जबतक शरीर में खून है आप लोगों के लिए लड़ते रहुंगीः ममता बनर्जी

सीएम ममता की लोगों से अपील, जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाए

कोलकाता 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज चुनावी सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर कहा है कि, जब तक मेरे मेरे शरीर में एक  बूंद भी खून है मै आप लोगों के लिए लड़ते रहुंगी।

सीएम ममता बनर्जी ने उक्त बात एसआईआर के कथित डर को  लेकर कथित तौर पर आत्महत्या की बढ़ रही घटनाओं पर कही। उन्होंने साफ कहा कि लोगों के अधिकार जिस तरह से नहीं छिने जा सकते वहीं किसी को उसके जन्मभूमि से बेदखल नहीं किया जा सकता है।

सीएम ममता ने साफ कहा कि, “जिन्होंने अपना पूरा जीवन इसी धरती पर बिताया है, उन्हें ही आज यह साबित करना पड़ रहा है कि वह इसी धरती की संतान है! मानवता के साथ इससे बड़ा विश्वासघात और क्या हो सकता है?” बता दे कि कथित तौर पर उत्तर 24 परगना के पानीहाटी, कूचबिहार के दिनहाटा और बीरभूम के इलमबाजार के बाद, राज्य में मतदाता सूची की विशेष गहन समीक्षा (एसआईआर) की घोषणा के बाद से 72 घंटों में तीन घटनाएं हुई हैं।

दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं सोशल मीडिया पर चुनाव आयोग और भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, “हम भाजपा की दहशत, विभाजन और घृणा की राजनीति के दुखद परिणाम देख रहे हैं।”  उन्होंने ट्वीट किया कि खरदा के पानीहाटी निवासी प्रदीप कर (57) ने 27 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली।

उन्होंने पत्र में लिखा, “एनआरसी मेरी मौत के लिए ज़िम्मेदार है।” 28 अक्टूबर को कूच बिहार के दिनहाटा निवासी एक बुज़ुर्ग ने एसआईआर प्रक्रिया में उत्पीड़न के डर से अपनी जान देने की कोशिश की। और फिर आज, गुरुवार को, पश्चिम मेदिनीपुर निवासी क्षितिज मजूमदार (95) ने इलम बाजार में आत्महत्या कर ली—इस डर से कि उनकी जमीन छीन ली जाएगी, उनका अस्तित्व ही सवालों के घेरे में आ जाएगा।

साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों को समझाते हुए कहा, “किसी को भी उत्तेजित नहीं होना चाहिए, किसी को भी जल्दबाजी में कदम नहीं उठाना चाहिए। मां-माटी-जनता की सरकार आपके साथ है। हम बंगाल में किसी भी तरह से एनआरसी लागू नहीं होने देंगे—न तो सामने के दरवाजे से और न ही पिछले दरवाजे से।” सीएम ममता ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए तीखा सवाल किया, “इस राजनीति से प्रेरित मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या केंद्रीय गृह मंत्री जिम्मेदारी लेंगे? क्या भाजपा में सच्चाई स्वीकार करने का साहस है.”

***************************

अखिलेश यादव बोले – बिहार में बदलाव तय, तेजस्वी के नेतृत्व में बनेगी इंडिया गठबंधन सरकार, भाजपा धोखेबाज पार्टी

गाजीपुर 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के साथ सैदपुर पहुंचकर विधायक अंकित भारती के विवाह समारोह में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है। खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर बढ़ने के लिए अब बिहार तैयार है।

उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और हम सब उनके साथ हैं। बिहार में नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ षड्यंत्र किया है। यह पार्टी चुनाव के वक्त इस्तेमाल करती है और बाद में धोखा देती है। भाजपा किसी की सगी नहीं है, उसने बिहार की जनता को भी धोखा दिया है। जनता अब सब समझ चुकी है और इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार की साख देश और विदेश दोनों में खत्म हो चुकी है। अमेरिका के राष्ट्रपति तक अब प्रधानमंत्री की नीतियों पर टिप्पणी कर रहे हैं और उनका मज़ाक बना रहे हैं। एक तरफ अमेरिका अपने उद्योग और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए टैरिफ बढ़ा रहा है, वहीं भाजपा सरकार चीन के साथ व्यापार बढ़ाकर देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर कर रही है।

चीन ने हमारे बाजारों पर कब्जा कर लिया है, जबकि भाजपा सरकार की नीतियों ने महंगाई और बेरोजगारी को चरम पर पहुंचा दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को खाद और डीएपी नहीं मिल रही, सरकारी धान खरीद नहीं हो रही, बिचौलिए किसानों की मेहनत लूट रहे हैं।

समाजवादी सरकार में एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां बनाई जा रही थीं ताकि किसानों को फसल का उचित मूल्य मिल सके, लेकिन भाजपा सरकार ने उन कामों को रोक दिया। उन्होंने वादा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों की मदद की जाएगी, मंडियां बनेंगी और युवाओं को नौकरी व रोजगार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता को सिर्फ भाषणों में उलझाए हुए हैं। उत्तर प्रदेश में निवेश नहीं आ रहा, जबकि दक्षिण भारत के भाजपा शासित प्रदेशों में उद्योग लग रहे हैं। भाजपा समाज में झगड़े और नफरत फैलाने का काम कर रही है। अब भाजपा के इंजन आपस में ही टकराने लगे हैं।

मतदाता सूची में एसआईआर घोटाले के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव कर रही है। पीडीए समुदाय के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है, लेकिन उनके बीच बीएलओ नहीं हैं। भाजपा पीडीए से घबराकर षड्यंत्र कर रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और 2027 में इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग का दायित्व है कि वोटर लिस्ट निष्पक्ष रखे, लेकिन उपचुनावों और विधानसभा चुनावों में स्पष्ट भेदभाव दिखाई देता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि केवल कपड़े पहन लेने से कोई योगी नहीं बनता, योगी होना व्यवहार और लोकभाषा से सिद्ध होता है।

महंगाई और किसानों की बदहाली पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि खाद, बीज, मजदूरी, बिजली सब महंगे हो गए हैं लेकिन गन्ने का मूल्य उसी अनुपात में नहीं बढ़ा। चीनी मिलों पर पिछले वर्ष का बकाया भुगतान तक बाकी है।

भाजपा सरकार किसानों की जेब काट रही है।इससे पहले गाजीपुर पहुंचने पर अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव का कार्यकर्ताओं ने फूल, मालाओं और गुलदस्तों से भव्य स्वागत किया। पूरा वातावरण समाजवादी नारों और उत्साह से गूंज उठा।

**************************

 

बिहार की जनता ने एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है: तेजस्वी यादव

पटना ,30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी। विधानसभा चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दल ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं।

इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को छपरा में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे, जिसकी पूरी तैयारियां कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

पीएम मोदी की रैली को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर जोरदार प्रहार किया है। तेजस्वी ने कहा कि चाहे जितनी रैलियां कर लें, बिहार की जनता ने इस बार एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग की ईमानदारी देखिए, आज चुनाव के बीच में भी 10 लाख महिलाओं को पैसे दिए जा रहे हैं।

ऐसी क्या आपात स्थिति थी कि उन्हें अभी, चुनाव के दौरान ये पैसे देने पड़े? 20 साल में क्यों नहीं दिए? इसे चुनाव के बाद दे सकते थे, लेकिन यह पूरी तरह से रिश्वत के रूप में बांटा जा रहा है।

चुनाव आयोग की नैतिकता खत्म हो गई है। पूरा देश देख रहा है। आज रिश्वत के तौर पर पैसे दे रहे हैं, फिर यह छीनने का काम करेंगे।

अमित शाह को निशाने पर लेते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार का बेटा ही बिहार चला सकता है।

