देश की संप्रभुता की रक्षा में किसी भी हद तक जा सकते हैं : राजनाथ

नई दिल्ली ,08 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत ने हमेशा जिम्मेदार राष्ट्र की भूमिका निभायी है लेकिन यदि कोई सहनशीलता और संयम का नाजायज फायदा उठायेगा तो देश की संप्रभुता की रक्षा में भारत किसी भी हद तक जा सकता है।

सिंह ने गुरूवार को यहां रक्षा उत्पादन तथा गुणवत्ता आश्वासन संगठन के एक कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर के लिए भारतीय सेनाओं की सराहना की और कहा कि भारत ने हमेशा जिम्मेदार राष्ट्र की भूमिका संयम से निभायी है लेकिन इसका नाजायज फायदा उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

रक्षा मंत्री ने कहा , ” हमने हमेशा ही एक जिम्मेदार राष्ट्र होने की भूमिका बड़े संयम से निभायी है। हम लगातार इस बात के पक्षधर रहे हैं, कि समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए से हो।

परंतु इसका अर्थ यह नहीं है, कि हमारी सहनशीलता का कोई नाजायज फायदा उठाए। यदि कहीं, कोई, हमारे इस संयम का फ़ायदा उठाने की कोशिश करता है, तो उसे कल की तरह ही, ‘क्वालिटी कार्रवाईÓ का सामना करने के लिए भी पूरी तरह तैयार रहना होगा। ”

उन्होंने कहा , ” भारत की संप्रभुता की सुरक्षा में, कोई भी हद हमारे लिए बाधा नहीं बनेगी, इसका मैं देशवासियों को भरोसा देता हूँ। ऐसी जिम्मेदाराना कार्रवाई के लिए हम आगे भी पूरी तरह तैयार हैं।”

सिंह ने कहा कि यदि भारत की यह तैयारी बनी है, तो इसमें गुणवत्ता आश्वासन संगठन की बड़ी भूमिका है। भारत का यह निरंतर बढता औद्योगिक दायरा देश को एक अभूतपूर्व संबल प्रदान कर रहा है। उल्लेखनीय है कि भारतीय सेनाओं ने मंगलवार रात ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की नापाक हरकत का गुरूवार सुबह करारा जवाब दिया और पाकिस्तान में अनेक ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया। एक हमले में लाहौर में पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली को ध्वस्त कर दिया गया।

***************************

 

पाक की टेंशन बढ़ी , आपरेशन सिंदूर अभी जारी है

नई दिल्ली ,08 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्र सरकार द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के बारे में सभी राजनीतिक दलों को जानकारी देने के लिए आज सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। यानी 7 मई को पाकिस्तान के 9 ठिकानों पर हुए एयर स्ट्राइक के बाद भी ऑपरेशन रोका नहीं गया है।

करीब डेढ़ घंटे चली बैठक से बाहर आने के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी रक्षा मंत्री के बयान को दोहराया। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में देशहित में समूचा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है।

खरगे ने गुरूवार को यहां हिस्सा लेने के बाद संवाददताओं के साथ बातचीत में यह बात कही। खरगे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में कहा कि सरकार ने सभी राजनीतिक दलों को पहलगाम हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ ठिकाने पर की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा है कि वह कुछ गोपनीय जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं कर सकती। खरगे ने कहा कि इस तरह की संकट की घड़ी में हम सरकार पर इसके लिए दबाव नहीं डाल रहे हैं और राष्ट्र हित में सरकार के साथ खड़े हैं।

बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। इसके अलावा इसमें सरकार की ओर से गृह मंत्री अमित शाह, जगत प्रकाश नड्डा, विदेश मंत्री एस जयशंकर , वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण , समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव , द्रमुक के टी आर बालू , एआईएमआईएम के असद्दुदीन ओवैसी , तृणमुल कांग्रेस के सुदीप्त बंदोपाध्याय , शिवसेना के श्रीकांत शिंदे, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह , मार्क्सवादी पार्टी के जॉन ब्रिटास , लोकजन शक्ति पार्टी के चिराग पासवान, बीजू जनता दल के सस्मित पात्रा और द्रमुक के तिरूचि शिवा ने बैठक में हिस्सा लिया।

****************************

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का झारखंड दौरा टला

10 मई को प्रस्तावित पूर्वी क्षेत्रीय अंतरराज्यीय परिषद की बैठक स्थगित

रांची ,08 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रांची में 10 मई को प्रस्तावित पूर्वी क्षेत्र अंतरराज्यीय परिषद की 27वीं बैठक स्थगित कर दी गई है। यह बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होनी थी। इसके लिए वह 9 मई को रांची पहुंचने वाले थे।

आधिकारिक सूत्रों ने बैठक स्थगित होने की वजह नहीं बताई है, लेकिन यह माना जा रहा है कि भारत-पाकिस्तान के बीच जारी टकराव और तनाव की स्थिति के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। परिषद के सदस्य चारों राज्यों को बैठक स्थगन की सूचना दे दी गई है। बैठक की नई तारीख बाद में तय की जाएगी।

इस बैठक में भाग लेने के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों के अलावा चारों राज्यों के शीर्ष अधिकारी पहुंचने वाले थे। सरकार ने इन्हें राजकीय अतिथि घोषित किया था।

बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, केंद्र-राज्यों के बीच परस्पर देनदारियों से संबंधित विषय, उग्रवाद उन्मूलन, परिसंपत्तियों के बंटवारे, नशीले पदार्थों के कारोबार पर नियंत्रण सहित कई मुद्दों पर विमर्श होना था।

उल्लेखनीय है कि संसद से पारित राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 के तहत देश को पांच क्षेत्रों उत्तरी, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी में विभाजित किया गया था तथा प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक क्षेत्रीय परिषद का गठन किया गया था। यह एक वैधानिक निकाय है, जिसके पदेन अध्यक्ष देश के गृह मंत्री होते हैं।

