केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, यूएपीए के तहत मसरत आलम की मुस्लिम लीग को गैरकानूनी किया घोषित

नई दिल्ली 27 Dec, (एजेंसी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि सरकार ने मुस्लिम लीग जम्मू कश्मीर (मसरत आलम गुट) को कड़े यूएपीए कानून के तहत एक गैरकानूनी संगठन घोषित कर दिया है।

एक्स पर एक पोस्ट में गृह मंत्री ने कहा, ‘मुस्लिम लीग जम्मू कश्मीर (मसरत आलम गुट)’ या एमएलजेके-एमए को यूएपीए के तहत एक ‘गैरकानूनी संघ’ घोषित किया जाता है।

शाह ने कहा, यह संगठन और इसके सदस्य जम्मू-कश्मीर में राष्ट्र-विरोधी और अलगाववादी गतिविधियों में शामिल हैं, आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करते हैं और लोगों को जम्मू-कश्मीर में इस्लामी शासन स्थापित करने के लिए उकसाते हैं।

मंत्री ने घोषणा की, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का संदेश स्पष्ट है कि राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसे कानून का सामना करना पड़ेगा।

**************************

 

बंगाल दौरे पर गए गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी को दी चुनौती, बोले- CAA लागू होने से कोई रोक नहीं सकता

कोलकाता 27 Dec, (एजेंसी): आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। वहीं भाजपा ने बंगाल में 42 में 35 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार देर रात कोलकाता पहुंचे और मंगलवार को बंगाल भाजपा की कोर कमेटी के साथ बैठक की।

बंगाल में अमित शाह ने सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए नागरिकता संशोधन कानून का जिक्र किया। उन्होंने दो-टूक लहजे में कहा कि कि नागरिकता (संशोधन) कानून को लागू होने से कोई नहीं रोक सकता क्योंकि यह देश का कानून है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर अमित शाह ने क्या कहा?
बंगाल में आयोजित भाजपा कार्यक्रम में कहा,”हमें अगले विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनाने के लिए काम करना है। बंगाल में भाजपा सरकार का मतलब घुसपैठ, गाय तस्करी का अंत और सीएए के माध्यम से धार्मिक रूप से सताए गए लोगों को नागरिकता प्रदान करना होगा।”

अमित शाह ने ममता बनर्जी को आड़े हाथों लेते हुए कहा,”कभी-कभी, वह लोगों, शरणार्थियों को गुमराह करने की कोशिश करतीं हैं कि क्या सीएए देश में लागू होगा या नहीं। मैं यह स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि सीएए देश का कानून है और कोई भी इसके कार्यान्वयन को रोक नहीं सकता है। यह यह हमारी पार्टी की प्रतिबद्धता है।”

**************************

 

राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द, नए विधायकों को जगह मिलने की उम्मीद

जयपुर 27 Dec, (एजेंसी): छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में भी नई भाजपा सरकार के लिए कैबिनेट विस्तार की तैयारी है, भजन लाल शर्मा सरकार में एक या दो दिन में नए मंत्रियों को शामिल किए जाने की उम्मीद है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, बुधवार या गुरुवार को कैबिनेट विस्तार हो सकता है और शपथ ग्रहण के लिए राजभवन में तैयारियां की जा रही हैं।

माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश की तरह ज्यादा नए विधायकों को मौके दिए जाएंगे। इस मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा, ”आपको मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में जल्द ही सूचित किया जाएगा।” सीएम शर्मा मंगलवार को श्रीकरणपुर विधानसभा के दौरे पर थे और मंगलवार शाम को जयपुर लौट आए। कैबिनेट विस्तार के चलते ज्यादातर विधायक जयपुर में ही रुके हुए हैं।

अटकलें हैं कि वरिष्ठ सदस्यों की जगह उन विधायकों को मौका दिया जा सकता है, जो अब तक कभी मंत्री नहीं बने हैं। कुछ वरिष्ठ विधायकों को भी मंत्री बनाया जा सकता है और उनकी संख्या ज्यादा नहीं होगी। वहीं, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नए मंत्रियों के चयन में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने पर भी नजर रहेगी। इस पृष्ठभूमि में माना जा रहा है कि शेखावाटी क्षेत्र, जहां भाजपा का प्रदर्शन फिसड्डी रहा है, वहां ज्यादातर जीते हुए विधायकों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

इस बीच, पूर्व सीएम अशोक गहलोत देरी से हो रहे कैबिनेट विस्तार को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोल रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की ‘अद्भुत योजनाओं’ को बंद नहीं करने की गारंटी नहीं मिलने के कारण नई सरकार से जनता की उम्मीद शुरुआत में ही खत्म हो गई है।

उन्होंने कहा, राजीव गांधी युवा इंटर्नशिप कार्यक्रम को बंद कर जहां युवाओं को रोजगार से वंचित किया जा रहा है, वहीं चिरंजीवी योजना के तहत इलाज नहीं होने की खबरें भी आ रही हैं। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि सबसे पहले राजस्थान के हित में सरकार का गठन हो, कैबिनेट बने और हमारी योजनाओं और सुचारु शासन के बारेे में स्थिति स्पष्ट की जाए।”

***************************

 

पटना में विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला, दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल, 5 गिरफ्तार

पटना 27 Dec, (एजेंसी): बिहार में एक बार फिर पुलिस टीम पर हमला किया गया है, जिसमें दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पटना के मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर में मंगलवार की रात दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से 40 से 50 लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर मनेर पुलिस घटनास्थल पहुंची।

पुलिस अभी मामला सुलझाने को लेकर बात ही कर रही थी कि लोगों ने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया। बताया जाता है कि पूर्व मुखिया के पति जय कुमार निराला और रामानंद चौधरी के बीच विवाद हुआ था। सूचना के आलोक में गश्ती दल के प्रभारी एसआई (दारोगा) रंजीत कुमार पहुंचे। निराला एवं उसके समर्थकों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया।

हमले में रंजीत कुमार एवं दो गृहरक्षक जख्मी हुए हैं। पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। दानापुर के एसडीपीओ अभिनव धीमान ने बताया कि इस मामले में निराला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

****************************

 

महादेव ऐप घोटाला : मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर दुबई में नजरबंद, जल्द भारत लाने की है तैयारी

नई दिल्ली 27 Dec, (एजेंसी) : महादेव ऐप घोटाला मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को दुबई में हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, दुबई पुलिस ने सौरभ चंद्राकर को नजर बंद कर दिया है। दुबई में एक घर में उसे नजरबंद करके रखा गया है। सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। मुख्य आरोपी सौरभ के खिलाफ इंटरपोल ने एजेंसी (ED) की गुजारिश पर रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया हुआ है।

Mahadev App Scam Main accused Saurabh Chandrakar detained in Dubai : ईडी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और एक अन्य प्रमोटर रवि उप्पल यूएई में एक सेंट्रलाइज्ड ऑफिस से महादेव सट्टेबाजी ऐप को ऑपरेट कर रहे थे। इसके साथ ही मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला लेनदेन का काम भी किया जा रहा था। जांच एजेंसी के मुताबित करीब 6000 करोड़ का यह घोटाला है। बता दें कि ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने आरोपियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

