म्यांमार और थाईलैंड के साथ एकजुट : सेवा इंटरनेशनल और भारत सरकार का साझा प्रयास

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आरएनएस)। म्यांमार और आसपास के क्षेत्रों में आए विनाशकारी 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद, सेवा इंटरनेशनल ने म्यांमार और थाईलैंड में तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। यह मानवीय पहल भारत सरकार, म्यांमार में भारतीय दूतावास और स्थानीय साझेदार संगठनों के साथसमन्वय में संचालित की जा रही है।

हजारों प्रभावित परिवारों को भोजन, चिकित्सीय किट्स और आश्रय सामग्री जैसी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNOCHA के अनुसार, इस आपदा में अब तक 2,800 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, 4,600 से अधिक लोग घायल हुए हैं और लाखों लोगविस्थापित हो चुके हैं।

सेवा इंटरनेशनल के वैश्विक समन्वयक श्री श्याम परांडे ने कहा, “हमारा लक्ष्य पीड़ितों तक समय पर राहत पहुंचाना है। हर आपदा में मानवता और करुणा के साथ प्रतिक्रिया देना हमारा पावन कर्तव्य है। हम म्यांमार में भारतीय दूतावासऔर स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर ज़मीन पर काम कर रहे हैं।”

डॉ. राम निवास के नेतृत्व में सगाइंग, मांडले और नाय पी तॉ जैसे गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय राहत कार्य जारी हैं। प्रतिदिन 4,000 से अधिक गर्मभोजन वितरित किए जा रहे हैं, भारत से 53 बक्सों में जीवनरक्षक दवाइयाँ भेजी गई हैं, और सगाइंग जनरल अस्पताल में रात्रिकालीन सर्जरी के लिए सर्जिकल लाइट्स स्थापित की गई हैं।

श्री परांडे ने आगे कहा, “हर आपदा में हम न केवल अपनी साझी मानवता को पुनः खोजते हैं, बल्किउस शाश्वत भावना को भी जीवित रखते हैं। म्यांमार और थाईलैंड अकेले नहीं हैं भारत करुणा, मित्रता और समर्पण के साथ उनके साथ खड़ा है। सेवा इंटरनेशनल अब तक सूखा राशन किट्स, तिरपाल, जीवनरक्षक दवाइयाँ, सोलर लालटेन और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करा चुका है, और यह प्रयास भारत सरकार व स्थानीय संगठनों के सहयोग से लगातार जारी हैं.

आप को बता दे कि सेवा इंटरनेशनल एक सामाजिक मानवीय संगठन है, और प्रवासियों के बीच काम करती है।जो भारत की प्राचीन ‘सेवा’परंपरा – नि:स्वार्थ सेवा – से प्रेरित है। यह संगठन 30 से अधिक देशों में सक्रिय है और आपदा राहत, पुनर्वास, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में कार्य करता है। सेवा इंटरनेशनल ने वैश्विक स्तर आपदा प्रबंधन पर कार्य कर रहा है। आप को बता दे कि यूक्रेन संकट के वक्त पांच हजार से अधिक छात्रों को भी वहां से निकाला था।

*******************************

 

सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक मिलेगी पुस्तकें : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चण्डीगढ़ 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक पुस्तकें मिल जाएगी। साथ ही प्राइवेट विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी किसी भी बुक शॉप से अपनी पुस्तक खरीद सकते है वह किसी एक बुक शॉप से पुस्तक खरीदने के लिए बाध्य नहीं है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज यहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन को लेकर स्कूल, तकनीकी और उच्चतर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट भाषण में जो भी विषय आए है उन सभी विषयों को चिन्हित कर तीव्र गति से कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर शिक्षा के स्तर में और अधिक सुधार कर शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाना है।

शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर पिछले 10 वर्षो के प्रश्न पत्र तथा मॉक टेस्ट किए जाएंगे अपलोड

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर बोर्ड कक्षाओं के पिछले 10 वर्षो के प्रश्न पत्र तथा मॉक टेस्ट अपलोड करें ताकि इससे विद्यार्थी अध्ययन करके लाभ उठा सकें। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बोर्ड की कक्षाओं के प्रश्न पत्रों में आवश्यक बदलाव करने के लिए कमेटी का गठन किया जाए।

शिक्षण संस्थानों में साफ-सफाई, हरियाली, रंग-रोगन, स्लोगन पर दिया जाए विशेष ध्यान

नायब सिंह सैनी ने कहा कि विद्यालयों में खेल व स्वच्छता विषयों पर अलग से कक्षाएं शुरू की जाए और विद्यालय स्तर पर स्वच्छता का कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में साफ-सफाई, हरियाली, रंग-रोगन, स्लोगन आदि कार्यो का विशेष ध्यान दिया जाए ताकि विद्यार्थियों को यहां आने से प्रेरणा मिलें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरटीई के तहत किसी भी स्कूल मे कोई भी सीट खाली न रहे, साथ ही उच्चतर शिक्षा के किसी भी संस्थान में कोई भी सीट खाली नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने प्रथम व द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को हर महीने एक दिन किसी न किसी राजकीय विद्यालय में जाकर समय लगाना अनिवार्य किया है और इसका एक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रदेश में इस वर्ष पूर्ण रूप से लागू किया जाए। इसको लेकर युवाओं, विद्यार्थियों से चर्चा कर इस बारे में जागरूक करने का काम किया जाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर बच्चों को स्कूल स्तर से ही अधिक मजबूत करने का काम किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर विद्यार्थी और शिक्षक अच्छा कार्य करेंगे तो उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

हरियाणा मैथ ओलंपियाड के आयोजन व अनुसंधान केन्द्रों के भ्रमण को लेकर जल्द की जाएगी रूपरेखा तैयार

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विद्यार्थियों में गणितीय सोच को बढ़ावा देने के लिए 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए हरियाणा मैथ ओलंपियाड आयोजित करने तथा छठी से 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को इसरो, डीआरडीओ तथा भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र जैसे तकनीकी संस्थानों का भ्रमण करवाने के लिए जल्द ही एक रूप रेखा को तैयार किया जाए।

नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिस तरह स्कूलों की ट्रैकिंग के लिए पोर्टल बनाया गया है। इसी तर्ज पर उच्चतर शिक्षण संस्थानो की ट्रैकिंग के लिए पोर्टल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिन महाविद्यालयों ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद के लिए आवेदन किया था और उनका आवेदन रद्द हो गया, तो ऐसे महाविद्यालयों की सूची बनाई जाए ताकि उनकी रद्द होने संबंधी कमियों को दूर किया जा सके।

मॉडल संस्कृति महाविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए हर जिले में महाविद्यालय को किया गया चिन्हित

मुख्यमंत्री को बताया गया कि प्रदेश के हर जिले में एक राजकीय महाविद्यालय को मॉडल संस्कृति महाविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए हर जिले में एक महाविद्यालय का चयन कर लिया गया है। इन आदर्श संस्कृति महाविद्यालयों में उत्कृष्ट शैक्षिक मानक, समर्पित शिक्षण सुविधाएं और विद्यार्थी-कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश में बन रहे नए महाविद्यालयों के भवन निर्माण में तेजी लाई जाए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी भारत भूषण भारती व राज नेहरू, हरियाणा राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद के चेयरमेन कैलाश चंद शर्मा, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमेन पवन कुमार सहित स्कूल, तकनीकी व उच्चतर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

******************************

 

बुलंदशहर : पेट्रोल पंप मैनेजर की गोली मारकर हत्या

बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर….

