Category Archives: news

बिहार में अब हर महीने 125 यूनिट बिजली फ्री, चुनाव से पहले CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान

पटना 17 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आम जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने घोषणा की है कि 1 अगस्त 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। उपभोक्ताओं को जुलाई माह के बिल से ही इसका लाभ मिलने लगेगा।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जानकारी दी, “हम लोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब तय कर लिया गया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली पर कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा।”

इस योजना से करीब 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा, खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को। इसके अलावा नीतीश कुमार ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में राज्य सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देगी। उपभोक्ताओं की सहमति से घर की छतों या पास के सार्वजनिक स्थलों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

कुटीर ज्योति योजना के तहत अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। बाकी उपभोक्ताओं को भी सरकार द्वारा वित्तीय सहयोग दिया जाएगा।

सरकार का अनुमान है कि इन प्रयासों से आने वाले वर्षों में राज्य को 10,000 मेगावाट तक सौर ऊर्जा मिल सकेगी, जिससे बिजली संकट काफी हद तक खत्म होगा।

*******************************

 

चंदन मिश्रा हत्याकांड में अस्पताल कर्मियों से होगी पूछताछ

आईजी बोले- अपराधियों को किया जा रहा चिन्हित

पटना 17 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार की राजधानी पटना के पारस अस्पताल में भर्ती चंदन मिश्रा की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना को लेकर आईजी जितेंद्र राणा का बयान आया है।

उन्होंने बताया कि अपराधी चंदन मिश्रा हाल ही में इलाज के लिए जेल से पैरोल पर बाहर आया था। इसी दौरान कुछ अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया।

आईजी जितेंद्र राणा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में बताया, “बक्सर जिले का एक बड़ा अपराधी चंदन मिश्रा हाल ही में इलाज के लिए जेल से पैरोल पर बाहर आया था। ऐसा प्रतीत होता है कि यह घटना या तो आपसी झगड़े या विरोधी गिरोहों के कारण हुई।

इलाज के दौरान ही कुछ अपराधियों ने उस पर हमला किया और उसे कई गोलियां मारी हैं। इस बारे में अधिक जानकारी डॉक्टर ही साझा करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “चंदन मिश्रा एक बड़ा अपराधी था, और पुलिस पता लगा रही है कि उसे गैंगवॉर के चलते गोली मारी गई है या इस हमले का कोई और कारण है।

हम इस घटना के बारे में पता लगा रहे हैं और इसमें शामिल अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है। मामले को लेकर बक्सर पुलिस के साथ भी संपर्क में हैं।”

आईजी जितेंद्र राणा ने घटना में अस्पताल के कर्मचारियों के शामिल होने के सवाल पर कहा, “इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि यहां के कर्मचारियों की इस घटना में मिलीभगत हो सकती है, इसलिए जो भी सुरक्षाकर्मी अस्पताल में ड्यूटी पर थे, उनसे भी पूछताछ की जाएगी कि अपराधी हथियार लेकर अस्पताल में कैसे पहुंचे।”

पटना एसएसपी के मुताबिक, बक्सर का कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा कई हत्याओं के मामले में आरोपी था और एक केस में उसे सजा भी मिल चुकी थी। वह बहुत खतरनाक अपराधी है, इसी वजह से कुछ दिन पहले उसे बक्सर से भागलपुर जेल भेजा गया था। इस दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पटना हॉस्पिटल शूटआउट का CCTV फुटेज

****************************

 

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 : स्वच्छता की मिसाल बने शहरों को राष्ट्रपति मुर्मू आज देंगी पुरस्कार

नई दिल्ली 17 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आवास और शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समारोह में शहरी स्वच्छता के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 पुरस्कार प्रदान करेंगी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25, दुनिया का सबसे बड़ा शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण है और स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (एसबीएम-यू) का एक प्रमुख हिस्सा है। इस समारोह में भारत के सबसे स्वच्छ शहरों की घोषणा होगी और शहरी स्थानीय निकायों के उत्कृष्ट प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा।

इस साल के पुरस्कार चार मुख्य श्रेणियों में दिए जाएंगे, जिनमें सुपर स्वच्छ लीग (एसएसएल) शहर, पांच अलग-अलग जनसंख्या श्रेणियों में शीर्ष तीन स्वच्छ शहर, विशेष श्रेणियां जैसे गंगा टाउन, कैंटोनमेंट बोर्ड, सफाईमित्र सुरक्षा और महाकुंभ, तथा राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के उभरते स्वच्छ शहरों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार शामिल हैं। इस समारोह के दौरान कुल 78 पुरस्कार दिए जाएंगे।

स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरुआत 2016 में केवल 73 शहरी स्थानीय निकायों के साथ हुई थी। हालांकि, अब ये सर्वेक्षण 4,500 से अधिक शहरों को कवर कर चुका है। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के अनुसार, 2024-25 का संस्करण इसी विरासत को आगे बढ़ाएगा और ‘कम करें, पुन: उपयोग करें, पुनर्चक्रण करें’ थीम पर केंद्रित है।

3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने 45 दिनों तक देश के हर वार्ड में निरीक्षण किया है। मंत्रालय के अनुसार, इस साल के सर्वेक्षण की खासियत इसकी समावेशिता और व्यापकता रही। 11 लाख से अधिक परिवारों का सर्वेक्षण किया गया और 14 करोड़ नागरिकों ने आमने-सामने बातचीत, स्वच्छता ऐप, माई जीओवी, और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से रिकॉर्ड भागीदारी तक पहुंच गई।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 ने 10 मापदंडों और 54 संकेतकों पर आधारित एक संरचित, तकनीक-संचालित कार्यप्रणाली अपनाई है, जो शहरी भारत में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की व्यापक जानकारी देती है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि इस साल की विशेषता सुपर स्वच्छ लीग की शुरुआत है, जो स्वच्छता में लगातार उत्कृष्टता का प्रदर्शन दिखाने वाले शहरों को मान्यता देती है।

सुपर स्वच्छ लीग में उन शहरों को शामिल किया गया है जो पिछले तीन सालों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में रहे और इस साल अपनी जनसंख्या श्रेणी में शीर्ष 20 प्रतिशत में हैं। इस लीग का उद्देश्य निरंतरता को पुरस्कृत करना और अन्य शहरों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

पहली बार, शहरों को अधिक निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए पांच जनसंख्या-आधारित श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है, जिनमें बहुत छोटे शहर (20,000 से कम जनसंख्या), छोटे शहर (20,000-50,000), मध्यम शहर (50,000-3 लाख), बड़े शहर (3-10 लाख), और दस लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहर शामिल हैं।

प्रत्येक श्रेणी का मूल्यांकन उसके आकार और जरूरतों के अनुरूप मानदंडों के आधार पर किया गया है ताकि छोटे शहर भी निष्पक्ष रूप से प्रतिस्पर्धा कर सकें और अपनी प्रगति के लिए पहचाने जा सकें।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 भारत के शहरी परिवर्तन के लिए एक प्रेरणा स्रोत है, जो व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देता है और उत्कृष्टता को पुरस्कृत करता है। साथ ही पूरे देश में सामूहिक नागरिक गौरव को प्रोत्साहित करता है।