ईडी ने महादेव ऐप को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। ईडी के मुताबिक, महादेव ऐप को ऑपरेट करने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल पाकिस्तान में डी-कंपनी का सहयोग कर रहे थे। जांच में ये भी खुलासा हुआ है कि डी कंपनी के इशारे पर सौरभ चंद्राकर ने ऐप को संचालित करने के लिए दाऊद इब्राहिम के भाई मुस्तकीम इब्राहिम कासकर के साथ साझेदारी की और इस ऐप को बनाया था।

भारत सरकार ने महादेव बुक सहित 22 अवैध सट्टेबाजी ऐप्स और वेबसाइटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। सरकार ने इन सभी ऐप्स और वेबसाइटों को ब्लॉक कर दिया था। ईडी की तरफ से किए गए रिक्वेस्ट के बाद केंद्र सरकार की तरफ से यह कार्रवाई की गई थी। ईडी ने अपनी जांच में इन ऐप के संचालन को गैरकानूनी बताया था।

बता दें कि महादेव ऐप से कुछ ही महीनों में देशभर से 12 लाख से ज्यादा लोग जुड़ गए थे। इसके जरिए क्रिकेट से लेकर चुनाव तक में सट्टा लगाने के लिए लोग इस ऐप का इस्तेमाल करने लगे थे। इस घोटाले में बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों का नाम भी सामने आया था। कई लोगों को इसको लेकर समन भेजा गया था। फिल्मी सितारों ने इस ऐप का प्रचार प्रसार किया था। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई थी।

*****************************

 

पहलवानों के अखाड़े पहुंचे राहुल गांधी, WFI विवाद के बीच दीपक पुनिया व बजरंग पुनिया से मिले

नई दिल्ली 27 Dec, (एजेंसी) : पहलवानों और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच लगातार खींचतान जारी है। इसी बीच आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहलवानों से मिलने हरियाणा के पहलवान दीपक पूनिया के गांव पहुंचे हैं। बता दें कि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवान लगातार एक्शन की मांग कर रहे हैं। पहलवानों का कहना कि यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण सिंह के खिलाफ सरकार सख्त एक्शन लें।

Rahul Gandhi met Deepak Punia and Bajrang Punia : रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के चुनाव में जब बृजभूषण के करीबी संजय सिंह को अध्यक्ष चुना गया तो विरोध में साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ने का ऐलान कर दिया, जबकि बजरंग पुनिया ने अपना पद्म श्री पीएम आवास के सामने फुटपाथ पर छोड़ दिया। इसके बाद सरकार ने फेडरेशन को ही सस्पेंड कर दिया। इस बीच विनेश फोगाट ने भी अपना अर्जुन आवार्ड और मेजर ध्याचंद खेल रत्न छोड़ने की घोषणा कर दी। वहीं, आज राहुल गांधी पहलवानों से मिलने वीरेंद्र अखाड़ा पहुंचे हैं।

राहुल गांधी ने झज्जर जिले के छारा गांव में पहुंचकर वीरेंद्र अखाड़े में वहां मौजूद पहलवानों से मुलाकात की। इस दौरान बजरंग पूनिया भी मौके पर मौजूद दिखे। जानकारी दे दें कि छारा गांव के वीरेंद्र अखाड़े से ही दीपक व बजरंग पूनिया ने अपनी कुश्ती की शुरूआत की थी। छारा गांव दीपक पुनिया का गांव है। इसको लेकर बजरंग पुनिया ने कहा कि राहुल गांधी हमारे रेसलिंग रूटीन देखने आए थे। उन्होंने यहां रेसलिंग भी की। राहुल गांधी यहां दिन-ब-दिन की एक रेसलर की एक्टिविटी देखने आए थे।

************************

 

कोहरे का कहरः कम विजिबिलिटी ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, 100 से ज्‍यादा फ्लाइट प्रभावित

नई दिल्ली 27 Dec, (एजेंसी): दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बुधवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे की वजह से ट्रेन और फ्लाइट के संचालन भी असर पड़ा है। विजिबिलिटी कम होने की वजह से कई ट्रेनें लेट से चल रही है।

उत्तर रेलवे ने जानकारी दी कि घने कोहरे की वजह से अब तक 25 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुए हैं। वहीं, कम विजिबिलिटी की वजह से 100 से अधिक विमानों की लैंडिंग और टेक ऑफ में देरी हुई है। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि कम विजिबिलिटी की वजह से कुछ विमानों को डायवर्ट किए जाने की संभावना है। दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जानकारी दी गई कि अब तक 12 उड़ानें जयपुर, लखनऊ की ओर डायवर्ट की गईं।।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार की सुबह दिल्ली एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा। बीते दिन घने कोहरे के कारण सुबह सात बजे से लेकर दस बजे तक आइजीआइ एयरपोर्ट के पास दृश्यता महज 50 मीटर रही। इससे उड़ाने प्रभावित हुईं।

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि दिल्ली में बुधवार से शुक्रवार तक तीन दिन सुबह में अति घना कोहरा रहने की चेतावनी जारी की है। इसलिए मौसम विभाग ने बुधवार के लिए आरेंज अलर्ट और बृहस्पतिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बता दें कि पिछले कुछ दिनों पहले तमिलाडु के कई जिलों में जबरदस्त बारिश हुई थी। राज्य में भारी बारिश की वजह से ट्रेन की संचालन पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। कई जगहों पर पटरी टूटने की भी खबर सामने आई। तिरुनेलवेली और तिरुचेंदुर सेक्शन के सेदुंगनल्लूर -श्रीवैकुंटम स्टेशनों में पटरियों की मरम्मत की जा रही है, जिसकी वजह से कई ट्रेनों की संचालन बाधित हुई है।

***************************

 

सीसीईए ने त्रिपुरा के लिए 2,487 करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजना को मंजूरी दी

नई दिल्ली ,27 दिसंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने खोवाई से त्रिपुरा में एनएच-208 पर हरिना तक 135 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ी कर दो लेन की बनाने और सुधारने के लिए 2,486.78 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस परियोजना में आधिकारिक विकास सहायता (ओडीए) योजना के तहत जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) से 1,511.70 करोड़ रुपये का ऋण घटक शामिल है।

इस परियोजना की परिकल्पना त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों के बीच बेहतर सड़क संपर्क की सुविधा प्रदान करने और मौजूदा एनएच-8 के अलावा त्रिपुरा से असम और मेघालय तक वैकल्पिक पहुंच प्रदान करने के लिए की गई है। यह परियोजना बांग्लादेश सीमा के बहुत करीब से गुजरती है और यह कैलाशहर, कमालपुर और खोवाई सीमा चेक पोस्ट के जरिए बांग्लादेश से संपर्क में सुधार करेगी। परियोजना सड़क के विकास के माध्यम से क्षेत्र में सड़क नेटवर्क में सुधार के साथ भूमि सीमा व्यापार भी संभावित रूप से बढ़ेगा।

