मोदी आज वाराणसी में दिखाएंगे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी

वाराणसी 18 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपराह्न 2.15 बजे अपने संसदी क्षेत्र उत्तर प्रदेश के वाराणसी जंक्शन (कैंट) से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।

उत्तर रेलवे के मुताबिक यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में अन्य छह दिन चलेगी। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रैस ट्रेन सुबह छह बजे वाराणसी से रवाना होगी और प्रयागराज, कानपुर, चिपियाना होते हुए अपराह्न 02.05 नई दिल्ली पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 22416 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रैस अपराह्न 4 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और रात में 11.05 बजे वाराणसी पहुंचेगी। सरकार के इस पहल से यात्रियों के समय में बचत होने के साथ ही इस क्षेत्र की आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री इस मौके पर रेल दावा अधिकरण के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही साथ ही वे जौनपुर से जौनपुर सिटी के मध्य रेलवे कॉर्ड के नवनिर्माण का भी लोकार्पण करेंगे। उल्लेखनीय है कि तीर्थ नगरी वाराणसी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच चलने वाली यह दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है। इसके साथ ही देश के विभिन्न रेल मार्गों पर चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या 35 हो गयी है।

इससे पहले श्री मोदी ने 15 फरवरी, 2019 को वाराणसी से नयी दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी, जो भारत में परिचालित होने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन थी। तब से लेकर अब तक देश के विभिन्न रेल मार्गों पर कुल 34 जोड़ी वंदे भारत ट्रेन चल रही है।

***********************

 

ठाणे में युवती काे कुचलने के प्रयास : एसआईटी ने महाराष्ट्र के शीर्ष नौकरशाह के बेटे, दो अन्य को गिरफ्तार किया

मुंबई 18 Dec, (एजेंसी): ठाणे पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एक युवती को गाड़ी से कुचलने के मामले में महाराष्ट्र के एक शीर्ष नौकरशाह के बेटे को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

ठाणे कासारवडावली पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्‍वजीत गायकवाड़ और उसके दो दोस्तों रोमिल पाटिल और सागर शेल्के को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने जांच के लिए उनकी दो एसयूवी – एक स्कॉर्पियो और लैंड रोवर डिफेंडर भी जब्त कर ली हैं, जो कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई थीं।

ठाणे के पुलिस आयुक्त जय जीत सिंह ने इस मामले की जांच के लिए डीसीपी (वी) अमर सिंह जाधव की अध्यक्षता में एसआईटी गठन की घोषणा की। शिकायतकर्ता युवती प्रिया उमेंद्र सिंह ने अश्‍वजीत और अन्य पर उस पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया था।

पुलिस आयुक्त ने कहा, “एसआईटी मामले के सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अगर जांच के दौरान और तथ्यों का खुलासा होता है तो आरोपियों को फंसाने के लिए कानून की और धाराएं जोड़ी जाएंगी।”

34 वर्षीय अश्‍वजीत महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अनिलकुमार गायकवाड़ का बेटा है।

ब्यूटीशियन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर पूरी घटना का खुलासा किया था, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राज्य पुलिस और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को टैग करते हुए अश्‍वजीत गायकवाड़, उसके दोस्तों रोमिल पाटिल, प्रसाद पाटिल और शेलकर का नाम लेकर कार्रवाई की मांग की थी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब एक दिन पहले ही महाराष्ट्र कांग्रेस ने वरिष्ठ नौकरशाह के बेटे को गिरफ्तार करने में विफल रहने के लिए राज्य सरकार और पुलिस की आलोचना की थी, जिसने कथित तौर पर 11 दिसंबर को ठाणे में अपनी प्रेमिका को एसयूवी से कुचलने का प्रयास किया था।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कहा कि हालांकि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन ठाणे पुलिस ने अभी तक मुख्य आरोपी और उसके दोस्तों को गिरफ्तार नहीं किया है, जिन्होंने उस पर जानलेवा हमला किया था।

लोंधे ने कहा, “इसमें कुछ संदिग्ध है और यह संदेह पैदा करता है… ठाणे में एक लड़की को कार (एसयूवी) के नीचे कुचलने का प्रयास किया गया था। आरोपी अश्‍वजीत भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता और एमएसआरडीसी प्रमुख के बेटे हैं।”

उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, जिनके पास गृह विभाग है, पर तंज कसते हुए लोंधे ने कहा कि हालांकि वह एक कुशल और सक्षम नेता हैं, लेकिन अगर ठाणे जैसे शहर में ऐसी गंभीर घटना होती है, तो यह उनकी कार्यप्रणाली और दक्षता पर सवालिया निशान खड़ा करता है।”

**********************

 

पाक में मारा गया भारत का एक और दुश्मन, लश्कर आतंकी हबीबुल्लाह ढेर

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी): पाकिस्तान में इस साल कई खूंखार आतंकवादियों और खालिस्तानियों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। इसी कड़ी में अब लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी हबीबुल्लाह के मारे जाने की खबर है।

अपुष्ट खबरों में कहा जा रहा है कि मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के करीबी हबीबुल्लाह को रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने मार डाला। उस पर अज्ञात बंदूकधारियों ने फायरिंग की, जिसमें वह मारा गया। हबीबुल्लाह भारत के उड़ी में हुए आतंकी हमले में भी शामिल था। यह अटैक 2016 में हुआ था, जिसके बाद भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक भी की थी।

***************************

 

कर्नाटक निर्वस्त्रीकरण मामला: एनएचआरसी के डीआईजी पहुंचे बेलगावी

बेंगलुरु 18 Dec, (एजेंसी): राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के डीआइजी सुनील कुमार मीणा सोमवार को कर्नाटक के बेलगावी शहर में 42 वर्षीय दलित महिला को निर्वस्त्र करने, उसके साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र घुमाने की वंटामुरी घटना की जांच करने पहुंचे।

मीना बेलगावी शहर के सर्किट हाउस में घटना के बारे में प्रारंभिक जानकारी जुटाएंगे और बाद में बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (बीआईएमएस) अस्पताल में पीड़ित से मिलेंगे।

रविवार रात को मामला क्षेत्राधिकार वाले काकाथी पुलिस स्टेशन से आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को स्थानांतरित किए जाने के बाद, एक महिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नेतृत्व में राज्य विशेष विंग के जांचकर्ता भी पीड़िता और गांव का दौरा कर रहे हैं।

टीम पीड़िता से मुलाकात करेगी और गांव में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर सकती है। पुलिस इस मामले में पहले ही 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और एक मुख्य आरोपी को पकड़ा जाना बाकी है।

राज्य भाजपा ने घटना की निंदा करते हुए राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। राज्य भाजपा के सूत्रों ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय जनतांत्रिक समावेशी गठबंधन (इंड‍िया) गठबंधन सहयोगियों को निशाना बनाने के लिए यह मुद्दा सोमवार को संसद में उठाए जाने की संभावना है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने घटना की जांच के लिए पार्टी सांसदों और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की पांच सदस्यीय तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया था। टीम ने बेलगावी का दौरा किया और पार्टी को रिपोर्ट सौंपी.

