उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का बड़ा बयान – संसद ही सर्वोच्च है

इससे ऊपर कोई अथॉरिटी नहीं

नई दिल्ली ,22 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की सुप्रीम कोर्ट पर विवादित टिप्पणी के बीच उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का बड़ा बयान सामने आया है।

उपराष्ट्रपति ने संविधान में निर्धारित भारतीय सरकार के ढांचे के भीतर न्यायपालिका के अधिकार क्षेत्र पर एक बार फिर सवाल उठाया है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने संसद और सुप्रीम कोर्ट की शक्ति को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सबसे सर्वोच्च संसद ही है, उससे ऊपर कोई अथॉरिटी नहीं है।

उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि संसद में जो सांसद चुनकर आते हैं वो आम जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। सांसद ही सबकुछ होते हैं, इनसे कोई ऊपर कोई नहीं होता।

जगदीप धनखड़ ने ये बातें मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं। इस दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट पर अपने पिछले हमलों की आलोचना पर भी पलटवार किया और कहा कि किसी संवैधानिक पदाधिकारी (खुद के बारे में) द्वारा बोला गया हर शब्द सर्वोच्च राष्ट्रीय हित से निर्देशित होता है।

उन्होंने कहा कि संविधान कैसा होगा और उसमें क्या संशोधन होने हैं, यह तय करने का पूरा अधिकार सांसदों को है। उनके ऊपर कोई भी नहीं है। उपराष्ट्रपति का यह बयान तब आया है जबकि सुप्रीम कोर्ट को लेकर की गई उनकी टिप्पणी का एक वर्ग आलोचन भी कर रहा है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि लोकतंत्र में संसद ही सुप्रीम है। संवैधानिक पद पर बैठा हर व्यक्ति का बयान राष्ट्र के हित में होता है। निर्वाचित प्रतिनिधि तय करते हैं कि संविधान कैसा होगा। उनके ऊपर कोई और अथॉरिटी नहीं हो सकती।

सुप्रीम कोर्ट पर सार्वजनिक रूप से किए गए अनुचित हमलों में संविधान की प्रस्तावना के बारे में दो अलग-अलग ऐतिहासिक फ़ैसलों में

विरोधाभासी बयानों के लिए आलोचना शामिल थी – 1967 का आईसी गोलकनाथ मामला और 1973 का केशवानंद भारती मामला। धनखड़ ने 1975 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान अदालत की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने प्रस्तावना संविधान का हिस्सा नहीं है। दूसरे मामले में एससी ने कहा कि यह संविधान का हिस्सा है। लेकिन संविधान के बारे में कोई संदेह नहीं होना चाहिए। चुने हुए प्रतिनिधि ही संविधान के अंतिम स्वामी होंगे। उनसे ऊपर कोई अथॉरिटी नहीं हो सकता।

**************************

 

वक्फ कानून पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने की मुसलमानों से चर्चा

मुंबई ,22 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। वक्फ कानून को लेकर मंगलवार को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मुंबई में मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान उन्हें वक्फ कानून के बारे में विस्तार से बताया कि कैसे यह कानून देश के गरीब मुसलमानों के लिए फायदेमंद साबित होगा।

मुंबई में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, आज मुंबई में वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के तहत आम जन से मुलाकात कर संबोधित किया।

वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 को लेकर यहां उपस्थित लोगों का उत्साह अत्यंत सुखद है। यह अधिनियम न्याय, पारदर्शिता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुनिश्चित करता है। मुस्लिम समुदाय के गरीब परिवारों और महिलाओं के विकास के लिए यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।

बातचीत के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस कानून पर खुशी जाहिर की और पीएम मोदी का आभार जताया।

हाजी पटेल ने कहा कि आज यहां पर एक बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ कानून के बारे में हम लोगों को विस्तार से बताया है। मैं समझता हूं कि केंद्र की मोदी सरकार ने यह ऐतिहासिक फैसला लेते हुए वक्फ में संशोधन किया है।

इस कानून से वक्फ की जमीनों का लाभ गरीब मुसलमानों को मिलेगा। अब तक जो मुसलमान जमीन की कमी होने के कारण सड़कों पर रहने के लिए मजबूर थे। वह अब वक्फ की जमीन पर अपना घर बना सकेंगे। मैं एक बार फिर से पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का धन्यवाद करना चाहता हूं।

सलीम बागवान ने बताया कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ कानून के बारे में बताया। हम लोगों को पूरा भरोसा है कि यह कानून गरीब मुसलमानों के हित को देखते हुए लाया गया है। जो लोग इस कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं वह अब तक सिर्फ मुसलमानों को अपना वोट बैंक समझते थे।

पीएम मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। वक्फ कानून से गरीब मुसलमानों को घर मिलेगा, कारोबार के लिए जगह मिलेगी। मैं पीएम मोदी का आभार जताना चाहता हूं।

*****************************

 

अमरनाथ यात्रा से पहले पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला

गोलीबारी में एक की मौत, कई घायल

श्रीनगर ,22 अपै्रल (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने पर्यटकों के एक समूह पर गोलीबारी की। इस हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बल तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया। पहाड़ी क्षेत्रों में आतंकवादियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। घायल पर्यटकों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने समाचार एजेंसी पीटीआई को फोन पर बताया कि उनके पति के सिर में गोली लगी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस हमले में कम से कम सात अन्य लोग घायल हुए हैं। महिला ने अपनी पहचान उजागर नहीं की, लेकिन घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की गुहार लगाई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि बैसरन मैदानों में गोलियों की आवाज सुनने के बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और तुरंत मोर्चा संभाल लिया।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब 3 जुलाई से वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है। पर्यटकों को निशाना बनाना इस ओर इशारा करता है कि आतंकी अमरनाथ यात्रा को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

यात्रा शुरू होने से ठीक पहले हुआ यह हमला सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा सकता है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल इलाके की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रण में लाने और हमलावरों का पता लगाने में जुटे हैं।

आतंकवादियों की संख्या कितनी थी और उन्होंने कैसे हमला किया, इसकी विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

******************************

 

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने की गृहमंत्री अमित शाह से मुलाक़ात

नई दिल्ली 22 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने आज भारत सरकार के गृहमंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच अल्पसंख्यकों से जुड़े विभिन्न महत्त्वपूर्ण मुद्दों के साथ-साथ पंजाब से संबंधित विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।

