Category Archives: news

यूपी में नई सोशल मीडिया पॉलिसी को मिली मंजूरी

अभद्र, अश्लील और राष्ट्र विरोधी कंटेंट पर होगी रोक

लखनऊ  28 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश सरकार ने नई सोशल मीडिया पॉलिसी को मंजूरी दी है। इस संबंध में नीति लाने के लिए विभाग लंबे समय से प्रयासरत था।

सरकार ने कहा है कि सोशल मीडिया पोस्ट किया गया कंटेंट अभद्र, अश्लील और राष्ट्र विरोधी नहीं होना चाहिए।

सरकार द्वारा जारी की गई नीति के अनुसार, सूचीबद्ध होने के लिए एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब में से प्रत्येक को सब्सक्राइबर व फॉलोअर्स के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा गया है।

एक्स, फेसबुक व इंस्टाग्राम के अकाउंट होल्डर, संचालक, इन्फ्लूएंसर (प्रभाव रखने वाले) को भुगतान के लिए श्रेणीवार अधिकतम सीमा क्रमशः 5 लाख, 4 लाख, 3 लाख और 3 लाख रुपये प्रतिमाह निर्धारित की गई है।

यूट्यूब पर वीडियो, शॉर्ट्स, पॉडकास्ट भुगतान के लिए श्रेणीवार अधिकतम सीमा क्रमशः 8 लाख, 7 लाख, 6 लाख और 4 लाख प्रतिमाह निर्धारित की गई है।

योगी सरकार अपनी जनकल्याणकारी, लाभकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए यह नीति लेकर आई है। इसके तहत अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब पर प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित कंटेंट, वीडियो, ट्वीट, पोस्ट और रील को शेयर करने पर उन्हें विज्ञापन देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इस नीति के जारी होने के बाद देश विदेश और विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे यूपी के लोगों को रोजगार मिलने की प्रबल संभावना है। सोशल मीडिया में आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट करने पर एजेंसी और फर्म के ऊपर विधिक कार्यवाही भी की जायेगी।

यूपी सरकार की नई सोशल मीडिया पॉलिसी में राष्ट्र विरोधी कंटेंट डालने पर तीन साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। अभी तक आईटी एक्ट की धारा 66ई, और 66एफ के तहत कार्रवाई की जाती थी। इसके अलावा अभद्र एवं अश्लील सामग्री पोस्ट करने पर आपराधिक मानहानि का मुकदमा भी चलाया जा सकता है।

*************************

Read this also :-

थलपति विजय की द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम को मिला यू/ए सर्टिफिकेट

देवरा पार्ट 1 में जूनियर एनटीआर का डबल रोल में सामने आया इंटेंस लुक पोस्टर

पंजाब में कबाड़ी वाला 500 रुपए की लॉटरी से बना करोड़पति

इस नंबर की निकली लाटरी

आदमपुर ,27 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ऊपर वाला जब भी देता-देता छप्पर फाड़ के गाने की ये लाइनें तब सही साबित हुई जब जालंधर जिले के कस्बा आदमपुर में एक बुजुर्ग कबाड़ी वाले की करीब ढ़ाई करोड़ रुपए का लॉटरी निकली। आदमपुर के रहने वाले प्रीतम लाल जग्गी ने राखी बंपर का टिकट खरीदा था। जिसका विनिंग अमाउंट ढ़ाई करोड़ रुपए था। बीते दिन उन्होंने अखबार में पड़ा कि वह इस बार के राखी बंपर लॉटरी के विजेता हैं। विजेता कबाड़ी का काम करता है और उसी से अपने घर का गुजारा करता है।

आदमपुर के रहने वाले प्रीतम सिंह ने कहा की उन्होंने पिछले हफ्ते उक्त लॉटरी शहर से आए सेवक नाम के व्यक्ति से खरीदा था। ये टिकट मैंने अपनी और अपनी पत्नी अनीता जग्गी उर्फ बबली के नाम से खरीदा था। जिसका टिकट नंबर 452749 था। रविवार को सुबह जब कबाड़ी ने अखबार पढ़ा तो पता चला कि उसकी लॉटरी निकली है। प्रीतम ने कहा- मुझे पहले यकीन नहीं हुआ कि मेरी लॉटरी निकली है, मगर फिर मुझे शहर से लॉटरी बेचने वाली एजेंसी का फोन आया। जिसके बाद मुझे यकीन हुआ। प्रीतम ने कहा कि पैसा मिलने पर मैं 25 प्रतिशत पैसा सामाजिक कार्यों में लगाऊंगा।

प्रीतम सिंह ने बताया कि वह पिछले कई सालों से कबाड़ का काम करते आ रहे हैं। इतने साल कबाड़ के काम को देने के बाद भी मैं आज तक न तो अपना घर बनवा पाया और ना ही दुकान। प्रीतम सिंह ने आगे बताया मैं पिछले 50 साल से लॉटरी की टिकट खरीद रहा हूं। जब मैंने पहला टिकट खरीदा था, तब लॉटरी की टिकट का रेट 1 रुपए था। मगर मैंने तब से लॉटरी टिकट लेना नहीं छोड़ा।

****************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

हरियाणा में जेजेपी अब चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर लड़ेगी

सिरसा ,27 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासत में गर्माहट बढ़ती जा रही है। वहीं इस बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार अब हरियाणा में जेजेपी और आजाद समाज पार्टी मिलकर हरियाणा का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। हरियाणा विधानसभा चुनाव में जजपा 70 सीटों पर और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

जेजेपी ने चंद्रशेखर आजाद से हाथ मिला लिया है। हरियाणा में जाट-दलित समीकरण के साथ नया गठबंधन बना है। थोड़ी देर में दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद गठबंधन का औपचारिक ऐलान करेंगे। सोमवार की रात जजपा के संस्थापक दुष्यंत चौटाला ने इसकी जानकारी खुद सोशल मीडिया प्लेटफार्म  पर दी थी। उन्होंने पोस्ट में लिखा था कि, किसान कमेरे की लड़ाई, हम लड़ते रहेंगे बिना आराम, ताऊ देवीलाल की नीतियां, विचारधारा में मान्यवर कांशीराम।

