The biggest proof of India's action The terrorist commander himself exposed the Pakistani army's lies, admitting defeat in the video.

भारत की कार्रवाई का सबसे बड़ा सबूत! पाकिस्तानी सेना के झूठ की आतंकी कमांडर ने ही खोली पोल, VIDEO में कबूली हार

नई दिल्ली 19 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान में बैठे आतंकियों की कमर तोड़कर रख दी है, और अब इसके सबूत खुद आतंकी कमांडर ही देने लगे हैं। पाकिस्तानी सेना भले ही अपने नुकसान को छिपाने की कितनी भी कोशिश करे, लेकिन आतंकी संगठनों के कमांडर अब वीडियो जारी कर भारतीय हमले की गवाही दे रहे हैं और अपनी बर्बादी का रोना रो रहे हैं।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर यह स्वीकार कर रहा है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने 7 मई को हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान उनके मुख्यालय को पूरी तरह नष्ट कर दिया था। यह वीडियो जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर द्वारा किए गए ऐसे ही एक कबूलनामे के कुछ दिनों बाद सामने आया है, जो पाकिस्तानी सेना के दावों की पोल खोलता है।

वायरल वीडियो में खुद को लश्कर कमांडर कासिम बताने वाला एक शख्स कह रहा है, मैं मुरीदके में मरकज़ तैयबा के उन खंडहरों पर खड़ा हूं, जो (भारतीय) हमले में तबाह हो गया था। वीडियो में वह आगे ऐलान करता है कि इस आतंकी शिविर का पुनर्निर्माण किया जा रहा है और इस बार इसे पहले से भी बड़ा बनाया जाएगा। आपको बता दें कि मुरीदके पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के शेखपुरा जिले में स्थित है और लश्कर का एक प्रमुख गढ़ माना जाता है।

क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में सक्रिय नौ आतंकी ठिकानों को सटीकता के साथ निशाना बनाकर नेस्तनाबूद कर दिया था। इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ढांचे को गंभीर चोट पहुंचाई थी।

*************************