बेंगलुरु में एयर एशिया विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 10 मिनट पहले लखनऊ के लिए भरी थी उड़ान

नई दिल्ली 11 मार्च,(एजेंसी)। बेंगलुरू से लखनऊ जाने वाली एयर एशिया की फ्लाइट ने आज तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के 10 मिनट बाद केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग की। फ्लाइट ने शनिवार सुबह करीब पौने 7 बजे उड़ान भरी थी और इसे लखनऊ में सुबह 9 बजे लैंड करना था। हालांकि, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद इसे ग्राउंडेड कर दिया गया।

घटना की पुष्टि करते हुए एआईएक्स कनेक्ट के प्रवक्ता ने कहा, ‘बेंगलुरु से लखनऊ से जाने वाली फ्लाइट द्ब5-2472 को एक मामूली तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। इस वजह से फ्लाइट बेंगलुरु लौट आई।’ प्रवक्ता ने आगे कहा, ‘प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।’ वहीं अन्य फंक्शन को ठीक करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

लैंडिंग से पहले एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में दमकल गाडिय़ों को तैनात किया गया था। ताकि कोई हादसा होने पर उसे नियंत्रित किया जा सके। बताया जा रहा है कि फ्लाइट के इंजन-2 में ऑयल तेजी से कम हो रहा था। देखने पर पता चला कि दूसरे इंजन से तेल लीक हो रहा है। इंजन का तेल घटकर 8 क्यूटीएस हो गया था, जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया गया।

******************************

 

बिना नाम लिए उपराष्ट्रपति ने राहुल गांधी को घेरा, बोले- कुछ लोग विदेश में भारत को कर रहे बदनाम

मेरठ 11 मार्च,(एजेंसी।  उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने बिना किसी का नाम लिए शनिवार को राहुल गांधी को घेरा और कहा कि कुछ लोग भारत को विदेश में बदनाम कर रहे हैं। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को मेरठ में तीन दिवसीय आयुर्वेद पर्व व एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रदर्शनी के उद्घाटन पर बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी द्वारा लंदन में दिए गए बयान पर बिना नाम लिए हुए निशाना साधा और कहा कि मैंने अपनी दो विदेश यात्राओं के दौरान देखा है कि जब मैं खुद का परिचय देता हूं तो लोग सम्मान की ²ष्टि से देखते हैं, ये है आज के भारत की ताकत। फिर भी कुछ लोग भारत को विदेश में बदनाम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश हमेशा सबसे पहले है, और होना चाहिए। आज देश की सोच में बदलाव आ गया है, धारा में भी बदलाव आ गया है। आज के दिन भारत कहां है, जो कभी सोचा नहीं था जिसकी कल्पना नहीं थी वो सब आज यहीं हो रहा है।

कहा कि कुछ लोगों ने भारत की प्रतिष्ठा को कुंठित करने की ठान ली है। राज्यसभा में आज तक माइक ऑफ नहीं हुआ है। वे देश के बाहर जाकर कहते हैं कि संसद में माइक बंद कर दिया गया। जबकि देश के अंदर इमरजेंसी के समय संकट आया था। उस दौरान माइक भी बंद हुआ था। वह दिन अब कभी नहीं आ सकता।

धनखड़ ने कहा कि अब भारत की आवाज सुनी नहीं जाती है, बल्कि लोग इंतजार करते हैं कि भारत इस विषय पर क्या बोलेगा। हमारा इतिहास हजारों साल पुराना है, हम एक महान राष्ट्र हैं, हमारे लोग महान हैं।

उन्होंने कहा कि एक वातावरण तैयार कीजिए, संसद और विधान सभाओं में आचारण अनुकरणीय होना चाहिए। वहां व्यवधान नहीं होना चाहिए। पर ये कैसे होगा। इसके लिए आप सभी को जनांदोलन करना होगा। उन लोगों को जवाबदेह बनाना होगा जो इस महान देश की उपलब्धियों का निरादर करते हैं।

कहा कि हमारी संविधान सभा ने 3 वर्षों तक अनेक जटिल और विभाजनकारी मुद्दों पर बहस की, उन्हें सुलझाया। लेकिन तीन वर्ष के लंबे समय में, कोई व्यवधान नहीं हुआ, कोई वेल में नहीं आया, कोई प्लेकार्ड नहीं दिखाये गए। हमारा आचरण आज उसके विपरीत है। हम लोकतंत्र के मंदिरों का इस तरह अनादर होते हुए नहीं देख सकते। हम न केवल सबसे बड़े प्रजातंत्र हैं, हम लोकतंत्र की जननी भी हैं।

कहा कि मुझे याद है जब मैं मंत्री था, हर सांसद को अधिकार था कि वो साल में किसी को भी 50 गैस कनेक्शन 50 फोन कनेक्शन दे सकता है। आज स्थित देखिए। आज देश की सरकार बड़ा सोचती है और उससे भी बड़ा करती है।

उत्तर प्रदेश के लोगों ने क्या कभी सोचा था कि कानून व्यवस्था ठीक हो पाएगी? लेकिन आज आप देख सकते हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री के बारे में कहा था कि देखते हैं इनकी कानून व्यवस्था कब तक टिकेगी, लेकिन ये टिक गयी है, इस पौधे की जड़ नीचे की ओर जा रही है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया ने योग की ताकत को देखा, पूरी दुनिया ने उसका समर्थन किया। कोविड के दौरान आयुर्वेद ने अपनी क्षमता सिद्ध की। हमारी संस्कृति का साफ संदेश है कि पहला सुख निरोगी काया।

उन्होंने कहा कि अब ये आपको तय करना है कि आप आयुर्वेद को कहां तक ले जाएंगे। आज लाइफस्टाइल डिसीज की बात होती है। इसमें आयुर्वेद और परंपरागत चिकित्सा पद्धतियां बहुत प्रभावी हैं। यह वही बात हुई – गली में छोरो गांव में ढिढोरो।

******************************

 

केजरीवाल की निष्क्रियता के कारण दिल्ली की महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस करती हैं : कांग्रेस

नई दिल्ली, 11 मार्च (एजेंसी)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ अनिल कुमार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के कथन कि ”हमें महिला सुरक्षा को जन आंदोलन बनाना पड़ेगा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि निर्भया हत्याकांड का सहारा लेकर सत्ता में आने पर दिल्ली में महिला सुरक्षा का आश्वासन देने वाले अरविन्द केजरीवाल ने पिछले 9 वर्षों में महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए कुछ नही किया है।

इनके कार्यकाल में महिला उत्पीडऩ, छेड़छाड़, यौन शोषण, छीना छपटी और घरेलू हिंसा के इतने अधिक मामले बड़े है जिसका पुलिस विभाग साक्षी है। केजरीवाल शासन में महिलाऐं असुरक्षित महसूस करती है। अनिल कुमार ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल द्वारा महिलाओं को सम्मान देना केवल दिखावा है। केजरीवाल का कथन कि ”आज भी परिवार में लड़कियों को अहमियत नही मिलती है से साफ उजागर होता है कि अपने कार्यकाल में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में लड़कियों की शिक्षा और व्यक्तित्व विकास और आजादी के लिए कोई सकारात्मक कदम नही उठाए हैं।

जिसके कारण केजरीवाल लड़के और लड़कियों में शिक्षा के भेदभाव का बयान ऐसे मंच पर देते है जहां महिलाओं का सम्मान हो रहा हो, पूरी तरह असंतोषजनक है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा पर असंवेदनशील रवैया अपनाते हुए हर दुर्घटना पर केन्द्र सरकार पर आरोप लगाने वाले केजरीवाल ने दिल्ली में कांग्रेस सरकार द्वारा शुरु किया गया महिला सुरक्षा का हैल्पलाईन बंद कर दिया और लड़कियों के लिए लाड़ली योजना को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि निर्भया कांड के बाद महिला सुरक्षा के लिए आवंटित 390 करोड़ की राशि का सिर्फ 5 प्रतिशत खर्च करना महिला सुरक्षा के प्रति केजरीवाल का असली चेहरा उजागर करता है।