बता दें कि 5 साल पहले भाजपा ने जेजेपी के साथ मिलकर राज्य में सरकार बनाई थी। लेकिन ये गठबंधन ज्यादा देर तक नहीं चल सका। बीजेपी और जेजेपी अलग-अलग हो गई थी। जिसके बाद से इस बार होने वाले चुनावों में लडऩे के लिए जेजेपी को साथ की जरूरत थी। जेजेपी ने 2019 में जब पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा तो 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। निश्चित रूप से यह हरियाणा में उसके लिए बहुत बड़ी कामयाबी थी। इसके पीछे दुष्यंत चौटाला को बड़ी वजह माना गया था। लेकिन अब 10 में से सात विधायक पार्टी का साथ छोड़ चुके हैं और अब सिर्फ तीन विधायक ही उसके पास बचे हैं। इसके अलावा हरियाणा जेजेपी के अध्यक्ष रहे निशान सिंह सहित कई नेता पार्टी का साथ छोड़कर चले गए।

दलित मतदाताओं का समर्थन हासिल कर रहे चंद्रशेखर

चंद्रशेखर आजाद की पार्टी को मूल रूप से दलित मतदाताओं की समर्थक पार्टी माना जाता है। दुष्यंत चौटाला हरियाणा में सभी 36 बिरादरी की राजनीति करने की बात करते हैं। लेकिन जेजेपी इनेलो से ही निकली है और इसके मुखिया अजय चौटाला जाट समुदाय से आते हैं, इसलिए पिछले विधानसभा चुनाव में जाट मतदाताओं ने बहुत हद तक जेजेपी पर भरोसा जताया था।

हरियाणा की राजनीति में निश्चित रूप से जाट और दलित समुदाय राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हैं। जाट मतदाता जहां 22 से 25 प्रतिशत हैं, वहीं दलित मतदाता 21 प्रतिशत हैं।

हरियाणा की राजनीति में 30 से 35 विधानसभा सीटों पर जाट मतदाता असर रखते हैं। लेकिन किसान आंदोलन के दौरान दुष्यंत के बीजेपी के साथ न छोडऩे की वजह से जाट और किसान मतदाताओं में जेजेपी के लिए नाराजगी दिखाई दे रही है। हालांकि दुष्यंत ने इसके लिए माफी मांगकर किसान और जाट मतदाताओं की नाराजगी कम करने की कोशिश की है। उन्होंने साफ कहा है कि अब वह बीजेपी के साथ नहीं जाएंगे।

**************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

राजस्थान से रवनीत बिट्टू बने राज्यसभा सांसद

निर्विरोध हुई जीत, कांग्रेस ने नहीं उतारा अपना उम्मीदवार

नई दिल्ली ,27 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू आज राजस्थान से राज्यसभा सभा सांसद बन गए हैं। राज्यसभा सीट के लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख थी। बिट्टू के सामने कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। वह निर्विरोध ही राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं। रवनीत सिंह बिट्टू लंबे समय तक कांग्रेस में रहे हैं। वह हाल ही में लोकसभा का चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में हार के बावजूद उन्हें केंद्रीय मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई थी।

निर्विरोध जीत के बाद उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र समेत पार्टी के सभी शीर्ष नेताओं को धन्यवाद किया। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, ‘मुझे राज्यसभा में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान दिया। यह अवसर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मुझ पर रखे गए विश्वास और भरोसे का प्रमाण है और इसके लिए मैं वास्तव में आभारी हूं। राजस्थान के लोगों से मेरा निवेदन है कि मैं यह सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम करूंगा कि आपकी आकांक्षाओं और महत्वाकांक्षाओं को न केवल सुना जाए बल्कि सक्रिय रूप से आगे बढ़ाया जाए।

निर्दलीय उम्मीदवार का नामांकन रद्द

इस उपचुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इसमें बीजेपी नेता सुनील कोठारी ने खुद ही अपना नामांकन वापस ले लिया था। इनके बारे में पहले ही कहा जा रहा था कि इन्होंने डमी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन कराया है। वहीं गुरूवार को जांच के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी बबीता वाधवानी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया था। ऐसे में बिट्टू ही चुनावी मैदान में बचे और निर्विरोध जीत चुन लिए गए। इस उप चुनाव में विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आज यानी 27 अगस्त को 3 बजे तक ही थी। इससे पहले इस सीट से कांग्रेस के नेता केसी वेणुगोपाल राज्यसभा सांसद थे। उनके लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद ये सीट खाली हो गई थी। इसके बाद इस सीट पर ये उपचुनाव हुआ है। बिट्टू की सदस्यता का कार्यकाल 21 जून 2026 तक रहेगा।

**************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

गृह मंत्री अमित शाह नए आपराधिक कानूनों पर देंगे व्याख्यान

नई दिल्ली ,27 अगस्त(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय गृह अमित शाह बुधवार को नए आपराधिक कानूनों और नागरिक सुधारों पर व्याख्यान देंगे। इसका शीर्षक नए आपराधिक कानून  नागरिक केंद्रित सुधार है। नई दिल्ली में पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के 54वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो रहे गृहमंत्री कार्यक्रम में अपना व्याख्यान देंगे। वह ब्यूरो द्वारा प्रकाशित ‘इंडियन पुलिस जर्नल’ के विशेष संस्करण का विमोचन भी करेंगे जो नए आपराधिक कानूनों पर है।

इस दौरान गृह मंत्री वर्ष 2023 और 2024 के लिए विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक विजेताओं को सम्मानित करेंगे। गृह मंत्रालय के मुताबिक, पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो देश के पुलिस बलों को आवश्यक बौद्धिक, भौतिक और संगठनात्मक संसाधनों से लैस कर रहा है। साथ ही ब्यूरो, पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए पुलिस बलों को स्मार्ट बनाने का काम कर रहा है।

पुलिसिंग में उत्कृष्टता बढ़ाने के लिए ब्यूरो भारतीय पुलिस के थिंक टैंक के रूप में कार्य कर रहा है। इस संस्थान का काम पुलिस एवं सुधारात्मक सेवाओं के लिए नीतियां और कार्य प्रणालियां विकसित करना, प्रौद्योगिकियों की खोज करना, कानून प्रवर्तन एजेंसियों का क्षमता निर्माण और राज्यों तथा केन्द्रीय पुलिस संगठनों के बीच सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देना है। स्थापना समारोह में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, केन्द्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुखों के साथ-साथ गृह मंत्रालय एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य कानून देश में लागू हो चुके हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस बदलाव से एक ऐसी प्रणाली स्थापित होगी जिससे तीन साल में किसी भी पीडि़त को न्याय मिल सकेगा। ये कानून संसद ने बीते शीतकालीन सत्र में पारित किए गए थे। ये नए कानून भारत में ब्रिटिश राज से चले आ रहे भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और एविडेंस एक्ट का स्थान ले चुके हैं। लोकसभा ने इन तीनों विधेयकों को पिछले साल 20 दिसंबर और राज्यसभा ने 21 दिसंबर को पारित किया था।

