दिल्ली में CEC ने की बैठक: आज जारी हो सकती है MP, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के उम्मीदवारों की List

नई दिल्ली 18 Oct, (एजेंसी) : आगामी राजस्थान विधानसभा चुनावों और छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लिए शेष उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक दिल्ली में शुरू हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में एआईसीसी मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में बैठक हो रही है। इस बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी के साथ सीईसी के सदस्य और संबंधित राज्यों की स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य भाग ले रहे हैं।

इसमें राजस्थान के कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के बाकी 146 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो सकती है। कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को MP, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के लिए 229 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इनमें मध्यप्रदेश की 230 में से 144, छत्तीसगढ़ की 90 में से 30 और तेलंगाना की 119 में से 55 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। 16 अक्टूबर को मिजोरम की 40 में से 39 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था।

200 सीटों वाली राजस्थान की कोई लिस्ट नहीं आई है। यानी राजस्थान की 200, मध्य प्रदेश की 86, छत्तीसगढ़ की 60, तेलंगाना की 64 और मिजोरम की एक सीट पर कैंडिडेट के नाम नहीं तय हुए हैं। कुल मिलाकर सभी पांच राज्यों की 411 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा बाकी है।

**************************

 

मध्य प्रदेश चुनाव : कांग्रेस का महिला, किसान और नौजवान पर फोकस

भोपाल ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने वचन पत्र जारी कर दिया है, इसमें महिलाओं, किसान और नौजवानों पर खास फोकस किया गया है। इस वचन पत्र में कांग्रेस ने 1290 वचन दिए है।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने राजधानी के रवींद्र भवन में आयोजित विधानसभा चुनाव-2023 के लिए कांग्रेस के वचन पत्र विमोचन कार्यक्रम में कहा कि मध्य प्रदेश की जनता गवाह है कि वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर पहली किस्त में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। सत्ता में आने पर सरकार का और शासन तंत्र का सरलीकरण करना है। वचन पत्र को पूरा करने के लिए हमने मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था करने का भी संकल्प लिया है। इस चुनाव का नारा है ”कांग्रेस आएगी-खुशहाली लाएगी।”

किसानों की बात करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है इसलिए किसानों के लिए सरकार की अलग से प्राथमिकता होगी। हमने किसानों और उनकी खेती लिए क्रांतिकारी निर्णय लिया है। किसानों का धान 2500 रुपये क्विंटल खरीदने का वचन दिया है। गेहूं 2600 रूपये क्विंटल के हिसाब से खरीदने का काम भी करेंगे, और इसको बढ़ाकर हम 3000 हजार तक ले जाने का काम करेंगे।

कमलनाथ ने नंदिनी गौ-धन योजना की घोषणा करते हुए कहा कि दो रूपये किलो के हिसाब से गोबर खरीदेंगे। सरकार में युवाओं की दो लाख पदों के लिए भर्ती की जाएगी। वहीं, एक लाख अलग से पद बनाकर युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे। हम युवा स्वाभिमान योजना शुरू करेंगे, दुर्घटना, स्वास्थ्य बीमा के लिए हम लोग 25 लाख रुपए तक का बीमा कराएंगे। बेटियों की शादी के लिए अब एक लाख 1000 हजार की सहायता करेंगे। वृद्धा पेंशन योजना के जरिए 1200 रूपये देने का काम करेंगे। ‘मेरी बेटी योजना’ में जन्म से लेकर विवाह तक दो लाख तक देने का काम करेंगे। प्रदेश को आईटी हब बनाने के लिए काम करेंगे।

कमलनाथ ने कहा कि आज मेट्रो का श्रेय कोई भी ले, लेकिन मुझे श्रेय से ज्यादा प्रदेश की शान की चिंता है। हम खिलाडिय़ों के लिए पदक लाओ-पद पाओ, पदक लाओ-करोड़पति बन जाओ, योजना की शुरूआत करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए आईपीएल टीम बनाने का काम करेंगे, आईपीएल का आयोजन भी करेंगे। संविदा और आउटसोर्स कर्मचारी के लिए न्याय करेंगे। जल का अधिकार, स्वास्थ्य का अधिकार, खाद्य का अधिकार, आवास का अधिकार, न्यूनतम रोजगार का अधिकार और सामाजिक न्याय का अधिकार देने का भी काम करेंगे।
कमलनाथ ने कहा कि पूर्व में जो गरंटियां दी जा चुकी है, उन पर अमल होगा। कांग्रेस ने पूर्व में वादा किया था कि महिलाओं को 15 सौ रुपये माह, पढो और बढ़ाओ योजना में पांच से 15 सौ रुपये तक, गैस सिलेंडर पांच सौ रुपये में, कर्मचारियों के लिए ओपीएस, किसान कर्ज माफी होगी।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमलनाथ और शिवराज में यही अंतर है कि शिवराज सपने दिखाते हैं, हवा में बातें करते हैं, लेकिन कमलनाथ जमीन पर जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं और अपना वचन निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में दिए हुए सभी अधिकारों का ध्यान रखा जाएगा। अनुसूचित जाति, जनजाति और सभी धर्म के सामाजिक न्याय का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि आउटसोर्सिंग नौकरियों में भी आरक्षण का ध्यान रखा जायेगा।

दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेशाध्य़ा विष्णु दत्त शर्मा ने कांग्रेस के वचन पत्र पर कहा कि कांग्रेस ने वचन पत्र नहीं बल्कि झूठ, कपट, छल और धोखे का पत्र जारी किया है। जब करप्शन नाथ और मिस्टर बंटाधार के बीच कपड़ा फाड़ द्वंद और घमासान मचा हुआ है, कांग्रेस का वचन पत्र एक रस्म अदायगी बनकर रह गया है।

**********************************

 

डाबर कंपनी को मिला 320.6 करोड़ रुपए भुगतान करने का नोटिस, विफल होने पर डीजीजीआई करेगी ये काम

नई दिल्ली ,17 अक्टूबर (एजेंसी)।  एफएमसीजी प्रमुख डाबर को जीएसटी अधिकारियों से 320.60 करोड़ रुपये का भुगतान करने का नोटिस मिला है। कंपनी ने मंगलवार को एक नियामक फाइलिंग में ये बात कही।

जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (डीजीजीआई) की गुरुग्राम जोनल यूनिट द्वारा 16 अक्टूबर को जारी डिमांड नोटिस में कहा गया है कि अगर कंपनी टैक्स का भुगतान करने में विफल रहती है तो कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।डाबर ने आगे कहा, कंपनी संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपना जवाब/प्रस्तुति दाखिल कर इसे चुनौती देगी।

कंपनी ने कहा कि टैक्स डिमांड नोटिस का कंपनी की वित्तीय, संचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसमें कहा गया है, प्रभाव अंतिम कर देनदारी की सीमा तक सीमित होगा, जैसा कि ब्याज और जुर्माना, यदि कोई हो, के साथ सुनिश्चित किया जा सकता है। शेयर बाजार बंद होने से ठीक पहले डाबर ने जीएसटी डिमांड नोटिस के बारे में नियामक फाइलिंग दायर की। दिन के अंत में बीएसई पर कंपनी का शेयर 540.60 रुपये पर बंद हुआ।

