एक अप्रैल से पहले न शुरू करें नया एकेडमिक सेशन … सीबीएसई की स्कूलों को चेतावनी

नई दिल्ली 18 मार्च,(एजेंसी)। एक अप्रैल से पहले नया एकेडमिक सेशन शुरू नहीं किया जाए। अगर सेशन पहले शुरू होता है तो इससे स्टूडेंट्स में चिंता और थकान पैदा होने का खतरा है। यह चेतावनी सीबीएसई ने उन स्कूलों को जारी की है जिन्होंने सेशन जल्दी शुरू कर लिया।

यह चेतावनी खासकर कक्षा 10 और 12 के एकेडमिक सेशन शुरू होने के बाद आई है। सीबीएसई सचिव अनुराग त्रिपाठी ने आदेश में कहा, यह देखा गया है कि कुछ स्कूलों ने अपना एकेडमिक सेशन बहुत जल्दी शुरू कर दिया है जिससे कम समय में पूरे साल का सिलेबस पूरा कर लिया जाए। लेकिन इससे स्टूडेंट्स में थकान पैदा होने का खतरा है। इससे उनमें चिंता और बर्नआउट पैदा हो सकता है।

सीबीएसई ने आदेश जारी करते हुए उन सभी स्कूलों को 1 अप्रैल से पहले शैक्षणिक सत्र शुरू करने पर कार्रवाई की बात कही है। इस समय सीबीएसई की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं चालू हैं।

10वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा 21 मार्च और 12वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा 5 अप्रैल को समाप्त होगी। सीबीएसई ने जारी नोटिस में कहा कि स्कूलों के इस आदेश के कारण स्टूडेंट को लाइफ स्किल, वैल्यू एजुकेशन, हेल्थ और फिजिकल एजुकेशन, वर्क एजुकेशन और कम्युनिटी सर्विस जैसी एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटीज के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है।

**********************************

 

गैसलाइट के बाद सारा अली खान के हाथ लगा एक और प्रोजेक्ट

19.03.2023 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सारा अली खान अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के लिए भी काफी चर्चा में रहती हैं। जल्द ही सारा अली खान एक्टर विक्रांत मैसी और एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह के साथ गैसलाइट में नजर आने वाली हैं।

उनकी यह मूवी 31 मार्च को रिलीज होने वाली है, जिसका ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है। लेकिन गैसलाइट की रिलीज से पहले ही सारा अली खान के हाथ एक और बड़ा प्रोजेक्ट लगा है। दरअसल, सारा अली खान जल्द ही गुंजन सक्सेना के डायरेक्टर शरण शर्मा की अपकमिंग मूवी में नजर आ सकती हैं।

सारा अली खान की अपकमिंग मूवी से जुड़ी जानकारी उनसे जुड़े सूत्रों ने दी है। बताया जा रहा है कि शरण शर्मा की इस अपकमिंग मूवी की स्क्रिप्ट काफी अलग हटकर है, जिसके लिए सारा अली खान को परफेक्ट माना गया है।

इस बारे में बात करते हुए सूत्र ने कहा, मूवी की स्क्रिप्ट काफी हटकर है और शरण को लगता है कि सारा इस हिस्से के लिए बिल्कुल परफेक्ट रहेंगी।

फिल्म को लेकर फॉर्मैलिटी भी सारी पूरी कर ली गई है और माना जा रहा है कि इसकी शूटिंग भी जल्द ही शुरू हो सकती है। हालांकि अभी तक सारा अलीखान की इस मूवी का नाम सामने नहीं आया है।

*******************************

 

रेड आउटफिट में हिना खान ने दिखाई कातिलाना अदाएं

19.03.2023 (एजेंसी) – रेड कलर के आउटफिट में एक्ट्रेस हिना खान बेहद ही सिजलिंग लग रही हैं। उनकी ग्लैमरस तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आ रही हैं। ब्राउन आंखें और कातिलाना अंदाज में एक्ट्रेस हिना खान गजब ढा रही हैं।

बॉडी हगिंग आउटफिट में एक्ट्रेस हिना खान अपने कातिलाना अंदाज से कहर बरपाए रहती हैं। रेड कलर के शॉर्ट ड्रेस में एक्ट्रेस हिना खान बेहद ही स्टाइलिश और डेसिंग नजर आ रही हैं। ग्लॉसी मेकअप और खुली जुल्फों के साथ हिना खान बेहद ही गॉर्जियस लग रही हैं। उनकी तस्वीरों पर फैंस बेशुमार प्यार लुटा रहे हैं। एक्ट्रेस हिना खान ने अपनी लेटेस्ट तस्वीरों में एक से बढ़कर एक पोज दिए।

एक्ट्रेस हिना खान अपने फैंस के लिए निजी और प्रोफेशनल पलों को साझा करती रहती हैं। बिग बॉस फेम हिना खान ने बेहद कम समय में इंडस्ट्री में खास जगह बनाई है। एक्ट्रेस हिना खान टीवी एक्टर शहीर शेख के साथ बारिश बन जाना गाना में नजर आ चुकी हैं।

हिना खान की फैन फॉलोइंग काफी तगड़ी है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 18.8 मिलियन फॉलोवर्स हैं। एक्ट्रेस हिना खान अपने फैंस के लिए एक से बढ़कर एक बोल्ड तस्वीरें शेयर करती रहती हैं।