***************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तीसरी सूची जारी

नई दिल्ली ,27 अगस्त (आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने मंगलवार को 29 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी।

तीसरी सूची में दूसरे चरण में मतदान वाली 10 और तीसरे चरण में मतदान वाली 19 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है।

भाजपा ने नगरोटा से देविंदर सिंह राणा, हब्बाकदल से अशोक भट्ट, गुलाबगढ़ से मोहम्मद अकरम चौधरी, रियासी से कुलदीप राज दुबे, श्री माता वैष्णो देवी से बलदेव राज शर्मा, कालाकोट सुंदरबनी से ठाकुर रणधीर सिंह, बुधल से चौधरी जुल्फिकार अली, थन्नामंडी से मोहम्मद इकबाल मलिक, सुरनकोटे से सैयद मुश्ताक अहमद बुखारी और पूंछ हवेली से चौधरी अब्दुल गनी को टिकट दिया है।

मेंढर से मुर्तजा खान, उधमपुर पश्चिम से पवन गुप्ता, रामनगर से सुनील भारद्वाज, बनी से जीवन लाल, बिलावर से सतीश शर्मा, जसरोटा से राजीव जसरोटिया, जम्मू पूर्व से युद्धवीर सेठी, जम्मू पश्चिम से अरविंद गुप्ता, जम्मू उत्तर से शाम लाल शर्मा, अखनूर से मोहन लाल भगत और छम्ब से राजीव शर्मा को मैदान में उतारा गया है।

इससे पहले भाजपा ने सोमवार को अपनी पहली सूची में 15 और दूसरी सूची में एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की थी। भाजपा जम्मू-कश्मीर को लेकर अपनी तीनों सूचियों को मिलाकर अब तक 45 उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर चुकी है।

***************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

बीजेपी ने बुधवार को 12 घंटे का बंगाल बंद का आह्वान किया

कोलकाता ,27 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कालेज में हाल ही में हुई रेप-मर्डर की घटना को लेकर आज हावड़ा में नबन्ना मार्च का आयोजन किया गया। इस बंद के दौरान पुलिस एक्शन के विरोध में बीजेपी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल बंद का आह्वान किया है।

इससे पहले मंगलवार को भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि नबन्ना अभिजन में हिस्सा लेने वाले चार लोग लापता हैं। शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, ये चार लोग हावड़ा स्टेशन पर स्वयंसेवकों को भोजन वितरित कर रहे थे और आधी रात के बाद अचानक गायब हो गए।

उन्होंने लापता व्यक्तियों की सूची में सुभोजित घोष, पुलोकेश पंडित, गौतम सेनापति और प्रीतम सरकार के नाम बताए। अधिकारी का कहना था कि न तो इनका पता लगाया जा सका है और न ही ये किसी से संपर्क कर पा रहे हैं।

कोलकाता पुलिस ने इस आरोप को खारिज करते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि पश्चिम बंगाल पुलिस के खिलाफ झूठी कहानियां फैलाई जा रही हैं। पुलिस ने कहा कि किसी भी छात्र के लापता होने की कोई जानकारी नहीं है और यह सब एक राजनीतिक नेता की तरफ से झूठी अफवाह फैलाने का प्रयास है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने एक और पोस्ट में लिखा कि लापता छात्रों के परिवार ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार पर आरोप लगाया कि पुलिस के खिलाफ न्यायालय में उचित कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी का कहना था कि मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है और अदालत में इसकी जांच की जाएगी।

कोर्ट में मामला जाने के ठीक बाद पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि जिन चार लोगों को लापता बताया जा रहा है, वो पुलिस कस्टडी में हैं। पुलिस ने कहा कि पब्लिक सेफ्टी के लिए इन चारों को गिरफ्तार किया गया।

राज्य में राजनीतिक विवाद को लेकर यह स्थिति गंभीर होती जा रही है और इस पर दोनों पक्षों की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
कोलकाता के आरजी कर मामले में पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए छात्रों के संगठनों ने मंगलवार को ‘नबन्ना मार्च’ निकाला। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, पानी की बौछारें की और आंसू गैस के गोले दागे।

छात्रों पर पुलिस एक्शन के विरोध में बीजेपी ने बुधवार को 12 घंटे का बंगाल बंद का आह्वान किया है। उन्होंने ये भी कहा कि इस मामले में जिस पर भी मुकदमा चलेगा, बीजेपी उसे कानूनी सहायता मुहैया कराएगी।

****************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

मथुरा में पकोड़े खाने वाले 50 लोगों की तबीयत बिगड़ी

अस्पताल में भर्ती

मथुरा  27 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मथुरा में कृष्ण जनमाष्टमी पर उपवास के दौरान कूटू के आटे से बने पकोड़े खाने वाले 50 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मामला मथुरा के फरह इलाके का है। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कूटू के आटे के पकोड़े बनाए गए थे। पकोड़े खाने के कुछ देर बाद ही लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। आनन-फानन में बीमार लोगों को फरह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

मरीजों में कुछ की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद छह लोगों को आगरा के एसएन अस्पताल रेफर किया गया। इसके अलावा 15 लोगों को मथुरा के जिला अस्पताल और 11 लोगों को वृंदावन के एक अस्पताल रेफर किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्टाफ नर्स जसवंत यादव ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग के कारण महिलाएं, बच्चे समेत करीब 50 से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं। इन लोगों ने कूटू के आटे के पकोड़े खाए थे, जिसके कारण इनकी तबीयत बिगड़ी।

बता दें कि जिन लोगों की तबीयत बिगड़ी है। उनमें गांव परखम, बरोदा, मिर्जापुर, मखदूम खैरट के लोग शामिल हैं। फिलहाल सभी लोगों का अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है। लेकिन, इस घटना के कारण फूड विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