चयनित खंड राज्य के कृषि बेल्ट, पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थानों और आदिवासी जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जो विकास और आय के मामले में पिछड़े हैं। परियोजना के पूरा होने के बाद कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे राज्य को अधिक राजस्व उत्पन्न करने के साथ-साथ स्थानीय जनता को भी आय होगी। बयान में कहा गया है कि परियोजना के हिस्सों की निर्माण अवधि 2 साल होगी, जिसमें निर्माण पूरा होने के बाद 5 साल (लचीले फुटपाथ के मामले में) / 10 साल (मजबूत फुटपाथ के मामले में) के लिए इन राष्ट्रीय राजमार्गों के हिस्सों का रखरखाव शामिल है।

****************************

 

सोशल मीडिया सहायक कंपनियों को केंद्र सरकार की दो टूकज्अवैध सट्टेबाजी और लोन ऐप्स के विज्ञापनों पर बैन लगाएं

नई दिल्ली ,27 दिसंबर (एजेंसी)। केंद्र ने बुधवार को कहा कि उसने सोशल मीडिया सहायक कंपनियों और ऑनलाइन प्लेटफार्मों को मौजूदा आईटी नियमों के तहत अवैध लोन और सट्टेबाजी ऐप्स को सक्रिय रूप से प्रतिबंधित करने और हटाने का निर्देश दिया है। मंगलवार को, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने सभी डिजिटल मध्यस्थों को मौजूदा आईटी नियमों का सक्रिय रूप से पालन करने के लिए एक एडवाइजरी जारी की, विशेष रूप से गलत सूचना और डीपफेक के संदर्भ में। आईटी मंत्रालय ने अवैध ऋण और सट्टेबाजी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने के लिए मध्यस्थों के दायित्व को भी रेखांकित किया।

एडवाइजरी के अनुसार, प्लेटफार्म को यूजर्स को घोटाला करने और गुमराह करने की क्षमता वाले अवैध लोन और सट्टेबाजी ऐप्स के किसी भी विज्ञापन की अनुमति न देने के लिए अतिरिक्त उपाय करने चाहिए, जिसके परिणामों की पूरी जिम्मेदारी प्लेटफार्म की होगी। यह एडवाइजरी डीपफेक, गलत सूचना और अवैध लोन और सट्टेबाजी ऐप्स के प्रसार जैसे खतरों से निपटने के लिए सरकार के निर्णायक प्रयासों की पृष्ठभूमि में आई है, जो सभी डिजिटल नागरिकों के लिए एक सुरक्षित और विश्वसनीय इंटरनेट बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अक्टूबर में बुलाई गई एक बैठक में, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने अवैध सट्टेबाजी ऐप्स के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा की। बैठक के दौरान, आईटी मंत्रालय ने आरबीआई से बैंकों के लिए अपने ग्राहक को जानें (केवाईसी) प्रक्रिया को अधिक व्यापक बनाने का आग्रह किया था।

इस प्रस्तावित केवाईसी प्रक्रिया, जिसे ‘नो योर डिजिटल फाइनेंस ऐप’ (केवाईडीएफए) कहा जाता है, की परिकल्पना लोन ऐप्स का प्रभावी ढंग से पता लगाने और पता लगाने की क्षमता को बढ़ाने के लिए की गई है। यह सिफारिश आधिकारिक तौर पर वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) और आरबीआई को 13 अक्टूबर को सूचित की गई थी।

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री, राजीव चंद्रशेखर ने बुधवार को कहा कि जिन क्षेत्रों पर हम अब कार्रवाई कर रहे हैं उनमें से एक धोखाधड़ी वाले लोन ऐप्स का विज्ञापन है जो कई प्लेटफॉर्म पर चल रहे हैं। मंत्री ने कहा, हमने कल की एडवाइजरी के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी मध्यस्थ धोखाधड़ी वाले लोन ऐप्स का विज्ञापन नहीं कर सकता क्योंकि यह भ्रामक होगा और इंटरनेट का उपयोग करने वाले लोगों का शोषण करेगा। सलाहकार ने बिचौलियों द्वारा नियोजित मजबूत शिकायत निवारण तंत्र के महत्व पर भी जोर दिया।

*************************

 

एमफिल के वर्ष 2024-25 में नहीं होंगे एडमिशन, डिग्री की मान्यता हुई रद्द

नई दिल्ली ,27 दिसंबर (एजेंसी)। यदि आप एमफिल पाठ्यक्रम में दाखिला लेने जा रहे हैं या ऐसी कोई योजना बना रहे हैं तो आपको सतर्क होने की आवश्यकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि अब एमफिल की डिग्री की मान्यता समाप्त कर दी गई है। अब कोई भी भारतीय विश्वविद्यालय एमफिल की डिग्री या पाठ्यक्रम छात्रों को ऑफर नहीं कर सकेगा।

यूजीसी चेयरमैन प्रोफेसर एम जगदीश कुमार के मुताबिक यूजीसी ने विश्वविद्यालयों को 2024-25 सेशन के लिए एडमिशन रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने के लिए कहा है। हालांकि पहले से एमफिल कर रहे छात्रों पर इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा। यूजीसी ने देशभर के सभी छात्रों को भी इस संबंध में सतर्क रहने को कहा है।

यूजीसी का कहना है कि छात्र किसी भी विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तावित एमफिल प्रोग्राम में दाखिला न लें। यूजीसी के मुताबिक एमफिल की डिग्री को मान्यता नहीं है। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (यूजीसी) ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि विश्वविद्यालयों या फिर उनसे संबंधित कॉलेज एम. फिल न कराएं। हालांकि यूजीसी द्वारा जारी किए गए निर्देशों के बावजूद भी कुछ विश्वविद्यालय एमफिल जैसे प्रोग्राम उपलब्ध करा रहे हैं। इसी को देखते हुए यूजीसी ने अब छात्रों को भी सतर्क रहने को कहा है।
छात्रों के बीच अभी भी असमंजस की स्थिति है और एमफिल पर यूजीसी की अधिसूचना के बाद, मौजूदा छात्रों के लिए इसकी वैधता पर प्रश्न आ रहे हैं।

इस पर यूजीसी चेयरमैन का कहना है कि उच्च शिक्षा संस्थान केवल यूजीसी द्वारा निर्दिष्ट डिग्रियां ही प्रदान कर सकते हैं। यूजीसी (पीएचडी डिग्री प्रदान करने के लिए न्यूनतम मानक और प्रक्रिया) विनियम 7 नवंबर 2022 को अधिसूचित किए गए थे।

यूजीसी चेयरमैन ने बताया कि उपरोक्त अधिसूचना के नियम 14 में कहा गया है कि पीएचडी नियमों की अधिसूचना से पहले शुरू हुआ एम.फिल कार्यक्रम प्रभावित नहीं होगा। यानी अधिसूचना जारी किए जाने से पहले दाखिला ले चुके छात्रों को एम.फिल. की उपाधि के लिए पूरा करने की अनुमति दी जाएगी। लेकिन, इसमें यह भी स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि उपरोक्त नियमों की अधिसूचना के बाद अब देशभर का कोई भी उच्च शिक्षण संस्थान एम.फिल की पेशकश नहीं कर सकता हैं।

*************************

 

डब्ल्यूएफआई के निलंबन के बाद आईओए ने किया तीन सदस्यीय एडहॉक समिति का गठन, भूपिंदर सिंह बाजवा करेंगे समिति का नेतृत्व