क्षेत्रीय परिषद में शामिल किए गए राज्यों के मुख्यमंत्री रोटेशन के आधार पर एक वर्ष की अवधि के लिए उपाध्यक्ष के रूप में दायित्व का निर्वाह करते हैं। वर्तमान में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद के उपाध्यक्ष झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं।

केंद्र एवं राज्यों के बीच विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करने तथा सहयोग में इस परिषद की अहम भूमिका होती है। विकास परियोजनाओं के सफल एवं तीव्र निष्पादन के लिए राज्यों के बीच परस्पर सहयोग विकसित करना और सीमा विवाद, अंतर-राज्यीय परिवहन से संबंधित मुद्दों का सुलझाने का भी दायित्व इस परिषद पर होता है।

****************************

 

भारत के हमले से पाकिस्तान में खौफ

संसद में रोते हुए पूर्व मेजर बोले- अल्लाह हमारी हिफाजत करे

नई दिल्ली ,08 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत के करारे जवाब से पाकिस्तान में दहशत का माहौल है। वहां के लोग डरे-सहमे नजर आ रहे हैं और दुआ कर रहे हैं कि वे सुरक्षित रहें।

इसका उदाहरण पाकिस्तानी संसद से भी सामने आया है, जहां चर्चा के दौरान नेशनल असेंबली के सदस्य और सेना के पूर्व मेजर रो पड़े। पूर्व पाकिस्तानी मेजर ताहिर इकबाल ने नेशनल असेंबली में कहा, “हम अपनी कौम से कहते हैं कि सब मिलकर चलो और अपने रब से दुआ करो कि हम सबकी हिफाजत करें। इस मुल्क की रक्षा करें।

ताहिर इकबाल ने कहा कि अल्लाह ने चाहा कि पाकिस्तान बने और उन्होंने ही इस मुल्क को बनाया है। अब वही इसकी हिफाजत करेंगे।
उन्होंने रोते हुए कहा, “अल्लाह, तू हमें माफ कर दे। हम तेरे सामने सर झुकाते हैं, माफी मांगते हैं और इसमें कोई दो राय नहीं है कि हम तेरे बड़े गुनहगार हैं।”

पूर्व पाकिस्तानी मेजर ने कहा कि अल्लाह की रहमत काम आएगी। उनकी रहमत मिलेगी तो हम कामयाब होंगे और इस मुल्क की हिफाजत करेंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला ऑपरेशन ‘सिंदूर’ से लिया है। इसके तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकवादियों के ठिकानों को तबाह कर दिया गया। भारत की सैन्य कार्रवाई में करीब 100 आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

इस हमले से बौखलाए पाकिस्तान ने एलओसी से सटे सीमावर्ती इलाके में गोलाबारी की, जिसमें कई भारतीय हताहत हो गए हैं। इसके साथ ही उसने भारत में बुधवार रात कई शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया और पाकिस्तानी सेना अपनी योजना में बुरी तरह विफल हो गई।

***************************

 

भारत के सुदर्शन चक्र ने पाक की अक्ल लगाई ठिकाने, सारे हमले चंद मिनटों में हुए विफल

नई दिल्ली ,08 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पाकिस्तान ने कल रात भारत के 15 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश तो की लेकिन भारत के एस-400 डिफेंस सिस्टम ने पाक की साजिश को विफल कर दिया। भारत को नुकसान पहुंचाने के चक्कर में पाकिस्तान को अपने डिफेंस सिस्टम से हाथ गंवाने पड़े।

दरअसल भारत ने लाहौर में एक वायु रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय कर दिया। स्-400 की सबसे बड़ी खासियत इसका मोबाइल होना है। यानी रोड के जरिए इसे कहीं भी लाया ले जाया जा सकता है। इसमें 92हृ6श्व इलेक्ट्रॉनिकली स्टीयर्ड फेज्ड ऐरो रडार लगा हुआ है जो करीब 600 किलोमीटर की दूरी से ही मल्टीपल टारगेट्स को डिटेक्ट कर सकता है। ऑर्डर मिलने के 5 से 10 मिनट में ही ये ऑपरेशन के लिए रेडी हो जाता है।

स्-400 एक अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम है, जिसे रूस के एलमाज सेंट्रल डिजाइन ब्यूरो ने बनाया है। ये सिस्टम मिसाइल, ड्रोन, फाइटर जेट्स और रॉकेट लॉन्चर जैसे हवाई हमलों को रोकने में कारगर है। स्400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम के एक रेजीमेंट में आठ लॉन्चर होते हैं। मतलब आठ लॉन्चिंग ट्रक और हर एक ट्रक में चार लॉन्चर होते हैं।

हर लॉन्चर से चार मिसाइलें निकलती हैं।  एक रेजीमेंट कभी भी 32 मिसाइलें दाग सकता है। यह आसमान से घात लगाकर आने वाली किसी भी मिसाइल को पलक झपकते ही बर्बाद करने की क्षमता रखता है। भारत ने पहली बार इसका इस्तेमाल किया है। यह नाम रूस में बने स्-400 ट्रायम्फ एयर डिफेंस सिस्टम और भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र को मिलाकर बनाया गया है। सुदर्शन चक्र बहुत तेज, सटीक और शक्तिशाली माना जाता है।

****************************

 

भारत ने पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम किया तबाह

श्रीनगर ,08 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत ने पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया है। ताजा जानकारी सामने आ रही है कि भारत ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस यूनिट पर मिसाइल लॉन्चर से हमला किया है। जिससे एयर डिफेंस यूनिट पूरी तरह से तबाह हो गई है।

हालांकि इस हमले में कोई जानमाल का नुक्सान हुआ है या नहीं, अभी इसके बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि एयर डिफेंस यूनिट पर हमले के बाद अफरातफरी मची हुई है।

