Category Archives: news

नाराज उमा भारती ने पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा का बहिष्कार करने का किया ऐलान

नई दिल्ली 04 Sep, (एजेंसी): मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और मोदी सरकार में मंत्री रह चुकी उमा भारती ने मध्य प्रदेश में पार्टी द्वारा शुरू की गई जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण नहीं दिए जाने पर विधान सभा चुनाव से जुड़ी इस महत्वपूर्ण यात्रा का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी है।

उमा भारती पार्टी से इस हद तक नाराज हैं कि उन्होंने जन आशीर्वाद यात्रा के 25 सितंबर को होने वाले समापन समारोह में भी नहीं जाने की घोषणा कर दी है। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है।

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने  राज्य के सतना जिले से पार्टी के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत पहली जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को राज्य के नीमच से दूसरी जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने जा रहे हैं।

दरअसल, भाजपा ने मध्य प्रदेश में अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को राज्य में जन-जन तक पहुंचाने और कांग्रेस पर तीखा निशाना साधने के लिए एक रणनीति के तहत राज्य में जन आशीर्वाद यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। 3 से 6 सितंबर के बीच राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से इस तरह की पांच ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ निकाली जानी है जिसका समापन 25 सितंबर को होना है।

इस दौरान ये यात्राएं लगभग 10 हजार किमी से अधिक की दूरी तय करेगी और राज्य के लगभग सभी विधानसभाओं को भी कवर करेगी।

पार्टी द्वारा चुनावी रणनीति के लिहाज से शुरू की गई इन महत्वपूर्ण यात्राओं के लिए निमंत्रण नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए उमा भारती ने सोमवार सुबह एक्स पर कहा, “मुझे जन आशीर्वाद यात्रा के प्रारंभ में निमंत्रण नहीं मिला, यह सच्चाई है कि ऐसा मैंने कहा है, लेकिन निमंत्रण मिलने या ना मिलने से मैं कम ज्यादा नहीं हो जाती। हां अब यदि मुझे निमंत्रण दिया गया तो मैं कहीं नहीं जाऊंगी। ना प्रारंभ में ना 25 सितंबर के समापन समारोह में।”

हालांकि इसके बाद अपने अगले एक्स में उमा भारती ने यह भी कहा, “मेरे मन में शिवराज के प्रति सम्मान एवं उनके मन में मेरे प्रति स्नेह की डोर अटूट और मज़बूत है। शिवराज जब और जहां मुझे चुनाव प्रचार करने के लिए कहेंगे मैं उनका मान रखते हुए उनकी बात मानकर चुनाव प्रचार कर सकती हूं।”

भाजपा नेताओं के फाइव स्टार होटलों में रुकने पर फिर से सवाल उठाते हुए उमा भारती ने अगले एक्स में कहा, “शादियों की फ़िज़ूल खर्ची और हमारे नेताओं का 5 स्टार होटलों में रुकना इसको मैं शुरू से ही ग़लत मानती हूं। मोदी भी इस तरह की जीवनशैली को सख़्त नापसंद करते हैं। मैं आगे भी ये बातें कहती रहूंगी। हम गांधी, दीनदयाल एवं मोदी की सीखों की अनदेखी नहीं कर सकते।”

हालांकि उमा भारती ने पार्टी का नुकसान नहीं होने का दावा करते हुए यह भी लिखा कि जिनके खून पसीने से यह भाजपा बनी है वे उन लोगों में से हैं और पार्टी का कभी नुक़सान नहीं करेंगी।

उन्होंने एक के बाद एक सोमवार सुबह को किए गए अपने कई एक्स में यह भी कहा, “जब भोपाल के बंसल अस्पताल में मेरे चेकअप हुए और तब मैंने सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में जमीन-आसमान का अंतर पाया तथा सरकारी एवं निजी शिक्षा में भी यही अंतर है और तभी से मैंने कहना शुरू किया। हम सब नेताओं को, विधायकों, सांसदों, मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों एवं सभी अधिकारियों को सरकारी अस्पताल में इलाज कराना चाहिये एवं सरकारी स्कूल में बच्चों को पढ़ने भेजना चाहिये. तभी इन व्यवस्थाओं में सुधार हो पायेगा। यह एक अभियान का स्वरूप ले लेगा।”

इससे पहले मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उम्मीदवारों की सूची पर रविवार को ही अपना पक्ष रखते हुए उमा भारती एक्स पर यह साफ कर चुकी हैं कि, “मेरे ऑफिस से मीडिया जगत के बहुत सारे लोग पूछ रहे हैं कि सोशल मीडिया में एक सूची वायरल हो रही है, क्या उमा भारती ने भाजपा के उम्मीदवारों के नाम की सूची लिखित में पार्टी को भेजी है?

मैंने निश्चित रूप से केंद्र एवं राज्य के नेताओं से मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा उम्मीदवारों पर विचार विमर्श किया है। इसलिए मुझे कोई सूची लिखकर देने की जरूरत कहां है, हां मेरी चर्चा में यह नाम भी शामिल रहे हैं, भाजपा का हर उम्मीदवार मेरा है।”

****************************

 

देश के नामी वकीलों में से एक 68 वर्षीय हरीश साल्वे ने रचाई तीसरी शादी, ब्रिटिश मूल की ट्रीना बनीं हमसफर

नई दिल्ली 04 Sep, (एजेंसी) : देश के शीर्ष वकीलों में शुमार हरीश साल्वे ने तीसरी बार शादी कर ली है। 68 वर्षीय साल्वे ने ट्रीना नाम की महिला को हमसफर चुना। ट्रीना ब्रिटिश मूल की हैं। खबर है कि लंदन में हुए इस शादी समारोह में नीता अंबानी, ललित मोदी समेत कई बड़े चेहरों ने शिरकत की थी। पद्म भूषण साल्वे बॉलीवुड स्टार सलमान खान से लेकर अंबानी समूह के लिए भी अदालतों में पेश हो चुके हैं। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियोज में साल्वे और ट्रीना साथ चलते नजर आ रहे हैं। वकील कुमार मिहिर मिश्रा ने भी ट्विटर हैंडल पर शादी समारोह की तस्वीरें साझा की हैं।

एडवोकेट साल्वे की पहली पत्नी मीनाक्षी थीं। दोनों की शादी करीब 38 सालों तक चली, लेकिन जून 2020 में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया था। इस शादी से उनकी दो बेटियां, साक्षी और सानिया भी हैं। पहली पत्नी से अलग होने के बाद साल्वे ने ब्रिटिश कलाकार कैरोलीन ब्रोसार्ड का हाथ थामा। दोनों ने अक्टूबर 2020 में शादी कर ली थी।

साल्वे शीर्ष न्यायालय में कई बड़े मामलों का हिस्सा भी रह चुके हैं। इनमें पाकिस्तानी सैन्य कोर्ट की तरफ से सजा-ए-मौत पाए कुलभूषण जाधव, सलमान खान का हिट एंड रन और ड्रिंक एंड ड्राइव केस शामिल है। इनके अलावा वह टाटा समूह, मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी जैसे बड़े समूहों की भी पैरवी कर चुके हैं।