****************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

तिरुपति के अस्पताल में जूनियर डॉक्टर पर हमला

वार्ड में सबके सामने बाल पकड़कर खींचा और पटक दिया; CCTV में घटना कैद

नई दिल्ली 27 Aug, (Rns): कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए रेप और मर्डर मामले के बाद देश भर में डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में जूनियर डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा योजना की जानकारी दी है ताकि भविष्य में ऐसे घटनाओं से बचा जा सके। हाल ही में एक मामला सामने आया है जिसमें आंध्र प्रदेश के तिरुपति में एक मरीज ने जूनियर डॉक्टर पर हमला कर दिया। यह घटना श्री वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसवीआईएमएस) के अस्पताल में हुई और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर डॉक्टर को बालों से पकड़कर उसके सिर को अस्पताल के बिस्तर के स्टील फ्रेम पर पटकता है। अन्य डॉक्टर तुरंत अपने साथी की रक्षा के लिए पहुंच जाते हैं और हमलावर को नियंत्रित कर लेते हैं। यह घटना तिरुपति के एसवीआईएमएस के आपातकालीन चिकित्सा विभाग में घटी।

एसवीआईएमएस के निदेशक सह कुलपति डॉ. आरवी कुमार को एक पत्र में इंटर्न ने बताया कि वह शनिवार को आपातकालीन चिकित्सा विभाग में ड्यूटी पर थी। पत्र में उसने लिखा, “मुझ पर मरीज बंगारू राजू ने हमला किया, जिसने अचानक मेरे पास आकर मेरे बाल खींचे और मेरे सिर को खाट की स्टील की रॉड से पीटना शुरू कर दिया।” उसने यह भी कहा कि वहां कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था।

इस घटना के बाद पीड़िता ने अपनी चिंता व्यक्त की और कहा कि इस तरह की वारदात से कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न होती है। उसने बताया कि यदि मरीज के पास धारदार हथियार होता, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। डॉक्टर ने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपायों की मांग की।

घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग की। यह घटना कोलकाता में एक जूनियर डॉक्टर के रेप और हत्या की घटना के कुछ सप्ताह बाद सामने आई है। उस घटना में 31 वर्षीय महिला डॉक्टर के साथ ड्यूटी के दौरान बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और देश भर के कई प्रमुख संस्थानों के डॉक्टर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं।

*****************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

सरकार को जातिगत जनगणना कराने के लिए मजबूर करेंगे : तेजस्वी

पटना 27 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): बिहार में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जाति आधारित जनगणना को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे सरकार को जातिगत जनगणना कराने के लिए मजबूर करेंगे। यादव ने कहा कि जातिगत जनगणना की हमारी मांग बहुत पुरानी है।

उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि लालू प्रसाद यादव जब जनता दल के अध्यक्ष थे, तभी से यह हमारी मांग रही है। उसी का परिणाम रहा कि जनता दल की संयुक्त मोर्चा सरकार ने 1996-97 में 2001 की जनगणना में जातिगत गणना कराने का निर्णय भी लिया था। लेकिन, 1999 में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने पर उन्होंने वह निर्णय पलट दिया। नीतीश कुमार भी वाजपेयी नेतृत्व में उसी एनडीए कैबिनेट का हिस्सा थे।

उन्होंने आगे लिखा, “2011 की जनगणना से पूर्व उसमें जातिगत जनगणना की मांग को लेकर 2010 में लालू यादव सहित प्रमुख समाजवादियों ने संसद में पुरजोर तरीके से अपनी बात रख तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा जातिगत गणना, सामाजिक आर्थिक सर्वे कराने की स्वीकृति देने के बाद ही संसद चलने दी थी।”

तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए सरकार ने 10 वर्षों बाद होने वाली 2021 की जनगणना भी नहीं कराई। हमने तो केवल 17 महीनों के अल्प सेवाकाल में बिहार में जाति आधारित गणना कराकर और उसी अनुपात में आरक्षण भी बढ़ाया।

उन्होंने जोर देकर दावा करते हुए कहा कि अगर इस बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने जातिगत जनगणना नहीं कराई तो वंचित, उपेक्षित, उत्पीड़ित और उपहासित वर्गों के लोग भाजपाइयों को क्षेत्र में नहीं घुसने देंगे। भाजपा को समर्थन दे रहे क्षेत्रीय दल बिना रीढ़ के हड्डी के सिद्धांतहीन लोगों के हाथ में है।

उन्होंने चुनौती देते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी जी, देख लेना हम आपको जातिगत जनगणना कराने पर मजबूर करेंगे ही करेंगे।”

*****************************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

संभवत: चंपाई सोरेन हेमंत मंत्रिमंडल से कल देंगे इस्तीफा

रांची में 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होंगे

झारखंड 27 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के उच्च शिक्षा और जल संसाधन मंत्री चंपाई सोरेन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

इस मुलाकात के बाद असम के सीएम और झारखंड भाजपा के विस चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चंपाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और वह आधिकारिक तौर पर रांची में 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होंगे।

वहीं, अमित शाह से मुलाकात के बाद चंपाई को जेड प्लस सुरक्षा देने का निर्णय लिया गया है। झारखंड लौटने के बाद उन्हें नया सुरक्षा कवर दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार अमित शाह सितंबर के पहले सप्ताह चंपाई के गांव जिलिंगगोड़ा जाएंगे। यहां अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे।

वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने 29 अगस्त को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। कहा जा रहा है कि 28 अगस्त को वह चाईबासा में मुख्यमंत्री मंईयां योजना की लाभुक महिलाओं को सम्मान राशि देंगे। उसी दिन चंपाई झामुमो की सदस्यता और हेमंत मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देंगे।

***********************

Read this also :-

कंगना रनौत की इमरजेंसी का पहला गाना सिंहासन खाली करो जारी

राजपाल यादव की फिल्म पड़ गए पंगे का ट्रेलर आउट

चुनाव से पहले मोदी सरकार का बड़ा फैसला

लद्दाख में 5 नए जिले बनाने का ऐलान

नई दिल्ली ,26 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में केंद्र सरकार पांच नए जिले बनाएगी। इस बात की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स से एक पोस्ट शेयर किया। अमित शाह ने लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के निर्माण के दृष्टिकोण के तहत गृह मंत्रालय ने केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिले बनाने का निर्णय लिया है।

अमित शाह ने पोस्ट के माध्यम से पांच नए जिलों के नाम भी बताए। जिसमें ज़ांस्कर, द्रास, शाम, नुबरा और चांगथांग शामिल हैं। अमित शाह ने कहा, हर गली-मोहल्ले में शासन को मजबूत कर लोगों के लिए लाभ को उनके दरवाजे तक पहुंचाएंगे।

मोदी सरकार लद्दाख के लोगों के लिए प्रचुर अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि साल 2019 से पहले लद्दाख जम्मू-कश्मीर का हिस्सा था। लेकिन, 2019 में परिसीमन के बाद जम्मू-कश्मीर से अलग होकर लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश बना। यहां दो जिले हैं, लेह और कारगिल।

