Category Archives: film

वरिष्ठ अधिवक्ता / फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय सम्मानित

05.05.2025 – अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित क्लासिक क्लब में कृष्णा चौहान फाउंडेशन के संस्थापक डॉ कृष्णा चौहान द्वारा 4 मई को आयोजित लीजेंड दादा साहेब फाल्के अवार्ड 2025 समारोह में बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सुदेश भोसले, उदित नारायण, अभिनेता अली खान, सानंद वर्मा और संगीतकार दिलीप सेन की उपस्थिति में वरिष्ठ फिल्म पत्रकार/ अधिवक्ता काली दास पाण्डेय को अवॉर्ड दे कर सम्मानित किया गया।

बॉलीवुड के चर्चित फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय ने अपना करियर 1981 में स्वतंत्र पत्रकार के रूप में जमशेदपुर (झारखंड) से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘उदित वाणी’ से किया था।

80 के दशक से वर्तमान समय तक बतौर फिल्म पत्रकार बॉलीवुड में उनकी सक्रियता जारी है।

 

हजारीबाग (झारखंड) बार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण कर 1992 से वकालत के पेशे में क्रियाशील काली दास पाण्डेय को यह सम्मान फिल्म पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।

संवाद प्रेषक : अभिषेक कुमार पाण्डेय

***************************

 

 

तमिल स्पोर्ट्स ड्रामा ‘बाइसन कालामादन’ 17 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी……!

04.05.2025 – अप्लॉज एंटरटेनमेंट और नीलम स्टूडियोज़ द्वारा निर्मित और साउथ के प्रसिद्ध निर्देशक मारी सेल्वाराज द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित तमिल स्पोर्ट्स ड्रामा ‘बाइसन कालामादन’ 17 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, और इस साल की सबसे बड़ी दिवाली रिलीज़ के तौर पर सामने आएगी।

इस फिल्म में ध्रुव विक्रम एक दमदार और अलग अवतार में नजर आएंगे। उनके साथ अनुपमा परमेश्वरन, डायरेक्टर आमिर, डायरेक्टर लाल, पसुपति और रजिशा विजयन जैसे शानदार कलाकारों की टीम भी शामिल है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

‘आंखों की गुस्ताखियां’ 11जुलाई को रिलीज होगी……!

04.05.2025 – ज़ी स्टूडियोज़ और मिनी फ़िल्म्स की नवीनतम प्रस्तुति ‘आंखों की गुस्ताखियां’ 11 जुलाई को होगी। विक्रांत मैसी और शनाया कपूर स्टारर इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है मानसी बागला और वरुण बागला ने, और फिल्म को संतोष सिंह ने डायरेक्ट किया है और इसकी कहानी निरंजन अय्यंगर और मानसी बगला ने लिखा है।

इसका म्यूजिक विशाल मिश्रा ने दिया है। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आंखों की गुस्तखियां’ सिर्फ एक प्यार की कहानी नहीं है। इसमें दिल को छू जाने वाले इमोशन्स भी हैं। इस फिल्म को लेकर सिनेप्रेमियों के बीच काफी एक्साइटमेंट है, जिसका एक कारण नवोदित अदाकारा शनाया कपूर भी हैं।

दरअसल शनाया, अभिनेता संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी हैं और इस फिल्म के साथ अपना मच अवेटेड बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं और फिल्म में वो बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता विक्रांत मैसी के अपोजिट हैं, जिनकी परफॉर्मेंस हमेशा नेचुरल और दिल से जुड़ी होती हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

एनसीपी (एसपी) के जयंत पाटिल ने फुले को टैक्स फ्री करने की उठाई मांग

मुंबई 02 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : शिक्षक, समाज सुधारक ज्योतिराव गोविंदराव फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित विवादित फिल्म ‘फुले’ को महाराष्ट्र में टैक्स फ्री करने की मांग की गई है। महाराष्ट्र एनसीपी (एसपी) के विधायक जयंत पाटिल ने इसे लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है।

टैक्स फ्री की मांग को लेकर जयंत पाटिल ने अपने पत्र में कहा कि 25 अप्रैल को निर्देशक अनंत महादेवन की फिल्म ‘फुले’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसे दर्शक पसंद कर रहे हैं। हमारी मांग है कि इस फिल्म को टैक्स फ्री किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।

महाराष्ट्र सीएम को सौंपे गए पत्र में उन्होंने लिखा, “सर, महात्मा फुले और सावित्रीबाई का इतिहास दलितों के लिए पानी की टंकी खोलने, शिक्षा के लिए दरवाजे खोलने, महिला शिक्षा के लिए कदम उठाने तक ही सीमित नहीं है।

इससे भी अधिक बड़ा काम उन्होंने किया है। उनके काम का प्रभाव इतना जबरदस्त है कि जैसे 19वीं सदी में उनके काम का विरोध हुआ, वैसे ही 21वीं सदी में उनकी फिल्म का भी विरोध देखने को मिला।

परिणामस्वरूप सेंसर बोर्ड ने फिल्म के करीब 12 सीन काट दिए। इंसानियत और उसके अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ने वाले जोड़े की इस संघर्ष यात्रा को हर किसी को देखना चाहिए। उनके बारे में गलत सूचना फैलाने के लिए जिम्मेदार लोगों को भी यह फिल्म दिखानी चाहिए। इससे गलतफहमियां दूर होंगी।

उन्होंने आगे लिखा, “इस फिल्म के जरिए हमें समाज के उत्थान के लिए किए गए आंदोलन का जीवंत इतिहास देखने को मिलेगा। मेरा सरकार से अनुरोध है कि ‘फुले’ को टैक्स फ्री कर अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करें। परिवर्तनकारी, प्रगतिशील महाराष्ट्र बनाने वाले महान व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाना चाहिए। हमारे गौरवशाली इतिहास की छाप हर किसी के मन पर अंकित होनी चाहिए।”

बता दें, महाराष्ट्र से पहले बिहार, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भी ‘फुले’ को टैक्स फ्री करने की मांग की गई है। राष्ट्रीय लोक जनता दल के जिला अध्यक्ष रमेश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फिल्म को टैक्स फ्री के लिए पत्र सौंपा। वहीं, ओबीसी ट्रस्ट ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर टैक्स फ्री करने की बात कही।

‘फुले’ सामाजिक कार्यकर्ता ज्योतिराव गोविंदराव फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने जातिगत भेदभाव के खिलाफ और महिलाओं के शिक्षा के अधिकार के लिए लड़ाई लड़ी थी। फिल्म में अभिनेता प्रतीक गांधी ने महात्मा फुले की भूमिका निभाई है। वहीं, पत्रलेखा सावित्रीबाई फुले की भूमिका में हैं।

********************************

 

एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी/ एड प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स का स्वर्ण जयंती समारोह संपन्न

02.05.2025 – एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी/एड प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स, जो प्रोडक्शन प्रोफेशनल्स के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए समर्पित एक अग्रणी निकाय है, ने अपने 12वें वार्षिक पुरस्कार समारोह के साथ-साथ अपने शानदार स्वर्ण जयंती वर्ष का भी जश्न मनाया। जुहू, मुंबई स्थित इस्कॉन प्रेक्षागृह में 1 मई को आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के मुख्य अतिथि श्री रामदास आठवले राज्य मंत्री,सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्रालय (भारत सरकार) थे।

