Awareness campaign against illegal opium cultivation launched in Ranchi; eight awareness vehicles flagged off

रांची। जिले में अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी रोकथाम लगाने और आम लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। बुधवार को मोरहाबादी मैदान से जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान के साथ-साथ इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे। अभियान के दौरान लोगों से अफीम की खेती और इसके अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की जाएगी।

अफीम की खेती पर हो सकती है कड़ी सजा

जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि अफीम की अवैध खेती करना अथवा इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना NDPS Act के तहत दंडनीय अपराध है। प्रशासन की ओर से लोगों को अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती नहीं करने और अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को इस उद्देश्य से लीज या पट्टे पर नहीं देने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अफीम की खेती से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है।

Awareness campaign against illegal opium cultivation launched in Ranchi; eight awareness vehicles flagged off

अवैध खेती और कारोबार पर प्रशासन की नजर

प्रशासन के अनुसार अफीम की खेती और कारोबार से जुड़े लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। खेती में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों से अर्जित धन और संपत्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अफीम की खेती, परिवहन और इसके अवैध कारोबार में शामिल क्रेता-विक्रेताओं के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जमीन और जल स्रोतों को भी नुकसान का खतरा

जागरूकता अभियान में अफीम की खेती से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी। प्रशासन के मुताबिक इससे भूमि की उर्वरता और उपजाऊ क्षमता प्रभावित हो सकती है। साथ ही तालाब, नदी और कुएं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा भी रहता है।

अफीम और इससे बने नशीले पदार्थों के सेवन से मानव स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। नशे की लत से खासकर युवा पीढ़ी प्रभावित होती है, जिसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है।

जनभागीदारी से नशामुक्त समाज बनाने पर जोर

जिला प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अवैध खेती पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता पैदा करना और लोगों को इस अवैध गतिविधि से दूर रखना भी है। प्रशासन ने आम लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अफीम की खेती या कारोबार से संबंधित जानकारी पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

*****************************