मुलाक़ात के दौरान लालपुरा ने अमित शाह को अपनी लिखी पुस्तक भेंट की, जिसे गृहमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। यह भेंट सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान का प्रतीक रही। यह बैठक अल्पसंख्यक समुदायों की बेहतरी और क्षेत्रीय समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम के रूप में देखी जा रही है।

*****************************

 

बेंगलुरु में वायुसेना के फाइटर पायलट से मारपीट

पत्नी से दुर्व्यवहार; खून से लथपथ मिले विंग कमांडर

बेंगलुरु 22 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : देश की आईटी सिटी बेंगलुरु से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां भारतीय वायुसेना के एक फाइटर पायलट विंग कमांडर आदित्य बोस के साथ सरेआम बेरहमी से मारपीट की गई और उनकी पत्नी स्क्वाड्रन लीडर मधुमिता सीवी रमन के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इस हमले में विंग कमांडर बोस गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जब विंग कमांडर आदित्य बोस अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट जा रहे थे। आरोप है कि बाइक सवार कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और उसे रोक लिया। विंग कमांडर बोस ने इस पूरी घटना का एक वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

वायरल वीडियो में विंग कमांडर बोस ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि एक बाइक सवार उनका पीछा कर रहा था और कन्नड़ भाषा में गाली देते हुए उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर जबरन रोक लिया। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी पर डीआरडीओ (DRDO) का स्टीकर लगा हुआ था, जिसे देखकर बदमाश और भी ज्यादा आक्रामक हो गए और उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। बदमाशों ने उनकी पत्नी, जो खुद भी एक वायुसेना अधिकारी हैं, के साथ भी बदसलूकी की।

विंग कमांडर बोस के अनुसार, जब उन्होंने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने चाबी के गुच्छे से उनके चेहरे और माथे पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और खून बहने लगा। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए बताया कि मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने बीच-बचाव करने या उनकी मदद करने की हिम्मत नहीं दिखाई। मारपीट के बाद बदमाश उनकी गाड़ी पर और उन पर पत्थर फेंकते हुए मौके से फरार हो गए।

उधर, बेंगलुरु पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर यह मामला रोडरेज का लग रहा है। पुलिस ने विंग कमांडर बोस द्वारा साझा किए गए वीडियो के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान और तलाश में जुट गई है। इस घटना ने बेंगलुरु जैसे मेट्रो शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एक सेवारत वायुसेना अधिकारी और उनकी पत्नी के साथ हुई इस तरह की घटना की चौतरफा निंदा हो रही है।

****************************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के लिए रवाना

भारत-सऊदी संबंधों को मिलेगी मजबूती

नई दिल्ली 22 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सऊदी अरब की दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए रवाना हुए। यह यात्रा सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री, महामहिम प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर हो रही है।

अपने इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी भारत-सऊदी अरब के ऐतिहासिक संबंधों को और गहरा करने के लिए चर्चा करेंगे। यह यात्रा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी, बल्कि क्षेत्रीय शांति, समृद्धि और स्थिरता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद से भारत और सऊदी अरब के साथ-साथ खाड़ी क्षेत्र के देशों के साथ संबंधों को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में भारत-सऊदी संबंधों ने रणनीतिक गहराई और गति प्राप्त की है। पीएम मोदी की सऊदी अरब की यह तीसरी यात्रा है, जबकि उनसे पहले सभी प्रधानमंत्री 7 दशकों में कुल मिलाकर 3 बार सऊदी अरब गए थे। यह खाड़ी क्षेत्र के किसी देश की उनकी 15वीं यात्रा भी है।

सऊदी अरब रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कहा, “मैं जेद्दा, सऊदी अरब जा रहा हूं। वहां मेरी कई बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होने की योजना है। भारत सऊदी अरब के साथ अपने पुराने रिश्तों को बहुत महत्व देता है। पिछले दस सालों में हमारे आपसी संबंध बहुत तेजी से आगे बढ़े हैं। मुझे रणनीतिक साझेदारी परिषद की दूसरी बैठक में भाग लेने का इंतजार है। मैं वहां भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलूंगा।”

वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में भी पीएम मोदी ने भारत और सऊदी अरब के ऐतिहासिक और गहरे संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने बयान में कहा गया कि भारत सऊदी अरब के साथ अपने लंबे और ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देता है, जिसने हाल के वर्षों में रणनीतिक गहराई और गति प्राप्त की है।

साथ मिलकर, हमने रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी और ठोस साझेदारी विकसित की है। क्षेत्रीय शांति, समृद्धि, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए हमारी साझा रुचि और प्रतिबद्धता है। पिछले एक दशक में सऊदी अरब की मेरी यह तीसरी यात्रा होगी और ऐतिहासिक शहर जेद्दा की पहली यात्रा होगी।

बता दें कि यह प्रधानमंत्री मोदी की खाड़ी देश की तीसरी यात्रा होगी, इससे पहले वह 2016 और 2019 में रियाद जा चुके हैं। यह दौरा भारत और सऊदी अरब के बीच गहराते रणनीतिक संबंधों को दर्शाता है, खासकर ऊर्जा सहयोग, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में।

यह यात्रा सितंबर 2023 में नई दिल्ली में हुए जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की भारत यात्रा और भारत-सऊदी रणनीतिक साझेदारी परिषद की पहली बैठक के बाद हो रही है।

**************************

 

बड़ी वारदात : यात्रियों से भरी बस पर अंधाधुंध फायरिंग

ड्राइवर की मौत; लोगों ने कूदकर बचाई जान

पटना 22 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): पटना के जीरो माइल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक बस पर तीन अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में बस चालक दुष्यंत मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

हमले के बाद दहशत में आए यात्री बस से कूदकर भाग खड़े हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस नीतू राज सर्विसेज की थी और बेतिया जाने के लिए स्टैंड से निकली थी। जीरो माइल पर ट्रैफिक के कारण बस धीमी रफ्तार से चल रही थी।

इसी दौरान तीन हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। कई यात्रियों ने सिर झुकाकर और बस की फर्श पर लेटकर जान बचाई। फायरिंग लगभग डेढ़ मिनट तक चली। हमलावरों के फरार होते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर वे आसानी से भाग निकले। पुलिस ने मौके से छह खोखे बरामद किए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. के. रामदास और एसडीपीओ-2 सत्यकाम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेजा गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हमला रंगदारी से जुड़ा हो सकता है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस स्टैंड में दो कुख्यात अपराधियों का दबदबा है, जो फिलहाल बेउर जेल में बंद हैं। आशंका जताई जा रही है कि बस मालिकों से रंगदारी मांगी गई थी, और विरोध करने पर यह हमला किया गया। फिलहाल पुलिस बस मालिक, कंडक्टर और मैनेजर से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