****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपके पास ख़ुद के लिए समय मिलेगा, अच्छी सेहत के लिए आराम, पैदल सैर, योगा, प्राणायाम अवश्य करें। आर्थिक तौर पर सुधार के चलते आप आसानी से काफ़ी वक़्त से लंबित बिल और उधार चुका सकेंगे। ऐसा दिन है जब काम का दबाव कम रहेगा और आप परिवार के साथ समय बिताने का मज़ा ले पाएंगे। वरिष्ठ से आपको पदोन्नति या लम्बे वक़्त से लटके किसी काम के पूरे होने का तोहफ़ा मिल सकता है। जीवनसाथी की सलाह आवश्यक व लाभकारी रहेगी। उन लोगों से मेलजोल बढ़ाने से बचें जिनके साथ आपका वक्त खराब होता है। स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आप आज ख़ुद को रोज़ाना की अपेक्षा कम ऊर्जावान महसूस करेंगे। स्वयं को ज़रूरत से ज़्यादा काम के नीचे न दबाएँ, थोड़ा आराम करें। अगर आप लम्बे वक़्त के लिए निवेश करें, तो अच्छा-ख़ासा फ़ायदा हासिल कर सकते हैं। अपने दोस्तों को अपने उदार स्वभाव का ग़लत फ़ायदा न उठाने दें। आज के दिन घर का माहौल बढिय़ा बना रहेगा। शहर से बाहर यात्रा ज़्यादा आरामदेह नहीं रहेगी, लेकिन आवश्यक जान-पहचान बनाने के लिहाज़ से फ़ायदेमंद साबित होगी।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आप भावनात्मक तौर पर बहुत संवेदनशील हैं, इसलिए ऐसे हालात से बचें जो आपको चोट पहुँचा सकते हों। आपके द्वारा धन को बचाने के प्रयास आज असफल हो सकते हैं हालांकि आपको इससे घबराने की जरुरत नहीं है स्थिति जल्द ही सुधरेगी। अगर आज आप अपने परिचितों पर अपने फ़ैसले थोपने की कोशिश करेंगे, तो आप अपने हितों को ही नुक़सान पहुँचाएंगे। हालात का सामना धैर्य से करना ही अच्छे परिणाम दे सकता है। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

घर की जरुरतों को देखते हुए आज आप अपने जीवनसाथी के साथ कोई कीमती सामान खरीद सकते हैं जिससे आर्थिक हालात थोड़े तंग हो सकते हैं। परिवार के साथ सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता काफ़ी मानसिक दबाव पैदा कर सकती है। आपमें बहुत-कुछ हासिल करने की क्षमता है- इसलिए अपने रास्ते में आने वाले सभी मौक़ों को झट-से दबोच लें। समय का पहिया बहुत तेजी से चलता है इसलिए आज से ही अपने कीमती समय का सही इस्तेमाल करना सीख लें। अपने स्वास्थ्य को लेकर ज़्यादा चिंता न करें।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

अपने शरीर की थकान मिटाने और ऊर्जा-स्तर को बढ़ाने के लिए आपको पूरे आराम की ज़रूरत है, नहीं तो शरीर की थकावट आपके मन में निराशावादिता को जन्म दे सकती है। ज़रूरत से ज़्यादा ख़र्च करने और चालाकी-भरी आर्थिक योजनाओं से बचें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। परिवार के साथ समय बिताने का समय है। इस राशि के लोगों को आज अपने आप को समझने की जरुरत है। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन मनोनुकूल रहेगख । शारीरक लाभ मिलेगा। अनुभवी लोगों से जुड़कर जानने की कोशिश करें कि उनका क्या कहना है। अगर कहीं बाहर जाने की योजना है तो वह आखिऱी वक़्त पर टल सकती है। दोस्त या सहकर्मी का स्वार्थी बर्ताव आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा। आकस्मिक मुनाफ़े या सट्टेबाज़ी के ज़रिए आर्थिक हालात सुदृढ़ होंगे। दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मौज-मस्ती करें। स्वास्थ्य लाभ होगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन फ़ायदेमंद साबित होगा, क्योंकि ऐसा लगता है कि चीज़ें आपके पक्ष में जाएंगी और आप हर काम में अव्वल रहेंगे। धार्मिक रूचि बढेगी। जीवनसाथी के साथ मधुर सम्बंध बनाए रखें लक्ष्मी वास होगा। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए ज़रूरी चीज़ें खऱीदना आसान होगा। दिन को ख़ास बनाने के लिए शाम को परिवार के साथ समय बिताएँ व घर का खाना ही खाएँ। अपने काम और प्राथमिकताओं पर ध्यान एकाग्र करें। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका ऊर्जा से भरपूर, जि़ंदादिल और गर्मजोशी से भरा व्यवहार आपके आस-पास के लोगों को ख़ुश कर देगा। आज आप दूसरे दिनों की तुलना में अपने लक्ष्यों को कुछ ज़्यादा ही ऊँचा तय कर सकते हैं। अगर परिणाम आपकी उम्मीद के मुताबिक़ न आए, तो निराश न हों। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद भी आज आप अपने लिए समय निकाल पाने में सक्षम होंगे। स्वास्थ्य लाभ होगा। योग प्राणायाम के लिए अवश्य समय निकालें।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