साल 2019 में केंद्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को खत्म किया था। इस आर्टिकल के रहने से जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्राप्त था। लेकिन, लोकसभा, राज्यसभा में आर्टिकल 370 के खत्म होने के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश के तौर पर बांटा गया।

ज्ञात हो कि हाल ही में भारतीय चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। यहां आर्टिकल 370 खत्म होने के बाद पहली बार विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की है। 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक, जम्मू और कश्मीर में 90 निर्वाचन क्षेत्रों में 87.09 लाख मतदाता हैं, जिनमें 42.6 लाख महिलाएं हैं। यहां पहली बार वोट देने वाले युवा मतदाताओं की संख्या 3.71 लाख है। जबकि, कुल मिलाकर 20.7 लाख युवा मतदाता हैं, जिनकी आयु 20 से 29 वर्ष के बीच है।

*************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

जम्मू-कश्मीर चुनाव : BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट

PM मोदी, अमित शाह समेत 40 नाम

नई दिल्ली 26 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में पहले चरण के तहत मतदान वाली 24 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची सोमवार को जारी कर दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल खट्टर, जी. किशन रेड्डी, शिवराज सिंह चौहान एवं जितेंद्र सिंह सहित 40 नेताओं को पहले चरण के लिए स्टार प्रचारक बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, पार्टी के जम्मू-कश्मीर चुनाव प्रभारी राम माधव, जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ, सह प्रभारी आशीष सूद, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर एवं वी.के. सिंह के नाम भी सूची में शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना, जम्मू-कश्मीर विधानसभा के पूर्व स्पीकर एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, सुनील शर्मा और देविंदर सिंह राणा सहित कई उम्मीदवारों एवं स्थानीय नेताओं को भी भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची में जगह दी है।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा का चुनाव होना है। पहले चरण में 18 सितंबर को 24 सीटों पर मतदान होना है। दूसरे चरण में 25 सितंबर को 26 सीटों पर और तीसरे चरण में 1 अक्टूबर को 40 विधानसभा सीटों पर मतदान होगी। सभी 90 सीटों की मतगणना 4 अक्टूबर को होनी है।

**************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव : बीजेपी ने नए सिरे से जारी की लिस्ट

पहले चरण के 15 में से 8 मुस्लिम उम्मीदवार

नई दिल्ली ,26 अगस्त (आरएनएस)।  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिये 15 उम्मीदवारों के नाम सोमवार को घोषित कर दिये। पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने यहां बताया कि रविवार रात भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को स्वीकृति प्रदान की गयी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के संगठन महामंत्री बी एल संतोष, भाजपा महासचिव तरुण चुघ, भाजपा के चुनाव प्रभारी राम माधव, केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवीन्द्र रैना आदि उपस्थित थे।

इससे पहले, पार्टी ने केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के तीन चरणों के लिए 44 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, लेकिन थोड़ी देर बाद उस सूची को वापस ले लिया और एक नयी सूची जारी की, जिसमें प्रथम चरण के चुनाव के लिए 15 उम्मीदवारों के नाम शामिल है। भाजपा की ओर से घोषित उम्मीदवारों की सूची निम्न प्रकार है।

विधानसभा सीट उम्मीदवार का नाम

पम्पोर                                                             सैयद शौकत गयूर अंद्राबी

राजपोरा                                                           अर्शीद भट्ट

 शोपियां                                                           जावेद अहमद कादरी

अनंतनाग पश्चिम                                            मोहम्मद रफीक वानी

अनंतनाग                                                          अधिवक्ता सैयद वजाहत

श्रीगुफवाड़ा                                                         सोफी यूसुफ

शानगुस अनंतनाग पूर्व                                       वीर सराफ

इंदरवल                                                              तारिक कीन

किश्तवाड़                                                          शगुन परिहार

पाडेर-नागसेनी                                                   सुनील शर्मा

भद्रवाह                                                                दलीप सिंह परिहार

डोडा                                                                     गजय सिंह राणा

डोडा पश्चिम                                                        शक्ति राज परिहार

रामबन                                                               राकेश ठाकुर

बनिहाल                                                              सलीम भट्ट

*************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

भाजपा ने कंगना रनौत के बयान से किनारा किया

 कड़ी फटकार भी लगाई

नई दिल्ली ,26 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा ने किसान आंदोलन को लेकर हिमाचल प्रदेश की मंडी से पार्टी की लोकसभा सांसद कंगना रनौत के बयान से किनारा करते हुए उन्हें कड़ी फटकार भी लगाई है।

भाजपा ने बॉलीवुड अभिनेत्री के बयान को लेकर सोमवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी कंगना रनौत के बयान से असहमति व्यक्त करती है। पार्टी ने नीतिगत विषयों पर उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी है और न ही वह इसके लिए अधिकृत हैं।

भाजपा ने इसके साथ ही कंगना रनौत को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में इस तरह का कोई भी बयान न देने की नसीहत भी दी।

पार्टी आलाकमान के निर्देश पर भाजपा के केंद्रीय मीडिया विभाग ने कंगना रनौत के विवादास्पद बयान पर पार्टी का आधिकारिक स्टैंड जारी करते हुए कहा, भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में दिया गया बयान, पार्टी का मत नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी कंगना रनौत के बयान से असहमति व्यक्त करती है। पार्टी की ओर से, पार्टी के नीतिगत विषयों पर बोलने के लिए कंगना रनौत को न तो अनुमति है और न ही वे बयान देने के लिए अधिकृत हैं।

बयान में आगे कहा गया है कि पार्टी की ओर से  कंगना रनौत को निर्देशित किया गया है कि वह इस प्रकार के कोई बयान भविष्य में न दें। भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास तथा सामाजिक समरसता के सिद्धांतों पर चलने के लिए कृतसंकल्प है।

*************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर देश भर में उत्साह

रंग-बिरंगे फूलों से सजाए मंदिर

नई दिल्ली ,26 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश भर के मंदिरों में सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर लोगों में उत्साह है। दिल्ली-एनसीआर के अलावा, करनाल, वाराणसी और अमेठी में सुबह से ही मंदिरों को सजाने का कार्य शुरू कर दिया गया। रंग-बिरंगे फूलों से मंदिरों को सजाया गया है। इस दौरान कई अन्य कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।

गौरतलब है कि भगवान श्री कृष्ण का जन्म भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। हर साल श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर देश भर में भव्य आयोजन किए जाते हैं।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी काशी में विश्वनाथ मंदिर से लेकर इस्कॉन मंदिर तक धूम है। यहां सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। इस दौरान 251 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।