इससे पहले भारत ने पाकिस्तान और गुलाम जम्मू-कश्मीर (पीओके) में मिसाइलों से हमला करते हुए नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया। भारतीय सेना और वायुसेना ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालयों पर धावा बोलकर उन्हें ध्वस्त किया। ये ठिकाने पाकिस्तान के सबसे बड़े आतंकी सरगना हाफिज सईद व मसूद अजहर का अभेद्य किला माने जाते थे।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद केंद्र सरकार ने आज संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित विपक्ष के कई दिग्गज नेता मौजूद थे। बैठक में राजनाथ सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में करीब 100 आतंकी मारे गए हैं।

****************************

 

हमारी कार्रवाई उकसावे वाली नहीं, पहलगाम आतंकी हमले का जवाब : विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली 08 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को दुनिया के सामने पाकिस्तान की सच्चाई उजागर की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री और पूर्व विदेश मंत्री ने खुले तौर पर यह स्वीकार किया है कि उनके आतंकवादी समूहों से संबंध रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के गढ़ के रूप में पहचाना जाता है और यह साबित हो चुका है कि पाकिस्तान आतंकी समूहों का समर्थन करता है और उनके खिलाफ कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता।

विदेश सचिव ने पाकिस्तान के आरोपों पर कहा कि हमने कोई भी उकसावे की कार्रवाई नहीं की है। हमने जो कार्रवाई की है, वह पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले का जवाब थी और हमने सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।

पाकिस्तान द्वारा पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की जांच करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समिति बनाने की मांग के जवाब में, विदेश सचिव ने कहा कि भारत ने पहले भी कई आतंकी हमलों के सबूत पाकिस्तान को दिए हैं, लेकिन उसने किसी भी हमले की जांच करने में कोई सहयोग नहीं किया।

उन्होंने उदाहरण के तौर पर पठानकोट हमले का उल्लेख किया, जहां भारत ने पाकिस्तान को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में ठोस सबूत सौंपे थे, लेकिन पाकिस्तान ने हमेशा आतंकवादियों का बचाव किया।

पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत ने धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया, लेकिन विक्रम मिस्री ने इसे खारिज करते हुए कहा कि भारत ने केवल आतंकवादी ठिकानों को ही निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि बल्कि पाकिस्तान ने एलओसी पर गुरुद्वारों को निशाना बनाया है।

इसके साथ ही, मिस्री ने बताया कि जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) का नाम शामिल करने की बात आई तो केवल पाकिस्तान ने इसका विरोध किया और इसका नाम हटवाया। यह साफ संकेत है कि पाकिस्तान अब भी इन आतंकवादी समूहों का समर्थन कर रहा है और उन्हें शरण दे रहा है।

बता दें कि बुधवार की रात पाकिस्तान ने उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई इलाकों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने का प्रयास किया। इन हमलों का उद्देश्य भारत के शहरों को निशाना बनाना था, लेकिन भारत ने इन हमलों को नाकाम कर दिया।

*****************************

 

सेना की कार्रवाई को कांग्रेस का समर्थन, राहुल गांधी और खरगे ने जताया गर्व

दिल्ली ,07 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई जवाबी कार्रवाई पर कांग्रेस ने खुलकर समर्थन जताया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी की कार्यसमिति में इस मुद्दे पर चर्चा हुई है और सेना को कांग्रेस की ओर से पूरा समर्थन है।

राहुल गांधी ने कहा, “हमने कार्यसमिति में चर्चा की। हमारी सेनाओं को पूरा समर्थन है। उन्हें शुभकामनाएं और ढेर सारा प्यार। कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस कार्यसमिति की ओर से उन्हें पूरा समर्थन है।”

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सेना की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश को भारतीय सेना पर गर्व है। उन्होंने कहा, “हम भारतीय सेना पर गर्व करते हैं जिन्होंने  पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर साहसिक और निर्णायक कार्रवाई करते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया है। हम अपने जांबाज सैनिकों के साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रभक्ति को सलाम करते हैं।”

खरगे ने आगे कहा कि आतंकी हमले के पहले दिन से ही कांग्रेस पार्टी ने सेना और सरकार के साथ एकजुटता दिखाई है और सीमापार आतंकवाद के खिलाफ हर निर्णायक कदम का समर्थन किया है।

सेना की इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक स्तर पर आम सहमति और समर्थन देखने को मिल रहा है, जिससे यह संदेश जा रहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर राजनीतिक दल एकजुट हैं।

*****************************

 

दुश्मन के हमले की आशंका के मद्देनजऱ देशभर में मॉक ड्रिल

जयपुर से मुंबई तक सतर्कता का संदेश, 244 शहरों में ब्लैक आउट की भी रिहर्सल

जयपुर ,07 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित आतंकी हमलों को लेकर गृह मंत्रालय ने बुधवार को पूरे देश में मॉक ड्रिल (अभ्यास) आयोजित करने का आदेश जारी किया, जिसके तहत जयपुर से लेकर हैदराबाद और मुंबई तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर नजर आईं। देश के 244 शहरों में ब्लैकआउट की रिहर्सल होना बाकी है।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सिविल डिफेंस की टीम ने मॉक ड्रिल के जरिए आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया। इसी तरह जोधपुर और रावतभाटा में भी अभ्यास किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों ने भाग लिया।

महाराष्ट्र में मुंबई के क्रॉस मैदान पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जहां फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवा, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें पूरे समन्वय के साथ नजर आईं। वहीं पुणे के काउंसिल हॉल में भी व्यापक नागरिक सुरक्षा अभ्यास हुआ, जिसमें आमजन को भी शामिल किया गया।

दक्षिण भारत में भी इस ड्रिल को गंभीरता से लिया गया। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में सिविल डिफेंस की ओर से मॉक ड्रिल की गई, जहां प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर अभ्यास किया गया।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य न सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को परखना है, बल्कि आम नागरिकों को भी जागरूक करना है कि संकट की स्थिति में उन्हें कैसे प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

