रांची 16 Jan, (एजेंसी): कोलकाता से रांची आ रही एक यात्री बस में मंगलवार तड़के भीषण डकैती हुई है। चार हथियारबंद अपराधियों ने बस पर सवार कई यात्रियों से लगभग 20 लाख रुपए की रकम लूट ली। इस दौरान अपराधियों ने एक व्यक्ति को चाकू भी मार दिया, जिसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। वारदात रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र के नावाडीह के पास हुई है।
बताया गया कि अपराधियों ने हथियार के बल पर शिवम नामक यात्री से लूटपाट की। उन्होंने ड्राइवर पर बंदूक के बट से हमला किया और बस को रुकवाया।बस पर सवार तीन सब्जी कारोबारी से पैसों से भरे बैग लूटे गए। लूटपाट के बाद अपराधी जंगल की तरफ भाग गए। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस इसकी जांच कर रही है।
नई दिल्ली 16 jan, (एजेंसी): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर में जाकर मंदिर की सफाई व स्वच्छता का कार्य किया। उन्होंने स्वच्छ तीर्थ अभियान के अन्तर्गत श्रमदान किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह का कहना था कि उन्होने प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक, हनुमानजी की सेवा करने का सौभाग्य मिला।
राजनाथ सिंह ने एक चौपाई साझा करते हुए कहा, “हनुमान तेहि परसा कर पुनि कीन्ह प्रनाम, राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहां बिश्राम।”
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्त देशवासियों से आह्वान किया है कि सभी लोग अपने आस पास के मंदिरों में स्वच्छता के लिए श्रमदान करें। इसी के अंतर्गत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को राजधानी दिल्ली के गुरू संत रविदास के ऐतिहासिक मंदिर में झाड़ू लगाकर और सफाई कर पार्टी के ‘स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान’ में शामिल हुए थे।
‘स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान’ के तहत मंदिर में सफाई करने के बाद नड्डा ने कहा था कि पीएम मोदी के आह्वान पर पार्टी ने तय किया है कि मकर संक्रांति के दिन 14 जनवरी से शुरू कर 22 जनवरी तक पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता हरेक तीर्थस्थल और मंदिर के सफाई अभियान में शामिल होंगे और वहां भजन-कीर्तन भी करेंगे।
अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के मुताबिक भाजपा ने देशभर में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाने की योजना बनाई है।
लखनऊ 16 Jan, (एजेंसी): अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर उस कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर कई लोगों से पैसे ठगे हैं, जिसका नाम उन्होंने अपनी फर्जी वेबसाइट में इस्तेमाल किया था।
मामला लखनऊ के इंदिरा नगर के गाजीपुर इलाके का बताया गया है। धोखाधड़ी तब सामने आई जब एक वकील ने मुंबई पुलिस की एक टीम के साथ हाल ही में यहां इंदिरा नगर स्थित कंपनी के कार्यालय का दौरा किया।
कंपनी के निदेशक विजय शर्मा ने कहा कि वह अपने कार्यालय में मुंबई पुलिस और वकील को देखकर चौंक गए। उन्होंने उन्हें बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उनकी कंपनी की फ्रेंचाइजी मुंबई में कुछ लोगों को बेच दी है और वह भी जांच के दायरे में हैं।
विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने मुंबई पुलिस को पूरा सहयोग किया। शर्मा ने कहा, “आखिरकार, जब उन्हें यहां कुछ भी गलत नहीं मिला, तो मुझे राहत महसूस हुई।” उन्होंने पुलिस को बताया कि वह धोखाधड़ी में शामिल नहीं थे, लेकिन, शुरू में उन्होंने उनकी दलीलें नहीं सुनीं।
विजय शर्मा ने आगे कहा कि जब मुंबई पुलिस ने उनसे कोई जानकारी साझा नहीं की तो उन्होंने खुद ही इस रहस्य से पर्दा उठाने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, “मुझे पता चला कि कुछ लोगों ने मेरी कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाई थी और इसकी फ्रेंचाइजी खरीदने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे थे। उन्होंने वर्ली के एक बैंक में एक फर्जी खाता भी खोला था।”
नई दिल्ली 16 jan, (एजेंसी): भाजपा ने दारा सिंह चौहान को उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधान परिषद उपचुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। संख्या बल को देखते हुए चौहान का चुनाव जीतना भी तय ही माना जा रहा है। दारा सिंह चौहान योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रह चुके हैं। लेकिन, 2022 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था।
बतौर सपा उम्मीदवार 2022 में चौहान विधानसभा का चुनाव जीतकर फिर से विधायक बन गए। लेकिन, पिछले वर्ष चौहान सपा और विधानसभा, दोनों से इस्तीफा देकर फिर से भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने उन्हें घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी का उम्मीदवार भी बनाया था। लेकिन, चौहान घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी उम्मीदवार से हार गए।
