All posts by Dilip Singh

अभिनेता कार्तिक आर्यन को मिला ‘महाराष्ट्रियन ऑफ द ईयर 2025’ अवॉर्ड……!

21.03.2025 – अभिनेता कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ में मुरलीकांत पेटकर के दमदार किरदार के लिए ‘महाराष्ट्रियन ऑफ द ईयर 2025’ अवॉर्ड दे कर सम्मानित किया गया है। ‘चंदू चैंपियन’ में कार्तिक आर्यन की जर्नी सिर्फ एक रोल निभाने तक ही नहीं थी, बल्कि ये एक इमोशनल सफर भी रहा।

मुरलीकांत पेटकर के किरदार को सजीव बनाने के लिए कार्तिक ने जमकर मेहनत की और कड़ी ट्रेनिंग ली, फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किया और अपनी दिल से जुड़ी कहानी कहने की ताकत को इसमें झोंक दिया। इसी लगन और जुनून ने उनके किरदार को इतना असरदार बना दिया।

इस रोल के जरिए कार्तिक ने महाराष्ट्र के इस अनदेखे हीरो की प्रेरणादायक कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत किया, जिन्होंने भारत के लिए पहला पैरालंपिक गोल्ड मेडल जीता था। इस अवॉर्ड के साथ कार्तिक ने न सिर्फ अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया, बल्कि महाराष्ट्र के गौरव को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************************

 

ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग पर केंद्र सरकार सख्त

1298 ब्लॉक ऑर्डर किए जारी

नई दिल्ली, 20 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ऑनलाइन गेमिंग से पैदा होने वाले जोखिमों और लत से होने वाले नुकसान पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2022-24 के बीच ऑनलाइन सट्टेबाजी/जुआ/गेमिंग वेबसाइटों (मोबाइल एप्लिकेशन सहित) से जुड़े 1,298 ब्लॉकिंग निर्देश जारी किए हैं।

रेल और इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, सरकार की नीतियों का उद्देश्य इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के लिए एक ओपन, सेफ, विश्वसनीय और जवाबदेह इंटरनेट सुनिश्चित करना है।

इस लक्ष्य को पाने के लिए सरकार ने संबंधित हितधारकों के साथ परामर्श के बाद ऑनलाइन गेम से उत्पन्न होने वाली विभिन्न सामाजिक-आर्थिक चिंताओं को दूर करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 में संशोधनों को अधिसूचित किया।

आईटी नियम, 2021 ऑनलाइन गेम को लेकर दूसरे मध्यस्थों, सोशल मीडिया मध्यस्थों या प्लेटफार्मों सहित ऑनलाइन गेमिंग मध्यस्थों पर विशिष्ट दायित्व डालता है।

केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा को बताया कि ऐसे मध्यस्थों को किसी भी कानून का उल्लंघन करने वाली किसी भी सूचना को होस्ट, स्टोर या प्रकाशित नहीं करना चाहिए।केंद्रीय मंत्री के अनुसार, वे अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भी बाध्य हैं, जिसमें आईटी नियम, 2021 के तहत वर्गीकृत गैरकानूनी सूचनाओं को हटाने की दिशा में उनकी तुरंत कार्रवाई शामिल है।

इसके अलावा, बच्चों के लिए हानिकारक, मनी लॉन्ड्रिंग या जुए से जुड़ी किसी भी सूचना के खिलाफ शिकायत पर भी तुरंत कार्रवाई की जाएगी।आईटी अधिनियम में मध्यवर्तियों को संप्रभुता और एकता, भारत की रक्षा, राज्य की सुरक्षा, विदेशी राज्यों के साथ मित्रवत संबंध या सार्वजनिक व्यवस्था के हित में विशिष्ट जानकारी/लिंक तक पहुंच को रोकने के लिए आदेश जारी करने के प्रावधान हैं।

गृह मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) भी अपने प्रकाशन भारत में अपराध में अपराध पर सांख्यिकीय डेटा प्रकाशित करता है।

***************************

 

मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा ने चला आखिरी दांव

भारत प्रत्यर्पण से बचने के लिए अमेरिका के मुख्य न्यायाधीश से की अपील

नई दिल्ली, 20 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुंबई हमले का आरोपी तहव्वुर राणा अपना भारत प्रत्यर्पण रोकने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहा है। उसने अपने भारत प्रत्यर्पण को रोकने के लिए एक और दांव चला है। तहव्वुर राणा ने अमेरिका के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबट्र्स से अपील की है।

बता दें तहव्वुर राणा ने इससे पहले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस एलेना कागन के सामने भी अपील की थी, लेकिन उस याचिका को खारिज कर दिया था।आगामी 4 अप्रैल को तहव्वुर राणा की अपील पर सुनवाई हो सकती है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई है। अपनी अपील में तहव्वुर राणा ने उसका भारत प्रत्यर्पण रोकने की अपील की है।

दरअसल तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पण का डर सता रहा है। तभी जब उसने जस्टिस एलेना से अपील की थी तो उसमें कहा था कि उसे भारत में प्रताडि़त किया जा सकता है और इसके चलते वह ज्यादा लंबे समय तक जीवित नहीं रह पाएगा।तहव्वुर राणा ने कहा कि वह एक मुस्लिम है और पाकिस्तानी मूल का है। साथ ही वह पूर्व में पाकिस्तानी सेना में भी सेवाएं दे चुका है।

इसके कारण उसे भारत में प्रताडि़त किया जा सकता है। मुंबई हमले के साजिशकर्ता ने ये भी कहा कि उसकी सेहत ठीक नहीं है और वह कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहा है। ऐसे में उसे भारत में प्रताडि़त कर मारा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि फरवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा।

तहव्वुर राणा को साल 2008 के मुंबई हमले के दोषी आतंकी डेविड कोलमैन का करीबी माना जाता है। तहव्वुर राणा मुंबई हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल है। तहव्वुर राणा पर लश्कर ए तैयबा और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआईय के साथ मिलकर काम करने का आरोप है।

***************************

 

पानी के विवाद में केंद्रीय मंत्री के भांजे आपस में भिड़े

बरसाईं गोलियां; एक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर

भागलपुर , 20 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के दो भांजे, जयजीत यादव और विकल यादव के बीच गुरुवार की सुबह एक मामूली पानी के विवाद के दौरान गोलीबारी हो गई। इस घटना में विकल की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि जयजीत की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 6:30 बजे पानी देने वाले नौकर ने पानी वाले बर्तन में हथेली डुबोकर पानी दिया था। इस कार्य से विकल में नाराजगी बढ़ गई। पहले से ही दोनों भाइयों के बीच मतभेद था, जिसके चलते विवाद बढ़ गया।