बुलंदशहर  10 April,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जौली गांव के पास सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाइवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात सनसनीखेज वारदात हुई।

बाइक सवार दो हथियारबंद हमलावरों ने पंप मैनेजर राजू शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बोतल में पेट्रोल देने से मना करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, बीती रात दो लोग बाइक से पेट्रोल पंप पर आए। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल में 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया। इसके बाद उन्होंने पंप कर्मियों से एक खाली बोतल में भी पेट्रोल देने की मांग की। पंप के सेल्समैन ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए बोतल में पेट्रोल देने से इनकार कर दिया।

इस बात पर दोनों हमलावरों और पंप कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पंप मैनेजर राजू शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इससे नाराज हमलावरों ने राजू पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से घायल राजू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

एसएसपी ने कहा, “दोनों हमलावरों ने पहले मोटरसाइकिल में तेल डलवाया, फिर बोतल में पेट्रोल मांगा। मना करने पर विवाद हुआ और मैनेजर पर गोली चला दी गई। हमलावर फरार हो गए हैं, लेकिन उनकी तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप पर ऐसी वारदात पहली बार हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पंप कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा सके। एसएसपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

***********************

 

भारत-अमेरिका ट्रेड में लंबी अवधि का नजरिया रखें निर्यातक: पीयूष गोयल

नई दिल्ली 10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । नए उभरते हुए व्यापार चुनौतियों के बीच, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पीयूष गोयल ने निर्यातकों से कहा कि वे भारत-अमेरिका ट्रेड में लंबी अवधि का नजरिया रखें। केंद्रीय मंत्री की ओर से बदलते वैश्विक व्यापार पारिदृश्य के बीच एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और इंडस्ट्री बॉडीज के साथ चर्चा की गई।

यह बैठक उभरते और अत्यंत गतिशील परिदृश्यों से उत्पन्न होने वाले प्रभावों और अवसरों पर विचार-विमर्श करने और उद्योग एवं व्यापार जगत को सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराने के लिए बुलाई गई थी।

गोयल ने कहा, “विभिन्न एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और इंडस्ट्री बॉडीज के पक्षकारों के साथ एक बहुत ही उपयोगी बैठक हुई। विचार-विमर्श में अमेरिका के साथ पारस्परिक रूप से लाभकारी बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए चल रही चर्चाओं से सभी पक्षकारों को अवगत कराया गया।”

गोयल ने आगे कहा, “उन्हें (निर्यातकों) को अपने वाणिज्यिक निर्णय लेते समय भारत-अमेरिका व्यापार और आर्थिक संबंधों के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया और आश्वासन दिया कि सरकार वैश्विक व्यापार वातावरण में हाल में हुए बदलावों के बीच एक अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए काम करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने वित्त वर्ष 2024-25 में 820 अरब डॉलर से अधिक का अब तक का उच्चतम निर्यात हासिल करने के लिए निर्यातकों और उद्योग की सराहना की, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लाल सागर संकट, खाड़ी क्षेत्र में फैल रहे इजरायल-हमास संघर्ष, रूस-यूक्रेन संघर्ष और कुछ विकसित अर्थव्यवस्थाओं में धीमी वृद्धि सहित कई प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद, यह उपलब्धि की सराहनीय है।

बैठक के दौरान, गोयल ने निर्यातकों को पारस्परिक रूप से लाभकारी बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए अमेरिका के साथ चर्चा के बारे में भी जानकारी दी।

इसके अलावा, बैठक में विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली अलग-अलग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ने वैश्विक व्यापार में उभरती चुनौतियों के मद्देनजर अपने विचार और दृष्टिकोण प्रस्तुत किए और सरकार से इन चुनौतीपूर्ण समय में निर्यात उद्योग को समर्थन देने के लिए सक्रिय कदम उठाने का अनुरोध किया।

****************************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 50वां वाराणसी दौरा, भव्य स्वागत की तैयारी

वाराणसी  10 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का 50वां दौरा करने जा रहे हैं।

इस खास मौके पर वे काशीवासियों को 3,884 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 1,629 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 2,255 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को लेकर वाराणसी में उत्साह का माहौल है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में मेहंदीगंज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में लगभग 50 हजार लोग उनके संबोधन को सुनने के लिए मौजूद रहेंगे।

स्थानीय प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसकी तैयारियां जोर-शोर से की हैं। जनसभा स्थल पर भीड़ प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने संपूर्ण क्षेत्र में चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री का यह 50वां दौरा उनके काशी के प्रति समर्पण को दर्शाता है। स्थानीय सांसद के रूप में नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को न केवल विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, बल्कि इसे एक मॉडल क्षेत्र के रूप में भी स्थापित किया है।

कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग बड़ी संख्या में जनसभा में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

काशी भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि कार्यकर्ता होल्डिंग, बैनर, ढोल-नगाड़ों और सजावट के साथ प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत करने को तैयार हैं।

देश की आजादी के बाद किसी भी प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र का इतना दौरा नहीं किया, जितना हमारे प्रधानमंत्री जी काशी की चिंता करते हैं और लगातार यहां आते हैं।

उनका यह 50वां आगमन काशी के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। इस दौरे पर 3,887 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा, जो काशी के विकास को नई गति देगा। भाजपा कार्यकर्ता इस मौके को उत्सव के रूप में मना रहे हैं।

अग्रहरि ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा काशी से स्वच्छता अभियान की शुरुआत को याद करते हुए कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को संकल्प के रूप में अपनाया है। हम एक पखवाड़े का स्वच्छता अभियान चला रहे हैं।

चूंकि प्रधानमंत्री मोदी को स्वच्छता बहुत पसंद है, हम उन्हें उपहार स्वरूप स्वच्छ काशी प्रदान करेंगे। कार्यकर्ता साफ-सफाई के साथ-साथ शहर को सजाने में जुटे हैं ताकि प्रधानमंत्री के स्वागत में कोई कमी न रहे।

***************************

 

एनसीआर में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी, भीषण गर्मी बढ़ाएगी परेशानी

नोएडा ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। एनसीआर में लोगों को गर्म हवाएं और हीटवेव का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी हीटवेव से एनसीआर के लोगों का सामना होगा। अगले हफ्ते से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। वहीं, लोगों की चिंता आने वाले दिनों में बढऩे वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक गर्मी के तेवर कम नहीं होंगे। इस दौरान लू के थपेड़े लोगों के लिए मुश्किलें कम नहीं होने देंगे।

कुछ दिनों बाद मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी के अलग-अलग जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जताया है, जहां कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी और लोगों को थोड़ी राहत मिलती भी दिखाई देगी।

आईएमडी ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को दिन में तेज गर्म हवाओं का सामना करना होगा। आने वाले तीन दिनों के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों और इलाकों के साथ-साथ एनसीआर में भी हल्की बूंदाबांदी और बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। 9 अप्रैल को लोगों का सामना हीटवेव से होगा और रात भी काफी ज्यादा गर्म होगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

