मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पेड़ को बांधी राखी

 पेड़ों की सुरक्षा है जरूरी

पटना 19 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : देशभर में सोमवार को धूमधाम से रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। बहनों ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। भाई ने भी बहन की रक्षा करने का वादा दिया। वहीं, बिहार की राजधानी पटना के इको पार्क में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पेड़ को राखी बांध कर इसके महत्व को समझाया।

दरअसल, सोमवार को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस मनाया जा रहा है। इससे संबंधित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित सरकार में अन्य मंत्री शामिल हुए।

सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राजधानी वाटिका में आयोजित ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस समारोह’ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ शामिल होकर पेड़ में रक्षा सूत्र बांधकर, पर्यावरण को बचाने का संकल्प लेने सहित अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। लोग भी पेड़ को राखी बांधें, पौधों की सुरक्षा का दायित्व उठाएं।

वन पर्यावरण मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार सरकार के अंतर्गत वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग हर साल बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस मनाता है। इस साल भी इसे मनाया गया है। पेड़ों की सुरक्षा जरूरी है और उसी को लेकर बिहार में वृक्ष सुरक्षा दिवस मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ शामिल सभी ने पेड़ों को राखी बांध कर संकल्प लिया कि वो पेड़ों की सुरक्षा करेंगे। बिहार के लोग भी आगे आएं, संकल्प लें और पेड़ों की सुरक्षा के लिए अपने योगदान को समझें।

उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में 4 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। अभी तक 2 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। जंगल, नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, रोड के किनारे स्कूलों में और अब पहाड़ों में भी पौधे लगाने का काम किया जा रहा है। सीड बॉल्स के माध्यम से हम पहाड़ों में पौधरोपण ड्रोन के जरिए करेंगे।

******************************

Read this also :-

आगामी सप्ताह अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होगी धनुष की रायन

विजय राज का खुलासा, अजय देवगन को नहीं बोला हैलो….

विधानसभा चुनाव तक ‘आप’ नेताओं को जेल में रखना चाहती है सरकार

मनीष सिसोदिया का बड़ा आरोप

नई दिल्ली 19 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जल्द जेल से बाहर आएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में बंद रखने का आरोप लगाया।

मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आने के बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे गए हैं। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं साथ बैठक की। लोगों से संवाद के लिए सिसोदिया पदयात्रा भी कर रहे हैं। मनीष सिसोदिया के मुताबिक पदयात्रा के साथ संगठन को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनकी पदयात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है, जिस तरह से आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में बंद किया गया है, उससे दिल्ली की जनता में आक्रोश है। पहले सत्येंद्र जैन और मुझे जेल के अंदर बंद कर दिया। उसके बाद हमारे नेता अरविंद केजरीवाल को षड्यंत्र के तहत जेल में डाल दिया गया। दिल्ली की जनता केजरीवाल की गिरफ्तारी से नाराज है।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार किसी भी तरह से विधानसभा चुनाव तक हमारी पार्टी के नेताओं को जेल के अंदर बंद रखना चाहती है। मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आकर लगातार लोगों से मिल रहे हैं। वह बच्चों से मिलने के लिए स्कूलों में जा रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी दिल्ली में अभियान शुरू करने वाली है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन हो रहे हैं। इसके जरिए ‘आप’ के विधायक अपने काम का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख रहे हैं।

अभी तक 70 विधानसभाओं में से 18 विधानसभाओं में कार्यकर्ता सम्मेलन हुए हैं। पाठक के मुताबिक सोमवार को छतरपुर में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा। वह प्रत्येक विधानसभा में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। ‘आप’ के कार्यकर्ता विधानसभा स्तर पर बूथ मैपिंग भी कर रहे हैं।

*******************************

Read this also :-

आगामी सप्ताह अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होगी धनुष की रायन

विजय राज का खुलासा, अजय देवगन को नहीं बोला हैलो….

52 दिनों से चल रही अमरनाथ यात्रा आज होगी संपन्न

करीब पांच लाख लोगों ने किए दर्शन

श्रीनगर 19 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): पिछले 52 दिनों से चल रही अमरनाथ यात्रा आज संपन्न हो जाएगी। अब तक लगभग पांच लाख यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। महंत स्वामी दीपेंद्र गिरि द्वारा ले जाई गई छड़ी मुबारक (भगवान शिव की चांदी से बनी गदा) ने सोमवार सुबह पंचतरणी से पवित्र गुफा तक अपनी यात्रा का अंतिम चरण शुरू किया। इस वर्ष यह यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 52 दिनों के बाद आज (सोमवार) समाप्त होगी।

जम्मू से लेकर बालटाल और नून (पहलगाम) के दो बेस कैंपों तक यात्रा मार्ग पर पुलिस और सीएपीएफ की उपस्थिति, ट्रांजिट कैंपों में तैनात सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों के पूर्ण सहयोग से इस वर्ष यात्रा काफी सफल रही। भगवान शिव की स्तुति में ‘बम बम भोले’ और वैदिक मंत्रों का जाप करते साधुओं और भक्तों के साथ छड़ी मुबारक की अंतिम यात्रा अंतिम पड़ाव शिविर पंचतरणी से शुरू हुई, जो कश्मीर हिमालय में समुद्र तल से 3888 मीटर ऊपर स्थित गुफा मंदिर की ओर है।

गुफा मंदिर में बर्फ की एक संरचना है जो चंद्रमा के चरणों के साथ घटती-बढ़ती रहती है। भक्तों का मानना ​​है कि यह संरचना भगवान शिव की पौराणिक शक्तियों का प्रतिनिधित्व करती है। यात्रा रक्षाबंधन के त्योहार के साथ ‘श्रावण पूर्णिमा’ के अवसर पर संपन्न हो रही है।

पारंपरिक पूजा और अनुष्ठानों के बीच, विश्व शांति और मानव जाति की समृद्धि के लिए दिन भर प्रार्थना की जाएगी, जिसके बाद छड़ी मुबारक पहलगाम के रास्ते पंचतरणी लौट आएगी। छड़ी मुबारक ने 14 अगस्त को श्रीनगर के दशनामी अखाड़ा मंदिर से प्रस्थान किया था। रास्ते में विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद यह 16 अगस्त को गुफा मंदिर की अपनी आगे की यात्रा शुरू करने से पहले दो रातों के लिए पहलगाम में रुकी।

छड़ी मुबारक के संरक्षक स्वामी दीपेंद्र गिरि ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता वाले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों के लिए की गई बेहतर व्यवस्था पर संतोष जताया। स्वामी गिरि ने कहा कि गुफा मंदिर तक जाने वाले मार्ग को चौड़ा करने सहित सुविधाओं में वृद्धि के कारण तीर्थयात्रियों की आमद में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि छड़ी मुबारक गुफा मंदिर में मानव जाति की शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना करेगी।

***************************

Read this also :-

आगामी सप्ताह अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होगी धनुष की रायन

विजय राज का खुलासा, अजय देवगन को नहीं बोला हैलो….

एनसीआर के मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की व्यवस्था

सावन के आखिरी सोमवार पर

नोएडा 19 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): सावन का आज आखिरी सोमवार है। इसके लिए दिल्ली-एनसीआर के मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की तैयारियां की गई हैं। पांचवें सोमवार के साथ श्रावण मास का यह आखिरी दिन भी है।

श्रद्धालु और भक्तगण सुबह से ही बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच रहे हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर उनकी पूजा अर्चना कर रहे हैं।

सावन के इस आखिरी दिन मंदिरों के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सोमवार पर भोलेनाथ की पूजा अर्चना के लिए विशेष विधि विधान है। सावन माह भोले शंकर को अति प्रिय होता है। शिव जी को प्रसन्न करने के लिए शिवलिंग की पूजा-अर्चना की जाती है। शिवलिंग पर कुछ चीजें अर्पित करने से शिवजी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। सुबह स्नान कर शिवलिंग पर जल और दूध चढ़ाने की प्रथा है। इसके साथ ही बेलपत्र, धतूरा, और भस्म भी अर्पित कर सकते हैं।

मान्यता के अनुसार, ये सब चीजें भगवान शिव को अत्यंत प्रिय हैं। वहीं इस साल सावन का आखिरी सोमवार बहुत ही खास है, क्योंकि सावन का आखिरी और पांचवा सोमवार पूर्णिमा तिथि पर पड़ रहा है और इस दिन रक्षाबंधन का भी त्योहार मनाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और उसके साथ-साथ बैरिकेड लगाकर श्रद्धालुओं को कतार में ही मंदिर के अंदर जाने की अनुमति दी गई है।

सावन के आखिरी सोमवार के साथ-साथ आज रक्षाबंधन का पर्व भी पूरे देश भर में मनाया जा रहा है। इसके चलते बाजारों में खासी भीड़ देखने को मिल रही है। लोगों ने रक्षाबंधन को लेकर जमकर खरीदारी की है और इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह भाई-बहन के प्यार का पर्व है।

**************************

Read this also :-

आगामी सप्ताह अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होगी धनुष की रायन

विजय राज का खुलासा, अजय देवगन को नहीं बोला हैलो….