कांग्रेस सरकार ने पीड़िता के लिए 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है, जबकि बेलगावी जिला कानूनी प्राधिकरण उसे 50,000 रुपये देगा।

यह घटना 10 दिसंबर को तब हुई, जब वंतमुरी गांव की रहने वाली पीड़िता को घर से बाहर खींच लिया गया और नग्न कर दिया गया। उसके बेटे के गांव की एक लड़की के साथ भाग जाने के बाद उसे नग्न कर बिजली के खंभे से बांध कर घुमाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। लड़की के परिजनों ने लड़के की मां पर जमकर उत्पात मचाया।

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने घटना को रोकने में पुलिस विभाग की विफलता के लिए कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की।

मुख्य न्यायाधीश पी.बी. वराले और न्यायमूर्ति कृष्ण एस. दीक्षित की अध्यक्षता वाली पीठ ने टिप्पणी की थी, “अन्य महिलाओं में क्या डर होगा? वह देश में असुरक्षित महसूस करेंगी। ऐसा महाभारत में भी नहीं हुआ था। द्रौपदी के पास भगवान कृष्ण थे, जो उसकी मदद के लिए आगे आए, लेकिन आधुनिक दुनिया में, कोई भी उसकी मदद के लिए नहीं आया। दुर्भाग्य से, यह दुर्योधन और दुशासन की दुनिया है।”

************************

 

पिकअप वाहन और ऑटो रिक्शा में जबरदस्त भिड़ंत, 8 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत

मुंबई 18 Dec, (एजेंसी): महाराष्ट्र के पुणे में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पिकअप वाहन और ऑटो रिक्शा की टक्कर में आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, पुणे जिले में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि आठ लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना पुणे से 150 किलोमीटर दूर स्थित कल्याण-अहमदनगर रोड पर हुई। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात 11:30 बजे के करीब ये हादसा हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिकअप वाहन अहमदनगर से कल्याण की ओर जा रहा था। तभी पिंपलगांव जोगा में एक पेट्रोल पंप के पास उसकी ऑटो रिक्शा से टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि ऑटो रिक्शा और पिकअप वाहन के चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई है।

मरने वालों में एक पति-पत्नी और दो छोटे बच्चे शामिल हैं, जो क‍ि मढ़ में सब्जी का कारोबार करते थे। इस हादसे में मृतकों की कुल संख्या आठ है। इनमें पांच पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। मृतकों के नाम गणेश मस्करे (उम्र 30 वर्ष), कोमल मस्करे (उम्र 25 वर्ष), हर्षद मस्करे (उम्र 4 वर्ष) काव्या मस्करे (उम्र 6 वर्ष) हैं।

***************************

 

बबल टी और शराब ने करा दिया कांड! युवती की किडनी से निकाले 300 स्टोन

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी): शरीर के लिए पानी पीना बहुत जरूरी है। वहीं एक 20 साल की लड़की को पानी पीने में मजा नहीं आ रहा था तो उसने बबल टी और शराब आदि का सेवन करना शुरू कर दिया। इससे युवती की किडनी में स्टोन जमा हो गए। इस दौरान जब युवती डाक्टर के पास चैकअप के लिए गई तो युवती की किडनी में 300 से अधिक स्टोन पाए गए।

एक रिपोर्ट के मुताबिक डाक्टरों ने ऑपरेशन कर युवती की किडनी से 300 से अधिक स्टोन निकाल दिए हैं। पिछले हफ्ते पीठ के निचले हिस्से में दर्द और बुखार के बाद उसे एडमिट किया गया था। मामला ताइवान का है।

यहां जियाओ यू नाम की 20 वर्षीय लड़की को पिछले हफ्ते कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डाक्टरों को अल्ट्रासाउंड स्कैन से पता चला कि उसकी दाहिनी किडनी तरल पदार्थों से सूज गई है और उसमें सैकड़ों किडनी स्टोन थे। सीटी स्कैन के अनुसार, स्टोन का आकार 5 मिमी और 2 सेमी के बीच था। आगे की टेस्टिंग में पता लगा कि हाई ब्लड प्रेशर की भी दिक्कत है।

रिपोर्ट के मुताबिक, डाक्टरों ने 2 घंटे की लंबी सर्जरी की और उसकी किडनी से कम से कम 300 स्टोन निकाले। प्रक्रिया के बाद, महिला की हालत स्थिर थी और कुछ दिनों बाद उसे छुट्टी दे दी गई। सर्जन डा. लिम च्ये-यांग, जिन्होंने इस ऑपरेशन को लीड किया। उनका कहना है कि गुर्दे की पथरी कुछ चीजों के कारण हो सकती है, जिसमें अपर्याप्त पानी का सेवन या कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर आहार न शामिल करना शामिल है। उन्होंने कहा कि पेशाब में खनिजों को पतला करने के लिए उचित पानी का सेवन महत्वपूर्ण है। यदि शरीर में पर्याप्त पानी की कमी है, तो पेशाब में खनिज आसानी से जमा हो सकते हैं, जिससे पथरी बनने का खतरा बढ़ जाता है।

******************************

 

राजस्थान, मध्‍य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्रियों ने दिल्ली में नड्डा से मुलाकात की

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी): राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्यमंत्रियों क्रमश: भजनलाल शर्मा, मोहन यादव और विष्णुदेव साय ने यहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। शपथ लेने के कुछ दिन बाद रविवार को तीनों मुख्यमंत्री राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे।

सीएम के अलावा, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद थे। इससे पहले दिन में शर्मा, कुमारी और बैरवा ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की।

**************************

 

PM मोदी ने वाराणसी में किया काशी तमिल संगमम का उद्घाटन, काशी-कन्याकुमारी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

वाराणसी 18 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्वितीय ‘काशी तमिल संगमम’ का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन नमो घाट से ‘काशी तमिल संगमम’ के दूसरे संस्करण की शुरुआत की।

‘काशी तमिल संगमम’ के दूसरे संस्करण में साहित्य, प्राचीन ग्रंथ, दर्शन, अध्यात्म, संगीत, नृत्य, नाटक, योग और आयुर्वेद पर व्याख्यान भी होंगे। इसके अतिरिक्त, “नवाचार, व्यापार, ज्ञान विनिमय, शिक्षा तकनीक और अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी” पर संगोष्ठी कराने की योजना बनाई गई है। मोदी ने कन्याकुमारी से बनारस के लिए ‘काशी तमिल संगमम एक्सप्रेस’ को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रविवार 17 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले ‘काशी तमिल संगमम’ के दूसरे संस्करण के दौरान तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के 1,400 लोग वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा करेंगे।

एक सरकारी बयान के मुताबिक कार्यक्रम में तमिलनाडु और काशी की कला, संगीत, हथकरघा, हस्तशिल्प, व्यंजन एवं अन्य विशेष उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा काशी और तमिलनाडु की संस्कृतियों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।

********************

 

उ0प्र0 पी0ए0सी0 का गौरवशाली इतिहास स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा – मुख्यमंत्री