इसके बाद एनसीआर के लोगों को 10 अप्रैल को तेज हवा और आंधी का सामना करना पड़ेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

11 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

इसके अगले दिन ही 12 अप्रैल को भी आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इसके चलते अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री बने रहने की संभावना है। लेकिन, लोगों को काफी ज्यादा उमस का सामना करना पड़ेगा।

13 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, 14 अप्रैल को भी आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

15 अप्रैल से एक बार फिर पारा चढ़ेगा। इस दौरान दिन में तेज हवाएं और लू चलेगी, जिसके कारण अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच सकता है।

हीटवेव के चलते सड़कों पर निकल रहे लोगों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्हें तेज धूप और गर्मी की वजह से परेशानी हो सकती है। इसको देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

*************************

 

बंगाल की संस्कृति की अनदेखी भाजपा को पड़ेगी भारी : सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली ,09 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली के चित्तरंजन पार्क इलाके में मांस और मछली की दुकानों को लेकर विवाद छिड़ गया है। इस विवाद के केंद्र में एक वीडियो है, जिसमें कुछ लोग डीडीए मार्केट स्थित एक मंदिर के बगल में चल रही मांस-मछली की दुकानों को जबरन बंद कराने की कोशिश कर रहे हैं। यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है, जहां आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, भाजपा को देश की संस्कृति के बारे में कुछ नहीं मालूम। वे व्हाट्सएप पर जो देखते हैं, उसे ही सच मान लेते हैं। चित्तरंजन पार्क में बंगाली समुदाय के लोग रहते हैं, जो सबसे ज्यादा शिक्षित और समझदार हैं। बंगाल की संस्कृति की अनदेखी भाजपा को भारी पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि जिस प्रांगण में मां दुर्गा की पूजा होती है, वहां मांस और मछली भी प्रसाद स्वरूप चढ़ाई जाती है। बंगाली समाज नवरात्र में भी मांसाहार करता है, यह उनकी सांस्कृतिक पहचान है।

उन्होंने सवाल उठाया, डीडीए ने इन दुकानों को कानूनी रूप से आवंटित किया है। ऐसे में भाजपा समर्थकों द्वारा गरीब दुकानदारों को धमकाना और धौंस जमाना बिल्कुल गलत है। भाजपा अपनी ताकत सिर्फ गरीबों पर ही क्यों दिखाती है?

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, अगर भाजपा को मांस-मछली की दुकानों से इतनी परेशानी है, तो उन्हें पहले डीडीए से सवाल करना चाहिए, जिसने ये दुकानें आवंटित की हैं। गरीब दुकानदारों को परेशान करना और उन पर अत्याचार करना कहीं न कहीं भाजपा की उगाही की मंशा को दर्शाता है।

इस पूरे विवाद पर स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह मार्केट पिछले 70 वर्षों से यहां स्थित है और मंदिर भी मार्केट के लोगों ने ही बनवाया है। दुकानदारों का आरोप है कि कुछ लोग जबरन संस्कृति के नाम पर दुकानों को बंद करवाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दुकानें डीडीए से पूरी तरह से अनुमोदित हैं।

****************************

 

बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर, अपराधी बेलगाम : तेजस्वी यादव

पटना ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं।

राजधानी पटना में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेतावस्था में आ गए हैं। गृह मंत्रालय किसी भी प्रदेश का महत्वपूर्ण विभाग होता है, जो मुख्यमंत्री के पास है। बिहार में अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। इस सवाल को हम लोग सदन (विधानसभा) में और सदन से बाहर भी हमेशा उठाते रहे हैं। सोशल मीडिया और प्रेस रिलीज के जरिए भी आपराधिक घटनाओं का बुलेटिन जारी करते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। अब यह समझना जरूरी है कि सरकार कैसे चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे हुए लोग अपराधियों को जेल से निकाल रहे हैं और भ्रष्टाचारियों को प्रमोट कर रहे हैं। यही सरकार की नीयत बन गई है।
वक्फ कानून को लेकर उन्होंने कहा, हम लोगों ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध किया है।

जदयू किसका विरोध कर रही है, उनकी वे जानें। उनकी पार्टी (जदयू) में वक्फ कानून को लेकर विरोध हो रहा है, उन्हें ऐसे लोगों को समझाना चाहिए। उनकी पार्टी में जाकर हम लोग तो विरोध नहीं कर रहे हैं।

भाजपा द्वारा कांग्रेस और राजद पर तुष्टिकरण की राजनीति के आरोप पर राजद नेता ने कहा कि बंटवारा तो वे कर रहे हैं। धर्म की राजनीति वे कर रहे हैं, नफरत फैलाने का काम वे लोग कर रहे हैं। देश को बांटने का काम वे कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कानून-व्यवस्था को लेकर राजद लगातार सरकार पर हमलावर है। तेजस्वी यादव ने मंगलवार को भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 117 आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए लिखा था, भाजपा-नीतीश और अपराधियों के गठजोड़ से संचालित एनडीए सरकार में घटित विगत कुछ दिनों की केवल और केवल चंद आपराधिक घटनाएं गिनिए।

***************************

 

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की नातिन की हत्या, पति ने सीने में मारी गोली

गया ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के टेंटुआ गांव के समीप एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि टेंटुआ गांव के समीप एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है।

हत्या करने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद किया है। मृतक महिला केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की दूर की नातिन बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच कई दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था और आज आरोपी पति रमेश कुमार पटना से घर लौटा था। आरोपी पति ट्रक चालक है।

घर लौटते ही अपनी पत्नी को घर में बंद कर दिया और गोली मार दिया, जिसे घटना स्थल पर ही पत्नी सुषमा देवी की मौत हो गई। मृतक महिला विकास मित्र में काम करती थी।

जानकारी के अनुसार, पति को अपनी पत्नी पर किसी और के साथ प्रेम प्रसंग चलने का शक था, इसी को लेकर वह गुस्से में था। गुस्से में आने के बाद ही कमरे में बंद कर अपनी पत्नी को गोली मार दी।

हालांकि, पुलिस ने अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस की छानबीन चल रही है। इस बीच मृतक के बहन पूनम कुमारी ने बताया कि वह पटना से बस से उतरा था और घर गया जहां पत्नी के साथ झगड़ा हो गया और उसके बाद पति ने गोली मार दी।

***************************

 

कंगना रनौत के मनाली वाले घर का बिजली बिल आया 1 लाख रुपए

एक्ट्रेस बोलीं,मैं तो वहां रहती भी नहीं

नई दिल्ली ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बॉलीवुड की ‘क्वीनÓ और मंडी से सांसद कंगना रनौत अपने अभिनय के साथ-साथ अपने तीखे और बेबाक बयानों के लिए भी सुर्खियों में रहती हैं। एक बार फिर उन्होंने कुछ ऐसा कहा है जिसने सभी को चौंका दिया है। कंगना ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित उनके घर का बिजली बिल इस महीने ?1 लाख आया है, जबकि वह वहां रहती भी नहीं हैं।