नई दिल्ली ,27 दिसंबर (एजेंसी)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने भारतीय कुश्ती महासंघ के निलंबन के बाद तीन सदस्यीय एड हॉक समिति का गठन किया है। भारतीय वुशु संघ के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह बाजवा पैनल के अध्यक्ष होंगे जबकि पूर्व हॉकी ओलंपियन एमएम सोमाया और पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी मंजुषा कंवर इसके दो अन्य सदस्य हैं।

खेल मंत्रालय ने डब्ल्यूएआई को निलंबित कर दिया था जिसके तीन दिन पहले नए पदाधिकारी चुने गए थे, पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के विश्वासपात्र संजय सिंह को चुनावों में अध्यक्ष चुना गया था। खेल मंत्रालय ने इसके बाद डब्ल्यूएफआई के दैनिक कार्यों के संचालन के लिए आईओए को तदर्थ समिति (एडहॉक समिति) का गठन करने को कहा था।

आईओए ने एक विज्ञप्ति में कहा कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष और डब्ल्यूएफआई के अधिकारियों ने अपने स्वयं के संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए मनमाने फैसले किए हैं और सुशासन के सिद्धांतों का भी उल्लंघन किया है। आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने विज्ञप्ति में कहा, आईओए को हाल ही में पता चला है कि नए अध्यक्ष और डब्ल्यूएफआई के अधिकारियों ने अपने स्वयं के संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए और आईओसी द्वारा समर्थित सुशासन के सिद्धांतों के खिलाफ मनमाने फैसले किए हैं, इसके अलावा उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना आईओए द्वारा नियुक्त तदर्थ समिति (एडहॉक समिति) के फैसलों को पलट दिया है।

उन्होंने कहा, आईओए निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने और आईओसी के अनुसार खिलाडिय़ों के हितों की रक्षा करने और निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए शासन मानदंडों के पालन को महत्वपूर्ण मानता है, इसलिए एक तदर्थ समिति नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है।

तदर्थ समिति (एडहॉक समिति) को डब्ल्यूएफआई का संचालन करने का काम सौंपा गया है जिसमें खिलाडिय़ों का चयन, अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए खिलाडिय़ों की प्रविष्टियां जमा करना, खेल गतिविधियों का आयोजन करना, बैंक खातों का संचालन, वेबसाइट का प्रबंधन और अन्य संबंधित जिम्मेदारियां शामिल हैं।

बाजवा डब्ल्यूएफआई के मामलों को चलाने और इसके चुनाव कराने के लिए अप्रैल में आईओए द्वारा गठित तदर्थ समिति के सदस्यों में भी शामिल थे, अदालत में चल रहे मामलों के कारण बार-बार देरी के बाद अंतत: 21 दिसंबर को चुनाव हुए और बृजभूषण के करीबी सहयोगी संजय ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीता।

***************************

 

‘‘संताली भाषा कोचिंग’’ के माध्यम से संघ लोक सेवा आयोग एवं समकक्ष प्रतियोगी परीक्षा की निःशुल्क तैयारी कराएगा डॉ. रामदयाल मुण्डा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान

*शुभारंभ 27 दिसम्बर को होगा*

*इच्छुक छात्र छात्राएं डॉ. रामदयाल मुण्डा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान की वेबसाईट से या दूरभाष से ले सकते हैं जानकारी*

रांची (FJ)। 27 दिसम्बर से डॉ. रामदयाल मुण्डा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान द्वारा अनुसूचित जनजाति समुदाय के युवक- युवतियों के लिए संघ लोक सेवा आयोग एवं समकक्ष प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क (गैर आवासीय) ‘‘संताली भाषा कोचिंग’’ का शुभारंभ किया जा रहा है। संघ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षा से जुड़ा यह विशेष कोचिंग कार्यक्रम लगभग 4 महीने का है। इसमें अब तक तीस (30) छात्र-छात्राओं ने नामांकन लिया है।

कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति संवर्ग के छात्रों को संघ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलवाना

इस कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति संवर्ग के छात्रों को संविधान की आठवीं अनुसूची में सम्मिलित ‘संताली’ भाषा में संघ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलवाना है। चूंकि संताली भाषा के पाठ्यक्रम की विशिष्टताओं के कारण अन्य भाषा के पाठ्यक्रमों की प्रतियोगियों के लिए ज्यादा अंक प्राप्ति की संभावना है। 8वीं अनुसूची में सम्मिलित संताली भाषा की खासियत यह है कि मुंडारी भाषा परिवार की भाषाएँ बोलने वाले मुंडारी, हो, खड़िया, आसुरी, बिरहोरी, बिरजिया, स्वासी आदि समुदायों के प्रतिभागियों को उनकी मातृभाषा संताली से मिलती-जुलती होने के कारण तैयारी करने में कोई कठिनाई नहीं होगी।

गैर मुंडारी भाषा परिवार के प्रतिभागियों के लिए भी अलग से अतिरिक्त कक्षाएं संचालित

इस कोचिंग कार्यक्रम में गैर मुंडारी भाषा परिवार के प्रतिभागियों के लिए भी अलग से अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे उन्हें संताली भाषा सीखने में आसानी हो और उसके पाठ्यक्रम की तैयारी से यथाशीघ्र जुड़ सकें। संस्थान में संचालित होने वाली ‘संताली भाषा कोचिंग’ को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के संताली भाषा विभाग की सहायक प्राध्यापिका श्रीमती डुमनी माई मुर्मू एवं डॉ. फ्रांसिस सी.मूर्मू तथा डॉ. सन्तोष मुर्मू आदि व्याख्याताओं द्वारा पाठ्यक्रम की तैयारी की जायेगी।

इस प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम विषेष रूप से संघ लोक सेवा आयोग एवं समकक्ष परीक्षा के अनुरूप तैयार किया गया है। जिसमें गद्य, कविता उपन्यास, कहानियां, नाटक एवं जीवनी की पुस्तकें हैं। जैसे होरह सेरेंग- डब्ल्यूजी आर्चर, हो सेरंग, रघुनाथ मुर्मू, सोरोस सेरेंग – बाबूलाल मुर्मू (आदिवासी) उपन्यास – हरमावक एटो – आरन कार्सि्टयर्स (अनुवादक – आरके किस्कू), मनु मति – चंद्र मोहन हांसदा, एटो होरक – डोमन हैंसडैक, ओजॉय गाड़ा ढीक – नथेनियाल मुर्मू, जियोन गाड़ा -रूप चंद्र हांसदा, और जादूमनी बेसरा, मायाजाल – डोमन साहू ‘समीर‘, और पद्मश्री भागवत मुर्मू ‘ठाकुर‘ इत्यादि।

ज्ञातव्य है कि संस्थान द्वारा दो और कोचिंग कार्यक्रम जनवरी के द्वितीय सप्ताह से प्रारंभ होगा। उसमें अनुसूचित जनजाति के युवक-युवतियों के लिए राज्य लोक सेवा आयोग की प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी हेतु ‘‘निःशुल्क गैर आवासीय कार्यक्रम’’ एवं अति कमजोर जनजातीय समुदाय (PVTG) के युवाओं को राज्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ‘‘निःशुल्क आवासीय कोचिंग’’ शामिल है ।

