इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए रक्षा सचिव ने कैंटोनमेंट क्षेत्रों में स्वास्थ्य अवसंरचना के आधुनिकीकरण के महत्व पर बल दिया तथा निवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएँ सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
यह नई रोबोटिक ऑर्थोपेडिक चिकित्सा प्रणाली एक महत्वपूर्ण तकनीकी उन्नयन का प्रतिनिधित्व करती है, जो सटीकता–आधारित शल्य प्रक्रियाओं, रिकवरी के समय को कम करने और मरीजों के स्वास्थ्य में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने में सक्षम है। अत्याधुनिक रोबोटिक प्रणाली से सुसज्जित यह इकाई हड्डियों से जुड़े जटिल रोग संबंधी मामलों को अधिक सटीकता और दक्षता के साथ संभालने में अस्पताल की क्षमता को बढ़ावा देगी। मातृत्व ऑपरेशन थियेटर को गर्भवती महिलाओं के लिए व्यापक एवं सुरक्षित शल्य चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करने हेतु विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
इस अवसर पर कैंटोनमेंट जनरल अस्पताल में प्रस्तावित अन्य उन्नयन कार्यों पर एक संक्षिप्त प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें आगामी तीन महीनों के भीतर डायलिसिस केंद्र, केंद्रीय निर्जीवीकरण सेवा विभाग (सीएसएसडी), आईसीयू उन्नयन तथा प्रयोगशाला विस्तार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आगामी एक वर्ष में शिशु गहन चिकित्सा इकाई (पीडियाट्रिक आईसीयू), नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू), सीटी स्कैन, एमआरआई, कैंसर स्क्रीनिंग इकाई, उच्च निर्भरता इकाई, मल्टी डिसिपलनरी वार्ड तथा सर्जिकल आईसीयू जैसी सुविधाओं के विकास की भी योजना है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
**************************
