चोटियों पर बर्फबारी के बाद गिरा न्यूनतम तापमान

शिमला 13 Feb,  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले कई भागों में बर्फबारी के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। शिमला सहित 12 स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। वहीं चार स्थानों पर माइनस में दर्ज किया गया है।  आज व कल कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने का येलो अलर्ट है। अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। शिमला में आज धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं। वहीं नारकंडा में बीते दिन हुई बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। सैलानी बर्फ के बीच मस्ती करने के अलावा खूबसूरत नजारों को अपने मोबाइल कैमरे में भी कैद कर रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के सभी भागों में 15 फरवरी तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 16 से 18 फरवरी तक लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 19 फरवरी को निचले पहाड़ी/मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान

शिमला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि बुधवार को 6.0 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह सुंदरगनर में 4.8, भुंतर 3.0, कल्पा -3.2, धर्मशाला 5.2, ऊना 1.2, नाहन 7.2, केलांग -7.6, सोलन 4.4, मनाली 1.7, कांगड़ा 4.9, मंडी 5.9, बिलासपुर 4.0, चंबा 4.7, डलहाैजी 7.3, जुब्बड़हट्टी 6.5, कुकुमसेरी -5.1, भरमाैर 1.2, सेऊबाग 2.0, धाैलाकुआं 5.0, बरठीं 2.6, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 3.5 व ताबो में -9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

लाहौल में सड़क पर ब्लैक आइस से वाहनों के फिसलने का खतरा

उधर, लाहौल और रोहतांग समेत चोटियों पर बुधवार को हुई ताजा बर्फबारी से छोटे वाहनों के लिए अटल टनल रोहतांग बंद हो गई।  10 से 15 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने के बाद सड़क पर ब्लैक आइस होने से वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है। वहीं लाहौल घाटी में बुधवार दोपहर बाद शाम के समय लाहौल के गोंधला गांव के समाने पीर पंजाल की चोटी से हिमस्खलन हुआ । पहाड़ी से हिमस्खलन का एक बड़ा हिस्सा टूट कर चंद्रा नदी तक पहुंचा। हिमस्खलन से उठा बर्फीला तूफान गोंधला पंचायत के कई गांव तक पहुंचा। इससे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।

अधिकतम तापमान

बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 28.6, बिलासपुर में 24.9, कांगड़ा में 24.1, नाहन में 23.9, मंडी में 21.9, सोलन में 22.0, चंबा में 21.1, धर्मशाला में 19.0, शिमला में 15.2 और मनाली में 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

*****************************

 

आचार्य सत्येंद्र दास की अंतिम यात्रा में शामिल हुए डॉ. रामविलास वेदांती

पद्म पुरस्कार देने की मांग

अयोध्या ,13 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती ने रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास जी महाराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद ने सरकार से उन्हें पद्म पुरस्कार देने की मांग की है।

डॉ. वेदांती ने कहा कि , मैं आचार्य सत्येंद्र दास को 1968 से जानता हूं, जब मैं पहली बार अयोध्या आया था। उन्होंने ही मुझे हनुमानगढ़ी में भर्ती कराया था और हम साथ मिलकर पूजा करते थे। वह हमेशा समर्पित भाव से रामलला की सेवा में लगे रहे और आज भी उनके तपस्या और भजन महसूस किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आचार्य सत्येंद्र दास रामलला के पहले पुजारी थे और जब तक रामलला विराजमान रहेंगे, तब तक उनकी पूजा करते रहेंगे। वेदांती ने यह भी कहा कि अब जब रामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है, तो सत्येंद्र दास को उनके योगदान के लिए पद्म पुरस्कार मिलना चाहिए। उन्होंने इस पर सवाल उठाया कि यदि मुलायम सिंह यादव को पद्म भूषण मिल सकता है, तो रामलला के पहले पुजारी को यह सम्मान क्यों नहीं दिया जा सकता।

डॉ. वेदांती ने आचार्य सत्येंद्र दास के जीवन और उनकी साधना को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन रामलला की सेवा में समर्पित था। उनकी भक्ति और समर्पण को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। वेदांती ने सरकार से आग्रह किया कि संत समाज के ऐसे महापुरुषों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन धर्म और आस्था की सेवा में लगा दिया।

उल्लेखनीय है कि आचार्य सत्येंद्र दास का निधन बुधवार को हो गया था। लखनऊ एसजीपीजीआई में बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली थी। वह लंबे समय से अस्वस्थ थे और एसजीपीजीआई में उनका इलाज चल रहा था।

सत्येंद्र दास को 2 फरवरी को स्ट्रोक के कारण अयोध्या के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें पहले ट्रामा सेंटर और फिर लखनऊ एसजीपीजीआई रेफर किया गया था। अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, वह मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से भी ग्रस्त थे।

इसके बाद 4 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना था। इस दौरान सीएम योगी ने डॉक्टरों से इलाज की प्रगति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

राम मंदिर के निर्माण के दौरान और उसके बाद भी आचार्य सत्येंद्र दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। वह मंदिर परिसर में नियमित पूजा-अर्चना का नेतृत्व करते थे और राम भक्तों के लिए प्रेरणास्रोत थे।

***************************

 

झारखंड के डीआईजी चंदन कुमार ने हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन किया

सोनपुर , 13 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हरिहरनाथ मंदिर मे झारखण्ड पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने अपने परिवार के साथ मंदिर मे की पूजा अर्चना और खुशहाली की कामना की.

उनको प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह मंदिर सचिव विजय लाला और हरिहरनाथ थानाध्यक्ष स्वर्ना सुप्रिया ने उनको अंग वस्त्र और मंदिर का प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया.

पूजा अर्चना पुजारी सुशीलचंद्र शास्त्री भूटकून बाबा बमबम बाबा सदानंद बाबा पवन बाबा ने कराया.