अमेठी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों को सजाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। मंदिर प्रशासन से जुड़े आनंद कुमार ने बताया कि मंदिरों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। सजावट में एलईडी लाइटों का इस्तेमाल किया गया है। रात के वक्त भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।

हरियाणा के करनाल स्थित हनुमान मंदिर में में श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाने की तैयारी की गई है। मंदिर को खूबसूरत ढंग से सजाया गया है। मंदिर के पुजारी सुरेंद्र ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन व्रत करने का विशेष फल मिलता है। भगवान व्रतधारियों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। रात 12 बजे जब भगवान श्री कृष्ण का जन्म हो जाएगा, तब व्रतधारी व्रत खोल सकते हैं।

*********************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

अमित शाह का बड़ा ऐलान: लद्दाख में बनाए गए 5 नए जिले

नई दिल्ली 26 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन की जानकारी दी है। इस फैसले का उद्देश्य क्षेत्र में प्रशासनिक सेवाओं को सुदृढ़ करना और विकास की गति को बढ़ाना है। लद्दाख के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

अमित शाह ने ट्वीट कर कहा प्रधानमंत्री के विकसित और समृद्ध लद्दाख के निर्माण के सपने को साकार करने के लिए गृह मंत्रालय ने केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिले बनाने का फैसला किया है। नए जिले, जिनका नाम ज़ांस्कर, द्रास, शाम, नुबरा और चांगथांग है, हर गली-मोहल्ले में शासन को मजबूत करके लोगों के लिए लाभ को उनके दरवाजे तक पहुंचाएंगे। मोदी सरकार लद्दाख के लोगों के लिए प्रचुर अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

****************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

मायावती ने गेस्ट हाउस कांड का जिक्र कर,कांग्रेस पर उठाए सवाल

कहा- उन्हें तकलीफ क्यों होती है

लखनऊ  26 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने हुए गेस्ट हाउस कांड को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा ने 2 जून 1995 में बीएसपी द्वारा समर्थन वापसी के बाद मुझ पर जानलेवा हमला कराया था तो इस पर कांग्रेस कभी क्यों नहीं बोलती है?

बसपा मुखिया मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- “सपा जिसने 2 जून 1995 में बीएसपी द्वारा समर्थन वापसी पर मुझ पर जानलेवा हमला कराया था तो इस पर कांग्रेस कभी क्यों नहीं बोलती है? जबकि उस दौरान केंद्र में रही कांग्रेस सरकार ने भी समय से अपना दायित्व नहीं निभाया था।”

उन्होंने आगे लिखा- “तभी फिर कांशीराम को अपनी बीमारी की गंभीर हालत में भी अस्पताल छोड़कर रात को इनके गृह मंत्री को भी हड़काना पड़ा था, तथा विपक्ष ने भी संसद को घेरा, तब जाकर यह कांग्रेसी सरकार हरकत में आई थी।”

बसपा प्रमुख ने कहा कि क्योंकि उस समय केंद्र की कांग्रेस सरकार की भी नीयत खराब हो चुकी थी, जो कुछ भी अनहोनी के बाद यहां यूपी में राष्ट्रपति शासन लगाकर, पर्दे के पीछे से अपनी सरकार चलाना चाहती थी, जिनका यह षडयंत्र बीएसपी ने फेल कर दिया था।

मायावती ने कहा कि उस समय सपा के आपराधिक तत्वों से भाजपा सहित समूचे विपक्ष ने मानवता व इंसानियत के नाते मुझे बचाने में जो अपना दायित्व निभाया है तो इसकी कांग्रेस को बीच-बीच मे तकलीफ क्यों होती रहती है, लोग सचेत रहें।

मायावती ने आगे कहा, “इसके इलावा, बीएसपी वर्षों से जातीय जनगणना के लिए पहले केंद्र में कांग्रेस पर और अब बीजेपी पर भी अपना पूरा दबाव बना रही है, जिसकी पार्टी सालों से इसकी पक्षधर रही है तथा अभी भी है।”

उन्होंने कहा कि लेकिन जातीय जनगणना के बाद, क्या कांग्रेस एससी एसटी व ओबीसी वर्गों का वाजिब हक दिला पायेगी? जो एस एसटी आरक्षण में वर्गीकरण व क्रीमीलेयर को लेकर अभी भी चुप्पी साधे हुए है, जवाब दे।

**************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

 

हिमाचल के नाहन में पेड़ काटने के दौरान हादसा

 

कई गाड़ियां दबीं

नाहन 26 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हिमाचल प्रदेश के नाहन में सुबह एक भारी-भरकम पेड़ के काटने के दौरान लापरवाही से एक बड़ा हादसा हुआ। पेड़ काटने के दौरान नीचे खड़ी कई गाड़ियां दब गईं। हादसे की चपेट में एक चलती कार भी आ गई।
यह हादसा महिमा लाइब्रेरी, डीसी ऑफिस और कोर्ट जाने वाले मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, काली स्थान मंदिर परिसर में पेड़ काटने का काम किया जा रहा था, इसी दौरान पेड़ सड़क पर चल रही गाड़ी पर जा गिरा। इस दौरान न तो यातायात को रोका गया था और न ही वहां खड़ी गाड़ियों को हटाना जरूरी समझा गया। गनीमत यह रही कि पेड़ कार के बोनट पर गिरा और बड़ा हादसा होने से बच गया।

हादसे के बाद यातायात प्रभावित हो गया। लोगों ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि पेड़ को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के काटा जा रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

हादसे की चपेट में आने वाली चलती कार में एक छोटे बच्चे समेत तीन लोग सवार थे। कार सवार महिला ने प्रशासन की लापरवाही के लिए जमकर खरी-खोटी सुनाई और सख्त कार्रवाई की मांग की। महिला ने कहा कि इस तरह के काम से पहले सावधानी बरतनी चाहिए थी। ट्रैफिक को रोकना चाहिए था।

महिला ने सवाल किया कि यदि कोई हादसा होता तो कौन जिम्मेदार होता? महिला ने बताया कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की।

कार सवार एक अन्य शख्स ने कहा कि इस मामले में सही से जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। ठेकेदार से लेकर उस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए जिसने ट्रैफिक को रोके बिना पेड़ काटने का काम शुरू किया। यह ठेकेदार की गलती है कि पेड़ काटते समय सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे।

