात हो रहा है।इस नयनाभिराम दृश्य को देख हृदय प्रफुल्लित तथा आनंदित है।

उन्होंने कहा कि एकात्मधाम प्रकल्प पूरे राष्ट्र को चैतन्य की सार्वभौमिक एकात्मता से आलोकित करेगा। खंडवा जिले के ओंकारेश्वर के ओंकार पर्वत पर एकात्मधाम का निर्माण किया जा रहा है। यहां आदि गुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। देश के प्रमुख संतों- महात्माओं की उपस्थिति में आगामी 18 सितंबर को एकात्म प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा।

*****************************

 

कावेरी विवाद: सीएम सिद्दारमैया आज करेंगे आपात सर्वदलीय बैठक

बेंगलुरु 13 Sep, (एजेंसी): कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया कावेरी जल विवाद के संबंध में बुधवार को यहां एक आपातकालीन सर्वदलीय बैठक करेंगे। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार पानी छोड़ने के मामले में अपनी पहली अग्निपरीक्षा का सामना कर रही है। राज्य सरकार ने दावा किया है कि पानी छोड़े जाने से दक्षिण कर्नाटक के जिलों, विशेषकर बेंगलुरु शहर में पीने के पानी की आपूर्ति खतरे में पड़ जाएगी।

कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्ल्यूआरसी) ने अपनी नवीनतम सिफारिश में कर्नाटक सरकार से बुधवार से 25 दिनों के लिए 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने को कहा है। डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने कहा था कि राज्य पानी छोड़ने की स्थिति में नहीं है क्योंकि उसके पास पीने के पानी के लिए पर्याप्त भंडारण नहीं है।

मामला बुधवार को उच्च प्राधिकारी, कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) के समक्ष आ रहा है। शिवकुमार ने यह भी कहा था कि अधिकारियों को यह बताने के लिए कहा गया है कि राज्य पानी छोड़ने की स्थिति में नहीं है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही कह चुका है कि वह इस मामले में दखल नहीं देगा। सीएम सिद्दरमैया की अध्यक्षता में बैठक दोपहर 12:30 बजे विधान सौध में शुरू होगी।

उप मुख्यमंत्री शिवकुमार, कावेरी जलग्रहण क्षेत्र के मंत्री, वरिष्ठ कैबिनेट सहयोगी, पूर्व मुख्यमंत्री, संसद सदस्य और विपक्ष के नेताओं को बैठक में आमंत्रित किया गया है। मामले को लेकर राज्य सरकार ने मंगलवार रात बैठक की थी। राज्य सरकार मुश्किल में आ गई है क्योंकि अगर पानी छोड़ा गया तो उसे राजधानी बेंगलुरु समेत पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। दूसरी ओर राज्य जल प्रबंधन निकायों के आदेशों को पूरा करने के लिए भी बाध्य है। तमिलनाडु को पानी छोड़े जाने का विरोध करते हुए किसान भी आंदोलन की राह पर हैं।

**************************

 

सपा नेता आजम खान के कई ठिकानों पर IT की छापेमारी, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

रामपुर 13 Sep, (एजेंसी) : सपा नेता आजम खान की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। आजम खान के ठिकानों पर इनकम टैक्स ने सुबह से छापेमारी शुरु कर दी है। ये छापेमारी रामपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सीतापुर, लखनऊ और MP में कुछ जगहों पर चल रही है। आजम खान का अल जौहर ट्रस्ट भी IT के रडार पर है।

रामपुर में IT की बड़ी टीम सर्चिंग में जुटी है। आजम खान के ठिकानों पर बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। हालांकि, अभी तक आयकर विभाग की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। आयकर विभाग की कई टीमें अलग अलग जगहों पर छापेमारी में जुटी हैं।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। आजम खान को हेट स्पीच के मामले में सजा भी सुनाई जा चुकी है।

इसके चलते उनकी विधानसभा सदस्यता भी रद्द हो गई थी। इसके अलावा आजम खान की रामपुर में मौलाना अली जौहर नाम की यूनिवर्सिटी भी जांच एजेंसियों के रडार पर है। इसी यूनिवर्सिटी को मौलाना मुहम्मद अली जौहर ट्रस्ट संचालित करता है। आरोप है कि आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी को बनाने के लिए तमाम जमीन अधिग्रहण की थी।

********************************

 

दर्दनाक हादसा : सड़क किनारे खड़ी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 11 की मौत

जयपुर 13 Sep, (एजेंसी) : भरतपुर में हुए एक दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस दुर्घटना में 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 21 पर हंतारा के पास सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मरने वालों में 6 महिला और 5 पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक भावनगर गुजरात निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार बस भावनगर से मथुरा जा रही थी।

सुबह भरतपुर-आगरा हाईवे पर अचानक बस खराब हो गई। ड्राइवर और उसके साथी समेत अन्य यात्री भी बस से उतर गए। ड्राइवर और उसके साथी बस को सही कर रहे थे कि इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मारी और किनारे खड़े लोगों को कुचलते निकल गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों के ड्राइवर ने सड़क पर पड़े बेसुध लोगों को देखा तो पुलिस को कॉल किया और एम्बुलेंस को बुलाया। सभी के शवों को भरतपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

सूचना मिलने पर नदबई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों और मृतकों को आरबीएम जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मिली है कि गुजरात के भावनगर से प्राइवेट बस में सवार होकर यात्री मथुरा वृंदावन के दर्शन करने के लिए आ रहे थे कि हंतरा पुल के पास इनकी बस खराब हो गई।

