Category Archives: news

राज्यपाल अब महामहिम नहीं, माननीय कहलाएंगे, आदेश जारी

पटना ,12 अक्टूबर (एजेंसी)। बिहार के राज्यपाल को अब न ‘महामहिम’ कहकर बुलाया जाएगा और ना ही महामहिम लिखा जाएगा। अब बिहार राज्यपाल ‘माननीय’ कहे जाएंगे। राज्यपाल सचिवालय ने महामहिम शब्द को बदल दिया है, इसके स्थान पर माननीय लिखा जाएगा।
राजभवन सचिवालय से जारी आदेश में कहा गया है कि राज्यान्तर्गत सभी प्रकार के कार्यक्रमों के लिए महामहिम के स्थान पर माननीय का प्रयोग किया जाएगा। आदेश में आगे लिखा गया है कि माननीय राज्यपाल महोदय के नाम के आगे ‘श्री’ अथवा ‘श्रीमती का प्रयोग किया जाएगा।

विशेष परिस्थिति में केवल विदेश के राजनायिकों के साथ शिष्टाचार भेंट आदि के समय महामहिम का प्रयोग किया जाएगा। राजभवन सचिवालय के आदेश मे आगे लिखा गया है कि सभी प्रकार के सरकारी टिप्पणी में महामहिम के स्थान पर माननीय राज्यपाल का प्रयोग किया जाए।

*************************

 

वित्त मंत्रालय ने किया स्पष्ट, गंगाजल और पूजा सामग्री पर कोई जीएसटी नहीं

नई दिल्ली ,12 अक्टूबर (एजेंसी)। त्योहारों का मौसम करीब है, ऐसे में वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को साफ किया कि गंगाजल जीएसटी से मुक्त रहेगा। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) द्वारा जारी एक स्पष्टीकरण में बताया गया कि गंगाजल (पवित्र गंगा नदी का पानी) और पूजा सामग्री (वस्तुएं) को जीएसटी की छूट दी गई है।

सीबीआईसी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कुछ मीडिया रिपोर्टों के बाद गंगाजल पर जीएसटी लागू करने को लेकर स्पष्टीकरण की जरूरत महसूस की गई थी।

इसने कहा, 2017 में आयोजित जीएसटी परिषद की 14वीं और 15वीं बैठक में पूजा सामग्री पर जीएसटी पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें छूट सूची में रखने का निर्णय लिया गया। इसलिए, जीएसटी की शुरूआत के बाद से इन सभी वस्तुओं को छूट दी गई है।

*****************************

 

हर भारतीय अपने कार्यक्षेत्र में देश प्रथम का संकल्प लेकर कार्य करे तो भारत आजादी के शताब्दी वर्ष तक दुनिया की महाताकत बनकर रहेगा: योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर / कुशीनगर  12 अक्टूबर (एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि हर भारतीय अपने कार्यक्षेत्र में “देश प्रथम” का संकल्प लेकर कार्य करे तो भारत आजादी के शताब्दी वर्ष तक दुनिया की महाताकत बनकर रहेगा। हर व्यक्ति की प्राथमिकता पहले देश, फिर धर्म, समाज व अंत में परिवार होनी चाहिए। यही प्राथमिकता व संकल्प हनुमान प्रसाद पोद्दार ‘भाई जी’ का भी था।

सीएम योगी बुधवार शाम गीता वाटिका में विश्व प्रसिद्ध धार्मिक पत्रिका कल्याण के आदि संपादक हनुमान प्रसाद पोद्दार ‘भाई जी’ की 131वीं जयंती पर संगोष्ठी के रूप में आयोजित श्रद्धा अर्चन कार्यक्रम में अपने भावों को शब्द रूप में व्यक्त कर रहे थे। ‘भाई जी हनुमान प्रसाद जी पोद्दार- जीवन एवं अवदान’ विषयक संगोष्ठी में मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि भाई जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन भारत एवं भारतीयता, भक्ति,  वैराग्य और आध्यात्मिक शक्ति के उत्थान में लगाया।

गीता प्रेस के संस्थापक जयदयाल गोयनका के सानिध्य में रहकर उन्होंने साहित्य साधना के द्वारा भारत की अभिनंदनीय आध्यात्मिक सेवा की।उनके द्वारा प्रकाशित कल्याण पत्रिका भारतीय संस्कृति को मानने वाले सभी लोगो के मन में बसा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाई जी ने कल्याण पत्रिका के द्वारा भारत की आध्यात्मिक, साहित्य और वैदिक साहित्य का समावेश कर, समाज और परिवार के अनुकूल बनाकर आम जन तक इसे सुलभ एवं सहज बनाया। गीता वाटिका के महान संत राधा बाबा के सानिध्य में रहकर भारतीय अध्यात्म एवं वैदिक साहित्य को घर घर तक पहुंचाया।

सीएम ने कहा कि भाई जी आध्यात्मिक सेवक के साथ स्वतंत्रता सेनानी तथा आपदा में सहयोग के लिए अग्रणी रहने वाले भी थे। एक व्यक्ति में इतनी सारी योग्यता थी यह आश्चर्य की बात थी। देश की आजादी के लिए क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय रहकर उन्होंने युवाओं में आध्यात्मिक शक्ति को जगाने का कार्य किया।  आगे कहा कि सम्पूर्ण भारतीयों के कल्याण एवं भारतीयता के हित में जो भी हो सकता था उन्होंने किया। आजादी की लड़ाई में वह जेल भेजे गए, उन्हें नजरबंद किया गया, कल्याण पत्रिका को जब्त कर लिया गया लेकिन भाई जी बेपरवाह अपने ध्येय में लगे रहे। उन्होंने आजादी के आंदोलन में भक्ति की शक्ति की आधारशिला तैयार की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाई जी ने साहित्य साधना में अद्भुत कार्य किया। गोरखपुर से कल्याण का प्रकाशन करने के साथ गीता वाटिका को साधना स्थली बनाया। यहां राधा बाबा के साथ आध्यात्मिक शक्ति को लोक कल्याण से जोड़कर जीवन का ध्येय बनाया। वास्तव में राधा बाबा व भाई जी दो शरीर और एक आत्मा थे। भाई जी की भावनाओं के अनुरूप देश का वर्तमान नेतृत्व भारत और भारतीयता, देश के मानबिन्दुओं की पुनर्स्थापना के लिए कार्य कर रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर का हो रहा निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम का कायाकल्प और कुंभ का भव्य आयोजन इसके उदाहरण हैं। आज का नया भारत विरासत का सम्मान करते हुए आगे बढ़ रहा है।

