The Ministry of Textiles convened the first meeting of the Coordination Committee of Textile Research Associations (TRAs).

वस्त्र मंत्रालय ने वस्त्र अनुसंधान संघों (टीआरए) की समन्वय समिति की पहली बैठक बुलाई

नई दिल्ली – वस्त्र मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में वस्त्र अनुसंधान संघों (टीआरए) की समन्वय समिति की पहली बैठक बुलाई। यह बैठक केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में और सचिव (वस्त्र) श्रीमती नीलम शमी राव की अध्यक्षता में हुई। यह देश में वस्त्र अनुसंधान और विकास गतिविधियों के समन्वय, प्रभावशीलता और परिणामोन्मुखीकरण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, वस्त्र अनुसंधान संघ, ईपीसी, आईआईटी दिल्ली के वरिष्ठ प्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने भाग लिया। यह पूरे दिन चली गहन विचार-मंथन बैठक थी।

 

समिति ने फाइबर विज्ञान, तकनीकी वस्त्र, स्थिरता और नवाचार-आधारित विकास को आगे बढ़ाने में वस्त्र अनुसंधान संघ (टीआरए)) की रणनीतिक भूमिका पर विचार-विमर्श किया। “उद्योग के लिए अनुसंधान” दृष्टिकोण पर जोर दिया गया, जिसमें विशेष रूप से स्थिरता और रीसाइक्लिंग के क्षेत्रों में उत्कृष्टता केंद्रों को मजबूत करने पर केंद्रित चर्चा हुई। चर्चा के प्रमुख क्षेत्रों में प्रयोगशाला के बुनियादी ढांचे को वैश्विक मानकों तक अपग्रेड करना, उद्योग-संचालित और अनुप्रयोगउन्मुख अनुसंधान को बढ़ावा देना, टिकाऊ और चक्रीय वस्त्र समाधानों का विकास, और समन्वित राष्ट्रीय वस्त्र अनुसंधान ढांचे का निर्माण शामिल था।

मंत्रालय ने स्मार्ट टेक्सटाइल के बढ़ते महत्व की जानकारी दी सीएसआईआर के अंतर्गत योजनाओं सहित अन्य सरकारी अनुसंधान एवं विकास पहलों के साथ तालमेल के माध्यम से अनुसंधान को बढ़ाने और प्रभावी ज्ञान प्रसार के लिए शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग पर बल दिया गया। भविष्य की जानकारी देने वाली मॉडलिंग, पर्यावरण-कुशल सामग्री मिश्रण, इलेक्ट्रॉनिक फाइबर, और स्वास्थ्य सेवा, रक्षा और इंटेलीजेंट वातावरण के लिए उन्नत ई-टेक्सटाइल सिस्टम जैसे उभरते अनुप्रयोगों पर चर्चा की गई।

 

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (एनटीटीएम), पी एम मित्र पार्क्स, और अलग-अलग निर्यात संवर्धन और समर्थन योजनाओं जैसी प्रमुख सरकारी पहल नवाचार को बढ़ावा देने, प्रतिस्पर्धा को बेहतर बनाने और भारत को वस्त्र क्षेत्र में ग्लोबल लीडर के तौर पर स्थापित करने के लिए मुख्य साधन हैं।

वस्त्र अनुसंधान संघों के बीच समन्वय को मजबूत करने और भारतीय वस्त्र उद्योग  की दीर्घकालिक वृद्धि और वैश्विक स्थिति को समर्थन करने के लिए अनुसंधान, नवाचार और सहयोग का लाभ उठाने के साझा संकल्प के साथ बैठक संपन्न हुई।

************************