बस खराब होने के बाद कुछ यात्री बस के नीचे उतर कर खड़े हो गए और कुछ यात्री बस में ही बैठे थे। इतने में ही तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बस में टक्कर मार दी। सूचना पर भरतपुर जिला कलेक्टर लोक बन्धु RBM अस्पताल पहुंचे हैं। घायलों के उपचार को लेकर अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर एसपी मृदुल कच्छावा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।

गुजरात के भावनगर निवासी घायल बाला भाई ने बताया कि वह भावनगर से हरिद्वार जा रहे थे। अम्बा रम्बाई, भावनगर में उनके गांव और आसपास के क्षेत्र से पूरी श्रद्धालुओं की मंडली बस में मौजूद थी, जिनमें 55 से 57 पुरुष और महिला श्रद्धालु शामिल थे। बस का डीजल खत्म हो गया था, तो बस हाइवे पर खड़ी हुई थी। डीजल का इंतजाम करने में ड्राइवर कंडक्टर लगे हुए थे। कुछ सवारियां नीचे उतरी हुई थीं। जबकि कुछ बस में सो रही थीं, तभी अचानक पीछे से ट्रेलर वाहन ने टक्कर मार दी और वह बस को चीरते हुए आगे निकल गया।

**************************

 

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को किया ढेर, एक जवान शहीद

जम्मू  13 Sep, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के नरला इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को ढेर कर दिया है, जबकि सेना का एक जवान शहीद हो गया है।

पुलिस ने बताया कि राजौरी जिले के नरला इलाके में मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है। जबकि, सेना का एक जवान शहीद हो गया है। एक पुलिस एसपीओ सहित तीन अन्य घायल हो गए हैं।

पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को नरला इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर सुरक्षाबल पहुंच गए। जब आतंकियों ने खुद को सुरक्षाबलों से घिरा देखा तो उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की।

ज्ञात हो कि हाल के दिनों में पूरे जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच सिलसिलेवार मुठभेड़ हुई है, जिसमें कई आतंकवादियों का सफाया किया गया है।

*************************

 

मीडिया कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2023 : पहले दिन शंख और अजय ने मैच जीत पूरे अंक बटोरे

*गुरुवार को अजय व मयूराक्षी तथा शंख व दामोदर होंगे आमने-सामने*

रांची, 13.09.2023 (FJ)  –  मोरहाबादी के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में बुधवार से मीडिया कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले मैच में शंख ने एकतरफा मुकाबले में भैरवी को 2-0 से हराकर विजयी शुरूआत की वहीं दूसरे मुकाबले में 58 वर्षीय युवा प्रमोद कुमार के गोल की बदौलत अजय ने गंगा को 1-0 से हराकर पूरे अंक बटोरे।

पहले मुकाबले में शंख ने काफी आक्रामक शुरूआत की और मैच के तीसरे मिनट में ही रिजवान आरिफ ने शानदार मैदानी गोल दाग टीम को बढ़त दिलायी। 9वें मिनट में ही प्लेयर ऑफ द मैच रणजीत ने एक गोल दाग टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। मध्यांतर तक यही स्कोर रहा। मध्यांतर के बाद भी शंख की ओर से एक के बाद एक आक्रमण होते रहे लेकिन भैरवी के डिफेंस और गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन के कारण स्कोर बढ़ नहीं पाया।

दूसरे मैच में अजय की टीम ने पहले हाफ में आक्रामक खेल दिखाया लेकिन कई आसान मौके गंवाने के कारण मध्यांतर तक मुकाबला गोलरहीत बराबरी पर छूटा। मध्यांतर के तुरंत बाद प्रमोद सिंह ने शानदार मैदानी गोल दाग अजय को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद भी अजय के खिलाड़ियों को गोल करने के कई अवसर मिले लेकिन गंगा के गोलकीपर प्रिंस के शानदार प्रदर्शन की बदौलत कोई और गोल नहीं हो पाया। मैच 1-0 के स्कोर पर ही समाप्त हुआ।

इससे पहले झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) की कार्यकारी निदेशक IPS सरोजनी लकड़ा, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के निदेशक कार्मिक एच एन मिश्रा और फीफा रेफरी ओमप्रकाश ठाकुर ने सभी छह टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और किक लगाकर प्रतियोगिता की शुरूआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

गुरुवार के मैच

सुबह 8 बजे से : टीम अजय बनाम टीम मयूराक्षी

सुबह 9 बजे से : टीम शंख बनाम टीम दामोदर

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए व्यस्तता से भरा रहने वाला है। ज्यादा व्यस्त रहने के कारण आप अपने आस पास ध्यान नहीं दे पाएंगे। अपनों के प्रति प्रेम और विश्वास बढ़ेगा। सभी क्षेत्रों में आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आप परिवार के सदस्य की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। रचनात्मक कार्य में आप सूझबूझ से आगे बढ़ेंगे। आपके घर आज किसी अतिथि का आगमन होने से माहौल खुशनुमा रहेगा । आपके अधिकांश प्रयास सफल होंगे। आज जीवनसाथी को करियर में सफलता मिल सकती है।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 2