साल्वे को देश का सबसे व्यस्त वकील भी माना जाता है। वह नवंबर 1999 से लेकर नवंबर 2002 तक सॉलिसिटर जनरल भी रह चुके हैं। उन्हें जनवरी में वेल्स और इंग्लैंड में महारानी का सलाहकार बनाया गया था। उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से एलएलबी हासिल की और 1992 दिल्ली हाईकोर्ट में सीनियर एडवोकेट के तौर पर नियुक्त हुए।

**************************

 

एक राष्ट्र एक चुनाव पैनल की सदस्यता पर अधीर रंजन बोले : मंत्रियों ने नहीं, बाबू ने बुलाया

नई दिल्ली  ,04 सितंबर (एजेंसी)। एक राष्ट्र एक चुनाव पर सरकार के आठ सदस्यीय पैनल का हिस्सा बनने से इनकार करने के कुछ दिनों बाद कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को कहा कि उन्हें एक बाबू (अधिकारी) से फोन आया था। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को पैनल का हिस्सा होना चाहिए, न कि किसी मंत्री को।

चौधरी ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, 31 अगस्त को रात 11 बजे मेरे कार्यालय सचिव को प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव मिश्रा का फोन आया। वह मुझे जानते हैं, क्योंकि मैं सीबीआई निदेशक के साथ बैठक और अन्य मुद्दों के लिए पीएमओ जाता हूं। मैंने उनसे पूछा कि क्या सब कुछ ठीक है, उन्होंने मुझे देर रात क्यों फोन किया था?

उन्होंने मुझसे कहा कि सरकार एक समिति बनाने जा रही है और वे मुझे समिति में शामिल करना चाहते हैं। समिति की अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद करेंगे। आपको समिति में शामिल किया जाएगा और हम आपके विचार जानना चाहते हैं।

चौधरी ने कहा, मैंने उनसे कहा कि मुझे खुशी हुई कि मुझे एक कॉल आया, क्योंकि कई बार हम उनसे बात नहीं कर पाते हैं। मैंने उनसे पैनल से संबंधित सभी कागजात भेजने के लिए कहा और कहा कि कागजात देखने के बाद ही मैं उन्हें अपने निर्णय के बारे में सूचित करूंगा।
उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, बिना कागजात देखे मैं क्या साझा करूंगा और क्या बोलूंगा।

उन्होंने कहा, मुझसे एक बाबू (अधिकारी) ने पूछा था, किसी मंत्री ने नहीं। देर रात मुझसे फोन पर बात करने के लिए एक बाबू को लगाया गया।

केंद्र ने विकल्प तलाशने के लिए अपनी आठ सदस्यीय समिति की घोषणा की, जिसका उद्देश्य स्थानीय निकायों, राज्यों और केंद्र के लिए एक साथ चुनाव कराने की गुंजाइश का पता लगाना है।

सरकार ने एक राष्ट्र एक चुनाव की गुंजाइश बनाने के लिए आठ सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसके अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति कोविंद और सदस्य के रूप में गृहमंत्री अमित शाह और अन्य हैं।

इसमें कहा गया है कि कोविंद को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि शाह, चौधरी, पूर्व राज्यसभा एलओपी गुलाम नबी आजाद और अन्य को समिति के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है।

15वें वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एन.के. सिंह, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप, वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे और पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी आठ सदस्यीय पैनल में शामिल अन्य नाम हैं।

***********************************

 

अभिनेत्री पूजा बत्रा ने लॉन्च किया जेजेएस-2023 का पोस्टर

जयपुर ,04 सितंबर (एजेंसी)। जयपुर ज्वैलरी शो (जेजेएस-2023) के 19वें संस्करण के थीम पोस्टर का आज होटल जय महल पैलेस में प्रसिद्ध मॉडल और अभिनेत्री पूजा बत्रा शाह द्वारा लॉन्च किया गया। इस दौरान एमराल्ड प्रमोशन ग्रुप भी लॉन्च किया गया।

इस अवसर पर जेजेएस की आयोजन समिति के साथ-साथ कई अन्य प्रसिद्ध ज्वैलर्स भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में पूजा बत्रा ने कहा कि इस वर्ष जेजेएस की ब्रांड एंबेसडर बनना वास्तव में सम्मान की बात है।

उन्होंने कहा कि मैं लगभग 20 वर्षों बाद जयपुर में आकर बहुत प्रसन्न हूं, जो कि दुनिया में अपनी खूबसूरत ज्वैलरी और रंगीन रत्नों के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि अपने ज्वैलरी के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम हासिल करना भारत के लिए वास्तव में बहुत गर्व की बात है।

इस अवसर पर जेजेएस आयोजन समिति के चेयरमैन, विमल चंद सुराणा ने बताया कि वर्ष 2022 की तरह इस वर्ष की भी थीम- थीम एमराल्ड.. टाइमलेस एलिगेंस है। दो दशकों से जेजेएस विश्वभर में अपना नाम स्थापित कर चुका है।

जेजेएस के ऑनेनरी सेक्रेटरी, राजीव जैन ने कहा यह शो 2004 में 67 बूथों के साथ शुरू हुआ था, जो अब 1100 बूथों तक पहुंच चुका है, जबकि 200 बूथ्स अभी भी प्रतीक्षा में हैं।उन्होंने कहा कि जेजेएस में हर वर्ष 35,000 से 40,000 विजिटर्स और अंतरराष्ट्रीय ट्रैडर्स शामिल होते हैं।

श्री जैन ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष की तरह ही, इस वर्ष भी एक पिंक क्लब होगा, जिसमें बी2बी इंटरेक्शन के लिए 74 बूथ होंगे, जबकि पिछले वर्ष 51 बूथ थे। उन्होंने आगे कहा कि इस साल एमराल्ड प्रमोशन ग्रुप में 14 मेंबर्स हैं।

इस अवसर पर, जेमफील्ड्स के प्रोडक्ट और सेल्स, प्रबंध निदेशक, एड्रियन बैंक्स ने कहा कि जेजेएस के साथ जेमफील्ड्स का संबंध लगभग एक दशक से है, और एमराल्ड्स की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। हम वर्ष 2023 में भी एमराल्ड्स को प्रमोट करने के लिए उत्साहित हैं।

कार्यक्रम का संचालन जेजेएस के संयुक्त सचिव और प्रवक्ता,अजय काला ने किया। उन्होंने कहा कि जेजेएस देश में नंबर 1 बी2सी और नंबर 2 बी2बी शो बना हुआ है। जेजेएस के डिसेम्बर शो में व्यापार बढ़ाने के नए आयाम देखने को मिलेंगे।

***************************

 

गडकरी ने दिल्ली में विघ्नहर्ता मूर्ति का अनावरण किया

नई दिल्ली  ,04 सितंबर (एजेंसी)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को एनएच-48 पर धौला कुआं मेट्रो स्टेशन के सामने रोड ट्राई जंक्शन पर आदमकद विघ्नहर्ता मूर्ति का अनावरण किया।

गडकरी के साथ दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना भी थे।

आईजीआई हवाईअड्डे, गुडग़ांव, जनकपुरी, दिल्ली कैंट और द्वारका आने-जाने वाले यात्रियों को इस मूर्तिकला का पूरा नजारा देखने को मिलेगा।