चौहान ने इसी महीने 4 जनवरी को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। इससे पहले चौहान ने अलग-अलग मौकों पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात कर अपना पक्ष रखा था। विधान परिषद का सदस्य निर्वाचित हो जाने के बाद दारा सिंह चौहान का योगी मंत्रिमंडल में फिर से मंत्री बनना भी लगभग तय माना जा रहा है।
*महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने बताईं विभाग के चार वर्षों की उपलब्धियां और नवीन प्रयासों की दी जानकारी*
*पेंशनधारियों में बीते चार सालों में 82 प्रतिशत की वृद्धि, 35 लाख से ज्यादा लाभार्थी*
*2023-24 में 10 लाख से ज्यादा कंबल का वितरण*
*सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 9 लाख बालिकाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य*
*6850 आंगनबाड़ी केन्द्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में किया जायेगा विकसित*
रांची, 16.01.2024 (FJ) – झारखंड में ट्रांसजेंडर्स के उत्थान के लिये बोर्ड का गठन किया जायेगा। साथ ही प्रत्येक जिला में उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जायेगा। वर्तमान में ट्रांसजेंडरों को ओबीसी-टू का दर्जा दिया गया है और विभाग उनके उत्थान के लिये एक समेकित योजना तैयार कर रहा है। उक्त जानकारी महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव श्री कृपानंद झा सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के कांफ्रेंस हॉल में पत्रकार वार्ता में कही।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव श्री कृपानंद झा ने बताया कि विभागीय स्तर पर सामाजिक उत्थान की दिशा में माननीय मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर विभिन्न स्तर पर सामाजिक सुरक्षा के तहत कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंन विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सर्वजन पेंशन योजना के तहत राज्य में कुल नौ योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें तीन योजनाएं केन्द्र संपोषित हैं तथा 6 योजनाएं राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पेंशनधारियों को ससमय लाभान्वित किया जा सके, इसके लिये सरकार ने अलग से 100 करोड़ का रिवॉल्विंग फंड का इंतजाम किया है। चार वर्षों में राज्य के पेंशनधारियों में 82 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। 2023 में आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत कुल 6 लाख 56 हजार से ज्यादा पेंशन के आवेदन प्राप्त हुए हैं। 50 से 60 आयु वर्ग की एससी-एसटी महिलाएं भी वृद्धावस्था पेंशन के लिए पात्र होंगी। अतिरिक्त लाभार्थी की अपेक्षित संख्या लगभग 18 लाख है।
विभागीय सचिव ने बताया कि राज्य में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत किसी कारणवश ड्रॉप आउट हो रही बच्चियों को प्रोत्साहित करने के लिये और उन्हें शिक्षित बनाने के लिये 2023-24 में अब तक 6 लाख 21 हजार लाभार्थियों को योजना से आच्छादित किया गया है। वहीं बीते 2022–23 में 7 लाख 28 हजार से ज्यादा बच्चियों एवं किशोरियों को लाभान्वित किया गया था। बता दें कि सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में जिनकी पहली 2 संतान बेटियां हैं, उनको मानदंडों में छूट दी गई है।
*6850 आंगनबाड़ी केन्द्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में किया जायेगा विकसित*
श्री कृपानंद झा ने बताया कि राज्य में कुल 378 हजार 432 आंगनबाड़ी केन्द्रों में से 6850 केन्द्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में विकसित किया जायेगा। साथ ही 29 हजार से ज्यादा सेविकाओं को स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 10 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवन का निर्माण डीएमएफटी/ सीएसआर फंड के तहत कराने की योजना है। साथ ही केन्द्रों में एलपीजी सिलेंडर, वाटर प्यूरीफायर और स्मार्ट टीवी आदि जैसी सुविधा दी जायेगी। मानदेय को लेकर कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिये 9500 रुपये प्रतिमाह तथा सहायिकाओं के लिये 4750 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। इसके अलावा प्रतिवर्ष क्रमशः 500 रुपये और 250 रुपये मानदेय वृद्धि का प्रावधान भी किया गया है। सेविकाओं और सहायिकाओं की सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी गई है।
सेविकाओं और सहायिकाओं को सुविधा देने के साथ केन्द्रों में प्रदाय सेवाओं को ज्यादा प्रभावकारी बनाने का प्रयास भी विभाग की ओर से किया जा रहा है। मातृ किट वितरण की योजना सरकार ने शुरू की है। साथ ही सेनेटरी नैपकिन का भी वितरण किया जायेगा। महिला कल्याण हेतु भी विभाग बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। राज्य में विधवा पुनर्विवाह पर सरकार की ओर से दो लाख रुपये की आर्थिक राशि उपलब्ध कराई जायेगी। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में 11 हजार 880 कन्याओं को विवाह पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गयी है। राज्य में 6 लाख गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित करने के लिये योजना शीघ्र प्रारंभ करने की कार्यवाही की जा रही है। वहीं बाल कल्याण के तहत विषम परिस्थितियों में रह रहे बच्चों के संरक्षण और देखभाल के लिये बच्चों को 4 हजार रुपये प्रति बच्चा स्पॉन्सरशिप उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक यह लाभ 4 हजार 497 बच्चों को दिया जा चुका है। विधि के उल्लंघन में लिप्त बच्चों के मामलों के निपटारा हेतु सृजित किशोर न्याय बोर्ड को बढ़ाकर 26 किया गया है, ताकि ऐसे मामलों में उचित एवं त्वरित निपटान किया जा सके। चाइल्ड इन कंफ्लिक्ट विद ला के लिए रांची जिले में 1107.23 लाख से 50 शैय्या वाले एक प्लेस आफ सेप्टी के निर्माण की योजना है। इसके तहत राज्य के तीन जिला दुमका, पलामू और लातेहार में ऐसे तीन होम तैयार किये जाने की योजना है, जिसमें एक ही कैंपस में ओल्ड एज होम और चिल्ड्रेन होम होंगे।
*जल्द भरी जायेंगी रिक्तियां*
विभाग के अधीन बाल विकास परियोजना के रिक्त पदों में विरुद्ध 64 पदों पर तथा महिला पर्यवेक्षिकाओं के रिक्त पदों के विरुद्ध 444 पदों पर नियुक्ति संबंधी कार्रवाई की जा रही है। इन रिक्त पदों को भरने के लिये जेपीएससी और जेएसएससी की सहायता ली जायेगी।
रांची,16.01.2024 (FJ) मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कोयला मंत्रालय के अपर सचिव श्री एम नागराजू और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सीएमडी डॉ बी वीरा रेड्डी ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस मौके पर सीसीएल के साथ टीवीएनएल के विस्तार पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार चौबे भी इस मौके पर मौजूद थे।
रांची (FJ) – तीन दिवसीय झारखंड राज्य स्तरीय पुरूष -महिला मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल कप प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पर्यटन, खेलकूद, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार के माननीय मंत्री मोहम्मद हफीजुल हसन अंसारी जी थे।
आगंतुकों का स्वागत उपनिदेशक खेलकूद निदेशालय मनीष कुमार,अवर सचिव खेलकूद निदेशालय राजेश तिवारी,जिला खेल पदाधिकारी, रांची शिवेंद्र कुमार, जिला खेल पदाधिकारी, धनबाद दिलीप कुमार, जिला खेल पदाधिकारी, हजारीबाग उपवन वाड़ा एवं जिला खेल पदाधिकारी चाईबासा ने संयुक्त रूप से किया।
सर्वप्रथम राष्ट्रीय युवा दिवस सह स्वामी विवेकानन्द जयंती पर विभागीय मंत्री ने विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किया।
जबकि मंच का संचालन वरीय प्रशिक्षक अजय झा एवं विश्वजीत पात्रा ने संयुक्त रूप से किया।
अन्त में धन्यवाद ज्ञापन उपनिदेशक, साझा राज किशोर खाखा ने किया।
इस अवसर पर फुटबॉल प्रशिक्षक सुनील कुमार, प्रशिक्षक शाहिद अंसारी, गोपाल तिर्की, अंगद कुमार हंसराज, प्रेमचंद पूर्ति, सुनील महली, काली चरण महतो, रेमण्ड मिंज, बिरसी मुंडू, मुकेश कुमार,राजू साहु,तपन राऊत एवं कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सह विभागीय मंत्री मोहम्मद हफीजुल हसन अंसारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को नगद राशि,पदक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
तत्पश्चात पूरे राज्य के प्रतिभावान ग्यारह खिलाड़ियों को खिलाड़ी सम्मान राशि योजना के तहत नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया , पांच खिलाड़ियों को खिलाड़ी कल्याण कोष के तहत खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता राशि देकर सम्मानित किया गया एवं सात प्रशिक्षक/खिलाड़ी को कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों को विभिन्न कोर्स करने हेतु सहायता राशि दिया गया।
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में रांची जिला ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम को 2-0 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
तृतीय स्थान पर पूर्वी सिंहभूम जिला एवं चतुर्थ स्थान पर रांची जिला उपविजेता टीम रही।
पुरुष वर्ग के फाइनल में धनबाद जिला ने रांची जिला को कड़े संघर्षपूर्ण मैच में 1-0 से हराकर विजेता बना।
तृतीय स्थान पर पाकुड़ जिला एवं चतुर्थ स्थान पर लोहरदगा जिला की टीम रही।
पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार धनबाद जिला के मनीष मूर्मू एवं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार रांची जिला के विक्की कुमार को दिया गया जबकि महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार रांची जिला के पूनम कुमारी एवं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला के लक्ष्मी मूर्मू को दिया गया।
16.01.2024 (एजेंसी) – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने कहा कि एक अभिनेता के रूप में उनका सबसे बड़ा और एकमात्र काम लोगों का भरपूर मनोरंजन करना है।सलमान की नवीनतम रिलीज टाइगर 3 अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रही है। उसी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, टाइगर फ्रेंचाइजी को पहली फिल्म से ही सभी प्लेटफार्मों चाहे वह थियेटर हो, या सैटेलाइट भरपूर प्यार मिल रहा है।