तेजस्वी ने कहा कि वे केवल बिहार से वोट चाहते हैं और गुजरात में उद्योग स्थापित करना चाहते हैं। अमित शाह ने तो कह दिया है कि बिहार में कारखाने लगाना संभव नहीं है, क्योंकि भूमि की कमी है। ऐसा गृह मंत्री हमने नहीं देखा। इनकी मंशा बिहार में कब्जा जमाने की है। बिहार का बेटा ही बिहार को चला सकता है।

उन्होंने कहा कि एनडीए को बिहार की जनता सबक सिखाएगी। बिहार को हम आगे लेकर जाएंगे। जनता से अपील करते हुए कहा कि मौका है इस बार बिहार को बनाने का। अगर एनडीए दोबारा आया तो पीछे ले जाएंगे।

****************************

 

सभ्य समाज में अमर्यादित भाषा अस्वीकार्य, राहुल के बयान पर रिजिजू ने किया पलटवार

नई दिल्ली 30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छठ पूजा को लेकर दिए गए बयान पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया है। रिजिजू ने कहा सभ्य समाज में गंदी भाषा कभी स्वीकार नहीं की जा सकती है।

आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री के बारे में ऐसी टिप्पणी की है, जिससे कांग्रेस के सदस्य भी शर्मिंदा हैं। उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों से उनकी अपनी पार्टी को बहुत नुकसान हुआ है। कांग्रेस के अच्छे लोग भी शर्मिंदा हैं, क्योंकि किसी भी जिम्मेदार नेता को ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता इस तरह की बातें करते हैं कि देश की जनता उन्हें दोबारा सत्ता में आने का मौका नहीं देगी। कांग्रेस पार्टी एक विचारधारा विहीन पार्टी और ऐसी गंदी भाषा का इस्तेमाल करने वाले नेताओं को सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत की जनता इस तरह के व्यवहार को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी से परेशान हो चुकी है। कांग्रेस में कुछ अच्छे लोग भी हैं, जो यह जानते हैं कि राहुल गांधी जब भी मुंह खोलते हैं, कांग्रेस पार्टी को नुकसान कराते हैं। देश तो प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन राहुल गांधी अपने बयानों से कांग्रेस को धूमिल करने का लगातार काम कर रहे हैं।

बता दें, शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने भी राहुल गांधी के बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक बच्चे हैं और नाचने-गाने से ऊपर उनकी सोच नहीं है। शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी की सोच इस तरह की है कि वे विदेश जाते हैं तो देश का अपमान करते हैं और भारत में रहकर प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करते हैं। ऐसे लोगों को नाच गाने के अलावा कुछ आता भी नहीं है।

***************************

 

राहुल पर तेजप्रताप का तंज-जो विदेश भाग जाए, उन्हें छठ पूजा का ज्ञान कैसे होगा

पटना 30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) प्रमुख तेज प्रताप यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पीएम मोदी और छठ पूजा को लेकर दिए बयान पर जोरदार पलटवार किया है।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति विदेश भाग जाता है, उसे छठ पूजा का ज्ञान कैसे होगा। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप ने कहा कि राहुल गांधी को छठ के बारे में क्या पता है? क्या राहुल गांधी ने कभी ये पर्व मनाया है, जो उन्हें इसके बारे में कुछ पता है?

जो आदमी विदेश भाग जाता है, उसे छठ पर्व के बारे में क्या जानकारी होगी? बता दें कि तेजप्रताप ही नहीं, बल्कि एनडीए नेताओं ने भी राहुल गांधी के छठ पूजा और पीएम मोदी को लेकर दिए बयान पर आपत्ति जताई है। कई नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे गंभीर नेता नहीं हैं।

मुकेश सहनी के बयान पर कि वे तेजप्रताप यादव को नहीं जानते, इस पर उन्होंने कहा कि मुकेश सहनी कौन हैं? जब पत्रकारों ने बताया कि सहनी महागठबंधन की ओर से डिप्टी सीएम पद के उम्मीदवार हैं, तो उन्होंने कहा कि हम मुकेश सहनी को नहीं जानते हैं।

बिहार में किसकी लहर चल रही है, जब उनसे पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि बिहार में जनशक्ति जनता दल की लहर चल रही है।

तेजप्रताप दावा कर रहे हैं कि उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद बिहार में रोजगार दिया जाएगा और पलायन रोका जाएगा। वे लगातार पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं।

तेजप्रताप का मानना है कि हम लोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और तत्पर हैं। हमारा मकसद बिहार में संपूर्ण बदलाव कर एक नई व्यवस्था का नव निर्माण करना है। हम लोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए लंबी लड़ाई लडऩे को तैयार हैं।

बता दें कि इस चुनाव में तेजप्रताप यादव अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के साथ चुनावी मैदान में हैं। वे महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं और लगातार लोगों से मिल रहे हैं।

*************************

 

लखनऊ में बनेगा,नौसेना शौर्य संग्रहालय, सीएम योगी बोले- वीरता और सामुद्रिक क्षमता का जीवंत प्रतीक होगी यह परियोजना

लखनऊ 30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित ‘नौसेना शौर्य संग्रहालय’ की प्रस्तुति का अवलोकन करते हुए इसके शीघ्र निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की अदम्य शौर्यगाथाओं और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की सामुद्रिक क्षमता का जीवंत प्रतीक बनेगा।

सीएम योगी ने कहा कि समुद्र भारत की सभ्यता का मंथन स्थल रहा है और भारतीय नौसेना उस गौरवशाली परंपरा की आधुनिक अभिव्यक्ति है। लखनऊ का यह संग्रहालय उसी परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। बैठक में बताया गया कि संग्रहालय का स्वरूप एक जहाज के अमूर्त रूप में होगा।

जहाज की रेलिंग, पोर्थोल जैसी खिड़कियां, नौसैनिक वास्तुकला और समुद्री प्रतीकों के साथ इसे विशिष्ट पहचान दी जाने की योजना है। परिसर में इंटरप्रिटेशन सेंटर, सेंट्रल डेक, ओपन एयर मेमोरियल, थीमैटिक वॉकवे, प्रदर्शनी गैलरी, फाउंटेन और लाइट-एंड-साउंड एरिना शामिल होंगे। डिज़ाइन को ऊर्जा-संवेदनशील रखा गया है, जिसमें प्राकृतिक रोशनी, वेंटिलेशन और हरित निर्माण तकनीक का उपयोग किया जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि संग्रहालय को केवल देखने योग्य नहीं बल्कि ‘अनुभव का केंद्र’ बनाया जाए, जहां दर्शक इतिहास को महसूस कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि डिस्प्ले में डिजिटल, इंटरएक्टिव और इमर्सिव तकनीकों का प्रयोग हो, ताकि लोग नौसेना के अभियान, युद्ध और तकनीकी प्रगति को प्रत्यक्ष अनुभव कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि नौसेना संग्रहालय में छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

प्रस्तुति में बताया गया कि परियोजना दो प्रमुख हिस्सों में विकसित हो रही है: पहली ‘आईएनएस गोमती शौर्य स्मारक’ और दूसरी ‘नौसेना शौर्य वाटिका’। बताया गया कि ‘आईएनएस गोमती (एफ-21)’ गोदावरी श्रेणी का स्वदेशी मिसाइल फ्रिगेट है, जिसने 34 वर्षों तक भारतीय नौसेना में सेवा दी और ‘ऑपरेशन कैक्टस’ और ‘ऑपरेशन पराक्रम’ जैसे अभियानों में भाग लिया। इसे संरक्षित कर संग्रहालय परिसर में प्रदर्शित किया जाएगा ताकि नागरिक और युवा उसकी बहादुरी की कहानी को प्रत्यक्ष देख सकें।