गडकरी ने इस खंड के सौंदर्यीकरण के प्रयासों की सराहना की, जहां हर दिन लाखों यात्री आते हैं और उन्होंने मूर्तिकला के स्थान को दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए उपयुक्त बताया।

उन्होंने धौला कुआं से आईजीआई हवाईअड्डे तक सड़क के उन्नयन में शामिल श्रमिकों, अधिकारियों और अन्य सभी को भी बधाई दी।
जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले शहर को सुंदर बनाने और सौंदर्य की दृष्टि से उन्नत करने की बड़ी कवायद के एक हिस्से के रूप में, 117&54&32 इंच आयाम की इस आदमकद मूर्ति को ओडिशा के प्रसिद्ध मूर्तिकार ध्रुब चरण स्वैन ने तैयार किया है।

यह मूर्ति इस वर्ष जून में उपराज्यपाल की ओडिशा यात्रा के बाद खरीदी गई थी, जब उन्होंने मूर्तियों की खोज की और उन्हें चुना, जिनमें इस स्थान पर स्थापित विघ्नहर्ता और उलान बटार मार्ग पर स्थापित यक्षिणियां और यक्षिणी चौक और दिल्ली गेट पर स्थापित कोणार्क व्हील शामिल थे।

*****************************

 

मेरे परिवार को राजनीतिक उत्पीडऩ का शिकार बनाया जा रहा है : ममता

कोलकाता  ,04 सितंबर (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि उनके परिवार को राजनीतिक उत्पीडऩ का शिकार बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यहां रियल एस्टेट कन्वेंशन 2023 को संबोधित करते हुए सवाल किया, हमने किसी से एक रुपया भी नहीं लिया है या किसी से एक कप चाय स्वीकार नहीं की है। मुझे एक बात समझ नहीं आ रही है। अगर मैं कुछ खरीदती हूं, जैसे तश्तरी या एक जोड़ी चाय के मग, तो क्या प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियां उसकी जांच कर सकती हैं।

इस मौके पर उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ व्यवसायियों को भी इसी तरह परेशान किया जा रहा है।

बनर्जी ने कहा, लेकिन डरो मत। कुछ लोग आपको परेशान करने की कोशिश करेंगे। कुछ व्यवसायियों को एजेंसियों के माध्यम से वैसे ही परेशान किया जा रहा है जैसे मेरे परिवार को परेशान किया जा रहा है। आप बस उत्पीडऩ के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाएं।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व जानबूझकर मीडिया का इस्तेमाल कर पश्चिम बंगाल की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने सवाल किया, राज्य की ऐसी छवि पेश करने की कोशिश की जा रही है जैसे कि पश्चिम बंगाल में सांप्रदायिक तनाव और झड़पों के अलावा कुछ नहीं होता है। लेकिन हकीकत में पश्चिम बंगाल हर क्षेत्र में बाकी सभी राज्यों से आगे है। क्या सर्वांगीण विकास के बिना यह संभव हो सकता है?

भाजपा का नाम लिए बिना बनर्जी ने केंद्र में सत्ताधारी पार्टी को राजनीतिक तौर पर उनका मुकाबला करने की चुनौती दी।
उन्होंने कहा, यदि आपमें दम है तो मुझसे राजनीतिक रूप से लड़ो। लेकिन ऐसी लड़ाई शुरू न करें जो पश्चिम बंगाल और उसके लोगों के हित के खिलाफ हो।

बनर्जी ने रियल एस्टेट क्षेत्र के संचालकों से कुछ करने का भी आह्वान किया ताकि राज्य के प्रवासी श्रमिक पश्चिम बंगाल लौट आएं और यहां अपनी आजीविका कमा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा, पश्चिम बंगाल के रियल एस्टेट कर्मचारी राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित हैं। इसीलिए इन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों में नौकरी पर रखा जाता है। लेकिन राज्य के बाहर अक्सर उनके सुरक्षा पहलुओं से समझौता किया जाता है। इसलिए कुछ करें ताकि वे राज्य में अपनी आजीविका कमा सकें।

*******************************

 

स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के तेवर तल्ख, कहा- उल्लू को सूर्य नजर नहीं आता

मेरठ ,03 सितंबर (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान पर देश के प्रसिद्ध कथावाचक अनिरूद्धाचार्य महाराज ने कहा कि उल्लू कहता है कि सूर्य नहीं है। उल्लू को सूर्य नजर नहीं आता, तो इसमें कोई क्या कर सकता है। यह बात बहुत लोग कहते हैं। ये लोग हिंदू धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी इसलिए करते हैं क्योंकि हिंदू समाज के लोग बड़े ही सहनशील होते हैं।
एक देश-एक चुनाव की पैरवी की

अनिरूद्धाचार्य महाराज शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित आनंदपुरी में श्वेता ज्वैलर्स के संचालक राजेश सिंघल व विपिन अग्रवाल के आवास पर पहुंचे। इस दैरान उनका स्वागत किया गया। कथावाचक अनिरूद्धाचार्य जी ने एक देश-एक चुनाव की पैरवी की। उन्होंने कहा कि यह देश में लागू होना चाहिए। इससे देश का पैसा बचेगा और आर्थिक लाभ भी होगा। चुनाव से पैसा बचेगा तो सड़क, चिकित्सा व शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं में खर्च होगा।

भारत पहले से ही विश्व गुरु था और रहेगा

अनिरूद्धाचार्य ने कहा कि हमारे देश के विज्ञानी सर्वश्रेष्ठ चंद्रयान 3 की सफलता के बाद सूर्य की ओर बढ़ते कदम पर अनिरूद्धाचार्य जी कहते हैं कि भारत पहले से ही विश्व गुरु था और रहेगा। हमारे देश के विज्ञानी दूसरे देशों की अपेक्षा सर्वश्रेष्ठ हैं। आगामी चुनाव में शिक्षा व चिकित्सा जरूरी मुद्दे हों जनसंख्या नियंत्रण पर कानून बनाना चाहिए। जिससे देश का भला होगा। आबादी ज्यादा होगी तो आगे आने वाले समय में परेशानी होंगी। आगामी लोकसभा चुनाव में निश्शुल्क शिक्षा व चिकित्सा यह दोनों जरूरी मुद्दे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि एक हजार करोड़ की सड़क बनती है तो सीवर लाइन डालना भूल गए। सड़क को खोदने का काम शुरू हो जाएगा। ऐसा नहीं होना चाहिए।
लंदन में 11 से कथा करेंगे अनिरूद्धाचार्य

प्रसिद्ध कथावाचक अनिरूद्धाचार्य जी महाराज की कथा 11 सितंबर से लंदन में होने जा रही है। यह पहला अवसर है जब वह भारत के बाहर अपनी कथा करेंगे। इस मौके पर वह कहते हैं कि लंदन के लोगों ने वृंदावन में गौरी गोपाल आश्रम की सेवा देखी तो वह बड़े प्रभावित हुए और विदेश बुलाकर कथा के लिए आमंत्रित किया। इसके लिए वह बेहद उत्साहित हैं।

***************************

 

एक राष्ट्र एक चुनाव : कांग्रेस का आरोप, पीएम मोदी लोकतंत्र को तानाशाही में बदलना चाहते हैं