सबके कल्याण की बात करता है सनातन धर्म

सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म सबके व चराचर जगत के कल्याण की बात करता है। सनातन धर्म में हर जाति को संरक्षण प्राप्त है। इसने कभी किसी जाति का विरोध नहीं किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म पर हो रहे प्रहार को लेकर चौकन्ना होना होगा। इस पर प्रहार करने वाले वे लोग हैं जिन्हें भारत का विकास अच्छा नहीं लगता, जिन्हें देश की आध्यात्मिक और भौतिक प्रगति स्वीकार नहीं होती। ऐसे लोगों को पहचानना होगा नहीं तो सनातन को कोसने वालों की तादाद बढ़ती जाएगी।

भाई जी के प्रति श्रद्धार्चन के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी समाधि स्थली पर भी गए और पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धा निवेदित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर दो बच्चों को खूब दुलारा और आशीर्वाद देकर उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संग्रहालय नई दिल्ली के महानिदेशक प्रो. बुद्ध रश्मि मणि, हरियाणा साहित्य एवं सांस्कृतिक अकादमी के उपाध्यक्ष प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री, भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के निदेशक (शोध एवं प्रशासन) ओम जी उपाध्याय, हनुमान प्रसाद पोद्दार स्मारक समिति के सचिव उमेश सिंहानिया, संयुक्त सचिव रसेंदु फोगला, विष्णु प्रसाद अजितसरिया, प्रमोद मातनहेलिया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

************************************

 

सांसद रूडी की पहल पर सोनहो में शीघ्र बनेगा अंडरपास

*एनएच-722 और एसएच-73 को मिलेगी जाम से मुक्ति*

*सारण में केंद्रीय योजनाओं की झड़ी लगा दी है सांसद रुडी ने*

*अख्तियारपुर रेपुरा, मकेर और गरखा बायपास के बाद सोनहों में भी होगा ब्लैक स्पाट का स्थायी निदान*

*सोनहो में पथों के जंक्शन पॉइंट पर 44 करोड़ 29 लाख की लागत से से मिलेगा ब्लैक स्पॉट से निजात* 

*राज्य सरकार को पिछे छोड़ विकासवादी योजनाओं में केंद्र सरकार आगे*

*यातायात होगा सुगम, बढ़ेगी रफ्तार, एनएच-722 और एसएच-73 के जंक्शन प्वाईंट पर बनेगा अंडरपास*

*सोनहो में एनएच पर एसएच के कारण चौराहे का निर्माण हो गया है जिससे जाम लगता है और दुर्घटना होती है।*

पटना, 12 अक्टूबर (एजेंसी) । देशभर में ब्लैक स्पॉट को चिन्हित किया गया था गया और अत्यधिक दुर्घटना वाले स्थानों की पहचान की गई थी। यह विदित है कि देश में सारण जिला ऐसा क्षेत्र है जहां सांसद राजीव प्रताप रूडी ने सबसे अधिक ब्लैक स्पॉट की पहचान करते केंद्रीय मंत्री गडकरी के संज्ञान में लाया और उसे संसद में भी उठाया था। परिवहन का विकास और सुगम यातायात के लिए स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रुडी की दूरदर्शी सोच अब मूर्त्तरूप लेता दीख रहा है।

उनके प्रयास से जिले में लाई गई परियोजनाएं अब धरातल पर तेजी से आकार ले रही हैं। इसी कड़ी में अब सोनहो में राजकीय उच्च पथ संख्या 73 और राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 722 के मिलान बिंदु पर वाहनों के सुगम आवागमन के लिए 44,29,57.620 की लागत से ब्लैक स्पाट का स्थायी निदान किया जाएगा। इसके तहत अंडरपास (VUP) के निर्माण के निर्माण के साथ ही जल निकासी के लिए नाला, बिटुमिनस कार्य, पुलिया आदि कार्य कराया जायेगा। इस संदर्भ में सांसद रुडी ने बताया कि सोनहों में पथों के इस जंक्शन प्वाइंट पर चारो ओर के वाहनों का जबरदस्त दबाव बना रहता है जिस कारण जाम की विकट समस्या बनी रहती है।

आमजन को इस समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए पथ निर्माण विशेषज्ञों के अलावा राष्ट्रीय उच्च पथ प्राधिकरण से मैंने निवारणार्थ वार्ता किया था। विभागीय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी की गई वार्ता का परिणाम यह निकला कि यहां एक अंडरपास निर्माण के साथ ही अन्य कार्यों की मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि सोनहो में एनएच 722 और एसएच 73 के मिलान बिंदु पर हमेशा वाहनों का दबाव बना रहता है। इस कारण यहां निरंतर जाम की समस्या बनी रहती है। कोई भी वाहन समय से अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाता।

स्थानीय दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के अलावा पटना से सारण और मुजफ्फरपुर जाने वाले वाहन, राजधानी पटना से सारण, सिवान, गोपालगंज होते हुए उत्तर प्रदेश के देवरिया और गोरखपुर की तरफ जाने वाले वाहन, गोरखपुर की तरफ से मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी व पटना की तरफ जाने वाले वाहन के अलावा सारण से मुजफ्फरपुर जाने वाली सवारी गाड़ियों और व्यावसायिक वाहनों का यहां जबरदस्त दबाव बना रहता है।