मौज-मस्ती और मनपसंद काम करने का दिन है। जो लोग शादीशुदा हैं उन्हें आज अपने बच्चों की पढ़ाई पर अच्छा खासा धन खर्च करना पड़ सकता है। मित्र मण्डली का सकारात्मक सहयोग रहेगा। ऐसे कई लोग होंगे, जो आपका उत्साह बढाएंगे। आप आज प्यार की मनोदशा में होंगे और आपके लिए काफ़ी मौक़े भी होंगे। सहकर्मियों के सहयोग से आप मुश्किल दौर से जल्द ही निकल जाएंगे।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए मिला जुला रहेगा। अगर आप यात्रा पर जाने वाले हैं तो अपने कीमती सामान का ध्यान रखें। खुद के लिए समय निकालें। बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान लगाने और भविष्य के लिए योजना बनाने की ज़रूरत है। लंबित व्यावसायिक योजनाएँ शुरू होंगी। घर के छोटे सदस्यों को साथ लेकर आज आप किसी पार्क या शॉपिंग मॉल में जा सकते हैं। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपको लाभ मिलेगा, क्योंकि परिवार के सदस्य आपके सकारात्मक रुख़ से प्रभावित होंगे और उसे सराहेंगे। नई चीज़ों को सीखने की आपकी ललक क़ाबिल-ए-तारीफ़ है। आज समय की नजाकत को देखते हुए आप अपने लिए समय निकाल सकते हैं लेकिन ऑफिस के किसी काम के अचानक आ जाने के कारण आप ऐसा करने में समय कम दे पाएँगे। परिवार को समय दें तो मधुर सम्बंध स्थापित होंगे। स्वास्थ्य लाभ के लिए बाहर के खाने से बचें

।मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

अपनी शारीरिक चुस्ती-फुर्ती को बनाए रखने के लिए आप आज का दिन खेलने में व्यतीत कर सकते हैं। इस राशि के बड़े कारोबारियों को आज के दिन बहुत सोच समझकर पैसा निवेश करने की जरुरत है। ऐसे कामों में सहभागिता करने के लिए अच्छा समय है, जिसमें युवा लोग जुड़े हों। अपनी कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए नयी तकनीकों का सहारा लें। आपकी शैली और काम करने का नया अन्दाज़ उन लोगों में दिलचस्पी पैदा करेगा, जो आप पर नज़दीकी से ग़ौर करते हैं।

*****************************

 

मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप ने किया सरेंडर, तमिलनाडु केस में ईओयू करेगी पूछताछ

पटना 18 मार्च,(एजेंसी)।  यूट्यूबर मनीष कश्यप ने शनिवार सुबह बिहार पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। बेतिया पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने यह जानकारी दी। बता देें कि मनीष कश्यप को तमिलनाडु में बिहारियों के खिलाफ कथित हिंसा और मारपीट मामले में भ्रामक वीडियो प्रसारित करने का आरोपी बनाया गया था।

घर पर कुकी जब्ती की कार्रवाई शुरू होने के बाद मनीष कश्यप ने जगदीशपुर थाने में सरेंडर कर दिया। खबरों के मुताबिक मनीष को आर्थिक अपराध इकाई को सौंपा जा रहा है। ईओयू उनसे पूछताछ करेगी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मनीष कश्यप के घर पर कुर्की जब्ती के लिए पहुंची। उनके घर पर बुलडोजर भी चलाए गए और घर के सामान जब्त किए गए। मनीष कश्यप का घर बेतिया के मझौलिया थाना अंतर्गत महना डुमरी गांव में है।

मनीष कश्यप पर तमिलनाडु केस के अलावे बेतिया में 7 अपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 5 मामलों में चार्जशीट दायर है। मनीष ने पटना हाई कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी। याचिका रद्द कर दिए जाने के बाद वह फरार चल रहे थे। कई मामलों में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस की दबिश बढ़ाए जाने के बाद उन्होंने सरेंडर कर दिया है।

सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय यूट्यूबर मनीष कश्यप के मझौलिया थाने के डुमरी महना स्थित घर की कुर्की पुलिस ने शनिवार को शुरू की। पांच बजे से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल, मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारी उसके घर पर पहुंचने लगे। तय समय पर कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इधर, पुलिस दबिश पर मनीष ने जगदीपुर थाने में सरेंडर कर दिया। एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडे ने बताया कि मनीष कश्यप फरार चल रहा था। उसके घर की कुर्की की गई। उसके बाद करीब नौ बजे उसने जगदीशपुर थाने में सरेंडर कर दिया।

बता दें कि तमिलनाडु में बिहारियों पर हमले का फर्जी वीडियो बनाकर वायरल करने में मनीष पर दो एफआईआर आर्थिक अपराध इकाई में दर्ज की गई है। वहीं फर्जी गिरफ्तारी दिखाने पर भी एक एफआईआर दर्ज है। यहीं नहीं मनीष सात क्रिमिनल केस बेतिया के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस पहले से उसकी तलाश कर रही थी। तमिलनाडु मामले में नाम आने और आरोपी बनाए जाने के बाद पुलिस ने प्रेशर बढ़ा दिया था।

पश्चिमी चंपारण के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने मनीष के सरेंड की पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि जिले में उन पर दर्ज 5 मामलों में पुलिस चार्जशीट दायर कर चुकी है। सरेंडर के बाद उन्हें पूरी सुरक्षा में रखा गया है। जिले में दर्ज मामलो में भी पुलिस उन्हें रिमांड करेगी।

****************************

 

एक और विमान हादसा, चार्टर प्लेन क्रैश में पायलट और ट्रेनी की मौत

बालाघाट 18 मार्च,(एजेंसी)। यहां शनिवार दोपहर को चार्टर प्लेन क्रैश हो गया। हादसे के वक्त विमान में एक पायलट और एक ट्रेनी पायलट सवार थे।

इनमें से एक का शव दो चट्टानों के बीच जलता हुआ नजर आया।

यह हादसा किरनापुर क्षेत्र के भक्कुटोला के जंगल में घटित हुआ। मृतकों के नाम, प्लेन कहां से कहां जा रहा था और प्लेन क्रैश होने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