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली कंगना रनौत काम के सिलसिले में अधिकतर मुंबई में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र मंडी में एक राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसी दौरान उन्होंने अपने मनाली वाले घर के बिजली बिल को लेकर यह चौंकाने वाला खुलासा किया। इस कार्यक्रम से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राहुल चौहान नामक एक यूजर द्वारा एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किए गए इस वीडियो में कंगना कह रही हैं, मेरे को इस महीने मनाली के घर का एक लाख रुपए का बिल आया है, जहां पर मैं रहती भी नहीं हूं। सोचिए, जरा इतनी दुर्दशा की हुई है और समोसों पर इनकी एजेंसियांज् हम पढ़ते हैं और शर्मिंदगी होती है कि ये क्या हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा, हम सबके पास एक मौका है, आप सब लोग मेरे भाई-बहन ग्राउंड पर इतना काम करते हैं, इतने कर्मठ लोग हैं, ये हम सबका ही दायित्व है कि हमें इस देश को खासकर प्रदेश को उन्नति के रास्ते पर चलाना है। ये एक तरह से भेडिय़े हैं, हमें इनके चंगुल से प्रदेश को निकालना है।

**************************

 

गुजरात में कांग्रेस का अधिवेशन : खडग़े बोले, यह सरकार विपक्ष को बोलने नहीं देती

गांधीनगर ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  गुजरात में कांग्रेस के दो दिवसीय अधिवेशन में बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार पिछले 11 सालों से सत्ता में है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए कि विपक्ष के किसी भी नेता को सदन में अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जाता है।

खडग़े ने आगे कहा, यहां तक कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी बोलने नहीं दिया जाता है। ऐसे में आप इस बात का सहज ही अंदाजा लगा सकते हैं कि जब लोग राहुल गांधी सरीखे नेता को बोलने नहीं दे रहे हैं, तो भला इस देश के आम लोगों को कैसे बोलने देंगे? यह अपने आप में बड़ा सवाल है, जिस पर हम सभी को एकजुट होकर विवेचना करनी होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार का बोलने पर भी पहरा है। उन्होंने कहा,  मौजूदा हुकूमत अगर विपक्ष की अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार कर रही है, तो यह बात बड़ी आसानी से समझी जा सकती है कि यह सरकार किस मानसिकता के साथ काम कर रही है। यह कहने में कोई गुरेज नहीं होना चाहिए कि इस सरकार की यह मानसिकता इस मुल्क के आवाम के लिए कतई ठीक नहीं होगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अधिवेशन को लेकर उठाए जा रहे तमाम सवालों का भी मंच से उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 140 साल के इतिहास में 86 अधिवेशन हुए। इनमें 6 अधिवेशन गुजरात की धरती पर हुए, जिनमें 3 अहमदाबाद शहर में हुए। अहमदाबाद हमारे लिए तीर्थ स्थल जैसा है।

यहां साबरमती आश्रम है, सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक है। यह अधिवेशन महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी है और सरदार पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। बेलगावी में 26 दिसंबर को हमने घोषणा की थी कि हमारा अगला अधिवेशन गुजरात में होगा।

महात्मा गांधी ने देश को नहीं बल्कि पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया और इसी तरीके से आजादी भी दिलाई। दुनिया भर में महात्मा गांधी जी की प्रतिमाएं हैं और डाक टिकट जारी हुए हैं। यह दिखाता है कि उनके उसूलों का कितना सम्मान है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के निर्माण में गुजरात का अमूल्य योगदान रहा है। यहां पैदा हुई तीन महान हस्तियों- दादाभाई नौरो, महात्मा गांधी, सरदार पटेल – ने पूरे विश्व में अपना और कांग्रेस का नाम रोशन किया है। ये सभी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं। हमारे महान नेता सरदार पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण करके एक मजबूत राष्ट्र बनाया।

इस साल 31 अक्टूबर को हम पूरे देश में सरदार पटेल की 150वीं जयंती धूमधाम से मनाएंगे। कल उनकी श्रद्धांजलि के रूप में विस्तारित सीडब्ल्यूसी की बैठक सरदार पटेल स्मारक में आयोजित की गई। हमें फ़क्र है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस गुजरात में ही 1938 में कांग्रेस अध्यक्ष बने।

संविधान ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष रहे बाबा साहेब अंबेडकर के जीवन को प्रभावित करने में गुजरात का बड़ा योगदान रहा है। हम जहां यह अधिवेशन कर रहे हैं – वह ‘प्रेरणा भूमिÓ है। यहीं से 12 मार्च 1930 को 79 सत्याग्रहियों के साथ अंग्रेजों के खिलाफ़ दांडी मार्च निकाला गया था। इस सत्याग्रह से अंग्रेजी हुकूमत हिल गई थी।

उन्होंने कहा कि इसी के 75 साल बाद 2005 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में एक और दांडी यात्रा निकाली गई थी, जिसने देश के नौजवानों को प्रेरित किया था। गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी गांव-खेत-गरीब की पार्टी बनी थी। वे पंक्ति में खड़े अंतिम लोगों के बारे में सोचते थे। अंत्योदय गांधी की ही सोच थी।

मल्लिकार्जुन खडग़े ने ईवीएम को लेकर भी केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि जहां एक तरफ पूरी दुनिया बैलेट पेपर की तरफ लौट रही है, वहीं दूसरी तरफ हम आज भी अपनी चुनावी प्रक्रियाओं को संपन्न कराने के लिए ईवीएम पर आश्रित हैं और ईवीएम की पारदर्शिता को लेकर हमेशा से ही सवाल उठते आ रहे हैं, लेकिन अफसोस मौजूदा सरकार इस दिशा में किसी भी प्रकार का कदम उठाती हुई नजर नहीं आ रही है।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि इस सरकार ने ऐसे तरीके ईजाद कर लिए हैं, जिससे उन्हें फायदा पहुंचे, लेकिन मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि आने वाले दिनों में इस देश के नौजवान उठ खड़े होंगे और कहेंगे कि हमें ईवीएम नहीं चाहिए।

बता दें कि कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन गुजरात में हो रहा है, जिसमें देश के कोने-कोने से नेता शामिल होने पहुंचे हैं। इस अधिवेशन में सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े शामिल हुए, लेकिन इस बैठक में प्रियंका गांधी शामिल नहीं हुईं, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस अधिवेशन की शुरुआत झंडावंदन से हुई। इसके बाद मल्लिकार्जुन खडग़े ने अपने संबोधन की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने विभिन्न मुद्दों का जिक्र कर केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार निशाना साधा।

*****************************

 

फतेहपुर की घटना को लेकर सरकार सख्त कानूनी कार्रवाई करे : मायावती

लखनऊ ,09 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने फतेहपुर में हुई घटना को लेकर कहा कि सरकार दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करके वहां पीडि़त परिवार को समय पर न्याय दे।

बसपा मुखिया मायावती ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, यूपी में आए दिन हर छोटी-छोटी बात पर लोगों का शोषण व उत्पीडऩ आदि हो रहा है, जिसके तहत अभी हाल ही में जिला फतेहपुर के एक ही किसान परिवार के 3 क्षत्रिय/ठाकुरों की व एक दलित व्यक्ति की भी हत्या कर दी गई है, जिससे लोगों में वहां काफी दहशत व्याप्त है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करके वहां पीडि़त परिवार को समय से न्याय दे तथा कानून-व्यवस्था को भी सुधारने पर विशेष ध्यान दे।

