Three-day training program begins on Census-2027

जनगणना-2027 को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी, श्री मंजूनाथ भजंत्री तथा जिला के वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई शुरुआत

जनगणना की प्रक्रिया, मोबाइल एप के उपयोग और स्व-गणना प्रणाली की दी गई विस्तृत जानकारी

रांची,12.03.2026 – रांची जिले में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला व चार्ज अधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण रांची समाहरणालय, ब्लॉक-बी कक्ष संख्या – 505 में दिनांक 12.03.2026 से 14.03.2026 तक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी, श्री मंजूनाथ भजंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास के लिए योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण करने के लिए अति महत्वपूर्ण है।

जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की योजनाएं एवं नीतियों का निर्धारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि लगभग डेढ़ दशक के बाद यह जनगणना कार्यक्रम आयोजित की जा रही है अतः सभी पदाधिकारी एवं कर्मी इसे पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न करें। इस अवसर पर प्रशिक्षण के प्रतिभागी अधिकारियों, जिनमें प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी और तकनीकी सहायक को कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जा रही सभी बातों को ध्यानपूर्वक समझें एवं प्रशिक्षण को सफल बनाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं, प्रश्नों के उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा क्षेत्र में कार्य करने की सही तौर तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

जनगणना कार्य निदेशालय, रांची से आए हुए प्रशिक्षक श्री केशव नायक आर., उप निदेशक तथा श्री संजीव कुमार मांझी, सांख्यिकी अन्वेषक द्वारा सभी प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों एवं पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से मकानसूचीकरण एवं भवनों की गणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं को समझाया जा रहा है। त्रिदिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी संबंधित जिला एवं चार्ज अधिकारी तथा तकनीकी सहायक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के उपरांत सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने चार्ज अंतर्गत जनगणना 2027 प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य संपन्न करेंगे। प्रशिक्षण में बताया गया कि इस बार की जनगणना पूर्ण रूप से डिजिटल माध्यम से सम्पन्न की जाएगी। मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रगणक हर घर व हर ब्लॉक का डेटा संकलन किया जायेगा। डिजिटल जनगणना से सूचनाओं का संधारण, तेजी, सटीकता एवं सम्यक तरीके से किया जा सकेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री रामनारायण सिंह, अपर समाहर्ता, रांची, श्री सुदर्शन मुर्मू, अपर समाहर्ता (नक्सल), श्री कुमार रजत, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर रांची, श्री क्रिस्टोफर बेसरा, अनुमंडल पदाधिकारी, बुंडू, श्री संजय भगत, परियोजना निदेशक आईटीडीए, श्री शशांक बेहरा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, श्रीमती मनीषा तिर्की, कार्यपालक दंडाधिकारी, श्री रविंद्रेंद्र मिश्र, सहायक निदेशक-सह-मास्टर ट्रेनर एवं संबंधित सभी सांख्यिकी कर्मी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, रांची सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

**************************