********************************

 

तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्रियों में जबरदस्त विस्फोट, 9 महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत, कई घायल

विरुधुनगर ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में मंगलवार को दो पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट होने से नौ महिलाओं सहित 11 लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि आज दोपहर श्रीविल्लिपुथुर के पास रंगमपलयम में कनिष्कर फायरवर्क्स फैक्ट्री में अचानक हुए विस्फोट से नौ महिलाओं सहित 10 श्रमिकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय श्रमिक फैंसी किस्म के पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले अत्यधिक ज्वलनशील रसायनों को मिलाने के काम में जुटे हुए थे।

एक अन्य घटना में, शिवकाशी के पास किचनाइकेनपट्टी गांव में एक निजी पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। दोनों फैक्ट्रियों में पहुंचे दमकल ने कुछ घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। वरिष्ठ राजस्व और पुलिस अधिकारी बचाव कार्यों की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे।

***************************

 

कमलनाथ के कपड़े फाडऩे वाले बयान पर दिग्विजय सिंह की प्रतिक्रिया, बोले- बड़े लोग धैर्यपूर्वक समाधान निकालें

भोपाल ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। मप्र विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस द्वारा जारी पहली सूची के बाद पार्टी में बवाल मच गया है, स्थिति यहाँ तक पहुँच गई है कि कमलनाथ ने उनसे शिकायत लेकर गए कार्यकर्ताओं से कह दियाज् जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन के कपड़े फाडि़ए, कमलनाथ के इस बयान पर अब दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर जवाब दिया है।

कमलनाथ का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे कहते सुनाई दे रहे हैं कि- ये बात मैंने दिग्विजय सिंह पर छोड़ दी। इसमें कोई मिस अंडरस्टैंडिंग हो गई। आप वीरेंद्र की बात मत कीजिए। मैंने उसे जॉइन कराया है। केपी सिंह ने कहा कि मेरी दिग्विजय सिंह से बात हो गई। दिग्विजय सिंह बोले कि मेरी केपी सिंह से बात हो गई। बाद में कहते हैं कि अरे, ऐसा तो हमने समझा नहीं था।

मैंने कहा कि अब तुम लोग समझ लो। कल शाम को मैंने दिग्विजय सिंह को दिल्ली बुलाया है। केपी सिंह शिवपुरी क्यों जाएं। ये बात मुझे समझ नहीं आई। मैं तो खुद वीरेंद्र के सामने शर्मिंदा हुआ। मुझे रघुवंशी समाज को देना है। मैं खुद ढूंढ रहा हूं। वहां राजकुमार है। वो दूसरा है, जिसकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य है, उसकी पत्नी को लड़ा दो। देना रघुवंशी को है।

शिवपुरी की बात दिग्विजय सिंह, जयवर्धन से करेंगे। जैसा वो कहेंगे, वैसा करेंगे। वीरेंद्र को जितना तुम लोग नहीं चाहते, उससे ज्यादा मैं चाहता हूं। तुम लोग मुझे क्या समझाने आए हो। अब जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन के कपड़े फाड़ो। ये मत कहिएगा कि मैंने कहा है।
कमलनाथ के इस वायरल वीडियो पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का ट्वीट सामने आया है, उन्होंने लिखा-  जब परिवार बड़ा होता है तो सामूहिक सुख और सामूहिक द्वंद्व दोनों होते हैं। समझदारी यही कहती है कि बड़े लोग धैर्यपूर्वक समाधान निकालें। ईश्वर भी उन्हीं का साथ देते हैं जो मन और मेहनत का मेल रखते हैं।

*******************************

 

गरबा पंडाल में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक

उज्जैन ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। उज्जैन के एक गरबा पंडाल में गैर हिंदुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। आयोजकों ने बाकायदा इसके पोस्टर्स लगाए हैं। लिखा है- गैर हिंदुओं का गरबा पंडाल में प्रवेश वर्जित है।पंडाल में आधार कार्ड चेक कर माथे पर तिलक लगाकर एंट्री दी जा रही है।
उज्जैन शहर के नानाखेड़ा मैदान में सेवा ही संकल्प संस्कृति संस्था गरबा का आयोजन करा रहा है। सिर्फ पोस्टर्स ही नहीं, गरबे के मंच से भी पोस्टर लेकर इस बात का संदेश दिया जा रहा है कि गैर हिंदू गरबे में न आएं।
सेवा ही संकल्प संस्कृति संस्था 5 साल से गरबा आयोजन करा रही है। पिछले साल के आयोजनों में भी गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी।
संस्थान के अध्यक्ष बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि हम किसी जाति का विरोध नहीं कर रहे। माता की आराधना और गरबा पंडाल में लव जिहाद और वैमनस्य फैलाने वालों को प्रवेश नहीं मिले, इसके लिए टीम लगा रखी है। टीम में 10 से ज्यादा लोग हैं।

*************************

 

गेट के सामने दूध के टैंकर ने उड़ाया बाइक को, पति पत्नी की मौत- 3 माह का बेटा घायल

करैरा 17 Oct, (Rns) । खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना सीमा में आने वाले आईटीबीपी गेट के सामने एक दूध के टैंकर ने बाइक को उडा दिया। बताया जा रहा है कि इस घटना में बाइक पर सवार पति पत्नी की मौत हो गई। जानकारी मिल रही है कि पति अपनी पत्नी को मायके से वापस लेकर आ रहा था।

जानकारी के मुताबिक करैरा थाना क्षेत्र के चंद्रपठा का रहने वाला 28 साल का नरेंद्र पाल पुत्र उदय पाल अपनी पत्नी निराशा पाल उम्र 25 साल को लेने अपने बुआ के लड़के हरिकिशन पाल निवासी कारेबाह के साथ अपनी ससुराल जराय काली पहाड़ी गया हुआ था।

सोमवार की दोपहर नरेंद्र उसकी पत्नी निराशा, बुआ का लड़का हरिकिशन पाल और नरेंद्र का तीन माह का बेटा बॉबी पाल बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान करैरा आईटीबीपी गेट नंबर 4 के पास हाइवे मिड-डे के सामने के करैरा कस्बे की ओर से आ रहे तेज रफ़्तार दूध के टैंकर ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी।

इस हादसे में नरेंद्र और उनकी पत्नी निराशा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अतिरिक्त बाइक सवार हरिकिशन पाल और तीन माह बॉबी इस हादसे में घायल हो गया। मासूम सहित घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया है दुर्घटना को अंजाम देने के बाद दूध के टैंकर को आरोपी चालक मौके से लेकर भाग गया। करैरा थाना पुलिस ने दंपति के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।

*****************************

 