*पी0ए0सी0 संस्थापना दिवस-2023 का आयोजन*

लखनऊ 17 दिसंबर (एजेंसी) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि किसी भी बल की छवि उसके जवानों के शौर्य एवं पराक्रम से निर्मित होती है। उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 का गौरवशाली इतिहास इस दृष्टि से स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। 17 दिसम्बर 1947 को मिलिट्री पुलिस का नाम बदलकर पी0ए0सी0 किया गया, जबकि ‘दि यूनाइटेड प्रॉविन्सेज प्रॉविन्शियल आर्म्ड कॉन्सटैबुलरी एक्ट-1948Ó के तहत इसका विधिवत गठन हुआ। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 के लगभग 40 हजार कार्मिक अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री आज यहां 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 परिसर में पी0ए0सी0 संस्थापना दिवस-2023 के आयोजन के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने पी0ए0सी0 बल के समस्त अधिकारियों एवं जवानों को संस्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2001 में जब देश की संसद पर हमला हुआ था, उस समय उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 के जवानों के पराक्रम के कारण हमले को निष्फल करने में सफलता प्राप्त हुई थी। बहादुर जवानों ने सभी हमलावरों को अपने पराक्रम से मार गिराया और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। देश की आस्था के प्रतीक  राम जन्मभूमि पर जब आतंकी हमला हुआ था, तब भी उस हमले को निष्फल करने का कार्य उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 ने किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 द्वारा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों एवं अति विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा ड्यूटी, एस0टी0एफ0 में कमाण्डो ड्यूटी, आतंकवाद निरोधक दस्ता (ए0टी0एस0) में कमाण्डो ड्यूटी, यातायात पुलिस ड्यूटी, यू0पी0 112 पी0आर0वी0 में पायलेट ड्राइवर ड्यूटी, प्रतिसार निरीक्षक ड्यूटी, रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र प्रभारी ड्यूटी, एस0एस0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 ड्यूटी तथा अन्य प्रदेशों में चुनाव व कानून व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है। प्रदेश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े उत्तर प्रदेश पुलिस बल के अनेक महत्वपूर्ण संस्थान हैं, जहां पर पी0ए0सी0 के जवान ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 की 46 ऐसी कम्पनियां, जिन्हें समाप्त कर दिया गया था, उन सभी को वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा पुनर्जीवित किया गया है। फलस्वरूप उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 की कुल 33 बटालियनों में 273 कम्पनियां पूर्णत: क्रियाशील हो गई हैं। वर्तमान सरकार द्वारा पी0ए0सी0 में 41,893 आरक्षियों एवं 698 प्लाटून कमाण्डरों की भर्ती की गई है। पी0ए0सी0 में पदोन्नति के लिए और अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सशस्त्र पुलिस में 184 निरीक्षकों एवं 3,772 उपनिरीक्षकों के पदों में वृद्धि की गई है। विभागीय प्रोन्नति के अन्तर्गत 257 उपनिरीक्षक, 3,558 मुख्य आरक्षी तथा 12,774 आरक्षियों को प्रोन्नति प्रदान की गई। आरक्षी के पद पर सीधी भर्ती हेतु 10,584 आरक्षियों की भर्ती प्रक्रिया भर्ती बोर्ड में विचाराधीन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पी0ए0सी0 बल को अत्याधुनिक अस्त्र-शस्त्रों एस0एल0आर0 एवं इन्सास राइफल तथा दंगा निरोधी उपकरणों, यथा-मल्टीशेल लॉन्चर, एण्टीराइट गन व टीयर गैस गन से सुसज्जित किया गया है। दंगा निरोधक तथा बाढ़ राहत कम्पनियों के लिए आवश्यक उपकरणों के क्रय की व्यवस्था की गई है। पी0ए0सी0 जवानों को दैनिक उपभोग का गुणवत्तायुक्त सामान और वस्तुएं बाजार मूल्य से कम दर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 13 मास्टर कैन्टीन एवं पी0ए0सी0 वाहिनीध्जनपदीय पुलिस लाइन्स में कुल 102 सब्सिडियरी कैन्टीन संचालित हैं। पुलिस कल्याण योजना के अन्तर्गत पुलिसध्पी0ए0सी0 के जवानों के बच्चों को न्यूनतम शिक्षण शुल्क पर उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश में 31 पुलिस मॉडर्न स्कूल स्थापित हैं। इस वर्ष सम्पन्न हुई 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में अनेक छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूलों के अवसंरचनात्मक विकास, नए पुलिस मॉडर्न स्कूलों के निर्माण एवं फर्नीचर क्रय किए जाने हेतु प्रदेश सरकार ने आवश्यक धनराशि स्वीकृत की है। पी0ए0सी0 जवानों हेतु आवासीय सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पी0ए0सी0 की 33 में से 31 वाहिनियों में प्रत्येक में 200 जवानों के लिए हाई राइज बिल्डिंग के रूप में बेहतर आवासीय व्यवस्था हेतु आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने के साथ-साथ निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा पी0ए0सी0 बल में महिलाओं को भी स्थान प्राप्त हो, इस दिशा में तीन महिला बटालियनों की स्थापना का कार्य जनपद गोरखपुर (वीरांगना झलकारी बाई महिला बटालियन), लखनऊ (वीरांगना ऊदा देवी महिला बटालियन) एवं बदायूं (वीरांगना अवंतीबाई महिला बटालियन) में प्रारम्भ किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार कुशल खिलाडिय़ों को पुलिस बल का हिस्सा बनाया गया है। प्रदेश पुलिस को बढ़ावा देने के लिए 02 प्रतिशत पद कुशल खिलाडिय़ों की भर्ती हेतु आरक्षित किए गए हैं। इस क्रम में अब तक 500 से अधिक कुशल खिलाडिय़ों की भर्ती की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन बल (एस0डी0आर0एफ0) की एक बटालियन का सृजन किया गया है, जिसमें 06 कम्पनियां एवं 18 टीमें शामिल हैं। इनमें से तीन कम्पनियां अर्थात् 09 टीमों को क्रियाशील भी कर दिया गया है। शेष तीन कम्पनियों को भी अतिशीघ्र क्रियाशील करने का प्रयास तेजी के साथ किया जा रहा है। तीन अतिरिक्त कम्पनियों के प्रयोगार्थ मोटरबोट्स एवं अन्य विशेषीकृत उपकरणों के क्रय हेतु राज्य सरकार द्वारा आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

********************************

 

रघुराम राजन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

हैदराबाद ,17 दिसंबर (एजेंसी)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने रविवार को हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मौकेे पर उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, जो वित्त मंत्री भी हैं और उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डी. श्रीधर बाबू भी उपस्थित थे।

केंद्र सरकार के आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्य कर चुके राजनकाम किया, ने रेवंत रेड्डी के साथ अपने अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने वर्तमान वित्तीय स्थिति और राज्य के आर्थिक विकास के लिए अपनाई जाने वाली आवश्यक रणनीति पर चर्चा की।

राजन ने राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कुछ सुझाव दिए।

इस मौके पर मुख्य सचिव शांति कुमारी, विशेष सचिव, वित्त रामकृष्ण राव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव शेषाद्री भी उपस्थित थे।

************************

 

बंगाल को बेवजह संसद की सुरक्षा में सेंधमारी से जोड़ा जा रहा : ममता

कोलकाता ,17 दिसंबर (एजेंसी)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि हाल ही में संसद भवन में हुई सुरक्षा में सेंधमारी से जानबूझकर पश्चिम बंगाल को जोड़ा जा रहा है, ताकि वहां की गंभीर सुरक्षा खामियों से ध्यान भटकाया जा सके।

नई दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मामले के मुख्य आरोपी ललित झा का पश्चिम बंगाल से कोई घनिष्ठ संबंध नहीं है।

उन्होंने झा के कथित बंगाल कनेक्शन के बारे में अपनी पहली टिप्पणी में कहा, उसके बिहार और झारखंड से संबंध थे, पश्चिम बंगाल से नहीं। इसलिए अनावश्यक रूप से इस मामले में हमारे राज्य का नाम घसीटा जा रहा है। यहां तक कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस मामले में

सुरक्षा व्यवस्था में खामियां स्वीकार की हैं। हम बस इतना चाहते हैं कि किसी स्वतंत्र एजेंसी से पूरी तरह से जांच हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस सुरक्षा चूक मुद्दे पर सदन में मुखर रहे विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया।

ममता को नई दिल्ली में 19 दिसंबर को विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक में भाग लेना है और 20 दिसंबर को प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना है।

बैठक में उनके साथ तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी के भी आने की काफी संभावना है।

**************************

 

अमरावती के किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा : चंद्रबाबू

अमरावती ,17 दिसंबर (एजेंसी)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि अमरावती के किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

राज्य की तीन राजधानियां बनाने के जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार के फैसले के खिलाफ अमरावती के किसानों के विरोध के चार साल पूरे होने पर तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) सुप्रीमो ने कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