पुलिस के पास भी इस संबंध में अभी पुख्ता जानकारी नहीं है। एसपी समीर सौरभ ने बताया कि इसमें एक पायलट था। उसके साथ एक महिला प्रशिक्षु पायलट भी थी।

एक व्यक्ति का शव जलता हुआ दिख रहा है। दूसरे की तलाश कर रहे हैं। यह प्लेन महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बिरसी एयरपोर्ट का ट्रेनी विमान था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटनाग्रस्त प्लेन पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में संचालित फ्लाई स्कूल का है, जिसके ट्रेनर चार्टर प्लेन में ये हादसा हुआ है। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी है। साथ ही मौके पर पुलिस अधिकारियों व टीम द्वारा जांच की जा रही है।

*************************

 

माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी, अब मंदिर परिसर में रुक सकेंगे 3 हजार भक्त

*दुर्गा भवन का उद्घाटन*

कटड़ा 18 मार्च,(एजेंसी)। माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंदिर परिसर में ही 3 हजार लोगों की क्षमता वाले दुर्गा भवन का आज उद्घाटन किया है।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने इसका निर्माण कराया है। इससे अब भक्तों को मंदिर परिसर में ही रुकने की सुविधा मिल सकेगी। एलजी मनोज सिन्हा ने कहा, कटरा से माता वैष्णो देवी भवन परिषद तक बनाए जाने वाले रोपवे पर उठे बवाल को शांत करने के लिए प्रदेश प्रशासन ने एक समिति का गठन किया है।

यह कमेटी स्थानीय लोगों को समझाने की कोशिश करेगी। चैत्र नवरात्र पर वैष्णो देवी में भक्तों को नि:शुल्क ठहरने की सुविधा मिलेगी। यह 5 मंजिला भवन 70,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है।

भवन में चार लिफ्टें लगी हैं, वाशरूम, लॉकर, कंबल स्टोर, भोजनालय के साथ शयनगृह और कमरों की सुविधा भी है और प्रत्येक फ्लोर पर विकलांग तीर्थयात्रियों के लिए स्पेशल वाशरूम का निर्माण किया गया है।

*****************************

अभिनेता गुलशन ग्रोवर ने अनावरण किया ‘सोसाइटी इंटीरियर्स एंड डिज़ाइन’ पत्रिका का कवर 

18.03.2023  –  बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर ने हाल ही में नए ‘सोसायटी इंटिरियर्स एंड डिज़ाइन’ पत्रिका के नए अंक का कवर अनावरण मीडिया मैग्नेट की संचालिका नारी हीरा , मैग्नेट पब्लिशिंग के अशोक धमांकर, स्वाति बाल्गी (कंसल्टिंग एडिटर, सोसाइटी इंटिरियर्स एंड डिज़ाइन) की उपस्थिति में किया। ‘

सोसाइटी इंटिरियर्स एंड डिज़ाइन’ भारत की प्रमुख वास्तुकला और इंटीरियर डिज़ाइन पत्रिका है जो उद्योग जगत से जुड़ी रचनाएँ जनहित में प्रकाशित करती है।

इस कार्यक्रम के दौरान नारी हीरा ने बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर और बॉलीवुड की चर्चित अदाकारा दिव्या दत्ता को फिल्म उद्योग में उनके अमूल्य योगदान के लिए ‘स्टारडस्ट 50 एनिवर्सरी ऑनर्स’ प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया।

इस अवसर पर रूपाली सूरी, निकिता रावल, आस्था रावल और डॉ. अनुषा श्रीनिवासन भी मौजूद थीं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

******************************

 

गलत किया है तो बख्शा नहीं जाना चाहिए, अडानी-हिंडनबर्ग प्रकरण पर Amit Shah ने तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली 18 March (एजेंसी): देश में अडानी-हिंडनबर्ग मामले पर विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। अब इस मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने कुछ गलत किया है तो बख्शा नहीं जाना चाहिए।

इस विवाद की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) बनाने की विपक्ष की मांग पर अमित शाह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से पहले ही इस मामले का संज्ञान लिया जा चुका है और कोर्ट ने एक जांच समिति का गठन भी किया है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा, सरकार को इस विवाद पर कोई भ्रम नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने अडानी-हिंडनबर्ग मामले की जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया है।

अब लोगों को न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़े सबूत हैं तो उसे सुप्रीम कोर्ट की कमेटी के सामने पेश करना चाहिए।

*****************************

 

जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा, अवंतीपोरा में बस पलटने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत- कई घायल

जम्मू 18 March (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर एक बस पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।

सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन इलाजरत कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने घटना पर स्वतः संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मरने वाले सभी यात्री बिहार के निवासी बताये जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, 4 यात्री से 2 कटिहार, एक पश्चिमी चंपारण और एक किशनगंज के रहने वाले थे।

मरने वालों की पहचान इस्लाम अंसारी पश्चिमी चंपारण का, शिवू सिंघारी किशनगंज का और मोहम्मद अलाउद्दीन और माजकुरुल कटिहार के निवासी के रूप में हुई है।

*******************************

जम्मू-कश्मीर एसआईए ने कश्मीर में कई जगहों पर मारे छापे

श्रीनगर 18 March (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने शनिवार को कश्मीर में कई जगहों पर छापेमारी की।

सूत्रों ने कहा कि एसआईए की छापेमारी श्रीनगर, कुलगाम, अनंतनाग और शोपियां जिलों में विभिन्न स्थानों पर हो रही है।

