पंजाब और हरियाणा से महिला यूट्यूबर समेत 6 गिरफ्तार

पाकिस्तान पहुंचाते थे खुफिया जानकारी

सिरसा ,17 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हरियाणा की चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब और हरियाणा से छह जासूसों को पकडऩे में कामयाबी हासिल की है। यह लोग हरियाणा के कैथल, हिसार, नूह और पानीपत के साथ ही पंजाब के मलेरकोटला से पकड़े गए हैं। इन लोगों पर भारत की गोपनीय सैन्य जानकारियां पाकिस्तान को भेजने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार इसमें यूटयूबर ज्योति मल्होत्रा तथा उसके पांच साथी शामिल हैं। ज्योति को हिसार के न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया है। ज्योति हिसार की रहने वाली है। आईबी टीम द्वारा ज्योति मल्होत्रा को पूछताछ के लिए सीआईए स्टाफ हिसार कार्यालय में ले जाया गया है। ज्योति ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2023 में वीजा लगवाने के लिए पाकिस्तान हाई कमीशन में गई थी।

वहां उसकी मुलाकात अहसान उर रहीम उर्फ दानिश से हुई। उसने दानिश का मोबाइल नंबर ले लिया। दोनों की बातें होने लगी। उसके बाद उसने दो बार पाकिस्तान की यात्रा की थी। ज्योति ने बताया कि पाकिस्तान में अहसान उर रहीम के कहने पर उनके जानकार अली अहवान से मिली। अली अहवान ने उसके घूमने फिरने और रहने का प्रबंध किया। अली अहवान ने पाकिस्तानी इंटेलीजेंस तथा सिक्योरिटी के अधिकारियों से उसकी मुलाकात कराई।

ज्योति ने बताया कि वह राणा शहबाज और शाकिर से भी मिली। उसने शाकिर का मोबाइल नंबर भी लिया और अपने मोबाइल में जट रंधावा के नाम से सेव कर लिया ताकि किसी को शक न हो। वापस भारत आने के बाद व्हाटस एप, स्नैप चैट, टेलिग्राम के माध्यम से उन लोगों के संपर्क में रहने लगी। देश विरोधी सूचनाएं उन तक पहुंचाने लगी।

जासूसी मामले में जिन आरोपियों को अरेस्ट किया गया है, उनमें 32 साल की गजाला भी शामिल है। गजाला दानिश के साथ वित्तीय लेन-देन में शामिल थी और वीजा प्रक्रिया में मदद कर रही थी। इसके अलावा यामीन मोहम्मद भी शामिल है, जो दानिश को हवाला और अन्य माध्यमों से पैसे पहुंचाने में मदद करता था। साथ ही हरियाणा के कैथल से देविंदर सिंह ढिल्लो को अरेस्ट किया गया है।

यह पाकिस्तान की यात्रा के दौरान संपर्क में आया था। उसने पटियाला छावनी के वीडियो पाकिस्तानी एजेंट्स को भेजे थे। इसके अलावा हरियाणा के नूंह से अरमान नाम के स्थानीय युवक को अरेस्ट किया गया है, जिसने भारतीय सिम कार्ड्स मुहैया कराए और 2025 में पाकिस्तानी एजेंट्स के निर्देश पर डिफेंस एक्सपो की साइट तक का दौरा किया।

***************************

 

दिल्ली में आप को झटका, 13 पार्षदों ने इस्तीफा देकर बनाई नई पार्टी

मुकेश गोयल होंगे नए नेता

नई दिल्ली ,17 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  दिल्ली में आम आदमी पार्टी के 13 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्षद हेमचंद्र गोयल के नेतृत्व में पार्षदों की शनिवार को बैठक हुई और इसमें कई फैसले लिए गए। सभी पार्षदों ने थर्ड फ्रंट बनाने का निर्णय लिया है, जिसका नेतृत्व मुकेश गोयल को देने का फैसला लिया गया है।

जिन 13 पार्षदों ने इस्तीफा दिया है, उनके नाम हैं-

हेमनचंद गोयल

दिनेश भारद्वाज

हिमानी जैन

उषा शर्मा

साहिब कुमार

राखी कुमार

अशोक पांडेय

राजेश कुमार

अनिल राणा

आम आदमी पार्टी ने

देवेंद्र कुमार

हिमानी जैन

इस नए थर्ड फ्रंट का नाम इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम दिया गया है। पूर्व नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि हमेशा ऊपर से आदेश आते थे। नीचे की कोई बात नहीं सुनी जाती थी। मुझे नेता सदन बनाया गया लेकिन हमें कोई जानकारी नहीं होती थी। मैं 2022 में आप के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वहीं हेमचंद गोयल ने कहा कि निगम का अर्थ है सत्ता का विकेंद्रीकरण लेकिन आप ने केंद्रीय स्तर पर एक ही व्यक्ति को शक्ति दे दी।

*****************************

 

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ताज पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी

मुंबई 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और ऐतिहासिक ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। यह धमकी मुंबई एयरपोर्ट पुलिस के ईमेल पर भेजे गए एक मेल के जरिए मिली है।

धमकी भरे इस ईमेल में आतंकी अफजल गुरू और सैवक्कू शंकर को “अन्यायपूर्ण तरीके से दी गई फांसी” का हवाला देते हुए हमला करने की बात कही गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन अलर्ट मोड पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है।

मुंबई पुलिस साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की लोकेशन और सर्वर ट्रेस करने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर कोण से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इस हमले के बाद से देशभर में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। केंद्र सरकार ने इस हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर करारा प्रहार किया था और घाटी में भी आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने सीमापार से हो रहे हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसके चलते पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय दबाव में आ गया। इसके बाद सीमावर्ती इलाकों में सीजफायर की घोषणा की गई थी।

मुंबई जैसे संवेदनशील शहर को मिली यह धमकी सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर परीक्षा है। ताज होटल पहले भी 26/11 जैसे भीषण आतंकी हमले का शिकार रह चुका है, ऐसे में किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रही हैं। नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

************************

 

अब ग्लोबल मंच पर बेनकाब होगा पाकिस्तान, भारत सरकार ने बनाया खास प्लान

शशि थरूर को मिला अहम जिम्मा

नई दिल्ली 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पाकिस्तान को विश्व स्तर पर बेनकाब करने के लिए भारत सरकार ने एक कूटनीतिक योजना बनाई है, जिसके तहत भारत की ओर से बहुदलीय सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल कई देशों का दौरा करेगा। पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद के समर्थन को उजागर करने के लिए भारत का ये डेलिगेशन अलग-अलग देशों में जाकर अपनी बात रखेंगे और भारत के ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देंगे।

