सांसदों के निलंबन को लेकर INDIA गठबंधन के दलों ने संसद से विजय चौक तक विरोध मार्च निकाला

नई दिल्ली 21 Dec, (एजेंसी) । 143 सांसदों के निलंबन के खिलाफ गुरुवार को INDIA गठबंधन के दलों ने संसद से विजय चौक तक विरोध मार्च निकाला।विरोध मार्च में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,NCP प्रमुख शरद पवार,कांग्रेस सांसद शशि थरूर,NCP सांसद सुप्रिया सुले समेत कई बड़े नेता शामिल हुए है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ये प्रदर्शन सरकार के खिलाफ है। सरकार, PM मोदी और सदन के मुखिया नहीं चाहते कि सदन चले… हम चुने हुए सदस्य हैं और लोगों की भावनाओं को संसद में बताना सांसदों का कर्तव्य होता है जो हम कर रहे थे… सुरक्षा में उल्लंघन कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है? इसके बारे में आपको सदन को बताना चाहिए… अगर आप सदन में नहीं बोलेंगे तो कहां बोलेंगे? लेकिन ये दुर्भाग्यवश है कि अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी भी वहां(सदन में) नहीं आए… वे(प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) वाराणसी में बात करते हैं, अहमदाबाद में बात करते हैं, रेडियो और टीवी पर बात करते हैं लेकिन सदन में बात नहीं करते हैं।

***************************

 

केजरीवाल ने ED के समन को बताया अवैध व राजनीति से प्रेरित

नई दिल्ली 21 Dec, (एजेंसी) । 10 दिवसीय विपश्यना सत्र पर गए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन का जवाब देते हुए इसे “अवैध और राजनीति से प्रेरित” बताया है।

केजरीवाल कथित उत्पाद शुल्क नीति मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए ईडी द्धारा दूसरी बार बुलाए जाने पर भी नहीं गए।

मुख्यमंत्री 19 से 30 दिसंबर तक विपश्यना सत्र के लिए रवाना हो गए है। उन्‍होंने वित्तीय जांच एजेंसी को अपने जवाब में कहा कि वह सभी कानूनी रूप से वैध समन स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।

आप सूत्रों के अनुसार केजरीवाल ने अपने जवाब में कहा कि पिछले समन की तरह यह समन भी अवैध है।

सूत्र ने कहा कि उन्होंने समन को राजनीति से प्रेरित करार दिया है और इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने अपना जीवन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ बिताया है।

केजरीवाल ने अपने जवाब में यह भी कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।

मुख्यमंत्री को ईडी ने कथित उत्पाद नीति घोटाला मामले में 21 दिसंबर को अपने मुख्यालय में पेश होने के लिए बुलाया था।

इससे पहले, केजरीवाल 2 नवंबर को ईडी के समन में शामिल नहीं हुए थे।

इस मामले में ईडी पहले ही पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है।

**************************

 

सांसद निलंबन करने का अनुरोध करते हैं और बाहर जाकर आरोप लगाते हैं, यह तरीका ठीक नहीं : लोकसभा स्पीकर

नई दिल्ली 21 Dec, (एजेंसी) । सांसदों के निलंबन के मसले पर गुरुवार को भी लोक सभा में विरोधी दलों के सांसदों का हंगामा जारी रहा। हंगामे के बीच लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्न काल की कार्यवाही को पूरे समय चलाया।

लेकिन विपक्षी दलों के सांसदों का हंगामा बढ़ने पर प्रश्न काल के समाप्त हो जाने के बाद ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सांसदों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सांसद उन्हें आकर अनुरोध करते हैं कि उन्हें निलंबित कर दिया जाए और बाहर जाकर आरोप लगाते हैं कि उन्हें सस्पेंड कर दिया गया, यह तरीका ठीक नहीं है।

लोक सभा स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस के तीन सांसदों — डीके सुरेश, नकुल नाथ और दीपक बैज का नाम लेते हुए कहा कि आप तीनों सांसद बार-बार सदन की कार्यवाही को बाधित कर रहे हैं, प्ले कार्ड लेकर आ रहे हैं, नारेबाजी कर रहे हैं और कागज फाड़-फाड़ कर स्टाफ पर फेंक रहे हैं, यह सदन की मर्यादा के अनुकूल नहीं है, यह तरीका ठीक नहीं है।

उन्होंने विपक्षी सांसदों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी सांसद का निलंबन बिना किसी कारण के नहीं किया है, वह किसी भी सांसद का निलंबन नहीं करना चाहते हैं। सांसद उनके पास आते हैं और कहते हैं कि उन्हें निलंबित कर दो, क्या यह तरीका ठीक है?

उन्होंने कहा कि सांसद उनसे निलंबन करने का अनुरोध लेकर आते हैं और बाहर जाकर आरोप लगाते हैं कि उन्हें सस्पेंड कर दिया गया।

लोक सभा अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सांसदों से पूछा कि क्या जनता ने उन्हें तख्तियां लहराने के लिए और कागज फाड़ने के लिए चुनकर भेजा है? वह आएं, सदन की कार्यवाही में भाग लें, उनको बोलने का मौका देंगे, लेकिन वह आकर ये कहें कि उन्हें निलंबित ही कर दो, यह तरीका ठीक नहीं है।

**************************

 

शाहजहांपुर में स्कूल बस ने दो स्कूली छात्रों को कुचला, दोनों की मौत

शाहजहांपुर 21 Dec, (एजेंसी)  । उत्तर प्रदेश की शाहजहांपुर जिले में स्कूल जा रहे हैं दो छात्रों को स्कूल बस में कुचल दिया जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई है पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी दी है।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना खुटार अंतर्गत हरिपुर गांव में रहने वाले गुरमेज सिंह अपने बच्चों जीत पाल (14) तथा हरमीत सिंह (9) क्रमशः कक्षा 9 तथा 2 के छात्र हैं उन्हें आज सुबह स्कूटी से उनके विद्यालय छोड़ने जा रहे थे जब यह रुद्रपुर गांव के पास पहुंचे तो उन्होंने अपनी स्कूटी रोककर लघु शंका करने चले गए।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पुवाया की ओर से आ रही स्कूल बस ने रोड पर खड़े दोनों छात्रों को टक्कर मार दी जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शबों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है घटना के बाद से चालक वाहन सहित फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है ।

******************************

 

IT ने तृणमूल विधायक के घर से बेहिसाब नकदी, सोना व महत्वपूर्ण दस्तावेज किए बरामद

कोलकाता 21 Dec, (एजेंसी) । आयकर अधिकारियों ने लंबी छापेमारी और तलाशी अभियान के बाद तृणमूल कांग्रेस विधायक बायरन बिस्वास के पास से भारी मात्रा में बेहिसाब नकदी, सोना और संपत्ति से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