फुकरे 3 की कमाई 100 करोड़ रुपये के और करीब पहुंची

18.10.2023 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड की सबसे सफल कॉमेडी फ्रैंचाइजी फुकरे की तीसरी किस्त फुकरे 3 की कहानी और तमाम कलाकारों की अदाकारी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।इसने अपने साथ रिलीज हुई बाकी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।फिल्म की रिलीज का यह तीसरा हफ्ता चल रहा है और यह अभी भी अपनी पकड़ बनाए हुए है।हालांकि, सोमवार को फुकरे 3 की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है और इसका कारोबार लाखों में सिमट गया है।फुकरे 3 की कमाई के 19वें दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जो अब तक का सबसे कम कारोबार है।

रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने सोमवार को 85 लाख रुपये कमाए हैं और अब इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 91.68 करोड़ रुपये हो गया है।घटती कमाई के बावजूद भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फुकरे 3 की कमाई 100 करोड़ रुपये की ओर बढ़ रही है तो वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है।फुकरे 3 में वरुण शर्मा, मनजोत सिंह, पुलकित सम्राट, ऋचा चड्ढा और पंकज त्रिपाठी हैं।इसकी कहानी पुराने किरदार हनी, लाली, चूचा, पंडित और भोली पंजाबन के साथ आगे बढ़ती है।

भोली पंजाबन दिल्ली जल माफिया के काले धन का इस्तेमाल करके दिल्ली विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरती है। वह अपने चुनाव प्रचार का जिम्मा फुकरों को देती है।इस चुनावी घमासान के बहाने दिल्ली में पानी की किल्लत और जल माफियाओं के काले कारनामों को दिखाया गया है।

************************

 

अपने गणपत रोल को लेकर बोले टाइगर श्रॉफ, मैंने पहले कभी इतने सारे शेड्स वाले किरदार नहीं निभाए

18.10.2023 (एजेंसी)  –  एक्टर टाइगर श्रॉफ अपनी अपकमिंग फिल्म गणपत: ए हीरो इज बॉर्न की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म में अपना किरदार निभाने का उनका अनुभव अलग था।गणपत के ट्रेलर में टाइगर के पहले कभी नहीं देखे गए एक्शन अवतार की झलक मिलती है।उन्होंने कहा, यह बहुत अलग है, मैंने पहले कभी इतने सारे शेड्स वाले किरदार नहीं निभाए हैं। मैं हमेशा एक ट्रैक पर सीधा-सादा हीरो रहा हूं, यह एक डार्क साइड है और बिल्कुल बच्चे जैसा है।

पूजा एंटरटेनमेंट गुड कंपनी के सहयोग से गणपत : ए हीरो इज़ बॉर्न प्रस्तुत करता है, जिसका निर्देशन विकास बहल ने किया है।फिल्म का निर्माण वाशु भगनानी, जैकी भगनानी, दीपशिखा देशमुख और विकास बहल ने किया है। यह फिल्म 20 अक्टूबर, 2023 को हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में दुनिया भर में रिलीज के लिए तैयार है।

******************************

 

बिग बॉस 17 से नॉमिनेट होने के बाद फूट-फूटकर रोने लगीं मन्नारा चोपड़ा

18.10.2023 (एजेंसी)  –  बिग बॉस 17 के पहले एपिसोड में एक्ट्रेस मन्नारा चोपड़ा, जो घर की पहली कंटेस्टेंट थीं, नॉमिनेट हो गई हैं, जिसके चलते वह रोने लगीं।बिग बॉस ने घर के पहले नॉमिनेशन की घोषणा की और घर के सदस्यों से एक कंटेस्टेंट का नाम बताने को कहा, जो उनके अनुसार घर से बेघर होना चाहिए।

ऐश्वर्या शर्मा, विक्की जैन, ईशा मालविया और कई अन्य लोगों ने मन्नारा का नाम लिया और उन्हें अनसेफ जोन में भेज दिया।इससे एक्ट्रेस को झटका लगा, उन्होंने खुलासा किया कि जिन लोगों ने उन्हें नॉमिनेट किया है, वे बस चेहरे के सामने अच्छे हैं।मन्नारा ने कहा, ये लोग मेरे सामने तो बहुत अच्छे हैं और अब मुझे नॉमिनेट कर रहे हैं, कम से कम विक्की से तो ये उम्मीद नहीं थी। मेरे चेहरे के सामने वह हमेशा मेरे साथ अच्छा व्यवहार करता हैं।

****************************

 

जाह्नवी कपूर ने रिवीलिंग थाई स्लिट ड्रेस पहन कराया हॉट फोटोशूट

18.10.2023 (एजेंसी)  –  एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर बी-टाउन की ग्लैमरस अभिनेत्रियों में से एक हैं। वो आए दिन अपने स्टाइलिश फैशन स्टेटमेंट्स के कारण सोशल मीडिया पर चर्चाएं बटौरती रहती हैं। हाल ही में जाह्नवी कपूर ने एक इवेंट में शिरकत की थी। जहां उनके बोल्ड ड्रेसिंग सेंस को देखकर लोगों ने उन्हें काइली जेनर तो कभी भारत की किम कार्दशियन कहते हुए ट्रोल करना शुरू कर दिया है।

धड़क फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर आज किसी भी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने इंडस्ट्री में काफी कम समय में अपनी एक्टिंग के दम पर लोगों के बीच अपनी अच्छी-खासी पहचान बना ली है। हाल ही में एक्ट्रेस ने एक इवेंट के दौरान बेहद ही स्टाइलिश और रिवीलिंग थाई स्लिट गाउन पहना हुआ था। जाह्नवी कपूर के इस लुक को देखकर लोगों ने उन्हें एक बार फिर से ट्रोल करना शुरू कर दिया। बता दें कि एक्ट्रेस अपने ड्रेसिंग के चलते लोगों के बीच काफी लाइमलाइट बटौरती रहती हैं।

हालांकि कुछ लोग उनके ग्लैमरस अंदाज और बोल्ड ड्रेसिंग सेंस की तारीफ करते हैं। वहीं कुछ नेटिजन्स उनकी खिचाई करना भी शुरू कर देते हैं। जाह्नवी कपूर की इन फोटोज पर एक यूजर ने कॉमेंट करते हुए लिखा है- लाइट काइली जेनर तो वहीं दूसरे ने लिखा है- भारत की किम कार्दशियन। वहीं कुछ नेटिजन्स को उनका ये लुक काफी पसंद भी आ रहा है। एक यूजर ने कॉमेंट करते हुए लिखा- यार ये कितनी हॉट है। दूसरे यूजर ने लिखा है- गॉर्जियस।

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज पूरा दिन खुद को तरोताजा महसूस करेंगे। आपके आसपास सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। लोग आपके व्यवहार से खुश रहेंगे। आप किसी बड़े बिजनेस ग्रुप से पार्टनरशीप करने पर विचार करेंगे। आज आपको उम्मीद से ज्यादा धन लाभ होने वाला है। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों का समाज में सम्मान बढेगा, आपकी क्रिएटिविटी की लोग सराहना करेंगे। दाम्पत्य जीवन में सुखों की बढ़ोतरी होगी। आपका मन आज किसी नए विचारों में खोया रह सकता है। मां दुर्गा को नारियल अर्पित करें, सेहत में सुधार आयेगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 6

