चंडीगढ़ मेयर चुनाव का मामला पहुंचा हाईकोर्ट, सुनवाई कल

चंडीगढ़ ,30 जनवरी (agency)। चंडीगढ़ मेयर चुनाव का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। इस मामले पर कल यानि बुधवार को सुनवाई होगी और वैलिड बाक्स सील करने के लिए कहा गया है। उल्लेखनीय है कि मेयर चुनाव में भाजपा की जीत के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के संयुक्त उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने तत्काल हाईकोर्ट से गुहार लगाते हुए कहा कि यह चुनाव गलत है।

उनके 8 वोट अमान्य करार दे दिए गए और इसका कोई कारण तक नहीं बताया गया। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है।

******************************

 

सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने उठाया निलंबन का मुद्दा, सरकार बोली- प्लेकार्ड लाकर फिर कार्रवाई करने पर न करें मजबूर

नई दिल्ली ,30 जनवरी (एजेंसी)। संसद के बजट सत्र से पहले बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सरकार की तरफ से सभी राजनीतिक दलों को यह आश्वासन दिया गया है कि सरकार सत्र के दौरान नियमों के अनुसार हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है।

सरकार ने राष्ट्रपति के अभिभाषण और अंतरिम बजट को सत्र की प्राथमिकता बताया तो विपक्षी दलों की तरफ से संघीय ढांचे पर प्रहार, जांच एजेंसियों के दुरुपयोग और पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम 1991 को मजबूत करने और सांसदों के निलंबन सहित कई मुद्दों पर चर्चा की मांग की गई।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सर्वदलीय बैठक के बारे में बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में 30 राजनीतिक दलों से 45 नेता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर शुक्रवार, 2 फरवरी से ही चर्चा कराना चाहती है। सत्र में अंतरिम बजट पेश होगा और जम्मू कश्मीर का भी बजट पेश किया जाएगा।

विपक्षी दलों की तरफ से उठाए गए मुद्दों के बारे में बताते हुए जोशी ने कहा कि यह वर्तमान लोक सभा का अंतिम सत्र होगा। सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है। स्पीकर और चैयरमैन जिन मुद्दों पर भी चर्चा को कहेंगे, सरकार उन पर चर्चा के लिए तैयार है। सरकार का जोर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और अंतरिम बजट पर है। विपक्षी दलों के कुछ सवाल हैं, लेकिन, यह छोटा सत्र है इसलिए उनके सवालों का जवाब अब अगले टर्म (मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल) में देंगे।

विपक्षी दलों द्वारा सांसदों के निलंबन का सवाल उठाने के बारे में बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जिन सांसदों का निलंबन शीतकालीन सत्र के लिए था, उनका निलंबन तो सत्र की समाप्ति के साथ ही समाप्त हो गया। लेकिन, जिन सांसदों के निलंबन का मसला विशेषाधिकार समिति के पास है, उसके लिए भी सरकार आग्रह करेगी। सभी सांसद बुधवार से सदन की कार्यवाही में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसके साथ ही जोशी ने यह भी जोड़ा कि सभी राजनीतिक दलों ने सर्वसम्मति से सदन में प्लेकार्ड नहीं लहराने का फैसला किया था, इसलिए उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सदन में प्लेकार्ड लाकर फिर से चेयरमैन (राज्य सभा) और स्पीकर (लोक सभा) को कार्रवाई करने पर मजबूर नहीं करने का भी अनुरोध किया है। यह वर्तमान लोक सभा का अंतिम सत्र है इसलिए सरकार ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारू ढंग से चलाने का आग्रह किया है।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने सर्वदलीय बैठक में बेरोजगारी, महंगाई, संवैधानिक ढांचे पर खतरे, जांच एजेंसियो के दुरुपयोग, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और लालू यादव के साथ किए जा रहे व्यवहार, सांसदों के निलंबन और राहुल गांधी पर असम में हमला होने का आरोप लगाते हुए कई अन्य मुद्दों को उठाया। टीएमसी नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने देश के संघीय ढांचे पर प्रहार होने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार द्वारा पश्चिम बंगाल की सरकार को जानबूझकर निशाना बनाने और फंड रिलीज नहीं करने सहित कई मुद्दे उठाए।

समाजवादी पार्टी ने बैठक में पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम 1991 को मजबूत करने की मांग की। लोक सभा में सपा के नेता एसटी हसन ने बताया कि उन्होंने पूजा स्थल कानून को मजबूत करने की मांग की है। अयोध्या के बाद काशी और मथुरा से उठ रही आवाजों की तरफ इशारा करते हुए सपा सांसद ने कहा कि एक मस्जिद के बाद दूसरी, दूसरी के बाद तीसरी, इस तरह से देश के 3 हजार मस्जिदों में यह सब कुछ होगा तो देश किस जगह पहुंच जाएगा।

बैठक में अन्य दलों की तरफ से भी अपने-अपने मुद्दे उठाए गए। संसद भवन परिसर के पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता हुई सर्वदलीय बैठक में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, पीयूष गोयल और अर्जुन राम मेघवाल सहित कई अन्य मंत्री और भाजपा सांसद शामिल हुए।

अन्य दलों की बात करें तो, कांग्रेस से प्रमोद तिवारी एवं के.सुरेश, टीएमसी से सुदीप बंदोपाध्याय, डीएमके से टी आर बालू, शिवसेना (शिंदे गुट) से राहुल शेवाले, सपा से एसटी हसन, जेडीयू से रामनाथ ठाकुर, बीआरएस से केशव राव, अपना दल (एस) से केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, बसपा से गिरीश चंद्र और आप से एनडी गुप्ता के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के लोक सभा और राज्य सभा के फ्लोर लीडर्स अथवा वरिष्ठ सांसद शामिल हुए।

बता दें कि संसद का आगामी बजट सत्र बुधवार से शुरू होगा और इसके 9 फरवरी तक चलने की संभावना है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट सत्र है। सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। बजट सत्र के दूसरे दिन 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी।

*****************************

 

सपा ने जारी की 16 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, मैनपुरी से डिंपल यादव लड़ेंगी चुनाव

लखनऊ ,30 जनवरी (एजेंसी)। लोकसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी।
सपा की सोशल मीडिया में जारी सूची के अनुसाएजेंसीर संभल से शफीकुर्रहमान बर्क, फिरोजाबाद से अक्षय यादव, मैनपुरी से डिंपल यादव, एटा से देवेश शाक्य, बदायूं से धर्मेंद्र यादव, खीरी से उत्कर्ष वर्मा, धौरहरा से आनंद भदौरिया, उन्नाव से अनु टंडन, लखनऊ से रविदास मेहरोत्रा, फर्रुखाबाद से डॉ. नवल किशोर शाक्य को उम्मीदवार बनाया गया है।

इसके अलावा अकबरपुर से राजाराम पाल, बांदा से शिवशंकर सिंह पटेल, फैजाबाद से अवधेश प्रसाद, अम्बेडकर नगर से लालजी वर्मा, बस्ती से रामप्रसाद चौधरी, गोरखपुर से काजल निषाद को उम्मीदवार बनाया गया है।

******************************

 