मुख्यमंत्री ने ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ को परियोजना का विशेष आकर्षण बताते हुए इसके शीघ्र पूर्ण होने के निर्देश दिए। इस वाटिका में टीयू-142 विमान, जो 29 वर्षों तक नौसेना की समुद्री निगरानी और आपदा राहत अभियानों में सक्रिय रहा, स्थापित किया जा रहा है। साथ ही सी किंग एसके-42बी हेलीकॉप्टर की प्रदर्शनी भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वाटिका युवाओं को आधुनिक नौसैनिक अभियानों और प्रौद्योगिकी से जोडऩे वाला सजीव अनुभव स्थल बनेगी।

बैठक में बताया गया कि संग्रहालय परिसर में 7डी थिएटर, एयरक्राफ्ट कैरियर लैंडिंग सिम्युलेटर, वॉरशिप सिम्युलेटर, सबमर्ज्ड द्वारका मॉडल, डिजिटल वाटर स्क्रीन शो, मरीन लाइफ एक्वेरियम और ‘ड्रेस लाइक योर हीरोज’ जैसी सहभागितापरक गतिविधियां होंगी।

इसके अतिरिक्त नौसेना के वीरता पुरस्कारों, ऐतिहासिक अभियानों और स्वदेशी रक्षा नवाचारों से जुड़ी इंटरएक्टिव गैलरियां भी विकसित की जाएंगी। परियोजना की निगरानी हेतु महानिदेशक पर्यटन की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जिसमें मेरिटाइम हेरिटेज सोसाइटी, यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन और नौसेना विशेषज्ञ सम्मिलित हैं।

सीएम योगी ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश में समुद्री गौरव की वह चेतना पुन: जागृत होगी जो कभी भारत के तटीय व्यापार और हिंद महासागर की सांस्कृतिक कड़ी रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ का यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की वीरता का ही नहीं, बल्कि भारत की समुद्री आत्मा का भी प्रतीक बनेगा। यह उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नई, गौरवपूर्ण पहचान देगा।

**************************

 

बांके बिहारी मंदिर के गायब खजाने पर विवाद, संतों ने पीएम से की सीबीआई जांच की मांग

मथुरा 30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी जी मंदिर के वर्षों पुराने तोषखाने को हाल ही में खोले जाने के बाद भारी विवाद खड़ा हो गया है। तोषखाने से खजाना गायब देख ब्रज के संतों का गुस्सा भड़क गया है।

उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से मामले की सीबीआई जांच की मांग की है 18 अक्टूबर को मंदिर समिति ने 54 साल बाद इस तहखाने को खोला था।

ऐसा दावा किया गया था कि तोषखाने में सोना, चांदी, हीरे-जवाहरात से जड़े आभूषण और दान की गई संपत्ति के कागजात हैं, लेकिन अंदर केवल कुछ बर्तन, सोने की एक छड़, चांदी की तीन छड़ें, कुछ मोती और दो तांबे के सिक्के ही मिले।

करोड़ों रुपए के कथित खजाने का कोई सुराग नहीं लगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने इस मामले को साजिश करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।

पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि खजाने के तालों पर सरकारी सील न होने का फायदा उठाकर कुछ मंदिर व्यवस्थापकों ने श्रद्धालुओं की दान की गई संपत्ति चुरा ली। महाराज ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से निष्पक्ष जांच हो।

साथ ही, दोषी अधिकारियों की व्यक्तिगत संपत्ति की भी तुरंत जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों भक्तों की आस्था का सवाल है, इसलिए देरी बर्दाश्त नहीं होगी।

महाराज ने बताया कि उन्होंने 19 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी इसी मांग का पत्र लिखा था, लेकिन राज्य सरकार ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

इधर, वृंदावन के उडिय़ा बाबा मंदिर में संत समाज की बैठक हुई, जहां साध्वी इंदुलेखा, अनिल कृष्ण शास्त्री, राजेश पाठक और महामंडलेश्वर रामदास महाराज जैसे संतों ने एकजुट होकर सीबीआई जांच की मांग दोहराई।

साध्वी इंदुलेखा ने कहा कि राजा-महाराजाओं और भक्तों द्वारा दान किया गया यह खजाना सनातन धर्म की धरोहर है, इसे लूटने वालों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

संतों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सीबीआई जांच शुरू नहीं हुई, तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे। उनका कहना है कि मंदिर प्रबंधन की लापरवाही से लाखों-करोड़ों का चढ़ावा गायब हो गया।

इतिहासकारों के मुताबिक, 1971 में आखिरी बार खजाना खोला गया था, तब कुछ सामान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मथुरा में जमा किया गया था।

************************

 

चंडीगढ़ में पेट डॉग्स पर सख्ती : खतरनाक नस्लों पर बैन, 10 हजार जुर्माना और रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

चंडीगढ़ 30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। चंडीगढ़ प्रशासन ने पेट और कम्युनिटी डॉग्स के लिए नए बायलॉज जारी कर दिए हैं। शहर को साफ-सुथरा तथा सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने ये नियम बनाए हैं। अब कुत्ते पालने वालों को रजिस्ट्रेशन, नस्ल, संख्या और व्यवहार के सख्त नियमों का पालन करना होगा और उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना या कुत्ता जब्त करने तक की कार्रवाई हो सकती है।

नगर निगम ने अमेरिकन बुलडॉग, अमेरिकन पिटबुल, पिटबुल टेरियर, बुल टेरियर, केन कोरसो, डोगो अर्जेंटीनो और रॉटवीलर जैसी सात खतरनाक नस्लों को घर में पालने पर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। अब से कोई व्यक्ति इन नस्लों का कुत्ता नहीं पाल सकेगा।

हालांकि जिनके पास पहले से ये कुत्ते मौजूद हैं, उन्हें छूट दी गई है बशर्ते वे 45 दिनों के अंदर इनका रजिस्ट्रेशन करा लें। चंडीगढ़ नगर निगम में हर पालतू कुत्ते का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है।

कुत्ते का पंजीकरण शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जबकि हर पांच साल बाद 50 रुपये नवीनीकरण शुल्क देना होगा। रजिस्टर्ड कुत्ते के गले में मेटल टोकन और पट्टा लगाना भी जरूरी है। बिना रजिस्ट्रेशन पाए जाने पर नगर निगम कुत्ते को जब्त कर सकता है।

इसके अलावा अगर रजिस्टर्ड कुत्ता खुले में शौच करता है तो मालिक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगेगा।

नगर निगम ने घर के आकार के अनुसार कुत्तों की अधिकतम संख्या भी तय कर दी है। पांच मरला तक के घर में सिर्फ एक कुत्ता रखा जा सकता है, लेकिन अगर पांच मरला के घर में तीन मंजिल हैं और हर मंजिल पर अलग परिवार रहता है, तो प्रत्येक परिवार एक-एक कुत्ता रख सकता है।

दस मरला तक के घर में दो कुत्ते, बारह मरला तक के घर में तीन कुत्ते और एक कनाल तक के घर में चार कुत्ते पाले जा सकते हैं। अलग-अलग मंजिलों पर रहने वाले हर परिवार को अपनी सीमा के अनुसार अलग रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

कुत्ते के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर निगम की टीम घर जाकर सबूत जुटाएगी और शिकायत सही पाई जाने पर कुत्ता जब्त किया जा सकता है और मालिक पर एनिमल क्रुएल्टी एक्ट के तहत मुकदमा और जुर्माना लगाया जा सकता है।

प्रशासन ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पालतू कुत्तों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी है। इनमें सुखना लेक, रोज गार्डन, शांति कुंज, लेजर वैली, मिनी रोज गार्डन, टेरेस गार्डन, शिवालिक गार्डन, बोटेनिकल गार्डन तथा नगर निगम द्वारा अधिसूचित सभी पार्क और सार्वजनिक जगहें शामिल हैं।