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। आज किसी भी कानूनी मामलों में जल्दबाजी न दिखाएं। अपने खर्चों पर नियंत्रण बनाए रखेंगे तो भविष्य में आने वाली परेशानियों से भी बच जाएंगे। किसी नए काम की शुरुआत करना चाह रहे हैं तो दिन शुभ है आप कर सकते हैं आपको काम में सफलता मिलने के अच्छे योग हैं। दान धर्म के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।दोस्तों के साथ मूवी देखने का प्लान बनाएंगे।

शुभ रंग- सिल्वर

शुभ अंक- 5

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आप एक से अधिक स्रोतों से आय प्राप्त करेंगे। शासन व प्रशासन के मामले में सावधानी बरतें। आज निवेश संबंधी मामलों को गति मिलेगी। आज किसी अजनबी पर बहुत ही सोच समझकर भरोसा करें । विद्यार्थियों को अपना प्रोजेक्ट पूरा करने में सफलता मिलेगी। आज आपके दांपत्य जीवन में खुशहाली बढ़ेगी। जॉब की तलाश कर रहे लोगों को अच्छी कंपनी में जॉब मिलेगी। लवमेट्स के लिए दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 8

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन अच्छा रहेगा । आज आपके बढ़ते खर्चे परेशानी का कारण बन सकते हैं। इसीलिए बजट बनाकर चलने का प्रयास करें । किसी संपत्ति का सौदा जल्दबाजी में ना करें। राजनीतिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों को बड़े नेताओं से मिलने का अवसर मिलेगा। कार्यक्षेत्र में आपकी उन्नति का मार्ग प्रसस्त होगा। आज किसी पुरानी समस्या को दूर करने के लिए योजनाएं बनाएंगे। ऑफिस के कार्य से आज आपको यात्रा करनी पड़ सकती है । डॉक्टर्स के लिए आज का दिन अच्छा है।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 4

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए शुभ फलदायक रहने वाला है। आपकी योजनाओं को गति मिलेगी। आज आपकी कुछ नए लोगों से मुलाकात होगी। आज आपको बड़ों का साथ व सहयोग मिलेगा, जिससे आप अपने कार्यों को समय पर पूरा करा लेंगे। आज छात्रों को पढ़ाई में आ रही रुकावटों से छुटकारा मिलेगा। आज आप किसी मांगलिक कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। धार्मिक कार्यों के प्रति आस्था व विश्वास से आगे बढ़ेंगे। नौकरी करने को अच्छी खबर मिलेगी। आज अचानक आपको धन लाभ हो सकता है।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 1

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। आज किसी नए काम को शुरू करने से पहले पूरी योजना बनाएंगे और साथ ही माता-पिता से सलाह लें। आज सरकारी कामों में नीति व नियमों पर पूरा ध्यान देंगे तो आपको काम करने में आसानी होगी। आज आपको आर्थिक मामलों में जल्दबाजी दिखाने से बचना होगा। अपने जरूरी कार्यों को सूची बनाकर करेंगे तो आपके कार्य पूरे होते जाएंगे। आप की वाणी की सरलता आपको मान-सम्मान दिलाएगी। आज समय से सारी जिम्मेदारियां पूरी करेंगे। अनजान लोगों से से दूरी बनाकर रखें। बहुत दिनों बाद किसी मित्र से मुलाकात हो सकती है, उनके साथ लंच करने जाएंगे।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 8

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आपके लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है । आज आप जिम्मेदारियों को अच्छी तरह पूरा करने में सफल होंगे। ऑफिस के कामकाज निपटाने में आप बहुत हद तक सफल रहेंगे। अपनी तरफ से हर मामले पर आपको सकारात्मक रहना होगा । आज किसी पुरानी समस्याओं पर दोस्तों से बातचीत हो सकती है इससे आपको अच्छा समाधान मिलेगा। आज आपको नए इनकम सोर्स मिल सकते हैं । कामकाज में आपकी रुचि बढ़ सकती है। लवमेट्स आज कहीं बाहर घूमने जाने की प्लानिंग करेंगे। दाम्पत्य जीवन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 6

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज पास के किसी धार्मिक गतिविधि में शामिल होने के योग बन रहे हैं। आज किसी मामले में दूसरों के साथ बातचीत या सलाह करने से फायदा होगा। जरूरी काम और रिश्तों के बारे में विचार करेंगे और योजना बनाएंगे । आज ऑफिस में आपको कोई नए प्रोजेक्ट पर काम करने को मिल सकता है । रुके हुए कार्यों को आज नए सिरे से कोशिश करेंगे तो आप सफल हो सकते हैं। आज काम में मन लगेगा। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- पिच

शुभ अंक- 7

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिए आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज शांति से कामकाज निपटाने की कोशिश करें। आज आपको कर्ज से छुटकारा मिलेगा, जिससे रिलेक्स महसूस करेंगे। आज जीवनसाथी की भावनाओं को समझने में बहुत हद तक आपको सफलता मिलेगी। आज परिवार के कामों में आपका पैसा लग सकता है। आज आप कार्य स्थल पर किसी से बात करते समय मधुर भाषा का प्रयोग करें। आज आपकी मुलाकात किसी प्रभावशाली व्यक्ति से होगा। आज आप नया काम शुरू करने का मन बनायेंगे । नई चीजें सीखेंगे और लेन-देन में फायदा होगा । संतान की उन्नति से ख़ुशी मिलेगी।