सूत्रों ने कहा कि ये छापे एजेंसी के पास दर्ज एक मामले की जांच का हिस्सा हैं।

शोपियां जिले में, एसआईए के अधिकारियों ने शोपियां जिले के जैनपोरा इलाके में विवादास्पद धार्मिक उपदेशक सर्जन बरकती के घर पर छापा मारा।

***************************

 

गाजियाबाद से लापता व्यापारी नोएडा में घायल मिला

गाजियाबाद 18 March (एजेंसी): गाजियाबाद से चार दिन पहले लापता हुआ व्यापारी शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में गोली से घायल मिला। पुलिस ने उसे गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया है।

सपा नेता पर व्यापारी को किडनैप करने, तीन दिन तक बंधक बनाकर यातना देने और फिर गोली मारने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में संजयनगर सेक्टर-23 निवासी मनोज तोमर पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त करते हैं।

12 मार्च को मनोज तोमर अपनी पत्नी के एक परिचित की शादी में गए थे। आरोप है कि वहां उनका सपा नेता संजीव चौधरी से किसी बात पर विवाद हुआ। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया।

इसके बाद मनोज तोमर परिवार सहित घर पर आ गए। परिवार को घर पर छोड़ने के बाद मनोज फिर से शादी समारोह में चले गए। आरोप है कि संजीव चौधरी और उनके साथियों ने मनोज से वहां मारपीट की। इस घटना के बाद मनोज घर नहीं पहुंचे।

मनोज की आखिरी बार अपने साले लोकेश से 12 मार्च की रात 11 बजे बातचीत हुई थी। मनोज ने कहा था कि वे कुछ देर में घर पहुंच रहे हैं। लेकिन मनोज घर नहीं आए और मोबाइल स्विच ऑफ हुआ तो 13 मार्च को परिजन थाना मधुबन बापूधाम में पहुंचे और लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

लोकेश ने बताया कि 17 मार्च की सुबह जीजा मनोज ने उन्हें फोन किया और अपनी लोकेशन बताई। इस लोकेशन को सर्च करते हुए लोकेश ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पहुंचे।

वहां उन्हें मनोज मिले। मनोज के पेट के पास गोली लगी हुई थी। मनोज ने बताया कि संजीव चौधरी और उसके साथियों ने गोली मारी है। सूचना पर नोएडा पुलिस भी आ गई। घायल को संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल लाया गया। यहां से सर्वोदय हॉस्पिटल ले जाया गया है।

प्राथमिक पूछताछ में मनोज ने बताया है कि शादी समारोह में विवाद के बाद संजीव चौधरी और उसके साथियों ने किडनैप कर लिया। वे अज्ञात स्थान पर ले गए। तीन दिन तक यातनाएं दी।

फिर ग्रेटर नोएडा के जारचा क्षेत्र में ले आए और गोली मारकर भाग गए। इधर, एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर जांच चल रही है।

******************************

 

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों व सुरक्षा बलों में मुठभेड़

श्रीनगर 18 March (Rns): दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के मित्रीगाम इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।

अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा, पुलवामा के मित्रीगाम इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है।

पुलिस और सुरक्षा बल अपना काम कर रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बल वहां पहुंचे।

सुरक्षा बलों द्वारा इलाके की घेराबंदी करने के बाद वहां छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, सुरक्षा बलों ने इसका जवाब दिया।

हाल के दिनों में कश्मीर में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच कई मुठभेड़ हुई है। इसमें कुछ आतंकवादी मारे गए

******************************

 

क्लब मालिकों से जबरन वसूली का वायरल पत्र फर्जी : गोवा पुलिस

पणजी 18 March (एजेंसी): गोवा पुलिस ने दावा किया है कि एक प्रमुख राजनीतिक नेता द्वारा राज्य में क्लब और रेस्तरां मालिकों पर जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पत्र वियतनाम में इस्तेमाल किए गए एक मोबाइल नंबर से आया है और यह फर्जी है। अपराध शाखा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधिन वलसन ने कहा कि राज्य अपराध शाखा द्वारा जांच की गई और जबरन वसूली की शिकायत फर्जी पाई गई।

प्रधानमंत्री को संबोधित वायरल पत्र में लिखा है, हम, गोवा के क्लब और रेस्तरां मालिक, मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद पांडुरंग सावंत द्वारा गुंडों और संग्रह एजेंटों का उपयोग करके जबरन वसूली की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं।

इसमें कहा गया है, हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि तेंदुलकर और पाल्डोस्कर (आदतन अपराधी और कुख्यात गुंडे) नामक दो व्यक्तियों का उपयोग मुख्यमंत्री द्वारा क्लब और रेस्तरां के आकार के अनुसार मासिक राशि (2 लाख से 30 लाख तक) वसूली जा रही है। इनकार करने पर वाणिज्यिक कर और उत्पाद शुल्क विभागों का परिसरों पर छापा मारने की धमकी दी जाती है।

ब्रांच एसपी ने कहा, पूछताछ में यह पाया गया कि शिकायत में हस्ताक्षर फर्जी थे और शिकायतकर्ताओं के नाम नहीं थे। इसे व्हॉट्सएप के माध्यम से वियतनाम के नंबर से 16 मार्च को भेजा गया था।

मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि उन्होंने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई जबरन वसूली में शामिल है, तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्हें दंडित किया जाएगा।

सावंत ने कहा,”कुछ लोग इस तरह की शिकायतें (फर्जी पत्र) कर राजनीतिक फायदा उठा रहे हैं। मेरा प्रशासन साफ है और ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं करेगा।