ऑपरेशन सिंदूर और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई के संदर्भ में, सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल इस महीने के अंत में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों सहित प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाले हैं। इस लिस्ट में कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार), जेडीयू और कई दलों के सांसदों को शामिल किया है।

निम्नलिखित संसद सदस्य प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करेंगे:- शशि थरूर, (कांग्रेस), रविशंकर प्रसाद, (बीजेपी), संजय कुमार झा, (जदयू), बैजयंत पांडा, (बीजेपी), कनिमोझी करुणानिधि, (डीएमके), सुप्रिया सुले, (एनसीपी), श्रीकांत एकनाथ शिंदे, (शिवसेना)।

दुनिया को पता चलेगी भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
मंत्रालय ने बताया कि यह प्रतिनिधिमंडल भारत द्वारा आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए भारत की राष्ट्रीय सहमति और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित करेंगे। मंत्रालय ने कहा, “वे आतंकवाद के खिलाफ भारत के ‘जीरो टॉलरेंस’ वाली नीति को दुनिया के सामने ले जाएंगे।”

*************************

 

SIA की बड़ी कार्रवाई : श्रीनगर, गांदरबेल और हंदवाड़ा में कई ठिकानों पर मारा छापा

श्रीनगर 17 May,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राज्य जांच एजेंसी (एसआईए), कश्मीर ने शनिवार को आतंकी साजिश के मामले में कई स्थानों पर छापा मारा है। कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पिछले दिनों संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और सेना ने 6 आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया है।

छापे श्रीनगर, गंदेरबल, हंदवाड़ा में मारे गए हैं। पहलगाम अटैक के बाद भारत के पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक और दोनों ओर से हवाई हमलों के बाद सीज फायर के बाद सेना काफी सजग है। आतंकियों के सहयोगियों और ओवरग्राउंड वर्करों (ओजीडब्ल्यू) पर पैनी निगाह रखी जा रही है।

शनिवार को ही संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने डिटेल दी थी। आईजीपी कश्मीर, वीके बिरदी ने बताया था कि दो अलग-अलग ऑपरेशन हुए। उन्होंने बताया, ‘कश्मीर घाटी में बढ़ती आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर यहां तैनात सभी सुरक्षाबलों ने अपनी रणनीतियों की समीक्षा की। इस समीक्षा के बाद, ऑपरेशनों पर अधिक ध्यान दिया गया। पिछले 48 घंटों में, हमने दो बहुत सफल ऑपरेशन किए हैं। ये 2 ऑपरेशन केरन और त्राल इलाकों में किए गए, जिसके परिणामस्वरूप कुल 6 आतंकवादियों को मार गिराया गया।’

सुरक्षाबलों ने सावधानी से दोनों जगह आतंकियों को मार गिराया। शोपियां में शाहिद को ढेर किया गया जो सरपंच हत्या और रिसॉर्ट के ऊपर टूरिस्ट अटैक में शामिल था। उसका साथी अप्रवासी मजदूर को मारने में शामिल था।

एसआईए के छापे की बात करें तो, रविवार (11 मई) को भी दक्षिण कश्मीर में 20 स्थानों पर छापा मारा गया था। आतंकियों के सहयोगियों और ओजीडब्ल्यू निशाने पर थे। ये लोग कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित आकाओं के लिए माध्यम के रूप में काम कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी निगरानी से पता चला था कि क्षेत्र में कई स्लीपर सेल सीधे सीमापार आतंकी आकाओं के संपर्क में थे।

ये स्लीपर सेल व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर भारतीय सुरक्षा बलों और प्रमुख प्रतिष्ठानों से संबंधित संवेदनशील और रणनीतिक जानकारी भेजते पाए गए।

***********************

 

भारतीय शेयर बाजार का दमदार प्रदर्शन, एक हफ्ते में दिया 4 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न

मुंबई ,17 मई (एजेंसी)। भारतीय शेयर बाजार के लिए बीता कारोबारी हफ्ता शानदार रहा। इस दौरान बाजार ने निवेशकों को 4 प्रतिशत से भी अधिक का रिटर्न दिया। 12-16 मई के कारोबारी सत्र में निफ्टी में 1,011.80 अंक या 4.21 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। 4 अक्टूबर 2024 को समाप्त हुए हफ्ते के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मुख्य सूचकांक की यह सबसे बड़ी बढ़त है।

इसके अतिरिक्त सेंसेक्स का भी प्रदर्शन बीते हफ्ते शानदार रहा और इसमें 2,876.12 अंक या 3.62 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई। लार्जकैप की अपेक्षा स्मॉलकैप और मिडकैप का भी प्रदर्शन शानदार रहा। समीक्षा अवधि में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स ने 7.21 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने 9 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया। बीते हफ्ते निफ्टी में डिफेंस (17.2 प्रतिशत), रियल्टी (10.78 प्रतिशत), मेटल (9.28 प्रतिशत), मीडिया (9.10 प्रतिशत) और पीएसई (7.28 प्रतिशत) सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले इंडेक्स थे। इस दौरान लगभग सभी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए।

16 मई को समाप्त हुए हफ्ते में सेंसेक्स में टाटा स्टील (10.3 प्रतिशत), टेक महिंद्रा (8.3 प्रतिशत), इटरनल ((जोमैटो) 8.2 प्रतिशत), अदाणी पोर्ट्स (7.7 प्रतिशत), बजाज फिनसर्व (6.1 प्रतिशत) और मारुति सुजुकी (6.1 प्रतिशत) के साथ टॉप गेनर्स थे।

इंडसइंड बैंक (4.6 प्रतिशत), भारती एयरटेल (1.9 प्रतिशत) और सन फार्मा (0.6 प्रतिशत) की गिरावट के साथ सेंसेक्स में टॉप लूजर्स थे। एचडीएफसी सिक्योरिटीज, वरिष्ठ डेरिवेटिव और तकनीकी अनुसंधान विश्लेषक, नंदीश शाह ने कहा, “निफ्टी का रुझान तेजी का है और लगातार अपने शॉर्ट-टर्म मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है। फिलहाल निफ्टी के लिए 25,207 एक रुकावट का स्तर है और सपोर्ट 24,800 पर है।

भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को मिलाजुला बंद हुआ था। लार्जकैप में बिकवाली थी, वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी हुई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 200.15 अंक या 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,330.59 और निफ्टी 42.30 अंक या 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,019.80 पर था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 529.65 अंक या 0.94 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,060.50 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 320 अंक या 1.86 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,560.40 पर था।

****************************

 

केदारनाथ में बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर

देहरादून 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में हेलिकॉप्टर क्रैश होने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार को इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ, जिसमें डॉक्टर सहित कुल 5 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित है।

बीते दिनों उत्तरकाशी के गंगनानी के पास हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था, जिसमें 6 यात्रियों की मौत हो गई थी। वहीं, ताजा हेली हादसा केदारनाथ धाम में हुआ है। जहां हेली एंबुलेंस की क्रैश लैंडिंग हुई। लेकिन गनीमत रही कि हेली में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एम्स ऋषिकेश का हेली मरीजों को लेने केदारनाथ गया था। लेकिन इस दौरान हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई।

********************************

 

तरनतारन सीमा पर पिस्तौल सहित ड्रोन बरामद

जालंधर 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने तरनतारन सीमा पर पिस्तौल सहित ड्रोन बरामद किया है। बीएसएफ के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि 15 मई की मध्य रात्रि को निगरानी ड्यूटी पर तैनात सतर्क बीएसएफ जवानों ने फिरोजपुर सीमा क्षेत्र में कुछ संदिग्ध देखा।

उन्होंने बताया कि जवानों ने क्षेत्र का सावधानीपूर्वक निरीक्षण किया और लगभग 01:10 बजे तरनतारन जिले के कलश गांव से सटे एक खेत से एक डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन, एक पिस्तौल (बिना स्लाइड और बैरल के) और दो मैगजीन बरामद किए। प्रवक्ता ने बताया कि पिस्तौल और मैगजीन को नायलॉन की अंगूठी और पैकेट से जुड़ी 02 रोशनी वाली छड़ियों के साथ पीले रंग के चिपकने वाले टेप में लपेटा हुआ पाया गया।

**************************

 

सुक्खू ने हिमालया साइकिल रेस के 12वें संस्करण को झंडी दिखाकर रवाना किया

शिमला 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां रिज से हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एण्ड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन द्वारा टूरिज्म, हीट्रेक्स टायर्ज और हिमाचल प्रदेश साइकलिंग एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित एमटीबी हिमालया साइकिल रेस के 12वें संस्करण को झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रेस ‘प्रोलॉग-हेरीटेज राइड (रिज-आईआईएएस-रिज), कुफरी-चायल (एक्ससीएम), शिमला-समरहिल-पोटर्ज हिल (एक्ससीओ) मार्ग से होते हुए 18 मई, 2025 को सम्पन्न होगी। इस प्रतियोगिता में देश भर से 100 से अधिक साइकिल सवार हिस्सा ले रहे हैं जिनमें राष्ट्रीय चैम्पियन और विश्वस्तरीय साइकलिस्ट भी शामिल है।

सुक्खू ने इस मौके पर कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य की समृद्ध परम्परा, विरासत और संस्कृति को विश्व पटल पर प्रदर्शित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में साइकलिंग का बड़ा महत्त्व है। यह न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि यह एक स्वच्छ, प्रदूषण रहित, मोटर चालक रहित परिवहन का साधन भी है। इसके अलावा यह रोमांच, फिटनेस और खेल गतिविधियों का एक बेहतरीन माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए गम्भीरता से प्रयास कर रही है। प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर साइकलिंग ट्रेक की पहचान की जा रही है जिनमें से कुछ शिमला में भी बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि शिमला में 37 करोड़ रुपये की लागत से एक आइस्केटिंग रिंक बनाया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा शिमला के सर्कुलर रोड को चौड़ा किया जा रहा है, जिससे शहर में यातायात की समस्या दूर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक ग्रीन एनर्जी बनाने का लक्ष्य रखा है।

आने वाले वर्षों में हिमाचल ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बन कर उभरेगा। सोलन जिले के नालागढ़ में ऑयल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से एक मेगावाट क्षमता वाला ग्रीन हाइड्रोजन संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष के भीतर हिमाचल में केवल हरित ऊर्जा का ही उपयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर विश्व चैम्पियन लक्ष्य जांगिड़ और आर्मी बैंड ने साइकलिंग शो की शानदार प्रस्तुति दी। हिमालयन एंडवेचर स्पोर्ट्स एण्ड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित सूद ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और इस आयोजन के शुभारम्भ के लिए अपना बहुमूल्य समय देने के लिए आभार व्यक्त किया।

***************************

 

तिरंगा यात्रा के दौरान किरण चौधरी हिसार में चक्कर खाकर गिर पड़ीं

हिसार 17 may, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर सेना के समान में  हरियाणा के हिसार में भारतीय जनता पार्टी की ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी चक्कर खाकर गिर गईं।

मौके पर मौजूद पार्टी के अन्य नेताओं ने उन्हें संभाला और उन्हें पानी पिलाया। थोड़ी देर में तबीयत ठीक होने के बाद वह अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गईं। किरण चौधरी को पहले से ही पैर में चोट लगी हुई थी और उन्होंने मंच पर बताया भी था कि वह चोटिल हैं।

उन्होंने कहा कि वह तिरंगा यात्रा में थोड़ी दूर ही चल सकेंगी।

तिरंगा यात्रा आजाद नगर से प्रारंभ होकर लघु सचिवालय स्थित शहीद स्मारक तक निकाली गयी, जिसमें कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ कमल गुप्ता, हांसी विधायक विनोद भ्याणा, हिसार विधायक सावित्री जिंदल, उचाना विधायक देवेंद्र अत्री, बवानी खेड़ा विधायक कपूर सिंह बाल्मिकी, महापौर प्रवीन पोपली आदि शामिल हुए।

*****************************

 

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सेना का सर्च ऑपरेशन जारी

आतंकियों के छिपे होने की है खबर; पूरे इलाके को घेरा

श्रीनगर 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के गुड्डर वन क्षेत्र में आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद भारतीय सेना ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। यह ऑपरेशन बीती रात शुरू हुआ और अब भी जारी है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज़ कर दिया है।