शुभ रंग- मैहरुन

शुभ अंक- 3

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। अपने से बड़े या किसी अनुभवी से सलाह लेकर ही आगे बढऩे की कोशिश करेंगे। आज किसी कठिन काम को मेहनत, धैर्य और समझदारी से आसानी से निपटा लेंगे। लेकिन ऑफिस में व्यस्तता के चलते घर देर से पहुंचेंगे। अगर आप जॉब बदलने की सोच रहे है तो अभी कुछ दिन रुक जायें। परिवार में मांगलिक कार्यक्रम कीयोजना बनाएंगे। जीवनसाथी पहले किया हुआ वादा आज पूरा करेंगे, इससे पूरे दिन आपका मन प्रसन्न रहेगा।

शुभ रंग- गोल्डन

शुभ अंक- 5

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहने वाला है। अपना व्यवहार लचीला रखें और दूसरों की बातें समझने का प्रयत्न करें। आज कोई बुजुर्ग या वरिष्ठ व्यक्ति आपको सही सलाह दे सकता है। व्यापारिक मामलों में जवाबदारी बढ़ सकती है। आज आपकी आर्थिक स्थिति पहले से अच्छी होगी। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। लवमेट्स आज फोन पर देर तक बात करेंगे। दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहने वाला है। व्यापार में अचानक धन लाभ होने के योग बने हुए है।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 7

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज का दिन आपके लिए दिन अच्छा है। ट्रांसफर या प्रमोशन के लिए किसी से बात हो सकती है, इसमें आपको सफलता मिलेगी। आज आपके रुके हुए काम पूरे हो जाएंगे। आज आप अपने करियर को बेहतर बनाने के लिए प्लान तैयार करेंगे। आपको आज नई नौकरी का ऑफर मिल सकता है। आय के नए-नए रास्ते मिलेंगे। जीवनसाथी आज आपकी बातों को अच्छे से समझेंगे। लवमेट्स के साथ आपके रिश्ते अच्छे बने रहेंगे। आज अपने खर्चों पर नियंत्रण रखें। आज नया वाहन लेने का मन बनायेंगे, परिवार का सहयोग मिलेगा।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 1

***************************

 

साउथ स्टार उपेन्द्र की फिल्म ‘यूआई’ का टीज़र 18 सितंबर को रिलीज़ किया जायेगा…! 

13.08.2023  –  लहरी फिल्म्स, जी मनोहरन और वीनस एंटरटेनर्स, केपी श्रीकांत द्वारा निर्मित फिल्म “यूआई” की शूटिंग पूरी हो चुकी है। अब फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन शुरू हो चूका है , उपेंद्र ने अपने पहले बीटीएस अपडेट वीडियो के माध्यम से टीज़र और ट्रेलर जारी करने की ट्रेंड पर सवाल उठाकर एक महत्वपूर्ण बहस छेड़ दी है।

उनका तर्क है कि टीज़र और ट्रेलर दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित कर सकते हैं। फिल्म में उपेन्द्र, रेशमा नानैया, निधि सुब्बैया, मुरली शर्मा और पी रविशंकर प्रमुख भूमिकाओं में हैं और संगीत अजनीश लोकनाथ (कंथारा फेम), आर्ट डायरेक्शन  शिव कुमार (केजीएफ1 और 2 फेम) ने किया  है। सिनेमैटोग्राफी एचसी वेणुगोपाल (ए एंड एच2ओ फेम) द्वारा, वीएफएक्स का कार्य निर्मल कुमार (विक्रांत रोना फेम) ने सम्पन्न किया है।

दक्षिण भारत के रियल स्टार “उपेंद्र” को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ निर्देशकों में से एक माना जाता है। उनकी इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के सह-निर्माता नवीन मनोहरन हैं। इस फिल्म का टीज़र साउथ स्टार उपेंद्र के जन्मदिन 18 सितंबर को उनके प्रशंसकों के लिए एक उपहार के रूप में जारी किया जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

हिमाचल की मदद को आगे आया जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट, राहत के लिए डोनेट किए 45 लाख रुपए

शिमला ,12 सितंबर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह ने मंगलवार को न्यायाधीशों, न्यायिक अधिकारियों तथा अधिकारियों की ओर से आपदा राहत कोष 2023 के लिए 45 लाख रुपये से अधिक का दान दिया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के उन लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की, जिन्हें मानसून के प्रकोप से नुकसान हुआ है।

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने इस नेक काम के लिए न्यायमूर्ति सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह योगदान आपदा प्रभावित परिवारों की पीड़ा को कम करने में काफी मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को अत्यधिक बारिश, भूस्खलन और बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान उठाना पड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, योगदान राज्य के लोगों के लिए बहुत मायने रखता है। ऐसा मानवीय दृष्टिकोण दूसरों को कठिन समय के दौरान जरूरतमंदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करता है।

***************************

 

गया में पितृपक्ष में नहीं बंद होंगे स्कूल, अब तक 61,000 से ज्यादा तीर्थयात्रियों के रहने की व्यव्स्था

गया 12 Sep, (एजेंसी): मोक्षस्थली गया में पितृपक्ष के दौरान लाखों तीर्थयात्री अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और उनके मोक्ष की प्राप्ति के लिए पिंडदान करने पहुंचते हैं। आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है। पितृपक्ष के दौरान किसी भी हाल में स्कूलों में पठन-पाठन का कार्य बाधित नहीं हो, इसको लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गया के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि पितृपक्ष मेला क्षेत्र में सरकारी आवासन के प्रयोग में लिए जाने वाले वैसे सरकारी विद्यालय जहां पठन-पाठन का कार्य बंद रहता है, उन सभी विद्यालयों को किसी दूसरे विद्यालयों के साथ टैग करें, जिससे पठन-पाठन सुचारू रूप से चलता रहे। निजी आवासन की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि क्षमता के आधार पर प्राइवेट आवासन को लाइसेंस निर्गत करें।

