Category Archives: film

रेड ऑफ शोल्डर गाउन में जाह्नवी कपूर का दिखा किलर लुक, खूबसूरती के मुरीद हुए फैंस

21.02.2024 (एजेंसी)  –  जाह्नवी कपूर बी टाउन की पॉपुलर एक्ट्रेसेस में से एक हैं, जिन्होंने अपने ही दम पर एक खास पहचान हासिल कर चुकी हैं. उन्होंने अपनी अदाकारी के साथ-साथ बोल्डनेस और स्टाइलिश लुक्स से भी लोगों को अपना दीवाना बनाया है. आज दुनियाभर के चाहने वाले उनकी एक झलक देखने के लिए बेताब रहते हैं. वहीं एक्ट्रेस भी अपने फोटोज और वीडियोज फैंस के साथ शेयर करना भूलती नहीं हैं.

जाह्नवी कपूर ने कुछ देर पहले ही इंस्टाग्राम पर अपना लेटेस्ट लुक शेयर किया है. उन्होंने अपने बोल्ड अंदाज से एक बार फिर इंटरनेट का पारा हाई कर दिया है. लेटेस्ट फोटोशूट के लिए जाह्नवी ने रेड डीपनेक गाउन पहने नजर आ रही हैं. उन्होंने अपने इस बोल्ड लुक को ओपन हेयर और रेड लिप कलर के साथ पूरा किया है. जाह्नवी इस लुक में बेहद हॉट दिख रही हैं. चाहने वाले उनकी उन पर प्यार लुटाते हुए खूब कमेंट्स कर रहे हैं. फैंस से लेकर कई मशहूर हस्तियों ने भी जाह्नवी को हॉट बताते हुए तारीफ की है.

वहीं, कुछ ही देर में उनकी फोटोज पर लाखों लाइक्स आ चुके हैं, जो हर मिनट तेजी से बढ़ते जा रहे हैं.जाह्नवी कपूर के वर्क फ्रंट की बात करें तो उनके पास कई प्रोजेक्ट्स हैं.

जल्द ही उन्हें मिस्टर एंड मिसेज माही टाइटल से बन रही फिल्म में देखा जाने वाला है. इसके अलावा वह देवरा और उलझ फिल्मों में भी नजर आने वाली हैं. जाह्नवी के चाहने वाले उन्हें फिर से पर्दे पर देखने के लिए काफी एक्साइटेड हैं.

***************************

 

देशभक्ति-ड्रामा फिल्म ऑपरेशन वैलेंटाइन का ट्रेलर रिलीज, 1 मार्च को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

21.02.2024 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर और वरुण तेज अपनी आगामी फिल्म ऑपरेशन वैलेंटाइन को लेकर लंबे समय से सुर्खियों में बने हुए हैं। दर्शकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंताजर है। ऐसे में आज मंगलवार, 20 फरवरी को मेकर्स ने इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। फिल्म का ट्रेलर बेहद ही शानदार है। ऑपरेशन वैलेंटाइन का ट्रेलर देशभक्ति की भावना से भरपूर है। फिल्म की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है।

मानुषी छिल्लर और वरुण तेज स्टारर ऑपरेशन वैलेंटाइन पुलवामा हमले पर आधारित हैं। फिल्म का ट्रेलर 14 फरवरी 2019 की घटना की याद दिलाता है, जब देश ने अपने 40 जवान आतंकी हमले में खो दिए थे। इसके बाद अपने शहीद जवानों का बदला लेने के लिए भारतीय एयरफोर्स ने पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक की थी। ट्रेलर में पुलवामा हमला दिखाया गया है। इसके बाद इस हमले का जवाब देने के लिए ऑपरेशन वैलेंटाइन की शुरुआत की जाती है।

फिल्म का ट्रेलर सलमान खान ने लॉन्च किया है। सलमान खान ने एक्स पर फिल्म का पोस्टर साझा कर ट्रेलर का लिंक साझा किया है। उन्होंने पोस्टर साझा कर लिखा, जो होगा देखा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने वरुण तेज और फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दी हैं।

ऑपरेशन वैलेंटाइन के ट्रेलर में वरुण तेज ने एयरफोर्स पायलट अर्जुन देव के किरदार में दर्शकों का दिल जीत लिया है। वहीं, मानुषी छिल्लर भी शानदार अंदाज में नजर आ रही हैं। यह फिल्म को तेलुगु और हिंदी दो भाषा में रिलीज की जाएगी। ऑपरेशन वैलेंटाइन को शक्ति प्रताप सिंह ने निर्देशित किया है। यह एक देशभक्तिपूर्ण और बेहतरीन मनोरंजक फिल्म है।

*************************

 

संदेह- द डाउट’ का ट्रेलर जारी…..1 मार्च को रिलीज होगी फिल्म…!

अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के प्रेक्षागृह में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान अभिनेता अनिल धवन, फिल्मकार राजेश मित्तल, अरुण बख्शी, राजू श्रेष्ठ, कल्याणजी जाना, और बॉलीवुड के कई नामचीन हस्तियों की उपस्थिति में फिल्म निर्माता प्रदीप श्रीवास्तव की हिंदी फिल्म ‘संदेह द डाउट’ का ट्रेलर जारी किया गया.

फिल्म में शामिल गानों की स्क्रीनिंग भी की गई। इस अवसर पर अनिल धवन, राजू श्रेष्ठ, कल्याणजी जाना, अरुण बख्शी सहित कई अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इम्पल्स सिने एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के संजय राय द्वारा प्रस्तुत की जा रही इस फिल्म को, पिछले 50 वर्षों से सिनेजगत में क्रियाशील लगभग

150 फिल्मों का निर्माण व वितरण कर चुके फिल्मकार राजेश मित्तल द्वारा संचालित मुम्बई की चर्चित फिल्म वितरण संस्था ‘मित्तल एडवरटाइजिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन द्वारा 1 मार्च को सभी सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

सस्पेन्स थ्रिल मर्डर मिस्ट्री एक्शन से भरपूर इस फिल्म राइटर श्वेता श्रीवास्तव व सह निर्माता सोनी राय हैं। बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक अयाज खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म के मुख्य कलाकार रिया कपूर, पुलकित रायजादा, पवन विक्रम, नीतीश भलुनी, गौरव कुमार, प्रदीप श्रीवास्तव, रितिका गुप्ता, सोनम सैनी, दुष्यंत सिंह, शिवानी सौम्या, लोकेश मोहन खट्टर और संजय रायजादा आदि हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

एक बार फिर फाइटर ने भरी ऊंची उड़ान, करोड़ों में की कमाई

20.02.2024 (एजेंसी)  –  ऋतिक रोशन की हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म फाइटर’ बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के चौथे हफ्ते में भी जमी हुई है. य़े फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म का रिलीज से पहले काफी बज था और थिएटर्स में दस्तक देने के बाद इसे दर्शकों और क्रिटिक्स से भी काफी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला. हालांकि कमाई के मामले में फिल्म पीछे रह गई और कुछ खास कलेक्शन नहीं कर पाई है.

चलिए यहां जानते हैं फाइटर’ ने रिलीज के चौथे संडे यानी 25वें दिन कितने करोड़ की कमाई की है.फाइटर’ में ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण ने पहली बार स्क्रीन शेयर की है. देशभक्ति से भरी इस फिल्म में होश उड़ा देने वाले एरियल एक्शन की भी खूब भरमार है. ऐसे में फाइटर’ का फैंस को काफी बेसब्री से इतजार था. वहीं सिनेमाघरों में दस्तक देने क बाद इस फिल्म ने 22.5 करोड़ से अच्छी ओपनिंग की. फिल्म का पहले हफ्ते का कलेक्शन 146.5 करोड़ रहा. लेकिन इसके बाद दूसरे हफ्ते में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लडख़ड़ा गई और इसकी कमाई का ग्राफ भी गिरता चला गया.