इच्छुक छात्र-छात्राएं डॉ. रामदयाल मुण्डा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान की वेबसाईट से या दूरभाष से जानकारी ले सकते हैं।

****************************

 

 

मसले हल करने के लिए भारत पाकिस्तान के साथ बातचीत शुरू करे : फारूक

श्रीनगर 27 Dec, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष एवं सांसद फारूक अब्दुल्ला ने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान के साथ बातचीत के जरिए समाधान नहीं निकाला गया तो भारत का भी गाजा जैसा ही हश्र हो सकता है। अब्दुल्ला ने कहा कि भारत को मामलों को सुलझाने के लिए अपने पड़ोसी पाकिस्तान के साथ बातचीत शुरू करनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी, ‘अगर हम बातचीत के माध्यम से समाधान नहीं ढूंढते हैं, तो हमारा भी गाजा और फिलिस्तीन जैसा ही हश्र होगा, जिन पर इजरायल बमबारी कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी कहा था, ‘हम अपने दोस्त बदल सकते हैं लेकिन अपने पड़ोसी नहीं।

अगर हम अपने पड़ोसियों के साथ मित्रवत रहेंगे तो दोनों प्रगति करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि युद्ध अब कोई विकल्प नहीं है और मामलों को बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए। फारूक ने सवाल किया, ‘संवाद कहां है?

उन्होंने कहा, ‘नवाज शरीफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं और वे कह रहे हैं कि हम भारत के साथ बात करने के लिए तैयार हैं, क्या कारण है कि हम बात करने के लिए तैयार नहीं हैं?

******************************

 

बिहार सरकार ने दिया नए वर्ष का तोहफा

पटना 27 Dec, (एजेंसी)  : बिहार मंत्रिमंडल की हुई बैठक में नियोजित शिक्षकों को सरकार ने नए वर्ष का बड़ा तोहफा दिया। मंत्रिमंडल की बैठक में ‘बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली, 2023Ó को स्वीकृति दे दी गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 29 प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में ‘बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली, 2023Ó को मंजूरी दी गई।

इस नियमावली के गठन के बाद वर्तमान में पंचायतीराज एवं नगर निकाय संस्था अंतर्गत नियुक्त, कार्यरत शिक्षक और पुस्तकालयाध्यक्ष भी इस नियमावली की नियुक्ति प्रक्रिया के माध्यम से राज्य कर्मी के इस नए संवर्ग में शामिल हो सकेंगे।

सरकार का मानना है कि इससे राज्य में प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा के प्रभावी प्रबंधन और शिक्षा में गुणवत्ता में सुधार होने के बाद राज्य में उचित शैक्षणिक वातावरण का निर्माण हो सकेगा। बताया जाता है कि इसका लाभ बिहार के लगभग 4 लाख शिक्षकों को मिलेगा। जल्द ही शिक्षा विभाग की ओर से सक्षमता परीक्षा आयोजित की जाएगी, उसके बाद नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया जाएगा।

******************************

 

पीछा करने पर शराब माफिया गाड़ी छोडक़र भागा

तलवाड़ा 27 Dec, (एजेंसी) / : अपोलो गाड़ी से शराब बेचने आए ब्लैकिया की गांव मोहरीचक में ठेकेदार से मुठभेड़ हो गयी, जिसके बाद तस्कर गाड़ी में लदे शराब के कार्टन छोडक़र भाग गया। शराब के ठेकेदार नेपिंदर एंड ग्रुप ने बताया कि पिछले दिनों रात को शराब तस्कर अपोलो गाड़ी पीबी 65 एल 0335 में अठारह कार्टन शराब लेकर जा रहे थे और जब हमारे करिंदों और एक्साइज विभाग द्वारा उनका पीछा किया गया तो उन्होंने गाड़ी भगा ली।

हाजीपुर पहुंच कर जब उन्होंने घेराबंदी देखी तो शराब से भरी गाड़ी छोडक़र भाग गए ठेकेदार ने कहा कि उनके पास हथियार भी थे और अब वे सुबह से हमें धमका रहे हैं कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई हमारी गाड़ी को घेरने की उन्होंने कहा कि यह शराब उनकी है दसूहा हलके के एक्साइज विभाग ने भटोली का ठेका भी सील कर दिया है

हाजीपुर थाना प्रभारी अमरजीत कौर ने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि ये शराब की पेटियां कहां से आयी है आरोपी भागने में सफल रहा गाड़ी हमारे कब्जे में है वं आरोपी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

**************************

 

घने कोहरे में डूबा समूचा उत्तर भारत, कई राज्यों में रेड अलर्ट, नए साल पर होगी बारिश

नई दिल्ली  27 Dec, (एजेंसी) : सामान्य तापमान के बीच शीत लहर ने एकाएक जोर पकड लिया है जिससे कई राज्यों के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए रैड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं समूचा उत्तर भारत पने कोहरे में डूब गया है।

पंजाब-हरियाणा सहित पडोसी राज्यों में धुंध की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम रह चुकी है, इसके चलते उत्तर भारत सहित आसपास के 15 के करीब राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में आ चुके हैं। बढ़ रही ठंड से आम जन जीवन बुरी तरह से अस्त व्यस्त हो रहा है, वहीं, धुंध से यातायात प्रभावित होना शुरू हो गया है।

दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में कुछ जगह विजिबिलिटी जीरो हो गई है। उधर, दक्षिण भारत में 31 दिसम्बर तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसम्बर से वैस्टर्न डिस्टबैस एक्टिव होगा। इससे राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और तमिलनाडु में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बारिश होगी। इस सिस्टम का असर 2 जनवरी को भी रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में बूंदाबांदी के आसार हैं।

27 दिसंबर तक पंजाब में सुचह व देर रात के समय घनी धुंध पड़ने की संभावना है। 28 व 29 दिसम्बर को मौसम साफ रहेगा जबकि 30 व 31 दिसम्बर को पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार व बुधवार के लिए भी कोहरे का अंरिंज अलर्ट जारी किया है।

रात में विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम

वहीं, रात के समय कई जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रिकार्ड की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केन्द्र द्वारा अगले 2 दिन घने कोहरे की चेतावनी दी गई है और रेड अलर्ट के कारण एहतियाय बरतने को कहा गया है। अगले कुछ दिनों में पंजाब के कई जिलों में बारिश पड़ने के आसार भी बने हुए हैं। इसके चलते ठंड बढ़ेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक सावधानी अपनाने व हाइवे पर संभलकर चलने का परामर्श जारी किया गया है।

*********************************

 

प्रेमी जोड़े ने पहले निभाईं शादी की सारी रस्में, फिर उठाया दिल दहला देने वाला कदम

मेरठ 27 Dec, (एजेंसी)  : उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के बहसूमा क्षेत्र में एक युवा प्रेमी जोड़े ने शादी की रस्में निभाने के बाद कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि बहसूमा क्षेत्र में एक प्रेमी युगल के शव एक पेड़ पर फंदे से लटके मिले, जिनकी पहचान बुद्धनगर इलाके की निवासी राखी चौहान (21) और हरिद्वार के रहने वाले मनीष चौहान (24) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया कि मनीष और राखी प्रेम-प्रसंग में थे, लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके परिवार वाले शादी की अनुमति नहीं देंगे, तो उन्होंने आत्महत्या करने का फैसला किया।