नायडू ने एक्स पर पोस्ट किया, चार साल हो गए हैं जब आंध्र प्रदेश को बिना राजधानी वाला राज्य बनाने के लिए भविष्य के शहर अमरावती को छोड़ दिया गया। एक लालची, ईर्ष्या से भरे आदमी जगन मोहन रेड्डी के विनाशकारी फैसलों के कारण हजारों किसान जिन्होंने अपनी जमीनें दे दी थीं, अब सड़कों पर हैं।

आगामी चुनाव में राज्य में टीडीपी के सत्ता में आने को लेकर आश्वस्त नायडू ने कहा कि तीन महीने में सभी गलतियां ठीक हो जाएंगी।
टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने कहा कि चार साल पहले वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने अपने विभाजनकारी कदम से लोगों की राजधानी अमरावती को नष्ट करना शुरू कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये की इमारतों को मलबे में बदल दिया गया और जिन किसानों ने अपनी जमीनें दे दीं, उन्हें यातनाएं दी गईं।

उन्होंने कहा, इतना सब करने के बावजूद जगन लोगों की राजधानी अमरावती को एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा सके।

चंद्रबाबू नायडू के बेटे लोकेश ने विश्वास जताया कि जगन का विनाशकारी शासन तीन महीने में समाप्त हो जाएगा।

जगन मोहन रेड्डी ने 17 दिसंबर 2019 को घोषणा की कि अमरावती को राज्य की राजधानी के रूप में विकसित करने के पिछली टीडीपी सरकार के फैसले को उलटते हुए, राज्य की तीन राजधानियाँ बनाई जाएंगी।

वाईएसआरसीपी सरकार ने विशाखापत्तनम को प्रशासनिक राजधानी, कुरनूल को न्यायिक राजधानी और अमरावती को विधायी राजधानी बनाने का प्रस्ताव रखा।

इससे अमरावती के किसानों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिन्होंने राजधानी के लिए 33 हजार एकड़ जमीन दी थी और चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने भी मेगा परियोजना के कुछ घटकों पर काम किया था।

किसानों, महिलाओं और अन्य वर्गों के आंदोलन को रविवार को चार साल पूरे हो गए।

***************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की सेना में परंपरा और नवीनता के बीच संतुलन बनाने की वकालत

हैदराबाद ,17 दिसंबर (एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सशस्त्र बलों में परंपरा और नवीनता के बीच संतुलन बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि परंपरा का पालन करते हुए सशस्त्र बलों को नवाचार को भी समान महत्व देना चाहिए जो उन्हें बदलते समय के अनुरूप तैयार करता है।

वह हैदराबाद के बाहरी इलाके डंडीगल में वायु सेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड को संबोधित कर रहे थे।

प्रशिक्षण पूरा करने वाले कुल 213 फ्लाइट कैडेटों (25 महिलाओं सहित) को भारतीय वायु सेना की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया गया है।

उन्होंने युवा अधिकारियों से नये विचारों, नवीन सोच और आदर्शवाद के प्रति अपना खुलापन कभी नहीं खोने का आह्वान किया।
सिंह ने अधिकारियों को सलाह दी कि वे न केवल परंपरा को उचित महत्व दें क्योंकि वे समय की कसौटी पर कसे जा चुके हैं, बल्कि नवाचार पर भी ध्यान केंद्रित करें।

उन्होंने कहा, अगर परंपरा का पालन बिना सोचे-समझे लंबे समय तक किया जाता है, तो इससे व्यवस्था में विकृति आ जाती है। इस स्थिति से बचने के लिए लगातार बदलते समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए कुछ नया करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, अगर हम केवल परंपरा का पालन करेंगे तो हम एक मृत झील की तरह होंगे। हमें एक बहती हुई नदी की तरह बनना होगा। इसके लिए हमें परंपरा के साथ-साथ नवीनता भी लानी होगी।

रक्षा मंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे उड़ते रहें और ऊंचाइयों को छूते रहें, लेकिन जमीन से अपना जुड़ाव बनाए रखें।
उन्होंने नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों को बधाई दी और उनके बेदाग प्रदर्शन, सटीक ड्रिल मूवमेंट और परेड के उच्च मानकों के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने उनसे किसी भी परिस्थिति में नए विचारों, नवीन सोच और आदर्शवाद के प्रति अपना खुलापन नहीं खोने का आग्रह किया।

उन्होंने पासिंग आउट परेड को युवा अधिकारियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण दिन बताया क्योंकि वे कैडेट से अधिकारी बनते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में वे परीक्षा से पहले प्रशिक्षक से सीख रहे थे। उसके विपरीत अब वास्तविक जीवन में उन्हें पहले परीक्षा का सामना करना होगा और अपनी गलतियों से सीखना होगा। उन्होंने कहा, खुला आसमान और जीवन आज से आपके प्रशिक्षक हैं।

कमीशनिंग समारोह के दौरान, फ्लाइट कैडेटों को रक्षा मंत्री द्वारा उनकी ‘स्ट्राइप्स’ से सम्मानित किया गया। इसके बाद अकादमी के कमांडेंट द्वारा स्नातक अधिकारियों को ‘शपथ’ दिलाई गई।

सिंह ने स्नातक फ्लाइट कैडेटों को राष्ट्रपति कमीशन प्रदान किया। स्नातक अधिकारियों में 25 महिलाएं शामिल थीं जिन्हें भारतीय वायुसेना की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया गया है। भारतीय नौसेना के आठ अधिकारियों, भारतीय तटरक्षक बल के नौ और मित्र देशों के दो अधिकारियों को भी उनका उड़ान प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ‘विंग्स’ से सम्मानित किया गया।

रक्षा मंत्री ने प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किये। उड़ान शाखा के फ्लाइंग ऑफिसर अतुल प्रकाश को पायलट पाठ्यक्रम में समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान पाने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका और वायु सेना प्रमुख स्वोर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। फ्लाइंग ऑफिसर अमरिंदर जीत सिंह को ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं के बीच योग्यता के समग्र क्रम में प्रथम स्थान पाने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका से सम्मानित किया गया।

इससे पहले, रक्षा मंत्री का स्वागत वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर. चौधरी ने किया। परेड द्वारा उन्हें सामान्य सलामी दी गई और उसके बाद एक प्रभावशाली मार्च पास्ट किया गया।

कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड के दौरान प्रशिक्षक विमानों द्वारा एक समकालिक फ्लाई-पास्ट किया गया, जिसमें पिलाटस पीसी-7 एमके ढ्ढढ्ढ, हॉक और किरण के साथ-साथ चेतक हेलीकॉप्टर भी शामिल थे।

परेड का समापन नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों द्वारा रवीन्द्रनाथ टैगोर के ‘आनन्दलोके’ के स्वरों पर धीमी गति से दो कॉलम में मार्च करने के साथ हुआ।

सुखोई-30एमके1 द्वारा लुभावने एरोबेटिक शो, हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ‘सारंग’ द्वारा सिंक्रोनस एरोबेटिक्स और ‘सूर्यकिरणÓ एरोबेटिक टीम ने भी परेड में हिस्सा लिया।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आप परिवार के साथ समय बिताएंगे। घर का वातावरण खुशनुमा बना रहेगा। छोटे बच्चों को कोई बड़ा सरप्राइज मिल सकता है। कुछ लोग आपके किसी काम में मदद भी कर सकते हैं। आपको किस्मत का पूरा-पूरा साथ मिलेगा। दूसरे लोग आपके कामकाज से प्रभावित होंगे। आपकी तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। आप किसी काम को नये सिरे से। शुरू करने के बारे में विचार कर सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ सहयोगियों की जरूरत पड़ सकती है। सेहत को लेकर थोड़ा ध्यान रखने की जरूरत है।