इस कार्यक्रम में महाभारत के प्रसिद्ध श्री अर्जुन ( फिरोज खान ), श्री गजेंद्र चौहान, सुश्री आभा परमार, श्री अशोक पंडित, श्री अशोक दुबे, साजिद खान, प्रशांत वीरेंद्र शर्मा, राजीव निगम, एलेक्स ओनेल, विक्रम और कई अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी शानदार बना दिया।

इस समारोह में प्रसिद्ध श्री शुजात अली खान द्वारा एक शानदार संगीतमय प्रस्तुति और मिमिक्री आर्टिस्ट नित्यानंद आनंद द्वारा एक मनोरंजक स्टैंड-अप कॉमेडी एक्ट ने प्रेरणा दायक उत्सव, पुरानी यादों और प्रेरणा का माहौल बनाया।

इस 12वें पुरस्कार समारोह (2025) में फीचर फिल्म, टीवी सीरियल और एड फिल्मों के प्रोडक्शन से जुड़े प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स, मैनेजर, कंट्रोलर और लाइन प्रोड्यूसर्स को अवार्ड के साथ सम्मान पत्र दे कर सम्मानित किया गया। एसोसिएशन ऑफ सिने टीवी एड प्रोडक्शन एक्जीक्यूटिव एक संगठन है जो फिल्म और टीवी उद्योग में काम करने वाले लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विदित हो कि फिल्म उद्योग के उत्पादन क्षेत्र में कार्यरत उत्पादन नियंत्रकों और उत्पादन प्रबंधकों के व्यावसायिक हितों की रक्षा करने के उद्वेश्य से 1975 में स्वर्गीय श्री आर.के. हांडा, श्री राम मिलन वर्मा, श्री माणिक गुप्ता, श्री वी.के. माथुर, श्री गंगाधरम, श्री हरिंगटन बर्नार्ड ने ट्रेड यूनियन अधिनियम 1926 के अंतर्गत एसोसिएशन ऑफ सिने प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स के नाम से इस एसोसिएशन की स्थापना और पंजीकरण कराया था।

स्वर्गीय श्री माणिक गुप्ता, श्री मोहम्मद शफी, श्री भूषण बर्मा और स्वर्गीय श्री ज्ञान सचदेव के कुशल और निपुण योगदान ने एसोसिएशन को मजबूती से स्थापित करने में काफी मदद की। बाद में, कवरेज का विस्तार करने और सदस्यों की संख्या में वृद्धि करने के लिए, टेलीविजन और विज्ञापन फिल्म क्षेत्र को इस एसोसिएशन में शामिल किया गया और एसोसिएशन का नाम बदलकर ‘एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी/ एड प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स’ कर दिया गया।

एसोसिएशन के उपरोक्त सदस्यों की कड़ी मेहनत और प्रयासों के कारण, इस एसोसिएशन को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज द्वारा मान्यता दी जा चुकी है। इस एसोसिएशन की यात्रा खार से लेकर नटराज स्टूडियो तक कई अस्थायी कार्यालयों से शुरू हुई थी, लेकिन जब तक कि बहुत प्रयास और समर्पण के साथ, अंधेरी पश्चिम के आदर्श नगर में आर्ट डायरेक्टर्स एसोसिएशन के साथ संयुक्त रूप से एक स्थायी कार्यालय का अधिग्रहण नहीं किया गया।

बाद में, 2004 में, एसोसिएशन गर्व से परिसर का एकमात्र मालिक बन गया। 21वीं सदी की शुरुआत ने एक नए युग की शुरुआत की, जब एसोसिएशन ने 2001 में अपने वार्षिक पुरस्कार समारोह की शुरुआत की, जिसमें पहली बार प्रोडक्शन इंडस्ट्री के गुमनाम नायकों को ट्रॉफी और सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अपने सदस्यों को चिकित्सा सहायता, छात्रवृत्ति और संकट के दौरान वित्तीय सहायता और कार्य संपादन के बाद उचित पारिश्रमिक और कार्य स्थितियों के अनुरूप सुविधा उपलब्ध कराना ही इस एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य रहा है।

यहां उल्लेखनीय है कि बाद के दिनों में श्री सुरेंद्र श्रीवास्तव, श्री राधेश्याम गुप्ता, श्री प्रकाश उपाध्याय, श्री शैलेश पंड्या, श्री दीपक कुमार चौधरी, श्री संजय शर्मा, श्री इमरान मर्चेंट, श्री भावेश पंचमतिया, श्री रवि चतुर्वेदी, श्री संतोष जाधव, श्री नवीन राय, श्री किरण शाही, श्री परवेज आलम खान, श्री अशोक आर. दुबे, श्री तपन कुमार सिंह और श्री सुरेंद्र मल्होत्रा ​​जैसे नए दूरदर्शी लोगों के गतिशील नेतृत्व में, एसोसिएशन ने आधुनिकीकरण को अपनाया और अपने सदस्यों से बेहतर तरीके से जुड़ने और उनकी सेवा करने के लिए अपनी खुद की वेबसाइट लॉन्च की।

पीएमसी बैंक संकट और विनाशकारी कोविड-19 महामारी के बीच भी, एसोसिएशन अडिग रही। इसने अपने कल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखे, 2020 में सदस्य सदस्यता शुल्क माफ किया, राशन किट वितरित किए और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के सहयोग से प्रत्यक्ष रूप से अपने सदस्यों को वित्तीय सहायता की सुविधा प्रदान की।

50 वर्षों का यह ऐतिहासिक मील का पत्थर बन कर खड़ा एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी/एड प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स न केवल समय बीतने का प्रतीक है, बल्कि अथक दृढ़ता, एकता और प्रगतिशील दृष्टि का प्रमाण भी है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

सिने फलक पर उभरती अदाकारा दिव्या प्रधान

02.05.2025 – ‘हुक्का’, ‘बारिश की बूंदे’, ‘लबों पे तेरा नाम’ जैसी कई म्यूजिक वीडियो में अपनी आवाज और अभिनय का जलवा बिखेर चुकी सिंगर और अदाकारा दिव्या प्रधान इन दिनों बॉलीवुड में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

400 से अधिक बार लाइव सिंगिंग परफॉर्मेंस देने वाली और देश सहित विदेशों में सफलता पूर्वक सिंगिंग शो करने वाली सिंगर और अदाकारा दिव्या प्रधान साउथ की फिल्म ‘रंगा भाई रेड्डी’ में तांत्रिक की भूमिका निभाने के बाद अब बॉलीवुड की फिल्मों में भी काम कर रही है।

दिव्या को मॉडलिंग करना अच्छा लगता है जिसके लिए वह एड फिल्म, रैम्प वॉक और फैशन शो करती रहती है।

उत्तरप्रदेश राज्य के गाज़ीपुर (बनारस) की मूल निवासी

दिव्या प्रधान कहती है कि सिंगिग उनका जुनून है, वह अपने जीवन में गायन को पहला दर्जा देती है। पंडित रमाकांत तिवारी के मार्गदर्शन में उन्होंने सेमी क्लासिकल गीत गायन की शिक्षा ली है।

