बंगाल को अफगानिस्तान बनाना चाहती है तृणमूल : दिलीप घोष

कोलकाता 25 May, (एजेंसी) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने आज राज्य प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया है कि तृणमूल की सरकार पश्चिम बंगाल को अफगानिस्तान में तब्दील करने पर तुली हुई है. न्यूटाउन के इको पार्क में मीडिया से मुखातिब दिलीप घोष ने कहा कि राज्यभर में बम और बंदूकों का खेल हो रहा है. बम मार कर डराने की कोशिश हो रही है. लोगों की हत्याएं की जा रही है.

तृणमूल कार्यकर्ता आपस में एक-दूसरे को मार काट रहे हैं. कई लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया. योजनाबद्ध तरीके से यह सब किया जा रहा है ताकि कानून व्यवस्था की बदहाली दिखाकर लोगों को डरा कर रखा जाए और तृणमूल कांग्रेस आसानी से शासन कर सके. पश्चिम बंगाल को अफगानिस्तान में बदलने की साजिश है.

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले उत्तर 24 परगना के बैरकपुर में एक स्वर्ण कारोबारी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. उसे कुछ देर तक रखा गया था उसके बाद मौत के घाट उतारा गया. घटना के करीब 24 घंटे होने को है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है जिसे प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इधर इस घटना के खिलाफ स्वर्ण कारोबारियों ने आगामी शनिवार को 24 घंटे की हड़ताल की घोषणा की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट तक रैली निकाली जाएगी. कारोबारियों की मांग है कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा दी जाए.

****************************

 

विश्व विख्यात हावड़ा ब्रिज की सेहत की होगी जांच

*हर दिन 80 हजार वाहनों और 4 लाख पैदल लोगों का होता है आवागमन*

कोलकाता 25 May, (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल में अंग्रेजों के द्वारा बनाया गया हावड़ा ब्रिज की जांच की जाएगी। हुगली नदी पर दो शहरों हावड़ा और कोलकाता को जोड़ने वाले 80 साल पुराने आइकोनिक हावड़ा ब्रिज की 11 साल के अंतराल के बाद पूरी तरह से जांच की जाएगी। ब्रिज के ढांचे और उसकी मजबूती की जांच होगी। कोलकाता पोर्ट के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कोलकाता पोर्ट के चेयरमैन रथेंद्र रमन ने कहा कि कैंटिलीवर ब्रिज की की गहन जांच आईआईटी चेन्नई के दिशा-निर्देशों के तहत की जाएगी।अधिकारी ने यह भी कहा कि उन्होंने कहा कि पुल की जांच नियमित रखरखाव के अलावा किया जाएगा। रमन ने कहा कि हमने 80 साल पुराने हावड़ा ब्रिज के ढांचे की गहन तरीके से जांच करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि एक दशक से भी अधिक समय से ब्रिज की जांच नहीं की गई है।

ऐसे में उसके सुचारू रूप से चलने के लिए जांच की आवश्यकता है। अधिकारी ने कहा कि जांच के जरिए यह पता चल जाएगा कि हावड़ा ब्रिज पर लोग कितने सालों तक आवागमन कर सकते हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि 11 साल पहले राइट्स की विशेषज्ञता के साथ पुल की व्यापक जांच की गई थी। हावड़ा ब्रिज को रवींद्र सेतु के नाम से भी जाना जाता है, जिसकी लंबाई 405 मीटर और चौड़ाई 21.6 मीटर है। 1943 में इसके उद्घाटन के बाद से इसे कोलकाता का प्रतीक माना जाता है।

1926 में सर आर एन मुखर्जी की अध्यक्षता में एक आयोग ने हुगली नदी पर इस पुल के निर्माण की सिफारिश की थी, जिसके बाद पुल का निर्माण शुरू किया गया था। बंदरगाह के अधिकारियों ने पहले ही 80 साल पुरानी संरचना पर बिटुमिनस सड़क की सतह को खत्म करने के लिए काम करना शुरू कर दिया गया है। पुल के भार को कम करने के लिए एक नई परत बिछाई जाएगी।पोर्ट चेयरमैन ने कहा कि आईआईटी चेन्नई का एक प्रभाग, नेशनल टेक्नोलॉजी सेंटर फॉर पोर्ट्स, वाटर वेज़ एंड कोस्ट्स (एनटीसीपीडब्ल्यूसी) अधिकारियों को हावड़ा पुल के व्यापक अध्ययन के लिए जरुरी दिशा-निर्देश देगा।

रमन ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो पहल में बंदरगाह अधिकारियों की सहायता के लिए एक और विशेषज्ञ सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। हर दिन हावड़ा ब्रिज से लगभग 80,000 गाड़ियां और 400,000 पैदल चलने वाले लोग गुजरते हैं।कोलकाता बंदरगाह, जिसे अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह के रूप में जाना जाता है, उसके रखरखाव करने वाले अधिकारी ने कहा कि हमारा उद्देश्य अपने भविष्य को सुरक्षित करना और तकनीकी चमत्कार को संरक्षित करना है। अधिकारी ने कहा कि पुल की लंबी उम्र सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी रणनीतियों को तैयार किया जाएगा।

************************************

 

सोनपुर जंक्शन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव, रुडी दिखाएंगे हरी झंडी

अपराह्न 4 बजे होगा कार्यक्रम, मंडल रेल प्रबंधक नीलमणि समेत सभी अधिकारी रहेंगे उपस्थित

• सांसद 19305-डॉ अम्बेडकर नगर कामख्या एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

• लम्बे समय से ट्रेनों के ठहराव की थी मांग, सांसद ने की थी रेल मंत्री से बात

• चार जोड़ी महत्वपूर्ण ट्रेनों का शुरू हो रहा है ठहराव

• अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए रुडी का रेल मंत्री से विमर्श, निर्णय शीघ्र

• छपरा-सोनपुर-पटना-राजेन्द्र नगर डीएमयू ट्रेन का भी शीघ्र परिचालन

पटना, 25 मई (एजेंसी) । शुक्रवार से चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव सोनपुर जंक्शन पर शुरू हो जायेगा। इस दौरान क्षेत्रीय लोकसभा सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। शुक्रवार को सोनपुर जंक्शन पर अपराह्न 4 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें सांसद 19305 डॉ अम्बेडकर नगर कामख्या एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस दौरान कार्यक्रम में सोनपुर मंडल के रेल प्रबंधक नीलमणि के साथ ही सभी अधिकारी व स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। सांसद ने बताया कि कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का सोनपुर में ठहराव को लेकर रेल मंत्री से विमर्श हो रहा है जिसपर शीघ्र निर्णय लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि छपरा-सोनपुर-पटना-राजेन्द्र नगर डीएमयू सवारी गाड़ी भी चलाई जायेगी जिसके लिए समय निर्धारित करने पर मंथन किया जा रहा है।

इस संदर्भ में सांसद ने बताया कि कोरोना काल में देशभर में ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ था। उसी समय से इन चार प्रमुख गाड़ियों का ठहराव भी सोनपुर जंक्शन पर स्थगित हो गया था। लम्बे समय से मांग थी कि इन ट्रेनों का ठहराव सोनपुर जंक्शन पुनः शुरू किया जाए। इसको लेकर उन्होंने सोनपुर रेल मंडल की बैठक में भी इस विषय को उठाया था साथ ही रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव से कई बार पत्राचार किया और मिले।