************************

 

रामबन बाढ़: जम्मू-श्रीनगर हाईवे लगातार तीसरे दिन भी बंद रहा

जम्मू 22 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी बंद रहा। अधिकारियों ने कहा कि हाईवे को बहाल करने में पांच दिन और लगेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के इंजीनियरों ने बताया कि हाईवे 22 स्थानों पर क्षतिग्रस्त है और मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है।

रविवार को रामबन जिले में अचानक आई बाढ़ के कारण हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 100 से अधिक लोगों को बचाया गया था। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे का लगभग 4 से 5 किलोमीटर हिस्सा पूरी तरह बह गया और मलबे के नीचे कई वाहन दब गए।

कई सौ यात्री हाईवे पर फंसे हुए हैं। अधिकारी फंसे हुए यात्रियों को आश्रय और भोजन उपलब्ध कराने के लिए आगे आए हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला राहत अभियान का व्यक्तिगत निरीक्षण करने और नुकसान का आकलन करने के लिए सोमवार को हाईवे पर काली मोड़ पहुंचे थे।

सीएम ने कहा था कि नुकसान बहुत बड़ा है, लेकिन आपदा स्थानीय स्तर पर हुई है। इसलिए इसे ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित नहीं किया जा सकता। हालांकि, मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को हर संभव राहत और सहायता प्रदान की जाएगी।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों के लिए राहत राशि देने का अनुरोध किया है।

इस बीच, कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर वीके बिधूड़ी ने घाटी के लोगों से फिर अपील की है कि वे घबराहट में खरीदारी न करें, क्योंकि यहां दो हफ्तों तक चलने के लिए खाद्यान्न और पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार है।

लोग अपनी दैनिक जरूरत से कहीं अधिक पेट्रोल और डीजल खरीदने के लिए घाटी भर में पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगा रहे हैं। गांदरबल जिले में एक पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने कहा, “घबराहट में की गई खरीदारी के कारण स्टॉक खत्म हो रहा है, क्योंकि हम हर दिन सामान्य से तीन गुना अधिक वाहन चालकों की भीड़ देख रहे हैं।”

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू डिवीजन के राजौरी जिले से जोड़ने वाला मुगल रोड फिलहाल हल्के मोटर वाहनों (एलएमवी) के लिए एकतरफा यातायात के लिए खुला है।

जम्मू-श्रीनगर हाईवे की नाकाबंदी के कारण हवाई टिकटों की भी होड़ मच गई है, क्योंकि घाटी से बाहर जाने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग स्थलीय यात्रा की अनिश्चितता के मुकाबले हवाई यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं।

***********************

 

 

CJI पर टिप्पणी कर फंसे BJP सांसद निशिकांत दुबे, सुप्रीम कोर्ट ने दिखाई सख्ती

मामले को अगले हफ्ते किया लिस्ट

नई दिल्ली 22 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव खन्ना पर विवादित बयान देकर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए इसे अगले हफ्ते के लिए लिस्ट कर दिया है। अदालत में पेश हुए वकीलों ने दुबे के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है।

 वकीलों का कहना है कि दुबे का बयान सिर्फ अदालत की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचाता, बल्कि सोशल मीडिया पर भी सुप्रीम कोर्ट को लेकर अपमानजनक टिप्पणियों की बाढ़ ला दी है। उन्होंने अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल को पत्र लिखकर इस पर सहमति मांगी है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस एजी मसीह की बेंच ने कहा कि मामला गंभीर है और इसे अगले हफ्ते सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। सुनवाई के दौरान वकील ने कहा, “बीजेपी सांसद ने कहा कि भारत में गृह युद्ध के लिए CJI जिम्मेदार हैं। यह अब तक का सबसे गंभीर हमला है न्यायपालिका पर।”

वकीलों की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट सोशल मीडिया से संबंधित विवादित वीडियो को हटाने का आदेश दे, जिससे न्यायपालिका की साख को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण मामला नहीं है, बल्कि अदालत की अवमानना से जुड़ा मुद्दा है, जिस पर ठोस कार्रवाई जरूरी है।

अब सबकी निगाहें अगले हफ्ते होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें तय होगा कि सुप्रीम कोर्ट इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है और क्या सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही आगे बढ़ेगी।

****************************

 

ED की बड़ी कार्रवाई : वन भूमि घोटाले से जुड़े मामले में झारखंड-बिहार में 16 ठिकानों पर Raid

रांची 22 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों में जमीन घोटाले मामले में बड़ी कार्रवाई की। ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है।

जांच एजेंसी ने रांची, बोकारो, रामगढ़ सहित झारखंड और बिहार के कुल 16 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बोकारो के मौजा तेतुलिया क्षेत्र में 103 एकड़ संरक्षित वन भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त और धोखाधड़ी से अधिग्रहण से जुड़ा मामला सामने आया है। जमीन की खरीद में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और सरकारी नियमों की अनदेखी की बात भी सामने आई है।

रांची स्थित हरिओम टावर बिल्डिंग में स्थित राजबीर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के कार्यालय पर भी ईडी की टीम ने छापा मारा। ईडी इस मामले में तमाम कंपनियों और व्यक्तियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। इसके साथ-साथ यह भी संभावना जताई जा रही है कि कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, करीब 103 एकड़ वन भूमि की खरीद-बिक्री के आरोप को लेकर 2024 में बोकारो के सेक्टर-12 थाने में केस दर्ज किया गया था।

जिसके बाद सीआईडी ने इसकी जांच शुरू की थी। सीआईडी की शुरुआती जांच में यह बातें स्पष्ट रूप से सामने आईं कि जमीन माफिया और बीएसएल के कर्मियों के द्वारा मिलकर जमीन की हेरा-फेरी की गई थी।

इस गड़बड़ी में बीएसएल के द्वारा वन विभाग को प्रॉपर तरीके से जमीन का हैंडओवर नहीं किया जाना बताया गया था। इसके बाद ईडी ने इस मामले में अपनी तफ्तीश शुरू की।

**************************

 