हिंदी, हरयाणवी और भोजपुरी में उन्होंने ढेरों गीत गाये हैं। दिव्या ने कई भोजपुरी के मशहूर कलाकारों और गायकों जैसे मनोज तिवारी, रवि किशन आदि के साथ गाना गाया है। वह भजन, लोकगीत, फिल्मी गीत और प्लेबैक गाने गाती रहती हैं और लाइव परफॉर्मेंस भी देती है।

‘मेरे प्रभु श्री राम’ और ‘ये दिल सूफियान’ म्यूजिक वीडियो की सफलता के बाद दिव्या ने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘हैप्पी राय प्रोडक्शन’ के बैनर तले शॉर्ट फिल्म और वेब सीरीज का निर्माण कार्य भी शुरू किया है। इसके अंतर्गत वह नवोदित प्रतिभाओं को मौका देती हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

मानवीय संवेदनाओं को उजागर करती फिल्म भोजपुरी फिल्म ‘सजनवां गंगा पार के’

01.05.2025 – एस के मांझी प्रोडक्शन के बैनर तले फिल्म निर्माता संतोष कुमार द्वारा निर्मित भोजपुरी फिल्म ‘सजनवां गंगा पार के’ बहुत जल्द ही सिनेदर्शकों तक पहुंचने वाली है मानवीय संवेदनाओं को उजागर करती फिल्म ‘सजनवां गंगा पार के’ एक आकर्षक और मनोरंजक सिनेमाई अनुभव देने के लिए तैयार है।

सिनेदर्शकों के टेस्ट को ध्यान में रखते हुए इस भोजपुरी फिल्म की कथावस्तु में रोमांस, एक्शन, कॉमेडी व ट्रेजेडी का भी समावेश किया गया है। आर रामजीत द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सजनवां गंगा पार के’ के लेखक संदीप श्रवण व अनिल कुसुम, पटकथा लेखक कुंदन कुमार, गीतकार अशोक शिवपुरी व अनिल कुसुम, संगीतकार मधुकर आनंद व दीपक दिलकश, सिनेमेटोग्राफर सोमियो और प्रोडक्शन डिजाइनर अशोक कश्यप हैं।

इस भोजपुरी फिल्म के हृदयस्पर्शी कर्णप्रिय गीतों को स्वर दिया है सिंगर इंदु सोनाली, मधुकर आनंद,अरविंद लाल यादव और आद्याशक्ति ने। इस फिल्म में गौरव झा और श्रुति रॉय के अलावा मोहन जोशी, अली खान, लवली, रवि साहू, प्रदीप काबरा और अजय पटेल की भी अहम भूमिका है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

155वीं जन्म जयंती के अवसर पर याद किये गए भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहेब फाल्के

30.04.2025 – गोरेगाँव (मुम्बई) स्थित दादा साहेब फाल्के चित्रनगरी, फिल्म सिटी स्टूडियो में भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहेब फाल्के की 155वीं जन्म जयंती के अवसर पर फिल्मसिटी स्टूडियो प्रबंधन द्वारा आयोजित समारोह में दादा साहेब फाल्के के ग्रैंडसन चंद्रशेखर पुसलकर, उनकी पत्नी मृदुला पुसलकर और दत्तक पुत्री नेहा बंदोपाध्याय भी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सभी ने दादा साहेब फाल्के की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस समारोह में भारतीय फिल्म जगत से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, बॉलीवुड के नामचीन शख्सियतों व महाराष्ट्र सरकार के प्रशासनिक पदाधिकारियों के अलावा देश के अन्य राज्यों से आये लोगों ने दादा साहेब फाल्के की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। भारतीय सिनेमा के जन्मदाता दादा साहब ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 19 साल के करियर में दादा साहब ने 121 फिल्में बनाई, जिसमें 26 शॉर्ट फिल्में शामिल हैं। दादा साहेब सिर्फ एक निर्देशक ही नहीं बल्कि एक मशहूर निर्माता और स्क्रीन राइटर भी थे।

उनकी आखिरी मूक फिल्म ‘सेतुबंधन’ थी और आखिरी फीचर फिल्म ‘गंगावतरण’ थी। विदित हो कि दादासाहब फाल्के का असल नाम धुंडीराज गोविंद फाल्के था। उनका जन्म 30 अप्रैल, 1870 को महाराष्ट्र के त्रिम्बक (नासिक) में एक मराठी परिवार में हुआ था। दादा साहब फाल्के ने ना सिर्फ हिंदी सिनेमा की नींव रखी बल्कि बॉलीवुड को पहली हिंदी फिल्म भी दी।

उनके सम्मान में भारत सरकार ने 1969 में ‘दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड’ देना शुरू किया। यह भारतीय सिनेमा का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार है। सबसे पहले यह पुरस्कार पाने वाली देविका रानी चौधरी थीं। 1971 में भारतीय डाक विभाग ने दादा साहेब फाल्के के सम्मान में एक डाक टिकट भी जारी किया। उनका निधन 16 फरवरी 1944 को नासिक में हुआ था।

भारतीय सिनेमा का वार्षिक कारोबार आज लगभग दो अरब का हो चला है और हजारों लोग इस उद्योग में लगे हुए हैं लेकिन दादा साहब फाल्के ने महज 20-25 हजार की लागत से इसकी शुरुआत की थी। आज भले ही दादा साहेब फाल्के हमारे बीच नहीं हैं लेकिन आज भी उनका संदेश व उनके संघर्षों को बयां करते पदचिन्ह, भारतीय फिल्म जगत के फिल्मकारों को कर्मपथ पर धैर्य के साथ अग्रसर रहने के लिए सदैव प्रेरित करता है और युगों युगों तक करता रहेगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

साउथ स्टार नागा चैतन्य ने राजनीतिक वेब सीरीज ‘मायासभा’ से लिंक होने से किया इनकार ..!

30.04.2025 – निर्माता बीवीएसएन प्रसाद द्वारा सुकुमार के साथ मिलकर एसवीसीसी और सुकुमार राइटिंग्स के बैनर तले बनाई जा रही रहस्यमय थ्रिलर फिल्म ‘एनसी24’ का दिलचस्प पोस्टर साउथ स्टार नागा चैतन्य के जन्मदिन के अवसर पर जारी होते ही अटकलों का बाजार गर्म हुआ कि नागा चैतन्य डायरेक्टर देव कट्टा की राजनीतिक वेब सीरीज ‘मायासभा’ का हिस्सा होंगे, परन्तु नागा चैतन्य ने राजनीतिक वेब सीरीज ‘मायासभा’ से लिंक होने से इनकार कर दिया है।

फिल्म ‘एनसी24’ के मेकर्स ने भी दावा किया है कि नागा चैतन्य और उस प्रोजेक्ट के बीच कोई संबंध नहीं है। मेकर्स द्वारा जारी पोस्टर में पौराणिक कथाओं के साथ एक साहसिक और बीहड़ चरित्र की ओर इशारा किया गया है।

कार्तिक वर्मा दांडू द्वारा निर्देशित और अजनीश लोकनाथ के संगीत से सजी फिल्म ‘एनसी24’ में अभिनेता नागा चैतन्य एक नए अंदाज में और शक्तिशाली अवतार में नजर आएंगे।

नागा चैतन्य की इस 24 वीं फिल्म में उभरते हुए कलाकार स्पर्श श्रीवास्तव भी हैं, जिन्हें लापता लेडीज़ के लिए जाना जाता है और मीनाक्षी चौधरी को मुख्य भूमिका में शामिल किए जाने की भी खबर है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

प्राइम वीडियो की नवीनतम प्रस्तुति ड्रामा सीरीज़ ‘ग्राम चिकित्सालय’ का प्रीमियर शो 9 मई को…….!