उन्होंने कहा, यह देखना आश्चर्यजनक लगता है कि टाइगर 3 पहले सिनेमाघरों और अब स्ट्रीमिंग पर कैसे हिट रही।उन्होंने कहा, मैं अपने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने दर्शकों के साथ संपर्क में हूं और मैं अब टाइगर 3 के ओटीटी पर आने के बाद लोगों का प्यार देख सकता हूं।सलमान ने कहा, एक अभिनेता के रूप में मेरा सबसे बड़ा और एकमात्र काम लोगों का भरपूर मनोरंजन करना है और मुझे खुशी है कि टाइगर 3 को दुनिया भर के लोग पसंद कर रहे हैं।
सलमान ने आगे कहा, टाइगर 3 एक ऐसी फिल्म है जो मेरे दिल के बहुत करीब है। जब यह सिनेमाघरों में हिट हो गई तो यह बेहद निजी लगा और अब यह रिलीज होने के कुछ ही दिनों के भीतर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिट हो गई है।उन्होंने कहा, टाइगर हमेशा लोगों का मनोरंजन करने के लिए मौजूद रहेंगे।टाइगर 3 में कैटरीना कैफ और इमरान हाशमी भी हैं।
16.01.2024 (एजेंसी) – अगर एक्ट्रेस सोनम कपूर से किसी टेंटपोल फिल्म या सीरीज के लिए संपर्क किया जाता है तो वह स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म तलाशने के लिए तैयार हैं।सोनम ने कहा, मेरे लिए अच्छे कंटेंट और अच्छी सिनेमा का हिस्सा बनना ही मायने रखता है। जिस प्लेटफॉर्म पर इसे रिलीज किया जा रहा है वह महत्वहीन है क्योंकि दुनिया बदल गई है। मैं स्ट्रीमिंग पर एक ऐसे प्रोजेक्ट का नेतृत्व करने के लिए उत्साहित हूं जो लोगों को प्रभावित करेगा। मुझे वहां कंटेंट की विविधता बहुत पसंद है।
सोनम स्ट्रीमिंग पर कंटेंट देखने की शौकीन हैं और खुश हैं कि कैसे प्लेटफॉर्म ने कंटेंट के महत्व पर गौर करना शुरू किया है।उन्होंने साझा किया, मैं हमेशा से स्ट्रीमिंग में अपना कदम रखना चाहती थी, बशर्ते कि मैं एक टेंटपोल फिल्म या ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर सीरीज का नेतृत्व कर रही हूं। मैं सालों से स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म द्वारा बनाए जा रहे आउटस्टैंडिंग कंटेंट की सबसे ज्यादा दर्शक रही हूं।एक्ट्रेस, जो अपनी प्रेग्नेंसी के बाद फिल्मांकन में वापस आ गई हैं, ने कहा: मेरा मानना है कि स्ट्रीमिंग प्लेटफार्मों ने हमारे देश के कंटेंट को आगे बढ़ाया है, इसे अधिक क्रिएटिव रूप से गतिशील बना दिया है।
स्ट्रीमिंग कंटेंट ने ग्लोबल लेवल के साथ-साथ भारत में भी जो स्तर स्थापित किया है, वह अविश्वसनीय है। स्ट्रीमिंग आपको एक कलाकार के रूप में बहुत सारे एक्सेपरिमेंट करने की अनुमति देती है। यह मेरे लिए बहुत ही रोमांचक माध्यम है। इसलिए, मैं स्ट्रीमिंग पर अपनी शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।सोनम ने कहा, मुझे पता है कि स्ट्रीमिंग पर मेरी शुरुआत में काफी समय लग गया है और मुझे उम्मीद है कि मैं जो पेश करने जा रही हूं वह लोगों को वास्तव में पसंद आएगा।
16.01.2024 (एजेंसी) – लोकप्रिय पॉडकास्ट नो फिल्टर नेहा के छठे सीजन के साथ अभिनेत्री नेहा धूपिया वीडियो फॉर्मेट में वापसी कर रही हैं। अभिनेत्री पॉडकास्ट की निर्माता हैं।आगामी सीजन में नेहा को फिल्म उद्योग की प्रसिद्ध हस्तियों के साथ बातचीत करते हुए दिखाया जाएगा, जो श्रोताओं को इन प्रतिष्ठित व्यक्तियों के जीवन की एक विशेष झलक पेश करेगी।
कुल आठ एपिसोड के साथ प्रत्येक एपिसोड खुलासे और अनफिल्टर्ड क्षणों का खजाना बनने के लिए तैयार है।मशहूर हस्तियों के साथ अनफिल्टर्ड बातचीत के लिए नेहा धूपिया के अनूठे दृष्टिकोण ने श्रोताओं को प्रभावित किया है, जिससे यह शो डिजिटल मनोरंजन क्षेत्र में एक प्रमुख शो बन गया है।उसी के बारे में बात करते हुए नेहा ने कहा, मैं जियो टीवी के साथ एक नए वीडियो प्रारूप में नो फिल्टर नेहा के छठे सीजन को फिर से पेश करने के लिए उत्साहित हूं।
पॉडकास्ट को वास्तविक और सहज चर्चाओं के स्थान के रूप में विकसित होते देखना उल्लेखनीय रहा है। भारतीय सिनेमा की प्रमुख हस्तियों के 8 एपिसोड वाला यह सीजन और भी अधिक रोमांचक होने वाला है। फिल्म उद्योग के ग्लैमरस क्षेत्र की झलक पेश करने वाली स्पष्ट और अनफिल्टर्ड बातचीत के लिए खुद को तैयार करें।नया सीजन दर्शकों के लिए जियो टीवी पर उपलब्ध होगा।
16.01.2024 (एजेंसी) – एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने सोमवार सुबह अपने वर्कआउट की एक तस्वीर साझा की और कहा कि किसी को स्ट्रेचिंग करना नहीं भूलना चाहिए।फोटो शेयरिंग एप्लिकेशन इंस्ट्राग्राम पर रश्मिका के 41.1 मिलियन फॉलोअर्स है। रश्मिका ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर जिम में वर्कआउट करते हुए अपनी एक तस्वीर साझा की।
उन्होंने ब्लैक कलर की टी शर्ट और रेड शॉर्ट्स पहने हुए है।फोटो को कैप्शन दिया गया: स्ट्रेच करना न भूलें!! यह आपके शरीर के लिए अच्छा है! गुड मॉर्निंग सभी कोवर्कफ्रंट की बात करें तो, उन्हें अब से पहले एनिमल में देखा गया था, जिसमें रणबीर कपूर रणविजय सिंह और अजीज हक की दोहरी भूमिका में थे।उनकी अगली फिल्म पुष्पा 2: द रूल, रेनबो और द गर्लफ्रेंड है।
