रामगढ़, 18 अक्टूबर। योग गुरु बाबा रामदेव रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल सोरेन परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सराहना करते हुए उन्हें ‘लेजेंडरी मुख्यमंत्री’ बताया।
मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन अपने पुरखों की विरासत को पुरुषार्थ और अदम्य साहस के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। वह सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए आदिवासी समाज के साथ-साथ पूरे समाज को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
शिबू सोरेन को बताया सदी का महानायक
बाबा रामदेव ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन को इस सदी का महानायक बताते हुए कहा कि सोरेन परिवार के साथ उनका करीब ढाई दशक पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के बाद अब रूपी सोरेन का निधन परिवार के लिए बड़ी क्षति है।
रूपी सोरेन को बताया शक्ति स्वरूपा
बाबा रामदेव ने स्वर्गीय रूपी सोरेन को शक्ति स्वरूपा बताते हुए कहा कि उन्होंने परिवार को एक सूत्र में बांधकर रखा। उनके अनुसार, रूपी सोरेन ने केवल अपने परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपना परिवार माना।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए उनकी माता रूपी सोरेन देवी स्वरूप थीं। हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन और पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। बाबा रामदेव ने उनके साहस और नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें ‘लेजेंडरी मुख्यमंत्री’ की संज्ञा दी।
*************************