छापेमारी बुधवार को हुई। बिस्वास को पिछले साल मुर्शिदाबाद जिले के सागरदिघी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में वाम मोर्चा समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुना गया था। लेकिन अपनी जीत के कुछ महीनों के भीतर, वह टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी की उपस्थिति में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि उनके आवास से 70 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की गई। हालांकि बिस्वास के परिवार के सदस्यों ने कहा कि नकदी उनके कारखाने से जुड़े दैनिक वेतन भोगियों को भुगतान करने के लिए घर पर रखी गई थी, लेकिन सूत्रों ने कहा कि वे अपने दावों के पक्ष में कोई सहायक दस्तावेज उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं।

सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा, आयकर अधिकारियों ने बिस्वास के आवास से भारी मात्रा में सोने के आभूषण भी जब्त किए, जिनके वैध कब्जे के कागजात उनके परिवार के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा, संपत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अधिकारियों ने जब्त कर लिए हैं, जिनका विवरण अभी तक सामने नहीं आया है।

सूत्रों ने कहा कि जो कुछ भी जब्त किया गया है, उसे सत्ताधारी दल के विधायक के आयकर रिकॉर्ड में नहीं दिखाया गया है।

पूछताछ के दौरान बुधवार देर शाम बिस्वास बीमार पड़ गए और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। ताजा जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।

आयकर अधिकारियों की एक टीम बुधवार सुबह समसेरगंज स्थित बिस्वास के आवास पर पहुंची, जबकि एक अन्य टीम ने उनकी ‘बीड़ी’ फैक्ट्री, गोदाम, स्कूल और नर्सिंग होम के कार्यालयों पर समानांतर छापेमारी शुरू की।

सूत्रों ने कहा कि आयकर विभाग के अधिकारी कथित तौर पर कुछ अतिरिक्त व्यवसायों की जांच कर रहे हैं।

************************

 

बिग बॉस तेलुगु सीजन 7 के विजेता पल्लवी प्रशांत को हुई जेल

हैदराबाद 21 Dec, (एजेंसी) । बिग बॉस तेलुगु सीजन 7 के विजेता पल्लवी प्रशांत हैदराबाद में हुई हिंसक घटनाओं के लिए शो जीतने के चार दिन बाद ही जेल पहुंच गए।

यूट्यूबर प्रशांत और उनके भाई महावीर को देर रात मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में उन्हें चंचलगुडा जेल में स्थानांतरित कर दिया गया।

जुबली हिल्स पुलिस ने दोनों को शांति भंग करने के आरोप में बुधवार रात सिद्दीपेट जिले में उनके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया।

रियलिटी शो बिग बॉस तेलुगु सीजन 7 के होस्ट और अभिनेता नागार्जुन द्वारा प्रशांत को विजेता घोषित करने के बाद फाइनलिस्ट के प्रशंसकों ने स्टूडियो के बाहर हंगामा किया, जहां शो आयोजित किया जा रहा था।

दोनों फाइनलिस्ट के प्रशंसकों ने नारे लगाए और भिड़ गए। उन्होंने प्रतिभागियों सहित स्टूडियो से बाहर निकल रहे वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) की छह बसों, एक पुलिस वाहन और निजी वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस घटना में उपविजेता अमरदीप चौधरी की कार भी क्षतिग्रस्त हो गयी, वह बाल-बाल बच गए। अन्य प्रतियोगियों गीतू रॉयल और अश्विनी श्री के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

टीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक वी. सी. सज्जनार ने बसों पर हमले की निंदा की और इसे समाज पर हमला बताया था। टीएसआरटीसी अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

जुबली हिल्स पुलिस ने उपद्रव और दंगा करने के आरोप में पल्लवी प्रशांत, महावीर और अन्य के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

किसान का बेटा प्रशांत एक मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर्स वाला एक लोकप्रिय यूट्यूबर है। बिग बॉस से उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई। उन्होंने टेलीविजन अभिनेता अमरदीप चौधरी को हराकर प्रतियोगिता जीती।

रायथु बिद्दा के नाम से लोकप्रिय प्रशांत ने ट्रॉफी और 35 लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता।

****************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज आपका दिन बढिय़ा रहने वाला है। आज आप किसी काम के बारे में नए सिरे से सोच सकते हैं। मार्किट में किसी तरह का निवेश करने जा रहे हैं, तो पूरी तरह से रिसर्च के बाद ही निवेश करें। इससे आपको फायदा मिलेगा। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन अच्छा रहने वाला है। लंबे समय के बाद खुद को तरो-ताजा महसूस करेंगे। दूसरों का सहयोग करने पर आज सबके बीच आपकी छवी अच्छी बनी रहेगी। हर कोई आपसे प्रसन्न रहेगा।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 3

वृष राशि-

आज आपका दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। किसी जरूरी काम या मीटिंग की वजह से आपको ऑउट ऑफ स्टेशन या फिर विदेश यात्रा पर भी जाना पड़ सकता है। ऑफिस में आपको पहले की अपेक्षा ज्यादा काम मिल सकता है, लेकिन आप समय रहते सब कुछ अच्छे से निपटा लेंगे। इस राशि के जो लोग स्टेशनरी का बिजनेस करते हैं, उनके लिए दिन ज्यादा लाभकारी रहेगा। आपको काम में ज्यादा तरक्की मिलेगी। पुराने दोस्त से मुलाकात होने के भी संकेत बन रहे हैं। दोस्तों के साथ आप अच्छा समय बिताएंगे।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 1

मिथुन राशि-

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। जो लोग लंबे समय से नौकरी की तलाश में हैं, उनकी तलाश आज पूरी हो सकती है। जो छात्र सरकारी नौकरी के लिए कॉम्पटीशन की तैयारी कर रहे हैं, उनको भी आज कोई अच्छी खबर मिल सकती है। आज आप जो भी काम शुरु करेंगे, उसे समय रहते पूरा कर लें। ऑफिस में आपको किसी बड़े आधिकारी या सहकर्मी का सहयोग मिल सकता है। आज बैंकों से जुड़े कामों का निपटारा करने के लिए दिन अच्छा रहने वाला है। आपको सब लोगों का सहयोग मिलेगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 4

कर्क राशि-

आज आपका दिन मिली-जुली प्रतिक्रिया देने वाला रहेगा। शुरुआत में आपको लगेगा कि आपके काम पूरे हो रहे हैं, लेकिन शाम होते-होते कुछ काम पूरे होने से रह सकते है। आज कोई भी जरूरी काम करने से पहले घर के बड़ों या किसी अनुभवी व्यक्ति से राय जरुर ले लें। आपके दिमाग में खुद-ब- खुद नए-नए आइडियाज आते रहेंगे। जो लोग सरकारी नौकरी में हैं, उनके लिए दिन ठीक रहने वाला है। बिजनेस में आगे बढऩे के लिए आपको किसी की मदद मिल सकती है।