जिसका नतीजा है कि अब जाकर सोनपुर में गाड़ी संख्या 15203-04 (डाउन और अप) बरौनी लखनऊ एक्सप्रेस, 15909-10 (डाउन और अप) अवध असम एक्सप्रेस, 13019-20 (डाउन और अप) हावड़ा काठगोदाम एक्सप्रेस के साथ ही साप्ताहिक चलने वाली 19305-06 (डाउन और अप) डॉ अम्बेडकर नगर कामख्या एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो रहा है। इससे सारणवासियों के ट्रेन का सफर और सुगम होगा।

मालूम हो कि सोनपुर क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से इन ट्रेनों के ठहराव की मांग थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रुडी ने जनता की इस मांग को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखी थी जिसके बाद रेलवे ने इन ट्रेनों के ठहराव की अनुमति दे दी है।

बता दें सोनपुर रेलवे मंडल भारतीय रेलवे के पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले पांच रेलवे डिवीजनों में से एक है इसके साथ ही यह एक महत्वपूर्ण जंक्शन भी है जहां से राज्य की राजधानी पटना जंक्शन, दानापुर और पाटलीपुत्र स्टेशन, गोरखपुर के लिए ट्रेनें गुजरती है।

******************************

 

अदाकारा जैकलीन फर्नांडीज की ‘येलो फाउंडेशन’  ने स्ट्रे एनिमल्स की मदद के लिए उठाया बड़ा कदम

25.05.2023  –  बॉलीवुड की चर्चित अदाकारा सनशाइन गर्ल जैकलीन फर्नांडीज इन दिनों अपने येलो फाउंडेशन के बैनर तले सोशल वर्क करते हुए नजर आने लगी हैं। हाल में येलो फाउंडेशन के 2 साल पूरे होने पर जैकलीन द्वारा स्ट्रे एनिमल्स की नसबंदी और एडॉप्शन में मदद करने के लिए पूरे दिल से जुट गई हैं।

जैकलीन फर्नांडीज न सिर्फ एक खूबसूरत एक्ट्रेस हैं बल्कि वो एक बेहद खूबसूरत इंसान भी हैं। वह अक्सर इस चिलचिलाती धूप में स्ट्रे एनिमल्स और बर्ड्स को खाना खिलाती और मिट्टी के बर्तनों में उन्हें पानी पिलाती दिख जाती हैं। एनिमल वेलफेयर के महत्व का जश्न मनाने के लिए बॉलीवुड में उनके द्वारा किये जा रहे कार्यो को एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

फ़िलवक्त एनिमल लवर जैकलीन फर्नांडीज को फिल्म इंडस्ट्री के सोनू सूद, पूजा हेगड़े, सुज़ैन खान, एमसी स्टेन, सिद्धार्थ निगम और कई अन्य सेलिब्रिटीज का भी भरपूर समर्थन फ़िलवक्त एनिमल लवर जैकलीन फर्नांडीज को मिल रहा है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************************

 

मेंगलुरु एयरपोर्ट पर उड़ान भरते समय पक्षी से टकराया विमान, सभी यात्री सुरक्षित; बड़ा हादसा टला

बंगलुरु 25 May, (एजेंसी): कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के मेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उस समय बड़ा हादसा टल गया जब गुरुवार को दुबई जा रहा इंडिगो का एक विमान उड़ान भरते समय पक्षी से टकरा गया। हवाई अड्डे के सूत्रों के मुताबिक, घटना सुबह 8.30 बजे हुई और यात्रियों में अफरातफरी मच गई। फ्लाइट मेंगलुरु से दुबई जा रही थी।

जब उड़ान टैक्सीवे को पार कर चुकी थी और उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार थी, तब उसका एक पंख पक्षी से टकरा गया। सूत्रों ने कहा कि पायलट ने घटना के बारे में तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किया और उड़ान रद्द कर दी। अधिकारियों ने यात्रियों के दुबई जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। सूत्रों के मुताबिक, तकनीशियनों द्वारा उड़ान का निरीक्षण किया जा रहा है। घटना के बारे में अभी और जानकारी सामने नहीं आई है।

****************************

 

PM मोदी ने उत्तराखंड की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली 25 May, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून से दिल्ली के बीच पहले सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही उत्तराखण्ड राज्य अब सेमी हाई स्पीड रेलवे नेटवर्क से जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की भी सराहना की और कहा कि उत्तराखण्ड सरकार विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड में चल रहे नौ-रत्नों की भी बात कही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली और देहरादून के बीच ये चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन देश की राजधानी को और तेज गति से जोड़ेगी। इस ट्रेन से दिल्ली और देहरादून के बीच रेल सफर में अब समय काफी कम हो जाएगा। ट्रेन में जो सुविधाएं हैं वो इस सफर को आनंद दायक बनाने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तराखण्ड में शत प्रतिशत रेलवे का बिजलीकरण किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ही नहीं, पूरा देश अब विकास की रफ्तार पकड़ चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तराखण्ड आज जिस तरह से कानून-व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए विकास के अभियान को आगे बढ़ा रहा है वो बहुत सराहनीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरा विश्वास है कि ये देवभूमि आने वाले समय में पूरे विश्व की आध्यात्मिक चेतना के आकर्षण का केंद्र बनेगी। हमें इस सामर्थ्य के अनुरूप भी उत्तराखंड का विकास करना होगा।

यह होगा ट्रेन का शेड्यूल
देहरादून से दिल्ली
स्टेशन- समय
देहरादून- 7.00 बजे
हरिद्वार- 8.04 बजे
रुड़की- 8.49 बजे
सहारनपुर- 9.27 बजे
मुजफ्फरगनर- 10.07 बजे
मेरठ- 10.37 बजे
आनंद विहार- 11.45 बजे

दिल्ली से देहरादून
आनंद विहार- शाम 5.20 बजे
मेरठ- 6.38
मुजफ्फरनगर- 7.08
सहारनपुर- 7.55
रुड़की- 8.31
हरिद्वार- 9.15
देहरादून- 10.35

******************************

 

संसद के नए भवन के उद्घाटन कार्यक्रम पर विवाद, भाजपा का विपक्ष पर पाखंड का आरोप

नई दिल्ली 25 May, (एजेंसी): भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने संसद के नए भवन के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले उद्घाटन कार्यक्रम के बहिष्कार की विपक्षी दलों की घोषणा को पाखंड बताते हुए जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल और नीतीश कुमार द्वारा किए गए इस तरह के कई उद्घाटन कार्यक्रमों का मुद्दा उठाया है। पात्रा ने ट्वीट कर कहा, विपक्ष ने नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करने का ऐलान किया है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी इसका उद्घाटन करने वाले हैं। वे हवाला दे रहे हैं कि केवल राष्ट्रपति/राज्यपालों को ही संसद/विधानसभा भवनों का उद्घाटन करना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने सिलसिलेवार कई ट्वीट करते हुए पूछा कि, पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कर्नाटक विधानसभा की नींव रखी थी। कर्नाटक के राज्यपाल ने इसका उद्घाटन क्यों नहीं किया? पूर्व प्रधान मंत्री, इंदिरा गांधी ने 1981 में महाराष्ट्र विधान भवन का उद्घाटन किया था। उन्होंने ( विपक्ष ) उस कार्यक्रम का बहिष्कार क्यों नहीं किया? पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1987 में संसद भवन में पुस्तकालय भवन की नींव रखी थी। उस कार्यक्रम का किसी ने बहिष्कार नहीं किया। ऐसा किसलिए? पूर्व प्रधान मंत्री, इंदिरा गांधी ने 24 अक्टूबर 1975 को पार्लियामेंट हाउस एनेक्सी का उद्घाटन किया था। लेकिन इसका बहिष्कार नहीं किया गया।

पात्रा ने मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा भी किए गए कई उद्घाटन कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि उस समय इन दलों ने उन कार्यक्रमों का बहिष्कार क्यों नहीं किया था?