इस अवसर पर मोनू सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे इस अवसर पर स्वागत से खुश होकर उन्होंने मंदिर कमिटी को धन्यवाद दिया।

**************************

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में पेश किया नया आयकर बिल

नई दिल्ली ,13 फरवरी  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा गुरुवार को लोकसभा में नया इनकम टैक्स बिल 2025 पेश कर दिया गया है। नए बिल में सरकार ने कानूनों के सरलीकरण पर जोर दिया गया है।

नया कानून पुराने इनकम टैक्स एक्ट, 1961 की जगह लेगा, जो कि मौजूदा समय में पुराना पड़ चुका है और बार-बार संशोधनों के कारण काफी पेचीदा हो गया है।

नए इनकम टैक्स बिल 2025 में सरकार ने सुधारों और कानून को सरल बनाने पर जोर दिया है।

नए इनकम टैक्स बिल 2025 में सेक्शन की संख्या घटाकर 819 से 536 कर दी गई है। इसमें अनावश्यक छूटों को समाप्त कर दिया गया है और साथ ही नए बिल में कुल शब्द संख्या 5 लाख से घटाकर 2.5 लाख कर दी गई है।

नए इनकम टैक्स बिल में चीजों को आसान बनाने पर फोकस किया गया है। साथ ही ‘असेसमेंट ईयरÓ को ‘टैक्स ईयरÓ से रिप्लेस किया जाएगा। नया टैक्स कानून एक अप्रैल, 2026 से अमल में लाया जाएगा।

लोकसभा में पेश होने के बाद, नए कानून को आगे के विचार-विमर्श के लिए वित्त पर संसदीय स्थायी समिति को भेजा जाएगा। यह बिल मौजूदा टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं करेगा या दी गई टैक्स छूट को कम करेगा। इसके बजाय नए कानून का लक्ष्य छह दशक पुराने कानून को मौजूदा समय के अनुकूल बनाना है।

इससे भारत का टैक्स बेस मजबूत होगा और लंबे समय में आय स्थिरता में सुधार होगा। यह कानून भारत के टैक्स सिस्टम को ग्लोबल बेस्ट प्रैक्टिस के करीब भी लाता है। नए इनकम टैक्स बिल 2025 की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें टेक्नोलॉजी से संचालित असेसमेंट पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

अधिक स्पष्टता सुनिश्चित करने के लिए नए इनकम टैक्स बिल में व्यक्तियों और व्यवसायों के लिए व्याख्या को आसान बनाने के लिए टैक्स प्रावधानों को समझाने के लिए तालिकाएं, उदाहरण और सूत्र भी शामिल किए गए हैं।

टैक्स कानूनों को सरल बनाकर नए इनकम टैक्स बिल 2025 में सरकार की कोशिश है कि बिजनेस अपना ध्यान वृद्धि पर लगाए न कि टैक्स प्लानिंग पर। इससे देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में मदद मिलेगी।

*************************

 

आप विधायक अमानतुल्लाह खान को राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक

नई दिल्ली ,13 फरवरी(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को आज राउज एवेन्यू कोर्ट ने राहत देते हुए?उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

अदालत ने अमानतुल्लाह को पुलिस की जांच में शामिल होने को कहा है।सुनवाई के दौरान अमानतुल्लाह खान के वकील ने कहा कि वो जांच में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं।

इस पर कोर्ट ने कहा कि अमानतुल्लाह खान से जामिया नगर थाने में पूछताछ हो, ऐसी जगह हो जहां सीसीटीवी लगे हों। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जामिया नगर में पुलिस की एक टीम पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में ओखला से विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

****************************

 

इस गांव में एक दिन के लिए सब घरों पर लगता है ताला, न जलता है चूल्हा और न दीया

हैदराबाद ,13 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । क्या आपने आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में ताडिपत्रि मंडल में मौजूद तलारी चेरुवु गांव का नाम सुना या पढ़ा है। अगर नहीं सुना या पढ़ा नहीं है तो आपको इस गांव की अजीब परंपरा के बारे में हम आपको बताते हैं। प्रथा का नाम अग्गीपाडु है।

इस प्रथा के तहत गांव में घरों, मंदिरों और स्कूलों में ताला डालने की प्रथा का है। प्रथा का पालन इस गांव के लोग सैकड़ों सालों से करते आ रहे हैं। प्रथा के तहत साल में एक दिन गांव के लोग अपने घरों को ताला लगाते हैं और चूल्हा भी नहीं जलाते।

दरअसल कई साल पहले तलारी चेरुवु गांव में एक ब्राह्मण को फसल चुराने की वजह से गांव वालों ने पीट-पीटकर मार डाला था।

मृत ब्राह्मण के श्राप से गांव में बीमारियां फैल गईं और सब ओर मातम छा गया। इसके बाद गांववालों ने राहत के लिए एक ऋषि से मुलाकात की।

ऋषि ने उन्हें इस श्राप से मुक्ति पाने के लिए कहा कि गांव वालों को सलाह दी कि वह हर साल माघ पूर्णिमा के दिन गांव में दीया या चूल्हा न जलाएं। उसी परंपरा को गांववालों इतने सालों से निभाते चले आ रहे हैं।

******************************

 

महाकुंभ मेले में बच्चों को बिछडऩे से बचाने के लिए भोपाल के इस परिवार ने लगाई अनोखी तरकीब

महाकुंभ नगर  ,13 फरवरी(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। माघी पूर्णिमा का स्नान खत्म होने के बाद भी भक्तों की भीड़ कम नहीं है। इस विशाल जनसमूह में कई लोग अपने परिजनों से बिछड़ते और फिर मिलते हैं।

भीड़ में खोने की समस्या से बचने के लिए भोपाल से आए एक परिवार ने अनोखा तरीका अपनाया है। इस परिवार ने प्रयागराज आने से पहले अपने बच्चों के हाथों में मेहंदी से माता-पिता का फोन नंबर लिख दिया, ताकि अगर बच्चे मेले में बिछड़ जाएं, तो कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर संपर्क कर उन्हें उनके परिवार से मिलवा सके।

परिवार का कहना है कि उन्होंने पेन से नंबर लिखने के बजाय मेहंदी का इस्तेमाल इसलिए किया क्योंकि पेन की स्याही जल्दी मिट जाती है, जबकि मेहंदी का रंग कई दिनों तक बना रहता है।