* शुभ रंग- सफेद

* शुभ अंक- 2

सिंह राशि-

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। इस राशि के जो छात्र विदेश में हॉयर एजुकेशन के लिए जाना चाहते हैं, वो किसी से इस बारे में राय ले सकते हैं। आज रुपये पैसों की लेन-देन में आपको थोड़ी सावधानी रखने की जरूरत है। किसी को पैसे उधार देने से पहले अच्छे से जांच-पड़ताल कर लें। बदलते मौसम में आपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है। व्यापार में आज अचानक आय के नए स्त्रोत मिलेंगे। आज आपकी आर्थिक स्थिति काफी अच्छी रहेगी।

* शुभ रंग- आसमानी

* शुभ अंक- 7

कन्या राशि-

आज आपका दिन बहुत ही अच्छा रहने वाला है। आज आपके काम जरूर सफल होंगे। जो लोग लंबे समय से अपनी कन्या के लिए वर की तलाश कर रहे हैं, उनकी तलाश आज पूरी हो सकती है, कन्या के लिए आपको सुयोग्य वर मिल सकता है। कोर्ट-कचहरी के मामलों में भी आपको अच्छी खबर मिल सकती है। आज आपको जीवनसाथी का पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। दाम्पत्य रिश्ते में मधुरता आयेगी। आप उनके साथ किसी ट्रिप पर जाने की प्लानिंग भी बना सकते हैं।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 5

तुला राशि-

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। आज किसी प्रभावशाली व्यक्ति से आपकी मुलाकात हो सकती है। आने वाले समय में वह आपके लिए बहुत ही उपयोगी साबित होगा। जो लोग टूर एंड ट्रैवल के बिजनेस से जुड़े हैं, उनके लिए दिन अच्छा रहने वाला है। बिजनेस से जुड़े लोगों को कुछ बड़े प्रोजेक्ट मिल सकते हैं। आज अपनी वाणी पर संयम रखें। आपके मुंह से निकली हुई एक गलत बात आपके रिश्तों को खराब कर सकती है। आज परिवार का माहौल ठीक रहेगा। लवमेट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 8

वृश्चिक राशि-

आज आपका दिन थोड़ा अच्छा रहेगा। आज आपको मन मुताबिक परिणाम मिलेंगे। अगर आप अपने बिजनेस को किसी दूसरी जगह पर शिफ्ट करना चाह रहे हैं, तो एक बार जगह अच्छे से देख लें। किसी के साथ पार्टनरशिप के लिए दिन अच्छा रहेगा। नौकरीपेशा महिलाओं के लिए भी दिन बढिय़ा रहेगा, बॉस और अन्य सहयोगियों के साथ आपके रिश्ते बेहतर रहेंगे। ऑफिस में किसी काम के लिए आप खुद से जिम्मेदारी ले सकते हैं। दाम्पत्य जीवन आज बेहतरीन रहने वाला है।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 4

धनु राशि-

आज आपका दिन बहुत ही बढिय़ा रहने वाला है। आज आपके मन में नए-नए विचार आयेंगे, जिन्हें आप अपनी दिनचर्या में उतारने में कामयाब रहेंगे। जो लोग राजनीति के क्षेत्र से जुड़े हैं, उनके लिए आज का दिन तरक्की दिलाने वाला रहेगा। आज आपकी पार्टी आपको कोई बड़ा पद भी दे सकती है। जनता के बीच आपका मान सम्मान भी बढ़ेगा। जो लोग लोहे के व्यापार से जुडे हैं, उनके व्यापार में वृद्धि होगी। फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स को कोई काम मिल सकता है। इससे आप खुद के सपनों को पूरा कर पायेंगे।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 2

मकर राशि-

आज आपका दिन सामान्य रहने वाला है। किसी सरकारी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को पहले से ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। आज स्वास्थ्य पर ध्यान देने की भी जरूरत है। आज किसी भी तरह की लापरवाही करने आपको बचना चाहिए। लवमेट्स के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। जो लोग थोक विक्रेता है, उनको आज विशेष लाभ होगा। किसी दूसरे शहर से सामान मंगवाना हो, तो आज इससे जुड़े निर्णय ले सकते हैं। संपत्ति से जुड़े मामलों में जीवनासाथी का सहयोग मिलेगा।

* शुभ रंग- आसमानी

* शुभ अंक- 9

कुंभ राशि-

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज घर और बाहर हर जगह आपकी तारीफ़ होगी। हर कोई आपसे अच्छा व्यवहार करेगा। आज समाज से जुड़े कार्यों को करने के लिए दिन उत्तम है। आप किसी एनजीओ की शुरुआत या किसी सामजिक संगठन से जुड़ सकते हैं। आज ऑफिस में काम करने में आपका कोई सानी नहीं होगा। आपके जूनियर भी आपसे काम सिखना चाहेंगे। किसी काम के लिए आपको ऑफिस में अवॉर्ड भी मिल सकता है। छात्रों को आज किसी प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 3

मीन राशि-

आज आपका दिन अच्छा बितेगा। कला और साहित्य से जुड़े लोगों को आज सफलता मिलेगी। आपको किसी बड़े ग्रुप से जुडऩे का मौका मिलेगा। आज ज्यादा से ज्यादा समय आप अपने घर के साथ गुजार सकते हैं। आप सबके साथ कहीं घूमने जाने का प्लॉन भी बना सकते हैं। आज धार्मिक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी। आप किसी धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बन सकते हैं। किसी प्रोडेक्ट की मार्किटिंग के लिए भी दिन अच्छा है। आपकी पदोन्नति के आसार भी बन रहे हैं।

* शुभ रंग- सिल्वर

* शुभ अंक- 2

***********************

 

टीडीपी को फिर से जीवंत करने का एक प्रयास नारा लोकेश की युवा गलम पदयात्रा

*आंध्र प्रदेश राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, गिरती कानून व्यवस्था को करती है उजागर*