शिक्षा के मंदिर में खूनी खेल : शिक्षक ने दो सहकर्मी शिक्षकों को मौत के घाट उतारा, खुद को भी मारी गोली

गोड्डा ,30 जनवरी (एजेंसी)। झारखंड के गोड्डा में एक सरकारी हाई स्कूल की लाइब्रेरी में एक शिक्षक ने मंगलवार को अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना में एक शिक्षक और शिक्षिका की मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। उसे गंभीर रूप से जख्मी हालत में हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। बताया जा रहा है कि वारदात लव ट्राएंगल में अंजाम दी गई है। वारदात पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के चतरा गांव स्थित सरकारी स्कूल की है।

बताया गया कि रवि रंजन नामक शिक्षक ने लाइब्रेरी में पहुंचकर पहले दरवाजा बंद कर लिया और वहां मौजूद सहकर्मी शिक्षिका सुजाता देवी और आदेश सिंह को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद की कनपट्टी पर भी गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल के अन्य शिक्षकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो सुजाता देवी और आदर्श सिंह मृत पाए गए, जबकि, रवि रंजन जमीन पर गिरा पड़ा था।

ग्रामीणों के मुताबिक रवि रंजन का डायवोर्स हो चुका है। वह सुजाता देवी के प्रति आकर्षित था। सुजाता पहले से शादीशुदा थी। उसके पति फौज में हैं। वारदात में मारे गए दूसरे शिक्षक आदर्श सिंह उत्तरप्रदेश के चंदौली के रहने वाले थे। इस वारदात से इलाके में सनसनी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

************************

 

चलती बस में ड्राइवर को आ गया हार्ट अटैक, यात्रियों में मची अफरा-तफरी… जानिए फिर क्या हुआ

कोलकाता ,30 जनवरी (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल में चलती बस में ड्राइवर को हार्ट अटैक आ गया। इसे चमत्कार ही कहा जाएगा कि इस हालत में भी ड्राइवर ने ब्रेक मार दी और बस में सवार कम से कम 65 लोगों की जान बाल-बाल बच गई। यह बस बालासोर जिले के नीलगिरि इलाके में स्थित पंचिलिंगेश्वर को जा रही थी। बस में सभी श्रद्धालु सवार थे।

जानकारी के मुताबिक सभी यात्री कोलकाता के थे। बालासोर में ही ड्राइवर एसके अख्तर को हार्ट अटैक आ गया। ड्राइवर के सीने में तेज दर्द होने लगा तो उसने बस को सड़क के किनारे लगा दिया। इसके तुरंत बाद वह बेहोश हो गया। यात्रियों ने ही ड्राइवर को नीलागिरि अस्पताल पहूंचाया है। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं के एक ग्रामीण ने बताया कि जब बस अचनाक रुकी तो उसे लगा कि ड्राइवर टॉइलट जाना चाहता है। लेकिन जब पास जाकर देखा तो ड्राइवर बेहोश हो चुका था और अपनी सीट पर ही बेसुध पड़ा था। तुरंत ऐंबुलेंस बुलाई गई और उसे अस्पताल ले जाया गया। हालांकि ड्राइवर पहले ही दम तोड़ चुका था। बताया गया कि बस हावड़ा की थी।

बीते सप्ताह हरियाणा से भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। यहां चलती बस में ड्राइवर को हार्ट अटैक आ गया। बस अनियंत्रित हुई तो परिचालक सावधान हो गया और उसने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत स्टेयरिंग थाम ली। इसके बाद बस को किनारे लगाकर ड्राइवर को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया। बताया गया कि ड्राइवर की भी जान बच गई थी।

***************************

 

समुद्री डाकुओं के खिलाफ भारतीय नौसेना की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में दूसरा सफल आपरेशन- 19 पाकिस्तानी नागरिकों समेत जहाज को बचाया

नई दिल्ली 30 jan, (एजेंसी): सोमाली समुद्री डाकुओं के खिलाफ भारतीय नौसेना की कार्रवाई जारी है। भारतीय नौसेना ने 24 घंटे के अंदर दूसरी बार मछली पकड़ने वाले जहाज अल नामी को बचाया है। समुद्री डाकुओं के खिलाफ आईएनएस सुमित्रा का एक और ऑपरेशन भारतीय रक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सुमित्रा ने कोच्चि के तट से लगभग 800 मील की दूर पर समुद्री डाकुओं द्वारा अपहृत मछली पकड़ने वाले जहाज अल नामी को बचाया गया है।

भारतीय रक्षा अधिकारी के मुताबिक, भारतीय नौसेना के समुद्री कमांडो ने चालक दल को सुरक्षित बचाने के लिए ऑपरेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सफलतापूर्वक नाव को बंधकों से मुक्त कराया है। पिछले 24 घंटों में भारतीय नौसेना का दूसरा सफल समुद्री डकैती रोधी अभियान था। भारतीय नौसेना के युद्धपोत हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैनात किए गए हैं।

भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा कि नौसेना के जहाज सुमित्रा ने सोमालिया के पूर्वी तट पर समुद्री डकैती के खिलाफ एक और सफल अभियान को अंजाम दिया है। भारतीय नौसेना ने मछली पकड़ने वाले जहाज अल नामी और उसके चालक दल को 11 सोमाली समुद्री लुटेरों से बचाया है। इस जहाज पर 19 पाकिस्तानी नागरिक भी सवार थे।

बता दें कि एक दिन पहले भी भारतीय नौसेना ने एक सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया था। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सुमित्रा ने सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा अपहृत मछुआरों को बचाया था। समुद्री डाकुओ ने ईरानी जहाज का अपहरण कर लिया था, जिसमें लगभग 17 क्रू सदस्य सवार थे।

*****************************

 

चिल्लई कलां समाप्त होने के साथ ही जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में सुधार

श्रीनगर 30 Jan, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में कठोर सर्दी की 40 दिनों की लंबी अवधि जिसे ‘चिल्लई कलां’ कहा जाता है, मंगलवार को समाप्त हो रही है। केंद्र शासित प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी का एक और दौर देखने को मिला।

पिछले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ है। श्रीनगर में 0.8 डिग्री जबकि गुलमर्ग और पहलगाम में क्रमश: शून्य से 6 डिग्री नीचे और शून्य से 3.3 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया।

लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.6 और कारगिल में माइनस 7.6 दर्ज किया गया।

जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 8.5, कटरा में 7.1, बटोट में 3.3, भद्रवाह में 1 और बनिहाल में 1.2 डिग्री दर्ज किया गया।

***************************

 

बिहार में अब विज्ञापन के जरिए राजद, जदयू में क्रेडिट वार

पटना 30 Jan, (एजेंसी) : बिहार में नीतीश कुमार एक बार फिर से ‘पलटी मारने’ के बाद 17 महीने की महागठबंधन सरकार चली गई, वहीं फिर से एनडीए सरकार बन गई। लेकिन अब किए गए कार्यों और उपलब्धियों की क्रेडिट लेने की जदयू और राजद में होड़ मच गई है।

इसको लेकर स्थानीय समाचार पत्रों में बड़े बड़े विज्ञापन प्रकाशित करवाए जा रहे हैं।