बॉलीवुड में दस्तक देने वाली है अभिनेत्री अंजली शर्मा

22.04.2025 – पंजाबी फिल्म ‘डबल दी ट्रबल’, ‘दिलदारियां’, ‘मुंडा पंगेबाज’, वेब सीरीज ‘द लास्ट कोम्प्रोमाईज़’, शॉर्ट फिल्म ‘लॉटरी’ और कई म्यूजिक वीडियो में अपनी अभिनय प्रतिभा कौशल का प्रदर्शन करने के बाद बॉलीवुड में दस्तक देने वाली है।

बहुत जल्द ही एक बड़े बैनर के तहत उनकी फिल्म की घोषणा होने वाली है। साथ ही साथ जल्द ही उनकी हिंदी वेब सीरीज आने वाली है जिसमें वह एक अमीर महिला का किरदार निभा रही हैं।

इस सीरीज में उनकी भूमिका बड़ी दिलचस्प है। हर तरह के रोल निभाने की चाहत रखने वाली नवोदित हँसमुख बिंदास अभिनेत्री अंजली शर्मा एशियन पेंट, सोनालिका ट्रैक्टर, परंपरा होम डेकॉर, मेमसाहब एथनिक वीयर, दिवा ब्यूटी आदि के एड फिल्मों में भी वह अपनी कला का जौहर दिखा चुकी है।

अंजली शर्मा पंजाब के छोटे से शहर फाजिल्का में पैदा हुई हैं और चंडीगढ़ में वह पली बढ़ी और शिक्षित हुई हैं। अंजली को बचपन से एक्टिंग का शौक रहा, इस शौक को पूरा करने के लिए शुरुआत में उन्होंने छुपकर डांस क्लास जॉइन की और पंजाब दूरदर्शन के लिए ऑडिशन दिया।

उन्हें पंजाब दूरदर्शन में ‘फूल कलियां’ कार्यक्रम में काम करने का मौका मिला। इस प्रकार उन्होंने अभिनय की पहली सीढ़ी चढ़ी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। ‘तू पतंग मैं डोर’ में उन्होंने नकारात्मक किरदार निभाया जो दर्शकों को बेहद पसंद आई। अंजली शर्मा कहती हैं कि उन्हें क्राइम थ्रिलर और मिस्ट्री फिल्मों में अभिनय करने का बेहद शौक है। सस्पेंस, थ्रिल, ट्विस्ट और जटिल किरदारों को निभाना उन्हें बेहद पसंद है।

वह आगे कहती हैं कि ऐसी भूमिका जो बेहद चैलेंजिंग हो और जो उनकी कम्फर्ट जोन से बाहर हो, ऐसे किरदार करने के लिए वह सदा उत्साहित रहती है। वह कहती हैं कि ‘मिर्ज़ापुर’, ‘कोहरा’, ‘द फैमिली मैन’ जैसे शोज की कहानी ऐसे ही जोनर में बनी है। इन शोज़ ने एक नया लेवल सेट किया है और ऐसे अलग जोनर की शोज़ का हिस्सा बनने को वह उत्साहित हैं।

अंजली शर्मा ने अपने फिल्मी कैरियर की शुरुआत और अपने जीवन के अनुभवों के बारे में बताया कि सोलह साल की उम्र में ही उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। पंजाब में अपने गांव से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से मुम्बई तक पहुंचने के उनके सफर में कई पड़ाव आये पर उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने सपनों को साकार करने की दौड़ में आगे बढ़ती रही।

उन्होंने बताया कि इस लंबे सफर में काफी कुछ सीखा और अनुभव बटोरे। मायानगरी मुंबई ने उन्हें नए अवसर और चुनौतियाँ दी। वह अपने काम के प्रति समर्पित है और अपनी योग्यता और मेहनत करने में विश्वास रखती हैं।

उनका मानना ​​है कि जुनून और मेहनत से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। वर्तमान समय में बॉलीवुड में अभिनेत्री अंजली शर्मा कई प्रसिद्ध फिल्म निर्देशकों के साथ बड़े बड़े बैनरों की फिल्मों में अपनी अभिनय कौशल का प्रदर्शन करने के लिए बेकरार है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

********************************

 

नोएडा में जमीन विवाद में मारपीट, 12 आरोपी गिरफ्तार

नोएडा ,21 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना नोएडा के स्पोर्ट लैण्ड फार्म हाउस, सेक्टर 151 की है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उक्त फार्म हाउस में इक्नोन कंपनी के पास करीब 300 बीघा जमीन है, जिसमें भारत शर्मा (निवासी पटपडग़ंज, मयूर विहार फेस-1, दिल्ली) का 18 प्रतिशत और उनके सगे भाई नीरज शर्मा का 77 प्रतिशत हिस्सा है। इसके अलावा कुशल राठी (निवासी सेक्टर 48, नोएडा) का पांच प्रतिशत हिस्सा है।

भारत शर्मा ‘नाइन ओ नाइन’ कंपनी के डायरेक्टर भी हैं, जिनकी उक्त क्षेत्र में करीब 100 बीघा जमीन और है। इस जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसकी सुनवाई गौतमबुद्ध नगर के सिविल जज की अदालत में चल रही है।

पुलिस के मुताबिक, दिनांक 20 अप्रैल को जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस संबंध में थाना नॉलेज पार्क में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और घटना में इस्तेमाल कुछ गाडिय़ों को भी जब्त किया गया है। हालांकि विवाद के दौरान कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। फायरिंग की आशंका पर पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें एक पक्ष के अर्जुन तोमर (19), मुजफ्फरनगर; अशोक सिंह (49), बलिया; सुरेश सिंह (35), गोंडा और दूसरे पक्ष के विजय अत्री (45), मथुरा; सतीश कुमार (39), भिवानी, हरियाणा; नरेन्द्र कुमार (39), चरखी दादरी, हरियाणा; यशपाल (39), पलवल, हरियाणा; राजेश कुमार (52), महेन्द्रगढ़, हरियाणा; श्याम (28), अलीगढ़; कृष्ण (21), पलवल, हरियाणा; विनीत (23), पलवल, हरियाणा और रोहन (21), नॉलेज पार्क, गौतमबुद्ध नगर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो आगे भी गिरफ्तारी की जा सकती है।

********************************

 

राहुल गांधी विदेश में खराब करते हैं देश की इज्जत : मोहन यादव

भोपाल ,21 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में दिए गए बयान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी का रिकॉर्ड रहा है कि वह विदेशों में देश की इज्जत खराब करते हैं।