बता दें कि फतेहपुर में चुनावी रंजिश में प्रधान के दो पुत्रों और एक पौत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन पर खेत में जाते समय घात लगाकर हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं।

इस घटना को लेकर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि थाना हथगाम में पंजीकृत मुकदमे में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान बैरियर लगाकर लगातार चेकिंग की जा रही थी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, थाना खागा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक गाड़ी में कुछ अभियुक्त आ रहे थे। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

इसके बाद आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें दो बदमाशों को गोली लगी है। इनके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक गाड़ी भी जब्त की गई है।

उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इसके साथ ही थाना हथगाम में जो हत्या का मुकदमा पंजीकृत हुआ है, उसमें चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी पक्षों की जांच करके अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

****************************

 

जयपुर सीरियल ब्लास्ट केस में 17 साल बाद मिला इंसाफ

4 दोषियों को आजीवन कारावास; 71 लोगों की गई थी जान

जयपुर 09 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राजस्थान की राजधानी जयपुर में 17 साल पहले हुए सीरियल बम धमाकों के दौरान जिंदा मिले बम के मामले में राजस्थान हाई कोर्ट ने मंगलवार को चार आतंकियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला जयपुर के चांदपोल इलाके में रामचंद्र मंदिर के पास मिले एक जिंदा बम से जुड़ा है, जो 13 मई 2008 को हुए सीरियल बम विस्फोटों के बाद बरामद किया गया था।

हाई कोर्ट ने चारों आरोपियों शाहबाज हुसैन, मोहम्मद सरवर आजमी, मोहम्मद सैफ और मोहम्मद सफीउर्रहमान को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13 (गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होना) और धारा 18 (आतंकी साजिश) के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

चार दिन पहले, गत 4 अप्रैल को सीरियल ब्लास्ट मामले की सुनवाई कर रही विशेष अदालत ने इन चारों आरोपियों को दोषी करार दिया था। मंगलवार को सजा पर बहस के बाद हाई कोर्ट ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई। सजा पर बहस के दौरान सरकारी वकील और विशेष लोक अभियोजक (पीपी) सागर ने कहा, “आरोपियों ने समाज में भय फैलाने की नीयत से गंभीर अपराध किया है। इन पर कोई रहम नहीं किया जाना चाहिए।”

करीब 17 साल पहले जयपुर में हुए सीरियल बम धमाकों के बाद चांदपोल बाजार में हनुमान मंदिर के बाहर एक जिंदा बम बरामद किया गया था। यह जिंदा बम 13 मई 2008 को हुए उन सीरियल विस्फोटों का हिस्सा था, जिसमें जयपुर के विभिन्न इलाकों में हुए धमाकों ने 71 लोगों की जान ले ली थी और सैकड़ों को घायल कर दिया था। चांदपोल बाजार में मिला यह बम फटने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया था।

*******************************

 

 

13वीं बार जेल से बाहर आया राम रहीम

रोहतक 09 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): हरियाणा सरकार ने एक बार फिर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर मेहरबानी दिखाते हुए उसे 21 दिनों की फरलो प्रदान की है। बलात्कार और हत्या के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को आज सुबह रिहा कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, राम रहीम आज सुबह करीब 6 बजकर 40 मिनट पर जेल से बाहर आया। उसे लेने के लिए हनीप्रीत खुद पहुंची थी। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच राम रहीम को सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय ले जाया गया है, जहां वह अपनी फरलो की अवधि बिताएगा।

बताया जा रहा है कि राम रहीम ने 29 अप्रैल को डेरा के स्थापना दिवस के मद्देनजर फरलो के लिए आवेदन दिया था। इस अवसर पर डेरे में एक बड़े आयोजन की योजना है, जिसमें राम रहीम शामिल होना चाहता था। हरियाणा सरकार ने उसके आवेदन को स्वीकार करते हुए 21 दिन की यह छुट्टी मंजूर की है।

सिरसा पहुंचने पर राम रहीम ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया है। इसमें उसने अपने अनुयायियों से आग्रह किया है कि वे शांति बनाए रखें और उसके फरलो प्रवास के दौरान डेरा आने से बचें।

गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम सिंह को अगस्त 2017 में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने दो साध्वियों के साथ बलात्कार के मामले में दोषी ठहराया था। बाद में उसे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी सजा सुनाई गई थी। तब से वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे पहले भी कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है।

*******************************

 

अब्दुल्ला आजम पर कोर्ट का बड़ा फैसला, स्टांप चोरी मामले में 3.71 करोड़ का जुर्माना

रामपुर 09 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। स्टांप चोरी के मामले में डीएम कोर्ट ने उन पर 3 करोड़ 71 लाख 878 रुपये का जुर्माना लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, अब्दुल्ला आजम ने 2022 में सदर तहसील क्षेत्र के घाटमपुर और मड़ैया नादर बाग में जमीन खरीदी थी। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग तारीखों पर बैनामा कराया था। आरोप है कि बैनामा कराते समय अब्दुल्ला ने आवासीय जमीन को कृषि भूमि के रूप में दिखाकर 1 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की स्टांप ड्यूटी की चोरी की।

मामला उजागर होने के बाद एसडीएम सदर को इसकी जांच सौंपी गई। जांच में 1 करोड़ रुपये से अधिक की स्टांप चोरी पाए जाने पर उनके खिलाफ डीएम कोर्ट में वाद दायर किया गया। फरवरी 2024 में डीएम कोर्ट ने तीनों पत्रावलियों पर संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया था।

कोर्ट में दोनों पक्षों की सुनवाई हुई और बीते दिनों बहस पूरी होने के बाद आज जिलाधिकारी कोर्ट ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने 1 करोड़ 78 लाख रुपये की स्टांप चोरी पर दोगुना जुर्माना लगाया। साथ ही, देरी से जुर्माना जमा करने पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह के हिसाब से ब्याज भी देना होगा।

जिला शासकीय अधिवक्ता प्रेम किशोर पांडे ने बताया कि अब्दुल्ला आजम ने चार बैनामे अलग-अलग स्थानों पर कराए थे। एक बैनामा मड़ैया नादर बाग में हुआ, जिसका फैसला पहले आ चुका है। बाकी तीन बैनामे बेनजीर पुर घाटमपुर में कराए गए थे, जिनका फैसला आज आया।

जांच में चारों बैनामों में स्टांप चोरी पकड़ी गई। पहले बैनामे में करीब 9 लाख 22 हजार रुपये की स्टांप चोरी थी, जबकि घाटमपुर के तीन बैनामों में एक पर 1 करोड़ 1 लाख और दो पर 33 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगा। कुल मिलाकर चारों मामलों में 3 करोड़ 71 लाख रुपये के आसपास का जुर्माना तय किया गया है। इसे जमा करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है।

अब्दुल्ला आजम की ओर से इस फैसले पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह मामला उनके लिए कानूनी और राजनीतिक रूप से नई चुनौतियां खड़ी कर सकता है।

******************************

 