पटना से प्रकाशित लगभग सभी समाचार पत्रों में पूर्व मंत्री अशोक चौधरी और समस्त प्रदेशवासी के नाम से विज्ञापन प्रकाशित करवाया गया है जिसमें नीतीश कुमार को लेकर ‘मेरा नेता मेरा अभिमान’ बताते हुए उनके सतत प्रयासों के लिए उनका आभार जताया गया है।

इस एक पेज के विज्ञापन में वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख नौकरी देने, हर गांव, कस्बों तक सड़क, पक्की नाली और गली, गेहूं, चावल के उत्पादन में रिकार्ड वृद्धि सहित 16 विशेष उपलब्धियों का जिक्र किया गया है।

इससे दो दिन पहले राजद द्वारा स्थानीय समाचार पत्रों में पूरे एक पेज का विज्ञापन प्रकाशित करवाया गया था, जिसमे पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की बड़ी तस्वीर के साथ लिखा गया था, ‘धन्यवाद तेजस्वी, आपने कहा, आपने किया और आप ही करेंगे’ के साथ महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया गया था।

जदयू नेता अशोक चौधरी के मंगलवार के प्रकाशित विज्ञापन को तेजस्वी के प्रकाशित विज्ञापन का जवाब माना जा रहा है।

****************************

 

अब राजस्थान के स्कूलों में हिजाब पर बवालः शिक्षा मंत्री ने स्टेटस रिपोर्ट मांगी- बैन लगाने की तैयारी में सरकार

जयपुर 30 Jan, (एजेंसी) : कर्नाटक के बाद अब राजस्थान में हिजाब को लेकर विवाद शुरू हो गया है। सूत्रों के अनुसार राजस्थान सरकार शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पर बैन लगाने की तैयारी कर रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि भजनलाल सरकार हिजाब पर प्रतिबंध लगा सकती है।

दरअसल, प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षा विभाग को आदेश दिया है कि दूसरे राज्यों में हिजाब बैन के स्टेटस की रिपोर्ट तैयार की जाए। साथ ही राजस्थान में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, इसकी भी रिपोर्ट तैयार की जाए. सूत्रों के मुताबिक शिक्षा विभाग उच्च स्तर पर हिजाब बैन मामले में रिपोर्ट तैयार करेगा और उसे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को भेजेगा।

वहीं, कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने भी हिजाब पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है। उनका कहना है कि ऐसे कई मुस्लिम देश हैं जहां हिजाब पर प्रतिबंध है, ऐसे में भारत में हिजाब पहनना क्यों जरूरी है। यहां भी दूसरे देशों की तरह बुर्का और हिजाब पर प्रतिबंध होना चाहिए।

**************************

 

ED की कार्रवाई के बाद रांची में सुरक्षा बढ़ाई: CM आवास, गवर्नर हाउस और ईडी कार्यालय के आसपास धारा-144 लागू

रांची 30 Jan, (एजेंसी): सीएम हेमंत सोरेन पर ईडी की कार्रवाई के बाद झारखंड में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। साथ ही रांची में मुख्यमंत्री आवास, गवर्नर हाउस और प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय के परिसर के 100 मीटर के दायरे में धारा-144 लागू कर दी है। धारा-144 सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगी।

झारखंड में सीएम हेमंत सोरेन को लेकर जिस तरह की राजनीतिक गतिविधियां बनी हुई है, इस स्थिति में रांची से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक भूचाल आया हुआ है। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता भी राजधानी रांची में डटे हुए हैं।

अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर द्वारा जारी किए गए निर्देश पत्र में मुख्यमंत्री आवास की चारदीवारी से 100 मीटर की परिधि, राजभवन की चारदीवारी के 100 मीटर की परिधि और प्रवर्तन निदेशालय डोरंडा रांची के कार्यालय से 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लगा दिया गया है। इसके साथ ही बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, पिस्टल, बम, बारूद आदि असलहे निकालने और चलाने पर पूरे तौर पर प्रतिबंध है।

*****************************

 

भारतीय नौसेना का बड़ा बचाव अभियान, आईएनएस सुमित्रा ने हाईजैक किए ईरानी जहाज को बचाया सुरक्षित

नई दिल्ली ,29 जनवरी (एजेंसी)।  सोमालिया के पूर्वी तटीय क्षेत्र में तैनात एक भारतीय नौसैनिक युद्धपोत ने ईरान के झंडे वाले एक जहाज की ओर से मिली अपहरण संबंधी सूचना पर कार्रवाई कीऔर जहाज को लुटेरों के चंगुल में जाने से बचा लिया। जहाज में कुछ समुद्री लुटेरे चढ़ गए थे।

नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सुमित्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहृत जहाज और उसके चालक दल की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की। नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा, ‘सोमलिया के पूर्वी तटों और अदन की खाड़ी में जलदस्यु रोधी अभियानों के लिए तैनात आईएनएस सुमित्रा ने ईरान के झंडे लगे मछली पकडऩे वाले जहाज ईमान के अपहरण के संबंध में सूचना पर कार्रवाई की। जहाज पर जलदस्यु चढ़ गए थे और चालक दल को बंधक बना लिया गया था।

उन्होंने बताया कि आईएनएस सुमित्रा ने जहाज को रोका और समुद्री लुटेरों को चालक दल तथा जलपोत की सुरक्षित रिहाई के लिए बाध्य करने के वास्ते स्थापित मानक चालक प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुरूप काम किया। मधवाल ने बताया कि जहाज पर चालक दल के सभी 17 सदस्यों और नौका को सफलतापूर्वक मुक्त कराया गया। प्रवक्ता ने कहा, ‘हिंद महासागर क्षेत्र में जलदस्यु रोधी और समुद्री सुरक्षा अभियानों में भारतीय नौसैनिक युद्धपोतों की तैनाती समुद्र में सभी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के प्रति भारतीय नौसेना के दृढ़संकल्प को दर्शाती है।

बता दें कि अरब सागर और लाल सागर क्षेत्र में समुद्री लूट रोधी दो अभियानों के लिए क्षेत्र में भारतीय पोत तैनात हैं। नौसेना का संदेश यह है कि हम किसी तरह की अस्थिरता या असुरक्षा उत्पन्न नहीं होने देंगे। समुद्री लूट रोधी अभियान 2008 से चलाये जा रहे हैं। समुद्री लूट पिछले साल तक लगभग खत्म हो गई थी लेकिन हाल में इन घटनाओं में तेजी आई है।

************************

ये कोई प्लेटफॉर्म नहीं है कि जो ट्रेन आई चढ़ गए, सीजेआई चंद्रचूड़ ने अदालत में वकील को दी नसीहत

नई दिल्ली ,29 जनवरी (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने आज कोर्ट-रूम में गलत व्यवहार करने पर एक वकील की क्लास ली। सीजेआई ने कहा- ये कोई रेलवे प्लेटफॉर्म नहीं कि आप आएं और किसी भी ट्रेन में चढ़ जाएं। पहले किसी सीनियर से सीखें कि कोर्ट-रूम में किस तरह से व्यवहार किया जाता है।