* शुभ रंग

*अंक- लाल 4

वृष राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहद खास रहने वाला है। ऑफिस के किसी काम से आपकी लम्बी यात्रा हो सकती है। यात्रा लाभदायक रहेगी। बुजुर्ग अपने किसी बचपन के दोस्त से मिलकर अपनी पुरानी यादों को फिर से ताजा करेंगे। आज आपके आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आयेगा। व्यावसायिक कार्यों के लिहाज से आज का दिन बेहतर है। आप हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश करेंगे। जो लोग फिल्म जगत से जुड़े हैं उनको आज काम का अच्छा ऑफर मिल सकता है।

* शुभ रंग

*अंक- नीला 2

मिथुन राशि-

आज आपका दिन उत्साह से भरा रहने वाला है। आपका रुझान अध्यात्म की तरफ रहेगा, आप किसी धार्मिक कार्यक्रम की योजना बना सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपको बढ़ोत्तरी के नये अवसर मिलेंगे। इस राशि के जो लोग मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं। उनके लिए लाभ के योग बन रहे हैं। अगर आप कोई नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो आज आपके लिए शुभ दिन है। घर में खुशियां बनी रहेंगी। आज शत्रु पक्ष आपके सामने नतमस्तक होगा। छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का मन बनाएंगे।

* शुभ रंग

*अंक- पिच 6

कर्क राशि-

आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। किसी जरूरी चीज को खरीदने में आपके पैसे खर्च हो सकते हैं। इस राशि के जो लेखक हैं, उनकी कोई कविता लोगों को काफी पसंद आएगी। आपको किसी संस्था के द्वारा सम्मानित भी किया जा सकता है। जीवनसाथी के साथ आपका ताल मेल अच्छा बना रहेगा, घर का फैंसी डेकोरेशन करवाने का मन बना सकते हैं। आपको किसी जरूरी काम में पड़ोसियों का सहयोग मिलेगा, आपका बिगड़ता काम बन जायेगा। माता-पिता का आशीर्वाद आपके साथ बना रहेगा। स्टूडेंट आज कोई नया कोर्स ज्वाइन कर सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- मैहरुन 7

सिंह राशि-

आज का दिन शानदार रहेगा। ऑफिस में आपको मनपसंद काम दिया जा सकता है। काम करने में मन लगा रहेगा। आपसे एक्सपर्ट के तौर पर।सलाह ली जा सकती है। इस राशि के लोगों की प्राइवेट नौकरी में प्रमोशन के साथ ही।इनकम बढऩे के भी चांस नजर आ रहे हैं। छात्र अपने कुछ विषयों को लेकर अधिक रुचि दिखायेंगे। एजुकेशन सेक्टर में काम कर रहे लोगों का दिन राहत से भरा रहेगा। बिजनेसमैन को काम में कुछ नए अनुभव मिल सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- सिल्वर 8

कन्या राशि-

आपके लिए दिन अनुकूल रहने वाला है। लोग आपके काम की तारीफ करेंगे। आप खुद भी अपने काम से संतुष्ट रहेंगे। जीवनसाथी के साथ बाहर डिनर पर जाने का अच्छा मौका है, किसी रेस्टोरेंट जयेंगे। स्पोर्ट्स से जुड़े लोग किसी नई एक्टिविटी में भाग लेंगे। आज आपकी सेहत अच्छी बनी रहेगी।छात्र अपने करियर के लिए किसी सीनियर से सलाह ले सकते हैं, सही सलाह आपके करियर को किसी अच्छे मुकाम पर पहुंचा सकती है। आपको काम में मुनाफा मिलेगा।

* शुभ रंग

*अंक- बैंगनी  9

तुला राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आपके सभी काम समय से पूरे होंगे।ऑफिस में आपको सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। आपके सकारात्मक विचार किसी व्यक्ति को प्रभावित कर सकते हैं। आपकी मदद दूसरों के लिए फायदेमंद होगी। स्टूडेंट्स अपनी पढ़ाई को लेकर कुछ बदलाव कर सकतेहैं। कठिन विषयों को समझने के लिए अपने सिनीयर की मदद लेंगे। आज आप घर के किसी काम में जीवनसाथी की मदद भी ले सकते हैं। रिश्ते बेहतर रहेंगे।

* शुभ रंग

*अंक- गोल्डन, 6

वृश्चिक राशि-

आज का दिन जीवन में।किसी नयी खुशी का संकेत लायेगा। जीवनसाथी कोई बड़ी खुशखबरी दे सकते हैं जिससे परिवार के बाकी लोग भी काफी खुश नजर आयेंगे। रिश्तों और काम के बीच तालमेल बना रहेगा। आर्थिक रूप से आप स्ट्रांग रहेंगे। इंजीनियर्स को कोई बड़ा फायदा होगा। इस राशि के जोमैनेजर पोस्ट के लोग है अपने काम को अच्छे से संभालेंगे। बच्चों के साथ शॉपिंग करने मॉल जा सकते हैं, उन्हें काफी अच्छा लगेगा। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है।

* शुभ रंग

*अंक- गुलाबी 8

धनु राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहेगा। काम की गति बनी रहेगी। आप खुद को रिलेक्स फील करेंगे। इस राशि के जो लोग अविवाहित हैं, उनके रिश्ते की बात घर पर चल सकती है। घर का माहौल अच्छा रहेगा। काम के मामले में कुछ लोग आपसे सलाह मांग सकते हैं। वर्क फ्रॉम होम कर रहे लोगो का काम अच्छा चलेगा।दूसरे लोग भी आपकी योजना से प्रभावित होंगे। माता पिता से भविष्य की योजना के बारे में विचार विमर्श कर सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- ग्रे 4

मकर राशि-

आज का दिन जीवन में अहम मोड़ लायेगा। आपको अपने करियर का कोई बड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। ध्यान रहे जो भी करें, सोच-समझ कर करें। काम की वजह से आप परिवार को पूरा समय नहीं दे पायेंगे। लेकिन परिवार का साथ बना रहेगा। कुछ मामलों में थोड़ा भावुक हो सकते हैं। राइटर की कोई बुक पब्लिश होगी, जिसे लोगों का काफी प्यार मिलेगा। आपकी वाणी में मधुरता बनी रहेगी। नए कामों को करने में भाग्य आपका पूरा साथ देगा। छात्रों के लिए आज का दिन उनके अनुकूल रहेगा।

* शुभ रंग

*अंक- पीला 9

कुंभ राशि-

आज का दिन नई उमंगों के साथ शुरू होने वाला है। आपका कोई नजदीकी मित्र आपसे मिलने आ सकता है। आप उनसे अपनी कोई निजी समस्या शेयर कर सकते हैं। परिवार की उलझनों को सुलझाने में आपको मदद मिलेगी। इस राशि के छात्रों के लिए दिन ठीक-ठाक है।पढ़ाई में आ रही समस्याएं दूर हो जाएगी। आपको नतीजों की ज्यादा फिक्र ना करके अपने काम पर ध्यान देने की जरूरत है। बड़े-बुजुर्ग आपको कोई खास सलाह भी दे सकते हैं। नवविवाहित दंपत्ति के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, एक दूसरे को समझने की कोशिश करेंगे।

* शुभ रंग

*अंक- नारंगी 2

मीन राशि-

आज आपका दिन शानदार रहेगा। लोग आपकी बातों पर पूरा ध्यान देंगे। यात्रा की योजना बन सकती है। पैसों से जुड़ी समस्याओं का समाधान आज निकल जायेगा। रोजमर्रा के काम पूरे हो सकते हैं। दिनभर मस्ती के मूड में रहेंगे। आपको किस्मत का साथ मिलेगा। अधिकारी आपके काम की तारीफ करेंगे। दूसरों के सामने अपनी बात को खुलकर रख सकते हैं। लोग आपकी बातों को इम्पोर्टेंस देंगे। शाम को जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बीतेगा। प्रसाशनिक कार्यों में आज आपको सफलता मिलेगी।

* शुभ रंग

*अंक- हरा, 5

***************************

 