80+ फर्जी वेबसाइटों से देशभर में करोड़ों की ठगी

बीटेक छात्र के कारनामे से पुलिस भी हैरान

जयपुर 09 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राजस्थान के डूंगरपुर साइबर पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए झारखंड के एक बीटेक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 80 से ज्यादा सरकारी विभागों और नामी कंपनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को फ्रेंचाइजी व अन्य सरकारी योजनाओं का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान झारखंड के गोंडा जिले निवासी रितु आनंद के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि रितु छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित एक निजी कॉलेज में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है।

डूंगरपुर साइबर थाना अधिकारी गिरधारीलाल ने बताया कि रितु आनंद बेहद शातिर तरीके से इस फर्जीवाड़े को अंजाम देता था। उसने सरकारी विभागों एवं बीएसएनएल, टाटा जूडियो जैसी कई प्रतिष्ठित कंपनियों की हूबहू मिलती-जुलती नकली वेबसाइटें बना रखी थीं। इन फर्जी वेबसाइटों के जरिए वह लोगों को लुभावने ऑफर देता था, जैसे, बीएसएनएल का टावर घरों, दुकानों या खाली जमीन पर लगवाना।

सीएनजी पंप आवंटित करवाना। जन आवास योजना का लाभ दिलवाना। प्रधानमंत्री मुद्रा लोन पास करवाना। टाटा जूडियो समेत कई निजी कंपनियों की फ्रेंचाइजी दिलवाना। इन झूठे वादों के नाम पर वह लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस या अन्य शुल्कों के बहाने मोटी रकम ऐंठ लेता था।

इस हाई-टेक ठगी का खुलासा तब हुआ जब डूंगरपुर निवासी प्रशांत चौबीसा ने पिछले वर्ष 18 नवंबर को साइबर थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई। चौबीसा ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर टाटा जूडियो कंपनी की फ्रेंचाइजी का विज्ञापन देखा था।

विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर और ईमेल पर संपर्क करने पर रितु आनंद ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया और फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर उनसे किश्तों में कुल 24 लाख 24 हजार 500 रुपये ठग लिए।

चौबीसा की शिकायत पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की तो सारे तार रितु आनंद से जुड़े। पुलिस ने पाया कि आनंद फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपनी फर्जी वेबसाइटों का प्रचार कर लोगों को फंसाता था।

लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम ने पिछले दिनों रितु आनंद को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम रविवार (6 अप्रैल) को आरोपी को लेकर डूंगरपुर पहुंची है।

थाना अधिकारी गिरधारीलाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में रितु आनंद ने देशभर में कई लोगों के साथ इसी तरह करोड़ों रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क और कुल रकम का पता लगाया जा सके।

*****************************

 

PM मोदी ने किया ‘नवकार महामंत्र’ का जाप, 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि बने साक्षी

नई दिल्ली 09 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में ‘नवकार महामंत्र दिवस’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। श्वेत वस्त्र में पीएम मोदी नवकार महामंत्र का जाप करते दिखे। इस आयोजन में 100 से अधिक देशों से आए प्रतिनिधि एक साथ वैश्विक सामूहिक मंत्र के जाप के साक्षी बने।

दरअसल, नवकार महामंत्र दिवस आध्यात्मिक सद्भाव और नैतिक चेतना का एक महत्वपूर्ण उत्सव है, जो जैन धर्म में सबसे अधिक पूजनीय और सार्वभौमिक मंत्र- नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के माध्यम से लोगों को एकजुट करने का प्रयास करता है।

अहिंसा, विनम्रता और आध्यात्मिक उत्थान के सिद्धांतों पर आधारित यह मंत्र प्रबुद्ध व्यक्तियों के गुणों के प्रति सम्मान व्यक्त करता है और आंतरिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है।

यह दिवस सभी व्यक्तियों को आत्म-शुद्धि, सहिष्णुता और सामूहिक कल्याण के मूल्यों पर चिंतन करने के लिए प्रोत्साहित करता है। इससे पहले पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट कर लोगों से नवकार महामंत्र का जाप करने की अपील की थी।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “आइए, सब मिलकर प्रातः 8:27 बजे नवकार महामंत्र का जाप करें। णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, णमो उवज्झायाणं, णमो लोए सव्वसाहूणं। प्रत्येक आवाज शांति, शक्ति और सद्भाव लाए। हम सब भाईचारे और एकजुटता की भावना को बढ़ाने के लिए एक साथ आएं।”

इसके अलावा, केंद्रीय पीयूष गोयल ने एक्स पर लिखा था, “णमो अरिहंताणं… नवकार महामंत्र जैन धर्म के सबसे पावन मंत्रों में से एक है जो आध्यात्मिकता, विनम्रता, भाईचारे और अहिंसा के सिद्धांतों पर आधारित है।

यह मंत्र मन की शांति और आंतरिक संतुलन का माध्यम है। महावीर जयंती से एक दिन पूर्व 9 अप्रैल को सुबह 8 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में “नवकार महामंत्र दिवस” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन में 100 से अधिक देशों से आए प्रतिनिधि एक साथ वैश्विक सामूहिक मंत्र के जाप के साक्षी बनेंगे। आइए, हम सभी इस पावन अवसर पर नवकार मंत्र का जाप करते हुए पूरे विश्व में शांति, एकता और आध्यात्मिक जागरण का संदेश फैलाएं।”

******************************

 

भारत-यूएई साझेदारी में दुबई की भूमिका अहम

क्राउन प्रिंस शेख हमदान से मुलाकात के बाद पीएम मोदी

नई दिल्ली ,08 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दुबई के क्राउन प्रिंस, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के डिप्टी पीएम और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। वह भारत की दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, दुबई के क्राउन प्रिंस महामहिम शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से मिलकर खुशी हुई। दुबई ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह विशेष यात्रा हमारी गहरी दोस्ती की पुष्टि करती है और भविष्य में और भी मजबूत सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगी।

वहीं क्राउन प्रिंस ने एक्स पर लिखा, आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करके खुशी हुई। हमारी बातचीत ने यूएई-भारत संबंधों की मजबूती की पुष्टि की, जो विश्वास पर आधारित है, इतिहास द्वारा आकारित है, तथा अवसरों, इनोवेशन और स्थायी समृद्धि से भरा भविष्य बनाने के साझा दृष्टिकोण से प्रेरित है।

दुबई के क्राउन प्रिंस के रूप में शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा है और उनके साथ कई मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और एक उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने गणमान्य अतिथि के सम्मान में दोपहर के भोज का आयोजन किया और क्राउन प्रिंस ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भी बैठकें कीं।

इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने क्राउन प्रिंस का स्वागत किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के डिप्टी पीएम और रक्षा मंत्री महामहिम शेख हमदान मोहम्मद का भारत की पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान स्वागत करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। हमारे व्यापक सहयोग और जीवंत संबंधों के लिए उनकी सकारात्मक भावनाओं की सराहना करता हूं।

दिल्ली के बाद, क्राउन प्रिंस मुंबई का दौरा करेंगे और दोनों पक्षों के प्रमुख व्यापारिक नेताओं के साथ एक व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगे। इस बातचीत से भारत-यूएई आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग मजबूत होगा।

*******************************

 

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर मंडरा रहा ये बड़ा खतरा, अलर्ट पर प्रशासन

देहरादून ,08 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इसकी तैयारियों में प्रशासन जोरशोर से जुटा है। हर साल की तरह इस बार भी बाबा केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