प्रेमी जोड़े ने शादी की रस्में निभाने के बाद फंदा लगाकर दी जान

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात मनीष ने शादी की रिस्में निभाईं और फिर पेड़ पर फंदा लगाकर दोनों ने जान दे दी। सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदा लगाने से दम घुटना पाया गया है और दोनों की मौत का समय भी लगभग एक ही है। उन्होंने बताया कि दोनों परिजनों ने लिखित में दिया है कि वे इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। परिजनों ने सोमवार को शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।

************************

 

श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मची चीख-पुकार

नवांशहर 27 Dec, (एजेंसी) : बलाचौर-रूपनगर नैशनल हाईवे नजदीक फतेहगढ़ साहिब माथा टेकने जा रही संगत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने की सूचना मिली है।उक्त हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 30 यात्री बाल-बाल बच गए। हादसे के उपरान्त नैशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में माहिलपुर के गांव अच्छरवाल (जिला होशियारपुर) से ट्रॉली में सवार करीब 30 श्रद्धालु नौजवान का दल छोटे साहिबजादों की स्मृति में श्री फतेहगढ़ साहिब में हो रहे शहीदी सभा में भाग लेने के लिए जा रहा था कि गांव मुत्तों के नजदीक ओवर टेक करते एक वाहन को बचाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई।

हादसे में ट्रैक्टर चालक मनजीत सिंह तथा अन्य कुछ नौजवानों को चोटें आई जिन्हें लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना काठगढ़ के एस.एच.ओ. पंकज शर्मा मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एम्बुलैंस की मदद से अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने गड्ढे में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकाल कर ट्रैफिक को खुलवाया।

******************************

 

लायन सफारी में -1बाहुबली-1 नामक बब्बर शेर की मौत, डेढ़ साल से चल रहा था बीमार

इटावा 27 Dec, (एजेंसी) /- उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित लायन सफारी में बब्बर शेर ‘बाहुबली’ की लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई। सफारी में पिछले 6 महीने में यह 16वें वन्य जीव की मौत है। सफारी में एक के बाद एक करके हो रही वन्य जीवों की मौतों को लेकर के सफारी प्रबंधन सवालों के घेरे में खड़ा हुआ है। पार्क के उपनिदेशक विनय कुमार पटेल ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 15 मिनट पर गंभीर बीमारी से ग्रसित शेर ‘बाहुबली ‘ की मौत हो गई है।

लायन सफारी में ‘बाहुबली’ नामक बब्बर शेर की मौत

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ऐसा कहा जा रहा है कि शेर डेढ़ साल से बीमार चल रहा था। गंभीर हालत होने के बाद 10 नवंबर से सफारी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से लगातार बाहुबली की हालत बिगड़ना शुरू हो गई और मंगलवार देर शाम उसने दम तोड़ दिया। पटेल ने बताया कि बाहुबली को बचाने के लिए देश भर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद ली गई लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। बाहुबली नामक बब्बर शेर मेगा कोलन नाम बीमारी से लगभग डेढ़ वर्ष से ग्रसित था, जिसका इलाज मथुरा वेटनरी कालेज के विशेषज्ञ डॉ. आरपी पाण्डेय एवं डा मुकेश श्रीवास्तव की देखरेख में चल रहा था।

समय-समय पर एनिमा देकर फीकल पास कराया जा रहा था तथा अन्य जरुरी दवायें दी जा रही थी

बताया जा रहा है कि समय-समय पर एनिमा देकर फीकल पास कराया जा रहा था तथा अन्य जरुरी दवायें दी जा रही थी। 10 नवंबर से शेर को कठिनाई और बढ़ गई तथा उसके द्वारा भोजन भी पूर्ण मात्रा में नहीं लिया जा रहा था। 24 नवंबर से वह लड़खड़ाकर चलने लगा। 26 नवंबर को वह पिछले दोनों पैरो से पैरालाइज हो गया। सात दिसंबर को सफारी पार्क के पशु चिकित्सालय में स्थानान्तरित किया गया। बब्बर शेर का पोस्टमार्टम आई.वी.आर.आई बरेली के विषेशज्ञों एवं अन्य पशु चिकित्साधिकारियों के पैनल द्वारा कराया जायेगा।

************************

 

दिल्ली के बाद अब मुंबई से भी अयोध्या के लिए होगी सीधी फ्लाइट, इस तारीब से इंडिगो एयरलाइन शुरू करेगी यह सर्विस

अयोध्या 27 Dec, (एजेंसी) /- उत्तर प्रदेश के अयोध्या से नई दिल्ली व अहमदाबाद की सीधी फ्लाइट के बाद अब इंडिगो ने 15 जनवरी से अयोध्या व मुंबई के बीच सीधी कनेक्टिविटी की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शुभारंभ करेंगे। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण पूर्ण के होने साथ ही अयोध्या से दिल्ली व अहमदाबाद की फ़्लाइट कनेक्टिविटी की घोषणा के पश्चात अब इंडिगो ने मुंबई और अयोध्या के बीच सीधी कनेक्टिविटी की घोषणा की है, जो 15 जनवरी 2024 से प्रभावी होगी।

अयोध्या से मुंबई की सीधी उड़ान से आम नागरिकों को मिलेगी काफी राहत

अयोध्या से मुंबई की सीधी उड़ान से आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। इंडिगो ने अयोध्या में जल्द ही शुरू होने वाले मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से दिल्ली से परिचालन की घोषणा की थी। छह जनवरी, 2024 से दिल्ली से अयोध्या और 11 जनवरी, 2024 से अहमदाबाद से अयोध्या तक वाणिज्यिक परिचालन शुरू होगा। इंडिगो के वैश्विक बिक्री प्रमुख विनय मल्होत्रा ने बताया कि  हम दिल्ली और अहमदाबाद के अलावा, अयोध्या और मुंबई के बीच सीधी कनेक्टिविटी यात्रा, पर्यटन और व्यापार को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा देंगे।

***************************

 

CM योगी का आदेश- जब तक एक भी किसान का बचा होगा धान, तब तक जारी रहेगी खरीद

Lucknow 27 Dec, (एजेंसी)  : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब तक एक भी किसान का धान क्रय शेष रहेगा, क्रय केंद्र चलते रहेंगे। प्रदेश में खाद्यान्न खरीद और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए योगी ने कहा कि इस सत्र में अब तक 4 लाख 21 हजार 557 किसानों से 28.17 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद कर 5253 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान में प्रदेश में 5204 क्रय केंद्र संचालित हैं, जिन पर लगभग 1 लाख मीट्रिक टन से अधिक दैनिक धान की खरीद हो रही है।

अन्नदाता किसानों के हित में हमने तय किया है कि जब तक एक भी किसान का धान क्रय शेष रहेगा, क्रय केंद्र चलते रहेंगे। प्रत्येक दशा में खरीद के 48 घंटे में कृषक को भुगतान होना सुनिश्चित कराया जाए। उन्होने कहा कि यह सन्तोषजनक है कि क्रय लक्ष्य के सापेक्ष आवश्यक 1.88 लाख गांठ बोरे के सापेक्ष 2.06 लाख गांठ बोरे उपलब्ध है। बोरे की कमी कहीं न हो, यह सुनिश्चित कराएं। धान क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा-आवश्यकताओं के पूरा ध्यान रखा जाए।