दरअसल, अपनी बारी आने के पहले ही एक वकील अचानक से कोर्ट-रूम में खड़ा हो गया और बहस करने लगा। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार दोपहर को 12 बजे अचानक एक युवा अधिवक्ता ने खड़े होकर कहा कि उसने न्यायिक सुधार के लिए एक पीआईएल दाखिल की है, जिसको वो शीघ्र सुनवाई के लिए मेंशन करना चाहता है।

वकील के इस व्यवहार पर सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने उन्हें नसीहत देते हुए चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि इस बात को आप बोर्ड में मेंशन कर सकते हैं? आप वकील हैं ना? तो आपको पता होना चाहिए कि मेंशन कब और कैसे किया जाता है।

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

अपने व्यक्तित्व को निखारने के लिए आज का दिन बढिय़ा है। आपका अच्छा व्यक्तित्व समाज में अलग पहचान बनाने में मदद करेगा। आज आपको किसी सम्मानित व्यक्ति से मिलने का मौका मिल सकता है। इस राशि के जो जातक ठेकेदार हैं उनके लिए आज का दिन धन लाभ देने वाला है। छात्रों को आज उनकी मेहनत का फल मिलने वाला है। किसी प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम आपके पक्ष में आएगा। जीवनसाथी से आज कोई शुभ समाचार मिलेगा, जिससे पूरे दिन आपका मन प्रसन्न रहेगा। कुल मिलाकर आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 5

वृष राशि-

आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। कई सालों से नहीं बिक रही जमीन आज अच्छे दामों में बिकने के योग हैं। आज थोड़ी मेहनत से किसी बड़े फायदे का योग बन रहा है। जीवनसाथी की मदद से आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। आज किसी समारोह में जाने का प्लान बनाएंगे। जहां किसी दूर के रिश्तेदार से आपकी मुलाकात हो सकती है। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा है। उन्हें पेंटिंग गिफ्ट करने से रिश्ते मधुर रहेंगे।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 6

मिथुन राशि-

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आज किसी मित्र से कॉल पर बात होगी और पुरानी यादें ताजा हो जाएगी। इस राशि के विवाहित पुरूष आज जीवनसाथी को साड़ी गिफ्ट करें तो रिश्ते में और मधुरता आएगी। प्रॉपर्टी डीलर के लिए आज का दिन फायदा देने वाला है। आज आपका आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। लवमेट के साथ आप बाहर डिनर पर जा सकते हैं। राजनीतिक से जुड़े लोगों का आज मान-सम्मान बढ़ेगा। छात्र आज ऑनलाइन किसी टॉपिक को समझने का प्रयास करेंगे। आज आप अपने दिनचर्या में बदलाव करेंगे।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 8

कर्क राशि-

आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। पड़ोसी जिनसे पहले अनबन हुई थी वो आज सब भुलाकर दोस्ती का हांथ बढ़ाएंगे। आज आपका स्वास्थ्य बढिय़ा रहेगा। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। एग्जाम से रिलेटेड कोई शुभ समाचार मिल सकता हैं। घर से बाहर जाते समय जेब में काली मिर्च के सात दाने जरूर रखें, फायदा होना तय है। आप आज जरूरतमंद लोगों की मदद करेंगे, जिससे समाज में आपकी अच्छी छवि अच्छी बनेगी। लवमेट आज एक दूसरे के भावनाओं की कद्र करेंगे, इसी के साथ रिश्ते और मजबूत बनेंगे।

शुभ रंग- ग्रीन

शुभ अंक- 9

सिंह राशि-

आज आपका दिन उत्तम रहने वाला है। आज ऑफिस के काम का लोड ज्यादा हो सकता है, जितनी सहजता से करेंगे उतनी ही जल्दी काम पूरा होगा। इस राशि के प्रॉपर्टी डीलर के लिए आज का दिन धनलाभ देने वाला है। आज थोड़ी मेहनत से किसी बड़े फायदे का योग बन सकता है। जीवनसाथी की मदद से आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। आज किसी रिश्तेदार की शादी में जा सकते है। जहां किसी ऐसे रिश्तेदार से मुलाकात होगी जिनसे मिले कई साल हो गए हों।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 4

कन्या राशि-

आज का दिन नई खुशियां लेकर आया है। आप अपने मित्र के साथ बाहर जा सकते हैं, जहां किसी दूर के रिश्तेदार से आपकी मुलाकात होगी। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा है। साथ में किसी मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे। परिवार के साथ डिनर बाहर करने का प्लान बनाएंगे। इंजीनियरिंग के स्टूडेंट के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। किसी बड़ी कंपनी से जॉब का ऑफर मिल सकता है। महिलाएं आज किचन में काम करते वक्त सावधानी बरतें।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 9

तुला राशि-

आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। ऑफिस में आज बॉस अधूरे कार्यों को देखकर आपकी क्लास लगा सकते हैं। बेहतर होगा कि अपना काम समय से पूरा कर लें। इस राशि के जातक जो राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े हैं उनके लिए आज का दिन अच्छा है। अपने उच्चाधिकारी के सामने बात रखने पर पॉजीटिव रिस्पॉन्स मिलेगा। आज अपने लवमेट को रिंग गिफ्ट कर सकते हैं, दोनों के रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। इस राशि के फैब्रिकैटर के लिए आज का दिन बढिय़ा रहेगा। आज आपको अच्छी जॉब का ऑफर मिलने के योग बन रहे है।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 9

वृश्चिक राशि-

आज का दिन महत्वपूर्ण रहेगा। आज आपकी कोई अधूरी इच्छाएं पूरी होगी। लवमेट के साथ शादी फिक्स होने के योग बन रहे हैं। दोस्तों के साथ बाहर मूवी देखने का प्लान बन सकता है। बिजनेस के सिलसिले में आपका बाहर जाने का प्लान बनेगा। आपका रुका काम आसानी से पूरा हो जाएगा। साथ ही घर में लोगों का आना जाना रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से काफी अच्छा रहेगा। आज आपसे मिलने कोई दोस्त आपके घर आ सकते है, उनके साथ अलग-अलग पकवानों का आनंद लेंगे।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 3

धनु राशि-

आज के दिन भाग्य आपका पूरा साथ देगा। आज सोचा हुआ काम पूरा हो जाएगा। जिसके प्रभाव से आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आएगा। जॉब की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी मल्टीनेशनल कंपनी से जॉब का ऑफर आएगा। साइंस से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन बेहतर होगा। सरकारी नौकरी वालों का आज के दिन प्रमोशन हो सकता है। किसी नजदीकी रिश्तेदार के आने से घर में खुशियों का माहौल रहेगा। माता जी घर पर मांगलिक कार्यक्रम करने का विचार बनाएंगी।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 5

मकर राशि-

आज का दिन बाहर घूमने-फिरने में बितेगा। परिवार वालों के साथ मनोरंजन के लिए कहीं दूर ट्रिप का प्लान बना सकते हैं। परिवार के सभी सदस्यों को आनंद की प्राप्ति होगी। इस राशि के व्यापारी वर्ग को आज अचानक कोई बड़ा फायदा होने वाला है। आज किसी बड़ी पार्टी से बुकिंग का आर्डर मिल सकता है। आर्थिक पक्ष पहले से मजबूत रहेगा। छात्र आज अपने पढ़ाई के रूटीन में बदलाव करेंगे, ये बदलाव आने वाले समय में फायदेमंद साबित होगा। आज व्यापार को बढ़ाने के लिए नया प्लान बनाएंगे।