******************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि:

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। आज आपका मन भावनात्मक तौर पर अधिक मजबूत रहेगा। आज आप अपने किसी सहकर्मी या मित्र की सहायता कर सकते हैं जिससे आपके मन को बहुत संतुष्टि मिलेगी। प्राइवेट ऑफिस में कार्यरत व्यक्तियों को आज प्रोजेक्ट पूरा करने में सीनियर से हेल्प मिलेगी। व्यापार करने वाले लोगों के लिए आज दिन बहुत अच्छा रहेगा। आप अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए जो भी काम करना चाहते है, उसमें आप को लाभ की प्राप्ति हो सकती है।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 07

वृष राशि:

आज का दिन आपके लिए ख़ास रहेगा। व्यापार को बढ़ाने के लिए आप कोई नया काम भी कर सकते हैं, जिसमें आपको धन का लाभ होगा। आज आपके बॉस आपसे प्रसन्न रहेंगे तथा वह आपके काम को देखकर आपकी पदोन्नति कर सकते हैं या फिर आपको बोनस इत्यादि भी दे सकते हैं। आज आपके घर में मेहमान आ सकते हैं, परिवार में चहल – पहल बनी रहेगी। जीवनसाथी के साथ आपसी ताल – मेल बना रहेगा, बच्चों के साथ भी आप इंजॉय करेंगें।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 01

मिथुन राशि:

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आप का मन आज किसी बात को लेकर बहुत अधिक प्रसन्न रहेगा। आध्यात्मिकता से अपने मन को बहुत अधिक शांत रखने की कोशिश करेंगे। आज आप किसी व्यर्थ के काम को करने से बचें। जीवनसाथी के साथ चल रही अनबन आज समाप्त हो जाएगी, आपके जीवन में खुशियों का आगमन होगा। आज आप अपने करियर को लेकर किसी अनुभवी की सलाह ले सकते हैं, जो डिसीजन लेने में आपकी हेल्प करेगा।

शुभ रंग- सिल्वर

शुभ अंक- 04

कर्क राशि:

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहेगा। आज आप बिजनेस में किसी भी प्रकार का फेर बदल ना करें। आज आप ऑफिस में मन लगाकर काम करेंगे, आपके प्रमोशन के चांसेस बढ़ सकते हैं। आप अपने घर में किसी प्रकार का धार्मिक काम करवा सकते हैं, जिसमें आप अपने खास अतिथियों को आमंत्रित करेंगे। इस राशि के छात्रों को आगे बढऩे का मौका मिलेगा, जिसमें शिक्षकों का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। राजनैतिक कार्यों में आप अपनी जिम्मेदारी अच्छे से निभायेंगे।

शुभ रंग- मेजेंटा

शुभ अंक- 08

सिंह राशि:

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आपको आज समाज में मान सम्मान मिलेगा, जिससे आपका मन बहुत ही संतुष्ट रहेगा। आपका मन धार्मिक कार्यक्रमों में लगा रहेगा। आप किसी मंदिर में दान पुण्य का सामान बांट सकते हैं। आज आपको आपके ससुराल पक्ष से कोई बड़ी खुशखबरी प्राप्त हो सकती है। आज पारिवारिक माहौल खुशनुमा बना रहेगा, परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर इंजॉय करेंगे। प्राइवेट नौकरी में कार्यरत व्यक्तियों को आज किसी काम को पूरा करने में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 02

कन्या राशि:

आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज आपको व्यापार में अचानक से बड़ा धन लाभ होगा, परिवार में खुशियां आएंगी। शादीशुदा रिश्तों में सामंजस्य बना रहेगा, आप लोग शॉपिंग करने जा सकते हैं। आज आप किसी से बात करते समय अपनी वाणी पर थोड़ा कंट्रोल रखें, जिससे आपके रिश्ते खऱाब न हों। महिलाएं आज घर को सजाने – संवारने का काम करेंगी, जिससे उनका मूड अच्छा होगा। आज शाम को आप अपने दोस्तों के साथ घूमने – फिरने जा सकते हैं, किसी अच्छे रेस्टोरेंट में खाना भी खायेंगे।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 09

तुला राशि:

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। जो लोग ऑटोमोबाइल के सेक्टर से जुड़े हैं, आज उनको बढिया धन लाभ होगा। आज आपके वे सारे काम पूरे होंगें, जिनके लिए आप इतनी मेहनत कर रहें हैं। आपको किसी प्रकार की बड़ी उपलब्धि प्राप्त हो सकती है, जिसमें आपका आत्मविश्वास काफ़ी हद तक बढ़ेगा। आज आपका दिन काम की व्यस्तता में बीतेगा, दिन भर की थकान के बाद आप बच्चों के साथ गेम खेलकर मन को हल्का करेंगे।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 04

वृश्चिक राशि:

आज का दिन फेवरेबल रहेगा। आज आप किसी स्टार्टअप को शुरू करने की योजना बना सकते है, जिसमें पेरेंट्स का साथ मिलेगा। नौकरी में कार्यरत व्यक्तियों के लिए दिन थोड़ा सा हेक्टिक भरा हो सकता है क्योंकि नौकरी में स्थान परिवर्तन हो सकता है। आज कोई सम्पत्ति का उलझा हुआ मामला, सुलझ सकता है जिससे आपको सुखद अनुभूति होगी। स्पोर्ट्स खेलने वालों को आज कोच का साथ मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा और ज्यादा निखर कर आएगी। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन अच्छा रहेगा।

शुभ रंग- पीच

शुभ अंक- 02

धनु राशि:

आज का दिन आपके लिए लाभप्रद रहेगा। आज कपड़े के व्यापारियों को धन लाभ के अवसर प्राप्त होंगें, भौतिक सुख की प्राप्ति होगी। आज आप बाजार खरीददारी करने जाएं तो सबसे पहले सामान की लिस्ट बना लें, जिससे व्यर्थ की चीजों को आप उठाकर न लें आयें। संतान पक्ष से आज आपको शुभ समाचार मिलने के योग बने हुए हैं, घर में खुशहाली आएगी। महिलाएं आज गृहकार्य से निवृत्त होकर, किसी संगीत समारोह में जा सकती हैं।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 01

मकर राशि:

आज का दिन आपके लिए ठीक – ठाक रहने वाला है। आज इलेक्ट्रोनिक सामान का बिजनेस करने वालों को बढिय़ा लाभ होगा। परिवार में आपके कामों को देखते हुए आपकी प्रसिद्धि बहुत अधिक बढ़ सकती हैं। नौकरी करने वाले आज सावधानी से काम करें, आपकी एक छोटी से गलती भी किसी काम को खऱाब कर सकती है। जीवनसाथी के साथ आपके रिश्तों में सुधार होगा, परिवार में खुशनुमा माहौल बना रहेगा। आज आपको कोर्ट – कचहरी से जुड़े मामलों में राहत मिलेगी।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 07

कुम्भ राशि:

आज का दिन आपके लिए अनुकूल बना रहेगा। आज आप किसी नए काम की शुरुआत करने का मन बना सकते हैं। आज आपको संतान के ऊपर गर्व करने का अवसर मिलेगा, आस – पास के लोग भी तारीफ करेंगे। यदि आप कोई मकान, दुकान इत्यादि खरीदना चाहते हैं, तो आज के लिए दिन शुभ रहेगा और आपके काम बन सकते हैं। आज आप अपने घर पर पार्टी का प्लान कर सकते हैं, जिससे सबको ख़ुशी मिलेगा। आज आप रचनात्मकता से जुड़े कुछ कार्य कर सकते हैं, जिनमें आपको बढिय़ा सफलता मिलेगी।

शुभ रंग- महरून

शुभ अंक- 08

मीन राशि:

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में आपके कामों की वाहवाही होगी और आपको आपकी मेहनत का पूरा फल मिलेगा। आज आप पैसों के मामलें में लेन – देन करते समय थोड़ी सावधानी बरतें। आप अपनी माताजी से आज अपने मन की किसी इच्छा को जाहिर कर सकते हैं, जिसे वह पूरी करने की कोशिश करेंगी। जो विद्यार्थी विदेश जाकर शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं, उन्हें आज किसी संस्था से जुड़कर विदेश जाने का मौका मिलेगा। आज आप किसी बुजुर्ग की मदद करेंगे, जिनसे आपको आशीर्वाद की प्राप्ति होगी।

शुभ रंग- पर्पल

शुभ अंक- 02

******************************

 

सरकार का ध्यान टियर 2 और टियर 3 शहरों के उद्यमियों को सशक्त बनाने पर केंद्रित : पीयूष गोयल

नई दिल्ली ,16 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने स्टार्टअप इकोसिस्टम को लगातार मजबूत किया है।

साथ ही, समावेशी प्रयासों और भारत की उद्यमशीलता क्षमता को उजागर करने की प्रतिबद्धता के माध्यम से विशेष रूप से टियर 2 और टियर 3 शहरों के उद्यमियों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है।

नेशनल स्टार्टअप एडवाइजरी काउंसिल (एनएसएसी) की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय मंत्री ने भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को फिर से परिभाषित करने के लिए इनोवेशन को आधार के रूप में रेखांकित किया, जिसमें आरएंडडी और सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, इस बात पर जोर दिया कि संयुक्त प्रयास एक जीवंत उद्यमशीलता परिदृश्य को पोषित करने और विकसित भारत 2047 की ओर भारत की यात्रा का समर्थन करने के लिए महत्वपूर्ण होंगे।

केंद्रीय मंत्री ने डीप-टेक स्टार्टअप्स के साथ उनके अनुभवों और अंतर्दृष्टि को समझने और उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए बातचीत की।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा, चर्चा में फंडिंग तक बेहतर पहुंच, इंफ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट, नियामक सुविधा और वैश्विक बाजार संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

डीप-टेक इकोसिस्टम को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में इनोवेशन को बढ़ावा देने के तरीकों पर बहुमूल्य सुझाव साझा किए गए। इस संवाद ने उभरती टेक्नोलॉजी और उद्यमियों के लिए एक सहायक और भविष्य के लिए तैयार वातावरण बनाने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

इस बीच, उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम के तहत एक प्रमुख पहल, नेशनल स्टार्टअप अवॉर्ड (एनएसए) के पाँचवें एडिशन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एनएसए कृषि, क्लीन एनर्जी, फिनटेक, एयरोस्पेस, स्वास्थ्य, शिक्षा, साइबर सुरक्षा और सुगम्यता सहित कई क्षेत्रों को कवर करता है। प्रत्येक एडिशन में उभरती चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप नई कैटेगरी पेश की जाती हैं।

2016 में शुरू किए गए स्टार्टअप इंडिया ने भारत के उद्यमशीलता परिदृश्य को बदल दिया है, इनोवेशन को बढ़ावा दिया है और युवाओं, महिलाओं, छात्रों और पहली बार स्टार्टअप शुरू करने वालों, खासकर टियर 2 और 3 शहरों के लोगों को सशक्त बनाया है।

डीपीआईआईटी द्वारा अब तक 1.75 लाख से अधिक स्टार्टअप को मान्यता दी गई है, जो भारत के लगभग हर जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं और कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और डीप टेक सहित अलग-अलग क्षेत्रों में फैले हुए हैं।

***************************

 

स्किल इंडिया मिशन के तहत 6 करोड़ से ज्यादा लोगों को प्रशिक्षण दिया गया : जयंत चौधरी

नई दिल्ली ,16 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने कहा कि देश में छह करोड़ से ज्यादा लोगों को स्किल इंडिया मिशन के तहत प्रशिक्षण दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2015 में शुरू किए गए स्किल इंडिया मिशन ने भारत के युवाओं को देश और विदेश, दोनों जगह पर परिवर्तन की एक शक्ति बना दिया है।

उन्होंने बीते 10 साल की इस यात्रा को ‘कौशल का दशक बताया और कहा, पिछले एक दशक में, कौशल विकास, प्रशिक्षुता, उद्यमिता और पारंपरिक व्यवसायों में समन्वित प्रयासों के माध्यम से एमएसडीई ने 6 करोड़ से अधिक भारतीयों को अपने और देश के लिए एक उज्जवल भविष्य बनाने के लिए सशक्त बनाया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा, भारतीय कामगार अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री ने इस छिपी हुई क्षमता को पहचाना और स्किल इंडिया मिशन के माध्यम से इसे राष्ट्रीय दिशा दी। आज, यह नए भारत की एक सशक्त पहचान बन गया है।

पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) जैसी योजनाओं ने 1.64 करोड़ से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षित किया है, जबकि 14,500 से ज्यादा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को गुणवत्ता, प्रशासन और संबद्धता मानदंडों में सुधारों के माध्यम से समर्थन दिया गया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा, भारत के युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। जैसे-जैसे हम 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं, यह उनका कौशल, उत्साह और नवाचार ही है जो हमारे सामूहिक भाग्य को आकार देगा।

स्किल इंडिया मिशन के 10 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय मंत्री ने एक सप्ताह तक चलने वाले समारोह का भी शुभारंभ किया।
सप्ताह भर चलने वाले इस उत्सव में हर राज्य के आईटीआई, कौशल केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम, कार्यशालाएं और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।

इस उत्सव का समापन 22 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘भारत स्किल नेक्स्ट 2025 कार्यक्रम के साथ होगा, जिसके दौरान स्कूली बच्चों के लिए एआई कौशल पर एक समर्पित कार्यक्रम सहित प्रमुख कौशल पहलों का शुभारंभ किया जाएगा।

*******************************

गुरुग्राम को 188 करोड़ की विकास सौगात,मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया उद्घाटन और शिलान्यास

गुरुग्राम ,16 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्रामगृह में जिला के विकास के लिए 188 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
पटौदी विधानसभा में सड़कों का हुआ उद्घाटन

जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सीधे लोक निर्माण विश्रामगृह में पहुंचे। जहां उन्होंने पटौदी विधानसभा क्षेत्र में 55 करोड़ 5 लाख 67 हजार की लागत से बनाए गए पचगांव से फर्रुखनगर वाया जमालपुर डबल लेन मार्ग तथा 13 करोड़ 18 लाख 83 हजार रुपए की लागत से हेलीमंडी, फर्रुखनगर वाया मेहचाना मार्ग के नवीनीकरण का उद्घाटन किया।

सोहना विधानसभा क्षेत्र को मिली यह सौगातें

मुख्यमंत्री ने सोहना विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ 23 लाख 19 हजार रुपए की लागत से निर्मित जीए रोड से अलीपुर हरिया हेड़ा मार्ग तथा रायसीना गांव में बने मंदिर रोड का उद्घाटन किया। उन्होंने 32 लाख 63 हजार की लागत से निर्मित बीपीडीएस रोड से नुनेरा, 28 लाख 26 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए लोह सिंघानी से चमनपुरा रोड का भी उद्घाटन किया।