देश में सेना की कार्रवाई को लेकर नागरिकों में गर्व का माहौल है, लेकिन साथ ही सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

**************************

 

हनुमान जी के आदर्श का पालन करते हुए बदला लिया : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली ,07 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर रिएक्शन दिया। उन्होंने सेना की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने सभी भारतवासियों का मस्तक ऊंचा किया है। भारतीय सेनाओं ने अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए एक नया इतिहास रच दिया है।

उन्होंने कहा कि हमने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया है, जो उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ते हुए किया था। हमने केवल उन्हीं को मारा, जिन्होंने हमारे मासूमों को मारा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के 50 इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की शुरुआत के अवसर पर संबोधित करते हुए कहा, “पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने सभी भारतवासियों का मस्तक ऊंचा किया है। कल रात भारतीय सेनाओं ने अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए एक नया इतिहास रच दिया है।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत की सेना ने सटीकता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की है। हमने जो लक्ष्य तय किए थे, उन्हें ठीक समय, तय योजना के अनुसार सटीकता के साथ ध्वस्त किया है और किसी भी नागरिक ठिकाने को प्रभावित न होने देने की संवेदनशीलता भी हमारी सेना ने दिखाई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने एक तरीके की सटीकता, सतर्कता और मानवीयता दिखाई है। जिसके लिए मैं सेना के जवानों और अधिकारियों को पूरे देश की तरफ से साधुवाद देता हूं। सेना को संपूर्ण संबल प्रदान करने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी को भी साधुवाद देता हूं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “हमने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया है, जो उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ते हुए निभाया था। ‘जिन्ह मोहि मारा तिन मोहि मारे’… हमने केवल उन्हीं को मारा, जिन्होंने हमारे मासूमों को मारा। हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पहले की तरह इस बार भी आतंकियों को ट्रेनिंग देने वाले कैंप को तबाह करके करारा जवाब दिया है।

भारत ने अपनी सरजमीं पर हुए हमले का जवाब देने के लिए, अपने ‘प्रतिक्रिया के अधिकार’ का इस्तेमाल किया हैढ्ढ हमारी यह कार्रवाई, बेहद सोच-समझकर, सधे हुए तरीके से की गई है। आतंकियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से, यह कार्रवाई, महज उनके ठिकानों और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर तक ही सीमित रखी गई है।”

इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए।

**************************

 

अटैक के बाद पीएम मोदी का पहला बयान- जैसी तैयारी थी सेना ने वैसा ही किया

नई दिल्ली ,07 मई(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम के इस अभियान को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस संबंध में कैबिनेट की बैठक की और सेना के शौर्य की सराहना की।

कैबिनेट सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट सहयोगियों को पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए इस सफल ऑपरेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने पूरी तैयारी के साथ और बिना किसी चूक के इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जो हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।

प्रधानमंत्री ने सेना के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत केंद्रीय कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

गौरतलब है कि भारतीय सेना ने बीती देर रात 1 बजे से 1:30 बजे के बीच पाकिस्तान के भीतर स्थित आतंकी अड्डों पर मिसाइल हमले किए। इनमें मुरीदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय, बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के लॉन्चिंग पैड समेत कुल नौ ठिकाने शामिल थे। विभिन्न रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्रवाई में कम से कम 100 आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है।

पाकिस्तान के खिलाफ देर रात की गई इस सैन्य कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए आज रक्षा विभाग और विदेश मंत्रालय की एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

प्रेस ब्रीफिंग में मौजूद रहीं भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई की दरमियानी रात 1 बजकर पांच मिनट से लगभग डेढ़ बजे के बीच पाकिस्तान में अपना ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया। इस कार्रवाई ने सीमा पार आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

*****************************

 

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को दी,ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी

केंद्र सरकार ने कल बुलाई सर्वदलीय बैठक

नई दिल्ली ,07 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पहलगाम आतंकी हमले का बदला पूरा करते हुए भारत ने पाक में स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है। इस आपरेशन सिंदूर की पूरे देश में तारीफ हो रही है। भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे पीएम मोदी ने उन्हें विस्तार से पूरी सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी।

राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी काफी सहज दिखे। वहीं, कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने की सेना की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर देश के लिए गर्व की बात, पीएम मोदी ने कैबिनेट को पूरा जानकारी दी। उधर, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद केंद्र सरकार ने 8 मई को सुबह 11 बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सहित वरिष्ठ मंत्री सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। बैठक का एजेंडा विपक्षी नेताओं को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी देने और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों पर भविष्य की कार्रवाई पर चर्चा करने पर केंद्रित है।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया, सरकार ने 8 मई, 2025 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली में संसद पुस्तकालय भवन, संसद परिसर में समिति कक्ष: जी-074 में सर्वदलीय नेताओं की बैठक बुलाई है।

वहीं बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी और भारतीय सेना की बहादुरी की जमकर सराहना की। कैबिनेट मंत्रियों ने इस सफल अभियान के लिए पीएम मोदी को बधाई दी और उनके नेतृत्व में पूर्ण विश्वास जताया। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी रात भर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और सैन्य कमांडरों के साथ संपर्क में रहे, ताकि अभियान योजना के अनुसार सुचारू रूप से पूरा हो।

******************************

 

पहलगाम आतंकी हमले का जवाब है ऑपरेशन सिंदूर : शांभवी चौधरी

पटना 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): पहलगाम आतंकी हमले का बदला भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करके ले लिया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लोजपा (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है। पहलगाम आतंकी हमले का जवाब भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से दिया है।