शुभ रंग- मैजेंटा

शुभ अंक- 7

कुंभ राशि-

आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। लवमेट के साथ बाहर घूमने का प्लान बन सकता है। बिना वजह घर के किसी सदस्य पर गुस्सा न करें। आज आप अपना पैसा किसी धार्मिक काम में लगाएंगे, तो आपका मन शांत रहेगा। इस राशि के लोग आज घर से बाहर निकलने से पहले घर में किसी कन्या का आर्शीवाद लेकर निकलें तो निश्चित लाभ की प्राप्ति होगी। आज आपके जरूरी कामों में जीवनसाथी का योगदान कारगर साबित होगा। दांपत्य जीवन में नई-नई खुशियां आने से आपका मन प्रसन्न रहेगा।

शुभ रंग- गोल्डन

शुभ अंक- 6

मीन राशि-

आज का दिन ठीक-ठाक रहने वाला है। आज आप किसी बात को लेकर ज्यादा सोच विचार करने से बचें। आज आपके मन में कुछ नया करने की इच्छाएं आएंगी। इस राशि वाले छात्रों के लिए फार्म भरने संबंधी कार्य के लिए आज का दिन शुभ है। परिवार वालों के साथ शाम के समय किसी मॉल में शापिंग करने के लिए जाएंगे। दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मे जाएंगे और वहां बाकी दोस्तों के साथ इंज्वाय करेंगे। आज आप किसी धार्मिक कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेंगे।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 2

******************************

 

रामप्रकाश तिवारी ने भगवान बिरसा मुंडा जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राज्यव्यापी भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान शुरू किया

रांची, 30.01.2024।   स्वतंत्र राष्ट्रवादी पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष रामप्रकाश तिवारी ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार  29.01.2024 को  बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण करके झारखंड राज्यव्यापी भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान शुरू किया

उन्होंने बिरसा चौक पर आम जनता को संबोधित करते हुए कहा है कि झारखंड राज्य 24 वर्षों के दौरान कभी भाजपा, आजसू जदयू एनडीए गठबंधन की पूर्व सरकार और वर्तमान झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस,राजद की यूपीए इंडी गठबंधन सरकार के शासन में सभी सरकारी विभागों, कार्यालयों में भ्रष्टाचार बढ़ा है ईडी,आयकर विभाग, सीबीआई, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पूर्व वर्तमान सत्तारूढ़ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है सरकारी अफसर कर्मचारी जेल जा रहे हैं।

उसके बाद केंद्रीय अध्यक्ष रामप्रकाश तिवारी एच.ई.सी.हेदक्वाटर गए जहां धरना प्रदर्शन कर रहे अधिकारियों मजदूरों को स्वतंत्र राष्ट्रवादी पार्टी का समर्थन दोहराते हुए कहा है कि एच.ई.सी.कर्मियों अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की केंद्र सरकार घोर अन्याय, अत्याचार कर रही है।सोलह महीने से वेतन नहीं दे रही है एच.ई.सी. की जमीन बेचने के बाद अब कारखाना को राष्ट्रीय बहुराष्ट्रीय कंपनी को बेचने की साज़िश कर रही है केंद्र सरकार ने इसके पूर्व एअर इंडिया को टाटा के हाथों बेच दिया है अब एच.ई.सी.को बचाने के लिए स्वतंत्र राष्ट्रवादी पार्टी राज्यव्यापी जन आंदोलन छेड़ेगी। कारखाना को बंद होने नहीं दिया जायेगा।

उन्होंने प्रचार वाहन से हटिया, खिजरी,रांची विधानसभा एवं रांची लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के नीतियों का प्रचार प्रसार किया और एच.ई.सी.के मजदूरों के आंदोलन का समर्थन करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के खिलाफ संघर्ष करने हेतु आम जनता से अपील किया।

इस अवसर पर  वशिष्ठ जी, शिवशंकर सिंह एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे ।

यह जानकारी बम शंभू  केंद्रीय प्रवक्ता सह सहसचिव स्वतंत्र राष्ट्रवादी पार्टी, झारखंड,रांची ने दी।

*****************************

 

लालू प्रसाद यादव पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय पहुंचे

*जमीन के बदले नौकरी मामला*

पटना,29 जनवरी (एजेंसी)। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही है। आज उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पटना स्थित दफ्तर में पेश होना पड़ा हुए। सुबह 11 बजे राबड़ी आवास से बेटी और सांसद मीसा भारती के साथ लालू प्रसाद ईडी दफ्तर पहुंचे। इस दौरान वहां मौजूद राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ ने लालू की गाड़ी को घेर लिया और उनके समर्थन में नारेबाजी करने लगे। लालू ने उनसे शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद ईडी दफ्तर पहुंची। ईडी की टीम उनसे पूछताछ कर रही है।

इधर, ईडी दफ्तर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इधर, ईडी दफ्तर के बाहर राजद समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है। राजद के कई विधायक भी पहुंचे हैं। समर्थक केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। राजद समर्थकों ने आरोप लगाया कि लालू यादव बीमार हैं। उन्हें जान बूझकर परेशान करने की कोशिश हो रही है। दरअसल, नौकरी के बदले जमीन घोटाला केस में पूछताछ के लिए लालू प्रसाद और उनके बेटे तेजस्वी यादव को पूछताछ के लिए बुलाया था। लालू को 29 जनवरी और तेजस्वी यादव को 30 जनवरी को पेश होने कहा गया था। आज लालू प्रसाद ईडी के सवालों का जवाब देने पहुंचे हैं।

इससे पहले 19 जनवरी को ईडी की टीम राबड़ी आवास पहुंची। एक अधिकारी की ओर समन के कागजात दिया था। इसे डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की ओर से रिसीव किया था। इससे पहले भी ईडी की टीम ने लालू यादव और तेजस्वी यादव दोनों पूछताछ के लिए समन भेजा था।
आरोप है कि रेलवे मंत्री रहते हुए लालू यादव इस घोटाले में शामिल थे। यह घोटाला 2004 से 2009 के बीच किया गया था, जहां कई लोगों को रेलवे के विभिन्न जोनों में ग्रुप-डी के पदों पर नौकरियां दी गई थीं। बदले में इन लोगों ने अपनी जमीन तत्कालीन रेलवे मंत्री लालू यादव के परिवार के सदस्यों और एक संबंधित कंपनी एके इंफोसिस्टम के नाम कर दी थी। जमीन के बदले नौकरी घोटाले मामले में राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत 17 लोगों को आरोपी बनाया गया था।

*******************************

 