29.04.2025 – टीवीएफ (द वायरल फीवर) के बैनर तले निर्मित दिल को छू लेने वाली ड्रामा सीरीज़ ‘ग्राम चिकित्सालय’ की रिलीज़ डेट की घोषणा भारत के सबसे लोकप्रिय मनोरंजन डेस्टिनेशन, प्राइम वीडियो ने कर दी है।

दीपक कुमार मिश्रा की परिकल्पना पर आधारित पांच भागों वाली यह सीरीज एक महत्वाकांक्षी शहरी डॉक्टर डॉ. प्रभात की यात्रा की दास्तान बयां करती है जो एक दूरदराज के गांव में लगभग बंद पड़े सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र को फिर से शु

रू करने के लिए उसे सरकारी तंत्र की अड़चनों, स्थानीय लोगों की शंकाओं और छोटे कस्बे की अनोखी परेशानियों से जूझना पड़ता है। ग्राम चिकित्सालय में अमोल पाराशर और विनय पाठक मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, उनके साथ आकांक्षा रंजन कपूर, आनंदेश्वर द्विवेदी, आकाश मखीजा और गरिमा विक्रांत सिंह जैसे शानदार कलाकार भी अहम किरदार निभाते हुए दिखेंगे।

यह सीरीज़ 9 मई से भारत समेत दुनिया भर के 240 से ज्यादा देशों और निकटवर्ती क्षेत्रों में केवल प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। इस ओरिजिनल सीरीज़ की कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है और निर्देशन राहुल पांडे ने किया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी/ एड प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स का स्वर्ण जयंती समारोह 1 मई को….!

228.04.2025 – एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी/ एड प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स द्वारा जुहू, मुंबई स्थित इस्कॉन प्रेक्षागृह में 1 मई को स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर साल के सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव को सम्मानित करने के लिए 12वें पुरस्कार समारोह (2025) आयोजित करने का ऐलान किया गया है। इस समारोह के अवॉर्ड कैटेगरी में फिल्म, टीवी धारावाहिक(फिक्शन /नॉन फिक्शन), वेब सीरीज,म्यूजिक एल्बम, रीजनल मूवीज और टेलीविजन शोज (मराठी, भोजपुरी, पंजाबी और गुजराती ) शामिल हैं।

इस समारोह के मुख्य अतिथि श्री रामदास आठवले राज्य मंत्री,सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्रालय (भारत सरकार) होंगे। फिल्म और मनोरंजन उद्योग से कई अन्य मशहूर हस्तियों को भी इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। एसोसिएशन ऑफ सिने टीवी एड प्रोडक्शन एक्जीक्यूटिव एक संगठन है जो फिल्म और टीवी उद्योग में काम करने वाले लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विदित हो कि फिल्म उद्योग के उत्पादन क्षेत्र में कार्यरत उत्पादन नियंत्रकों और उत्पादन प्रबंधकों के व्यावसायिक हितों की रक्षा करने के उद्वेश्य से 1975 में स्वर्गीय श्री आर.के. हांडा, श्री राममिलन वर्मा, श्री माणिक गुप्ता, श्री वी.के. माथुर, श्री गंगाधरम, श्री हरिंगटन बर्नार्ड ने ट्रेड यूनियन अधिनियम 1926 के अंतर्गत एसोसिएशन ऑफ सिने प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स के नाम से इस एसोसिएशन की स्थापना और पंजीकरण कराया था।

स्वर्गीय श्री माणिक गुप्ता, श्री मोहम्मद शफी, श्री भूषण बर्मा और स्वर्गीय श्री ज्ञान सचदेव के कुशल और निपुण योगदान ने एसोसिएशन को मजबूती से स्थापित करने में काफी मदद की । बाद में, कवरेज का विस्तार करने और सदस्यों की संख्या में वृद्धि करने के लिए, टेलीविजन और विज्ञापन फिल्म क्षेत्र को इस एसोसिएशन में शामिल किया गया और एसोसिएशन का नाम बदलकर ‘एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी/ एड प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स’ कर दिया गया। एसोसिएशन के उपरोक्त सदस्यों की कड़ी मेहनत और प्रयासों के कारण, इस एसोसिएशन को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज द्वारा मान्यता दी जा चुकी है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

कुमार मंगलम बिड़ला को मिला लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार…..!

26.04.2025 – महान संगीत गुरु दीनानाथ मंगेशकर के 83वें स्मृति दिवस के अवसर पर पिछले दिनों विले पार्ले (ईस्ट), मुंबई स्थित दीनानाथ मंगेशकर नाट्यगृह में मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान और हृदयेश आर्ट्स द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित भव्य समारोह में आर एस एस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा महान गायिका आशा भोंसले जी, मीना खडीकर मंगेशकर, आशीष शेलार, भारती मंगेशकर, राजश्री बिरला, आदिनाथ मंगेशकर, स्पृहा जोशी, रूपकुमार राठौड़, सुनाली राठौड़ और अविनाश प्रभावलकर की उपस्थिति में कुमार मंगलम बिड़ला को लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

 एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर, सुनील शेट्टी, सचिन पिलगांवकर, सोनाली कुलकर्णी और डॉ. एन. राजम के साथ अन्य को दीनानाथ मंगेशकर अवार्ड से सम्मानित किया गया। पंडित हृदयनाथ मंगेशकर ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा “हर साल, हम उन व्यक्तियों को सम्मानित करते हैं जो समर्पण, उत्कृष्टता और सेवा की भावना को अपनाते हैं, जो मास्टर दीनानाथजी के जीवन में थी।

यह उत्सव न केवल अतीत के लिए एक श्रद्धांजलि है, बल्कि नवोदित प्रतिभाओं के वर्तमान और भविष्य के लिए एक जलती मशाल है।”

विदित हो कि मंगेशकर परिवार द्वारा 35 वर्षों से अधिक समय से संपोषित सार्वजनिक धर्मार्थ ट्रस्ट ‘मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान’ द्वारा 2022 में भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर की स्मृति में ‘लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार’ की शुरुआत की गई थी। यह पुरस्कार पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आशा भोसले और अमिताभ बच्चन को प्रदान किया जा चुका है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

******************************

 

चर्चाओं के बीच : फिल्म निर्माता सुरेंद्र श्रीवास्तव

21.04.2025 – ‘जुर्माना’, ‘सूरज’, ‘कहानी किस्मत की’, ‘आज का रावण’ जैसी सफल फिल्मों के निर्माता सुरेंद्र श्रीवास्तव इन दिनों अपनी पुस्तक ‘संगम से सागर तक’, ‘साउंड कैमरा एक्शन’ और ‘आउट डोर शूटिंग : खट्टे मीठे अनुभव’ को ले कर काफी चर्चा में हैं। भारत सरकार द्वारा प्रगति मैदान दिल्ली में आयोजित विश्व पुस्तक मेला (2025) में उनकी उपरोक्त सभी पुस्तकों को अच्छा रेस्पॉन्स मिला।