यह ऑपरेशन उस व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है, जो 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद घाटी में आतंकवादियों के सफाए के लिए शुरू की गई थी। सेना और खुफिया एजेंसियों की ओर से जारी की गई हिट लिस्ट में 14 सक्रिय आतंकियों के नाम शामिल हैं। इनमें से अब तक 6 आतंकियों को मार गिराया गया है, जबकि शेष 8 की तलाश की जा रही है। सेना ने स्पष्ट किया है कि घाटी में बचे हुए किसी भी आतंकी को बख्शा नहीं जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के गड्डर वन क्षेत्र में कुछ आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सेना ने फौरन कार्रवाई की। इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र को सील कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबल घाटी में आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त रूप से ऑपरेशन चला रहे हैं। बीते कुछ दिनों में कई इलाकों में एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाए गए हैं, जिससे आतंकियों के नेटवर्क को कमजोर किया गया है। सेना के एक अधिकारी ने कहा कि “हम घाटी को आतंक मुक्त करने के लिए पूरी ताकत से कार्रवाई कर रहे हैं। जब तक आखिरी आतंकी का खात्मा नहीं होता, अभियान जारी रहेगा।”

*****************************

 

भारत की ब्रह्मोस मिसाइल से AWACS तबाह, पाकिस्तान के पूर्व एयर मार्शल का कैमरे पर कबूलनामा

नई दिल्ली 17 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – भारत के ऑपरेशन सिंदूर से कोई भी नुकसान न होने की बात कह रहा पाकिस्तान का एक और फिर बेनकाब हुआ है। अब पाकिस्तान के ही पूर्व एयर मार्शल मसूद अख्तर ने उसकी पोल खोली है। पाकिस्तान के पूर्व एयर मार्शल रिटार्यड मसूद अख्तर ने ऑन कैमरा यह कबूल किया है कि भारत की एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान के एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम एयरक्राफ्ट को काफी नुकसान पहुंचा है।

एक टीवी इंटरव्यू में अख्तर ने कहा, ‘’10 मई की सुबह को एयरबेस पर हमला हुआ। उस बेस के ऊपर चार ब्रह्मोस मिसाइलें आईं। पायलट पहले दौड़ें कि अपने जहाजों को सुरक्षित करें।” पूर्व एयर मार्शल ने कहा कि हालांकि, वह इस पर कन्फर्म नहीं हैं कि ये मिसाइलें सतह से सतह वाली थीं या फिर हवा से सतह पर मार करने वाली, लेकिन ब्रह्मोस मिसाइलें थीं।

उन्होंने कहा, ”पहला आया और दूसरा आया, फिर तीसरा और फिर चौथा आया जोकि भोलारी में खड़े हैंगर पर हिट किया, यहां हमारा AWACS एयरक्राफ्ट खड़ा हुआ था। वह इस हमले में डैमेज हो गया।” मसूद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे पाकिस्तान के झूठे दावों की पोल खुल गई है।

AWACS लंबी दूरी पर विमान, जहाज, वाहन, मिसाइल और अन्य आने वाले प्रोजेक्टाइल का पता लगाने में सक्षम है। यह आसमान पर और जमीन पर मौजूद ऑपरेटरों को खतरे की पहचान करने, उसका आकलन करने और फिर उसपर जवाबी कार्रवाई करने में भी मदद करता है।

पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारत ने 6-7 मई की रात में पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसमें कई दशकों से चल रहे जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी कैंप भी शामिल थे।

इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकवादी ढेर हो गए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों समेत अन्य को निशाना बनाने के लिए ड्रोन से हमले किए थे, जिसके जवाब में भारत ने पाकिस्तानी एयरबेस और उनके रडार स्टेशनों को निशाना बनाया।

********************************

 

तुर्किये के साथ व्यापारिक संबंध तोड़े भारत, सेब आयात पर लगे प्रतिबंध : जयराम ठाकुर

मंडी ,16 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारत सरकार से टर्की के साथ सभी व्यापारिक समझौतों को रद्द करने की मांग की है।

मंडी में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा के बाद पत्रकारों से बातचीत में ठाकुर ने कहा कि हाल ही में भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान टर्की और चीन ने पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किया। तुर्किये ने पाकिस्तान को ड्रोन और तकनीकी सहायता प्रदान की, जो भारत के हितों के विपरीत है।

जयराम ठाकुर ने कहा, जब तुर्किये में भूकंप से तबाही हुई थी, तब भारत ने मानवीय आधार पर उनकी हरसंभव मदद की थी। लेकिन अब उसकी हरकतें बर्दाश्त से बाहर हैं।

आज हर भारतवासी की यही भावना और सोच है कि टर्की के साथ सभी तरह के संबंधों को समाप्त कर देना चाहिए। हिमाचल के लोगों की विशेष रूप से यह भावना और मांग है कि टर्की से आयात किए जाने वाले सेब पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगा देना चाहिए।

उन्होंने टर्किश टूरिज्म पर भी निशाना साधा। ठाकुर ने कहा, टर्की की अर्थव्यवस्था में पर्यटन का बड़ा योगदान है। हर साल लाखों भारतीय टर्की घूमने जाते हैं। भारतीयों को अब टर्की की बजाय अपने देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

इससे न केवल टर्की को आर्थिक सबक मिलेगा, बल्कि हिमाचल और अन्य राज्यों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मैं भारतीयों से अपील करता हूं कि वे देश के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा दें ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

शुक्रवार को मंडी के पड्डल मैदान से सेरी मंच तक भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में स्थानीय लोगों के साथ भाजपा के तमाम कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया। लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। यात्रा में स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के बच्चों ने भी हिस्सा लिया और भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया।

वहीं हिमालयी सेब उत्पादकों के संगठन हिमालयन एप्पल ग्रोअर्स सोसाइटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तुर्की से सेब आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि तुर्किये से बढ़ते सेब आयात ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के बागवानों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। पत्र में संगठन ने बताया कि इन राज्यों में लाखों परिवार सीधे तौर पर सेब उत्पादन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर निर्भर हैं। यह केवल उनकी आजीविका का प्रश्न नहीं, बल्कि इन राज्यों की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है।

****************************

 

पिछले 15 साल से विकास की राह देख रही आजादपुर मंडी

अब सफाई और सुरक्षा पर होगा पुख्ता काम : रेखा गुप्ता

दिल्ली ,16 मई(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को आजाद पुर मंडी पहुंची थी। मुख्यमंत्री मंडी में सफाई, सुरक्षा की स्थिति से काफी निराश दिखीं और इसके लिए पूर्व की आम आदमी पार्टी सरकार को दोषी ठहराया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ शुक्रवार को आजादपुर मंडी पहुंची थीं। मंडी की व्यवस्था देख वे दिल्ली की पूर्व की आम आदमी सरकार पर आक्रामक दिखीं और अपनी सरकार द्वारा विकास का आश्वासन दिया।