होटल में प्रेमी ने की महिला तकनीकी विशेषज्ञ की गोली मारकर हत्या

पुणे (महाराष्ट्र),29 जनवरी (एजेंसी)। लखनऊ निवासी एक शख्स ने गोली मारकर अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी को ठाणे के पास गिरफ्तार कर लिया गया और सोमवार को पुणे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय वंदना द्विवेदी के रूप में हुई है, जो पुणे में इंफोसिस में तकनीकी विशेषज्ञ थी। आरोपी ऋषभ निगम को रविवार देर रात नवी मुंबई (ठाणे) में एक नाकाबंदी के दौरान घटना में इस्तेमाल हथियार के साथ पकड़ा गया।

पिंपरी-चिंचवड़ के सहायक पुलिस आयुक्त (वाकाड डिवीजन) विशाल हिरे ने कहा कि हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।
हमने रविवार को मामला दर्ज कर लिया है और जांच आगे बढ़ रही है। एसीपी हिरे ने बताया, आरोपी को आज रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

निगम ने 27 जनवरी को हिंजवडी के लक्ष्मीनगर इलाके में एक होटल का कमरा बुक किया था, जहां वंदना द्विवेदी उससे मिलने गई थी।
प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि महिला के काम के लिए पुणे चले जाने के बाद, दोनों के बीच रिश्ते खराब हो गए थे, इसके कारण शनिवार देर रात होटल के कमरे में विवाद और मारपीट हुई होगी।

पुलिस के अनुसार, गुस्से में आकर निगम ने अपनी पिस्तौल निकाली और उस पर गोलियां चलाईं, और वहां से भाग गया।

होटल के कर्मचारियों ने रविवार को महिला के खून से लथपथ शरीर को गोलियों के निशान के साथ देखा और पुलिस को सूचित किया, जिसने तुरंत जांच शुरू की और निगम को पकडऩे के लिए तलाशी अभियान चलाया।

रविवार सुबह मुंबई जाते समय उसे रोका गया, उसके पास से हत्या का हथियार भी बरामद किया गया और देर रात उसे पिंपरी चिंचवड़ पुलिस को सौंप दिया गया।

निगम ने हत्या की बात कबूल कर ली है और उसे सोमवार को रिमांड के लिए पुणे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने गोलियां चलने की आवाज नहीं सुनी, क्योंकि 27 जनवरी को नवी मुंबई में मराठा आरक्षण आंदोलन खत्म होने के बाद आसपास के क्षेत्र में जश्न मनाया जा रहा था।

***************************

 

देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले सिमी पर बढ़ाया गया पांच साल का प्रतिबंध

*गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश*

नईदिल्ली,29 जनवरी (एजेंसी)। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) पर पांच साल के लिए प्रतिबंध को बढ़ा दिया है. गृह मंत्रालय ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट के जरिए इस बैन को बढ़ाए जाने के आदेश की जानकारी साझा की.

गृह मंत्रालय ने पोस्ट में लिखा कि आतंकवाद के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीरो टॉलरेंस के दृष्टिकोण के तहत स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया को यूएपीए के तहत अगले पांच सालों के लिए गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया है.

केंद्र सरकार की ओर से कहा गया है कि सिमी को भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता को खतरे में डालने के लिए, आतंकवाद को बढ़ावा देने, शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाडऩे में शामिल पाया गया है.

बीते साल केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कर स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया पर लगे प्रतिबंध को सही ठहराया था. केंद्र सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे में कहा था कि सिमी भारतीय राष्ट्रवाद के खिलाफ है.

केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि कोई भी संगठन जिसका उद्देश्य भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना है, उसे अस्तित्व में रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती है. केंद्र ने अपने हलफनामे में आरोप लगाया कि सिमी के उद्देश्य देश के कानूनों के विपरीत हैं, क्योंकि संगठन का उद्देश्य इस्लाम के प्रचार में छात्रों और युवाओं को जुटाना और जिहाद के लिए समर्थन प्राप्त करना है.

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा गया कि कई सालों तक प्रतिबंधित रहने के बावजूद सिमी ने विभिन्न संगठनों के माध्यम से अवैध गतिविधियों में लिप्त रहना जारी रखा है, इसलिए उसके खिलाफ नया प्रतिबंध लगाया गया. केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया था कि वह सिमी पर प्रतिबंध लगाने के केंद्र के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज करे.

*****************************

 

सामाजिक व आर्थिक न्याय के बिना देश का विकास नहीं हो सकता: राहुल

पटना,29 जनवरी (एजेंसी)। बिहार में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहले दिन राहुल गांधी ने कहा कि देश तभी विकसित होगा, जब लोगों को सामाजिक और वित्तीय न्याय मिलेगा।

बिहार के किशनगंज जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए, कांग्रेस नेता ने कहा, मैं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए यहां बिहार आया हूं। जब मैंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा शुरू की और 4000 किमी की यात्रा की, तो कई लोगों ने कहा कि हमारी यात्रा उस भूमि पर नहीं गई, जो सामाजिक न्याय के लिए जानी जाती है।

उन्होंने मुझसे पूर्वोत्तर क्षेत्र से महाराष्ट्र तक एक और यात्रा करने के लिए कहा और मैंने स्वीकार कर लिया और भारत जोड़ो यात्रा में न्याय जोड़कर मणिपुर से महाराष्ट्र तक यात्रा शुरू करने का फैसला किया।

मैं मणिपुर से आया हूं और बीजेपी की विचारधारा को करीब से देखा हूं। मैं मणिपुर के लोगों से बातचीत करता हूं। वह राज्य सात महीने से बीजेपी और आरएसएस की विभाजनकारी विचारधारा के कारण जल रहा है। उन्होंने मणिपुर में लोगों को दो समुदायों में बांट दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के दुश्मन बने हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि देश के प्रधानमंत्री पिछले सात महीनों से वहां नहीं गए हैं।

दो भाइयों के बीच झगड़ा कराना बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा है. वे नफरत की राजनीति में विश्वास करते हैं और इसलिए हमने मोहब्बत की दुकान के बारे में बात की है। गांधी ने कहा, नफरत को नफरत से ख़त्म नहीं किया जा सकता यह केवल प्यार से ही खत्म होता है और मैंने मोहब्बत की दुकान के बारे में बात की है।

गांधी ने कहा,अब हम बिहार आए हैं जो सामाजिक न्याय की भूमि है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश तभी विकसित होगा, जब प्रत्येक देशवासी को सामाजिक और वित्तीय न्याय मिलेगा। इसलिए, मैं देश में लोगों के सामाजिक और वित्तीय न्याय की बात कर रहा हूं। जब भी सामाजिक न्याय की चर्चा शुरू होती है, तो लोग बिहार की ओर देखते हैं, इसलिए यह बिहार के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे सामाजिक न्याय के बारे में जागरूकता पैदा करें और इसके लिए लड़ें।

गांधी ने कहा,वर्तमान में, नरेंद्र मोदी ने देश के दो-तीन उद्योगपतियों को सारा पैसा दे दिया है। उन्होंने सभी हवाई अड्डों, बंदरगाहों, रेलवे, औद्योगिक इकाइयों और अन्य का अधिग्रहण कर लिया है। इनके लिए सभी बैंक, पीएमओ और अन्य सरकारी कार्यालय खुले हैं, लेकिन आम लोगों के लिए ये संस्थान बंद हैं। आम लोगों के लिए उनके पास नोटबंदी, जीएसटी, बैंक बंदी है। यह नरेंद्र मोदी सरकार की वास्तविकता है।