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए अच्छे परिणाम लाने वाला होगा। विद्यार्थियों को सफलता मिलने के योग बने हुए है, लेकिन पढ़ाई में और मेहनत करने की जरूरत है। आज घर के साथ अच्छा समय बिताने को मिलेगा, जिससे परिवार का माहौल खुशनुमा रहेगा। ऑफिस मे सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा, जूनियर आपसे काम सिखना चाहेंगे। लवमेट के साथ रिश्ते में सुधार आयेगा। आज आपको अपने कार्यों में राजनीतिक रिश्ते का फायदा मिलेगा। मां दुर्गा के सामने कपूर जलाएं, आपके सारे काम असानी से पूरें हो जाएंगे।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 2

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज आपके व्यापार में अच्छा लाभ मिलेगा। नवविवाहित दंपत्ति के बीच आज मीठी नोक:झोक होगी, इससे रिश्तों में और मिठास आयेगा। आज पैसों के लेन:देन में सावधानी बरतें। नौकरी कर रहे लोगों को आज अपना काम पूरा करने के लिए थोड़ा अधिक मेहनत करने की जरूरतहै। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा का बेहतर परिणाम मिलेगा। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन अच्छा रहने वाला है। माता का आशीर्वाद लें, कार्यों में सफलता मिलेगी।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 8

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज पूरे दिन भाग्य आपके साथ रहेगा। आज किसी अनजान व्यक्ति के सहयोग से आपका मन प्रसन्न रहेगा। आज आपकी कोई इच्छा पूरी होने से मन में प्रसन्नता बनी रहेगी। लवमेट आज अपने रिश्तें के बारे में घर को बताएंगे, घरवाले इस पर विचार करेंगे। इस राशि के जो लोग कोई शॉप चला रहे हैं आज उनको अच्छा मुनाफा होगा। आज आप अपने खर्चों पर नियंत्रण बनाने की योजना बनाएंगे। महिलाएं आज रसोई घर में व्यस्त रहेंगी। दाम्पत्य जीवन में खुशियां बरकरार रहेगी। माता दुर्गा को इलायची अर्पित करें, घर सेनिगेटिविटी दूर होगी।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 1

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आपको सरकारी कामों में कुछ लोगों से राय मिलेगी, जिससे आपका काम असान हो जायेंगा। आपका कोई पूराना दोस्त आपको फोन करके आपको सरप्राइज देगा। आपकी किसी जरूरी बात पर घर वाले सहमति जताएंगे। किसी काम में सफलता आज आपके कदम चूमेगी। आपको अपना करोबार बढ़ाने के लिए आज कई मौके मिलेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को आज अच्छी खबर मिलेगी। लवमेट के लिए दिन अच्छा है। मां दुर्गा को पुष्प अर्पित करें, रूके हुए कार्य पूरे होंगे।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 5

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन मिली:जुली प्रतिक्रिया देने वाला रहेगा। आज आप सामाजिक कार्यों में बढ़:चढ़ कर हिस्सा लेंगे। आप घर पर ही परिवार के साथ धार्मिक कार्यों का आयोजन करेंगें। आज आपकी तरक्की के कई रास्ते खुलेंगे। ऑफिस के काम को थोड़ा संभलकर करने की जरूरत है। कोई आपके काम की शिकायत कर सकता है। आपके मन में कोई बात लेकर उलझने होंगी, दोस्तों से उसे शेयर कर सकते हैं। आज किसी से भी उलझने से आपको बचना चाहिए। आज बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। माता को मिठे का भोग लगाएं, परिवारिक रिश्तों में मिठास बढ़ेगी।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 2

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपको किसी अपने से कोई अच्छी खबर मिलने के योग बने हुए हैं। आज आपको वे लोग ज्यादा महत्व देंगे जो आपको हर मामले में कम समझते थे। इस राशि की महिलाएं अपने कार्यों को पूरा करने में व्यस्त रहेंगी। आज आपके सकारात्मक रवैये से जीवनसाथी प्रसन्न रहेंगे। जीवनसाथी के साथ किसी धार्मिक स्थल पर दर्शन करने जायेंगे। मार्केटिंग की जॉब कर रहे लोगों से आज कोई अच्छा क्लाइंट जुड़ेगा, जो भविष्य में अच्छा धन लाभ कराएगा। नए प्रॉजेक्ट को पूरा करने में अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। मां दुर्गा को लौंग अर्पित करें, अनचाहे भय से मुक्ति मिलेगी।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 7

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन जीवन में मील का पत्थर साबित होगा। आज व्यापार में किसी ऐसी कंपनी के साथ डील फाइनल होगी, जो आपको उम्मीद से अधिक फायदा करायेगी। वकीलों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा, कोई नया केस हाथ लगेगा। दाम्पत्य जीवन में खुशहाली आएगी, जीवनसाथी के साथ कोई मूवी देखने का मन बनायेंगे। आज अपने दोस्त की किसी बात का बूरा ना माने, दोस्ती मजबूत होगी। आज आपको अचानक किसी करीबी व्यक्ति की याद आएगी जिससे मुलाकात करने का मन करेगा। परिवार के साथ मां दुर्गा की आरती करें, पारिवारिक तालमेल मजबूत बनेगा।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 4

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन ठीक:ठाक रहने वाला है। आज आपको किसी भी प्रकार के विवादों से दूर रहने की आवश्यकता है। आज बिना सोचे:समझे किसी अजनबी पर भरोसा ना करें। इस राशि के छात्रों को आज ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। किसी विषय को समझने में आपको अपने सहपाठियों से सहयोग मिलेगा। आज पड़ोसी आपके कार्यों को पूरा करने में आपकी सहायता करेंगे। इससे पड़ोसियों के साथ आपके रिश्ते और मजबूत होंगे। आज लोगों को अपने अन्दर की स्किल को दिखाने का समय है। मां चंद्रघंटा को नमस्कार करें, आपका स्वास्थ्य उत्तम बना रहेगा।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 1

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए हर मायने में बढिय़ा रहने वाला है। आपकी किसी परेशानी का हल चुटकियों में निकल जायेगा। ऑफिस में आप किसी प्रोजेक्ट के लिए अपनी बेहतरीन राय देंगे, बॉस आपके काम की तारीफ करेंगे। आज आप लेखन कार्यों में रुचि लेंगे, आपका लेखन और अच्छा होगा। आज आपकी बातें दूसरों पर प्रभाव डालेगी। अगर आप कोई नया काम शुरू करने की सोच रहे हैं, तो आपको परिवार का पूरा साथ मिलेगा। माता दुर्गा को शहद का भोग लगाएं, समाज में आपका मान सम्मान बढ़ेगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 5