शांभवी चौधरी ने कहा कि भारतीय सेना को सलाम करते हैं। आज अगर हम सुरक्षित महसूस करते हैं, तो यह भारतीय सेना की वजह से है। बहुत ही रणनीतिक और समझदारी भरे तरीके से आतंकवादियों के बेस कैंपों को पूरी तरह से नष्ट किया गया है। पहलगाम में टूरिस्टों पर हमले का कड़ा जवाब दिया गया है और कहीं न कहीं भारत की अखंडता और संप्रभुता पर हमला करने वालों को करारा जवाब मिला है।

उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि आतंकवादियों की बची जमीन को भी मिट्टी में मिला देंगे। ऑपरेशन सिंदूर के तहत उसे मिट्टी में मिला दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की वजह से आज हर भारतीय सुरक्षित महसूस करता है।

बिहार के पांच जिलों में होने वाली मॉक ड्रिल पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय की ओर से जो गाइडलाइंस आई है। हमें उसका पालन करना होगा। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। यह हमारी भलाई के लिए किया जा रहा है।

बता दें कि रक्षा मंत्रालय की ओर से भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों पर हमला करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया। भारतीय सेना ने 9 ठिकानों को ध्वस्त किया।

भारत ने कहा कि हमारी कार्रवाई केंद्रित, मापी गई और गैर-उग्र प्रकृति की रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य सुविधाओं को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्यों के चयन और निष्पादन के तरीके में काफी संयम दिखाया है। ये कदम पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी।

**************************

 

सभी अर्धसैनिक बलों की छुट्टियां रद्द, इंटरनेशनल बॉर्डर पर हाई अलर्ट

ऑपरेशन सिंदूर के बाद MHA ने जारी किए निर्देश

नई दिल्ली 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक के बाद केंद्र सरकार ने सभी अर्धसैनिक बलों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। गृह मंत्रालय ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को बॉर्डर पर हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। पूरे देश में मॉक ड्रिल की तैयारी भी शुरू हो गई है।

 गृहमंत्री अमित शाह ने अर्धसैनिक बलों के डीजी को निर्देश दिए हैं कि बॉर्डर पर पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार रहें। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पंजाब और जम्मू सीमाओं के अलावा राजस्थान और गुजरात बॉर्डर पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है और सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना ने रात 1:28 बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया, जिसमें लाहौर में हाफिज सईद और बहावलपुर में मसूद अजहर के अड्डों को निशाना बनाया गया। PoK के मुजफ्फराबाद, धामोल, कोटली और बाघ सेक्टर में भी मिसाइल हमले किए गए।
इन हमलों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के करीब 30 आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन की पूरी रात निगरानी की, जबकि एनएसए अजित डोभाल लगातार अपडेट देते रहे। दूसरी ओर पाकिस्तान के पीएम शाहबाज शरीफ ने देर रात इमरजेंसी बैठक बुलाई और कहा कि पाकिस्तान जवाब देगा।

************************

 

हम चाहते थे आतंकवादियों का सफाया हो, सशस्त्र बलों ने कर दिखाया : अजय राय

वाराणसी 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को एयर स्ट्राइक कर ध्वस्त कर दिया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की इस जवाबी कार्रवाई से पूरे देश में खुशी की लहर है और भारत में राजनीतिक दलों की ओर से भी प्रतिक्रिया आ रही हैं। यूपी कांग्रेस के चीफ अजय राय ने भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया है।

यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने कहा कि निश्चित रूप से हम चाहते थे कि देश की रक्षा के लिए लाया गया राफेल सक्रिय कार्रवाई करे, आतंकवादियों का सफाया करे और आतंकवाद को पनाह देने वाले देशों से निपटे। वह कार्रवाई हुई है, जो पूरे देश की इच्छा थी। जब हम पीड़ित परिवारों से मिले, तो उन्होंने अपने बेटों, पतियों और मारे गए निर्दोष नागरिकों के लिए तत्काल प्रतिशोध की इच्छा व्यक्त की। हम लगातार यह मांग उठाते रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, “इसी कारण से, मैंने यह मुद्दा उठाया और मैं अपने सशस्त्र बलों की वीरता की सराहना करना चाहता हूं।” उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य पर गर्व है और हम चाहते हैं कि भारतीय सेना आगे भी आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई करे और आतंकवाद को जड़ से खत्म करे।

बता दें कि हाल ही में राफेल को लेकर अजय राय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि राफेल पर नींबू-मिर्च सरकार ने बांधा है, मैं बस याद दिला रहा हूं कि राफेल से नींबू-मिर्च कब हटेंगे और राफेल अपना काम कब करेगा?

उनकी इस टिप्पणी का काफी विरोध भी हुआ था। खुद उनकी पार्टी के लोगों ने इसे सही नहीं करार दिया था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि उन्होंने काफी हल्की बात की है। किस संदर्भ में उन्होंने यह बात की है, इस बारे में तो वही बेहतर बता सकते हैं। लेकिन, एक समझदार व्यक्ति होने के नाते उन्हें समझना चाहिए कि हथियार और हवाई जहाज महत्वपूर्ण चीजें होती हैं। हमारी सेना के हथियारों को खिलौना नहीं कहना चाहिए।

**************************

 

ऑपरेशन सिंदूर : भारत के एयरस्ट्राइक के बाद सहमा पाकिस्तान, आसमान में भी सन्नाटा

नई दिल्ली 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भारत के एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। पाकिस्तान ने बुधवार की सुबह कई प्रमुख हवाई अड्डों पर हाई सिक्योरिटी अलर्ट लागू कर दिया। ऐसी खबरें भी आईं कि पाकिस्तान ने कमोबेश सभी उड़ानें रद्द कर दीं।