*97 विधानसभा सीटों को कवर करते हुए 4 हजार किमी. को किया कवर*

नई दिल्ली , 20 दिसंबर, (एजेंसी)। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) की राजनीतिक स्थिति को फिर से मजबूत करने के लिए, पार्टी के एक प्रमुख नेता नारा लोकेश ने 27 जनवरी 2023 से  “युवा गलम (युवाओं की आवाज)” पदयात्रा शुरू की थी। इस पहल का उद्देश्य लोगों को जोड़ना था। लोगों के साथ और पार्टी को फिर से मजबूत करने की यह बैठक सोमवार को संपन्न हुई, जो आसन्न लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले टीडीपी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।लोकेश ने टीडीपी की घटती राजनीतिक उपस्थिति की पृष्ठभूमि में यह यात्रा शुरू की और उनके प्रयासों की तुलना आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की सफल “प्रजा संकल्प यात्रा” से की जाने लगी।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का सुझाव है कि लोकेश, 2019 में अपनी यात्रा के बाद जगन को मिली चुनावी सफलता को दोहराने का प्रयास कर रहे हैं, जहां वाईएसआरसीपी ने राज्य में विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में व्यापक जीत हासिल की थी।यात्रा, जो 97 विधानसभा सीटों को कवर करती है और लगभग 4,000 किमी तक गई, लोकेश के पिता और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के गृह क्षेत्र कुप्पम से शुरू हुई थी। हालांकि, यात्रा को 79 दिनों के अस्थायी अंतराल का सामना करना पड़ा जब नायडू को कथित भ्रष्टाचार के मामले में सितंबर में गिरफ्तार किया गया था। इस झटके के बावजूद लोकेश ने अपने पिता की जमानत मिलने के बाद पिछले महीने पदयात्रा फिर से शुरू की।

आंध्र प्रदेश, अपराध, भ्रष्टाचार में वृद्धि और बिगड़ते सांप्रदायिक सद्भाव का सामना कर रहा है। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के युवा नेता और पार्टी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अपनी “युवा गलम (युवाओं की आवाज)” पदयात्रा 400 दिनों के बाद सफलतापूर्वक संपन्न कर ली है।  हालांकि, 9 सितंबर को नारा लोकेश के पिता और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को कौशल विकास निगम के कथित भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया गया था। अपने पिता की गिरफ्तारी के बाद लोकेश ने अपने पिता के लिए कानूनी लड़ाई में शामिल होने के लिए अपनी पदयात्रा अस्थायी रूप से रोक दी। नायडू को जमानत मिलने के बाद, नारा लोकेश ने राज्य भर में जनता के साथ फिर से जुड़ते हुए 4,000 किलोमीटर की यात्रा फिर से शुरू की।

नारा लोकेश ने कहा, “लोगों के साथ मेरी यात्रा बेहद सफल रही है। मैंने गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सत्तारूढ़ दल के अन्याय के बारे में चिंताओं को सुना है और ये मुद्दे मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताएं बने हुए हैं।” टीडीपी महासचिव और पार्टी प्रमुख नायडू के बेटे नारा लोकेश ने अपनी युवा गलम पदयात्रा विशाखापत्तनम के शिवाजी नगर निर्वाचन क्षेत्र में समाप्त की। 226 दिनों के दौरान उन्होंने 100 विधानसभा सीटों को कवर किया। वॉकथॉन के अंत को चिह्नित करते हुए, लोकेश ने एक विजय मेहराब का अनावरण किया। नारा लोकेश की पदयात्रा के पूरा होने से टीडीपी कार्यकर्ताओं और जनता का समर्थन और उत्साह बढ़ा है।

युवा गलम पदयात्रा के अंतिम दिन, नारा लोकेश के साथ उनकी मां भुवनेश्वरी, परिवार के अन्य सदस्य और टीडीपी के प्रदेश अध्यक्ष अत्चन्नायडू भी शामिल हुए। युवा गलम की सफलता के बाद, एक भव्य कार्यक्रम, युवा गलम विजय उत्सव, जल्द ही आयोजित किया जाएगा। जैसे-जैसे राजनीतिक परिदृश्य बदलाव और परिवर्तन से गुजर रहा है, लोकेश का जनता के साथ जुड़ने और प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में जाने का रणनीतिक कदम टीडीपी को पुनर्जीवित करने की प्रतिबद्धता का संकेत देता है।  जबकि जूरी अभी भी पदयात्रा के संभावित प्रभाव पर बाहर है, लोकेश के युवाओं और विभिन्न समुदायों से जुड़ने के प्रयास राज्य के भीतर एक महत्वपूर्ण नेता के रूप में उनकी भूमिका को रेखांकित करते हैं।आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव आंध्र प्रदेश में टीडीपी के प्रभाव को बहाल करने में इन प्रयासों की प्रभावशीलता  एक लिटमस टेस्ट के रूप में काम करेगी।

****************************

 

पीएम स्वनिधि लाभार्थियों ने जंतर मंतर पर आकर नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया

*रेहड़ी पटरी वाले कामगारों को आत्मनिर्भर बनाते हुए करोड़ों लोगो को  मिला*

नई दिल्ली , 20 दिसंबर (एजेंसी)। पहली बार पीएम स्वनिधि लाभार्थी  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद करने के लिए हजारों की संख्या में जंतर मंतर पहुंचे जहां केवल धरना प्रदर्शन होते हैं वहीं पर धन्यवाद देने के लिए कार्यक्रम हो रहा है यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए कार्यों की वजह से ऐसा पहली बार हो रहा है।

भारत के  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने असंगठित कामगारों के सामाजिक सुरक्षा को लेकर अनेक देव तुल्य योजनाएं दिए हैं, जिसमे से एक योजना रेहड़ी पटरी साप्ताहिक बाजार स्ट्रीट वेंडर्स के लिए प्रधानमंत्री स्वानिधि योजना दिया है जो कि  स्वनिधि से समृद्धि लाई और रेहड़ी पटरी वाले कामगारों को आत्मनिर्भर बनाते हुए करोड़ों रोजगार नरेंद्र मोदी की गारंटी से हो पाए ।

पहली बार देश के प्रधान सेवक विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी ने रेहड़ी पटरी कामगारों को सीधा संबोधित कर उन्हे आत्म निर्भर बनाए। आज भारत के साधारण व्यक्ति रेहड़ी वाले खास हो गए हैं उसका एक मात्र कारण है मोदी की गारंटी, सम्मान से स्वाभिमान की जिंदगी मिली देश के गरीब किसान मजदूर और छोटे व्यापारी एवम करोड़ों असंगठित कामगारों को स्वाभिमान से जीने का अधिकार दिया।

हजारों की संख्या में  रेहड़ी पटरी कामगार जंतर मंतर पहुंचे और सभी ने धन्यवाद मोदी जी का संदेश दिया। इस अवसर पर कारक्रम में मुख्य रूप से शाजिया इल्मी प्रवक्ता भाजपा,  गोपाल शेट्टी सांसद मुंबई,  नागेन्द्र पाल सिंह उपाध्यक्ष हिंदू जागरण मंच, रेहड़ी पटरी साप्ताहिक बाजार वर्किंग कमेटी के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता  आनंद साहू  ने सभा को संबोधित किए एवम अनेक प्रमुख टीवीसी सदस्य एवं बाजारों के अनेक प्रधानों ने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया ।