जालंधर 16 Jan, (एजेंसी) : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस ने राज्य के अमृतसर जिले के गांव भरोपाल से एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि दोपहर के समय, ड्रोन की उपस्थिति के संबंध में बीएसएफ से विशेष सूचना पर, बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा जिला अमृतसर के गांव भरोपाल के बाहरी इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
उन्होंने बताया कि अपराह्न लगभग साढे तीन बजे सर्च ऑपरेशन के दौरान पार्टी ने एक चीन निर्मित क्वाडकॉप्टर (मॉडल – डीजेआई मविक 3 क्लासिक) ड्रोन बरामद किया।
नई दिल्ली 16 Jan, (एजेंसी) : ED ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच के सिलसिले में BRS नेता के. कविता को पूछताछ के लिए तलब किया है। आधिकारिक सूत्रों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की 45 वर्षीय बेटी कविता को मंगलवार को दिल्ली में जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि उनके एजेंसी के सामने पेश होने को लेकर संदेह है और उन्होंने एक ईमेल के जरिए जांच अधिकारी को अपना निर्णय बता दिया है।
ED questioning BRS leader K. Kavita called today in Delhi liquor scam : कविता के वकील नितेश राणा ने बताया, ‘सुप्रीम कोर्ट का एक आदेश है जिसमें कहा गया है कि ED इस मामले में के. कविता को तलब नहीं कर सकती।’ ED सूत्रों ने कहा कि BRS नेता को पिछले साल सुप्रीम कोर्ट से अस्थायी राहत मिली थी जो अब मान्य नहीं है। इस मामले में पिछले साल कविता से 3 बार पूछताछ की गई है और केंद्रीय एजेंसी ने PMLA के तहत उनका बयान भी दर्ज किया था। BRS की MLC कविता कह चुकी हैं कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और आरोप लगाया था कि BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ED का ‘इस्तेमाल’ कर रही है।
ED ने इसी केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथा समन जारी किया है और 18 जनवरी को पेश होने को कहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछली बार जब कविता ईडी के सामने पेश हुई थीं तो उनका सामना हैदराबाद के व्यवसायी और मामले के आरोपी अरुण रामचंद्रन पिल्लई के बयानों से कराया गया था, जिनके कथित तौर पर उनके साथ करीबी संबंध हैं। ED के मुताबिक, पिल्लई ने कविता और अन्य से जुड़े एक कथित शराब कार्टेल ‘साउथ ग्रुप’ का प्रतिनिधित्व किया था, जिसने 2020-21 के लिए अब समाप्त हो चुकी दिल्ली आबकारी नीति के तहत मार्केट में एक बड़ी हिस्सेदारी पाने के लिए AAP को लगभग 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी।
ED के मुताबिक, ‘साउथ ग्रुप’ में सरत रेड्डी (अरबिंदो फार्मा के पूर्व प्रवर्तक), मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी (आंध्र प्रदेश में ओंगोल लोकसभा सीट से YSR कांग्रेस सांसद), उनके बेटे राघव मगुंटा, कविता और अन्य शामिल हैं। ED ने पिल्लई के हिरासत कागजात में यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने मामले में कविता के ‘बेनामी निवेश का प्रतिनिधित्व किया।’ इस मामले में कविता से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने पूछताछ की थी। मनी लॉन्ड्रिंग का ED मामला CBI की प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए दर्ज किया गया था।
सोनीपत 16 jan, (एजेंसी) : हरियाणा में सोनीपत पुलिस टीम ने छापामारी कर गांव लाठ में दोहरे हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राकेश, रवीन्द्र निवासी गांव लाठ और मैनपाल गांव बलियाना रोहतक के रूप में की गयी है। पुलिस प्रवक्ता देवेन्द्र सिंह ने बताया कि गत 15 सितम्बर को मनजीत गांव लाठ ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दी थी कि वह, उनके ताऊ का पुत्र रमेश और उनके दादा राजसिंह मोटरसाइकिलों पर सवार होकर घर निकले थे।
गांव के चौक पर पहुंचे ही थे कि पीछे गाड़ियों में सवार आये आरोपियों ने रमेश और राजसिंह की मोटरसाइकिल से उतारकर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान गांव के चौक पर खड़े एक अन्य व्यक्ति गुरचरण निवासी गांव जोली को भी पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
अयोध्या 16 Jan, (एजेंसी) : रामनगरी अयोध्या समेत समस्त देश में इस समय उत्सव का माहौल है। राम मंदिर में 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इससे पहले राम मंदिर में आज से धार्मिक अनुष्ठान और पूजन विधि शुरू हो चुकी है। अयोध्या स्थित राम मंदिर पहुंचे पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इसकी शुरुआत की।
The ritual of consecration of life will begin in Ayodhya from today : अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां अपने आख़िरी चरण में पहुंच गई है। पूजा अर्चना का दौर भी 16 जनवरी से शुरू हो गया है। 17 जनवरी को भगवान रामलला अपने मंदिर में प्रवेश करेंगे और उसके अगले दिन वो स्वयं गर्भगृह में प्रवेश करेंगे।
इस दौरान मंदिर परिसर यज्ञ और हवन चलता रहेगा। 22 जनवरी को राम मंदिर के गर्भ गृह में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन का कार्यक्रम चलता रहेगा। इससे पहले राम मंदिर में गर्भ गृह को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। गर्भ गृह को सजाने-संवारने में किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।