नई दिल्ली  ,03 सितंबर (एजेंसी)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने एक राष्ट्र एक चुनाव की जांच के लिए एक पैनल के गठन को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की और कहा कि सत्तारूढ़ सरकार लोकतांत्रिक भारत को धीरे-धीरे तानाशाही में बदलना चाहती है।
सरकार ने एक राष्ट्र-एक चुनाव की व्यावहारिकता की जांच के लिए आठ सदस्यीय समिति का गठन किया है जिसके अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और सदस्य के रूप में अमित शाह और अन्य को नामित किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने एक्स पर लिखा, मोदी सरकार चाहती है कि लोकतांत्रिक भारत धीरे-धीरे तानाशाही में बदल जाए। एक राष्ट्र-एक चुनाव पर समिति बनाने की यह नौटंकी भारत के संघीय ढांचे को खत्म करने का एक हथकंडा है।

भारत के संविधान में कम से कम पांच संशोधनों की आवश्यकता होगी, और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 में बड़े पैमाने पर बदलाव होंगे। निर्वाचित लोकसभा और विधान सभाओं के कार्यकाल को कम करने के लिए संवैधानिक संशोधनों की आवश्यकता होगी। स्थानीय निकायों के स्तर पर भी ऐसे ही परिवर्तनों की जरूरत होगी, ताकि उन्हें सिंक्रनाइज़ किया जा सके।

कांग्रेस अध्यक्ष ने इस पर भी भाजपा सरकार से पूछा, किसी भी व्यक्ति की बुद्धि को कमजोर किए बिना, क्या प्रस्तावित समिति भारतीय चुनावी प्रक्रिया में शायद सबसे बड़े व्यवधान पर विचार-विमर्श करने और निर्णय लेने के लिए सबसे उपयुक्त है?

क्या राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर राजनीतिक दलों से परामर्श किए बिना इतनी बड़ी कवायद एकतरफा की जानी चाहिए? क्या यह विशाल ऑपरेशन राज्यों और उनकी चुनी हुई सरकारों को शामिल किए बिना होना चाहिए?

इस विचार की अतीत में तीन समितियों द्वारा बड़े पैमाने पर जांच की गई है और इसे खारिज कर दिया गया है। यह देखना बाकी है कि क्या चौथे का गठन पूर्व-निर्धारित परिणाम को ध्यान में रखकर किया गया है। यह हमें आश्चर्यचकित करता है कि भारत के प्रतिष्ठित चुनाव आयोग के एक प्रतिनिधि को समिति से बाहर रखा गया है।

तथ्य यह है कि 2014-19 (लोकसभा 2019 सहित) के बीच सभी चुनाव आयोजित करने में चुनाव आयोग की लागत लगभग 5,500 करोड़ रुपये है, जो कि सरकार के बजट व्यय का केवल बेहद छोटा सा हिस्सा है, इसलिए लागत-बचत तर्क मोहर की लूट, कोयले पर छाप जैसा है।
इसी तरह, यदि आदर्श आचार संहिता समस्या है, तो इसे या तो रोक की अवधि को छोटा करके या चुनावी मौसम के दौरान अनुमत विकासात्मक गतिविधियों में ढील देकर बदला जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, सभी राजनीतिक दल इस संबंध में व्यापक सहमति पर पहुंच सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को जनादेश की अवहेलना कर चुनी हुई सरकारों को गिराने की आदत है।

इसके कारण 2014 के बाद से संसदीय और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 436 उप-चुनावों हो चुके हैं। भाजपा में सत्ता के लिए इस अंतर्निहित लालच ने पहले ही हमारी राजनीति को दूषित कर दिया है और दल-बदल विरोधी कानून को दंतहीन बना दिया है।

उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव जैसी कठोर कार्रवाइयां भारत के लोकतंत्र, संविधान और विकसित समय-परीक्षणित प्रक्रियाओं को नुकसान पहुंचाएंगी। सरल चुनाव सुधारों से जो हासिल किया जा सकता है वह पीएम मोदी के अन्य विघटनकारी विचारों की तरह एक आपदा साबित होगा।

उन्होंने कहा कि 1967 तक भारत में न तो इतने राज्य थे और न ही पंचायतों में 30.45 लाख निर्वाचित प्रतिनिधि थे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमारे पास लाखों निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, और उनका भविष्य अब एक बार में निर्धारित नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि 2024 के लिए भारत के लोगों के पास एक ही समाधान है और वह है भाजपा के कुशासन से छुटकारा पाना।

इससे पहले इसी तरह की भावना व्यक्त करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा था, इंडिया, यानी भारत, राज्यों का एक संघ है। एक राष्ट्र-एक चुनाव का विचार संघ और उसके सभी राज्यों पर हमला है।

*******************************

 

बंगाल के राज्यपाल का फरमान : राजकीय विश्वविद्यालय शिक्षा विभाग का निर्देश मानने के लिए बाध्य नहीं

कोलकाता ,03 सितंबर (एजेंसी)।  पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस के कार्यालय द्वारा जारी ताजा अधिसूचना से राज्य विश्वविद्यालयों पर राज्य सरकार के अधिकार के स्तर को वस्तुत: शून्य पर लाने से गवर्नर हाउस और राज्य सचिवालय के बीच टकराव का एक और रास्ता खुल गया है।

अधिसूचना में साफ तौर पर कहा गया है कि सभी राज्य विश्वविद्यालयों के फैकल्टी और नॉन फैकल्टी स्टाफ पहले चांसलर और फिर वाइस चांसलर के प्रति जवाबदेह हैं। राज्यपाल स्वयं अपने पद के आधार पर सभी राज्य विश्वविद्यालयों के चांसलर भी होते हैं। गवर्नर हाउस की ताजा अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि राज्य सरकार राज्य विश्वविद्यालयों के अधिकारियों को निर्देश दे सकती है, लेकिन वे निर्देश विश्वविद्यालयों के अधिकारियों या कर्मचारियों के लिए बाध्यकारी नहीं हैं। अधिसूचना में यह भी बताया गया है कि राज्य सरकार या राज्य शिक्षा विभाग से किसी भी राज्य विश्वविद्यालय को कोई भी निर्देश तभी मान्य होगा जब उसे वाइस चांसलर द्वारा मंजूरी दे दी जाएगी।
राज्यपाल ने 1 सितंबर को घोषणा की कि वह राज्य विश्वविद्यालयों के चांसलर के रूप में उन राज्य विश्वविद्यालयों के लिए अंतरिम वाइस चांसलर की भूमिका निभाएंगे जहां वर्तमान में कार्यात्मक प्रमुखों की कुर्सियाँ खाली हैं। इस फैसले की राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी। हालांकि, विपक्षी भाजपा ने इस कदम को राज्य सरकार द्वारा उन पर थोपे गए राजनीतिक निर्णयों से मुक्त विश्वविद्यालयों की स्वायत्त प्रकृति को सुरक्षित करने के लिए सही दिशा में एक कदम बताया है।

**************************

 

घमंडिया गठबंधन का केवल एक ही उद्देश्य हिंदू धर्म को नीचा दिखाना : अश्विनी चौबे

नई दिल्ली/पटना , 03 सितंबर (एजेंसी)। तमिलनाडु सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए एक बयान से हंगामा मचा हुआ है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे ने कहा कि घमंडिया गठबंधन का एक ही उद्देश्य है, हिंदू धर्म को नीचा दिखाना। पहले लालू नीतीश एवं तेजस्वी की सरकार ने बिहार में हिंदू त्योहारों की छुट्टियां रद्द की और अब तमिलनाडु सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की है।

