Category Archives: news

गोलियों की गूंज से दहली दिल्ली! मोबाइल लूटकर मर्डर करने वाला बदमाश गिरफ्तार

अपराध जगत से 

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। नॉर्थ दिल्ली इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है. जिसमें पुलिस और बदमाशों के बीच कई राउंड गोलियां भी चली. पुलिस ने बीतों दिनों अशोक विहार में हुई लूट और मर्डर केस में फरार चल रहें आरोपी को पकडऩे में कामयाबी हालिस हुई. बताया जा रहा है कि बदमाश के पैर में गोली लगी है. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

उत्तर-पश्चिम जिले के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार रात एक बड़ी मुठभेड़ के दौरान स्पेशल स्टाफ की टीम ने अशोक विहार मर्डर केस में वांटेड चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. यह मुठभेड़ प्रेमबाड़ी पुल के पास नहर के किनारे हुई, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच तीन राउंड फायरिंग हुई.

इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इस इलाके में आने वाला है. टीम ने इलाके में जाल बिछाया और जैसे ही बदमाश मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू में किया गया.

आरोपी पर आरोप है कि उसने 10 जून की रात को अशोक विहार इलाके में लूटपाट का विरोध करने पर 45 वर्षीय दर्जी अमित की प्रेमबाड़ी पुल के पास मोबाइल लूटकर हत्या कर दी थी. इस मामले में तीन नाबालिग पहले ही पकड़े जा चुके हैं, जबकि एक बदमाश फरार था.

घायल हालत में आरोपी को पास के ताला बी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी.

*******************************

 

ईरान-इजराइल युद्ध के चलते अबतक 48 फ्लाइट्स रद्द, कई शहरों से उड़ानें प्रभावित

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ईरान-इजराइल वॉर का असर हवाई सफर पर भी नजर आने लगा है. दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कल रात से फ्लाइटें बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं. हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार दिल्ली एयरपोर्ट आने वाली और जाने वाली 48 उड़ानें कैंसिल की गई है

प्रभावित सेवाओं में 28 आगमन वाली उड़ानें और 20 जाने वाली उड़ानें शामिल हैं, जिसमें एयर इंडिया और इंडिगो को खामियाजा भुगतना पड़ा है. एयर इंडिया की 17 आगमन और 10 प्रस्थान रद्द कर दी गई है. जबकि इंडिगो ने 8 आगमन और 7 प्रस्थान उड़ानें रद्द कीं हैं.

वहीं इंटरनेशनल एयरलाइनों ने 3 आगमन और 3 प्रस्थान रद्द किए हैं. इस बीच, कतर और खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण सोमवार को देश के कई हवाई अड्डों से उड़ान संचालन बाधित हुआ.

इसमें अहमदाबाद में (एसवीपीआईए), तिरुवनंतपुरम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और मंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल थे. इसके अलावा, लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और केरल में कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने भी यात्रियों को संभावित देरी और कैंसिलेशन के बारे में एडवाइजरी जारी की.

एक बयान में, कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने परिचालन कारणों से कई उड़ानों के परिचालन में व्यवधान की पुष्टि की. इन सभी हवाईअड्डों के अधिकारियों ने यात्रियों को हवाईअड्डे पर जाने से पहले अपनी एयरलाइनों के साथ उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है और इस दौरान उनका सहयोग मांगा है.

यह उस महत्वपूर्ण तनाव के बाद आया है जो ईरान द्वारा कतर और इराक में अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर कई मिसाइलों का प्रक्षेपण करने के बाद सामने आया है. ईरान द्वारा यह कदम रविवार की सुबह तीन ईरानी परमाणु संयंत्रों – नतांज, इस्फ़हान और फ़ोर्डो – पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद उठाया गया.

****************************

 

मानसून से पहले दिल्ली सरकार ने चलाया सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान

एक दिन में 3,400 गड्ढों को भरने का लक्ष्य 

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली सरकार की तरफ से मंगलवार को आगामी मानसून के मद्देनजर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का बड़ा अभियान चलाया गया. इसके तहत पीडब्ल्यूडी की ओर से 3400 गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है.

ऐसे में जब इसे लेकर पड़ताल की गई, तो लक्ष्मी नगर के विकास मार्ग पर गड्ढा भरने का काम होता हुआ मिला. वहीं, शाहदरा, चितरंजन पार्क, साउथ दिल्ली, महरौली, नई दिल्ली, बाहरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली सहित अन्य जगहों पर सड़कों के गड्ढे भरने का काम सुबह से ही जारी है.

इस दौरान विकास मार्ग पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर काफी समय से गड्ढे थे, लेकिन इसकी तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा था. लेकिन, अब इन गड्ढों को भर दिया गया है. यह अच्छा कदम है. इससे यहां जलभराव नहीं होगा और लोगों को आने-जाने में परेशान नहीं होगी.

उधर विकास मार्ग पर स्थित मंदिर के पुजारी ने बताया कि यहां काफी समय से मंदिर के सामने गड्ढा था, जिससे श्रद्धालुओं को आने जाने में दिक्कत होती थी, लेकिन अब लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी. इससे पहले दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा था कि लोक निर्माण विभाग मानसून से पहले 1,400 किलोमीटर से अधिक सड़कों पर एक दिन के भीतर 3,400 गड्ढों को भरकर सुरक्षित और सुगम बनाएगा.

मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह अभियान सिर्फ सड़कों की मरम्मत का नहीं है, यह दिल्ली की जनता के प्रति हमारी जवाबदेही का प्रतीक है. मैं हर इंजीनियर, सुपरवाइजर और मजदूर से यही कहता हूं यह दिन सिर्फ काम का नहीं, सेवा का है.

गड्ढा भरना सिर्फ कोलतार डालना नहीं है, यह उस नागरिक के लिए राहत है जो हर दिन इन सड़कों से गुजरता है. जब सिस्टम जवाबदेह होता है, तो काम भी टिकाऊ होता है. पीडब्ल्यूडी ने अब तक 150 किलोमीटर सड़क बना दी है.

साकेत इलाके के प्रेस एन्क्लेव में सड़कों पर गड्ढे भरने के काम का निरीक्षण करने पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, हमारी प्रतिबद्धता दिल्ली के लोगों को अच्छी सड़कें देने की है. हमने एक दिन में 3400 गड्ढे भरने का बीड़ा उठाया है और सुबह 11 बजे तक हमने उनमें से 50त्न भर दिए गए हैं.

हम शाम तक सभी गड्ढे भर देंगे. एक गड्ढा भरने में करीब 20 मिनट लगते हैं. सड़कों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है – हमने 150 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई हैं और इस साल 500 किलोमीटर का लक्ष्य रखा है.

पिछली सरकार ने घटिया गुणवत्ता वाली सड़कें बनाईं. हम सभी सड़कों की रीकार्पेटिंग करेंगे. जहां भी जलभराव हुआ, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और डीडीए की हमारी टीमों ने उस पर काम किया. हम विश्लेषण कर रहे हैं कि जलभराव क्यों होता है.

*****************************

 

हैदराबाद में ड्रग्स तस्करी के इंटरनेशनल रैकेट का भंडाफोड़, नाइजीरियाई समेत दो गिरफ्तार

हैदराबाद,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तेलंगाना एंटी-नारकोटिक्स ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद और गोवा में सक्रिया एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इसके तार विदेशों से जुड़े हैं. जांच एजेंसी ने रविवार को एक नाइजीरियाई नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया.