अनिल कुमार ने कहा कि 9 वर्षों के मंत्रीमंडल में केजरीवाल ने 49 दिन की सरकार में राखी बिड़लान को मंत्री बनाने के बाद किसी महिला को मंत्री नही बनाया था। मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन के जेल में होने पर आतिशी को मजबूरन मंत्री बनाया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के दो मंत्री सोमनाथ भारती और संदीप कुमार को घरेलू हिंसा के कारण मंत्री पद छोडऩा पड़ जबकि मनोज कुमार और अमनातुल्लाह खान पर भी घरेलू हिंसा और महिला उत्पीडऩ के आरोप साबित हुए हैं।

अरविन्द केजरीवाल महिला उत्थान और सुरक्षा का बखान करने से पहले अपनी पार्टी के नेताओं को महिला सम्मान को पाठ पढ़ाऐं। अनिल कुमार ने कहा कि जिन स्कूलों के अच्छे होने का बखान केजरीवाल कर रहे हैं, उस शिक्षा पद्धति का परिणाम शिक्षा-शराब मंत्री जेल में हैं। दिल्ली सरकार के स्कूलों में शिक्षा का 4 हिस्सों में वर्गीकरण करके छात्र वर्गों में बट गए हैं केवल 10 प्रतिशत छात्र ही भविष्य में कुछ करने की राह पर है परंतु सरकारी स्कूलों टीचरों की कमी के कारण उनकी भी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर निचले पायदान पर पहुच चुका है। अनिल कुमार ने कहा कि केजरीवाल सरकार सीसीटीवी कैमरे, बसों में मार्शल व महिला सशक्तिकरण की दिशा में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी घोटाला दिल्ली की जनता के सामने है।

सीसीटीवी कैमरों के खराब और सड़को पर पर्याप्त लाईट के खम्बे नही होने के कारण महिलाओं के साथ अपराध अधिक बढ़े है, जिस पर केजरीवाल के पास कोई जवाब नही है।

****************************

 

ऋषिकेश में डूबा बिहार का छात्र, मौके पर उत्तराखंड पहुंचे राजीव प्रताप रूडी

*रूडी के प्रयास से खोज जारी, खोजबीन में लगी है एसडीआरएफ की टीम

*मेधावी छात्र था अकिलपुर का आदित्य राज, टीसीएस कंपनी में लगी थी नौकरी 

*उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से  रुडी ने की बात

*बिहार और बिहारियों की सहायता के लिए हर समय तत्पर हूँ : राजीव प्रताप रूडी

ऋषिकेश 11 मार्च (एजेंसी) । उत्तराखंड के ऋषिकेश में बिहार के सारण जिले का छात्र की नदी में डूबने की सूचना पर छपरा के सांसद राजीव प्रताप रुडी उत्तराखंड पहुंच गये है।  23 साल का आदित्य राज सारण के अकिलपुर से उत्तराखंड आकर आकर पढ़ाई कर रहा था। होली के दिन 8 मार्च को आदित्य अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घुमने गया था जहां एक नदी में नहाने के दौरान डूब गया।

परिजनों ने इसकी सूचना सांसद रुडी के कंट्रोल रूम में दी। उस समय सांसद भी सारण में ही मौजूद थे। सूचना मिलते ही स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रुडी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व एनडीआरएफ के डीजी से बात किये और अगली ही फ्लाईट से स्वयं भी उत्तराखंड पहुंच गये है।

इस संदर्भ में राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि मेरे द्वारा स्थापित सांसद कंट्रोल रूम केवल अपने क्षेत्र के व्यक्तियों के लिए ही नहीं बल्कि उसके माध्यम से बिहार के किसी भी क्षेत्र के लोग उचित परामर्श और हर संभव सहायता ले सकते है।

उन्होंने कहा कि मै सारण अपने क्षेत्र में ही था इसी बीच यह दुःखद सूचना मिली कि उत्तराखंड में रहकर पढ़ाई करने वाले अकिलपुर दियारा के छात्र आदित्य राज जिसकी टाटा जैसी बड़ी कंपनी में प्लेसमेंट भी हो गया था और चार माह बाद ज्वाइन भी करना था उसके साथ इस प्रकार की दुर्घटना घट गई।

सूचना मिलते ही सांसद देहरादुन पहंुचे और उत्तराखंड के शिवपुरी में मौजूद छात्र के चाचा से मुलाकात की और सांत्वना दिया। उन्होंने उत्तराखंड के डीजी व एसडीआरएफ के अधिकारियों व स्थानीय पुलिस प्रशासन से बात कर नदी में चल रहे सर्च ऑपरेशन को तेज करवाया।

विदित हो कि सारण के अकिलपुर दियारा के रहने वाले अरूण सिंह का पुत्र आदित्य राज उत्तराखंड में रहकर डीआइटी में पढ़ाई कर रहा था। आदित्य अंतिम वर्ष का छात्र था और इस बीच उसकी मेधाविता को देखते हुए उसका चयन टीसीएस में हो चुका था।

आदित्य का कोर्स 4 माह ही बचा था जिसके बाद उसे टीसीएस में ज्वाइन करना था। इसी बीच होली की खुशी मनाने आदित्य अपने सात दोस्तों के साथ रिषिकेश गया था जहां एक पहाड़ी नदी में स्नान करने के दौरान आदित्य राज और आगरा निवासी उसका दोस्त उत्कर्ष नदी में डूब गये।

सांसद ने बताया कि सांसद कंट्रोल रूम को मिली जानकारी के अनुसार उनके परिजनों ने बताया कि नदी से बरामदगी नहीं हो पाई है तब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और पुलिस प्रशासन को एक्टिव किया जिसके बाद केंद्रीय आपदा प्रबंधन के जवान डूबे हुए छात्रों की खोज में लगे है।

********************************

 

मुक्ति फाउंडेशन के द्वारा आयोजित महिला दिवस समारोह सम्पन्न

11.03.2023  –  महाराष्ट्र की धरती पर संचालित व राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक उत्थान व महिला और बाल कल्याण के साथ-साथ कला और संस्कृति के क्षेत्रों में लगातार काम कर रहे ‘मुक्ति फाउंडेशन’ के द्वारा पिछले दिनों अंधेरी (वेस्ट),मुम्बई स्थित मुक्ति प्रेक्षागृह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में आयोजित महिला दिवस समारोह अनुपम खेर, दुलारी खेर, रवीना टंडन, वीर सेनानी फाउंडेशन, मंजू लोढ़ा, अरुणा ईरानी, मेजर जनरल एच.एस. काहलों, मेजर जनरल विक्रांत नाइक और अलाया एफ की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने संबोधन मेंसमाजसेविका स्मिता ठाकरे और मुक्ति फाउंडेशन के द्वारा जनहित में किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह अपनी बहनों के लिए हमेशा मौजूद रहेंगे और ‘मुक्ति फाउंडेशन’ के प्रयासों में उनका समर्थन और सहयोग करेंगे।

‘मुक्ति फाउंडेशन’ की प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत चर्चा करते हुए स्मिता ठाकरे ने कहा कि हम मानते हैं कि महिलाएँ  ही महिलाओं को सशक्त बनाती हैं, इसलिए हमारे पास ऐसी महिलाएँ हैं जो अन्य विभिन्न क्षेत्रों में

सफल लोगों को आगे बढ़ाने में सफलता पाई हैं और प्रगति के लिए हाथ थामना बहुत जरूरी है। हमें अभी भी एक लंबा रास्ता तय करना है, क्योंकि भारत में अधिकांश महिलाएं शिक्षा की कमी, कुपोषण, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल श्रम, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज, घर में और कार्यस्थल पर लिंग भेदभाव आदि से पीड़ित हैं। इसलिए महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान देश के लिए जिन शहीदों ने अपने जान की कुर्बानी दी उन्हें भी ‘मुक्ति फाउंडेशन’ ने सलाम किया और उनके परिवारवालों को मुक्ति वीर नारी पुरस्कार से सम्मानित किया जिसमें पूनम चंद्रकांत जाधव, प्रियंका नीलेश खोट, सुषमा संग्राम फडतारे, संकपाल मयूरी अनिल, उज्ज्वला संजय माने, मुले अश्विनी मछिंद्र, प्रेमला सचिन जाधव, नंदा दिलीप पडवाल, रानी सुधीर निकम, सुवराना सुजीत किरदत और प्रियंका सोमनाथ मंधारे के नाम उल्लेखनीय हैं। सामाजिक उत्थान हेतु उच्चस्तरीय कार्यों के लिए ‘मुक्ति महिला अचीवर पुरस्कार’ से डॉ. अनुषा श्रीनिवासन अय्यर, शीतल कार्देकर, अंकिता वर्मा, डॉ. तृप्ति गिलाडा, अनीता पीटर, एडवोकेट प्रिया शाह, एलटी सीडीआर तनु, एमएजे दिव्या अदिति नायक, लता घनशमनी और सर्जन सीडीआर शाजिया खान को भी नवाजा गया। पुरस्कारों के बीच-बीच में लोक संगीत, कथक और अन्य बातों के अलावा एक उत्साही लावणी सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी इस महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