उन्होंने पुलिस के वरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आवासन का भौतिक रूप से जांच कर लें। बताया गया कि अब तक करीब 61,000 लोगों के आवासन (ठहरने) के लिए सरकारी तौर पर व्यवस्था की गई है। गांधी मैदान में बन रहे टेंट सिटी में 2600 से अधिक लोगों के ठहरने की व्यवस्था बनाई जा रही है। इसके अलावा निगमा मोनास्ट्री बोधगया में 2400 आवासन क्षमता रखी गई है। जबकि, सामुदायिक भवन व अन्य आवासन के लिए 41 स्थल पर 10,050 पिंडदानी ठहर सकेंगे।

पुलिस आवासन के लिए 23 स्थल चिह्नित किए गए हैं, जहां छह हजार पुलिस जवान रहेंगे। इसके अलावा 63 होटल, रेस्ट हाउस चिह्नित किए गए हैं, जहां 3452 यात्री ठहरेंगे। गयापाल पुरोहितों के निजी भवन व धर्मशाला की संख्या 368 है, जहां 36,544 यात्री रुकेंगे। कुल 497 स्थानों को चिह्नित कर 60,946 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि बोधगया की विभिन्न मोनास्ट्री से संपर्क किया जा रहा है, जहां तीर्थयात्रियों को ठहराया जा सके।

तीन दिन पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया पहुंचकर पितृपक्ष की तैयारियों का जायजा लिया था और अधिकारियों को कई निर्देश दिए थे। इस वर्ष पितृपक्ष मेला 29 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर तक चलेगा, इस दौरान देश – विदेश के लाखों तीर्थयात्री अपने पूर्वजों की मृतात्मा की शांति और मोक्ष के लिए यहां पिंडदान करने आते हैं।

*****************************

 

नई संसद में नई ड्रेस में नजर आएंगे संसद के कर्मचारी, कमल के फूल और खाकी रंग को भी मिली नई ड्रेस में जगह

नई दिल्ली 12 Sep, (एजेंसी): 18 सितंबर से शुरू होने जा रहे संसद के विशेष सत्र के दूसरे दिन, 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूजा करने के बाद नए संसद भवन में कामकाज शुरू हो जाएगा। इस विशेष सत्र के दौरान संसद भवन के कर्मचारी भी नई ड्रेस में नजर आएंगे। संसद के इस विशेष सत्र में संसद के सभी पुरुष और महिला कर्मचारी नई ड्रेस में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारियों की ड्रेस यहां तक कि जूते तक को बदल दिया गया है। नई ड्रेस में कमल के फूल और खाकी रंग को भी तवज्जो दी गई है।

आपको बता दें कि संसद भवन के कर्मचारियों के लिए यह नई ड्रेस निफ्ट द्वारा डिज़ाइन किया गया है। अब सचिवालय के कर्मचारी बंद गले के सूट की बजाय मेजेंटा या गहरे गुलाबी रंग की नेहरू जैकेट पहने नजर आएंगे। संसद भवन के टेबल ऑफिस के स्टाफ यानी सदन में स्पीकर के सामने बैठने वाले स्टाफ भी इसी ड्रेस में नजर आएंगे। इनकी शर्ट भी गहरे गुलाबी रंग की होगी, जिन पर कमल का फूल बना होगा और ये कर्मचारी अब खाकी रंग की पैंट पहने नजर आएंगे।

दोनो सदनों के मार्शल भी नई संसद में मणिपुरी पगड़ी पहने नजर आएंगे। इसके साथ ही संसद भवन के अन्य सुरक्षाकर्मियों की ड्रेस भी बदल दी गई है। अब ये सुरक्षाकर्मी सफारी सूट की बजाय सैनिकों की तरह कैमोफ्लेज ड्रेस पहने नजर आएंगे।

सूत्रों के मुताबिक, अमृत काल को लेकर सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 18 सितंबर को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही संसद के पुराने भवन में उसी तरह से शुरू होगी जैसा कि पहले हुआ करती थी। पहले दिन पुराने भवन में संसद भवन के निर्माण से लेकर आजाद भारत के 75 वर्षों की यादों पर चर्चा हो सकती है।

विशेष सत्र के दूसरे दिन यानी 19 सितंबर से दोनों सदनों की कार्यवाही नए भवन में हो सकती है। बताया जा रहा है कि विशेष सत्र के दूसरे दिन 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर विधिवत ढंग से पूजा करने के बाद नए संसद भवन में कामकाज शुरू हो जाएगा। हालांकि इसे लेकर अभी तक आधिकारिक स्तर पर कोई घोषणा नहीं की गई है।

आपको बता दें कि, अमृत काल के समय में मोदी सरकार ने संसद का यह विशेष सत्र बुलाया है। 18 से 22 सितंबर के दौरान आयोजित होने वाले संसद के इस विशेष सत्र में 5 बैठकें होंगी। यह 17वीं लोक सभा का 13वां सत्र और राज्यसभा का 261वां सत्र होगा।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी इस विशेष सत्र को लेकर पहले ही यह उम्मीद जता चुके हैं कि अमृत काल के समय में होने वाले इस सत्र में उन्हें संसद में सार्थक चर्चा और बहस होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि सरकार नए संसद भवन में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक बुलाने पर भी विचार कर रही है।