हॉस्टल में छिड़की चूहे भगाने की दवा, 19 छात्रों की तबीयत बिगड़ी

3 की हालत गंभीर- FIR दर्ज

बेंगलुरू 19 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): बेंगलुरु में आदर्श कॉलेज ऑफ नर्सिंग में चूहों को भगाने के लिए दवा का छिड़काव किया गया। इसके बाद 19 स्टूडेंट बीमार पड़ गए, उनमें से तीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कर्नाटक पुलिस ने सोमवार को लापरवाही से कीटनाशक का छिड़काव करने के आरोप में छात्रावास प्रबंधन कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

यह घटना रविवार को ज्ञानभारती पुलिस स्टेशन की सीमा में अम्मा आश्रम के पास आदर्श कॉलेज ऑफ नर्सिंग में हुई। 19 स्टूडेंट में से तीन की हालत गंभीर हो गई और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) एस. गिरीश ने कहा कि रविवार रात करीब 9 बजे बीमार पड़े स्टूडेंट में से एक के बयान के आधार पर छात्रावास कर्मचारी मंजे गौड़ा और कई अन्य कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने और सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरा पैदा करने के आरोप में धारा 286 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत केस दर्ज किया गया।

डीसीपी ने कहा, “ज्ञानभारती पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में अम्मा आश्रम के पास आदर्श नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास के ग्राउंड फ्लोर जनरेटर पर चूहों को भगाने वाले चूहा एक्स का छिड़काव किया गया था, ताकि चूहों को नुकसान न पहुंचे। छात्रों ने इसे सूंघ लिया, जिससे उन्हें सांस लेने में समस्या होने लगी। कुल 19 छात्र बीमार पड़ गए, और उन्हें तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया।”

गिरीश ने कहा, अधिकांश छात्रों को उपचार मिल गया है और उनकी हालत स्थिर है। हालांकि, तीन छात्र – जयन वर्गीस, दिलीश और जो मोन – गंभीर हालत में हैं और उन्हें आगे की देखभाल के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

डीसीपी ने बताया कि बीमार छात्रों में से एक नील का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसके आधार पर मंजे गौड़ा और अन्य छात्रावास कर्मचारियों के खिलाफ धारा 286 बीएनएस के तहत खतरनाक पदार्थ को संभालने में लापरवाही बरतने और सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरा पैदा करने का केस दर्ज किया गया। आगे की जांच जारी है।

*************************

Read this also :-

आगामी सप्ताह अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होगी धनुष की रायन

विजय राज का खुलासा, अजय देवगन को नहीं बोला हैलो….

काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

वाराणसी 19 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): सावन के 5वें और आखिरी सोमवार के दिन शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों की लाइन में भक्त दिखे। कुछ ऐसी ही झलक उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ मंदिर में देखने को मिली। काशी विश्वनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में शिव भक्त पहुंचे। यहां देर रात से भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। यहां मंगला आरती के बाद भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इधर, श्रद्धालु की भारी भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई। बताया गया कि तीन प्रमुख द्वारों से भक्तों को दर्शन पूजन कराया गया। भक्तों ने बाबा के दर्शन के साथ ही साथ माता पार्वती, भगवान गणेश के भी दर्शन किए। मंदिर का पूरा परिसर हर-हर महादेव से गूंजता रहा।

बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए पंजाब से पहुंची सीमा सोढ़ी ने कहा कि यहां आकर मन प्रसन्न हो गया है। यहां भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद अच्छे से दर्शन हुए हैं। हम परिवार के साथ यहां पर आए हैं। बहुत अच्छा लग रहा है, यहां पर प्रशासन द्वारा अच्छे से व्यवस्था की गई है।

लखनऊ से बाबा के दर्शन करने पहुंचे कमलकांत मिश्रा ने कहा कि यहां बहुत भीड़ है। समय लगा है, लाइन में लगे रहे। लेकिन, दर्शन बहुत अच्छे से हुआ है। प्रशासन ने उचित व्यवस्था की हुई थी। जिससे किसी भी भक्त को दर्शन के दौरान परेशानी न हो।

रमेश चंद शर्मा ने कहा कि यहां की आस्था देखते ही बनती है। यहां का माहौल भक्तिमय है। यहां आने वाले लोगों में बाबा का विश्वास है। किसी भी भक्त को कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन के द्वारा उचित प्रबंध किए गए हैं। लाइन में लगे सभी भक्तों का अच्छे से दर्शन हो रहा है। बता दें कि यह सावन 5 सोमवार का था। सावन के प्रत्येक सोमवार को बाबा का दर्शन करने के लिए भारी संख्या में भक्तों की भारी भीड़ जुटी।

****************************

Read this also :-

आगामी सप्ताह अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होगी धनुष की रायन

विजय राज का खुलासा, अजय देवगन को नहीं बोला हैलो….

विजय राज का खुलासा, अजय देवगन को नहीं बोला हैलो….

सन ऑफ सरदार 2 से निकाले गए

19.08.2024 (एजेंसी)  –  अजय देवगन की फिल्म सन ऑफ सरदार 2′ से एक्टर विजय राज को हटा दिया गया है। फिल्म में विजय की जगह संजय मिश्रा ने ले ली है। इसकी शूटिंग यूके में चल रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार अजय के साथ फिल्म को को-प्रोड्यूस कर रहे कुमार मंगत पाठक ने कहा कि विजय को उनके व्यवहार और अनुचित मांगों के कारण हटाया गया है।

दूसरी ओर, विजय ने कहा कि ये कदम इसलिए उठाया गया, क्योंकि उन्होंने सेट पर अजय को तवज्जो नहीं दी।पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक पाठक ने कहा कि हमने फिल्म से विजय को उनके व्यवहार के कारण हटा दिया है। विजय ने बड़े कमरे और वैनिटी वैन की मांग की। इसके साथ ही स्पॉट बॉय के लिए भी हमसे ज्यादा रुपए की मांग की।

विजय के स्पॉट बॉय को हर रात 20 हजार का भुगतान किया गया था, जो किसी बड़े एक्टर से भी ज्यादा है। अब विजय ने इन आरोपों पर जवाब दिया है। विजय ने कहा कि जब मैं शूटिंग के सेट पर पहुंचा तो रवि किशन, निर्देशक विजय अरोड़ा और पाठक समेत अन्य लोगों ने मुझसे मुलाकात की।

मैं वैन से बाहर निकला और देखा कि अजय करीब 25 मीटर दूर खड़े हैं, क्योंकि वे बिजी थे तो मैंने उन्हें हैलो नहीं बोला और मैं दोस्तों से बात करता रहा। इस घटना के 25 मिनट बाद पाठक मेरे पास आए और बोले कि आपको हम फिल्म से निकाल रहे हैं। बता दें सन ऑफ सरदार 2′ साल 2012 में रिलीज हुई एक्शन कॉमेडी फिल्म सन ऑफ सरदार’ का सीच्ल है।

************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। आज लंबे समय से चल रही किसी समस्या से आज आपको निजात मिलेगी और आपकी चतुराई और योग्यता की सराहना होगी। आज किसी अनुभवी के मार्गदर्शन से प्रॉपर्टी की खरीदी-बिक्री संबंधी रुका काम पूरा हो जाएगा। कुछ खास लोगों से मुलाकात होगी और विशेष मुद्दों पर बातचीत भी होगी जो कि सकारात्मक रहेगा। शाम को परिवार के साथ कोई मनोरंजन प्रोग्राम भी बन सकता है। आज आपको कोई शुभ सूचना मिलने वाली है। व्यापार में आपको अपने सहयोगियों की हेल्प मिलेगी, ज्यादा से ज्यादा लाभ होगा।

• शुभ रंग- मैजेंटा

• शुभ अंक- 9

वृष राशि-

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आज दिन भर भागा-दौड़ी की स्थिति रहेगी लेकिन कार्य भी सुचारू रूप से बनते जाएंगे। सूझबूझ और व्यवहार कुशलता से अपने काम के प्रति व्यस्त रहेंगे। आज व्यस्ततम दिनचर्या रहेगी लेकिन आप अपने कार्यों को सहज ही पूरा भी कर लेंगे। आज कार्यक्षेत्र में बदलाव संबंधी कुछ योजनाएं बनेंगी और योजनाबद्ध तरीके से काम करना आपको मन मुताबिक सफलता भी देगा। आज कोई भी बड़ा फैसला लेते समय अपनी शुभचिंतकों की राय की अनदेखी करने की भूल न करेंगे। आज आपकी किसी उपलब्धि से घर परिवार में खुशी भरा माहौल रहेगा। आज किसी काम में बड़ों की सलाह मिलेगी जिसका आपको लाभ मिलेगा।