विदित हो कि पिछले 25 वर्षों से ‘मुक्ति फाउंडेशन’ नशीली दवाओं के दुरुपयोग, एचआईवी/एड्स से संबंधित जन जागरूकता अभियान जारी रखते हुए महिला और बाल कल्याण एवं कला और संस्कृति के क्षेत्रों में कल्याणकारी योजनाओं के साथ गतिशील है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

*******************************

 

मैं महागठबंधन का हिस्सा हूं इसलिए लालू के परिवार पर ईडी का छापा: नीतीश

पटना 11 March, (एजेंसी): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  कहा कि पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी उनके राज्य में महागठबंधन का हिस्सा होने का नतीजा है।

कुमार ने कहा, 2017 से पांच साल तक छापे नहीं पड़े। अब क्यों हो रहे हैं? इसका सीधा सा कारण है कि मैं महागठबंधन का हिस्सा हूं। इस तरह के छापे हमें डरा नहीं सकते और हमारी सरकार बिहार को सुचारू रूप से प्रबंधित करेगी।

फिर से गठबंधन बदलने पर प्रतिक्रिया देते हुए, नीतीश कुमार ने इसे अफवाह बताते हुए खारिज कर दिया कि बिहार में महागठबंधन सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा, चिंता न करें और अफवाहें न सुनें।

शुक्रवार को ईडी ने लालू प्रसाद, उनके परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों के दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, मुंबई, रांची और कुछ अन्य जगहों पर 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी के अधिकारियों ने तेजस्वी यादव और उनकी बहनों रागिनी यादव, हेमा यादव और चंदा यादव के आवासों से 53 लाख रुपये नकद, 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण, 540 ग्राम सोने के सिक्के और 1900 अमेरिकी डॉलर बरामद किए थे।

**************************

 

त्रिपुरा में कांग्रेस-लेफ्ट के सांसदों पर हमला, कई गाड़ियों में तोड़फोड़ औऱ पथराव

अगरतला 11 March, (एजेंसी): त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा की जांच करने और प्रभावित लोगों से बात करने के लिए आए कांग्रेस और लेफ्ट सांसदों और विधायकों का एक दल पर आज हमला किया गया और वाहनों में तोड़फोड़ की। सेपाहीजाला जिला में उनपर भी हमले की सूचना मिल रही है।

पुलिस ने कहा है कि टीम पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया था। असम से आने वाले कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने दावा किया कि वे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता थे और उनपर पथराव किया।

उन्होंने कहा, ”हमारे तीन-चार वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने कुछ नहीं किया। इस घटना से लगा कि त्रिपुरा में कानून का कोई शासन नहीं है।”

सहायक महानिरीक्षक (लॉ एंड ऑर्डर) ज्योतिष्मान दास चौधरी ने बताया कि नेहलचंद्रनगर में हुए हमले में आठ सदस्यीय टीम में से कोई भी घायल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ”सांसदों, विधायकों और वाम दलों के स्थानीय नेताओं और कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज बिशालगढ़ के नेहलचंद्रनगर का दौरा किया। इसकी पहले जानकारी नहीं दी गई थी। इस दौरान नारेबाजी की गई और कुछ बदमाशों ने उनके वाहनों पर हमला कर दिया।”

उन्होंने कहा, ”पुलिस एस्कॉर्ट टीम ने तुरंत इसका जवाब दिया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दो-तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।” आपको बता दें कि इस घटना में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक वीडियो ट्वीट कर कहा, ”कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल पर आज त्रिपुरा के विशालगढ़ और मोहनपुर में भाजपा के गुंडों ने हमला किया। प्रतिनिधिमंडल के साथ जा रही पुलिस ने कुछ नहीं किया। कल वहां बीजेपी की विजय रैली हो रही है। यह पार्टी प्रायोजित हिंसा की जीत है।”

*****************************

 

जांच एजेंसियों की छापेमारी को लालू ने कहा निम्न स्तर की राजनीति

पटना 11 March, (एजेंसी): रेलवे में जमीन के बदले नौकरी देने के मामले में फंसे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनके परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही है। जांच एजेंसियों की लगातार छापेमारी और पूछताछ से परेशान लालू प्रसाद ने भड़कते हुए भाजपा पर निम्न स्तर की राजनीति करने का आरोप लगाया।

लालू प्रसाद ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि हमने आपातकाल का काला दौर भी देखा है। हमने वह लड़ाई भी लड़ी थी।

आधारहीन प्रतिशोधात्मक मामलों में आज मेरी बेटियों, नन्हें-मुन्ने नातियों और गर्भवती पुत्रवधु को भाजपाई ईडी ने 15 घंटों से बैठा रखा है। क्या इतने निम्नस्तर पर उतर कर बीजेपी हमसे राजनीतिक लड़ाई लड़ेंगी?

उन्होंने चेतावनी देते हुए यह भी लिखा कि संघ और भाजपा के विरुद्ध मेरी वैचारिक लड़ाई रही है और रहेगी। इनके समक्ष मैंने कभी भी घुटने नहीं टेके हैं और मेरे परिवार एवं पार्टी का कोई भी व्यक्ति आपकी राजनीति के समक्ष नतमस्तक नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई और ईडी लालू प्रसाद और उनके परिजनों और नजदीकियों के दर्जनों ठिकानों पर दस्तक दी है।

पटना में पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से पूछताछ भी की गई थी। तेजस्वी यादव से भी पूछताछ की गई।

***********************************

 

तमिलनाडु में प्रवासी श्रमिकों पर हमलों के फर्जी वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार

पटना 11 March, (एजेंसी): बिहार पुलिस ने तमिलनाडु में प्रवासी श्रमिकों पर हमलों का फर्जी वीडियो बनाने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बिहार पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, दो आरोपी मनीष कश्यप और यूराज सिंह फरार हैं। पुलिस जमुई जिले के मूल निवासी आरोपी अमन कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। प्रवक्ता ने कहा, मुख्य आरोपी गोपालगंज जिले के मूल निवासी राकेश रंजन कुमार ने 6 मार्च को 2 व्यक्तियों की मदद से जक्कनपुर थाना अंतर्गत पटना की बंगाली कॉलोनी में किराए के मकान में फर्जी वीडियो बनाया था। उसने अपराध कबूल कर लिया है। वीडियो बनाने के पीछे बिहार और तमिलनाडु की पुलिस को गुमराह करना था। प्रवक्ता ने कहा कि हमने राकेश रंजन कुमार के मकान मालिक से भी पूछताछ की, उन्होंने भी पुष्टि की है कि वीडियो उनके घर पर बनाया गया था।

उन्होंने कहा,जांच दल ने पटना में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) पुलिस स्टेशन में राकेश रंजन, मनीष कश्यप, यूराज सिंह और अमन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने कहा कि राकेश रंजन कुमार द्वारा बनाए गए एक वीडियो को 8 मार्च को मनीष कश्यप नाम के व्यक्ति ने ट्वीट किया था। उसने वीडियो को बीएनआर न्यूज हनी नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था।

पवक्ता ने बताया, वीडियो में दो लोग किसी चीज से बंधे नजर आ रहे हैं। वीडियो संदिग्ध लग रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो राकेश रंजन कुमार ने बनाया था। उसे गोपालगंज से हिरासत में लेकर ईओयू थाने में पटना लाया गया। उसने अपराध कबूल कर लिया। प्रवक्ता ने विस्तार से बताया।