काली स्थान मंदिर समिति के सचिव देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मंदिर परिसर में तीन सूखे पेड़ों को काटने की अनुमति ली गई थी। यह ठेकेदार की गलती है कि पेड़ को काटते वक्त सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। कार को हुए नुकसान का मुआवजा ठेकेदार द्वारा दिया जाएगा।

****************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

यूपी पुल‍िस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन आठ मुकदमे दर्ज

लखनऊ 26 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । यूपीपीआरपीबी के अंतर्गत हो रही यूपी पुल‍िस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का तीसरा दिन संपन्न हो गया। परीक्षा के तीसरे दिन आठ मुकदमे दर्ज किए गए। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) द्वारा कराई जा रही कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन दो सिपाह‍ि‍यों समेत 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
भर्ती परीक्षा में सेंध लगाने के आरोप में कानपुर से तीन और जौनपुर, झांसी, बलरामपुर से दो-दो लोगों की गिरफ्तारी की गई। जिला पुलिस और यूपी एसटीएफ की टीम ने इनकी गिरफ्तारी की।

गिरफ्तार आरोपियों में अभ्यर्थी और सॉल्वर शामिल हैं। परीक्षा देने आए कई अभ्यर्थियों ने कम उम्र के लिए फर्जी मार्कशीट का प्रयोग किया था। आरोपियों में 45 वीं वाहिनी पीएसी में तैनात सिपाही भगवान और चौथी बटालियन एसएसएफ मथुरा में तैनात सिपाही गोविंद भी शामिल हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती की परीक्षा 23 अगस्त से शुरू हुई। 60,244 पदों पर सिपाहि‍यों की सीधी भर्ती की परीक्षा का आयोजन 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को दो पालियों में होना है।

पुलिस भर्ती परीक्षा में यूपी के अलावा देश के तमाम राज्यों से लाखों युवा शामिल हो रहे हैं। यूपी पुलिस कांस्टेबल के 60,244 पदों के लिए दूसरे राज्यों से ही 6,30,481 आवेदन प्राप्त हुए हैं। दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, बंगाल, गुजरात, गोवा और पुडुचेरी जैसे प्रदेशों से अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।

****************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

कांग्रेस से हाथ मिलाने को तैयार हैं दुष्यंत चौटाला

हरियाणा में भाजपा की मुश्किल बढ़ेगी?

हरियाणा 26 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  –  हरियाणा में विधानसभा के लिए 1 महीने बाद होने वाले चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने तैयारी तेज कर दी है. इस बीच जननायक जनता पार्टी (JJP) नेता और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला (Dushyant Chautala) ने साफ कर दिया है कि वो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ नहीं जाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर भी खुलकर बात की है. न्यूज़ एजेंसी एनआई से बात करते हुए कहा कि पिछली बार भी हम किंग मेकर थे और हमारी चाबी ने विधानसभा का ताला खोला था. आने वाले दिनों में भी जेजेपी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक पार्टी होगी.

बीजेपी के साथ नहीं तो क्या इंडिया गठबंधन में जाएगी जेजेपी?

एनडीए से अलग होने पर दुष्यंत चौटाला (Dushyant Chautala) ने कहा, ‘पहलवानों के आंदोलन और किसान आंदोलन हुए. मैंने अपना स्टैंड कभी एनडीए से अलग नहीं किया. लेकिन, अगर एनडीए में सम्मान नहीं मिला तो आने वाले समय में कौन विश्वास दिलाएगा. छोटे से एक स्वार्थ के लिए वर्षों के याराने गए, अच्छा हुए ए दोस्त कुछ नकली चेहरे पहचाने गए.’

दुष्यंत चौटाला ने अपने पुराने बयान, ‘दरवाजे अभी बंद नहीं हुए हैं’ पर कहा, ‘मैं आश्वस्त कर सकता हूं कि मैं दोबारा भाजपा के साथ नहीं जाऊंगा.’ क्या इंडिया गठबंधन के साथ जाएंगे, इस सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘देखते हैं. अगर हमारे पास संख्या हुई और हां, अगर हमारी पार्टी को प्राथमिकता से लिया जाता है तो क्यों नहीं. जरूर साथ जाएंगे.’

क्या हरियाणा के लोग दोबारा देंगे जेजेपी का साथ?

2019 के विधानसभा चुनाव में 10 सीटे जीतने वाली जेजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव में खाता भी नहीं खोल पाई. तो क्या हरियाणा के लोग दोबारा जेजेपी और दुष्यंत चौटाला का साथ देंगे, इस सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘जो होना था हो गया. जो गुस्सा था वो निकल गया. एक हरियाणवी में कहावत है कि अपने को मारे तो छाया में गेरे, यानी अपना जो होता है उसको मार के भी छाया में रखकर आते हैं ताकि उसको धूप न लगे.’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर मेरी कोई गलती है और मैं माफी मांग रहा हूं तो क्या हरियाणा के दो करोड़ वोटर हमेशा अपने मन ये एक बात को रखे रहेंगे. लोग मजबूती से हमें गले लगाएंगे.’

******************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

युवक के पेट से निकला नेल कटर, चाकू, चाबी का छल्ला..

 बहुत कुछ.. डॉक्टरों का माथा घूम गया

चंपारण 26 Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में डॉक्टरों ने एक युवक के पेट से चाबी का छल्ला, एक चाकू और नेल कटर समेत धातु की कई वस्तुएं निकालीं. पूर्वी चंपारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी स्थित एक निजी अस्पताल में 22 वर्षीय युवक को कुछ दिन पहले पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था.

एक्स-रे रिपोर्ट में पेट में धातु जैसी वस्तुएं दिखीं

युवक की सर्जरी करने वाले डॉक्टरों की टीम के प्रमुख डॉ. अमित कुमार ने पत्रकारों से कहा, “मानसिक उपचार करा रहे युवक को कुछ दिन पहले उसके परिवार के सदस्य पेट में तेज दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल लेकर आए थे…. इसके बाद हमें उसकी एक्स-रे रिपोर्ट में उसके पेट में धातु जैसी वस्तुएं दिखीं जिसके बाद ऑपरेशन करने का फैसला किया गया. शुरुआत में हमने सर्जरी के बाद चाबी का छल्ला निकाला.’

चाकू.. नेल कटर और बहुत कुछ

उन्होंने कहा कि इसके तुरंत बाद एक और सर्जरी करने का फैसला किया गया क्योंकि “हमें एक और एक्स-रे रिपोर्ट में उसके पेट में धातु जैसी और वस्तुएं दिखीं. हमने उसके पेट से दो अलग-अलग चाबियां, एक चाकू (जो चार इंच का था) और दो नेल-कटर निकाले.