*******************************

ब्राजील से आए यात्री के पेट में मिली 11 करोड़ की कोकीन

नई दिल्ली 18 March (एजेंसी): राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में ब्राजील से आए एक यात्री के पास से 752 ग्राम कोकीन की गोलियां बरामद हुई हैं जिसकी कीमद 11 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कस्टम विभाग के अधिकारियों ने आरोपी व्यक्ति को कोकीन की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एयरपोर्ट पर तलाशी के दौरान यात्री के पेट से 11 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद हुई है।

यह कोकीन उसने कैप्सूल में भरकर अपने पेट के अंदर छुपा रखी थी। ड्रग्स की यह खेप वह दुबई ले जाने वाला था।

कस्टम विभाग के संयुक्त आयुक्त प्रवीण कुमार के अनुसार, बीते 11 मार्च को उनकी टीम ने एक गुप्त सूचना पर ब्राजील के नागरिक को पकड़ा था।

वह ब्राजील से दुबई गया था और वहां से दूसरे विमान में सवार होकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। यहां से वह ग्रीन चैनल की तरफ गया जहां शक होने पर कस्टम विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया।

उसका एक्स-रे करवाया गया, जिसमें उसके शरीर में कुछ संदिग्ध सामान देखा गया। इसके बाद डॉक्टरों की मदद से उसके पेट से 85 कैप्सूल बरामद किए गए।

इसके अंदर 752 ग्राम पाउडर भरा हुआ था। इसकी जांच करने पर पता चला कि यह कोकीन है। इसे लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

**********************************

 

पैरा एथलीटों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करायेगी योगी सरकार

लखनऊ 18 मार्च (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में समय-समय पर पैरा गेम्स आयोजित किये जायेंगे और राज्य सरकार प्रदेश में दिव्यांग खिलाडिय़ों को अब सामान्य खिलाडिय़ों की तरह सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करायेगी।

अपर मुख्य सचिव, खेल एवं युवा कल्याण डा नवनीत सहगल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन को मान्यता प्रदान की गयी। इसके साथ ही डीफ, डम्ब एण्ड ब्लांइड (श्रवणह्रास, नेत्रहीन एवं बधिर) खिलाडिय़ों को भी इसमें सम्मलित करने पर जल्द ही निर्णय लिया जायेगा।

सहगल ने कहा कि राज्य सरकार अन्य लोगों की तरह पैरा एथलीटों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में एक मजबूत पैरा स्पोर्ट्स इको सिस्टम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पैरा स्पोर्ट्स और पैरा एथलीट को विभाग की हर योजना में शामिल किया जायेगा।

उन्होने कहा कि प्रदेश में छात्रावास समेत राज्य के स्वामित्व वाली खेल सुविधाओं में दिव्यांगों के अनुकूल बुनियादी ढ़ांचा तैयार कराया जायेगा। खेल केन्द्रों एवं अकादमियों में पैरा खिलाडिय़ों के लिए अलग से कोटा निर्धारित कराया जायेगा।

पैरा एथलीटों के लिए कई खेलों में उच्च प्रदर्शन केन्द्र स्थापित कराने के साथ ही पैरा स्पोर्ट्स के लिए विशेष प्रशिक्षकों की भर्ती की जायेगी। साथ ही नेत्रहीन एवं बधिर खेलों के लिए सुविधायें विकसित की जायेगी।

इसके अलावा पैरा ओलंपिक खिलाडिय़ों को अन्य ओलंपिक खिलाडिय़ों की भांति पुरस्कृत भी किया जायेगा। इस अवसर पर साईं तथा खेल विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

******************************

 

महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप: जैसमीन और शशि अगले दौर में

नई दिल्ली 18 मार्च (एजेंसी)। 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैसमीन लैम्बोरिया और शशि चोपड़ा ने महिंद्रा आईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप ने शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारत की सबसे कुशल युवा मुक्केबाज़ों में से एक जैसमीन ने 32 बाउट के 60 किग्रा राउंड में तंजानिया की न्यामबेगा बीट्राइस एम्ब्रोस के खिलाफ रेफरी स्टॉपिंग द कॉन्टेस्ट्स (आएससी) जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

हरियाणा की 21 वर्षीय मुक्केबाज़ ने अपने आक्रमण के इरादे से फ्रंट फुट पर शुरुआत की और पहले राउंड में विजेता घोषित होने से पहले केवल 12 सेकंड के भीतर अपने प्रतिद्वंद्वी को रस्सियों से घेरने के लिए मुक्कों की झड़ी लगा दी।

टूर्नामेंट की सबसे तेज जीत में से एक के बाद, जैस्मीन अगले दौर में ताजिकिस्तान की समदोवा मिजगोना से भिड़ेंगी। दूसरी ओर शशि ने भी 63 किग्रा वर्ग में केन्या की मवांगी तेरेसिया को 5-0 से हरा दिया।

भारतीय खिलाड़ी अपने प्रतिद्वंद्वी के लिए बहुत मजबूत साबित हुई। उन्होने अपने कुशल प्रहारों और कड़े बचाव का उपयोग करके बाउट को आराम से जीत लिया।

वह राउंड ऑफ़ 16 में 2022 एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता जापान की कीटो माई से भिड़ेंगी।

**************************

 

ऑल इंग्लैंड ओपन : लगातार दूसरे सेमीफाइनल में पहुंची त्रेसा, गायत्री

नई दिल्ली 18 मार्च (एजेंसी)। राष्ट्रीय चैंपियन ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला ने बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड ओपन के महिला युगल सेमीफाइनल में पहुंचकर विश्व बैडमिंटन में अपने बढ़ते कद को रेखांकित किया।