हालांकि, यात्रा शुरू होने से पहले ही साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। इस बार साइबर पुलिस और उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने इनसे निपटने के लिए कमर कस ली है।

यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं 2 मई से शुरू होंगी, जब धाम के कपाट खुलेंगे। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया 8 अप्रैल से शुरू हो रही है। यूकाडा और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। हेली सेवाओं की बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट द्धद्गद्यद्ब4ड्डह्लह्म्ड्ड.द्बह्म्ष्ह्लष्.ष्श.द्बठ्ठ पर जाना होगा।

गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से शुरू होने वाली सेवाएं श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन का विकल्प होंगी। यूकाडा के अधिकारी ने बताया कि इस बार सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि फर्जीवाड़े को रोका जा सके। पिछले साल भी साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

हर साल केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवाओं का संचालन होता है, लेकिन फर्जी वेबसाइट्स और स्कैमर्स यात्रियों को ठगने में जुट जाते हैं। इसे रोकने के लिए उत्तराखंड साइबर सेल ने प्राथमिकता के आधार पर कई कदम उठाए हैं। वहीं, साइबर पुलिस ने अपील की है कि यात्री केवल उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही बुकिंग करें।

पिछले साल चारधाम यात्रा के नाम पर ठगी करने वाली 80 फर्जी वेबसाइट्स को बंद किया गया था और 30 से अधिक फेक फेसबुक विज्ञापनों को हटाया गया था। इसके अलावा, 50 से ज्यादा बैंक खातों को फ्रीज किया गया था। साइबर पुलिस ने कई ठगों को गिरफ्तार भी किया है, जिनके पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद हुए।

पुलिस ने यात्रियों से आग्रह किया है कि ऑनलाइन आधार कार्ड या पैन कार्ड जैसी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ शेयर न करें। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से उम्मीद है कि इस बार यात्रा सुचारु और सुरक्षित रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि टिकट बुकिंग से पहले वेबसाइट की प्रामाणिकता जांच लें और किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

*************************

 

चुनाव आयोग कार्यालय में दो टीएमसी सांसदों में जोरदार बहस

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने पोस्ट की क्लिप

कोलकाता ,08 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  4 अप्रैल को चुनाव आयोग के दफ्तर में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दो लोकसभा सांसदों के बीच कथित रूप से जोरदार बहस हो गई। यह बहस अब सार्वजनिक हो चुकी है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल प्रमुख और पश्चिम बंगाल के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक अमित मालवीय ने इस बहस के वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए हैं।

वीडियो में टीएमसी के वरिष्ठ सांसद और कोलकाता हाई कोर्ट के वकील कल्याण बनर्जी और क्रिकेटर से राजनेता बने कीर्ति आजाद के बीच विवाद देखा जा सकता है।

मालवीय ने यह भी कहा कि 4 अप्रैल 2025 को चुनाव आयोग में दो टीएमसी सांसदों के बीच सार्वजनिक झगड़े के तुरंत बाद नाराज सांसद ने ‘वर्सेटाइल इंटरनेशनल लेडी (वीआई) के खिलाफ अपमानजनक बातें कहीं।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वर्सेटाइल इंटरनेशनल लेडी से उनका इशारा किसकी ओर था। वीडियो में एक जगह कल्याण बनर्जी ऊंची आवाज में यह कहते सुने गए कि वे कोटे से सांसद नहीं बने हैं और न ही किसी और पार्टी से आकर टीएमसी में शामिल हुए हैं।

मालवीय ने एक और पोस्ट में इस विवाद के बारे में विस्तार से बताया। मालवीय ने कहा कि 4 अप्रैल को, तृणमूल कांग्रेस के दो लोकसभा सदस्यों ने चुनाव आयोग के मुख्यालय में सार्वजनिक रूप से झगड़ा किया था, जहां वे रिप्रजेंटेशन सबमिट करने गए थे।

पोस्ट के अनुसार, ऐसा लगता है कि पार्टी ने अपने सांसदों को संसद कार्यालय में इक_ा होकर ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा था, ताकि वे चुनाव आयोग जा सकें। लेकिन ज्ञापन ले जाने वाले सांसद संसद की बैठक में नहीं गए और सीधे चुनाव आयोग चले गए। इससे एक दूसरे सांसद नाराज हो गए, और जब वे आयोग में आमने-सामने आए, तो उन्होंने उनसे सवाल किया।

इसके बाद दोनों के बीच जोरदार बहस हुई, और वे एक दूसरे पर चिल्लाने लगे। इतना कि उनमें से एक ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से हस्तक्षेप करने के लिए कहा। मामला तेजी से बढ़ गया और ममता बनर्जी तक पहुंच गया, जिन्होंने कथित तौर पर दोनों सांसदों को शांत रहने के लिए कहा।

मालवीय ने यह भी बताया कि यह झगड़ा यहीं नहीं रुका, बल्कि ‘एआईटीसी एमपी 2024’ व्हाट्सऐप ग्रुप में भी जारी रहा, जहां दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। उन्होंने उस व्हाट्सऐप ग्रुप की कुछ बातचीत के स्क्रीनशॉट भी साझा किए। आखिर में उन्होंने कहा, अब भी सवाल यही बना हुआ है कि ‘वर्सेटाइल इंटरनेशनल लेडी’ असल में कौन है? यह रहस्य अभी भी अनसुलझा है।

***************************

 

सिंगापुर के स्कूल में आग लगने से पवन कल्याण का 7 वर्षीय बेटा शंकर झुलसा

अमरावती  08 April,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री-अभिनेता पवन कल्याण के छोटे बेटे मार्क शंकर के सिंगापुर स्थित स्कूल में आग लग गई, जिसमें वह झुलस गया। पवन कल्याण की पार्टी जन सेना के अनुसार, इस घटना में सात वर्षीय शंकर के हाथ और पैर झुलस गए हैं। उसे धुएं के कारण भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अल्लूरी सीतारामराजू जिले के दौरे पर गए अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण को यह खबर मिली। वे जिले के अपने दौरे को बीच में छोड़कर सिंगापुर के लिए रवाना होंगे। जन सेना के अनुसार, पार्टी नेताओं ने उन्हें सिंगापुर रवाना होने का सुझाव दिया। हालांकि, पवन कल्याण ने नेताओं से कहा कि उन्होंने सोमवार को आदिवासियों से वादा किया था कि वे अराकू के पास कुरीडी गांव का दौरा करेंगे और उनकी समस्याओं के बारे में जानेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि विकास कार्यक्रमों के उद्घाटन की व्यवस्था कर दी गई है, इसलिए वे सिंगापुर रवाना होने से पहले यह काम कर लेंगे।
जन सेना के नेताओं ने बताया कि आदिवासी क्षेत्र का दौरा पूरा करने के बाद पवन कल्याण विशाखापत्तनम पहुंचेंगे और सिंगापुर के लिए रवाना होंगे।
शंकर का जन्म पवन कल्याण की तीसरी पत्नी अन्ना लेझनेवा से 2017 में हुआ था। वह अभिनेता के चार बच्चों में सबसे छोटे हैं। पवन कल्याण की एक बेटी पोलेना और एक बेटा मार्क शंकर है, जो अन्ना लेझनेवा से हैं। अन्ना लेझनेवा रूसी नागरिक हैं, जिनसे कल्याण ने साल 2013 में शादी की थी।
अभिनेता-राजनेता की दूसरी पत्नी रेणु देसाई से एक बेटा अकीरा और एक बेटी आध्वा है, जिनसे उन्होंने 2012 में तलाक ले लिया था।
इस बीच, राज्य के शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि वह सिंगापुर के एक स्कूल में आग लगने की घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हैं, जिसमें पवन कल्याण के बेटे शंकर झुलस गए हैं। लोकेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर लिखा, “उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में परिवार को शक्ति मिले और उनके लिए प्रार्थनाएं।”