• शुभ रंग- गोल्डन

• शुभ अंक- 2

मिथुन राशि-

आज का दिन आपके लिए ख़ास होने वाला है किसी भी नए निवेश के बारे में प्लान करें आपको अच्छा लाभ हो सकता है। घर में किसी नन्ने मेहमान के आगमन संबंधी शुभ समाचार मिलने से उत्सव का माहौल रहेगा। माता-पिता के आशीर्वाद से किया गये काम में आपको सफलता मिलेगी। आज कोई भी विशेष निर्णय लेते समय बेहतर होगा कि किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेंगे तो काम में आसानी भी होगी। परीक्षा प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे लोगों को कठिन परिश्रम की आवश्यकता रहेगी। आज के दिन आप दूसरों से अपना काम निकलवाने में सक्षम रहेंगे। टेक्सटाइल का काम करने वालों को आज अच्छा लाभ होगा।

• शुभ रंग- लाल

• शुभ अंक- 3

कर्क राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आप किसी समारोह में शामिल होंगे आपकी उपस्थिति को महत्त्व मिलेगा। कोरियर का बिजनेस कर रहे कारोबारियों को आज फायदा मिलेगा। राजनीति से जुड़े लोगों का आज समाज में दबदबा बना रहेगा। आज रुका हुआ पैसा मिल सकता है, हालांकि दिन की शुरुआत में चुनौतियां रहेगी, लेकिन किसी अनुभवी की मदद से रास्ते आसान हो जाएंगे। और कामों में भी सफलता मिलेगी। घर का माहौल सुकूनदायक रहेगा। इस राशि की महिलाएं अपना बिजनेस स्टार्ट कर सकती है , अधिक लाभ होगा। जल्दबाज़ी में निर्णय लेने से बचें, सोच समझकर ही अपने काम करें।

• शुभ रंग- हरा

• शुभ अंक- 9

सिंह राशि-

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। कार्यस्थल पर गंभीरता और ईमानदारी से अपने प्रोजेक्ट को अंजाम दें, इस समय आपकी तरक्की के भी योग बन रहे हैं। आज समय आपके पक्ष में है। काम आसानी से बनेंगे और किसी नई योजना पर भी काम करने का अवसर मिलेगा। परिवार और फाइनेंस से संबंधित लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय सकारात्मक रहेंगे। और पिछले कुछ समय से चल रही किसी समस्या का भी निदान होगा। आज घर में सुख-शांति भरा माहौल रहेगा। आज किसी भी अनजान व्यक्ति पर ज्यादा विश्वास न करें, आपको नुकसान हो सकता है।

• शुभ रंग- गुलाबी

• शुभ अंक- 1

कन्या राशि-

आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। आज आप अपने बड़े भाई से प्रोपर्टी से रिलेटेड कोई बात करेंगे और फाइनेंस सम्बंधित कुछ योजनाये बनेगी। आज आपका काम करने का जनून आपको मेहनत करने की क्षमता प्रदान करेगा। आज किसी भी ऑफिशियल यात्रा को करने के लिए समय अनुकूल है। आज पारिवारिक सदस्यों के बीच प्रेम और सामंजस्य की भावना बनी रहेगी। लवमेट में एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान और विश्वास रखेंगे। आज आपका किसी इंटरव्यू में सिलेक्शन होगा, अच्छी जॉब मिलेगी। आपको स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

• शुभ रंग- मैरून

• शुभ अंक- 3

तुला राशि-

आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। आज आप करीबी व्यक्ति के बारे में गहराई से विचार करके रिश्ता सुधारेंगे। आज जिम्मेदारियां रहेंगी, लेकिन उनसे भागने की बजाय बेहतर तरीके से पूरा करने की कोशिश करेंगे। आज जल्दबाजी और भावुकता में कोई निर्णय ना लें। आज कारोबारी महिलाओं को पारिवारिक और व्यवसायिक तालमेल बनाकर रखेंगे। कोई ऑफिशियल यात्रा करना लाभदायक रहेगा। माता-पिता के आशीर्वाद से आपको कोई उपहार आदि भी मिल सकता है। आप अपने दोस्तों के साथ किसी ट्रिप पर जाने का प्लान बनाएंगे। शिक्षकों की मेहनत और लगन को देखकर लोगों के बीच सम्मान बढ़ेगा।

• शुभ रंग- भूरा

• शुभ अंक- 6

वृश्चिक राशि-

आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। आज किसी भी नकारात्मक स्थिति में घबराने की बजाय उसका समाधान ढूंढे तो जल्दी ही हल भी मिलेगा। वाहन अथवा किसी महंगे उपकरण के खराब होने से बड़ा खर्चा सामने आएगा। आज अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव लाने से नए अवसर मिलने वाले हैं। दोपहर बाद आपको अपने भविष्य से संबंधित कोई खुशखबरी भी मिलने वाली है। अपने किसी खास मिशन को लेकर किए गए प्रयास सफल होंगे। महिलाओं को धार्मिक कामों में रुचि बढ़ेगी। बच्चों को अपना टाइम दे जिससे उनका प्यार आपको ज्यादा से ज्यादा मिल सकें।

• शुभ रंग- पिच

• शुभ अंक- 7

धनु राशि-

आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहने वाला है। आज आपकी आर्थिक स्थित मजबूत बनी रहेगी आप सामान की खरीददारी करने मार्केट जा सकते हैं। आज कारोबार में नई तकनीक का इस्तेमाल करने संबंधी कार्य प्रणाली पर विचार-विमर्श होगा। योजना को गति देने में आपकी मेहनत बनी रहेगी। लवमेट को मुलाकात का अवसर मिलेगा। आज घर के बड़े व्यक्तियों की सलाह और मार्गदर्शन पर अमल करने से समाधान भी मिलेंगे। इस राशि के जो लोग बड़ी कंपनियों में काम करते हैं, उनके लिए आज का दिन बेहद खास है। जीवन में चल रही परेशानियां जल्द ही दूर होंगी।

• शुभ रंग- बैंगनी

• शुभ अंक- 5

मकर राशि-

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज किसी भी काम करने से पहले उससे संबंधित उचित जानकारी हासिल करेंगे, फिर उसे पर काम करेंगे। इससे आपको बेहतर परिणाम हासिल होंगे। आय के नए स्त्रोत बनेंगे। घर में बुजुर्गों का भी प्यार व आशीर्वाद शांतिपूर्ण माहौल बनाकर रखेगा। किसी रुके हुए काम को पूरा करने में सफलता मिल सकती हैं। आज आपकी कठिन परिस्थितियों में आपका परिवार आपकी ढाल बनकर सामने रहेगा, इससे आपको साहस मिलेगा। स्वास्थ्य से रिलेटेड परेशानी आज दूर होगी, आप एनर्जेटिक रहेंगे।

• शुभ रंग- सिल्वर

• शुभ अंक- 7

कुंभ राशि-

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज प्रोजेक्ट कार्य में आपको अपने जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। सकारात्मक सोंच से जीवनयापन में आपकी मदद करेगी। आज घर तथा बाहर दोनों जगह किसी बड़े फैसले को लेने में आपका विशेष योगदान रहेगा। अगर कहीं पैसा फंसा हुआ है तो उसकी वसूली के लिए प्रयास करेंगे। सफलता मिल सकती है। धार्मिक संस्था के लिए आपका योगदान रहेगा। मांगलिक कार्य होने के भी योग बन रहे हैं। दांपत्य जीवन खुशहाल रहेगा, एक-दूसरे को बेहतर समझेंगे। आज करीबी लोगों से तालमेल बना कर रखें। आज आपको लाभ के अनेक अवसर मिलेंगे। आज आपअपने दोस्तों के साथ शॉपिंग करने जा सकते है।

• शुभ रंग- सफेद

• शुभ अंक- 8

मीन राशि-

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आज पारिवारिक सदस्यों के साथ किसी महत्वपूर्ण विषय पर सहमति बन जाने से राहत की सांस लेंगे। छोटों की गलतियों को माफ करते चलेगे और वरिष्ठ लोगों के मार्गदर्शन पर अमल करेंगे। किसी भी योजना की पहले उचित रूपरेखा बनाए, बाद में उस पर काम करेंगे। आज किसी पॉलिसी में निवेश करने की योजना बन रही है, तो दिन शुभ है। आपको किसी करीबी रिश्तेदार से मिलने का अवसर मिलेगा, परिवार में खुशी का माहौल बनेगा।

• शुभ रंग- काला

• शुभ अंक- 4

*********************************

 