बेंगलुरु 16 Jan, (एजेंसी): बेंगलुरु में मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के कारण कम से कम छह लोग घायल हो गए और पांच घर क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें विक्टोरिया अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
अन्य घायल व्यक्तियों का फिलहाल येलहंका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। येलहंका में लाल बहादुर शास्त्री लेआउट के एक आवास में रखे सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
विस्फोट के परिणामस्वरूप, पड़ोसी पांच घर क्षतिग्रस्त हो गए। यह घटना येलहंका पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई। घायल हुए पांच लोगों की पहचान वसीया बानो, सलमा, शहीद, आसमा और अफरोज के रूप में हुई है। छठे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। येलहंका न्यू टाउन पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
चेन्नई 16 Jan, (एजेंसी): स्कूल के विकास के लिए जमीन दान करने वाली 52 वर्षीय महिला को गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। महिला ने उस स्कूल में पढ़ाई भी की थी। मदुरै जिले की रहने वाली और बैंकर के तौर पर कार्यरत आई अम्मल उर्फ पूरनम को गणतंत्र दिवस पर मेडल से सम्मानित किया जाएगा। पूरनम ने पंचायत यूनियन मिडिल स्कूल, कोडिकुलम, मदुरै को स्कूल को हाई स्कूल बनाने के लिए एक एकड़ से अधिक जमीन दान में दी।
इस जमीन की कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये आंकी गई है और यह वर्तमान स्कूल भवन के नजदीक है। केनरा बैंक में काम करने वाली 52 वर्षीय महिला ने यह घोषणा अपनी दिवंगत बेटी यू.जननी की याद में की है, जिनका कुछ साल पहले निधन हो गया था। यह खबर तब सामने आई, जब उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री स्कूल के नाम पर कर दी और जमीन के दस्तावेज शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सौंप दिए।
एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा, “शिक्षा ही वास्तविक, अविनाशी धन है। मदुरै के कोडिकुलम की आई अम्मल उर्फ पूरनम ने सरकारी स्कूल के लिए एक अतिरिक्त भवन बनाने के लिए अपनी एक एकड़ और 52 सेंट जमीन दान में दी है। आई अम्मल दिखाती है कि तमिल लोग शिक्षा और शिक्षण को कितना महत्व देते हैं, और उन्हें आगामी गणतंत्र दिवस पर सरकार की ओर से विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।”
पूर्णम की बेटी जननी, जिनका दो साल पहले निधन हो गया था, एक सामाजिक कार्यकर्ता थीं और वंचित बच्चों के शैक्षिक उत्थान के लिए काम कर रही थीं। पूर्णम की सरकार से एक ही मांग है कि अपग्रेड स्कूल का नाम उनकी बेटी के नाम पर रखा जाए। पूरनम ने कहा, “मेरा मानना है कि शिक्षा लोगों के जीवन को बदलने और समाज को बदलने का एकमात्र साधन है। यहां एक हाई स्कूल यहां के ग्रामीण लोगों के जीवन में सुधार लाएगा क्योंकि उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी।”
जयपुर 16 Jan, (एजेंसी) : जल जीवन मिशन घोटाले को लेकर राजस्थान में पूर्व मंत्री महेश जोशी और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। जल जीवन मिशन के तहत राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में पीने का साफ पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया था। राजस्थान सरकार ने इस योजना के लिए हजारों करोड़ रुपये भी दिए, लेकिन हर घर नल पहुंचाने में सबसे फिसड्डी साबित हुई। आरोप है कि इस योजना के नाम पर भी हजारों करोड़ का घोटाला किया गया। इसके लिए नियम कायदे और कानून को तोड़कर गणपति ट्यूबबेल कंपनी और श्री श्याम ट्यूबल कंपनी शाहपुरा को ठेका भी दिया गया। इन दोनों कंपनियों ने 1000 करोड़ रुपये का घोटाला किया।
ED raids on the premises of former minister Mahesh Joshi and his associates : जानकारी के अनुसार गणपति कंपनी ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर 2 साल में 900 करोड़ के वर्क आर्डर लिए। घोटाले में पीएचईडी के कई अधिकारी शामिल रहे। घोटाले के बारे में किसी को पता ना चल सके इसके लिए ई-मेल आईडी और प्रमाण पत्र भी फर्जी बनाए गए हैं। भारत सरकार के उपक्रम इरकॉन के नाम पर फर्जी लेटर हेड पर राजस्थान सरकार ने वर्क ऑर्डर जारी कर दी। इस मामले में 20, 000 करोड़ का मोटा-मोटा खेल हुआ है।
भोपाल 16 Jan, (एजेंसी): मध्य प्रदेश में अब आमजन से अमर्यादित भाषा का उपयोग करने वाले अफसरों को सबक सिखाया जा रहा है। अब गाज गिरी है सोनकच्छ की महिला तहसीलदार पर, जिनका एक वीडियो सोशल पर वायरल हुआ था।
बीते दिनों देवास जिले के सोनकच्छ की तहसीलदार अंजली गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें वे अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने का आदेश देते हुए कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रही हैं।
