The grand opening of the track cycling competition under the 69th National School Games Federation of India (SGFI) 2025-26 took place.

69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता (SGFFI) 2025-26 के अंतर्गत ट्रैक साइक्लिंग प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया

ट्रैक साइक्लिंग स्पर्धाएं विशेष रूप से 14 से 19 जनवरी 2026 तक निर्धारित हैं

69वीं राष्ट्रीय स्कूली ट्रैक साइक्लिंग में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

दो स्वर्ण एवं एक रजत पदक जीतकर राज्य का बढ़ाया मान

रांची,15.01.2026 – झारखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस तरह के आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं:-उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ट्रैक साइक्लिंग प्रतियोगिता का आज खेलगांव स्थित सिद्धू कानू वेलोड्रोम स्टेडियम में शुभारंभ किया गया।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

उन्होंने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें और भविष्य में राज्य व देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में खेल अधोसंरचना (Infrastructure) का तीव्र विकास हुआ है और जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रांची श्री कुमार रजत, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव श्री मधुकांत पाठक, एथलेटिक संघ के श्री एस. के. पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी श्री शिवेंद्र सिंह, श्री सुरेश कुमार, श्री शैलेंद्र पाठक, श्री सुरजीत सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

सभी अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव श्री धीरसेन ए. सोरेंग द्वारा पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया।

आज हुए साइकिलिंग ट्रैक प्रतियोगिता के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्गों की आईटीटी स्पर्धाओं में देशभर के प्रतिभाशाली साइकिलिस्टों ने अपनी उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया। जिसमें आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर–14) वर्ग में मणिपुर के पोइरेंगानबा चानमबाम ने स्वर्ण, मणिपुर के मयेंगबाम हेंथोई सिंह ने रजत तथा राजस्थान के अभिनव बिश्नोई ने कांस्य पदक जीता।

आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर–17) वर्ग में दिल्ली के नरेंगमाम मैक्सन सिंह ने स्वर्ण, मणिपुर के युमनाम सुशील सिंह ने रजत तथा अंडमान एवं निकोबार के लियोनाल्ड बैकर ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर–17) वर्ग में अंडमान एवं निकोबार की नमिता वॉयलेट ने स्वर्ण, महाराष्ट्र की गायत्री चंद्रशेखर तंबवेकर ने रजत तथा अंडमान एवं निकोबार की आई. एस. ब्रिडनी ने कांस्य पदक जीता।

आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर–19) वर्ग में झारखंड की सबिना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।

इस स्पर्धा में अंडमान एवं निकोबार की ब्रिटनी को रजत तथा पंजाब की प्रभजोत कौर बेहनीवाल को कांस्य पदक मिला।

वहीं आईटीटी 1000 मीटर (बालक अंडर–19) वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। बिकास उरांव ने स्वर्ण तथा नारायण महतो ने रजत पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया, जबकि पंजाब के अरशदीप सिंह को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

उपायुक्त ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस तरह के आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

**********************