परिवार के एक सदस्य अजय सोनी ने बताया कि हम लोग रेलगाड़ी से आए। रेलगाड़ी में बहुत ज्यादा भीड़ थी। इसके अलावा यहां कुंभ में भी करोड़ों लोग स्नान कर चुके हैं। भीड़ में हमारे बच्चे सुरक्षित रहें और खोएं नहीं, इसलिए हम लोगों ने यह तरीका ढूंढा है। ताकि बच्चे सुरक्षित रहें। स्याही मिट जाती है। मेहंदी कई दिनों तक मिटेगी भी नहीं। ऐसे में इनके हाथ पर नंबर देखकर कोई न कोई हमें कॉल कर देगा।

बता दें कि गुरुवार को महाकुंभ का 32वां दिन है और श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। माघी पूर्णिमा के स्नान के साथ, अब विश्व रिकॉर्ड बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इस उद्देश्य के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम मौजूद है। मेला प्रशासन भी पूरी तरह से तैयार है।

महाकुंभ (जो कि विश्व की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर है) में अब तक 48 करोड़ से ज्यादा लोगों ने स्नान किया है। यह पहले ही दुनिया का सबसे बड़ा समागम बन चुका है। मेला प्रशासन ने अब चार नए विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना को कार्यान्वित करना शुरू कर दिया है, जिसकी शुरुआत शुक्रवार से होगी।

*************************

 

सुखोई के साथ राजीव प्रताप रूडी ने फिर भरी हौसलों की उड़ान

बेंगलुरु, 13 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) ।  सारण सांसद एवं पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री  राजीव प्रताप रूडी ने भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भरते हुए अपनी उड़ान क्षमता और साहस का प्रदर्शन किया। उन्होंने बुधवार 12 फरवरी को बेंगलुरु में आयोजित एयरो इंडिया 2025 एयर शो में 22,000 फीट की ऊँचाई पर 52 मिनट तक शानदार कलाबाज़ियाँ कीं।

राजीव प्रताप रूडी ने उड़ान के अनुभव को रोमांचक बताते हुए कहा कि “सुखोई-30 एमकेआई उड़ाना एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। वाणिज्यिक पायलट के रूप में उड़ान भरने की आदत है, लेकिन इस युद्धक विमान को उड़ाना पूरी तरह से शक्ति, गति और सहनशक्ति की परीक्षा थी।

” विंग कमांडर परमिंदर चहल (पैरी) के साथ उन्होंने टम्बल, लूप, बैरल रोल जैसे गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देने वाले युद्धाभ्यास किए। उड़ान से पहले उन्होंने जी-सूट पहनकर सभी शारीरिक फिटनेस परीक्षण पूरे किए।एयर शो के दौरान  रूडी ने भारतीय वायुसेना के सबसे आधुनिक और शक्तिशाली लड़ाकू विमानों एसयू-35 तथा सुखोई-57 का प्रदर्शन भी देखा।

साथ ही, उन्होंने भारतीय वायुसेना की विख्यात एरोबैटिक प्रदर्शन टीम ‘सूर्य किरण’ के शानदार हवाई करतबों को करीब से देखा। श्री रूडी ने भारतीय वायुसेना के पायलटों की कुशलता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा, “भारतीय वायुसेना की ताकत और परिश्रम को सलाम! इनके रहते हमारा देश पूरी तरह सुरक्षित हाथों में है।

राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि सूर्य किरण टीम को बिहार में आमंत्रित करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि यह भारतीय वायुसेना की प्रमुख एरोबैटिक टीम है, जो अपने अद्वितीय हवाई कौशल और सटीक उड़ान प्रदर्शन के लिए जानी जाती है।

सूर्य किरण टीम कर्नाटक के बीदर एयरफोर्स स्टेशन पर स्थित है और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एयर शो में कई शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। बिहार में इसके आगमन से युवा पीढ़ी को भारतीय वायुसेना के शौर्य और तकनीकी उत्कृष्टता को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

राजीव प्रताप रूडी एक लाइसेंसशुदा वाणिज्यिक पायलट हैं और पूर्व में भारत सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। यह उनकी दूसरी सुखोई उड़ान थी, इससे पहले 2015 में भी वे सुखोई एमकेआई 30 में उड़ान भर चुके हैं।

मालूम हो कि सुखोई लड़ाकू विमान 2600 किमी/घंटा की रफ़्तार से उड़ान भरने में सक्षम होते है। ये हवा से हवा और हवा से ज़मीन पर हमला करने की क्षमता रखते है, साथ ही ब्रह्मोस मिसाइलों से लैस होने वाला पहला लड़ाकू विमान सुखोई है जिसमें हवा में ही ईंधन भरने की सुविधा है।

गौरतलब है कि श्री रूडी एक लाइसेंसशुदा वाणिज्यिक पायलट हैं और पूर्व में भारत सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। यह उनकी दूसरी सुखोई उड़ान थी, इससे पहले 2015 में भी वे सुखोई एमकेआई 30 में उड़ान भर चुके हैं।

इससे पहले, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल, निर्मला सीतारमण समेत कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ सुखोई में उड़ान भर चुकी हैं।

******************************

 

टेलीविजन सीरीज ‘वसुंधरा’ का पायलट एपिसोड हुआ लॉन्च

13.02.2025 – सपना फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले निर्माता त्रय हरि ओम शर्मा, राम प्रसाद शर्मा और निशीथ एम टोलिया के द्वारा बहुप्रतीक्षित टेलीविजन सीरीज ‘वसुंधरा’ का पायलट एपिसोड मुंबई के मड आइलैंड स्थित ‘शुभम विला’ में बड़े ही धूमधाम से लॉन्च किया गया। यह शो राष्ट्रीय दूरदर्शन चैनल डीडी 1 पर प्रसारित किया जाएगा।

नटवर चावड़ा इस सीरीज के एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। वसुंधरा प्रसाद सोशल मीडिया पर अभिनय के क्षेत्र में चर्चित शख्शियत रही है। इस शो के जरिए ‘वसुधरा प्रसाद’ को पहली बार पेश किया जा रहा है, जिनकी अभिनय प्रतिभा पहले ही चर्चा का विषय बन चुकी है।

बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक चंद्र सेन द्वारा निर्देशित सामाजिक और पारिवारिक ड्रामा युक्त इस सीरीज के मुख्य कलाकार रणजीत, सुदेश बेरी, वर्षा उसगांवकर, सुधा चंद्रन, कोयलिया लहरी, स्मिता ओक, शहबाज खान,आदि ईरानी, राजू श्रेष्ठ, बबीता ठाकुर और मास्टर आयुष्मान आदि हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

चर्चाओं के बीच : अभिनेत्री वैशाली भाऊरज़ार

12.02.2025 – नेहरू युवा केन्द्र मुम्बई द्वारा महाराष्ट्र मिनिस्ट्री ऑफ युथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स सम्मान चिन्ह दिए जाने के बाद से राष्ट्रीय स्तर पर ग्लैडरैग्स मेगामॉडल अचीवर रही मॉडल/अभिनेत्री वैशाली भाऊरज़ार इन दिनों बॉलीवुड में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

पिछले दिनों चित्रकूट ग्राउंड अंधेरी वेस्ट, मुंबई में फिल्म और मीडिया इंडस्ट्री के लिए समाज सेवी संस्था ‘डॉक्टर 365’ के डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार और डॉक्टर धीरज कुमार द्वारा आयोजित ‘बॉलीवुड महाआरोग्य कैम्प’ में वैशाली भाऊरज़ार अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज करा चुकी हैं।

वैशाली ने अपनी प्रतिभा और कला कौशल से कई राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है। जहाँ से उसे मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में जाने का मौका मिला। वह कोविड प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग के विज्ञापन किये हैं।

उन्होंने कई विज्ञापन किये हैं जिनमें लोगों को जागरूक करने वाले विज्ञापन हैं जैसे ‘डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव के प्रति सतर्कता’ आदि। साथ ही बीएसएनएल और कई छोटे बड़े विज्ञापन भी उन्होंने किये हैं। कुछ प्रोडक्ट की ब्रांड एम्बेसडर बनने का वैशाली को ऑफर मिला है।

टेलीविजन जगत और फ़िल्म जगत में भी वह अपनी पहचान बनाती जा रही हैं। वैशाली अभी कई ब्रांड्स की मॉडल हैं और फेस्टीवल पर परफॉर्मेंस भी करती हैं। वैशाली भाऊरज़ार को सुपर ह्यूमन एक्सीलेंस अवार्ड 2024 का सम्मान चिन्ह भी मिला है।

यह अवार्ड (सम्मान चिन्ह) वैशाली को बॉलीवुड गायक पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला। इस विशेष सम्मान को प्राप्त कर वैशाली भाऊरज़ार बेहद प्रसन्न और गौरवान्वित है। वैशाली इससे पहले भी कई अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं।

मुम्बई ग्लोबल की ओर से अखण्ड भारत गौरव अवार्ड 2024 इन्हें मिला है। यह अवार्ड भी उन्हें पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला है। जहां एक ओर नारी शक्ति सम्मान समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर अवार्ड से नवाजा गया वहीं दूसरी ओर नारी शक्ति अवार्ड शो में राज्य स्तर पर अतिथि के रूप में उपस्थित होकर फॉर्मेसी के विद्यार्थियों को उन्होंने अपने हाथों से अवार्ड दिया है।

सिनेमा आज तक अवार्ड समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर 2022 से सम्मानित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ राज्य के भिलाई की मूल निवासी वैशाली भाऊरज़ार की मॉडल बनने की कहानी काफी दिलचस्प और प्रेरणादायक है। वैशाली प्रारंभ में एयर होस्टेस बनना चाहती थी और वह बनी भी।

किंगफिशर एयरलाइंस के साथ उन्होंने एक्स कैबिन क्रू (एयरहोस्टेस) के रूप में काम भी किया मगर उनकी किस्मत ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया मे ला दिया। वह अपनी कड़ी मेहनत और लगन से लगातार अपने कर्मपथ पर आगे बढ़ रही हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

सुशील सिंह के ऑलराउंड प्रदर्शन से अमानत ने गंगा की बाधा पार की

मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2025

बासुदेव के  शतक से जीता दामोदर

रांची,10.02.2025 (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)   रांची प्रेस क्लब मीडिया क्रिकेट के चौथे दिन जेके क्रिकेट मैदान में दो लीग मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में अमानत ने गंगा को 70 रनों से हराया। इस मुकाबले में अमानत टीम से सुशील कुमार सिंह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। दूसरे मुकाबले में दामोदर ने अजय को 45 रनों से पराजित किया। इस सत्र का पहला शतक जड़ने वाले दामोदर टीम के बासुदेव मिश्रा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 103 रनों की नाबाद शानदार पारी खेली।

अमानत की लगातार दूसरी जीत

पहले मुकाबले में अमानत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए (188/3) रन बनाए। अमानत के कप्तान ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बल्लेबाजी में 65 रन और गेंदबाजी में 2 विकेट लिए। टीम के समीर सृजन ने ताबड़तोड़ 54 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए गंगा टीम (118/9) रन ही बना सकी। गंगा की ओर से रियाज ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। अमानत की ओर से दिलीप सिंह  ने 4 विकेट लिए

दामोदर के जीत का खाता खुला, अजय की लगातार दूसरी हार

दिन का दूसरा मुकाबला अजय और दामोदर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दामोदर ने (188/2) रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बासुदेव में 57 गेंदों में 103 रन बनाए। श्रवण ने 38 रनों की पारी खेल उनका साथ दिया। दूसरी पारी में अजय (143/7) ही बना सकी। अजय की ओर से अशोक गोप ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। दामोदर के श्रवण और राजेश ने 2- 2 विकेट लिए।

आरपीसी मीडिया कप के टाइटल स्पोंसर टाटा स्टील, को स्पोंसर अडानी पावर, मदर जीरामनी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, अलेक्सा रिजॉट एन्ड रेस्टोरेंट, सपोटिंग पार्टनर टाइटन वर्ल्ड हरमू रोड एन्ड जके इंटरनेशनल स्कूल (जेके क्रिकेट एकेडमी ) रहे।

***************************

 

महाकुंभ : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं प्रयाग, संगम में लगाई आस्था की डुबकी