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन बढिय़ा रहेगा। बड़े निर्णय लेने के लिए दिन अच्छा है। किसी नयी बिजनेस डील के लिए ऑफर मिलेगा। आप जीवनसाथी के साथ घर के कार्यों को पूरा करने में व्यस्त रहेंगे। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए दिन अच्छा है। बेटी के ससुराल पक्ष से कोई बड़ी खुशखबरी मिलेगी। बच्चे आज अपने पढ़ाई के प्रति सीरियस रहेंगे। आज आपके घर नन्हें मेहमान के आगमन का योग बन रहा है। लवमेट आज किसी मंदिर जायेंगे। माता को कुमकुम का तिलक लगाएं, धन:धान्य में बढ़ोतरी होगी।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 3

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आपको घर के बड़ो से कुछ प्रेरणा मिलोगी। आज आप जो भी काम शुरू करेंगे, वो सफल होगा। आज आपका स्वास्थ्य पहले से उत्तम रहेगा। कोई रिश्तेदार आज आपको बिजनेस को बढ़ाने के लिए सुझाव देगा। समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढेगी। बड़े बुजुर्ग आपके व्यवहार से प्रसन्न रहेंगे, लोग आपकी तारीफ करेंगें। आज आपको वाहन चलाते समय खास सावधानी बरतने की आवश्यकता है। आपकी व्यावसायिक सफलता से आपके माता पिता को खुशी मिलेगी। मां चंद्रघंटा की उपासना करें, सुख: समृद्धि में बढ़ोतरी होगी।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 3

***************************

 

आरबीईटी मनी लॉन्ड्रिंग मामला : ईडी ने जम्मू, कठुआ और पठानकोट में आठ स्थानों पर ली तलाशी

नई दिल्ली ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय आरबी एजुकेशनल ट्रस्ट (आरबीईटी) के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम मामले में जम्मू, कठुआ और पठानकोट में फैले आठ परिसरों में तलाशी ले रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जांच किए जा रहे एक मामले पर आधारित है।

सीबीआई ने इस संबंध में 28 अक्टूबर, 2021 को एक आरोप पत्र दायर किया, इसमें आरपीसी की धारा 120-बी और जम्मू-कश्मीर सार्वजनिक भ्रष्टाचार की धारा 5(2) के साथ पढ़ी जाने वाली धारा 5(1)(डी) के तहत किए गए अपराध स्थापित किए गए। 2011 में आरबीईटी के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत कांता अंडोत्रा और पटवार हलका करांडी खुर्द और मुथी हरदो के पटवारी रविंदर सिंह के खिलाफ आरोप दायर किए गए थे।

आपराधिक मिलीभगत से, पटवारी ने कथित तौर पर 4 से 07 जनवरी, 2011 के बीच 329 कनाल से अधिक भूमि के लिए तीन फ़र्द जारी किए, इसमें जम्मू और कश्मीर कृषि सुधार अधिनियम 1976.की धारा 14 के तहत लगाई गई 100 मानक कनाल की सीमा के उल्लंघन के संबंध में विवरण का उल्लेख किए बिना था। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप ट्रस्ट को अनुचित आर्थिक लाभ हुआ।

सूत्रों ने कहा, इन तीन फर्दों के आधार पर, ट्रस्ट ने 5 जनवरी, 2011 और 7 जनवरी, 2011 को निष्पादित तीन उपहार कार्यों के माध्यम से लगभग 329 कनाल भूमि के कई टुकड़े हासिल किए। इस मामले में शामिल मुख्य व्यक्तियों में चौधरी लाल सिंह, पूर्व संसद सदस्य (एमपी) और चौधरी की पत्नी पूर्व विधानसभा सदस्य (एमएलए), कांता अंडोत्रा, पूर्व विधायक और ट्रस्ट के अध्यक्ष और तत्कालीन पटवारी शामिल थे।

ईडी की जांच के दौरान, यह पता चला कि अतिरिक्त भूमि का उपयोग ट्रस्ट द्वारा डीपीएस स्कूलों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को चलाने के लिए सक्रिय रूप से किया जा रहा है।

सूत्रों ने कहा, आज की खोज में शामिल स्थानों में ट्रस्ट, अध्यक्ष, भूमि दाताओं, भूमि दाताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले पावर ऑफ अटॉर्नी (पीओए) धारकों, कार्यों को निष्पादित करने वाले गवाहों और पूर्व पटवारी से संबंधित स्थान शामिल हैं, जिन्होंने गलत तरीके से फर्द जारी किया।

************************

 

विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की गांठें हुई ढीली, एमपी में सपा और कांग्रेस आमने-सामने

लखनऊ ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। लोकसभा चुनाव के लिए बने इंडिया गठबंधन की गांठे विधानसभा चुनाव में ही ढीली होने लगी हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और सपा में कोई समझौता नहीं हो पाया है। इसलिए दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है।

यहां तक कि जिस सीट पर सपा अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी में थी, उस पर कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार उतार दिया है। इसके बाद सपा ने नौ सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। सपा कुछ और सीटों पर अपने प्रत्याशियों को लड़ाने की तैयारी में है।

राजनीतिक जानकर बताते हैं कि इंडिया गठबंधन बनने के बाद समाजवादी पार्टी अभी पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में अपने आधार का आकलन करना चाहती है। उसी हिसाब से आगे बढ़ रही है। वह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारना चाह रही है। लेकिन कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं बन सकी है। इसलिए यहां अब दोनों दल अपने अपने हिसाब से मैदान में हैं। कई सीटों पर कांग्रेस और सपा आमने सामने आ गए हैं।

सपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि हमारी पार्टी भी राष्ट्रीय दर्जा पाना चाहती है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव हमारे लिए अवसर है। लेकिन कांग्रेस का दिल बहुत छोटा है। कांग्रेस ने रविवार को उन सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित किए हैं, जो सपा गठबंधन के तहत मांग रही थी। इसीलिए हमारी पार्टी ने भी नौ उम्मीदवार की एक सूची जारी कर दी है। जब गठबंधन को लेकर बात चल रही थी तो अचानक से उम्मीदवार उतारना ठीक नहीं है। जब उन्हें सहयोग नहीं करना था तो गठबंधन की बात क्यों कर रहे थे। अब हम लोग अपने वोट बैंक के आधार पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे।

मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच रार उनके नेताओं में दूरियां भी बढ़ा रही है। इस मामले को लेकर दोनों पार्टियों की ओर से बयान बाजी भी शुरू हो गई है। इस मामले में मध्यप्रदेश सपा के अध्यक्ष रामायण पटेल का कहना है कि कांग्रेस से हमारा दल समझौता करना चाह रहा था। लेकिन बात नहीं बनी। कांग्रेस ने 144 सीट घोषित कर दी है। उसमें कुछ सीटें सपा मांग रही थी।