अधिकारियों ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 30 लाख रुपये की कीमत की 107 ग्राम कोकीन और छह मोबाइल फोन जब्त किए. राजेंद्रनगर के डीसीपी चिंतामनेनी श्रीनिवास ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार नाइजीरियाई नागरिक मैक्स उर्फ प्रिंसवेल उर्फ गेब्रियल इस सिंडिकेट के पीछे का मास्टरमाइंड है. वह विदेशों से भारत में ड्रग्स लाने और उन्हें आजीविका के अवसरों की तलाश में देश में आने वाले नाइजीरियाई और अफ्रीकियों को सौंपने के लिए जाना जाता है. 2022 में मैक्स ने एक अन्य नाइजीरियाई, चुकुमेका विजडम ओनेका उर्फ मेजर कार्टेल (22) को छात्र वीजा पर भारत भेजा. ओनेका ने गोवा में ड्रग्स ऑपरेशन का आधार बनाया.

अगले साल विक्टर एक और नाइजीरियाई हैदराबाद में मादक पदार्थों की बढ़ती मांग के बारे में जानने के बाद भारत आया. उसे साइबराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसके पास से 303 ग्राम कोकीन जब्त की गई. उसके बाद उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया. जेल से रिहा होने के बाद भी विक्टर ने शहर में ड्रग्स सप्लायर्स और उपयोगकर्ताओं के साथ संपर्क बनाए रखा.

रायदुर्गम पुलिस ने मई 2023 में विक्टर को फिर से पकड़ा. इस बार एक स्थानीय रियल एस्टेट व्यवसायी और कार डीलर से उसके संबंध सामने आए. मणिकोंडा का व्यवसायी बोम्मादेवरा वीरराजू (32) कथित तौर पर अपने सहयोगी गोपीसेट्टी राजेश (40) के साथ ड्रग्स वितरण में शामिल था. वो मणिकोंडा का ही रहने वाला था.

31 मई को राजेश ने कथित तौर पर मंगलगिरी में फणीराज नाम के एक व्यक्ति को 15 ग्राम कोकीन बेची. गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखने वाली टीजीएएनबी की टीमों ने मणिकोंडा में राजेश और वीरराजू को ड्रग्स सौंपते हुए विक्टर को रंगे हाथों पकड़ लिया.

जांच एजेंसी की पूछताछ के दौरान ड्रग्स तस्करी के जाल में फणीराज, पवित्र रेड्डी, सतीश, सदाशिव, सुधीर और भानु सहित कई अन्य नाम सामने आए. इन व्यक्तियों पर गिरोह से ड्रग्स खरीदने का संदेह है. विशेष टीमों ने उनके ठिकानों का पता लगाने के लिए तलाशी शुरू कर दी है, और उनके मोबाइल फोन वर्तमान में फोरेंसिक जांच के अधीन हैं.

****************************

 

माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन के बाद आवाजाही प्रभावित, बैटरी कार सेवा स्थगित

रियासी,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए बनाया गया नया हिमकोटि मार्ग सोमवार को तेज बारिश की वजह से भूस्खलन की चपेट में आ गया। इसका असर मंगलवार को भी दिखा।

रास्ते में मिट्टी और पत्थरों से श्रद्धालुओं को आने-जाने में समस्या हुई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन बैटरी कार की सेवा स्थगित कर दी गई है। श्राइन बोर्ड के कर्मचारी पुलिस और प्रशासन की मदद से मार्ग को सुचारू कर रहे हैं।

नए मार्ग पर विपदा आने के बाद तीर्थ यात्रियों को पुराने मार्ग पर भेज दिया गया है। यहां से मंदिर तक के लिए यात्रा जारी है। नए हिमकोटि मार्ग पर सत्या व्यू प्वाइंट के निकट मार्ग पर भूस्खलन तब हुआ, जब क्षेत्र में तीर्थयात्रियों की आवाजाही नहीं थी।

इससे बड़ा हादसा टल गया। भूस्खलन का मलबा 30 फीट से अधिक मार्ग पर फैला हुआ है। मार्ग की सफाई के बाद बैटरी कार सेवा को बहाल किया जाएगा।

हिमकोटि मार्ग पर भूस्खलन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें श्रद्धालु कीचड़ और मलबे के बीच से निकलते नजर आ रहे हैं। पहाड़ पर बारिश की वजह से हेलीकॉप्टर सेवा भी 5 दिन से स्थगित है।

इसके अलावा वैष्णो देवी के भवन से भैरव घाटी तक केबल कार की सेवा भी रोक दी गई है। यहां मार्ग पर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और सुरक्षा बलों के जवानों को अलर्ट पर रखा गया है।

********************************

 

ऑपरेशन सिंधु: ईरान और इजरायल संघर्ष के बीच 2,460 भारतीयों को सुरक्षित देश लाया गया

नईदिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ईरान और इजरायल में चल रहे युद्ध के बीच वहां फंसे भारतीय छात्रों और नागरिकों को ऑपरेशन सिंधु के जरिए वापस लाने का क्रम जारी है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ऑपरेशन सिंधु के तहत आईएएफ सी-17 विमान ने 165 भारतीय नागरिकों को इजराइल से निकाला गया।

विमान सुबह 8:45 बजे जॉर्डन के अम्मान से दिल्ली पहुंचा है। इसके अलावा मंगलवार को मशहद से एक विशेष उड़ान 292 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकालकर दिल्ली लाया है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि अब तक कुल 2,460 भारतीय नागरिकों को युद्ध ग्रस्त ईरान और इजरायल से निकाला जा चुका है। ईरान से कुल 2,295 भारतीय नागरिक और इजरायल से 165 नागरिक दिल्ली पहुंचे हैं।

सोमवार 23 जून को 290 भारतीयों को ईरान से दिल्ली लाया गया था, जिसमें एक श्रीलंकाई नागरिक भी शामिल था। मंगलवार को दिल्ली पहुंचे भारतीय नागरिकों का विदेश राज्य मंत्री डॉ एल. मुरुगन ने स्वागत किया।

मंगलवार तड़के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-इजरायल के बीच युद्ध विराम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तेहरान के समय के अनुसार सुबह 7:30 बजे युद्ध विराम लागू होगा।

इससे कुछ मिनट पहले ईरान ने इजरायल पर अंतिम हमला किया और 15 बैलिस्टिक मिसाइल दागे, जिसमें 4 की मौत हुई। इसके बाद ईरान ने युद्ध विराम लागू होने की घोषणा की। ट्रंप ने कहा अब कोई उल्लंघन नहीं करेगा। इजरायल ने भी युद्ध विराम समझौता स्वीकार कर लिया है।

*****************************

 

दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर मुठभेड़: काला राणा गिरोह का कुख्यात शूटर रोमिल वोहरा ढेर

अपराध जगत 

दो पुलिसकर्मी भी जख्मी

नई दिल्ली,24 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजधानी दिल्ली के माड़ी इलाके में दिनांक 23/24 जून की मध्यरात्रि को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी रोमिल वोहरा के साथ जमकर मुठभेड़ हुई.

दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस के द्वारा की गई ये संयुक्त कार्रवाई दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास डेरा मंडी इलाके में उस वक्त की गई जब हरियाणा पुलिस से मिली सूचना के आधार पर स्पेशल सेल ने कुख्यात अपराधी पर चौकसी बढ़ाई थी.

मिली जानकारी के अनुसार , 23 और 24 जून की दरम्यानी रात को दिल्ली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नामी काला राणा-नोनी राणा गैंग का सक्रिय शूटर रोमिल वोहरा दिल्ली में मौजूद है. मामले की गंभीरता को देखते हुए और गुप्त सूचना के आधार पर सुबह के शुरुआती घंटों में जब पुलिस ने संदिग्ध इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, तो एक मुखबिर की मदद से रोमिल की पहचान हुई.

जैसे ही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और हरियाणा पुलिस ने उसे पकडऩे की कोशिश की, कुख्यात अपराधी रोमिल ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की.

जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई. अपराधी और पुलिस की इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी एसआई प्रवीण और एसआई रोहन और रोमिल घायल हो गए. तीनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिसके बाद रोमिल वोहरा की मौत हो गई.

बता दें कि पिछले दो महीने में हरियाणा में लगातार हो रहे निर्मम हत्याकांडों में अपराधी रोमिल वोहरा वांछित चल रहा था. इसके द्वारा कुरुक्षेत्र में सनसनीखेज़ शान्तनु हत्याकांड तथा यमुनानगर में एक जघन्य तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था.

आपको बता दें कि अपराधी रोमिल वोहरा हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला है और काला राणा गिरोह का सक्रिय सदस्य है. वह कुरुक्षेत्र के चर्चित शांतनु हत्याकांड और यमुनानगर के ट्रिपल मर्डर केस में वांछित था.

इसके अलावा, वह दिल्ली में शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में भी आरोपी है. हरियाणा पुलिस के द्वारा अपराधी रोमिल पर एक लाख का इनाम भी घोषित किया गया था.

*****************************

 

पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली,23 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल समेत कई अन्य राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में आज से लेकर अगले एक दो दिनों के दौरान भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

इस दौरान कुछ जगहों पर आंधी, चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. बता दें कि देश के कई राज्यों में पहले से ही घनघोर बारिश जारी है.

आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा में अलग-अलग स्थानों पर आज से लेकर अगले दो तीन दिनों के दौरान सामान्य से भारी वर्षा होने की संभावना है. अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं.

पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई. असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई.

पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 23 और 24 जून को अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाके, बिहार, झारखंड में अगले एक दो दिनों के दौरान बारिश होने का अनुमान है.

मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर सामान्य से भारी से बारिश होने की संभावना है.

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान में अगले एक दो दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों भारी बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान इनमें से कुछ जगहों पर बिजली चमकने और तेज हवा चलने का भी अनुमान है.

पूर्वोत्तर राज्यों में शामिल असम, मेघालय अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर में अलग-अलग जगहों पर आज भारी बारिश होने का अनुमान है. इनमें से अलग-अलग स्थानों बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने की भी संभावना है.

दक्षिणी राज्य तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर अगले एक दो दिनों के दौरान सामान्य से भारी बारिश होने के आसार हैं.

पूरे देश में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.

तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम,रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में अगले एक दो दिनों के दौरान गर्म और आर्द्र स्थितियों की संभावना है.

*****************************

 

मुंबई पुलिस और जीएमसीएल नशा मुक्त महाराष्ट्र मिशन को आगे बढ़ाने की दिशा में अग्रसर…….!

23.06.2025 – महाराष्ट्र में मादक द्रव्यों के सेवन के खिलाफ़ चल रहे आंदोलन को मज़बूती देने के लिए मुंबई पुलिस और ‘गली मोहल्ला क्रिकेट लीग’ (जीएमसीएल) ने संयुक्त रूप से नशाखोरी के खिलाफ जन जागरुकता अभियान के तहत शनिवार 21 जून को बांद्रा वेस्ट ग्राउंड में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया। यह टूर्नामेंट राज्य के नशा मुक्ति अभियान के तहत एक रणनीतिक सामुदायिक जुड़ाव स्तंभ है।

मुंबई पुलिस और ‘गली मोहल्ला क्रिकेट लीग’ (जीएमसीएल) ने इस आयोजन के लेकर अभूतपूर्व सार्वजनिक उत्साह दिखाया क्योंकि छह टीमों ने प्रतिस्पर्धा की, जो नशा मुक्त भविष्य के लिए एक साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कॉर्पोरेट चैंपियन गिरिराज लाड (रिलायंस अस्पताल) और रवि जी. भट्टराई (बालाजी टेलीफिल्म्स) ने इस पहल को और मजबूत किया। विद्युतीय माहौल और खचाखच भरे ग्राउंड ने महाराष्ट्र की बहुआयामी नशा विरोधी रणनीति में मुंबई पुलिस के सफल समुदाय-केंद्रित दृष्टिकोण को रेखांकित किया।

* टूर्नामेंट के प्रमुख खिलाड़ी : छह प्रतिस्पर्धी टीमों में से

मोहल्ला कमेटी खार डांडा ने चैंपियंस का खिताब जीता (₹11,000), बांद्रा वेस्ट पुलिस वॉरियर्स ने दूसरा रनर-अप (₹5,100), स्टैलियन 11(ठाणे) ने रनर-अप (₹5,100) ने हासिल किया। बड़ौदा की मुख्य अतिथि राजकुमारी आशाराजा गायकवाड़ ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया “महलों से लेकर खेल के मैदानों तक, हम एक हैं। इन जीतों से ऐसे समुदायों को प्रेरणा मिले, जहां उम्मीद नशे पर हावी हो।”

आध्यात्मिक नेता बाबा इंदर प्रीत सिंह ने इस आयोजन के महत्व को परिभाषित करते हुए कहा “यहाँ बनाया गया हर रन उम्मीद का एक नया अध्याय लिखता है। यह पिच वह जगह है जहाँ हम महाराष्ट्र की आत्मा को नशे की छाया से मुक्त करते हैं।”

अमन बांदवी (ग्लोबल मिडास कैपिटल) ने कॉर्पोरेट एकजुटता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा “जब युवा ड्रग्स के बजाय चमगादड़ों को चुनते हैं तो हमारी सड़कें फलती-फूलती हैं। यह निवेश स्थायी विरासत बनाता है।” जीएमसीएल के सीईओ रमन गांधी और हरमीत सिंह (प्राइड एकेडमी) ने राज्य भर में इस पहल को दोहराने की योजना की घोषणा की।

डीसीपी दीक्षित गेदम ने परिचालन दृष्टि पर जोर दिया और कहा “जब अधिकारी और नागरिक एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो हम विश्वास का निर्माण करते हैं जो तस्करों को अलग-थलग कर देता है। यह सबसे बेहतरीन सक्रिय पुलिसिंग है।” एसीपी अधिकाराव पोल, वरिष्ठ पीआई संजीव धूमल, संजय मराठे, और पीआई वैभव काटकर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने इस आयोजन का नेतृत्व किया।