गांधी ने कहा,मैं आपको यह भी बताना चाहता हूं कि देश में ओबीसी समुदाय 50 प्रतिशत है, लेकिन जब भागीदारी की बात आती है, तो उनके हाथ में कुछ भी नहीं है। इससे साबित किया जा सकता है कि केंद्र सरकार को 90 आईएएस अधिकारी चला रहे हैं. वे रक्षा, कृषि, सिंचाई, उद्योग, सड़क आदि में सभी बजट बनाते हैं और धन का वितरण करते हैं, और मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि केवल तीन आईएएस अधिकारी ओबीसी समुदाय से हैं और वे देश के कुल बजट का केवल 5 प्रतिशत वितरित करते हैं।

यह केंद्र सरकार की वास्तविकता है और देश में ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि लोगों को अपनी ताकत का पता नहीं है। यही वजह है कि देश में जाति आधारित जनगणना जरूरी है. एक बार लोगों को अपनी वास्तविक आबादी का पता चल जाए तो उन्हें सामाजिक और वित्तीय न्याय मिलने से कोई नहीं रोक सकता और देश भी प्रगति करेगा।

इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार सुबह 10 बजे बिहार के किशनगंज जिले में प्रवेश कर गई।

पश्चिम बंगाल कांग्रेस कमेटी की टीम ने सोनपुर-इस्लामपुर सीमा पर बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह को कमान सौंपी।

******************************

 

15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी को होगी वोटिंग

*चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान*

नईदिल्ली,29 जनवरी (एजेंसी)। भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से सोमवार को बड़ा ऐलान किया गया है. दरअसल ये ऐलान राज्यसभा चुनाव की तारीख को लेकर किया गया है. बता दें कि इलेक्शन कमीशन ने 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों की वोटिंग डेट डिक्लिअर कर दी है. ईसी के मुताबिक इन 56 सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होगा. बता दें कि वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू होगी जबकि शाम 4 बजे तक जारी रहेगी. वहीं नामांकन भरने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है.

दरअसल चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 50 सदस्य 2 अप्रैल को रिटायर्ड हो रहे हैं. इसके अलावा 6 अन्य सदस्य 3 अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे. इस तरह राज्यसभा की तीन सीट राजस्थान से पहले से खाली हैं. वहीं तीन सीट के सदस्यों का कार्यकाल 3 अप्रैल को खत्म होगा. वहीं यूपी की 10 और उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट पर भी चुनाव होगा. इस तरह कुल 56 सीट पर चुनाव होने हैं.

यूपी की कुल 10 राज्यसभी सीटों में से भारतीय जनता पार्टी के पास 9 हैं, जबकि एक सीट जय बच्चन के रूप में समाजवादी पार्टी के पास भी है. बीजेपी के जिन राज्यसभा सदस्यों के कार्यकाल खत्म होने वाला है उनमें अनिल अग्रवाल, कांता कर्दम, अशोक वाजपेयी, सकदीप राजभर, जीवीएल नरसिम्हा राव, हरनाथ सिंह और विजयपाल तोमर प्रमुख रूप से शामिल हैं.

तेलंगाना की 3, उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड की 1, पश्चिम बंगाल की 5, ओडिशा 3, राजस्थान की 3, आंध्र प्रदेश की 3, बिहार, 6, छत्तीसगढ़ की 1, गुजरात-4, हरियाणा- 1, हिमाचल प्रदेश 1, कर्नाटक-4, मध्य प्रदेश 5, महाराष्ट्र की 6 सीटें शामिल हैं.

राज्यसभा की 56 सीटों का चुनाव लोकसभा चुनाव से पहले  काफी अहम माना जा रहा है. यहां पर जीत का असर लोकसभा चुनाव पर भी देखने को मिलेगा. जाना जा रहा है . इन सीटों पर भी बीजेपी के कब्जे के ज्यादा चांस बने हुए हैं. ये तो तय है कि अगर बीजेपी यहां पर कब्जा जमाने में सफल होती है संसद के उच्च सदन में उसका रुतबा और भी बड़ा हो जाएगा.

**************************

 

शिवराज का लोकसभा में आना है पक्का : आठवले

भोपाल ,28 जनवरी (एजेंसी)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सियासी भविष्य को लेकर एक भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि शिवराज का लोकसभा में आना पक्का है।

मध्य प्रदेश के प्रवास पर आए केंद्रीय राज्यमंत्री आठवले ने संवाददाताओं से पार्टी कार्यालय में चर्चा करते हुए अपने ही अंदाज में कहा, शिवराज सिंह चौहान का लोकसभा में आना है पक्का और उनके दुश्मनों को लगेगा धक्का।

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान कह चुके है कि वे दिल्ली नहीं जाएंगे, उनकी भूमिका पार्टी तय करेगी।

इसी बीच आठवले राज्य के प्रवास पर आए और कहा कि चौहान हमारे साथ आएंगे, दिल्ली में आएंगे और मंत्रिमंडल में आएंगे। अगर लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे तो केबिनेट मंत्री बनेंगे। उनका आदर तो प्रधानमंत्री मोदी करेंगे।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी व एनडीए के सकारात्मक सोच की वजह से आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर की परिकल्पना साकार हुई है और श्री रामलला भव्य राम मंदिर में विराजमान हुए हैं। आज लाखों लोग श्री रामलला के दर्शन के लिए आ रहे हैं। पांच सौ साल पहले मुगलों ने मंदिर को ढहाकर विवादित मस्जिद का निर्माण कराया था और सुप्रीम कोर्ट ने माना कि यहां विवादित ढांचे का निर्माण हुआ है।

मंदिर हिन्दू धर्म की आस्था का केन्द्र था और यहां भव्य राम मंदिर बनना चाहिए था, लेकिन पांच सौ साल बाद यह सपना फिर साकार हुआ है। कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर निर्माण में बाधा डालने का काम किया। यहां तक कि श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का न्यौता ही ठुकरा दिया, यह इनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज करते हुए आठवले ने कहा, आज राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, उन्हें मेरी सलाह है कि वे कांग्रेस पार्टी जोड़ो यात्रा निकालें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों के आगे आज कांग्रेस पार्टी जीरो बन गई है और अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। इंडी गठबंधन से एक-एक पार्टी साथ छोड़ रही हैं। यदि कांग्रेस अभी भी नहीं सुधरी तो कांग्रेस का हाल बहुत बुरा होने वाला है।

केन्द्रीय मंत्री आठवले ने कहा कि बिहार में इंडी गठबंधन को बहुत बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है और एनडीए गठबंधन में शामिल हो गए हैं। 2024 में भी नरेन्द्र मोदी पुन: प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है, मैं कांग्रेस को बताना चाहता हूं, संविधान बदलना बहुत मुश्किल है, प्रधानमंत्री ने नए संसद भवन को संविधान सदन नाम दिया है।

****************************

 