विकल ने घर के अंदर से पिस्तौल निकालकर जयजीत के मुंह पर निशाना साधा। गोली जबड़े को क्षतिग्रस्त करते हुए निकल गई। प्रारंभ में जयजीत जमीन पर गिर गया, लेकिन कुछ मिनटों में ताकत बटोरकर उठा और विकल से गुत्थम-गुत्थी करते हुए उसका हाथ से पिस्तौल छीन ली। इसके बाद जयजीत ने नजदीक से गोली चला दी।

घटना के तुरंत बाद विकल को नवगछिया अस्पताल पहुंचाया गया, परंतु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जयजीत की हालत खून की अधिकता के कारण नाजुक बनी हुई है, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए अस्पताल से बाहर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस घटना की जानकारी प्राप्त होते ही रेंज आईजी विवेक कुमार ने नवगछिया एसपी से जांच करवाने एवं आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए हैं।

***************************

 

86 साल की महिला को 2 महीने रखा डिजिटल अरेस्ट

20 करोड़ ठगे

मुंबई, 20 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। साइबर फ्रॉड का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आयाहै। एक बुजुर्ग महिला को करीब 2 महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखा और 20 करोड़ रुपये ठग लिए।

इस दौरान महिला को डराया, धमकाया और बच्चों को गिरफ्तार करने की तक की धमकी दे दी। पुलिस ने इस मामले पर एक्शन लेते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।महिला को कॉल करने वाले ने खुद का नाम संदीप राव बताया और कहा कि वह एक सीबीआई ऑफिसर है।

इसके बाद उसने आरोप लगाए कि विक्टिम महिला के नाम और डॉक्यूमेंट का इस्तेमाल करके एक बैंक अकाउंट है, जिसका इस्तेमाल गैर कानूनी एक्टिविटी में किया है।

उस बैंक खाते के जरिए मनी लाउड्रिंग और जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को रुपये भेजे हैं।फेक सीबीआई ऑफिसर ने महिला को बताया कि इस केस को ष्टक्चढ्ढ को सौंप दिया गया है और कंप्लेंट दर्ज हो चुकी है। इसके बाद आरोपी ने महिला को धमकाया कि उसके पास अरेस्ट वॉरेंट है।

आरोपी ने विक्टिम महिला को बताया कि वह अगर जांच में सहयोग नहीं करेंगी तो पुलिस उनके घर पर पहुंच जाएगी। इसके बाद विक्टिम महिला से जांच के नाम पर बैंक डिटेल्स और अन्य जरूरी डिटेल्स मांगी गई। इसके बाद महिला को डिजिटल अरेस्ट किया गया। यह केस करीब 2 महीने तक चलता रहा।फेक सीबीआई अफसर और राजीव रंजन फेक नाम के शख्स महिला को 2-3 घंटे के दौरान कॉल करते और उनकी लोकेशन पूछते।

इसके बाद विक्टिम महिला को बताया कि अगर आपको अपना नाम इस केस से हटवाना है, तो उसका एक प्रोसेस है। इसके बाद विक्टिम महिला को बताया कि उनको अपने बैंक अकाउंट में मौजूद सभी रकम को कोर्ट के अकाउंट में ट्रांसफर करनी होगी।

साइबर ठगों ने एक फर्जी वादा भी किया जांच पूरी होने के बाद उनके रुपये वापस कर दिए जाएंगे, हालांकि इसके बाद उनको कुछ वापस नहीं मिला। इसके बाद 4 मार्च को उन्होंने दर्ज  कराई, जिसके बाद पुलिस ने 20-20 साल के दो लोगों को मीरा रोड से गिरफ्तार किया।

******************************

 

 

बच्चों को उपहार में दी गई संपत्ति माता-पिता को वापस लेने का अधिकार

हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

नई दिल्ली, 20 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मद्रास हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि वरिष्ठ नागरिक अपने बच्चों या करीबी रिश्तेदारों को उपहार में दी गई संपत्ति को रद्द कर सकते हैं यदि वे उनकी देखभाल करने में विफल रहते हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 की धारा 23(1) ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करती है जिन्होंने इस उम्मीद में अपनी संपत्ति हस्तांतरित की थी कि उनकी देखभाल की जाएगी।

न्यायमूर्ति एस एम सुब्रमण्यम और न्यायमूर्ति के राजशेखर की खंडपीठ ने यह फैसला दिवंगत एस नागलक्ष्मी की पुत्रवधू एस माला द्वारा दायर अपील को खारिज करते हुए सुनाया। नागलक्ष्मी ने अपने बेटे केशवन के पक्ष में एक समझौता विलेख निष्पादित किया था, जिसमें यह अपेक्षा थी कि वह और उसकी पत्नी उनके जीवनभर उनकी देखभाल करेंगे। हालांकि, उनके बेटे और बाद में उनकी बहू ने उनकी देखभाल नहीं की।नागलक्ष्मी के बेटे की मृत्यु के बाद उनकी बहू एस माला ने भी उनके साथ दुव्र्यवहार किया, जिसके बाद उन्होंने नागपट्टिनम के राजस्व प्रभाग अधिकारी (आरडीओ) से संपर्क किया।

आरडीओ ने नागलक्ष्मी के बयान दर्ज करने और मूल समझौता विलेख को ध्यान में रखते हुए, जिसे उन्होंने अपने बेटे के भविष्य के लिए प्यार और स्नेह से लिखा था, उसे रद्द कर दिया। माला ने इस आदेश को चुनौती देते हुए पहले एक याचिका दायर की, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की, जिसे अब खारिज कर दिया गया है।

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 की धारा 23(1) विशेष रूप से उन परिस्थितियों में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए बनाई गई है जहां वे अपनी संपत्ति को उपहार या समझौते के माध्यम से इस भरोसे पर हस्तांतरित करते हैं कि व्यक्ति उनकी बुनियादी जरूरतों का ध्यान रखेगा।

पीठ ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि वह व्यक्ति इन दायित्वों को निभाने में विफल रहता है, तो वरिष्ठ नागरिक के पास न्यायाधिकरण से घोषणा प्राप्त करने का कानूनी अधिकार है कि हस्तांतरण को रद्द किया जाए।

अदालत ने आगे टिप्पणी की कि वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत आरडीओ के समक्ष प्रस्तुत तथ्यों से स्पष्ट रूप से पता चलता है कि संबंधित समय पर बुजुर्ग महिला 87 वर्ष की थीं और उनकी बहू द्वारा उनकी पूरी तरह से उपेक्षा की जा रही थी। इस फैसले से उन वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है जो अपनी संपत्ति हस्तांतरित करने के बाद उपेक्षा का शिकार होते हैं।

****************************

 

नागपुर हिंसा में भीड़ ने महिला पुलिसकर्मियों से की छेड़छाड़

किए अश्लील इशारे और कमेंट; मामला दर्ज

नागपुर , 20 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सोमवार देर रात को महाराष्ट्र के नागपुर के चिटनिस पार्क से सीए रोड पर प्रदर्शनकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ दुव्र्यवहार किया। एक महिला पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर थी। भीड़ ने महिला पुलिस कर्मचारी से छेड़छाड़ करने की कोशिश की।