*****************************

 

डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम को मिला ‘परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद’ अवार्ड

13.08.2023 – जन्नत फिल्म्स के बैनर तले मुम्बई स्थित रहेजा क्लासिक क्लब में पिछले दिनों परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में केयर टेकर्स एक्सटीरियर एंड इंटीरियर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम को उनकी सामाजिक सेवाओं के लिए ‘वीर अब्दुल हमीद’ अवार्ड से सम्मानित किया गया उन्हें यह सम्मान मेजर जर्नल राजपाल पुनिया, शौर्य चक्र विजेता मधुसुदन सुर्वे , नायक दीप चंद , कारगिल योद्धा तथा जाने माने फिल्म निर्माता-निर्देशक इंदर कुमार के द्वारा दिया गया।

डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों को देखते हुए वेस्ट बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बॉस द्वारा राजभवन में आयोजित एक समारोह में डॉ.बीआर अंबेडकर अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम मुंबई के कांदिवली में ‘अंजुमन ए नजमी दाऊदी भोरा जमात’ के सचिव भी हैं। डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम का कहना है कि सामाजिक सम्मान हमें प्रेरणा देते है कि हमें अभी और काम करना है समाज की सेवा देश की सेवा में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका अदा करनी चाहिए। हमारे जवान देश की शरहदों पर अपनी कुर्बानिया देते है।

ऐसे में सभी लोगों का यह कर्तव्य बनता है कि हम सब  मिल कर उनकी शहादत को याद करें और देश भक्ति की नई ज्वाला युवा समाज की रगो में भरें।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

************************

 

गृह मंत्रालय ने CBI को लालू यादव के खिलाफ केस चलाने की दी अनुमति

नई दिल्ली 12 Sep, (एजेंसी) : लैंड फॉर जॉब मामले में CBI को गृह मंत्रालय ने लालू यादव के खिलाफ केस चलाने की अनुमति दे दी है। सीबीआई ने यह जानकारी राउज एवेन्यू कोर्ट को दी। सीबीआई ने इस मामले में 3 जुलाई को सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी। इस चार्जशीट में पहली बार तेजस्वी यादव का नाम आया था। सीबीआई ने लालू यादव, राबड़ी देवी समेत इस मामले में 16 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें रेलवे के आरोपी अधिकारियों और नौकरी लेने वालों के नाम भी शामिल हैं।

लैंड फॉर जॉब स्कैम का यह केस 14 साल पुराना है। उस वक्त लालू यादव रेल मंत्री थे। दावा है कि लालू यादव ने रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में लोगों को नौकरी देने के बदले उनकी जमीन लिखवा ली थी। बताते चलें कि लालू यादव 2004 से 2009 तक रेल मंत्री रहे थे। सीबीआई ने इस मामले में 18 मई को केस दर्ज किया था। सीबीआई के मुताबिक, लोगों को पहले रेलवे में ग्रुप डी के पदों पर सब्स्टीट्यूट के तौर पर भर्ती किया गया और जब उनके परिवार ने जमीन का सौदा किया, तब उन्हें रेगुलर कर दिया गया। सीबीआई का कहना है कि पटना में लालू यादव के परिवार ने 1.05 लाख वर्ग फीट जमीन पर कथित तौर पर कब्जा कर रखा है। इन जमीनों का सौदा नकद में हुआ था। यानी, लालू परिवार ने नकद देकर इन जमीनों को खरीदा था। सीबीआई के मुताबिक, ये जमीनें बेहद कम दामों में बेच दी गई थीं।

रेलवे में नौकरी के बदले रिश्वत में जमीन लेने के आरोपों के मामले में सीबीआई जांच कर रही है। वहीं, मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी जांच कर रही है। सीबीआई ने इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर दी। इस मामले में लालू यादव के करीबी व पूर्व विधायक भोला यादव और हृदयानंद चौधरी भी अभियुक्त हैं। आरजेडी नेता लालू यादव के ओएसडी रहे भोला यादव को सीबीआई ने 27 जुलाई को गिरफ्तार किया था। भोला 2004 से 2009 के बीच तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के ओएसडी थे।

***************************

 

ग्रेनो अथॉरिटी में हजारों की संख्या में ताला लगाने पहुंचे किसान, पुलिस से हुई झड़प

ग्रेटर नोएडा 12 Sep, (एजेंसी): ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की नीतियों से परेशान और मांगों को लेकर कई महीनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मंगलवार को आंदोलन तेज करने का ऐलान किया। हजारों की संख्या में किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर ताला लगाने की घोषणा की है। इसके लिए किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो रही है।

‘डेरा डालो, घेरा डालो’ के नारे के साथ किसान आंदोलन को और तेज करेंगे। किसानों के इस आंदोलन को देखते हुए बड़ी संख्या में पहले से ही ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक किसान अपनी मांगों को लेकर 25 अप्रैल से दिन-रात ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि प्राधिकरण की धोखाधड़ी, वादाखिलाफी के विरोध में 12 सितंबर को हजारों की संख्या में किसान धरना प्रदर्शन करके ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को बंद करेंगे।

उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट, भूमिहीनों के 40 वर्ग मीटर के प्लॉट, रोजगार की नीति, भूमि अधिग्रहण के नए कानून के अनुसार सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा, 20 प्रतिशत प्लॉट और हर प्रभावित परिवार को रोजगार का प्रावधान लागू नहीं हो जाता। किसानों का कहना है कि हजारों की संख्या में किसान अथॉरिटी पर ताला जड़ देंगे। किसानों ने दिल्ली की तर्ज पर नोएडा अथॉरिटी के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे।

