Police highhandedness Shopkeeper fainted after SHO slapped him

पुलिस की दबंगई : एसएचओ के थप्पड़ जड़ते ही दुकानदार हुआ बेहोश

कोटा ,30 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजस्थान के कोटा जिले के कैथूनीपोल इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कैथूनीपोल थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल पर एक दुकानदार रिजवान के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है।

यह घटना 29 मई 2025 को हुई, जब सड़क पर खड़ी एक मोटरसाइकिल को हटाने को लेकर विवाद हो गया। इस मारपीट की घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीडि़त रिजवान एक अलमारी बनाने की दुकान पर काम करता है। घटना के दिन दुकान के बाहर किसी अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल खड़ी थी। आरोप है कि थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल ने रिजवान से मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहा।

रिजवान ने बताया कि वह मोटरसाइकिल उसकी नहीं है, लेकिन फिर भी उसने सहयोग करने की कोशिश की। हालांकि, मोटरसाइकिल में लॉक लगा होने के कारण वह उसे हटा नहीं सका।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल ने बीच बाजार रिजवान को थप्पड़ मार दिया। वीडियो में दिख रहा है कि साथ में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी रिजवान के साथ मारपीट की।

मारपीट इतनी गंभीर थी कि रिजवान बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। रिजवान ने बताया कि हाल ही में उसके कान का ऑपरेशन हुआ था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसकी एक भी बात नहीं सुनी।

वहीं, थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित रैली के लिए दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रिजवान ने बदतमीजी की, जिसके बाद उसे थाने ले जाया जा रहा था।

पीडि़त रिजवान ने इस घटना की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और लोकायुक्त को भेजी है। इसके साथ ही उसने स्थानीय अदालत में भी मुकदमा दर्ज करवाया है।

कोटा की पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच डीएसपी राजेश टेलर को सौंप दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू हो गई है।

*****************************