**************************

 

चंबा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कसी कमर, जिलेभर में गश्त और जांच चौकियां बढ़ाई गईं

चंबा 30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चंबा पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। नशे के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने और आम जनता के सहयोग को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने पूरे जिले में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त जांच चौकियां स्थापित की हैं।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं जो संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। साथ ही, स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके।

चंबा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे के खिलाफ यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस का लक्ष्य जिले को नशा-मुक्त बनाना और युवाओं को नशे के जाल से बाहर रखना है।

इस अभियान के तहत आने वाले दिनों में शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे ताकि समाज में नशा विरोधी वातावरण बनाया जा सके।

*******************************

 

नालंदा में बोले राहुल गांधी, सीएम नीतीश का रिमोट कंट्रोल पीएम मोदी के पास है

बिहारशरीफ 30 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उतरे। यहां उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल पीएम नरेंद्र मोदी के पास है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आज बिहार की सरकार पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और नागपुर से चल रही है।

उन्होंने बिहार के लोगों को मेहनती बताते हुए कहा कि यहां के लोग सभी प्रदेशों में दिखाई देते हैं। बिहार के लोगों ने दुबई, बेंगलुरु, मुंबई जैसे कई शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर को अपने खून-पसीने से बनाया है।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर बिहार में क्या कमी है कि बिहार के लोगों की यही ऊर्जा और क्षमता बिहार को बनाने में नहीं लग पा रही है? उन्होंने बिहार में पेपर लीक को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि यहां के युवा सपना देखते हैं और उन सपनों को पूरा करने के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी करते हैं, लेकिन परीक्षा के पहले ही पेपर लीक हो जाता है। कुछ खास लोगों को परीक्षा के पहले पेपर मिल जाते हैं।

उन्होंने नीतीश कुमार के विकास के दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि उन्होंने बिहार को बदल दिया है, लेकिन सच्चाई ये है कि बिहार में लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

दिल्ली के एम्स में बिहार के लोगों की लंबी लाइन लगी रहती है, जो यहां के अलग-अलग जिलों से वहां इलाज करवाने जाते हैं। उन लोगों का कहना होता है कि कोई बिहार के अस्पताल में इलाज करवाने जाता है, तो वह वापस नहीं आता है। यह बिहार का असली चेहरा है।

उन्होंने दिल्ली में यमुना के प्रदूषित होने की चर्चा करते हुए कहा कि एक तरफ मां यमुना बह रही हैं, जिनका पानी गंदा और प्रदूषित है, और दूसरी तरफ पीएम नरेंद्र मोदी के लिए तालाब में साफ पानी भरा गया, यानी दो हिंदुस्तान बन रहे हैं।

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने गारंटी देते हुए कहा कि जिस दिन महागठबंधन की सरकार बनेगी, उस दिन विश्व की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी यहां नालंदा में बनेगी। नालंदा पहले भी विश्वभर में शिक्षा का केंद्र था और एक बार फिर नालंदा शिक्षा और रोजगार का केंद्र बनेगा।

****************************

 

राबड़ी देवी का NDA पर तंज, कहा- 20 साल में विकास हुआ तो रैलियों की क्या जरूरत है?

पटना 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बिहार में हो रही चुनावी सभाओं पर कटाक्ष किया।

उन्होंने कहा कि अगर 20 साल में एनडीए सरकार में विकास हुआ है, तो बिहार में घूमने की क्या जरूरत है? नुक्कड़ सभाएं क्यों हो रही हैं? क्या यह सब शोभा देता है?

पटना में मीडिया से बातचीत में पूर्व सीएम ने कहा कि एनडीए ने 20 साल के शासन में बिहार की जनता को ठगने का काम किया है। अब जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है और बदलाव के लिए इस बार वोट करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि हम जनता के बीच जा रहे हैं। कोई भी एनडीए शासन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से खुश नहीं है। जनता मालिक है और विश्वास है कि इस बार बदलाव होगा।

राबड़ी देवी ने दावा किया कि एनडीए ने पूरी ताकत इसलिए लगा दी है क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि इस बार उनकी सरकार जाना तय है। इसी वजह से बार-बार अमित शाह और पीएम मोदी को चुनावी सभाएं करनी पड़ रही हैं।

बिहार में अगली सरकार किसकी बनेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हम जनता के बीच जा रहे हैं और उनकी आवाज सुन रहे हैं। सबकुछ जनता के हाथ में है। उम्मीद है कि 14 नवंबर को परिणाम अच्छा आएगा।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में पूर्व सीएम ने लिखा कि तेजस्वी सरकार बनने पर जीविका सीएम दीदियों को पक्की नौकरी, 𝟑𝟎 हजार रुपए की तनख्वाह, 𝟓 लाख रुपए का बीमा, सरकारी कामों के लिए 𝟐 हजार रुपए का भत्ता और पहले के लोन का ब्याज माफ किया जाएगा, साथ ही जीविका दीदियों को अगले 𝟐 वर्ष तक ब्याज मुक्त लोन भी मिलेगा।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पीएम मोदी गुरुवार को मुजफ्फरपुर और छपरा में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इन सभाओं को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

****************************

 

कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन, मुजफ्फरपुर में बोले पीएम मोदी- राजद और कांग्रेस वालों की पहचान 5 चीजों से

मुजफ्फरपुर  30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में रैली को संबोधित करते हुए राजद और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस वालों की पहचान 5 चीजों से है, जो कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “बिहार का गौरव बढ़ाना, यहां की मीठी बोली, बिहार की संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने में ले जाना, बिहार का विकास करना एनडीए-भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब भारत समृद्ध था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। आज विकसित भारत बनाने के लिए भी बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।”

विपक्षी पार्टियों पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “राजद-कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते हैं। इन पार्टियों ने बरसों तक बिहार पर एकछत्र राज किया, लेकिन आपको सिर्फ विश्वासघात दिया। 5 शब्दों में राजद-कांग्रेस के कारनामों की कथा कहना चाहता हूं। ये पांच शब्द हैं, ‘कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन’। यह जंगलराज की पहचान है। यह राजद और उनके साथियों की पहचान बन चुकी है।”

उन्होंने कहा, “जहां कट्टा और क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ता है। जहां कटुता बढ़ाने वाली राजद-कांग्रेस हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां राजद-कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामोनिशान नहीं होता है। जहां करप्शन होता है, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता है। सिर्फ कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं।

राजद-कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते हैं।”

उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर छठ मईया के अपमान का भी आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा, “ये कांग्रेस और राजद के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। जो महिलाएं निर्जला इतना लंबा व्रत रखती हैं, जो गंगा जी में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। वो राजद-कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मईया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी? मैं जानता हूं कि छठी मईया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति भूल नहीं सकता।”

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार स्वाभिमान की धरती है। जिन लोगों ने छठ पूजा को गोली देने का काम किया है, बिहार ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा।

*********************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत बन रहा बड़ी आर्थिक शक्ति – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस गति से आज भारत प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है, उसके पीछे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्र सरकार की क्रांतिकारी आर्थिक नीतियाँ प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने “एक राष्ट्र, एक टैक्स” की अवधारणा को साकार करते हुए जी.एस.टी. लागू किया, जिससे पूरा भारत एक एकीकृत बाजार में परिवर्तित हो गया है। जी.एस.टी. सुधारों से न केवल अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है, बल्कि राज्यों के बीच व्यापार आसान हुआ है और व्यापारियों को अनावश्यक करों के जाल से मुक्ति मिली है। हाल ही में किए गए जी.एस.टी. सुधार इस बात का प्रमाण हैं कि प्रधानमंत्री मोदी की “गारंटी” सदैव पूरी होती है। ये सुधार आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे।