इसे सरकार ने गंभीरता से लिया और अंजली को मुख्यालय अटैच कर दिया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों को आमजन से शालीन तरीके से पेश आने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि अधिकारी आमजन से वार्तालाप में शालीन और भद्र भाषा का ही प्रयोग करें। असभ्यता और अशालीन या अभद्र भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। सुशासन हमारी सरकार का मूल मंत्र है।
मुख्यमंत्री के संज्ञान में देवास जिले के सोनकच्छ तहसीलदार के वायरल वीडियो के आने पर कलेक्टर ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर देवास ने सोनकच्छ तहसीलदार को हटाकर जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया है। इससे पहले शाजापुर के तत्कालीन कलेक्टर किशोर कान्याल द्वारा एक चालक से अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर उन्हें हटा दिया गया था।
औरंगाबाद 16 jan, (एजेंसी): बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र में एक दुकान के सामने कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में चार लोगों की हत्या कर दी गई। इस मामले में दो अलग- अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक स्वपना गौतम मेश्राम ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की शाम नवीनगर थाना क्षेत्र के तेतरिया मोड़ के पास एक कार के खड़े करने को लेकर हुए विवाद में चार लोगों की हत्या कर दी गई। इस मामले में दो अलग अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि वरीय अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। सोमवार की शाम तेतरिया मोड़ पर एक कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में कार सवार एक व्यक्ति ने दुकान में बैठे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कार पर सवार पांच लोगों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। इस पिटाई में तीन लोगों की मौत हो गई। दो अन्य लोग घायल हो गए हैं जिनका इलाज चल रहा है। इस घटना का एक वीडियो भी अब सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
नई दिल्ली 16 jan, (एजेंसी): घने कोहरे ने सड़क यातायात के साथ रेल मार्ग यातायात पर भी काफी असर डाला है। नॉर्दर्न रेलवे की करीब 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इन ट्रेनों के देरी से चलने के कारण इनमें सफर कर रहे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, 1 घंटे से लेकर 6:30 घंटे तक की देरी से ये ट्रेनें चल रही हैं।
दिल्ली क्षेत्र में 30 ट्रेनें हैं जो देरी से आ रही हैं। जिनमें रानीकमलापति-निज़ामुद्दीन वंदे भारत करीब 1.15 मिनट, भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी करीब 6 घंटे, हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस करीब 6.30 घंटे, अजमेर-कटरा पूजा एक्सप्रेस करीब 6.30 घंटे देरी से चल रही हैं।
इसी तरह कुछ दूसरी ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।
कोहरे और धुंध के चलते इन ट्रेनों में सफर करने वाले लोगों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे यह कोशिश करता है कि ट्रेनों का समय बिल्कुल ठीक रहे, लेकिन इस मौसम में कोहरे के सामने तकनीक भी बेसर दिखाई देती है।
कोलकाता 16 Jan, (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने तृणमूल कांग्रेस नेता शंकर आध्या से जुड़ी एक विदेशी मुद्रा विनिमय लेनदेन इकाई से भारी मात्रा में बांग्लादेशी मुद्रा बरामद की है। आध्या फिलहाल पश्चिम बंगाल में राशन वितरण मामले में कथित संलिप्तता को लेकर ईडी की हिरासत में हैं।
सूत्रों ने बताया कि कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में स्थित उस कार्यालय से कुल 6,00,000 बांग्लादेशी टका बरामद किए गए, जिनकी भारतीय मुद्रा में कीमत 4,50,000 रुपये से कुछ अधिक होगी।
सूत्रों ने आगे कहा कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों का मानना है कि इस बरामद मुद्रा का राशन वितरण मामले की आय से कुछ तो संबंध है। बरामद की गई इस विदेशी मुद्रा के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
सुबह से ही ईडी की अलग-अलग टीमों ने कोलकाता में कई जगहों पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया, जिनमें से ज्यादातर विदेशी मुद्रा विनिमय कारोबार करने वाली संस्थाओं के कार्यालय हैं, जिनका किसी न किसी तरह से आध्या से संबंध है।
ईडी के अधिकारियों ने सोमवार को पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट अरविंद सिंह के कार्यालय पर भी छापा मारा, जो आध्या के खातों को संभालते थे।
आध्या को इस महीने की शुरुआत में राशन वितरण मामले में गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने पहले ही कोलकाता में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की एक विशेष अदालत को सूचित कर दिया है कि आध्या से जुड़ी विदेशी मुद्रा लेनदेन संस्थाओं के माध्यम से करोड़ों रुपये पहले विदेशी मुद्रा में परिवर्तित किए गए और फिर हवाला मार्ग के माध्यम से विदेशों में, मुख्य रूप से दुबई में पार्क किए गए। ईडी के अधिकारियों ने पड़ोसी बांग्लादेश में हवाला लिंक का भी पता लगाया है।