फाइटर’ ने दूसरे हफ्ते 41 करोड़ का कलेक्शन किया और तीसरे हफ्ते फिल्म की कमाई 14.2 करोड़ रुपये रही. वहीं अब ये फिल्म रिलीज के चौथे हफ्ते में है जहां चौथे फ्राइडे फिल्म ने 0.85 करोड़ की कमाई की तो चौथे शनिवार फाइटर’ का कलेक्शन 1.65 करोड़ रुपये रहा. वहीं अब इस फिल्म की रिलीज के 25वें दिन यानी चौथे संडे की कमाई के शुरुआती आंकड़े आ गए हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक फाइटर’ ने रिलीज के चौथे संडे यानी 25वें दिन 2.10 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसी के साथ फाइटर’ की 25 दिनों की कमाई अब 206.30 करोड़ रुपये हो गई है.फाइटर’ को बॉक्स ऑफिस पर शाहिद की फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ के अलावा किसी और फिल्म से मुकाबला नहीं करना पड़ रहा है. ऐसे में लग रहा है कि फिल्म इस हफ्ते और बॉक्स ऑफिस पर जमी रहेगी और इसके चलते कुछ और कमाई कर लेगी.

अब देखने वाली बात ये होगी कि फिल्म चौथे हफ्ते में कितना कलेक्शन कर पाती है?सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फाइटर’ में ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण के अलावा अनिल कपूर, करण सिंह ग्रोवर, अक्षय ओबेरॉय और संजीदा शेख ने अहम रोल प्ले किया है.

***************************

 

यश की झोली में रामायण के बाद आई जय हनुमान, रावण के बाद बनेंगे भगवान हनुमान

20.02.2024 (एजेंसी)  –  प्रशांत वर्मा की फिल्म हनुमान ने रिलीज के बाद ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया तो इसने हिंदी पट्टी में खूब नोट छापे थे।राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के खास मौके पर फिल्म के निर्माताओं ने इसके सीक्वल जय हनुमान का ऐलान किया था।अब खबरें हैं कि नितेश तिवारी की फिल्म रामायण में रावण के बाद यश इस फिल्म में भगवान हनुमान का किरदार निभाने वाले हैं।

पहले जहां राम चरण के भगवान राम की भूमिका निभाने की खबरें आईं तो अब यश से संपर्क किया गया है।रिपोर्ट के अनुसार, यश भगवान हनुमान का किरदार निभाने के लिए निर्माताओं की पहली पसंद हैं।

सूत्र ने कहा कि बजरंगबली हनुमान की कास्टिंग को लेकर कुछ भ्रम है। तेजा सज्जा ने पहले भाग में हनुमंत की भूमिका निभाई और वह अगली किस्त में यही भूमिका निभाएंगे। भगवान हनुमान की भूमिका के लिए यश सबसे मजबूत दावेदार हैं।

सूत्र ने बताया कि जय हनुमान के लिए यश को लेकर बात चल रही है तो पहली फिल्म के लिए उनके नाम पर कभी भी विचार नहीं किया गया था।उन्होंने इसे झूठी कहानी बताया और कहा कि अब सीक्वल में अभिनेता के भगवान हनुमान का किरदार निभाने की पूरी संभावना है।

सूत्र ने यह बात भी साफ की कि सज्जा इसमें भगवान हनुमान के भक्त हनुमंत की ही भूमिका में होंगे और यश के साथ उन्हें देखना दिलचस्प रहेगा।भगवान हनुमान से पहले यश फिल्म रामायण में रावण के किरदार में नजर आएंगे और भगवान राम बने रणबीर कपूर से उनका सामना होगा।फिल्म में साई पल्लवी माता सीता तो अमिताभ बच्चन राजा दशरथ की भूमिका में होंगे, वहीं विजय सेतुपति से विभीषण की भूमिका के लिए बातचीत चल रही है।इसके अलावा लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और सनी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे तो इसका पहला भाग 2025 में रिलीज होगी।फिल्म हनुमान की कहानी भगवान हनुमान की जन्मभूमि अंजनाद्रि गांव के एक सीधे-साधे लड़के हनुमंत (सज्जा) की है।

हनुमंत को बचपन से ही मीनाक्षी (अमृता अय्यर) से प्यार होता है और हर पल उसकी मदद के लिए मौजूद रहता है।एक दिन मीनाक्षी पर लुटेरे हमला कर देते हैं, जिसके बाद हनुमंत उसे बचाने के लिए अपनी जान की परवाह भी नहीं करता।इस दौरान उसे एक ऐसी शक्ति मिलती, जिससे वह अजेय बन जाता है।वर्मा की 25 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म हनुमान 12 जनवरी को रिलीज हुई थी।

फिल्म अभी तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 195.94 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही है। इसने अकेले हिंदी भाषा में ही 50.76 करोड़ रुपये कमाए लिए हैं।

***************************

 

हुमा कुरैशी हुईं एनिमल की मुरीद, बोलीं- पसंद आई रणबीर कपूर की मर्दानगी

20.02.2024 (एजेंसी)  –  एनिमल एक ऐसी फिल्म रही जिसने बेशक बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की हो, लेकिन इसने पूरी इंडस्ट्री को दो भागों में बांट दिया है।दर्शकों सहित जहां कुछ कलाकार एनिमल में दिखाई गई चीजों का पुरजोर विरोध कर रहे हैं, वहीं कुछ ऐसे हैं जिन्हें फिल्म बहुत पसंद आई है।रणबीर कपूर की एनिमल के पक्ष में आए सितारों की लिस्ट में हुमा कुरैशी का नाम भी शामिल हो गया है।

अभिनेत्री ने फिल्म की जमकर तारीफ की है।हुमा ने निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की एनिमल पर खुलकर अपने विचार रखे।वह बोलीं, मुझे फिल्म बहुत पसंद आई और मैंने इसका भरपूर लुत्फ उठाया। मुझे इसकी मर्दानगी, एक्शन और संगीत बहुत पसंद आया। यह बहुत ही कलात्मक फिल्म है और मुझे लगता है कि हर तरह की फिल्में बननी चाहिए।

एक दर्शक के रूप में यह आपकी पसंद है कि आप उस फिल्म को देखना चाहते हैं या नहीं।हुमा ने एनिमल जैसी फिल्म करने में अपनी रुचि व्यक्त की।उन्होंने कहा, मैं ऐसी फिल्म करना पसंद करूंगी, जिसमें मैं मशीन गन पकड़ सकूं और हजारों लोगों को मार सकूं। मुझे लगता है कि एक अभिनेता के रूप में किसी इतनी विनाशकारी चीज का हिस्सा बनना बहुत रोमांचक है।

अभिनेत्री ने कहा कि जब वह वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट फिल्में देखती हैं तो उन्हें लगता है एक कलाकार के रूप में ऐसा किरदार निभाना बहुत रोमांचक है।द वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट 2013 में रिलीज हुई एक हॉलीवुड क्राइम फिल्म है। इस फिल्म में लियोनार्डो डीकैप्रियो और मार्गोट रौबी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार कारोबार किया था और यह फिल्म सुपरहिट रही थी।

हुमा ने कहा कि लोगों को यह बहस करनी चाहिए कि फिल्में किस तरह से प्रभाव डालती हैं।वह बोलीं, अगर फिल्मों ने समाज पर इतना प्रभाव डाला है तो मुझे लगता है कि हम बेहतरीन फिल्में बना रहे हैं इसलिए समाज में सुधार हो जाना चाहिए था। अगर अब तक नहीं सुधरे तो बिगड़ेंगे भी नहीं। मैं कह रही हूं कि एनिमल भी बनाओ और महारानी भी बनाओ, जब तक लोगों को पसंद है, तब तक वे इसे देखेंगे।रणबीर, रश्मिका मंदाना, अनिल कपूर और बॉबी देओल जैसे कलाकारों से सजी एनिमल ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कारोबार किया।

एनिमल ने दुनियाभर में 900 करोड़ रुपये की कमाई की। हालांकि, फिल्म को आलोचकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं।काम की बात करें तो हुमा आखिरी बार तरला दलाल के जीवन पर आधारित फिल्म तरला में नजर आई थीं। वह अगली बार पूजा मेरी जान में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ मृणाल ठाकुर भी मुख्य भूमिका में हैं।

इसके साथ ही अभिनेत्री के जल्द ही अपने पॉलीटिकल ड्रामा सीरीज महारानी के तीसरे सीजन में भी नजर आएंगी। वह सोनी लिव की सीरीज में रानी भारती की अपनी भूमिका दोहराती नजर आएंगी।

**************************

 

लेटेस्ट लुक से वाणी कपूर ने ढाया कहर, अदाएं देख मदहोश हुए लोग

20.02.2024 (एजेंसी)  –  वाणी कपूर अपनी एक्टिंग के साथ-साथ स्टाइलिश और ग्लैमरस अवतार के लिए जानी जाती हैं. इंटरनेट पर वाणी का ग्लैमरस लुक अक्सर वायरल रहता है. एक बार फिर वाणी कपूर का ग्लैमरस लुक धमाल मचा रहा है. एक्ट्रेस ने जींस के साथ ब्रालेट पहन फोटोशूट कराया है. इंटरनेट पर उनका ये अवतार तहलका मचा रहा है. वाणी कपूर के लेटस्ट लुक की बात करें तो वाणी कपूर ने जींस के साथ ब्रालेट बना हुआ है. ब्रालेट पहन वाणी कपूर अपना फिगर फ्लॉन्ट कर रही हैं.