इस दौरान कुछ बदमाशों ने पीडि़त महिला पुलिस कर्मचारी की वर्दी खींचने की कोशिश की और उसके शरीर को भी छूने की कोशिश की। महिला पुलिस कर्मचारी ने  इस हरकत की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की है और इसके बाद भीड़ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत में यह बात सामने आई है कि इसी भीड़ ने मौके पर मौजूद अन्य महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ दुव्र्यवहार किया और उन्हें देखकर अश्लील इशारे और अश्लील टिप्पणियां की गईं।

***************************

 

सिनेफ़लक पर उभरता सितारा : अभिनेता असीम पटवारी

220.03.2025 – बॉलीवुड के चर्चित निर्माता हरिओम शर्मा द्वारा सपना फिल्म प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले निर्मित म्यूजिक वीडियो ‘एक हसीना थी’ बहुत जल्द ही सारेगामा म्यूजिक पर रिलीज होने वाली है। इस म्यूजिक वीडियो में पुराने गाने को रीक्रीएट कर एक नई स्टोरी बनाई गई है।

रोहिन बनर्जी द्वारा निर्देशित इस म्यूजिक वीडियो में मुंबई के मूल निवासी नवोदित अभिनेता असीम पटवारी ने अहम भूमिका निभाई है और इस म्यूजिक वीडियो की वज़ह से अभिनेता असीम पटवारी फिलवक्त बॉलीवुड में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वैसे असीम पटवारी का जन्म और स्कूली शिक्षा गोवाहाटी (असम) में हुई है और उच्चशिक्षा मुम्बई के नेशनल कॉलेज में पूर्ण हुआ है।

बचपन से ही अभिनय में रुचि रखने वाले असीम पटवारी ने शुरुआती दौर में अपने पारिवारिक व्यवसाय में ध्यान देना शुरू किया लेकिन उनके कलाकार मन की छटपटाहट उन्हें अभिनय की दुनियां में खींच लाई। फलस्वरूप सबसे पहले असीम पटवारी ने स्वयं को फिट रखने के लिए अभिनेता टाइगर श्रॉफ के ‘मैट्रिक्स जिम स्टायलर’ को ज्वॉइन किया और अपना दस किलो तक का वजन कम कर खुद को सुडौल बनाया। उनकी यह जर्नी बड़ी दिलचस्प रही।

फिलहाल उनके जिम कोच संदीप यादव हैं। इसके बाद असीम पटवारी ने एक्टिंग क्लासेस ज्वॉइन किया ताकि उनके अभिनय कला में निखार आये। म्यूजिक वीडियो ‘एक हसीना थी’ अभिनेता असीम पटवारी का पहला प्रोजेक्ट है जिसको लेकर इनदिनों असीम पटवारी बेहद उत्साहित हैं। इसके साथ ही नेटफ्लिक्स पर आने वाली एक वेब सीरीज और एक म्यूजिक वीडियो सांग की शूटिंग भी जल्द आरम्भ होने वाली है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

बिल्ड भारत एक्सपो 2025 का भव्य आगाज : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 19 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश के प्रमुख औद्योगिक मेले बिल्ड भारत एक्सपो 2025 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन को भारतीय उद्योग संघ (आईआईए) द्वारा एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

एक्सपो का मकसद उद्योगों के लिए नए व्यापार अवसरों को बढ़ावा देना, नीतिगत चर्चाओं को प्रोत्साहित करना और वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करना है।

केंद्रीय एमएसएमई मंत्री  जीतन राम मांझी ने एक्सपो का उद्घाटन करते हुए छोटे और मझोले उद्योगों की अहमियत पर जोर दिया। इस अवसर पर 20 देशों के राजदूतों और व्यापार आयुक्तों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, उद्योग जगत के दिग्गजों और उद्यमियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

एक्सपो में 151 से अधिक कंपनियों ने अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया, जबकि ऑस्ट्रिया, मलेशिया, रूस, ईरान, कनाडा और आइसलैंड सहित 34 देशों के व्यापार प्रतिनिधिमंडल इसमें भाग ले रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री मांझी ने रोजगार, नवाचार और ग्रामीण विकास में एमएसएमई की केंद्रीय भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यदि भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनना है, तो छोटे उद्योगों को मजबूती देना अनिवार्य है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सिर्फ बड़े उद्योग भारत को आर्थिक महाशक्ति नहीं बना सकते, असली और स्थायी विकास तभी संभव होगा, जब एमएसएमई फलेंगे-फूलेंगे, रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने पैर जमाएंगे।

उन्होंने सरकार की कई प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का भी जिक्र किया, जो कारीगरों और छोटे व्यवसायों को वित्तीय सहायता और कौशल प्रशिक्षण प्रदान करती है। इसी के साथ उन्होंने उद्यम और उद्यम असिस्ट पोर्टल्स का लाभ उठाने की भी अपील की, जो व्यापार पंजीकरण और नीति समर्थन को आसान बनाते हैं।

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि वे लीजहोल्ड औद्योगिक भूमि को फ्रीहोल्ड में बदलने के पक्ष में हैं और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकार जल्द ही राष्ट्रीय एमएसएमई नीति लेकर आएगी, जिसमें आईआईए द्वारा दिए गए सुझावों को शामिल किया जाएगा।

इसके साथ ही, नेशनल एमएसएमई बोर्ड के पुनर्गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी, जिसमें आईआईए को भी महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी। आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल ने अपने सम्बोधन में उद्योग जगत के लीडर्स और नीति-निर्माताओं का स्वागत किया और एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ठोस नीतिगत सुधारों की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र की खरीद में एमएसएमई कोटा 25% से बढ़ाकर 40% करने, औद्योगिक भूमि के लिए एक समान फ्रीहोल्ड नीति लागू करने और नेशनल एमएसएमई बोर्ड में आईआईए को प्रतिनिधित्व देने की मांग की। उन्होंने वैश्विक व्यापार की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए बताया कि एक पूर्व प्रदर्शक को इसी तरह के एक एक्सपो से ₹18 करोड़ का ऑर्डर मिला था।

उत्तर प्रदेश के कौशल विकास मंत्री श्री कपिल देव अग्रवाल, जो इस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे, ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की औद्योगिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बावजूद, भारतीय उद्योगों को न्यूनतम व्यवधान का सामना करना पड़ा, और सरकार ने उद्यमों को वित्तीय और नीतिगत समर्थन प्रदान किया।

उन्होंने यह भी कहा कि एमएसएमई और स्किल डेवलपमेंट एक-दूसरे के पूरक हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए, उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के आईटीआई (ITI) संस्थानों को आधुनिक तकनीक से लैस कर रही है, ताकि वे उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप हों।

केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय और उत्तर प्रदेश एमएसएमई एवं निर्यात संवर्धन विभाग के सहयोग से आयोजित यह एक्सपो भारत को इंडस्ट्री 4.0 की ओर तेजी से बढ़ाने और एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

************************

 

भाजपा नेता विनय पासवान ने हरिहरनाथ मंदिर मे पूजा की

सोनपुर , 19 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हरिहरनाथ मंदिर मे दरभंगा पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय पासवान भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पप्पू सिंह ने मंदिर मे किया पूजा अर्चना.

भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी के सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने उनको मंदिर का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया.

इस अवसर पर मंदिर सचिव विजय लाला सहयोजक पिंटू झा संजय कुमार सिंह पुजारी पवन बाबा भूटकून बाबा सदानंद बाबा राहुल बाबा सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

***************************

 

बिना गोली चलाए अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर का देश में किया पूर्ण विलय : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली ,19 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने एक भी गोली चलाए बिना सबसे बड़ी बाधा अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर का देश में पूर्ण विलय किया। यह सभी हितधारकों को ध्यान में रखते हुए पूरी सुरक्षा के साथ शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।

राजनाथ सिंह ने दिल्ली में आयोजित मेजर बॉब खाथिंग मेमोरियल कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार प्रशासनिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन और सुशासन के माध्यम से लोगों और सरकार के बीच के अंतर को कम किया गया है।

उन्होंने बताया कि मेजर बॉब खाथिंग ने एक भी गोली चलाए बिना तवांग को भारत में कुशलतापूर्वक शामिल किया था। उन्होंने न केवल तवांग, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के एकीकरण, विकास और पुनर्निर्माण में मेजर खाथिंग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के लिए उन्होंने जो किया, वह सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किए गए कार्य के समान है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार की विदेश नीति मेजर खाथिंग जैसे व्यक्तित्वों के कूटनीतिक कौशल पर आधारित है। आज भारत बहुध्रुवीय विश्व में व्याप्त अनिश्चितताओं के बीच अपनी हार्ड पावर और सॉफ्ट पावर के बीच संतुलन बनाए हुए है।

यह बहुत गर्व की बात है कि भारत ने अपनी वैश्विक स्थिति को मजबूत किया है। दुनिया के सामने एक नया, मजबूत और संगठित भारत उभरा है। एक समय था जब अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज जब हम बोलते हैं तो दुनिया सुनती है। यह मेजर खाथिंग के आदर्शों से प्रेरित है।

राजनाथ सिंह ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए संगठित रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने देश की विकास यात्रा में पूर्वोत्तर की भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि सरकार ने हमेशा इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है।

इनमें बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में 13,000 फीट की ऊंचाई पर बनाई गई सेला सुरंग शामिल है, जो असम के तेजपुर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग से जोड़ती है।

इसके अलावा, अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे के खुलने से यह पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। लगभग दो हजार किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग भारत के लिए एक रणनीतिक और आर्थिक परिसंपत्ति के रूप में काम करेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई विकास परियोजनाओं का ही परिणाम है कि पूर्वोत्तर तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और हिंसक घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा जारी 2025 में भ्रमण योग्य 52 स्थलों का उल्लेख किया, जिसमें असम को चौथे स्थान पर रखा गया है।

मेजर खाथिंग को भारत का महान सपूत बताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने युद्ध के मैदान में बहादुरी और कूटनीति के क्षेत्र में कौशल के माध्यम से देश के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

ऐसे महान व्यक्तित्वों के आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाना लोगों की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह, असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा और यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया के महानिदेशक मेजर जनरल बी.के. शर्मा (सेवानिवृत्त) उपस्थित थे।

**************************

 

योगी सरकार, 8 साल- बेमिसाल- सर्वोत्तम प्रदेश के साथ हरित प्रदेश हुआ उत्तर प्रदेश

लखनऊ  ,19 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुशासन व सुदृढ़ कानून व्यवस्था की बदौलत एक तरफ उत्तर प्रदेश को जहां सर्वोत्तम प्रदेश बना डाला, वहीं आठ वर्ष में 204 करोड़ से अधिक पौधरोपण से इसे हरित प्रदेश के रूप में भी समृद्ध कर दिया। भारतीय वन स्थिति रिपोर्ट 2023 के मुताबिक, यूपी के वनावरण और वनाच्छादन में 559.19 वर्ग किमी की वृद्धि हुई है। पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान-2024 के तहत यूपी में 36.80 करोड़ पौधरोपण हुए।

सीएम योगी के नेतृत्व में वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग ने कई बड़े-बड़े कार्य भी किए। वन विभाग में पारदर्शिता के आधार पर युवाओं को नियुक्ति दी गई। यूपी में पहली बार कार्बन क्रेडिट के जरिए किसानों की आय में वृद्धि हुई। 25 नवंबर 2024 से लखनऊ से पलिया तक योगी सरकार ने हवाई सेवा भी शुरू की। उत्तर प्रदेश में सारस की संख्या में भी वृद्धि हुई।

योगी सरकार के प्रयास का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश की नदियों में सर्वाधिक डॉल्फिन पाई गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में ही राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की सातवीं बैठक में रिपोर्ट जारी की, जिसके मुताबिक देश में नदी डॉल्फिन की कुल संख्या 6,327 रही। देश के आठ राज्यों की 28 नदियों के सर्वेक्षण में सर्वाधिक संख्या (2397 डॉल्फिन) के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। अन्य राज्य यूपी से पीछे हैं। योगी सरकार ने 17 अक्टूबर 2023 को गंगा डॉल्फिन को राज्य जलीय जीव घोषित किया था।

योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 204 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया गया। विगत वर्ष 36.80 करोड़ पौधरोपण कर उत्तर प्रदेश ने नया रिकॉर्ड स्थापित किया। भारत वन स्थिति रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश का वनाच्छादन 559.19 वर्ग किमी. बढ़ा है। छत्तीसगढ़ को छोड़कर सभी राज्य उत्तर प्रदेश से पीछे हैं।

योगी सरकार के नेतृत्व में वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग की अन्य प्रमुख उपलब्धियां-

-आठ वर्ष में विभाग के अंतर्गत लगभग ढाई हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल 10 सितंबर को 647 वन रक्षकों-वन्य जीव रक्षकों और 22 नवंबर को 701 वन दारोगा को नियुक्ति पत्र प्रदान किया था।

-दुधवा टाइगर रिजर्व / दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में ईको पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए 25 नवंबर 2024 को लखनऊ से पलिया तक हवाई सेवा का शुभारंभ किया गया।

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा छह सितंबर 2024 को गोरखपुर के कैम्पियरगंज में एशिया के प्रथम नवनिर्मित जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का उद्घाटन किया गया। नव निर्मित जटायु/राजगिद्ध के संरक्षण व संवर्धन केंद्र में कुल छह राजगिद्धों (नर एवं मादा) को लाया जा चुका है।

-पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान, 2024 के अंतर्गत वर्ष में 36.80 करोड़ पौधरोपण किए गए। 20 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ, प्रयागराज व गोरखपुर में पौधरोपण किया। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 223 महत्वपूर्ण वेटलैण्ड्स के जलागम क्षेत्र में वेटलैण्ड संरक्षण वन की स्थापना की गई।

-प्रदेश में 948 विरासत वृक्ष वाटिका का निर्माण किया गया। इसके अलावा मित्र वन, मियावाकी वन, सौमित्र वन, शक्ति वन आयुष वन, पंचवटी, नवग्रह वाटिका की स्थापना की गई। गंगा, यमुना, सरयू, हिंडन, गोमती सहित विभिन्न नदियों के जलागम क्षेत्र में पवित्र धारा वृक्षारोपण योजना के तहत लगभग 3.72 करोड़ पौधरोपण किया गया।

-किसानों की निजी भूमि पर खड़े वृक्षों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 जुलाई 2024 को कार्बन क्रेडिट का भुगतान किया। निजी वृक्षों के लिए कार्बन क्रेडिट का भुगतान करने वाला उत्तर प्रदेश प्रथम राज्य है।

-ग्रीष्मकालीन गणना 2024 के अनुसार प्रदेश में राज्य पक्षी सारस की संख्या बढ़कर 19994 हो गई। 2023 में यह संख्या 19,522 और 2022 में 19,188 थी।

योगी सरकार ने लगाए 204 करोड़ से अधिक पौधे –

वर्ष पौधरोपण
2017-18 5.72 करोड़

2018-19 11.77 करोड़

2019-20 22.60 करोड़

2020-21 25.87 करोड़

2021-22 30.53 करोड़

2022-23 35.49 करोड़

2023-24 36.16 करोड़

2024-25 36.80 करोड़

पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान 2024 की प्रमुख उपलब्धि-

पौधरोपण- 36.80 करोड़

सर्वाधिक पौधरोपण वाले जनपद- सोनभद्र प्रथम (1.53 करोड़), झांसी द्वितीय (97 लाख), लखीमपुर खीरी तृतीय (95 लाख), जालौन चतुर्थ (94 लाख) व मिर्जापुर (93 लाख) पांचवें स्थान पर रहा।

सर्वाधिक पौधरोपण वाले विभाग- ग्राम्य विकास विभाग (13.54 करोड़), वन विभाग (12.64 करोड़), कृषि विभाग (2.89 करोड़), उद्यान विभाग (1.61 करोड़), पंचायती राज विभाग (1.18 करोड़) ।

सर्वाधिक लगाए गए पौध- शीशम (4 करोड़ 33 लाख, 38723), सागौन (4.33 करोड़ से अधिक), जामुन (2.19 करोड़ से अधिक), अर्जुन (1.67 करोड़), आंवला (95 लाख से अधिक)।

*****************************

 

तेजस्वी बोले-नीतीश 20 साल से चला रहे खटारा सरकार, भाजपा भड़की

पटना ,19 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरना शुरू कर दिया है।

तेजस्वी कभी नीतीश की मानसिक स्थिति पर सवाल खड़े कर रहे हैं, तो कभी कह रहे हैं कि नीतीश कुमार सिर्फ पैर छूने वाले मुख्यमंत्री रह गए हैं। बुधवार को तो उन्होंने नीतीश की सरकार को खटारा करार दिया। तेजस्वी के इन आरोपों पर भाजपा भड़क गई है।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बुधवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव पर करारा प्रहार किया।

बिहार भाजपा चीफ ने कहा कि तेजस्वी यादव के बयानों के बारे में हम पहले भी कह चुके हैं कि वह अपने दायरे में रहें और दायरा पार न करें। तेजस्वी को यह समझना चाहिए कि वह किनके बारे में बयान दे रहे हैं।

इन बयानों का क्या अर्थ निकलता है। अगर संस्कार खत्म हो जाएगा तो फिर इंसानियत नहीं बचेगी। इसलिए तेजस्वी यादव को इन सब बातों से परहेज करना चाहिए।

चुनाव के दौरान ईडी-सीबीआई की कार्रवाई वाले तेजस्वी के बयान पर बिहार भाजपा चीफ ने कहा कि उनके कहने से कुछ नहीं होता है। ईडी-सीबीआई अपना काम करती है। चुनाव को देखकर कार्रवाई नहीं होती है।

दूसरी ओर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर नीतीश सरकार में बढ़ रहे अपराध पर निशाना साधा। तेजस्वी ने लिखा, आज मैंने राज्य की जनता के समक्ष नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासन काल में अपराध का आधिकारिक रिकॉर्ड रखा।

ये भारत सरकार के राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आधिकारिक आंकड़े हैं। नीतीश कुमार के 20 वर्षों के राज में 60,000 हत्याएं हुईं है।

25 हजार से अधिक रेप हुए है। इतना ही नहीं, पुलिस वालों की सबसे अधिक पिटाई, हमला और हत्या भी एनडीए के शासनकाल में हुई है। इधर, सिर्फ कुछ दिन में अररिया और मुंगेर में एएसआई की हत्या हुई।

भागलपुर, नवादा, पटना, मधुबनी और समस्तीपुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें पुलिस को पीटा गया। अब इस अराजक स्थिति पर सीधा सवाल है कि कहां है कानून व्यवस्था। कहां हैं बिहार के गृहमंत्री। क्या वो अचेत हैं। ये सवाल तो पूछा जायेगा। आप अपने 20 सालों का हिसाब दीजिए।

*****************************

 

केंद्र सरकार के साथ मीटिंग से पहले चंडीगढ़ बॉर्डर पर रोके गए किसान

पुलिस बोली- आगे जाने की परमिशन नहीं

नई दिल्ली 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत अन्य मांगों को लेकर आज यानी 19 मार्च को केंद्र सरकार और किसानों के बीच सातवें दौर की वार्ता शुरू होने जा रही है। किसानों की ओर से संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में 28 किसान नेता शामिल हो रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल कुछ देर में बैठक में शामिल होंगे। वहीं, पंजाब सरकार की ओर से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा उपस्थित हैं।

बैठक से पूर्व, मोहाली से चंडीगढ़ की ओर बढ़ते किसानों को चंडीगढ़ पुलिस ने बॉर्डर पर रोक दिया था। पुलिस ने लगभग 35-40 वाहनों को आगे जाने से रोका, यह कहते हुए कि अधिकारियों द्वारा किसानों को जाने का कोई आदेश नहीं मिला। लगभग आधे घंटे पश्चात् किसानों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

मीटिंग से पहले सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि वार्ता से कुछ ठोस हल निकलना चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार 15 करोड़ किसान परिवार हैं और देश का 60 प्रतिशत हिस्सा अपनी मांग कर रहा है। पंधेर ने उम्मीद जताई कि MSP कानून पर चर्चा आगे बढ़ेगी। पंधेर ने उल्लेख किया कि शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पंजाब पुलिस फोर्स बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा के लिए किया गया कदम है या अन्य कोई कारण है, इस पर सरकार से बातचीत की जाएगी।