उन्होंने कहा कि हमने भी नौ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग अकेले दम पर चुनाव लडऩे जा रहे हैं। हम लोगों ने कांग्रेस के सामने भी उम्मीदवार उतारा है। शेष सीटों के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ही निर्णय लेंगे।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी कहते हैं कि सपा यूपी में कांग्रेस के लिए बड़े दिल दिखाने की बात करती है। लेकिन मध्यप्रदेश में अपने उम्मीदवार उतार देती है। यह आश्चर्यजनक है। इंडिया गठबंधन में होने के नाते इन्हें गठबंधन धर्म निभाना चाहिए। हम वहां भाजपा को हराना जा रहे हैं। इस काम में उन्हे बाधक न बनकर हमारा सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 2009 में हमारे पास 22 सांसद रहे हैं। करीब 40 साल तक यूपी में सरकार चलाई है। यह बात उन लोगों को सोच समझकर बोलनी चाहिए। जिनका जन्म अभी दस पंद्रह साल पहले हुआ है। सपा अपने नेताओं की बयानबाजी पर रोक लगाए।
इसके जवाब में सपा के प्रवक्ता सुनील साजन का कहना है कि इंडिया गठबंधन में राष्ट्रीय नेतृत्व की बातें हो रही है। कांग्रेस को अपने छुटभैये नेताओं के बयान पर रोक लगानी चाहिए। इनकी कोई हैसियत नहीं है, वे बयान दे रहे हैं। कांग्रेस की गठबंधन में बड़ी भूमिका है।

मुख्य विपक्षी पार्टी है। इनका यूपी में कुछ नहीं है। एक सांसद और दो विधायक भी सपा की कृपा पर हैं। सपा और अखिलेश को लेकर कोई बयानबाजी छोटे नेताओं को नहीं करनी चहिए। राष्ट्रीय नेतृत्व से आपस में बात हो रही है। अभी हम लोग मध्यप्रदेश में अकेले चुनाव लड़ रहे है। जहां हम भाजपा को हरा सकते हैं, वहां चुनाव लडेंगे।

वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक प्रसून पांडेय कहते हैं कि इंडिया गठबंधन के लोगों को आगे तक चलने के लिए आपस में हर राज्य में गठबंधन करना पड़ेगा। नहीं तो यह सहयोग आगे चल पाना मुश्किल है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस और सपा का तालमेल गड़बड़ हो रहा है। इसका असर यूपी की लोकसभा सीटों पर भी पड़ सकता है। राज्यों में विपक्षी दल कितना एक साथ आ पाते हैं कि यह स्थानीय स्तर पर ही तय होना है। इसलिए अगर राज्यों में दोनों दल अगर अलग लड़ रहे है। लेकिन दोनों दलों के बीच बना अविश्वास आने वाले दिनों में यूपी में असर दिखा सकता है।

********************************

 

समलैंगिक विवाह पर सुप्रीमकोर्ट का बंटा हुआ फैसला, सीजेआई ने मान्यता देने से किया इनकार; सरकार को समिति गठित करने के निर्देश

नई दिल्ली ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट में समलैंगिक शादी को कानूनी मान्यता की मांग को लेकर पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों वाली बेंच का फैसला बंटा हुआ है। सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने सबसे पहले अपना फैसला सुनाते हुए समलैंगिक शादी को मान्यता देने से इनकार कर दिया। सीजेआई ने कहा कि ये संसद के अधिकार क्षेत्र का मामला है। हालांकि सीजेआई ने समलैंगिक जोड़े को बच्चा गोद लेने का अधिकार दिया है।

सीजेआई ने केंद्र और राज्य सरकारों को समलैंगिकों के लिए उचित कदम उठाने के आदेश दिए हैं। मामले में सीजेआई ने केंद्र सरकार और राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि समलैंगिक लोगों के साथ उनके यौन रुझान के आधार पर भेदभाव न किया जाए। सीजेआई चंद्रचूड़ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि शक्तियों के पृथक्करण का सिद्धांत मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत द्वारा निर्देश जारी करने के रास्ते में नहीं आ सकता।

मामले में कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा है कि यह कहना गलत है कि विवाह एक स्थिर और अपरिवर्तनीय है। सीजेआई ने केंद्र और राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि समलैंगिक समुदाय के लिए वस्तुओं और सेवाओं तक पहुंच में कोई भेदभाव न हो और सरकार को समलैंगिक अधिकारों के बारे में जनता को जागरूक करने का काम करे।

सरकार समलैंगिक समुदाय के लिए हॉटलाइन बनाएगी, हिंसा का सामना करने वाले समलैंगिक जोड़ों के लिए सुरक्षित घर ‘गरिमा गृह’ बनाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि अंतर-लिंग वाले बच्चों को ऑपरेशन के लिए मजबूर न किया जाए। सीजेआई ने कहा कि यौन अभिविन्यास के आधार पर संघ में प्रवेश करने का अधिकार प्रतिबंधित नहीं किया जा सकता है। विषमलैंगिक संबंधों में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को व्यक्तिगत कानूनों सहित मौजूदा कानूनों के तहत शादी करने का अधिकार है। समलैंगिक जोड़े सहित अविवाहित जोड़े संयुक्त रूप से एक बच्चे को गोद ले सकते हैं।

सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा कि केंद्र सरकार समलैंगिक संघों में व्यक्तियों के अधिकारों और हकदारियों को तय करने के लिए एक समिति का गठन करेगी। यह समिति राशन कार्डों में समलैंगिक जोड़ों को ‘परिवार’ के रूप में शामिल करने, समलैंगिक जोड़ों को संयुक्त बैंक खातों के लिए नामांकन करने में सक्षम बनाने, पेंशन, ग्रेच्युटी आदि से मिलने वाले अधिकारों पर विचार करेगी। समिति की रिपोर्ट को केंद्र सरकार के स्तर पर देखा जाएगा।

संविधान पीठ का हिस्सा रहे जस्टिस एस. रवींद्र भट्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि क्वीरनेस न तो शहरी है और न ही अभिजात्य हैं। हालांकि उन्होंने मुख्य न्यायाधीश द्वारा जारी किए गए निर्देशों से असहमति जताई। जस्टिस रवींद्र भट्ट ने अपने अलग फैसले में कहा कि सरकार को इस मसले पर कानून बनाना चाहिए, ताकि समलैंगिकों को समाजिक और कानूनी मान्यता मिल सके।

************************

 

आलिया भट्ट को मिला बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवार्ड, वहीदा रहमान दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित

नई दिल्ली ,17 अक्टूबर (एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित किया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने पुरस्कार प्रदान किए। एक्ट्रेस आलिया भट्ट को उनकी फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी’ में उनके शानदार अभिनय के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया।

समारोह में एक्ट्रेस अपने एक्टर पति रणबीर कपूर के साथ पहुंचीं। दिलचस्प है कि आलिया ने समारोह में अपनी शादी की साड़ी पहनी है। एक्ट्रेस वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। एक्ट्रेस को सभी ने स्टैंडिंग ओवेशन के साथ सम्मान दिया। कृति सेनन को फिल्म मिमी के लिए अवॉर्ड मिला है। अल्लू अर्जुन को फिल्म पुष्पा द राइज के लिए आवॉर्ड मिला है।

*******************************

 