इंटरनेट पर वाणी कपूर का ग्लैमरस अवतार धमाल मचा रहा है. वाणी कपूर ने लाइट मेकअप कैरी किया हुआ है. लाइट मेकअप में एक्ट्रेस बेहद स्टनिंग लग रही हैं. वाणी कपूर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. उनका इंस्टाग्राम उनकी बोल्ड और फोटो वीडियो से भरा हुआ हैं. वाणी कपूर अक्सर इंस्टाग्राम लाइव के द्वारा अपने फैंस के साथ जुड़ी रहती हैं.

इसके अलावा वह अपने सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में भी फैंस को जानकारी देती हैं. वाणी कपूर का जन्म 23 अगस्त 1988 को दिल्ली में हुआ था. उनके पिता का दिल्ली में फर्नीचर एक्सपोर्ट का बिजनेस है. वहीं उनकी मां मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करती हैं. वाणी कपूर की पढ़ाई दिल्ली से ही हुई है.

*************************

चर्चाओं के बीच एक बार फिर आ गई ‘खुदाई’

20.02.2024  –  भारतीय फिल्म जगत के पहले सुपर स्टार राजेश खन्ना की फिल्म ‘खुदाई’ 1994 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में दीपिका चिखिलिया और माधवी ने भी काम किया था। मानवीय संवेदनाओं को परिभाषित करती इस फिल्म को सिनेदर्शकों ने अपना भरपूर प्यार दिया था। इस फिल्म के बाद अभिनेत्री दीपिका चिखिलिया का नाम तेजी से उभर कर सामने आया और बाद में रामानंद सागर की ‘रामायण’ में सीता बन कर सिनेफलक पर छा गई।

अब 21वीं सदी के दौर में ए जे फिल्म्स क्रिएशन बैनर तले निर्मित फिल्म ‘खुदाई’ एक बार फिर सिने दर्शकों तक पहुंच चुकी है और फिलवक्त बॉलीवुड में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह फिल्म असत्य पर सत्य की जीत की कहानी है। एक जांबाज पुलिस ऑफीसर महेश पंडित शिव भक्त है। सत्य की राह पर चलते हुए न्याय के लिए समाज के जालिमों लड़ता है। महाकाल की कृपा से वह अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होता है। महाकाल अपने भक्त की कैसे मदद करते हैं, यही ‘खुदाई’ है।

यह एक्शन प्रधान फिल्म है। एक्शन डायरेक्टर रॉबर्ट जॉन फोंसेका ने जबरदस्त मारधाड़ के दृश्य फिल्माए हैं। एक्शन के साथ इस फिल्म में इमोशंस, ड्रामा और रोमांस भी है। अब्दुल जब्बार अंसारी, स्नेहा, अनिल धवन, रमेश गोयल, अली खान, जावेद हैदर, अखिलेश गौड़, अरुण सिंह, श्री राज, आर के शुक्ला आदि ने फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. अब्दुल जब्बार अंसारी की इस फिल्म में महाकाल की महिमा व शिव की शक्ति का बहुत खूबसूरती से फिल्मांकन किया गया है।

यूसुफ अली खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म के संपादक स्वदेश मिश्रा हैं। सह निर्माता उमेरा अंसारी और कार्यकारी निर्माता शोएब अंसारी हैं। गीतकार जमील अहमद के गीतोंं को संगीतकार राजा अली और सलीम सेन ने रितु पाठक, शाहिद माल्या और मनीष शर्मा के मधुर स्वर में संगीतबद्ध किया है। सभी गानों को महेश जैन ने कोरियोग्राफ किया है। फिल्म के लेखक सलीम अहमद और छायाकार मनोज राजभर हैं।

प्रस्तुति : काली दास पांडेय

********************************

 

‘अखंड भारत गौरव अवॉर्ड’ 2024 समारोह संपन्न

19.02.2024  मुम्बई की बहुचर्चित व सर्वाधिक लोकप्रिय ‘मुंबई ग्लोबल’ साप्ताहिक समाचार पत्र के सम्पादक व प्रकाशक राजकुमार तिवारी और ‘मयूरी मीडिया वर्क’ के पुनीत खरे के द्वारा पिछले दिनों अंधेरी (मुम्बई) स्थित ‘मुक्ति कल्चरल हब’ के प्रेक्षागृह में आयोजित अखंड भारत गौरव अवॉर्ड (चतुर्थ सीजन)2024 समारोह बड़े धूमधाम से सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बॉलीवुड सिंगर पद्मभूषण उदित नारायण और डॉक्टर अजय सहाय व अन्य अतिथियों के अलावा ‘मुंबई ग्लोबल’ के संपादक राजकुमार तिवारी की माता श्रीमती सरस्वती देवी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।इस आयोजन के सह-आयोजक राम प्रसाद शर्मा थे।

इस अवॉर्ड समारोह के आयोजक पुनीत खरे 80 के दशक से क्रियाशील रहते हुए बतौर फिल्म प्रचारक (पीआरओ) एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में अपनी विशिष्ट छवि कायम कर चुके हैं। फिलवक्त इवेंट मैनेजमेंट की दुनिया में काफी एक्टिव हैं। अवॉर्ड समारोह के मुख्य अतिथि बॉलीवुड सिंगर पद्मभूषण उदित नारायण और डॉक्टर अजय सहाय को भी ‘इंडियन स्टार्स अवॉर्ड’ देकर सम्मानित किया गया। इस अवॉर्ड समारोह में फिल्म विधा से जुड़े अन्य प्रतिभाओं को भी अवॉर्ड दे कर सम्मानित किया गया।