डॉक्टरों के लिए चौंकाने वाला केस

चिकित्सक ने कहा, “यह हमारे लिए वाकई चौंकाने वाला था. जब हमने युवक से पूछा, तो उसने बताया कि उसने हाल ही में धातु की वस्तुएं निगलना शुरू कर दिया था. अब युवक ठीक है और उसकी हालत दिन-ब-दिन सुधर रही है.” डॉक्टर ने कहा कि युवक को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, जिसके लिए वह दवाएं ले रहा है.

जोखिम भरी सर्जरी

उन्होंने कहा कि उसकी सर्जरी जोखिम भरी थी. आमतौर पर बच्चों में ऐसे मामले सामने आते हैं. डॉक्टर ने कहा कि मरीज को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी. युवक के परिवार के सदस्य इस बारे में टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हो सके.

********************************

Read this also :-

आफ्टर ऑपरेशन लंदन कैफे का टीजर हुआ रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का ट्रेलर रिलीज

दिखेगा खौफ-आतंक का मंजर

26.08.2024 (एजेंसी)  –  नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपनी आगामी वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक का टेलर रिलीज कर दिया है।यह वेब सीरीज साल 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट आईसी814 के असल हाईजैक पर आधारित है।इसमें अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, विजय वर्मा, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, अरविंद स्वामी, दीया मिर्जा, पंकज कपूर और पत्रलेखा मुख्य भमिका में हैं।यह मिनी-सीरीज निर्देशक अनुभव सिन्हा का ओटीटी डेब्यू है और इसका प्रीमियर 29 अगस्त को होगा।

आईसी814 का ट्रेलर भारत को हिलाकर रख देने वाली खौफनाक हाईजैक घटना की दिलचस्प कहानी प्रस्तुत करता है।यह अपहर्ताओं की बढ़ती मांगों और भारत सरकार की बातचीत के प्रयासों को दर्शाता है।2 मिनट और 40 सेकंड की यह ट्रेलर गहन कूटनीतिक संवादों और आंतरिक सरकारी संघर्षों को भी दिखाता है।इसके एक दृश्य में यह भी दिखाया गया कि विमान का ईंधन कम हो गया, जिससे कप्तान (विजय वर्मा) के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।इस वेब सीरीज में दिसंबर 1999 में हुई एयर इंडिया की फ्लाइट आईसी814 के हाईजैक की वास्तविक घटना को दिखाया जाएगा।

आतंकवादियों के एक समूह ने विमान पर कब्जा कर लिया था, जो काठमांडू से दिल्ली जा रहा था, लेकिन आतंकियों ने इसे अफगानिस्तान के कंधार की ओर मुड़वा दिया। उस समय वहां तालिबान का शासन था।इस हाईजैक में 188 यात्रियों को आतंकवादियों ने 7 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था।वेब सीरीज आईसी814: द कंधार हाईजैक को कैप्टन देवी शरण और सृंजय चौधरी की किताब फ्लाइट इनटू फियर पर आधारित है।

यह दिल्ली के वॉर रूम में तनावपूर्ण बातचीत, तालिबान-नियंत्रित कंधार में उच्च जोखिम वाली कूटनीति और हाईजैक किए हुए विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर के सामने आने वाली भयानक कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्रदान करती है।इसलिए आपको इसमें दिलचस्प मोड़ देखने को मिलेंगे।निर्देशक अनुभव सिन्हा ने आईसी814: द कंधार हाईजैक के साथ 27 साल के बाद वेब सीरीज में वापसी की है।

मुंबई में नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स कार्यक्रम में सिन्हा ने इस प्रोजेक्ट के बारे में कहा, नेटफ्लिक्स और मैचबॉक्स शॉट्स ने मुझे आईसी814: द कंधार हाईजैक की कहानी बताने का प्रस्ताव दिया, जिसे मैं मना नहीं कर सका। इस सीरीज का निर्माण मैचबॉक्स शॉट्स और बनारस मीडियावर्क्स द्वारा किया गया है, जिसमें सरिता पाटिल और संजय राउत्रे निर्माता हैं।

***************************

 

 

ललन सिंह ने जातिगत जनगणना पर राहुल गाँधी पर कटाक्ष किया

पटना ,25 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने रविवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जातिगत जनगणना के मुद्दे पर वह घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं।

जनता दल (यूनाइटेड) नेता ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा, उन्हें जातिगत जनगणना की बहुत चिंता हो रही है। मगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब बिहार में जातिगत जनगणना कराई तो उस समय हमारी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा थी। मुंबई और बेंगलुरु में दो बैठकें भी हुई। इस दौरान हमारी ओर से लगातार कहा गया कि जातिगत जनगणना से जुड़ा एक प्रस्ताव पारित करें। लेकिन, उन्होंने इसे रिजेक्ट कर दिया।

उन्होंने ममता बनर्जी पर इंडिया गठबंधन की बैठक में जातिगत जनगणना के प्रस्ताव को पारित नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ममता बनर्जी के दबाव में ऐसा किया गया और हमारे प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। लेकिन, आज राहुल गांधी घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि देशभर में जातिगत जनगणना होनी चाहिए।

राजीव रंजन ने कहा, हमारी पार्टी ने बिहार में जातिगत जनगणना कराई। उस दौरान हम लोग एनडीए का हिस्सा भी नहीं थे। लेकिन, इसके बावजूद राहुल गांधी ने बिहार में कराई गई जातिगत सर्वे की प्रशंसा कभी नहीं की। वह सिर्फ जनता को भ्रमित करने के लिए ऐसा करते हैं। उनकी बातों का कोई आधार नहीं है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि जितनी जिसकी आबादी है उसके हिसाब से पॉलिसी बनाई जानी चाहिए। यदि लोगों की आबादी के हिसाब से नीतियां नहीं बनाई जाती हैं, तो जरूरतमंदों को इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा और पॉलिसी बनाने का कोई मतलब नहीं है।

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जाति जनगणना संविधान को मजबूत करने का काम है। इसे 10 प्रतिशत ने नहीं बनाया है, इसे 100 प्रतिशत ने बनाया है। इसकी रक्षा आप लोग करते हैं।

***************************

Read this also :-

सुपरहीरो तेजा सज्जा का प्रशंसकों को बड़ा तोहफा

सुपरनेचुरल सस्पेंसिव फिल्म अद्भुत का ट्रेलर रिलीज