जीएमसीएल के राज्य प्रमुख रिजवान खान, कोर टीम इम्तियाज शेख, सूरज पालकर, जावेद शेख, मुनाफ अली, सीडीआर रऊफ, संदीप, और कोच शशांक ने संयुक्तरूप से घोषणा की “क्रिकेट की एकजुटता की शक्ति के माध्यम से, हम हर गली को ड्रग्स के खिलाफ प्रतिरोध के प्रकाश स्तंभ में बदल देंगे। यह तो बस शुरुआत है।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************

 

रूस में निर्मित युद्धपोत तमाल भारतीय नौसेना में होगा शामिल

भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत

नई दिल्ली, 22 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रूस के कालिनिनग्राद में नवीनतम स्टिल्थ मल्टी-रोल फ्रिगेट ‘तमाल’ भारतीय नौसेना में शामिल होगा। ‘तमाल’ यानी भारतीय नौसेना का नया युद्धपोत 1 जुलाई को नौसेना में कमीशन किया जाएगा। भारतीय नौसेना इसके लिए पूरी तरह से तैयार है।

‘तमाल’ भारत द्वारा रूस से प्राप्त की गई क्रिवाक क्लास फ्रिगेट्स की श्रृंखला का आठवां और तुशील क्लास का दूसरा युद्धपोत है। तुशील क्लास, पूर्ववर्ती तलवार और टेग क्लास (प्रत्येक में तीन-तीन जहाज) का उन्नत संस्करण है।

इस परियोजना के तहत भारत में भी गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में रूसी तकनीक और डिजाइन सहयोग से त्रिपुट क्लास के दो फ्रिगेट्स का निर्माण किया जा रहा है। इस पूरी श्रृंखला के पूरा होने के बाद भारतीय नौसेना के पास समान क्षमताओं वाले 10 युद्धपोत होंगे।

नौसेना के मुताबिक, युद्धपोत तमाल का निर्माण रूस के यंतर शिपयार्ड, कालिनिनग्राद में किया गया है। यह विदेश से प्राप्त होने वाला अंतिम युद्धपोत होगा, जो सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप है।

इस युद्धपोत में 26 स्वदेशी उपकरण लगाए गए हैं, जिनमें समुद्र और जमीन पर लक्ष्य भेदने में सक्षम ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल भी शामिल हैं।

तमाल की क्षमताओं की बात करें तो इसमें वर्टिकल लॉन्च सतह से वायु में मार करने वाली मिसाइलें हैं। यह उन्नत 100 मिमी गन, अत्याधुनिक सिस्टम, हेवीवेट टॉरपीडो व त्वरित हमला करने वाले एंटी-सबमरीन रॉकेट से लैस है।

इसके अलावा, यह अत्याधुनिक युद्धपोत नेटवर्क सेंट्रिक वॉरफेयर क्षमता और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली युक्त है। यह 30 नॉट्स से अधिक की गति और लंबी समुद्री दूरी तक संचालन कर सकता है।

नौसेना के मुताबिक, तमाल नाम देवताओं के राजा इंद्र की युद्ध में इस्तेमाल होने वाली मायथिकल तलवार से प्रेरित है। इसका शुभंकर भारत के पौराणिक जाम्बवन्त (जाम्बवंत) और रूस के राष्ट्रीय पशु यूरेशियन ब्राउन बियर के संगम से प्रेरित है।

क्रू दल को ‘द ग्रेट बीयर’ कहा जाता है। जहाज का ध्येय वाक्य है- ‘सर्वदा सर्वत्र विजय’ (हर समय, हर स्थान पर विजय)।

इस युद्धपोत में 250 से अधिक नौसैनिक हैं, जिन्होंने सेंट पीटर्सबर्ग और कालिनिनग्राद की कठोर सर्दियों में व्यापक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। तमाल ने बीते तीन महीनों में कई गहन समुद्री परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। तमाल, भारतीय और रूसी युद्धपोत निर्माण की सर्वोत्तम तकनीकों का प्रतीक है।

यह भारत-रूस की दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करेगा। कमीशन के बाद यह जहाज भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े में शामिल होकर भारत की समुद्री सुरक्षा को और मजबूत बनाएगा।

******************************

 

डीजीसीए की एयर इंडिया को लायसेंस रद्द करने की चेतावनी

नईदिल्ली ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अहमदाबाद विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) एयरलाइंस पर लगातार सख्ती कर रहा है।

अब डीजीसीए ने एयर इंडिया को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर विमानों के संचालन में गड़बडिय़ां जारी रहीं, तो एयरलाइन का लायसेंस रद्द किया जा सकता है या वापस लिया जा सकता है। दूसरी ओर, डीजीसीए ने विमानन सुरक्षा निगरानी को मजबूत करने के लिए व्यापक विशेष ऑडिट के लिए नई रुपरेखा तैयार की है।

डीजीसीए ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में गलती के गंभीर परिणाम होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, डीजीसीए ने कहा, किसी भी पोस्ट-ऑडिट या निरीक्षण में चालक दल के शेड्यूलिंग मानदंडों, लाइसेंसिंग या उड़ान समय सीमाओं का कोई भी भविष्य का उल्लंघन पाया जाता है, तो सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, लाइसेंस निलंबन या ऑपरेटर की अनुमति वापस लेना शामिल है। हालांकि, कार्रवाई इन्हीं विकल्पों तक सीमित नहीं है।

डीजीसीए ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में ऑडिट टीमों का गठन किया है। ये टीमें भौतिक सुविधा निरीक्षण, दस्तावेजों की समीक्षा, कर्मियों के साक्षात्कार और हवाई अड्डों पर रैंप जांच जैसे तकनीकी पहलुओं की सख्त निरीक्षण कर रही हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रक्रिया 3 चरणों में पूरी होगी, जिसमें प्री ऑडिट, ऑन साइट ऑडिट और पोस्ट ऑडिट शामिल है। इन ऑडिटों से प्राप्त निष्कर्षों को गंभीरता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाएगा।

ऑडिट के दायरे में सभी एयरलाइंस, रखरखाव मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) संगठन, उड़ान प्रशिक्षण संगठन (एफटीओ), एयर नेविगेशन सेवा प्रदाता (एएनएसपी) और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियां आदि शामिल हैं।

ऑडिट के बाद संस्थाओं को 15 दिनों के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने होंगे, जिनकी निगरानी डीजीसीए करेगा। डीजीसीए ने कहा कि ऑडिट सिफारिशों का अनुपालन न करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है, परिचालन निलंबित किया जा सकता है या लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

कल डीजीसीए ने एयर इंडिया को अपने 3 कर्मचारियों को हटाने का आदेश दिया था। इनमें डिवीजनल उपाध्यक्ष चूड़ा सिंह, मुख्य प्रबंधक (क्रू शेड्यूलिंग) पिंकी मित्तल और क्रू शेड्यूलिंग (योजना) पायल अरोड़ा शामिल हैं।

डीजीसीए ने कहा था कि एयर इंडिया द्वारा लाइसेंसिंग, आराम और रीसेंसी आवश्यकताओं में चूक के बावजूद फ्लाइट क्रू के शेड्यूल और संचालन के संबंध में बार-बार और गंभीर उल्लंघन किए गए हैं। इसके बाद एयर इंडिया ने इन कर्मचारियों को हटा दिया था।

12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर (एआई-171) मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

विमान में 242 यात्री, 2 पायलट और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिसमें सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी हादसे में मौत हो गई। वहीं, जमीन पर करीब 20 लोगों की मौत हुई है।