इस कारण सोनहो और परसा प्रखण्ड के दर्जनों गांवों के लोग को यहां लगने वाले जाम से तब सहूलियत मिलेगी जब अंडरपास का निर्माण हो जायेगा। रुडी ने आगे बताया कि एनएच पर एसएच के कारण बीच शहर की तरह चौराहे का निर्माण हो गया है जो एनएच या एस एच के लिए वाजिब नहीं है। गंतव्य तक सही समय से पहुँचने के लिए यहां एक अंडरपास की आवश्यकता महसूस की गई जिस संदर्भ में मैने केंद्रीय मंत्री गडकरी जी को बताया और उन्होंने इसे गंभीरता लिया और योजना अब मूर्तरूप लेगी।

**************************

 

अंगल्लू मामले में चंद्रबाबू नायडू की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा

अमरावती 12 Oct, (एजेंसी): आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने गुरुवार को अंगल्लू हिंसा मामले में पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अग्रिम जमानत याचिका पर आदेश सुरक्षित रख लिया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। फैसला शुक्रवार को सुनाया जाएगा। नायडू के वकील ने तर्क दिया कि मामले में आरोपी के रूप में नामित कुछ लोगों को हाईकोर्ट ने पहले ही अग्रिम जमानत दे दी थी और सुप्रीम कोर्ट ने भी इस आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था।

अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा कि नायडू की टिप्पणियों के कारण हिंसा हुई। नायडू और विपक्षी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अन्य नेताओं पर 4 अगस्त को अन्नमया जिले के अंगल्लू गांव में हुई हिंसक घटनाओं के सिलसिले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। चित्तूर जिले के अंगल्लू और पुंगनूर शहर में घटनाएं तब हुईं जब टीडीपी प्रमुख ने सिंचाई परियोजनाओं की स्थिति देखने के लिए क्षेत्र का दौरा किया था।

चंद्रबाबू नायडू कथित करोड़ों रुपये के कौशल विकास घोटाला मामले में अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले में सीआईडी ने उन्हें पिछले महीने गिरफ्तार किया था। मामले में उनकी जमानत याचिका आज दिन में हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए आने की संभावना है। विजयवाड़ा एसीबी कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया था।

हाईकोर्ट ने बुधवार को उन्हें अमरावती इनर रिंग रोड मामले में अग्रिम जमानत दे दी थी। उनके द्वारा दायर अग्रिम जमानत याचिका पर बहस सुनने वाली अदालत ने अस्थायी जमानत दे दी और मामले में 16 अक्टूबर तक नायडू को गिरफ्तार नहीं करने का अंतरिम आदेश जारी किया।

****************************

 

Batla House Encounter में बड़ा फैसला: दोषी आरिज खान को नहीं होगी फांसी, HC ने सज़ा को आजीवन कारावास में बदला

नई दिल्ली 12 Oct, (एजेंसी): बाटला हाउस एनकाउंटर मामले में दोषी आरिज खान को मौत की सजा नहीं मिलेगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने दोषी आरिज खान को मौत की सजा देने से इनकार कर दिया है। हाईकोर्ट ने आरिज खान की मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया है। इस मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा की जान चली गई थी। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने 2008 के बटला हाउस मुठभेड़ मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आरिज खान को दी गई मौत की सजा की पुष्टि पर शुक्रवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

बता दें, 19 सितंबर 2008 को ओखला क्षेत्र में जामिया नगर के बाटला हाउस इलाके में यह एनकाउंटर हुआ था। इस इनकाउंटर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंजाम दिया था। दरअसल, 13 सितंबर 2008 को दिल्ली में पांच जगहों पर धमाके हुए। इन सीरियल ब्लास्ट में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इन धमाकों से जुड़े आतंकवादियों के संबंध में खुफिया जानकारी मिलने पर दिल्ली पुलिस ने बाटला हाउस में रेड की थी।

इंडियन मुजाहिद्दीन का प्रमुख आतंकवादी आतिफ अमीन साल 2009 में जामा मस्जिद के गेट के पास हुए एनकाउंटर में मारा गया, जिससे आतंकवादी संगठन को भारी नुकसान हुआ। क्योंकि आतिफ अमीन 2008 के दिल्ली सीरियल ब्लास्ट, अहमदाबाद, जयपुर, सूरत और फैजाबाद में हुई आतंकी घटनाओं में शामिल रहा था।

जब दिल्ली पुलिस ने बाटला हाउस के उस घर में दस्तक दी, जहां आतंकवादी छिपे हुए थे तो एनकाउंटर शुरू हो गया। इस एनकाउंटर में दो आतंकवादी मारे गए और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा भी शहीद हो गए। अन्य आतंकवादियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

***************************

 

नीतीश कुमार ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस हादसे पर जताया दुख, मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा

पटना 12 Oct, (एजेंसी): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेन दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों का राज्य सरकार अपने तरफ से इलाज करायेगी।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि जैसे ही मुझे इस हादसे के बारे में पता चला मैंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। रात में सारे अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत का कार्य शुरू हुआ। चार लोगों की मौत हुई है। एक मृतक का संबंध बिहार से है। हम सब लोगों को मदद करने वाले हैं। मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये दिए जाएंगे। केंद्र सरकार को भी यह देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय में केंद्र सरकार में मैं रेल मंत्री था। उस दौरान मैंने रेलवे में एक-एक काम बढ़िया से करवाया था, जिसकी वजह से रेल हादसों में काफी कमी आई थी, उन लोगों को भी इस पर ध्यान देना चाहिए।

*****************************

 

NEET PG Cut-Off को शून्य करने पर केंद्र सरकार को हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