मुख्यमंत्री बुधवार को बिहार के पटना में बिहार चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए “स्वदेशी” और “मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड” के आह्वान ने देश में विनिर्माण क्षेत्र को नई दिशा दी है। हाल ही में जापान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत यह विजन आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत यूपीआई से लेकर डीबीटी तक डिजिटल लेन-देन की क्रांति ने पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। आज भारत का डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण बन चुका है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विनिर्माण और उत्पादन पर बल देकर आयात पर निर्भरता घटाई है तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का एक मजबूत केंद्र बनकर उभरा है।

केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों और सुधारों के परिणामस्वरूप आज भारत न केवल आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक सशक्त साझेदार के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।

उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में, सड़क, रेल, हवाई अड्डों और बंदरगाहों के निर्माण में अभूतपूर्व निवेश हुआ है। ये सुविधाएं बेहतरीन कनेक्टिविटी, उद्योगपतियों के लिए व्यापार और लॉजिस्टिक्स की लागत को कम कर रही है।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए अनावश्यक कानूनों को खत्म करना, प्रक्रियाओं को सरल बनाना, और लाइसेंस राज से मुक्ति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमें ‘विकसित भारत-2047’ का लक्ष्य दिया है।

इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए, हमें अपने राज्यों को विकसित करना होगा। हरियाणा और बिहार को मिलकर देश की प्रगति की गति को तेज करना होगा।

उन्होंने कहा कि आज यहां आकर उन्हें बिहार की मिट्टी की महक और हरियाणा की उद्यमशीलता की भावना का एक अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यह संगम, वास्तव में, हमारे देश की प्रगति और ‘विकसित भारत’ के संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि बिहार और हरियाणा का रिश्ता केवल राज्यों की भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं है। यह रिश्ता प्रेम, श्रम और विश्वास का है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज बिहार में डबल इंजन की सरकार के कारण यह पूरे देश में यह प्रदेश दूसरे सबसे तेजी से बढ़ने वाले राज्य के रूप में जाना जा रहा है। आज बिहार की जीडीपी वृद्धि दर 14 प्रतिशत से भी अधिक है। अब बिहार की जीडीपी में औद्योगिक क्षेत्र का हिस्सा 23 प्रतिशत है, जो कृषि के हिस्से से भी अधिक है। यह सिद्ध करता है कि बिहार में उद्योगों के लिए एक सुरक्षित और अनुकूल माहौल बना है।

उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को उद्योग की जरूरतों संबंधी ट्रेनिंग के लिए भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर स्किल यूनिवर्सिटी का उद्घाटन किया गया है। यह युवाओं को उद्योग-आधारित पाठ्यक्रम प्रदान कर रही है। सरकार की ‘एक जिला-एक उद्योग’ योजना ने इस दिशा में क्रांति ला दी है।

इसका सबसे बड़ा उदाहरण कटिहार का मखाना है, जो अब विश्व बाजार में अपनी चमक बिखेर रहा है। केंद्र सरकार ने इसे ‘सुपर फूड’ के रूप में स्थापित करने के लिए मखाना बोर्ड की घोषणा की है, जिससे किसानों और स्थानीय उद्योगों को नई शक्ति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने के लिए बिहार में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है। राज्य में निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए नीतिगत सुधारों की एक श्रृंखला शुरू की गई है। सरकार ने निवेशकों को नि:शुल्क भूमि देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में चमड़ा उद्योग, कपड़ा उद्योग सहित अन्य उद्योगों के प्रोत्साहन के लिए नई नीति बनाई गई है। आगामी समय में बिहार की अर्थव्यवस्था में न केवल गुणात्मक सुधार होगा बल्कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध होंगे। इस मौके पर बिहार चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

******************************

 

दिल्ली में सांसों पर गहराया संकट, कई इलाकों में AQI खतरे के निशान से ऊपर; आनंद विहार में 409 किया गया दर्ज

नई दिल्ली 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : दिवाली के बाद से राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। प्रदूषित हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 409 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी की रिपोर्ट बताती है कि लोधी रोड का एक्यूआई 325 तक पहुंच गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में शामिल है। प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए वहां पानी का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं, आईटीओ इलाके में एक्यूआई 359 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ स्तर को दर्शाता है।

इंडिया गेट के आसपास घनी धुंध छाई हुई है और यहां का एक्यूआई 319 तक पहुंच गया है। यह भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। इसके अलावा, एम्स क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक 276 दर्ज किया गया है, जिसे ‘खराब’ श्रेणी में रखा गया है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने की सलाह दी है।

बुधवार को राजधानी का औसत एक्यूआई 279 दर्ज किया गया था, जो ‘खराब’ श्रेणी में था। इससे पहले मंगलवार को यह स्तर 294 रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में 4 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है, इसलिए फिलहाल प्रदूषण से राहत के आसार कम हैं।

****************************

 

भारत के निर्यात को बेहतर बनाने के लिए हम सस्टेनेबल ग्रोथ के नए रास्ते खोलने के लिए प्रतिबद्ध : पीयूष गोयल

नई दिल्ली 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अलग-अलग सेक्टर्स के एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में भारत की निर्यात को बढ़ाने से जुड़ी रणनीतियों पर चर्चा की गई।

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैंने अलग-अलग सेक्टर के एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईपीसी) और इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसका फोकस भारत के एक्सपोर्ट ग्रोथ को बढ़ाने की रणनीतियों पर था।” केंद्रीय मंत्री गोयल ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि चर्चा के मुख्य बिंदुओं में अधिक मार्केट एक्सेस के लिए एफटीए का इस्तेमाल करना, वैल्यू एडिशन बढ़ाना, मार्केट डाइवर्सिफिकेशन का विस्तार करना और सेक्टोरल तालमेल को मजबूत करना शामिल था।

उन्होंने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा, “हम भारत के निर्यात को बेहतर बनाने के लिए क्वालिटी-ड्रिवन और सस्टेनेबल ग्रोथ के नए रास्ते खोलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इसी कड़ी में, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच इस वर्ष अप्रैल-सितंबर के दौरान कुल निर्यात (मर्चेंडाइस और सर्विस) 413.30 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है, जबकि बीते वर्ष 2024 की अप्रैल-सितंबर अवधि में यह 395.71 बिलियन डॉलर था।

वहीं, सितंबर में भारत का कुल निर्यात (मर्चेंडाइस और सर्विस) 67.20 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है, जो सितंबर 2024 की तुलना में 0.78 प्रतिशत की सकारात्मक बढ़त को दिखाता है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री गोयल ने न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के साथ एक प्रोडक्टिव वर्चुअल मीटिंग की। उन्होंने मैक्ले के साथ हुई इस मीटिंग को लेकर जानकारी साझा की।

उन्होंने एक दूसरे पोस्ट में लिखा, “हमने अपने व्यापार संबंधों को मजबूत करने और एफटीए पर बातचीत को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।” केंद्रीय मंत्री गोयल ने बताया कि इस मीटिंग में दोनों देशों के लिए लाभदायक और दूरदर्शी फ्रेमवर्क बनाने पर फोकस किया गया। उन्होंने कहा, “मैं हमारी पार्टनरशिप को मजबूत करने और अहम सेक्टरों में आपसी ग्रोथ के लिए नए मौकों को तलाशने के लिए उत्सुक हूं।”

******************************

 

भव्य राम मंदिर में एक साथ आठ हजार भक्त कर सकेंगे दर्शन

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परकोटा से जुड़े तीन स्थल बने जूते-चप्पल रखने के लिए