**************************

 

गिरिडीह में 10 लाख की फिरौती के लिए अपहृत युवक छह घंटे में बरामद

रांची ,20 दिसंबर (एजेंसी)। झारखंड के गिरिडीह में फिरौती के लिए किडनैप किए गए एक युवक को पुलिस ने छह घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। किडनैपर्स भागने में सफल रहे, लेकिन वारदात के लिए उनके द्वारा इस्तेमाल की गई एसयूवी बरामद की गई है।
पुलिस का दावा है कि किडनैपर्स की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया गया कि गिरिडीह के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय मिथिलेश मंडल किसी काम से अपनी मोटरसाइकिल से डुमरी के लिए निकले थे।

कुछ घंटे बाद करीब 5 बजे शाम को मिथिलेश के नंबर से ही उनकी पत्नी अंजली देवी कॉल आया। उन्हें बताया गया कि मिथिलेश का अपहरण कर लिया गया है। यदि इनकी सलामती चाहते हैं तो दस लाख रुपये लेकर तुरंत डुमरी पहुंचे, अन्यथा इनकी हत्या कर लाश फेंक दी जाएगी।

मिथिलेश के परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। गिरिडीह के एसपी ने इसकी सूचना मिलते ही गिरिडीह के एसडीपीओ और साइबर डीएसपी नेतृत्व में एक टीम गठित कर त्वरित छापामारी का निर्देश दिया। इसके बाद कई थाना क्षेत्रों की पुलिस ने मिलकर लोकेशन के आधार पर अपराधियों की घेराबंदी। खुद को पुलिस से घिरा पाकर अपराधी अपहृत युवक को बगोदर थाना क्षेत्र के औरा में छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल लाई गई बोलेरो जब्त कर ली है।

*******************************

 

लोकसभा में पारित हुए तीन नए क्रिमिनल लॉ बिल, अमित शाह का तंज-बोले, मन इटली का हुआ तो ये कानून समझ नहीं आएगा

नई दिल्ली ,20 दिसंबर (एजेंसी)। लोकसभा में बुधवार को तीन नए क्रिमिनल लॉ बिल पास हो गए। इन तीनों को अब राज्यसभा में रखा जाएगा। वहां से पास होने के बाद इसे मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। बिलों को पेश करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- तीन आपराधिक कानूनों की जगह लाए गए विधेयक गुलामी की मानसिकता को मिटाने और औपनिवेशिक कानूनों से मुक्ति दिलाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाते हैं। उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कांग्रेस पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि अगर मन इटली का है तो ये कानून कभी समझ नहीं आएगा, लेकिन अगर मन यहां का है तो समझ आ जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले के कानूनों के तहत ब्रिटिश राज की सलामती प्राथमिकता थी, अब मानव सुरक्षा, देश की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। बिल पर लोकसभा में अमित शाह ने कहा कि अंग्रेजों का बनाया राजद्रोह कानून, जिसके चलते तिलक, गांधी, पटेल समेत देश के कई सेनानी कई बार 6-6 साल जेल में रहे। वह कानून अब तक चलता रहा। मैंने राजद्रोह की जगह उसे देशद्रोह कर दिया है। क्योंकि अब देश आजाद हो चुका है, लोकतांत्रिक देश में सरकार की आलोचना कोई भी कर सकता है। अगर कोई देश की सुरक्षा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का काम करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

***************************

 

अंकिता हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित आर्य को हाईकोर्ट ने दिया बड़ा झटका

नैनीताल 20 Dec, (एजेंसी): उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त पुलकित आर्य को उच्च न्यायालय से झटका लगा है। अदालत ने आरोपी के जमानत प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया है। अदालत ने इसे जघन्य अपराध करार दिया है। न्यायमूर्ति रवीन्द्र मैठाणी की पीठ में बुधवार को आरोपी के जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई हुई। इस मामले में लगातार दो दिन सुनवाई हुई।

आज अदालत ने माना कि यह एक संगीन अपराध है। आरोपी के खिलाफ अभी तक जो तथ्य सामने आये हैं, वह जमानत प्रार्थना पत्र को खारिज करने के लिये पर्याप्त हैं। शिकायतकर्ता की ओर से अदालत के समक्ष यह भी तथ्य रखा गया कि आरोपी मृतका पर किसी वीआईपी की अनैतिक सेवा के लिये दबाव बना रहा था लेकिन वह आरोपी के दबाव में नहीं आयी। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गयी। सरकार की ओर से भी कहा गया कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सुबूत हैं। गवाहों के बयानों के साथ ही मौके से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाये गये हैं। साथ ही मामले को एसआईटी को सौंप दिया गया।

गौरतलब है कि ऋषिकेश के पास स्थित वनंतरा रिसॉर्ट में बतौर रिसेप्सनिष्ट के पद पर तैनात अंकिता की पिछले साल सितम्बर में हत्या कर दी गयी थी। उसका शव चीला बैराज से मिला था। हत्या का आरोप वनंतरा रिसॉर्ट के मालिक और पूर्व भारतीय जनता पार्टी नेता विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य और उसके दो अन्य साथियों पर लगा था। तीनों आरोपी पिछले साल से जेल में बंद हैं। इस घटना के बाद प्रदेश में भारी आक्रोश फैल गया था। सरकार ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इस प्रकरण की जांच एसआईटी को सौंप दी थी। साथ ही पुलकित आर्य के पिता को पार्टी से जबकि भाई अंकित को पिछड़ा वर्ग आयोग के पद से हटा दिया था।

**********************************

 

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पुलिस कैंप में जोरदार धमाका, आसपास खड़े वाहनों से शीशे टूटे; जांच में जुटी पुलिस

श्रीनगर 20 Dec, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एक पुलिस शिविर में रहस्यमय विस्फोट हुआ है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में एक सशस्त्र पुलिस शिविर के परिसर में रहस्यमय जोरदार विस्फोट हुआ। इस घटना में किसी के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं है।

इस घटना में पार्क किए गए वाहनों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना का पता चलते ही पुलिस और सुरक्षा बल व अन्य एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के इलाके को घेरकर देर रात तक तलाशी अभियान चलाया गया। बुधवार तड़के एकबार फिर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

*************************

 

