Dignitaries out, journalists in! — After all, what wrong had he done

(व्यंग)

-दिलीप सिंह

आखिरकार पत्रकार गिरफ्तार हो ही गया।

जिस मामले को लेकर कभी सोशल मीडिया पर पोस्टों की बाढ़ आई थी, बड़े-बड़े पत्रकारों ने कलम चलाई थी, पत्रकार संगठनों ने बयान जारी किए थे और कुछ दिग्गजों ने अपनी आवाज इतनी ऊंची की थी कि लगा था—अब पत्रकार अकेला नहीं है।

लेकिन आज तस्वीर बिल्कुल साफ है।

माननीय बाहर हैं… और पत्रकार अंदर!

अब सवाल थोड़ा कड़वा है, लेकिन पूछना तो पड़ेगा—

आखिर उसने बिगाड़ा क्या था?

एक माननीय के खिलाफ एक वीडियो चलाया। उस वीडियो से जुड़े मामले में माननीय पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। इसके बाद उसी घटनाक्रम को लेकर पत्रकार के खिलाफ भी मामला दर्ज हो गया।

मामला दर्ज हुआ तो पत्रकारिता का पूरा कुनबा अचानक जाग गया।

किसी ने लिखा—
“पत्रकार के साथ अन्याय हो रहा है।”

किसी ने कहा—
“मीडिया की आवाज दबाई जा रही है।”

किसी ने कहा—
“हम पत्रकार के साथ खड़े हैं।”

और कुछ ने तो ऐसा माहौल बनाया जैसे अब पत्रकार को न्याय दिलाकर ही दम लेंगे।

लेकिन भाई साहब…

न्याय की लड़ाई फेसबुक की पोस्ट से थोड़ी होती है!

पोस्ट डाल दी।
बयान दे दिया।
दो फोटो लगा दीं।
एक प्रेस रिलीज जारी कर दी।

और फिर?

घर जाइए, चाय पीजिए और इंतजार कीजिए कि अगली खबर कब आएगी!

यही हमारी पत्रकारिता की सबसे बड़ी विडंबना है।

हम किसी पत्रकार के साथ खड़े होने का दावा तो खूब करते हैं, लेकिन जब वास्तव में खड़े होने का समय आता है तो पता चलता है कि हम कंधे से कंधा मिलाकर नहीं, सिर्फ व्हाट्सऐप ग्रुप में खड़े थे।

मामला जब थाने तक पहुंचा था, तब सवाल सिर्फ सोशल मीडिया पर आवाज उठाने का नहीं था।

सवाल था—

क्या सरकार से बात की गई?

क्या प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की गई?

क्या संबंधित अधिकारियों से मुलाकात हुई?

क्या यह कहा गया कि कानून अपना काम करे, लेकिन जांच निष्पक्ष हो?

क्या पत्रकार संगठनों ने संयुक्त रूप से सरकार के सामने अपना पक्ष रखा?

या फिर हमारी सारी एकजुटता सिर्फ बयान जारी करने तक सीमित थी?

क्योंकि अगर वास्तव में किसी पत्रकार को इस मामले से बचाना था, तो सिर्फ यह लिख देना कि “हम पत्रकार के साथ हैं” काफी नहीं था।

साथ खड़े होने और साथ होने में फर्क होता है।

और आज वही फर्क दिखाई दे रहा है।

एक तरफ माननीय हैं—
बाहर।

दूसरी तरफ पत्रकार है—
अंदर।

अब सवाल यह नहीं है कि कानून अपना काम क्यों कर रहा है।

कानून को अपना काम करना ही चाहिए।

सवाल यह है कि जब कानून अपना काम कर रहा था, तब हम पत्रकारिता वाले अपना काम कर रहे थे या नहीं?

क्योंकि अगर किसी पत्रकार पर मुकदमा हुआ है तो उसका फैसला अदालत करेगी।

लेकिन निष्पक्ष जांच की मांग करना हमारा अधिकार भी है और जिम्मेदारी भी।

और अगर हमें लगता था कि मामला राजनीतिक दबाव, प्रभाव या किसी अन्य कारण से प्रभावित हो सकता है, तो सरकार से सवाल करना चाहिए था।

प्रशासन से सवाल करना चाहिए था।

जांच एजेंसी से सवाल करना चाहिए था।

और जरूरत पड़ती तो अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए था।

लेकिन हमने क्या किया?

पोस्ट लिखी।

फिर दूसरी पोस्ट लिखी।

फिर तीसरी पोस्ट लिखी।

फिर किसी ने बयान दिया।

फिर किसी ने बयान का समर्थन किया।

और अंत में…

पत्रकार जेल पहुंच गया।

अब शायद हमें अपनी ही पुरानी पोस्टें निकालकर पढ़नी चाहिए।

कितने लोगों ने लिखा था—
“हम आपके साथ हैं।”

अब देखना यह है कि उनमें से कितने लोग वास्तव में साथ हैं।

क्योंकि जेल के बाहर खड़े होकर तस्वीर खिंचवाना आसान है।

किसी के लिए सरकार से सवाल करना मुश्किल है।

कहीं बैठकर पत्रकारिता की आजादी पर भाषण देना आसान है।

लेकिन सत्ता के दरवाजे तक जाकर सवाल रखना मुश्किल है।

और सोशल मीडिया पर लिखना तो सबसे आसान है—

“पत्रकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

लेकिन जब हमला सचमुच किसी अपने दरवाजे तक पहुंच जाए, तब?

तब अक्सर आवाज धीमी हो जाती है।

क्यों?

क्योंकि शायद हम सबको डर लगता है कि कहीं अगली बारी हमारी न हो जाए।

और यही इस पूरे मामले का सबसे कड़वा सत्य है।

जिस पत्रकार के लिए कल हम सब आवाज उठा रहे थे, आज उसकी आवाज जेल की दीवारों के भीतर है।

और जिनके खिलाफ सवाल उठे थे, वे बाहर हैं।

अब फैसला अदालत करेगी।

कानून अपना काम करेगा।

लेकिन पत्रकार समाज को भी अपना काम करना होगा।

क्योंकि अगर हम हर बार सिर्फ बयान देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी समझ लेंगे, तो आने वाले समय में कोई पत्रकार किसी ताकतवर व्यक्ति के खिलाफ सवाल उठाने से पहले दस बार सोचेगा।

और तब पत्रकारिता नहीं बचेगी।

बचेगा सिर्फ एक सवाल—

“भाई, खबर तो चला दूं… लेकिन जेल कौन जाएगा?”

और अगर इसका जवाब हमेशा यही रहा कि—

“खबर तुम चलाओगे, जेल भी तुम ही जाओगे… हम बाहर से पोस्ट कर देंगे।”

तो फिर सचमुच हमें पत्रकारिता पर नहीं,

अपनी एकजुटता पर सवाल उठाना चाहिए।

क्योंकि दिखावे की एकजुटता से पत्रकार बाहर नहीं आता।

सिर्फ आवाज नहीं—सही समय पर सही जगह खड़ा होना पड़ता है।

और आज का सबसे बड़ा सवाल यही है—

माननीय बाहर और पत्रकार अंदर क्यों है?

क्या हमने सच में उसका साथ दिया था,
या सिर्फ साथ देने का अभिनय किया था?

*************************