बेंगलुरु 12 Oct, (एजेंसी): कर्नाटक उच्च न्यायालय ने गुरुवार को मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) के नीट पीजी क्वालीफाइंग परसेंटाइल को शून्य करने के हालिया फैसले के संबंध में केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया। इस फैसले को हुबली के वकील डॉ. विनोद कुलकर्णी ने चुनौती दी थी। मुख्य न्यायाधीश प्रसन्ना बी. वराले और न्यायमूर्ति कृष्ण एस. दीक्षित की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, एमसीसी और अन्य को नोटिस जारी किया।

एक आश्चर्यजनक घोषणा में, नीट पीजी परीक्षा के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा के लिए स्नातकोत्तर सीटें आवंटित करने के लिए जिम्मेदार एमसीसी ने कहा कि इस वर्ष खाली सीटों के लिए पात्रता शून्य प्रतिशत होगी। यह पहली बार है कि 2017 में अन्य सभी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की जगह लेने के बाद से पात्रता कट-ऑफ को पूरी तरह से हटा दिया गया है। सूत्रों ने कहा कि दो दौर की काउंसलिंग के बाद भी देश भर के मेडिकल कॉलेजों में 13,000 से अधिक सीटें वर्तमान में खाली हैं।

याचिकाकर्ता ने बताया कि 10 वर्षों तक नीट पीजी परीक्षा के लिए कट-ऑफ प्रतिशत 50 प्रतिशत था। याचिका में कहा गया, “न्यूनतम 50 प्रतिशत को खत्म करने के बारे में अधिसूचना 20 सितंबर, 2023 को प्रकाशित की गई थी। एमसीसी के आदेश के बाद, कोई भी छात्र जिसने नीट पीजी में भाग लिया था, उसे अपनी पसंद की सीट मिल सकती है। यदि यह परिणाम है, तो देश डॉक्टर पैदा करने वाली फैक्ट्री बन जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने कई बार दोहराया है कि पीजी प्रवेश के लिए योग्यता मानदंड होना चाहिए। नया आदेश निजी मेडिकल कॉलेजों को और अधिक पैरवी करने में सक्षम बनाता है,”

याचिकाकर्ता ने प्रस्तुत किया था कि इस संबंध में एमसीसी द्वारा दिए गए आदेश को वापस लेने का निर्देश दिया जाना चाहिए और पहले के 50 प्रतिशत कट-ऑफ अंक के अनुसार भी निर्देश दिए जाने चाहिए, जहां एक उम्मीदवार के लिए नीट पीजी परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।

*****************************

 

आयकर विभाग का एक्शन, ज्वैलर्स से जुड़े 50 ठिकानों पर एक साथ की छापेमारी; मचा हड़कंप

बेंगलुरु 12 Oct, (एजेंसी): आयकर विभाग गुरुवार को बेंगलुरु में ज्वैलर्स से जुड़े 50 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि छापेमारी ज्वैलर्स के कार्यालयों और आवासों और कॉफी बोर्ड के सचिव एम.चंद्रशेखर से जुड़े परिसरों पर भी हो रही है।

छापेमारी मल्लेश्वरम, सदाशिवनगर, डॉलर्स कॉलोनी, मथिकेरे, सरजापुर रोड, आरएमवी एक्सटेंशन और अन्य इलाकों में की गई। पिछले हफ्ते, बेंगलुरु में कर चोरी की पृष्ठभूमि में ज्वैलर्स पर इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। सूत्रों ने बताया कि प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर वर्तमान छापेमारी की जा रही है।

कॉफी बोर्ड के सचिव चन्द्रशेखर के आवास और कार्यालय पर छापेमारी चल रही है। सूत्रों ने बताया कि यह छापेमारी ज्वैलर्स के साथ चन्द्रशेखर के लेनदेन के मद्देनजर हो रही है। आयकर कर्मी 120 कारों में आए और पूरे शहर में एक साथ छापेमारी शुरू की। टीमें चेन्नई, नई दिल्ली से जुटाई गई हैं। छापेमारी के संबंध में अभी और जानकारी सामने आना बाकी है।

*************************

 

तमिलनाडु के मंत्री सेंथिलबालाजी की जमानत याचिका 16 अक्टूबर तक स्थगित

चेन्नई 12 Oct, (एजेंसी) : मद्रास उच्च न्यायालय ने सत्तारूढ़ द्रमुक नेता और बिना पोर्टफोलियो वाले तमिलनाडु के मंत्री वी. सेंथिलबालाजी की जमानत याचिका 16 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी है। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था और वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है। प्रधान सत्र न्यायालय द्वारा उनकी जमानत याचिका दो बार खारिज किए जाने के बाद मंत्री के वकील एन.आर.एलंगो ने उच्च न्यायालय का रुख कर उनकी कोरोनरी बाईपास सर्जरी का हवाला देकर पूरी तरह से चिकित्सा आधार पर जमानत की मांग की।

कल शाम मामला सूचीबद्ध होने के बाद न्यायमूर्ति जी.जयचंद्रन ने ईडी को नोटिस देने का आदेश दिया और मामले को आगे की सुनवाई के लिए 16 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया।श्री सेंथिलबालाजी को 2011-2016 के अन्नाद्रमुक शासन के दौरान परिवहन मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान नौकरियों के लिए नकद घोटाले के सिलसिले में 14 जून को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था और एक निजी अस्पताल में उनकी बाईपास सर्जरी की गई थी।

***************************

 

SC ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक की अंतरिम जमानत तीन महीने के लिए बढ़ाई

नई दिल्ली 12 Oct, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को चिकित्सा आधार पर अंतरिम जमानत देने के अपने पहले के आदेश को गुरुवार को तीन महीने के लिए बढ़ा दिया। न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद आदेश दिया, “याचिकाकर्ता को दी गई अंतरिम जमानत को तीन महीने की अवधि के लिए बढ़ाया जाता है।”

पीठ को अवगत कराया गया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता क्रोनिक किडनी रोग से पीड़ित हैं और उनकी बाईं किडनी पूरी तरह से खराब हो गई है। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पेश हुए राजू ने मलिक की ओर से किए गए अनुरोध पर कोई आपत्ति नहीं जताई और कहा कि अंतरिम जमानत बढ़ाने की उनकी याचिका पर शीर्ष अदालत “विचार कर सकती है।”