*******************************

 

900 करोड़ की लागत से स्थापित होगा सुपर कंप्यूटर, सात दिन पहले ही प्राकृतिक आपदाओं की देगा जानकारी

नोएडा 25 May, (एजेंसी): नोएडा के सेक्टर-62 स्थित राष्ट्रीय माध्यम अवधि मौसम पूवार्नुमान केंद्र (एनसीएमआरडब्ल्यूएफ) में 900 करोड़ की लागत से एडवांस तकनीक से लैस सुपर कंप्यूटर को स्थापित किया जाएगा। यह सुपर कंप्यूटर अभी के सिस्टम से 11.2 पेटा फ्लोप तक मौसम के पूवार्नुमान की सटीक जानकारी देगा। इस सिस्टम से देश दुनिया में हिमपात, चक्रवात जैसी तमाम प्राकृतिक आपदाओं का पूवार्नुमान सात दिन पहले ही लगाया जा सकता है। बुधवार को दोपहर तीन बजे सेक्टर-62 राष्ट्रीय माध्यम अवधि मौसम पूवार्नुमान केंद्र पहुंचे केंद्रीय मंत्री, पहले संस्थान में मौजूद तकनीक की कार्यप्रणाली से रुबरू हुए। इसके बाद उन्होंने मौसम वैज्ञानिकों के साथ बैठक की और मौसम के पूवार्नुमान से जुड़ी जानकारी के बारे में चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में संस्थान में 6.8 पेटा फ्लोप का सुपर कंप्यूटर स्थापित है, जो नया सुपर कंप्यूटर स्थापित होने जा रहा है, उसकी क्षमता 18 पेटा फ्लोप होगी। इससे मौसम पूवार्नुमान की सटीक जानकारी मिलेगी। सुपर कंप्यूटर के नाम की घोषणा पीएम करेंगे। इस दौरान बैठक में पृथ्वी विज्ञान के प्रमुख सचिव समेत कई राष्ट्रीय केंद्रों के मौसम वैज्ञानिक शामिल हुए।

सुपर कंप्यूटर में सामान्य कम्प्यूटरों की तुलना में उच्च स्तरीय कैलकुलेशन की जा सकती है। सामान्य कंप्यूटर प्रति सेकेंड 10 लाख निर्देशों की प्रोसेसिंग कर सकता है, लेकिन सुपर कंप्यूटर की कार्य क्षमता नोटिंग प्वांइट आपरेशन प्रति सेकेंड से मापी जाती है। नोटिंग प्वांइट काफी लंबी संख्या का संकेतीकरण है, इससे उन्हें आसानी से संचारित किया जा सके। ये एक समय में कई काम कर सकता है।

इसमें क्वांटम यांत्रिकी, मौसम का पूवार्नुमान, जलवायु पर अनुसंधान, तेल तथा प्राकृतिक गैस अन्वेषण, विमान तथा अंतरिक्षयान के लिए वायु गति विज्ञान, परमाणु हथियारों के विस्फोट एवं विलय जैसे कार्य होंगे।

*****************************

 

तीन देशों की यात्रा कर भारत लौटे PM मोदी, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

नई दिल्ली 25 May, (एजेंसी): तीन देशों की पांच दिवसीय विदेश यात्रा के बाद भारत वापस लौटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पालम एयरपोर्ट पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के बाद भारत लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए नड्डा ने कहा, जिस तरीके से बीते पांच दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की छवि को आगे बढ़ाया है वो गौरवान्वित करता है। वे सभी की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनन्दन और स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी प्रधानमंत्री गए, वहां के इंडस्ट्री लीडर्स, साइंटिस्ट और गणमान्य नेता उनसे मिलने को आतुर रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ गवर्नेंस पर चर्चा की, यह भी भारत के लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान विदेशी नेताओं ने जिस तरीके से उनको आदर दिया, सम्मान दिया वो यह बताता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के प्रति उनमें किस प्रकार का विश्वास है।

स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं केंद्रीय मंत्रियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, इस यात्रा के दौरान उनके पास जितना समय था, उसका पल-पल उन्होंने देश की बात करने में, देश की भलाई के लिए निर्णय करने में उपयोग किया। उन्हें 40 से अधिक महत्वपूर्ण व्यक्तियों के साथ मुलाकात का मौका मिला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे दुनिया के देशों में जाकर , दुनिया के महापुरुषों से मिल कर हिंदुस्तान के सामथ्र्य की बात करते हैं, हिंदुस्तान की युवा पीढ़ी के टैलेंट की चर्चा करते हैं और अवसर मिलने पर भारत के नौजवान कैसा पराक्रम कर के दिखलाते हैं, ये भी दुनिया में जा कर बतलाते हैं। देश की महान संस्कृति का गौरवगान करते हुए वे आंखें नीची नहीं करते हैं, आंखें मिला कर बात करते हैं। उन्होंने कहा कि वे ऐसा इसलिए कर पाते हैं, क्योंकि देश के लोगों ने एक पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाई है।

ऑस्ट्रेलिया की यात्रा का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, वहां पर भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के पीएम का आना, हम सभी के लिए गौरव की तो बात है ही, लेकिन इतना ही नहीं, उस समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री भी थे, विपक्ष के सांसद थे, सत्ता पक्ष के सांसद थे। सब के सब मिलजुल कर भारतीय समुदाय के इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। ये यश मोदी का नहीं है, हिंदुस्तान के पुरुषार्थ का है, 140 करोड़ हिन्दुस्तानियों के जज्बे का है।

प्रधानमंत्री ने कहा, मैं आप से भी यही कहूंगा कि हिंदुस्तान की संस्कृति, महान परंपरा के बारे में बोलते हुए कभी भी गुलामी वाली मानसिकता में डूब मत जाना, हिम्मत के साथ बात कीजिए, दुनिया सुनने को आतुर है। जब मैं यह कहता हूं कि हमारे तीर्थ क्षेत्रों पर हमले स्वीकार नहीं हैं, तो दुनिया भी मेरे साथ दिखती है।

उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग इलाकों में जी-20 को लेकर जो बैठकें हो रही हैं, उसकी दुनियाभर में तारीफ हो रही है। खासतौर से जी-7 देशों के जिन नेताओं के साथ भी उनकी मुलाकात हुई, उन्होंने भारतीयों के व्यवहार की जबरदस्त तारीफ की।