इसी क्रम में सोहना विधानसभा क्षेत्र में 13 करोड़ 34 लाख 53 हजार की राशि से बनने वाले जीए रोड से धुमसपुर वाया नयागांव तथा 16 करोड़ 56 लाख 79 हजार की राशि से बनने वाले सोहना-अभयपुर-लोहटकी-खेडला तथा दमदमा से रिठौज सड़क मार्ग के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया।

गुरुग्राम में बढ़ेगी पेयजलापूर्ति की क्षमता

विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा चंदू बुढेड़ा में 63 करोड़ 18 लाख रुपए की लागत से बनाए गए 100 एमएलडी क्षमता की नवीन जल परिशोधन यूनिट-4 का उद्घाटन किया।

इस परियोजना के माध्यम से गुरुग्राम के 81 से 115 तक 34 सेक्टरों में रहने वाले 4.5 लाख से अधिक परिवारों को शुद्ध पेयजल की अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित होगी। यहां नहरी पानी का संशोधन कर उसे लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा।

इस यूनिट के तैयार होने से लक्ष्मण विहार, तिकोना पार्क, न्यू कालोनी, ज्योति पार्क, अर्जुन नगर, सेक्टर 12 ए, दयानंद कालोनी आदि में सौ लीटर प्रति व्यक्ति के हिसाब से

प्रतिदिन पानी की सप्लाई हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने जिला के शिक्षागत ढांचा को मजबूत करने के लिए आज समग्र शिक्षा अभियान के तहत बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव दौलताबाद में 5 करोड़ 3 लाख 89 हजार तथा गाँव धनवापुर में 2 करोड़ 39 लाख 56 हजार, सोहना में 4 करोड़ 70 लाख 30 हजार तथा गांव घामड़ोज में 3 करोड़ 40 लाख 59 हजार एवं गांव सिलानी में 3 करोड़ 12 लाख 87 हजार की लागत से बनने वाले नए स्कूल भवनों की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस ढेसी, जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा, डीसी अजय कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।

****************************

 

मोदी सरकार ने किसानों को दी बड़ी सौगात, पीएम धन धान्य कृषि योजना को कैबिनेट की मंजूरी

नई दिल्ली ,16 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दी है। यह योजना वित्त वर्ष 2025-26 से शुरू होकर अगले 6 साल तक लागू की जाएगी और देश के 100 जिलों को कवर करेगी।

‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, नीति आयोग के ‘आकांक्षी जिला कार्यक्रम की पहल से प्रेरित है। यह कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों पर केंद्रित अपनी तरह की पहली योजना होगी।

इस योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता में वृद्धि, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाना, पंचायत और ब्लॉक स्तर पर फसल कटाई के बाद भंडारण की सुविधा बढ़ाना, सिंचाई सुविधाओं में सुधार और दीर्घकालिक एवं अल्पकालिक कृषि ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

इस योजना का क्रियान्वयन 11 मंत्रालयों की 36 मौजूदा योजनाओं, राज्य सरकारों की योजनाओं और निजी क्षेत्र के साथ स्थानीय भागीदारी के जरिए किया जाएगा।

योजना के लिए कम उत्पादकता, कम फसल सघनता और कम ऋण वितरण जैसे तीन प्रमुख बिंदुओं के आधार पर 100 जिलों की पहचान की जाएगी। हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में जिलों का चयन नेट क्रॉप एरिया और ऑपरेशनल होल्डिंग्स के आधार पर किया जाएगा। हालांकि, प्रत्येक राज्य से कम से कम एक जिले का चयन होगा।

योजना की इफेक्टिव प्लानिंग, इंप्लीमेंटेशन और मॉनिटरिंग के लिए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कमेटी गठित की जाएंगी। जिला स्तर पर एक ‘जिला धन-धान्य समिति बनेगी, जिसमें प्रगतिशील किसान भी शामिल होंगे।

ये समितियां एक ‘जिला कृषि और संबद्ध गतिविधि योजना तैयार करेंगी, जो प्राकृतिक खेती, पानी-मिट्टी की रक्षा, आत्मनिर्भरता और फसल विविधीकरण जैसे राष्ट्रीय लक्ष्यों से जुड़ी होगी।

प्रत्येक धन धान्य जिले में योजना की प्रगति की निगरानी मासिक आधार पर एक डैशबोर्ड के माध्यम से 117 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर की जाएगी।

नीति आयोग भी जिला योजनाओं की समीक्षा और मार्गदर्शन करेगा। इसके अलावा, प्रत्येक जिले के लिए नियुक्त केंद्रीय नोडल अधिकारी भी नियमित आधार पर योजना की समीक्षा करेंगे।

जैसे-जैसे इन 100 जिलों में लक्षित परिणामों में सुधार होगा, देश के प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों के मुकाबले समग्र औसत में वृद्धि होगी।

इस योजना के परिणामस्वरूप उत्पादकता में वृद्धि होगी, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में मूल्यवर्धन होगा, स्थानीय आजीविका का सृजन होगा और इस प्रकार घरेलू उत्पादन में वृद्धि होगी तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को बढ़ावा मिलेगा।

जब इन जिलों के प्रदर्शन में सुधार होगा, तो देश का औसत प्रदर्शन भी बेहतर हो जाएगा।

*****************************

 

हरियाणा : इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को मिली जान से मारने की धमकी

चंडीगढ़ ,16 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हरियाणा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को जान से मारने की धमकी मिली है। अभय चौटाला के बेटे कर्ण चौटाला के पास वॉइस मैसेज आया, जिसमें उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई।

फिलहाल इसको लेकर कर्ण चौटाला ने पुलिस में लिखित शिकायत दी है। कर्ण चौटाला को कथित तौर पर वॉइस मैसेज करके बोला गया कि ‘अपने पिता को समझ लो वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा।’

अभय चौटाला के दूसरे नंबर पर भी कॉल की गई थी। हालांकि, अभय चौटाला के निजी सचिव ने जब फोन नहीं उठाया तो अभय चौटाला के नाम वॉइस मैसेज के जरिए धमकी दी गई।

धमकी देने वालों ने कथित तौर पर इनेलो के पूर्व विधायक नफे सिंह राठी का जिक्र भी किया, जिनकी कुछ समय पहले हत्या हुई थी। कथित वॉइस मैसेज से मिली धमकी में कहा गया, हमारे काम में अड़चन नहीं बनें, वरना प्रधान (नफे सिंह राठी) के पास भेज देंगे।

पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, अभय चौटाला के बेटे कर्ण चौटाला को मंगलवार रात करीब 11 बजे एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बिना बात किए ही कॉल को कट कर दिया।

बाद में कर्ण चौटाला को एक वॉइस मैसेज आया, जिसमें कथित तौर पर उनका और उनके पिता अभय सिंह चौटाला का नाम लेते हुए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

शिकायत में आगे कहा गया है, वॉइस मैसेज में धमकी दी गई थी कि उनको (अभय चौटाला) को समझाओ, वे हमारे रास्ते में न आएं, नहीं तो उनको भी प्रधान (नफे सिंह राठी) के पास भेज देंगे।

कर्ण चौटाला ने पुलिस को दी शिकायत में 18 जुलाई 2023 की इसी तरह की घटना के बारे में दोबारा जानकारी दी है। इसके साथ कर्ण चौटाला ने पिता अभय सिंह चौटाला के लिए ‘वाई प्लस’ सुरक्षा की मांग की।

********************************

 