 

नवम्बर में शुरू होगी वैभव वर्मा के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘कजिन ईशा’ की शूटिंग

18.08.2024  –  श्रेष्ठ प्रोडक्शन के बैनर तले बनने वाली रोमांटिक फिल्म ‘कजिन ईशा’ की शूटिंग शूटिंग नवंबर में शुरू होगी और इस फिल्म की समस्त शूटिंग उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के भगवंतनगर के निकटवर्ती इलाकों में की जाएगी। थ्रिलर फिल्म ‘तत्क्षण’ के लिए मशहूर फिल्म निर्देशक वैभव वर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में उत्तर प्रदेश के कलाकारों को भी अवसर दिया जाएगा।

इस फिल्म में कई हिट टीवी शो और हिंदी फिल्मों जैसे ‘युवा’, ‘भौंरी’ और ‘तत्क्षण’ फेम अभिनेता विक्रांत राय के साथ-साथ ‘नई गर्ल्स फ्रेडी’ और ‘गर्ल्स हॉस्टल’ सीरीज फेम हर्षिका केवलरमानी और ‘गुंजन सक्सेना-द कारगिल गर्ल’ फेम ओशी साहू प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

बॉलीवुड लीजेंड फिल्म फेस्टिवल 2024 संपन्न

18.08.2024  –  अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के थियेटर में में पिछले दिनों स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के बैनर तले डॉ. कृष्णा चौहान ने बॉलीवुड लीजेंड फिल्म फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया।

इस अवसर पर चयनित फिल्मों को स्क्रीनिंग के साथ साथ संगीतकार दिलीप सेन, कॉमेडियन केके गोस्वामी, कॉमेडियन सुनील पाल, सानंद वर्मा, पूर्व मुम्बई एसीपी संजय पाटिल, बीएन तिवारी, अमिताभ बच्चन के मेकअप मैन दीपक सावंत, डॉ. सुनील बी गायकवाड, डॉ. योगेश लखानी (ब्राइट आउटडोर मीडिया) और एंकर सिमरन आहूजा को अवॉर्ड और सर्टिफिकेट दिया गया। इस शो को होस्ट किया सिमरन आहूजा ने।

अन्य प्रतिभाओं को जिन्हें फिल्म समारोह के दौरान सम्मानित किया गया उनमें विष्णु देवा (म्यूजिक डायरेक्टर), लीना के मोदी (इन्फ्लुएंसर), रमेश मल्होत्रा (डायरेक्टर प्रोड्यूसर), एन एन नरेश (गायक), नयना छाबड़िया सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री एल्बम के लिए), खुशी वर्मा, पूजा पांडे (अभिनेत्री), हरीश मिलन (संगीत निर्देशक), राजेश घायल (संगीत निर्देशक), अजय राजा (संगीतकार), प्रवीण वाडकर (अभिनेता), विजेंद्र गिल (अभिनेता), योगीराज (सर्वश्रेष्ठ एल्बम अभिनेता), देव यादव (निर्देशक), रेणुका (मॉडल), आर राजपाल (डिजाइनर), पी के गुप्ता (लेखक), अनाघा सुनील गायकवाड़ (सिंगर)के नाम उल्लेखनीय हैं।

मीडिया क्षेत्र में कृष्ण के शर्मा, डॉ. केवल कुमार, राजेंद्र बोराडे, नेम सिंह, आनंद पटेल, प्रवीण मकवाना, चंद्रप्रकाश माझी फोटोग्राफर, जगन्नाथ जाधव फोटोग्राफर को भी सम्मानित किया गया। डॉ. कृष्णा चौहान ने बॉलीवुड लीजेंड फिल्म फेस्टिवल के मंच पर अपनी म्यूजिक कंपनी कृष्णा म्यूजिक भी लॉन्च की।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

अक्षय कुमार की फिल्म स्काई फोर्स की रिलीज टली, स्त्री 2 से नहीं जुड़ा प्रोमो

राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर अभिनीत आगामी हॉरर-कॉमेडी स्त्री 2 15 अगस्त को सिनेमाघरों में आने वाली है और इसने पहले ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह पैदा कर दिया है। हालांकि, पहले की रिपोर्टों के विपरीत, अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म स्काई फोर्स का प्रोमो स्त्री 2 से नहीं जोड़ा जाएगा। यह खबर कई लोगों के लिए आश्चर्य की बात है, खासकर तब जब स्काई फोर्स इंडस्ट्री में काफी चर्चा का विषय रही है।प्रदर्शनी क्षेत्र के एक सूत्र ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, स्काई फ़ोर्स का प्रोमो अभी तैयार नहीं है, यही वजह है कि इसे स्त्री 2 से नहीं जोड़ा जाएगा। पहले की रिपोर्टों से पता चला था कि निर्माताओं ने स्त्री 2 के साथ प्रोमो रिलीज़ करने की योजना बनाई थी, लेकिन उन्होंने इस निर्णय को टाल दिया है। इस अप्रत्याशित बदलाव ने प्रशंसकों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि उन्हें अक्षय कुमार के अगले बड़े प्रोजेक्ट की पहली झलक कब मिलेगी।फिल्म को लेकर अनिश्चितता को बढ़ाते हुए, वितरण क्षेत्र के एक सूत्र ने खुलासा किया कि स्काई फोर्स को विलंबित कर दिया गया है और यह 2 अक्टूबर को रिलीज़ नहीं होगी, जैसा कि पहले घोषणा की गई थी। सूत्र ने कहा, फिल्म को आगे बढ़ा दिया गया है और यह 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में नहीं आएगी। अक्षय कुमार अपनी हालिया रिलीज़ और बॉक्स ऑफिस पर उनके प्रदर्शन को देखते हुए स्काई फोर्स की शूटिंग में आगे बढऩे से पहले खुद को फिर से तरोताजा करना चाहते हैं। निर्माता अक्षय कुमार की दो रिलीज़ के बीच कुछ अंतराल चाहते हैं।अक्षय कुमार की हालिया फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर मिश्रित प्रदर्शन किया है, जिससे अभिनेता को आगामी परियोजनाओं के लिए अपने दृष्टिकोण का पुनर्मूल्यांकन करने के लिए प्रेरित किया है। स्काई फोर्स, जिसे शुरू में साल की बड़ी रिलीज़ में से एक माना जा रहा था, अब रोक दी गई है क्योंकि अभिनेता यह सुनिश्चित करने के लिए एक कदम पीछे हट रहे हैं कि फिल्म उनके प्रशंसकों और उद्योग की उच्च अपेक्षाओं को पूरा करे।स्काई फोर्स की देरी और स्त्री 2 के साथ सिनेमाघरों में इसके प्रोमो की अनुपस्थिति लगातार विकसित हो रहे बॉलीवुड परिदृश्य में फिल्म निर्माताओं के सामने आने वाली चुनौतियों को उजागर करती है। स्काई फोर्स के अपडेट का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे प्रशंसकों के लिए यह देखना बाकी है कि प्रोमो कब रिलीज़ होगा और फि़ल्म कब बड़े पर्दे पर आएगी। तब तक, दर्शक स्त्री 2 और उसके साथ आने वाले अन्य रोमांचक प्रोमो की रिलीज़ का इंतज़ार कर सकते हैं।

रहाणे के लगातार दूसरे अर्धशतक से सेमीफ़ाइनल में लीसेस्टरशायर

लंदन, 17 अगस्त : अजिंक्य रहाणे, पीटर हैंड्सकॉम्ब और लियम ट्रेवैसकिस के अर्धशतकों की मदद से लीसेस्टरशायर ने आखिऱी ओवर तक चले रोमांचक मुक़ाबले में हैंपशायर को तीन विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही गत विजेता लीसेस्टरशायर की टीम मेट्रो बैंक वनडे कप के सेमीफ़ाइनल में पहुंच गई। वह अब अपना खि़ताब बचाने से महज दो क़दम दूर है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी हैंपशायर की टीम ने अपने कप्तान निक गबिंस के शानदार शतक और अनुभवी लियम डॉसन के अर्धशतक की मदद से निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 290 रनों का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। 18 साल के युवा डॉमिनिक केली ने भी पारी के अंत में 20 गेंदों पर 39 रनों की तेज़-तर्रार पारी खेली। लीसेस्टरशायर की तरफ़ से टॉम स्क्रिवेन ने तीन, जबकि क्रिस राइट ने दो विकेट लिए और हैंपशायर को एक ज़बरदस्त बल्लेबाज़ी विकेट पर 300 रनों के नीचे रोक दिया।