बिहार में शराब तस्कर ने कार से दारोगा को कुचला, मौत

बेगूसराय 20 Dec, (एजेंसी): शराबबंदी वाले बिहार प्रदेश में शराब तस्कर बेलगाम अब पुलिस अधिकारियों को ही निशाना बना रहे हैं। बेगूसराय जिले में देर रात शराब तस्कर ने एक दारोगा को अपने वाहन से कुचलकर मार दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि नावकोठी थाना क्षेत्र में कोई शराब तस्कर शराब की खेप लेकर जाने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस छतौना बूढ़ी गंडक नदी पुल के पास पुलिस अवर निरीक्षक खामस चौधरी अन्य तीन पुलिसकर्मियों के साथ आने जाने वाले वाहनों की जांच के लिए खड़े थे।

बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि रात के करीब एक बजे एक ऑल्टो कार आती दिखी। पुलिस को देखते ही कार के चालक ने कार की स्पीड बढ़ा दी और दारोगा खामस चौधरी को टक्कर मार दी, जिससे वे नीचे गिर गए और पत्थर से सिर पर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस घटना में एक अन्य जवान को चोट लगी है जिसको सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद बखरी के एसडीपीओ, नावकोठी के थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

कुमार ने बताया कि बखरी के एसडीपीओ के नेतृत्व में पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बना दी गई है। आल्टो गाड़ी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पूछताछ की जा रही हैं।

**************************

 

20 वर्षों से मैं भी ये अपमान सह रहा हूं.. PM मोदी ने उपराष्ट्रपति को किया फोन, अपमानजनक नकल उतारे जाने पर जताया दुःख

नई दिल्ली 20 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को फोन कर एक सांसद द्वारा उनकी अपमानजनक तरीके से नकल उतारे जाने पर दुःख व्यक्त किया है।

राज्यसभा के पदेन सभापति धनखड़ ने बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया और उन्होंने संसद परिसर में कुछ सांसदों द्वारा प्रदर्शित की गयी अपमानजनक नाटकीयता पर अत्यंत दुःख व्यक्त किया। उन्होंने मुझे बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से इस तरह के अपमान सहते आ रहे हैं, लेकिन देश के उपराष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद के साथ, और वह भी संसद में, ऐसा होना दुर्भाग्यपूर्ण है।”

धनखड़ ने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री से कहा कुछ लोगों की बेतुकी हरकतें मुझे मेरा कर्तव्य निभाने और हमारे संविधान में निहित सिद्धांतों का सम्मान करने से नहीं रोक सकती हैं। मैं संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हूं और इस प्रकार के अपमान मुझे अपने मार्ग से विचलित नहीं कर सकते।”

इससे पहले मंगलवार को राज्यसभा में सभापति ने कहा “सोचिए कि मेरे दिल पर क्या गुजर रही होगी जब एक सांसद (कल्याण बनर्जी) द्वारा उपराष्ट्रपति का मजाक उड़ाया जा रहा था और एक वरिष्ठ नेता (राहुल गांधी) वीडियोग्राफी कर रहे थे। इसमें मुझ पर व्यक्तिगत हमला किया जा रहा था।”

धनखड़ ने कहा, “यह एक किसान और एक समुदाय का अपमान मात्र नहीं है, यह राज्य सभा के सभापति के पद का निरादर है। और वह भी एक ऐसी राजनीतिक पार्टी के सदस्य द्वारा जिसने इतने लंबे समय तक शासन किया हो।”

संसद में मंगलवार को सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा उपराष्ट्रपति का मखौल बनाने की घटना पर पीड़ा व्यक्त करते हुए धनखड़ ने कहा “आज हमें सबसे गिरा हुआ स्तर देखने का मौक़ा मिला। उन्होंने राज्यसभा में मौजूद कांग्रेस के सांसद, चिदंबरम से पूछा कि ‘संसद का एक वरिष्ठ सदस्य, दूसरे सदस्य की वीडियोग्राफी करता है… किस लिए, मैं आपको बताता हूं कि मुझे बहुत कष्ट हुआ’ है।”

********************************

 

लोकसभा चुनाव के पहले पूर्वांचल को साधने पहुंच रहे नड्डा

गोरखपुर 20 Dec, (एजेंसी): लोकसभा चुनाव के पहले पूर्वांचल को साधने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा बुधवार को गोरखपुर और बस्ती दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे।

भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन के अनुसार, नड्डा बुधवार दोपहर के करीब 11:45 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुँचेंगे। दोपहर 12:35 बजे वह शहीद सत्यवान स्टेडियम, बस्ती में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ का उद्घाटन करेंगे जबकि सायं 4:45 बजे गोरखपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष गोरखपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे।

बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्ष, गोरखपुर क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश के पदाधिकारी और पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के प्रमुख शामिल होंगे। उनकी सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे है। उनके आगमन पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा और चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।

**************************

 

दाऊद के मरने की खबर फिर निकली झूठी, अटेंशन के लिए पाकिस्तान ने उड़ाई थी अफवाह!

मुंबई 20 Dec, (एजेंसी): अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर 18 दिसम्बर से फैली खबर ने हर किसी को हिला दिया है। 18 को सोशल मीडिया पर तेजी से दाऊद को लेकर खबर वायरल हो रही थी, जिसमें बताया था कि दाऊद को किसी ने गलती से जहर दे दिया है। जिसकी वजह से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, जहां वह कराची के एक अस्पताल में भर्ती करवाए जाने की सूचना भी थी। हालाकि बाद में बता दिया गया था कि उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है।

वहीं अब सूत्रों के माध्यम से पता चला है कि दाऊद को कुछ नहीं हुआ है। उसके मरने की खबर सिर्फ अफवाह है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ, इससे पहले भी 3 बार 2016, 2017 और 2020 में उसके मरने की खबरें आई हैं।

दाऊद के केस को फॉलो करने वाले सेंट्रल जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि दाऊद को जहर देने की खबर कोरी अफवाह है। अटेंशन डायवर्ट करने के लिए इसे पाकिस्तान की ओर से उड़ाया गया है। दाऊद वहां पूरी तरह सेफ है।

ऐसी भी जानकारी है कि दाऊद ने अपने लिए मुंबई से भरोसेमंद शेफ बुलाया है। कई साल से वही दाऊद के लिए खाना बनाता है।

दाऊद के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बीच पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मौजूदा केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवार-उल-हक काकड़ ने दाऊद को सम्मान देते हुए उसे जहर दिए पर दुख जताया गया था। बाद में कुछ यूजर्स ने दावा किया कि शाहबाज शरीफ ने पोस्ट डिलीट कर दी है।

****************************

 

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि के पास संदिग्ध गिरफ्तार, बिना परमिशन हैलमेट पर कैमरा लगाकर कर रहा था सर्वे

