रोजलिन लकड़ा, किसलय और कुलदीप सिंह दीपक को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
रांची,08.05.2026 – रांची की पहली महिला पत्रकार सुधा सिन्हा की स्मृति में सुधा सिन्हा मेमोरियल पत्रकारिता सम्मान समारोह शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में संपन्न हुआ। सुधा अरमान मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट ‘रे ऑफ होप’ एवं रांची प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस वर्ष का प्रतिष्ठित “सुधा सिन्हा मेमोरियल लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड” वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती रोजलिन लकड़ा (सुगिया बहन), वरिष्ठ पत्रकार किसलय और वरिष्ठ छायाकार कुलदीप सिंह दीपक को प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें पत्रकारिता और छायांकन के क्षेत्र में लंबे समय तक की गई उनकी समर्पित और उल्लेखनीय सेवा के लिए दिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री बलबीर दत्त, वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व सूचना आयुक्त बैजनाथ मिश्र, प्रभात खबर के पूर्व झारखंड संपादक अनुज कुमार सिन्हा, वरिष्ठ पत्रकार श्रीनिवास, शर्मिष्ठा मजुमदार और सुधा अरमान मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष शुब नारायण दत्त ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इन अतिथियों ने विभिन्न श्रेणियों में चयनित पत्रकारों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों, रांची में पत्रकारिता के स्वर्णिम इतिहास और विशेष रूप से रांची की पहली महिला पत्रकार सुधा सिन्हा के कार्यों व उनके संघर्षपूर्ण जीवन की चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि सुधा सिन्हा ने उस दौर में पत्रकारिता की मशाल जलाई थी जब महिलाओं का इस क्षेत्र में आना बहुत कठिन माना जाता था।
समारोह के दौरान श्रेयसी मिश्रा और आरती सहुलियार को “एक्सीलेंस अवार्ड इन जर्नलिज्म”, कुंदन कुमार चौधरी को “एक्सीलेंस इन सोशल इम्पैक्ट अवार्ड”, धर्मेंद्र स्वरूप को “जेम अवार्ड”, आनंद दत्ता को “सुधा सिन्हा मेमोरियल जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर”, कुमार गौरव को “यूथ एंडेवर अवार्ड” और करिश्मा सिन्हा को “बेस्ट इमर्जिंग जर्नलिस्ट अवार्ड” से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभात खबर के स्थानीय संपादक संजय मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार रजत गुप्ता, दिवाकर प्रसाद, सुनील सिंह बादल, दिलीप श्रीवास्तव नीलू, गंगेश गुंजन, प्रमोद झा, नवेंदु उन्मेष, किरण जी सहित प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी, उपाध्यक्ष बिपिन उपाध्याय, सचिव अभिषेक सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य राजन बॉबी, चंदन वर्मा, विजय गोप, क्लब के पूर्व अघ्यक्ष राजेश सिंह, सुरेंद्र सोरेन, सत्यप्रकाश पाठक सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद रहे।
मंच संचालन मृदुला जी ने किया अतिथियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोहों से निष्पक्ष और जन-सरोकार की पत्रकारिता करने वालों का मनोबल बढ़ता है।
*****************************