किसान का धान शेष रहने तक जारी रहेगी धान खरीद: CM योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर पात्र परिवार को राशन आसानी से और पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध हो, इस दिशा में किए गए प्रयासों के अच्छे परिणाम मिले हैं। राज्य सरकार ने ई-पॉस मशीन के साथ सही वजन सुनिश्चित करने हेतु इलेक्ट्रानिक वेईंग स्केल को शामिल किया है। इसे तत्काल प्रभावी रूप से लागू किया जाए। उन्होंने कह कि ई-पॉश मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन करने के उपरान्त तत्काल राशन वितरित कर दिया जाना चाहिए। इस बारे में लाभार्थियों को भी जागरूक करें।

यदि कहीं कोटेदार अथवा अन्य किसी कार्मिक द्वारा गड़बड़ी की जाती है तो ऐसे लोगों के खिलाफ़ कठोर कारर्वाई की जाए। योगी ने कहा कि प्रत्येक जनपद में 75 दुकानों को अन्नपूर्णा भवन (मॉडल उचित दर दुकान) तैयार किये जाने हैं। इस प्रकार प्रदेश के समस्त जनपदों में निर्माण हेतु कुल 5,654 अन्नपूर्णा भवन होंगे। यह संतोषप्रद है कि अब तक 3,472 मॉडल उचित दर दुकानों पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। और 527 मॉडल उचित दर दुकानों का निर्माण पूर्ण हो गया है। अवशेष कार्य को यथाशीघ्र पूरा कराएं।

धान खरीद के 48 घंटे के अंदर किसान को भुगतान किया जाए: CM योगी

उन्होंने कहा कि सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी को और बेहतर करते हुए सरकार ने गोदाम से सीधे कोटेदार तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था की है। इसे सुचारू रूप से जारी रखा जाए। प्रदेश के समस्त विकास खंडों के लिए दुकानों की भौगोलिक स्थिति के अनुसार रुट-चार्ट तैयार किया जाए एवं छोटे तथा बड़े वाहनों की वास्तविक आवश्यकता का आंकलन कर आवश्यक व्यवस्था कराएं। वाहनों में जीपीएस सिस्टम के नए अनुबंध को सिंगल स्टेज डिलीवरी के अनुरूप बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर श्रीअन्न (मोटे अनाज) की खरीद के अभिनव प्रयास से बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हुए हैं। इस वर्ष अब तक 55 हजार से अधिक किसानों से 2.92 लाख मीट्रिक टन बाजरा खरीद कर 646 करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है। इसी प्रकार, 891 किसानों से 4,382 मीट्रिक टन मक्का, 2344 किसानों से 11462 मीट्रिक टन ज्वार की खरीद कर एमएसपी के अनुरूप भुगतान किया गया है। श्रीअन्न उत्पादन के प्रति किसानों में उत्साह है, आने वाले वर्षों में इसके और अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।

*******************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा रहने वाला है। आज आपका काम आसानी से पूरा होगा। किसी काम को पूरा करने या किसी योजना की शुरुआत करने के लिए आज का दिन बढिय़ा है। आप जीवनसाथी के साथ किसी वैवाहिक उत्सव में शामिल होंगे। पारिवारिक सुख शांति बनी रहेगी। आज किसी मित्र से हुई गलतफहमी को बात करके दूर करेंगे। आज घर की कुछ नयी जिम्मेदारियां आ सकती हैं, जिसे आप अच्छे से निभाएंगे। इस राशि के विवाहित लोगों के लिए आज का दिन ठीक है। जीवनसाथी को खुश करने के लिए नई गाड़ी गिफ्ट कर सकते हैं।

शुभ रंग- पिच

शुभ अंक- 7

वृष राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपको अपने गुस्से पर काबू रखने की जरूरत है, नहीं तो कुछ लोग आपकी बातों का विरोध कर सकते हैं। आज काम से छुटकारा पाकर बच्चों के साथ समय बिताएंगे। इस राशि के कर्मचारियों को आज ऑफिस में बॉस से वाहवाही मिल सकती है। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन ठीक रहेगा। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा है, कहीं घूमने जायेंगे। आज आप किसी जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आएंगे।

शुभ रंग- गोल्डन

शुभ अंक- 3

मिथुन राशि-

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। इस राशि के सरकारी एग्जाम की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स को सफलता मिलने के योग बने हुए हैं। आज आप जहां जरुरत लगे, वहां समझौता करने के लिए तैयार रहेंगे। आप अपनी योग्यता से अपने परिवार का नाम रोशन करेंगे। आज के दिन कोई करीबी खुशियों को दोगुना कर देगा। लवमेट के साथ लॉग ड्राईव पर जाने का प्लान कैंसिल करना पद सकता है। नवविवाहित दंपत्ति के बीच मीठी नोक-झोंक होगी, इससे रिश्ते में और मधुरता आएगी।

शुभ रंग- सिल्वर

शुभ अंक- 7

कर्क राशि-

आज आपका दिन नयी उमंगो से भरा रहेगा। आप जितनी मेहनत करेंगे उसके अनुकूल आपको लाभ मिलेगा। आपके संतान की सफलता पर बाधाइयां देने लोग आपके घर आएंगे। अगर काफी दिनों से आपका पैसा रुका है तो आज मिल जायेगा। आज आपके दैनिक कार्य आसानी से पूरे हो जाएंगे। आज घर में आप स्वादिष्ट भोजन का आन्नद उठायेंगे। आज आप दोस्तों के साथ खुशमिजाज और दोस्ताना स्वभाव रखेंगे। आज आपके पड़ोसी आपके कार्यों के लिए आपकी तारीफ करेंगे। आपके बच्चे बिजनेस में पूरा स्पोर्ट करेंगे। पुराने मित्रों के साथ अच्छा दिन बितेगा।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 8

सिंह राशि-

आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। इस राशि के लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने की ज़रूरत है। साथ ही रिश्तेदारों के साथ अपने रिश्तों को फिर तरोताज़ा करने का दिन है। आज दफ़्तर में मशीनों की खराबी परेशानी का सबब बन सकती है। अगर आप किसी परिस्थिति से घबराकर भागेंगे, तो वह आपका पीछा नहीं छोड़ेगी, बेहतर हैं उसको उसी टाइम सॉल्व करें। आज अचानक आपको खुशखबरी मिलने के आसार नजर आ रहे है, जो आपके और परिवार के जीवन में खुशियां भर देगा। परिवार के साथ रात को बाहर डिनर का प्लान बना सकते हो।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 2

कन्या राशि-

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। आज के दिन किया गया निवेश आपकी समृद्धि और आर्थिक स्थिति में फायदा दिलाने वाला होगा। कार्यक्षेत्र में आपकी उन्नति होगी, कुछ नई योजना भी बनाएंगे। आपका वैवाहिक जीवन रंगों से भरा रहेगा। आज दोस्तों के साथ अपने रवैये पर कंट्रोल करने की जरुरत हैं। संगीत के क्षेत्र में रुझान को आज किसी शॉ में गाने का मौका मिलेगा, लोग आपकी तारीफ करेंगे। महिलाएं किचन में काम करते समय सावधानी बरते।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 3