बहुत गंभीर जांच कर पता लगाना होगा कि संसद सुरक्षा उल्लंघन के पीछे कौन हैं: मोदी

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी)-13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुए उल्लंघन पर विपक्षी दलों की विस्तृत बयान की मांग के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली टिप्पणी में इस घटना को “बहुत गंभीर” करार दिया और कहा कि विस्तृत जांच की जाएगी और इसके पीछे कौन से तत्व हैं इसका पता लगाकर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटना की गंभीरता को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए।

मोदी ने एक मीडिया हाउस को दिए साक्षात्कार में बताया ,”लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। यह पता लगाना महत्वपूर्ण है कि इसके पीछे कौन से तत्व हैं और उनके उद्देश्य क्या हैं। इस पर बहस करने की कोई जरूरत नहीं है, इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए।”

गौरतलब है कि 2001 के संसद हमले की 22वीं बरसी पर 13 दिसंबर को शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान दो लोग लोकसभा की आगंतुक गैलरी से कूद गए और पीले रंग का धुआं भी फेंक दिया। उन्हें सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस ने संसद के बाहर से दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया। मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

शनिवार को, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 13 दिसंबर की सुरक्षा उल्लंघन पर संसद में बयान नहीं देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की और यह भी कहा कि वे वोट मांगने के लिए पहले प्रधान मंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी का उपहास करते रहने की उनकी आदत है।

यहां पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए खड़गे ने कहा, “यह सुरक्षा उल्लंघन एक गंभीर मुद्दा है और सरकार इस पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है। हम संसद में बार-बार पूछ रहे हैं कि गृह मंत्री को सुरक्षा उल्लंघन पर संसद में बयान देना चाहिए।” राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा,”लेकिन गृह मंत्री सदन में नहीं आना चाहते हैं और क्या हुआ और क्या कारण थे इस पर बयान नहीं देना चाहते हैं।

लेकिन वह टेलीविजन शो में जाते हैं और बयान देते हैं। वह सदन चलाने के लिए तैयार नहीं हैं। यह अच्छा नहीं है। और जो लोग लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं, हमें उनसे कोई उम्मीद नहीं है। ” शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार संसद सुरक्षा मामले को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सुरक्षा उल्लंघन के पीछे बेरोजगारी और महंगाई मुख्य कारण है।

भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें और इंडिया ब्लॉक के नेताओं को संसद उल्लंघन में शामिल लोगों के कांग्रेस, टीएमसी और सीपीआई (एम) के साथ घनिष्ठ संबंधों के बारे में बताना चाहिए। एक्स पर एक पोस्ट में, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, राहुल गांधी कभी निराश नहीं करते, हमेशा बेकार बातें करते हैं। भारत में बेरोजगारी 3.2 प्रतिशत है, जो छह वर्षों में सबसे कम है।

**************************

 

स्वतंत्रता से संबंधित जमानत आवेदनों पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी)-सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया है कि अग्रिम जमानत आवेदन सहित जमानत आवेदनों पर निर्णय स्वतंत्रता से संबंधित हैं और सभी उच्च न्यायालयों द्वारा शीघ्रता से इस पर फैसला लिया जाना चाहिए। न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने यह टिप्पणी तब की जब उसने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के एक आदेश के खिलाफ एक आरोपी द्वारा दायर विशेष अनुमति याचिका पर सुनवाई की, जिसमें उसके आवेदन को “कालानुक्रमिक क्रम में” सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया था।

पीठ ने कहा, “हमें यह मानने में कोई झिझक नहीं है कि इस तरह का आदेश अग्रिम जमानत/नियमित जमानत से संबंधित मामले में निश्चितता के बिना, वह भी मामले को स्वीकार करने के बाद, निश्चित रूप से आवेदन पर विचार करने में देरी करेगा और ऐसी स्थिति व्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए हानिकारक होगी।”

अपने आदेश में, शीर्ष अदालत ने कहा कि यह “चिंता का विषय” है कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता से संबंधित मामलों पर जल्द से जल्द निर्णय लेने की आवश्यकता के बार-बार आदेशों के बावजूद, वही स्थिति बनी हुई है।

इसने आदेश दिया कि इसके आदेश की एक प्रति रजिस्ट्रार जनरल और सभी उच्च न्यायालयों के सभी संबंधितों को भेजी जाए ताकि जल्द से जल्द जमानत आवेदनों या अग्रिम जमानत आवेदनों की सूची सुनिश्चित की जा सके। अपीलकर्ता के संबंध में, सर्वोच्च न्यायालय ने उच्च न्यायालय द्वारा लंबित अग्रिम जमानत आवेदन पर फैसला होने तक गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की। इसने स्पष्ट किया: “हम यह भी स्पष्ट करते हैं कि अंतरिम संरक्षण का अनुदान याचिकाकर्ता द्वारा दायर जमानत आवेदन पर विचार को प्रभावित नहीं करेगा और इस पर अपनी योग्यता के आधार पर विचार किया जाएगा।”

***************************

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल ने वेदांता पिंकसिटी हॉफ मैराथन को किया रवाना

जयपुर 17 Dec, (एजेंसी) : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘स्वस्थ भारत” के संकल्प को साकार करती वेदांता पिंकसिटी हॉफ मैराथन को रविवार को सुबह यहां हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शर्मा ने जगतपुरा में आयोजित इस मैराथन को सुबह सात बजे झंडी दिखाकर रवाना किया और हजारों धावकों को आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ और उत्साहित रहकर देश में राजस्थान को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लेना चाहिए। यह मैराथन ‘रन फॉर जीरो हंगर‘ के महत्वपूर्ण उद्देश्य से हो रही है। इस आयोजन में 12 हजार से अधिक धावकों को एकजुट किया गया है। इससे एक लाख से अधिक जरूरतमंदों भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

हम सभी को मिलकर इस संकल्पना को साकार करना होगा। मैराथन में 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किमी की कूल रन और पांच किमी की ड्रीम रन कैटेगरी में धावकों ने दौड़ पूरी कर फिटनेस और एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर वेदांता समूह एवं आयोजन से जुड़ी प्रिया अग्रवाल हेब्बर, आकर्ष हेब्बर, डॉ. स्टीव मूर, अरूण मिश्रा और डॉ. मनोज सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

***************************

 

 

भाजपा नेता ने ब्रिटेन में भारतीय छात्र के लापता होने पर जयशंकर से मांगी मदद

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी): भाजपा के एक नेता ने पूर्वी लंदन से 15 दिसंबर से लापता एक भारतीय छात्र के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मदद मांगी है। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स को जानकारी दी कि गुरशमन सिंह भाटिया लॉफबोरो विश्वविद्यालय का छात्र है और 15 दिसंबर से लापता है।

सिरसा के अनुसार, भाटिया को आखिरी बार पूर्वी लंदन के कैनरी व्हार्फ में देखा गया था। उन्होंने लॉफबोरो विश्वविद्यालय और भारतीय उच्चायोग से उनका पता लगाने का भी आग्रह किया है।

सिरसा ने एक्स पर लिखा,”लॉफ़बोरो विश्वविद्यालय के छात्र जीएस भाटिया 15 दिसंबर से लापता हैं। आखिरी बार कैनरी घाट, पूर्वी लंदन में देखा गया था। जयशंकर जी का ध्यान आकर्षित करते हुए हम उसे ढूंढने के प्रयासों में शामिल होने का आग्रह करते हैं।”

सिरसा द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए उसके विश्वविद्यालय पहचान पत्र के अनुसार, वह स्नातकोत्तर का छात्र है। इसकी वेबसाइट के अनुसार, इंग्लैंड के लीसेस्टरशायर में स्थित लॉफबोरो विश्वविद्यालय में 130 से अधिक देशों के लगभग 18,000 अंतर्राष्ट्रीय छात्र हैं।