*****************************

 

आसाराम बापू को बड़ा झटका, सुप्रीमकोर्ट ने बेल और सजा खारिज करने की याचिका पर विचार करने से किया इनकार

नई दिल्ली ,12 सितंबर (एजेंसी)।  सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को राजस्थान हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ आसाराम बापू की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। हाई कोर्ट ने बलात्कार के मामले में सजा निलंबित करने के उनके आवेदन को खारिज कर दिया था। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और एस.वी.एन. भट्टी की पीठ ने जमानत याचिका को खारिज कर दिया।

हालाँकि, पीठ ने याचिकाकर्ता को निचली अदालत के दोषसिद्धि आदेश के खिलाफ अपील पर फैसला होने तक जमानत के लिए हाई कोर्ट में एक नया आवेदन दायर करने की छूट दे दी।

राजस्थान उच्च न्यायालय ने पिछले साल जुलाई में लंबित अपील के निपटारे तक सजा निलंबित करने की आरोपी की याचिका खारिज कर दी थी। इसमें कहा गया था कि सजा के निलंबन के लिए पिछले दो आवेदन खारिज कर दिए गए थे।

2018 में एक ट्रायल कोर्ट द्वारा पॉक्सो एक्ट और अन्य अपराधों के तहत दोषी ठहराए जाने के बाद आसाराम जोधपुर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।

वह पहले ही दस साल से अधिक समय तक कैद में रह चुका है। आरोपी गुजरात में एक और मुकदमे में हिरासत में है। इस साल जनवरी में गांधीनगर अदालत ने उसे अहमदाबाद में 1997 से 2006 के बीच रेप के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

******************************

 

डीआरआई ने कच्छ में जब्त की प्राचीन वस्तुएं, 26.80 करोड़ रुपए है कीमत

कच्छ ,12 सितंबर (एजेंसी)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कच्छ के मुंद्रा में कंटेनर फ्रेट स्टेशन (सीएफएस) पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आए एक शिपिंग कंटेनर से प्राचीन मूर्तियों और कलाकृतियों सहित प्राचीन वस्तुओं को जब्त किया है। अधिकारियों ने कहा कि कंटेनर 11 सितंबर को मिला था। कंटेनर से जब्त की गईं वस्तुओं का अनुमानित बाजार मूल्य 26.80 करोड़ रुपये है।

उन्होंने कहा कि जब्त की गई अधिकांश वस्तुओं की ओरिजिन्स यूरोपीय देशों, विशेष रूप से यूनाइटेड किंगडम और नीदरलैंड से हुई है। विशिष्ट जानकारी पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई ने कंटेनर को जब्त किया। कंटेनर को यूएई के जेबल अली से आयात किया गया था। अधिकारी ने कहा कि कंटेनर का सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा व्यापक निरीक्षण किया गया और जांच करने पर प्रतिष्ठित मूर्तियों, पुराने बर्तनों, पेंटिंग्स, प्राचीन फर्नीचर और विभिन्न अमूल्य विरासत के टुकड़ों सहित पुरावशेषों का संग्रह पाया गया।

उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ कलाकृतियां 19वीं शताब्दी की हैं और इनमें जटिल शिल्प कौशल का दावा किया गया है, जिसमें कीमती पत्थर, सोना और चांदी की परत शामिल है। खजाने के बीच में मिली एक विशेष रूप से उल्लेखनीय कलाकृति ‘द हरम गार्डÓ है, जो बेल्जियम के जॉर्जेस डी गीतेरे की 1885 की एक उत्कृष्ट रचना है। प्रारंभिक अनुमान इसका मूल्य 20,000 डॉलर से 30,000 डॉलर के बीच बताया जा रहा है।

********************************

 

नितिन गडकरी ने किया स्पष्ट, डीजल इंजन वाहनों पर 10 प्रतिशत टैक्स लगाने की कोई योजना नहीं

नई दिल्ली ,12 सितंबर (एजेंसी)। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि केंद्र ने डीजल इंजन वाहनों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स लगाने का प्रस्ताव नहीं किया है, जैसा कि मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है। इससे पहले रिपोर्ट्स में कहा गया था कि नितिन गडकरी मंगलवार शाम केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर प्रदूषण कम करने के प्रयास में अतिरिक्त टैक्स का प्रस्ताव देंगे।

नितिन गडकरी ने टैक्स का प्रस्ताव देने वाली उनके हवाले से रिपोर्ट सामने आने के तुरंत बाद अपने एक्स अकाउंट के माध्यम से कहा, डीजल वाहनों की बिक्री पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त जीएसटी का सुझाव देने वाली मीडिया रिपोर्टों को स्पष्ट करने की तत्काल जरूरत है। यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि सरकार द्वारा वर्तमान में ऐसा कोई प्रस्ताव सक्रिय विचाराधीन नहीं है।

2070 तक कार्बन नेट ज़ीरो हासिल करने और डीजल जैसे खतरनाक ईंधन के कारण होने वाले वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के साथ-साथ ऑटोमोबाइल बिक्री में तेजी से वृद्धि के लिए हमारी प्रतिबद्धताओं के अनुरूप, सक्रिय रूप से स्वच्छ और हरित वैकल्पिक ईंधन को अपनाना जरूरी है। ये ईंधन आयात के विकल्प, लागत प्रभावी, स्वदेशी और प्रदूषण मुक्त होने चाहिए।