पुलिस के मुताबिक मनीष कश्यप के खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पुलिस टीम पर हमला करने में भी शामिल था। पुलवामा की घटना के बाद, वह पटना के ल्हासा बाजार में कुछ कश्मीरी व्यापारियों की पिटाई करने में शामिल था और जेल की सजा काट चुका है। वह पूर्व में कई आपत्तिजनक सांप्रदायिक पोस्ट अपलोड करने में भी शामिल था।

आरोपी यूराज सिंह भी फर्जी वीडियो अपलोड करने में शामिल था। उसके खिलाफ तमिलनाडु के कोयम्बटूर जिले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। वह तीन माह पहले भोजपुर जिले के नारायणपुर गांव में फायरिंग में शामिल था और फरार चल रहा है।

प्रवक्ता ने कहा कि मधुबनी के एक युवक की तमिलनाडु में हत्या शीर्षक वाली कहानी एक हिंदी दैनिक में प्रकाशित हुई थी। हालांकि, तिरुपुर जिले (तमिलनाडु) के एसपी ने इस खबर का खंडन किया।

बहन की शादी टलने के बाद शंभू मुखिया नाम के युवक ने आत्महत्या कर ली थी। उसकी पत्नी ने 5 मार्च को तिरुपुर जिले के मंगलम पुलिस थाने में एक आवेदन दिया था और उसने दावा किया था कि उसके पति ने अपनी कलाई काट ली है।

बिहार पुलिस ने तमिलनाडु की घटना के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की और विभिन्न सोशली मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड किए गए 30 वीडियो की पहचान की। पुलिस ने 26 संदिग्ध सोशल मीडिया खातों की भी पहचान की और 42 अन्य सोशल मीडिया खातों को नोटिस दिए गए।

******************************

 

लालू की बेटी रोहिणी ने तेजस्वी के दिल्ली स्थित आवास पर छापेमारी को लेकर ईडी पर निशाना साधा

पटना 11 March, (एजेंसी): राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उनके भाई तेजस्वी यादव के दिल्ली स्थित आवास पर छापेमारी करने पर निशाना साधा। प्रवर्तन निदेशालय ने नौकरी के बदले जमीन मामले में राजद नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय राजधानी स्थित आवास समेत 15 से अधिक जगहों पर छापेमारी की।

ट्वीट करते हुए उन्होंने ईडी के छापे के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की भी आलोचना की। आचार्य ने ट्वीट किया, गर्भवती महिला और बच्चों को परेशान करने के लिए आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए।

बीजेपी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने ट्विटर पर लिखा, हम इस तरह के अन्याय को याद रखेंगे। सब कुछ याद रखा जाएगा। उन छोटे बच्चों के अपराध क्या हैं? आप उन्हें क्यों प्रताड़ित कर रहे हैं? शुक्रवार सुबह से उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। आपको सही समय पर उचित जवाब मिलेगा।

इस बीच, बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा, नीतीश कुमार लालू प्रसाद परिवार को बचा रहे हैं..शरद यादव और ललन सिंह ने 2008 में नौकरी के लिए जमीन की जांच के लिए पहल की थी। उन्होंने सीबीआई को सारे दस्तावेज मुहैया कराए थे। जांच के लिए ललन सिंह ने तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार को ज्ञापन दिया था। अब वह कार्रवाई रोकने के लिए केंद्र को पत्र लिख रहे हैं।

राजद के पूर्व विधायक अबु दुजाना के कार्यालयों और घरों पर ईडी के छापे पर प्रतिक्रिया देते हुए सुशील मोदी ने कहा, अबू दुजाना वह व्यक्ति है जो पटना में तेजस्वी यादव का 750 करोड़ रुपये का मॉल बनवा रहा था। ईडी ने शुक्रवार को तेजस्वी यादव, उनकी बहन चंदा यादव, रागिनी यादव, हेमा यादव, लालू प्रसाद के करीबी अबू दुजाना और अन्य के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर समेत लालू के परिवार और दोस्तों के 15 ठिकानों पर छापेमारी की।

इससे पहले सीबीआई ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद और उनकी बेटी मीसा भारती से छह और सात मार्च को आईआरसीटीसी की भूमि मामले में पूछताछ की थी।

*********************************

 

कांग्रेस ने तेलंगाना में सभी जमीनों का फिर से सर्वेक्षण का वादा किया

करीमनगर 11 March, (Rns): कांग्रेस पार्टी ने घोषणा की कि वह तेलंगाना में पार्टी के सत्ता में आने के बाद दो साल के भीतर सभी जमीनों का फिर से सर्वेक्षण करेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने राज्य के करीमनगर जिले के सुल्तानपुर में ‘कांग्रेस गारंटी कार्ड’ बांटने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि पार्टी ‘एक पट्टा एक रिकॉर्ड’ की अवधारणा लाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी भूमि रिकॉर्ड के संबंध में 125 अधिनियमों और 30,000 सरकारी आदेशों को समाप्त कर देगी।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि पार्टी सभी 33 जिलों में भूमि न्यायाधिकरण स्थापित करेगी। यह धारानी पोर्टल द्वारा की गई गलतियों को सुधारने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा, धारानी पोर्टल में 60 लाख भूस्वामियों के खातों में से 20 लाख भूस्वामियों को विसंगतियों के कारण समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले 60 दिनों में, सभी निर्वाचन क्षेत्रों में ‘धारानी अदालतें’ आयोजित की जाएंगी, जहां भूस्वामी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी उनके लिए ‘कांग्रेस गारंटी कार्ड’ जारी करेगी और राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने पर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

रमेश ने कहा, जब कांग्रेस सत्ता में आएगी तो मालिक की सहमति के बिना जबरदस्ती जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा।

******************************

 

शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में 27 साल बाद सुनाई दी बाघ की दहाड़

शिवपुरी 11 March, (एजेंसी): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित माधव नेशनल पार्क में दो बाघ के छोड़ने से अब अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर पहचान मिली है। इतना ही नहीं 27 साल बाद इस माधव नेशनल पार्क में बाघों की फिर दहाड़ सुनाई दी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में बाघ का एक जोड़ा छोड़ा। इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि शिवपुरी ऐतिहासिक प्राचीन पर्यटन नगरी है। नेशनल पार्क में आज दो बाघ के छोड़ने से अब शिवपुरी अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर पहचाना जाएगा। पर्यावरण-संरक्षण एवं संवर्धन के लिये बाघों का संरक्षण और उनकी सुरक्षा भी करनी होगी। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में बाघों के आने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देशी एवं विदेशी पर्यटकों के आने से जिले की इकोनॉमी भी बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने बाघ मित्रों से संवाद करते हुए कहा कि बांधवगढ़ नेशनल पार्क से मादा और सतपुड़ा नेशनल पार्क से नर बाघ शिवपुरी लाया गया है। शीघ्र ही तीन बाघ और लाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बाघ मित्रों से कहा कि हमें बाघ और वन्य-प्राणियों के संरक्षण के लिये लोगों को जागरूक कर बताना होगा कि वन्य-प्राणी हमारे मित्र है और हमें उन्हें संरक्षण देना है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बाघ प्रोजेक्ट में बाघों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ अधो-संरचना के कार्य भी किए जायेंगे। साथ ही गाइड, होटल एवं टैक्सी संचालकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। होम-स्टे को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे बाहर से आने वाले सैलानियों को प्राकृतिक एवं खुले वातावरण में बाघ एवं वन्य-प्राणियों को देखने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए बड़ी खुशी की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कूनो नेशनल पार्क में चीते छोड़े थे। आज शिवपुरी के नेशनल पार्क में दो बाघ छोड़े गए हैं।

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया ने कहा कि 27 वर्षों के बाद माधव नेशनल पार्क में अब बाघों की दहाड़ सुनने के साथ सैलानियों को उन्हें देखने का भी अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिवपुरी सहित अंचल के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है और क्षेत्र के लिए गौरव की बात भी है।