रेखा गुप्ता ने कहा, इस क्षेत्र के दौरे पर अपने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ आई हूं। आजादपुर मंडी दिल्ली की सबसे महत्वपूर्ण मंडी है लेकिन यहां की जो व्यवस्था है और पिछली सरकार ने जो स्थिति बनाई है, वह काफी निराशाजनक है। पिछले 15 साल में यहां विकास का कोई कार्य नहीं हुआ है।

रेखा गुप्ता ने आगे कहा, सफाई और सुरक्षा की यहां कोई सुविधा नहीं है। सैकड़ों व्यापारी यहां काम करते हैं। सैकड़ों ट्रकों के माध्यम से लोगों का खाद्य पदार्थ यहां आता है। आम आदमी पार्टी की पिछली सरकार ने इस क्षेत्र में कोई भी काम नहीं किया है और इस क्षेत्र को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर रखा है।

उनके मंत्री और चेयरमैन किसी ने भी इस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया। जो लोग दिल्ली को लंदन और पेरिस बना रहे थे, उन्हें बताना चाहती हूं कि यहां इतनी गंदगी है कि खड़ा नहीं हुआ जा सकता। पिछली सरकार ने सिर्फ आजादपुर मंडी ही नहीं बल्कि दिल्ली की तमाम मंडियों को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर रखा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, हमारी सरकार मंडियों के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। हम योजना तैयार कर रहे हैं। मंडियों में सफाई और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा। हमारे मंत्री खुद इस काम को देख रहे हैं।

आजादपुर मंडी के फल व्यापारियों ने तुर्किये से सेब के आयात को समाप्त कर दिया है। यह फैसला भारत-पाकिस्तान संघर्ष में तुर्किये द्वारा पाकिस्तान का साथ देने की वजह से लिया गया है।

रेखा गुप्ता ने कहा, मैं यहां के व्यापारियों को तुर्किये द्वारा सेब का आयात बंद किए जाने के फैसले के लिए साधुवाद देना चाहती हूं। यह फैसला दिखाता है कि देश एकजुट है। भारत के खिलाफ जो भी देश जाएगा, उसका बहिष्कार किया जाएगा।

आतंकवादियों और उनके आकाओं से कोई व्यापार नहीं किया जाएगा। ऐसे सभी देशों का बहिष्कार होना चाहिए जो भारत के खिलाफ हैं।

दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और जामिया मिलिया विश्वविद्यालय ने भी तुर्किये के साथ किए गए शैक्षणिक समझौते रद्द कर दिए हैं।

**************************

 

राहुल गांधी घडिय़ाली आंसू बहाकर सिर्फ वोटबैंक की करते हैं राजनीति : विजय सिन्हा

पटना ,16 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दरभंगा दौरे के दौरान दलित छात्रावास में कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर दो एफआईआर दर्ज की गई हैं।

इस घटना ने बिहार की सियासत का तापमान बढ़ा दिया है। बिहार सरकार के मंत्रियों ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और इसे उनकी नौटंकी करार दिया है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह अराजकता की मानसिकता वाले व्यक्ति हैं।

परिवारवाद और जमींदारी के अहंकार में ये लोग कानून की धज्जियां उड़ाते हैं। ये संविधान का मजाक बनाते हैं और लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखते। जनता के बीच घडिय़ाली आंसू बहाकर ये सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते हैं।

ये नेता नहीं, अभिनेता की भूमिका निभाना चाहते हैं। लेकिन, बिहार की धरती पर जनता को नेतृत्व चाहिए, नौटंकी नहीं। उनका यह कदम लोकतंत्र के खिलाफ है और जनता ऐसी हरकतों को बेहतर तरीके से समझ रही है।

वहीं, बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा ने भी राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी बिहार में ड्रामा करने आए थे। अगर उन्हें दलितों से मिलना था तो अब तक क्या कर रहे थे? 55 साल की उम्र में भी वे बच्चों वाली हरकत कर रहे हैं।

अगर उन्हें दलितों की चिंता होती तो उनकी सरकार के समय दलितों की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। राहुल गांधी जहां जाते हैं, केवल हंगामा करते हैं। यह उनका मकसद है। बिहार और भारत की जनता इसे अच्छे से समझती है।

एफआईआर के सवाल पर जीवेश मिश्रा ने कहा, एफआईआर क्यों न दर्ज हो? उनके खिलाफ सबूत हैं। कानून तोडऩा, संविधान की अवहेलना करना और इसे जेब में रखने की मानसिकता गांधी परिवार की पुरानी आदत है। राहुल गांधी की चर्चा करना समय की बर्बादी है। कानून के उल्लंघन को लेकर अगर कार्रवाई की गई है तो यह न्यायसंगत है।

वहीं बिहार भाजपा की प्रवक्ता संगीता कुमारी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बिहार दौरे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके बिहार आने-जाने से कोई फर्क नहीं पडऩे वाला, क्योंकि बिहार की जनता ने अपना मूड बना लिया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ने बिहार में विकास की गंगा बहाई है। विशेष रूप से महिलाओं के उत्थान और समग्र विकास के लिए किए गए कार्यों ने जनता का दिल जीत लिया है। बिहार की जनता पूरी तरह से एनडीए के साथ है और यहां राहुल गांधी का कोई प्रभाव नहीं पडऩे वाला है।

************************

 

पी चिदंबरम बोले ‘इंडी ब्लॉक कमजोर

तो राजीव चंद्रशेखर ने समझाया कांग्रेस और भाजपा के बीच का फर्क

नई दिल्ली 16 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में शुमार और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बयान ने इंडी ब्लॉक के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। उनकी टिप्पणी पर विरोधी खेमा हमलावर है। भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी सहज अंदाज में भाजपा और कांग्रेस के बीच का फर्क समझाया है।

उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए अपनी बात कही। लिखा- भाजपा एक मजबूत पार्टी है क्योंकि यह इंडियाफर्स्ट के मजबूत मूल्यों/सिद्धांतों में विश्वास करती है और सभी भारतीयों की परवाह करती है – और इसलिए इसे अधिकांश भारतीयों का समर्थन प्राप्त है। इंडी गठबंधन पार्टियों का एक मिश्रित समूह है – जो केवल भ्रष्टाचार और शोषण के प्रति प्रेम और पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति भय/घृणा के कारण एक साथ आए हैं।

