In view of the shortage of LPG cylinders, an important meeting was held to ensure the availability of coal for the local and general public.

LPG सिलेंडरों की कमी को देखते हुए स्थानीय एवं आम जनता के लिए कोयले की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री, की अध्यक्षता में बैठक

जिले में वर्तमान समय में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता में आई कमी तथा इससे प्रभावित आम नागरिकों, छोटे-बड़े होटल-रेस्तरां, ढाबा संचालकों और अन्य व्यावसायिक इकाइयों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा

किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

CCL अधिकारियों से अपील की कि वे अपनी उत्पादन क्षमता, परिवहन व्यवस्था और वितरण नेटवर्क को मजबूत करें ताकि राँची जिले में कोयले की कोई कमी न रहे

राँची,31.03.2026 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री, की अध्यक्षता में आज समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित सभागार में LPG सिलेंडरों की कमी को देखते हुए स्थानीय एवं आम जनता के लिए कोयले की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में वर्तमान समय में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता में आई कमी तथा इससे प्रभावित आम नागरिकों, छोटे-बड़े होटल-रेस्तरां, ढाबा संचालकों और अन्य व्यावसायिक इकाइयों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। LPG की कमी के कारण कई क्षेत्रों में कोयले की मांग बढ़ी है, जिसके दृष्टिगत जिला प्रशासन ने कोयले की नियमित, पर्याप्त और सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाने का निर्णय लिया है।

श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देना चाहता। LPG संकट की स्थिति में कोयला एक वैकल्पिक ईंधन के रूप में काम आ सकता है, इसलिए कोयले की सप्लाई चेन को मजबूत करना और कालाबाजारी को रोकना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि कोयले की उपलब्धता न केवल मात्रा में पर्याप्त हो, बल्कि गुणवत्ता वाली और उचित मूल्य पर आम जनता तक पहुंचे।

बैठक में श्री के. दीपाकृष्णन, महाप्रबंधक सेल, श्री दिनेश गुप्ता, महाप्रबंधक NK क्षेत्र, श्री विशंभर प्रबंधक सेल, जिला खनन पदाधिकारी राँची, मो. अबु हुसैन और मुख्यालय के सभी संबंधित Central Coalfields Limited (CCL) अधिकारियों शामिल हुए।

जनता की आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु निम्नलिखित निर्देश देते हुए इन बिंदुओं पर चर्चा की गई :

– कोयले की उपलब्धता बढ़ाने संबंधी प्रासंगिक योजनाएँ और कार्यक्रम।

– स्थानीय स्तर पर कोयला वितरण की व्यवस्था।

– *CSR गतिविधियों* के अंतर्गत आम जनता, छोटे व्यापारियों और प्रभावित समुदायों के लिए सहयोगात्मक पहल।

– कालाबाजारी और अनुचित मूल्य वृद्धि को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र।

सभी पक्षों ने समन्वय बनाकर त्वरित समाधान निकालने पर सहमति जताई।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने CCL अधिकारियों से अपील की कि वे अपनी उत्पादन क्षमता, परिवहन व्यवस्था और वितरण नेटवर्क को मजबूत करें ताकि राँची जिले में कोयले की कोई कमी न रहे। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्ययोजना तैयार की जाए और उसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि LPG की कमी की स्थिति में आम नागरिकों को वैकल्पिक ईंधन (कोयला) की सुविधा प्रदान करना हमारा दायित्व है। साथ ही, किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह बैठक जिला प्रशासन की जनहितैषी सोच और त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण है, जिसमें आम जनता की सुविधा को सर्वोपरि रखा गया है।

***************************