दुनिया की 17वें नंबर की भारतीय जोड़ी ने चीन के ली वेन मेई और लियू जुआन जुआन को एक घंटे चार मिनट में 21-14, 18-21, 21-12 से हराकर अंतिम चार चरण में पहुंचने से पहले दूसरे गेम में करीबी हार का सामना किया।

भारतीय बैडमिंटन संघ के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा ट्रीसा और गायत्री शानदार हैं और परिपक्वता के साथ हर खेल खेल रही हैं। सबसे कठिन परिस्थितियों में भी वे जिस तरह का संयम दिखाती हैं, वह सराहनीय है।

ऑल इंग्लैंड में यह उनका लगातार दूसरा सेमीफाइनल है और मुझे उम्मीद है कि वे अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखेंगी।

यह जोड़ी अब शनिवार को सेमीफाइनल में कोरियाई जोड़ी बाएक ना हा/ली सो ही से भिड़ेगी।

******************************

 

बॉक्सिंग चैंपियनशिप से हटीं दोंजेता सादिकु

*अपने देश का झंडा इस्तेमाल करने की नहीं मिली अनुमति*

नई दिल्ली 18 मार्च (एजेंसी)। इस्तांबुल विश्व चैंपियनशिप में बीते वर्ष कांस्य पदक जीतने वाली कोसोवो की मुक्केबाज दोंजेता सादिकु ने विश्व महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप से नाम वापस ले लिया है।

कोसोवो मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष ओस्मानी ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया है कि उन्हें दिल्ली में उनके देश के झंडे तले नहीं खेलने की अनुमति मिलने पर उन्होंने यह कदम उठाया है।

भारत सरकार की ओर से सर्बिया से अलग हुए कोसोवो को देश के रूप में मान्यता नहीं दी गई है, जिसके चलते सादिकु को 2018 की दिल्ली विश्व चैंपियनशिप और 2019 की गुवहाटी में हुई यूथ विश्व चैंपियनशिप में वीजा नहीं दिया गया था।

इस बार भी उन्हें वीजा नहीं मिल रहा था, लेकिन 13 मार्च को उन्हें सोफिया (बुल्गारिया) में भारत आने का वीजा दे दिया गया। ओस्मानी का आरोप है कि वीजा जरूर दिया गया, लेकिन साथ में यह शर्त थी, कि चैंपियनशिप के दौरान उन्हें कोसोवो के झंडे के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी और न ही उनके देश के झंडे के ध्वजारोहण होगा। इसके बाद उन्होंने चैंपियनशिप से नाम वापस लिया।

आईबीए ने बयान में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय और भारतीय मुक्केबाजी संघ ने कोसोवो के दिल्ली चैंपियनशिप में भाग लेने का पूरा प्रयास किया, जिसमें भारत सरकार ने पूरा सहयोग दिया और वीजा प्रदान किया।

यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कोसोव की मुक्केबाज ने चैंपियनशिप में खेलने से इन्कार कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ हमेशा खिलाड़ी के उसके देश के झंडे तले खेलने के अधिकार के साथ खड़ी है, लेकिन वह दो देशों के कूटनीतिक रिश्तों को प्रभावित नहीं कर सकता है।

************************

 

एक लाख लोगों के रोजगार पर संकट, दुनिया के इस बैंक ने खुद को घोषित किया दिवालिया

नई दिल्ली 18 मार्च (एजेंसी)। सिलिकॉन वैली बैंक ने आधिकारिक तौर पर खुद के दिवालियापन की घोषणा कर दी है। बैंक ने चैप्टर 11 बैंकरप्सी प्रोटेक्शन के लिए फाइल किया है।

एक अनुमान के मुताबिक बैंक के दिवालिया होने से एक लाख से ज्यादा लोगों के रोजगार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। 10 हजार से ज्यादा स्टार्टअप्स पर इसका सीधा असर हो सकता है।

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि अमेरिकी करदाता असफल बैंक से हुए नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे। इससे पहले यूएस प्रशासन ने एक बड़ी घोषणा की। दिवालिया हुए बैंक में जमाकर्ताओं के बचाव के लिए अमेरिकी करदाता पर कोई अंकुश नहीं होगा।

सिलिकॉन वैली बैंक की मूल कंपनी फ़ाइनेंशियल ग्रुप ने अमेरिकी कानून के अध्याय 11 के तहत दिवाला संरक्षण के लिए आवेदन किया है। गौरतलब है कि अमेरिका ने पिछले सप्ताह एसवीबी को बंद कर दिया था।

*************************

 

विदेशी मुद्रा भंडार 2.4 अरब डॉलर घटकर 560 अरब डॉलर पर

मुंबई 18 मार्च (एजेंसी)। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आरक्षित निधि में भारी कमी आने से 10 मार्च को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.4 अरब डॉलर घटकर 560 अरब डॉलर रह गया जबकि इसके पिछले सप्ताह यह 1.5 अरब डॉलर बढ़कर 562.4 अरब डॉलर पर रहा था।

रिजर्व बैंक की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, 10 मार्च को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 2.22 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 494.9 अरब डॉलर रह गयी। इसी तरह इस अवधि में स्वर्ण भंडार में 11 करोड़ डॉलर की कमी हुई और यह गिरकर 41.9 अरब डॉलर पर आ गया।

आलोच्य सप्ताह विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) में 5.3 करोड़ डॉलर की कमी हुई और यह घटकर 18.1 अरब डॉलर रह गया। इस अवधि में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.1 लाख डॉलर कम होकर 5.1 अरब डॉलर पर आ गई।