पाकिस्तान सीमा पर गरजेगा, Apache attack helicopter

इस हफ्ते यूएस से भारत आ रही अपाचे हेलिकॉप्टरों की पहली खेप

नई दिल्ली ,16 जुलाई(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय सेना की मारक क्षमता में इस सप्ताह एक बड़ा इजाफा होने जा रहा है। अमेरिका से बहुप्रतीक्षित AH-64E Apache attack helicopter की पहली खेप इसी हफ्ते भारत पहुँच रही है।

पहली खेप के तहत तीन हेलिकॉप्टर मिलेंगे, जिन्हें रात के अंधेरे में भी दुश्मनों को खोजकर तबाह करने की उनकी काबिलियत के लिए जाना जाता है।

सूत्रों के अनुसार, इन ‘फ्लाइंग टैंक्स कहे जाने वाले हेलिकॉप्टरों को पाकिस्तान से लगती पश्चिमी सीमा पर तैनात करने की तैयारी है। हेलिकॉप्टरों की लैंडिंग गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर होगी, जिसके बाद इन्हें सेना के बेड़े में शामिल किया जाएगा।

भारतीय सेना ने इन हेलिकॉप्टरों के लिए पहले से ही तैयारी पूरी कर ली है। जोधपुर में करीब 15 महीने पहले ही इनके लिए एक अलग बेड़ा तैयार कर लिया गया था।

हालांकि, बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों और अन्य कारणों से इनकी डिलीवरी में लगातार देरी हो रही थी। यह डिलीवरी भारत और अमेरिका के बीच 2020 में हुए छह अपाचे हेलिकॉप्टरों के सौदे का हिस्सा है। पहले यह खेप मई-जून 2024 में मिलनी थी।

यह सेना के लिए खरीदे गए अपाचे हैं। इससे पहले भारतीय वायुसेना के लिए 2015 में 22 अपाचे हेलिकॉप्टरों का सौदा हुआ था, जिनकी डिलीवरी 2020 में पूरी हो चुकी है। वायुसेना की दो अपाचे स्क्वाड्रन पहले से ही पठानकोट और जोरहाट में सक्रिय हैं।

अपाचे हेलिकॉप्टर की सबसे बड़ी खासियत इसका किसी भी मौसम और रात के घने अंधेरे में भी सटीक हमला करने की क्षमता है। यह अत्याधुनिक नाइट विजन नेविगेशन सिस्टम से लैस है, जो पायलट को अंधेरे में भी लक्ष्य को आसानी से पहचानने और भेदने में मदद करता है।

इन हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल न केवल आक्रामक अभियानों में, बल्कि रक्षा और शांति अभियानों में भी प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
बता दें कि अमेरिकी कंपनी बोइंग और टाटा का हैदराबाद में एक संयुक्त उद्यम भी है, जहाँ अपाचे के ढांचे का निर्माण होता है। पिछले साल इस केंद्र में तैयार एक अपाचे हेलिकॉप्टर भारतीय सेना को सौंपा गया था।

*************************

 

भाषा विवाद पर प्रशांत किशोर का ठाकरे बंधुओं पर तंज

पूर्णिया ,16 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत लगातार अलग-अलग जिलों और प्रखंडों में लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे बुधवार को पूर्णिया पहुंचे।

प्रशांत किशोर ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से 20 मई को जेपी की जन्मभूमि सिताब दियारा से ‘बिहार बदलाव यात्रा’ की शुरुआत की गई। यात्रा का उद्देश्य व्यवस्था परिवर्तन के लिए बिहार की जनता को जागरूक करना है।

इस क्रम में महाराष्ट्र में जारी भाषा विवाद को लेकर उन्होंने ठाकरे बंधुओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ और सिर्फ वहां होने वाले बीएमसी चुनाव से जुड़ा है। ये दोनों भाई लोकल बॉडी चुनाव में अपनी-अपनी पकड़ साबित करना चाहते हैं, इसलिए मराठी भाषा को लेकर विवाद कर रहे हैं।

उन्होंने दोनों भाइयों को लेकर भाजपा और कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोनों भाइयों से ज्यादा जिम्मेवारी तो देश की दोनों बड़ी पार्टियों, भाजपा और कांग्रेस की है, जो इनके साथ मिलकर सरकार चलाते रहे हैं। मतदाता पुनरीक्षण को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव आयोग का यह अभियान भाजपा का षड्यंत्र है।

उन्होंने कहा कि वास्तव में भाजपा डरी हुई है कि बिहार के लोगों को जन सुराज के तौर पर एक विकल्प मिल गया है। इसलिए वे चाहते हैं कि समाज के पिछड़े वर्ग के लोगों को परेशान किया जाए और जहां तक संभव हो उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग किसी की नागरिकता तय नहीं कर सकता है। यह सुप्रीम कोर्ट का निर्णय है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर आपका नाम वोटर लिस्ट से कटता है, तो आप जन सुराज से संपर्क करें। हमलोग आपकी लड़ाई लड़ेंगे।

प्रशांत किशोर ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर किशनगंज के एमजीएम कॉलेज पर कब्जा करने के आरोप को दोहराते हुए कहा कि अभी तक भाजपा की ओर से या दिलीप जायसवाल की ओर से हमारे सवालों का जवाब देने की हिम्मत नहीं दिखाई गई है।

अभी आगे हम लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनके काले कारनामों का और खुलासा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे गलत आरोप लगा रहे हैं, तो वे मेरे खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करते?

*******************************

 

मुजफ्फरनगर : कांवडिय़ों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले युवक पर पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

मुजफ्फरनगर ,16 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुजफ्फरनगर पुलिस ने फेसबुक पर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान थाना भोपा क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा मोरना स्थित दरियावाला बाग गांव निवासी शहजाद पुत्र फैय्याज के रूप में हुई।

कांवड़ यात्रा को लेकर आरोपी ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट लिखा था। मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग कांवड़ यात्रा 2025 को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रख रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति धार्मिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश न कर सके। इसी क्रम में शहजाद पुत्र फैय्याज को गिरफ्तार किया गया।

सोशल मीडिया पर कांवड़ यात्रा और कांवडिय़ों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शहजाद को उसके घर से गिरफ्तार किया।

साथ ही पुलिस ने आरोपी को अपने अंदाज में सबक सिखाते हुए यह संदेश देने की कोशिश की है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुजफ्फरनगर के एसपी (देहात) आदित्य बंसल ने कहा कि पुलिस को एक सूचना मिली थी कि कस्बा मोरना इलाके के रहने वाले शहजाद पुत्र फैय्याज ने फेसबुक पर बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय पोस्ट डाली है।

इससे एक धर्म विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई। पोस्ट में महिलाओं को लेकर भी भद्दी बातें लिखी गईं। एसपी (देहात) आदित्य बंसल ने बताया कि आरोपी तीसरी क्लास पास है और मिस्त्री का काम करता है।

उन्होंने कहा, तुरंत इस पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। बीएनएस और आईटी एक्ट की कई धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। अब आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शहजाद के फेसबुक अकाउंट को खंगाला गया तो उसने अनेकों विवादित पोस्ट डाली हुई थीं। यह ऐसी पोस्ट थीं, जिनके जरिए धार्मिक भावनाओं को आहत करने की कोशिश की गई। पुलिस अधिकारी ने कहा, दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति पैदा करने के मकसद से इन पोस्ट को डाला गया।

*****************************

 

ऑपरेशन “नन्हे फरिश्ते” के तहत RPF पोस्ट लोहरदगा द्वारा दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया गया