शीर्ष अदालत ने आदेश दिया,“याचिकाकर्ता के वकील का कहना है कि याचिकाकर्ता अभी भी क्रोनिक किडनी रोगों से पीड़ित है और उसकी चिकित्सीय स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उपरोक्त के मद्देनजर, याचिकाकर्ता को दी गई अंतरिम जमानत को प्रार्थना के अनुसार तीन महीने की और अवधि के लिए बढ़ाया जाता है।”

*******************************

 

दिल्ली हाई कोर्ट ने पवन मुंजाल के खिलाफ धोखाधड़ी केस पर लगाई रोक

नई दिल्ली 12 Oct, (एजेंसी): दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को हीरो मोटोकॉर्प के एमडी और सीईओ पवन मुंजाल के खिलाफ धोखाधड़ी मामले की कार्यवाही पर रोक लगा दी। सूत्रों ने ये जानकारी दी है। हाई कोर्ट में हीरो मोटोकॉर्प के फर्जीवाड़े मामले के खिलाफ याचिका पर भी दिसंबर को सुनवाई होने की संभावना है।

दिल्ली पुलिस ने 2010 से पहले के एक पुराने मामले में कंपनी और उसके अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। कंपनी और उसके अधिकारियों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के बारे में कंपनी ने अपने बयान में कहा, “यह सूचित किया जाता है कि यह वर्ष 2009-10 से एक असंतुष्ट सेवा प्रदाता, ब्रेन्स लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड (प्रमोटर रूप दर्शन पांडे) से संबंधित एक पुराना मामला है।”

यह भी ध्यान दिया जा सकता है कि शिकायतकर्ता ने शिकायत में कंपनी के अधिकारियों का उल्लेख किया है, लेकिन एफआईआर में किसी भी अधिकारी का नाम नहीं लिया गया है।

हीरो मोटोकॉर्प के बयान में कहा गया है, “2013 में हीरो मोटोकॉर्प ने ब्रेन्स लॉजिस्टिक्स के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की थी और मामला अदालत में चल रहा है।”

*************************

 

मुंबई पुलिस ने शुरू की समीर वानखेड़े को जान से मारने की धमकी की जांच

मुंबई 12 Oct, (एजेंसी): गोरेगांव पुलिस ने मुंबई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक और आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े को मिली जान से मारने की धमकी की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी। वानखेड़े ने मुंबई पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें एक इंस्टाग्राम यूजर से ‘जान से मारने की धमकी’ मिल रही है, जो कथित तौर पर बांग्लादेश में बताया जा रहा है।

वर्तमान में चेन्नई में तैनात वानखेड़े ने अज्ञात इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता से प्राप्त मौत की धमकी के संदेशों पर मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर को एक ईमेल भेजा है। 2008 बैच के आईआरएस अधिकारी, वानखेड़े को बॉलीवुड मेगा-स्टार शाहरुख खान से बड़ी रकम वसूलने के कथित प्रयास के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच का सामना करना पड़ रहा है।

उल्‍लेखनीय है कि वानखेड़े ने 2 अक्टूबर, 2021 को मुंबई तट के पास लक्जरी जहाज, कॉर्डेलिया क्रूज पर ड्रग्स का भंडाफोड़ करने के लिए छापेमारी की थी और शाहरुख खान के बेटे आर्यन सहित ग्लैमर जगत के 17 से अधिक लोगों को पकड़ा था। आर्यन खान ने एक महीना जेल में बिताया, और रिहाई के बाद, एक उच्च-स्तरीय एनसीबी जांच ने निष्कर्ष निकाला कि वह निर्दोष था और उसे उस मामले में फंसाया गया था।

********************************

 

सोनिया व प्रियंका शनिवार को डीएमके महिला सम्मेलन में होंगी शामिल

चेन्नई 12 Oct, (एजेंसी): कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को द्रमुक की महिला शाखा द्वारा आयोजित ‘महिला अधिकार सम्मेलन’ में भाग लेंगी।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले, सीपीआई-एम की सुभाषिनी अली और सीपीआई नेता एनी राजा भी उपस्थित रहेंगी। सम्मेलन, जो दिवंगत द्रमुक नेता एम.करुणानिधि के शताब्दी समारोह का हिस्सा है, की अध्यक्षता मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन करेंगे और सोनिया गांधी भी संबोधन करेंगी।

सम्मेलन महिलाओं के लिए आरक्षण के संबंध में भाजपा सरकार की फैसले पर अपना जोरदार विरोध दर्ज कराएगा, साथ ही मणिपुर की स्थिति के प्रति केंद्र के उदासीन दृष्टिकोण का मुद्दा भी उठाएगा। रोजगार की कमी, सुरक्षा और महिलाओं को प्रभावित करने वाले अन्य मुद्दों पर भी ध्यान दिया जाएगा।

***************************

 

लोकेश ने अमित शाह से की मुलाकात, कहा- जेल में मेरे पिता नायडू की जान को खतरा

अमरावती 12 Oct, (एजेंसी): तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के महासचिव नारा लोकेश ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिकायत की है कि जेल में उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की जान को खतरा है। नई दिल्ली में शाह से मुलाकात करने वाले लोकेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी उन्हें निशाना बनाने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रहे हैं।

टीडीपी नेता ने बैठक के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि उन्होंने अमित शाह को आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी सरकार द्वारा राज्य मशीनरी के दुरुपयोग, चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ शासन के प्रतिशोध और जिस भयावह स्थिति में उन्हें जेल में रखा गया है, उससे अवगत कराया। उनकी जान को खतरा है। लोकेश ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि एक तरफ नायडू को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी तरफ जांच के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मां भुवनेश्वरी और पत्नी ब्रह्माणी के लिए भी समस्याएं पैदा करने की कोशिश कर रही है।