राजधानी भोपाल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राहुल गांधी द्वारा बोस्टन में चुनाव आयोग को लेकर दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा, राहुल गांधी का रिकॉर्ड रहा है कि वह देश की इज्जत बाहर जाकर बिगाड़ते हैं। बाबा महाकाल उन्हें सद्बुद्धि दें कि इस बार वह बाहर जाकर ऐसा न करें, फिर भी यह राहुल गांधी की इच्छा पर है।

उन्होंने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि वह दुनिया में देश की टोपी उछालने का काम न करें। राहुल गांधी को राजनीति करनी है तो देश के अंदर करें।

मोहन यादव ने कहा, आप संसद सदस्य हैं। जो बात रखनी है, वहां रखें। विदेश में ऐसा कोई नेता नहीं है जो अपने देश का बाहर इस तरह माहौल बनाता हो। यह कांग्रेस का चरित्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को चाहिए कि वे अपने नेता को नियंत्रण में रखें।

राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण का लाभ न दिए जाने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ओबीसी आरक्षण को लेकर मध्य प्रदेश सरकार का रुख स्पष्ट है, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के स्टैंड पर हम कायम भी हैं।

इस मामले में हमने सॉलिसिटर जनरल से भी कहा है कि पूर्ववर्ती शिवराज सरकार में ओबीसी आयोग की जो रिपोर्ट आई थी, उसके परीक्षण के साथ-साथ ओबीसी आरक्षण को लेकर जितनी भी याचिकाएं लगी हैं, उन सभी से हम संवाद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हम सबका उद्देश्य सर्वहारा वर्ग का विकास है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

मुझे विश्वास है कि अच्छे परिणाम आएंगे। ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा था कि राज्य सरकार ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देना ही नहीं चाहती।

****************************

 

चर्चाओं के बीच : फिल्म निर्माता सुरेंद्र श्रीवास्तव

21.04.2025 – ‘जुर्माना’, ‘सूरज’, ‘कहानी किस्मत की’, ‘आज का रावण’ जैसी सफल फिल्मों के निर्माता सुरेंद्र श्रीवास्तव इन दिनों अपनी पुस्तक ‘संगम से सागर तक’, ‘साउंड कैमरा एक्शन’ और ‘आउट डोर शूटिंग : खट्टे मीठे अनुभव’ को ले कर काफी चर्चा में हैं। भारत सरकार द्वारा प्रगति मैदान दिल्ली में आयोजित विश्व पुस्तक मेला (2025) में उनकी उपरोक्त सभी पुस्तकों को अच्छा रेस्पॉन्स मिला।

सुरेंद्र श्रीवास्तव ने अपनी पुस्तक ‘संगम से सागर तक’ में अपनी जीवन यात्रा को चित्रित करते हुए संदेश देने का प्रयास किया है कि सेवा, समर्पण और सदभाव सफलता के मूल मंत्र हैं। साथ ही साथ लगन में सच्चाई हो तो सफलता सदैव कदम चूमती है।

प्रयागराज (इलाहाबाद) से मुंबई तक के अपने सफर को बड़े ही हृदयस्पर्शी भाव के साथ कागज पे उतारा है सुरेंद्र श्रीवास्तव ने। ‘साउंड कैमरा एक्शन’ में सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बतौर फिल्म प्रचारक और फिल्म प्रबंधन का कार्य करते हुए जो देखा सुना और समझा व अनुभव हासिल किया उसे फिल्म विधा में रुचि रखने वालों के लिए बड़े ही सरल शब्दों में चित्रित किया है।

यह पुस्तक फिल्मप्रेमियों को फिल्म निर्माण से संबंधित प्रत्येक विभाग की छोटी से बड़ी बातों को जानने और समझने का अवसर प्रदान करेगा, दूसरे शब्दों में उनकी पुस्तक ‘साउंड कैमरा एक्शन’ को फिल्म निर्माण कला का संपूर्ण गाइड कहा जा सकता है।

तीसरी पुस्तक ‘आउट डोर शूटिंग : खट्टे मीठे अनुभव’ में सुरेंद्र श्रीवास्तव ने दबे स्वर में बॉलीवुड के काला सच को भी महसूस करने का अवसर पाठकों को प्रदान किया है। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में क्रियाशील अथवा फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले के लिए ये पुस्तक काफी उपयोगी साबित होगी।

विदित हो कि 9 वर्षों तक एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी /एड प्रोडक्शन एग्जिक्यूटिव्स के अध्यक्ष रह चुके सुरेंद्र श्रीवास्तव फिलवक़्त भी एसोसिएशन के प्रशासनिक प्रबंधन से जुड़े हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

झारखंड के बोकारो में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन

मुठभेड़ में 6 नक्सलियों को किया ढेर,भारी मात्रा में हथियार बरामद

बोकारो/रांची 21 April, (एजेंसी) : झारखंड के बोकारो जिले के लुगू पहाड़ की तलहटी में आज सुबह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने संयुक्त अभियान में 6 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के बाद इलाके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।

इस ऑपरेशन की कमान डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा और एसपी मनोज स्वर्गियारी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के हाथ में रही। कार्रवाई में 209 कोबरा बटालियन के कमांडोज़ शामिल थे, जिन्होंने माओवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की।

Big action by security forces in Bokaro, Jharkhand, 6 Naxalites killed in an encounter; huge amount of weapons recovered : मारे गए नक्सलियों के पास से 2 इंसास राइफल, 1 एसएलआर (सेल्फ लोडिंग राइफल) और 1 पिस्तौल बरामद की गई है। ऑपरेशन में किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है, जो इसे और अधिक सफल बनाता है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे से लुगू पहाड़ के चोरगांवा मुंडाटोली इलाके में गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी। जागने के बाद जब लोगों ने बाहर झांका तो पुलिस और अर्धसैनिक बलों की बड़ी तादाद इलाके में तैनात दिखी।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया है। माना जा रहा है कि कुछ अन्य नक्सली भागने में सफल रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गौरतलब है कि कोबरा सीआरपीएफ की एक विशिष्ट इकाई है, जो जंगल और गुरिल्ला युद्ध में विशेष रूप से प्रशिक्षित होती है। यह इकाई नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बड़े ऑपरेशनों को अंजाम देती है।

********************************

अब दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार बनना तय

मेयर चुनाव नहीं लड़ेगी आम आदमी पार्टी

नई दिल्ली 21 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : दिल्ली की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मेयर पद का चुनाव न लड़ने का ऐलान करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य, केंद्र और नगर निगम में ‘ट्रिपल सरकार’ का रास्ता साफ कर दिया है।