सुरेंद्र श्रीवास्तव ने अपनी पुस्तक ‘संगम से सागर तक’ में अपनी जीवन यात्रा को चित्रित करते हुए संदेश देने का प्रयास किया है कि सेवा, समर्पण और सदभाव सफलता के मूल मंत्र हैं। साथ ही साथ लगन में सच्चाई हो तो सफलता सदैव कदम चूमती है।

प्रयागराज (इलाहाबाद) से मुंबई तक के अपने सफर को बड़े ही हृदयस्पर्शी भाव के साथ कागज पे उतारा है सुरेंद्र श्रीवास्तव ने। ‘साउंड कैमरा एक्शन’ में सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बतौर फिल्म प्रचारक और फिल्म प्रबंधन का कार्य करते हुए जो देखा सुना और समझा व अनुभव हासिल किया उसे फिल्म विधा में रुचि रखने वालों के लिए बड़े ही सरल शब्दों में चित्रित किया है।

यह पुस्तक फिल्मप्रेमियों को फिल्म निर्माण से संबंधित प्रत्येक विभाग की छोटी से बड़ी बातों को जानने और समझने का अवसर प्रदान करेगा, दूसरे शब्दों में उनकी पुस्तक ‘साउंड कैमरा एक्शन’ को फिल्म निर्माण कला का संपूर्ण गाइड कहा जा सकता है।

तीसरी पुस्तक ‘आउट डोर शूटिंग : खट्टे मीठे अनुभव’ में सुरेंद्र श्रीवास्तव ने दबे स्वर में बॉलीवुड के काला सच को भी महसूस करने का अवसर पाठकों को प्रदान किया है। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में क्रियाशील अथवा फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले के लिए ये पुस्तक काफी उपयोगी साबित होगी।

विदित हो कि 9 वर्षों तक एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी /एड प्रोडक्शन एग्जिक्यूटिव्स के अध्यक्ष रह चुके सुरेंद्र श्रीवास्तव फिलवक़्त भी एसोसिएशन के प्रशासनिक प्रबंधन से जुड़े हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

नशामुक्त भारत अभियान के समर्थन में आवाज बुलंद करती शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’

20.04.2025 – ब्लैक कॉफी और स्मोक फिल्म्स द्वारा दुनिया के दूसरे सबसे बड़े बाल रोग विशेषज्ञों के संघ – IAP (भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी) के लिए निर्मित शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’ इन दिनों सर्वत्र चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस शॉर्ट फिल्म की सबसे खास बात यह है कि भारतीय फिल्म जगत के पहले सुपर स्टार राजेश खन्ना की बेटी ट्विंकल खन्ना बतौर मेहमान कलाकार भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी और उनके साथ काम करने वाले बाल विशेषज्ञों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए नजर आती हैं।

मादक पदार्थों व नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर आधारित इस शॉर्ट फिल्म के लेखक और निर्देशक बॉलीवुड के चर्चित संगीतकार, गीतकार व गायक राहुल बी सेठ हैं जिन्होंने जनहित में कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ संगीतमय अभियान छेडा था और आज भी इस दिशा में सक्रिय हैं। राहुल बी सेठ को ब्रिटिश संसद लंदन के ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ में सम्मानित किया जा चुका है।

शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’ से राहुल बी सेठ निर्देशन के क्षेत्र में अपना कदम बढ़ाया है। विदित हो कि धर्मेन्द्र, सन्नी देओल और बॉबी देओल की लोकप्रिय हिन्दी फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ समेत कई फिल्मों में संगीत दे चुके राहुल बी सेठ गायन, संगीत, लेखन व निर्देशन के क्षेत्र में समान रूप से अपनी पकड़ बनाये हुए हैं।

राहुल सेठ ने विश्व शांति के लिए तैयार किए गए विशेष गीत ‘वी आर टूगेदर’ में भी अपने संगीत का जादू बिखेरा है। इसके अलावा ‘ग्लोबल वार्मिंग’ और विश्व व्यापी आतंकवाद जैसे गंभीर मसले पर लिखे गए कई गीतों को उन्होंने अपने संगीत से सजाया है।

भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वसंत खालटकर की परिकल्पना पर आधारित इस शॉर्ट फिल्म के कार्यकारी निर्माता – सुनील तिवारी, क्रिएटिव डायरेक्टर – चेतन राव, डीओपी – मुकेश शर्मा, संगीतकार अर्पण आरेकर और राहुल बी सेठ हैं।

भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित नशामुक्त भारत अभियान के समर्थन में आवाज बुलंद करती शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’ के मुख्य कलाकार किरण कुमार, विष्णु लतावा, देवेंद्र पंडित, श्वेता कटारिया, नीतू भट्ट और ट्विंकल खन्ना आदि हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

चर्चाओं के बीच : फ़ैशन इन्फ़्लुएंसर जयता गार्गरी

16.04.2025 – मनोरंजन और फ़ैशन उद्योग में एक नाम बहुत तेजी से उभर कर सामने आ रहा है वो नाम है मॉडल, फ़ैशन इन्फ़्लुएंसर जयता गार्गरी का। जयता गार्गरी एक पारंपरिक परिवार में पली-बढ़ी, जहाँ शिक्षा और स्थिरता पर बहुत ज़ोर दिया जाता था।

उन्होंने फैशन या मीडिया से असंबंधित क्षेत्र में डिग्री हासिल की और अलग-अलग नौकरी के क्षेत्रों में काम किया। 12 साल तक उन्होंने लगन से काम किया, जीत की सीढ़ियाँ चढ़ीं और एक समर्पित और मेहनती पेशेवर के रूप में ख्याति अर्जित की।

अपनी नौकरी के क्षेत्रों में सफलता के बावजूद, जयता गार्गरी इस भावना से बाहर नहीं निकल पाई कि कुछ कमी रह गई है। वह खुद को रचनात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित पाती थी, अपने खाली समय में फैशन शो, संगीत कार्यक्रम और थिएटर प्रदर्शन में भाग लेती थी।

उसके दोस्तों और परिवार ने उसके जुनून को देखा और उसे अपनी रुचियों को तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया। विदित हो कि वर्ष 2020 में, जयता गार्गरी ने एक साहसिक कदम उठाया और एक सौंदर्य प्रतियोगिता में भाग लिया। कोई पूर्व अनुभव न होने के बावजूद, उसने प्रतियोगिता में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया, जो उसके सफ़र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।

सौंदर्य प्रतियोगिता में मिली सफलता और ख्याति ने उसके आत्मविश्वास को बढ़ाया और मनोरंजन और फ़ैशन उद्योग में अपना करियर बनाने के उसके फ़ैसले को पुष्ट किया।

प्रतिफल स्वरूप आज, जयता गार्गरी एक सफल व चर्चित मॉडल, फ़ैशन इन्फ़्लुएंसर, प्रेरक और एक उद्यमी के रूप में मनोरंजन और फ़ैशन जगत में एक्टिव रहने के साथ साथ उन लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं जो अपने जुनून को आगे बढ़ाना चाहते हैं और अपना करियर अपनी इच्छा स्वरूप बदलना चाहते हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

******************************

 

गुरु एंटरटेनमेंट के पहले पॉडकास्ट में नजर आएंगे एक्टर टीटू वर्मा…..!