एक साजिश के तहत घमंडिया गठबंधन की सरकार सनातन धर्म एवं संस्कृति पर प्रहार कर रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे ने ट्विट किया कि- “महाठगबंधन वाले सुनियोजित ढंग से सनातन पर प्रहार कर रहे हैं। पहले लालू-नीतीश ने बिहार में हिंदू त्यौहारों की छुट्टियां रद्द की,अब स्टालिन के बेटे ने सनातन को लेकर बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है। घमंडिया गठबंधन का एक ही उद्देश्य है हिंदू धर्म को नीचा दिखाना। यही इस गठबंधन की विचारधारा है”। पूरा मामला है कि उदयनिधि ने एक सभा को संबोधित करते हुए सनातन धर्म की तुलना मलेरिया और डेंगू से कर दी. उदयनिधि के इस बयान की तमाम नेताओं द्वारा आलोचना की जा रही है और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है।

सुप्रीम कोर्ट के वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल द्वारा उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ सनातन धर्म के खिलाफ उनके उत्तेजक, भड़काऊ और मानहानिकारक बयान के लिए दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी,153ए, 295, और 504 of और आईटी एक्ट की धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा, हिंदू सेना ने भी उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ दिल्ली पुलिस कमिश्नर से शिकायत दर्ज कराई है।

****************************

 

राजीव प्रताप रूड़ी ने दिव्यांग रेखा देवी और भोला राय को मोटर व्हीकल दिया

पटना , 03 सितंबर (एजेंसी)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के सांसद  राजीव प्रताप रूडी  के अनुशंसा पर गरखा पूर्वी मंडल के मिर्जापुर पंचायत के रामगढ़ा ग्राम निवासी दिव्यांग रेखा देवी को और दरियापुर प्रखंड के बजहीया गाँव निवासी भोला राय को सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि  राकेश कुमार सिंह और महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना देवी के द्वारा मोटर व्हीकल दिया गया.

ज्ञात हो की कुछ दिन पहले दोनों लोगो रूडी  से मिलकर दिव्यांग प्रमाण पत्र देकर मदद करने की और साइकिल की मांग की थी जिससे मिल जाने से हमलोगो को काफ़ी सहूलियत होंगी और जीवन यापन सुलभ हो जाएगा इस अवसर पर गड़खा पूर्वी मंडल उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह मंडल अध्यक्ष अभिषेक सिंह शिवकुमार राय ओमप्रकाश सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे लोगों के द्वारा इस कार्य के लिए सांसद राजीव प्रताप रूडी को धन्यवाद दिया गया और उनके कार्य की सरहाना की गई।

*************************

 

DRI को बड़ी सफलता, विदेशी ब्रांड के सिगरेट से भरा कंटेनर जब्त, करोड़ों है कीमत

नई दिल्ली 03 सितंबर (एजेंसी)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंद्रा बंदरगाह पर 6.5 करोड़ रुपये की विदेशी सिगरेट की 32.5 लाख छड़ें जब्त की हैं।

खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई अहमदाबाद के अधिकारियों ने मुंद्रा बंदरगाह पर एक आयात खेप को रोका। डीआरआई अधिकारी ने कहा कि खेप को ‘ऑटो एयर फ्रेशनर’ के रूप में घोषित किया गया था और इसे जेबेल अली बंदरगाह से भेजा गया था।

अधिकारी ने कहा, खेप की जांच के दौरान उन्हें कंटेनर में पहली लाइन में पैकेज ‘ऑटो एयर फ्रेशनर’ के थे। हालांकि, पहली लाइन के पीछे सभी पैकेजों में विदेशी सिगरेट गोल्ड फ्लेक्स थीं।

इन विदेशी सिगरेटों पर ‘मेड इन तुर्की’ की मार्किंग थी। पंचनामा कार्रवाई के तहत कुल 32.5 लाख छड़ें जब्त की गईं। जब्त सिगरेटों की कीमत करीब 6.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।

यह भी देखा गया कि सिगरेट के कुछ पैकेटों पर ‘मेड इन इंडिया’ की मार्किंग थी। अधिकारी ने आगे कहा कि नकली सिगरेट या इसी तरह आयात करने के प्रयास की संभावना की पहचान करने के लिए अधिकारी क्षेत्र विशेषज्ञों के संपर्क में हैं।

***************************

 

राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- एक राष्ट्र-एक चुनाव का विचार देश और राज्यों पर हमला

नई दिल्ली 03 सितंबर (एजेंसी)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार के ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ के विचार को खारिज करते हुए इसे राज्यों पर हमला करार दिया और कहा कि यह देश की संघीय प्रणाली के विरुद्ध है। राहुल गांधी ने कहा, इंडिया अर्थात भारत, राज्यों का एक संघ है। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का विचार संघ और उसके सभी राज्यों पर हमला है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा और कहा, जिसे ‘एक राष्ट्र एक चुनाव: कहा जा रहा है उस पर एक उच्च स्तरीय समिति का गठन एक अनुष्ठानिक अभ्यास है और इस काम की प्रक्रिया को सामने लाने का समय सन्देह पैदा करता है।

इस संदर्भ में अपनाई गई शर्तें और सिफारिशें मनमानी से निर्धारित की गई हैं। समिति की संरचना भी अपने हिसाब से तय हुई हैं और इसी वजह से लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कल रात बहुत ही उचित तरीके से इस समिति का हिस्सा बनने से इनकार किया है।

******************************

 

पीएम मोदी ने चीन और पाकिस्तान की आपत्तियों को किया खारिज, दिया करारा जवाब

नई दिल्ली 03 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में जी20 की बैठकें आयोजित करने पर पाकिस्तान और चीन की आपत्तियों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के हर भाग में बैठक आयोजित होना स्वाभाविक है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की जी-20 अध्यक्षता के कई सकारात्मक परिणाम आए हैं और इनमें से कुछ मेरे दिल के बहुत करीब हैं। दुनिया का जीडीपी-केंद्रित दृष्टिकोण, अब मानव-केंद्रित दृष्टिकोण में बदल रहा है। भारत इसमें उत्प्रेरक की भूमिका निभा रहा है। सबका साथ, सबका विकास विश्व कल्याण के लिए भी एक मार्गदर्शक सिद्धांत हो सकता है।

उन्होंने कहा कि जी 20 में हमारे शब्दों और दृष्टिकोण को विश्व ने केवल विचारों के रूप में ही नहीं बल्कि भविष्य के एक रोडमैप के रूप में देखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लंबे समय तक भारत को एक अरब भूखे पेट वाले देश के रूप में देखा जाता था, अब यह एक अरब महत्वाकांक्षी मस्तिष्क और दो अरब कुशल हाथों वाला देश है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र होगा। भ्रष्टाचार, जातिवाद और सांप्रदायिकता की हमारे राष्ट्रीय जीवन में कोई जगह नहीं होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारतीयों के पास विकास की नींव रखने का एक बड़ा मौका है जिसे अगले एक हजार वर्षों तक याद किया जाएगा। एक दशक से भी कम समय में 5 पायदान की छलांग लगाने की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भारत दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में होगा।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी अपने नापाक मंसूबों को पूरा करने के लिए ‘डार्कनेटÓ, ‘मेटावर्सÓ और ‘क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्मÓ का उपयोग कर रहे हैं, राष्ट्रों के सामाजिक ताने- बाने पर इसका असर पड़ सकता है।

