रांची। सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग के बाद पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने और उनकी गिरफ्तारी के मामले में रांची प्रेस क्लब ने गंभीर चिंता जताई है। प्रेस क्लब ने पुलिस की कार्रवाई को एकपक्षीय बताते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी दबाव के जांच की मांग की है।
रांची प्रेस क्लब की ओर से कहा गया कि कानून सभी के लिए समान है और पुलिस की कार्रवाई भी निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए। प्रेस क्लब ने सवाल उठाया कि पत्रकार अभिषेक भारती के मामले में जिस तत्परता और सक्रियता के साथ कार्रवाई की गई, वैसी सक्रियता राजनीतिक दल से जुड़े नामजद आरोपी के मामले में दिखाई नहीं दी। कार्रवाई की गति और दिशा में इस अंतर को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
प्रेस क्लब का कहना है कि किसी व्यक्ति की राजनीतिक हैसियत कानून के पालन और पुलिस कार्रवाई की गति अथवा दिशा तय करने का आधार नहीं होनी चाहिए। हर व्यक्ति के मामले में समान कानूनी प्रक्रिया और समान मानदंड अपनाए जाने चाहिए।
पत्रकार के कानूनी अधिकारों के सम्मान की मांग
रांची प्रेस क्लब ने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और जांच की प्रक्रिया के दौरान उनके सभी कानूनी अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रेस क्लब ने कहा कि जांच के नाम पर किसी प्रकार की अनावश्यक प्रताड़ना, दबाव या अनुचित कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
प्रेस क्लब ने यह भी कहा कि वह पत्रकार के अधिकारों और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कानूनी विकल्प अपनाएगा।
पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर भी उठाया सवाल
प्रेस क्लब के अनुसार पत्रकारिता का मूल दायित्व जनहित से जुड़े सवालों को सामने लाना है। किसी खबर की सत्यता, उसकी प्रस्तुति या उससे जुड़े आरोपों की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा सकती है, लेकिन पत्रकारों के अधिकार, स्वतंत्रता और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
प्रेस क्लब ने कहा कि किसी संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की भूमिका का आकलन तथ्यों, निष्पक्षता और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर किया जाना चाहिए। रिपोर्टिंग के दौरान सामने आई जानकारी, उसकी प्रस्तुति और पत्रकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों के बीच संबंध की जांच भी पूर्वाग्रह के बजाय उपलब्ध तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए।
रांची प्रेस क्लब ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कानून के समान इस्तेमाल की मांग दोहराई है।
************************