******************************

 

कलयुगी पत्नी ने टुकड़े कर ड्रम में डाली पति की लाश और घोलकर भर दिया सीमेंट…

 आशिक के साथ मिलकर दी दर्दनाक मौत

मेरठ 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : उत्तर प्रदेश में मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामले सामने आया है। जहां एक घर में जमे हुए सीमेंट से भरे प्लास्टिक के ड्रम में लाश के टुकड़े होने से से हड़कंप मच गया। मर्चेंट नेवी में नौकरी करने वाले शख्स सौरभ राजपूत की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड ने ही की है। इस मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Husband’s body was chopped into pieces and put in a drum and filled with cement…, wife along with her lover gave him a painful death : पहले पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी। फिर लाश के टुकड़े किए और लाश को एक प्लास्टिक के ड्रम में रखकर उसमें सीमेंट के घोल से भर दिया था।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। 2 घंटे की मशक्कत के बाद भी ड्रम नहीं खुल पाया तो ड्रम को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया जहां पर ड्रम को काटकर शव को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सीमेंट ठोस होने की वजह से लाश जमी हुई थी।

मामला मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर का है जहां मर्चेंट नेवी में काम करने वाला सौरभ राजपूत अपनी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और 5 साल की बेटी के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि फिलहाल उन की पोस्टिंग लंदन में थी। सौरव कुमार ने 2016 में लव मैरिज की थी और इसके बाद उन का परिजनों से विवाद चल रहा था। वह 3 साल पहले सौरभ पत्नी मुस्कान के साथ इंदिरानगर में किराए पर मकान लेकर रहने लगे।

4 मार्च को सौरभ मेरठ आए थे। बताया जा रहा है कि मुस्कान ने 10 दिन पहले मोहल्ले के लोगों को बताया कि वह पति के साथ घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश जा रही है और इसके बाद घर के गेट का ताला लगा दिया गया। उसके बाद किसी ने मुस्कान या सौरभ को नहीं देखा। इस बीच मुस्कान ने सारा घटनाक्रम अपनी मां को बताया की कैसे उसने अपने प्रेमी के संग मिलकर सौरभ की हत्या कर दी है। इसके बाद मुस्कान की मां थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई।

पुलिस ने मुस्कान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। सामने आया की पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के संग मिलकर सौरभ की हत्या कर दी। उसका शव एक प्लास्टिक के ड्रम में रखा और फिर ड्रम में सीमेंट का घोल बनाकर डाला गया। जिससे लाश अंदर जम गई और लोगों को पता ना चले इसलिए उसको मकान के अंदर ही छुपा दिया।

पुलिस ने मुस्कान के प्रेमी साहिल को भी हिरासत में ले लिया है। और दोनों को मौके पर लेकर पहुंची। करीबन 30 मिनट तक सब अंदर रहे इसके बाद मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को पुलिस थाने ले गई। इस मामले में मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि देर शाम ब्रह्मपुरी पुलिस को इंदिरा नगर में एक हत्या की सूचना मिली थी सूचना के आधार पर पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल और पूछताछ की गई तो पता चला कि सौरभ राजपूत हैं जो की मर्चेंट नेवी में काम करते थे। वह 4 तारीख को अपने घर आए थे। तब से ही देखे नहीं गए थे।

शक के आधार पर उनकी पत्नी मुस्कान और मुस्कान के प्रेमी साहिल को पूछताछ के लिए पुलिस ने बुलाया और पूछताछ के दौरान इन लोगों ने अपना जुर्म कबूल लिया और बताया कि 4 तारीख को साहिल ने मुस्कान के साथ मिलकर सौरभ की चाकू से मार कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उन्होंने शव के टुकड़े कर एक ड्रम में डालकर उसे सीमेंट के घोल से भर दिया था।

*********************************

 

गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

गाजियाबाद 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : यूपी के गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मामला थाना ट्रोनिका सिटी का है।

पुलिस के मुताबिक, थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस द्वारा पुस्ता नंबर-8 रोड के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार तीन लोगों को आता देखा।

जैसे ही पुलिस ने उन्हें बाइक रोकने को कहा, तो उन्होंने बाइक को नहीं रोका और पुलिस को देखकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि यह घटना बुधवार तड़के पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी, तभी बदमाशों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। पकड़े गए बदमाशों का नाम आफताब और राशिद है, जो ट्रोनिका सिटी थाना के निवासी हैं। तीसरे अभियुक्त आमिर को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया है। बदमाशों पर दिल्ली-एनसीआर में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के केस भी दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से लूटे हुए 6 मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक समेत 2 अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बता दें कि नोएडा के थाना सेक्टर-142 पुलिस और एक बदमाश के बीच मंगलवार देर रात मुठभेड़ हुई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान पवन कुमार (28) के रूप में हुई है।

******************************

 

भाषा विवाद के बीच सरकार का बड़ा ऐलान

अब हर भारतीय भाषा में मिलेगी संसद की डिबेट

नई दिल्ली 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- अब संसद में होने वाली डिबेट हर भारतीय भाषा में आसानी से मिल सकेगी। इससे रिसर्चर्स, सांसदों और अन्य लोगों को फायदा होगा। यह जानकारी केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा मंगलवार को दी गई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इंडियाएआई मिशन और लोकसभा के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) साइन हुआ है। इसके तहत एआई का उपयोग करके संसद में होने वाले डिबेट का हर भारतीय भाषा में ‘एआईकोष’ के नाम से डेटासेट बनाया जाएगा। इससे संसद में होने वाली डिबेट का ट्रांसक्रिप्शन किसी भी भाषा में लिया जा सकेगा।

वैष्णव ने आगे कहा कि इससे हमारे रिसर्चर्स, सांसदों और अकादमिक से जुड़े लोगों को संसद की डिबेट का विस्तृत ट्रांसक्रिप्शन किसी भाषा में मिल पाएगा। मोदी सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 2024 में 10,300 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ ‘इंडियाएआई मिशन’ को मंजूरी दी थी।

इंडियाएआई मिशन का उद्देश्य एक कॉम्प्रीहेन्सिव इकोसिस्टम तैयार करना है, जो कि कंप्यूटर तक पहुंच में लोकतंत्रीकरण, डेटा की गुणवत्ता को सुधार कर, स्वयं की एआई क्षमताएं विकसित कर, शीर्ष एआई टैलेंट, इंडस्ट्रीज के बीच साझेदारी, स्टार्टअप को रिस्क कैपिटल उपलब्ध कराने, समाज में बदलाव लाने वाले एआई प्रोजेक्ट के जरिए एआई इनोवेशन को बढ़ाना है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत के एआई क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ रहा है। एक तरफ देश एआई इकोसिस्टम विकसित कर रहा है और दूसरी तरफ सरकार इसके किफायती होने पर भी जोर दे रही है, जिससे आम लोगों को इसका फायदा मिल सके। मोदी सरकार ने 2023 में तीन एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) बनाने का ऐलान किया था, जो कि स्वास्थ्य, कृषि और सस्टेनेबल शहरों के क्षेत्र में बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सरकार ने 2025 में बजट में शिक्षा के क्षेत्र में नया सीओई बनाने का ऐलान किया है।