*********************

 

योगांध्र के गिनीज रिकॉर्ड बनाने पर पीएम मोदी खुश, आंध्र प्रदेश की जनता को सराहा

नई दिल्ली,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ‘योगांध्र 2025 कार्यक्रम के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से उन्होंने योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए आंदोलन को मजबूत किया है। योगांध्र कार्यक्रम हमेशा लोगों को अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रेरित करेगा।

पीएम मोदी ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रिपोस्ट करते हुए लिखा, योग एक बार फिर लोगों को साथ लाता है। आंध्र प्रदेश के लोगों को बधाई, जिस तरह से उन्होंने योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए आंदोलन को मजबूत किया है। योगांध्र पहल और विशाखापत्तनम में कार्यक्रम, जिसमें मैंने भी भाग लिया, हमेशा कई लोगों को अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रेरित करेगा।

इससे पहले ‘योगांध्र 2025 कार्यक्रम के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इसे आंध्र प्रदेश के नागरिकों की उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा, मैं आप सभी का धन्यवाद अदा करता हूं, जिन्होंने इसे संभव बनाया। आपका उत्साह और समर्पण प्रेरणादायक रहा। यह रिकॉर्ड दिखाता है कि जब हम एकजुट होकर काम करते हैं, तो क्या हासिल कर सकते हैं। सभी को बधाई।

भारत सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 3,00,105 लोगों ने हिस्सा लिया। इसने अब तक के सबसे बड़े योग सत्र का रिकॉर्ड बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने आरके बीच पर आयोजित कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों का नेतृत्व किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री नायडू, डिप्टी सीएम पवन कल्याण, राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और केंद्रीय व राज्य मंत्री शामिल हुए।

यह आयोजन आरके बीच से भोगापुरम तक 28 किमी के क्षेत्र में हुआ। इसने 2023 में सूरत में 1.47 लाख प्रतिभागियों के साथ बने रिकॉर्ड को तोड़ा। मुख्य आयोजन से एक दिन पहले विशाखापत्तनम ने 22,122 आदिवासी छात्रों के एक साथ प्रदर्शन के साथ सबसे बड़े सिंक्रोनाइज्ड सूर्य नमस्कार का एक अन्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

इसके अलावा राज्य ने विश्व रिकॉर्ड बुक में 21 मान्यताएं हासिल कीं, जो इसकी संगठनात्मक उत्कृष्टता और जन उत्साह को दर्शाती हैं।

***********************

 

ईरान-अमेरिका अटैक पर पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया, कहा-शांति-स्थिरता की बहाली जरूरी

नईदिल्ली ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अमेरिका की ओर से रविवार तड़के ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर किए गए हवाई हमले के बाद दोपहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बात की।

इस दौरान उन्होंने पेजेशकियन से तनाव को कम करने और बातचीत के जरिए इसका समाधान निकालने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एक्स पर दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीज की जानकारी दी है। आइए जानते हैं दोनों के बीच क्या वार्ता हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की। हमने मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। हाल ही में बिगड़ी स्थिति पर भी गहरी चिंता व्यक्त जताई है।

हमने तत्काल तनाव कम करने, वार्ता और कूटनीति के माध्यम से आगे बढऩे तथा क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए अपना आह्वान दोहराया। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

अमेरिका ने ईरान और इजरायल संघर्ष में कूदते हुए ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर हमला कर दिया। इन ठिकानों में नतांज, फोर्दो और इस्फहान शामिल है। हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमलों से तीनों परमाणु सुविधाओं बर्बाद हो गई हैं।

अब ईरान को शांति कायम करनी चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे। इधर, ईरान ने हमले में मामूली नुकसान की बात कही है।

******************************

 

ईसीआई का बड़ा कदम: मीडिया के सहयोग से मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी

नई दिल्ली,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत निर्वाचन आयोग मीडिया के सहयोग से मतदाता पहुंच बढ़ाने के लिए पहली बार केंद्रीय स्तर पर एक राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित करेगा.

7 जुलाई को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट में यह कार्यशाला होगी. सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को इस बाबत पत्र भेजा है.

ईसीआई ने पत्र में लिखा है, दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम) में 7 जुलाई को एक राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित की जाएगी. कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया के साथ आयोग के जुड़ाव को मजबूत करना तथा चुनावी जागरूकता और पहुंच बढ़ाने के लिए एक मजबूत संचार नेटवर्क विकसित करना है.

पत्र के अनुसार, प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 10 प्रमुख क्षेत्रीय मीडियाकर्मी कार्यशाला में भाग लेंगे. इसके अलावा सीईओ कार्यालय के अधिकारी जो सीधे मीडिया और संचार कार्य से जुड़े हैं, वे भी कार्यशाला में भाग लेंगे.

पत्र में कहा गया है, क्षेत्रीय मीडियाकर्मियों के लिए हवाई यात्रा (इकोनॉमी क्लास) और हवाई अड्डे से आने-जाने का खर्च शुरू में सीईओ कार्यालय द्वारा वहन किया जाएगा. जिसकी प्रतिपूर्ति ईसीआई द्वारा की जाएगी. आवास और अन्य व्यवस्थाएं आईएचआईडीईएम द्वारा प्रबंधित की जाएंगी.

कार्यशाला का व्यापक उद्देश्य रणनीतिक मीडिया सहयोग के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाना, क्षेत्रीय मीडिया पेशेवरों के साथ संपर्क को मजबूत करना और ईसीआई संचार की पहुंच को अधिकतम करने के लिए संचार नेटवर्क विकसित करना है.

चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया, कार्यशाला का उद्देश्य मीडियाकर्मियों को चुनावी प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है. इससे उन्हें अपना ज्ञान बढ़ाने में मदद मिलेगी. इससे उन्हें सटीकता बनाए रखते हुए अपनी रिपोर्टिंग में मदद मिलेगी.

बता दें कि ईसीआई ने लोगों को बेहतर सेवा प्रदान करके चुनावी प्रक्रिया की गुणवत्ता में सुधार करने के उद्देश्य से डीईओ, ईआरओ और बीएलओ सहित 3,000 से अधिक चुनाव पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया है.

***************************

 

ईरान-इजरायल युद्ध से भारत में नौकरियों पर मंडराया खतरा, सर्वे में किया दावा

नईदिल्ली ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच भू-राजनीतिक तनाव का असर भारतीय कंपनियों पर भी पडऩा शुरू हो गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 63 प्रतिशत कंपनियों ने इन परिस्थितियों में या तो भर्तियां रोकने या कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है।

दूसरी तरफ कुछ कंपनियां नए कर्मचारी अनुबंध के आधार पर या फ्रीलांस के तौर पर ले रही है। यह रिपोर्ट 12 मई से 6 जून के दौरान 2,006 कर्मचारियों के बीच हुए ऑनलाइन सर्वे पर आधारित है।

स्टाफिंग समाधान और मानव संसाधन सेवा प्रदाता जीनियस कंसल्टेंट्स के अनुसार, सर्वे में शामिल 63 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों ने कहा कि उनकी कंपनी या तो भर्ती रोक रही है या टीम का आकार घटा रही है।