सोमवार को दिल्ली की पूर्व मंत्री आतिशी और पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। आतिशी ने कहा कि भाजपा के पास एमसीडी में बहुमत है और आम आदमी पार्टी किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या तोड़फोड़ की राजनीति में शामिल नहीं होना चाहती।

आतिशी ने कहा, “अब जब भाजपा के पास दिल्ली की सत्ता के तीनों स्तर – केंद्र, राज्य और नगर निगम हैं, तो दिल्ली के लोगों से किए गए वादों को पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। हम देख रहे हैं कि अब तक एमसीडी के नाम पर बहाने बनाए जा रहे थे।

अब वो बहाने खत्म हो गए हैं।” उन्होंने कहा कि अब भाजपा को सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर ठोस काम करके दिखाना होगा। आप पार्टी इन तमाम मुद्दों पर एमसीडी में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी।

आम आदमी पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि वो मेयर चुनाव में उतरती तो बहुमत साबित करने के लिए पार्षद तोड़ने या खरीदने जैसे हथकंडों का सहारा लेना पड़ता, जो पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है।

इसलिए पार्टी ने संवैधानिक और नैतिक दृष्टिकोण से पीछे हटने का फैसला किया है। अब भाजपा के पास दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार चलाने का अवसर है – केंद्र, राज्य और नगर निगम तीनों पर नियंत्रण होने के चलते अब विकास कार्यों में कोई रुकावट नहीं होनी चाहिए।

*****************************

 

अभिनेता यश ने किए महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल

उज्जैन 21 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): अभिनेता यश सोमवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने महाकाल के दर्शन-पूजन किए और बताया कि उनका अनुभव अविश्वसनीय रहा। यश महाकाल के भस्म आरती में भी शामिल हुए।

भस्म आरती देखने के बाद उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन किया और वहीं माथा टेका। पूजन आकाश पुजारी ने सम्पन्न करवाया। मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर अभिनेता शिव साधना करते नजर आए। चांदी द्वार से उन्होंने माथा टेककर आशीर्वाद लिया। दर्शन के पश्चात पुजारी ने अभिनेता को प्रसाद स्वरूप लाल रंग का महाकाल नाम का छपा पटका भेंट किया।

मंदिर पहुंचे साउथ के सुपरस्टार यश ने कहा, “महाकाल का दर्शन करके बहुत अच्छा लग रहा है। यहां पर दर्शन करने का अनुभव अविश्वसनीय था। मैं यहां की व्यवस्थाएं देखकर बहुत खुश हूं। सभी श्रद्धालुओं को देखकर बहुत अच्छा लगा।”

अभिनेता रेशमी धोती के साथ पटका और साथ में रुद्राक्ष की माला पहने और मस्तक पर अष्टगंध लगाए नजर आए।

वर्कफ्रंट की बात करें तो यश जल्द नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में लंकापति रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती लोकप्रिय है और इसमें शामिल होने के लिए दुनियाभर से श्रद्धालु उज्जैन आते हैं। भस्म आरती का काफी पौराणिक महत्व है। आरती में श्मशान से लाई गई चिता की भस्म से भगवान शिव का श्रृंगार किया जाता है। चिता भस्म के अलावा इसमें गोहरी, पीपल, पलाश, शमी और बेल की लकड़ियों की राख को भी मिलाया जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भस्म आरती के दौरान महिलाएं सिर पर घूंघट या ओढ़नी डाल लेती हैं। मान्यता है कि उस वक्त महाकालेश्वर निराकार स्वरूप में होते हैं, इसलिए महिलाओं को आरती में शामिल न होने और न ही देखने की अनुमति होती है।

***************************

 

करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, सिर पर लगी थी गोली

जमशेदपुर 21 April, (Rns): झारखंड के जमशेदपुर में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। बीते दिन रविवार शाम को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव बालीगुमा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के पास से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, विनय सिंह रविवार सुबह से ही लापता थे और परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की और बालीगुमा क्षेत्र में एक खेत के पास से उनका शव बरामद किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विनय सिंह के सिर पर गोली का निशान था और उनके बाएं हाथ में एक पिस्तौल भी मिली है। मौके से उनकी स्कूटी और मोबाइल भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस इसे आत्महत्या या सुनियोजित हत्या दोनों दृष्टिकोण से देख रही है।

जमशेदपुर पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने 46 वर्षीय विनय सिंह पर उस समय गोलीबारी की जब वे कुछ अन्य लोगों के साथ घर लौट रहे थे। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।

इस हत्याकांड के विरोध में करणी सेना के समर्थकों में भारी आक्रोश देखा गया। उन्होंने डिमना चौक और एनएच-33 को जाम कर प्रदर्शन किया और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

****************************

 

एक मंत्री सात विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी

दिल्ली में पीएम मोदी वाला मॉडल

नई दिल्ली,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  केंद्र सरकार की सांसद आदर्श ग्राम योजना की तर्ज पर अब दिल्ली में भी विकास को तेज गति देने के लिए एक नई पहल की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी मंत्रियों को सात-सात विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। इसका उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाना और अफसरशाही की जटिलताओं से बचते हुए समस्याओं का समय पर समाधान करना है।

सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक मंत्री ने अपने अधीनस्थ विधायकों के साथ संवाद और समन्वय के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया है। इस ग्रुप में सरकार की योजनाओं की जानकारी, क्रियान्वयन की स्थिति और संबंधित प्रगति साझा की जाती है।

साथ ही, विधायक अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी भी इस मंच पर रख सकेंगे।

दिल्ली सरकार के विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के लगभग 90 प्रतिशत विधायक ऐसे हैं, जिन्हें प्रशासनिक अनुभव नहीं है। ऐसे में कई बार विकास कार्य फाइलों में ही अटक जाते हैं।

इसी चुनौती से निपटने के लिए यह नई रणनीति तैयार की गई है, ताकि मंत्रीगण स्वयं निगरानी करें और काम में देरी न हो।

इस अभियान की गंभीरता को देखते हुए खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सात विधानसभा क्षेत्रों की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाली है। मुख्यमंत्री का मानना है कि इससे न केवल विकास कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि विधायक सीधे उनसे संवाद कर सकेंगे और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