अमित शाह ने कथित तौर पर चंद्रबाबू नायडू के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, जो कौशल विकास निगम मामले में पिछले महीने गिरफ्तारी के बाद से राजमुंदरी सेंट्रल जेल में बंद हैं। लोकेश ने गृह मंत्री को अपने और अपने पिता के खिलाफ दर्ज मामलों के बारे में जानकारी दी। अमरावती इनर रिंग रोड मामले में टीडीपी महासचिव से अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने दो दिनों तक पूछताछ की। सीआईडी ने अमरावती इनर रिंग रोड और एपी फाइबरनेट मामलों में नायडू के खिलाफ प्रिजनर ट्रांजिट (पीटी) वारंट भी जारी किया है।

टीडीपी सुप्रीमो को अंगल्लू हिंसा मामले में गिरफ्तारी का भी सामना करना पड़ रहा है। बैठक के दौरान भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी और भाजपा की तेलंगाना इकाई के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भी मौजूद थे। बैठक के बाद पुरंदेश्वरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”लोकेश ने अमित शाह जी को राज्य सरकार और शीर्ष नेतृत्व वाले नेताओं के प्रतिशोध के बारे में विस्तार से बताया। अब केंद्र पर आरोप लगाने वालों को जवाब देना होगा कि अगर गिरफ्तारी के पीछे भाजपा का हाथ था तो अमित शाह जी लोकेश को मिलने का समय क्यों देंगे!”

*******************************

 

कोझिकोड एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के मामले में CISF अधिकारी निलंबित

तिरुवनंतपुरम 12 Oct, (एजेंसी): कोझिकोड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी करने के मामले में गुरुवार को सीआईएसएफ के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। इसमें कथित तौर पर एयरपोर्ट का टॉप अधिकारी शामिल है। निलंबित असिस्टेंट कमांडेंट नवीन कुमार, एयरपोर्ट के अंदर काम करने वाले एक कस्टम अधिकारी के साथ केरल पुलिस के रडार पर थे।

मलप्पुरम एसपी एस. सुजीत दास के नेतृत्व में स्पेशल पुलिस टीम एयरपोर्ट से बड़े पैमाने पर सोने की तस्करी पर बारीकी से निगरानी कर रही है। इस बात की पुष्टि करने के लिए पर्याप्त सबूत इकट्ठा करने के बाद कि गिरोह ने लगभग 60 बार सोने की तस्करी की है, पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी।

जांच से पता चला कि रफीक नाम के कोझिकोड निवासी के तस्करी रैकेट की पहुंच सीमा शुल्क अधिकारियों के ड्यूटी रोस्टर तक भी थी। जांच टीम को यह भी पता चला है कि गिरोह एक बंद यूजर ग्रुप सिम का इस्तेमाल कर रहा था। पहले भी केरल पुलिस ने तस्करों की मदद करने वाले अधिकारियों को हिरासत में लिया था।

**************************

 

एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए असम पुलिस ने लवलीना को किया सम्मानित

गुवाहाटी 12 Oct, (एजेंसी): असम पुलिस ने शीर्ष मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को सम्मानित किया है और उन्हें राज्य के डीजीपी का प्रशस्ति पदक प्रदान किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। हांगझाऊ में हाल ही में संपन्न 19वें एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने के लिए लवलीना को असम पुलिस ने सम्मान किया। पुरस्कार समारोह गुवाहाटी में असम पुलिस मुख्यालय में आयोजित किया गया।

प्रतीक के रूप में, मुक्केबाज ने पुलिस विभाग को अपना ऑटोग्राफ की हुई बॉक्सिंग ग्वव्स की एक जोड़ी भी उपहार में दी। ‘एक्स’ असम के डीजीपी जी.पी. सिंह ने लिखा, “असम पुलिस ने हांगझोऊ में 19वें एशियाई खेलों में शानदार सफलता पर एशियाई खेलों की पदक विजेता, हमारी अपनी डीएसपी लवलीना बोरगोहाई को पुलिस मुख्यालय गुवाहाटी में सम्मानित किया। उन्हें असम के डीजीपी प्रशस्ति पदक से भी सम्मानित किया गया है।

उन्होंने मुक्केबाजी दस्ताने की एक हस्ताक्षरित जोड़ी भी हमें भेंट की।” इस बीच, असम ओलंपिक एसोसिएशन ने लवलीना बोरगोहेन को एक लाख रुपये और एशियाई खेलों के दूसरे प्रतिभागियों को 25,000 रुपये का मौद्रिक पुरस्कार देने का फैसला किया है।

******************************

 

सुखपाल खैहरा मामले की सुनवाई पूरी, हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा

चंडीगढ़ 12 Oct, (एजेंसी) : कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर आज दूसरे दिन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस अनूप चितकारा की अदालत में सुनवाई हुई। जिसमें मामले की सुनवाई पूरी हो चुकी है। सुनवाई के बाद जज ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

गौरतलब है कि सुखपाल सिंह खैहरा की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर कल सुनवाई हुई थी और इसमें दोनों पक्षों के वकीलों के बीच दो घंटे तक बहस चली, लेकिन दोनों पक्षों की बहस पूरी नहीं हो सकी, जिसके चलते आज मामले की दोबारा सुनवाई हुई। वहीं, आपको बता दें कि कल ही सुखपाल सिंह खैहरा ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसकी सुनवाई भी अगले एक-दो दिन में होगी।

*******************************

 

राष्ट्रपति मुर्मू ने जम्मू की एक दिवसीय यात्रा की शुरू

श्रीनगर 12 Oct, (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जम्मू संभाग की अपनी एक दिवसीय यात्रा शुरू करने के लिए गुरुवार सुबह श्रीनगर से रवाना हुईं।
राष्ट्रपति रियासी जिले के कटरा शहर में माता वैष्णो देवी मंदिर का दौरा कर रही हैं। वह तीर्थस्थल पर दो प्रतिष्ठित परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी। स्काईवॉक यात्रियों की तीर्थ यात्रा को और भी सुगम बना देगा क्योंकि तीर्थस्थल पर जाने वाले और मंदिर से वापस आने वाले लोग स्काईवॉक पर दो अलग-अलग मार्गों का उपयोग करेंगे।