दूसरी तरफ 15 प्रतिशत ने बताया कि भू-राजनीतिक तनाव बढऩे के बीच अनुबंध-आधारित या फ्रीलांस भूमिकाओं की ओर बदलाव देखने को मिल रहा है। 36 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि युद्ध के हालात से उनकी वेतनवृद्धि, बोनस या मूल्यांकन प्रभावित हुआ है।

सर्वे में 21 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों ने यह भी बताया कि उन पर कार्य का दबाव बढ़ा है, जबकि 22 फीसदी ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार संपर्क या यात्रा बाधित होने का दावा किया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 30 प्रतिशत कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि वे बेहद चिंतित हैं और पहले से ही चेतावनी के शुरुआती संकेत देख रहे हैं। दूसरी तरफ, 31 प्रतिशत का कहना था कि वे नौकरी के नए अवसरों की तलाश कर रहे हैं।

******************************

 

इसरो ने शुरू की स्पैडेक्स-2 मिशन की तैयारी

देश की अंतरिक्ष अन्वेषण यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम

नईदिल्ली,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अंतरिक्ष में 2 उपग्रहों को सफलतापूर्वक एक साथ लाने के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अपने दूसरे स्पैडेक्स मिशन की योजना तैयार कर रही है। इस बार 2 उपग्रहों को अंडाकार कक्षा में स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

यह देश की अंतरिक्ष अन्वेषण यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। पहला स्पैडेक्स मिशन सफल रहा था, जिसमें 220 किलोग्राम के 2 सेटेलाइट्स 470 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक गोलाकार कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित हुए थे।

आगामी स्पैडेक्स-2 मिशन और भी अधिक चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि, इसमें दीर्घवृत्ताकार कक्षा में डॉकिंग शामिल है। ऐसा इसलिए है क्योंकि, उपग्रहों का प्रक्षेप पथ और वेग दीर्घवृत्ताकार कक्षा में बदलता रहता है, जिससे एक बिंदु के लिए की गई गणना कुछ मिनटों के बाद बदल जाती है।

मामले से परिचित एक वैज्ञानिक ने कहा, एक वृत्ताकार कक्षा में डॉकिंग दीर्घवृत्ताकार कक्षा में डॉकिंग की तुलना में बहुत आसान है। स्पैडेक्स-2 मिशन को चंद्रयान-4 के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

16 जनवरी को शुरू हुए पहले स्पैडेक्स मिशन में 2 उपग्रहों को एक-दूसरे के तब करीब लाया गया, जब तक कि वे सफलतापूर्वक डॉक नहीं हो गए।

इस प्रयोग ने उपग्रहों के बीच शक्ति साझा करने और एक यूनिट के रूप में कमांड प्राप्त करने की क्षमता को भी दिखाया। इससे भारत, अमेरिका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में डॉकिंग क्षमताओं का प्रदर्शन करने वाला दुनिया का चौथा देश  बन गया।

*****************************

 

किसानों के खेत तक पहुंचेगा विज्ञान, वैज्ञानिक अब सप्ताह में तीन दिन करेंगे दौरा

नई दिल्ली,22 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत सरकार ने देश के कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों से जोडऩे के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.

इसके तहत अब वैज्ञानिक सप्ताह में तीन दिन खेतों में जाकर किसानों से सीधी बातचीत करेंगे और उन्हें नवीनतम कृषि तकनीकों, बीजों की गुणवत्ता, मृदा परीक्षण, जल प्रबंधन, फसल रोग नियंत्रण और उन्नत खेती विधियों की जानकारी देंगे. इस निर्णय का उद्देश्य पारंपरिक खेती को वैज्ञानिक आधार पर सुदृढ़ करना और किसानों की आमदनी को बढ़ाना है.

आईसीएआर-आईएआरआई के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.एस. बाना के अनुसार, जब वैज्ञानिक खेतों में जाकर किसानों से सीधा संवाद करते हैं, तो न केवल वैज्ञानिक शोध का सही उपयोग होता है, बल्कि किसानों की जमीनी समस्याओं को भी वास्तविक समय में समझा जा सकता है.

सरकार ने यह भी तय किया है कि कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) को इस पहल का मुख्य केंद्र बनाया जाएगा. हर जिले में केवीके एक नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा, जो इस अभियान का संचालन करेगा.

इस योजना का एक पायलट चरण पहले ही लागू किया जा चुका है, जिसमें 2,170 वैज्ञानिकों की टीमों ने 1.42 लाख गांवों का दौरा किया और 1.34 करोड़ किसानों से सीधे संवाद स्थापित किया. किसानों ने बताया कि इस पहल से उन्हें अपने खेतों में सुधार के लिए ठोस मार्गदर्शन मिला.

उत्तर प्रदेश के किसान अमरपाल ने कहा, गांव में जब वैज्ञानिक आए और हमें मिट्टी परीक्षण, बीज चयन और जल प्रबंधन की जानकारी दी, तो हमारी समझ में आया कि हम विज्ञान के सहारे अपनी खेती को और बेहतर बना सकते हैं.

हालांकि यह पहल स्वागत योग्य है, कुछ वैज्ञानिकों ने सुझाव दिया है कि सप्ताह में तीन दिन फील्ड विजिट की अपेक्षा सप्ताह में एक या दो दिन तय किए जाएं ताकि अन्य शोध कार्यों पर असर न पड़े.

डॉ. अमित शर्मा (केवीके जम्मू) का कहना है, किसानों से संवाद करना ज़रूरी है, लेकिन हमें एक संतुलन बनाना होगा ताकि अनुसंधान और फील्ड वर्क दोनों सुचारू रूप से चलें.

राकेश कुमार (केवीके उजवा, दिल्ली) ने बताया कि अभी तक कोई स्पष्ट कार्य योजना (लेआउट प्लान) नहीं दी गई है, लेकिन वे लगातार किसानों के साथ संवाद बनाए हुए हैं.यह पहल न केवल किसानों को सशक्त बनाएगी, बल्कि वैज्ञानिक शोध को जमीन पर लागू करने का एक व्यावहारिक मॉडल भी प्रस्तुत करेगी.

अगर इसे योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया गया, तो यह भारत की कृषि प्रणाली में दीर्घकालिक और सतत सुधार ला सकती है. किसानों और वैज्ञानिकों के बीच की यह नई साझेदारी आने वाले समय में देश की खाद्य सुरक्षा, उत्पादन क्षमता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मील का पत्थर साबित हो सकती है.