लोहरदगा,16.07.2025 (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  कमांडेंट श्री पवन कुमार के दिशा-निर्देशानुसार रेल सुरक्षा बल द्वारा स्टेशन परिसरों में सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में 15.07.2025 को लोहरदगा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर तैनात RPF पोस्ट लोहरदगा के अधिकारियों एवं स्टाफ द्वारा नियमित गश्ती एवं जांच के दौरान दो नाबालिग लड़कों को बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य के भटकते हुए पाया गया।

संदेह के आधार पर उन्हें रोका गया तथा विनम्रता से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना नाम और पता इस प्रकार बताया: मोहित उरांव, उम्र लगभग 08 वर्ष, पिता – आनंद उरांव, निवासी – टिनमुहा, कथाल मोड़, थाना – पुंदाग, जिला – रांची, झारखंड, रोहित कुमार उम्र लगभग 14 वर्ष, पिता – सुनील कुमार, निवासी – मुरहू, गोढ़ा टोली, थाना – खूंटी, जिला – खूंंटी, झारखंड। पूछताछ के दौरान दोनों बच्चों ने बताया कि वे बिना किसी को बताए अपने घर से निकल आए थे।

इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए RPF पोस्ट द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन, लोहरदगा को तत्काल सूचित किया गया। सूचना प्राप्त होने के बाद श्री नितीश कुमार, पर्यवेक्षक, चाइल्ड हेल्पलाइन, लोहरदगा, RPF पोस्ट पर पहुंचे।

सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए दोनों नाबालिगों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया।

इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाले RPF कर्मियों की सूची निम्नलिखित है: उपनिरीक्षक एल.के. मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक, एम.के. सिंह, प्रधान आरक्षी ए. रॉय, प्रधान आरक्षी एस.आर. इंदवार

RPF द्वारा किए गए इस त्वरित एवं संवेदनशील प्रयास की स्थानीय प्रशासन एवं आमजन द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।

***********************

 

तेजस मार्क-1ए के लिए मिला इंजन, वायुसेना को मिलेंगे नए फाइटर जेट

नई दिल्ली 16 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारतीय फाइटर जेट तेजस मार्क-1ए के निर्माण में अब तेजी आएगी। इस लड़ाकू विमान के लिए अमेरिकी कंपनी ने भारत को जेट इंजन की सप्लाई शुरू कर दी है। स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस मार्क-1ए के लिए सोमवार को भारत को जीई-404 इंजन प्राप्त हुआ।

रक्षा अधिकारियों के मुताबिक यह अमेरिकी कंपनी से मिला दूसरा जेट इंजन है। सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय विमानन कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) तेजस का निर्माण कर रही है।

जानकारी के मुताबिक एचएएल को इस वित्त वर्ष के अंत तक कुल 12 जीई-404 इंजन मिलने हैं। ये सभी इंजन भारतीय लड़ाकू विमान तेजस मार्क-1ए में लगाए जाएंगे।

गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना ने अपनी फ्लीट के लिए 83 एलसीए मार्क-1ए लड़ाकू विमानों का ऑर्डर दिया है। दरअसल भारतीय वायुसेना को नए लड़ाकू विमानों की आवश्यकता है। इसके लिए वायुसेना ने स्वदेशी लड़ाकू का विकल्प चुना है।

इन लड़ाकू विमानों की आपूर्ति में हो रही देरी को लेकर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह विभिन्न मौकों पर अपना बात भी रख चुके हैं। उन्होंने एलसीए मार्क-1ए की लड़ाकू विमानों की आपूर्ति में हो रही देरी को स्वीकार किया और इसको लेकर चिंता व्यक्त की थी। माना जा रहा है कि अब वायुसेना को जल्द नए विमानों की आपूर्ति की जा सकेगी।

गौरतलब है कि ये स्वदेशी लड़ाकू विमान आत्मनिर्भर भारत के तहत भारत में ही बनाए जा रहे हैं। इन विमानों का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के द्वारा किया जा रहा है।

एचएएल ने एलसीए मार्क-1ए लड़ाकू विमानों की आपूर्ति में हो रही देरी को लेकर कहा था कि वे एयरफोर्स की चिंताओं से वाकिफ हैं। एचएएल को इंजन का इंतजार था।

अब अमेरिका से इंजन मिलना शुरू हो गया है। इस साल (2025-26) में कुल एक दर्जन एविएशन इंजन मिल जाएंगे। ऐसे में वायुसेना को एलसीए मार्क-1ए की सप्लाई जल्द शुरू हो जाएगी। भारतीय वायुसेना ने 83 तेजस एमके-1ए का ऑर्डर एचएएल को दिया है।

एचएएल का कहना है कि विदेश से इंजन न मिलने के कारण इन विमानों की आपूर्ति में देरी हुई। ऐसे समय में जब भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन तेजी से कम हो रही हैं तो अब एलसीए के मार्क-1ए वर्जन की सप्लाई से स्थिति बेहतर हो सकती है। इससे वायुसेना की क्षमता पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

दरअसल रक्षा मंत्रालय स्वदेशी एलसीए प्रोजेक्ट को वायुसेना की मुख्य ताकत बनाने में जुटा है। यानी वायु सेना के लिए ज्यादा से ज्यादा एलसीए की स्क्वाड्रन उपलब्ध कराई जाएंगी।

फिलहाल, वायुसेना के पास दो एलसीए-तेजस (मार्क-1) की स्क्वाड्रन है जिन्हें तमिलनाडु के सुलूर एयरबेस पर तैनात किया गया है। केंद्र सरकार ने मार्क-1ए के कुल 83 विमानों की मंजूरी दी है।

इसके अलावा 97 अतिरिक्त विमानों के लिए योजना बनाई गई है। कुल 220 एलसीए विमान, वायुसेना के मिग-21, मिग-29 और मिराज की जगह लेंगे, जो अब पुराने हो चुके हैं। इसके साथ ही सरकार ने एलसीए के मार्क-2 वर्जन यानी मीडियम वेट फाइटर एयरक्राफ्ट के लिए भी मंजूरी दी है।

*******************************

 

संसद अब 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा मॉनसून सत्र

सरकार ला रही ये 8 विधेयक; इनकम टैक्स बिल भी शामिल

नई दिल्ली 16 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : केंद्र सरकार आगामी मॉनसून सत्र में कुल 8 नए विधेयक पेश करने और पारित कराने की तैयारी में है। यह सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर अब 21 अगस्त तक चलेगा।

पहले संसद 12 अगस्त तक ही चलने वाली थी, जिसे बाद में एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। इस दौरान 13 और 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कोई बैठक नहीं होगी।

लोकसभा सचिवालय ने जिन प्रमुख विधेयकों की जानकारी दी है उनमें टैक्स, शिक्षा, खेल, और खनिज नीति जैसे क्षेत्रों से जुड़े विधेयक शामिल हैं।

 लोकसभा में मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2025, जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2025, भारतीय प्रबंध संस्थान (संशोधन) विधेयक, 2025, कराधान कानून (संशोधन) विधेयक, 2025, भू-धरोहर स्थल और भू-अवशेष (संरक्षण और रख-रखाव) विधेयक, 2025, खनिज और खान (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2025, राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी विधेयक (संशोधन), 2025 विधेयक पेश किए जाने की संभावना है।

इनके अलावा, गोवा में अनुसूचित जनजातियों के विधानसभा क्षेत्रों में पुन: प्रतिनिधित्व निर्धारण विधेयक, 2024, मर्चेंट शिपिंग विधेयक, 2024, भारतीय बंदरगाह विधेयक, 2025 और आयकर विधेयक, 2025 को पारित कराने के लिए पेश किया जाएगा।