मीडिया रिपोर्ट्स से सामने आया है कि पाकिस्तान ने कराची के जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जानी वाली सारी फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया है। वहीं, भारतीय सेना के एक्शन के बाद पाकिस्तान सहमा हुआ है और वहां के आसमान में भी सन्नाटा पसरा है।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24’ से पता चलता है कि बुधवार की सुबह 11 बजे पाकिस्तानी आसमान में खामोशी छाई रही। भारत के एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के आसमान में एकाध प्लेन ही उड़ते दिखे। इसमें बीजिंग से दुबई और लाहौर से कराची जाने वाली फ्लाइट शामिल थी। अमूमन सुबह के इस वक्त में पाकिस्तान के आसमान में विमानों की काफी आवाजाही होती है। लेकिन, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सहमे पाकिस्तान के आसमान में भी सन्नाटा छाया है।

माना जा रहा है कि भारत के एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने किसी अनहोनी की आशंका के लिहाज से तमाम फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया है। इससे पहले पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र को भारतीय विमानों के लिए बंद करने का फैसला किया था।

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के नौ ठिकानों पर सटीक हमला किया। बताया गया कि भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित उन आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई जाती रही है। कुल मिलाकर नौ स्थानों को निशाना बनाया गया है।

भारत ने एयरस्ट्राइक पर कहा कि हमारी कार्रवाई केंद्रित, संतुलित और गैर-उत्तेजक रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्य चयन और कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय संयम दिखाया है। यह कदम बर्बर पहलगाम आतंकी हमले के बाद उठाए गए हैं, जिसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी। हम अपने उस संकल्प पर कायम हैं कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

**********************************

 

ऑपरेशन सिंदूर: जम्‍मू-कश्‍मीर में लगे भारत माता की जय के नारे

बोले अब लाहौर में फहराएंगे तिरंगा

जम्‍मू-कश्‍मीर 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भारतीय सेना की ओर से पाकिस्‍तान और पीओके में की गई कार्रवाई को लेकर जम्मू में स्‍वागत किया जा रहा है। जम्‍मू-कश्‍मीर में स्‍थानीय लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। इस दौरान स्‍थानीय लोगो में काफी ज्यादा उत्साह दिखाई दिया।

स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा था, वह कर दिखाया। अभी मात्र 100 किलोमीटर तक घुसे हैं, 300 किलोमीटर तक जाना बाकी है। उत्साहित लोग बोले, “हम इस्लामाबाद और लाहौर तक तिरंगा फैलाएंगे।”

स्थानीय लोगों ने कहा कि हम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनएसए अजीत डोभाल को बधाई देते हैं। पूरे देश की मांग थी कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान को सबक सिखाने का काम किया जाए। मंगलवार की रात लोग सोए रहे और भारत पाकिस्तान में तबाही मचाता रहा। सुबह पता चला कि आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया गया है। इस दौरान सैन्य कार्रवाई में आतंकियों के नौ ठिकाने ध्वस्त कर दिए गए।

स्थानीय लोगों ने कहा कि आतंक के पनाहगाह पाकिस्तान के अंदर हाहाकार मचा हुआ है। पाकिस्तान को धराशायी करने का काम भारतीय सेना ने किया। वहीं, पुंछ के अंदर हमारी थल सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। अभी मात्र 100 किलोमीटर तक घुसे हैं, 300 किलोमीटर तक जाना बाकी है। हम इस्लामाबाद और लाहौर तक तिरंगा फहराएंगे। अब विश्व के नक्शे में पाकिस्तान नहीं होगा। पाकिस्तान की गीदड़ भभकियों का जवाब भारतीय सेना ने दे दिया है।

गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सख्त जवाबी कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें आतंकवादी समूह लश्कर-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर भी शामिल है। पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकियों ने कायराना हमला कर 26 लोगों की गोलीमार कर हत्या कर दी थी।

**************************

 

आपरेशन सिंदूर : पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के बाद करतारपुर कोरिडोर बंद

491 श्रद्धालु बिना दर्शन लौटे

गुरदासपुर 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनातनी के बीच मंगलवार रात आपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके मद्देनजर देश भर के कई हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द कर दी गईं और सीमावर्ती जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया।

इसी सुरक्षा उपाय के तहत श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर भी बंद कर दिया गया। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे दर्शन हेतु पहुंचे 491 श्रद्धालु तीन घंटे तक प्रतीक्षा के बाद निराश लौट गए। अधिकारियों ने सुरक्षा परिस्थितियों का हवाला देते हुए कॉरिडोर अगले आदेश तक बंद रहने की घोषणा की है।

दर्शनों के लिए सुबह 8:30 बजे से शुरू होने वाली प्रक्रिया रद्द होने से श्रद्धालुओं को गुरुद्वारे के दर्शन नसीब नहीं हो सके। इससे पहले भी तनाव के दौर में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

*************************

 

ऑपरेशन सिंदूर के बाद 11 एयरपोर्ट्स से ऑपरेशन बंद

Air India ने 9 शहरों में सभी उड़ानें रद्द कीं; हेल्पलाइन नंबर जारी

नई दिल्ली 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भारतीय सेना ने बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के नौ ठिकानों पर सटीक हमला किया। इसके बाद देश के कई इलाकों से उड़ानों को रद्द या देर से चलाया गया।

11 सीमावर्ती हवाईअड्डों पर फ्लाइट ऑपरेशन तत्काल प्रभाव से बंद कर दिए गए हैं। प्रभावित हवाईअड्डों में जम्मू, श्रीनगर, लेह, चंडीगढ़, बीकानेर, जोधपुर, राजकोट, धर्मशाला, अमृतसर, भुज और जामनगर शामिल हैं।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म X पर बताया कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट के लिए सभी उड़ानें दोपहर तक रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अमृतसर से दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।

स्पाइसजेट और इंडिगो ने भी पुष्टि की है कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, धर्मशाला और अमृतसर हवाईअड्डों पर फिलहाल कोई परिचालन नहीं हो रहा है और इन रद्दीकरणों से व्यापक प्रभाव पड़ा है। एयरलाइन्स यात्रियों को रिडायरेक्शन और रिफंड विकल्प उपलब्ध करा रही हैं।