उन्होंने कहा कि उनके पूज्य पिताजी स्व. माधवराव सिंधिया की जयंती पर मुख्यमंत्री चौहान के प्रयासों से आज माधव नेशनल पार्क में पुन: बाघों को विस्थापित किया गया है। दूसरे चरण में तीन बाघ और लाए जाएंगे।

सिंधिया ने कहा कि बाघों के आने से जहां पर्यावरण संतुलित होगा, वहीं स्थानीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक संपन्नता भी बढ़ेगी।

वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि स्व-सहायता समूह के माध्यम से स्थानीय लोगों को चार टैक्सी उपलब्ध कराई जाएगी, जो सैलानियों को नेशनल पार्क का भ्रमण करायेंगी। साथ ही टूरिस्ट गाइड के रूप में स्थानीय लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सैलानियों के आने से स्थानीय होटल के साथ होम-स्टे से भी रोजगार बढ़ेगा।

***************************

 

Land for Job Scam: डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को CBI ने किया तलब

पटना 11 March, (एजेंसी): सीबीआई ने नौकरी के बदले जमीन देने के मामले में बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को आज तलब किया है। CBI द्वारा यह उन्हें भेजा गया दूसरा समन है, पहला समन 4 फरवरी को भेजा गया था। ये जानकारी एजेंसी के अधिकारी ने दी।

लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उनपर सीबीआई का शिकंजा कसता दिख रहा है। लालू यादव और राबड़ी के बाद तेजस्वी यादव से भी इस मामले में सीबीआई पूछताछ करेगी। इसके लिए सीबीआई की ओर से तेजस्वी यादव को समन जारी किया गया है।

इसके पहले 4 फरवरी को भी केंद्रीय जांच एजेंसी ने तेजस्वी यादव को समन भेजा था। लेकिन, किसी वजह से वह सीबीआई के सामने पेश नहीं हुए। इस बीच सीबीआई ने सोमवार को राबड़ी देवी से पटना में और मंगलवार को मीसा भारती के आवास पर दिल्ली में राजद प्रमुख लालू यादव से पूछताछ की थी।

****************************

 

भारत ने विश्व चैम्पियन जर्मनी को 3-2 से हराकर उलटफेर किया

राउरकेला, 11 मार्च । स्ट्राइकर सुखजीत सिंह के दूसरे हाफ में किये गये दो गोल की मदद से भारत ने शुक्रवार को यहां एफआईएच प्रो लीग हॉकी के पहले मैच में विश्व चैम्पियन जर्मनी को 3-2 से हराकर उलटफेर किया।

विश्व कप के निराशाजनक अभियान के बाद यह भारत का पहला मुकाबला था।

भारत के जनवरी में विश्व कप के प्री क्वार्टरफाइनल से बाहर होने के बाद कई खिलाडिय़ों को टीम से बाहर किया था लेकिन 26 वर्षीय सुखजीत बच गये थे, उन्होंने 31वें और 42वें मिनट में मैदानी गोल दागे।

टूर्नामेंट में अब तक संयुक्त रूप से शीर्ष स्कोरर में शामिल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बिरसा मुंडा स्टेडियम में 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलायी थी।

भुवनेश्वर और यहां आयोजित हुए विश्व कप में हरमनप्रीत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये थे।

भारत ने 42वें मिनट तक 3-0 से बढ़त बना ली थी जिसके बाद जर्मनी के लिये पॉल फिलिप कॉफमैन और माइकल स्ट्रुथॉफ ने क्रमश: 44वें और 57वें मिनट में गोल किये।

जर्मनी की टीम में विश्व कप जीतने वाली टीम के कई खिलाड़ी मौजूद थे जो पेनल्टी कॉर्नर से गोल करने में जूझते नजर आये। जर्मनी को छह पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि भारत ने चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये।

मेहमान टीम ने शानदार शुरूआत की और 10वें मिनट में लगातार पांच पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये लेकिन भारत ने संयम बरतते हुए इन सभी में अच्छी तरह डिफेंड किया।

दूसरे क्वार्टर के अंत में स्ट्राइकर अभिषेक के सर्कल में प्रयास से भारत को वही लय मिली जिसकी वह कोशिश में जुटा था। इससे पहले स्ट्राइकर गुरजांत सिंह और दिलप्रीत सिंह के प्रयासों को जर्मनी के गोलकीपर एलेक्जैंडर स्टैडलर ने विफल कर दिया था।

हाफ टाइम से तुरंत पहले घरेलू टीम को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत ने शानदार प्रयास से अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। विश्व कप के बाद मुख्य कोच ग्राहम रीड को बर्खास्त करने के बावजूद हरमनप्रीत को कप्तान बरकरार रखा गया था।

इस बढ़त से भारत ने तीसरे क्वार्टर में आक्रामक शुरूआत की। जर्मनप्रीत सिंह के शानदार पास पर सुखजीत ने 31वें मिनट में भारत के लिये दूसरा गोल दाग दिया।

फिर 11 मिनट बाद सुखजीत ने फिर गोल किया। मनप्रीत सिंह के दूर से दिए पास पर प्रतिभाशाली युवा एस कार्ति की मदद से सुखजीत ने मैच में अपना दूसरा गोल किया।

भारत ने इसके बाद जर्मनी हमले को दूर ही रखा। पर मेहमान टीम तीसरे क्वार्टर के अंत में पॉल फिलिप की बदौलत गोल करने में सफल रही।

मैच के अंतिम क्षणों में भारत ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया जिसमें जर्मनी ने अपने गोलकीपर को बाहर कर एक अतिरिक्त खिलाड़ी अपने आक्रमण में शामिल किया।

जर्मनी ने मैच खत्म होने से दो मिनट पले माइकल की बदौलत अपना दूसरा गोल किया जिसमें हानेस मुलर ने गोल करने में मदद की।
मैच के अंतिम क्षण में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन हरमनप्रीत इसे गोल में नहीं बदल सके जिससे भारत ने 3-2 की जीत से तीन अंक हासिल किये।

भारत का सामना अब रविवार को आस्ट्रेलिया से होगा जबकि जर्मनी की टीम से दूसरे चरण का मैच सोमवार को होगा।

******************************

 

एक्लेस्टोन और हीली के कमाल से वारियर्स की बड़ी जीत, आरसीबी की चौथी हार

मुंबई, 11 माार्च (एजेंसी)। अनुभवी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन और दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान एलिसा हीली की नाबाद 96 रन की आकर्षक पारी की मदद से यूपी वारियर्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में शुक्रवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) को 42 गेंद शेष रहते हुए 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

आरसीबी की यह लगातार चौथी हार है जिससे उसके आगे बढऩे की संभावना को करारा झटका लगा है। वारियर्स ने तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

बाएं हाथ की स्पिनर एक्लेस्टोन ने 13 रन देकर चार और ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए जिससे पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी की टीम 19.3 ओवर में 138 रन पर आउट हो गई गई। उसकी तरफ से एलिस पैरी ने 39 गेंदों पर 52 रन बनाए जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल है। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन ने 24 गेंदों पर 36 रन का योगदान दिया।

हीली ने 47 गेंदों पर 18 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 96 रन बनाए। देविका वैद्य (31 गेंदों पर नाबाद 36 रन, पांच चौके) ने उनके सहयोगी की भूमिका बखूबी निभाई जिससे वारियर्स ने केवल 13 ओवर में बिना किसी नुकसान के 139 रन बनाकर मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया।

हीली ने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाकर चौकों की झड़ी लगा दी। पावर प्ले के अंतिम ओवर में उन्होंने श्रेयंका पाटिल पर लगातार तीन चौके लगाए जिससे वारियर्स पहले छह ओवरों में बिना किसी नुकसान के 55 रन बनाने में सफल रहा।

हीली ने 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर रेणुका सिंह के एक ओवर में लगातार चार चौके लगाए। इसके बाद उन्होंने एरिन बर्न्स पर पारी का पहला छक्का भी लगाया। उन्होंने पाटिल पर चौका जड़कर अपना स्कोर 95 और टीम का स्कोर आरसीबी के बराबरी पर पहुंचाया। उन्हें शतक पूरा करने के लिए छक्के की जरूरत थी लेकिन उन्होंने एक रन लेकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के लिए उतरी आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना केवल चार रन बनाकर राजेश्वरी गायकवाड़ की गेंद पर कवर में कैच दे बैठी। दूसरे छोर पर हालांकि डिवाइन ने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया।