तुला राशि-

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज सोच-समझकर कदम बढ़ाने की जरुरत हैं, दिल की बजाय दिमाग़ का ज़्यादा इस्तेमाल करना आपके लिए अच्छा होगा। इस राशि के जो लोग किसी नए बिजनेस की शुरुआत करना चाहते हैं, उनके लिए आज का दिन शुभ हैं। दांपत्य जीवन खुशनुमा बना रहेगा।यात्राओं से व्यावसायिक रिश्तो में सुधार होगा। जिस काम का आपको लम्बे समय से इंतजार था वो आज पूरा हो जाएगा। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का मन बनाएंगे।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 1

वृश्चिक राशि-

आज आपका दिन ठीक रहने वाला है। इस राशि के जो लोग व्यापार से जुड़े हैं, उन्हें आज निवेश करने और अनुमान के आधार पर पैसे लगाने से बचना चाहिए। आज आप परिवार के सदस्यों के साथ कुछ मनोरंजक पल बिताएंगे। व्यावसायिक साझीदार कार्यों में सहयोग करेंगे, जिससे रुके हुए कार्य पूरे होते जाएंगे। आज आपके विरोधी आपसे दूरी बनाकर रहेंगे। आज आपके प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। ऑफिस के कार्यों से भागदौड़ अधिक रहेगी। दोस्तों के साथ मनोरंजन भरी यात्रा हो सकती है। आज आपका दाम्पत्य जीवन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 2

धनु राशि-

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आप फैमिली के साथ कहीं घूमने का प्लान बनाएंगे, परिवार में उत्साह का माहौल बना रहेगा। आज के दिन आपको लेन-देन सम्बन्धी मामलों में थोड़ा एहतियात बरतने की जरूरत है। इस राशि के जो लोग राजनीति से जुड़े हैं वे लोग आज अपनी सभा आयोजित करेंगे, सभा में कुछ इम्पोर्टेन्ट टॉपिक पर चर्चा होगी। आज आपके सरकारी कार्यों में कागज पूरा न होनी पर थोड़ी रुकावट आ सकती है, लेकिन जल्द ही सारे काम हो सॉल्व होंगे। लवमेट्स आज आपकी खुशियों को दोगुना कर सकते हैं।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 4

मकर राशि-

आज आपका दिन लाभ दिलाने वाला है। कई वर्षों की मेहनत का फल आज आपको मिल सकता है। आप दिनभर एनेर्जेटिक रहेंगे, काम में आपका मन लगा रहेगा। इस राशि के जो लोग स्टील के बिजनेस से जुड़े हैं उनके लिए आज ज्यादा लाभ के योग हैं। आपकी बातों से किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे इस बात का ख़ास ख्याल रखेंगे। इस राशि के जो लोग कपड़े का व्यापार करते हैं आज का दिन उनके लिए अच्छा हैं। आज आपके व्यापार में दो गुना धन लाभ होने के आसार नजर आ रहे हैं।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 5

कुंभ राशि-

आपका दिन अच्छा रहेगा। जो छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं उनके लिए सफलता के योग हैं। समाज में आपके द्वारा किए गए कामों की तारीफ़ होगी आपका सम्मान बढ़ेगा। आपकी अच्छी कार्यशैली से लोग आपसे बहुत कुछ सीखेंगे। आज परिवार में आपकी बातों को ज्यादा महत्व दिया जायेगा। आज आप किसी तरह की लापरवाही न बरतें। लवमेट्स से आज आपको उपहार मिलेगा, साथ में कहीं घूमने जायेंगे। दूर रहकर जॉब कर रहे लोगों को आज परिवार से मिलने का मौका मिलेगा।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 5

मीन राशि-

आज आपका दिन आपके लिए ठीक ठाक रहेगा। आपका अच्छा व्यव्हार आपको लोगों का प्रिय बना देगा। आपके कुछ छिपे विरोधी आपके बारे में अफवाहें फैला सकते हैं आप उनकी बातों को इग्नोर करें। अगर आप किसी बिजनेस में इन्वेस्ट करना चाहते हैं तो किसी एक्सपर्ट से राय जरूर ले लें। ऑफिस में आपके काम की सराहना होगी, जूनियर आपके काम से बहुत कुछ सीखेंगे। अविवाहित लोगों के लिए आज शादी का अच्छा प्रपोजल आयेगा। परिवार में सुख का वातावरण रहेगा। छात्रों के लिए दिन अच्छा है।

शुभ रंग- मैहरुन

शुभ अंक- 8

*************************

 

केदारनाथ धाम में कड़ाके की ठंड, निर्माण कार्य पर ब्रेक लगा

केदारनाथ ,26 दिसंबर (एजेंसी)। उत्तराखंड में ठंड अपने चरम पर है। पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केदारनाथ धाम में भी तापमान माइनस में पहुंच गया है। यहां सुबह और रात में तापमान माइनस 6 से माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इससे पुनर्निर्माण कार्य को रोकना पड़ा है।

पिछले एक हफ्ते से तापमान माइनस में है, जिसके कारण 150 मजदूर वापस चले गए हैं। केवल 100 मजदूर ही काम कर रहे हैं। पत्थर, सीमेंट से जुड़े सभी काम बंद हैं। यहां पेयजल लाइनों और टंकी का पानी भी जम रहा है। इन हालातों में मजदूरों को कार्य करने में काफी दिक्कत हो रही है।

************************

 

अभी जारी है कुश्ती वाला विवाद … अब विनेश फोगाट ने किया अर्जुन पुरस्कार और खेल रत्न वापस करने का ऐलान

नई दिल्ली ,26 दिसंबर (एजेंसी)। साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया के बाद विनेश फोगाट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुला पत्र लिखते हुए अर्जुन पुरस्कार और खेल रत्न को वापस करने का ऐलान कर दिया है।

विनेश फोगाट ने पत्र में लिखा, ‘साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ दी है और बजरंग पूनिया ने अपना पद्मश्री लौटा दिया है। देश के लिए ओलंपिक पदक मेडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को यह सब करने के लिए किस लिए मजबूर होना पड़ा यह सब सारे देश को पता है और आप तो देश के मुखिया हैं तो आप तक भी यह मामला पहुंचा होगा।

प्रधानमंत्री जी मैं आपके घर की बेटी विनेश फोगाट हूं और पिछले 1 साल से जिस हाल में हूं यह बताने के लिए आपको पत्र लिख रही हूं।’ सोशल मीडिया में अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा मैं अपना मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और अर्जुन अवार्ड वापस कर रही हूं। इस हालत में पहुंचाने के लिए ताकतवर का बहुत बहुत धन्यवाद।

इसके साथ ही उन्होंने उस खत की तस्वीर भी शेयर की है, जो उन्होंने पीएम मोदी को लिखा है। विनेश से पहले बजरंग पूनिया ने इसी तरह अपना पद्म श्री पुरस्कार वापस लौटाया था।

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version