Public Durbars Organized in Various Blocks of Ranchi District

रांची जिला के विभिन्न अंचलों में जनता दरबार का आयोजन

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निदेशानुसार जनता दरबार का आयोजन

जनता दरबार के माध्यम से राजस्व सेवाओं का त्वरित निष्पादन, सैकड़ों आवेदनों का मौके पर निष्पादन

रांची,17.03.2026 – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निदेशानुसार जिले के विभिन्न अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस पहल के तहत राजस्व से जुड़े विभिन्न कार्यों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिससे आमजन को पारदर्शी एवं सुलभ सेवाएं मिल रही हैं।

अंचल कार्यालय, सोनाहातु में आयोजित जनता दरबार में कई आवेदनों का निष्पादन किया गया। मुरुतडीह निवासी तुला देवी एवं जाहेरडीह निवासी मलिका कुमारी को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। वहीं, बरेडीह निवासी बिरसिंह महतो को आचरण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

अंचल कार्यालय, राहे में कुल 71 मामलों का निष्पादन किया गया, जिनमें पंजी-2 सुधार, लगान रसीद, पारिवारिक सदस्यता, आय, आवासीय एवं जाति प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन शामिल हैं।

अंचल कार्यालय, खलारी में कुल 20 आवेदनों का निष्पादन किया गया। इनमें जाति, आवासीय, आय, पारिवारिक प्रमाण पत्र एवं तत्काल आवेदन शामिल हैं।

अंचल कार्यालय, मांडर में आयोजित जनता दरबार में कुल 45 मामलों का निष्पादन किया गया। इस दौरान झिंझरी निवासी फेंकू महतो एवं गोरे निवासी शेख हमीद खान को प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। साथ ही कन्दरी निवासी विजेश्वर नंद तिवारी के भूमि अभिलेख (पंजी-2) में नाम सुधार किया गया। इसके अतिरिक्त दाखिल-खारिज, आय, आवासीय, जाति प्रमाण पत्र एवं केसीसी से संबंधित मामलों का भी निष्पादन किया गया।

अरगोड़ा अंचल में आयोजित जनता दरबार में कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 75 का निष्पादन किया गया। इनमें पंजी सुधार, पारिवारिक सूची, दाखिल-खारिज वाद, पेंशन, आय, स्थानीय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व कार्य शामिल हैं।

जनता दरबार के माध्यम से अंचल कार्यालयों में निम्नलिखित प्रमुख राजस्व कार्यों का निष्पादन किया गया :-

पंजी-2 में सुधार

दाखिल-खारिज

लगान रसीद निर्गत करना

आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र जारी करना

पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र

आचरण प्रमाण पत्र

पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित आवेदन

जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि आम जनता को उनकी समस्याओं का समाधान उनके निकटतम अंचल स्तर पर ही त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जाए। जनता दरबार इस दिशा में एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में भाग लें एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

*************************