****************************

 

सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी पर जितेंद्र सिंह और प्रकाश जावड़ेकर ने कहा- गौरव, गर्व और ऐतिहासिक क्षण

नई दिल्ली 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर, साथ ही नासा के निक हैग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव, नौ महीने के लंबे मिशन के बाद पृथ्वी पर वापस लौटे हैं। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उनकी सुरक्षित वापसी को गौरव, गर्व और राहत का क्षण बताया है।

प्रकाश जावड़ेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सुनीता विलियम्स और उसके साथी अंतरिक्ष वीर, पृथ्वी पर वापस लौट आए हैं। वैज्ञानिकों को बहुत बधाई। मानव की बुद्धि और तंत्रज्ञान क्या कर सकता है, इसका यह उदाहरण है। नौ महीने पूरी दुनिया चिंतित थी, लेकिन मानवी प्रज्ञा जीती है। यह एक ऐतिहासिक क्षण है!”

वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “गौरव, गर्व और राहत का क्षण! पूरा विश्व भारत की इस शानदार बेटी की सुरक्षित वापसी का जश्न मनाने के लिए एक साथ आया है, जो अंतरिक्ष की अनिश्चितताओं को सहन करने के साहस, दृढ़ विश्वास और स्थिरता के लिए इतिहास में दर्ज हो गई है।”

बता दें कि अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर, साथ ही नासा के निक हैग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव, नौ महीने के लंबे मिशन के बाद पृथ्वी पर वापस लौटे हैं। एस्ट्रोनॉट्स को स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान द्वारा सुरक्षित रूप से फ्लोरिडा के तट पर उतारा गया। धरती पर लौटे अंतरिक्ष यात्रियों को एक सुंदर और अप्रत्याशित अनुभव हुआ। उनका स्वागत डॉल्फिन ने किया। ड्रैगन कैप्सूल के समुद्र में उतरते ही डॉल्फिन कैप्सूल के आसपास तैरते हुए देखे गए।

यह एक लगभग जादुई क्षण था जब डॉल्फिन ने ड्रैगन कैप्सूल के चारों ओर चक्कर लगाया, इससे पहले कि इसे रिकवरी पोत पर रखा जाता। रिकवरी टीम ने कैप्सूल के साइड हैच को सावधानी से खोला, जो सितंबर के बाद से पहली बार खुला था। अंतरिक्ष यात्रियों को कैप्सूल से बाहर निकाला गया और 45 दिनों के पुनर्वास कार्यक्रम के लिए ह्यूस्टन ले जाया गया। क्रू-9 की पृथ्वी पर वापसी में अपनी चुनौतियां थीं।

मूल रूप से, यह मिशन (जो बोइंग के स्टारलाइनर की पहली चालक दल वाली उड़ान होने वाला था) केवल आठ दिनों तक चलने वाला था।

***************************

 

जम्मू में आतंक के खिलाफ बड़ा प्रहार

घुसपैठ मामले में NIA ने 10 स्थानों पर की छापेमारी

जम्मू 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जम्मू-कश्मीर के भटिंडी में घुसपैठ से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह, जम्मू में 10 स्थानों पर छापेमारी की गई। बताया गया कि पाकिस्तान से भारत में आतंकवादियों की घुसपैठ को लेकर यह कार्रवाई की गई है।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ मामले में एनआईए छापेमारी करती रही है। इससे पहले 13 दिसंबर 2024 को एनआईए ने छापेमारी की थी, जिसमें जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों समेत कुल 19 स्थानों पर रेड डाली गई। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के रियासी, बड़गाम, अनंतनाग और बारामुला जिलों में छापेमारी की गई थी।

एनआईए ने 21 नवंबर 2024 को भी जम्मू के कई इलाकों में छापेमारी की थी। एनआईए की इस छापेमारी का मकसद पाकिस्तानी आतंकियों के भारत में घुसने के प्रयासों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना था। एनआईए ने पुलिस और अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ की मदद से कई स्थानों पर छापेमारी की थी।

वहीं, 5 अक्टूबर को 5 राज्यों के 22 ठिकानों पर आतंकी साजिश और टेरर फंडिंग के शक में एक साथ छापेमारी की थी। एनआईए की ओर से यह छापेमारी महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, असम और दिल्ली में की गई थी। कार्रवाई आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े मामलों को लेकर की गई थी। एनआईए ने जम्मू-कश्मीर में बारामूला और अन्य क्षेत्रों में भी छापेमारी की थी। बारामूला में मौलवी इकबाल भट के घर पर एनआईए ने सुरक्षा बलों की मदद से तलाशी ली थी।

एनआईए की इस कार्रवाई से पहले 1 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में छापेमारी की गई थी। 1 अक्टूबर को एनआईए की टीम ने दक्षिण 24 परगना, आसनसोल, हावड़ा, नदिया और कोलकाता में 11 जगहों पर छापेमारी की थी।

*******************************

 

साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ‘सिकंदर’ का गाना ‘नाचे सिकंदर’ जारी

19.03.2025 – साजिद नाडियाडवाला के द्वारा निर्मित और ए.आर. मुरुगदॉस द्वारा निर्देशित सलमान खान-रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘सिकंदर’ का टाइटल ट्रैक ‘नाचे सिकंदर’ जारी कर दिया गया है। गाने में स्वैग से भरे हुक स्टेप्स देखने को मिल रहे हैं, जो पॉपुलर ‘डबके’ डांस फॉर्म से इंस्पायर हैं। इस ट्रैक में सलमान खान अपने सिग्नेचर स्टाइल और दमदार डांस मूव्स से पूरी स्क्रीन पर छा गए हैं।

वहीं, रश्मिका मंदाना हर फ्रेम में अपनी ग्रेस और एनर्जी से कमाल कर रही हैं। गाने का विजुअल और म्यूजिकल ट्रीट दोनों ही फैंस को पूरी तरह एंटरटेन कर रहे हैं। अहमद खान की कोरियोग्राफी कमाल की है, जिसमें तुर्की डांसर्स का टच इस एनर्जेटिक ट्रैक को और भी खास बना दिया है।