नई व्यवस्था के तहत अगर किसी विधायक को कोई कार्य कराना हो, तो उसे पारंपरिक सरकारी प्रक्रिया से हटकर सीधे उस मंत्री से संपर्क करना होगा, जिन्हें उसकी विधानसभा सौंपी गई है।

मंत्री का दायित्व होगा कि वह काम को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाएं। साथ ही, प्रगति रिपोर्ट तैयार कर विधायक को सौंपना भी मंत्री के दफ्तर की जिम्मेदारी होगी। यदि कोई काम किसी विभागीय टेबल पर अटका हो, तो उसे साफ करवाना भी उसी कार्यालय का कार्य होगा।

सरकार का दावा है कि इस प्रणाली से विकास कार्यों को समय रहते पूरा किया जा सकेगा और प्रशासनिक पारदर्शिता तथा जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। यदि यह मॉडल सफल होता है, तो इसे राजधानी के अन्य विभागों और संस्थाओं में भी लागू किया जा सकता है।

*******************************

 

भारतीय वायुसेना डेजर्ट फ्लैग-10 युद्धाभ्यास में होगी शामिल

यूएई में दिखेगा मिग-29 और जैगुआर का जलवा

नईदिल्ली ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय वायुसेना का एक दल संयुक्त अरब अमीरात के अल धाफरा एयर बेस पहुंच चुका है, जहां वह डेजर्ट फ्लैग-10 नामक बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास में हिस्सा लेगा. इस प्रतिष्ठित अभ्यास में भारतीय वायुसेना की ओर से मिग-29 और जैगुआर लड़ाकू विमानों को तैनात किया गया है.

एक्सरसाइज़ डेजर्ट फ्लैग यूएई एयर फोर्स द्वारा आयोजित एक प्रमुख बहुराष्ट्रीय अभ्यास है, जिसमें भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, फ्रांस, जर्मनी, कतर, सऊदी अरब, कोरिया गणराज्य, तुर्किये, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका की वायु सेनाएं भाग ले रही हैं. यह युद्धाभ्यास 21 अप्रैल से 8 मई 2025 तक आयोजित किया जाएगा.

इस अभ्यास का उद्देश्य जटिल और विविध प्रकार की फाइटर एंगेजमेंट्स को अंजाम देना, संचालन संबंधी अनुभव साझा करना और बेहतरीन कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना है. यह अभ्यास प्रतिभागी देशों के बीच आपसी समझ, इंटरऑपरेबिलिटी और रक्षा सहयोग को मजबूत करता है.

भारतीय वायुसेना की भागीदारी भारत की मित्र देशों के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्रीय एवं वैश्विक स्तर पर सैन्य साझेदारी को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

******************************

 

बिहार को डबल इंजन नहीं, एक ही पावरफुल इंजन की जरूरत: मल्लिकार्जुन खडग़े

बक्सर,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने रविवार को एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा और जदयू को घेरते हुए भाजपा पर झूठ बोलने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बार-बार पाला बदलने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और जदयू वाले डबल इंजन की सरकार की बात करते हैं, लेकिन आज बिहार ह्यूमैन इंडेक्स के मामले में काफी नीचे है। उन्होंने कहा कि बिहार को डबल इंजन नहीं, एक ही पावरफुल इंजन की जरूरत है, जो महागठबंधन का इंजन है।

कांग्रेस नेता खडग़े ने बिहार की एनडीए सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार के बीच अवसरवादी गठबंधन बिहार के लोगों के लिए अच्छा नहीं है।

उन्होंने कहा कि वक्फ (संशोधन) अधिनियम समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने के लिए भाजपा-आरएसएस की साजिश है। उन्होंने नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह इधर-उधर का खेल खेलते रहते हैं।

उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि बिहार की प्रगति, उन्नति और यहां के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए भाजपा को हटाएं, नीतीश कुमार को हटाएं।

मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता अब बिहार की जनता को बहका नहीं सकते हैं। बिहार के लोग इनके बहकावे में इस बार के चुनाव में नहीं आने वाले हैं।

उन्होंने लोगों को एक ऑडियो सुनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने बिहार को एक लाख 25 हजार करोड़ का विशेष पैकेज देने का वादा किया था, लेकिन आज तक बिहार को कुछ भी नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को झुकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी झुकेगी नहीं। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि हमें संविधान को बचाने के लिए एकजुट रहना होगा और लड़ाई लडऩी होगी।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खडग़े ने कहा कि भाजपा झूठ बोलकर यहां तक पहुंच सकी है। आज बिहार ही नहीं, देश के लोग बेरोजगारी से त्रस्त हैं। कांग्रेस ने देश को आईआईएम, आईआईटी और एम्स दिए, लेकिन इन्होंने क्या बनाए? इन्होंने केवल झूठ की फैक्टरी बनाई। ये देश को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी को एक बार झूठ बोलकर फंसा सकते हैं, लेकिन हमेशा के लिए गुमराह नहीं कर सकते। झूठ बोलकर सभी को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता।

****************************

 

बीजेपी सांसदों की सुप्रीम कोर्ट टिप्पणी पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा

नई दिल्ली,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कांग्रेस ने रविवार को भाजपा सांसदों निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की न्यायपालिक पर की गई कथित टिप्पणियों से खुद को अलग करने को डैमेज कंट्रोल बताया. साथ ही कहा कि उनके खिलाफ न्यूनतम कार्रवाई पार्टी से उनका निष्कासन होना चाहिए.

विपक्षी दल ने यह भी पूछा कि दोनों सांसदों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई और उन्हें कारण बताओ नोटिस क्यों नहीं जारी किया गया.

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी के दो सांसदों द्वारा न्यायपालिका पर की गई टिप्पणी के बाद पार्टी अध्यक्ष का उनसे किनारा करना कोई मायने नहीं रखता है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि नड्डा वैसे भी जाने वाले हैं.

रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जब नफरत फैलाने वाले भाषण की बात आती है तो ये सांसद बार-बार अपराध करते हैं और अक्सर जी2 द्वारा समुदायों, संस्थाओं और व्यक्तियों पर हमला करने के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता है.

भाजपा अध्यक्ष का स्पष्टीकरण कुछ और नहीं बल्कि डैमेज कंट्रोल है.

निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष न्यायपालिका पर अस्वीकार्य टिप्पणियों पर पूरी तरह से चुप हैं. कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि संविधान पर बार-बार हो रहे हमलों पर पीएम मोदी की चुप्पी एक तरह से मौन समर्थन है क्योंकि इनके खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं की गई.