जिनमें डिस्को डांसर फेम सिंगर विजय बेनेडिक्ट, अमन त्रिखा, मोहम्मद अयाज, रिद्धिमा तिवारी (टीवी व फिल्म एक्ट्रेस), मन कौर (सिंगर), मनोज अग्रवाल (निर्देशक), मोसेस फर्नांडिस (एक्शन डायरेक्टर), चाहत पाण्डेय (एक्ट्रेस), चंद्रशेखर दत्ता(केरला स्टोरी फेम ), अमोल प्रकाश बवदंकर (एक्टर/प्रोड्यूसर), काव्या प्रकाश जाधव (एक्ट्रेस /मॉडल), डोल्मा ठाकुर (एक्ट्रेस /मॉडल), तरल पटेल (मॉडल एक्ट्रेस, ब्लॉगर, सोशल एक्टिविस्ट), अनिता सोनी (लिरिक्स राइटर), वैशाली भाऊर्जर (एक्ट्रेस /मॉडल),यतींद्र रावत(राइटर/डायरेक्टर), मोहित त्यागी (स्पेशल इफेक्ट सुपरवाइजर ), जश्न अग्निहोत्री (ओटीटी क्वीन), अखिलेश चौधरी (नेशनल प्रेसिडेंट,मानव सेवा संस्थान), शीबा शेख (एक्ट्रेस), पीयू चौहान (इंडियन शकीरा), कुमार सिद्धार्थ (जूम मंत्रा ), मधुलग्ना दास (साउथ एक्ट्रेस), अमरजीत सिंह (बिजनेस मैनेजर), अशोक शेखर (प्रोड्यूसर), मनीषा पुनीत खरे (प्रेसिडेंट आरटीआई सेल), काली दास पाण्डेय (फिल्म पत्रकार), राकेश कपूर(सिंगर), मुनमुन चक्रवर्ती (फैशन डिजाइनर ), हंसिका भवारे (एक्ट्रेस), राजू टांक(इवेंट ऑर्गनाइजर), सुचिता सिंह(ब्रांड एंबेसडर,अखंड भारत गौरव अवॉर्ड विथ क्राउन,सास, सर्टिफिकेट ट्रॉफी), अनुराधा विश्वनाथन (मिस एशिया वर्ल्ड 2023),सी ए रमेश नागर (सोशल सर्विस), इसरार अहमद (प्रोड्यूसर/डायरेक्टर), डॉक्टर जयश्री नैयर(इंटरनेशनल पीस एंबेसडर), चंद्रप्रकाश माझी (इंटरनेशनल फोटोग्राफर), श्रद्धा रानी शर्मा(पॉपुलर रियलिटी शो फेस), काजल कुशवाहा(एक्ट्रेस), पार्थ कोटक (एडिटर-के एस न्यूज), शिल्पी जायसवाल (सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट), डॉक्टर विजय चांडक (नेचरस्लम को.), रमेश गुजराल (पारा कमांडो), मीरा जोशी(एक्ट्रेस /मॉडल), डॉक्टर एम. सैय्यद नजीर (ग्रीन एक्टिविस्ट, एनवायरोमेंटललिस्ट, सोशल वर्क), योगेश लखानी (ब्राइट मीडिया), किशोर डी कोटागिरे (बिजनेसमैन), मीरा काजी (एक्ट्रेस), कौशिक शाह(सीएमडी,वंदु मसाला), आशुतोष पांडेय (बिजनेसमैन), अमित चोपड़ा (बिजनेसमैन), विजय अहीर (डायरेक्टर,प्लानिंग), लवकुश कुमार सिंह (एक्सीलेंट वर्सेटाइल हिंदी पोएट,लिरिक्स राइटर), विनोद बनकर (एक्सीलेंट हेयर,ब्यूटी एक्सपर्ट), जितेंद्र सालवी बाला(नेचुरल हेयर), शैलेश बी तिवारी (सीएमडी पी क्लब एजुकेशन) और श्रेया देशमुख(एक्ट्रेस /मॉडल) के नाम उल्लेखनीय हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन वैभव शर्मा ने किया। विदित होकि ‘मुम्बई ग्लोबल ग्रुप’ ने अपनी उल्लेखनीय सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों से न सिर्फ पूरे देश में बल्कि पड़ोसी देशों में भी कम समय में अपनी पहचान कायम की है। झारखंड की धरती से जुड़े जुझारू व कर्मठ समाजसेवी राजकुमार तिवारी के द्वारा पिछले18 वर्षो से मुंबई ग्लोबल अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया जाता रहा है।

आयोजक राजकुमार तिवारी का कहना है कि इस तरह के अवार्ड शो करने का उनका खास उद्देश्य है कि जो व्यक्ति अपने अपने क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रहे हैं उनको यह अवार्ड प्रदान कर प्रोत्साहित करना और उनके लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मुहैया कराने में सहायता करना है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

वरिष्ठ फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय को मिला ‘अखंड भारत गौरव अवॉर्ड’

18.02.2024  –  मॉडल टाउन, अंधेरी (वेस्ट) मुम्बई स्थित मुक्ति फाउंडेशन के प्रेक्षागृह में पिछले दिनों ‘मुंबई ग्लोबल’ और ‘मयूरी मीडिया वर्क’ के संयुक्त तत्वाधान मेंआयोजित भव्य समारोह में वरिष्ठ फिल्म पत्रकार/ अधिवक्ता काली दास पाण्डेय को भारतीय फिल्म जगत के चर्चित गायक पद्मभूषण उदित नारायण और विजय बेनेडिक्ट (डिस्को डांसर फेम) के द्वारा ‘अखंड भारत गौरव अवॉर्ड’ दे कर सम्मानित किया गया।

बॉलीवुड के चर्चित फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय ने अपना करियर 1981 में स्वतंत्र पत्रकार के रूप में जमशेदपुर (झारखंड) से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘उदित वाणी’ से किया था। 80 के दशक से वर्तमान समय तक बतौर फिल्म पत्रकार बॉलीवुड में उनकी सक्रियता जारी है।

हजारीबाग (झारखंड) बार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण कर 1992 से वकालत के पेशे में क्रियाशील काली दास पाण्डेय को यह सम्मान फिल्म पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।

संवाद प्रेषक : अभिषेक कुमार पाण्डेय

******************************

 

 

दिल को छू लेने वाली पारिवारिक कॉमेडी फिल्म है ‘कुछ खट्टा हो जाए’

17.02.2024  –  16 फरवरी को रिलीज हुई गुरु रंधावा एवं सई मांजरेकर की फिल्म ‘कुछ खट्टा हो जाए’ दिल को छू लेने वाली पारिवारिक कॉमेडी फिल्म है। इस कॉमेडी फिल्म का निर्माण मच फिल्म्स, लवीना भाटिया और अमित भाटिया ने किया है। जी. अशोक द्वारा निर्देशित इस पैन इंडिया फिल्म में गुरु रंधावा एवं सई मांजरेकर के अलावा अनुपम खेर, इला अरुण, अतुल श्रीवास्तव, परितोष त्रिपाठी, परेश गणात्रा एवं साऊथ के स्टार कॉमेडी एक्टर ब्रम्हानंद ने अभिनय किया है। इसे राज सलूजा, निकेत पांडे, विजय पाल सिंह एवं शोभित सिन्हा ने मिलकर लिखा है।

कुछ खट्टा हो जाए” की कहानी आई ए एस की तैयारी कर रही इरा मिश्रा (सई मांजरेकर) और उसी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हीर अरोरा (गुरु रंधावा) पर बेस्ड है। हीर और इरा अच्छे दोस्त हैँ जबकि हीर इरा को रिझाने की कोशिश करता रहता है। लेकिन इरा है कि उसका एक ही फोकस रहता है उसे आईएएस क्लियर करना है। इसी के चलते हीर की तमाम कोशिशें नाकाम रहती है। बावजूद इसके दोनों अच्छे दोस्त हैं। इधर इरा के घर में छोटी बहन है जो जल्दी से शादी करना चाहती है लेकिन चुंकि बड़ी बहन इरा अपने सपने पूरे करने के लक्ष्य के चलते शादी के बारे में बिल्कुल भी नहीं सोचती। जबकि उधर हीर के दादाजी (अनुपम खेर) जल्द ही अपने पोते की शादी कर देना चाहते हैँ ताकि उनके घर में वर्षों बाद नन्हा मेहमान आ सके।

वे लगातार हीर पर दबाव बनाते हैं कि या तो उनकी बताई लड़की से शादी करे या कोई लड़की खुद बताये जिससे हम तुम्हारी शादी करवा सकें। बस शादी कर ले। इसी बीच इरा के घर वाले बताते हैं कि उसकी बहन 2 महीने की प्रेग्नेंट है और अगर उसकी जल्दी से शादी नहीं की गयी तो बहुत बदनामी होगी तथा हीर के दादा जी का बढ़ती उम्र के चलते तबियत बिगड़ने लगता है और वे जल्दी से नन्हे मेहमान को देखना चाहते हैं। हीर और इरा कॉलेज में मिलते हैं और एक दूसरे को अपनी प्रॉब्लम बताते हैं और आपस में बात करते हैं कि जब दोनों की प्रॉब्लम एक सी है तो क्यों न एक दूसरे से शादी कर लें।

हालांकि प्रॉब्लम ज्यादा इरा की है फिर भी हीर इस बात के लिए राजी हो जाता है कि जब तक इरा का आईएएस नहीं हो जाता तब तक दोनों बच्चा पैदा नहीं करेंगे। दोनों घर में शादी के लिए हाँ कहते हुए अपनी – अपनी पसंद के बारे में बताते हैं जिस पर घर वाले हाँ करते हुए दोनो की शादी करवा देते हैं। उसके बाद शुरु होती है असली परेशानी। चूँकि दादाजी एवं परिवार के अन्य सदस्यों को नये मेहमान का इंतज़ार है इसलिए इन पर नज़र बनाये हुए हैं जबकि इरा का ध्यान पढ़ाई पर है।

इरा पहली ही रात से हीर को दूर रहने के लिए कहती है, जिसे वह स्वीकार कर लेता है। अब आगे की कहानी फिल्म में देखेंगे तो ज्यादा मजा आएगा। फिल्म “कुछ खट्टा हो जाए” का म्यूजिक ठीक है सारे गाने पंजाबी मिक्स हैं। कुल मिलाकर फिल्म ‘कुछ खट्टा हो जाए’ परिवारिक फिल्म देखने वालों को बहुत पसंद आएगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

