रांची,20.05.2026 – फिरोज नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ का धमाकेदार टाइटल ट्रैक जंगली म्यूज़िक (टाइम्स म्यूज़िक का एक डिविज़न) ने रिलीज़ कर दिया है। गाने में अक्षय कुमार, दिशा पाटनी, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन और परेश रावल समेत एक विशाल स्टार कास्ट शानदार अंदाज़ में मस्ती और डांस करती हुई नज़र आ रही है। फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।
इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘वेलकम टू द जंगल’ के टाइटल ट्रैक को पहले साजिद-वाजिद ने कंपोज़ किया था, जिसे अब विक्रम मोंट्रोस ने नए अंदाज़ में रीक्रिएट किया है। यह गाना पूरी तरह से हाई-एनर्जी, मस्ती और बड़े पर्दे वाले मनोरंजन से भरपूर है। शान, प्रिया पाटीदार और खुद विक्रम मोंट्रोस की दमदार आवाज़ों ने इसे और खास बना दिया है। गाने में शब्बीर अहमद के ओरिजिनल लिरिक्स के साथ मेघा बाली के नए बोल जोड़े गए हैं, जो इसे एक ऐसा एंथम बनाते हैं जिसे सुनते ही माहौल बन जाए।
इस फिल्म का पूरा साउंडट्रैक छह बड़े और भव्य गानों से सजा है, जिनमें ग्रूव एंथम, ग्लैमरस डांस नंबर और सिनेमैटिक सेट पीसेज़ शामिल हैं। यह एल्बम ‘वेलकम’ फ्रेंचाइज़ी की म्यूज़िकल विरासत को शानदार तरीके से आगे बढ़ाता है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता और कई बड़े सितारे नज़र आने वाले हैं।
इतनी बड़ी स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म बॉलीवुड की सबसे भव्य एंटरटेनर फिल्मों में से एक मानी जा रही है, और इसका म्यूज़िक भी उसी स्तर का बनाया गया है।अहमद खान के निर्देशन में फिरोज नाडियाडवाला द्वारा निर्मित बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ इस साल की सबसे बड़ी कॉमेडी एंटरटेनर फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
फिल्म का टाइटल ट्रैक अब सभी बड़े ऑडियो प्लेटफॉर्म्स पर जंगली म्यूज़िक के जरिए स्ट्रीम हो रहा है, जबकि इसका पूरा वीडियो टाइम्स म्यूज़िक के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।
प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय
***************************