राम मंदिर परिसर में फरवरी तक तैयार होगा बलिदानी कारसेवकों की स्मृति में बना रहा शहीद स्मारक

अयोध्या 29 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) ।  राम नगरी अयोध्या एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने जा रही है। राम मंदिर के निर्माण कार्य में तेजी के साथ अब अंतिम रूप देने का चरण शुरू हो गया है। भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर बैठकों का दौर जारी है। समिति की ओर से प्रधानमंत्री से अनुरोध किया जाएगा कि वे ध्वजारोहण के साथ परकोटा और सप्त मंदिर का भी अवलोकन करें।

राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मिश्रा ने बताया कि परिसर में शहीद स्मारक का निर्माण भी पूर्ण गति से जारी है, जो फरवरी 2025 तक पूरा होने की संभावना है। यह स्मारक धातु से निर्मित होगा और इसे उन कारसेवकों की स्मृति में बनाया जा रहा है

जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में अपना बलिदान दिया। मंदिर की संरचना अत्यंत भव्य और आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी। मुख्य मंदिर में एक साथ 5000 से 8000 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। दक्षिण द्वार से प्रवेश करने और निकलने में लगभग 20 मिनट, जबकि सुग्रीव किला मार्ग से दर्शन कर बाहर आने में करीब 40 मिनट का समय लगेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूते-चप्पल रखने हेतु तीन विशेष स्थान बनाए गए हैं जो परकोटा से जुड़े होंगे।

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि 23 नवम्बर तक मंदिर परिसर मीडिया अवलोकन के लिए तैयार हो जाएगा। इस दौरान पत्रकारों को मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी ताकि वे निर्माण की प्रगति को देख सकें। अस्थायी मंदिर को स्मारक के रूप में संरक्षित रखा जाएगा, जहां सदैव एक प्रज्वलित दीपक जलता रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी के संभावित आगमन को लेकर अयोध्या प्रशासन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। रामलला का भव्य मंदिर अब अपने पूर्ण स्वरूप में जगमगाने को तैयार है।

राम मंदिर के लिए भक्तों ने दान किए तीन हजार करोड़ रुपये

राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया है कि रामभक्तों ने अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि रामलला को समर्पित की है। राम मंदिर निर्माण के लिए देश भर के श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर दान दिया है।

2022 के बाद भी कई भक्तों ने बड़ी धनराशि देकर रामलला के मंदिर निर्माण में सहयोग किया है। अब भवन निर्माण समिति ने फैसला किया है कि ऐसे सभी दानदाताओं को भी ध्वजारोहण कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा।

नृपेन्द्र मिश्र के मुताबिक समरसता की दृष्टि से ध्वजारोहण समारोह में छह हजार से अधिक लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है लेकिन अब इसमें उन लोगों को भी शामिल किया जाएगा जिन्होंने 2022 के बाद योगदान दिया है।

राम मंदिर निर्माण में योगदान देने वाली कंपनियों, सप्लायर्स और कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया जाएगा। 25 नवंबर के बाद राम मंदिर परिसर में एक वृहद आयोजन किया जाएगा, जिसमें इन सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।  भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष ने खुलासा किया कि अब तक लगभग 1500 करोड़ रुपये की बिलिंग हो चुकी है। राम मंदिर निर्माण का कुल खर्च 1800 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

***************************

 

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दूनागिरी की महावतार बाबा गुफा में लगाया ध्यान

अल्मोड़ा 29  Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बुधवार को दो दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा के दौरान दूनागिरी की पवित्र वादियों में स्थित महावतार बाबा की गुफा पहुंचे। घने जंगलों के बीच पांडवखोली के समीप स्थित इस ऐतिहासिक गुफा तक पहुंचने के लिए उन्होंने लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी खड़ी चढ़ाई को डोली के माध्यम से पार किया।

गुफा पहुंचने से पूर्व उन्होंने योगदा आश्रम के स्मृति भवन में करीब आधा घंटा व्यतीत किया, जहां सन्यासियों से उन्होंने महावतार बाबा, लाहिड़ी महाशय, युक्तेश्वर गिरी और परमहंस योगानंद जैसे महान संतों के जीवन, उपदेशों और क्रिया योग के महत्व पर जानकारी प्राप्त की। इसके बाद गुफा में ध्यान लगाकर उन्होंने लगभग तीन घंटे का समय साधना में बिताया।

ध्यान के बाद उन्होंने इस अनुभव को ‘अद्भुत और आत्मशांति प्रदान करने वाला’ बताते हुए कहा कि दूनागिरी की वादियां अध्यात्म से परिपूर्ण हैं और वे पुनः यहां आने की इच्छा रखते हैं।

पूर्व राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के आशीष गौतम सहित स्थानीय प्रशासन के अधिकारी पूरे समय मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत

महावतार बाबा की गुफा की यात्रा से पूर्व जब पूर्व राष्ट्रपति का काफिला रतखाल गांव पहुंचा, तो ग्रामीणों ने पारंपरिक पिछोड़ा पहन उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत की और उनके स्नेह से अभिभूत नजर आए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान नीतू देवी, नंदन सिंह, उमा देवी, मुन्नी देवी, केशव सिंह और शेखर शर्मा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

गुफा दर्शन के बाद विश्राम कर रवाना हुए नैनीताल

गुफा में ध्यान लगाने के पश्चात रामनाथ कोविंद ने 18 किलोमीटर की सड़क यात्रा कर द्वाराहाट के भुमकिया स्थित एक रिसोर्ट में दो घंटे विश्राम किया। भोजन के उपरांत वे अपने काफिले के साथ रानीखेत रोड होते हुए नैनीताल के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम के सफल समापन के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पूर्व राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई जिलों से पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए थे।

******************************

 

राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

समारोह की सफलता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत समीक्षा

प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया

रांची,29.10.2025 – राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारी को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 29 अक्टूबर 2025 को महत्वपूर्ण बैठक जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में समारोह की सफलता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त ने कहा की जिला प्रशासन का दायित्व है कि सभी तैयारियाँ समय पर और व्यवस्थित रूप से पूर्ण की जाएं ताकि समारोह भव्य एवं गरिमामय तरीके से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम स्थल परिसर की सम्पूर्ण तैयारी को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा जलापूर्ति विभाग को पेयजल स्टॉल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सिविल सर्जन रांची को आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तथा आवश्यक चिकित्सीय कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह के प्रत्येक घटक की तैयारी की समीक्षा प्रतिदिन की जाए तथा सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन समयसीमा के भीतर करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त,श्री सौरभ भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर, श्री पारस राणा, एवं पुलिस अधीक्षक यातायात, श्री राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था, श्री राजेश्वर नाथ आलोक, अपर समाहर्ता, श्री रामनारायण सिंह, सिविल सर्जन, डॉ. प्रभात कुमार, कार्यपालक अभियंता (विद्युत/पेयजल), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, श्रीमती उर्वशी पांडेय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया

राज्य स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन की तैयारी को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल मोरहाबादी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विभिन्न जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने साफ-सफाई, मंच निर्माण, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वागत एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियाँ उच्च स्तर की एवं व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

****************************

 

पहले वह लोग अपने दादा, परदादा व बाप का प्रमाणपत्र दिखाएं-अभिषेक बनर्जी

अगरपाड़ा में मृत प्रदीप कर के घर पहुंचे तृणमूल सेकेण्ड-इन चीफ

कोलकाता 29 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अगरपाड़ा में एक व्यक्ति प्रदीप कर का फंदे से लटका शव मिलने के बाद से राज्य की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है। अब, कूचबिहार के दिनहाटा में भी इसी कथित डर से एक और व्यक्ति ने आत्महत्या का प्रयास किया है, यह बात तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आज दोपहर अगरपाड़ा में मारे गए प्रदीप कर के परिवार से मुलाकात के दौरान कही।