न्यूजीलैंड की इस बल्लेबाज ने ग्रेस हैरिस के पहले ओवर में चौके और छक्के से शुरुआत की लेकिन जब वह मंधाना के आउट होने के बाद पैरी के साथ मजबूती से पारी आगे बढ़ा रही थी तभी एक्लेस्टोन की गेंद कट करने के प्रयास में बोल्ड हो गई। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।

पैरी ने भी अंजली सर्वानी पर दो चौके और गायकवाड पर छक्का जड़कर शुरू में अपने इरादे जतला दिए थे। इससे आरसीबी पावर प्ले में 54 रन बनाने में सफल रहा। पैरी ने 35 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन इस बीच कनिका आहूजा (आठ) और हीथर नाइट (एक) उनका साथ नहीं दे पाई।

श्रेयंका पाटिल (15) भी तीन चौके जडऩे के बाद एक्लेस्टोन का दूसरा शिकार बनी। पैरी भी 17वें ओवर के शुरू में रन गति तेज करने के प्रयास में दीप्ति शर्मा की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच दे बैठी। दीप्ति ने इसी ओवर में इरिन बर्न्स को बोल्ड किया।

डेथ ओवरों को ध्यान में रखकर रिचा घोष को आठवें नंबर पर उतारा गया लेकिन वह केवल एक रन बनाकर रन आउट हो गई जिससे आरसीबी की रणनीति भी विफल हो गई। आरसीबी ने अंतिम चार ओवरों में केवल 14 रन बनाए और इस बीच पांच विकेट गंवाए।

*********************************

 

राज्यों के लिए 1.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी

नयी दिल्ली 11 मार्च (एजेंसी)।  केन्द्र सरकार ने राज्यों के लिए केन्द्रीय कर में हिस्सेदारी के तौर पर आज 140318 करोड़ रुपये की 14वीं किश्त जारी की।
वित्त मंत्रालय ने आज यहां जारी बयान में कहा कि आमतौर पर हर महीने 70159 करोड़ रुपये जारी किये जाते हैं लेकिन राज्यों को आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने की केन्द्र की प्रतिबद्धता के तहत इस बार 140318 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं।

यह राशि 28 राज्यों को जारी की गयी है।

इसमें सबसे अधिक राशि 24783 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश को, 14232 करोड़ रुपये बिहार को, 11108 करोड़ रुपये मध्य प्रदेश को, 10642 करोड़ रुपये पश्चिम बंगाल को, 8535 करोड़ रुपये राजस्थान को, 6399 करोड़ रुपये ओडिशा को, 5474 करोड़ रुपये आंध्र प्रदेश को, 5125 करोड़ रुपये कर्नाटक को, 4929 करोड़ रुपये गुजरात को, 4827 करोड़ रुपये छत्तीसगढ़ को, 4681 करोड़ रुपये झारखंड को, 4417 करोड़ रुपये असम को जारी किये गये हैं।

************************

 

विदेशी मुद्रा भंडार 1.5 अरब डॉलर बढ़कर 562.4 अरब डॉलर पर

मुंबई 11 मार्च (एजेंसी)। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आरक्षित निधि बढऩे से 03 मार्च को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.5 अरब डॉलर बढ़कर 562.4 अरब डॉलर पर पहुंच गया जबकि इसके पिछले सप्ताह यह 32.5 करोड़ डॉलर घटकर 560.9 अरब डॉलर रहा था।

रिजर्व बैंक की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, 03 मार्च को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.2 अरब डॉलर की बढ़ोतरी लेकर 497.1 अरब डॉलर हो गयी। इसी तरह इस अवधि में स्वर्ण भंडार में 28.2 करोड़ डॉलर की बढ़त हुई और यह बढ़कर 42.03 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

वहीं, आलोच्य सप्ताह विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) में 1.3 करोड़ डॉलर की कमी हुई और यह घटकर 18.17 अरब डॉलर रह गया। इस अवधि में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 80 लाख डॉलर बढ़कर 5.12 अरब डॉलर पर पहुंच गई।

******************************

 

टी-सीरीज़ ने किया एक नया लव ट्रैक ‘करीब’ रिलीज़

11.03.2023  –  शिवोरिक्स प्रोडक्शंस की नवीनतम प्रस्तुति म्यूजिक वीडियो ‘करीब’ को टी-सीरीज़ ने संगीतप्रेमियों के लिए जारी कर दिया है।’करीब’ को शिवम शर्मा ने स्वरबद्ध किया है, जिसे शिवोरिक्स के नाम से भी जाना जाता है, जिसे रोनित विंटा और शिवोरिक्स द्वारा रचित और लिखा गया है।शिवोरिक्स, रजत डकोल और उपमा शर्मा अभिनीत यह म्यूजिक वीडियो एक सच्चे प्यार को परिभाषित करती है।

गीतकार रोनित विंटा इस गाने के बारे में विस्तृत चर्चा  करते हुए बताते हैं कि, “इस ट्रैक पर काम करना खुशी की बात थी। हम ऐसा संगीत बनाना चाहते थे जो न केवल गीत के बोल और शिवम की सुरीली आवाज का पूरक हो बल्कि इस गीत के मर्म को सामने लाए और मुझे यकीन है कि सभी संगीतप्रेमी इसे पसंद करेंगे।”

गाने के बारे में बात करते हुए सिंगर शिवम शर्मा उर्फ ​​शिवोरिक्स  कहते हैं कि ” ‘करीब’ जैसे गाने के लिए टी-सीरीज़ के साथ काम करके मुझे बहुत खुशी हो रही है, जो कई श्रोताओं के दिलों को छू जायेगा।