उन्होंने पूछा क्या नड्डा जी ने इन दोनों सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है?

कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने रमेश की एक्स पर टिप्पणी को टैग किया और कहा कि सीजेआई और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ सबसे घृणित टिप्पणी करने वाले भाजपा सांसदों के खिलाफ न्यूनतम कार्रवाई उन्हें पार्टी से निष्कासित करना है.

वासनिक ने कहा, लेकिन क्या भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष सांसदों को चेतावनी देने से आगे कुछ करेंगे? हम जानते हैं कि कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.

भाजपा ने शनिवार को दुबे और शर्मा द्वारा सुप्रीम कोर्ट की आलोचना से खुद को अलग कर लिया और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन टिप्पणियों को उनका निजी विचार बताया.

नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पार्टी का सांसदों निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की न्यायपालिका के ऊपर की गई टिप्पणी से कोई वास्ता नहीं है. ये उनकी निजी टिप्पणियां हैं. बीजेपी उन दोनों सांसदों की टिप्पणी से सहमति नहीं रखती है किसी भी तरह से समर्थन नहीं करती है.

********************************

 

निशिकांत दुबे की सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी पर साधा निशाना

नईदिल्ली ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ सांसद निशिकांत दुबे की टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।

ओवैसी ने कहा, आप लोग  ट्यूबलाइट हैं। इस तरह से अदालत को धमकी दे रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि (अनुच्छेद) 142 (संविधान का) क्या है? इसे भीमराव अंबेडकर ने बनाया था।

इसके साथ ही ओवैसी ने कहा, बीजेपी धोखाधड़ी कर रही है और धार्मिक युद्ध की धमकी दे रही है। आप लोग सत्ता में हैं और आप इतने कट्टरपंथी हो गए कि आप अदालत को धार्मिक युद्ध की धमकी दे रहे हैं।

ओवैसी ने आगे कहा, मोदी जी, अगर आप इन लोगों को नहीं रोकेंगे तो देश कमजोर हो जाएगा। देश आपको माफ नहीं करेगा और कल आप सत्ता में नहीं रहेंगे।

बता दें कि शनिवार को बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सुप्रीम कोर्ट पर देश में धार्मिक युद्ध भड़काने का आरोप लगाया था। बीजेपी नेता दुबे ने कहा, सुप्रीम कोर्ट का एक ही उद्देश्य है मुझे चेहरा दिखाओ, मैं तुम्हें कानून दिखाऊंगा।

सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमाओं से परे जा रहा है। अगर हर चीज के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ता है, तो संसद और राज्य विधानसभा को बंद कर देना चाहिए।

झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद दुबे ने कहा, अनुच्छेद 368 कहता है कि संसद को सभी कानून बनाने का अधिकार है और सुप्रीम कोर्ट को कानून की व्याख्या करने का अधिकार है। सुप्रीम कोर्ट राष्ट्रपति और राज्यपाल से पूछ रही है कि वे बताएं कि विधेयकों के संबंध में उन्हें क्या करना है।

जब राम मंदिर या कृष्ण जन्मभूमि या ज्ञानवापी की बात आती है, तो आप कहते हैं हमें कागज दिखाओ। लेकिन जब मुगलों के आने के बाद बनी मस्जिदों की बात आती है, तो आप कहते हैं कि दिखाने के लिए कोई दस्तावेज नहीं है।

बीजेपी ने दुबे की टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, न्यायपालिका और मुख्य न्यायाधीश पर सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की टिप्पणियों से बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है।

ये उनकी निजी टिप्पणियां हैं लेकिन बीजेपी न तो उनसे सहमत है और न ही ऐसी टिप्पणियों का कभी समर्थन करती है। बीजेपी इन बयानों को पूरी तरह से खारिज करती है।

*****************************

 

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के न्यायपालिका पर दिए बयान को लेकर विवाद

पार्टी ने किया किनारा

नईदिल्ली ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की ओर से सुप्रीम कोर्ट और मुख्य न्यायाधीश को लेकर दिए गए बयान के बाद बवाल मच गया है। इसे लेकर जहां विपक्ष ने सरकार को घेरा है वहीं, खुद भाजपा ने भी इससे किनारा कर लिया है।

भाजपा ने इसे निजी टिप्पणी बताते हुए कहा कि पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

दुबे के अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भी न्यायपालिका को लेकर टिप्पणी की थी।

दुबे ने कहा था, देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार है। सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमा से बाहर जा रहा है। अगर हर बात के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना है तो संसद और विधानसभा का कोई मतलब नहीं है, इसे बंद कर देना चाहिए।

इस देश में जितने गृह युद्ध हो रहे हैं, उसके जिम्मेदार केवल मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना साहब हैं। संसद देश का कानून बनाती है। क्या आप उस संसद को निर्देश देंगे।

दुबे ने कहा था, राष्ट्रपति भारत के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करते हैं। आप नियुक्ति प्राधिकारी को कैसे निर्देश दे सकते हैं? आपने नया कानून कैसे बना दिया? किस कानून में लिखा है कि राष्ट्रपति को 3 महीने के भीतर फैसला लेना है? इसका मतलब है कि आप देश को अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं।

बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति को लंबित विधेयकों पर 3 महीने के भीतर फैसला लेने को कहा था।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा था, लोगों में यह आशंका है कि जब डॉक्टर अंबेडकर ने संविधान लिखा था तो उसमें विधायिका और न्यायपालिका के अधिकार स्पष्ट रूप से लिखे गए थे। भारत के संविधान के अनुसार, कोई भी लोकसभा और राज्यसभा को निर्देश नहीं दे सकता है और राष्ट्रपति पहले ही इस पर अपनी सहमति दे चुके हैं।

कोई भी राष्ट्रपति को चुनौती नहीं दे सकता, क्योंकि राष्ट्रपति सर्वोच्च हैं।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर लिखा, भाजपा ऐसे बयानों से न तो कोई इत्तेफाक रखती है और न ही कभी भी ऐसे बयानों का समर्थन करती है। भाजपा इन बयान को सिरे से खारिज करती है।

पार्टी ने सदैव ही न्यायपालिका का सम्मान किया है, उनके आदेशों और सुझावों को सहर्ष स्वीकार किया है, क्योंकि एक पार्टी के नाते हमारा मानना है कि सर्वोच्च न्यायालय सहित देश की सभी अदालतें हमारे लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं।

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version