लालसिंह चड्डा, गंगूबाई काठियावाड़ी, टोटल धमाल, अलविदा, चलो दिल्ली, वाह जिंदगी, टर्टल, कसाई, सिर्फ एक फ्राइडे जैसी फिल्मों में और कई वेब सीरीज में काम कर चुके अभिनेता टीटू वर्मा गुरु एंटरटेनमेंट के पहले पॉडकास्ट में अपनी संघर्षमय फिल्मी यात्रा से जुड़े संस्मरण बयां करते नजर आएंगे।

अभिनेता टीटू वर्मा अभिनय के क्षेत्र में एक्टिव रहने के साथ साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं और एनजीओ के माध्यम से फिलवक़्त समाज सेवा की दिशा में भी अग्रसर हैं।

विदित हो कि गुरु एंटरटेनमेंट एंड इन्फोमीडिया ग्रुप के संस्थापक और फिल्म निर्माता कैलाश गुरुड द्वारा निर्मित मराठी फिल्म ‘सावित्री’ की शूटिंग पूरी हो गई है। ‘सावित्री’ बहुत जल्द ही सिनेदर्शकों तक पहुंचने वाली है।

फिल्म विद्या से जुड़े संघर्षरत नवोदित प्रतिभाओं को प्रकाश में लाने के उद्वेश्य से गुरु एंटरटेनमेंट एंड इन्फोमीडिया ग्रुप द्वारा वर्तमान समय में बहुत सारे नए प्रोजेक्ट्स के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘Guru EI चैनल’ भी लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

अल्ट्रा प्ले ओटीटी पर कॉमेडी फिल्म ‘टोकन द ट्रेजर’….!

10.04.2025 – निर्देशिका डॉक्टर रविकला गुप्ता की कॉमेडी फिल्म ‘टोकन द ट्रेजर’ अल्ट्रा प्ले ओटीटी पर रिलीज हुई है। अभी तक कि सबसे पॉपुलर फिल्म होने का टैग अपने नाम यह फिल्म कर चुकी है। यह फिल्म 2022 में सभी सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में प्रसिद्ध अभिनेता रविकिशन की बेटी रीवा किशन मुख्य नायिका है और उनके साथ में अनूप जलोटा ( कैमियो ), श्रुति उल्फ़त, दीपशिखा जैसे जानेमाने कलाकार हैं।

‘टोकन द ट्रेजर’ की कहानी कॉमेडी ड्रामा है जो एक मध्यमवर्गीय परिवार के सपनों और दायरों में पिरोयी गई है। इस फिल्म को सिनेदर्शकों के लिए अल्ट्रा प्ले ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दोबारा रिलीज किए जाने के बाद से निर्देशिका डॉक्टर रविकला गुप्ता इन दिनों काफी चर्चा में हैं।

डॉक्टर रविकला गुप्ता को सेंट्रल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी ऑफ अमेरिका की ओर से डॉक्टरेट की उपाधि देकर सम्मानित किया गया है। डॉक्टर रविकला गुप्ता की शॉर्ट फिल्म ‘सेलिब्रेट लाइफ’ 14 वें ग्लोबल कैप्टेन ऑफ द शिप’ अवार्ड समारोह में सम्मानित हो चुकी है।

डॉ रविकला ने कई शॉर्ट्स फिल्म और विज्ञापन फिल्मों का निर्माण किया है। उन्होंने अपनी निर्देशन कुशलता के कारण काफी वाहवाहियां बटोरी है। उनकी शॉर्ट्स फिल्में ‘सेलिब्रेट लाइफ’, ‘अजी सुनते हो’, ‘कॉफी’ आदि है। उन्होंने मार्शल वॉलपेपर, टीवीएस बाइक जैसे कई फेमस ब्रांड्स के एड फिल्मों का भी निर्देशन किया है।

फिल्म इंडस्ट्री में उनका आगमन बतौर अभिनेत्री हुआ। उन्होंने अभिनेता मनोज कुमार की टीवी सीरीज ‘कहाँ गए वो लोग’, भोजपुरी फिल्म ‘हमार दूल्हा’ में अभिनय किया। डॉक्टर रविकला गुप्ता क्लासिकल डांस भरतनाट्यम में विषारद हैं। अभी वह अपने स्क्रिप्ट में काम कर रही हैं और जल्द ही वह इसे कैमरे में भी उतारेंगी।

निर्देशिका डॉक्टर रविकला गुप्ता ने अपनी पुत्री खुशी गुप्ता को वकालत की पढ़ाई करवाई है और उनकी अभिनय करने की इच्छा का सम्मान करते हुई अपनी फिल्मों में मौका दिया है। डॉक्टर रविकला गुप्ता कहती हैं कि उनको वास्तविक घटनाओं, राजीतिक और सामाजिक थ्रिलर तथा वर्तमान समय में होने वाली घटनाओं पर आधारित फिल्में बनाना अच्छा लगता है।

साथ ही साथ वह कहती हैं कि फिल्म मनोरंजन का साधन है, आप हर फिल्म की कथा, संवाद या दृश्य आदि को अपनी वास्तविक जीवन में अपनाने की कोशिश ना करें। मनोरंजन का आनंद लें और खुश रहें।

क्योंकि फिल्म जीवन का आईना हो सकती है जीवन नहीं। वर्तमान समय में बन रही फिल्मों के बारे में उनका कहना है कि अभी के समय की फिल्में कहीं ना कहीं युवा पीढ़ी को गुमराह कर रही है। फिल्म के दृश्य, संवाद और कलाकारों की छवि जो पर्दे पर दिखायी जा रही है उनसे युवा दिग्भ्रमित हो रहे हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

बॉलीवुड में दस्तक देगी अभिनेत्री खुशी पाल..!

08.04.2025 – म्यूजिक वीडियो ‘पहले जा फिर जानेजान’, ‘अम्बरान दे तोर’ में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी अभिनेत्री खुशी पाल बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही है। इनकी एक बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। इस फिल्म की शूटिंग मध्यप्रदेश के रीवा क्षेत्र के आस पास के मनोरम स्थलों पर किया गया है।

इसके साथ ही साउथ सिनेमा और बॉलीवुड फिल्म में इनके अभिनय का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। इसके अलावा वह वेब सीरीज, फिल्म और विज्ञापनों में अभिनय कर रही हैं। खुशी पाल नेपाल देश के लुम्बिनी के पास एक छोटे शहर की रहने वाली है। बचपन से बॉलीवुड फिल्मों को देखकर उनके मन में फिल्मों के प्रति चाहत जागी और शाहरुख खान की ‘कुछ कुछ होता है’ देखकर बॉलीवुड में आने की उनकी इच्छा प्रबल हो गई।

सलमान खान, शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा और कटरीना कैफ उनके पसंदीदा कलाकार हैं। निर्देशक अनिल शर्मा और संजय लीला भंसाली की फिल्में इन्हें पसंद है और वह चाहती हैं कि भविष्य में उनके साथ काम करने का मौका मिले। बैडमिंटन और फुटबॉल खेलना इन्हें पसंद हैं। ट्रेवलिंग और सिंगिंग का इनको शौक है।

अभिनेत्री खुशी पाल कहती हैं कि चूंकि मैं नेपाल से हूं इसलिए सबसे पहले मैंने हिंदी भाषा सीखा। डांस और अभिनय की कला मेरे अंदर थी बस उसे निखारने का अभ्यास किया।

उनका कहना है कि सब को ख्वाब देखने का हक है और उसे पूरा करने की कोशिश करनी चाहिए। यदि आप इंडस्ट्री में आना चाहते हैं तो आपको कोई रोक नही सकता। अपनी मेहनत और लगन पर विश्वास रखें क्योंकि आपसे बेहतर आपको कोई और नहीं जान सकता।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

ब्रज इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल का आयोजन वृंदावन में..!