********************************

 

किसी का भाई किसी की जान से बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी विनाली भटनागर

18.03.2023 (एजेंसी)  –  अब से पहले म्यूजिक वीडियो काफिले नूर के’ में नजर आईं अभिनेत्री विनाली भटनागर सलमान खान अभिनीत फिल्म किसी का भाई किसी की जान’ से बॉलीवुड में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

वह फिल्म में अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी।मध्य प्रदेश की रहने वाली विनाली एक्टिंग को आगे बढ़ाने के लिए मुंबई आईं और इंडस्ट्री में तमाम संघर्ष के बाद आखिरकार उन्हें यह मौका मिल ही गया।अपने करियर में एक नया अध्याय शुरू करने के बारे में अपना उत्साह साझा करते हुए विनाली ने कहा : मैं हिंदी फिल्म उद्योग में अपनी यात्रा शुरू कर रही हूं और यह फिल्म काम शुरू करने का एक शानदार तरीका है।

मैंने हमेशा खुद को बड़े पर्दे पर देखने का सपना देखा था। यह सब एक सपने के सच होने जैसा लगता है। मेरा मानना है कि पहली फिल्म हमेशा खास होती है, और मैं अपनी पहली फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हूं।

मुझे उम्मीद है कि दर्शक मुझ पर अपना आशीर्वाद बरसाएंगे।किसी का भाई किसी की जान’ सलमान खान द्वारा निर्मित और लेखक-निर्देशक फरहाद सामजी द्वारा निर्देशित है।

फिल्म में विनाली के अलावा पूजा हेगड़े और वेंकटेश भी हैं।यह फिल्म 2014 में रिलीज हुई तमिल ब्लॉकबस्टर वीरम’ का रूपांतरण बताई जा रही है।किसी का भाई किसी की जान’ 21 अप्रैल को ईद के मौके पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

****************************

 

सिल्वर कलर के डीपनेक गाउन में पलक तिवारी ने दिए स्टनिंग पोज

18.03.2023 (एजेंसी)  –  टीवी इंडस्ट्री की नामचीन एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी अपनी मां की तरह ही काफी नाम कमा रही हैं। उनकी बोल्डनेस से भरी तस्वीरें सोशल मीडिया पर कहर बरपाए रहती हैं। फैंस उनकी तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार करते रहते हैं। वहीं, सिल्वर कलर के गाउन में एक्ट्रेस पलक तिवारी बेहद ही स्टनिंग लग रही हैं।

एक्ट्रेस पलक तिवारी अपने कातिलाना अंदाज से फैंस के दिलों पर कहर बरपाने का हुनर बखूबी जानती हैं। पलक तिवारी सिल्वर कलर के डीपनेक गाउन में बेहद ही चार्मिंग लग रही हैं। उनकी किलर तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आ रही हैं। लाइट मेकअप और स्टाइलिश हेयर स्टाइल में एक्ट्रेस पलक तिवारी बेहद ही गॉर्जियस लग रही हैं। अपनी लेटेस्ट तस्वीरों से फैंस के दिलों की धड़कनें बढ़ाए हुए हैं।

उनकी तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आ रही हैं। बेहद ही कम समय में इस मुकाम को हासिल करने वाली पलक तिवारी सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होती हैं। पलक तिवारी अपनी मां श्वेता तिवारी की तरह ही बेहद खूबसूरत हैं।

पलक फिल्म रोजी: द सैफ्रॉन चैप्टर से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। इसके अलावा वो सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान में भी नजर आ सकती हैं। पलक तिवारी आदित्य सील के साथ मंगता है क्या गाने में भी काम कर चुकी हैं।

पंजाबी सिंगर हार्डी संधू के साथ पलक ने बिजली बिजली सॉन्ग किया है। ये गाना इतना पॉपुलर हुआ कि उनका नाम फैंस बिजली गर्ल ही बुलाने लगे।

*****************************

 

सपा की तैयारी 2024 में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की : अखिलेश यादव

लखनऊ 17 मार्च (एजेंसी ) समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव  जब लखनऊ से कलकत्ता पहुंचे तो उनका पार्टी के उपाध्यक्ष  किरनमय नंदा सहित बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

अखिलेश यादव ने आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री  ममता बनर्जी से मुलाकात की है। एक अन्य कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ता सम्मलेन को भी सम्बोधित किया।अखिलेश यादव ने मीडिया से वार्ता में कहा कि तैयारी है कि सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटें कैसे जीते।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश के हालात पर चर्चा होगी। भाजपा लगातार संविधान और लोकतंत्र पर हमला कर रही है। भाजपा विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस पर बहस होनी चाहिए कि महंगाई कैसे रूकेगी, बेरोजगारी कैसे खत्म होगी?श्री यादव ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पीछे जा रही है। इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है।

पूरे देश की जनता अब भाजपा को हटाना चाहती है। भाजपा की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है। गरीब की गरीबी बढ़ती जा रही है जबकि चंद पूंजीपतियों की सम्पत्ति में कई गुना इजाफा हो रहा है।

सरकारी कुनीतियों के चलते बैंक घाटे में जा रहे हैं और राश्ट्रीय  सम्पत्तियां बेची जा रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तो कम लोग जेल में है, उत्तर प्रदेश में तो समाजवादी पार्टी के बहुत से विधायक, नेता झूठे मुकदमों में जेल में हैं। भाजपा जिस दल से घबड़ा जाती है, उसके घर पर ईडी, इन्कम टैक्स और सीबीआई भेज देती है।

************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version