दरअसल, सियासी हमले का कारण चिदंबरम का वह बयान है जिसमें उन्होंने इंडी ब्लॉक के टूटने की आशंका जताई थी। चिदंबरम पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और मृत्युंजय सिंह यादव की लिखी पुस्तक ‘कंटेस्टिंग डेमोक्रेटिक डेफिसिट’ के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे थे और मंच से उन्होंने अपनी बात कही। उन्होंने कहा, “इंडिया गठबंधन का भविष्य उज्ज्वल नहीं दिखता है।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि यह ब्लॉक “सीम से फटा हुआ” यानी बिखरता हुआ दिखाई दे रहा है।

चिदंबरम ने कहा, ‘भविष्य (इंडिया ब्लॉक का) उतना उज्ज्वल नहीं है, जैसा मृत्युंजय सिंह यादव ने कहा, उन्हें लगता है कि गठबंधन अब भी बरकरार है, लेकिन इसको लेकर मैं आश्वस्त नहीं हूं। इसका जवाब केवल सलमान खुर्शीद दे सकते हैं क्योंकि वह ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए बातचीत करने वाली टीम का अंग थे। अगर गठबंधन पूरी तरह से बरकरार है, तो मुझे बहुत खुशी होगी। लेकिन पता चलता है कि यह कमजोर पड़ गया है।’

पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि विपक्ष को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को “दुर्जेय मशीनरी” करार दिया। उन्होंने माना कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि “एक मशीन के पीछे लगी एक और मशीन” है, जो भारत की सभी संस्थाओं को नियंत्रित करने की ताकत रखती है।

चिदंबरम ने माना, ‘मेरे अनुभव और मेरे इतिहास के अध्ययन के अनुसार, भाजपा जितना सशक्त रूप से संगठित कोई राजनीतिक दल नहीं है। यह सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि यह एक मशीन के पीछे दूसरी मशीन है और दो मशीनें भारत में सभी मशीनरी को नियंत्रित करती हैं।’

***************************

 

अब इस्कॉन बेंगलुरु के पास रहेगा हरे कृष्ण मंदिर का नियंत्रण

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

नई दिल्ली 16 may, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : सुप्रीम कोर्ट ने इस्कॉन बेंगलुरु और इस्कॉन मुंबई के बीच दशकों से चल रहे मालिकाना हक विवाद पर शुक्रवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया। शीर्ष अदालत ने कर्नाटक हाईकोर्ट के उस निर्णय को रद्द कर दिया, जिसमें बेंगलुरु के हरे कृष्ण मंदिर की संपत्ति पर हक इस्कॉन मुंबई को दिया गया था।

अब इस फैसले के बाद हरे कृष्ण मंदिर का नियंत्रण इस्कॉन बेंगलुरु के पास रहेगा। यह विवाद बेंगलुरु स्थित हरे कृष्ण मंदिर और उससे जुड़े शैक्षणिक संस्थान की मालिकाना हक को लेकर था।

Now ISKCON Bangalore will have control of Hare Krishna temple, big decision of Supreme Court : साल 2011 में कर्नाटक हाईकोर्ट ने इस्कॉन मुंबई के पक्ष में फैसला दिया था, जिसे इस्कॉन बेंगलुरु ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। सुप्रीम कोर्ट ने 24 जुलाई 2023 को इस पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब करीब 10 महीने बाद यह बहुप्रतीक्षित निर्णय सुनाया गया है।

इस मामले में पहले स्थानीय अदालत ने इस्कॉन बेंगलुरु के पक्ष में फैसला दिया था, लेकिन हाईकोर्ट में यह पलट गया। इसके बाद 2 जून 2011 को इस्कॉन बेंगलुरु ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

इस्कॉन बेंगलुरु ने यह दावा किया कि वह कर्नाटक में एक स्वतंत्र रूप से पंजीकृत संस्था है और मंदिर का संचालन पिछले कई दशकों से बिना किसी बाहरी नियंत्रण के कर रही है।

इसके विपरीत, इस्कॉन मुंबई का कहना था कि इस्कॉन बेंगलुरु उनके मातहत आने वाली संस्था है, और मंदिर की संपत्ति पर अधिकार उन्हें होना चाहिए।

जस्टिस ए. एस. ओका और जस्टिस ऑगस्टिन जॉर्ज मसीह की दो सदस्यीय पीठ ने स्पष्ट कर दिया कि इस्कॉन बेंगलुरु एक स्वतंत्र संस्था है, और मुंबई इस्कॉन का उस पर कोई कानूनी नियंत्रण नहीं है। यह फैसला जस्टिस ओका ने लिखा, जिसे अब सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है।

******************************

 

अदानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने भी दिया तुर्की को झटका

टर्किश कंपनी सेलेबी के साथ पार्टनरशिप की खत्म

अहमदाबाद 16 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने मुंबई और अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तुर्किये की सेलेबी कंपनी के साथ ग्राउंड हैंडलिंग रियायत समझौते को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया है। अदाणी एयरपोर्ट्स ने एक बयान में कहा कि सेलेबी की सुरक्षा मंजूरी रद्द करने के सरकार के फैसले के बाद, “हमने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) और अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एसवीपीआईए) पर सेलेबी के साथ ग्राउंड हैंडलिंग कंसेशन एग्रीमेंट को खत्म कर दिया है।”

कंपनी ने कहा, “सेलेबी को सभी ग्राउंड हैंडलिंग सुविधाएं तुरंत हमें सौंपने का निर्देश दिया गया है।” बयान में आगे कहा गया है कि कंपनी नई ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के माध्यम से सभी एयरलाइनों को बिना किसी रुकावट के निर्बाध सेवा प्रदान करना जारी रखेगी।

मुंबई और अहमदाबाद एयरपोर्ट के प्रवक्ताओं ने कहा, “सीएसएमआईए और एसवीपीआईए में सेलेबी के सभी मौजूदा कर्मचारियों को उनकी मौजूदा शर्तों के आधार पर नई ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। हमारे हवाई अड्डों पर ग्राउंड हैंडलिंग संचालन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। हम सेवा और राष्ट्रीय हित के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