उन्होंने कोविड के संकटकाल में देश के अंदर विपक्षी दलों द्वारा किए गए व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा कि उस समय विपक्ष उनसे हिसाब मांगता था कि वो दुनिया के अन्य देशों को कोविड वैक्सीन क्यों दे रहे हैं, जबकि आज इसी वजह से दुनिया के कई देशों और उनके नागरिकों की नजर में भारत और भारतीयों की प्रतिष्ठा बढ़ी है। आज दुनिया के हर कोने से यह आवाज आ रही है कि वैश्विक संकट और समस्याओं के समाधान में भारत मदद करें, अपने स्टैंड के बारे में बताए।

********************************

 

अब क्या कांग्रेस नेहरू का भी बहिष्कार करेगी? , संसद के नए भवन के उद्घाटन विवाद पर बोले हरदीप पुरी

जालंधर 25 May, (एजेंसी): केंद्रीय पैट्रोलियम व शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि अब हम ज्वाइंट ऑपोजिशन अर्थात संयुक्त विपक्ष की बातें सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्वाइंट ऑपोजिशन आपस में यह पूछ रही हैं कि यह आऊट ऑफ सिलेबस ‘संगोल’ कहां से आ गया।

उन्होंने कहा कि माननीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया था कि ‘संगोल’ तमिल भाषा के शब्द ‘सेम्मई’ से निकला हुआ शब्द है। इसका अर्थ होता है धर्म, सच्चाई और निष्ठा। 14 अगस्त 1945 को जवाहर लाल नेहरू ने तमिलनाडु की जनता से संगोल को स्वीकार किया था। अब क्या कांग्रेस नेहरू का भी बहिष्कार करेगी?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को 24 अक्तूबर 1975 का दिन याद करना चाहिए जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पार्लियामैंट एनैक्सी का उद्घाटन किया था। इसी तरह 15 अगस्त 1987 का दिन भी याद कर लेना चाहिए जब राजीव गांधी ने पार्लियामेंट लाइब्रेरी की नींव रखी थी, क्या तब कांग्रेस ने भी राष्ट्रपति का अपमान किया था?

कांग्रेस ने कहा था कि प्रधानमंत्री ने 28 को नए संसद भवन का उद्घाटन करना है परन्तु उसमें राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए चुना जाना था तब कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की थीं।

****************************

 

तिहाड़ जेल के वॉशरूम में फिसले आप नेता सत्येंद्र जैन, चोटें आईं; अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली 25 May, (एजेंसी): जेल में बंद आप नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल के वॉशरूम में फिसल गए, जिसके बाद उन्हें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बता दें कि सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल नंबर सात में बंद हैं।

जेल के एक अधिकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह 6 बजे वह बाथरूम में गिर गए, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। कमजोरी के कारण उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने उनकी जांच की। जेल अधिकारियों ने कहा, डॉक्टरों ने उन्हें आगे डीडीयू अस्पताल रेफर किया। उन्होंने पीठ, बाएं पैर और कंधे में दर्द की शिकायत की है।

*************************************

 

दृश्यम् का बनेगा दक्षिण कोरियाई रीमेक

25.05.2023 (एजेंसी) अजय देवगन और तब्बू-स्टारर ²श्यम फ्रेंचाइजी देश की सीमाओं को पार करने जा रही है। दक्षिण कोरियाई दर्शकों के लिए इसका आधिकारिक रीमेक बनाया जाएगा जिसमें फिल्म में वहां के हिसाब से बदलाव किए जाएंगे। दृश्यम् एक भारतीय फ्रेंचाइजी है जिसने हर भारतीय भाषा में सफलता हासिल की है, चाहे वह मलयालम, तमिल, कन्नड़, तेलुगु या हिंदी हो। कान फिल्म फेस्टिवल के इंडिया पवेलियन में रविवार को यह घोषणा हुई।भारतीय प्रोडक्शन कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज और वार्नर ब्रदर्स के पूर्व स्थानीय कोरियन प्रमुख जे चोई द्वारा स्थापित एंथोलॉजी स्टूडियोज, पैरासाइट अभिनेता सोंग कांग-हो और प्रशंसित निर्देशक किम जी-वून ने कोरियाई रीमेक के लिए भागीदारी की है।

दिवंगत निशिकांत कामत द्वारा निर्देशित दृश्यम् का पहला भाग विजय सलगांवकर के इर्द-गिर्द घूमता है, जिसकी साधारण दुनिया एक आकस्मिक मृत्यु के बाद बिखर जाती है, जिसमें उनके परिवार और उन्हें कानून से बचाने के लिए उनके हताश उपाय शामिल हैं। अजय देवगन, तब्बू और कमलेश सावंत के सराहनीय प्रदर्शन के साथ फिल्म काफी सफल हुई थी।निमार्ता कुमार मंगत पाठक ने कहा, मैं उत्साहित हूं कि दृश्यम् फ्रेंचाइजी कोरियन में बनाई जा रही है। पहली बार कोई हिंदी फिल्म कोरियन में बनने जा रही है।

इससे न केवल भारत के बाहर इसकी पहुंच बढ़ेगी बल्कि हिंदी सिनेमा को वैश्विक मानचित्र पर भी जगह मिलेगी। पिछले कई वर्षों में, हम कोरियाई शैली से प्रेरित हुए हैं, अब उन्होंने हमारी एक फिल्म में प्रेरणा ढूंढ ली है। भारतीय फिल्म बिरादरी के लिए इससे बड़ी उपलब्धि क्या हो सकती है।जे चोई भी इस सहयोग को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, हम कोरियाई सिनेमा की मौलिकता को बरकरार रखते हुए एक व्यापक रूप से सफल हिंदी फिल्म का रीमेक बनाने का अवसर पाकर रोमांचित हैं।

कोरिया और भारत के बीच पहले प्रमुख सह-निर्माण के रूप में इस रीमेक का अधिक महत्व है। हमारी साझेदारी के माध्यम से हम भारतीय और कोरियाई दोनों सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ को पर्दे पर उतारने और एक सार्थक रीमेक बनाने में सक्षम होंगे जो मूल फिल्म की तरह ही उत्कृष्ट है।यह बताते हुए कि फिल्म अपने ट्विस्ट और टर्न से दर्शकों को बांधे रखती है, कुमार मंगत पाठक ने विश्वास जताया कि दृश्यम् फ्रेंचाइजी को कोरिया (और बाकी दुनिया) में भी दर्शक मिलेंगे। उन्होंने अंत में कहा, यह दोनों देशों और उनके फिल्म उद्योगों के बीच एक मूल्यवान सांस्कृतिक आदान-प्रदान की शुरुआत है।

*****************************

 

राम चरण ने तेलुगु सिनेमा की ताकत पहचानने के लिए एनटीआर की तारीफ की

25.05.2023 (एजेंसी)   आरआरआर स्टार राम चरण ने कहा है कि टॉलीवुड हीरो से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने वाले एन.टी. रामाराव ने तेलुगु को विश्व मानचित्र पर रखा और वह तब तक जीवित रहेंगे जब तक तेलुगु सिनेमा है। वह 28 मई को पडऩे वाली एनटीआर की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में शनिवार रात आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।