****************************

 

अंतर-धार्मिक क्रिसमस उत्सव एक महान और महत्वपूर्ण पहल: सी.टी. रवि कुमार

*चावारा सांस्कृतिक केंद्र ने क्रिसमस महोत्सव 2023 की मेजबानी की*

*शांति और सद्भाव के लिए प्रसिद्ध गणमान्य व्यक्ति और वैश्विक आस्था वाले नेता हुए एकजुट*

*महोत्सव ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विविधता में एकता का किया प्रदर्शन* 

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (एजेंसी)।अंतर-धार्मिक ‘क्रिसमस महोत्सव’ “क्रिस्तु महोत्सव-2023” एक महान और महत्वपूर्ण पहल है, जो न केवल जश्न मनाने या उपहारों के आदान-प्रदान के बारे में है, बल्कि शांति और सद्भाव के बारे में भी है, जिसका आदर्श वाक्य है “सभी को शामिल करें, किसी को न छोड़ें”। चावारा सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति रवि कुमार ने कहा कि यह त्योहार कहीं और स्वर्ग खोजने के बजाय पृथ्वी पर रहकर यहीं स्वर्ग खोजने पर जोर देता है। इस कार्यक्रम की थीम थी ‘विविधता का उत्सव – भारत का उत्सव’ और यह डायोसेसन कम्युनिटी सेंटर, अशोक प्लेस, गोल डाक खाना, दिल्ली में आयोजित किया गया।इस उत्सव का उद्देश्य दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के दिव्यांग बच्चों के बीच खुशी फैलाना था। उत्सव को यूट्यूब पर भी लाइव-स्ट्रीम किया गया।

न्यायमूर्ति सी.टी. रवि कुमार के कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद दिल्ली के आर्कबिशप अनिल कूटो, फरीदाबाद के आर्कबिशप कुरियाकोस भरानिकुलांगरा और शिक्षा और मीडिया के जनरल काउंसलर डॉ. फादर मार्टिन मल्लाथ सीएमआई, जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं, जिन्होंने दर्शकों को संबोधित किया। मुख्य पादरी जनरल सेंट जॉन क्राइसोस्टॉम डायोसीज गुड़गांव-दिल्ली आरईवी. फादर वर्गीस वल्लिककट सहित मुख्य समारोहकर्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए।

इस उत्सव में कला, साहित्य और संस्कृति के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें एपिस्कोपल चर्च, विभिन्न समुदायों और क्षेत्रीय लोगों को एक साथ लाया गया, जो एक भारतीय त्योहार मनाने के समान एकता में विविधता को दर्शाता है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर संसद सदस्य लोकसभा डॉ. लोरहो एस. फोज, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष श्री. केरसी कैखुशरू देबू,  भारतीय सर्वधर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशीलजी महाराज शामिल हुए। ग्लोबल संत समाज कल्याण फाउंडेशन के संस्थापक चेयरमैन स्वामी चंद्रदेव जी, निजामुद्दीन औलिया दरगाह के ट्रस्टी सूफी अजमल निज़ामी, यहूदी समुदाय के दिल्ली प्रमुख रब्बी ईजेकील इसहाक मालेकर, आचार्य फ्रॉम चिट्स(Cihts)वाराणासी के आचार्य येशी फुंटसॉक ने भी इस अवसर पर शोभा बढ़ाई। इस मौके पर आचार्य सुशील मुनि मिशन के संस्थापक विवेक मुनिजी महाराज, गुरुद्वारा बंगला साहिब के प्रधान  पुजारी सिंह साहिब ज्ञानी रंजीत सिंह जी, सार्वजनिक सूचना बहाई उपासना गृह दिल्ली की निदेशक कार्मेल त्रिपाठी, डीएसटी संयुक्त सचिव(प्रशासन)  ए. धनलक्ष्मी, डायलॉग एंड इकोमेनिज्म कमीशन आर्क डायोसीज ऑफ दिल्ली के क्षेत्रीय सचिव आरईवी. डॉ. नॉर्बर्ट हरमन एसवीडी और केरला बीजेपी स्टेट वाइस प्रेटिडेंट एएन राधाकृष्णन भी उपस्थित रहे।

क्रिसमस के बारे में बोलते हुए आर्कबिशप अनिल कूटो ने कहा, “क्रिसमस शांति, खुशी, आशा और प्रेम का संदेश देता है। हम इस क्रिसमस को प्यार और एकता के संदेश के साथ मना रहे हैं, दिलों को जोड़ रहे हैं और इसे भारत के लिए एक त्योहार बना रहे हैं। डॉ. फादर कार्यक्रम के आयोजक, चावरा सांस्कृतिक केंद्र दिल्ली के निदेशक, रॉबी कन्ननचिरा सीएमआई ने कहा, “क्रिसमस यीशु के जन्म का स्मरणोत्सव है – प्रेम का राजकुमार जिसने सभी को शामिल किया और किसी को बाहर नहीं किया।

ईसा मसीह के निस्वार्थ प्रेम की रोशनी इस दुनिया से नफरत और ईर्ष्या के अंधेरे को दूर कर देगी। दिव्यांग बच्चों के साथ क्रिसमस मनाने से घायल मानवता ठीक हो जाती है। अधिवक्ता डॉ. के.सी. जॉर्ज ने दिव्यांग बच्चों की प्रशंसा करते हुए क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि यह त्योहार उनके स्वास्थ्य और शिक्षा में योगदान देगा। उन्होंने इसे दिलों का त्योहार बताया, जिसका लक्ष्य देश में भाईचारा और सद्भावना फैलाना है।

चावारा सांस्कृतिक केंद्र के चेयरमैन डॉ. फादर मार्टिन मैलाथ सीएमआई ने उत्सव पर टिप्पणी करते हुए इसे समाज में शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए अंतर-धार्मिक संवाद, कला, साहित्य और सांस्कृतिक चर्चा की एक पहल बताया। उन्होंने इसकी तुलना शांति, खुशी और आशा के क्रिसमस संदेश से की और अनुमान लगाया कि यह त्योहार देश में लोगों के बीच एकता का सकारात्मक संदेश फैलाएगा।

*****************************

 

एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए पीएम मोदी ने अपना काफिला रोका

वाराणसी 17 Dec, (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी में अपने रोड शो के दौरान एक एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रोक दिया।

प्रधानमंत्री के वाहनों का काफिला एक बैरिकेड वाली सड़क के किनारे रुक गया, जबकि एम्बुलेंस को उसके बगल से जाने दिया गया।

प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वह वाराणसी और पूर्वांचल के लिए 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की 37 परियोजनाओं का शुभारंभ और उद्घाटन करेंगे।

इसमें सड़क और पुल, स्वास्थ्य और शिक्षा, पुलिस कल्याण, स्मार्ट सिटी और शहरी विकास परियोजनाएं, रेलवे और हवाई अड्डों को लेकर परियोजनाएं शामिल हैं।

पीएम मोदी रविवार शाम नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के दूसरे संस्करण का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में वह काशी तमिल संगमम एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो कन्याकुमारी और वाराणसी के बीच चलेगी।

पिछले साल भी इसी तरह की एक घटना में, एम्बुलेंस के लिए जगह देने के लिए गुजरात में प्रधानमंत्री का काफिला मुख्य सड़क पर रुक गया था। यह घटना तब हुई थी जब पीएम मोदी और अधिकारी अहमदाबाद से गांधीनगर जा रहे थे।

इससे पहले हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एक रैली मैदान से लौटने के बाद पीएम मोदी ने एक एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रोक दिया था।

*******************************

 