******************************

 

मानसून की सक्रियता से शुरू हुआ भारी बारिश का दौर, मौसम विभाग ने दिया अलर्ट

नईदिल्ली,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश के कई राज्यों में मानसून की भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं दूसरी तरफ इससे उत्तर भारत में पारा नीचे आने से गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है। कुछ जगह बादल छाए रहने से भी तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 22 जून को मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की आंशका जताई है।

मानसून की सक्रियता के चलते शनिवार को राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश हुई और कुछ जगह अति भारी बारिश दर्ज की गई। जोधपुर में तेज बारिश के बीच पुलिया से फिसलकर एक कार बहकर 5 फीट गहरे नाले में गिर गई, जिससे 3 लोगों की मौत हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 22-23 जून को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग समेत 22 जिलों में कहीं भारी तो कहीं सामान्य बारिश होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून के पहुंचने से बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी और बुंदेलखंड में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

बिहार में भी मानसून पूरी तरीके से सक्रिय हो चुका है। रविवार को भी राज्य में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। दूसरी तरफ पंजाब में भी मानसून के आगमन की संभावना है।

दिल्ली एनसीआर में शनिवार शाम को हुई हल्की बारिश से अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे 34.5 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार सुबह से ही ठंडी हवा चलने और बादल छाने से मौसम सुहाना हो गया है।

दिन में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। यह सिलसिला 27 जून तक रुक-रुक कर चलता रहेगा। लगातार बदल रही मौसमी परिस्थितियों के बीच 1-2 दिन के भीतर दिल्ली में मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से बारिश हो रही है। इसके चलते पिथौरागढ़ में चीन सीमा को जोडऩे वाले मुनस्यारी-मिलम हाईवे चट्टान खिसकने से अवरुद्ध हो गया।

रुद्रप्रयाग में गौरीकुंड के पास भूस्खलन के चलते यातायात बाधित रहा। रविवार को देहरादून, नैनीताल समेत आस-पास के क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है और कुछ जगह भूस्खलन हो सकता है।

******************************

 

प्रॉपर्टी ब्रोकर के पास मिला सोनम का काला बैग, अंदर रखी थी पिस्टल, शिलोम हिरासत में

राजा रघुवंशी मर्डर केस

इंदौर ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ा एक्शन लेते हुए प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स को हिरासत में ले लिया है। शिलांग पुलिस को थी जिस काले बाग की तलाश थी, वह प्रॉपर्टी ब्रोकर के पास मिला। इस बैग में एक पिस्टल रखी हुई थी। इसके साथ ही नकद पैसे और सोनम के गहने भी थे।

पुलिस ने प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स को हिरासत में ले लिया है। शिलोम पर आरोप है कि उसने आरोपी विशाल चौहान को किराए पर फ्लैट दिया, जिसमें हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी छिपी हुई थी। इस मामले में पुलिस को अहम सुराग एक ऑटो चालक से मिला।

रैपिडो ऐप से बुक इस ऑटो को 3 मई को नंदबाग से बैग लेकर रवाना किया गया था, जिसे हीराबाग में एक युवक ने रिसीव किया। जांच में स्पष्ट हुआ कि यही बैग राजा और सोनम का था, जो घटना के बाद फ्लैट में छिपा दिया गया था।

एसआईटी टीम ने 3 से 10 जून तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें सिलोम अपनी कार में बैग लेकर जाते हुए कैद हुआ। यह वही बैग था, जिसमें देशी पिस्टल, पांच लाख रुपये, राजा की चेन, मोबाइल, सोनम के कपड़े और आभूषण रखे गए थे।

राजा की हत्या की साजिश पहले गोली मारकर हत्या करने की थी, जिसके लिए राज ने सिकलीगर से पिस्टल खरीदी थी, लेकिन बाद में प्लान बदलकर गला घोंटने की वारदात की गई।

जब एसआईटी ने शिलोम को पूछताछ के लिए फोन किया तो वह बचने की कोशिश करता रहा और अंतत: फोन बंद कर भागने लगा। इसकी सूचना शिप्रा थाना पुलिस को दी गई और टोल नाके पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में शिलोम ने कबूला कि उसने बैग घर में छिपाकर रखा था। इसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया और फिर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।

अब तक की जांच में साफ हो चुका है कि शिलोम ने न सिर्फ फ्लैट उपलब्ध कराया, बल्कि साक्ष्य छुपाने और आरोपी की मदद करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी वजह से उसे केस में सह अभियुक्त बनाया गया है और जल्द ही शिलांग ले जाया जाएगा।

*****************************

 

चेन्नई से 209 यात्रियों को लंदन ले जा रहा था विमान, परिचालन संबंधी कारणों से लौटा वापस

चेन्नई ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। एक और हवाई उड़ान में दिक्कत आई है। लंदन जाने वाला एक विमान रविवार को परिचालन संबंधी कारणों से वापस लौट आया है। चेन्नई हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

चेन्नई हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि करीब 209 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान लौट आया। उन्होंने कहा कि यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

बता दें कि 168 यात्रियों को लेकर गुवाहाटी से चेन्नई जा रहे इंडिगो का एक विमान को गुरुवार रात बेंगलुरू के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी, क्योंकि विमान के कैप्टन ने अपर्याप्त ईंधन के कारण  मेडे  (संकट) की चेतावनी दी थी।

इंडिगो फ्लाइट 6ई-6764 (ए321) के पायलट ने शनिवार शाम 4.40 बजे गुवाहाटी से उड़ान भरी थी। शाम 7.45 बजे चेन्नई में उतरने का प्रयास किया लेकिन लैंडिंग गियर रनवे को छूने के बाद बाल्क्ड लैंडिंग नामक प्रक्रिया में गो अराउंड करने का फैसला किया।

एक सूत्र ने कहा, बेंगलुरू हवाई अड्डे से लगभग 35 मील की दूरी पर कप्तान ने  मेडे  कॉल किया। नाम न बताने की शर्त पर एक यात्री ने कहा, अचानक और खड़ी चढ़ाई ने कई यात्रियों को अपनी सीटों के किनारे पर ला दिया, विमान में सवार कुछ लोग काफी डर गए थे।

***********************

 

डीजीसीए का एयर इंडिया को आदेश-तीन कर्मचारियों को बर्खास्त करो

एयरलाइन को चेतावनी भी दी

नईदिल्ली,21 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। 12 जून को हुए अहमदाबाद विमान हादसे में अब बड़ी कार्रवाई हुई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया को अपने 3 कर्मचारियों को तुरंत बर्खास्त करने को कहा है।

कथित तौर पर इनमें एक बड़ा अधिकारी भी शामिल है। बताया जा रहा है कि ये कर्मचारी क्रू शेड्यूलिंग और रोस्टरिंग का काम संभालते थे। इसमें लगातार गंभीर लापरवाहियां सामने आने के बाद इन कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल समाप्त करने को कहा गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, डीजीसीए ने नोटिस में कहा, एयर इंडिया द्वारा लाइसेंसिंग, आराम और रीसेंसी आवश्यकताओं में चूक के बावजूद फ्लाइट क्रू के शेड्यूल और संचालन के संबंध में बार-बार और गंभीर उल्लंघनों का खुलासा किया गया।

ये क्रू शेड्यूलिंग, अनुपालन निगरानी और आंतरिक जवाबदेही में प्रणालीगत विफलताओं की ओर इशारा करते हैं। चिंता की बात है कि इन परिचालन चूकों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार प्रमुख अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक उपायों का अभाव है।

*****************************

 

30 साल पहले ली थी 500 रुपये की घूस, 70 साल के रिटायर्ड एकाउंटेंट को अब हुई जेल

बेलगावी,21 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने एक 70 वर्षीय रिटायर्ड एकाउंटेंट को 500 रुपये की रिश्वत लेने के मामले में एक वर्ष जेल की सजा सुनाई है. विलेज एकाउंटेंट 30 वर्ष पहले एक किसान से उसकी कृषि भूमि का आरटीसी जारी करने के लिए 500 रुपये की रिश्वत लेने का मामले में दोषी पाया गया था.