विडंबना यह है कि राम चरण के पिता मेगा स्टार चिरंजीवी एनटीआर के राजनीतिक विरोधी हुआ करते थे, लेकिन स्पष्ट रूप से अब काफी समय बीत चुका है।एसएस राजामौली की आरआरआर में उनके सह-कलाकार जूनियर एनटीआर संयोग से आंध्र आइकॉन के पोते हैं।राम चरण ने कहा, आजकल तेलुगू सिनेमा की विदेशों में खूब तारीफ हो रही है और हर कोई दक्षिण भारतीय सिनेमा की तारीफ कर रहा है। ग्लोबल स्टार ने कहा, लेकिन, उन दिनों बहुत पहले एनटीआर गारू ने हमारे सिनेमा की ताकत को साबित किया।

हमें उन दिनों के बारे में कभी नहीं भूलना चाहिए। हमें उन महान उपलब्धियों को याद रखना चाहिए।वह हैदराबाद में कुकटपल्ली के कैथलपुर मैदान में आयोजित शताब्दी समारोह में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में कई फिल्मी और राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की। इस अवसर पर राम चरण ने एनटीआर गारू के साथ अपने व्यक्तिगत संबंध को याद किया।उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि कहां से शुरू करूं। उनका नाम सभी बेंचमार्क और उपलब्धियों से परे है। नंदामुरी तारक राम राव गारू एक बड़े व्यक्तित्व थे।एनटीआर जैसे जन नेताओं के बारे में बात करते हुए उन्होंने आदरपूर्वक कहा, हमें उनकी उपलब्धियों को याद रखना चाहिए और उनके जीवन जीने के तरीके से प्रेरणा लेनी चाहिए।

उनके नक्शे कदम पर चलने से हमें बहुत गर्व और खुशी मिलती है।राम चरण ने कहा, मैं तथा सभी कलाकार, जो हर दिन फिल्म के सेट पर जाता है, उनका नाम याद करता है। उन्होंने हमें पहचान दी। फिल्म उद्योग क्या है? तेलुगु फिल्म उद्योग क्या है? हमारे पड़ोसी राज्यों के साथ-साथ पूरे देश और अन्य देशों के लिए भी?द ग्रेट लिजेंड एन.टी. रामा राव गारू ने हमारे फिल्म उद्योग को सम्मान दिलाया। इस उद्योग में एक महान व्यक्तित्व है। उस उद्योग में काम करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है जहां एनटीआर गारू थे।

निजी तौर पर राम चरण ने याद किया, मैं केवल एक बार एनटीआर गारू से मिला था। पुरंधरेश्वरी गारी के बेटे रितेश और मैं बचपन में एक साथ स्केटिंग कक्षाओं में जाते थे। हम सुबह 5.30 से 6.00 बजे तक अपनी कक्षाएं समाप्त कर लेते थे। सुबह एक दिन रितेश ने मुझे अपने साथ अपने दादा के घर चलने को कहा। वह उस समय मुख्यमंत्री थे। उनके पास भारी सुरक्षा थी।

मुझे लगा कि मुझमें हां या नहीं कहने की ताकत भी नहीं है। मैंने कहा ठीक है। हम दोनों पुरंधरेश्वरी गारी के घर से अपनी स्केट्स पर चले गए और सुबह 6.30 बजे रामा राव गारू के घर पहुंचे।मैं एनटीआर गारू से मिलना चाहता था और उनसे विदा लेना चाहता था। लेकिन जब हम उनके घर पहुंचे तो वह नाश्ता करने वाले थे। जब उन्होंने मुझे देखा तो उन्होंने मुझे बिठाया और टिफिन की पेशकश की। मैं बहुत भाग्यशाली महसूस कर रहा था। मैं हमेशा याद रखूंगा, उनके साथ नाश्ता साझा करने का वह क्षण। मुझे वह अवसर देने के लिए मैं पुरंधरेश्वरी गारी को धन्यवाद देता हूं।

******************************

 

वर्ष की 2री सर्वाधिक कमाई वाली फिल्म, 200 करोड़ के नजदीक पहुँची

25.05.2023 (एजेंसी)   द केरल स्टोरी प्रगति पर है। फिल्म ने अपने दूसरे सप्ताहांत में भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी गति बनाए रखी। अदा शर्मा और योगिता बिहानी की प्रमुख भूमिकाओं वाली यह फिल्म धार्मिक रूपांतरण के गंभीर विषय और तीन महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म का निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया है।

शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, फिल्म 200 करोड़ रुपये तक पहुंचने के करीब पहुंच रही है। फिल्म आने वाले हफ्ते में आंकड़ा पार कर सकती है। शनिवार को, द केरला स्टोरी ने अपने सोलहवें दिन सभी भाषाओं में 9 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ, फिल्म की कुल कमाई अब 180 करोड़ रुपये (लगभग) हो गई है। इसने शुक्रवार के कलेक्शन से भी बेहतर कमाई की है।

केरल स्टोरी का निर्माण विपुल शाह ने किया है और इसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। कई लोगों ने इसे प्रोपेगेंडा फिल्म बताया।इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विपुल शाह ने कहा, फिल्म का सफर शानदार रहा है लेकिन अभी लंबा सफर बाकी है। हम पर भी कई तरह के आरोप लगे।

उन्होंने हमें प्रोपेगैंडा फिल्म कहा और क्या नहीं। लेकिन दर्शकों ने उस सबका जवाब दिया है। जिस तरह से दर्शकों ने फिल्म को स्वीकार किया और सराहा है और जो प्यार दिया है, वह उन सभी आरोपों का एक उपयुक्त जवाब है। फिल्म को पश्चिम बंगाल तमिलनाडु और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बैन का सामना करना पड़ा।

*****************************

 

कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी स्टारर सत्यप्रेम की कथा के मेकर्स ने जारी किया रोमांटिक पोस्टर

25.05.2023 (एजेंसी)  कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी स्टारर अपकमिंग फिल्म सत्यप्रेम की कथा का टीजर रिलीज हुए अभी एक दिन हुआ है, जिसमें दर्शकों को पूरी तरह से एक प्योर रोमांटिक लव स्टोरी की झलक दी है। फिल्म के टीजर में कार्तिक-कियारा की शानदार केमेस्ट्री ने भी लोगों को अपना दीवाना बना दिया।

ऐसे में अब मेकर्स ने इस अपकमिंग म्यूजिकल रोमांस का एक नया पोस्टर जारी किया है जिसपर कार्तिक-कियारा की ब्लॉकबस्टर जोड़ी नजर आ रही हैं। मेकर्स ने ये पोस्टर खास आज के दिन इसलिए रिलीज किया है क्योंकि आज भूल भुलैया 2 को एक साल पूरे हो चुके है।जी हां, दर्शकों को ये पोस्टर लॉन्च उसी दिन देखने को मिला जब 2022 में भूल भुलैया 2 रिलीज हुई थी और जिसमें पहली बार कियारा-कार्तिक की हिट जोड़ी बड़े पर्दे पर दिखी थीं।

यह वास्तव में लोगों को आकर्षित करने के लिए एक खास पल है क्योंकि यह 20 मई 2022 था, जब भूल भुलैया 2 रिलीज हुई थी और इस साल 20 मई 2023 को सत्यप्रेम की कथा का पोस्टर रिलीज किया गया है। पोस्टर प्यार में पडऩे के लिए बिल्कुल लायक लग रहा है। जादुई जोड़ी कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी के इस पोस्टर ने फिर से प्यार और रोमांटिक वाइब्स की यादें ताजा कर दी है।