रोनित विंटा के साथ काम करना एक परम आनंद था और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि मेरे प्रशंसक इस गाने को कितना  पसंद करते हैं।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन ठीक-ठाक रहेगा। इस राशि की महिलाओं के लिए आज का दिन राहतपूर्ण रहेगा व खरीददारी कर सकती हैं। खरीदारी किए को सम्भाल सकती है। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी मल्टीनेशनल कम्पनी में साक्षात्कार के लिए बुलावा आयेगा। दाम्पत्य जीवन में आज मधुरता बनी रहेगी। घर के कामों में परिवार के लोग का सहयोग मिलता रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना चाहते हैं तो आज का दिन अच्छा है। आज आपका आर्थिक व धार्मिक पक्ष मजबूत होगा। प्रेमी से उपहार मिलेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका चंचल स्वाभाव कुछ लोगो को पसंद आयेगा। आज आप अपने व्यवसाय की गति बढ़ाने के लिए नया प्लान तैयार करेंगे। अगर आप वाहन खरीदने का योजना बना रहें तो थोड़ा रुक जायें। लम्बे समय से सोचा हुआ कार्य आज पूरा हो जाएगा। आज आपको आय के नये स्त्रोत प्राप्त होंगे। आज बॉस आपके कार्यो को देखकर आपकी प्रशंसा करेंगे। माता के साथ धार्मिक कार्यों में सम्मलित होंगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज राजनीति से जुड़े लोगों के लिए दिन अच्छा रहने वाला है। आज अपने उच्चाधिकारी के सामने बात रखने पर सकारात्मक परिणाम मिलेगा। महिलाएं अपने जीवनसाथी को आज कुछ मीठा बना कर खिला सकती हैं, दोनों के बीच रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। स्वास्थ्य आज पहले से काफी अच्छा रहेगा। आर्किटेक से जुड़े लोगों को अच्छी जॉब का ऑफर मिलेगा। पिता के साथ आज आपके रिश्तें और मजबूत होंगे। पिछली कंपनी का अनुभव आज काम आयेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आप परिवारवालों के साथ समय बितायेंगे। घर में खुशी का महौल बना रहेगा। इस राशि के व्यापारी वर्ग को आज अचानक कोई बड़ा फायदा होने के योग बन रहे है। टेन्ट हाउस का व्यवसाय करने वाले लोगो के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। कहीं रुका हुआ पैसा आज वापस मिलेगा। आर्थिक पक्ष पहले से और मजबूत होगा। स्वास्थ्य बेहतर बनाये रखने के लिए खान-पान का खास ख्याल रखने की जरुरत है। आज धार्मिक कार्यों में मन लगा रहेगा। कार्यों में घर के बड़ों का सहयोग आपको मिलता रहेगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहेगा। आज आपके सारे पूराने काम आसानी से हो जाएंगे। आपका आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। साइंस से जुड़े बच्चों को अच्छी जॉब का अवसर मिल सकता है। बिजनेस के सिलसिले में दोस्त के साथ बाहर जा सकते हो। व्यापार को लेकर आपके पार्टनर से अनबन ना हो इसलिए अपनी वाणी पर संयम रखें। प्रेमी का रिश्ता परिणय में बदल सकता है। जिससे घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। दाम्पत्य जीवन में खुशियाँ आएँगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आपका आज का दिन बेहतर रहेगा। परिवार के सभी सदस्यों को आनन्द की प्राप्ति होगी। इस राशि के व्यापारी वर्ग को आज अचानक कोई बड़ा फायदा होगा। आपके व्यापार में दिन दूनी रात चौगुनी वृद्धि होगी। आर्थिक पक्ष पहले से मजबूत बना रहेगा। छात्रों को किसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हाथ लगेगी। बिना वजह घर के किसी सदस्य पर गुस्सा करने से बचें। आज भाई बहन के साथ गेम्स खेल कर समय बिताएंगे। माता के सेहत में सुधार होगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। बिजनेसमैन के लिए आज का दिन फायदा दिलाने वाला होगा। इस राशि की महिलाएं आज कोई उद्योग शुरू कर सकती है, जिसमे जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। पारिवारिक समस्या के कारण आज आप सोच विचार में रहेंगे। साथ ही समस्यायों का हल निकालने के लिए प्लान भी बनायेंगे। आज आपके पड़ोसी आपसे आर्थिक सहायता लेंगे। आज किसी काम को करने में जल्दबाजी न करें, अन्यथा वह काम दोबारा करना पड़ सकता है। प्रेमी के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज के दिन भाग्य आपका पूरा साथ देगा। अगर आप नयी जमीन लेने की योजना बना रहे हैं, तो घर के बड़ों की राय जरूर लें। इस राशि के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन बेहतर परिणाम देने वाला रहेगा। प्रेमी अपने साथी से अपने दिल की बात शेयर करेंगे। इससे रिश्तों में और मधुरता बढ़ेगी। शाम को परिवार के साथ किसी जरूरी मामले पर बात होगी। साथ ही आज आपको परिवार की जरूरतों का भी ख्याल रखने की जरुरत है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपको मेहनत का फल जरूर मिलेगा। कई दिनों से चल रही कड़ी मेहनत आज रंग लाएगी। कार्यालय में आज आपको कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी, जिसे आप बखूबी निभायेंगे। आज किसी कार्य को पूरा करने के लिए आस-पास के लोग का सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी पर भरोसा बनायें रखें, रिश्ते में और मजबूती आयेगी। सेहत के लिहाज से आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। पारिवारिक समस्य आज दूर होगी, घर में खुशहाली बनी रहेगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपका आज का दिन सामान्य रहेगा। इस राशि के इंजीनियर्स के लिए आज का दिन फायदा देने वाला है। आज आपको अपने गुरू की मदद से आपके करियर को नयी दिशा मिलेगी। आप आप अपने कार्यालय का काम समय से पूरा करने में सफल होंगे। छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेने के लिए आज फॉर्म भरेंगे। आज घर में बच्चों के साथ आपका ज्यादा समय बीतेगा। माता पिता बच्चो को कोई अच्छी सलाह देंगे। छात्रो को आज ऑनलाइन कुछ नया सीखने को मिलेगा। व्यापार को आगे बढाने के लिए पिता का सहयोग प्राप्त होगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपका आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आपके सभी कार्य आसानी से पूरे होंगे। आज आपको किसी सामाजिक समारोह में सम्मलित होने का मौका मिलेगा। आज आपकी बातों से लोग प्रभावित होंगे। छात्रों को आज बेहतर परिणाम हासिल होंगे। कई दिनों से चल रही दोस्ती आज प्यार में बदल सकती है। पारिवारिक समस्यायों का समाधान ढूंढऩे में आज आप सफल होंगे। दाम्पत्य जीवन में आज शुभ समाचार मिलेगा। स्वास्थ्य आज उत्तम बना रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। नौकरी में पदोन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। कार्यालय में आपकी कड़ी मेहनत को देखते हुए आपको सम्मानित किया जा सकता है। पहले की हुई गलती से दोस्तों से बिगड़े हुए रिश्तों में आज सुधार आएगा। आज परिवार वालों के साथ घर पर स्वादिष्ट डिनर का आनंद उठाएंगे आज आपके जीवन में चल रही सारी परेशनियों का हल निकलेगा। महिलाएं आज घर के कामो में बिजी रहेंगी, साथ ही बच्चे उनकी सहायता भी करेंगे। काफी समय से चल रही स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्यायों से छुटकारा मिलेगा।

******************************

 

अप्रैल में नहीं बजेगी शहनाई, मई-जून में होंगे सबसे ज्यादा विवाह

भोपाल,10 मार्च (एजेंसी)। मार्च में विवाह के करीब दस मुहूर्त हैं। वहीं, खरमास और गुरु अस्त के कारण अप्रैल में शादी नहीं हो सकेगी। मई-जून में 32 मुहूर्त हैं। इन दिनों शादी समारोह चल रहे हैं।

हालांकि, कई लोग होलाष्टक दोष के कारण होली के पहले आठ दिन विवाह नहीं करते हैं। लेकिन पंडितों का कहना है कि होलाष्टक का दोष मध्यभारत में नहीं लगता है। इसलिए कई पंचांगों में होली के पहले आठ दिन विवाह नहीं करते हैं।

लेकिन पंडितों का कहना है कि होलाष्टक का दोष मध्यभारत में नहीं लगता है। इसलिए कई पंचांगों में होली के पहले भी विवाह के मुहूर्त रहे। मार्च में 15 तारीख तक विवाह के मुहूर्त रहेंगे। 15 मार्च से खरमास : 15 मार्च से 14 अप्रैल तक खरमास है।

ज्योतिषियों के अनुसार सूर्य का मीन राशि में प्रवेश ही खरमास कहलाता है। इसलिए इस माह में शादियों सहित बड़े मांगलिक कार्य वर्जित माने गए हैं।

गुरु उदय के बाद शुभ मुहूर्त : अप्रैल में में एक भी विवाह मुहूर्त नहीं है। इसका कारण खरमास होना है। गुरु का उदय 29 अप्रैल को होगा। इसके बाद विवाह मुहूर्त मई से ही है।

पं. विष्णु राजौरिया ने बताया कि विवाह के लिए गुरु और शुक्र का उदित होना जरूरी है। कोई एक भी व्रत अस्त होता है तो विवहा कार्य नहीं हेाते हैं।

*****************************

 

भाजपा लोकतंत्र से कर रही खिलवाड़ : अखिलेश

लखनऊ 10 मार्च,(एजेंसी)। पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा  सत्ता का दुरूपयोग करके लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। देश में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।

सरकारी एजेंसियों ईडी, इन्कम टैक्स और सीबीआई का उपयोग सत्ता विरोधी विपक्ष को डराने-धमकाने और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए किया जाने लगा है।

बुलडोजर से भाजपा का एजेंडा है। भाजपा की इन्हीं नीतियों के चलते समाज का हर वर्ग परेशान है और अब वह भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहता है।

श्री यादव ने कहा कि आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा का हारना तय है। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में विजयी होगी। जनता समाजवादी पार्टी के साथ है।

अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय  विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में युवा संगठनों के प्रमुख नेताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव  राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष  नरेश उत्तम पटेल, विधायक रविदास मेहरोत्रा तथा पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा भी उपस्थित थे।