इब्राहिम की बगावत पर पूर्व सीएम कुमारस्वामी बोले, हम इसे ठीक कर देंगे

बेंगलुरु 17 Oct, (एजेंसी): पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने पार्टी के कर्नाटक प्रमुख सी.एम. इब्राहिम के वि‍रोध के बाद जद (एस) के भीतर उथल-पुथल को कम करने की कोशिश की। इब्राहिम ने क्षेत्रीय संगठन के सुप्रीमो और पूर्व प्रधान मंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ गठबंधन के फैसले का सार्वजनिक रूप से विरोध किया था। मंगलवार को यहां अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए कुमारस्वामी ने कहा, “आपके (मीडिया) लिए यह मामला बड़ा प्रतीत होता है। इसे ठीक करने के लिए जो भी करना होगा किया जाएगा।” इब्राहिम के इस दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कि वह मूल जद (एस) पार्टी के प्रमुख है, कुमारस्वामी ने कहा, “उसे (इब्राहिम को) मूल साइन बोर्ड लगाने दीजिए।”

जब उनसे उन्हें और उनके बेटे निखिल कुमारस्वामी को बर्खास्त करने के प्रस्ताव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘इब्राहिम को जो करना है करने दो, यह उन पर छोड़ दिया गया है। कृपया इन मूर्खतापूर्ण मुद्दों पर स्पष्टीकरण न मांगें। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस संबंध में जो भी करने की जरूरत है वह किया जाएगा।” उन्होंने कहा, “मीडिया स्वतंत्र है।’ आपको (मीडिया को) चिंता करने की ज़रूरत क्यों है? पार्टी के वरिष्ठ निर्णय लेंगे।”

उधर, जद(एस) के प्रदेश अध्यक्ष सी.एम. इब्राहिम ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जद (एस) पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवेगौड़ा के परिवार की संपत्ति नहीं है। . जद (एस) और भाजपा गठबंधन पर लिए गए निर्णय की पृष्ठभूमि में भविष्य के कदमों पर चर्चा करने के लिए आयोजित चिंतन-मंथना कार्यक्रम में इब्राहिम ने कहा, वह पार्टी के अध्यक्ष हैं। “मुझे बर्खास्त नहीं किया जा सकता। जद (एस) किसी परिवार की संपत्ति नहीं है।”

उन्होंने कहा, ”मैं देवेगौड़ा से अनुरोध करता हूं कि वह गलत संदेश न दें। आप धर्मनिरपेक्ष विचारधारा के कारण प्रधान मंत्री बने।” उन्‍होंने कहा, जद(एस) पार्टी की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा है। बीजेपी की विचारधारा अलग है. लोकसभा चुनाव में एनडीए को हराना चाहिए. “हम कांग्रेस का समर्थन करेंगे। असली जद(एस) पार्टी हमारी है। आप मुझसे पार्टी अध्यक्ष का पद नहीं छीन सकते।

इब्राहिम ने कहा, “अगर मुसलमानों ने उन्हें वोट नहीं दिया होता, तो कुमारस्‍वामी हार गए होते। मैं कुमारस्वामी को व्यक्तिगत रूप से निशाना नहीं बनाऊंगा। अभी भी समय है। हम बीजेपी के साथ नहीं जा रहे हैं। हम एक कोर कमेटी बनाएंगे. मैं सभी जद(एस) विधायकों से संपर्क करूंगा। पार्टी किसी एक परिवार की नहीं है। मैं इस मामले पर सभी प्रतिनिधियों से चर्चा करूंगा। पार्टी के कार्यकर्ताओं की राय महत्वपूर्ण है।”

****************************

 

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के साथ येलो अलर्ट जारी

देहरादून 17 Oct, (एजेंसी): उत्तराखंड में मानसून के जाने के बाद अब मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश में गुलाबी ठंड ने अपनी दस्तक दे दी है। लेकिन मौसम विभाग ने पहले ही 16 अक्टूबर से एक बार फिर प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के साथ ही तेज़ आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में आंधी तूफान बारिश और बर्फबारी भी हुई। वहीं मंगलवार को भी मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश-बर्फबारी होने के साथ ही कई जिलों में भी अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के 3500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार जताए हैं। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बुधवार से अगले कुछ दिन राहत मिलने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पर्वतीय समेत मैदानी इलाकों में 17 अक्तूबर को बिजली चमकने और हवा चलने के साथ बर्फबारी व बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि 18 से 20 तक प्रदेश भर का मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

***************************

 

स्कूल वैन से उतरे 10 साल के बच्चे का अपहरण, CCTV में दिखे बाइक सवार अपहरणकर्ता

मुजफ्फरपुर 17 Oct, (एजेंसी): बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने भले ही एनकाउंटर में दो बदमाशों को मार गिराया हो, लेकिन बदमाशों के हौसले पस्त नहीं हुए। इस बीच, जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर से सोमवार की शाम स्कूल से लौटे श्लोक कुमार (10) को अपहरणकर्ताओं ने अगवा कर लिया। सीसीटीवी में अपहरणकर्ताओं को एक बाइक से बच्चे को ले जाते हुए देखा गया है। पुलिस अब बच्चे को मुक्त करने के प्रयास में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, अन्य दिनों की भांति श्लोक स्कूल वैन से उतरा और बाइक सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। बच्चे के पिता पप्पू सिंह ने बताया कि बेटे को हर दिन स्कूल वैन घर के पास दोपहर तीन बजे छोड़ जाता है। सोमवार को जब वह देर तक घर नहीं लौटा तब स्कूल वैन के चालक ने बताया कि कुछ देर पहले ही उसे निश्चित जगह उतारा था। इसके बाद पूरा परिवार श्लोक को खोजने में जुट गया।

श्लोक के नहीं मिलने पर सोमवार की रात पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने जांच के क्रम में सीसीटीवी में बाइक सवार दो युवकों को श्लोक को उठाकर ले जाते हुए देखा। परिजनों को अब तक किसी प्रकार की फिरौती का फोन कॉल नहीं आया है।

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि जिस तरह आराम से बच्चा बाइक पर जाता दिख रहा है, उसके अनुसार अपहरणकर्ता पूर्व परिचित लग रहे हैं। उन्होंने बताया पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अपहरण के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

***************************

 

राष्ट्रपति बुधवार को 3 दिवसीय दौरे पर आएंगी बिहार, चौथे कृषि रोड मैप का करेंगी शुभारंभ

पटना 17 Oct, (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 अक्तूबर को बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगी। बिहार दौरे के क्रम में वे 18 अक्तूबर को बिहार का चौथा कृषि रोड मैप लॉन्च करेंगीं। इसके अलावा उनके मोतिहारी और गया जाने का भी कार्यक्रम है। राष्ट्रपति अपने दौरे के पहले दिन यानी 18 अक्तूबर को पटना पहुंचने के बाद बापू सभागार में बिहार के चौथे कृषि रोड मैप का विधिवत शुभारंभ करेंगी। इस दिन बापू सभागार में 2000 किसान सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी उपस्थित रहेंगी।

18 अक्तूबर को राष्ट्रपति के आगमन पर राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन किया जा रहा है। इस भोज में प्रदेश के गणमान्य लोग हिस्सा लेंगे। इस भोज को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। इसी दिन राष्ट्रपति पटना साहिब तख्त श्रीहरमंदिर में मत्था टेकने भी जाएंगी। राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।