समीर के द्वारा लिखे गए इस टाइटल ट्रैक का संगीत जैम 8 ने तैयार किया है और स्वर दिया है अमित मिश्रा, आकासा और सिद्धांत मिश्रा ने। इस साल ईद के अवसर पर रिलीज होने जा रही फिल्म ‘सिकंदर’ में सलमान खान और रश्मिका मंदाना के साथ काजल अग्रवाल, शरमन जोशी और सत्यराज भी अपने अभिनय का जलवा स्क्रीन पर बिखेरते नजर आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

https://www.instagram.com/reel/DHVSPPVClzA/?igsh=NjRkc3IzdTE2YzFh

https://www.instagram.com/reel/DHVSVfAzi-I/?igsh=aTk2MXdoYWU3Mmo1

***************************

गोदाम की छत पर जा चढ़ा सांड

नीचे उतारने के लिए लेनी पड़ी क्रेन की सहायता

हापुड़ ,18 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ के शिवपुरी इलाके में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब एक सांड एक खाली पड़े गोदाम की छत पर चढ़ गया।

गोवंश को छत पर देखकर स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। आखिरकार, घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार को सांड को क्रेन की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

कांग्रेस नेता और समाजसेवी विक्की शर्मा ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे सूचना मिली कि शिवपुरी में एक खाली गोदाम की छत पर एक सांड चढ़ गया है। सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और सांड को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयासों में जुट गए।

कई घंटों तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर विक्की शर्मा और उनकी टीम ने कड़ी मेहनत की। आखिरकार, एक क्रेन की सहायता से रस्सी बांधकर सांड को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया।

नीचे उतरने के बाद सांड को पानी पिलाया गया और उसे चारा भी खिलाया गया। सांड के सुरक्षित उतरने के बाद सभी ने राहत महसूस की।

*****************************

 

सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष से रवाना, पीएम मोदी ने खत लिखकर कही बेहद खास बात

नई दिल्ली ,18 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। नासा की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मर करीब नौ महीने तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर ‘फंसे’ रहने के बाद आखिरकार धरती पर लौट रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनीता विलियम्स के नाम एक भावपूर्ण पत्र लिखकर उनकी सुरक्षित वापसी की कामना की है।

प्रधानमंत्री द्वारा 1 मार्च को लिखा गया यह पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने लिखा, पूरी दुनिया सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रही है। इस महत्वपूर्ण क्षण में पीएम मोदी ने भारत की इस गौरवशाली बेटी के लिए अपनी चिंता और शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में लिखा, भले ही आप हजारों मील दूर हैं, लेकिन आप हमारे दिलों के बेहद करीब हैं। भारत के लोग आपकी अच्छी सेहत और आपके मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

उन्होंने उल्लेख किया कि अमेरिका की अपनी पिछली यात्राओं और विभिन्न राष्ट्रपतियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने हमेशा सुनीता विलियम्स के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने पत्र में अपने 2016 के अमेरिकी दौरे के दौरान सुनीता विलियम्स से हुई मुलाकात को भी याद किया और उन्हें भारत आने का न्योता दिया। पीएम मोदी ने लिखा, आपकी वापसी के बाद हम आपको भारत में देखने के लिए उत्सुक हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात होगी कि हम अपनी इस महान बेटी की मेजबानी करें।

उन्होंने कहा, 1.4 अरब भारतीय हमेशा आपकी उपलब्धियों पर गर्व करते हैं। हाल की घटनाओं ने एक बार फिर आपकी अद्भुत दृढ़ता और साहस को साबित किया है। जितेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले पीएम मोदी ने पूर्व नासा अंतरिक्ष यात्री माइक मैसिमिनो से मुलाकात की थी और उनके माध्यम से यह पत्र सुनीता विलियम्स तक पहुंचाने का अनुरोध किया था। उन्होंने बताया कि सुनीता विलियम्स इस भावनात्मक संदेश से बेहद प्रभावित हुईं और उन्होंने पीएम मोदी और भारत के प्रति अपना आभार प्रकट किया।

**************************

 

 रंजीत महतो ने  बेंगनरीया पंचायत उपाध्यक्ष सोमलाल बास्की के पिताजी के श्राद्धकर्म दशकर्म में पहूंचकर दी श्रद्धांजलि

धनबाद,18.03.2025  : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के टुंडी विधानसभा अंतर्गत बेंगनरीया पंचायत कमलाशिंघा निवासी जेएलकेएम पार्टी के पंचायत उपाध्यक्ष सोमलाल बास्की के पिताजी स्व नयन बास्की के दशकर्म श्राद्धकर्म में झारखंडी भाषा ख़तियान संघर्ष समिति व झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा धनबाद जिला टीम के जिला कोषाध्यक्ष पप्पु पहाड़ी महतो धनबाद जिला मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार महतो और टीम के द्वारा सोमलाल बास्की के बेंगनरीया पंचायत के कमलाशिंघा गांव पहूंचकर सोमलाल बास्की के पिताजी को श्रृद्धांजलि अर्पित किया.

उनके परिजनों को इस दुखद घड़ी में हरसंभव मदद का आश्वासन देकर ढ़ाढस बंधाया मौके पर उपस्थित झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के धनबाद जिला मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार महतो ने कहा कि जेएलकेएम पार्टी एक ऐसा क्रांतिकारी पार्टी है जो विकट परिस्थितियों में पार्टी के एक एक कार्यकर्ताओं गांव समाज के सबसे सुदूरवर्ती अत्यंत ग़रीब पीड़ितों के मदद के लिए चौबिसों घंटे सुख दुःख में साथ देते हैं.

झारखंडी भाषा ख़तियान संघर्ष समिति व झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रतिनिधि टीम में शामिल धनबाद जिला कोषाध्यक्ष पप्पु पहाड़ी महतो धनबाद जिला मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार महतो बरवाअड्डा ज़ोंन उपाध्यक्ष हिरालाल महतो मांझी हड़ाम हरिलाल सोरेन टुंडी प्रखंड महामंत्री दीपक महतो टुंडी प्रखंड कोषाध्यक्ष गणेश महतो प्रखंड अध्यक्ष मनोज महतो बेंगनरीया पंचायत अध्यक्ष नरेश महतो बेंगनरीया पंचायत के सक्रिय सदस्य अशोक महतो धनंजय महतो जितेन्द्र बास्की आदि की उपस्थिति हुई.

उक्त जानकारी  रंजीत कुमार महतो ने दी

***************************

 

माता वैष्णो देवी मंदिर के भवन की सुरक्षा जांच में चूक

पिस्तौल लेकर पहुंची महिला; पुलिस ने किया गिरफ्तार

कटरा ,18 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के भवन में सुरक्षा जांच को तोड़ते हुए एक महिला के पिस्तौल लेकर पहुंचने का मामला सामने आया है।

यह घटना 14-15 मार्च 2025 की रात को हुई। महिला की पहचान ज्योति गुप्ता के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योति गुप्ता दर्शन करने के इरादे से पिस्तौल लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश कर गई थी।

रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमिंदर सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के पास से बरामद हथियार का लाइसेंस समाप्त हो चुका था।

उन्होंने बताया कि रियासी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से पिस्तौल को जब्त कर लिया गया है।

एसएसपी सिंह ने आगे जानकारी दी कि इस संबंध में कटरा के पुलिस स्टेशन भवन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। महिला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

इस घटना ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हमेशा मौजूद रहती है।

***************************