जवाब में एक समय लीसेस्टरशायर की टीम सिफऱ् 30 रनों पर तीन विकेट खोकर संघर्ष करती दिख रही थी। लेकिन रहाणे और हैंड्सकॉम्ब के बीच लगातार दूसरी और इस टूर्नामेंट की तीसरी शतकीय साझेदारी की मदद से टीम में निर्धारित ओवरों के अंदर जीत का विश्वास जगा। 128 रनों की इनकी साझेदारी को जॉन टर्नर ने तोड़ा, जो पारी की शुरुआत में पहले ही तीन विकेट ले चुके थे।
इसके बाद लीसेस्टरशायर की पारी फिर से लडख़ड़ाई और 35वें ओवर में उनका स्कोर छह विकेट के नुक़सान पर 188 रन हो गया। अंतिम 15 ओवर में उन्हें 100 से अधिक रन चाहिए थे और उनके पास सिफऱ् चार विकेट शेष थे। लेकिन सातवें विकेट के लिए ट्रेवैसकिस और बेन कॉक्स ने 82 गेंदों में 94 रन जोड़कर अपनी टीम को जीत के कऱीब ला दिया। 48वें ओवर की आखिऱी गेंद पर जब कॉक्स 50 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए तो उनकी टीम को अंतिम दो ओवरों में नौ रन चाहिए थे, जिसे लीसेस्टरशायर ने एक गेंद शेष रहते ही प्राप्त कर लिया। रविवार को पहले सेमीफ़ाइनल में लीसेस्टरशायर का मुक़ाबला समरसेट से होगा।

रूसी धरती पर यूक्रेनी कब्जे के बाद मॉस्को में भारतीय राजदूत से मिले पुतिन के सलाहकार

मॉस्को, 17 अगस्त : रूस की धरती पर यूक्रेन के कब्जे के बाद क्रेमलिन में खलबली मची है। रूस यूक्रेन पर भीषण पलटवार की तैयारी कर रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सलाहकार एंटोन कोब्याकोव ने रूस में भारतीय राजदूत विनय कुमार से मुलाकात की है। वैश्विक मंच पर इस मुलाकात कई मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दोनों देशों के बीच सहयोग को और अधिक मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की।

एक टेलीविजन चैनल ने बृहस्पतिवार को कोब्याकोव को यह कहते हुए उद्धृत किया, ”भारत और रूस व्यापार, ऊर्जा, विज्ञान, निवेश, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण में समान स्तर पर सहयोग करते हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि समेकन संधि के ढांचे के भीतर परस्पर सहयोग को भी मजबूत किया जा रहा है। इसका संप्रभु बहुध्रुवीय विश्व के गठन के लिए खास महत्व है। चैनल के अनुसार, कोब्याकोव और कुमार के बीच वार्ता का विषय ”द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग बढ़ाना था। गत माह पीएम मोदी ने रूस की यात्रा की थी। इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन और पीएम मोदी के बीच अहम मुलाकात हुई थी। इसके बाद अब इन दो अधिकारियों के बीच यूक्रेनी सेना के रूस पर कब्जे के बाद मुलाकात थे। दोनों नेताओं ने कज़ान में आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और मॉस्को में ब्रिक्स व्यापार मंच में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी पर भी चर्चा की। ये कार्यक्रम अक्टूबर 2024 के लिए निर्धारित हैं।

दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, 1 महिला और 2 बच्चों सहित 10 लोगों की मौत

बेरूत, 17 अगस्त : दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना ने बड़ा हमला किया है। बताया जा रहा है कि यह हमला आज तड़के इजरायल की ओर से किया गया। इस हमले में कम से कम 10 सीरियाई नागरिकों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की सही संख्या पता नहीं चल सकी है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

हमास के दक्षिणी इजराइल पर हमले के एक दिन बाद आठ अक्टूबर को हिजबुल्ला उग्रवादी समूह और इजराइली सेना के बीच एक-दूसरे पर हमले किये जाने के बाद से नाबातीह प्रांत के वादी अल-कफूर पर यह हमला लेबनान पर किये गये सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है। हिजबुल्ला का कहना है कि जब तक गाजा पट्टी में युद्ध विराम नहीं हो जाता तब तक वह अपने हमले बंद नहीं करेगा। मंत्रालय के मुताबिक, मृतकों में एक महिला और उसके दो बच्चे शामिल हैं। पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इजरायली मंत्रालय के प्रवक्ता अविचय अद्री ने बताया कि दक्षिणी प्रांत में हुए इस हमले में हिजबुल्ला के हथियार डिपो को निशाना बनाया गया था। वादी अल-कफूर में बूचडख़ाना चलाने वाले मोहम्मद शोएब ने बताया कि हमला एक ‘औद्योगिक और नागरिक क्षेत्रÓ में किया गया, जहां ईंट, धातु और एल्युमीनियम बनाने वाली फैक्टरियां और एक डेरी फार्म भी था। हिजबुल्ला ने हमलों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। लेबनान की सरकार और कई अन्य देशों के मुख्य नेता महीनों से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए कई सप्ताह से प्रयास कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के नतीजों से तिलमिलाई है भाजपा, सपा कार्यकर्ताओं पर बना रही दबाव

मैनपुरी, 17 अगस्त : मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव शनिवार को सपा नेता अब्दुल नईम के घर पहुंची। उन्होंने पिछले दिनों अब्दुल नईम के मैरिज होम पर हुई बुलडोजर की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी। सांसद डिंपल यादव ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के परिणाम से भाजपा तिलमिला उठी है। इसलिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है। योगी सरकार के लोग हीन भावना के साथ काम कर रहे हैं। सरकार के लोग जनता के काम की अनदेखी कर रहे हैं। ये लोग सपा कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सपा नेता अब्दुल नईम के साथ हीन भावना के तहत बुलडोजर की कार्रवाई की गई थी।

उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद यूपी सरकार के दबाव में आकर काम कर रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल सरकार की कार्रवाई से नहीं टूटेगा। सपा कार्यकर्ताओं पर लगातार हो रही कार्रवाई को हम रोकने का प्रयास करेंगे। डिंपल यादव ने कहा कि 2024 लोकसभा के नतीजों के बाद से भाजपा तिलमिला उठी है। ये लोग अब तैयार रहें, क्योंकि उनके सत्ता से जाने का समय नजदीक आ गया है। उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। दरअसल, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बीते महीने सपा नेता अब्दुल नईम की पत्नी के मैरिज होम पर बुलडोजर की कार्रवाई की थी। यह मैरिज होम तालाब की जमीन पर बना था। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। इंडिया गठबंधन को 43 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, इसमें समाजवादी पार्टी के खाते 37 सीटें आई थी। भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों को 36 सीटों से संतुष्ट होना पड़ा था। वहीं, नगीना सीट से आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को जीत मिली थी। उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इसमें मैनपुरी की करहल सीट भी शामिल है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी। करहल समेत मिल्कीपुर, सीसामऊ, कुंदरकी, गाजियाबाद, फूलपुर, मझवां, कटेहरी, खैर और मीरापुर और कानपुर की सीसामऊ सीट पर उपचुनाव होने हैं।

कांग्रेस पार्टी का भ्रष्टाचार का काला इतिहास जारी है: जेपी नड्डा

नई दिल्ली, 17 अगस्त : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के भ्रष्टाचार का इतिहास काला है और यह नेशनल हेराल्ड से लेकर कर्नाटक के मैसूरु भूमि घोटाले तक जारी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं द्वारा कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत के खिलाफ जारी बयानबाजी की तीखी आलोचना करते हुए कहा है कि नेशनल हेराल्ड से लेकर मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) घोटाले तक कांग्रेस के भ्रष्टाचार की विरासत जारी है। उन्होंने कांग्रेस को तल्ख शब्दों में नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस को इस फैसले ( राज्यपाल के फैसले) को असंवैधानिक बताने की बजाय अपने कृत्यों पर विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जनता का विश्वास तोडऩे का काम किया। इन्होंने व्यक्तिगत लाभ के लिए भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस को अपने कृत्यों पर आत्मचिंतन करना चाहिए। नड्डा ने आगे कहा कि कांग्रेस खुद को दलितों और अल्पसंख्यकों की हितैषी बताती है, लेकिन उनके मुख्यमंत्री दलित परिवार की जमीन हड़पने में शामिल हैं। यह कांग्रेस की दोहरी नीति और परिवारवादी राजनीति का एक और उदाहरण है।
जे.पी. नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, कांग्रेस पार्टी का भ्रष्टाचार जारी है! नेशनल हेराल्ड से लेकर कर्नाटक के एमयूडीए घोटाले तक, कांग्रेस पार्टी का भ्रष्टाचार का इतिहास जगजाहिर है। बार-बार, उन्होंने निजी लाभ के लिए लोगों का भरोसा तोड़ा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को इस फैसले को असंवैधानिक बताने की बजाय अपने कर्मों पर विचार करना चाहिए। कांग्रेस खुद को दलितों और अल्पसंख्यकों का संरक्षक बताती है, जबकि उनके अपने ही एक मुख्यमंत्री दलित परिवार से जमीन हड़पने में शामिल हैं। यह कांग्रेस के पाखंड और परिवार-केंद्रित राजनीति का एक और उदाहरण है।

कोलकाता रेप-मर्डर केस के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली, 17 अगस्त : कोलकाता के आरजी कर मेडिकल अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर की हत्या और बलात्कार के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने देशभऱ के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में 24 घंटे हड़ताल बुलाई है. आज देशभर के सभी डॉक्टर कामकाज बंद कर प्रदर्शन कर रहे हैं और डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. डॉक्टरी की अपील पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है.इससे पहले दिन में फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन) ने भी हड़ताल की घोषणा की थी

स्वास्थ्य मंत्रालय ने डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए एक कमेटी गठित करने का ऐलान किया है. मंत्रालय ने डॉक्टरों से ड्यूटी पर लौटने की आह्वान किया है. मंत्रालय ने डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से अपनी ड्यूटी पर लौटने की अपील की है. हालांकि, अभी तक डॉक्टरों की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है.