सत्यप्रेम की कथा एनजीई और नम: पिक्चर्स के बीच बड़े पैमाने पर सहयोग का प्रतीक है। दिलचस्प बात यह है कि साजिद नाडियाडवाला और शरीन मंत्री केडिया ने किशोर अरोड़ा और निर्देशक समीर विद्वांस के साथ अपनी अपनी फीचर फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता हैं। सत्यप्रेम की कथा 29 जून 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आप अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रह सकते हैं। किसी काम को लेकर बाहर जाने की कार्य योजना बन सकती है। आज व्यापार-व्यवसाय में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। किसी बात को लेकर परिवार में विवाद की स्थिति बनने से मन अशांत रहेगा। प्रेस प्रसंग में सावधानीबरतें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका मन प्रसन्नता से भरा रहेगा। आप कोई नया कार्य शुरू कर सकते हैं। आपको अपने किसी परिचित से कार्य क्षेत्र में सहयोग मिलेगा। व्यापार क्षेत्र में नए अवसर बनेंगे। परिवार में नया मेहमान आ सकता है। मान-सम्मान में बढ़ोतरी होगी। धार्मिक यात्रा पर जाने का योग बनेगा। बैंक सम्बन्धी कार्य में विलम्ब होने से तनाव बढ़ेगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आप दिन उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। स्वास्थ्य में गिरावट महसूस करेंगे। अपने के किसी व्यवहार से मन खिन्न रहेगा। व्यापार-व्यवसाय में आपके सहयोगियों द्वारा आपको नुकसान पहुंचाया जा सकता है। संभलकर रहें और वाहन आदि का उपयोग संभालकर करें। परिजनों का साथ हिम्मत देगा। सन्तान की उपलब्धि से प्रसन्नता होगी।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन आप व्यर्थ के वाद-विवाद में उलझ सकते हैं। आप कोई नया काम करने का विचार बना रहे हैं तो अभी के लिए उसे रोक दें। व्यापार-व्यवसाय में अभी जोखिम न उठाएं। किसी लम्बी यात्रा पर न जाएं। वाहन आदि का उपयोग संभालकर करें। विरोधी पक्ष हावी होगा। आत्मविश्वास बढऩे से काम आसानी से पूरे होंगे।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन अच्छा महसूस करेंगे। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। किसी आध्यात्मिक व्यक्ति से मिलना होगा, उनका मार्गदर्शन आपके जीवन के लिए लाभकारी रहेगा। आज आपको व्यापार आदि में अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। परिवार में मांगलिक कार्यक्रम होंगे। परिवार के साथ भ्रमण पर जाने की योजना बनेगी। शेयर मार्केट में उतार चढ़ाव बना रहेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण होगा। आज आप व्यापार-व्यवसाय में कोई पार्टनरशिप कर सकते हैं। आपका मन सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहेगा। आपको परिवार और व्यवसाय के क्षेत्र में मान-सम्मान प्राप्त होगा। वाणी पर संयम रखे। कार्य क्षेत्र पर आपसी सामंजस्य का अभाव रहेगा। मांगलिक कार्य सम्पन्न होंगे।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आप मानसिक तनाव परिवारिक कलह की वजह से परेशान नजर आएंगे। पुराना कोई विवाद फिर से आपके सामने आ सकता है। आप अपने किसी परिचित को खो सकते हैं। व्यापार-व्यवसाय में आपको कोई नया डिसीजन अभी सोच-विचार कर लेने की जरूरत है। पत्नी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पैसों की जबरदस्त कमी रहेगी। खर्चे को लेकर परेशान रहेंगे।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन व्यर्थ की भागदौड़ में निकलेगा। आप जिस कार्य के लिए कुछ दिनों से परेशान हैं, आज आपका वो काम होता हुआ दिखाई देगा। आपको अपने मित्रों से धोखा मिल सकता है। व्यापार में बड़ा लेन-देन सोच-विचार कर करें। यात्रा आदि में सावधानी बरतें।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपका अच्छा निकलेगा। रुके हुए कार्य पूर्ण होने से मन प्रसन्न रहेगा। पुराने साथी से मिलना होगा। कोई नया काम आज आप शुरू कर सकते हैं। परिवार में कोई शादी संबंध निश्चय हो सकता है। पत्नी का सहयोग और प्रेम प्राप्त होगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन शानदार रहेगा। व्यापार-व्यवसाय में लाभ प्राप्त होगा। आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। आप किसी नए कार्य के शुरुआत करने की योजना पर काम कर सकते हैं। व्यवसाय में सहयोगियों का साथ मिलेगा। कोई नया वाहन मकान खरीद सकते हैं।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज के दिन आपको वाणी पर नियंत्रण रखना होगा। वाद-विवाद से आप दूर रहें। परिवारिक जीवन में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी। आप किसी कार्य के सिलसिले में किसी विशेष व्यक्ति से मिल सकते हैं। परंतु कार्य पूर्ण होने में संदेह है। पत्नी से संबंध मधुर होंगे।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज के दिन किसी विशेष व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधित समस्या हो सकती है। आप आज अपने क्रोध पर नियंत्रण रखें नहीं तो आपका बड़ा नुकसान हो सकता है। किसी बड़े काम से आप हाथ धो बैठेंगे। परिवार में कलह हो सकती है, जिस कारण मन अशांत रहेगा।

**********************************

 

सिसोदिया ने दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल अंतरिम जमानत याचिकाएं वापस लीं

नई दिल्ली 24 May, (एजेंसी) । दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार और धन शोधन आरोपों से संबंधित सीबीआई और ईडी की जांच से जुड़े मामलों में दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अपनी अंतरिम जमानत याचिकाएं बुधवार को वापस ले लीं। न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा की पीठ ने कहा, यह देखते हुए कि याचिकाकर्ता की पत्नी की हालत में सुधार हुआ है और अब स्थिर है, अंतरिम आवेदनों को वापस ले लिया गया है।

आप के वरिष्ठ नेता ने अपनी पत्नी की बीमारी के आधार पर मामले में अंतरिम जमानत के लिए 3 अप्रैल को उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।

इसी एकल-न्यायाधीश की पीठ ने 11 मई को जेल अधीक्षक को निर्देश दिया था कि याचिका के निष्पादन तक जेल के नियमों के दायरे में सिसोदिया को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा प्रदान की जाए ताकि वह हर दूसरे दिन दोपहर 3-4 बजे के बीच अपनी पत्नी से बात कर सकें।

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू ने कहा कि उन्होंने पहले याचिका खारिज करने की मांग की थी क्योंकि आवेदन में यह उल्लेख नहीं किया गया था कि पत्नी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

उन्होंने कहा कि खारिज किए जाने के डर से आवेदन वापस लिए जा रहे हैं।

राजू ने कहा, याचिका सामान्य रूप से वापस नहीं ली गई है।

हालांकि, अदालत ने कहा कि इस तरह के किसी भी विवाद में जाए बिना आवेदन को वापस लिया गया मानते हुए खारिज किया जाता है।

सिसोदिया की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मोहित माथुर ने धन शोधन मामले में अपने मुवक्किल की नियमित जमानत याचिका पर दलीलें फिर से शुरू करते हुए कहा कि सामान्य नियम यह है कि जमानत दी जानी है।

दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जांच किए जा रहे मामले में सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 1 जून तक बढ़ा दी।

जेल अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे अध्ययन के उद्देश्य से उन्हें एक कुर्सी और मेज प्रदान करने के उनके अनुरोध पर विचार करे।

केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा जिस मामले की जांच की जा रही है उसमें अदालत ने 12 मई को सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 2 जून तक बढ़ा दी थी।

इस साल 26 फरवरी को सीबीआई द्वारा सिसोदिया को गिरफ्तार करने के बाद ईडी ने नौ मार्च को सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।

पिछले महीने, विशेष न्यायाधीश एम.के. नागपाल ने आप नेता को यह कहते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया था कि प्रथम दृष्टया सबूत अपराध में उनकी संलिप्तता के बारे में बहुत कुछ कहते हैं।

****************************

 

राजस्थान में फरार अपराधियों पर ईनाम की राशि में हुई बढ़ोतरी

जयपुर  24 May, (एजेंसी) । प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए राज्य सरकार द्वारा पुरस्कार राशि में वृद्धि की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान अब एक लाख के स्थान पर 5 लाख रुपये तक के इनाम की रकम की घोषणा कर सकेंगे। एडीजी, रेंज आईजी, कमिश्नर और जिला एसपी की अधिकृत राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।

महानिदेशक पुलिस अपराध उमेश मिश्रा ने बताया कि अपराधियों के बारे में सूचना देने वाले और गिरफ्तार करने वाले को पुरस्कार स्वरूप दिए जाने वाली अधिकृत राशि में वृद्धि किए जाने के संबंध में राज्य सरकार की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 29 मई 1997 तत्पश्चात 27 अगस्त 2008 और करीब 8 साल पहले 5 अगस्त 2013 को इनाम की राशि में बढ़ोतरी की गई थी।

इसके अनुसार अब महानिदेशक पुलिस 1 लाख के स्थान पर 5 लाख, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध और एटीएस एवं एसओजी 50 हजार के स्थान पर 1 लाख, रेंज आईजी और कमिश्नर 10 हजार के स्थान पर 50 हजार और जिला एसपी 5 हजार के स्थान पर 25 हजार रुपये तक के इनाम की राशि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले और गिरफ्तार करने वाले को देने के लिए अधिकृत किए गए हैं।

***************************

मवेशी तस्करी मामला : ईडी ने अनुब्रत, सुकन्या मंडल की संपत्तियां कुर्क की

कोलकाता 24 May, (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के मवेशी तस्करी के कथित मामले की जांच के तहत ईडी ने टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल और उनकी बेटी सुकन्या मंडल के कई बैंक खातों को सीज कर दिया और संपत्तियां कुर्क की हैं। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि कुल 25 बैंक खातों को सीज कर दिया गया है और 11 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। कुर्क की गई संपत्तियों में से कुछ अनुब्रत मंडल के नाम पर थीं, जबकि अन्य उनकी स्वर्गीय पत्नी चोबी मंडल और बेटी सुकन्या मंडल के नाम पर थीं। पिता और बेटी फिलहाल तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

ईडी ने जिन 25 बैंक खातों को सीज किया है उनमें मंडल और उनके परिवार के सदस्यों के व्यक्तिगत बैंक खाते, एएनएम एग्रोकेम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड और नीर डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं, जिनमें सुकन्या मंडल निदेशक थीं।

यह दूसरी बार है जब ईडी ने मंडल और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खाते सीज किए और संपत्तियों को कुर्क किया है। पहले चरण में केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने 17 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। इस तरह ईडी ने दो चरणों में कुल मिलाकर 28 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है।

हालांकि, एक बात जो ईडी के अधिकारियों को परेशान कर रही है, वह यह कि संपत्तियों की कुर्की और फंड की आपूर्ति को अवरुद्ध करने के बावजूद, कानूनी खर्चे के लिए फंड कहां से आ रहा है। ईडी के अधिकारी फंड सप्लाई के उन माध्यमों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

ईडी के सूत्रों ने कहा कि केवल बीरभूम जिले के बोलपुर में मंडल के पैतृक घर को छोड़ा गया है क्योंकि अन्य रिश्तेदार, जिनका मवेशियों के मामले से कोई संबंध नहीं है, वह भी उस संपत्ति में हिस्सेदार हैं।

*****************************

ममता 27 मई को नीति आयोग की बैठक में शामिल नहीं होंगी

कोलकाता 24 May, (एजेंसी) । आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 27 मई को नई दिल्ली में नीति आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। पश्चिम बंगाल कैबिनेट के एक वरिष्ठ सदस्य ने नाम न छापने की सख्त शर्त पर कहा, हालांकि शुरुआत में उन्होंने नीति आयोग की बैठक में भाग लेने का फैसला किया था। लेकिन अब उन्होंने अपनी राय बदल दी है और बैठक में शामिल न होने का निर्णय लिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल यही फैसला हुआ है और आने वाले समय में यह बदल भी सकता है।

मंगलवार की देर शाम, राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने घोषणा की कि पार्टी 28 मई को राष्ट्रीय राजधानी में नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करेगी।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि नीति आयोग की बैठक और नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करने का फैसला ममता बनर्जी द्वारा अपने भाजपा विरोधी रुख को और अधिक मजबूती से जीवित रखने की उत्सुकता से प्रेरित है।

हालांकि, राज्य के विपक्षी दलों ने नीति आयोग की बैठक का बहिष्कार करने के के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सामी भट्टाचार्य के अनुसार, जब विकास पर चर्चा की बात आती है, तो मुख्यमंत्री हमेशा ऐसी बैठकों से दूर रहती हैं और संवाद से बचती हैं। भट्टाचार्य ने कहा, इस बार भी उन्होंने ऐसा ही किया है।

माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य डॉ. सुजान चक्रवर्ती ने भी नीति आयोग की बैठक में न जाने के मुख्यमंत्री के फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, उन्हें एक राज्य की मुख्यमंत्री और एक विशेष राजनीतिक दल के नेता के रूप में अपनी भूमिका के बीच अंतर को समझना चाहिए। ऐसी बैठकें ऐसे अवसर होते हैं जहां मुख्यमंत्री राज्य से संबंधित मुद्दों को उठा सकते हैं और इसलिए किसी को भी इसे छोड़ना नहीं चाहिए।

****************************

रनवे को छूते ही फिर हवा में उड़ गई इंडिगो की फ्लाइट, मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली 24 May, (एजेंसी)- चंडीगढ़ से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से चौंका देने वाला मामला सामने आया है। अंदर बैठे यात्रियों में उस समय हड़कंप मच गया जब विमान लैंड होते ही फिर से हवा में उड़ने लगा। मामला सोमवार रात का है। विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के रनवे पर उतरने के कुछ ही सेकेंड में फिर से टेक-ऑफ कर गया। यह घटना रात करीब 8:15 बजे एक नियमित लैंडिंग के दौरान घटी, जिससे यात्री में अफरा-तफरी मच गई। इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E 6056 चंडीगढ़ से अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई एयरपोर्ट पर आ रही थी।

रनवे को छूते ही उड़ा विमान

फ्लाइट 6E 6056 में यात्रियों में शामिल वड़ोदरा के रहने वाले डॉ. नील ठक्कर ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि वे सब घबरा गए क्योंकि किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। उन्होंने कहा, “विमान लगभग 8.45 बजे नीचे उतरना शुरू हुआ, लेकिन जैसे ही इसके पहिए जमीन को छूए पायलट ने अचानक उड़ान भर दी और विमान एक बार फिर हवा में उड़ गया।” ठक्कर ने बताया कि दोबारा लैंड करने से पहले प्लेन करीब 20 मिनट तक फिर हवा में रहा। यात्री ने बताया कि इस “अप्रत्याशित पैंतरेबाजी से 100 से अधिक यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई थी।” उसने एयरलाइन, डीजीसीए और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक ईमेल भेजा है।

बिना इजाजत के उतार दिया प्लेन?