संसद की विधायी शाखा के अनुसार, इस बार सभी सांसदों को ‘मेंबर्स पोर्टल’ के माध्यम से ही समन और सूचनाएं भेजी गई हैं। सभी सांसदों को सत्र के शेड्यूल और विधायी कार्यक्रम की जानकारी डिजिटल रूप में दी गई है।

*****************************

 

झारखंड के बोकारो में एनकाउंटर, 25 लाख के इनामी समेत दो नक्सली ढेर

एक जवान भी शहीद

बोकारो 16 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में बुधवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। यह मुठभेड़ जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र के धनिया के आसपास के जंगलों में लुगु पहाड़ और झुमरा पहाड़ के बीच चल रही है, जिसमें दो नक्सलियों की मौत हो गई, जबकि CRPF का एक जवान भी शहीद हो गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने लुगु पहाड़ और झुमरा पहाड़ के बीच सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसका पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने जवाब दिया।

बताया जा रहा है कि बोकारो के जागेश्वर बिहार इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इनमें 25 लाख रुपए का इनामी नक्सली कुंवर मांझी भी शामिल है। इस अभियान में कोबरा बटालियन का एक जवान भी घायल बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग हुई है। गोमिया प्रखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

************************

 

राहुल गांधी ने लखनऊ कोर्ट में हाजिर हुए, मिली जमानत

लखनऊ 16 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारतीय सेना पर अपनी एक टिप्पणी से जुड़े मानहानि के मामले में लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

हालांकि, अदालत ने उन्हें महज 5 मिनट के भीतर ही जमानत दे दी। यह मामला ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिए गए उनके एक बयान से संबंधित है।

अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) आलोक वर्मा की अदालत ने राहुल गांधी को 20,000 रुपये के दो जमानती बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया। राहुल के वकील प्रांशु अग्रवाल ने जमानत याचिका दायर की, जिसे अदालत ने तुरंत स्वीकार कर लिया।

राहुल गांधी दिल्ली से सीधे लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से कोर्ट के लिए रवाना हुए। वह करीब 30 मिनट तक अदालत परिसर में रहे और जमानत मिलने के बाद वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

क्या है पूरा मामला?

यह केस बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के पूर्व निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव ने 11 फरवरी को दायर किया था। याचिका में कहा गया था कि राहुल गांधी ने 16 दिसंबर, 2022 को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान भारतीय सेना पर टिप्पणी की थी।

उन्होंने 9 दिसंबर, 2022 को हुई भारत-चीन सीमा झड़प का जिक्र करते हुए कहा था कि “चीनी सैनिक भारतीय सेना के जवानों को पीट रहे थे।”

याचिकाकर्ता ने दावा किया कि राहुल का यह बयान तथ्यों के विपरीत, गुमराह करने वाला और सेना का मनोबल तोड़ने वाला था, जिससे सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंची।

5 पेशी से गैरहाजिर रहने पर जारी हुआ था समन

इस मामले में पिछली पांच सुनवाइयों में राहुल गांधी के पेश न होने पर अदालत ने उनके खिलाफ समन जारी करते हुए व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था। उनके वकील ने पेशी से छूट की मांग की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। इसी आदेश का पालन करते हुए राहुल गांधी आज कोर्ट में पेश हुए।

****************************

 

कर्नल बाठ से मारपीट मामले की जांच अब CBI करेगी

हाईकोर्ट ने दिया आदेश, कहा-चंडीगढ़ पुलिस जांच में फेल

चंडीगढ़ 16 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारतीय सेना के कर्नल पुषपिंदर बाठ और उनके बेटे के साथ कुछ महीने पहले पटियाला में हुई मारपीट के मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने बुधवार को सुनवाई के दौरान इस केस की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है।

 बता दें ये मामला काफी समय तक चर्चा में है। इससे पहले इस मामले की जांच चंडीगढ़ पुलिस को सौंपी गई थी, लेकिन अदालत ने माना कि यूटी पुलिस मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच करने में विफल रही।

वहीं हाईकोर्ट के इस फैसले का कर्नल की पत्नी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा, कि अदालत का यह फैसला राहत देने वाला है।

क्योंकि अब उम्मीद है कि सच्चाई सामने आएगी। जल्द ही अदालत की ओर से औपचारिक आदेश भी जारी किया जाएगा, जिसमें यह भी स्पष्ट होगा कि सीबीआई को कितने समय में जांच पूरी करनी है।

वहीं, पंजाब के फाइनेंस मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जांच का मामला है। जांच होनी चाहिए। पहले परिवार ने चंडीगढ़ पुलिस से मांग की थी। बाकि जांच का आदेश आने के बाद सारी स्थिति साफ पाएगी।

**************************

 

सिमी पर प्रतिबंध बरकरार: SC ने ट्रिब्यूनल के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की

नई दिल्ली 15 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) पर प्रतिबंध फिलहाल बरकरार रहेगा।

सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनल के आदेश के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया है। सिमी ने प्रतिबंध को पांच साल बढ़ाने के ट्रिब्यूनल के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने याचिकाकर्ता की वैधानिकता पर सवाल उठाए और याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया।

याचिकाकर्ता हुमाम अहमद सिद्दीकी ने यूएपीए ट्रिब्यूनल के उस आदेश को चुनौती दी, जिसमें केंद्र सरकार के 29 जनवरी 2024 के आदेश को बरकरार रखा गया।

यूएपीए ट्रिब्यूनल ने 2024 में स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) पर भारत सरकार के प्रतिबंध को सही ठहराया था। ट्रिब्यूनल ने कहा था, “सिमी युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ रहा है और फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के जरिए सक्रिय है।”

ट्रिब्यूनल ने यह भी कहा था कि सिमी के लश्कर-ए-तैयबा और अल-कायदा जैसे आतंकी संगठनों से संबंध हैं।

सिमी पर देश में कई आतंकी घटनाओं में शामिल रहने का आरोप है। जनवरी 2024 में भारत सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) 1967 की धारा 3(1) के तहत सिमी पर प्रतिबंध को अगले 5 वर्षों के लिए बरकरार रखा।

एक आधिकारिक अधिसूचना में गृह मंत्रालय ने कहा, “सिमी पर राजपत्र अधिसूचना संख्या एस.ओ. 564(ई), दिनांक 31 जनवरी 2019 के माध्यम से अगले 5 वर्षों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।”

गृह मंत्री अमित शाह ने जानकारी देते हुए कहा था, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को बल देते हुए ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी)’ को यूएपीए के तहत अगले 5 वर्षों के लिए ‘गैरकानूनी संगठन’ घोषित किया गया है।

सिमी को भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरा पैदा करने, आतंकवाद को बढ़ावा देने, शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने में संलिप्त पाया गया है।”

****************************

 

दिल्ली-मुंबई स्पाइसजेट उड़ान में 2 यात्रियों ने जबरन कॉकपिट में घुसने की कोशिश की, उतारा गया

नईदिल्ली,15 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की उड़ान में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 2 यात्रियों ने कॉकपिट में जबरन घुसने की कोशिश की।

घटना उस समय हुई, जब फ्लाइट (एसजी-9282) दिल्ली हवाई अड्डे के रनवे पर दौड़ रहा था और उडऩे की तैयारी में था।