लखनऊ ,10 फरवरी(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को प्रयागराज के दौरे पर पहुंच चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। स्नान के बाद उन्होंने पूजा-अर्चना भी की। उनके साथ यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी मौजूद रहे।

इसके पहले राष्ट्रपति बमरौली एयरपोर्ट पहुंची। यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने स्वागत किया। वहां से अरैल पहुंचीं, फिर बोट पर सवार होकर मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल के साथ संगम पहुंचीं और स्नान किया।

इस दौरान उन्होंने पक्षियों को दाना भी खिलाया। देश की प्रथम नागरिक का संगम में पावन डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण है।

बता दें कि इससे पहले भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में पावन स्नान किया था। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में राष्ट्रपति ने आस्था की डुबकी लगाकर सनातन आस्था को मजबूत आधार दिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू धार्मिक आस्था को और अधिक मजबूती देने के लिए अक्षयवट का दर्शन-पूजन करेंगी। सनातन संस्कृति में अक्षयवट को अमरता का प्रतीक माना जाता है। यह हिन्दू धर्म का एक महत्वपूर्ण स्थल है, जिसकी महत्ता पुराणों में भी वर्णित है।

इसके अलावा वह बड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन करेंगी और पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

राष्ट्रपति डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र का अवलोकन करेंगी, जिसमें महाकुंभ मेले की विस्तृत जानकारी तकनीकी माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही है।

ज्ञात हो कि 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। इस दौरान उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

उधर महाकुंभ के चलते प्रयागराज शहर में जबरदस्त भीड़ है। इसे देखते हुए सुरक्षा के और इंतजाम किए गए हैं। कई जगह वनवे ट्रैफिक लागू किया गया है।

*************************

 

प्रयागराज में लगा इतिहास का सबसे भीषण जाम

1 घंटे का सफर तय करने में लग रहे 10 घंटे

नई दिल्ली ,10 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तीन जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 43 करोड़ से ज्यादा लोग डुबकी लगा चुके हैं। महाकुंभ में अभी 16 दिन बाकी हैं। वहीं, लोगों का प्रयागराज पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच प्रयागराज का कोई भी कौना ऐसा नहीं है जहां पर जाम न हो। हालात ऐसे है कि व्यक्ति अगर एक जगह खड़ा है तो उसे अपनी जगह से आगे बढऩे में ही काफी समय लग जाएगा।

प्रयागराज को जाने वाली सड़कों पर गाडिय़ों का कई-कई किलोमीटर लंबा जाम लगा है। लोग ‘रोड अरेस्टÓ की गिरफ्त में हैं। सबसे बुरा हाल रीवा-प्रयागराज हाइवे पर लगा है। वहीं, भयंकर जाम को देखते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने लोगों से प्रयागराज न जाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से रास्ते से ही वापस लौट जाने की अपील की है।

आम दिनों में प्रयागराज से रीवा जाने में डेढ़-दो घंटे का समय लगाता है लेकिन अब लोगों को इस दूरी को तय करने में आठ-10 घंटे का समय लगा। मध्य प्रदेश से प्रयागराज की ओर आने वाला हर रास्ता आकर रीवा-प्रयागराज हाइवे में मिलता है। माघी पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर संगम में स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज के लिए निकल पड़े।

इससे रीवा-प्रयागराज जाम हो गया। प्रयागराज में प्रवेश करने से पहले सोहागी घाटी पहाड़ी रास्ता है। वहां गाडिय़ों की रफ्तार कम हो जाती है। इसलिए चाकघाट बॉर्डर से ही जाम ने विकराल रूप ले लिया। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसे देखते हुए रीवा के जिला प्रशासन ने प्रयागराज के जिला प्रशासन से संपर्क कर उनकी सलाह पर गाडिय़ों को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन 24 घंटे जाम को निकलवाने की कोशिश में जुटा हुआ है।

*********************

 

मीडिया कप क्रिकेट – एकतरफा मुकाबले में स्वर्णरेखा और रोमांचक मुकाबले में मयूराक्क्षी कि जीत

मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2025

09.02.2025 (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) रांची प्रेस क्लब की ओर से आयोजित आरपीसी मीडिया कप के तीसरे दिन खेले गए लीग मुकाबले में मयूराक्क्षी ने रोमांचक मुकाबले में भैरवी को 4 रनों से मात दी। वहीं एकतरफा मुकाबले में स्वर्णरेखा ने शंख को 60 रनों से रौंदा। पहले मुकाबले में मयूराक्क्षी के मो इमरान और दूसरे मुकाबले में स्वर्णरेखा टीम के प्रवीण मिश्रा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

रविवार को पहला मुकाबला मयूराक्क्षी और भैरवी के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मयूराक्क्षी ने 119/6 रन बनाए। टीम की ओर से मो इमरान ने 51 और आलोक सिंह ने 23 रनों की पारी खेली। दूसरे पारी में भैरवी निर्धारित ओवर में 115/9 ही बना सकी। टीम की ओर से राकेश सिंह ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। वहीं मयूराक्क्षी के कमलेश ने 3 और बिपिन व संतोष ने 2- 2 विकेट लेकर मुकाबले को जीतने में अहम भूमिका निभाई।

दिन का दूसरा मुकाबला स्वर्णरेखा और शंख के बीच खेला गया। स्वर्णरेखा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए (152/6) बनाए। टीम की ओर से प्रवीण मिश्रा ने 51 और अमोद साहू ने 47 रनों की शानदार पारी खेली। शंख की ओर से मनोज ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शंख की टीम (92/9) ही बना सकी। टीम की ओर से विक्की पासवान ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। स्वर्णरेखा के फिरोज और शक्ति सिंह ने 2- 2 विकेट झटके।

आरपीसी मीडिया कप के टाइटल स्पोंसर टाटा स्टील, को स्पोंसर अडानी पावर, मदर जीरामनी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, अलेक्सा रिजॉट एन्ड रेस्टोरेंट, सपोटिंग पार्टनर टाइटन वल्ड एन्ड जके इंटरनेशनल स्कूल (जेके क्रिकेट एकेडमी ) रहे।

*****************************

 

आप भ्रष्टाचार में लिप्त थी, कैग रिपोर्ट इसी वजह से पेश नहीं की गई : स्वाति मालीवाल