ठक्कर ने अपने ईमेल में लिखा है कि उन्होंने आगमन पर घटना के संबंध में स्पष्टीकरण के लिए पायलट से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “पायलट जगदीप सिंह ने जवाब दिया कि यह एक नियमित कम्युनिकेशन प्रॉबलम थी और एयरलाइन के पास विमान को उतारने के लिए एटीसी की मंजूरी नहीं थी।” ठक्कर ने सवाल किया कि अगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने मंजूरी नहीं दी होती तो विमान कैसे उतर सकता है। उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस के ड्यूटी मैनेजर से संपर्क किया, जिन्होंने उन्हें जांच शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को एक ईमेल भेजने की सलाह दी। ठक्कर ने पूरी जांच किए जाने की उम्मीद जताई।

******************************

 

बाबा बागेश्वर को मिली Y कैटेगरी की सुरक्षा, एमपी पुलिस ने सभी राज्यों को लिखा पत्र

भोपाल 24 May, (एजेंसी)- मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम के चर्चित कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। धीरेंद्र शास्त्री अब Y श्रेणी की सुरक्षा घेरे में रहेंगे। धमकी मिलने के बाद पीठाधीश्वर महाराज की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मध्य प्रदेश पुलिस के कानून व्यवस्था और सुरक्षा आईजी की तरफ से आदेश जारी किए गए। इस संबंध में सभी राज्यों को भी पत्र लिखा गया है।

बता दें बिहार के आईपीएस ने धीरेद्र कृष्ण शास्त्री को जेड प्लस सुरक्षा देने की मांग की थी। इस संबंध में आईपीएस अरविंद पाडेय ने ट्वीट किया था। हाल ही धीरेंद्र शास्त्र बिहार गए थे। जहां उनके दर्शन के लिए लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा था। Y श्रेणी की सुरक्षा में एक या दो कमांडो और पुलिस कर्मियों सहित आठ जवान सुरक्षा में हरपल तैनात रहते हैं। इस सुरक्षा कवच को तोड़ पाना किसी के लिए आसान नहीं होता। इसमें सुरक्षा के रूप में दो पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) भी होते हैं। भारत में Y श्रेणी की सुरक्षा कई लोगों के पास है।

**************************

 

नए संसद भवन के विरोध के बीच BJP को मिला अकाली समेत इन दलों का साथ, सरकार ने विपक्ष से की अपील

नई दिल्ली 24 May, (एजेंसी)- भारतीय लोकतंत्र का नया मंदिर बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन इसके उद्घाटन को लेकर सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मई को नए संसद भवन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। हालांकि, इस कार्यक्रम में कांग्रेस समेत विपक्ष के 19 दल शामिल नहीं होंगे।

कांग्रेस समेत विपक्ष की 19 राजनीतिक दल नए संसद के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करेंगे। इन दलों में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (TMC), आम आदमी पार्टी (AAP), द्रमुक (DMK), समाजवादी पार्टी (SP), जेडीयू (JDU), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), शिवसेना (यूबीटी), एआईएमआईएम (AIMIM), माकपा, भाकपा शामिल हैं। इन दलों ने एक संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को उद्घाटन समारोह से दरकिनार करना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद के नए भवन का उद्घाटन करने का फैसला लोकतंत्र पर सीधा हमला है।

कौन सी पार्टियां हैं सरकार के समर्थन में?

एक तरफ कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टियों ने उद्घाटन का बहिष्कार किया तो दूसरी तरफ नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (BSP), चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी (TDP), वाईएसआर कांग्रेस, एआईएडीएमके और अकाली दल का समर्थन प्राप्त हुआ। यह तमाम दल उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने पर बीजू जनता दल (BJP) के प्रमुख और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ चर्चा के बाद पार्टी 27 मई को अंतिम निर्णय लेगी।

अकाली दल की विपक्षियों से है अलग राय

अकाली दल नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि नए भवन का उद्घाटन देश के लिए गर्व की बात है, इसलिए हमने फैसला किया है कि अकाली दल 28 मई को होने वाले उद्घाटन समारोह में शामिल होगा। हम विपक्षी दलों द्वारा उठाए गए मुद्दे से सहमत नहीं है।

वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि संसद के नए भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों नहीं कराया जाना और समारोह में भी उन्हें आमंत्रित नहीं किया जाना देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है। राष्ट्रपति से संसद का उद्घाटन न करवाना और न ही उन्हें समारोह में बुलाना देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है। संसद अहंकार की ईंटों से नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों से बनती है।

********************************

 

अमृतसर में गैंगस्टर जनरैल सिंह की गोलियां मारकर हत्या

अमृतसर 24 May, (एजेंसी)- ब्यास थाना क्षेत्र के गांव सठियाला में बुधवार की दोपहर गैंगस्टर जरनैल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन युवकों ने गैंगस्टर जरनैल सिंह पर उस समय हमला किया जब वह तेल निकलवाने सरसों लेकर चक्की पर पहुंचा। इस दौरान जब वह चक्की से बाहर निकला तो अचानक वहां पहुंचे तीन नकाबपोशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने 20 से 25 फायर किए। गैंगस्टर जरनैल सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस इसे गैंगवार के साथ जोड़कर देख रही है। वहीं, एसएसपी (देहात) सतिंदर सिंह ने बताया कि गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यूपी में मारे गए गैंगस्टर गोपी घनश्यामपुरा का एक पुराना गुर्गा जरनैल सिंह सठियाला कॉलेज में विद्यार्थी यूनियन का प्रधान भी रह चुका है। करीब पांच साल पहले वह गैंगस्टर गोपी घनश्यामपुरा के संपर्क में आया और इस गैंग का गुर्गा बन गया। इस गिरोह के गुर्गों का काम कारोबारियों, उद्योगपतियों और धनाढ्य लोगों से रंगदारी वसूल करना और अपहरण करना था।

बता दें कि इस गिरोह के सदस्य हथियार खरीदना और बेचने का धंधा भी करते थे। साल 2018 में गैंगस्टर गोपी घनश्यामपुरा का यूपी पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। बता दें कि इस दौरान जरनैल सिंह के खिलाफ भी रंगदारी, फायरिंग करने और अवैध पिस्तौल बरामद होने के कई मामले दर्ज थे। पारिवारिक सदस्यों के मुताबिक बुधवार दोपहर जरनैल सिंह पर तीन नकाबपोशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। जरनैल सिंह ने बचाव का प्रयास किया मगर हमलावरों ने बहुत तेजी से 20 से 25 गोली दागी। जरनैल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

*************************