केंद्र सरकार द्वारा तुर्किये विमानन फर्म की सुरक्षा मंजूरी रद्द करने के बाद इन रियायत समझौतों को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इससे पहले, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने तुर्किये की कंपनी ड्रैगनपास के ग्राहकों को अपने एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा का लाभ लेने के लिए कंपनी के साथ अपना समझौता रद्द कर दिया था।

यह कदम भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच तुर्किये की ओर से लगातार पाकिस्तान को मिल रहे समर्थन को देखते हुए उठाया गया। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के प्रवक्ता ने कहा, “ड्रैगनपास के साथ हमारा सहयोग, जो एयरपोर्ट लाउंज तक पहुंच प्रदान करता था, तत्काल प्रभाव से समाप्त हो गया है। ड्रैगनपास के ग्राहकों को अब अदाणी द्वारा प्रबंधित एयरपोर्ट पर लाउंज की सुविधा नहीं मिलेगी। इस बदलाव का एयरपोर्ट लाउंज और दूसरे ग्राहकों के यात्रा अनुभव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।”

गुरुवार को एक अधिसूचना में, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा था कि “राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में सुरक्षा मंजूरी तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है।

*************************

 

SC ने डीपफेक वीडियो पर नीति बनाने की याचिका पर सुनवाई से किया इंकार

कहा- हाईकोर्ट में पहले से मामले लंबित

नई दिल्ली 16 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से बनाए गए डीपफेक वीडियो को रोकने के लिए नीति बनाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करने से इंकार कर दिया है। जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने याचिकाकर्ता को दिल्ली हाईकोर्ट में पहले से लंबित मामले में आवेदन दायर करने का निर्देश दिया।

याचिका में डीपफेक वीडियो के दुरुपयोग को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक विशेषज्ञ समिति के गठन की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता के वकील ने तर्क दिया कि डीपफेक का खतरा बढ़ रहा है।

उदाहरण के तौर पर, ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी मीडिया से साझा करने वालीं भारतीय सेना की वरिष्ठ अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के डीपफेक वीडियो ऑनलाइन प्रसारित हो रहे हैं। इस तरह के कंटेंट से सामाजिक और राजनीतिक स्थिरता को खतरा हो सकता है।

याचिका में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एआई-जनरेटेड या डीपफेक कंटेंट की पहचान और हटाने के लिए सख्त नियम बनाने की मांग की गई थी। इसमें केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को पक्षकार बनाया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि डीपफेक से संबंधित कई याचिकाएं दिल्ली हाईकोर्ट में पहले से लंबित हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली बेंच इन याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है और केंद्र सरकार से जवाब मांगा गया है।

कोर्ट ने आशंका जताई कि अगर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू होती है, तो हाईकोर्ट की कार्यवाही प्रभावित हो सकती है। इसलिए, याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट में आवेदन करने को कहा गया। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि यदि याचिकाकर्ता वहां आवेदन करता है, तो उसके सुझावों पर विचार किया जाए।

डीपफेक वीडियो के बढ़ते खतरे को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि इस मुद्दे पर त्वरित और प्रभावी नीतिगत हस्तक्षेप की आवश्यकता है। दिल्ली हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई अब और महत्वपूर्ण हो गई है।

*****************************

 

जालंधर में बिहार निवासी युवक गिरफ्तार, 4 फोन बरामद

भारत-पाक युद्ध के कई संदिग्ध फोटो-वीडियो और न्यूज लिंक मिले

जालंधर 16 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पंजाब के जालंधर शहर से गुजरात पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

बरामद किए गए मोबाइल में भारत-पाकिस्तान युद्ध से संबंधित संदिग्ध वीडियो, न्यूज लिंक और कुछ फोन नंबर भी पाए गए हैं। आरोपी की पहचान मोहम्मद मुर्तजा अली के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।

 हालांकि, पुलिस का प्रारंभिक बयान है कि आरोपी को साइबर फ्रॉड के केस में गिरफ्तार किया गया है। लेकिन उसके पास से मिले संदिग्ध डेटा ने इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े सवाल की ओर मोड़ दिया है। गुजरात की गांधीनगर पुलिस और एटीएस की टीमें अब इस मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।

सूत्रों की मानें तो आरोपी के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से भी जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जालंधर पुलिस का कहना है कि वे गुजरात पुलिस के साथ रेड में सहयोग कर रहे थे और आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया है।

जांच के दौरान पता चला है कि मुर्तजा अली ने हाल ही में जालंधर के गांधी नगर में 25 मरले का प्लॉट खरीदा था। वह इस जमीन पर करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से एक आलीशान मकान बनवा रहा था।

पुलिस ने जब उसके बैंक खातों की जांच की तो पिछले एक महीने में 40 लाख रुपये का लेन-देन सामने आया है। यह पैसा कहां से आया और किससे जुड़ा है — इस पर जांच एजेंसियों ने अपनी पड़ताल तेज कर दी है।

फोन में क्या-क्या मिला?

*गुजरात पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, मुर्तजा के मोबाइल से:

*भारत-पाक युद्ध से संबंधित संदिग्ध वीडियो

*विदेशी नंबरों से बातचीत के रिकॉर्ड

*संदिग्ध न्यूज लिंक

कुछ विदेशी ऐप्स का इस्तेमाल जैसी सूचनाएं मिली हैं, जो अब जांच का विषय हैं। जालंधर पुलिस ने कहा, “आरोपी को साइबर अपराध के मामले में गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हमारी टीम ने कार्रवाई में सहयोग दिया। मामले में आगे की जांच गुजरात पुलिस और एटीएस कर रही है।”

फिलहाल, आरोपी को गुजरात पुलिस अपने साथ ले गई है और उससे गहन पूछताछ जारी है। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों की नजर अब इस केस पर बनी हुई है। आने वाले दिनों में इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं।

******************************

 

जेएनयू ने राष्ट्रहित में तुर्की से समझौता किया रद्द : कुलपति

नई दिल्ली 15 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । ऑपरेशन सिंदूर के बाद तुर्की ने पाकिस्तान का समर्थन किया था। इससे भारत में उसका विरोध शुरू हो गया है। इसी कड़ी में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने तुर्की से हुए समझौते को तोड़ दिया है। कुलपति शांतिश्री धुलीपुड़ी पंडित ने कहा है कि राष्ट्रहित सबसे ऊपर है।