इस बीच कोलकाता रेप-हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई की टीम आरजी कर अस्पताल में जांच पड़ताल के लिए पहुंची. इस दौरान टीम ने कॉलेज प्रिंसिपल और वरिष्ठ डॉक्टरों से पूछताछ की. इसके अलावा सीबीआई की टीम साल्टलेक में कोलकाता पुलिस की चौथी बटालियन की बैरक पहुंचकर वहां के अधिकारियों से भी पूछताछ की. बता दें कि टीम इस बैरक में इसलिए पहुंची कि मुख्य आरोपी संजय रॉय वारदात को अंजाम देने के बाद इसी बैरक में आकर रुका हुआ था. फिलहाल सीबीआई टीम अंदर जांच में जुटी हुई है.

आरजी कर मेडिकल कॉलेज में वारदात के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन  ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की थी. केंद्रीय मंत्री से मुलाकात में एसोसिएशन ने डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग की थी. इस पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कमेटी गठित करने का ऐलान किया है.

कंगना रनौत की इमरजेंसी का ट्रेलर हुआ रिलीज, लोकतांत्रिक इतिहास के सबसे काले दौर की कहानी लाईं अभिनेत्री

कंगना रनौत स्टारर पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म इमरजेंसी का इंतजार एक्ट्रेस के फैंस को बेसब्री से है. फिल्म इमरजेंसी से पोस्टर और टीजर जारी होने के बाद अब फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है. कंगना रनौत ने हाल ही में इमरजेंसी के ट्रेलर की रिलीज डेट से पर्दा हटाया था.इमरजेंसी का ट्रेलर की शुरुआत से ही जोश से भरा है. कंगना रनौत बतौर पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमति इंदिरा गांधी के रोल में अपना काम बखूबी निभा रही हैं. इसके अलावा ट्रेलर में आपातकाल और विपक्षी के नेताओं के सीन को दिखाया है. ट्रेलर में इंदिरा गांधी द्वारा साल 1975 में लगाए आपातकाल और उनके काम पर उंगली उठाने वाले सीन की भरमार है. ट्रेलर में लगभग सभी स्टारकास्ट का काम सामने आ चुका है.वहीं, इमरजेंसी के ट्रेलर रिलीज से पहले कंगना रनौत ने एक पोस्ट जारी किया है. इस पोस्ट में कंगना ने लंबे चौड़े नोट के साथ अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं.

इन तस्वीरों को शेयर कर कंगना ने लिखा है, बड़ी स्क्रिन पर फिल्म देखने के आइडिया के कॉन्स्पेशन से, फिल्ममेकर होने से बड़ी कोई चीज नहीं है, आज बेहद खास दिन है, क्योंकि आज मेरे डायरेक्शन में बनी फिल्म इमरजेंसी का ट्रेलर रिलीज होने जा रहा है, खुश हूं अपना काम आप सभी को दिखाने के लिए, फिल्म में आपकी भागीदारी का इंतजार है, इससे ज्यादा कुछ और नहीं चाहिए, बतौर स्टोरी टेलर मेरे दुनिया में आपका स्वागत है, इमरजेंसी 6 सितंबर को रिलीज होगी.फिल्म इमरजेंसी में कंगना रनौत भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री श्रीमति इंदिरा गांधी का रोल प्ले करने जा रही हैं. फिल्म में दिवंगत एक्टर सतीश कौशिक को जगजीवन राम, विशाक नायर को संजय गांधी, मिलिंद सोमन को सैम मानेकशॉ, महिमा चौधरी को पुपुल जयाकर, श्रेयस तलपड़ को अटल बिहारी वाजपेयी और अनुपम खेर को जेपी नारायण के रोल में देखा जाएगा.

बीसीसीआई ने महिला टी20 विश्व कप की मेज़बानी का प्रस्ताव ठुकराया

मुंबई 16 Aug, । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तरफ़ से दिए गए महिला टी 20 विश्व कप की मेज़बानी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।आईसीसी को अब मेज़बानी पर अंतिम फ़ैसला 20 अगस्त को लेना है।
3 से 20 अक्तूबर के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता की मेज़बानी से पीछे हटने के बाद श्रीलंका और यूएई दूसरे विकल्प बचे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा, “उन्होंने (आईसीसी ) हमारे सामने विश्व कप की मेज़बानी का प्रस्ताव रखा था। लेकिन मैंने साफ़ तौर पर मना कर दिया, हमारे यहां ये समय बरसात का है और उससे अहम है कि अगले साल हमें ही विमेंस वनडे विश्व कप की मेज़बानी करनी है। मैं किसी को भी ग़लत संदेश नहीं देना चाहता कि हम लगातार दो विश्व कप की मेज़बानी करना चाहते हैं।”

बांग्लादेश इस समय सरकार विरोधी आंदोलनों के कारण हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है, और यही वजह है कि आईसीसी बांग्लादेश की जगह किसी और को मेज़बानी देने पर विचार कर रही है। बांग्लादेश में कई लोगों की मौत हो गई है और उनकी प्रधानमंत्री शेख हसीना को गद्दी से हटा दिया गया है।

आईसीसी के एक अधिकारी ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि बांग्लादेश की स्थिति पर नज़र रखी जा रही है और सभी विकल्प खुले रखे गए हैं। आईसीसी के एक बयान में कहा गया था, “हम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड(बीसीबी), उनकी सुरक्षा एजेंसियों और हमारे अपने स्वतंत्र सुरक्षा सलाहकारों के साथ समन्वय में वहां हो रही गतिविधियों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा और भलाई है।”

जबकि बांग्लादेश में नई अंतरिम सरकार टूर्नामेंट को बचाने के लिए अंतिम प्रयास कर रही है, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और भारत सहित कई भाग लेने वाली टीमों की सरकार द्वारा जारी की गई यात्रा सलाह बीसीबी के लिए सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है।

सुरक्षा चुनौतियों के अलावा, बीसीबी भी संकट में है। उनके अध्यक्ष और पूर्व खेल मंत्री नजमुल हसन 5 अगस्त को अवामी लीग सरकार के पतन के बाद से प्रभावी रूप से कार्यालय से बाहर हैं। कई बोर्ड निदेशक, जिनके राजनीतिक संबंध हैं, वह भी संपर्क में नहीं हैं।

बांग्लादेश की पुरुष टेस्ट टीम इस समय दो मैचों की सीरीज़ के लिए पाकिस्तान दौरे पर है। बांग्लादेश में आंदोलन के कारण अभ्यास बाधित होने के बाद वे प्रस्तावित पाकिस्तान दौरे से कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान पहुंच गए। बांग्लादेश की पुरुष टीम अगले महीने दो टेस्ट और तीन टी20 मैचों के लिए भारत का दौरा करने वाली है।

बांग्लादेश के भारत दौरे को लेकर शाह ने कहा, “हमने उनसे (बांग्लादेश अधिकारियों से) बात नहीं की है। वहां एक नई सरकार ने कार्यभार संभाला है। वे हमसे संपर्क कर सकते हैं या फिर मैं उनसे संपर्क करूंगा। बांग्लादेश श्रृंखला हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।”

शेयर बाजार मजबूत ग्लोबल संकेतों के साथ सकारात्मक खुला

मुंबई 16 Aug, – मजबूत ग्लोबल संकेतों के कारण शुक्रवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर सकारात्मक खुला। बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिल रही है। सुबह 9:21 पर सेंसेक्स 735 अंक या 0.93 प्रतिशत की तेजी के साथ 79,841 और निफ्टी 224 अंक या 0.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,387 पर था।