राष्ट्रपति द्वारा उद्घाटन की जाने वाली दूसरी परियोजना पुनर्निर्मित पार्वती भवन है। पुनर्निर्मित भवन में 1,500 लॉकर हैं और एक समय में 10,000 से 15,000 तीर्थयात्रियों को जगह मिलेगी। पुनर्निर्मित पार्वती भवन में पुरुष और महिला तीर्थयात्री अलग-अलग मंजिलों का उपयोग करेंगे।

तीर्थयात्री अपना सामान लॉकर में रख सकेंगे, स्नान कर सकेंगे और फिर मंदिर में दर्शन कर सकेंगे। यह तीर्थयात्रियों के लिए एक निःशुल्क सुविधा है। बुधवार को यहां पहुंचने पर, राष्ट्रपति ने श्रीनगर के बादामी बाग छावनी क्षेत्र में सेना की 15 कोर के मुख्यालय के अंदर युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपनी यात्रा शुरू की। राष्ट्रपति ने कश्मीर विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया।

***************************

 

 

तेज रफ्तार से चल रही ट्रेन में मच गई चीख पुकार, ग्रामीण बने मददगार

बक्सर 12 Oct, (एजेंसी): रात धीरे-धीरे गहरी होती जा रही थी और आनंद विहार टर्मिनल से चली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस तेज गति से अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ रही थी। कुछ यात्री रात्रि में भोजन कर चादर तान सो रहे थे, तो कुछ सोने की तैयारी में थे। इसी बीच, अचानक पहले तेज झटका लगा और फिर चीख पुकार और अफरा तफरी मची। लोग कुछ समझ नहीं पा रहे थे। फिर पता चला कि ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, वह डब्बे से बाहर निकलने की चेष्टा में थे।

दानापुर की रहने वाली अंजु बुधवार की रात में नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से सफर कर रही थी और जब उस मंजर के विषय में पूछा तो कुछ ऐसा ही बयान किया। अंजू बताती हैं कि लोग मदद की आस में इधर-उधर देख ही रहे थे कि तेज आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और मददगार बन गए। उस समय ये ग्रामीण उन यात्रियों के लिए फरिश्ते से कम नहीं थे। स्थानीय दुकानें बंद हो गई थी, सभी लोग बाजार से घर जा चुके थे, लेकिन व्हाट्सएप ग्रुप पर मैसेज बढ़ता गया और लोग घटनास्थल पर पहुंचते गए।

स्थानीय बाजार के युवा और सामाजिक कार्यकर्ता यात्रियों की मदद कार्य में जुट गए। जिस जगह ये हादसा हुआ, वहां रघुनाथपुर बाजार स्थित है। यहां के लोगों ने जब हादसे के बारे में सुना तो वो तुरंत मौके पर पहुंचे। कुछ इलाके के दूसरे गांवों से भी पहुंचे लोगों की मदद ली और अपने वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। ग्रामीण हर सहायता पहुंचाना चाहते थे। साधन उपलब्ध नहीं था तो जुगाड़ के जरिए लोगों को मदद पहुंचाना शुरू कर दिया। भरखर, कांट, कैथी, रहथुआ, शाहपुर, बाबूडेरा सहित कई गांव के लोग पहुंच गए।

रोहिल छपरा गांव के रहने वाले समाजसेवी आनंद कुमार तत्काल पहुंचने वाले लोगों में से एक थे। वे बताते हैं, घुप्प अंधेरे में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद मोटर साइकिल की लाइट की सहायता से खिड़कियों के कांच तोड़े गए और लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। वे कहते हैं कि इसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम भी पहुंच गई।

रघुनाथपुर के विशाल सिंह बताते हैं कि जो यात्री बोगी से निकाले जा रहे थे, उन्हें भी सहसा जिंदा रहने पर विश्वास नहीं हो रहा था। महिला यात्रियों के निकलने के बाद भी पांव कांप रहे थे। वे बताते हैं कि इसके बाद गांव से रोशनी के लिए जेनरेटर की व्यवस्था कराई गई। बच्चो के लिए दूध उपलब्ध करवाया गया।

इस दुर्घटना में बचने वाले भगवान को याद कर रहे थे और उसे धन्यवाद दे रहे थे। बक्सर के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इस हादसे में 23 डब्बे बेपटरी हुए है। लेकिन हादसे के बाद जिस तरह का मंजर दिखा और जब लोग डरे सहमे थे वैसी स्थिति में ग्रामीणों ने जिस तरह पहुंचकर मदद की, वो मानवता का एक मिसाल पेश कर गए।

**************************

 

देवरिया हत्याकांड : मृतक दुबे के बेटे ने कहा – बुलडोजर चलने के बाद ही होगा ब्रम्हभोज

देवरिया 12 Oct, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के देवरिया में दो अक्टूबर को जमीनी विवाद में छह लोगों की हत्या के 10 दिन बीत जाने बाद भी मामला अभी ठंडा पड़ता नहीं दिखाई दे रहा है। इसी बीच सत्यप्रकाश दुबे के बेटे देवेश ने ऐलान किया है कि जब तक प्रेमचंद्र के घर पर बुलडोजर नहीं चल जाता, तब तक वह ब्रम्हभोज नहीं करेंगे।

मृतक सत्य प्रकाश दुबे के बेटे देवेश ने कहा कि पूरे मामले में अभी सही तरीके से कार्रवाई नहीं हुई है। अगर ये घटना किसी प्रशासन वाले के घर के साथ हुई होती तो क्या प्रशासन चुप बैठता। या अन्य किसी और के साथ होता तो चुप बैठता।