अयोध्या 20 Dec, (एजेंसी)- श्रीराम जन्मभूमि के पास एक संदिग्ध को पुलिस ने हिरासत में लिया। आरोपी ने पीले रंग का हेलमेट पहना था और हेलमेट पर कैमरा लगा था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उक्त व्यक्ति मैप इन इंडिया का कर्मचारी है और वह सर्वे का काम कर रहा था। हालांकि इसके लिए अभी कंपनी को अनुमति नहीं मिली है।

फिलहाल पुलिस व खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। आरोपी का नाम भानु पटेल है। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर अभी भी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा का समारोह आयोजित होगा।

अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करा रही संस्था श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की सभी तैयारियां 15 जनवरी तक पूरी कर ली जाएंगी।

****************************

 

UPSC सिविल सेवा परीक्षा का इंटरव्यू शेड्यूल जारी, 2 जनवरी से शुरू होंगे साक्षात्कार

नई दिल्ली 20 Dec, (एजेंसी)- संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 के लिए इंटरव्य शेड्यूल जारी कर दिया है। इंटरव्यू का शेड्यूल यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जारी किया गया है। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही साक्षात्कार में शामिल होंगे, जारी शेड्यूल के अनुसार इंटरव्यू 2 जनवरी 2024 से शुरू होगा और 16 फरवरी 2024 तक चलेगा। फिलहाल 1026 अभ्यर्थियों के लिए शेड्यूल जारी किया गया है। इन 1026 उम्मीदवारों के व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के ई-समन लेटर जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

यूपीएससी ने आधिकारिक नोटिस में कहा कि ”पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) की तारीख और समय में बदलाव के लिए उम्मीदवारों को सूचित किए गए किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।” जो लोग निर्धारित तिथि और समय के भीतर डीएएफ-II जमा करने में विफल रहे, उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और उस उम्मीदवार को कोई ई-समन पत्र जारी नहीं किया जाएगा।

**************************

 

मल्लिकार्जुन खड़गे हो सकते हैं विपक्ष की तरफ से पीएम उम्मीदवार फेस, INDIA गठबंधन की बैठक में आया प्रस्ताव

नई दिल्ली 20 Dec, (एजेंसी)- लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में व्यस्त विपक्ष के गठबंधन INDIA की आज बैठक हुई। बैठक में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बैनर्जी ने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अनुमोदन किया।

हालांकि खुद खड़गे ने कहा कि पहले हम सभी लोगों को जीतकर आना है, पहले इस पर विचार करना होगा। इस पर काम करेंगे। अगर हमारे पास सांसद नहीं होंगे तो पीएम फेस के बारे में बात करके हम क्या करेंगे। बैठक से पहले कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 5 मेंबर्स की नेशनल एलायंस कमेटी बनाई है।

अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद और मोहन प्रकाश इसके मेंबर्स हैं. वहीं मुकुल वासनिक को कमेटी का संयोजक बनाया गया है।

***************************

 

पंजाब पुलिस के साथ एनकाउंटर में गैंगस्टर अमरी की मौत, एक पुलिसकर्मी भी घायल

अमृतसर 20 Dec, (एजेंसी): अमृतसर के जंडियाला गुरु में पुलिस ने गैंगस्टर अमृतपाल का एनकाउंटर किया है, जिसमें जवाबी कार्रवाई में आरोपी की गोली लगने से मौत हो गई है। वहीं एक पुलिस मुलाजिम भी गोली लगने से घायल हो गया है, जहां उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार गैंगस्टर अमृतपाल अमरी 3 मर्डर केस में शामिल था, जिनमें 4 लोगों की मौत हुई थी। मृतक गैंगस्टर जंडियाला गुरु के भगवां गांव का रहने वाला है। उसकी उम्र लगभग 23 साल बताई जा रही है।

एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि अमरी को कल गिरफ्तार किया गया था। अमरी ने पुलिस की पूछताछ में कहा था कि उसने नहर के किनारे हेरोइन छुपा रखी है, जिसके बाद पुलिस टीम हेरोइन की रिकवरी के लिए वहां गई हुई थी जहां उसने पिस्टल भी छिपा रखा था।

उसने हेरोइन निकालने के बहाने वहां रखे पिस्टल से फायरिंग करनी शुरू कर दी। वहीं भागने की फिराक में था। उसकी गोली से एक मुलाजिम भी घायल हुआ। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा लेकिन वह सीधी फायरिंग करता रहा। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली से उसकी मौत हो गई। एसएसपी ने कहा कि फिलहाल यह किस गैंग से जुड़ा था, इसके बारे में जांच की जा रही है।

************************

 

डंकी ड्रॉप 6 : दिलजीत दोसांझ का ‘बंदा’ गाना हुआ रिलीज

20.12.2023  – जीओ स्टूडियोज, रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और राजकुमार हिरानी फिल्म्स की नवीनतम प्रस्तुति ‘डंकी’ का प्रमोशन इन दिनों बड़े जोरशोर से चल रहा है। इसी कड़ी में राजकुमार हिरानी और गौरी खान द्वारा बनाई गई दिल छू लेने वाली इस फिल्म का एक नया गाना, ‘डंकी ड्रॉप 6’, जिसका टाइटल ‘बंदा’ है, जारी कर दिया गया है।

‘बंदा’ टाइटल वाला ये गाना एक जोशीला ट्रैक है जो फैन्स और ऑडियंस को फिल्म में शाहरुख खान के किरदार हार्डी से रूबरू कराता है। इस गाने को दिलजीत दोसांझ ने गाया है जबकि गाने के बोल कुमार ने लिखे हैं और संगीत प्रीतम ने दिया है। उम्मीद की जा रही है कि शाहरुख खान का यह इंट्रोडक्शन सॉन्ग निश्चित रूप से प्रशंसकों और दर्शकों के बीच काफी एक्साइटमेंट लेकर आएगा।

वैसे दर्शकों का उत्साह एडवांस बुकिंग विंडो पर अभी से देखा जा रहा है, जहां फिल्म ने पहले ही रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिया है और कई बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। ‘डंकी’ में शानदार कास्ट है, जिसमें शाहरुख खान के साथ-साथ सुपरटैलेंटेड अभिनेता बोमन ईरानी, तापसी पन्नू, विक्की कौशल, विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर द्वारा रंगीन किरदार निभाए गए हैं।

इस फिल्म की कथा राजकुमार हिरानी के साथ अभिजात जोशी और कनिका ढिल्लों ने संयुक्तरूप से लिखा है। इस साल ‘जवान’ और ‘पठान’ के बाद यह शाहरुख खान की तीसरी फिल्म है। शाहरुख की ‘जवान’ और ‘पठान’ के बाद ‘डंकी’ को भी सुबह 5.55 का शो मिलेगा। यह फिल्म 21 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************