तभी यात्रियों के व्यवहार को देखते हुए उड़ान रोक दी गई और उसे वापस पार्किंग-बे पर लाया गया। दोनों यात्रियों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को सौंप दिया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, एसजी-9282 को दिल्ली से मुंबई के लिए दोपहर 12:30 बजे रवाना होना था। विमान रनवे पर टेकऑफ की तैयारी में टैक्सी कर रहा था। तभी दो यात्री कॉकपिट में जबरन घुसने लगे।

उनको चालक दल के सदस्यों और पायलट ने काफी समझाया, पर दोनों अपनी सीट पर नहीं लौटे। इसके बाद विमान को दोबारा खड़ा करके उन्हें विमान से उतार दिया गया। इसमें लगभग 7 घंटे की देरी हुई और विमान शाम 7:21 बजे रवाना हुआ।

वहीं, एक अलग घटना में महाराष्ट्र के पुणे से दिल्ली आ रही स्पाइसजेट की उड़ान एसजी -914, उड़ान भरने के लिए रनवे पर थी, तभी तकनीकी समस्या के पता चलते ही उड़ान रद्द कर दी गई।

उड़ान 13 जुलाई को दोपहर 12 बजे रवाना होने थी, लेकिन 9 घंटे से अधिक की देरी के बाद रात 9:05 बजे रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि विमान रनवे पर बढ़ा ही था कि अचानक रुक गया। इससे दहशत फैल गई।

******************************

 

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को 3 बजे बम से उड़ाने की धमकी, बताया 4 आरडीएक्स आईईडी रखे

मुंबई,15 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में स्थित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को मंगलवार दोपहर बाद 3 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी बीएसई को ईमेल के जरिए भेजी गई है।

पुलिस ने बताया कि ईमेल में कहा गया है कि बीएसई टावर बिल्डिंग में 4 आरडीएक्स इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) रखे गए हैं, जिसे 3 बजे उड़ा दिया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ता लेकर पहुंच गए हैं।

पुलिस का कहना है कि धमकी देने वाले ने ‘कॉमरेड पिनरई विजयन’ नामक ईमेल आईडी से धमकी दी है। विजयन केरल के मुख्यमंत्री और वामपंथी नेता हैं। पुलिस ने बताया कि पूरे टॉवर की गहन तलाशी के बाद भी कुछ नहीं मिला है।

ईमेल भेजने वाले की तलाश जारी है। फिलहाल, माता रमाबाई अंबेडकर मार्ग पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारत न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(1)(बी), 353(2), 351(3), 351(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई के अलावा दिल्ली के 2 कॉलेजों द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, अग्निशमन विभाग की टीम और विशेष स्टाफ मौके पर पहुंच गया है। स्कूल और कॉलेज का परिसर खाली करवा दिया गया है। अभी तक तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। कल भी 3 स्कूलों को धमकी मिली थी।

******************************

 

दिल्ली में NAVY और CRPF स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप; तलाशी अभियान शुरू

नई दिल्ली 14 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : राजधानी दिल्ली के दो प्रमुख स्कूलों को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिससे हड़कंप मच गया।

धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसरों की तलाशी शुरू कर दी। हालांकि, अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

धमकी भरे ईमेल सुबह करीब 7:30 बजे भेजे गए थे, जिनकी जानकारी दिल्ली पुलिस को सुबह 8:30 बजे पीसीआर कॉल के जरिए दी गई। जिन स्कूलों को निशाना बनाया गया, उनमें चाणक्यपुरी स्थित एक नेवी स्कूल और द्वारका स्थित सीआरपीएफ स्कूल शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह द्वारका उत्तर पुलिस थाने में बम की धमकी वाला एक ईमेल मिलने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की स्थानीय टीम, पीसीआर, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और साइबर एक्सपर्ट्स घटनास्थल पर पहुंच गए।

दोनों स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। पुलिस ने बताया कि धमकी भेजे जाने के स्रोत का साइबर सेल द्वारा पता लगाया जा रहा है, और स्कूलों की सुरक्षा को और भी कड़ा कर दिया गया है।

गौरतलब है कि इस वर्ष की शुरुआत में भी दिल्ली-एनसीआर के कई शैक्षणिक संस्थानों को बम की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं।

इनमें नोएडा का शिव नादर स्कूल, दिल्ली का एल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल और सेंट स्टीफंस कॉलेज शामिल थे। उन मामलों में भी बम निरोधक दस्ते ने जांच की थी, लेकिन कोई भी धमकी वास्तविक नहीं निकली।

****************************

 

सरकार का आदेश, अब सिगरेट-तंबाकू जैसे चेतावनी के साथ बेचे जाएंगे समोसे-जलेबी समेत कई चीजें

नई दिल्ली 14 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश भर के केंद्रीय संस्थानों को “तेल और शक्कर बोर्ड” लगाने का आदेश दिया है। जिसके बाद अब जलेबी की मिठास और समोसे की चटपटाहट के साथ सेहत की चेतावनी भी आएगी।

वेंडर्स अब बताना होगा कि जो नाश्ता वो परोस रहे हैं उसका स्वास्थ्य पर कितना बुरा प्रभाव पड़ता है या फिर उसमें कितनी चीनी या कोई और पदार्थ है। ये कदम जंक फूड को सिगरेट की तरह खतरनाक बताने की शुरुआत है।

जल्द ही लड्डू, वड़ा पाव और पकौड़े जैसे लजीज नाश्तों के पीछे चेतावनी के बोर्ड नजर आएंगे, जो आपको सोचने पर मजबूर कर देंगे।

एक रिपोर्ट के मुताबिक तंबाकू की तरह अब मीठे और ऑयली फूड प्रोडक्ट्स पर भी स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां छपेंगी। इसको लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने AIIMS नागपुर समेत सभी केंद्रीय संस्थानों को ऑयल और शुगर बोर्ड लगाने का आदेश दिया है।

इन पोस्टरों पर छपा होगा कि आपके इस रोज के नाश्ते में कितनी मात्रा में फैट और शुगर छिपा होता है। AIIMS नागपुर के अधिकारियों ने इसको लेकर सर्कुलर मिलने की पुष्टि की है। वे कैफेटेरिया समेत कई पब्लिक जगहों पर बोर्ड लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यह पहल डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग जैसी जैसी गंभीर बीमारियों के खिलाफ लड़ाई का एक हिस्सा है, जिनका संबंध अधिक चीनी और तेल से जुड़ा है।

*************************

 

सोनिया-राहुल गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

नेशनल हेराल्ड मामले में कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित

नई दिल्ली 14 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी सांसद राहुल गांधी और अन्य के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दायर अभियोजन शिकायत पर संज्ञान लेते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया है।

कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई की तारीख 29 जुलाई तय की है। इसी दिन यह तय किया जाएगा कि शिकायत पर अदालत संज्ञान लेगी या नहीं।

 प्रवर्तन निदेशालय ने इस केस में धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई करते हुए यह अभियोजन शिकायत दायर की थी।

ईडी का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने यंग इंडियन लिमिटेड के जरिए एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) की संपत्तियों का अवैध रूप से अधिग्रहण किया।बता दें कि यह मामला सबसे पहले भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की शिकायत के आधार पर शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेताओं ने यंग इंडियन के जरिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को गलत तरीके से अपने कब्जे में लिया।

अब अदालत यह तय करेगी कि क्या ईडी की शिकायत के आधार पर इस मामले में औपचारिक रूप से ट्रायल की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है या नहीं।

****************************