*****************************

 

इसरो के आदित्य एल-1 ने अंतरिक्ष में लगाई छलांग, नए ऑर्बिट में हुआ स्थापित

नई दिल्ली 03 सितंबर (एजेंसी)। भारत का पहले सूर्य मिशन आदित्य-एल1 आज दूसरी कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश कर लिया. इस संबंध में भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने जानकारी साझा की। इसरो ने बताया कि आदित्य- एल1 ने आज पहली बार अपनी कक्षा बदल ली है। अब ये 235म19500 किलोमीटर की कक्षा से सफलतापूर्वक 245म22459 किलोमीटर की कक्षा में पहुंच गया है।

जिसे आदित्य-एल1 की सूर्य की ओर पहली छलांग भी कहना उचित होगा। बता दें कि आदित्य-एल1 16 दिनों के दौरान पांच बार अपनी कक्षा बदलेगा। उसके बाद ये एल1 पॉइंट की ओर छलांग लगाएगा। शनिवार को आदित्य-एल1 की लॉन्चिंग के बाद ये एक घंटा 3 मिनट और 19 सेकंड में पृथ्वी की कक्षा में स्थापित हो गया था। इसके बाद रविवार को आदित्य-एल1 को थ्रस्टर फायर कर इसकी अगली कक्षा में भेजा गया। बता दें कि आदित्य-एल1 का पूरा कंट्रोल धरती से यानी इसरो से किया जा रहा है। अब आदित्य-एल1 अपनी कक्षाओं को चार बार और बदलेगा। कक्षा बदलने के लिए अगली फायरिंग 5 सितंबर को की जाएगी। उसके बाद 16 दिन पूरे होने पर ये सूर्य की ओर प्रस्थान कर जाएगा।

बता दें कि आदित्य-एल1 पृथ्वी से 15 लाख किलोमीटर की दूरी चार महीने में तय करेगा। इसके बाद ये लैंगरेंज पॉइंट-1 तक पहुंचेगा। यह ऐसा बिंदु है जहां सूर्य और पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण बैलेंस हो जाता है। इसलिए यहां किसी भी ऑब्जेक्ट को ठहरने के लिए ज्यादा ऊर्जा की जरूरत नहीं पड़ती। यही नहीं यहां से सूर्य ग्रहण का भी असर नहीं होता। ऐसे में आदित्य-एल1 लगातार सूर्य पर निगाह रख पाएगा। साथ ही ये सूर्य के अंदर तक झांक पाएगा। आदित्य-एल1 में फायरिंग के जरिए ही इसरो इसे एल-1 पर हेलो ऑर्बिट में स्थापित करेगा।

इसरो के मुताबिक आदित्य-एल1 125 दिनों यानी 6 जनवरी तक एल1 पॉइंट तक पहुंच जाएगा। इस उपग्रह के साथ सात पेलोड भेजे गए हैं। जो सोलर विंड, चुंबकीय क्षेत्र के साथ अन्य क्रियाओं का अध्ययन करेंगे। बता दें कि भारत का ये मिशन दुनियाभर के लिए फायदेमंद होगा। बता दें कि इस साल भारत की अंतरिक्ष के क्षेत्र में ये दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले 23 अगस्त को इसरो ने चंद्रयान-3 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्व लैंड कराया था। इसी के साथ भारत दुनिया का पहला देश बन गया था जो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कर सका।

******************************

 

ट्रिपल मर्डर से दहला महाराष्ट्र का जलगांव, इलाके में दहशत का माहौल

नासिक 03 Sep, (एजेंसी): महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भुसावल शहर के पास कंडारी गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर दो भाइयों सहित तीन लोगों की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और दो अन्य घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक श्रीराम नगर इलाके के निवासी निखिल सुरेश राजपूत (35) की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

पुलिस रिकॉर्ड में सजायाफ्ता अपराधी निखिल की श्रीराम नगर इलाके में नगर निगम की पानी की टंकी पर सोते समय एक युवक ने कथित तौर पर गला काटकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में डर का माहौल पैदा हो गया।

वहीं, एक अन्य घटना में  कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तलवार और चाकू से हमला किए जाने से दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में राकेश सालुंखे और शांताराम सालुंखे की मौके पर ही मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि इन घटनाओं के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भुसावल में डेरा डाले हुए हैं।

****************************

 

राहुल गांधी ने राजद सुप्रीमो लालू के साथ उठाया चंपारण के मटन का स्‍वाद, कांग्रेस ने शेयर किया वीडियो

नई दिल्ली 03 Sep, (एजेंसी): कांग्रेस ने राहुल गांधी की दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात का एक वीडियो जारी किया, जहां उन्होंने चंपारण के मटन का स्‍वाद लेने के साथ राजनीति पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात 4 अगस्त को हुई थी। मोदी उपनाम मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के कुछ घंटों बाद राहुल राजद प्रमुख के आवास पर गए थे। कांग्रेस की ओर से यह वीडियो जारी किया गया। वीडियो में राहुल गांधी ने कहा, लालू जी, मैंने और मीसा ने मिलकर खाना बनाया और खाया।

वीडियो में राहुल गांधी कहते नजर आ रहे हैं कि लालू जी, आखिर क्या वजह है कि बीजेपी हर 15-20 साल में नफरत फैलाने आ जाती है?”, जवाब में लालू कहते हैं, ”सत्ता की भूख ऐसी चीज है जो कभी नहीं मिटती। राहुल कहते हैं, “लेकिन जब अर्थव्यवस्था बेहतर चल रही होती है, तो नफरत का प्रसार सीमित होता है और जब आर्थिक स्थिति खराब होती है, तो यह (नफरत का प्रसार) बढ़ जाता है। जैसे अब, आर्थिक स्थिति खराब है और नफरत फैलाई जा रही है।”

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जो मेहमाननवाजी के लिए मौजूद थे, उन्‍होंने कहा, मेवात में क्या हुआ, लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। सब कुछ बंद हो गया, स्कूल बंद हो गए। लालू प्रसाद यादव ने राहुल गांधी से कहा, आपके माता-पिता और दादा-दादी देश को अच्छे रास्ते पर ले गए, आज की पीढ़ी को यह नहीं भूलना चाहिए।

पिछले कुछ महीनों में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों का दौरा किया है। वह बेंगी बाजार, जामा मस्जिद क्षेत्र, मुखर्जी नगर, आजादपुर मंडी और करोलबाग गए। वह अपनी यात्राओं के वीडियो जनता के बीच साझा करते रहे हैं।