इंडिया विक्स में 4.21 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिल रही है और यह 14.79 पर बना हुआ है, जो दिखाता है कि बाजार में स्थिरता बनी हुई है। बाजार में रुझान तेजी का है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 1704 शेयर हरे निशान में और 345 शेयर लाल निशान में हैं। सेंसेक्स में सभी 30 शेयर हरे निशान में हैं।

एमएंडएम, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, विप्रो, जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा स्टील टॉप गेनर्स हैं। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 522 अंक या 0.92 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,057 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 187 अंक या 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,274 पर है। सेक्टर के हिसाब से देखें तो ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फिन सर्विस, फार्मा, एफएमसीजी, रियल्टी और एनर्जी और हेल्थकेयर इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त है। ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर में टेक्निकल रिसर्च की उपाध्यक्ष वैशाली पारेख का कहना है कि पिछले कुछ समय में निफ्टी ने एक सीमित दायरे में कारोबार किया है। इस कारण से तेजी के लिए 24,200 के ऊपर टिकना काफी जरूरी है।

वहीं, 24,400 एक महत्वपूर्ण रुकावट का स्तर है। वहीं, 24,000 एक सपोर्ट लेवल के तौर पर काम करेगा। एशियाई बाजार में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। टोक्यो, हांगकांग, शंघाई, सोल और जाकार्ता में तेजी है। अमेरिका के बाजार गुरुवार को सकारात्मक बंद हुए थे।

इतंजार खत्म: तीन चरणों में होगा जम्मू कश्मीर का चुनाव, हरियाणा में 1 अक्टूबर को वोटिंग, जानें मतगणना की तारीख

नई दिल्ली 16 Aug : जम्मू कश्मीर व हरियाणा विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी गई है। जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में चुनाव आयोजित किए जाएंगे। चुनाव का पहला चरण 18 सितंबर को होगा। दूसरा चरण 25 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। तीसरे चरण का मतदान 1 अक्टूबर को होगा और वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को की जाएगी। यहां सभी उम्मीदवारों को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरे द्वारा भी की जाएगी।

वहीं हरियाणा में 1 अक्टूबर को सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां भी वोटो की गिनती 4 अक्टूबर को होगी। यानी जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा के लिए डाले गए वोटो के नतीजे एक ही दिन 4 अक्टूबर को आएंगे।

चुनाव आयोग ने बताया कि जम्मू कश्मीर में टोटल 87.09 लाख मतदाता हैं। इनमें 42 लाख 62 हजार महिला मतदाता हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या 44.46 लाख है। यहां पहली बार वोट देने वाले युवा मतदाताओं की संख्या 3.71 लाख हैं। जबकि कुल मिलाकर 20.7 लाख युवा मतदाता हैं जिनकी आयु 20 से 29 वर्ष के बीच है।

मतदाता सूची बनाने का काम जारी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव ने बताया कि 19 अगस्त को अमरनाथ यात्रा समाप्त होगी और 20 अगस्त को फाइनल मतदाता सूची तैयार हो जाएगी। सभी राजनीतिक दलों को इसकी कॉपी भिजवाई जाएगी।

पूरे जम्मू कश्मीर में करीब 11, 838 मतदाता केंद्र बनाए जा रहे हैं। यह मतदाता केंद्र कुल 9169 स्थानों पर बनाए जाएंगे। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 9506 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 735 मतदाता है। जम्मू कश्मीर में चुनाव आयोग ने इस बार 360 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाने का फैसला किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि जम्मू कश्मीर में कुल 90 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 74 जनरल, 9 एसटी व 7 एससी सीटें हैं। अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के अगले दिन यानी 20 अगस्त को चुनाव का गजट नोटिफिकेशन किया जाएगा।

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा चुनाव की घोषणा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि जम्मू कश्मीर की पार्टियों ने सुरक्षा को लेकर निवेदन किया था। इसको देखते हुए फैसला लिया गया है कि प्रत्येक चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। चुनाव आयुक्त ने बताया कि कश्मीर में चुनाव के साथ-साथ त्यौहार का भी मौसम है, फलों का भी सीजन है, केसर और सेब का भी सीजन है।

चुनाव आयोग के मुताबिक जम्मू कश्मीर का प्रत्येक मतदान केंद्र सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के मुताबिक जम्मू कश्मीर और हरियाणा में प्रत्येक मतदान केंद्र पर सीसीटीवी की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में मतदान केंद्र पर जो लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी वे लोकतंत्र का एक बेहतरीन दृश्य पेश करती हैं। चुनाव के दौरान लगी हुई लंबी कतार एक केवल कतारें नहीं थी बल्कि वह जनता का भरोसा दिखाती हैं। हर कोई चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना चाहता था।

उम्मीद और लोकतंत्र की ऐसी झलक से पता लगता है कि जनता बदलाव चाहती है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग न केवल बदलाव चाहते हैं बल्कि वे इस बदलाव का हिस्सा भी बनना चाहते हैं। लोगों ने बुलेट के मुकाबले बैलट को चुनने का फैसला किया।

वेब सीरीज ‘जिसकी लाठी उसकी भैंस’ और सच्ची घटना से प्रेरित वेब सीरीज ‘सुन’ का फर्स्ट लुक जारी

15.08.2024  –  अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के थियेटर में में पिछले दिनों आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान निर्देशक एम आर खान के निर्देशन में बनने वाली, निर्माता एम के राजपूत की वेब सीरीज ‘जिसकी लाठी उसकी भैंस’ व निर्माता दिनेश के. ढाबी की वेब सीरीज ‘सुन’ का फर्स्ट लुक जारी किया गया। दोनों सीरीज के प्रोमो भी स्क्रीन पर दिखाए गए जहां सभी ने प्रोमो और इसके कॉन्सेप्ट को पसन्द किया।

मुम्बई के पूर्व एसीपी संजय पाटिल इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। चीफ गेस्ट पूर्व एसीपी संजय पाटिल ने दोनों सीरीज के लिए निर्माताओं व निर्देशक को ढेर सारी शुभकामनाएं दीं और कहा कि देश की सुरक्षा सबसे जरूरी है। यह देश है तो हम हैं, इसलिए देश सर्वोपरि है। एमके फिल्म्स टेलीविजन प्रोडक्शन्स द्वारा प्रस्तुत इस वेब सीरीज के प्रोड्यूसर एम के राजपूत और एमआर खान हैं।

सह निर्माता के के शर्मा और क्रिएटिव डायरेक्टर रिहाना खान, डीओपी कुंदन, लेखक मोती सुल्तानपुरी और विंध्या शुक्ला हैं। भारत की एकता और अखंडता को परिभाषित करती इस वेब सीरीज में मिस रिज्जु, मुस्कान, सुनील, प्रिया ठाकुर, कल्याणी, इशिता चक्रवर्ती सहित कई कलाकार नजर आएंगे।

पोस्टर अनावरण के अवसर पर वंदे मातरम गीत भी दिखाया गया जिसे साजन सरहदी ने कम्पोज़ किया है और स्वर दिया है। इस गीत में फीमेल आवाज़ इशिता चक्रवर्ती की है। सच्ची घटना से प्रेरित महिला सशक्तिकरण की आवाज बुलंद करती वेब सीरीज ‘सुन’ के निर्माता दिनेश कुमार प्रभात, लेखक बाबा खान व मो. राशिद खान और डीओपी कुंदन हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

ब्रिटेन में दंगों के सिलसिले में एक हजार से ज्यादा लोग गिरफ्तार

लंदन ,14 अगस्त । ब्रिटेन में पिछले दो सप्ताह में हुई हिंसा, आगजनी और लूटपाट के साथ-साथ नस्लवादी हमलों के सिलसिले में पुलिस ने एक हजार से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेट पर गलत जानकारी से हिंसा भड़की थी। जिसमें दावा किया गया था कि जुलाई के अंत में उत्तर-पश्चिमी इंग्लैंड के साउथपॉर्ट में तीन बच्चों की हत्या करने वाला संदिग्ध एक मुस्लिम अप्रवासी था। इसे हत्या का दोषी ठहराया गया था।
इंग्लैंड के कई शहरों और उत्तरी आयरलैंड में भी हिंसा भड़क उठी, लेकिन इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयासों में तेजी लाने के बाद पिछले सप्ताह से हिंसा की घटनाओं में कमी आई है।

कई लोगों को तुरंत जेल भेज दिया गया और कुछ को लंबी सजा भी दी गई। राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख परिषद ने अपने लेटेस्ट अपडेट में कहा कि पूरे ब्रिटेन में 1,024 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 575 पर आरोप लगाए गए।