 

सांसदों के निलंबन के खिलाफ 22 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन करेगा इंडिया गठबंधन

नई दिल्ली ,19 दिसंबर (एजेंसी)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, यह पहली बार है जब देश में 151 संसद सदस्यों को निलंबित किया गया है। यह गलत है,हम इसके खिलाफ लड़ेंगे… हम इसके खिलाफ लडऩे के लिए एकजुट हुए हैं। हमने 22 दिसंबर को सांसदों के निलंबन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है ।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा,  लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सभी को लडऩा होगा और हम सभी इसके लिए तैयार हैं। हमने संसद में सुरक्षा उल्लंघन का मुद्दा उठाया। हम पहले से कह रहे हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या पीएम मोदी को संसद में आना चाहिए और संसद सुरक्षा चूक के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में बोलना चाहिए, लेकिन वे ऐसा करने से इनकार कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने मंगलवार को शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए 141 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर सरकार की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि भाजपा की रणनीति से इस आरोप को बल मिलता है कि निरंकुश भाजपा इस देश में लोकतंत्र को ध्वस्त करना चाहती है और उन्होंने लोकतंत्र को नष्ट करने के लिए निलंबित करो, बाहर फेंको और बुलडोजर चलाओ की रणनीति अपनाई है।

खडग़े ने एक्स पर लिखा, संसद से कुल 141 विपक्षी सांसदों का निलंबन हमारे इस आरोप को मजबूत करता है कि निरंकुश भाजपा इस देश में लोकतंत्र को ध्वस्त करना चाहती है। हम सभी जानते हैं कि आपराधिक कानून संशोधन जैसे प्रमुख विधेयक, जो कठोर शक्तियों को उजागर करते हैं और नागरिकों के अधिकारों में बाधा डालते हैं, सूचीबद्ध हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार नहीं चाहती कि भारत के लोग विपक्ष की बात सुनें, जबकि इन विधेयकों पर बहस और विचार-विमर्श किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, इसलिए, उन्होंने लोकतंत्र को नष्ट करने के लिए निलंबित करो, बाहर फेंको और बुलडोजर की रणनीति अपनाई है! गंभीर सुरक्षा उल्लंघन पर केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा संसद में बयान देने और उस पर विस्तृत चर्चा के बारे में हमारी सरल मांगें अपरिवर्तित रहेंगी।

उनकी टिप्पणी मंगलवार को 49 लोकसभा सांसदों को निलंबित किए जाने के बाद आई है, जबकि तीन आपराधिक विधेयक चर्चा के लिए सूचीबद्ध हैं।

सोमवार को 33 लोकसभा सांसदों और 45 राज्यसभा सांसदों को निलंबित कर दिया गया।

14 दिसंबर को 13 लोकसभा सांसदों और एक राज्यसभा सांसद को निलंबित कर दिया गया था।

गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद सुरक्षा उल्लंघन पर विस्तृत चर्चा की मांग करने वाले कुल 141 सांसदों को निलंबित कर दिया गया है।

********************************

 

देश का मशहूर मुर्रा भैंसा गोलू 2 पहुँचा बिहार

*बिहार डेयरी एंड कैटल एक्स्पो 23 में होनी है शिरकत*

*21  बिहार डेयरी एंड कैटल एक्स्पो का उद्घाटन   मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार करेंगे* 

पटना, 19 दिसम्बर (एजेंसी)। तीन दिवसीय बिहार डेयरी एंड कैटल एक्स्पो का आयोजन बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के खेल मैदान में किया जा रहा है, जिसके संयुक्त आयोजक हैं – बिहार का पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग,  कॉम्फेड, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय और कृषिका ।इस एक्स्पो का मुख्य आकर्षण होंगी मिल्किंग प्रतियोगिता और ब्रीड प्रतियोगिता।  21 दिसंबर को मिल्किंग प्रतियोगिता में देसी और विदेशी दोनों नस्लों की गायों की अलग-अलग प्रतियोगिता होगी, जिसमें 20 लीटर से अधिक दूध देने वाली विदेशी और 10 लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी गायें शामिल हो सकती हैं।

इनके लिए पुरस्कार की राशि है – प्रथम पुरस्कार 51000 रु और दूसरा पुरस्कार 21000 रु। दोनों श्रेणियों में 11000 रु के 5-5 प्रोत्साहन पुरस्कार भी हैं।22 दिसंबर को ब्रीड प्रतियोगिता में देसी और विदेशी, दोनों श्रेणियों में दो-दो उत्तम नस्ल की गायों को प्रथम व द्वितीय पुरस्कार दिए जाएँगे। दोनों श्रेणियों में पुनः 11000 रु के 5-5 प्रोत्साहन पुरस्कार भी हैं।तीन दिनों के इस अभूतपूर्व मेले में राज्य के कोने-कोने से किसान व पशुपालक अपने-अपने मवेशियों को लेकर आने की पूरी तयारी में हैं।

सबसे अधिक ख़ुशी व उत्साह की बात यह है कि देश के अन्य राज्यों से भी किसान अपने पशु-धन के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने लगे हैं। इसी क्रम में हरियाणा के दिदवारी निवासी, पद्मश्री से सम्मानित किसान श्री नरेन्द्र सिंह के ‘गोलू डेयरी फार्म’ की शान, उनका मशहूर मुर्रा भैंसा – “गोलू 2” मंगलवार की शाम को ही पहुँच गया, जिसे देखकर लोगों में उत्साह की एक लहर दौड़ गई।

21  दिसंबर दोपहर 12:30  बजे बिहार डेयरी एंड कैटल एक्स्पो का उद्घाटन  बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार करेंगे । इनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे उप-मुख्यमंत्री  तेजस्वी यादव तथा समारोह की अध्यक्षता करेंगे पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री  मोहम्मद अफ़ाक़ आलम । इस भव्य उद्घाटन समारोह में पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग तथा कॉम्फेड के आला अधिकारियों के साथ ही बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ रामेश्वर सिंह तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद होंगे।

इस कार्यक्रम में डेयरी और कैटल के क्षेत्र से सम्बंधित कई तरह की कम्पनियाँ अपने-अपने स्टॉल लगा रही हैं । इनके अलावा विभाग, विश्वविद्यालय तथा कॉम्फेड के स्टॉल भी रहेंगे।  प्रदेश में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है, जिसमें पशुपालन से संबंधित हर क्षेत्र के लोग भाग ले रहे हैं। इन सबके संयुक्त प्रयास से बिहार के भविष्य की एक सुनहरी झलक कार्यक्रम स्थल पर दिखाई दे रही है।

*************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version