उन्होंने हरियाणा के सोनीपत में खेतों का भी दौरा किया था, एक खेत में कीचड़ के बीच जाकर धान के पौधे की रोपाई की थी। उनके साथ रोपनी करने वाले खेतिहर मजदूरों को दिल्‍ली बुलाकर अपने घर में खाना खिलाया था। बाद में हरियाणा के मुरथल से अंबाला तक ट्रक में यात्रा की थी। उन्होंने आजादपुर सब्जी बाजार में काफी महंगा टमाटर न खरीद पाने से मायूस एक खुदरा सब्‍जी विक्रेता और उसके परिवार काे अपने घर बुलाकर उससे बातचीत की थी और उन्‍हें खाना भी खिलाया था।

*********************************

 

ओडिशा : आसमानी बिजली कहर बनकर टूटी, 10 की मौत

भुवनेश्वर 03 Sep, (एजेंसी) : देश के अलग-अलग राज्यों में बाढ़ और बारिश के कारण तबाही जैसे हालात बने हुए हैं। ओडिशा में भी खराब मौसम के कारण हालात बिगड़ गए। आकाशीय बिजली गिरने से यहां 10 लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।

राज्य के विशेष राहत आयुक्त(एसआरसी) ने बताया कि बिजली गिरने के कारण अंगुल जिले में एक, बोलांगीर में दो, बौध में एक, जगतसिंहपुर में एक, ढेंकनाल में एक और खोरधा में चार लोगों की मौत हुई है। एसआरसी ने बताया कि जो लोग घायल हुए हैं वो खोरधा जिले के रहने वाले हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अभी भी कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावनाएं हैं।

ओडिशा में इससे पहले भी बिजली गिरने के कारण कुछ लोगों की मौत हो गई थी। मई में, नयागढ़ जिले में सरनाकुला पुलिस सीमा के तहत, अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से एक महिला सहित तीन लोगों की जान चली गई थी। ओडिशा के कई जिले इस समय भारी बारिश और बिजली गिरने के संकट से घिरे हुए हैं।

विशेष आयुक्त के कार्यालय के अनुसार ओडिशा के कई तटीय इलाकों में तेज बारिश के साथ-साथ बिजली देखने को मिल रही है। राहत-बचाव के कार्य के लिए कई टीमें लगी हुई हैं। लोगों को बचाने के लिए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा के भुवनेश्वर और कटक में 126 मिमी और 95 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

*********************************

 

ASI ने कोर्ट में दायर किया आवेदन, ज्ञानवापी मस्जिद सर्वेक्षण पूरा करने को आठ सप्ताह और मांगे

वाराणसी 03 Sep, (एजेंसी): भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने वाराणसी की एक अदालत में एक आवेदन दायर कर ज्ञानवापी मस्जिद सर्वेक्षण की अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए आठ सप्ताह का और समय मांगा है। इसकी समय सीमा दो सितंबर को समाप्त हो गई। एएसआई 4 अगस्त से ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के सीलबंद हिस्से को छोड़कर बैरिकेड वाले क्षेत्र में सर्वेक्षण कर रहा है। एएसआई की ओर से भारत सरकार के स्थायी सरकारी वकील अमित कुमार श्रीवास्तव ने अर्जी दाखिल की।

श्रीवास्तव ने कहा, हमने अदालत से प्रार्थना की कि ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वेक्षण की रिपोर्ट जमा करने के लिए एएसआई को आठ सप्ताह का और समय दिया जाए, क्योंकि सर्वे अभी चल रहा है। श्रीवास्तव ने कहा, हमारा आवेदन अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (प्रथम) की अदालत के समक्ष रखा गया। उन्‍होंने मामले को सुनवाई के लिए जिला न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए कोई तारीख तय नहीं की है।

श्रृंगार गौरी-ज्ञानवापी मामले में वादी संख्या 2 से 5 के वकील सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने कहा, सर्वेक्षण अभी भी चल रहा है। इसलिए, एएसआई ने सर्वेक्षण पूरा करने और रिपोर्ट जमा करने के लिए और समय मांगा है। ज्ञानवापी मस्जिद का प्रबंधन करने वाली अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी (एआईएमसी) के वकील मुमताज अहमद ने कहा, हम इसके खिलाफ आपत्ति दर्ज कराएंगे।

गौरतलब है कि वाराणसी जिला न्यायाधीश की अदालत के एक आदेश के अनुपालन में, एएसआई ज्ञानवापी मस्जिद में वैज्ञानिक जांच/सर्वेक्षण कर रहा है। एएसआई के आवेदन में कहा गया है कि पुरातत्वविदों, पुरातात्विक रसायनज्ञों, पुरालेखविदों, सर्वेक्षणकर्ताओं और अन्य विशेषज्ञों की एक टीम वैज्ञानिक जांच और दस्तावेज़ीकरण में लगी हुई है।

***************************

 

राजस्थान में आपदा प्रभावितों को मानवीय दृष्टिकोण के साथ राहत उपलब्ध कराने का किया जा रहा है काम: गहलोत

जयपुर 03 Sep, (एजेंसी): राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार आपदा से प्रभावित प्रत्येक नागरिक के लिए मानवीय दृष्टिकोण के साथ राहत उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है और उसके प्रयास फलस्वरूप केन्द्र सरकार ने एसडीआरएफ नियमों में संशोधन किया है, जिसका प्रदेश के किसानों को फायदा मिलने लगा है। गहलोत शनिवार को रात मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार की आपदा में न्यूनतम हानि तथा अधिकतम राहत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप केन्द्र सरकार ने एसडीआरएफ नॉर्म्स में संशोधन किया है।

उल्लेखनीय है कि गहलोत ने पत्र लिखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कृषि आदान-अनुदान को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कृषि बीमा दावे के विरूद्ध समायोजित करने के प्रावधान को समाप्त करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री के इस आग्रह पर केन्द्र सरकार ने एसडीआरएफ नॉर्म्स में संशोधन किया। अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कृषि बीमा में समायोजन किए बिना सीधे ही प्रभावित किसानों को अलग से इनपुट सब्सिडी की पूरी राशि भी दी जा रही है। इससे किसानों को इनपुट सब्सिडी का तत्काल भुगतान होगा तथा फसल बीमा राशि का भी पृथक से भुगतान हो सकेगा।

गहलोत ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पुराने तथा नये क्लेमों का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को 2022-23 की समस्त इनपुट सब्सिडी भी आगामी 15 सितम्बर तक वितरित किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2020-21 से वर्ष 2022-23 के दौरान लगभग 30.15 लाख काश्तकारों को 2595.57 करोड़ रुपए की इनपुट सब्सिडी दी गई है, जिसमें वर्ष 2022-23 में 6.82 लाख कृषकों को 800 करोड़ रूपये की इनपुट सब्सिडी शामिल है।

बैठक में विभिन्न आपदाओं के दौरान पूर्व में दी गई तत्काल सहायता एवं स्वीकृतियों का कार्योत्तर अनुमोदन भी किया गया। इनमें कोविड-19 से मृत्यु होने पर मृतकों के आश्रितों को एसडीआरएफ से अनुग्रहिक सहायता (प्रति मृतक 50 हजार रूपये) के भुगतान के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को वर्ष 2021-22 में 137.56 करोड़ एवं वर्ष 2022-23 में 53 करोड़ रूपये का बजट आवंटन एवं मानसून वर्ष 2022 में अतिवृष्टि/बाढ़ से क्षतिग्रस्त सार्वजनिक परिसम्पत्तियों सड़कों, बांधों, नहरों, भवनों आदि के 208.54 करोड़ रुपए के 8599 राहत कार्य सम्मिलित हैं।