रिपोर्ट के अनुसार दिन की शुरुआत में 63वें वार्षिक सियाम सम्मेलन को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने डीजल को ‘खतरनाकÓ ईंधन करार दिया था। उन्होंने कहा था कि मांग को पूरा करने के लिए देश को ईंधन का आयात करना पड़ता है। नितिन गडकरी ने कार निर्माताओं से इथेनॉल और हरित हाइड्रोजन जैसे पर्यावरण-अनुकूल ईंधन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अपने विनिर्माण को फिर से शुरू करने का आग्रह किया।

***************************

 

सनातन का अपमान नही सहेगा हिंदूस्तान : भाजपा

नई दिल्ली , 12 सितम्बर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन धर्म पर हमला विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का गुप्त एजेंडा है और सनातन का अपमान नही सहेगा हिंदूस्तान वही इंडिया गठबंधन सनातन धर्म विरोधी के लिए बना है ।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस प्राचीन धर्म के बारे में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) नेताओं की लगातार आलोचनात्मक टिप्पणियों के बीच विपक्षी नेताओं की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाए। रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा और कहा कि सोनिया गांधी इस मामले पर अगर चुप्पी साधे रहेंगी तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि सनातन धर्म का विरोध करना ‘इंडिया’ के न्यूनतम साझा कार्यक्रम का हिस्सा है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि डीएमके नेता की एक टिप्पणी सामने आई है। वह बड़ी कमाल की आई है। अग्रेंजी में एक कहावत है कि ‘द कैट इज आउट ऑफ दी बैग’ यानी जो सोचा, वो बाहर आ गया। उनकी सोच सबके सामने बाहर आ गई है। साफ है कि I.N.D.I.A गठबंधन का गठन ही सनातन धर्म का विरोध करने और उसे खत्म करने के लिए बना है। रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि पोनमुडी ने यह टिप्पणी उसी ‘सनातन धर्म विरोधी’ कार्यक्रम में की थी, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के बेटे उधयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से की थी।

बाद में अभिनेता राजा ने इसे एड्स से भी अधिक संक्रामक बताया।रविशंकर प्रसाद ने  कहा कि राजा ने कहा था कि सनातन धर्म एड्स से भी खतरनाक है। भाजपा सांसद ने कहा कि वहां के शिक्षा मंत्री ने जो भी कहा वह सच्चाई है। इसका छिपा हुआ एजेंडा है। यह सनातन धर्म का विरोध करके वोट बैंक की राजनीति करना चाहते हैं। इसके लिए यह सभी बहुत समय से लगे हुए हैं।  रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस और इस गठबंधन से हम कुछ सवाल पूछना चाहते हैं।

क्या वहां के मुख्यमंत्री ने अपने बेटे के खिलाफ कोई टिप्पणी की? उन्होंने कहा कि यह लोग हर धर्म की बात करके लीपापोती करते हैं। मैं इनसे पूछना चाहता हूं कि क्या उन्हें अन्य किसी धर्म के देवताओं की आलोचना करने का अधिकार है? क्या उनमें साहस है? क्या वे ऐसा कर सकते हैं? हम सभी आस्थाओं का सम्मान करते हैं और यह वोट के नाम पर चुप हो जाते हैं। यह लोग अन्य धर्मों पर चुप रहते हैं, लेकिन खुले तौर पर सनातन का विरोध करते हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा इंडिया गठबंधन से एक स्पष्ट प्रस्ताव लाने का आग्रह करेगी कि वह डीएमके की आलोचना से खुद को पूरी तरह अलग करता है और यह उनका एजेंडा नहीं है।

डीएमके द्वारा अपनी आलोचना को सही ठहराने के लिए सनातन धर्म को हिंदुओं के बीच जातिगत भेदभाव की प्रथा से जोड़ने पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि शबीर, केवट और संत रविदास जैसे पिछड़ी जातियों के श्रद्धेय लोगों को समर्पित मंदिर बनाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि सनातन धर्म का मानना है कि कोई भी व्यक्ति अपनी जाति और समुदाय की पृष्ठभूमि के बावजूद अपनी भक्ति से भगवान को प्राप्त कर सकता है।

कांग्रेस ने इस विवाद को लेकर स्पष्ट तौर पर कहा कि वह हर धर्म का सम्मान करने में विश्वास करती है। कांग्रेस पर पलटवार करते हुएरविशंकर प्रसाद ने कहा कि डीएमके से लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और समाजवादी पार्टी (सपा) जैसे दलों के कुछ विपक्षी नेता सनातन धर्म और हिंदू धर्म से जुड़े पवित्र ग्रंथों की आलोचना करने में मुखर रहे हैं, लेकिन क्या वे अन्य धर्मों और उनके पवित्र व्यक्तित्वों की आलोचना करने का साहस जुटा सकते हैं।

रविशंकर प्रसाद कहा कि भारत की संस्कृति और विरासत का हर रोज अपमान किया जा रहा है और भाजपा इस मुद्दे को लेकर देश भर के गांवों में जाएगी और साथ ही विकास तथा विरासत की बात भी करेगी। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सनातन धर्म का यह शर्मनाक अपमान क्यों किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा।

उन्होंने हाल ही में भारत द्वारा आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन की बैठक के दौरान कोणार्क चक्र और प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय को दी गई प्रमुखता के बारे में भी बात की।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version