साथ ही, अभिषेक ने क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, “हम बंगाल में एनआरसी या एसआईआर के नाम पर एक भी वास्तविक मतदाता का नाम नहीं छूटने देंगे।

” अभिषेक बनर्जी ने लोगों से कहा कि, जो लोग आपलोगों का प्रमाणपत्र मांगे आपलोग उनलोगों से उनके  ” बाप, दादा, परदादा जन्म प्रमाण पत्र लेकर आओ।” तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को लोगों से अपील की कि वे यदि कोई स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता उनके माता-पिता के जन्म प्रमाणपत्र मांगता है, तो उसे पकड़कर “बांध दें” और जवाब मांगें।

उन्होंने यह बयान मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित एनआरसी जांच को लेकर मची अफरातफरी के बीच दिया। अभिषेक बनर्जी ने यह टिप्पणी उस समय की जब उन्होंने पानिहाटी के निवासी प्रदीप कर (57) के परिवार से मुलाकात की। कर ने कथित रूप से एसआईआर और संभावित एनआरसी की आशंका से डरकर आत्महत्या कर ली थी। टीएमसी नेता ने कर की मौत को सीधे एसआईआर प्रक्रिया से जोड़ा और आरोप लगाया कि बीजेपी तथा चुनाव आयोग द्वारा पैदा की गई चिंता ने इस व्यक्ति को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को “डर के माहौल” के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की। अभिषेक बनर्जी ने कहा, “प्रदीप कर की मौत एनआरसी और एसआईआर के डर से हुई है। अमित शाह और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। क्या वे खुद अपने माता-पिता के दस्तावेज़ दिखा पाएंगे?”

बनर्जी के साथ सांसद पार्थ भौमिक, निर्मल घोष और युवा नेता देबराज चक्रवर्ती भी मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे। टीएमसी नेताओं के अनुसार, कर के शव के पास मिला हस्तलिखित नोट स्पष्ट रूप से उसकी दस्तावेज़ी प्रक्रिया को लेकर भय व्यक्त करता है।

बाद में समर्थकों को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, “जब भी कोई स्थानीय बीजेपी नेता आपके इलाके में आए और आपके माता-पिता के प्रमाणपत्र मांगे, तो उनसे उनके माता-पिता और दादा-दादी के दस्तावेज़ मांगिए। उन्हें पेड़ या लैम्पपोस्ट से बांध दीजिए और कहिए कि जब तक वे अपने कागज़ नहीं दिखाएंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। हम हिंसा में विश्वास नहीं करते, बस बांध दीजिए, मारिए मत।”

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी बीजेपी पर “डर की राजनीति” करने और एनआरसी को “हथियार” के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

वहीं, बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदीप कर की मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पार्टी ने आरोप लगाया कि टीएमसी एक निजी त्रासदी का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है। बीजेपी ने दोहराया कि एसआईआर महज़ मतदाता सूची के नियमित संशोधन की प्रक्रिया है।

******************************

 

पर्व-त्योहार की छुट्टियों के बाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने किया समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण

बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित कर्मचारियों पर शोकॉज़ के साथ एक दिन का वेतन काटने का निर्देश

बिना सूचना अनुपस्थित तीन कर्मचारियों को शोकॉज़ और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश

आईडी कार्ड नहीं पहनने और नेम प्लेट प्रदर्शित नहीं करने वाले कर्मचारियों को भी शोकॉज़

सभी कार्यालय प्रधानों को अनुशासन और उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश

कार्यालयों में स्वच्छता एवं कार्य व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दिए सख्त निर्देश – कार्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और जवाबदेही सुनिश्चित करें

रांची, 29.10.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री द्वारा पर्व-त्योहार की छुट्टियों के बाद अपराह्न 04:00 बजे के आसपास समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों में कार्य अनुशासन, उपस्थिति, स्वच्छता तथा कार्य संस्कृति की समीक्षा करना था।

बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित कर्मचारियों पर शोकॉज़ के साथ एक दिन का वेतन काटने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि कई कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने नक्सल शाखा की प्रधान सहायक सुनीता चौधरी, उप निर्वाचन कार्यालय पर प्रतिनियुक्ति हेल्प डेस्क मैनेजर साहिल कुमार तथा आदित्य कुमार झा को अनुपस्थित रहने के कारण शोकॉज़ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।

आईडी कार्ड नहीं पहनने और नेम प्लेट प्रदर्शित नहीं करने वाले कर्मचारियों को भी शोकॉज़

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ कर्मचारी आईडी कार्ड नहीं पहने हुए थे और उनके द्वारा नेम प्लेट सही ढंग से प्रदर्शित नहीं की गई थी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को भी शो कॉज करने का निर्देश दिया तथा सभी को निर्देशित किया कि कार्यालय अवधि में पहचान पत्र अनिवार्य रूप से पहनें।

छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों के आवेदन की भी जांच

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों के आवेदन की भी जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित न रहे। उन्होंने सभी कार्यालय प्रधानों को यह निर्देश दिया कि अनुशासनहीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, तथा प्रत्येक कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर का नियमित रूप से सत्यापन किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों को कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और समय पर कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि समाहरणालय प्रशासनिक कार्यों का केंद्र है, अतः यहाँ अनुशासन, स्वच्छता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री सौरभ कुमार भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वर नाथ आलोक, सामान्य शाखा प्रभारी, रांची श्री विवेक कुमार सुमन, जिला नजारत उपसमाहर्ता श्री सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय तथा सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री रवि शंकर मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

******************************

 

डीआईजी भुल्लर रिश्वत कांड : बिचौलिए कृष्णु शारदा को नौ दिन के सीबीआई रिमांड पर भेजा गया

चंडीगढ़ ,29 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े बहुचर्चित रिश्वत मामले में गिरफ्तार बिचौलिए कृष्णु शारदा को सीबीआई की विशेष अदालत ने नौ दिन के रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को बुड़ैल जेल से अदालत में पेश किया गया।

सीबीआई ने अदालत से कृष्णु का 12 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन मंगलवार को उसकी ओर से कोई वकील पेश नहीं हुआ, जिसके बाद बुधवार सुबह 11 बजे सुनवाई हुई। सीबीआई ने अदालत से कहा कि कृष्णु शारदा इस पूरे रिश्वत नेटवर्क की अहम कड़ी है और उसके ज़रिए उन अधिकारियों तक पहुंचा जा सकता है, जो इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं।

एजेंसी ने अदालत से आग्रह किया कि बुड़ैल जेल में कृष्णु से मिलने आने वाले सभी व्यक्तियों का रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखा जाए। अदालत ने सीबीआई की इस मांग को मंजूरी देते हुए जेल प्रशासन को आदेश जारी कर दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सीबीआई को कई नई जानकारियां मिली हैं। जांच में यह सामने आया है कि कृष्णु शारदा पंजाब के कई वरिष्ठ अधिकारियों के लिए उगाही का काम करता था।

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में कृष्णु से उसके परिजनों के अलावा कुछ और लोग भी मिलने पहुंचे थे, जिससे एजेंसी को शक है कि वे इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।अब सीबीआई उन सभी लोगों के रिकॉर्ड और कॉल डिटेल्स की जांच करने की तैयारी में है।

सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक अब जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है, और कई अन्य आईपीएस अधिकारी भी एजेंसी के रडार पर आ गए हैं।संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में कुछ और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी या सरकारी कर्मचारी भी पूछताछ या हिरासत में लिए जा सकते हैं।

**************************

 