*************************

 

मनोज कुमार भारतीय सिनेमा के सच्चे प्रतीक : दिवंगत अभिनेता की पत्नी को पीएम मोदी का पत्र

नई दिल्ली  08 April,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत अभिनेता मनोज कुमार की पत्नी शशि गोस्वामी को पत्र लिखा। उन्होंने एक्टर को “भारतीय सिनेमा का सच्चा प्रतीक” बताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने पत्र में लिखा, “सत्यमेव जयते, शशि गोस्वामी जी, मनोज कुमार जी के निधन से अत्यंत दुःख हुआ।

इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। दिग्गज अभिनेता और फिल्मकार मनोज कुमार जी ने अपनी फिल्मों के माध्यम से भारत के गौरव को प्रभावशाली ढंग से दिखाया। उनकी कई फिल्मों ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।

भारत के महत्वाकांक्षी युवा के रूप में उनके विभिन्न किरदारों ने जहां एक ओर देश की स्वतंत्रता के संघर्ष को जीवंत किया, तो वहीं राष्ट्र के आने वाले कल को बेहतर बनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित भी किया।”

उन्होंने आगे लिखा, “समाज के प्रति अपने दायित्व को कलात्मक ढंग से अभिव्यक्त करते हुए उन्होंने सिनेमा को निरंतर समृद्ध किया। भारतीय संस्कृति और मूल्यों पर आधारित उनकी फिल्मों के अनेक गीत देश के प्रति स्नेह और समर्पण की भावना को व्यक्त करते हैं, जिन्हें लोग सदैव गुनगुनाएंगे।

****************************

 

बॉलीवुड में दस्तक देगी अभिनेत्री खुशी पाल..!

08.04.2025 – म्यूजिक वीडियो ‘पहले जा फिर जानेजान’, ‘अम्बरान दे तोर’ में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी अभिनेत्री खुशी पाल बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही है। इनकी एक बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। इस फिल्म की शूटिंग मध्यप्रदेश के रीवा क्षेत्र के आस पास के मनोरम स्थलों पर किया गया है।

इसके साथ ही साउथ सिनेमा और बॉलीवुड फिल्म में इनके अभिनय का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। इसके अलावा वह वेब सीरीज, फिल्म और विज्ञापनों में अभिनय कर रही हैं। खुशी पाल नेपाल देश के लुम्बिनी के पास एक छोटे शहर की रहने वाली है। बचपन से बॉलीवुड फिल्मों को देखकर उनके मन में फिल्मों के प्रति चाहत जागी और शाहरुख खान की ‘कुछ कुछ होता है’ देखकर बॉलीवुड में आने की उनकी इच्छा प्रबल हो गई।

सलमान खान, शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा और कटरीना कैफ उनके पसंदीदा कलाकार हैं। निर्देशक अनिल शर्मा और संजय लीला भंसाली की फिल्में इन्हें पसंद है और वह चाहती हैं कि भविष्य में उनके साथ काम करने का मौका मिले। बैडमिंटन और फुटबॉल खेलना इन्हें पसंद हैं। ट्रेवलिंग और सिंगिंग का इनको शौक है।

अभिनेत्री खुशी पाल कहती हैं कि चूंकि मैं नेपाल से हूं इसलिए सबसे पहले मैंने हिंदी भाषा सीखा। डांस और अभिनय की कला मेरे अंदर थी बस उसे निखारने का अभ्यास किया।

उनका कहना है कि सब को ख्वाब देखने का हक है और उसे पूरा करने की कोशिश करनी चाहिए। यदि आप इंडस्ट्री में आना चाहते हैं तो आपको कोई रोक नही सकता। अपनी मेहनत और लगन पर विश्वास रखें क्योंकि आपसे बेहतर आपको कोई और नहीं जान सकता।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

अप्रैल में ही 40 डिग्री तापमान, मिट्टी के मटकों की बिक्री में उछाल

नीमच 07 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): मध्य प्रदेश के नीमच जिले में अप्रैल के पहले हफ्ते में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्यतः मई महीने में देखने को मिलता है। मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए पारंपरिक तरीकों की ओर मोड़ दिया है।

इस बार लोगों ने मिट्टी के मटकों की खरीदारी में खासी दिलचस्पी दिखाई है, जिससे बाजार में इनकी मांग बढ़ गई है। नीमच में जगह-जगह मटके बेचने वालों ने अपनी दुकानें सजा रखी हैं, जहां कई आकर्षक डिजाइनों वाले मटके उपलब्ध हैं।

मालवा क्षेत्र में स्थित नीमच जिला आमतौर पर बहुत अधिक गर्म नहीं होता। यहां मई-जून के महीनों में तापमान 40 से 46 डिग्री के बीच रहता है। लेकिन इस बार अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। होली के बाद से ही लोग मटके खरीदने लगे थे और अब इसकी डिमांड में तेजी देखी जा रही है।

आधुनिक युग में फ्रिज और अन्य ठंडे पानी के संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद, लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के चलते मिट्टी के मटकों को तरजीह दे रहे हैं। मटके का पानी न केवल ठंडा रहता है, बल्कि सेहत के लिए भी लाभकारी माना जाता है।

नीमच के गुरुद्वारा के ज्ञानी सागर सिंह ने बताया कि इस बार गर्मी अचानक इतनी बढ़ गई है कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सलाह दी कि लोग बाहर निकलते समय सुरक्षा का ध्यान रखें और खूब पानी पिएं।

उन्होंने कहा, “हम सालभर फ्रिज का पानी नहीं पीते। गर्मी में मटके का पानी ही इस्तेमाल करते हैं। एक मटका पूरे सीजन के लिए काफी होता है।” साथ ही, उन्होंने पशु-पक्षियों के लिए भी पानी का इंतजाम करने की अपील की।

नीमच सिटी के मटका विक्रेता मदन प्रजापति ने बताया कि इस बार गर्मी की शुरुआत से ही मटकों की बिक्री में तेजी आई है। लोग फ्रिज के पानी को छोड़कर मटके के पानी को प्राथमिकता दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, “इस बार गर्मी अभी से बहुत तेज हो गई है, इस बार शुरू से ही मटके खूब बिक रहे है क्योकि फ्रिज का पानी लोगों ने पीना कम कर दिया है। ये मटके राजस्थान से आते हैं, जिनमें बालू और रेत मिश्रित मिट्टी होती है। इससे पानी जल्दी ठंडा होता है और स्वाद भी अच्छा रहता है। इस बार अभी तक आधे से ज्यादा मटके बिक चुके हैं। गर्मी बढ़ने के साथ मटकों की मांग और बढ़ने की उम्मीद है।”

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version