The identity of all 24 districts will be on display during the Jharkhand Foundation Day celebrations; preparations at Birsa Munda Stadium are in the final stages.

रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के मुख्य समारोह को इस बार राज्य की 24 जिलों की अलग-अलग पहचान, स्थानीय उत्पाद, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के भव्य प्रदर्शन के रूप में तैयार किया जा रहा है। राजधानी रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव सह आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

झारखंड में 17 से 27 नवंबर तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान राज्य के सभी 24 जिलों की विशिष्टताओं को अलग-अलग थीम के माध्यम से सामने लाने की तैयारी है।

तीन प्रमुख थीम पर होंगी प्रदर्शनियां

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिलों में तीन प्रमुख थीम पर प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी’ शामिल हैं।

इन प्रदर्शनियों में प्रत्येक जिले के प्रमुख स्थानीय उत्पाद, महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन क्षमता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को व्यापक पहचान दिलाना है।

अधिकारियों को समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान पूजा सिंघल ने तैयारियों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के मनोज कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

स्थानीय उत्पाद और पर्यटन को मिलेगा मंच

स्थापना दिवस पखवाड़े के जरिए राज्य के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यवसायों और पर्यटन स्थलों को व्यापक मंच देने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य जिलों की विशिष्ट पहचान को सामने लाने के साथ झारखंड की आर्थिक और सांस्कृतिक क्षमता को भी लोगों के सामने प्रस्तुत करना है।

**************************