समाजवादी युवजन सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष  अरविन्द गिरि, समाजवादी छात्र सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष  दिग्विजय सिंह देव, यूथ ब्रिगेड के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा तथा समाजवादी युवजन सभा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहाद भी बैठक में मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने नौजवानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज नौजवानों के भविष्य के आगे अंधेरा है। रोटी-रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है। समाजवादी पार्टी उनके लिए आवाज उठाती रही है। महंगाई भाजपा के कारण है।

किसान की आय दोगुनी कहां हुई? बिजली महंगी क्यों है? एक यूनिट बिजली का भाजपा राज में उत्पादन नहीं हुआ। फर्जी मुकदमों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाया जा रहा है। रोजगार की दर 4.2 प्रतिशत है जो सच्चाई से दूर है।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी से जुड़ा नौजवान संघर्षशील है। वह कर्मठ और निष्ठावान है। भाजपा गुमराह करने में किसी हद तक जा सकती है। भाजपा वैमनस्य, नफरत की राजनीति करती है। भाजपा का मुकाबला करने के लिए समाजवादी युवा उत्साह से भरे हुए हैं। आगामी निकाय चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की धांधली रोकने में नौजवानों की सक्रिय भूमिका होगी।

श्री यादव ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की हार और समाजवादी पार्टी की जीत में नौजवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। भाजपा की तमाम साजिशें मैनपुरी में सफल नहीं हो सकी। नौजवानों को बिना किसी प्रलोभन और भय के किसी भी क्षेत्र में हो रहे अन्याय का कड़ा विरोध करना है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास का कोई काम नहीं किया। सिर्फ लम्बी-लम्बी डींगे मारने को ही भाजपा अपनी सफलता मानती है। असत्य बयानबाजी को अपना कौशल मानती है। उत्तर प्रदेश में निवेश के नाम पर राज्य की जनता से छल हो रहा है। समाजवादी पार्टी नेतृत्व को बदनाम करने में भाजपा दिन रात लगी रहती है।

श्री यादव ने कहा कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय के लिए जरूरी है। सभी को हक और सम्मान तभी मिल सकेगा जब जातीय गणना के आधार पर उनके साथ न्याय होगा। समाजवादी पार्टी सरकार बनाने का अवसर मिलने पर तीन माह में उत्तर प्रदेश में जातीय जनगणना करा देगी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए नये महाभारत के युद्ध में समाजवादी पार्टी तैयार है। हम इस युद्ध में जनता के साथ हैं।

************************

 

महिलाओं के विकास से ही समाज का विकास संभव – शिल्पी नेहा तिर्की

*पूरे राज्य में 50 लाख से अधिक परिवारों को दिये गये जॉब कार्ड में से 21 लाख से अधिक महिलायें निबंधित – मनरेगा आयुक्त*

10.03.2023 (FJ)  –  महिलाओं के विकास से ही समाज का विकास संभव है। महिलाएं किसी क्षेत्र में किसी से कम नहीं है। महिलाओं के उन्नति के  बिना उन्नत समाज का सपना कभी साकार नहीं किया जा सकता है।  08 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को हम विशेष रूप में याद करते हैं क्योंकि यह दिन महिलाओं के लिए खास है।

बेहतर के लिए हमें लगातार प्रयास करते रहना जरूरी है। उक्त बातें मांडर विधायक श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2023 के अवसर पर बेड़ो प्रखंड भवन, रांची में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान कहीं।

श्रीमती तिर्की ने कहा कि कि सरकार की चलायी जा रही योजनाओं का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को जागरूक करने की आवश्यकता है। सरकार ने महिलाओं की बेहतरी के लिए कई प्रयास किये हैं। उन्हें कई जगहों पर आरक्षण प्राप्त है। कानूनी रूप से कई अधिकार महिलाओं को दिये गये हैं। आवश्यकता है तो उन्हें अपने अधिकारों का लाभ उठाने की।

श्रीमती तिर्की ने मनरेगा के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि मनरेगा द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से महिलाओं को रोजगार और स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। महिलाएं दीदी बाड़ी जैसी योजनाओं में कार्य कर दीदी बगिया योजना से लाभान्वित होकर या फिर गाय निर्माण योजना का लाभ उठाकर अपने परिवार का सहारा बन रही हैं।

इससे उनमें एक नया आत्मविश्वास उभर रहा है, उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी होने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि महिलायें पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को संवार रही हैं। ग्राम स्तर पर ऐसी हजारों महिलाओं ने आज अपने भविष्य को संवारने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है, यह महिला सशक्तिकरण का एक अनुपम उदाहरण है।

राज्य में 50 लाख से अधिक परिवारों को दिये गये जॉब कार्ड में से 21 लाख से अधिक महिलायें निबंधित

मनरेगा आयुक्त श्रीमती राजेश्वरी बी ने कहा कि खुद को बदले बिना लक्ष्य की प्राप्ति किसी भी कीमत पर हासिल नहीं की जा सकती है। अपने आप को बदलने से ही बदलाव संभव है। मनरेगा ग्रामीणों का जीवन बदल रहा है।

मनरेगा के तहत आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सह सम्मान समारोह में महिला मेट एवं लाभर्थियों को सम्मानित किया गया, यह विभाग के लिए अत्यंत हर्ष की बात है। सरकार की सोच है कि महिलाओं की आजीविका के साधन को बढाया जाये।

उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में 50 लाख से अधिक परिवारों को जॉब कार्ड दिया गया है, उसमें से 21 लाख से अधिक महिलायें निबंधित हैं, यह खुशी की बात है। महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी दीदी बाड़ी योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़ कर महिलायें स्वावलंबी बन रही हैं।

कार्यक्रम में श्रीमती राजेश्वरी बी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के अंचलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए मनरेगा के तहत चलाए जाने वाली विभिन्न योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने हरिहरपुर जामटोली के भसनंदा स्थित नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया और गुणवत्ता देखकर बधाई दी। उन्होंने पंडरा गांव जाकर वहां प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति निरीक्षण भी किया।

उप विकास आयुक्त श्री दिनेश कुमार यादव ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार ही हमारा लक्ष्य है। आप आर्थिक रूप से भी खुद को सक्षम बनायें। जो भी नौकरी या व्यवसाय करें, उस कमाई का एक हिस्सा बच्चों की पढ़ाई के लिए रखें ताकि उन्हें भी समान अधिकार प्राप्त हो सकें क्योंकि शिक्षा से सब कुछ संभव है। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है।

कार्यक्रम में बिरसा हरित ग्राम योजना से संबंधित पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

इस अवसर पर मांडर विधायक श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की एवं मनरेगा आयुक्त द्वारा रोजगार सेविका, महिला मेट, मजदूर, स्वास्थ्य कर्मी, सहिया, महिला मेट, मुखिया एवं सहित अन्य कई महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व शॉल ओढाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में,प्रखंड विकास पदाधिकारी बेड़ो, परियोजना पदाधिकारी,प्रखण्ड प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, सभी महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविका समेत अन्य उपस्थित थे।

************************************

 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षु पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की

10.03.2023 (FJ) – मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से  आज भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षु पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की।  इन प्रशिक्षु पदाधिकारियों में  श्री कुमार शिवाशीष-2020 बैच और 2021 बैच के श्री राकेश सिंह, श्री पारस राणा तथा श्री ऋत्विक श्रीवास्तव शामिल थे।

इन्होंने  मुख्यमंत्री को परिचय देने के साथ प्रशिक्षण  के अनुभवों को साझा किया।

मुख्यमंत्री ने इन सभी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताते हुए कहा कि प्रशिक्षण के उपरांत आप सभी एक बेहतर पुलिस पदाधिकारी के रूप में अपने दायित्यों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे ।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह ,  मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे और पुलिस महानिरीक्षक,  प्रशिक्षण श्रीमती प्रिया दुबे मौजूद थीं।

***************************

 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने महान समाज सेविका सावित्रीबाई फुले जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की

10.03.2023 (FJ)  –  मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने देश की पहली महिला शिक्षिका, महान समाज सेविका सावित्रीबाई फुले जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की ।

उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले जी के संघर्ष को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किशोरी समृद्धि योजना शुरू की गयी।

आज झारखण्ड की 6 लाख 51 हजार से अधिक किशोरियों को योजना का लाभ मिल रहा है।

********************************

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version