यूपी : योगी सरकार ने बढ़ाया गन्ना मूल्य, जयंत चौधरी ने जताया आभार

लखनऊ ,29 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पश्चिमी यूपी में गन्ना बहुत बड़ा चुनावी मुद्दा रहता है। सरकार ने एक बार फिर गन्ना के मूल्य बढ़ाकर किसानों को चेहरे पर मिठास घोलने का प्रयास किया है। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने सरकार का आभार जताया है।

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ने की मिठास और किसानों की मेहनत का मान रखा। मुख्यमंत्री जी को आभार। उधर, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में जब से सरकार बनी, तब से, क्योंकि पहले गन्ना माफियाओं का सेंटर बना हुआ था, अब एक पारदर्शी व्यवस्था बनी।

इस व्यवस्था के कारण चीनी उद्योग में 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। हमारी जो क्षमता है, 42 चीनी मिलों का विस्तारीकरण किया गया। नई 8 चीनी मिलें लग सकती हैं; इतना विस्तारीकरण किया गया। गन्ना माफिया सिस्टम समाप्त करके, अब हमारे देश में हजारों किसान हैं। अब पर्ची मोबाइल में देख सकतो हैं।

उन्होंने कहा कि एक बार सुप्रीम कोर्ट ने यहां तक कहा कि इसी तरह की पारदर्शी व्यवस्था हर राज्य में होनी चाहिए। हमारे प्रदेश में 2017 में एथेनॉल की केवल 61 आसमी थी जो आज 97 हो गईं।

उन्होंने बताया कि पहले इथेनॉल का उत्पादन 41 करोड़ होता था। आज 182 करोड़ उत्पादन इथेनॉल का होता है जो पूरे देश में सर्वाधिक है। 2017 तक केवल 20 लाख हेक्टेयर में गन्ना उत्पादन होता था; आज साढ़े नौ लाख हेक्टेयर गन्ने का उत्पादन बढ़ा है।

122 चीनी मिलें संचालित हैं। 2007 से 2017 तक 10 साल में एक लाख 47 हजार 346 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ था, जबकि आज हमारा भुगतान दोगुना किया गया है। गन्ने का पेमेंट और पारदर्शी व्यवस्था यही सबसे बड़ा कारण है। मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया है कि अब गन्ने का मूल्य जो 370 रुपए था, उसे 400 रुपए क्विंटल कर दिया गया है और जो 360 था, उसे 390 किया गया है।

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ा उपहार दिया है। सरकार ने गन्ने के मूल्य में प्रति कुंतल 30 रुपये की बढ़ोत्तरी की है। नई घोषणा के अनुसार, अगेती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति कुंतल तथा सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य 390 रुपये प्रति कुंतल किया गया है।

प्रदेश सरकार के इस फैसले को गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। यह घोषणा पेराई सत्र 2025-26 के लिए की गई है। गन्ना मूल्य वृद्धि से किसानों को 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। बीते साढ़े 8 वर्षों में गन्ना किसानों को 2,90,225 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भुगतान किया गया है।

**************************

 

सोनम वांगचुक की नजरबंदी मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली

नई दिल्ली ,29 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । सुप्रीम कोर्ट में लद्दाख स्थित जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत नजरबंदी को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को सुनवाई टल गई है।

अब अगली सुनवाई 24 नवंबर को होगी। वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो की ओर से दायर इस मामले में उनकी नजरबंदी की वैधता और अधिकारियों की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे।

सोनम वांगचुक की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने कहा कि हमें हलफनामे की कॉपी बुधवार को मिली है। हालांकि हम नई याचिका पर सुनवाई करेंगे।

गीतांजलि अंग्मो के वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि हमने मंगलवार शाम नई अर्जी को हलफनामे के साथ दाखिल किया है। बेंच ने कहा कि हम संशोधित याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार करते हैं।

याचिका के साथ अतिरिक्त सबूत वाले दस्तावेज लगाने के लिए एक हफ्ता दिया है। इसके बाद दस दिनों में सरकार जवाब देगी। फिर अगली सुनवाई 24 नवंबर को होगी।

इससे पहले की सुनवाई में सिब्बल ने अदालत को बताया था कि केंद्र सरकार ने वांगचुक को नजरबंदी के आधार बता दिए हैं, जिससे मूल याचिका में संशोधन करना जरूरी हो गया है।

उन्होंने कहा, मैं याचिका में संशोधन करूंगा ताकि मामला यहीं जारी रह सके। इसके बाद, अदालत ने मामले की अगली सुनवाई बुधवार को तय कर दी थी।

सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिका में मूल रूप से यह तर्क दिया गया था कि अधिकारी एनएसए की धारा 8 के तहत हिरासत के आधार प्रस्तुत करने में विफल रहे हैं, जिसके अनुसार बंदियों को एक निश्चित समय के भीतर उनकी हिरासत के कारणों के बारे में सूचित किया जाना आवश्यक है।

हालांकि, लेह प्रशासन ने जिला मजिस्ट्रेट रोमिल सिंह डोंक के माध्यम से दायर अपने हलफनामे में दावा किया कि निर्धारित अवधि के भीतर बंदी को कारणों से विधिवत अवगत करा दिया गया था।

सुनवाई कथित तौर पर एनएसए लगाने के प्रशासन के औचित्य और वांगचुक के प्रतिनिधित्व पर केंद्रित थी, जिसमें इसे चुनौती दी गई थी।
सोनम वांगचुक को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत हिरासत में लिया गया था।

इसके बाद देशव्यापी विरोध प्रदर्शन हुए और नागरिक अधिकार समूहों ने भी इसकी आलोचना की। उन्होंने वांगचुक की हिरासत को मनमाना और अनुचित बताया।

****************************

 

कर्नाटक के विजयपुरा में लगातार भूकंप से दहशत, दो महीने में 11 झटके

विजयपुरा ,29 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में लगातार आ रहे भूकंपों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। पिछले दो महीनों में 11 झटके दर्ज किए गए हैं। मंगलवार रात 11:41 बजे के बाद बुधवार सुबह भी करीब 5:30 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोनों बार कंपन के बाद लोग घरों से बाहर भागे। कई इलाकों में सीसीटीवी कैमरों ने भूकंप के दौरान का पूरा दृश्य कैद कर लिया।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैसे ही झटके लगे, दीवारे और सड़कों पर खड़े वाहन हिलने लगे और कुत्ते जोर-जोर से भौंकने व चीखने लगे। भूकंप के केंद्र के बाहर रिक्टर स्केल पर 3.0 तीव्रता दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि यह तीव्रता मध्यम स्तर की है, लेकिन बार-बार आने से खतरा बढ़ रहा है। अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन लोग सहमे हुए हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात में सोते वक्त अचानक बिस्तर हिलता है तो दिल बैठ जाता है। बच्चे रोने लगते हैं और बुजुर्ग घबरा जाते हैं। कई परिवार अब रात में घर के बाहर सोने लगे हैं। दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। स्कूलों में भी बच्चों में डर दिख रहा है।
भू-वैज्ञानिकों की टीम मौके पर पहुंच गई है।

वे भूकंप के कारणों का पता लगा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह इलाका भूकंपीय रूप से सक्रिय जोन में नहीं है, फिर भी इतने झटके चिंता की बात हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी है।

जिला प्रशासन ने आपातकालीन हेल्पलाइन शुरू की है। लोगों से कहा गया है कि पुरानी इमारतों में न रहें और भूकंप आने पर टेबल के नीचे छिपें। अभी तक राहत शिविर नहीं लगाए गए, लेकिन जरूरत पड़ी तो तुरंत व्यवस्था की जाएगी। लगातार भूकंपों ने विजयपुरा को दहशत में डाल दिया है। जांच जारी है, जल्द ही पूरी रिपोर्ट आएगी।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version