दोषी रिटायर्ड एकाउंटेंट नागेश डोंडू शिवांगकर अब बेंगलुरु से 500 किलोमीटर उत्तर में बेलगावी के हिंडाल्गा सेंट्रल जेल में बंद हैं. नागेश को 1995 में लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा था. वह बेलगावी जिले के कडोली गांव के एक किसान लक्ष्मण रुकन्ना कटंबले से उसकी कृषि भूमि का आरटीसी जारी करने के लिए 500 रुपये की रिश्वत ले रहा था.

लक्ष्मण ने अपने परिवार के बीच कृषि भूमि के बंटवारे के बाद अपने नाम पर आरटीसी की मांग करते हुए नागेश से संपर्क किया था. जब नागेश ने रिश्वत की मांग की तो लक्ष्मण ने लोकायुक्त पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. बाद में नागेश को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया.

विशेष अदालत ने 14 जून 2006 को नागेश को (रिश्वत लेने के मामले में) दोषी करार देते हुए एक साल के कठोर कारावास और 1000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई. नागेश ने धारवाड़ स्थित कर्नाटक हाईकोर्ट की सर्किट बेंच में अपनी दोषसिद्धि पर सवाल उठाया.

फिर 9 मार्च, 2012 को हाईकोर्ट ने नागेश को आरोपों से मुक्त कर दिया. फिर लोकायुक्त पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. सुप्रीम कोर्ट ने 18 जून को विशेष अदालत के फैसले को बरकरार रखा. इसके बाद नागेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर हिडाल्गा जेल भेज दिया.

दुख की बात है कि लक्ष्मण 30 साल बाद अदालत द्वारा न्याय दिए जाने को देखने के लिए जीवित नहीं है. उसके रिश्तेदारों के अनुसार लक्ष्मण की मृत्यु पांच साल पहले हो गई थी. लक्ष्मण के परिचित और किसान नेता अप्पासाहेब देसाई ने कहा कि इस फैसले से लोगों का न्याय व्यवस्था में विश्वास और भरोसा बढ़ेगा.

कडोली गांव के लोग लक्ष्मण को उनके दान कार्यों के लिए याद करते हैं. इसमें चेन्नई में बाढ़ राहत कार्यों के लिए 5,000 रुपये का दान, गांव के मेधावी छात्रों को नकद पुरस्कार देना शामिल है.

लोकायुक्त विशेष अभियोजक प्रवीण आगासगी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने बेलगाम विशेष न्यायालय द्वारा दिए गए फैसले को बरकरार रखा है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार दोषी रिटायर्ड एकाउंटेंट को हिंडालगा जेल भेज दिया गया है.

सच्चाई को न्याय मिला है. अब अगर कोई सरकारी अधिकारी इस तरह से रिश्वत मांगता है तो जनता को लोकायुक्त अधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह मामला इस बात का सबूत है कि अगर शिकायत दर्ज की जाती है तो दोषियों को सजा जरूर मिलेगी.

*****************************

 

ऑपरेशन सिंधु जारी: अब तक 517 भारतीय ईरान से सुरक्षित लौटे

मोदी सरकार को दिया धन्यवाद

नई दिल्ली,21 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ईरान और इजराइल के बीच सैन्य संघर्ष के कारण वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लौटाने के लिए भारत सरकार का ऑपरेशन सिंधु जारी है.

इस अभियान के तहत अब तक 517 भारतीय नागरिक ईरान से भारत वापस आ चुके हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बात की पुष्टि की है.

21 जून को तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात से एक विशेष निकासी उड़ान नई दिल्ली पहुंची, जिसमें ईरान में फंसे भारतीय नागरिक सवार थे. यह उड़ान ऑपरेशन सिंधु का हिस्सा थी, जो तेजी से भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर रही है.

विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास ने ईरान में फंसे नागरिकों की सुरक्षा और आवाजाही का समन्वय किया. केंद्र और राज्य सरकारों ने मिलकर निकासी, परिवहन और पुनर्वास के काम को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया. इस समन्वित प्रयास से हजारों परिवारों को राहत मिली है.

ईरान से निकाले गए जफ़र अब्बास नकवी ने भारत सरकार की त्वरित और समर्पित कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. नकवी ने बताया कि ईरान में मशहद तक भी हमले हुए, और भारत सरकार की मदद से वे सुरक्षित वापस आ सके.

कुलसुम नामक महिला नागरिक ने भी स्थिति की गंभीरता बताते हुए सरकार की मदद को अमूल्य बताया. उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा के दौरान वह ईरान में थीं, जहां हालात चिंताजनक थे, लेकिन सरकार और यूपी सरकार की मदद से वे सुरक्षित घर लौट पाईं.

ऑपरेशन सिंधु के पहले चरण में 110 भारतीय छात्रों को, जिनमें 90 कश्मीरी छात्र भी शामिल थे, उत्तरी ईरान से निकालकर आर्मेनिया ले जाया गया. वहां से वे सुरक्षित नई दिल्ली पहुंचे. ये छात्र मुख्यत: उर्मिया मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्र थे.

13 जून को इजरायल ने ईरानी सैन्य और परमाणु स्थलों पर हवाई हमला किया, जिसे ऑपरेशन राइजिंग लायन कहा गया. इसका जवाब ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3 के तहत ड्रोन और मिसाइल हमलों से दिया. इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए ऑपरेशन सिंधु शुरू किया गया.

******************************

 

भीषण गर्मी के बाद अब भारी बारिश की आफत शुरू, कई राज्यों में अलर्ट

नईदिल्ली,21 जून (आरएनएस)। उत्तर भारत के कई इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है, जिसके चलते कई जिलों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। 1-2 दिन में मानसून दिल्ली समेत पंजाब और हरियाणा में पहुंच सकता है।

अब तक बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश शुरू हो चुकी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 21 जून को 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश, बिहार और पूर्ती उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून से आगे बढ़ते हुए हिमाचल प्रदेश से उत्तराखंड और लद्दाख के कुछ हिस्सों में आगे पहुंच गया है। पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली, बिहार, झारखंड, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, दौसा, बूंदी, टोंक, सीकर, नागौर, करौली समेत कई जिलों में शुक्रवार को 1 से 6-इंच तक बरसात दर्ज हुई।

जयपुर में जमीन धंसने से कई गाडिय़ां फंस गई, जबकि सीकर में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। कई जगह जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है और यहां 26 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 और 22 जून को भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ पश्चिमी जिलों में भारी और लगभग पूरे पूर्वी हिस्से में गरज-चमक के साथ बहुत बारिश हो सकती है।

इसके साथ ही 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है और इसका असर सभी 38 जिलों में देखने को मिल रहा है। नमी से भरी पछुआ हवाओं ने बारिश की संभावना बढ़ा दी है, जिससे लोगों को गर्मी और उसम से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने शनिवार को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम और कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे 1-2 दिन में तापमान कम हो सकता है।

दिल्ली एनसीआर में 19 जून से ही तापमान में थोड़ी गिरावट देखी गई। कई जगह 21 जून को बारिश और तेज हवा के साथ बिजली गिरने की संभावना है। सुबह से ही कोहरा और नमी बनी है। इस दौरान आद्रता 80 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 27 डिग्री रह सकता है। आईएमडी ने रविवार को राजधानी में मानसून आने की संभावना जताई है और अगले 3 दिन बारिश यलो अलर्ट जारी किया है।

***************************