भरोसा टूटने से हरियाणा में हर रोज हड़ताल कर रहे सरकारी कर्मी : कुमारी सैलजा

अंबाला 17 Dec, (एजेंसी) । पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहाकि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का भरोसा पूरी तरह से खो चुकी है। भरोसा टूटने के कारण ही किसी न किसी महकमे के कर्मी हर रोज हड़ताल पर जा रहे हैं।

कर्मचारियों से चुनाव के वक्त किए वायदे 4 साल बीतने पर गठबंधन सरकार पूरे नहीं कर पाई है। ऐसे में मांगें मनवाने के लिए हड़ताल पर जाना कर्मचारियों की मजबूरी है, लेकिन इसका खामियाजा प्रदेश के आमजन को भुगतना पड़ रहा है।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि शहरी निकाय विभाग के सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण प्रदेश के शहरों में गंदगी के अंबार लगने शुरू हो गए हैं। हड़ताल लंबी चली तो शहरों में रह रहे लोगों का जीवन काफी मुश्किल हो सकता है, क्योंकि साफ-सफाई न होने व गंदगी के ढेर लगने से बदबू इनके लिए परेशानी का सबब बन सकती है।

इनके साथ ही नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम का अन्य स्टाफ, जिसमें क्लर्क, ठेके पर लगे कर्मी भी हड़ताल पर होने से आम जनता के अन्य काम होने भी बंद हो गए हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहाकि इससे पहले ग्रामीण सफाई कर्मियों की हड़ताल लंबी चल चुकी है। उस समय गांवों में गंदगी ने जीना मुहाल कर दिया था। जबकि, अपनी मांगों के लिए आशा वर्कर्स का लंबा चला संघर्ष तो किसी से भी छिपा नहीं है।

ऐसा कोई दिन नहीं जाता। जब प्रदेश के अखबारों की सुर्खियां किसी न किसी कर्मचारी संगठन की हड़ताल या धरना न बनती हों। सरकार कर्मचारियों का विश्वास खो चुकी है और कर्मचारी अब सिर्फ चुनाव के इंतजार में हैं, ताकि इस सरकार को चलता किया जा सके।

कुमारी सैलजा ने कहाकि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार अपने कर्मचारियों की मांगों को लगातार अनसुना कर रही है। मजबूरी में कर्मचारियों को सरकार तक आवाज पहुंचाने के लिए हड़ताल का सहारा लेना पड़ता है, इससे सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप हो जाता है और जनता के काम भी नहीं हो पाते।

गठबंधन सरकार को चाहिए कि उसने चुनाव के समय कर्मचारी संगठनों से जो भी वायदे किए थे, उन्हें बिना किसी देरी को पूरा करे। ताकि, कर्मियों के सामने हड़ताल पर जाने की नौबत ही न आए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा रोडवेज में नए परमिट देने के विरोध में कर्मचारी यूनियन सभी डिपो पर प्रदर्शन करने कर चुकी है, लेकिन इनकी मांग को अनसुना किया जा रहा है। बिजली कर्मचारी भी अपने धरने-प्रदर्शन को चरणबद्ध तरीके से चला रहे हैं।

किसी कर्मचारी वर्ग के साथ सरकार ने वादाखिलाफी की है तो किसी की मांगों पर समय रहते विचार नहीं किया। किसी महकमे में निजीकरण के खिलाफ आवाज बुलंद हो रही है, तो कहीं पर कौशल रोजगार निगम के जरिए ठेके पर स्टाफ रखने पर नाराजगी है।

**************************

 

पश्चिम बंगाल में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

कोलकाता 17 Dec, (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीरभूम जिले में एक पत्थर की खदान से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी है।

पुलिस ने बताया कि विस्फोटक शनिवार शाम को चंदनपुर इलाके में एक खाली खदान से बरामद किए गए। पुलिस ने कहा, जब्त वस्तुओं में डेटोनेटर के 150 बक्से, डेटोनेटर के छह बक्से और 14 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट शामिल हैं।

खदान के मालिक कालीन हांदा की कुछ साल पहले मौत हो गई थी और तब से खदान लावारिस हालत में पड़ी हुई है। पुलिस ने कहा कि जांच की जा रही है। एनआईए पहले से ही 30 जून 2022 को बीरभूम जिले के मुहम्मदबाजार इलाके में एक यात्री वैन से 81,000 डेटोनेटर की बरामदगी से संबंधित एक पुराने मामले की जांच कर रही है।

राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के अधिकारियों ने डेटोनेटर जब्त किया और साथ ही तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई। एनआईए ने उसी साल 29 सितंबर को जांच की जिम्मेदारी संभाली और जांच शुरू होने के 90 दिनों के भीतर मामले में आरोप पत्र दायर किया।

इसी साल जुलाई में एनआईए ने इसी मामले में बीरभूम से एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता मनोज घोष को भी गिरफ्तार किया था। डेटोनेटर का उपयोग बीरभूम के इलाकों में काफी आम है, जहां कई पत्थर की खदानें हैं। डेटोनेटर का उपयोग पत्थर की खदानों में उपयोग के उद्देश्य से क्षेत्र में पत्थर के ब्लॉकों को विस्फोट करने के लिए किया जाता है।

*****************************

 

खुलासा : जयपुर में छापे 10 करोड़ के नकली नोट प्रदेशभर में खपाए

झुंझुनूं  17 Dec, (एजेंसी) । जयपुर में 10 करोड़ रुपए के नकली नोट छापकर झुंझुनूं सहित प्रदेशभर में खपाने का मामले में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने प्रदेशभर में ये नोट खपाए हैं। झुंझुनूं के चिड़ावा में हुई डीएसटी और चिड़ावा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही के बाद यह चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके गिरोह के लोगों ने 10 करोड़ के नकली नोट छापकर प्रदेश में खपाए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जोधपुर में रहने वाले मास्टर मांइड की तलाश कर रही है।

पुलिस की पूछताछ में अमित कुमार ने बताया कि लंबे समय से वह अपने गिरोह के लोगों के साथ जयपुर में बैठकर नकली नोट छाप रहा था। 500 के अलावा 200 और 100 रूपए के नकली नोट भी छापे गए थे। जिन्हें प्रदेशभर में खपाया गया और अब तक 10 करोड़ के नकली नोट चला चुका है। पूछताछ में सामने आया कि है कि जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और झुंझुनूं में सर्वाधिक नकली नोट खपाए गए। इस खुलासे के बाद अब झुंझुनूं की जिला स्पेशल टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि झुंझुनूं डीएसटी और पुलिस थाना चिड़ावा ने शनिवार को संयुक्त कार्यवाही करते हुए नकली नोट चलाते एक बदमाश को पकड़ा है। उसके पास से 500-500 रुपए के 22 नकली नोट जब्त किए गए थे। अमित कुमार पुत्र हवासिंह जाट पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और पिलानी के पास खुडानिया गांव का रहने वाला है। वह जयपुर में बैठकर नकली नोट छापता था।

*************************

 

खडग़े ने 21 दिसंबर को सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई

नई दिल्ली,17 दिसंबर (एजेंसी)। उत्तर भारत के तीन राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार के कुछ दिनों बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई है, जो पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है। यह बैठक 21 दिसंबर को बुलाई गई है।

सीडब्ल्यूसी की बैठक तीन राज्यों में पार्टी की हार और हाल ही में संसद में बड़े पैमाने पर सुरक्षा चूक के मद्देनजर हो रही है।
बैठक में 14 सांसदों – 13 लोकसभा से और एक राज्यसभा से सांसदों को शीतकालीन सत्र के शेष समय के लिए निलंबन पर भी चर्चा हो सकती है।

19 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन (इंडिया) ब्लॉक की बैठक निर्धारित की गई है।
पार्टी नेता ने कहा कि सीडब्ल्यूसी के दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पार्टी की रणनीति सहित कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

******************************