*************************

 

तिलमिलाए पाकिस्तान ने की LoC पर फायरिंग, 3 भारतीय नागरिकों की मौत

भारतीय सेना ने भी दिया करारा जवाब

श्रीनगर/जम्मू  07 may, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने मंगलवार रात 1:44 बजे पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। जवाब में पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रातभर भारी गोलाबारी की। इसमें 3 नागरिकों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए।

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बहावलपुर समेत 9 ठिकानों को निशाना बनाया। बहावलपुर जैश-ए-मोहम्मद का बड़ा अड्डा है। सेना ने X पर पुष्टि की कि भीमबेर गली सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसका जवाब दिया गया।

पाकिस्तानी गोलाबारी से पुंछ के मनकोट में महिला की मौत हुई, उसकी 13 साल की बेटी घायल हो गई। पुंछ, राजौरी, कुपवाड़ा और उरी सेक्टर में मोर्टार और तोप से हमले हुए। लोगों को बंकरों में छिपना पड़ा। हालात को देखते हुए जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों में आज सभी स्कूल-कॉलेज बंद हैं।

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 नागरिक मारे गए थे। तब से यह जम्मू-कश्मीर में गोलीबारी की लगातार 13वीं रात रही।

***********************

 

9 आतंकी ठिकाने, 25 मिनट की एयर स्ट्राइक और सब बर्बाद…

कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका ने ऑपरेशन सिंदूरकी दी पूरी जानकारी

नई दिल्ली 07 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी):  ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भारतीय सेना, वायुसेना और विदेश मंत्रालय ने संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग की, जिसमें विदेश सचिव विक्रम मिस्री, वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह और भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी शामिल हुईं। सैन्य अधिकारियों ने आतंकी ठिकानों पर किए गए हमले की क्लिप भी दिखाई।

प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा, “पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। नौ आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया गया। पाकिस्तान में पिछले तीन दशकों से आतंकवादी इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा था, जो पाकिस्तान और पीओके दोनों में फैला हुआ है।”

कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा, “मैं आपको बताना चाहूंगी कि पीओजेके में पहला लक्ष्य मुजफ्फराबाद में सवाई नाला कैंप था, जो नियंत्रण रेखा से 30 किलोमीटर दूर स्थित है। यह लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षण केंद्र था। 20 अक्टूबर 2024 को सोनमर्ग, 24 अक्टूबर 2024 को गुलमर्ग और 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए हमलों में शामिल आतंकवादियों ने यहीं से प्रशिक्षण प्राप्त किया था।”

वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया, “रात 1 बजकर पांच मिनट से 1 बजकर 30 मिनट के बीच हमला किया गया। पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों को न्याय दिलाने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। नौ आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया गया और सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया। नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान से बचाने और किसी भी नागरिक की जान को नुकसान से बचाने के लिए स्थानों का चयन किया गया था।”

इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने संयुक्त ब्रीफिंग में बताया, “22 अप्रैल 2025 को लश्कर और पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों ने कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमला किया और 25 भारतीय नागरिकों और 1 नेपाली नागरिक की हत्या कर दी। आतंकियों ने पर्यटकों को उनके परिवार के सदस्यों के सामने सिर में गोली मार दी। इस दौरान परिवार को धमकाया गया और उस बर्बरता का संदेश देने को कहा गया। चूंकि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन फिर से बढ़ रहा था, इसलिए हमले का मुख्य उद्देश्य उसे नुकसान पहुंचाना और दंगा भड़काना था।”

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, “पहलगाम में हमला अत्यंत बर्बरतापूर्ण था, जिसमें पीड़ितों को बहुत नजदीक से सिर में गोली मारकर और उनके परिवार के सामने मारा गया। परिवार के सदस्यों को जानबूझकर इस तरह से मारा गया कि उन्हें संदेश वापस ले लेना चाहिए। यह हमला स्पष्ट रूप से कश्मीर में सामान्य स्थिति को कमजोर करने के उद्देश्य से किया गया था।”

उन्होंने आगे कहा, “रेजिस्टेंस फ्रंट नामक एक समूह ने पहलगाम हमले की जिम्मेदारी ली है। यह समूह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है। इस हमले में पाकिस्तान का हाथ होने की पुष्टि हुई है। पहलगाम पर हुआ हमला कायराना था और पहलगाम हमले की जांच से पाकिस्तान के आतंकवादियों से संबंध उजागर हुए हैं।”

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, “आतंकवादी गतिविधियों पर नजर रखने वाली हमारी खुफिया एजेंसियों ने संकेत दिया है कि भारत पर और हमले हो सकते हैं और उन्हें रोकना और उनसे निपटना आवश्यक समझा गया।”

उन्होंने कहा, “आज सुबह, भारत ने सीमा पार आतंकवाद को रोकने के लिए जवाब देने के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। हमारी कार्रवाई नपी-तुली और गैर-बढ़ी हुई, आनुपातिक और जिम्मेदाराना थी। हमने आतंकवादियों के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने पर ध्यान केंद्रित किया।”

इस प्रेस ब्रीफिंग की शुरुआत में भारत पर हुए कई हमलों से जुड़ी एक क्लिप भी दिखाई गई थी, जिसमें 2001 का संसद हमला, 2008 का मुंबई आतंकी हमला, उरी, पुलवामा और पहलगाम हमला शामिल है

***************************

 

टोकन व्यवस्था के जरिए बाबा के दर्शन से श्रद्धालु संतुष्ट

इस बार पैदल मार्ग पर रैन शेल्टर बढ़ाए जाने से मिल रही है राहत

देहरादून,06 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।   विगत 2 मई शुक्रवार से केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू हो चुकी हैं, गत वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। बाबा केदार के दर्शनों के लिए लगने वाली भीड़ की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर प्रशासन ने इस साल टोकन प्रणाली लागू की है। जिससे सभी यात्रियों को आसानी से बाबा के दर्शन हो रहे हैं।