 मराठी फिल्म निर्माता व निर्देशक अमोल भगत निर्णायक मंडल में बतौर जज शामिल..!

05.04.2025 – सांस्कृतिक गतिविधियों की दिशा में अग्रसर चर्चित संस्था ‘बाँसुरी’ द्वारा द्वितीय दो दिवसीय ब्रज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन दिनांक 19 और 20 अप्रैल को कृष्णा फनलैंड सिनेमा, छटीकरा रोड , वृन्दावन में किया जाएगा। फेस्टिवल की जानकारी देते हुए फेस्टिवल फाउंडर विनय गोस्वामी ने बताया कि फ़िल्म फेस्टिवल में शार्ट फ़िल्म, म्यूजिक वीडिओज़, डॉक्यूमेंट्री और फीचर फिल्मों को शामिल किया जाएगा।

इस दो दिवसीय फिल्म फेस्टिवल की खास बात ये है कि मराठी फिल्म निर्माता निर्देशक अमोल भगत निर्णायक मंडल में बतौर जज शामिल किया गया है। अमोल भगत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में एक जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं। मराठी फिल्म उद्योग में अमोल भगत के शानदार योगदान ने, विशेष रूप से ‘पुणे टू गोवा’ जैसी फिल्म में उनके निर्देशन के माध्यम से उन्हें व्यापक पहचान दिलाई है। कहानी कहने और सिनेमाई दृष्टि में उनकी कुशलता ने लगातार दर्शकों और आलोचकों को समान रूप से आकर्षित किया है, जिससे फिल्म निर्माण व निर्देशन के क्षेत्र में विशिष्ट छवि के साथ उनकी स्थिति मजबूत हुई है।

पुणे में जन्मे और बारामती के ग्रामीण परिवेश में पले बढ़े फिल्मकार अमोल भगत को अब तक कुल 59 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों के निर्णायक मंडल में बतौर जज शामिल किया जा चुका है। ब्रज इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में फिल्म लेखिका डॉ अचला नागर, अभिनेता ब्रजेन्द्र काला और फिल्म व टीवी धारावाहिक निर्माता, निर्देशक सिद्धार्थ नागर उपस्थित रहेंगे। अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी जी को मुख्य अतिथि के रूप से आमंत्रित किया जा चुका है।

इस फिल्म समारोह के पोस्टर लॉन्चिंग के अवसर पर आयोजन की विस्तृत चर्चा करते हुए ‘बाँसुरी’ संस्था के सचिव विवेक आचार्य ने बताया कि समारोह में चार श्रेणी रखी गई है। इन चार केटेगरी की फिल्मों में से हर कैटेगरी में बेस्ट फ़िल्म, बेस्ट स्टोरी, बेस्ट डायरेक्टर,बेस्ट अभिनेता, बेस्ट अभिनेत्री का चयन करके अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा । इस फेस्टिवल में भारतीय फिल्म जगत की किसी एक नामचीन शख्सियत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

नहीं रहे अभिनेता मनोज कुमार..!, 87 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस..!

*श्रद्धांजलि

बॉलीवुड में शोक की लहर…….!

04.04.2025 – भारतीय फिल्म जगत के मशहूर निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक, लिरिक्स राइटर और अभिनेता मनोज कुमार का निधन 87 वर्ष की आयु में 4 अप्रैल को अहले सुबह कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए विख्यात मनोज कुमार को फिल्म इंडस्ट्री में ‘भारत कुमार’ के नाम से भी पुकारा जाता था।

उन्हें पद्म श्री और दादा साहब फाल्के पुरस्कार सहित कई अन्य सम्मान भी प्राप्त हुए थे। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 1957 में आई फिल्म ‘फैशन’ से की थी। इसके बाद 1961 में उनकी फिल्म ‘कांच की गुड़िया’ रिलीज हुई। इस फिल्म में वह बतौर लीड अभिनेता नजर आए थे, जो सफल रही।

मनोज कुमार ने ‘सहारा’ (1958), ‘चांद’ (1959) और ‘हनीमून’ (1960) जैसी फिल्मों में खाम किया और फिर उन्हें मिली ‘कांच की गुड़िया’ (1961) जिसमें वो पहली बार लीड रोल में दिखे। इसके बाद ‘पिया मिलन की आस’ (1961), ‘सुहाग सिंदूर’ (1961), ‘रेशमी रूमाल’ (1961), ‘हरियाली और रास्ता’ (1962), ‘शादी’ (1962), ‘डॉ. विद्या’ (1962), गृहस्थी (1963) आई। उन्हें सबसे अधिक सफलता साल 1962 में विजय भट्ट की ‘हरियाली और रास्ता’ से मिली जो कमर्शियली हिट रही। फिल्म में माला सिन्हा थीं। मनोज कुमार ने ‘वो कौन थी’ (1964), ‘शहीद’ (1965), ‘गुमनाम’ (1965), ‘सावन की घटा’ (1966), ‘दो बदन’ (1966), ‘उपकार’ (1967), ‘पत्थर के सनम’ (1967), ‘अनिता’ (1967), ‘नील कमल’ (1968), ‘साजन’ (1969), ‘पूरब और पश्चिम’ (1970), ‘पहचान’ (1970), ‘मेरा नाम जोकर’ (1970), ‘यादगार’ (1970), ‘बेईमान’ (1972), ‘शोर’ (1972), ‘रोटी कपड़ा और मकान'(1974), ‘संन्यासी’ (1975), दस नंबरी’ (1976), अमानत (1977), ‘क्लर्क’ (1989) और ‘क्रांति’ (1981) जैसी कमाल की कई फिल्में दीं, जिन्हें सिनेप्रेमियों की जमात कभी भुला नहीं पाएगी।

आज भले ही मनोज कुमार हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन वो अपनी फिल्मों के जरिए सिनेदर्शकों के दिलोदिमाग में युगों युगों तक छाए रहेंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

सिकंदर’ के समर्थन में उतरे सलमान खान के फैंस….!