सुप्रीम कोर्ट ने भारत के जीवंत लोकतंत्र को मजबूत किया : पीएम मोदी

नई दिल्ली ,28 जनवरी (एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट सभागार में शीर्ष अदालत के डायमंड जुबली (हीरक जयंती) समारोह को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट (एससी) ने भारत के जीवंत लोकतंत्र को मजबूत किया है।

पीएम ने कहा, चाहे वह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हो, व्यक्तिगत स्वतंत्रता हो या सामाजिक न्याय, सुप्रीम कोर्ट ने भारत के जीवंत लोकतंत्र को मजबूत किया है।

पीएम ने इस अवसर पर नागरिक-केंद्रित सूचना और प्रौद्योगिकी पहल की भी शुरुआत की, जिसमें डिजिटल सुप्रीम कोर्ट रिपोर्ट (डिजी एससीआर), डिजिटल कोर्ट 2.0 और सुप्रीम कोर्ट की एक नई वेबसाइट शामिल है।

पीएम ने कहा कि व्यक्तिगत अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर मील के पत्थर के फैसलों ने देश के सामाजिक-राजनीतिक माहौल को नई दिशा दी है।

भारतीय संविधान के निर्माताओं ने स्वतंत्रता, समानता और न्याय पर आधारित स्वतंत्र भारत का सपना देखा था। सुप्रीम कोर्ट ने इन सिद्धांतों को संरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज की आर्थिक नीतियां कल के जीवंत भारत का आधार बनेंगी। आज जो कानून बनाए जा रहे हैं, वे भारत के उज्ज्वल भविष्य को मजबूत करेंगे। 2014 के बाद अदालतों के भौतिक बुनियादी ढांचे में सुधार की सरकार की प्रतिबद्धता के तहत 7,000 करोड़ रुपये से अधिक पहले ही वितरित किए जा चुके हैं।

पीएम ने वर्तमान सुप्रीम कोर्ट के भवन की समस्याओं को स्वीकार करते हुए कहा कि परिसर के विस्तार के लिए 800 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट की डिजिटल पहल पर पीएम मोदी ने फैसलों के डिजिटल फॉर्मेट में उपलब्धता, कोर्ट के फैसले को स्थानीय भाषा में अनुवाद करने की परियोजना की शुरुआत पर खुशी जताई।

इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से उनके संबोधन का वास्तविक समय में अंग्रेजी में अनुवाद किया जा रहा है, और इसे भाषिनी ऐप के माध्यम से भी सुना जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि आम लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए एआई तकनीक को अदालतों में लागू किया जा सकता है। लोगों की बेहतर समझ के लिए सरल भाषा में कानूनों का मसौदा तैयार करने के अपने सुझावों को याद करते हुए उन्होंने अदालती फैसलों और आदेशों का मसौदा तैयार करने के लिए एक समान दृष्टिकोण का सुझाव दिया।

***************************

 

पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को दी बधाई, कहा- यह टीम पूरे समर्पण भाव से लोगों की सेवा करेगी

नई दिल्ली ,28 जनवरी (एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले नीतीश कुमार और राज्य के उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा को बधाई देते हुए कहा है कि उन्हें विश्वास है कि यह टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के लोगों की सेवा करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में बनी एनडीए सरकार राज्य के विकास और यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।

बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण करने पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, बिहार में बनी एनडीए सरकार राज्य के विकास और यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मेरी बहुत-बहुत बधाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, मुझे विश्वास है कि यह टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के मेरे परिवारजनों की सेवा करेगी।

इससे पहले बिहार में नीतीश कुमार ने रविवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नीतीश ने बतौर मुख्यमंत्री नौवीं बार शपथ ली है। इसके अलावा भाजपा कोटे से प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा तथा जदयू कोटे से श्रवण कुमार सहित आठ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

राजभवन के राजेंद्र मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने नीतीश सहित सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नीतीश के मुख्यमंत्री के शपथ लेते ही एनडीए की सरकार बिहार में एक बार फिर सत्तारूढ़ हो गई।

नीतीश के शपथ लेते ही जय श्री राम के नारों से राजभवन गूंज गया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा भी मौजूद थे।

*****************************

 

ये तो शुरुआत है, खेल अभी बाकी है : तेजस्वी

पटना ,28 जनवरी (एजेंसी)। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राजद के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद महागठबंधन सरकार खत्म होने के बाद पहली बार मुंह खोलते हुए रविवार को कहा कि अभी तो शुरुआत हुई है, खेल अभी बाकी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जनता उनके साथ है, इस मुद्दे को लेकर भी वह जनता के बीच जाएंगे।

तेजस्वी ने साफ शब्दों में कहा, जब काम किया है तो क्रेडिट क्यों न लें ? हमारे 79 विधायक हैं और सरकार में हमारे अधिक मंत्री थे। आज देखने वाली बात है, 17 साल बनाम 17 महीने। जो काम बिहार में 17 साल में नहीं हुए, वह हमलोगों ने 17 महीने में करके दिखाया। हमने थके हुए मुख्यमंत्री से काम करवाके दिखाया।

उन्होंने आगे कहा, प्रदेश में पर्यटन नीति आई, आईटी को नई पॉलिसी लाई गई, मेडल लाने वाले खिलाडिय़ों को नौकरी दी गई, यह सब हमारे मंत्रियों ने किया। नौकरी देने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। मुझे कोई नाराजगी नहीं है। हमलेगो ने गठबंधन धर्म का पालन किया। जनता हमारे साथ है और इन सभी बातों को लेकर मैं जनता के बीच जाऊंगा।

*****************************

बिहार में बनी NDA की सरकार, नीतीश ने ली 9वीं बार CM पद की शपथ; सम्राट और विजय बने डिप्टी सीएम

पटना 28 Jan, (एजेंसी): बिहार में नीतीश कुमार ने रविवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नीतीश ने बतौर मुख्यमंत्री नौवीं बार शपथ ली है। राजभवन के राजेंद्र मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने नीतीश को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ बीजेपी के दो डिप्टी सीएम ने भी शपथ ली है। इसमें सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा शामिल हैं।

सम्राट चौधरी बीजेपी के अभी बिहार अध्यक्ष हैं। नीतीश के महागठबंधन में जाने के बाद बीजेपी ने उन्हें प्रदेश की कमान सौंपी थी। पिछले एक साल में वे लगातार नीतीश कुमार के खिलाफ मुखर होकर राजनीति कर रहे थे। अब उन्हें नीतीश के नेतृत्व वाली सरकार में डिप्टी बनाया गया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व में स्पीकर रह चुके विजय सिन्हा को भी डिप्टी सीएम बनाया गया है। वह भी नीतीश के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक मुखर रहे थे। अब वे मुख्यमंत्री के साथ मिलकर काम करेंगे।

नीतीश के मुख्यमंत्री के शपथ लेते ही एनडीए की सरकार बिहार में एक बार फिर सत्तारूढ़ हो गई। नीतीश के शपथ लेते ही जय श्री राम के नारों से राजभवन गूंज गया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उपस्थित रहे। इससे पहले नीतीश कुमार ने रविवार को राजभवन जाकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद महागठबंधन की सरकार भंग हो गई थी। इसके बाद नीतीश ने फिर राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए भाजपा और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा।

************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version