19 अक्तूबर को राष्ट्रपति मोतिहारी जाएंगी जहां महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसी दिन शाम को पटना एम्स के दीक्षांत समारोह में भी हिस्सा लेंगी। 20 अक्तूबर को वे पटना से गया जाएंगी जहां दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इस दिन उनके महाबोधि मंदिर भी जाने की संभावना है। इसके बाद गया से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति के बिहार आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।

**************************

 

राम मंदिर निर्माण में आई तेजी, ट्रस्ट ने जारी की तस्वीरें

अयोध्या 17 Oct, (एजेंसी): श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में तेजी ला दी है। ट्रस्ट द्वारा सोशल मीडिया पर जारी की गई नई तस्वीरों में मंदिर का ग्राउंड फ्लोर लगभग पूरा हो चुका है और पहली मंजिल पर खंभे लगाए जा रहे हैं।

ट्रस्ट के एक प्रवक्ता ने कहा, ”मंदिर का ग्राउंड फ्लोर और गर्भगृह लगभग पूरा हो चुका है और अंतिम रूप दिया जा रहा है। पहली मंजिल पर खंभे लगाए जा रहे हैं और जनवरी में भक्तों के लिए खोले जाने तक मंदिर की पहली मंजिल पर निर्माण कार्य पूरा करने की योजना है।” ट्रस्ट के मुताबिक, मंदिर के ग्राउंड फ्लोर पर 160 खंभे लगाए गए हैं जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर क्रमशः 132 और 74 खंभे होंगे।

यूपी सरकार ने अयोध्या में सरयू के तट पर भव्य राम की पैड़ी घाट पर 20 करोड़ रुपये के लेजर और साउंड शो के लिए अपनी सहमति दे दी है। अधिकारियों ने बताया कि यह शो विजिटर्स के लिए नि:शुल्क होगा। राज्य सरकार की संस्था यूपी प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने घाट पर नागेश्वर नाथ मंदिर के पास स्टील के खंभे लगाने शुरू कर दिए हैं।

यूपीपीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप गौड़ के मुताबिक, घाट पर जर्मन हैंगर की तर्ज पर 65-65 फीट के दो पिलर बनाए जाएंगे। इन खंभों के बीच 30 फीट एक्स और 200 फीट का पर्दा लगेगा। योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछले साल इस परियोजना को मंजूरी दी थी, लेकिन इस साल धन जारी किया गया है।

**************************

 

असम में जंगली हाथियों के हमले में महिला की मौत

गुवाहाटी 17 Oct, (एजेंसी): असम के गोलपाड़ा जिले में मंगलवार को जंगली हाथियों के हमले में एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना भालुकडुबी इलाके में हुई जब महिला सुबह की सैर पर थी। उसकी पहचान महबूबा आलम अहमद के रूप में हुई है। अचानक, उसी क्षेत्र से गुज़र रहे तीन जंगली हाथियों ने उस पर हमला कर दिया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

गोलपाड़ा के प्रभागीय वन अधिकारी तेजस मारिस्वामी ने बताया, “महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।” अधिकारी के मुताबिक, दुर्भाग्य से महिला हाथियों के झुंड के सामने आ गई। मारिस्वामी ने कहा, “हमने उस इलाके में जंगली हाथियों की नियमित गतिविधियों को देखा है।”

**************************

 

राजस्थान के उम्मीदवारों को लेकर भाजपा आज करेगी मंथन

नई दिल्ली 17 Oct, (एजेंसी): राजस्थान में होने वाले आगामी विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा मंगलवार को पार्टी उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर दिल्ली में विचार मंथन करेगी। बताया जा रहा है कि राजस्थान चुनाव में वसुंधरा राजे सिंधिया की भूमिका को लेकर पार्टी आलाकमान जल्द ही कोई फैसला भी कर सकती है। सोमवार को राजस्थान के चुनावी दौरे पर रहने वाले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को दिल्ली में अपने आवास पर राजस्थान भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं की बैठक बुलाई है।

नड्डा के आवास पर मंगलवार को होने वाली इस बैठक में राजस्थान उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट को लेकर विचार मंथन होगा और इसमें तय किए नामों पर अंतिम फैसला लेने के लिए इसे पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार शाम को पार्टी मुख्यालय पर पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो सकती है जिसमें राजस्थान उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर मुहर लग सकती है।

इससे पहले जेपी नड्डा के आवास पर होने वाली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह, राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, अर्जुन राम मेघवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत सहित राजस्थान भाजपा कोर ग्रुप में शामिल अन्य नेता भी मौजूद रह सकते हैं। आपको बता दें कि राजस्थान में 25 नवंबर को विधान सभा का चुनाव होना है। इसके लिए भाजपा ने अपने 41 उम्मीदवारों की पहली सूची पिछले सप्ताह 9 अक्टूबर को ही जारी कर दी थी।

*********************************

 

RB एजुकेशनल ट्रस्ट के खिलाफ ED की बड़ी कार्रवाई : जम्मू-पठानकोट समेत 8 शहरों में छापेमारी

नई दिल्ली 17 Oct, (एजेंसी) : ईडी ने आज जम्मू-कश्मीर के जम्मू, कठुआ, पंजाब के पठानकोट समेत 8 अलग-अलग शहरों में सर्च ऑपरेशन चलाया है। ये छापेमारी RB एजुकेशनल ट्रस्ट के खिलाफ दर्ज PMLA केस में की गई है। ईडी की छापेमारी पूर्व विधायक और पूर्व सांसद लाल सिंह और ट्रस्ट के चेयरपर्सन कांटा आन्दोत्रा से जुड़े ठिकानों पर हो रही है। ये छापेमारी साजिश रचकर ट्रस्ट को 329 कनाल लैंड अलॉटमेंट को लेकर की जा रही है।

ईडी की छापेमारी जहां जम्मू-कश्मीर और पंजाब जैसे राज्यों में चल रही है। वैसे ही आयकर विभाग भी देश के तीन बड़े शहरों में कार्रवाई कर रहा है। आयकर विभाग ने बिहार के एक बड़े नेता के करीबी कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। विभाग के जरिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बनारस और बिहार के कई शहरों में छापेमारी की जा रही है। सोमवार को कांग्रेस नेता के करीबियों के यहां कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में रेड कर 94 करोड़ कैश, 8 करोड़ की ज्वैलरी, 30 लग्जरी घड़िया बरामद की गई थीं।

दरअसल, जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आरबी एजुकेशनल ट्रस्ट मौजूद है। इस ट्रस्ट के जरिए वन्य भूमि की बिक्री और खरीदी करने का आरोप है। ट्रस्ट के अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने इस काम को अंजाम देने के लिए जिले के राजस्व और वन अधिकारियों को घूस दिया, ताकि वे वन्य भूमि की खरीददारी करवा दें। इस मामले में सीबीआई भी कार्रवाई कर चुकी है। सीबीआई ने इस ट्रस्ट से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में कई बार छापेमारी भी की है।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version