जेएनयू की कुलपति शांतिश्री धुलीपुड़ी पंडित ने गुरुवार को कहा कि देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। जो देश के दुश्मन हैं, वे हमारे दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि तुर्की पाकिस्तान के साथ है, इसी को देखते हुए जेएनयू प्रशासन ने वहां की इनोनु यूनिवर्सिटी के साथ अपना करार रद्द कर दिया है।

उन्होंने कहा कि जेएनयू में तुर्की भाषा सिखाई जाती है। हमने फरवरी महीने में इनोनु यूनिवर्सिटी के साथ करार किया था। तुर्की को हमने छह माह का नोटिस दिया है, जिसके बाद यह करार खत्म हो जाएगा। जो देश भारत विरोधी है, जो आतंकवाद को समर्थन करता है, ऐसे देश से सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंध रखने का कोई मतलब नहीं है।

जेएनयू ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से जेएनयू और तुर्की के इनोनू विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। जेएनयू राष्ट्र के साथ खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में गत 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 निहत्थे लोगों की मौत के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में नौ आतंकवादी ठिकानों का तबाह कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों और आबादी वाले इलाकों पर हमले किए, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए सारे हमले विफल कर दिए। चार दिन तक चले संघर्ष के बाद 10 मई को दोनों देश सैन्य कार्रवाइयों पर रोक लगाने पर सहमत हुए। इस पूरे घटनाक्रम में तुर्की ने पाकिस्तान का समर्थन किया।

*************************

 

दिल्ली के छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास फायरिंग, एक व्यक्ति की मौत

नई दिल्ली 15 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – दिल्ली के महरौली इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास अज्ञात बदमाशों ने स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में घायल हुए व्यक्ति को पुलिस ने गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।

यह घटना दोपहर एक बजे की बताई जा रही है। पता चला है कि स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति पर छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास लगभग 10 राउंड फायरिंग की गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी अंकित चौहान और दिल्ली पुलिस के जवान मौके पर मौजूद हैं।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सीडीआर चौक, थाना महरौली के पास गोलीबारी की घटना की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में पता चला कि पीड़ित का नाम अरुण लोहिया है, जो आया नगर का निवासी है। घटना के समय वह अपनी कार में था, इस फायरिंग में उसे गोली लगी है।

पुलिस ने बताया, “यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है, जिसमें आरोपी और पीड़ित एक ही गांव के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।” साउथ डिस्ट्रिक्ट के एडिशनल डीसीपी अचिन गर्ग ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि पुलिस को दोपहर 1 बजे फायरिंग की सूचना मिली थी।

हमें पता चला कि एक व्यक्ति को गोली लगी है। इसके बाद उन्हें तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पता चला है कि यह आपसी विवाद का मामला है और हमलवारों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। उम्मीद है कि सभी की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। दिल्ली में बीते कुछ दिनों में फायरिंग और हत्या के कई मामले सामने आए हैं।

इससे पहले, 28 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सीलमपुर में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। 20 वर्षीय समीर नाम के युवक की जोगी बस्ती के अंदर गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं, उत्तर पूर्वी दिल्ली में सीलमपुर के जे-ब्लॉक में 17 वर्षीय एक किशोर की 17 अप्रैल की शाम चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी।

अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान उसी इलाके के कुणाल के रूप में हुई थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। ऐसी ही एक वारदात दिल्ली के शाहदरा में घटी थी। जिले के जीटीबी (गुरु तेग बहादुर) एनक्लेव थाना क्षेत्र में 14 अप्रैल को एक युवती की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने 19 वर्षीय आरोपी रिजवान को करनाल के नीलकंठ ढाबे के पास से गिरफ्तार किया था।

*****************************

 

सशस्त्र बलों की वीरता को सलाम करने को करेंगे जय हिंद सभाएं : कांग्रेस

नई दिल्ली ,15 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कांग्रेस ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद सशस्त्र बलों की सशक्त जवाबी कारवाई को सलाम करने के लिए पार्टी देशभर जय हिंद सभाओं का आयोजन करेगी।

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी देते हुए आज बताया कि कांग्रेस सशस्त्र बलों की सर्वोच्च वीरता और सफलता को सलाम करने के लिए पूरे भारत में ‘जय हिंद सभा’ आयोजित करेगी।

उन्होंने कहा, हमें सुरक्षा चूक, राष्ट्रीय सुरक्षा से निपटने के सरकार के तरीके और हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों में अमेरिका की चिंताजनक भागीदारी पर उसकी चुप्पी पर भी गंभीर सवाल उठाने चाहिए, इसलिए 20-30 मई तक दिल्ली, बाड़मेर, शिमला, हल्द्वानी, पटना, जबलपुर, पुणे, गोवा, बेंगलुरु, कोच्चि, गुवाहाटी, कोलकाता, हैदराबाद, भुवनेश्वर और पठानकोट में जय हिंद सभाएं आयोजित की जाएंगी.जिसमें सेना के दिग्गज, पार्टी नेता और आम जनता शामिल होगी।

गौरतलब है कि बुधवार को पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति की पहलगाम हमले के बाद हुई तीसरी बैठक में इन सभाओं का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश तथा मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाता सम्मेलन में भी यह जानकारी दी थी।

**************************

 

देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर शुरू, पंजाब में आसमां से बरसेगी आग

नई दिल्ली ,15 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मई का आधा माह गुजर गया है और गर्मी ने देश के कई राज्यों में जोर पकडऩा शुरू कर दिया है। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में धूप कहर ढा रही है। देहरादून में तापमान 37 डिग्री के करीब पहुंच गया है, और कई जगहों पर 40 डिग्री तक।

हालांकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जैसे पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश और तेज़ हवा चलने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, खासकर आंधी और बिजली को लेकर। वहीं राजस्थान की बात करें तो बीते 24 घंटे में राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बीकानेर में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिरोही में 21.7 डिग्री तापमान रहा।

आज (15 मई) एक बार फिर बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले में मौसम विभाग ने कहा है कि 20 मई तक गर्मी अभी और हलाकान करेगी। तेज धूप के साथ उमस में इजाफा होगा। हवा की आद्रता बढ़ेगी, जिससे चिपचिपाहट वाली गर्मी का अहसास होगा। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ।

पंजाब में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। बुधवार को पंजाब में पारा 43.6 डिग्री पहुंच गया। तापमान में 1.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे पंजाब का पारा सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर हो गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि की संभावना जताई है।

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version