गिरफ्तार किए गए लोगों में लिवरपूल में तोडफ़ोड़ के आरोपी 69 वर्षीय व्यक्ति तथा बेलफास्ट में 11 साल का लड़का शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अभियोजक ने बताया कि 13 वर्षीय लड़की ने बेसिंगस्टोक मजिस्ट्रेट कोर्ट में हिंसक उपद्रव करने का अपराध स्वीकार किया है। उसे 31 जुलाई को शरणार्थियों के लिए बने एक होटल के प्रवेश द्वार पर लात-घूंसे मारते हुए देखा गया था।
अभियोजक थॉमस पावर ने कहा, इस भयावह घटना से उन लोगों में डर पैदा हो गया, जो इन गुंडों के निशाने पर थे। यह बेहद दुखद है कि इतनी छोटी लड़की ने इस हिंसक घटना में हिस्सा लिया।

इससे पहले ब्रिटेन में 2011 में बड़े पैमाने पर दंगे हुए थे। पुलिस ने एक अश्वेत व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद कई दिनों तक सड़कों पर हिंसा फैली।

बांग्लादेश में हिंसा और बर्बरता का सामना कर रहे हिंदू परिवार, देश छोडऩे की दी जा रही धमकियां

ढाका ,14 अगस्त ।  बांग्लादेश के 23 धार्मिक संगठनों के एक राष्ट्रीय मंच, बांग्लादेश जातीय हिंदू मोहजोत (बीजेएचएम) ने कहा कि 5 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे के बाद से देश के 48 जिलों में 278 हिंदू परिवारों को बड़े पैमाने पर हिंसा और बर्बरता का सामना करना पड़ा है। 5 से 12 अगस्त के बीच देश के हिंदू समुदाय के खिलाफ हुई हिंसा की भयावह घटनाओं पर विस्तृत आंकड़ा जारी करते हुए बीजेएचएम नेताओं ने कहा कि कई पीढिय़ों से इस क्षेत्र में रहने के बावजूद वे डर के माहौल में जी रहे हैं।

बांग्लादेश जातीय हिंदू मोहजोत (बीजेएचएम) ने अपनी सात सूत्री मांगों की सूची भी सामने रखी है, जिसमें बांग्लादेश सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार से अनिश्चितता के समय में तेजी से कार्य करने का आग्रह किया गया।
मंच के प्रवक्ता और कार्यकारी सचिव पलाश कांति डे ने मंगलवार को ढाका में नेशनल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ढाका ट्रिब्यून के हवाले से कहा, बदलते राजनीतिक परिदृश्य के कारण हिंदू समुदाय पर बर्बरता, लूटपाट, आगजनी, जमीन पर कब्जा करने और देश छोडऩे की धमकी देने की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। यह सिर्फ व्यक्तियों पर हमला नहीं है, बल्कि हिंदू धर्म पर हमला है।

डे ने कहा कि समुदाय के नेताओं ने अंतरिम सरकार के गृह मामलों के सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (सेवानिवृत्त) एम सखावत हुसैन को अपनी चिंताओं से अवगत कराया है, जिन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मुद्दे को अगली कैबिनेट बैठक में उठाया जाएगा।

गठबंधन द्वारा किए गए सात मांगों में देश भर में हिंदू समुदाय पर सबसे बदतर सांप्रदायिक हमलों की गहन न्यायिक जांच कराना भी शामिल है। इसके साथ ही अल्पसंख्यक संरक्षण अधिनियम और आयोग का निर्माण, सार्वजनिक खर्च पर हिंदू समुदाय के क्षतिग्रस्त मंदिरों और घरों की मरम्मत, त्वरित सुनवाई कर दोषियों को सजा दिलाने के साथ ही पूरी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करना, 2000 से आज तक देश में अल्पसंख्यक उत्पीडऩ पर एक विस्तृत रिपोर्ट, आगामी दुर्गा पूजा के दौरान तीन दिन की छुट्टी और एक अल्पसंख्यक मंत्रालय की स्थापना मुख्य है।

बीजेएचएम के अध्यक्ष प्रभास चंद्र रॉय ने कहा, जब भी सरकार बदलती है, हिंदुओं पर सबसे पहले हमला होता है। हालांकि, पहले इस देश में ऐसी कम घटनाएं होती थीं, लेकिन, हाल ही में उनमें वृद्धि हुई है। हम इस देश में सुरक्षा के साथ रहना चाहते हैं। हम यहां पैदा हुए हैं और हमारे पास अधिकार हैं।

इससे पहले दिन में, अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने ढाका में एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर का दौरा किया और हिंदू समुदाय के नेताओं को आश्वासन दिया कि मानवाधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता स्थापित करना उनके प्रमुख लक्ष्यों में से एक है।
ढाकेश्वरी राष्ट्रीय मंदिर, जो इस क्षेत्र में 800 वर्षों से भी अधिक समय से हिंदू समुदाय के लिए सबसे महत्वपूर्ण पूजा स्थलों में से एक है, के दौरे के दौरान स्थानीय मीडिया ने उनसे संपर्क किया, जहां यूनुस ने कहा, देश में सभी को समान अधिकार है। हमारे बीच कोई भेदभाव नहीं है। कृपया मदद करें, धैर्य रखें और बाद में हमें आंकें कि हमने क्या किया और क्या नहीं किया। अगर हम असफल होते हैं, तो आलोचना करें।
अंतरिम सरकार के कानूनी और धार्मिक मामलों के सलाहकार आसिफ नजरूल और ए.एफ.एम. खालिद हुसैन भी यूनुस के साथ मंदिर गए थे।

यूनुस ने बांग्लादेश पूजा उत्सव परिषद के अध्यक्ष वासुदेव धर और महासचिव संतोष शर्मा की उपस्थिति में कहा, हमारी लोकतांत्रिक भावना में, हमें मुस्लिम, हिंदू या बौद्ध के रूप में नहीं, बल्कि इंसान के रूप में देखा जाना चाहिए। हमें अपने अधिकारों को लेकर सजग रहना और इसके लिए दावा करना चाहिए। सभी समस्याओं की जड़ में संस्थागत व्यवस्थाओं की कमजोरी है। इसीलिए ऐसी समस्याएं पैदा होती हैं।

संस्थागत सिस्टम में सुधार की जरूरत है।
सोमवार को सरकार के धार्मिक मामलों के सलाहकार हुसैन ने अल्पसंख्यकों पर हमले की निंदा की थी और आश्वासन दिया था कि वर्तमान

सरकार सांप्रदायिक सद्भाव में विश्वास करती है।
सचिवालय में हुई एक मीडिया ब्रीफिंग में, हुसैन ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों पर हमले उपद्रवियों द्वारा किए गए थे और अंतरिम सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नष्ट हुए घरों और मंदिरों की सूची तैयार की जा रही है और पीडि़तों को वित्तीय सहायता दी जाएगी।
बांग्लादेश में लगातार जारी हिंसा अंतरिम सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आई है, जिसने 8 अगस्त को मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में शपथ ली थी।

शनिवार को, हजारों हिंदू चटगांव में इक_े हुए थे, उन्होंने समुदाय पर चल रहे हमलों के खिलाफ एक विशाल विरोध रैली निकाली और देश के नागरिकों के रूप में सुरक्षा और समान अधिकारों की मांग की।
बांग्लादेश हिंदू-बौद्ध-ईसाई ओइक्या परिषद ने भी यूनुस को एक ‘खुला पत्रÓ भेजा था, जिसमें अल्पसंख्यकों के खिलाफ एक विशेष समूह की हिंसा पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की गई थी।

‘द डेली स्टारÓ अखबार ने एकता परिषद के अध्यक्ष रोसारियो के हवाले से यह बात कही कि इसको लेकर निर्मल ने कहा, हम सुरक्षा चाहते हैं क्योंकि हमारा जीवन संकटपूर्ण स्थिति में है। हम रात भर जागकर अपने घरों और धार्मिक स्थलों की रखवाली कर रहे हैं। मैंने अपने जीवन में ऐसी घटनाएं कभी नहीं देखी है। हम मांग करते हैं कि सरकार देश में सांप्रदायिक सद्भाव बहाल करे।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि हसीना के ढाका छोडऩे के तुरंत बाद शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के बीच व्यापक भय, चिंता और अनिश्चितता पैदा कर दी है।

संगठनों से प्राप्त विवरण और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हजारों हिंदू परिवार बेसहारा हो गए हैं और कई मंदिरों पर हमला किया गया और जला दिया गया। कई महिलाओं को हमलों का सामना करना पड़ा है और कई स्थानों पर हत्याएं हुई हैं। इस अवधि के दौरान अन्य अल्पसंख्यकों को भी नुकसान उठाना पड़ा है।

इसी तरह, बांग्लादेश हिंदू जागरण मंच ने भी देश भर में हिंदू समुदाय पर हाल की बर्बरता, आगजनी, लूटपाट और हमलों के विरोध में जुलूस और रैलियां आयोजित की है।

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version