देहरादून से केदारनाथ आए शुभ कुमार ने कहा कि टोकन व्यवस्था से भीड़ काबू में रही जिससे वे आसानी से दर्शन कर पाए। छत्तीसगढ़ से आई डॉ. दीपिका ने बताया कि टोकन व्यवस्था होने से उन्हें सुबह से लाइन में नहीं लगना पड़ा और निर्धारित टाइम स्लॉट पर वे आसानी से दर्शन कर पाए। गाजियाबाद और मुरादाबाद से आए श्रद्दालुओं ने भी टोकन व्यवस्था पर प्रशासन की तारीफ की।

जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन बाबा केदारनाथ के दर्शनों के देश दुनिया से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का यात्रा अनुभव सुखद एवं सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में मंदिर परिसर के प्रवेश से पहले ही हेलीपैड के समीप टोकन सिस्टम लगाया गया है, ताकि दर्शनों से पहले ही यात्री को उसके नंबर की जानकारी मिल जाए, इस बीच यात्री केदारपुरी घूम सकेंगे।

पैदल मार्ग पर रैन शेल्टर से राहत

इस बार प्रशासन ने गौरीकुंड से शुरु होने वाले पैदल मार्ग पर जगह जगह रैन शेल्टर बनाए हैं। जिससे यात्रियों को बारिश से राहत मिल रही है। इसी तरह

केदारपुरी में श्रद्धालुओं को अब फ्री वाईफाई की सुविधा भी उपलब्ध हो गई है।

***********************************

झारखंड के सीएम हेमंत ने रांची में खडग़े और वेणुगोपाल के साथ देश-राज्य के मुद्दों पर की चर्चा

रांची ,06 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में मंगलवार को कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ में भाग लेने आए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से एक होटल में मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की।

इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल और हेमंत सोरेन की पत्नी विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
इस मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने मीडिया से कहा कि खडग़े जी झारखंड में पार्टी के कार्यक्रम में आए थे। हम गठबंधन में एक-दूसरे के सहयोगी हैं। इस नाते यह औपचारिक मुलाकात थी। उनके साथ देश-राज्य के वर्तमान परिदृश्य पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े एवं महासचिव केसी वेणुगोपाल को झारखंड की सरना आदिवासी संस्कृति से जुड़ा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने झारखंड के सोहराई आर्ट की एक कलाकृति भी कांग्रेस अध्यक्ष को भेंट स्वरूप दी।

इसके पहले रांची के पुराना विधानसभा मैदान में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ के दौरान खडग़े ने हेमंत सोरेन सरकार के कामकाज की तारीफ की। खास तौर पर ‘मंईयां सम्मान योजना’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना से राज्य भर की गरीब, दलित और आदिवासी महिलाओं को ताकत मिली है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने रांची में अपने भाषण में हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी की कार्रवाई और उन्हें जेल भेजने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी समझकर उन्हें प्रताडि़त करने और डराने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पता नहीं कि आदिवासी कभी जेल से नहीं डरते। जो लोग खेत-मिट्टी में संघर्ष करते हैं और मेहनत की कमाई करते हैं, उन्हें कोई सरकार जेल भेजकर नहीं डरा सकती।

खडग़े ने रांची में रैली के बाद झारखंड के सभी जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक की और उनसे पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘संविधान बचाओ अभियान’ के तहत जिला, प्रखंड और बूथ लेवल पर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

खडग़े ने रांची में झारखंड प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक में भी भाग लिया। उन्होंने प्रदेश इकाई के नेताओं को पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं रणनीतियों से अवगत कराया और जनता से जमीनी स्तर पर जुडऩे की सलाह दी।

***************************

 

उत्तर प्रदेश में सात जिलों के एसपी समेत 14 आईपीएस अधिकारियों का तबादला

लखनऊ ,06 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में कई पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए। 14 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर किया गया। मोहित गुप्ता पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी से सचिव गृह उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ बनाए गए हैं।

इस तबादला सूची में महाकुंभ मेले के डीआईजी रहे वैभव कृष्ण का नाम भी शामिल है। वाराणसी जोन के आईजी मोहित गुप्ता को लखनऊ का गृह सचिव बनाया गया। वहीं, राज करण नैयर गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए। पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश में अधिकारियों के ट्रांसफर किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर 14 आईपीएस अधिकारियों को इधर-उधर किया। साथ ही 7 जिलों के कप्तान भी बदल दिए। वैभव कृष्ण जिन्हें उपमहानिरीक्षक महाकुंभ मेला प्रयागराज की जिम्मेदारी सौंप गई थी, अब पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र बनाए गए हैं। एसएसपी राज करण नैयर अयोध्या से गोरखपुर भेजे गए और गोरखपुर के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को अयोध्या की जिम्मेदारी मिली।

सेनानायक 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ अनूप कुमार सिंह फतेहपुर के एसपी बनाए गए। कौशांबी के एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव इटावा के एसएसपी नियुक्त किए गए, जबकि उनके स्थान पर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद राजेश कुमार द्वितीय को कौशांबी भेजा गया है। फतेहपुर के एसपी धवल जायसवाल को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की कमान मिली।

गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में भी प्रशासन और पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ था। उस समय 16 आईएएस अधिकारियों और 11 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया था।

इसी क्रम में अयोध्या के जिलाधिकारी भी बदले गए थे और निखिल टीकाराम फूंडे को अयोध्या का नया डीएम बनाया गया था। इसी साल मार्च के महीने में सात आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया था। इस दौरान आईपीएस बबलू कुमार को जॉइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) लखनऊ नियुक्त किया गया था।

******************************