प्राइम वीडियो ने किया ओरिजिनल क्राइम सीरीज़ ‘पोचर’ का ट्रेलर रिलीज

16.02.2024  –  शांताक्रुज (ईस्ट), मुंबई स्थित ग्रैंड हयात्त होटल में आयोजित एक भव्य समारोह में बॉलीवुड की चर्चित अदाकारा आलिया भट्ट की उपस्थिति में प्राइम वीडियो ने बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल सीरीज़ ‘पोचर’ का प्रभावशाली ट्रेलर रिलीज़ किया। ट्रेलर हाथियों समेत अन्य वन्य प्राणियों की निर्मम हत्या की दिल दहला देने वाली हकीकत की एक झलक प्रदान करता है।

यह वन्यजीव संरक्षकों के एक विविध समूह का अनुसरण करता है जिसमें वन अपराध सेनानी, पुलिस कर्मी और अच्छे परोपकारी लोग शामिल हैं, जो भारतीय इतिहास के सबसे बड़े हाथी दांत का अवैध शिकार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने की अपनी निरंतर खोज में लगे हैं। लेकिन क्या इन आपराधिक कृत्यों के मूक पीड़ितों – असहाय हाथियों – को वह न्याय मिलेगा जिसके वे वास्तव में हकदार हैं ?

यह प्रश्न इस विचारोत्तेजक क्राइम सीरीज़ के मूल में गहराई से गूंजता है। सच्ची घटनाओं के आधार पर ‘पोचर’ कुशलता से व्यक्तिगत लाभ और लालच से प्रेरित मानव कार्यों के परिणामों पर प्रकाश डालती है और इससे होने वाले संभावित जोखिमों और जंगल में विचरण करने वाले पशु पक्षियों को सही तरीके से संरक्षण देने के लिए मानव जाति को सही दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करती है।

एमी-पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता रिची मेहता द्वारा निर्मित, लिखित और निर्देशित इस सीरीज़ में निमिषा सजयन, रोशन मैथ्यू और दिब्येंदु भट्टाचार्य मुख्य भूमिकाओं में शामिल हैं। ‘पोचर’ अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी में भी उपलब्ध होगी ।

‘पोचर’ का निर्माण ऑस्कर विजेता प्रोडक्शन और फाइनेंस कंपनी क्यूसी एंटरटेनमेंट ने किया है, जिसने जॉर्डन पील की ‘गेट आउट’ और स्पाइक ली की ‘ब्लैकक्लांसमैन’ जैसी हिट फिल्में दी है। अदाकारा आलिया भट्ट इस सीरीज़ की एग्ज़िक्युटिव प्रोड्यूसर हैं। सच्ची घटनाओं पर आधारित क्राइम ड्रामा ‘पोचर’ भारतीय इतिहास के सबसे बड़े हाथी दांत का अवैध शिकार करने वाले गिरोह का खुलासा करता है ।

प्राइम मेंबरशिप की नवीनतम प्रस्तुति क्राइम सीरीज़ ‘पोचर’ आठ भागों में मुख्य रूप से मलयालम, हिंदी और अंग्रेजी में है और 23 फरवरी को भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में 35 से ज्यादा भाषाओं में उपशीर्षक के साथ विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर इसका प्रीमियर किया जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

‘आखिर पलायन कब तक’ का स्पेशल स्क्रीनिंग सम्पन्न

* 16 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म…..!

15.02.2024  –  माँ चूनकी देवी प्रोडक्शंस की नवीनतम प्रस्तुति ‘आखिर पलायन कब तक’ का स्पेशल स्क्रीनिंग पिछले दिनों अंधेरी (पश्चिम), मुंबई स्थित ‘सिने पोलिस’ प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। सोहनी कुमारी और अलका चौधरी द्वारा निर्मित इस फिल्म के लेखक व निर्देशक मुकुल विक्रम हैं।

एक सत्य घटना पर आधारित फिल्म ‘आखिर पलायन कब तक’ की कहानी दो समुदाय के बीच धार्मिक उन्माद की वजह से हो रही हत्याओं, थाने में तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर, एक लापता परिवार और उसके चार सदस्यों और कई अन्य रोमांचक स्थितियों के इर्द-गिर्द घूमती है। यह फिल्म असल में कश्मीरी पंडितों के मुस्लिम ‘मोहल्ले’ में रहने के घातक और भयानक अनुभवों को उजागर करती है। किस तरह से अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक समुदाय एक दूसरे के प्रति नफरत और द्वेष रखते हैं।

किस तरह से एक दूसरे को दबाने, डर का माहौल पैदा कर एक दूसरे को बेइज्जत करने के लिए अलग-अलग हथकंडे इस्तेमाल करते हैं। यही इस फिल्म में बताने का प्रयास किया गया है। इस फिल्म में राजेश शर्मा, भूषण पटियाल, गौरव शर्मा, चितरंजन गिरी, धीरेंद्र द्विवेदी और सोहनी कुमारी की मुख्य भूमिका है। ‘आखिर पलायन कब तक’ उन सभी सिनेमा प्रेमियों के लिए ट्रीट होगी, जो यथार्थवादी सिनेमा देखना पसंद करते हैं। यह फिल्म जीवन और समाज की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। यह फिल्म 16 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

आलिया भट्ट बनीं वेब सीरीज पोचर की निर्माता, प्राइम वीडियो ओटीटी प्लेटफॉर्म के साथ मिलाया हाथ

15.02.2024 (एजेंसी)  –  फिल्मों में अपने अभिनय कौशल का प्रदर्शन कर लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली आलिया भट्ट अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं।पिछले काफी समय से अपनी पारिवारिक जिंदगी को लेकर चर्चा में चल रहीं आलिया हाल ही में फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने को लेकर खबरों में थीं। ताजा खबर यह है कि आलिया अब बतौर निर्माता अमेजन प्राइम वीडियो की एक सीरीज के साथ जुड़ गई हैं।एक रिपोर्ट के अनुसार, ओटीटी की दुनिया के नामी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो ने घोषणा की है कि अभिनेत्री और निर्माता आलिया उनकी आगामी मूल सीरीज पोचर में बतौर कार्यकारी निर्माता शामिल हो गई हैं।

पोचर एक इनवेस्टिगेटिव क्राइम सीरीज है, जो सच्ची घटनाओं पर आधारित है। अमेजन प्राइम वीडियो की यह सीरीज एमी पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता रिची मेहता द्वारा निर्मित, लिखित और निर्देशित है।पोचर की कहानी भारतीय इतिहास में हाथीदांत के लिए हाथियों का शिकार करने वाले सबसे बड़े अवैध गिरोह के इर्द-गिर्द बुनी गई है। सीरीज में निमिषा सजयन, रोशन मैथ्यू और दिब्येंदु भट्टाचार्य मुख्य भूमिका में हैं।पोचर अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है, जो मुख्य रूप से मलयालम, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में भारत और दुनियाभर के 240 से ज्यादा देशों में रिलीज होगा। सीरीज 23 फरवरी को अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक देगी।

आलिया ने सीरीज से जुड़कर सम्मानित महसूस कर रही हैं।अभिनेत्री बोलीं, इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे और इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस की पूरी टीम के लिए सम्मान की बात है। पोचर का प्रभाव बेहद व्यक्तिगत था और वन्यजीव अपराध के मुद्दे पर रिची का चित्रण ने मुझे प्रभावित किया। मुझे विश्वास है कि पोचर सबकी आंखें खोलने का काम करेगी और सभी जीवित प्राणियों के प्रति दयालु होने का संदेश देगी।बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के दर्शकों पर अपने अभिनय का जादू चलाने वाली आलिया पहले ही निर्माण के क्षेत्र में कदम रख चुकी हैं।अभिनेत्री बतौर निर्माता पहली बार साल 2022 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म डार्लिंग्स से जुड़ी थीं।

आलिया ने इस फिल्म का निर्माण शाहरुख खान की निर्माण कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर किया था। आलिया बतौर निर्माता अपने इस दूसरे प्रोजेक्ट के लिए बेहद उत्साहित हैं।रिची एक कनाडाई फिल्म निर्देशक और लेखक हैं। उनकी पहली फिल्म अमल 2008 में रिलीज हुई थी।रिची ने 2012 के दिल्ली सामूहिक बलात्कार मामले पर आधारित सीरीज दिल्ली क्राइम का लेखन और निर्देशन किया। सीरीज ने 2020 में एमी अवॉर्ड जीता था।

************************

 

शहनाज गिल की झोली में गिरी नई फिल्म, वरुण शर्मा के साथ स्क्रीन पर मचाएंगी तूफान

15.02.2024 (एजेंसी)  –  बिग बॉस सीजन 13 से मशहूर हुईं शहनाज गिल आज फिल्मों में अपना चार्म चला रही हैं. सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान से डेब्यू करने के बाद शहनाज गिल, भूमि पेडनेकर स्टारर थैंक यू फॉर कमिंग में नजर आई थीं. अब उनकी एक और फिल्म का एलान हो गया है. दो बॉलीवुड फिल्मों में अपने अभिनय का जादू चला चुकीं शहनाज गिल की झोली में एक और फिल्म आ गिरी है.