नई दिल्ली 09 Feb, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली कैबिनेट बैठक में ही शराब नीति घोटाले की कैग रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की बात कही है। इसका राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने समर्थन किया है।

पहली कैबिनेट बैठक में कैग रिपोर्ट पेश करने और भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने वाले पीएम मोदी के बयान पर स्वाति मालीवाल ने स्वागत किया। उन्होंने ‘आप’ पर निशाना साधते हुए कहा, “आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार को खत्म करने के उद्देश्यों के साथ आई थी। लोकपाल बिल की बात करती थी, लेकिन आज तक लोकपाल बिल नहीं आया।”

उन्होंने कहा, “वे रिपोर्ट पेश नहीं कर रहे हैं। पूरी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई है। जनता के लिए कोई काम नहीं हो रहा है, ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही कहा है कि कैग रिपोर्ट पेश होनी चाहिए। उन्होंने कैग रिपोर्ट पेश नहीं की थी।”

वहीं, कालकाजी सीट से दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जीत के बाद जश्न मनाते हुए दिखीं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ डांस किया। इस पर स्वाति मालीवाल ने कहा, “एक तरफ आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े नेता चुनाव हार रहे हैं, दूसरी तरफ दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी अपनी इस छोटी सी जीत पर ऐसा जश्न मना रही हैं, जैसे मानो उन्होंने कोई बड़ा काम कर दिया है। उनके पास शर्म नाम की कोई चीज नहीं है, किस प्रकार से वह डांस कर रही हैं? पूरी पार्टी चुनाव हार चुकी है, लेकिन आतिशी अभी भी अपने अहंकार में हैं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस जन्म में दिल्ली नहीं जीत पाएंगे, अरविंद केजरीवाल के इस पुराने बयान पर मालीवाल ने कहा, “यह अरविंद केजरीवाल का अहंकार था। उन्हें अहंकार हो गया था और अब उनके अहंकार की हार हुई है।”

बता दें कि दिल्ली चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। वहीं, पिछले 10 साल से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

******************************

 

तेजस्वी ने दिल्ली में भाजपा की जीत पर कहा

उम्मीद है कि पार्टी अपने वादों को पूरा करेगी

पटना 09 Feb, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उम्मीद है कि पार्टी अपने चुनाव में किए वादों को पूरा करेगी और जुमलेबाजी तक सीमित नहीं रहेगी।

दरअसल, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रविवार को यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उनसे जब दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत से संबंधित प्रश्न किया गया तो उन्होंने कहा, “लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि जनता ही मालिक है और वही फैसला करती है।

जनता जिसे चाहती है, उसे सत्ता में लाती है। लोकतंत्र में जनता मालिक है। 27 साल बाद भाजपा वहां सरकार बना रही है। उम्मीद है कि पार्टी अपने वादों को पूरा करेगी और जुमलेबाजी तक सीमित नहीं रहेगी।”

एनडीए नेताओं के ‘दिल्ली तो झांकी है, बिहार अभी बाकी है’ के बयान से संबंधित प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि यह बिहार है और यहां बहुत कुछ समझाना पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दिल्ली में 27 साल बाद स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से उन्होंने 48 सीटें जीती हैं, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली हैं।

कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। इससे पहले भाजपा ने 1993 में 49 सीट जीतकर दो तिहाई बहुमत हासिल किया था, जिसके बाद मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री बनीं।

1998 के बाद, कांग्रेस ने 15 साल तक शासन किया और 2013 से आम आदमी पार्टी ने सरकार बनाई थी। इस चुनाव में भाजपा ने 71 फीसदी स्ट्राइक रेट के साथ 40 सीटें जोड़ी हैं। पार्टी ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा था। दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी को 40 सीटों का नुकसान हुआ, और उनका स्ट्राइक रेट 31 फीसदी रहा।

*********************************

 

मिल्कीपुर उपचुनाव में अपनी शर्मनाक हार पर सपा जनता को जवाब दे : मायावती

लखनऊ 09 Feb, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मिल्कीपुर में सपा की हार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा की इतनी शर्मनाक हार कैसे हुई, इसके जवाब का जनता को इंतजार है।
बसपा मुखिया मायावती ने रविवार को अपने एक बयान में सपा की मिल्कीपुर में करारी हार को लेकर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की अपनी सीट पर 61,710 वोटों से करारी हार भी जनता की नजर में इस हकीकत को लेकर है कि बसपा द्वारा चुनावी गड़बड़ी संबंधी आवश्यक सुधार होने तक देश में कोई भी उपचुनाव नहीं लड़ने के फैसले के कारण इस सीट पर पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं होने के बावजूद सपा की इतनी शर्मनाक हार कैसे हुई?

उन्होंने कहा कि इस पर सपा के जवाब का लोगों को इंतजार है क्योंकि यूपी में पिछली बार हुए उपचुनाव में सपा ने अपनी पार्टी की हार की ठीकरा बसपा के ऊपर फोड़ने का राजनीतिक प्रयास किया था।

उन्होंने कहा कि यूपी के गरीब, मजदूरों, दलितों, अन्य पिछड़ा तथा मुस्लिम एवं अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों से यही कहना है कि भाजपा, कांग्रेस व सपा आदि जातिवादी पार्टियां उनकी हितैषी नहीं बल्कि अधिकतर मामलों में शोषक हैं। इन सभी लोगों का हित केवल अम्बेडकरवादी बसपा में सुरक्षित है।

बसपा मुखिया मायावती ने कहा कि ‘हवा चले जिधर की, चलो तुम उधर की’ भाजपा की सरकार दिल्ली में बना दी है। अब केंद्र की भाजपा सरकार का उत्तरदायित्व बनता है कि वह दिल्ली की लगभग दो करोड़ जनता से किए गए जनहित व जनकल्याण के तमाम वादों और गारंटियों को ईमानदारी से जल्दी पूरा करे ताकि आम लोगों का जीवन थोड़ा बेहतर हो सके।

उन्होंने आगे कहा कि यह नतीजा, लगभग 27 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद, भाजपा के पक्ष में लगभग एकतरफा होने से बसपा सहित दूसरी पार्टियों को काफी नुकसान सहना पड़ा है तो इसका एक प्रमुख कारण अब तक दिल्ली में सत्ता में रही स्वयं आप पार्टी की सरकार है।

अगर देखा जाए तो दिल्ली की आप पार्टी, भाजपा व उसकी केन्द्र सरकार के बीच हर स्तर पर लगातार जबरदस्त राजनीतिक द्वेष, संघर्ष, टकराव व तनाव आदि के कारण दिल्ली का अपेक्षित एवं समुचित विकास ठीक से नहीं हो पाया है, जिसका खामियाजा गरीब व मेहनतकश परिवारों एवं अप्रवासी लोगों को विभिन्न रूपों में बराबर उठाना पड़ा है।

***********************

 

पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे से वापसी के बाद दिल्ली में शपथ लेंगे नए सीएम

ये है बीजेपी का प्लान!