*****************************

बंदरों का आतंक, 16 साल की लड़की को छत से गिराया, मौत

बिजनौर 03 Sep, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शिवाला कलां गांव में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बंदरों के एक झुंड ने 16 साल की एक लड़की को घर की छत से गिरा दिया। लड़की सानिया को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

सानिया के पिता शमशाद अहमद के मुताबिक, लड़की छत पर अकेले कपड़े सुखाने के लिए गई थी, तभी बंदरों के एक झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। लड़की जान बचाने की कोशिश में भागने लगी और इस दौरान वह छत से गिर गई और बेहोश हो गई।

शिवाला कलां पुलिस स्टेशन के एसएचओ दीपक कुमार ने कहा, एक लड़की की घर की छत से गिरने से मौत हो गई। उसके परिवार ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया। यह एक दुर्घटना थी।

********************************

 

सेना प्रमुख ने राजौरी के अग्रिम इलाकों का दौरा किया

जम्मू  03 Sep, (Rns): थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम इलाकों का दौरा किया। रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि जनरल पांडे ने राजौरी सेक्टर में अग्रिम इलाकों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्री पांडे को कमांडरों ने परिचालन तैयारियों और मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी।

पांडे परिचालन तत्परता और नियंत्रण रेखा पर प्रभावी प्रभुत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख ने सैनिकों के साथ अपनी प्रेरक बातचीत के दौरान उन्हें परिचालन चुनौतियों का सामना करने में उनकी निरंतर व्यावसायिकता और दृढ़ता के लिए प्रोत्साहित किया।

*****************************

 

इंडिया गठबंधन में टीएमसी की मौजूदगी पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस का विद्रोह गंभीर

कोलकाता 03 Sep, (एजेंसी): कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी ने मुंबई में विपक्षी इंडिया ब्लॉक की तीसरी बैठक के दौरान मंच साझा किया। वहीं सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम व बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने पांच सितंबर को धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला।

राहुल गांधी, ममता बनर्जी और येचुरी राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ एकजुट विपक्ष को मजबूत बनाने के लिए एक ही लाइन अपना रहे हैं, जबकि चौधरी और सलीम ने स्पष्ट कर दिया कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस उनकी मुख्य “दुश्मन” है। सलीम और चौधरी दोनों ने तृणमूल कांग्रेस को भाजपा का गुप्त लाभार्थी बताया।

रैली में सलीम और चौधरी ने कहाा,” नरेंद्र मोदी पूरे देश को लूट रहे हैं, ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल को लूट रही हैं।” कांग्रेस धुपगुड़ी में सीपीआई (एम) उम्मीदवार ईश्वर चंद्र रॉय का समर्थन कर रही है।

तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने सलीम और चौधरी के तीखे हमलों का खंडन किया है और दोनों को भाजपा का गुप्त एजेंट बताया है। पार्टी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने मांग की है कि कांग्रेस आलाकमान को चौधरी को अपनी ही पार्टी की राष्ट्रीय नीति की अनदेखी करने के लिए सावधान करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “ऐसे समय में जब ममता बनर्जी, राहुल गांधी और सीताराम येचुरी राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा से लड़ने के लिए एक साथ हैं, सलीम और चौधरी भाजपा के गुप्त एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उनकी वजह से है कि 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में दोनों पार्टियां शून्य पर आ गईं, क्योंकि उन्होंने विपक्षी वोटों को विभाजित करके भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश की।”

इस बीच, राज्य कांग्रेस में असंतोष की सुगबुगाहट शुरू हो गई है, क्योंकि पार्टी आलाकमान के निर्देश के बाद राज्य कांग्रेस के बागी नेता और कलकत्ता उच्च न्यायालय के वकील कौस्तव बागची, जो हमेशा पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस साझेदारी के खिलाफ मुखर रहे थे, को पश्चिम बंगाल में पार्टी की प्रवक्ता सूची से हटा दिया गया।

बागची पर आरोप है कि वह तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ तो मुखर थे, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर भाजपा के बारे में आश्चर्यजनक रूप से चुप थे। उन पर सुप्रीम कोर्ट और कलकत्ता हाई कोर्ट में भ्रष्टाचार के आरोपी तृणमूल कांग्रेस नेताओं के लिए कानूनी जानकारी देने के लिए अभिषेक मनु सिंघवी और पी चिदंबरम जैसे कांग्रेस नेताओं और अधिवक्ताओं की सार्वजनिक रूप से आलोचना करने का भी आरोप है।

लेकिन, पार्टी प्रवक्ताओं की सूची से हटाने का पार्टी आलाकमान का फैसला बागची को चुप नहीं करा सका और उन्होंने दावा किया है कि कोई भी सजा राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ उनकी आवाज को दबा नहीं सकती है या उन्हें तृणमूल कांग्रेस को “चोरों की पार्टी” कहने से नहीं रोक सकती है।

बागची की टिप्पणियों को सोशल मीडिया पर राज्य के आम कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़े पैमाने पर समर्थन मिला है, जिन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में संपन्न राज्य पंचायत चुनावों के दौरान कई कार्यकर्ताओं के मारे जाने और टीएमसी के कांग्रेस नेताओं को लुभाने की कोशिश के कारण तृणमूल कांग्रेस के साथ समझौता अकल्पनीय है।

बागची की बढ़ती लोकप्रियता ने पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदरूनी सूत्रों को चिंतित कर दिया है कि अगर यह जारी रहा तो कांग्रेस को पश्चिम बंगाल में एक और पलायन का सामना करना पड़ सकता है।

इस बीच, भाजपा का राज्य नेतृत्व, खासकर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, इस मुद्दे पर कांग्रेस में बढ़ती अशांति का फायदा उठाने के लिए सक्रिय हो गए हैं। अधिकारी ने बागची को भाजपा में शामिल होने का खुला आह्वान करते हुए तृणमूल विरोधी लोगों से भी अपील की है कि वे या तो भाजपा में शामिल हों या एक स्वतंत्र तृणमूल विरोधी मंच बनाएं।

*************************

 

महिलाओं से दुर्व्यवहार की घटनाओं के खिलाफ पुरजोर आवाज़ उठाने की जरूरतः पायलट

जयपुर 03 Sep, (एजेंसी): राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने प्रतापगढ़ जिले के धरियावद क्षेत्र में एक महिला के साथ दुर्व्यवहार की घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली बताते हुए कहा है कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ पुरजोर आवाज़ उठाने की जरूरत है ताकि एक सभ्य और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।

पायलट ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह बात कही। उन्होंने कहा ” प्रतापगढ़ जिले के धरियावाद क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई हैवानियत की खबर मानवता को शर्मसार करने वाली है। हमारे समाज और संस्कृति में ऐसी शर्मनाक घटनाओं की कोई जगह नहीं है।” उन्होंने कहा कि घटना के बाद राजस्थान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके एक्शन लिया है और इस मामले में फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट से न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मगर एक समाज के नाते हमें ऐसी घटनाओं के खिलाफ पुरजोर आवाज़ उठानी होगी। तभी हम अपनी बहन-बेटियों के लिए एक सभ्य और सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकेंगे।

***************************