इस बार पंजाब की कैटरीना कैफ कही जाने वाली एक्ट्रेस वरुण शर्मा के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रही हैं.20 जनवरी 2024 को शहनाज गिल ने अपनी आगामी फिल्म का एलान किया है. शहनाज पहली बार फुकरे फेम एक्टर वरुण शर्मा के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. उनकी फिल्म का नाम सब फर्स्ट क्लास है. एक्ट्रेस ने अपनी फिल्म की अनाउंसमेंट करते हुए दो तस्वीरें शेयर की हैं. शहनाज गिल और वरुण शर्मा की फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है. एक तस्वीर में शहनाज क्लैपर पकड़े हुए वरुण और मेकर्स के साथ पोज दे रही हैं.

एक तस्वीर सिर्फ क्लैपर की है. शहनाज गिल और वरुण शर्मा की फिल्म का निर्देशन बलविंदर सिंह जंजुआ कर रहे हैं, जो अनफेयर एंड लवली और फिरंगी जैसी फिल्में बना चुके हैं. इस फिल्म का निर्माण मुराद खेतानी, ज्योति देशपांडे और बलविंदर सिंह कर रहे हैं. फोटोज शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा, 2024 की शुरुआती होती है. कुछ समय पहले खबर आई थी कि इमरान हाश्मी भी सब फर्स्ट क्लास में मुख्य भूमिका निभा सकते हैं. हालांकि अभी तक न मेकर्स की तरफ से न ही एक्टर की तरफ से फिल्म का हिस्सा बनने की खबर सामने आई है.

***********************

 

भक्षक का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात : साई ताम्हणकर

15.02.2024 (एजेंसी)  –  फिल्म भक्षक में अभिनय करने वाली अभिनेत्री साई ताम्हणकर ने कहा कि उनके लिए भक्षक का हिस्सा बनना गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं का हिस्सा बनना खास है जो बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से परे हो।क्राइम थ्रिलर भक्षक ने न केवल नेटफ्लिक्स इंडिया की शीर्ष फिल्मों में प्रमुख स्थान हासिल किया है, बल्कि नंबर एक का प्रतिष्ठित रैंक भी हासिल कर लिया है।साई ने कहा, जब आप कोई फिल्म बनाते हैं तो आप वास्तव में नहीं जानते हैं कि लोग इस पर आखिर क्या प्रतिक्रिया देंगे, लेकिन हर बार आप एक कलाकाार के रूप में कुछ अलग करने का प्रयास करते हैं, भक्षक उन्हीं प्रोजेक्ट्स में से एक था।

शूटिंग के दौरान हमें लगा कि हम कुछ महत्वपूर्ण कर रहे हैं।फिल्म में भूमि पेडनेकर एक निडर पत्रकार और साई एसएसपी की भूमिका निभात रही हैं। यह फिल्म बिहार के एक आश्रय गृह में बड़े पैमाने पर हो रहे बाल शोषण की कहानी पर प्रकाश डालती है।साई, महत्वपूर्ण बातचीत शुरू करने और गंभीर सामाजिक मुद्दों पर प्रकाश डालने के लिए सिनेमा को एक माध्यम के रूप में उपयोग करने के महत्व पर जोर देती हैं।उन्होंनेे कहा, फिल्म रिलीज के बाद मुझे दर्शकों से वही ऊर्जा और भावनाएं महसूस हुईं जिन्होंने उस बातचीत की सराहना की, जिसे हम भक्षक के माध्यम से शुरू करना चाहते थे, कम से कम हमने अपने भीतर कुछ जगाया जो या तो खो गया था या हम भूल गया थे, दर्शकों ने उसे महसूस किया।

उन्होंने कहा, एक अभिनेता के लिए उन परियोजनाओं का हिस्सा बनना बहुत खास है जो बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से परे हैं। मैं इसके लिए सम्मानित और गौरवान्वित महसूस करती हूं।अभिनेत्री ने आगे कहा, कभी-कभी जब आप पहली बार किसी चीज का प्रयास करते हैं या बाधाओं को तोडऩे का प्रयास करते हैं तो दूसरे लोग आपको नीची दृष्टि से देखते हैं। भक्षक जैसी फिल्में उस गरिमा को वापस पाने में मदद करती हैं। मैं धन्य महसूस कर रही हूं क्योंकि मेरी मराठी फिल्म भी सिनेमाघरों में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है और साथ ही भक्षक ओटीटी में बेहतर कर रही है।

****************************

 

अवनीत कौर ने फैंस को दिया जबरदस्त ट्रीट, बैकलेस रेड आउटफिट में शेयर किया बोल्ड लुक

15.02.2024 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड एक्ट्रेस अवनीत कौर आए दिन अपनी बोल्ड और ग्लैमरस फोटोज इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर फैंस को अक्सर अपने हुस्न का कायल कर देती हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने लेटेस्ट फोटोशूट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसमें वो काफी किलर पोज देते हुए नजर आ रही हैं।एक्ट्रेस अवनीत कौर बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उनका हर एक लुक इंस्टाग्राम पर पोस्ट होते ही सोशल मीडिया पर बवाल मचा देती हैं।

हाल ही में अवनीत कौर ने अपने लेटेस्ट फोटोशूट की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। इन तस्वीरों में उनका स्टनिंग और कूल लुक देखकर फैंस की नजरें हटना मुश्किल हो गया है। अवनीत कौर ने अपनी इन लेटेस्ट फोटोज में आप देख सकते हैं एक्ट्रेस ने रेड कलर का बैकलेस बॉडीकॉन गाउन पहना हुआ है, जिसमें वो अपना टैटू फ्लॉन्ट करती हुई दिखाई दे रही हैं। बालों का बन बनाकर और लाइट मेकअप कर के एक्ट्रेस अवनीत कौर ने अपने इस आउटलुक को और भी ज्यादा शानदार तरीके से निखारा है।

बता दें कि एक्ट्रेस अवनीत कौर जब भी अपनी फोटोज इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं तो फैंस उनकी हर एक तस्वीर पर लाइक्स और कॉमेंट्स करते नहीं थकते हैं। अवनीत कौर ने अपनी इन फोटोज को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है यहां है आपका प्री वैलेंटाइन गिफ्ट। एक्ट्रेस की इन तस्वीरों को देखते ही फैंस ने कॉमेंट्स की बौछार कर दी है। एक यूजर ने एक्ट्रेस की इन फोटोज पर लिखा है गॉर्जियस, तो वहीं दूसरे यूजर ने लिखा है सो ब्यूटिफुल और फिर तीसरे यूजर ने लिखा है कितनी सुंदर हो तुम।

*************************

 

किरण राव द्वारा निर्देशित फिल्म ‘लापता लेडीज़’ का दूसरा गाना ‘सजनी’ हुआ रिलीज

14.02.2024  –  जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत, ‘लापता लेडीज’ किरण राव द्वारा निर्देशित और आमिर खान और ज्योति देशपांडे द्वारा निर्मित ‘लापता लेडीज’ के’डाउटवा’ गाने को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, जिसके बाद फिल्म के नए ‘सजनी’ गाने के साथ निर्माताओं ने जनता को मनोरंजन प्रदान किया है। नया गाना ‘सजनी’ के रिलीज के बाद इस फिल्म के निर्मातगण काफी उत्साहित हैं।

यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस और किंडलिंग प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाई गई है, जिसकी स्क्रिप्ट बिप्लब गोस्वामी की अवॉर्ड विनिंग कहानी पर आधारित है। फिल्म के स्क्रीनप्ले और डायलॉग को स्नेहा देसाई द्वारा लिखा गया है, जबकि बाकी डायलॉग्स को दिव्यनिधि शर्मा द्वारा लिखा गया है। यह फिल्म 1 मार्च को रिलीज होगी। कॉमेडी-ड्रामा ‘लापता लेडीज़’ का दूसरा गाना ‘सजनी’ में रोमांस और प्यार की झलक देखने मिल रही है।

गाने को अरिजीत सिंह ने गाया है और संगीत राम संपत ने दिया है जबकि दिव्यनिधि शर्मा ने गाने के बोल लिखे हैं। इसके लिए लिखे गए शब्दों के साथ, यह गाना ‘प्यार’ की मीनिंग को बहुत ही अच्छे तरीके से बयां करता है। यह गाना एक सुंदर मेलोडी है जो सिनेदर्शकों के दिल को छू जाएगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

चर्चाओं के बीच : नेहा बंद्योपाध्याय

12.02.2024  –  इंटरनेशनल इंडियन फोक आर्ट गैलरी (ऑस्ट्रेलिया शाखा) द्वारा फोर्ट, मुंबई स्थित जहांगीर आर्ट गैलरी के हीरजी गैलरी में आयोजित इंडियन फोक आर्ट एग्जिबिशन के सफल आयोजन के बाद से भारतीय लोक कला संस्कृति के प्रचार व प्रसार की दिशा में अग्रसर नेहा बंद्योपाध्याय इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। बंगाल, झारखंड और महाराष्ट्र की धरती से संयुक्त रूप से जुड़ी फैशन डिजाइनर/ चित्रकार नेहा बंद्योपाध्याय भारतीय फिल्म जगत में भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहेब फाल्के के ग्रैंडसन (नाती) चंद्रशेखर पुसालकर की दत्तकपुत्री के रूप में जानी जाती हैं।

नेहा बंद्योपाध्याय को मधुबनी पेंटिंग और वंचित महिलाओं और छात्राओं को प्रशिक्षण देने की दिशा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘द ग्रेट इंडियन वूमेन अवार्ड 2021’ और ‘सरस्वतीबाई दादा साहेब फाल्के इंटरनेशनल आइकॉनिक अवार्ड 2021’ से नवाजा जा चुका है। ड्रेस डिजाइनिंग और आभूषण तथा संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के बदौलत नेहा कई अवॉर्ड पा चुकी हैं। बड़े फैशन डिजाइनिंग संस्थान के प्रमुख के रूप में अपनी संचालन क्षमता का परिचय देते हुए नेहा ने संस्थान का सफलतापूर्वक विस्तार और विकास किया, छात्रों की संख्या 5 से बढ़ाकर लगभग 400 कर दी।

एक वर्ष से भी कम समय में 400 छात्र को प्रशिक्षित किया जिसके फलस्वरूप उन्हें टेक्सटाइल डिजाइनिंग और इंस्टीट्यूट के लिए लायन क्लब पुरस्कार भी मिला। एमबीए (फाइनेंस), एम.एससी, टेक्सटाइल डिजाइनिंग और बैचलर ऑफ एजुकेशन में डिग्री ले चुकी नेहा बंद्योपाध्याय भारतीय लोक कला को बढ़ावा देने और मधुबनी, वारली पेंटिंग और संगीत के क्षेत्र से जुड़े समुदाय का हिस्सा बनने वाले सैकड़ों कलाकारों का समर्थन करने के लिए कोर टीम के हिस्से के रूप में अंतर्राष्ट्रीय भारतीय लोक गैलरी में उपस्थित रहती हैं साथ ही साथ कला उत्सव और शिल्प मेले से लेकर लोक, पारंपरिक और आधुनिक भारतीय कला से संबंधित एग्जिबिशन में भी सेवा, सहयोग व समर्पण की भावना के साथ शामिल रहती हैं।

नेहा बंद्योपाध्याय मृदुभाषी, दयालु, मेहनती और एक भावुक कला प्रेमी हैं। वह कहती हैं, “कला ने मुझे बचपन से अब तक बहुत कुछ दिया है, कला के प्रति समर्पित रहने की वजह से दुनिया भर के लोगों ने मुझे जाना है, इस कला यात्रा के क्रम में मुझे कई महान लोगों से मिलने का मौका मिला, फलस्वरूप मेरी पहचान बनी और अब कुछ वापस देने की मेरी बारी है।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

******************************

 

बहुभाषीय फिल्म फेस्टिवल ‘अमोदिनी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2024’ का हुआ शानदार आगाज

10.2024  –  राजधानी जयपुर में झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में डोला फाउंडेशन सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के द्वारा आयोजित दो दिवसीय बहुभाषीय ‘अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव अमोदिनी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2024’ का शानदार तरीके से शुभारंभ किया गया। पहले दिन दीप प्रज्ज्वलित कर इस फेस्टिवल की शुरुआत की गई।

इसके बाद में ‘हिन्दुत्व’, ‘डीप फ्रिज’, ‘आजमगढ़’, ‘अदृश्य’, ‘मटरीपक्ष’ समेत अन्य फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही पहले दिन तीन पैनल डिस्कशन का भी आयोजन किया गया। पहला पैनल डिस्कशन अंजू भट्ट द्वारा रिलीजियस इंपैक्ट ऑन दी इंडियन फिल्म इंडस्ट्री, दूसरा थिएटर – ‘दी बेसिक ऑफ फिल्म एंड मीडिया’ बाय अभिषेक मुदगल और तीसरा ‘इसरो – दी गर्ल ड्रीम्ड टू बी एन एस्ट्रोनॉट’ जैसे विषयों पर डिस्कशन कर विस्तृत चर्चा की गई।

10 और 11 फरवरी को आयोजित इस दो दिवसीय फिल्म फेस्टिवल में हिंदी, बंगाली, नेपाली, मलयालम, जर्मन सहित अन्य भाषाओं की 15 फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी साथ ही साथ थिएटर, फिल्म, मीडिया सहित अन्य सब्जेक्ट्स पर भी डिबेट होगी और पैनल डिस्कशन में बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक अशोक पंडित उपस्थित रहेंगे।

इस फिल्म बहुभाषीय फिल्म फेस्टिवल के आयोजक देवज्योति रे ने बताया कि इस फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य एकता का जश्न मनाना है। एक ऐसी विविधता जो भारत को परिभाषित करती है, देश की जीवंत संस्कृति और उसका प्रदर्शन करती है। अनेकता में एकता का उत्सव मनाकर व्यक्तियों को सशक्त बनाना और हमारे समग्र कल्याण को बढ़ाना यही इस फेस्टिवल का केंद्र बिंदु है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

********************************

23 फरवरी को रिलीज होगी ‘आर्टिकल 370’

10.02.2024  –  लीडिंग कंटेंट स्टूडियो, जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज की नवीनतम प्रस्तुति हाई-ऑक्टेन, एक्शन पॉलिटिकल ड्रामा ‘आर्टिकल 370’ सभी सिनेमाघरों में 23 फरवरी को रिलीज होगी। ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर द्वारा निर्मित और आदित्य जांभले द्वारा निर्देशित इस फ़िल्म में यामी गौतम मुख्य भूमिका में नज़र आयेंगी और उनका साथ दे रहीं हैं प्रतिभाशाली प्रियामणि।

इस फिल्म का पावर-पैक ट्रेलर रिलीज़ किया जा चुका है जिसने दर्शकों के बीच इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। यह फिल्म निश्चितरूप से दिलचस्प सिनेमाई अनुभव देने का वादा करता है। अदाकारा यामी गौतम और उनके पति आदित्य धर ने ‘उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी दमदार फ़िल्म दी है जो मील का पत्थर साबित हुई और शादी के बाद वे एक बार फिर दमदार विषय लेकर आए हैं।