नई दिल्ली ,09 फरवरी(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी करीब 27 साल बाद राजधानी की सत्ता पर कब्जा करने जा रही है। जिसके बाद अब सबकी नजरें नई सरकार के गठन पर टिकी हुई है।

इस बीच नए मुख्यमंत्री के शपथ लेने की तारीख भी सामने आ गई है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे के बाद हो सकता है।

पीएम मोदी के अमेरिका के दौरे से लौटने के बाद यानी 13 फरवरी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। इसके लिए कई नामों पर चर्चा जोरों पर हैं।

भाजपा के नेताओं के अनुसार पीएम मोदी के अमेरिका से लौटने के बाद ही भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। इस बीच दिल्ली में दिल्ली के मुख्यंत्री को लेकर भी मंथन शरू हो गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ शपथ ग्रहण को लेकर चर्चा हुई और दिल्ली में बनने वाली सरकार की रूपरेखा को लेकर बातचीत हुई है।

इससे पहले दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, मुख्यमंत्री चुनने का निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। सभी नवनिर्वाचित विधायक पार्टी द्वारा उन्हें सौंपे गए कर्तव्यों का निर्वहन करने में सक्षम हैं।

बीजेपी की जीत के बाद शनिवार को पार्टी के प्रदेश प्रभारी बैजयंत पांडा ने कहा था कि दिल्ली को अगले 10-15 दिनों में नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा।

***************************

 

भ्रष्टाचार मामलों की जांच के लिए एसआईटी का होगा गठन

दिल्ली में चुनाव जीतने के बाद बीजेपी का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली ,09 फरवरी(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजधानी दिल्ली में बीजेपी ने नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल बनाने की घोषणा कर दी है।

दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता रखती है और घोटालों में शामिल लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। सचदेवा ने कहा कि, ‘जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार कहा और हमने भी किया। सीएजी रिपोर्ट पहली कैबिनेट बैठक के दौरान पेश की जाएगी।

हम भ्रष्टाचार के सभी मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) भी बनाएंगे। 70 सदस्यीय सदन में 48 सीटों के साथ दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत पर टिप्पणी करते हुए सचदेवा ने पार्टी को सफलता के लिए मार्गदर्शन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को श्रेय दिया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली के मतदाताओं ने मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए विकास के लिए भाजपा का समर्थन किया। लगातार तीसरी बार कांग्रेस की हार पर सचदेवा ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण पार्टी होने के बावजूद इसे बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा है और इसे ‘कड़ी मेहनत करनी चाहिए।

*************************

 

गजब लोग, महाकुंभ स्पेशल ट्रेन के इंजन में ही घुस गए यात्री

नई दिल्ली ,09 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया हैं। जहां, महाकुंभ स्पेशल ट्रेन के इंजन पर ही यात्रियों ने कब्जा कर लिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

दरअसल, प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर प्रयागराज जाने वाली महाकुंभ स्पेशल ट्रेन खड़ी थी। ट्रेन में पहले से ही भरी भीड़ थी, लेकिन जब यात्रियों को सीटें नहीं मिलीं, तो कुछ लोग ट्रेन के इंजन में ही चढ़ गए। जब ट्रेन के लोको पायलट ने अपनी केबिन में जाने की कोशिश की, तो यात्रियों ने दरवाजा तक खोलने से इनकार कर दिया।

स्थिति बिगड़ती देख रेलवे प्रशासन ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को बुलाया गया। जवानों ने यात्रियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ टस से मस नहीं हुई। आखिरकार, जवानों को बल प्रयोग करना पड़ा और यात्रियों को एक-एक कर इंजन से नीचे उतारा गया।

इस दौरान कुछ यात्रियों ने विरोध भी किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने सख्ती दिखाते हुए इंजन को खाली कराया। इसके बाद लोको पायलट रेल इंजन की कमान संभाला और तब कहीं जाकर ट्रेन आगे बढ़ पाई।

************************

 

दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल की झूठी गारंटी को खारिज किया

पीएम मोदी की गारंटी को अपनाया : अनुराग ठाकुर

लखनऊ ,09 फरवरी(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि दिल्ली के लोगों ने मोदी की गारंटी को अपनाया है, जबकि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की झूठी गारंटी को खारिज कर दिया है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें हासिल कर निर्णायक जीत हासिल की, जबकि आप 22 सीटों पर सिमट गई।
अनुराग ठाकुर ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए आईएएनएस से कहा, मैं दिल्ली के लोगों को भाजपा को चुनने, मोदी की गारंटी को स्वीकार करने और केजरीवाल के झूठे वादों को खारिज करने के लिए धन्यवाद देता हूं। लोगों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केजरीवाल दिल्ली में सत्ता में वापस नहीं आएंगे।

आप प्रमुख पर कटाक्ष करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि केजरीवाल को अब जेल जाने की तैयारी कर लेनी चाहिए। उन्होंने केजरीवाल की इस टिप्पणी का हवाला दिया कि जनता के जनादेश का मतलब उन्हें जेल हो सकता है।

उन्होंने कहा, दिल्ली के लोग जानते हैं कि मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने छल-कपट और कुशासन के खिलाफ वोट दिया है, जिससे यह पुख्ता होता है कि मोदी की गारंटी ही सब कुछ है।