उन्होंने कहा कि घटना को हुए 10 दिन हो चुके अब जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। देवेश ने कहा कि हमारे मां-पिता और परिवार का नरसंघार हुआ है, उसे फांसी की सजा मिले या उसका एनकाउंटर हो। जिसने भी मेरे भाई और बहन को गोली मारी है, उसका मकान गिराया जाना चाहिए। प्रेम चंद्र यादव का घर भी गिराया जाना चाहिए। देवेश ने साफ कहा कि जब तब प्रेम चंद्र यादव के घर पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वह ब्रम्हभोज नहीं करेगा।

उधर, सत्यप्रकाश दुबे के परिवार की श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक वार पलटवार पहले ही हो चुका है। दुबे की तरफ से भाजपा विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने मोर्चा संभाल रखा है। इसके बाद सपा की ओर से एक प्रतिनिधि मंडल पूर्व मंत्री ब्रम्हा शंकर त्रिपाठी की अगुवाई में फतेहपुर पहुंचा और पीड़ित दोनों परिवार के लोगों से मिला। इसके बाद पूरे मामले को सीबीआई को सौंपी जाने की मांग उठाई गई।

उधर प्रेम चंद्र का परिवार बार बार घर गिराए जाने की बात को लेकर सहमे हुए हैं। प्रेम के बेटी ने कहा बार बार लोग बता रहे हैं कि घर गिरा दिया जायेगा। अगर ऐसा होगा तो परिवार के लोग बेघर हो जायेंगे। हमे पूरा विश्वास है कि इंसाफ मिलेगा।

बेटी अर्चना ने कहा कि पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। गेट पर लाल निशान लगा दिया गया है। नोटिस चिपकी है। पिता जी राजनीति से जुड़े रहे हैं। सबके सुख दुख में आते जाते रहे हैं। इस कारण ब्रम्ह भोज में काफी लोग शामिल हो सकते हैं। बस प्रशासन उन्हें शामिल होने से न रोके, यह हमारा अनुरोध है।

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, इसके साथ ही अब तक इस मामले में कुल 21 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

*****************************

 

इजरायल के समर्थन में खुलकर आया अमेरिका, हथियारों से भरा विमान भेजा

तेल अवीव ,11 अक्टूबर (एजेंसी)। इजरायल लगातार गाजा पर हवाई हमले कर रहा है। हमास आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया जा रहा है। हमास और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध में अलग-अलग देश भी सामने आकार इजरायल के सपोर्ट में अपना समर्थन दिया है। इस बीच इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा कि अमेरिकी हथियारों को ले जाने वाला पहला विमान दक्षिणी इजराइल में उतरा। आईडीएफ ने एक्स पर पोस्ट किया, अमेरिकी हथियारों को ले जाने वाला पहला विमान दक्षिणी इजरायल में नेवातिम एयरबेस पर पहुंच गया है।

आईडीएफ ने अपनी पोस्ट में आगे कहा कि इस युद्ध के समय हमारी सेनाओं के बीच सहयोग के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण। हालांकि, आईडीएफ ने यह नहीं बताया कि उसे किस प्रकार के हथियार या सैन्य उपकरण मिले हैं।
सूत्रों के अनुसार अमेरिका इजरायल को यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड, नौसेना का सबसे नया और सबसे उन्नत विमानवाहक पोत भेजा है। अपने लगभग 5,000 नाविकों और युद्धक विमान डेक के साथ, यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड नौसेना का सबसे उन्नत विमान माना जाता है। क्रूजऱों और विध्वंसकों के अलावा यह नौसेना की भी निगरानी करेगी।

*************************

 

फिर भूकंप के झटकों से दहला अफगानिस्तान, चार दिन पहले ही गई थी चार हजार लोगों की जान

काबुल ,11 अक्टूबर। अफगानिस्तान के हेरात में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गयी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बुधवार को यह जानकारी दी।

भूकंप का केंद्र 34.60 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 62.12 डिग्री पूर्वी देशांतर तथा सतह से 10 किमी की गहराई पर स्थित था। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

गौरतलब है कि अफगानिस्तान में बीते आये विनाशकारी भूकंप में अब तक चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस आपदा से सैंकड़ों घर तबाह हो गए हैं। भूकंप से सबसे ज्यादा हेरात प्रांत प्रभावित हुआ है।

************************

 

पूरी दुनिया में छाई इस लड़की की बहादुरी, अकेले 25 आतंकियों को सुलाया मौत की नींद

येरूशलम ,11 अक्टूबर (एजेंसी)। इजरायल और हमास के बीच पांच दिन से युद्ध जारी है। इस युद्ध ने चारों तरफ तबाही मचा रखी है। जो हमास, इजरायल के सामने खुद को मजबूत समझ रहा था और हर तरफ खून की होली खेल रहा था, वो 25 वर्षीय इनबिल की बहादुरी के सामने अपने घुटने टेक दिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमला के दौरान एक इजरायली महिला ने हौंसले से मोर्चा संभाला और चुन-चुनकर 25 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया। हमले के वक्त वह घर-घर जाकर लोगों को हथियार दे रही थी।

इस लड़की ने गांव के लोगों के एक ग्रुप का नेतृत्व करके दो दर्जन से ज्यादा आतंकियों को ढेर कर किबुत्ज के करीब एक गांव को ढहने से बचा लिया। 25 वर्षीय इनबिल की बहादुरी के कारण हमास के आतंकी  कब्जा नहीं कर पाए। बता दें कि इनबिल गांव की सुरक्षा प्रमुख भी है। इजरायल में ऐसे सुरक्षा प्रमुख हर गांव में तैनात है। आतंकियों के सफाए के बाद गांव को खाली करा लिया गया है। फिलहाल इनबिल तेल अवीव के एक होटल में ठहरी हुई हैं। उन्होंने 9 अक्टूबर को अपना 25वां जन्मदिन भी मनाया।

***********************