‘आर्टिकल 370’ एक खुफिया अधिकारी (यामी गौतम) की कहानी को दर्शाती है, जो पीएमओ ब्यूरोक्रेट (प्रियामणि) के साथ घटनाओं की जटिल सिरीज़ और आतंकवाद की सांठगांठ का पर्दाफ़ाश करने की कोशिश करती है, जिसके कारण कश्मीर से आर्टिकल 370 को समाप्त करने का ऐतिहासिक और अभूतपूर्व परिणाम सामने आता है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************************

 

इम्पा के प्रेसिडेंट अभय सिन्हा और प्रतिनिधिमंडल ने की बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात

*बिहार में शीघ्र फिल्म नीति और फिल्मों को सब्सिडी दिलाने की मांग की*

03.02.2024  –  इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ( इम्पा) का एक प्रतिनिधिमंडल प्रेसिडेंट अभय सिन्हा के नेतृत्व में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पटना में मिला और उनसे बिहार सरकार के जरिए राज्य में जल्द से जल्द फिल्म नीति को लागू करने तथा फिल्मों को सब्सिडी देने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ इम्पा के कार्यकारिणी मेंबर व फ़िल्म मेकर्स कंबाइन के जनरल सेक्रेटरी निशांत उज्जवल भी मौजूद थे।

इम्पा के दो सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने सर्वप्रथम बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान इम्पा के प्रेसिडेंट अभय सिन्हा व निशांत उज्जवल ने उनसे बिहार में फिल्मों के विकास और यहां के कलाकारों को उचित मंच प्रदान करने के लिए फिल्म नीति को यथाशीघ्र लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में रोजगार के भी मौके सृजित होंगे, क्योंकि यहां जब फिल्म में बनने लगेगी, तब बिहार के मनोरम लोकेशन पर शूट करने के लिए बॉलीवुड समेत हर इंडस्ट्री से लोग आएंगे। बिहार के पर्यटन को भी बढ़ावा देने में यह कारगर साबित होगा।

इम्पा प्रतिनिधि मंडल ने इस मामले में पड़ोसी राज उत्तर प्रदेश का भी उदाहरण दिया, जहां आज बॉलीवुड से लेकर हर इंडस्ट्री की एक से बढ़कर एक फिल्म में बन रही है। इससे उत्तर प्रदेश की सरकार और वहां के स्थानीय कलाकारों को भी लाभ मिल रहा है। अभय सिन्हा के नेतृत्व वाली इम्पा के प्रतिनिधिमंडल के आग्रह को स्वीकार करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरोसा दिया कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद इस मामले में अवश्य कार्यवाही होगी और बिहार के पास भी अपनी फिल्म नीति होगी। उन्होंने इम्पा के प्रतिनिधिमंडल को इसका भरोसा दिलाया।इस अवसर पर भाजपा कला संस्कृति व फ़िल्म विभाग के स्टेट कोर्डिनेटर वरुण कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

उदयपुर में फिल्मसिटी घोषणा की मांग

उदयपुर 03 Feb, (एजेंसी): अखिल राजस्थान फिल्म समिति ने राजस्थान की वित्त सह उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी को पत्र भेजकर बजट में उदयपुर में फिल्मसिटी खोलने की घोषणा की मांग की है।

समिति प्रमुख मुकेश माधवानी ( राजस्थान लाइन प्रोडूसर ) ने बताया कि इससे पर्यटन सिटी के साथ शहर की पहचान फिल्मसिटी के रूप में भी बनेगी। उन्होंने कहा कि उदयपुर शहर अपनी सुन्दरता के कारण पूरे विश्व में अपनी एक अलग ही पहचान के कारण शहर में बीते 40 वर्षाे में 500 से अधिक बॉलीवुड, हॉलीवुड, राजस्थानी, एवं दक्षिण भारतीय फिल्मो की शूटिंग हो चुकी है, इसके अतिरिक्त अनेक टी.वी. धारावाहिक, विज्ञापन एवं म्यूजिक एल्बम की शूटिंग हो कर में उनमें उदयपुर की प्राकृतिक सुन्दरता को दर्शाया जा चुका है। इतना होने के बावजूद उदयपुर शहर को अब तक फिल्म सिटी के रूप में पहिचान नहीं मिल पाई है।

श्री माधवानी ने पत्र में मांग की है कि लगभग 100 करोड़ रु की बजट में घोषणा करके फिल्मसिटी का निर्माण करें जिससे राज्य सरकार को सालाना लगभग 500 करोड़ रु का राजस्व फिल्मों एवं सीरियलो की शूटिंग से प्राप्त हो सकें।

*********************

 

विश्वविख्यात कथा वाचक श्री मोरारी बापू ने म्यूज़िकल सीरीज ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ का किया विमोचन

02.02.2024 –  शेमारू शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड की संगीतमयी प्रस्तुति ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ का विमोचन‌ पिछले दिनों मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में विश्वविख्यात कथा वाचक श्री मोरारी बापू ने किया। अपने जीवन को रामायण व सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित कर देने वाले और पिछले 60 सालों से अधिक समय से राम कथा का वाचन करते आ रहे श्री मोरारी बापू के द्वारा इस म्यूज़िकल सीरीज का विमोचन किया जाना म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक सुखद संदेश है। ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ नामक यह धार्मिक व दिव्य प्रस्तुति लोकप्रिय पारंपरिक गीतों और नये कलाकारों के गीतों से सजी एक विशिष्ट श्रृंखला है।

इसमें जाने-माने गायक सुरेश वाडकर की आवाज़ के अलावा सचिन पिलगांवकर के स्वर भी सुनाई देंगे जिन्होंने पहली बार भक्ति से परिपूर्ण गीतों को अपनी आवाज़ दी है। उल्लेखनीय है कि इस म्यूज़िकल सीरीज़ में अन्वेशा, दीपक पंडित, गोविंद प्रसन्न सरस्वती साधो बैंड, पृथ्वी गंधर्व, अवधेंदू शर्मा, जेजे विक जैसे कलाकारों की उम्दा कलाकारी भी देखने को मिलेगी। ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ पूरी तरह से विष्णु के सातवें अवतार के रूप में अपनी मान्यता रखने वाले मर्यादा पुरूषोत्तम राम को समर्पित श्रृंखला है जिनकी कहानी रामायण में चौपाइयों के माध्यम से प्रस्तुत की गयीं है।

श्री राम हर तरह की सीमाओं से परे हैं और उनकी दिव्यता का स्वरूप वैश्विक है। शेमारू की नवीनतम प्रस्तुति ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ वैश्विक स्तर पर प्रभु राम के प्रभाव को रेखांकित करती है। राम लला के जन्म बधाई गीत से लेकर राम-सीता के विवाह, रघुनन्दन सुप्रभातम से लेकर शाम की अयोध्या आरती, संक्षिप्त गीत रामायण से लेकर श्री राम स्तुति तक ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ राम भक्तों के लिए एक अनोखी भेंट है जो हर किसी को पसंद आएगी।

यह मधुर संगीतमयी श्रृंखला शेमारू भक्ति नामक यूट्यूब चैनल के अलावा अन्य प्रमुख प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है। आस्था से परिपूर्ण कंटेट के लिए शेमारू भक्ति नामक चैनल यूट्यूब पर एक बढ़िया स्थान है जिसके 11 करोड़ से ज़्यादा सब्क्राइबर्स हैं। इसपर मौजूद कंटेट काफ़ी समृद्ध है जिसे दुनिया भर के लोग ख़ूब पसंद करते हैं। शेमारू भक्ति द्वारा निर्मित ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ ‌का मूल मक़सद लोक कथाओं और शास्त्र सम्मत मंत्रों को आधुनिक संगीत का स्वरूप देकर आध्यात्मिकता के माध्यम से सभी उम्र के लोगों को आपस में जोड़ना है।

बकौल शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड के प्रमुख (नॉन-बॉलीवुड कैटगरी) अर्पित मांकड़ ‘शेमारू भक्ति’ हमेशा से ही अध्यात्म संबंधी कंटेट को हमेशा अनूठे अंदाज़ में पेश करता आया है ताकि दुनिया भर के लोग सीधे पर इससे जुड़ाव महसूस कर सकें। ‘श्री राम भक्ति उत्सव’ म्यूज़िकल सीरीज़ भी हमारा एक ऐसा ही अनोखा प्रयास है ताकि अध्यात्म को संगीत से जोड़कर हम भक्तों और उनके आराध्य राम को और भी करीब ला सकें।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************