केजरीवाल के राजनीतिक सफर की तीखी आलोचना करते हुए ठाकुर ने कहा, उनकी राजनीति अन्ना हजारे के चेहरे का इस्तेमाल करके शुरू हुई, लेकिन बाद में उन्हें किनारे कर दिया गया। उन्होंने एक पार्टी बनाई और उसके संस्थापक सदस्यों को निकाल दिया। सरकार बनाने के बाद उन्होंने अपने ही मंत्रियों को हटा दिया।

उन्होंने कहा, उन्हें आतिशी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाना था, लेकिन बाद में उन्होंने प्रचार के दौरान उन्हें किनारे करने की कोशिश की। दूसरों को हटाने की कोशिश में केजरीवाल आखिरकार खुद ही विफल हो गए।

भाजपा ने उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर उपचुनाव में भी जीत हासिल की, जहां उसके उम्मीदवार चंद्रभानु पासवान ने समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद को 60 हजार से अधिक मतों से हराया। जीत पर टिप्पणी करते हुए ठाकुर ने कहा, कुछ लोग जिन्होंने कभी राम भक्तों पर गोली चलाने का आदेश दिया था, वे अब खुद को अयोध्या का राजा बताने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों ने अब यह स्पष्ट कर दिया है कि अयोध्या का असली राजा कौन है।

**************************

 

मीडिया कप क्रिकेट – अमानत ने शंख और भैरवी ने अजय को दी मात

मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2025

ranchi, 08.02.2025 – ((Final Justice Digital News Desk/एजेंसी))रांची प्रेस क्लब की ओर से आयोजित आरपीसी मीडिया कप के दूसरे दिन खेले गए लीग मुकाबले में अमानत ने शंख को 24 रनों से और भैरवी ने अजय को 8 विकेट से हराया। अमानत के कुमार सौरभ और भैरवी टीम के राकेश कुमार प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

 

शनिवार को जेके क्रिकेट अकादमी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने मैच की दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रेस क्लब कमिटी ने मुख्य स्थिति को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

एकतरफा मुकाबले में अमानत जीता

दूसरे दिन का पहला मुकाबला अमानत और शंख के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमानत ने 5 विकेट खोकर 161 रन बनाए। टीम के सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दी। टीम की ओर से अमित सिंह ने 52 और कप्तान सुशील कुमार सिंह ने 35 रनों की पारी खेली। शंख की ओर से सुनील, विक्की, मनोज और चंदन ने 1- 1 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शंख टीम अमित कुमार सिंह के 38 रन और पिंटू दुबे के 32 रनों के जुझारू पारी के बावजूद 137 रन ही बना सकी। अमानत की ओर से सौरभ ने 3 और दिलीप ने 2 विकेट झटके।

भैरवी ने अजय को रौंदा

दिन का दूसरा मुकाबल भैरवी और अजय के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अजय ने 3 विकेट खोकर 176 रनों का पहाड़ खड़ा किया। टीम की ओर से मोनू ने 52 गेंदों में 90 रनों की पारी खेली। वहीं विवेक ने 31 रन बनाए। दूसरी पारी में भैरवी ने राकेश कुमार के ताबड़तोड़ 43 गेंदों में 90 रन और आशिफ नईम के 45 रनों की मदद से 5 गेंद शेष रहते 2 विकेट खोकर 180 रन बना लिए और मुकाबले को 8 विकेट से जीत लिया।

आरपीसी मीडिया कप के टाइटल स्पोंसर टाटा स्टील, को स्पोंसर अडानी पावर, मदर जीरामनी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, अलेक्सा रिजॉट एन्ड रेस्टोरेंट, सपोटिंग पार्टनर टाइटन वल्ड एन्ड जके इंटरनेशनल स्कूल (जेके क्रिकेट एकेडमी )रहे।

*************************

 

आप के चुनाव हारते ही दिल्ली सचिवालय सील

प्रशासन ने अधिकारियों को जारी किए ये निर्देश

नई दिल्ली ,08 फरवरी(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों की मतगणना के बीच प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। हाल ही में भाजपा की जीत के बाद चुनावी हलचल में बढ़ोतरी को देखते हुए, सरकारी दस्तावेजों और डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाया गया है।

संयुक्त सचिव प्रदीप तायल ने अधिकारियों को तुरंत दिल्ली सचिवालय पहुँचने का आदेश जारी करते हुए कहा कि, सुरक्षा चिंताओं और रिकॉर्ड्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, यह अनुरोध किया जाता है कि प्रशासनिक विभाग की अनुमति के बिना कोई भी फाइल, दस्तावेज, कंप्यूटर हार्डवेयर आदि दिल्ली सचिवालय परिसर से बाहर न ले जाया जाए।

इसके अतिरिक्त, आदेश में निर्देश दिया गया है कि दिल्ली सचिवालय में स्थित सभी विभागों और कार्यालयों के ब्रांच इंचार्ज अपने-अपने सेक्शन में रिकॉर्ड्स, फाइलों, दस्तावेजों तथा इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करें। इस निर्णय का उद्देश्य चुनावी माहौल में सरकारी दस्तावेजों और डेटा की सुरक्षा को मजबूत करना है। प्रशासन ने यह कदम उठाकर सुरक्षा संबंधी किसी भी संभावित जोखिम को कम करने का प्रयास किया है।

****************************

 

जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता : अमित शाह

नई दिल्ली ,08 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। भाजपा कार्यालयों में जश्न शुरू हो चुका है।

नई दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पटखनी दी है। भाजपा ने 45 से ज्यादा सीटों पर अपनी बढ़त बनाई हुई है या जीत चुकी है। इस शानदार प्रदर्शन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली भाजपा को बधाई दी है।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, दिल्लीवासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है।

दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले भाजपा दिल्ली के सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को हार्दिक बधाई देता हूं। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएं, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है। यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटीÓ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है।

तीसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा, दिल्ली के दिल में मोदी, दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीश महल’ को नेस्तनाबूत कर दिल्ली को ‘आप-दा’ मुक्त करने का काम किया है। दिल्ली ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा। यह दिल्ली में विकास और विश्वास के एक नए युग का आरंभ है।

**********************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version