आध्या को पश्चिम बंगाल के वन मंत्री और राज्य के पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के करीबी विश्वासपात्र के रूप में जाना जाता है, जो राशन वितरण मामले में कथित संलिप्तता के कारण वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
नई दिल्ली ,15 जनवरी (एजेंसी)। नीति आयोग के सोमवार को जारी एक परिचर्चा पत्र में कहा गया है कि भारत पिछले नौ वर्षों में 24.82 करोड़ आबादी को ‘बहुआयामी गरीबी’ से बाहर निकालने में सफल हुआ है। आयोग की एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘2005-06 से भारत में बहुआयामी गरीबी’ शीर्षक वाले चर्चा पत्र का निष्कर्ष है कि 2013-14 से 2022-23 के बीच देश में कुल 24 करोड़ 82 लाख लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
इस चर्चा-पत्र के अनुसार यह सफलता गरीबी के सभी पहलुओं से निपटने के लिये केंद्र सरकार द्वारा उठाये गये विभिन्न महत्वपूर्ण कदमों के चहले प्राप्त हुई है।
इस दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में बहुआयामी गरीबी में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बहुआयामी गरीबी को स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन स्तर में सुधार के आधार पर मापा जाता है।
अयोध्या ,15 जनवरी (एजेंसी)। अयोध्या में 22 जनवरी को बहुप्रतीक्षित भव्य राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में 50 देशों के 53 प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोमवार को बताया अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हमने दुनिया के 50 देशों से एक-एक व्यक्ति को श्रीरामलला के दर्शन के लिए आमंत्रित किया है। एक देश एक रिप्रजेंटेटिव के आधार पर ऐसे 50 देशों के 53 लोग भी आ रहे हैं। प्रयास रहेगा कि जो व्यक्ति जिस दिन आ गया उसी दिन वो वापस जा सके। रात को रहने का दबाव उस पर न पड़े।
उन्होने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान देश भर के विभिन्न प्रदेशों के प्रसिद्ध वाद्ययंत्रों का भी वादन होगा। इन स्वर लहरियों के बीच श्रीरामलला अपने सिंहासन पर विराजमान होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा के वादन में जितने प्रकार के वाद्ययंत्र हैं, सभी का मंदिर प्रांगण में वादन होगा। इनमें उत्तर प्रदेश का पखावज, बांसुरी, ढोलक, कर्नाटक का वीणा, महाराष्ट्र का सुंदरी, पंजाब का अलगोजा, ओडिशा का मर्दल, मध्यप्रदेश का संतूर, मणिपुर का पुंग, असम का नगाड़ा और काली, छत्तीसगढ़ का तंबूरा, बिहार का पखावज, दिल्ली की शहनाई, राजस्थान का रावणहत्था, बंगाल का श्रीखोल, सरोद, आंध्र का घटम, झारखंड का सितार, गुजरात का संतार, तमिलनाडु का
नागस्वरम,तविल, मृदंग और उत्तराखंड का हुड़का, ऐसे वाद्ययंत्रों का वादन करने वाले अच्छे से अच्छे वादकों का चयन किया गया है। ये वादन ऐसे समय में चलेगा जब प्राण प्रतिष्ठा का मंत्रोच्चार और देश के नेतृत्व का उद्बोधन नहीं हो रहा होगा। बड़े महत्व की बात है कि ऐसे श्रेष्ठ लोग यहां स्वयं प्रेरणा से आ रहे हैं। चंपत राय ने कहा सारे परिसर की सज्जा की जाएगी। रात को आप लोग परिसर की अलग ही आभा देख पाएंगे। प्राण प्रतिष्ठा पूरी होने के बाद अंदर परिसर में बैठे हुए संत महापुरुष, आमंत्रित विशिष्ट जन दर्शन करने के लिए अंदर जाएंगे। प्रात: काल 10 से 10.30 बजे तक सभी को प्रवेश करना होगा। इस दौरान उनके अल्पाहार और भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विश्व हिंदु परिषद और आरएसएस के कार्यकर्ताओं की भी तिथियां निर्धारित की गई हैं। ये कार्यकर्ता उन्हीं तिथियों के आधार पर अयोध्या आएंगे। सामान्यत: प्रतिदिन साढ़े चार हजार से 5 हजार तक कार्यकर्ता एक दिन रुकेंगे और वापस जाएंगे। ये योजना फरवरी के अंत तक ही चलेगी। जिन लोगों को निमंत्रित किया गया है उनके ठहरने की व्यवस्था कारसेवक पुरम, मणिरामदास छावनी का प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र और मणिपर्वत के बगल में तीर्थपुरम क्षेत्र में की गई है।
कुछ आश्रमों, धर्मशालाओं, व्यक्तिगत होमस्टे, होटल में भी कमरे लिए गए हैं। राय ने बताया 22 जनवरी को सभी गृहस्थों के और संतों के दर्शन के पश्चात हम मीडिया को एंट्री देने पर विचार कर रहे हैं। 22 के बाद 23 जनवरी से जो भी अयोध्या आएगा, उसे श्रीरामलला के दर्शन मिलेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान परिसर के अंदर यज्ञशाला में बने 9 कुंडों में देश भर की 120 वैदिक प्रक्रियाएं संपन्न होंगी। चंपत राय ने बताया कि गर्भगृह में विराजने वाली प्रतिमा का चयन कर लिया गया है। कर्नाटक के मूर्तिकार अरुण योगीराज की बनाई गई प्रतिमा गर्भगृह में स्थापित होगी।
मेरे अनुसार उन्हीं की मूर्ति का चयन हुआ है। मूर्ति बनाते वक्त वह 15-15 दिन परिवार से बात नहीं करते थे। बहुत परिश्रमी लड़का है। उसकी मेहनत का फल मिला। अरुण योगीराज ने नीले रंगे की रामलला की मूर्ति बनाई है। इसमें रामलला को खड़े हुए धनुष-बाण लिए दिखाया गया है। प्रतिमा ऐसी है जो राजा के पुत्र की तरह और विष्णु का अवतार लगे। गर्भगृह में रामलला कमल के फूल पर विराजमान होंगे। कमल के फूल के साथ उनकी लंबाई करीब 8 फीट होगी। अभी फाइनल प्रतिमा की फोटो जारी नहीं की गई है।