03.04.2025 – भारतीय फिल्म जगत के चर्चित फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला के द्वारा निर्मित और ए.आर. मुरुगदॉस द्वारा निर्देशित सलमान खान स्टारर फिल्म ‘सिकंदर’ देशभर में धमाल मचा रहा है। रिलीज के बाद अब तक ₹158.5 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई कर चुकी है। लेकिन बदले हुए हालात में इस फिल्म को नेगेटिव रिव्यूज़ का सामना करना पड़ रहा है, जहां कुछ लोग ‘किसी का भाई किसी की जान’ के रिएक्शंस को ‘सिकंदर’ से जोड़कर गलत ढंग से पेश कर रहे हैं।

यह गतिविधि कई जगहों पर देखी गई है, लेकिन अभिनेता सलमान खान के फैंस राष्ट्रीय स्तर पर अब खुलकर इसके खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं। सलमान खान फैंस क्लब के एक एडमिन का कहना है कि ‘सिकंदर’ के खिलाफ नेगेटिविटी को जानबूझकर बढ़ाया जा रहा है। इस पर फैन क्लब एडमिन ने कहा है, “यह देखना बाकी है कि यह किसी इंडस्ट्री इनसाइडर का काम है या फिर सिर्फ किसी प्रतिद्वंद्वी फैन ग्रुप की स्ट्रैटेजी।

लेकिन इस तरह के कैंपेन किसी भी फिल्म को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ के वक्त भी ऐसा हुआ था। इस तरह के पोस्ट्स से लड़ना मुश्किल होता है, क्योंकि इसके लिए किसी एजेंसी को हायर किया गया होगा, जो हर घंटे हजारों बॉट्स एक्टिव कर रही होगी। कई पोस्ट्स में दावा किया गया कि फिल्म के शो कैंसल हो रहे हैं, लेकिन अगर आप मुंबई स्थित ‘गेयटी- गैलेक्सी’ में जाकर चेक करें, तो वहां शो हाउसफुल चल रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर इस फिल्म के जो बॉक्स ऑफिस के कलेक्शन रिपोर्ट आ रहे हैं वो मेकर्स के लिए संतोष जनक हैं। अभिनेता सलमान खान की ‘सिकंदर’ संग बिग स्क्रीन पर दमदार वापसी रही है, जिसमें वह बेहद खूबसूरत रश्मिका मंदाना के साथ नजर आ रहे हैं। यह फिल्म सभी सिनेमाघरों में धूम मचा रही है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

********************************

 

हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ का ट्रेलर जारी….

11 अप्रैल को रिलीज होगी फिल्म..!

02.04.2025 – टी-सीरीज़, एबंडेंशिया एंटरटेनमेंट, साइक और टैमारिस्क लेन प्रोडक्शन की नवीनतम प्रस्तुति हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ का रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर मेकर्स द्वारा जारी कर दिया गया है।

धरती के नीचे बनी अनजान गुफाओं के अंदर अनजानी ताकतों से लड़ने वाली एक माँ के अटूट जज़्बे की दास्तान बयां करती फिल्म ‘छोरी 2’ का ट्रेलर भूतिया रीति-रिवाज़, भूतिया आकृतियाँ और बेचैनी बढ़ाने वाली लोक कहानियाँ एक ख़ौफ़नाक माहौल बनाती है। विशाल फुरिया द्वारा निर्देशित इस फिल्म में

नुसरत भरुचा के अलावा सोहा अली ख़ान, गश्मीर महाजनी, सौरभ गोयल, पल्लवी अजय, कुलदीप सरीन, और हार्दिका शर्मा की भी अहम भूमिका है। भारत में दर्शकों के मनोरंजन के सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन प्राइम वीडियो पर भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों के विभिन्न क्षेत्रों में 11अप्रैल को ‘छोरी 2’ का एक्सक्लूसिव प्रीमियर होगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

https://www.instagram.com/reel/DH-IikitaD_/?igsh=YmY3NDFidWJnNzlv

**************************

 

वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने किया मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन

फिल्म उद्योग से जुड़े फिल्मकारों, कलाकारों व कामगारों के लिए वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन एवं लायंस क्लब ऑफ मिलेनियम के संयुक्त तत्वाधान में पीछे दिनों अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित माहेश्वरी भवन में मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।

यह निःशुल्क नेत्र जांच शिविर जरूरतमंद लोगों और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें प्रसिद्ध डॉ. प्रेम अग्रवाल, डॉ. प्रतीक अग्रवाल और डॉ. पूजा अग्रवाल अपनी टीम के साथ लोगों की आंखों की जांच की और जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया । साथ ही मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन भी किया गया ।

इस अवसर पर वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन की ओर से प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन पवन खेतान, महासचिव दिलीप दलवी, कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र मेहरा के साथ लायंस क्लब ऑफ मिलेनियम के सचिव आनंद अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल तथा वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के कार्यकारी समिति सदस्य महावीर जैन, अंजना शर्मा, सुभाष दुरगकर, रवि सिन्हा, अनीता नाइक, दिनेश आशीवाल, चांदनी गुप्ता, अनुराधा मेहता, हीराचंद दंड, राहुल सुगंध, अक्षय सिंह, प्रिया राठौड़ और अमित चंद्रा मौजूद थे।

वेस्टर्न इंडिया फिल्म एवं टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम शिर्के और लायंस क्लब ऑफ मिलेनियम के अध्यक्ष राजेंद्र झुनझुनवाला के द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस 10 वें चिकित्सा नेत्र शिविर में कुल 600 लाभार्थियों को जांच के पश्चात चश्मा व दवाइयां भी दी गई। 22 मार्च 1960 को स्थापित वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोडयूसर्स एसोसिएशन फिल्म निर्माताओं को सरंक्षण देने में अग्रणी रही है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

 

ग्लोबल स्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड़ी’ (Peddi) फर्स्ट लुक जारी……!

29.03.2025 – वृधि सिनेमा के बैनर तले वेण्कट सत्येश किलारू द्वारा निर्मित पैन-इंडिया फिल्म ‘पेड़ी’ (Peddi) का धमाकेदार फर्स्ट लुक मेकर्स द्वारा जारी कर दिया गया है। ग्लोबल स्टार राम चरण एक बार फिर अपनी इस बहुप्रतीक्षित 16वीं फिल्म के साथ सिल्वर स्क्रीन पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं, जिसका निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार बुची बाबू सना (उप्पेना) ने किया है।

यह पैन-इंडिया स्पेक्टेकल प्रमुख प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स द्वारा प्रस्तुत किया गया है। फर्स्ट-लुक पोस्टर में अभिनेता राम चरण को एक सख्त, नॉन-सेंसिकल अवतार में दिखाया गया है। उनकी तीव्र आँखें, अस्त-व्यस्त बाल, बेतरतीब दाढ़ी और नथ, अडिग प्रभुत्व का आभास देती हैं।

कड़क कपड़े पहने और सिगार पीते हुए, वह एक ऐसे किरदार को जीते हैं जो बिना किसी झिझक के ताकत और रौद्रता से भरा हुआ है। एक दूसरे पोस्टर में उन्हें एक पुरानी क्रिकेट बैट के साथ दिखाया गया है, और बैकग्राउंड में एक ग्रामीण स्टेडियम के स्टेडियम में फ्लड लाइट्स जलती हुई दिखाई देती हैं।ये दृश्य एक ऐसी कहानी की ओर इशारा करते हैं, जिसमें ग्रामीण तीव्रता और नाटकीयता से भरपूर कुछ है।

सुकोमार राइटिंग्स के सहयोग से बनी इस फिल्म के संगीतकार ए.आर. रहमान, सिनेमाटोग्राफर आर. रत्नवेलू, प्रोडक्शन डिजाइनर अविनाश कोल्ला, एडिटर नवीन नूली और कार्यकारी निर्माता वी. वाई. प्रभीन कुमार हैं। इस फिल्म में ग्लोबल स्टार राम चरण के अलावा कन्नड़ मेगास्टार शिवराज कुमार की अहम भूमिका है। बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर इस फिल्म में मुख्य नायिका के रूप में दिखाई देंगी, जबकि जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************